Hindi Crime Story: एक रसिया ठग की दास्तान – तुझे राम कहें या राहुल

Hindi Crime Story: राम नायडू उर्फ राहुल दीक्षित जैसे लोगों की समाज में कमी नहीं है, जो दूसरों की कमजोरी का फायदा उठाते हैं. मृणालिनी को हर तरह लूटने वाला राम उर्फ राहुल भले ही पकड़ा गया, लेकिन क्या उसे उतनी सजा मिल पाएगी, जितने घाव उस ने मृणालिनी और दूसरी लड़कियों को दिए हैं?

‘‘बे टी, कब तक मुझ बूढ़ी की तीमारदारी में अपनी जिंदगी खराब करती रहेगी. मेरी मान

तो कोई अच्छा सा लड़का देख कर शादी कर ले और अपना घर बसा ले, मेरा क्या है, आज हूं कल नहीं. मैं चैन से तभी मर पाऊंगी, जब तेरा बसा हुआ घर देख लूंगी.’’

प्रोफेसर मृणालिनी (बदला हुआ नाम) जब थकीहारी कालेज से घर लौटती थीं तो उन्हें रोज किसी न किसी रूप में मां के इसी तरह के शब्द सुनने को मिलते थे. धीरेधीरे स्थिति यह हो गई थी कि मां जिस दिन ऐसी कोई बात नहीं कहती थीं, मृणालिनी को उन की तबीयत खराब होने का अंदेशा होने लगता था. 37 वर्षीया मृणालिनी इंदौर के एक नामी कालेज में प्रोफेसर थीं और एरोड्रम इलाके में रहती थीं.

पिता की मौत के बाद मृणालिनी ने मां की सेवा करने की ठान ली थी. ठान ही नहीं ली थी, बल्कि ऐसा कर भी रही थीं. घर में कोई और नहीं था, जो मां की देखभाल कर पाता. ऐसे में मृणालिनी को यह ठीक नहीं लगा कि वह मां को उन के हाल पर अकेला छोड़ कर शादी कर लें और ससुराल चली जाएं. इसलिए वह शादी, प्यार, रोमांस और घरगृहस्थी जैसे लफ्जों को भूल कर बेटे की भूमिका में आ गईं थीं. उन्होंने मां की सेवा और देखभाल को ही अपनी जिंदगी का मकसद बना लिया था.

लेकिन बूढ़ी मां की अपनी अलग परेशानी थी, वह नहीं चाहती थीं कि उन की वजह से अच्छीखासी पढ़ीलिखी और सुंदर बिटिया अविवाहित रह जाए. इसलिए वे तरहतरह से उस पर शादी के लिए दबाव बनाती रहती थीं. मृणालिनी जैसी मिसाल कायम करने वाली दृढ़विश्वासी बेटियों की समाज में कमी नहीं है, जो अपने सुख से ज्यादा मांबाप की सेवा को प्राथमिकता देती हैं, भले ही उन्हें तन्हा जिंदगी क्यों न गुजारनी पड़े. पिछले कुछ दिनों से जैसेजैसे मां की जिद बढ़ती जा रही थी, उसे देख कर मृणालिनी भी सोचने को मजबूर हो गई थीं.

कभी मृणालिनी शादी के बारे में सोचतीं तो वह भी अन्य युवतियों की तरह अल्हड़ युवती में तब्दील हो जातीं. एक ऐसी युवती जो अपने लिए सुहाने सपने देखती है, पति के साथ घूमतीफिरती है, होटलों और मौल में जाती है. दूरदराज के पर्यटनस्थल पर अपने जीवनसाथी के हाथ में हाथ डाले रूमानी बातें करती हैं. मृणालिनी चूंकि परिपक्व और जिम्मेदार थीं, इसलिए जल्द ही ऐसे ख्वाबोंखयालों को झटक देती थीं और मां के पास बैठ कर बतियाने लगती थीं. ज्यादा बोरियत होने पर वह सहेलियों से फोन पर बातें कर लेती थीं या फिर टीवी पर अपने पसंदीदा सीरियल देखने बैठ जाती थीं. उन से भी जी भर जाता था तो वह पत्रपत्रिकाओं के पन्ने पलटने लगती थीं.

मृणालिनी की सोच में आ रहा यह बदलाव आखिरकार उन के इरादों पर भारी पड़ा. हालांकि उन की सोच यह थी कि कोई कमाऊ जीवनसाथी मिल जाए तो मां की सेवा और देखभाल की जिम्मेदारी भी पूरी होती रहेगी और गृहस्थी भी बस जाएगी. भले ही वह साथ क्यों न रहें. लेकिन यह महज सोचने भर की बात थी, क्योंकि अभी तक कोई ऐसा प्रस्ताव नहीं आया था. खुद मृणालिनी ने भी अपनी तरफ से इस तरह की कोई पहल नहीं की थी.

जब अरमानों और जज्बातों की लड़ाई में अरमान भारी पड़ने लगे तो बीते साल जून के महीने में मृणालिनी ने यह सोचते हुए एक अखबार में अपनी शादी का विज्ञापन दे दिया कि ढंग का कोई जीवनसाथी मिला तो ठीक, नहीं मिला तो कोई बात नहीं. विज्ञापन देते वक्त एक तरह से उन्होंने उम्मीद के साथ नाउम्मीदी के लिए भी खुद को तैयार कर लिया था. विज्ञापन का वाजिब असर हुआ. उस के छपते ही मृणालिनी के मोबाइल पर धड़ाधड़ प्रस्ताव आने लगे. लेकिन हर आने वाले फोन के साथ उन का उत्साह ठंडा पड़ने लगा. वजह यह थी कि आने वाले अधिकांश प्रस्ताव उन की चाहत के अनुरूप नहीं थे. कोई तलाकशुदा था तो कोई विधुर, उन में से भी अधिकतर बच्चों वाले थे.

कुछ प्रस्तावों पर तो उन्होंने साफ महसूस किया कि प्रस्ताव भेजने वाले की नजर उन के अच्छेभले वेतन, पद और घर पर थी. कुछ ऐसे फोन भी आए, जिन में उम्मीदवार करताधरता कुछ नहीं था, बस पुरुष भर होना ही उस की योग्यता थी. सलीके के अगर कुछ प्रस्ताव आए भी तो उन्होंने यह जान कर आगे दिलचस्पी नहीं ली कि मृणालिनी के घर उन के अलावा सिर्फ एक बूढ़ी मां हैं. इस सब से मृणालिनी की समझ में आ गया था कि इस उम्र और हालात में अपनी पसंद के व्यक्ति से शादी करना आसान नहीं है. लिहाजा उन्होंने उम्मीद का दामन छोड़ने की सोच ली. तभी जबलपुर से एक फोन आया. फोन करने वाला राहुल दीक्षित नाम का व्यक्ति था, जिस ने अपना परिचय पूरे आत्मविश्वास और आत्मीयता से दिया था.

राहुल ने खुद को जबलपुर के एक बड़े कारोबारी का एकलौता बेटा बताते हुए मृणालिनी से कहा था कि चूंकि उसे अब तक कोई मनपसंद लड़की नहीं मिली, इसलिए शादी नहीं की. दोनों के बीच इधरउधर की कुछ और भी औपचारिक बातें हुईं. फोन पर मृणालिनी की मां ने भी राहुल से बात की. अब तक आए तमाम प्रस्तावों में से यही एक बेहतर प्रस्ताव था. लिहाजा मांबेटी ने रायमशविरा कर के राहुल को इंदौर आने का न्यौता दे दिया, ताकि आमनेसामने साफसाफ बात हो सकें और वे लड़के को देख भी लें. इस आमंत्रण पर राहुल ने हां करते हुए कहा कि वह जल्द ही इंदौर आएगा.

चंद दिनों के बाद राहुल मृणालिनी के इंदौर स्थित घर जा पहुंचा. जिंदगी में कई बार ऐसा होता है कि आप पहली बार किसी से मिलते हैं तो यही लगता है कि जिस की तलाश थी, वही यह है. ऐसा ही कुछ मृणालिनी और उन की मां के साथ भी हुआ. राहुल से चंद घंटों की बातचीत के बाद दोनों इतनी प्रभावित हुईं कि उन्होंने रिश्ते के लिए हां कर दी. पूरी बातचीत में राहुल ने कोई शर्त नहीं रखी थी. न ही मृणालिनी की नौकरी और वेतन पर चर्चा के अलावा लेनदेन की कोई बात की थी. अलबत्ता पढ़ेलिखे आदमी की तरह उस ने सारी जानकारी जरूर ले ली थी. यह कोई काबिलेऐतराज बात नहीं थी, क्योंकि रिश्ते के मामले में ये बातें बेहद आम और जरूरी होती हैं. मां बेटी को राहुल औरों से हट कर लगा.

पहली ही मुलाकात में बात औपचारिक से अनौपचारिक हो गई थी. जातेजाते राहुल इशारा कर गया कि उस की तरफ से तो कोई दिक्कत नहीं है. अब आगे की बात घर वाले करेंगे. इस के बाद जो हुआ, वह आजकल के हिसाब से बहुत सामान्य है. मृणालिनी और राहुल फोन पर लंबीलंबी बातें करने लगे. इन बातों में भविष्य के सपने भी होते थे. मृणालिनी की मां तो राहुल जैसा नेक और शरीफ लड़का पाने की कल्पना से ही खुश थीं. मांबेटी दोनों साथ बैठ कर बातें करती थीं तो यह खुशी दोगुनी हो जाती थी.

मृणालिनी राहुल को चाहने लगी थीं. वह इंतजार कर रही थीं कि उस के कहे मुताबिक उस के घर वाले बात आगे बढ़ाएं. इस बीच उस में काफी बदलाव आया था. वह खुश रहने लगी थीं और फिर से सपने देखने लगी थीं. अधेड़ उम्र की बेटी को मुद्दत बाद यूं खुश देख मां भी फूली नहीं समाती थीं. उन्हें खुशी इस बात की थी कि जीतेजी बेटी का घर बसते देख लेंगी. कुछ दिनों बाद एक दिन अचानक राहुल परेशान और बदहवास सा मृणालिनी के घर आ पहुंचा तो मांबेटी दोनों उस की हालत देख न केवल चौंकीं, बल्कि खुद भी परेशान हो उठीं. बारबार पूछने और कुरेदने पर राहुल ने बड़ी मासूमियत से बताया कि उस के घर वाले इस शादी पर राजी नहीं हैं, इसलिए वह हमेशा के लिए घर छोड़ कर आ गया है.

साथ ही उस ने यह भी बताया कि वह बिजनैस के लिए घर से 20 लाख रुपए ले कर चला था, लेकिन इटारसी जंक्शन पर उस के पैसे और सामान चोरी हो गया. उस ने अपनी बात कुछ इस ढंग से कही थी कि मृणालिनी और उन की मां चाह कर भी उस पर अविश्वास नहीं कर पाईं. राहुल खाली हाथ था, इसलिए उसे घर में रहने की अघोषित अनुमति मिल गई. बातों ही बातों में राहुल ने अपनी आगे की प्लानिंग भी बता दी कि अब वह इंदौर में ही रह कर कोई कारोबार करेगा और काम जमते ही मृणालिनी से शादी कर लेगा. मां तो घरजवांई चाहती ही थीं, लिहाजा उन्होंने तुरंत हां कर दी. दिल के हाथों मजबूर मृणालिनी भी इनकार नहीं कर पाईं. अगले 2 दिनों में ही राहुल ने मृणालिनी को बताया कि वह उस के लिए पिता की करोड़ों की जायदाद छोड़ आया है.

राहुल की लच्छेदार बातों का जादू और उस से भी ज्यादा उस की जरूरत, मांबेटी दोनों के सिर चढ़ कर बोल रही थी, इसलिए दोनों ने आंख मूंद कर उस की बातों पर विश्वास कर लिया. राहुल घर में घुसा तो वहीं का हो कर रह गया. हफ्ते भर में ही फैसला ले लिया गया कि राहुल को बिजनैस शुरू करने के लिए पैसा मांबेटी देंगी. जब राहुल भी दुकान के लिए भागदौड़ करने लगा तो शक की कोई गुंजाइश नहीं रही. जल्द ही उस ने मृणालिनी को बताया कि न्यू पलासिया इलाके में एक दुकान की बात हो गई है, जिस में वह आटोमोबाइल पार्ट्स का बिजनैस शुरू करेगा.

दुकान का किरायाभाड़ा और पार्ट्स खरीदने के लिए राहुल ने करीब 15 लाख रुपए की जरूरत बताई. अपना सबकुछ राहुल को सौंप चुकी मृणालिनी ने अपनी अब तक की बचत के 5 लाख रुपए और उज्जैन में पड़े एक प्लौट को बेच कर मिले 10 लाख रुपए यानी 15 लाख रुपए राहुल को दे दिए. जून की भीषण गर्मी खत्म हो चुकी थी. ढलती जुलाई की वह उमस भरी 26 तारीख थी, जब सुबहसुबह राहुल ने घर आ कर बताया कि माल आ गया है. मैं सामान का पेमेंट कर के और दुकान पर सामान लगवा कर कुछ घंटों में आता हूं. तैयारी पहले से हो रही थी, इसलिए मां बेटी ने पैसा देने में कोई ऐतराज नहीं किया. राहुल पैसा ले कर गया तो फिर वापस लौट कर नहीं आया.

रविवार 26 जुलाई, 2015 की देर रात तक मृणालिनी और उन की मां राहुल का इंतजार करती रहीं, पर वह घर नहीं लौटा तो वे चिंता में पड़ गईं. मृणालिनी ने राहुल को फोन किया तो उस का मोबाइल स्विच्ड औफ मिला, इस से मांबेटी और घबरा उठीं. मन में दबा शक यकीन में बदलने लगा था कि कहीं भोलाभाला, मायूस सा दिखने वाला और मीठीमीठी बातें करने वाला राहुल कोई ठग तो नहीं था, जो उन्हीं के घर में रह कर बड़े इत्मीनान से 15 लाख का चूना लगा गया. जैसेजैसे दोनों इस शक को दबाने की कोशिश करतीं, वैसेवैसे वह उन्हें और ज्यादा डराने लगता.

सदमे की सी हालत में आ चुकीं मृणालिनी बारबार इस उम्मीद के साथ राहुल का नंबर डायल कर रही थीं कि शायद इस बार घंटी जाए और काल रिसीव कर के एक महीने के ही सही राहुल जानेपहचाने अंदाज में कहे कि सौरी मोबाइल खराब हो गया था या उस की बैटरी डिस्चार्ज हो गई थी, इसलिए काल पिक नहीं कर पाया. पर ऐसा कुछ नहीं हुआ. मांबेटी ने सारी रात बुरे खयालों के साथ करवटें बदलते काटी. उन्हें जरा बहुत उम्मीद थी कि शायद सुबह को राहुल वापस आ जाए, लेकिन उसे नहीं आना था, सो नहीं आया. नतीजतन जल्द ही उन के सामने यह सच आ गया कि राहुल वाकई एक नंबर का ठग था और उस की बताई सारी बातें झूठी थीं. 15 लाख का तो दुख अपनी जगह था ही, लेकिन उस से भी बड़ा दुख यह था कि राहुल मृणालिनी को कहीं का नहीं छोड़ गया था.

कुछ दिन मृणालिनी और उन की मां ने राहुल के वापस आने की झूठी उम्मीद में काटे. लेकिन धोखा खाई मृणालिनी का दिल जानता था कि उस पर क्या गुजर रही है. मां की भी हालत ठीक नहीं थी. उन्होंने जिस आदमी पर बेटे जैसा भरोसा किया, वही सब कुछ लूट कर भाग गया था. महिलाओं का अकेलापन कभीकभी कैसे अभिशाप बन जाता है, यह मांबेटी की हालत देख कर समझा जा सकता था.

लेकिन मृणालिनी खामोश नहीं बैठी. कुछ ही दिनों में उन्होंने खुद को संभाल लिया और एक दिन ‘वी केयर फार यू’ के दफ्तर जा पहुंची, जो इंदौर में पीडि़त महिलाओं की मदद के लिए जाना जाता है. ‘वी केयर फार यू’ की इंचार्ज इंस्पेक्टर सीमा मलिक ने मृणालिनी की दास्तान सुनी और लिखित दरख्वास्त ले ली. परेशानी यह थी कि मृणालिनी के पास राहुल की कोई पुख्ता पहचान नहीं थी. ईमेल किया हुआ केवल एक फोटो भर था, जिस के सहारे राहुल को ढूंढ़ पाना भूसे के ढेर में सुई ढूंढ़ने जैसी बात थी. दूसरा जरिया राहुल का मोबाइल नंबर था, जो लगातार बंद जा रहा था.

लंबे वक्त तक जब वी केयर फार यू मृणालिनी के लिए कुछ नहीं कर पाया तो वह अक्तूबर के शुरू में इंदौर के आईजी संतोष कुमार सिंह से मिलीं और सारी बात उन्हें बताईं. संतोष कुमार सिंह ने इस मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए थाना क्राइम ब्रांच के प्रभारी कैलाशचंद पाटीदार को सौंप दिया. कैलाशचंद पाटीदार ने अपनी टीम बना कर ठग राहुल की खोजबीन शुरू कर दी. राहुल तक पहुंचने का एकमात्र जरिया उस का मोबाइल नंबर था, जो 26 जुलाई से ही बंद था.

पुलिस टीम ने जब उस के नंबर की काल डिटेल्स निकलवाई तो हैरान रह गई, क्योंकि उस में जितने भी नंबर थे, वे सभी ऐसी महिलाओं के थे, जो अधेड़ थीं. इन में से कुछ से बातचीत करने पर राहुल का असली चेहरा सामने आ गया. वह एक पेशेवर और शातिर ठग था, जो अखबारों के वैवाहिक विज्ञापन देख कर उम्रदराज और हालात की मारी महिलाओं से संपर्क कर के शादी की पेशकश करता था और जहां बात जम जाती थी, वहां इसी तरह शादी कर लेता था.

लेकिन शादी कर के वह किसी के साथ जन्म भर नहीं, बल्कि 7 दिनों या 7 सप्ताह तक ही रहता था. इसी बीच वह अपनी बीवियों का मालमत्ता लपेट कर रफूचक्कर हो जाता था. मृणालिनी के मामले में भी उस ने ऐसा ही किया था. ज्यादा हैरान कर देने वाली दूसरी बात यह थी कि वह हर एक लड़की को अलग मोबाइल नंबर देता था, पर फोटो सभी को एक ही भेजता था. हां, अपना नाम जरूर सब को अलगअलग बताता था. पुलिस टीम के सामने नई परेशानी यह थी कि ठगी की शिकार लड़कियां पूरा सच बताने में हिचकिचा रहीं थीं. वजह थी लोकलाज और बदनामी का डर. अधिकांश ने यह भी कहा था कि राहुल ने उन्हें ठगा भर है. उन से शारीरिक संबंध नहीं बनाए थे. जैसे ऐसा कहने भर से उन्हें कोई चरित्र प्रमाण पत्र प्राप्त हो रहा हो.

जाहिर है, यह खुद को खुद के पाकसाफ होने का दिलासा देने वाली बात थी. बहरहाल, पुलिस के सामने राहुल की असल पहचान का संकट अभी भी मुंह बाए खड़ा था. कोई भी पीडि़ता पुख्ता तौर पर उस के बारे में जानकारी नहीं दे पा रही थी. आखिरकार काल डिटेल्स खंगालते- खंगालते जांच टीम की नजर एक मिसकाल पर पड़ी. इसे छोड़ कर राहुल ने दूसरे सभी नंबरों पर बात की थी. करने को कुछ और था नहीं, लिहाजा पुलिस वालों ने इसी मिसकाल को टारगेट किया. वजह उस के दूसरे तमाम नंबर फर्जी तरीके से हासिल किए गए निकल रहे थे. हर एक को ठगने या शादी करने के बाद वह इस्तेमाल किया नंबर हमेशा के लिए बंद कर देता था.

जब इस मिसकाल वाले नंबर की जांच की गई तो वह विदिशा का निकला. इस की जानकारी ले कर क्राइम ब्रांच ने विदिशा जा कर दबिश दी तो यह नंबर किसी राम नायडू का निकला, जो विदिशा की कृष्णा कालोनी में रहता था. काफी मशक्कत के बाद इस राम नायडू नाम के शख्स को पुलिस टीम ने इंदौर के ही नौलखा इलाके से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल कर ली. राहुल दीक्षित और राम नायडू का क्या संबंध है यह पहेली सुलझाने में पुलिस को ज्यादा देर नहीं लगी. पता चला कि राम नायडू ही राहुल दीक्षित था, जिस के कई और भी नाम थे.

पूछताछ में पता चला कि राम नायडू के पिता पी. वेंकटेश्वर आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे. पहले वह नागपुर में सेना में नौकरी करते थे. रिटायरमेंट के बाद वह बीएसएनएल में टैक्नीशियन के पद पर काम करने लगे थे. उन्होंने विदिशा में ही मकान बना लिया था. जब पुलिस ने राम नायडू उर्फ राहुल दीक्षित की जन्मकुंडली टटोली तो कई चौंका देने वाली बातें सामने आईं. राम नायडू विदिशा में ही पैदा हुआ था, लेकिन उस के पिता ने पढ़ाई के लिए उसे भोपाल में रहने वाले उस के मामा ईश्वर प्रसाद के पास भेज दिया था. भोपाल में उस का दाखिला एक प्राइवेट स्कूल में करा दिया गया था. पढ़ाई में राम नायडू ठीकठाक था.

स्कूली पढ़ाई के बाद उस ने एम.पी. नगर प्रैस कौंप्लेक्स के पास नवीन कालेज में दाखिला ले लिया था. जब वह बीए के दूसरे साल में था तो उसे रंगमंच का शौक लग गया. अपनी चाहत पूरी करने के लिए वह देशभर में मशहूर भोपाल के कला केंद्र रवींद्र भवन से जुड़ गया. यहां उस की मुलाकात मशहूर कलाकार आलोक चटर्जी से हुई. बड़े और प्रसिद्ध कलाकारों का सान्निध्य और प्रोत्साहन मिला तो उस का ध्यान पढ़ाई से उचट गया. वह मुंबई जा कर फिल्म इंडस्ट्री में जमने के सपने देखने लगा. राम नायडू चूंकि महत्त्वाकांक्षी था, इसलिए वह पढ़ाई अधूरी छोड़ कर मुंबई चला गया.

मुंबई में शायद वह कामयाब हो भी जाता, लेकिन जिन दिनों वह रवींद्र भवन में काम करता था, उन्हीं दिनों उस की मुलाकात इसी इलाके के 2 बदमाशों उजेब और अजीज उल्ला से हुई थी. ये दोनों नशा करने और कराने के लिए रवींद्र भवन के पास ही मंडराते रहते थे. इन दोनों की संगत में पड़ कर राम नशा करने लगा था. लेकिन इस के एवज में उसे अपना शोषण कराना पड़ता था. अजीज और उजेब ने उस का पीछा मुंबई तक किया तो वह परेशान हो उठा. उस में इन बदमाशों से टकराने की हिम्मत नहीं थी.

मुंबई से पहले वह भोपाल आया और फिर भोपाल से विदिशा आ गया. लेकिन इन दोनों बदमाशों से उसे छुटकारा नहीं मिला. ये दोनों विदिशा जा कर उस का शोषण करने का कोई मौका नहीं छोड़ते थे. राम नायडू जब बहुत परेशान हो गया तो उस ने अपने भोपाल वाले मामा के साथ मिल कर विदिशा में अजीज उल्ला की हत्या कर दी. यह सन 2003 की बात है. उस का यह जुर्म छुपा नहीं रह सका. पुलिस ने राम नायडू और उस के मामा को गिरफ्तार कर के जेल भेज दिया. सन 2006 में हत्या का आरोप साबित होने पर अदालत ने उसे और उस के मामा को आजीवन उम्रकैद की सजा सुनाई.

सन 2011 तक राम नायडू जेल में रहा. इसी बीच ग्वालियर हाईकोर्ट में दायर राम नायडू और उस के मामा की जमानत याचिका मंजूर हो गई. मामाभांजा दोनों जमानत पर जेल से बाहर आ गए. राम नायडू बाहर तो आ गया, पर उस के सामने हजार तरह की दुश्वारियां मुंह बाए खड़ी थीं. उस के ऊपर कातिल का ठप्पा लगा था. ऐसे में उसे नौकरी मिलना मुश्किल था. जबकि कोई कामधंधा वह जानता नहीं था, जिस से अपना गुजरबसर कर लेता. जब आदमी को कोई राह नहीं मिलती तो वह अपने लिए टेढ़ी राह चुन लेता है. यही राम नायडू के साथ हुआ. कामधंधा न होने के बावजूद वह हैरतअंगेज तरीके से अमीर होता गया. उस का रहनसहन ठाठबाट देख कर उसे जानने वाले चकित थे कि जेल से छूटे मुजरिम के पास इतना पैसा कहां से आ रहा है.

पूछने पर वह लोगों को बताता था कि वह प्रौपर्टी डीलिंग का धंधा कर रहा है, जिस से दलाली में अच्छाखासा पैसा मिल जाता है. इसी दौरान भोपाल के कोलार इलाके में उस ने नगद पैसे दे कर एक महंगा फ्लैट खरीद लिया. उन दिनों राम नायडू की रईसी और अय्याशी शबाब पर थी. हकीकत यह थी कि जेल से जमानत पर छूटने के बाद उस ने नया धंधा चुन लिया था. यह धंधा था उम्रदराज लड़कियों से शादी कर के उन से पैसे झटकने का. मध्य प्रदेश की जिन जगहों में उस ने ठगी की, उन में सागर, ग्वालियर, बीना, छिंदवाड़ा, खंडवा, खरगोन और सीहोर सहित दर्जन भर शहरों की लड़कियां शामिल थीं. राम के निशाने पर वे लड़कियां रहती थीं, जो 40 की उम्र के लगभग थीं और उन के घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं होता था.

धंधा चल निकला तो वह बीवियों के पैसे से अय्याशी करने लगा. जिस को वह ठगता था, वे रिपोर्ट दर्ज नहीं कराती थीं, क्योंकि इस से सिवाय बदनामी के कुछ हासिल नहीं हो सकता था. इस प्लेबौय की कितनी पत्नियां हैं, इस की गिनती कथा लिखे जाने तक जारी थी. लेकिन हैरानी की बात यह है कि तमाम शहरों की लड़कियां यह तो स्वीकार रही हैं कि इस रंगीनमिजाज नटवरलाल ने उन्हें ठगा, पर रिपोर्ट अभी भी दर्ज नहीं करा रहीं.

सिर्फ एक पीडि़ता विजया उस के खिलाफ खुल कर सामने आई, जो जबलपुर मैडिकल कालेज में नर्स है. हैरानी की बात यह है कि उस ने विजया से शादी मृणालिनी को चूना लगाने के बाद बीते 12 नवंबर को भोपाल के आर्यसमाज मंदिर में की थी. शादी के 2-4 दिनों बाद उस ने विजया को समझाबुझा कर या कहें बेवकूफ बना कर इस बात पर राजी कर लिया था कि वह जबलपुर जा कर नौकरी करे. फिर कहीं सेटल होने के बारे में सोचेंगे.

मृणालिनी से ठगे पैसों से उस ने भोपाल के ही नेहरूनगर इलाके में एक और फ्लैट खरीदा था और साथ ही एक पुरानी कार भी खरीद ली थी. इस के बाद भी उस के पास पैसे बच गए थे, जिन से रंगीनमिजाज ठग राम नायडू सीधा बैंकाक जा पहुंचा, जहां वह एक होटल में ठहरा. इस के लिए उस ने जेल से छूटते ही मामा के घर के पते पर पासपोर्ट बनवा लिया था. बैंकाक में उस ने एक कालगर्ल बुक कर रखी थी. यानी शादी की मृणालिनी और विजया सरीखी दर्जनों लड़कियों से और हनीमून मनाने गया विदेश कालगर्ल के साथ.

पूरी तरह फंसने और पुराने पाप उजागर होने के बाद भी राम नायडू ने पूरी बेशर्मी से स्वीकारा कि वह अखबार में वैवाहिक विज्ञापन देख कर शादी का प्रस्ताव भेजता था, शिकार फांसता था, शादी करता था और पत्नियों से शारीरिक संबंध भी बनाता था. भले ही वे इस से मुकरती रहें. उस ने एक अजीब बात और भी मानी कि उस ने भले ही कई शादियां कीं, पर विजया आज भी उस का सच्चा प्यार है. उस से उस की मुलाकात जबलपुर में उस वक्त हुई थी, जब उस का एक दोस्त वहां इलाज के लिए भर्ती था.

कई पत्नियों वाले इस राम का लंबा नपना तय है, क्योंकि उस के खिलाफ पुलिस तमाम पुख्ता सबूत हासिल कर चुकी है. दाद देनी होगी मृणालिनी की हिम्मत की, जिस ने लोकलाज की परवाह न कर के पहल की. नहीं तो यह अय्याश ठग न जाने और कितनी लड़कियों की जिंदगी से खिलवाड़ कर के उन के पैसे लूटता रहता.

देश भर में उम्रदराज लड़कियां तख्तियां हाथ में लटका कर नारे लगा रही हैं कि अकेले हैं पर कमजोर नहीं. उन्हें एक दफा राम नायडू की अय्याशी से सबक लेना चाहिए, वजह उस ने जाने कितनी अधेड़ अविवाहित महिलाओं की इज्जत और जज्बातों से खिलवाड़ कर के उन का पैसा लूटा है. इस मामले से यह भी साबित होता है कि अकेली रह रही उम्रदराज लड़की भावनात्मक रूप से कमजोर होती ही है, जिस का फायदा राम नायडू जैसे ठग आसानी से उठा लेते हैं. Hindi Crime Story

—कथा में लड़कियों के

UP Crime: काली कमाई का कुबेर – यादव सिंह

UP Crime: भ्रष्टाचार की गटरगंगा में मछलियां भी पलती हैं और मगरमच्छ भी. सैकड़ों करोड़ कमाने वाला नोएडा अथौरिटी का चीफ इंजीनियर यादव सिंह॒ऐसा मगरमच्छ था, जिस ने छोटी मछलियों को पनपने भी दिया तो अपने स्वार्थों की खातिर. उस के खिलाफ बारबार जांच हुई लेकिन नतीजा कोई नहीं निकला. आखिर सीबीआई ने इस मगरमच्छ को धर ही दबोचा. दे श की राजधानी दिल्ली के बिलकुल पास स्थित उद्योगों व कौरपोरेट जगत में विश्वस्तरीय पहचान बना चुके नोएडा में छोटेबड़े रईसों की कोई कमी नहीं है.

यहां के विभिन्न सैक्टरों में यूं तो एक से बढ़ कर एक कोठिया बनी हैं, लेकिन सैक्टर-51 स्थित एक बंगलेनुमा कोठी नंबर ए-10 पिछले कुछ समय से खासी चर्चाओं में थी. यह कोठी खास महज इसलिए नहीं थी कि उस की 3 मंजिला बनावट जुदा थी, बल्कि इसलिए कि वह उत्तर प्रदेश सरकार के एक ऐसे अफसर की कोठी थी, जिसे सारा देश उस के कारनामों के लिए जान गया था. आसपास रहने वाले लोग तो चर्चा करते ही थे, उधर से गुजरने वाले लोग भी इस कोठी को अलग नजरिए से देखते थे. पहले वहां पर लालनीली बत्ती वाली गाडि़यों का खूब आवागमन रहता था. इस के बावजूद कम लोग ही कोठी के अंदर जा पाते थे. तगड़ी कदकाठी वाला कोठी का मालिक पूरे रुआब से रहता था. वह आसपास के लोगों से बात तक नहीं करता था.

लेकिन पिछले चंद महीनों में इस कोठी की रौनक जाती रही. लग्जरी गाडि़यां तो दूर गिनेचुने लोग ही वहां आतेजाते थे. लोगों का ध्यान भी इस कोठी की तरफ से हटना शुरू हो गया था, लेकिन 3 फरवरी, 2016 को न सिर्फ कोठी, बल्कि उस का मालिक भी एक बार फिर चर्चाओं में आ गया. इस की वजह यह थी कि कोठी के मालिक को देश की सब से बड़ी जांच एजेंसी सेंट्रल ब्यूरो औफ इन्वैस्टीगेशन (सीबीआई) ने गिरफ्तार कर लिया था.

गिरफ्तार किए गए शख्स का नाम था यादव सिंह. नोएडा/ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रैसवे अथौरिटी का सस्पैंड चीफ इंजीनियर. वह सरकारी तंत्र का इतना बड़ा भ्रष्ट अफसर था कि उस के कारनामों ने बड़ेबड़े घपलों को भी मात दे दी थी. उस का रसूख और हैसियत ऐसी थी कि आला दर्जे के अधिकारी भी उस से एक मिनट की मुलाकात के लिए तरसते थे. क्या नेता, क्या अधिकारी सब उस के आगेपीछे घूमते थे. यूं तो वह आरोपों और जांच के दायरे में कई बार घिरा, लेकिन उस की पकड़ इतनी मजबूत थी कि कभी उस का बाल भी बांका नहीं हो सका. वह जिसे चाहता था, अपनी अंगुलियों पर नचा देता था. लेकिन वक्त ने उस के रसूख को भी लील लिया.

सीबीआई की एंटीकरैप्शन व एसटीएफ विंग ने यादव सिंह को पूछताछ के लिए अपने लोधी रोड, दिल्ली स्थित हैड क्वार्टर बुलवाया, जहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पहले से ही सुर्खियों में रहे यादव सिंह के खिलाफ यह बहुत बड़ी काररवाई थी. अगले दिन सीबीआई टीम यादव को ले कर गाजियाबाद स्थित सीबीआई कोर्ट पहुंची तो वहां पहले से मीडियाकर्मियों की भारी भीड़ थी. यादव सिंह का सीबीआई की गिरफ्त में होना ही बड़ी खबर थी.

यादव सिंह सीबीआई की सफेद रंग की टवेरा कार से नीचे उतरा तो लोग उसे सही ढंग से देख पाए. वह काली पैंट, व्हाइट जैकेट और नीली कैप लगाए हुए था. वक्त की चाल का शिकार हुए यादव सिंह की हालत हारे हुए जुआरी जैसी थी. गहमागहमी के बीच सीबीआई ने उसे विशेष जज जे. श्रीदेवी की अदालत में पेश कर के पूछताछ के लिए 10 दिनों का रिमांड मांगा. प्राथमिक चार्जशीट के अध्ययन और कुछ देर चली सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 6 दिनों के रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया. रिमांड स्वीकृत होते ही टीम उसे ले कर दिल्ली के लिए रवाना हो गई.

काली कमाई से हजारों करोड़ का साम्राज्य खड़ा करने वाला यादव सिंह सीबीआई के शिकंजे में कैसे आया? एक मामूली इंजीनियर अरबपति कैसे बन गया? इस के पीछे भी एक कहानी थी. यादव सिंह मूलत: आगरा का रहने वाला था. मत्त्वकांक्षी यादव सिंह की परवरिश गरीबी में हुई थी. उस का ख्वाब था कि वह बड़ा आदमी बने. इतना बड़ा कि गरीबी उस के आसपास भी न मंडरा सके. उस ने इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया. इस के बाद सन 1980 में उस की नौकरी नोएडा आथौरिटी में लग गई.

इंसान जितना महत्त्वाकांक्षी होता है, अपनी महत्त्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उस का दिमाग उतना ही तेज चलता है. यादव सिंह के कई साल नौकरी में बीत गए. इस बीच उस ने न सिर्फ अपने काम, बल्कि अथौरिटी के पूरे संचालन को अच्छी तरह से समझ लिया. सरकारी सिस्टम की उन बारीकियों को उस ने बारीकी से समझा, जहां अतिरिक्त आय के स्रोत थे. बात सिर्फ इतनी नहीं थी. उस ने यह भी जान लिया था कि सरकारी तंत्र राजनीतिज्ञों के इशारों के गुलाम होते हैं. नौकरशाह का रसूख ऊपर तक हो तो वह खुल कर खेल सकता है. यादव सिंह इसी राह पर चला और छुटभैये नेताओं से शुरू हुआ उस का सफर एक दिन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सत्ता के गलियारों तक जा पहुंचा.

इस का उसे फायदा तब मिला जब सन 1995 में एक दर्जन से ज्यादा इंजीनियरों को नजरअंदाज कर के उसे प्रोजैक्ट इंजीनियर के पद पर प्रमोशन दे दिया गया. यादव सिंह के पास इस पद के हिसाब से डिग्री नहीं थी, लेकिन राजनीतिज्ञों के संरक्षण की वजह से उसे डिग्री हासिल करने के लिए 3 साल का समय दिया गया. बिलकुल उसी तरह जैसे किसी को लाइसेंस देने से पहले ही बंदूक दे दी जाए. इस के बाद यादव सिंह खुल कर खेला. बाद में उस ने डिग्री भी हासिल कर ली.

तनख्वाह भले ही सीमित थी, पर यादव सिंह के ठाठबाट देखते ही बनते थे. उस की किस्मत तब और भी जोरों से जागी, जब सन 2002 में उसे चीफ मैंटीनेंश इंजीनियर के पद पर तैनात किया गया. अथौरिटी में यह बेहद महत्वपूर्ण और बड़ा पद था. अगले 9 सालों में यादव सिंह ने अपने नेटवर्क को भी मजबूत बनाया और मनमानी दौलत भी एकत्र की. आलम यह था कि यादव सिंह ने नोएडा के ही सैक्टर-51 और सैक्टर-24 में 2 आलीशान कोठियां  खड़ी कर ली थीं. इस के अलावा उस ने अपने परिवार के लिए आगरा में भी देवरी रोड पर बड़ी सी भव्य कोठी बनवा दी थी. इस कोठी में उस के बड़े भाई कपूर सिंह और उन का परिवार रहता था. यह आर्थिक हैसियत सिर्फ प्रत्यक्ष थी, जबकि वास्तव में हकीकत और भी बड़ी थी.

वक्त यादव सिंह का साथ दे रहा था. वह जैसा चाहता था, ठीक वैसा ही होता था. उन दिनों प्रदेश में बसपा की मायावती सरकार थी. यादव सिंह सरकार में मजबूत पकड़ बना चुका था. वह मुख्यमंत्री मायावती तक अपनी पहुंच बताता था. अथौरिटी में चीफ मैंटीनेंस इंजीनियर के और भी पद थे, पर उस ने अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर के सभी पद न केवल खत्म करा दिए, बल्कि अपने लिए इंजीनियर इन चीफ का पद सृजित करा लिया. यादव सिंह के पास दौलत, ताकत और पहुंच सभी कुछ॒था. आला अधिकारियों से ले कर राजनैतिक आकाओं की उस पर नजरें इनायत थीं.

यादव सिंह को किसी ने कहा कि अगर वह तिलक लगाए और सोना पहने तो समृद्धि और भी बढ़ जाएगी. उस ने ऐसा ही किया. उस के माथे पर तिलक के साथ गले में सोने की चेन और हाथों की अंगुलियों में हीरे जडि़त सोने की कई अंगूठियां दमकने लगीं. सिस्टम पर पकड़ होने की वजह से बसपा सरकार में यादव सिंह की तूती बोलती थी. विरोधी सहकर्मियों ने उसे हटाने के लिए एक बार प्लानिंग भी की, लेकिन यादव सिंह सब पर भारी पड़ा और अपनी ताकत से विरोधियों को आईना दिखा दिया. वे लोग पद पर होते हुए भी काम के लिए तरस गए. यादव सिंह के परिवार में उस की पत्नी कुसुमलता के अलावा बेटा सन्नी और 2 बेटियां थीं करुणा और गरिमा.

सन 2011 से यादव सिंह के खिलाफ घोटाले की आवाज उठनी शुरू हुई. बाद में नवंबर महीने में बीजेपी सांसद किरीट सोमैया ने यादव सिंह के खिलाफ 950 करोड़ का घोटाला उजागर किया. यह बात अलग थी कि यादव सिंह पर तत्काल इस का कोई असर नहीं हुआ. यादव सिंह का सफर बहुजन समाज पार्टी की मायावती सरकार से शुरू हो कर  सन 2012 में समाजवादी पार्टी की अखिलेश यादव सरकार तक आ गया था. अखिलेश सरकार आई तो यादव सिंह पर शिकंजा कसने की तैयारी की गई. 950 करोड़ के टेंडर घोटाले में अथौरिटी के चीफ इंजीनियर के खिलाफ 13 जून, 2012 को थाना सैक्टर-39 में विभिनन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया. इस बार यादव सिंह को सस्पैंड कर दिया गया.

विरोधी खुश हुए कि यादव सिंह अब लपेटे में आ जाएगा, क्योंकि मामला काफी बड़ा था. लेकिन यह विरोधियों की सोच थी. उन की खुशफहमी को तब झटका लगा, जब यादव सिंह ने अपने दिमागी गणित का फार्मूला मौजूदा सरकार में भी चला दिया. सस्पैंड होने के बावजूद अथौरिटी में यादव सिंह का हस्तक्षेप बराबर बना रहा. बड़े आवंटनों में यादव सिंह की सहमति ली जाती थी. इस रसूख का नतीजा यह निकला कि नोएडा पुलिस ने यादव सिंह को इस मामले में क्लिनचिट दे दी और अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी.

फिर कभी इस घोटाले पर सवाल खड़ा न हो, इसलिए इस मामले की सीबीसीआईडी जांच भी हुई, लेकिन यादव सिंह इस में भी बच गया. कुछ महीनों की गर्दिशों के बाद यादव सिंह को न केवल बहाल कर दिया गया, बल्कि प्रमोशन भी मिला. उसे यमुना एक्सप्रेस वे अथौरिटी का चीफ इंजीनियर बना दिया गया. एक बार फिर यादव सिंह को पंख लगे. वह अपने रसूख को बरकरार रख कर मजे से नौकरी करने लगा. इस के बाद एक तरह से उस की ताकत और भी बढ़ गई थी. अब उस का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता था. यादव सिंह औडी जैसी महंगी लग्जरी गाडि़या रखता था. लेकिन वह अपनी कारों पर सरकारी ड्राइवर नहीं रखता था.

यादव सिंह के रसूख का आलम यह था कि उस से मिलने के लिए लोग तरसते थे. वह कहीं किसी फंक्शन में जाता था तो बड़े अफसर और नेता उस के इर्दगिर्द मंडराते नजर आते थे. यादव सिंह का व्यवहार आला दर्जे के अधिकारी जैसा होता था. फंक्शन किसी का भी हो, लेकिन सारी रौनक यादव सिंह पर आ कर सिमट जाती थी. औफिस आने वाले बड़े बिल्डर और ठेकेदार सब से पहले यादव सिंह को खुश करते थे. अथौरिटी में वही होता था, जो यादव सिंह चाहता था. उस की मर्जी के बिना न कोई ठेका दे सकता था और न ही कोई छोटेबड़े आवंटन हो सकते थे. उस की खुशी और अनुमति दोनों के ही मायने होते थे. सरकारी लोगों को वह अपनी निजी जिंदगी से दूर ही रखता था.

यादव सिंह की दौलत पर किसी को कोई शक नहीं था, लेकिन उस की दौलत का दायरा कितना था, यह कोई नहीं जानता था. इस की भी वजह थी, क्योंकि मोटी डील वह अपने घर और होटलों में करता था. किसी की आर्थिक हैसियत का अंदाजा 2 तरीकों से ही होता है. पहला वह खुद जम कर उस का प्रदर्शन करे या फिर कोई दूसरा मय तथ्यों के उस का खुलासा कर दे. यादव सिंह के मामले में वक्त के साथ दूसरा तरीका अपनाया गया.

वह अकूत दौलत का मालिक है, यह बात 17 नवंबर, 2014 को तब पता चली, जब आयकर महानिदेशक (जांच) कृष्णा सैनी के निर्देश पर आयकर निदेशक (जांच) अशोक कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में आयकर विभाग की कई टीमों ने उस की नोएडा वाली कोठी सहित उस के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. इस से उन लोगों की गलतफहमी तो दूर हुई ही, जो उन्हें छोटामोटा अमीर समझते थे, आयकर विभाग भी बुरी तरह चौंक गया. 2 दिनों तक चली इस छापेमारी में यादव सिंह की करोड़ों की संपत्ति पकड़ में आई. प्रौपर्टी के कागजात व अन्य दस्तावेज कई सूटकेसों में भरे हुए थे. कोठी के बाहर खड़ी सफेद रंग की औडी कार की डिग्गी से ही 10 करोड़ रुपए नगद बरामद हुए.

घर में रखी तिजोरियों और अलमारियों को खंगालने के साथ ही आयकर विभाग ने उन के कई बैंकों के लौकर भी खंगाले और वहां से संपत्तियों के पेपर्स के साथसाथ करीब 2 करोड़ रुपए के आभूषण बरामद किए. इन आभूषणों में 9 लखा हार, हीरे के कई सैट, हीरे जड़ाऊ कंगन और गहनों के गिफ्ट आदि थे. घर में ही गहनों का मिनी शोरूम बना था. उस के परिवार और नजदीकियों के नाम करोड़ों की संपत्तियां थीं.

यह बड़ी काररवाई थी. इस से यादव सिंह छटपटा गया. इस के चलते ही यह राज भी खुल गया कि यादव सिंह ने अपनी पत्नी को तलाक दे रखा था. इस की वजह भी पता चल गई. दरअसल यादव सिंह ने पत्नी व बच्चों के नाम पर कारोबारी घरानों के साथ मिल कर 30 से ज्यादा कपंनियां खड़ी कर दी थीं. इन कंपनियों में कुसुम गारमेंट्स प्रा.लि., न्यू एरा सौफ्टवेयर, चाहत टैक्नौलोजी प्रा.लि., केएस अल्ट्राटैक प्रा.लि., क्विक इन्फौटैक सौल्यूशन प्रा.लि. व हिचकी क्रियेशंस प्रा.लि. प्रमुख थीं.

खास बात यह थी कि महज कुछ हजार से शुरू होने वाली ये कंपनियां कुछ ही दिनों में करोड़ों के टर्नओवर तक पहुंच गई थीं. बताते हैं कि यादव सिंह ब्लैकमनी को कंपनियों में लगा कर उसे व्हाइट मनी बनाना चाहता था. वैसे यादव सिंह खुद इन कंपनियों के मालिक नहीं था. इन कंपनियों को उस ने सन    2006 से ही खड़ा करना  शुरू कर दिया.

एक तरफ की काली कमाई दूसरी तरफ जा रही थी. कंपनियों में नोट गिनने की मशीनें थीं. करोड़ों रुपयों की शिफ्टिंग में निजी सुरक्षाकर्मियों का सहारा लिया जाता था. बात यहीं खत्म नहीं हुई. यादव सिंह के यहां से छापे में मिले आभूषणों के आंकलन और परख के लिए सर्राफों को बुलाया गया. आभूषणों को देख कर सर्राफों को भी पसीने आ गए, क्योंकि सभी जेवरात न केवल महंगे थे, बल्कि सौ फीसदी खरे थे. यादव सिंह भ्रष्ष्टाचार का मगरमच्छ बन कर सामने आया था. अपने पद पर रहते हुए उस ने अपने नाते रिश्तेदारों को धड़ाधड़ महंगे प्लाट आवंटित किए थे.

आयकर विभाग ने यादव सिंह का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया था. इस सब के बावजूद यादव सिंह बेफिक्र था. इस की वजह थी उन की सियासी पकड़ और पहुंच. चर्चा होने लगी थी कि यादव सिंह आयकर विभाग को टैक्स चुका कर पाकसाफ बच जाएगा. क्योंकि आयकर विभाग को बरामद संपत्तियों, नगदी पर टैक्स से मतलब होता है. बहरहाल, आयकर विभाग ने अपनी जांच जारी रखी. इसी जांच में पता चला कि यादव सिंह के परिवार के नाम जो कंपनियां थीं, उन का लेनदेन विदेशों में भी था. प्रवर्तन निदेशालय को इस से अवगत करा दिया गया. इसी बीच यादव सिंह सुप्रीम कोर्ट की तरफ से भ्रष्टाचार के मामलों को ले कर बनाए गए विशेष जांच दल (एसआईटी) के रडार पर वह आ गया. एसआईटी ने इस मामले को संज्ञान में ले कर काररवाई शुरू कर दी.

यादव सिंह के खिलाफ सरकार ने तत्काल कोई काररवाई नहीं की थी. इस पर राजनीतिक दलों ने घेराबंदी शुरू की. जब सरकार पर सवाल उठने लगे तो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने साफ किया कि आयकर विभाग और अन्य एजेंसियों की जांच रिपोर्ट आने के बाद सरकार यादव सिंह के खिलाफ कोई काररवाई करेगी. आखिर 8 दिसंबर को यादव सिंह समेत 3 लोगों को सस्पैंड कर दिया गया. यादव सिंह यह सोच कर बेफिक्र था कि इस बार भी वह पुराने फार्मूले अपना कर बच जाएगा.

लेकिन यादव सिंह का समय अनुकूल नहीं था. फिर भी उसे अपनी पहुंच और रसूख पर पूरा भरोसा था. उसे पूरी उम्मीद थी कि धीरेधीरे सब ठीक हो जाएगा. लेकिन यादव सिंह के सितारे गर्दिश में थे. शायद उस का बिगड़ा खेल बन भी जाता, लेकिन इसी बीच उत्तर प्रदेश के चर्चित सीनियर आईपीएस अमिताभ ठाकुर की पत्नी और सामाजिक कार्यकर्ता डा. नूतन ठाकुर ने 11 दिसंबर को हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर दी.

उन्होंने तर्क दिया कि यादव सिंह के यहां आयकर छापों में करोड़ों की अवैध संपत्ति के सुबूत मिले हैं. इसलिए उस के खिलाफ सीबीआई जांच होनी चाहिए. अदालत ने 16 दिसंबर को सरकार से जवाब तलब किया तो सरकार ने इसी बीच 10 फरवरी को यादव सिंह के खिलाफ जांच करने के लिए रिटायर्ड जस्टिस अमरनाथ वर्मा की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग गठित कर दिया.

बाद में हुई सुनवाई में याची ने अदालत में तर्क दिया कि राज्य सरकार ने काररवाई करने के बजाय न्यायिक आयोग बना दिया. ऐसा इसलिए किया गया, ताकि सूबे में पूर्व और मौजूदा सरकारों में ऊंची पहुंच रखने वाले यादव सिंह के मामले को रफादफा किया जा सके. आरोप लगाया गया कि सन 2002 से 2014 के बीच यादव सिंह करीब 2 हजार करोड़ की परियोजनाओं से ने बड़ी तादाद में अवैध संपत्ति अर्जित की. याची सीधे तौर पर सीबीआई जांच की मांग की.

इस पर कोर्ट ने एसआईटी से भी जानकारियां हासिल कीं. कई सुनवाइयों के बाद आखिर 16 जुलाई, 2015 की हाईकोर्ट की लखनऊ बैंच के मुख्य न्यायमूर्ति डा. धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति नारायण शुक्ल की खंडपीठ ने सीबीआई जांच के आदेश दे दिए. हाईकोर्ट ने कहा कि ‘हमारे मतानुसार इस मामले के हालात सीबीआई के सुपुर्द करने लायक हैं. क्योंकि इस में भ्रष्टाचार का मामला बनता है.’ अदालत के हस्तक्षेप के बाद यादव सिंह की बचाव की तैयारियां धरी की धरी रह गई. उस के लिए यह बड़ी मुसीबत थी. इस बुरे वक्त में उस के नातेरिश्तेदारों से ले कर बड़े घरानों और नेताओं ने भी पल्ला झाड़ लिया था. वजह यह थी कि कोई भी जांच के लपेटे में नहीं आना चाहता था.

इस दौरान वह खुद भी सामने नहीं आया. आखिर हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने इस मामले में 30 जुलाई, 2015 को यादव सिंह व उस के साथियों के खिलाफ धारा 120बी, 409, 420, 466, 467, 469, 471 के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया. इस पूरे प्रकरण की जांच का जिम्मा एसटीएफ व एंटी करैप्शन विंग के सुपुर्द कर दिया गया. सीबीआई जानती थी कि यादव सिंह बड़ा खिलाड़ी है. इसलिए वह उसे बचने का कोई मौका नहीं देना चाहती थी.

4 अगस्त, 2015 को सीबीआई की टीमों ने एक साथ दिल्ली, आगरा, नोएडा व फिरोजाबाद समेत 12 स्थानों पर छापेमारी की और यादव सिंह की 38 प्रौपर्टी का पता लगाने के साथ ही महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद कर लिए. सीबीआई की 14 सदस्यीय टीम ने यादव सिंह की कोठी में घंटों जांचपड़ताल की. आयकर विभाग ने भी सबूत एकत्र किए. अगले कुछ महीनों में जांच में जुटी सीबीआई ने धीरेधीरे टेंडर व जमीनों के आवंटन से जुड़ी 3 हजार फाइलों का जखीरा एकत्र कर लिया. सीबीआई ने इस दौरान कई बार नोएडा अथौरिटी जा कर जांच की और टेंडर से जुड़ी मूल पत्रावलियों को जब्त किया.

यादव सिंह ने सन 2002 से ले कर 1 दिसंबर, 2014 तक विभिन्न कार्यों के हजारों करोड़ रुपए के टेंडर जारी किए थे. सन 2014 में तो महज 8 दिनों के भीतर उस ने 950 करोड़ रुपए के ठेके बांट दिए थे. यह भी साफ हो गया कि यादव सिंह के पास आय से अधिक संपत्ति है. सीबीआई ने इस की भी जांच की कि 950 करोड़ के बड़े घोटाले में आखिर यादव सिंह बच कैसे गया? इस की नए सिरे से जांच हुई. सीबीआई ने बिल्डरों के ठिकानों पर छापेमारी की और दस्तावेज बरामद किए. इस में खुलासा हुआ कि यादव सिंह ने 5 फीसदी कमीशन के बदले टेंडर बांटे थे. 17 दिसंबर को सीबीआई ने नोएडा के सहायक परियोजना अभियंता रामेंद्र को गिरफ्तार कर लिया. उस से कड़ी पूछताछ के बाद सुबूत जुटाए और उसे जेल भेज दिया गया.

इस बीच अथौरिटी से पता किया गया कि यादव सिंह को तैनाती के बाद से कुल कितना वेतन मिला. पता चला कि सैकड़ों करोड़ की प्रौपर्टी जुटाने वाले यादव सिंह को सन 1980 से निलंबन तक की अवधि में वेतन के रूप में 70 लाख रुपए दिए गए थे. सैकड़ों पत्रावलियों और छापेमारी में बरामद दस्तावेजों की जांच में भ्रष्टाचार के पुख्ता सबूत मिले. जांच टीम ने सीबीआई के डायरेक्टर अनिल कुमार सिन्हा से विचारविमर्श के बाद यादव सिंह को गिरफ्तार करने का फैसला किया. आखिरकार सीबीआई ने 3 फरवरी को यादव सिंह को अपने हैड क्वार्टर बुला कर गिरफ्तार कर लिया.

रिमांड अवधि पूरी होने पर सीबीआई ने यादव सिंह को पुन: अदालत में पेश किया और 5 दिनों का रिमांड और ले लिया. यादव सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रहा था. फलस्वरूप सीबीआई को उस की रिमांड अवधि बढ़वानी पड़ी. 17 फरवरी को उसे पुन: अदालत पर पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. फिलहाल वह जेल में है. कथा जांच एजेंसियों की काररवाई व जनचर्चाओं पर आधारित. UP Crime

 

Hindi Stories: एक अनूठी प्रेम कहानी – बाजीराव मस्तानी

Hindi Stories: संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ आई और सफल भी रही. निस्संदेह लोगों ने इस प्रेमकहानी को पसंद किया. लेकिन सच यह है कि बाजीराव और मस्तानी के प्रेम को उस जमाने में कोई समझ नहीं पाया था, इसीलिए उन के अपनों ने ही उन्हें एक नहीं होने दिया. फिर भी ये दोनों पात्र ऐतिहासिक आईने में अमर हैं.

प्रेम कहानियां मानव मन को हमेशा से प्रभावित करती रही हैं. कुछ प्रेम कहानियां तो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो कर अमर भी हो गई हैं. लेकिन यह दुख की ही बात है कि मराठा पेशवा बाजीराव प्रथम और उन की प्रेमिका मस्तानी की अद्भुत प्रेम कथा के बारे में हम उतना नहीं जानते, जितना हमें जानना चाहिए 18वीं सदी के इन ऐतिहासिक पात्रों ने भारत के भाग्य का फैसला किया था.

पेशवा बाजीराव मराठा साम्राज्य के ऐसे नायक थे, जिन्होंने अपने बहुत कम समय के शासनकाल में मराठा साम्राज्य को महाराष्ट्र की सीमा से निकाल कर पूरे हिंदुस्तान में फैला दिया था. इस अजेय योद्धा के रणकौशल और वीरता का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 39 साल की उम्र में 41 युद्ध लड़े और किसी भी युद्ध में पराजित नहीं हुए. बाजीराव की बहादुरी को देखते हुए उन्हें ‘इंडियन नेपोलियन’ कहना गलत नहीं होगा. वैसे नेपोलियन कई युद्धों में पराजित हुआ था, लेकिन बाजीराव प्रथम हमेशा अजेय रहे.

सन 1720 में मुगल सम्राट औरंगजेब की मौत के बाद उत्तर भारत में ही नहीं दक्खिन में भी राजनीतिक शून्यता का आलम छा गया था, जिसे पेशवा बाजीराव ने एक झटके में दूर कर के दिल्ली पर मराठों का कब्जा कायम कर दिया था. मुगल सम्राट और सूबेदार जिन्हें अपनी बारूदी ताकत पर नाज था, बाजीराव प्रथम के रहमोकरम पर जीने को मजबूर हो गए थे.

मस्तानी के प्रेम में व्याकुल रहे बाजीराव इस बात का प्रमाण हैं कि उन्होंने अपने प्रेम को पवित्र रखा, उसे कभी वासना में नहीं डूबने दिया. वह ऐसा दौर था, जब ज्यादातर राजा, नवाब, रासरंग में डूब कर रंगरेलियां मनाने में व्यस्त रहते थे, लेकिन बाजीराव के लिए उन की प्रेमिका मस्तानी कभी भी उन की कमजोरी नहीं बनीं, बल्कि उन के अदम्य साहस, पराक्रम में पलपल की हमसफर और प्रेरणास्रोत रहीं.

बाजीराव और मस्तानी की प्रेम कहानी जानने से पहले हमें उन के बारे में जान लेना चाहिए. बाजीराव प्रथम चितपावन ब्राह्मण कुल के पराक्रमी योद्धा थे, जिन्होंने अपनी वंश परंपरा की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए थे. सन 1707 के बाद छत्रपति मराठा सम्राट की हैसियत दिनोंदिन गिरती जा रही थी. तभी अष्टप्रधान मंत्रिमंडल के प्रधानमंत्री पेशवा सत्ता के सिरमौर बन गए. शिवाजी ने जिस मराठा स्वराज की नींव रखी थी, उन के बाद उन के उत्तराधिकारी उतने योग्य साबित नहीं हो सके. जबकि पेशवाओं ने इन कमियों को अपनी काबिलियत बना लिया था.

बालाजी विश्वनाथ ने जो सपना देखा था, उसे उन के योग्य पुत्र बाजीराव ने तूफान की गति से पूरा कर दिखाया. जब मुगल सत्ता पतन पर थी, तभी सन 1720 में बाजीराव प्रथम ने मराठा साम्राज्य की बागडोर संभाली. उस समय की स्थिति को देखसमझ कर उन्होंने घोषणा कर दी कि मुगल वृक्ष अब पतन की ओर है, इस की शाखाओं को काटने के बजाय इस की जड़ों पर प्रहार कर के पूरे वृक्ष को ही उखाड़ फेंका जाए तो बेहतर होगा.

इस के बाद मराठा जांबाज सेनापतियों की सैनिक टुकडि़यों ने पूरे उत्तर भारत को रौंदना शुरू कर दिया. मराठा सैनिकों के घोड़ों के टापों से सुदूर उत्तर भारत की रियासतें धूल के गुबार से ढकती चली गईं. मुगल सम्राट मुहम्मद शाह रंगीला, हैदराबाद के पहले निजाम चिन किलीज खां, और अवध के नवाब ने बाजीराव की फौज को दिल्ली की ओर जाने से रोकने की बहुत कोशिश की, लेकिन उन की कोशिश नाकाम रही. बात तब की है जब उत्तर भारत, खासकर मुगल दरबार, जो उस समय के कमजोर शासक की करतूतों से षड्यंत्रों का अड्डा बना हुआ था, की कमजोरी का फायदा उठा कर मुगल सेनापति अन्य रियासतों पर कब्जा करने के मंसूबे पाल रहे थे.

बाजीराव की प्रेमिका मस्तानी को ले कर इतिहास में तरहतरह की बातें कही जाती हैं, लेकिन ज्यादातर लोगों का कहना है कि मस्तानी छत्रसाल की फारसी बेगम की बेटी थी. कुछ लोग उसे हैदराबाद के नवाब की दरबारी नर्तकी भी मानते हैं. मस्तानी उत्तर मध्यकाल की बहुत ही खूबसूरत शख्सियत थी, जिस की मिसाल कहीं नहीं थी. मस्तानी अपने अद्वितीय सौंदर्य, संगीत और नृत्यकला के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तीरंदाजी, घुड़सवारी, तलवारबाजी और रणकौशल के लिए भी इतिहास में अमर है. बाजीराव के साथ उस ने तमाम युद्ध अभियानों में अपना पराक्रम दिखाया. युद्ध के मैदान में उस का साहस, वीरता और कौशल बाजीराव जैसा ही था, जो खुद असंभव रणनीति बना कर दुश्मनों के छक्के छुड़ाने में माहिर था.

जाहिर है ऐसी काबिलियत की धनी मस्तानी बाजीराव के दिलोदिमाग में छा गई होगी. पहले परिचय के साथ ही प्रेम की जो कहानी शुरू हुई, वह मरते दम तक जरा भी मंद नहीं पड़ी. दोनों जैसे एकदूसरे को पा कर धन्य हो गए थे. बाजीराव का जीवन युद्धों में बीत रहा था. लेकिन मस्तानी ने महिला हो कर भी उन नाजुक घडि़यों में हमेशा बाजीराव का साथ दिया था. इस प्रेमकथा एक सच यह भी है कि बाजीराव का साथ निभाने के लिए मस्तानी को बहुत कष्ट उठाने पड़े थे.

प्यार अगर सच्चा हो तो उस में कष्ट कोई मायने नहीं रखते. कुछ ऐसी ही बातें बाजीराव और मस्तानी के प्रेम में नजर आती हैं. बारूदों की गंध, तलवारों की टंकारों और खून से लथपथ युद्ध के मैदानों में भी प्रेम की सुकोमल भावनाओं की उपस्थिति सचमुच बहुत विलक्षण लगती है. शायद ऐसे माहौल में भी बाजीराव और मस्तानी कुछ पल निकाल कर एकदूसरे को प्रेमिल सहारा देते थे. मस्तानी ने बाजीराव के सपनों में बाधा खड़ी करने के बजाय मराठा साम्राज्य के चमत्कारिक प्रसार में योगदान किया था. लेकिन 18वीं सदी का रूढि़वादी समाज और शाही सोच प्रेम की भावनाओं को समझने में कतई समर्थ नहीं रहे. इसीलिए उन के रास्तों में लोगों, खासकर करीबी लोगों ने अनगिनत बाधाएं खड़ी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी.

मस्तानी के बारे में एक मान्यता यह भी है कि वह गुजरात के मुगल सूबेदार शुजाअत खां की दरबारी नर्तकी थी. 1724 में जब चिमनाजी अप्पा ने गुजरात पर हमला किया तो वह शुजाअत खां को मार कर मस्तानी को लूट लाया. बाद में मस्तानी को उस ने पेशवा बाजीराव की सेवा में सौंप दिया. गुजराती लोक गीतों में उसे अफगानी गुर्जर नर्तक जाति की माना जाता है. उसे ‘भवन कांचरी’ नृत्यांगना भी कहा जाता है. यहीं से वह छत्रसाल की रक्षा के लिए बाजीराव के साथ बुंदेलखंड गई. जैतपुर के युद्ध में उस के अदम्य साहस से खुश हो कर छत्रसाल ने उसे अपनी बेटी बना लिया था.

दूसरी मान्यता यह है कि मस्तानी राजपूत राजा छत्रसाल की ईरानी बेगम की बेटी थी. बचपन से ही उस ने नृत्य संगीत और शाही जिंदगी के हर रंग और अच्छेबुरे पहलुओं को जिया और सहा. सन 1728 में जब इलाहाबाद के मुगल सूबेदार मुहम्मद खां बंगश ने बुंदेलखंड पर हमला कर के छत्रसाल के बेटे जगतराज को बंदी बना लिया. इस स्थिति में बुजुर्ग राजपूत शासक ने मुहम्मद खां बंगश के सामने घुटने टेकने के बजाय उसे सबक सिखाने के लिए पेशवा बाजीराव प्रथम को सहायता प्रस्ताव भेजा.

बाजीराव तुरंत अपनी सेना सहित छत्रसाल की मदद के लिए आए और जैतपुर के युद्ध में उन्होंने मुहम्मद खां बंगश को बुरी तरह हरा दिया. इसी युद्ध में पहली बार बाजीराव ने मस्तानी को लड़ते देखा था, उसी समय वह उस के रूपसौंदर्य के साथसाथ उस के हुनर और काबिलियत पर फिदा हो गए थे. पहली नजर का यह प्यार आजीवन चला. छत्रसाल ने झांसी, ओरछा, बांदा की जागीर के साथसाथ बाजीराव के शादी के प्रस्ताव पर अपनी बेटी का हाथ भी उन्हें थमा दिया.

बाजीराव और मस्तानी एकदूसरे पर मर मिटे थे. बाजीराव उसे अपने साथ पूना ले आए, लेकिन मजहब की दीवारों और षड्यंत्रोंकुचक्रों ने उन का जीना मुहाल कर दिया. दोनों का अटूट प्रेम किसी से बरदाश्त नहीं हुआ. सन 1739 में नाना साहेब, चिमना जी अप्पा, राधा देवी और काशीबाई के षड्यंत्र सफल हुए. परिणामस्वरूप पेशवा को युद्ध अभियान में अकेले पूना से बाहर जाना पड़ा. उन की अनुपस्थिति में इन लोगों ने मस्तानी को पूना के पार्वती बाग में कैद कर लिया. बाजीराव इस खबर से भले ही टूट गए, लेकिन मस्तानी ने हिम्मत नहीं हारी.

किसी तरह आजाद हो कर मस्तानी पटास पहुंची. बाजीराव उसे सामने देख कर बहुत खुश हुए. लेकिन यह अंतिम मिलन ज्यादा देर तक नहीं चल सका. मस्तानी के पीछेपीछे पेशवा की मां राधा देवी और पटरानी काशी बाई भी पटास पहुंच गए और बाजीराव प्रथम पर दबाव डालना शुरू किया. एक तरफ मां की डांटफटकार और मराठा साम्राज्य की सौगंध दिलाई जा रही थी तो दूसरी तरफ काशीबाई के अविरल आंसू बाजीराव को धर्मसंकट में डाल रहे थे. भारी मन से बाजीराव ने मस्तानी को खुद से दूर कर के पूना भेज दिया. इस बिछोह का बाजीराव पर गहरा असर पड़ा.

एक ओर युद्ध उन्हें चैन नहीं लेने दे रहे थे, दूसरी ओर परिवार के लोग जिंदगी के खालीपन को बढ़ाने पर आमादा थे. जिन की वजह से बाजीराव को अपनी रूहानी प्रेरणा और ताकत मस्तानी को खुद से अलग करना पड़ा. बाजीराव मस्तानी की प्रेमकहानी ने भारतीय राजनीति को बहुत ही प्रभावित किया है लेकिन दुख की बात यह है कि यह प्रेम कहानी इतिहास के पन्नों में ही दर्ज हो कर खो गई. मस्तानी नफरत की शिकार होती चली गई. पावल में बनी उस की खंडहरनुमा कब्र को देख कर शायद ही कोई विश्वास कर सके कि यहां वह शख्सियत चिर निद्रा में दफन है, जिस की जिंदगी ने हिंदुस्तान के इतिहास की दशा और दिशा को बदल कर रख दिया था.

बाजीराव की मां राधा देवी, पत्नी काशीबाई, भाई चिमनाजी अप्पा और पुत्र अंजाने में इस प्रेम के दुश्मन बन बैठे थे. सच्चा प्यार कभी आसान नहीं होता, इसलिए बाजीराव और मस्तानी ने इस चुनौती को हंसतेहंसते स्वीकार किया था. सभी जानते हैं कि बाजीराव, मस्तानी को बुंदेलखंड से पूना ले आए थे. उस समय पेशवा पूना से और छत्रपति सतारा से अपना काम संभालते थे.

चूंकि मस्तानी की मां छत्रसाल की फारसी मुसलिम बेगम थीं, इसलिए मस्तानी को मराठा समाज कभी स्वीकार नहीं कर पाया. स्वयं बाजीराव का कट्टर ब्राह्मण समाज इस विवाह को मान्यता देने को तैयार नहीं था. बाजीराव के लिए यह स्थिति बहुत कठिन थी. एक ओर घरसमाज का विरोध था, दूसरी ओर मराठा साम्राज्य की पूरी जिम्मेदारी. वह चक्की के 2 पाटों के बीच फंस कर तड़पते रहे. एक तरफ मस्तानी का अनन्य प्रेम था, तो दूसरी ओर मराठा साम्राज्य के सपने थे, जिन्हें पूरा करना उन की सब से बड़ी प्राथमिकता थी. सन 1734 ई में उन्होंने मस्तानी के लिए अलग महल बनवाया. जहां उन्होंने इबादत के लिए मसजिद भी बनवाई थी. यह आज भी देखी जा सकती है.

बाजीराव ने मस्तानी से विवाह कर के उसे ब्याहता पत्नी का सम्मान दिया था. पटरानी चूंकि काशीबाई थी, इसलिए वह अपने ईर्ष्यालु स्वभाव की वजह से बाजीराव के कंधे से कंधा मिला कर साथ नहीं दे पाईं. उस समय समाज को पूरी तरह से दरकिनार करना पेशवा बाजीराव जैसे शक्तिशाली पुरुष के लिए भी संभव नहीं था. अप्रैल 1740 में बाजीराव जब अपने 1 लाख सैनिकों के साथ युद्ध के लिए दिल्ली आ रहे थे तो उन की सेना ने इंदौर के पास खरगोन में पड़ाव डाला. वहीं पर बाजीराव को तेज बुखार आया, जिस की वजह से उन की मृत्यु हो गई. वहीं पर नर्मदा नदी के किनारे उन का अंतिम संस्कार किया गया. बाद में सिंधिया ने वहां उन की याद में छतरी बनवाई.

मातापिता की मौत के बाद शमशेर बहादुर की परवरिश उस की सौतेली मां काशीबाई ने की थी. शमशेर बहादुर ने मराठा साम्राज्य के विस्तार में अपनी वीरता का परिचय भी दिया था. सिर्फ 39 साल की आयु में बाजीराव ने जीवन के सब रंग देख लिए थे. एक तरफ पेशवा के रूप में उन्होंने आकाश की बुलंदियों को छुआ तो दूसरी ओर पारिवारिक अंतर्कलह ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ कर रख दिया था.

बाजीराव की मौत की खबर को मस्तानी सहन नहीं कर सकी और फिर जल्दी ही उस की भी जीवनलीला समाप्त हो गई. कहा जाता है कि इस दुखद खबर से व्यथित हो कर उस ने हीरा निगल लिया था, जिस से उस की मृत्यु हो गई थी. कुछ इतिहासकार उस की मौत की वजह विषपान मानते हैं. पूना से 65 किलोमीटर दूर पावल में मस्तानी की कब्र आज भी देखी जा सकती है.

इस प्रेम कहानी का दुखद अंत यह साबित करता है कि समाज चाहे कितना भी विकसित हो जाए, लेकिन सोच अथवा नजरिए को बदलने का संघर्ष सभी को करना पड़ता है. योग्यता भी अक्सर दकियानूसी सोच के आगे घुटने टेक देती है. बाजीराव चाहते तो अन्य योद्धाओं की तरह भोगविलास का जीवन व्यतीत कर सकते थे, लेकिन उन्होंने अपने प्रेम को सम्मान देने की कोशिश की और मरते दम तक इसी संघर्ष में बहादुरी से जूझते रहे.

यह भी दुख की ही बात है कि मस्तानी का चरित्र चित्रण अधूरा है. इतिहास में बहुत कम लोगों ने उस के बारे में लिखा है. उस समय के ऐतिहासिक दस्तावेज शायद इस घटना को मराठा गौरव के विपरीत मान कर इसे दबाने के लिए मौन रहे, लेकिन इश्क और मुश्क कब छिपे हैं? एक न एक दिन दुनिया उन की हकीकत से रूबरू हो ही जाती है. इसीलिए इतिहास में इन गुम पात्रों को फिल्मी रूपहले परदे पर साकार करने की कोशिशें भी होती रही हैं, लेकिन इस में इतिहास को किस तरह पेश किया जाता है यह अलग विषय है.

यहां काशीबाई के चरित्र की चर्चा किए बगैर यह कहानी अधूरी रहेगी. देखने में तो काशीबाई घोर स्वार्थी और षड्यंत्रकारी लगती थी, लेकिन इस में उस का क्या दोष था? वह बाजीराव की पटरानी थी. पति पर उस का हक था. वह अपने पति के प्रेम को पाने के लिए हमेशा तरसती रही. काशीबाई जिस हक की हकदार थी, वह उसे कभी नहीं मिला.

इसीलिए उस ने जो कुछ भी किया, वह उस समय की परिस्थितियों के अनुकूल ही था. काशीबाई में मानवीय चरित्र की अनेक कमियां हो सकती हैं, लेकिन यह भी सच है कि उस ने भी बाजीराव को दिल की गहराइयों से चाहा था. लेकिन उस की चाहत की कभी कद्र नहीं हुई. बाजीराव और मस्तानी नायकनायिका बन गए, जबकि काशीबाई खलनायिका बन कर इतिहास के अंधेरों में खो गई. Hindi Stories

Patna News: बुलाया शादी के लिए – मार दी गोली

Patna News: पटना के रहने वाले रजनीश ने शादी डौटकौम पर इंदौर की सृष्टि जैन का प्रोफाइल और फोटो देखा तो उसे मिलने के लिए फ्लाइट का टिकट भेज कर पटना बुला लिया. लेकिन सृष्टि के पटना आने पर ऐसा क्या हुआ कि रजनीश को अपने हाथ उस के खून से रंगने पड़े.

25 जनवरी की सुबह के 10 बज रहे थे. सोमवार का दिन होने की वजह से सड़कों पर कुछ ज्यादा ही भीड़भाड़ थी. पटना के मीठापुर का भी वही हाल था. सड़कों पर भीड़भाड़ की वजह से गाडि़यां सरकसरक कर चल रही थीं. उसी भीड़ में एक औटो भी हौर्न बजाता हुआ आगे निकलने की कोशिश में लगा था. उस में एक लड़की बैठी थी, जो औटो ड्राइवर से बारबार जल्दी से जल्दी पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पहुंचाने को कह रही थी. लेकिन भीड़ की वजह से औटो आगे बढ़ नहीं पा रहा था. औटो में बैठी लड़की कभी अपनी घड़ी देखती तो कभी औटो से सिर बाहर निकाल कर पीछे की ओर देखती.

जैसे ही औटो चाणक्य लौ यूनिवर्सिटी के पास पहुंचा, एक सफेद रंग की बुलेट मोटरसाइकिल पीछे से आ कर औटो के साथसाथ चलने लगी. उस पर 2 युवक सवार थे. उन्हें देख कर लड़की घबरा गई और उस ने ड्राइवर से औटो भगाने को कहा. लेकिन भीड़ की वजह से औटो ड्राइवर औटो भगा नहीं सका. इसी बीच मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे युवक ने पिस्तौल निकाली और औटो में बैठी लड़की को लक्ष्य बना कर 4 गोलियां दाग दीं.

लड़की पर गोलियां दाग कर मोटरसाइकिल सवार जिस तरह पीछे से आराम से आए थे, उसी तरह आराम से आगे बढ़ गए. उन्हें रोकने की कोई हिम्मत भी नहीं कर सका. गोलियां लगने से लड़की चीखी तो औटो ड्राइवर ने औटो रोका और लड़की की मदद करने के बजाय वह औटो ही छोड़ कर भाग गया. गोलियां चलने से बाजार में अफरातफरी मच गई थी. लोग दुकानें बंद करने लगे थे. थोड़ी देर में अफरातफरी थमी तो लोगों को पता चला कि औटो में बैठी लड़की पर गोलियां चलाई गई थीं. वह अभी भी उसी में घायल पड़ी है. कुछ लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस को सूचना दी गई. पहले पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, उस के बाद अस्पताल गई. शिनाख्त के लिए लड़की के पर्स और बैग की तलाशी ली गई तो उन में से मिले कागजातों से पता चला कि लड़की का नाम सृष्टि जैन था. वह इंदौर के स्नेहनगर की रहने वाली थी. 23 जनवरी को वह गो एयर की फ्लाइट से दिल्ली से पटना आई थी और मीठापुर के मणि इंटरनेशनल होटल में ठहरी थी. 24 जनवरी को उसे फ्लाइट से दिल्ली जाना था, लेकिन उस ने फ्लाइट का टिकट कैंसिल करा कर 25 जनवरी को पटना से इंदौर जाने के लिए पटनाइंदौर एक्सप्रैस का टिकट करवाया था. 25 जनवरी की सुबह 10 बजे वह होटल छोड़ कर औटो से पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन जा रही थी, तभी रास्ते में उसे गोली मार दी गई थी.

इस के बाद 11 बजे के करीब उस की मां ममता जैन ने सृष्टि के मोबाइल पर फोन कर के पता करना चाहा कि क्या वह ट्रेन में बैठ गई है तो किसी पुलिस वाले ने फोन रिसीव कर के उन्हें बताया कि सृष्टि को गोली मार दी गई है और वह अस्पताल में है. जिस समय सृष्टि को गोली मारी गई थी, औटो ड्राइवर राजकपूर सिंह औटो छोड़ कर भाग गया था. पुलिस ने उस के औटो में लिखे पुलिस कोड जे-647 से उस का मोबाइल नंबर और पता ले कर उसे फोन किया. वह परसा बाजार के पूर्वी रहीमपुर गांव का रहने वाला था. थाने आने पर औटो ड्राइवर राजकपूर सिंह से पूछताछ की गई तो उस ने बताया कि लड़की पर गोली चलाए जाने के बाद वह काफी डर गया था.

वह उस लड़की को ले कर स्टेशन जा रहा था, तभी चाणक्य लौ यूनिवर्सिटी के पास बुलेट मोटरसाइकिल से 2 लड़के आए और उन में से पीछे बैठे लड़के ने लड़की को गोली मार दी थी. गोली मार कर वे करबिगहिया की ओर गए थे. पुलिस ने जब सृष्टि के पिता सुशील जैन से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि शादी डौटकौम पर 20 दिनों पहले उन की छोटी बेटी शगुन ने मृतका सृष्टि का प्रोफाइल डाला था. बिहार का कोई लड़का उसे पसंद आ गया था तो वह उसी से मिलने पटना आई थी.

जब सृष्टि की बहन शगुन से पूछताछ की गई तो उस ने बताया था कि शादी डौटकौम पर सृष्टि का प्रोफाइल देख कर पटना के रजनीश की ओर से उस के लिए विवाह का प्रस्ताव आया था. रजनीश सृष्टि को अपने घर वालों से मिलवाना चाहता था, इसीलिए उस ने सृष्टि को पटना बुलवाया था. रजनीश ने ही सृष्टि के लिए फ्लाइट का टिकट भी भेजा था और पटना में ठहरने के लिए होटल का भी इंतजाम किया था. 23 जनवरी की सुबह 11 बज कर 35 मिनट पर वह पटना पहुंची थी और मणि इंटरनेशनल होटल के कमरा नंबर 106 में ठहरी थी.

उसी दिन दोपहर 2 बज कर 10 मिनट पर रजनीश सिंह ने अपने दोस्त राहुल के साथ उसी होटल में कमरा नंबर 107 बुक कराया था. होटल के रजिस्टर में उस ने अपने पिता का नाम राजेश्वर प्रसाद सिंह और पता राघौपुर, जिला वैशाली लिखा था. 24 जनवरी को सभी होटल से निकल गए थे, लेकिन कुछ देर बाद सृष्टि होटल लौट आई थी और इस बार वह कमरा नंबर 103 में ठहरी थी. उस ने होटल मैनेजर को बताया था कि उस का टिकट कंफर्म नहीं हुआ, इसलिए वह वापस आ गई थी.

24 जनवरी को एक बार फिर रजनीश अपने दोस्त राहुल के साथ होटल पहुंचा और सीधे सृष्टि के कमरे में गया. होटल के मैनेजर राजकुमार के अनुसार, इस बार रजनीश सृष्टि के कमरे पर गया तो दोनों के बीच किसी बात को ले कर बहस होने लगी. जल्दी ही इस बहस ने तल्खी का रूप ले लिया. इस कहासुनी में सृष्टि बारबार कह रही थी कि अब वह उस के पीछे नहीं आएगा. जबकि रजनीश उसे धोखेबाज कह रहा था. उस का कहना था कि उस ने उस के 1 लाख रुपए ठग लिए हैं.

रजनीश से मिलने के बाद सृष्टि ने अपने घर वालों को फोन कर के बताया था कि रजनीश उसे ठीक आदमी नहीं लगता. उस के पास पिस्तौल भी है, जिसे ले कर वह घूमता है. वह एयरपोर्ट पर भी पिस्तौल ले कर आया था. वह ऐसे आदमी से कतई विवाह नहीं करेगी, बाकी बातें वह इंदौर लौट कर बताएगी. सृष्टि की मां ममता जैन ने बताया था कि रजनीश ने उन से भी फोन पर मीठीमीठी बातें की थीं. वापस आने के लिए सृष्टि 24 जनवरी को फ्लाइट पकड़ने के लिए एयरपोर्ट पर गई थी, लेकिन फ्लाइट नहीं मिली. इस के बाद उस ने पटनाइंदौर एक्सप्रैस से 25 जनवरी को लौटने का टिकट लिया था.

सृष्टि के पिता सुशील जैन मूलरूप से राजस्थान के उदयपुर के रहने वाले थे. 4 साल पहले ही वह इंदौर आ कर रहने लगे थे. यहां वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे. उन के परिवार में पत्नी ममता जैन के अलावा 2 बेटियां, बड़ी सृष्टि और छोटी शगुन थी. सृष्टि ने उदयपुर से एमबीए किया था, जबकि शगुन 12वीं में पढ़ रही थी. उन का परिवार इंदौर के स्नेहनगर में रहता था. इस के पहले वह खातीवाला टैंक में अनमोल पैलेस में फ्लैट नंबर 402 में रहते थे. इंदौर की कई कंपनियों में काम करने के बाद सृष्टि दिल्ली में इंडिया बुल्स कंपनी में टीम लीडर के पद पर काम कर रही थी. पिछले महीने उस ने यह नौकरी छोड़ दी थी और दूसरी कंपनी में नौकरी पाने की कोशिश कर रही थी. नौकरी छोड़ने के बाद सृष्टि इंदौर आ कर मांबाप के साथ रह रही थी.

लाश के निरीक्षण के दौरान पुलिस ने देखा था सृष्टि के हाथ पर ‘आर एस’ अक्षर का टैटू बना था, जिस से अंदाजा लगाया कि यह ‘रजनीश सृष्टि’ लिखा है. उस के दूसरे हाथ पर ‘सम लव वन, सम लव यू, आई लव यू, दैट इज यू’ लिखा था. पुलिस ने होटल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकलवा कर चेक की तो उस में सृष्टि से जुड़ी कई बातें सामने आईं. फ्लाइट न मिलने पर जब वह होटल लौटी तो उस की मुलाकात बंगलुरु के रहने वाले सुरेश रेड्डी से हुई. फुटेज में वह होटल के रिसैप्शन काउंटर के पास वाले सोफे पर रेड्डी के साथ बैठी हुई दिखाई दे रही थी.

सृष्टि ने रेड्डी के साथ सैल्फी लेने की बात कही तो पहले तो उस ने मना कर दिया. बातचीत में सृष्टि ने उसे बताया था कि वह इंदौर से पटना आई है. वह एक मोबाइल फोन खरीदना चाहती है, वह चल कर खरीदवा दे. इस के बाद रेड्डी उसे औटो से बाजार ले गया था. रेड्डी अपनी कंपनी के काम से पिछले 15 दिनों से उस होटल में ठहरा था. फुटेज से यही लगता था कि 24 जनवरी को सृष्टि और रेड्डी की मुलाकात थोड़ी ही देर में दोस्ती में बदल गई थी. होटल से निकलने के बाद उन्होंने 10 हजार रुपए का मोबाइल फोन खरीदा था. मोबाइल का बिल रेड्डी के नाम से बना था. इस के बाद दोनों नाइट शो फिल्म देख कर देर रात होटल लौटे थे. होटल स्टाफ ने भी पुलिस को उन के देर से लौटने की बात बताई थी.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सृष्टि के मोबाइल फोन के मेमोरी कार्ड से पुलिस को कुछ आपत्तिजनक वीडियोज मिले थे, लेकिन पुलिस इस बारे में कुछ नहीं बता रही है. मेमोरी कार्ड से पता चलता है कि सृष्टि विवाहित थी. लेकिन वह औनलाइन साथी की तलाश में थी. रजनीश की तरह सृष्टि ने भी अपने प्रोफाइल में खुद के बारे में गलत जानकारियां दी थीं. सृष्टि के परिवार वालों ने पुलिस को बताया था कि उदयपुर में पढ़ाई के दौरान ही सृष्टि ने प्रेमविवाह कर लिया था, लेकिन वह शादी कुछ समय बाद ही टूट गई थी और सन 2011 में सृष्टि ने अपने पति से तलाक ले लिया था.

सोचने वाली बात यह है कि अगर रजनीश से सृष्टि की पहले से जानपहचान नहीं थी तो किसी अजनबी के बुलाने पर वह इंदौर से पटना कैसे चली गई? रजनीश सृष्टि के पड़ोस वाले कमरे में ही रात में ठहरा था. लेकिन यह बात उस ने अपने घर वालों को नहीं बताई थी. दोनों के बीच कहीं पहले से तो कोई रिश्ता नहीं था? आखिर रजनीश बारबार सृष्टि पर एक लाख रुपए ठगने का आरोप क्यों लगा रहा था? केवल विवाह के प्रस्ताव ठुकराने से कोई किसी लड़की की हत्या क्यों करेगा?

सृष्टि की हत्या के 8 दिनों बाद 2 फरवरी को सृष्टि के हत्यारे रजनीश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. वह अपनी पत्नी और  दोनों बच्चों के साथ कंकड़बाग में अपने किसी रिश्तेदार के यहां गया था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया था. पुलिस को उस के वहां आने की जानकारी पहले से थी, इसलिए सादे लिबास में वहां पुलिस वालों को तैनात कर दिया गया था. उस के आते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया था. वह पटना से हो कर दिल्ली भागने की फिराक में था. पूछताछ में रजनीश ने पुलिस को बताया था कि सृष्टि उसे ब्लैकमेल करने लगी थी. लोगों को ब्लैकमेल करना उस की आदत में शुमार था. इस काम में उस का परिवार भी उस का साथ देता था. पुरुषों को फंसा कर वह रुपए ऐंठती थी. यहां आ कर उस ने उस से गहने खरीदने को कहा था.

सृष्टि के बारबार बदलते बातव्यवहार से ही रजनीश को उस पर शक हो गया था, जिस से उस ने गहने खरीदने से मना कर दिया था, इसी बात से सृष्टि उस से नाराज हो गई और होटल में ही उस से बहस करने लगी, जो जल्दी तल्खी में बदल गई. बात ज्यादा बढ़ी तो वह रजनीश को गालियां देने लगी. इस के बाद सृष्टि ने अपना सामान उठाया और अकेली ही औटो से स्टेशन की ओर चल पड़ी. रजनीश के पास पिस्तौल थी ही, उस ने देखा कि सृष्टि उसे धोखा दे कर जा रही है तो उस ने बुलेट से जा कर रास्ते में उसे गोली मार दी.

राघौपुर के वीरपुर बरारी टोला का रहने वाला रजनीश किसान राजेश्वर प्रसाद सिंह का बेटा है. पुलिस ने उस के गांव वाले घर पर छापा मारा तो वहां से 7.65 बोर की गोलियों के 6 खोखे मिले हैं. रजनीश की 13 साल पहले किरण सिंह से शादी हुई थी. उस के 2 बच्चों में बड़ा बेटा प्रियांशु 12 साल का और छोटा बेटा कुणाल 9 साल का है.  रजनीश की गिरफ्तारी से किरण काफी परेशान है. उस का कहना है कि उस के पति किडनी के मरीज हैं, अगर उन्हें समयसमय पर दवाएं नहीं दी गईं तो उन की जान जा सकती है.

14 दिसंबर, 2007 में किरण ने दिल्ली के अपोलो हौस्पिटल में अपनी किडनी दान की थी. दूसरी किडनी रजनीश के बड़े भाई अनिल ने 4 मार्च, 2015 को दी थी, जिस की वजह से उसे दिन में 3 बार दवा खानी पड़ती है. पीने के लिए उसे मिनरल वाटर दिया जाता है. सृष्टि के पिता का कहना है कि रजनीश पुलिस को बेमतलब की कहानियां गढ़ कर सुना रहा है. हत्या को ले कर भी वह पुलिस को बरगला रहा है. सृष्टि की मां का कहना है कि किसी अनजान लड़की से 5-10 दिनों की बातचीत में रजनीश ने ढाई लाख रुपए से ज्यादा उस पर कैसे और क्यों खर्च कर दिए?

4 जनवरी को सृष्टि की बहन शगुन ने उस की शादी का प्रोफाइल शादी डौटकौम वेबसाइट पर डाला था. उस के 10 दिनों बाद रजनीश की ओर से शादी का प्रस्ताव आया था. रजनीश ने बताया था कि उस के पिता की मोटरसाइकिल की एजेंसी है, जिस का सालाना कारोबार 70-80 लाख रुपए का है. अपने बारे में उस ने बताया था कि वह आईपीएस की तैयारी कर रहा है. उस के इसी प्रोफाइल और प्रस्ताव के बाद ही सृष्टि उस से मिलने पटना आई थी.

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रजनीश की तरह सृष्टि ने भी शादी के वेबसाइट पर अपने बारे में गलत जानकारियां दे रखी थीं. उस ने पहले विवाह और तलाक के बारे में बिलकुल नहीं बताया था. रजनीश तो गलत था ही, सृष्टि भी अपने बारे में गलत जानकारी दे कर दोबारा शादी की फिराक में थी. पुलिस पूछताछ में रजनीश ने सृष्टि की हत्या का अपना अपराध स्वीकार कर लिया था. उस ने सृष्टि से हुई जानपहचान के बारे में पुलिस को जो बताया था, उस के अनुसार, उस ने सृष्टि पर काफी रुपए खर्च कर दिए थे. इस के बाद भी वह उस से और कई चीजें खरीदने को कह रही थी. इस से उसे लगा कि यह काफी खर्चीली है. अब तक वह उस से करीब 2 लाख रुपए खर्च करवा चुकी थी.

24 जनवरी को रजनीश ने सृष्टि के पास एक नया मोबाइल फोन देखा, जिस में सृष्टि ने सुरेश रेड्डी के साथ सैल्फी ले रखी थी. वह फोटो देख कर उस के दिल को काफी गहरी ठेस लगी. रजनीश की अपनी पत्नी से बिलकुल नहीं पटती थी, इसीलिए वह दूसरी शादी के बारे में सोच रहा था. पहली नजर में सृष्टि रजनीश को बहुत अच्छी लगी थी, जिस से उस ने उस से विवाह करने का मन बना लिया था. विवाह के बाद वह उस के साथ दिल्ली में रहना चाहता था. लेकिन जब वह उस की ऊलजुलूल मांगों को पूरी नहीं कर सका तो सृष्टि ने उस से विवाह करने से मना कर दिया था.

पुलिस को दिए अपने बयान में रजनीश ने बताया था कि सृष्टि की हत्या कर के वह मीठापुर से सीधा अनीसाबाद होते हुए हाजीपुर चला गया था. रास्ते में महात्मा गांधी पुल से उस ने अपना मोबाइल फोन, टैबलेट और पिस्तौल का लाइसेंस गंगा नदी में फेंक दिया था. इसी के साथ अपनी बुलेट मोटरसाइकिल को नाव पर रख कर गंगा नदी के बीच में डुबो दिया था. इस के बाद वह हाजीपुर, वैशाली और पटना में ठिकाने बदलबदल कर समय गुजारता रहा.

रजनीश के बड़े भाई अनिल सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि रजनीश की किडनी ट्रांसप्लांट कराई गई है, जिस से वह शारीरिक रूप से काफी कमजोर है. ऐसे में वह किसी की हत्या कैसे कर सकता है? उसे दिन में 4 बार दवाइयां खानी पड़ती हैं और मिनरल वाटर पीना पड़ता है. ट्रांसपोर्टर का कारोबार करने वाले अनिल का कहना है कि तबीयत खराब रहने की वजह से रजनीश गांव पर ही ब्याज पर रुपए देने  का काम करता था. उसे हत्या के इस मामले में फंसाया गया है. बहरहाल, रजनीश पुलिस की गिरफ्त में है और सृष्टि की मौत हो चुकी है. सृष्टि के पिता इस हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं.

पुलिस का कहना है कि रजनीश के तार किडनी बेचने वाले गिरोह से जुड़े हो सकते हैं. शादी के बहाने रजनीश ने अपहरण की नीयत से सृष्टि को पटना बुलाया था, लेकिन उस से बातचीत के बाद सृष्टि को कुछ खतरा महसूस हुआ तो उस ने वापस जाने में ही अपनी भलाई समझी. लेकिन वह लौट नहीं पाई, क्योंकि रजनीश को उस से खतरा था. रजनीश पहले भी एक बच्चे के अपहरण के मामले में जेल जा चुका है. वैशाली के थाना जोरावरपुर में उस पर अपहरण का केस दर्ज है. कुछ दिनों पहले ही वह जमानत पर छूटा था. अगवा किए गए बच्चे का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. पुलिस जांच में पता चला है कि बच्चे का अपहरण किडनी निकालने के मकसद से किया गया था.

जांच के बाद पुलिस ने उस का खाता सील कर दिया था, जिस में 90 लाख रुपए जमा थे. उस के घर से फरजी स्टांप और कई सरकारी अफसरों की मुहरें बरामद हुई थीं. रजनीश खुद भी 2 बार किडनी ट्रांसप्लांट करवा चुका है. पुलिस यह पता कर रही है कि जिस डाक्टर ने उस की किडनी ट्रांसप्लांट की थी, कहीं रजनीश उस डाक्टर या अस्पताल के साथ मिल कर किडनी बेचने का रैकेट तो नहीं चला रहा था? पुलिस को जानकारी मिली है कि सृष्टि ने दिल्ली में किसी डाक्टर के यहां भी काम किया था. हो सकता है रजनीश की किडनी ट्रांसप्लांट के दौरान उन की जानपहचान हुई हो? दोनों के बीच रुपयों को ले कर होटल में हुई बहस कहीं किडनी खरीदबिक्री के रैकेट से तो नहीं जुड़ी थी?

रजनीश भी पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में ही रह रहा था और किडनी ट्रांसप्लांट कराने वाले मरीजों को किडनी मुहैया कराने की दलाली का काम करने लगा था. इस काम से उस ने काफी पैसे कमाए थे. वह जब भी अपने गांव वीरपुर आता था, दोस्तों पर खूब पैसा खर्च करता था. लेकिन सृष्टि के पिता का कहना है कि सृष्टि और रजनीश की पहले से जानपहचान और प्रेम प्रसंग की बात बिलकुल गलत है. एसएसपी मनु महाराज के अनुसार, पुलिस रिकौर्ड के मुताबिक रजनीश का आपराधिक रिकौर्ड रहा है. उस के बीमार और कमजोर होने की वजह से पुलिस उस से फिलहाल सख्ती से पूछताछ नहीं कर पा रही है. Patna News

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

Hindi Crime Story: मालकिन की इज्जत के साथ खेलता नौकर

Hindi Crime Story: शराब को भले ही सामाजिक बुराई माना जाता हो, लेकिन देश में शराब का अरबों का कारोबार चलता है. शाम ढलते ही शहरों के मयखानों, बार और नाइट क्लब आबाद होने लगते हैं.  शाम के तकरीबन साढ़े 7 बजे का वक्त था. उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में नौचंदी थाना क्षेत्र के सूरजकुंड स्थित एक कैंटीननुमा मयखाने में शराब पीने वालों की भीड़ लगनी शुरू हो चुकी थी.

लोग मेजों पर खानेपीने का सामान सजाए बैठे थे. किनारे की एक मेज पर आमनेसामने 2 युवक बैठे शराब की चुस्कियां ले रहे थे. तभी अचानक 2 युवक उन के पास आ कर खड़े हो गए. उन के हाथों में पिस्तौलें थीं. उन में से एक युवक हवाई फायर करते हुए चिल्लाया, ‘‘अगर किसी ने भी शोरशराबा किया या भागा तो जिंदा नहीं बचेगा.’’

युवक की इस हरकत से वहां का माहौल दहशतजदा हो गया. लोग सकते में आ गए. कोई कुछ समझ पाता उस से पहले ही दोनों युवकों में से एक ने आमनेसामने बैठे युवकों में से एक ने उस के सिर, सीने और पेट को निशाना बना कर गोलियां चला दीं. गोलियां लगते ही युवक कुरसी पर लुढ़क गया.

इस के बाद दोनों युवक चले गए. टेबल पर रखा उस युवक का मोबाइल भी वे अपने साथ ले गए थे. गोलियां चलने से वहां अफरातफरी मच गई थी. किसी ने छिप कर जान बचाई तो किसी ने भाग कर. मृत युवक के साथ बैठा युवक भी भाग खड़ा हुआ था.

इसी बीच किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी थी. वारदात की सूचना पा कर पुलिस भी वहां पहुंच गई. निरीक्षण में पता चला युवक मर चुका है. पूछताछ में जानकारी मिली कि दोनों हमलावर मोटरसाइकिल से आए थे. उन्होंने मृतक पर करीब 25 राउंड गोलियां चलाई थीं. मारा गया युवक अपने साथी के साथ पल्सर मोटरसाइकिल नंबर यूपी-15 बीए-4351 से आया था, जो बाहर खड़ी थी.

घटनास्थल से पुलिस को कारतूस के कई खोखे मिले. मृतक की शिनाख्त तुरंत नहीं हो सकी. उस के सीने, पेट और सिर पर 10 से ज्यादा गोलियों के निशान थे, लेकिन वहां किसी अन्य व्यक्ति को खरोंच तक नहीं आई थी. इस का मतलब हमलावर सिर्फ उसे ही मारने आए थे. जिस तरह उस पर गोलियां चलाई गई थीं, इस का मतलब था कि हत्यारे उसे किसी भी कीमत पर जिंदा नहीं छोड़ना चाहते थे.

पुलिस को मृतक की जेबों की तलाशी में एक पर्स मिला, जिस में मिलें कागजों के आधार पर उस की शिनाख्त जुहेब आलम उर्फ साहिल खान के रूप में हुई. पुलिस ने पर्स में मिले पते पर उस की हत्या की सूचना दी तो थोड़ी देर में उस के घर वाले रोतेबिलखते हुए वहां आ पहुंचे.

पुलिस ने घटनास्थल की औपचारिक काररवाई निपटा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. मृतक जुहेब शहर के ही थाना लालकुर्ती क्षेत्र के मैदा मोहल्ला स्थित जफर बिल्डिंग में रहने वाले सुलतान का बेटा था. उस के 2 भाई और थे, जुहेब एमबीए था और करीब 5 सालों से हापुड़ रोड स्थित कीर्तिका पब्लिकेशन में बतौर एकाउंटैंट नौकरी करता था. वह सुबह घर से निकलता था तो रात 10 बजे तक ही घर लौट पाता था.

जिस तरह उस की हत्या की गई थी, उस से यही लगता था कि उस की किसी से गहरी रंजिश थी. पुलिस ने उस के घर वालों से पूछताछ की तो उन्होंने किसी से भी जुहेब या परिवार की रंजिश होने से साफ मना कर दिया. लेकिन यह बात पुलिस के गले नहीं उतरी, क्योंकि कोई तो वजह थी, जिस के चलते उस का कत्ल किया गया था.

पुलिस ने पब्लिकेशन के मालिक अमित अग्रवाल से भी पूछताछ की. उन्होंने भी अपनी जानकारी में जुहेब की किसी से रंजिश होने की बात से इनकार कर दिया. उन्होंने बताया था कि उस दिन जुहेब शाम करीब साढ़े 6 बजे उन के यहां से निकला था. कैंटीन में उस के साथ गया दूसरा युवक कौन था, इस की जानकारी पुलिस को नहीं मिल सकी. कत्ल का राज उस युवक के सीने में दफन हो सकता था.

यह 20 फरवरी, 2017 की घटना थी. इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. एसएसपी जे. रविंद्र गौड़ और एसपी (सिटी) आलोक प्रियदर्शी ने घटना के खुलासे के लिए डीएसपी विकास जायसवाल के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया. जिस में थानाप्रभारी मोहन सिंह, सबइंसपेक्टर अफसर अली, हैडकांस्टेबल धर्मराज, कांस्टेबल सतीश और राकेश को शामिल किया गया.

पुलिस के हाथ ऐसा कोई सबूत नहीं लगा, जिस से कत्ल का राज खुल पाता. सभी पहलुओं पर गौर किया गया तो सुई मृतक के मोबाइल पर जा कर अटक गई. हत्यारे जुहेब का मोबाइल फोन अपने साथ ले गए थे. मतलब उस के मोबाइल में कोई गहरा राज छिपा था. यह मामला प्रेमप्रसंग का लग रहा था, अगले दिन पुलिस ने उस के मोबाइल की काल डिटेल्स निकलवाई.

काल डिटेल्स की छानबीन से पता चला कि जुहेब का नोएडा की रहने वाली किसी युवती से संबंध था. दोनों की अकसर बातें होती रहती थीं. युवती दूसरे संप्रदाय की थी. पुलिस की एक कड़ी मिली तो उस ने जांच आगे बढ़ाई. हत्या की वजह यह प्रेमप्रसंग भी हो सकता था. संभवत: मोबाइल फोन में युवती के फोटोग्राफ रहे होंगे, इसीलिए हत्यारे उसे अपने साथ ले गए थे. एक पुलिस टीम नोएडा गई और उस ने युवती को खोज निकाला.

पूछताछ में पता चला कि युवती और जुहेब का संपर्क सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक के जरिए हुआ था. बाद में दोनों में बातें होने लगी थीं. जुहेब उस से मिलने नोएडा भी जाया करता था. इस बात की जानकारी घर वालों को हुई तो युवती का अलग संप्रदाय की होने की वजह से खासा हंगामा हुआ.

फरवरी के पहले सप्ताह में जुहेब नोएडा गया तो युवती के घर वालों ने उसे काफी डांटाफटकारा. जुहेब ने उस वक्त भविष्य में उस से किसी तरह का संबंध न रखने का वादा किया. लेकिन वह उस से संबंध तोड़ नहीं सका. इन सब बातों से पुलिस को युवती के घर वालों पर शक हुआ. बेटी के संबंधों से नाराज हो कर वे हत्या करा सकते थे.

पुलिस ने उन से गहराई से पूछताछ की, लेकिन उम्मीदों पर तब पानी फिर गया, जब उन्होंने जुहेब को डांटने फटकारने की बात तो स्वीकारी, लेकिन हत्या में किसी भी तरह का हाथ होने से मना कर दिया. तथ्यों की कसौटी पर उन के बयान खरे पाए गए तो पुलिस खाली हाथ लौट आई.

पुलिस ने अपना ध्यान जुहेब के मोबाइल फोन पर केंद्रित किया. पुलिस यह जान कर हैरान रह गई कि वह अपने मोबाइल में 3 सिमकार्ड का इस्तेमाल करता था. पुलिस ने उस के सभी नंबरों की काल डिटेल्स निकलवाई तो पता चला कि उस की दोस्ती कई लड़कियों और महिलाओं से थी. एक चौंकाने वाली बात यह पता चली कि उस की जिस नंबर पर सब से अधिक बातें होती थीं, वह पब्लिकेशन हाउस की मालकिन का था. पुलिस ने पब्लिकेशन के मालिक अमित अग्रवाल की पत्नी नेहा (परिवर्तित नाम) से पूछताछ की.

नेहा ने बताया कि चूंकि उन का ज्यादातर काम जुहेब ही संभालता था इसीलिए उस की जुहेब से अकसर बातें होती थीं. पुलिस उस के इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुई, क्योंकि दोनों के बीच देर रात तक लंबीलंबी बातें होती थीं. इस का राज नेहा ही बता सकती थी. इस का मतलब कुछ ऐसा जरूर था, जिसे नेहा छिपा रही थी. पुलिस ने 3 अन्य महिलाओं से भी पूछताछ की,  जिन से जुहेब की बातचीत होती थी.

इस के बाद पुलिस को शक हुआ कि जुहेब की हत्या के तार अग्रवाल परिवार से ही जुड़े हैं. पुलिस अभी तक जुहेब के उस साथी तक नहीं पहुंच सकी थी, जिस के साथ वह उस दिन शराब पी रहा था. वह कातिलों से मिला हुआ भी हो सकता था. संभव था कि उसे योजना बना कर वहां लाया गया हो और हत्यारों को इस की सूचना दे दी गई हो.

पुलिस ने रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई तो एक फुटेज में जो युवक उस के साथ मोटरसाइकिल पर बैठा नजर आया, उस की पहचान असब उर्फ बिट्टू के रूप में हुई. वह पब्लिकेशन हाउस में बतौर ड्राइवर नौकरी करता था. खास बात यह थी कि घटना के बाद उस का मोबाइल फोन स्विच्ड औफ था.

अब तक अग्रवाल परिवार पूरी तहर शक के घेरे में आ गया था. अपनी मालकिन से नजदीकियां जुहेब की हत्या की वजह हो सकती हैं, यह सोच कर पुलिस ने अमित अग्रवाल से पूछताछ की. लेकिन उस से काम की कोई बात पता नहीं चली. पुलिस ने नेहा के युवा बेटे मयंक अग्रवाल की काल डिटेल्स निकलवाई. घटना के समय उस का मोबाइल फोन बंद था, जबकि सीसीटीवी फुटेज के हिसाब से वह पब्लिकेशन के औफिस में ही था.

घटना के समय मोबाइल का बंद होना संदेह पैदा करता था. पुलिस ने जुहेब के कई दोस्तों से पूछताछ की. उन्होंने बताया कि जुहेब की नेहा से न केवल खासी नजदीकियां थीं, बल्कि वह उस पर काफी मेहरबान रहती थी.

आखिर 24 फरवरी को पुलिस ड्राइवर असब तक पहुंच ही गई. उसे कस्टडी में ले लिया गया, साथ ही पुलिस ने पूछताछ के लिए मयंक अग्रवाल को भी कस्टडी में ले लिया. दोनों से पुलिस ने गहराई से पूछताछ की तो ऐसा सच समने आया, जिसे जान कर पुलिस हैरान रह गई. महत्वाकांक्षी जुहेब जल्दी से जल्दी आगे बढ़ने की चाहत में बड़ी भूल कर बैठा था. वह घर की इज्जत और दौलत, दोनों से खेल रहा था. उस का यही खेल उस की जान पर भारी पड़ा.

अगले दिन पुलिस ने प्रैसवार्ता कर के पूरे मामले का खुलासा कर दिया. दरअसल, पब्लिकेशन हाउस में नौकरी के दौरान जुहेब की नेहा से नजदीकियां बढ़ गई थीं. इस की भी एक वजह थी. अमित अग्रवाल काम के सिलसिले में अकसर शहर से बाहर आतेजाते रहते थे. बेटा बाहर रह कर पढ़ रहा था. ऐसे में औफिस की जिम्मेदारी नेहा संभालती थी. यही नहीं, पब्लिकेशन के कागजों के अनुसार, मालकिन भी वही थी. वह आजादखयाल महिला थीं, जबकि जुहेब महत्त्वाकांक्षी और लच्छेदार बातों का बाजीगर था.

उस का यही अंदाज नेहा को भा गया. दोनों की उम्र में करीब 20 साल का फासला था. लेकिन आगे बढ़ने की ललक में जुहेब ने उम्र का फासला नजरअंदाज कर दिया था. वह जानता था कि कंपनी की असली मालकिन नेहा है, इसलिए मजे से नौकरी करने और आगे बढ़ने के लिए नेहा को अपने पक्ष में करना जरूरी है.

नेहा जितनी ज्यादा मेहरबान होगी, उस की जिंदगी में उतनी ही खुशियां आएंगी. यही सब सोच कर वह नेहा पर डोरे डालने लगा. उस की बातों में नेहा को भी रस आने लगा था. नतीजा यह हुआ कि कुछ ही दिनों में जुहेब नेहा का दिल जीतने में कामयाब हो गया.

जुहेब ने चालाकी दिखाई थी, लेकिन नेहा को तो समझदारी दिखाते हुए सतर्क हो जाना चाहिए था. पर वह खुद भी अंजाम की परवाह किए बिना उस के रंग में रंगने लगी थी. दोनों की बातें और मुलाकात रोज होती ही होती थी. इस के अलावा वे फोन पर भी बातें और चैटिंग करने लगे. भूल कुछ पलों के निर्णय पर निर्भर होती है. गलत निर्णयों के नतीजे बाद में कितने अच्छे और बुरे निकलेंगे, इस बात को पहले कोई नहीं सोचता. एक दिन ऐसा भी आया, जब दोनों के बीच मर्यादा की दीवार टूट गई. इस के बाद यह आए दिन का सिलसिला बन गया.

समय अपनी गति से चलता रहा. अमित को दोनों की नजदीकियों पर शक हुआ. जुहेब का आचरण उन्हें अच्छा नहीं लगा तो उन्होंने उसे नौकरी से निकालने का प्रयास किया. लेकिन हर बार नेहा ढाल बन कर खड़ी हो गई.

कहते हैं कि अनैतिक संबंध छिपाए नहीं छिपते. इस मामले में भी ऐसा ही हुआ. जब सब को यकीन हो गया कि दोनों के बीच अनैतिक संबंध हैं तो परिवार कलह का अखाड़ा बन गया. बात बढ़ती देख नेहा ने वादा किया कि वह अपनी गलती को सुधारने का प्रयास करेगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं.

कुछ दिनों की खामोशी के बाद दोनों फिर से मिलनेजुलने लगे, उन की राह गलत है, दोनों ही जानते थे, लेकिन अपने संबंधों को वे प्यार का नाम दे कर खुश थे. जुहेब की वजह से एक हंसतेखेलते परिवार में तूफान उठ खड़ा हुआ था. उसे ले कर घर में हमेशा तनाव रहने लगा था. अमित ने कई बार जम कर विरोध किया लेकिन जब स्थितियों में परिवर्तन नहीं आया तो एक दिन उन्होंने आत्महत्या के इरादे से अपने हाथ की नसें काट लीं. लेकिन समय से मिले उपचार की वजह से उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा.

जुहेब और नेहा, दोनों ही बदलने को तैयार नहीं थे. नेहा की मेहरबानियों का असर यह हुआ कि जुहेब की न सिर्फ तनख्वाह बढ़ती गई, बल्कि उस का ओहदा भी बढ़ता गया. एक साल पहले की बात है.

नेहा का बेटा मयंक एमबीए की पढ़ाई कर के घर लौट आया और उस ने बिजनैस संभालना शुरू कर दिया. वह दूर था तो उसे कुछ पता नहीं था. लेकिन घर आ कर उसे वे बातें भी पता चलने लगीं जो नहीं पता चलनी चाहिए थीं. सब कुछ जान कर उस के पैरों तले से जमीन खिसक गई, वह जुहेब से नफरत करने लगा.

मयंक ने जुहेब की कई गलतियां पकड़ीं. जुहेब एकाउंटैंट था. हिसाबकिताब की सभी बारीकियां उस के हाथों में थीं. उस की नजर में जुहेब कंपनी को चूना लगा रहा था. उस ने नेहा से उस की शिकायतें कीं, लेकिन वह एक कान से सुन कर दूसरे कान से निकाल देती थी. एक दिन मयंक ने अपनी मां से इस मुद्दे पर स्पष्ट कहा, ‘‘जब आप को पता है कि जुहेब गलत है और वह कंपनी को चूना लगा रहा है तो उसे हटाने में क्या बुराई है? मैं उसे फूटी आंख नहीं देखना चाहता.’’

‘‘चाहती तो मैं भी यही हूं, लेकिन…’’ नेहा ने अपनी बात अधूरी छोड़ी तो मयंक ने पूछा, ‘‘लेकिन क्या?’’

‘‘तुम जानते हो कि कंपनी का सारा काम उसे पता है. लेनदारियां भी उसे मालूम हैं. उसे हटाया गया तो कंपनी को काफी नुकसान हो सकता है. तुम पूरी तरह काम संभाल लो, उस के बाद उसे बाहर कर देंगे.’’

मां की बात सुन कर मयंक सोच में पड़ गया. एक हद तक उन की बात ठीक भी थी. कई सालों में जुहेब कंपनी के हिसाबकिताब की सभी बारीकियां जान गया था. नेहा की तरफ से उसे मिली छूट का ही नतीजा था कि वह बड़े हिसाब अपने हाथों में रखता था.

पूछने या कहने पर भी वह मयंक या उस के पिता को हिसाब नहीं देता था. बात भी उतनी ही बताता था, जितनी वह जरूरी समझता था. जोर देने पर वह मयंक के साथ मारपीट करने तक पर उतारू हो जाता था.

मयंक को शक था कि उस ने कंपनी में लाखों का घोटाला किया है. ऐसे में मयंक की तिलमिलाहट और बढ़ गई. जुहेब शानदार लाइफ स्टाइल में जीता था. एक दिन नेहा के मोबाइल में मयंक ने जुहेब की चैटिंग देख ली. दोनों की बातें शर्मसार करने वाली थीं. मयंक खून का घूंट पी कर रह गया. सब कुछ जान कर भी वह कुछ नहीं कर पा रहा था.

घर में आए दिन झगड़ा होता रहता था. जुहेब के प्रति मयंक के मन में नफरत तो थी ही, यह नफरत तब और बढ़ गई जब नेहा ने उसे गिफ्ट में स्कूटी दी. मयंक को लगा कि अगर वक्त रहते उस ने कुछ नहीं किया तो वह दिन दूर नहीं, जब जुहेब उस के परिवार को न सिर्फ बर्बाद कर देगा, बल्कि बिजनैस पर भी कब्जा कर लेगा.

इज्जत और दौलत की बर्बादी वह अपनी आंखों से देख रहा था. उसे लगा कि जब तक जुहेब का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया जाएगा तब तक मां सुधरने वाली नहीं है. आखिर उस ने मन ही मन एक खतरनाक निर्णय ले लिया.

मयंक का एक मौसा था राजू उर्फ किशनपाल. वह मुजफ्फरनगर जिले के थाना रामराज क्षेत्र के गांव देवल का रहने वाला था. वह आपराधिक और दबंग प्रवृति का था. मयंक ने सारी बातें उसे बता कर जुहेब को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने को कहा तो वह बोला, ‘‘झगड़े की जड़ जुहेब को हटाने के लिए पेशेवर लोगों का इंतजाम करना होगा.’’

‘‘जो उचित लगे, आप करें जितना भी खर्चा होगा, मैं देने को तैयार हूं.’’ मयंक ने कहा.

राजू की पहचान ऐसे कई लोगों से थी, जो पैसे ले कर हत्या करते थे. उस ने मेरठ के शास्त्रीनगर के रहने वाले सारिक और नदीम से बात कर के उन्हें जुहेब की हत्या के लिए तैयार कर लिया. इस के बाद सभी ने मिल कर हत्या की योजना बना डाली.

योजना के तहत 20 फरवरी की सुबह राजू मेरठ आ कर मयंक से मिला. मयंक जानता था कि जुहेब और असब के बीच दोस्ती है, इसलिए उस ने असब को भी योजना में शामिल करने का फैसला किया. उस ने असब को औफिस से बाहर बुलवाया और उसे रुपयों का लालच दे कर अपने साथ शामिल कर लिया. तय हुआ कि असब जुहेब को सही ठिकाने पर ले कर जाएगा और फोन कर के राजू को इस बारे में बताएगा.

योजनानुसार राजू शूटरों के पास चला गया. सारिक और उस के साथी के पास पहले से ही हथियार थे. दिन में असब ने जुहेब से शाम को पीनेपिलाने की बात कही तो वह खुशीखुशी तैयार हो गया.

शाम को दोनों मोटरसाइकिल से शराब के ठेके पर पहुंचे तो असब ने फोन कर के राजू को सटीक जानकारी दे दी. इस के बाद राजू शूटर सारिक और नदीम के साथ वहां पहुंचा और चालाकी से जुहेब की पहचान करा दी. इस के बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दे दिया.

असब वहां से निकला और बाहर आ कर राजू तथा शूटरों से मिला. शूटरों ने उसे एक पिस्टल छिपा कर रखने के लिए दी और खुद चले गए. असब भी अपने मोबाइल का स्विच औफ कर के घर चला गया.

मयंक ने सोचा था कि योजनाबद्ध तरीके से काम करने की वजह से पुलिस इस मामले में उलझ कर रह जाएगी. लेकिन ऐसा हो नहीं सका. जुहेब और नेहा की नासमझी से 2 परिवारों पर मुसीबत आ गई. जुहेब को अपनी जान गंवानी पड़ी तो नेहा के बेटे मयंक को जेल जाना पड़ा. समय रहते अगर दोनों सुधर गए होते तो यह नौबत नहीं आती.

असब की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 32 बोर का पिस्टल और कारतूस बरामद कर लिए. पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. कथा लिखे जाने तक दोनों में से किसी की जमानत नहीं हो सकी थी. फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी थी. Hindi Crime Story

– कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Crime News: कला का पुजारी, कलाकार का कातिल

Crime News: मौडर्न आर्ट से नाम कमाने वाले चिंतन उपाध्याय ने एक नायक बन कर हेमा हिरानी से प्यार ही नहीं किया, जीवनसाथी भी बनाया. लेकिन जब उन के प्यार में दरार आई तो चिंतन को खलनायक बनते देर नहीं लगी.

21 नवंबर को जयपुर के जवाहर कला केंद्र में जयपुर आर्ट समिट की शुरुआत हुई. समिट के पहले दिन गाय की डमी को एक बैलून के सहारे आसमान में लटकाया गया था. गाय की डमी वाली यह कलाकृति सिद्धार्थ करवाल की थी. जिस समय यह समिट शुरू हुआ था, उस समय देश भर में बीफ को ले कर काफी विवाद चल रहा था. पीपुल फार एनीमल संस्था के संयोजक सूरज सोनी तमाम कार्यकर्ताओं के साथ समिट में पहुंचे और गाय की उस कलाकृति को ले कर हंगामा करने लगे. सूचना मिलने पर थाना बजाजनगर की पुलिस ने वहां जा कर कलाकृति को उतरवा लिया.

पुलिस को हंगामा करने वालों पर काररवाई करनी चाहिए थी, लेकिन पुलिस ने इस के बजाय कलाकारों से ही धक्कामुक्की नहीं की, बल्कि एक कलाकार अनीश अहलूवालिया के तो बाल तक पकड़ कर खींचे. जबकि कलाकार सिद्धार्थ करवाल, जिस की कलाकृति पर यह हंगामा हुआ था, उन का कहना था कि हम ने तो गाय की पीड़ा को दर्शाया है. आज धरती पर गाय को न कच्ची जमीन मुहैया है, न ही चारा. जब तक गाय दूध देती है, तब तक लोग उसे खिलाते हैं, उस के बाद खुला छोड़ देते हैं. हम ने अपनी कलाकृति के माध्यम से यह जताना चाहा है कि अगर यही हालात रहे तो आगे चल कर गाय जमीन छोड़ कर आसमान में रहना पसंद करेगी. हालात बदलने के लिए मैं ने यह बात अपनी कला के माध्यम से कहने की कोशिश की है.

दूसरी ओर पीपुल फौर एनीमल संस्था के संयोजक सूरज सोनी का कहना था कि गाय की डमी को इस तरह आकाश में लटका कर आखिर कलाकार क्या संदेश देना चाहते हैं. इस कृति पर ऐसा कोई स्पष्ट संदेश लिखा भी नहीं गया था. यह जनभावना को आहत करने वाला काम है. गाय को पूजनीय मानने वाला समाज इसे सहन नहीं करेगा. सोनी ने मुख्यमंत्री औफिस को फैक्स भेज कर मामले की जांच की भी मांग की थी.

हंगामे के दौरान कलाकार अनीश अहलूवालिया और चिंतन उपाध्याय ने सिद्धार्थ करवाल की इस कलाकृति को सही ठहराते हुए पुलिस से उलझने की कोशिश की थी. इसलिए पुलिस दोनों कलाकारों को थाने ले गई. लेकिन वहां इन दोनों को यह हिदायत दे कर छोड़ दिया गया कि वे गाय की डमी को दोबारा हवा में नहीं लटकाएंगे. थाना बजाजनगर के थानाप्रभारी महेंद्र कुमार गुप्ता का कहना था कि गाय की डमी उतरवाने के साथ ही विरोध करने वाले शांत हो गए थे. एक तरह से यह विवाद यहीं खत्म हो गया था. बात खत्म हो गई थी सो थाने में कोई मामला भी दर्ज नहीं किया गया. इस के बावजूद यह मामला पूरे देश में मीडिया की सुर्खियां बन गया.

मीडिया द्वारा इस घटना की जानकारी राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को मिली तो उन्होंने ट्वीट कर के कलाकारों के साथ हुई अभद्रता पर दुख जताया. उन्होंने लिखा कि मैं इस घटना से आहत हूं. जयपुर के पुलिस कमिश्नर जंगा श्रीनिवास ने कलाकारों से व्यक्तिगत रूप से बात कर के अभद्रता के लिए माफी मांगी. विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय संयोजक नरपत सिंह ने भी कलाकारों का समर्थन करते हुए कहा कि विरोध का यह तरीका गलत है. विहिप इस विरोध में शामिल नहीं है. कलाकारों से अभद्रता के मामले में थाना बजाजनगर थानाप्रभारी महेंद्र कुमार गुप्ता और कांस्टेबल सुमेर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया.

यह कहानी ऊपर वाले मामले में विरोधियों का डट कर सामना करने वाले कलाकार चिंतन उपाध्याय की है. उन की आगे की इस कहानी में एक नायिका भी है. वह भी कलाकार है. चिंतन भी मौडर्न आर्ट बनाते हैं और नायिका भी. दोनों की चरचा देश में ही नहीं, विदेशों तक है. चित्र बनातेबनाते ही दोनों के दिल मिल गए. प्यार इतना बढ़ा कि शादी कर ली. लेकिन शादी के बाद धीरेधीरे उन के प्यार का रंग हलका पड़ता गया और आगे चल कर उन की यह प्रेम कहानी खूनी बन गई.

12 दिसंबर को मुंबई के उत्तरी उपनगर कांदीवली की धानुकवाड़ी के एक नाले में गत्ते के डिब्बों में बंद पौलीथिन में लिपटी 2 लाशें मिलीं. नाले में पड़े उन डिब्बों की सूचना किसी सफाई करने वाले ने पुलिस को दी थी. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों लाशें बरामद कीं. इन में एक लाश महिला की थी और दूसरी पुरुष की. लाशों के निरीक्षण में पुलिस को लगा कि दोनों को गला घोंट कर मारा गया है. उस के बाद लाशों को पौलीथिन में लपेट कर डिब्बों में भर कर फेंका गया था. महिला के दोनों हाथ बंधे थे और शरीर पर पूरे कपड़े नहीं थे. वैसी ही हालत पुरुष लाश की भी थी. दोनों लाशें पूरी तरह क्षतविक्षत नहीं हुई थीं, जिस से पुलिस ने अंदाजा लगाया कि  इन की हत्या एक दिन पहले ही हुई है.

अगले दिन यानी 13 दिसंबर को दोनों लाशों की शिनाख्त हो गई. महिला की लाश मशहूर कलाकार चिंतन उपाध्याय की ही तरह प्रसिद्ध कलाकार उन की पत्नी हेमा उपाध्याय की थी, जबकि दूसरी लाश हेमा के वकील हरीश भंबानी की थी. हेमा और हरीश दोनों ही 11 दिसंबर की शाम से लापता थे. हेमा उपाध्याय के घरेलू नौकर हेमंत मंडल ने पुलिस को 11 दिसंबर की शाम को ही हेमा के लापता होने की सूचना दे दी थी. हेमा के घर वालों ने भी उसी दिन पुलिस को उन की गुमशुदगी के बारे में तहरीर दे दी थी. कलाकार हेमा उपाध्याय की लाश मिलने के बाद देश के कला जगत में सनसनी फैल गई थी.

पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने का मुकदमा दर्ज कर के जांच शुरू कर दी. दोनों लाशों का पोस्टमार्टम करा कर लाशें उन के घर वालों को सौंप दी गई थीं. घर वालों ने उसी दिन यानी 13 दिसंबर को ही उन का अंतिम संस्कार कर दिया था. एक तरफ मृतकों का अंतिम संस्कार हो रहा था तो दूसरी ओर पुलिस ने उन्हें मारने वालों में से 3 लोगों को हिरासत में ले लिया था, जिन के नाम थे, प्रदीप राजभर, विजय राजभर और आजाद राजभर.

इन से की गई पूछताछ के बाद मुंबई पुलिस ने स्पेशल टास्क फोर्स की मदद से उत्तर प्रदेश के जिला वाराणसी के थाना बड़ागांव के अंतर्गत आने वाले गांव कविरामपुर से शिवकुमार राजभर उर्फ साधु को गिरफ्तार किया. पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लोगों से हेमा और हरीश के कई एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद कर किए. पुलिस को शुरुआती जांच में ही पता चल गया था कि हेमा उपाध्याय के अपने पति चिंतन उपाध्याय से संबंध अच्छे नहीं थे. पुलिस ने चिंतन उपाध्याय से भी लंबी पूछताछ की थी. लेकिन सबूत न मिलने की वजह से उन्हें छोड़ दिया गया था. जबकि हेमा के घर वालों ने पहले ही चिंतन पर संदेह जताया था. पुलिस ने चिंतन को छोड़ जरूर दिया था, लेकिन चोरीछिपे उन पर नजर रखे हुए थी.

21 दिसंबर की शाम पुलिस ने चिंतन को पूछताछ के लिए एक बार फिर बुलाया. रात भर पूछताछ चलती रही. इस पूछताछ में उस ने जो भी बयान दिया, उन में कुछ बातें विरोधाभासी थीं, जिस के बाद 22 दिसंबर को पुलिस ने उसे भादंवि की धारा 302, 201 एवं 120 के तहत गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने चिंतन को उसी दिन अदालत में पेश किया और पूछताछ एवं सबूत जुटाने के लिए एक जनवरी, 2016 तक के लिए रिमांड पर ले लिया.

पहले गिरफ्तार किए गए 4 आरोपी भी रिमांड पर चल रहे थे. इन सभी से पूछताछ में मुख्य अभियुक्त के रूप में विद्याधर राजभर उर्फ गोटू का नाम सामने आया. अब पुलिस विद्याधर को पकड़ने की कोशिश करने लगी. लेकिन लाख कोशिश के बाद भी वह पुलिस की पकड़ में नहीं आया. गिरफ्तार लोगों से की गई पूछताछ में इस बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड की जो कहानी सामने आई, वह कुछ इस प्रकार थी. हेमा उपाध्याय चिंतन से शादी से पहले हेमा हिरानी थीं. हेमा का जन्म सन 1972 में गुजरात के बड़ौदा में हुआ था. सन 1992 में हेमा जब बड़ौदा की महाराजा सयाजी राव यूनिवर्सिटी में फाइन आर्ट की बैचलर डिग्री (पेंटिंग) की पढ़ाई कर रही थीं, तभी उन का परिचय चिंतन उपाध्याय से हुआ.

चिंतन उपाध्याय राजस्थान का रहने वाला था. उस का जन्म सन 1972 में बांसवाड़ा जिले के परतापुर गांव में हुआ था. चिंतन के पिता विद्यासागर उपाध्याय विख्यात चित्रकार और सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं. वह नेशलन ललित कला अकादमी, नई दिल्ली के राष्ट्रीय पुरस्कार सहित कई अन्य पुरस्कारों से सम्मानित हैं. पिता की चित्रकारी, कूची और कैनवास को देखदेख कर चिंतन में भी चित्रकारी के प्रति रुचि बढ़ती गई. उस ने भी पेंटिंग में फाइन आर्ट की बैचलर डिग्री के लिए बड़ौदा की महाराजा सयाजी राव यूनिवर्सिटी में प्रवेश ले लिया.

चिंतन और हेमा एक ही बैच में पढ़ रहे थे. उन की उम्र भी लगभग बराबर थी. साथसाथ पढ़ाई करते और पेंटिंग बनातेबनाते दोनों एकदूसरे के साथ जीनेमरने की कसमें खाने लगे. उन का प्यार परवान चढ़ता गया. सन 1995 में दोनों ने बैचलर डिग्री की पढ़ाई पूरी कर के पेंटिंग से फाइन आर्ट की मास्टर डिग्री के लिए उसी यूनिवर्सिटी में प्रवेश ले लिया. 2 सालों की मास्टर डिग्री की पढ़ाई के दौरान चिंतन और हेमा अपने प्यार की पेंटिंग को भी अनेक रंगों से सजाते रहे. अपने प्यार की कल्पनाओं को ड्राइंग शीट और कैनवाश पर उतारते रहे.

सन 1997 में दोनों ने मास्टर डिग्री हासिल कर ली. इस बीच उन्होंने अपनी बनाई पेंटिंग से देश के कला जगत में अपनी अच्छी पहचान बना ली थी. अब तक उन का प्यार इतना बढ़ चुका था कि वे एकदूसरे के बिना रह नहीं पाते थे. शायद यही वजह थी कि सन 1998 में हेमा और चिंतन ने शादी कर ली और मुंबई में बस गए. शादी करने के बाद मन को संतोष मिला तो हेमा और चिंतन की कलाकृतियों में और भी निखार आ गया. देश की अनेक ख्यातिनाम आर्ट गैलरियों में उन के चित्रों की प्रदर्शनियां लगने लगीं. उन के चित्रों की सराहना भी खूब होती थी. हेमा उपाध्याय अपनी कलाकृतियों के साथ फोटोग्राफी के लिए भी जानी जाने लगीं.

कला में सफलता मिलने के बाद हेमा और चिंतन आर्थिक रूप से मजबूत हुए तो उन्होंने मुंबई के पौश इलाके जुहू में एक करोड़ 20 लाख रुपए में एक फ्लैट खरीद लिया. इस फ्लैट में हेमा का हिस्सा 15 प्रतिशत और चिंतन का हिस्सा 85 प्रतिशत था. चिंतन ने हेमा के साथ मुंबई में फ्लैट भले ही ले लिया था, लेकिन जयपुर से उन्होंने नाता पहले की ही तरह बनाए रखा. निर्माणनगरी में रहने वाले अपने पिता विद्यासागर उपाध्याय के यहां वह बराबर आतेजाते रहे. इस की एक वजह यह भी थी कि मुंबई और दिल्ली की तरह जयपुर का भी कला की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण स्थान है. अपने काम के सिलसिले में चिंतन देश के विभिन्न शहरों के अलावा विदेश भी जाते रहते थे.

हेमा और चिंतन का वैवाहिक जीवन हंसीखुशी से बीत रहा था. दोनों अपनेअपने काम से भी खुश थे. इसी बीच गुजरात दंगों के दौरान चिंतन उपाध्याय पूरे देश में उस समय सुर्खियों में आए, जब उन्होंने बड़ौदा की अलकापुरी सृजन आर्ट गैलरी में न्यूड हो कर प्रदर्शन किया. एक तरफ तो हेमा और चिंतन का कैरियर ऊंचाइयां चढ़ रहा था, दूसरी ओर उन के बीच आत्मीयता घटती जा रही थी. चिंतन का कहना था कि उन्हें हेमा से जो शांति और समर्पण मिलना चाहिए, वह नहीं मिल रहा था. अब तक दोनों के बीच झगड़े होने लगे थे.

सन 1992 से 1998 के बीच के 6 सालों में प्यार की दीवारें जितनी मजबूत हुई थीं, अब वे दरकने लगी थीं. झगड़े शुरू हुए तो प्यार और विश्वास घटने लगा. शादी के 12 साल बीततेबीतते दोनों के संबंध टूटने की कगार पर आ गए. चिंतन ने पुलिस को बताया कि हेमा उस से हमेशा गाली दे कर बात करती थी. यह अमानवीय तो था ही, दिल को भी गहरा धक्का लगता था. जबकि पुलिस का कहना है कि चिंतन की खुद की सोच बड़ी घटिया थी, जिस से वह हेमा को परेशान करता था. इसी वजह से सन 2010 में हेमा ने मुंबई की अदालत में तलाक का मुकदमा दायर करा दिया था.

इस के बाद मुंबई के जुहू स्थित फ्लैट में चिंतन और हेमा रहते तो एक ही साथ थे, लेकिन अगलअलग कमरों में. हेमा की ओर से तलाक के मुकदमे की पैरवी एडवोकेट हरीश भंबानी कर रहे थे. तलाक के मुकदमे के दौरान ही हेमा ने सन 2013 में चिंतन उपाध्याय के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी. हेमा ने अरोप लगाया था कि चिंतन उन के कमरे की दीवारों पर अश्लील चित्र बनाते हैं. आरोप के अनुसार चिंतन ने दीवार पर जो अश्लील चित्र बनाए थे, उस में महिला को कुत्ते के साथ अश्लील मुद्रा में दिखाया गया था.

हालांकि बाद में अदालत ने हेमा की इस शिकायत को यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि चिंतन का बैडरूम उन की व्यक्तिगत जगह है, उस में वह कुछ भी कर सकते हैं. हेमा ने अदालत से चिंतन से 2 लाख रुपए महीने गुजाराभत्ता दिलाने का अनुरोध किया था. लेकिन अदालत ने अपने फैसले में चिंतन उपाध्याय को हेमा को गुजारेभत्ते के रूप में हर महीने 40 हजार रुपए देने का आदेश दिया था. जनवरी, 2015 में हेमा ने पारिवारिक अदालत में एक याचिका दायर कर के अनुरोध किया था कि फाइनल सैटलमेंट के रूप में उसे चिंतन से 5 करोड़ रुपए दिलाए जाएं.

अगर चिंतन इतनी रकम एक साथ नहीं दे पाते तो वह 5 लाख रुपए हर महीने दें. दोनों के बीच सन 2014 में तलाक हुआ था, लेकिन भरणपोषण और संपत्ति के हिस्से का विवाद अभी भी अदालतों में चल रहा था. कहा जा रहा है कि अदालतों के चक्कर लगातेलगाते और मुकदमों में लाखों रुपए खर्च होने से चिंतन परेशान था. इसीलिए उस ने हेमा को मारने की साजिश रची. हेमा को मारने के लिए उस ने किराए के हत्यारे के रूप में विद्याधर राजभर को चुना.

विद्याधर राजभर उर्फ गोटू उत्तर प्रदेश का रहने वाला था. चिंतन पिछले कई सालों से उसे जानता था. मुंबई के कांदिवली में उस की फोटोफ्रेमिंग की वर्कशौप और वेयरहाउस था. वह फाइबर ग्लास बनाने और बेचने का भी काम करता था, साथ ही इमिटेशन ज्वैलरी सहित कई अन्य कामधंधे भी करता था. कई सालों पहले विद्याधर राजभर काम की तलाश में जयपुर आया था, तब चिंतन ने ही उसे काम दिलवाया था. उस ने कई सालों तक जयपुर में काम किया. इसी बीच पेंटिंग से जुड़े कामों की वजह से वह चिंतन के पिता के संपर्क में आया. जयपुर में रहते हुए ही विद्याधर की चिंतन से अच्छी दोस्ती हो गई थी. बाद में विद्याधर मुंबई जा कर बस गया.

चिंतन के माध्यम से ही विद्याधर की मुलाकात मुंबई में हेमा उपाध्याय से हुई थी. चिंतन के साथ हेमा के लिए भी वह पेंटिंग की फोटोफ्रेमिंग का काम करने लगा. इसी वजह से उस का चिंतन हेमा के जुहू स्थित फ्लैट पर आनाजाना था. विद्याधर राजभर का चिंतन और हेमा से कारोबारी लेनदेन भी था. एक बार विद्याधर के पिता गंभीर रूप से बीमार हुए थे तो चिंतन ने दोस्ती के नाते उस की आर्थिक मदद की थी. चिंतन ने उसे 5 लाख रुपए उधार दिए थे. बाद में विद्याधर ने यह रकम नहीं लौटाई. हेमा से भी विद्याधर ने कुछ रकम उधार ले रखी थी. पैसों के लेनदेन को ले कर हेमा और विद्याधर के बीच कई बार विवाद भी हुआ था. हेमा ने कई बार उस से रकम लौटाने को कहा था.

चिंतन उपाध्याय को यह बात पता थी. इसलिए उस ने विद्याधर राजभर से हेमा की हत्या का सौदा किया. विद्याधर ने हेमा की हत्या के लिए पहले 30 लाख रुपए मांगे थे. बाद में वह बाईस लाख रुपए पर आ गया था. चिंतन के दबाव पर वह 10 लाख रुपए नकद और उधारी वाले 5 लाख रुपए के माफ करने पर हेमा की हत्या के लिए राजी हो गया था. इस के बाद चिंतन ने विद्याधर राजभर को हेमा की हत्या की सुपारी देते हुए कुछ रकम एडवांस भी दे दी थी.

यह करीब 3 महीने पहले की बात है. चिंतन ने हेमा की हत्या की साजिश रच कर एक दिन विद्याधर को जयपुर बुलाया. विद्याधर जयपुर के निर्माणनगर स्थित चिंतन के घर आया तो उस ने स्कैच बना कर उसे हत्या की पूरी योजना समझाई कि हेमा की हत्या कैसे करनी है. चिंतन से सौदा तय होने के बाद विद्याधर राजभर ने सब से पहले शिवकुमार राजभर उर्फ साधु से बात की, क्योंकि यह काम उस के अकेले के वश का नहीं था. साधु उस के अच्छे परिचितों में था. वह फाइबर की मूर्तियां बनाने के कारखाने में काम करता था. पिछले कई सालों से वह मुंबई के पश्चिमी कांदीवली इलाके में रहता था. हेमा की हत्या के लिए साधु राजी हो गया तो विद्याधर ने प्रदीप राजभर और आजाद राजभर को भी हेमा की हत्या में साथ देने के लिए राजी कर लिया.

इस के बाद मुंबई में चैंबूर स्थित एक रेस्तरां में चिंतन ने विद्याधर राजभर के साथ मीटिंग कर के हेमा की हत्या की साजिश को अंतिम रूप दिया. इस मीटिंग में टैंपो चालक विजय राजभर भी मौजूद था. विजय राजभर ने ही दोनों लाशों के डिब्बों को ले जा कर नाले में फेंका था. पुलिस ने बाद में इसे भी गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस ने चैंबूर स्थित उस रेस्तरां की सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की थी. येजना के अनुसार, 11 दिसंबर को विद्याधर राजभर ने हेमा को फोन कर के कहा कि उस के पास चिंतन के खिलाफ कुछ अहम सबूत हैं. उन सबूतों को वह उन्हें दिखाना चाहता है. इस के लिए उस ने हेमा को कांदीवली स्थित अपने वेयरहाउस में रात को बुलाया.

सबूत हासिल करने के लिए हेमा अपने वकील हरीश भंबानी को साथ ले कर विद्याधर के वेयरहाउस पहुंचे तो वहां अन्य 3-4 लोगों को देख कर हैरानी हुई, लेकिन उन्हें किसी खतरे का अहसास नहीं था, इसलिए वे दोनों निश्चिंत थे. विद्याधर कुछ देर तक हेमा को अपनी बातों में उलझाए रहा. उस के बाद उस ने अपने साथियों की मदद से हेमा और हरीश को क्लोरोफार्म सुंघा कर बेहोश कर दिया. बेहोश होने के बाद दोनों की गला घोंट कर हत्या कर दी गई. दोनों के मर जाने के बाद उन की जेबों का सारा सामान, मोबाइल आदि निकाल कर कपड़े उतार दिए गए, फिर दोनों लाशों के हाथपैर बांध कर पौलीथिन में लपेट कर गत्ते के डिब्बों में भर दिया गया, जिन्हें विजय राजभर टैंपो से उसी रात नाले में फेंक आया.

रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने चिंतन और पकड़े गए अन्य अभियुक्तों को अदालत में पेश किया, जहां पुलिस ने चिंतन का रिमांड बढ़ाने की मांग की तो अदालत ने बाकी लोगों को जेल भेज कर चिंतन का रिमांड 1 जनवरी तक बढ़ा दिया. 1 जनवरी को रिमांड अवधि पूरी होने पर उसे दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 11 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने चिंतन उपाध्याय के दिल्ली स्थित मकान से कई अहम सबूत जब्त किए हैं. इन में पैन ड्राइव, आईपौड और कुछ संदिग्ध पेंटिंग शामिल हैं. पुलिस की एक टीम ने जयपुर जा कर भी जांचपड़ताल की है. चिंतन के पिता विद्यासागर उपाध्याय से निर्माणनगर स्थित घर पर करीब ढाई घंटे तक पूछताछ की गई.

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि दिल्ली शिफ्ट होने के बाद चिंतन उपाध्याय मुंबई में कभी 3 दिन से ज्यादा नहीं रुकता था, लेकिन 2 से 6 दिसंबर के बीच वह मुंबई में ही रहा. इस के अलावा हेमा और हरीश के लापता होने के अगले दिन 12 दिसंबर को उस ने हरीश के घर वालों को फोन कर के उन के बारे में पूछा था. चिंतन ने 6 दिसंबर को विद्याधर राजभर को एक एसएमएस किया था, लेकिन पुलिस के थाने बुलाने से पहले उस ने वह एसएमएस डिलीट कर दिया था.

कथा लिखे जाने तक विद्याधर राजभर पुलिस के हाथ नहीं लगा था. इस के अलावा एक अन्य व्यक्ति के भी इस दोहरे हत्याकांड में शामिल होने की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि चिंतन उपाध्याय ने ही हेमा की हत्या की साजिश रची थी. उसी साजिश के तहत विद्याधर राजभर ने अपने साथियों के साथ हेमा और उन के एडवोकेट हरीश भंबानी की हत्या की थी. विद्याधर के पकड़े जाने पर ही इस मामले की सारी गुत्थी सुलझेगी.

बहरहाल, हेमा उपाध्याय की हत्या से भारतीय कला जगत में सन्नाटा पसरा हुआ है. कोई यह मानने को तैयार नहीं है कि चिंतन जैसा प्रतिभाशाली कलाकार एक प्रतिभाशाली कलाकार की हत्या भी करा सकता है. चिंतन के पिता विद्यासागर उपाध्याय का कहना है कि मेरा बेटा बेकसूर है. पुलिस को उस के बारे में गलत जानकारी दी गई है. Crime News

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

Canada: प्यार पर कोई जोर नहीं

Canada: विदेश में रह रहे गुरजिंदर ने अगर भारतीय सभ्यता से इतर वेस्टर्न कल्चर अपना कर अपनी प्रेमिका मेपल को उसी नजरिए से देखा होता तो आज मेपल जिंदा होती और उसे जेल में उम्रकैद भी न काटनी पड़ती. लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाया और…

रोज की तरह 28 सितंबर, 2011 को भी मेपल बटालिया सुबह यूनिवर्सिटी जाने के लिए तैयार हुई तो बड़ी बहन रोजलीन ने कहा, ‘‘आज मैं ने कार अच्छे से साफ कर दी है, कई दिनों से साफ नहीं हुई थी न. तू मेरा एमपी-3 प्लेयर भी ले जा. म्यूजिक सुनते हुए ड्राइविंग में बड़ा मजा आता है.’’

‘‘ठीक है दीदी, लेकिन मुझे यूनिवर्सिटी जल्दी पहुंचना है. क्लास से पहली स्टडी भी करनी है. मुझे म्यूजिक का ज्यादा शौक है नहीं, सिर्फ खाली समय में खुद को हल्का महसूस करने के लिए सुन लेती हूं.’’ मेपल ने कहा.

‘‘चल ठीक है, अब देर मत कर.’’ रोजलीन ने कहा.

मेपल किताबें और पर्स ले कर कार में बैठी और यूनिवर्सिटी चली गई. वह कनाडा के सुर्रे की साइमन फ्रेजर यूनिवर्सिटी में हेल्थ साइंस ग्रैजुएशन की प्रथम वर्ष की छात्रा थी.  मेपल ही नहीं, उस का पूरा परिवार कनाडा का नागरिक था. लेकिन वे मूलरूप से भारत के रहने वाले थे. मेपल भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में पैदा हुई थी. उस के परिवार में पति हरकीरत उर्फ हैरी बटालिया, मां सरबजीत, 2 बड़ी बहनें रोजलीन उर्फ रोजी और सिमरन थीं.

मुंबई में रहने के दौरान हरकीरत ड्राइवर की नौकरी कर के किसी तरह परिवार को पाल रहे थे. आर्थिक हालत अच्छी नहीं थी. मेपल 3 महीने की थी, तभी हरकीरत के किसी दोस्त ने उस से कहा कि यहां रह कर उस की आर्थिक स्थिति में कोई बदलाव नहीं होने वाला है. उस की 3 बेटियां हैं, उन्हें पढ़ानेलिखाने और शादी करने में ही उस की जिंदगी खप जाएगी. फिर भी वह पैसों के अभाव में न बेटियों को अच्छी शिक्षा दिला पाएगा और न अच्छे घरों में उन की शादियां कर पाएगा.

‘‘तो फिर क्या करूं?’’ हरकीरत ने पूछा था.

‘‘तू कनाडा चला जा. उसे तो मिनी पंजाब कहा जाता है. तुझे वहां कोई न कोई रोजगार मिल ही जाएगा. कुछ नहीं होगा तो टैक्सी चला कर अच्छी कमाई कर लेगा. वहां रह कर बेटियों को अच्छी तरह पढ़ा भी लेगा और अच्छे घरों में उन की शादियां भी कर देगा.’’ दोस्त ने कहा.

‘‘भाई, तू कह तो ठीक रहा है, मेरे कई रिश्तेदार वहां हैं. जब वे गए थे, खस्ताहाल थे, अब दौलत में खेल रहे हैं. मैं भी कोशिश करता हूं.’’ हरकीरत ने कहा.

और फिर किसी तरह कोशिश कर के हरकीरत परिवार सहित कनाडा चला गया. कुछ दिनों तक उस ने वहां टैक्सी चलाई, उस के बाद अपना रोजगार कर लिया. धीरेधीरे रोजगार बढ़ा तो आर्थिक स्थिति बेहतर होती गई. बेटियों का अच्छे स्कूल में एडमिशन करा दिया. उस की दोनों बड़ी बेटियां पढ़ाई में बस ठीकठाक कही जा सकती थीं. लेकिन सब से छोटी मेपल काफी तेज दिमाग की थी. वह स्कूल की हर तरह की गतिविधियों में भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेती थी. हरकीरत को अपनी इस बेटी से काफी उम्मीदें थीं. मेपल पढ़ाई में जितनी तेज थी, उतनी ही खूबसूरत भी थी. हंसमुख और खुले विचारों की भी थी.

अपनी दोनों बहनों के मुकाबले मेपल का हाथ भी ज्यादा खुला था. वह खुल कर खर्च करती थी. उस का कहना था कि जिंदगी खुल कर जीने के लिए है. एकएक पल ऐसा जीना चाहिए कि यादगार बन जाए. स्कूल में उस की दोस्ती लड़कियों से ही नहीं, तमाम लड़कों से भी थी. स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद मेपल ने डाक्टर बनने के लिए हेल्थ साइंस में एडमिशन लिया था. लेकिन वह सिर्फ स्टूडेंट ही नहीं थी, मौडल और अभिनेत्री भी थी. वह मौडलिंग तो कर ही रही थी, ‘डायरी औफ विंपी किड’ फिल्म में छोटी सी भूमिका भी की थी. सेंट्रल सिटी मौल द्वारा आयोजित मौडल खोज प्रतियोगिता में हिस्सा ले कर वह फाइनल राउंड तक पहुंच गई थी. उस का फाइनल होना अभी बाकी था.

मेपल यूनिवर्सिटी पहुंची तो पार्किंग में ही उस की एक दोस्त मिल गई. दोनों पार्किंग की एक बैंच पर बैठ कर पढ़ाई कर करने लगीं. अचानक मेपल किताब ले कर उठी और टहलते हुए पढ़ने लगी. उसी बीच उस से कूछ दूरी पर एक कार आ कर रुकी. कार से 2 लड़के उतरे. कार चला रहे युवक ने इधरउधर देखा और स्वचालित आधुनिक रिवौल्वर से मेपल पर गोलियां चला दीं. गोलियों की गूंज से कैंपस गूंज उठा. गोलियों की आवाज सुन कर मेपल की सहेली दौड़ कर जब तक उस के पास पहुंचती, वह लहूलुहान हो जमीन पर गिर चुकी थी. गोलियां चलाने वाला लड़का अपने साथी के साथ कार से भाग गया था.

यूनिवर्सिटी स्टाफ, प्रोफेसर, स्टूडेंट एकत्रित हो गए. घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी गई थी. सुर्रे सिटी के तमाम पुलिस अधिकारी कुछ ही मिनटों में वहां पहुंच गए थे. एंबुलैंस द्वारा मेपल को सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मेपल के पिता हरकीरत को भी दे दी गई थी. वह पत्नी और बड़ी बेटी रोजलीन के साथ अस्पताल पहुंचे. इस के बाद लाश का पोस्टमार्टम कराया गया. उस के बाद लाश उन्हें सौंप दी गई. 8 अक्तूबर को उन्होंने डल्टास रिवर के किनारे उस का अंतिम संस्कार कर दिया. पूरा परिवार मेपल की मौत से काफी दुखी था.

पुलिस को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, गोलियां थोड़ी दूर से चलाई गई थीं. 2 गोलियां उस के दिल के करीब, एक पेट में, एक माथे पर तथा एक गरदन पर लगी थी. ये पांचों गोलियां एक ही रिवौल्वर से चलाई गई थीं. हमलावर कौन थे? यह किसी को पता नहीं था. उस समय यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित पार्किंग में खास चहलपहल नहीं थी. 2-4 स्टूडेंट ही इधरउधर थे. क्योंकि उस समय यूनिवर्सिटी के क्लास शुरू होने में काफी देर थी. मेपल, उस की सहेली और जो अन्य स्टूडेंट थे, वे पढ़ने की गरज से समय से पहले आ गए थे. वहां के शांत वातावरण में ठीक से पढ़ाई हो जाती थी.

मेपल की सहेली बस इतना ही बता पाई थी कि पढ़तेपढ़ते अचानक मेपल उठी और टहलते हुए पढ़ने लगी. अचानक गोलियां चलने की आवाज से वह चौंकी. जब उसे लगा कि गोलियां उसी पर चलाई गई हैं तो वह उस की ओर भागी. जब उस ने पलट कर देखा तो हमलावर कार में बैठ रहे थे. इसलिए उस ने सिर्फ उन की पीठ देखी थी, शक्ल नहीं. करीब 50 पुलिस अधिकारी इस मामले की जांच में लगे थे. मेपल के दोस्त सायर से पूछताछ की गई. उस ने बताया, ‘‘मेपल समझदार और खुशमिजाज लड़की थी. सालों से उस का प्रेमसंबंध पंजाबी समुदाय के गुरजिंदर धालीवाल उर्फ गैरी से था, जो उस की हत्या के कुछ दिनों पहले ही टूटा था. गुरजिंदर उस का पहला प्रेम था.

प्रेमसंबंध टूटने के बाद दोनों के बीच तनाव चल रहा था. गुरजिंदर अकसर उस का पीछा करता था. हत्या से पहले 24 सितंबर, 2011 को मेपल ने सुर्रेटिम होर्टंस में गुरजिंदर धालीवाल पर हमले का आरोप लगाया था. उस ने अपने बयान में कहा था कि जिस समय वह अपने एक बौयफ्रैंड के साथ कौफी शौप में थी तो गुरजिंदर वहां पहुंच गया था. लड़ाईझगड़ा करते हुए वह मारपीट पर उतारू हो गया था. उस ने उसे देख लेने की धमकी भी दी. बाद में मेपल ने अपने बयान वापस ले लिए थे, जिस से गुरजिंदर पर कोई केस नहीं चला था.’’

हरकीरत ने भी गुरजिंदर पर शक जाहिर किया था. गुरजिंदर शक के दायरे में था. लेकिन उस से पूछताछ से पहले पुलिस यूनिवर्सिटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख लेना चाहती थी. फुटेज में यह तो दिख रहा था कि मेपल की हत्या में 2 युवकों का हाथ है, जो कार से वहां आए थे. लेकिन उस फुटेज से उन की पहचान करना आसान नहीं था.

पुलिस ने गुरजिंदर को हिरासत में ले लिया. उस से लंबी पूछताछ की गई, लेकिन उस के चेहरे के हावभाव और बातों से जरा भी नहीं लग रहा था कि उस ने किसी की हत्या की है. पुलिस के पास उस के खिलाफ कोई ठोस सबूत भी नहीं थे, इसलिए उसे छोड़ दिया गया. लेकिन पुलिस उस की चोरीछिपे निगरानी करती रही. पुलिस ने मेपल और गुरजिंदर के मोबाइल फोनों की काल डिटेल्स भी निकलवाई थी. इस से भी किसी खास आधार पर गुरजिंदर को दोषी करार नहीं दिया जा सकता था.

हालांकि कामयाबी नहीं मिल रही थी, फिर भी पुलिस हार मानने को तैयार नहीं थी. मेपल जिस मौडल खोज प्रतियोगिता में भाग ले रही थी, उस का फिनाले 15 अक्टूबर, 2011 को होना था. मेपल के विजेता बनने की संभावना थी. कहीं किसी प्रतिद्वंद्वी ने उस की हत्या न करा दी हो, पुलिस ने इस की भी जांच की. दूसरी ओर आयोजकों ने मेपल की हत्या से दुखी हो कर प्रतियोगिता को जनवरी तक के लिए टाल दिया था.

धीरेधीरे 5 महीने बीत गए, मेपल की हत्या की गुत्थी नहीं सुलझी. पुलिस ने तमाम अपराध करने वालों से भी पूछताछ कर ली थी, ड्रग्स रैकट से भी जोड़ कर छानबीन की गई थी, पर कोई तथ्य हाथ नहीं लगा था. न तो मेपल किसी तरह के ड्रग्स की आदी थी और न ही उस के किसी दोस्त के ड्रग्स गिरोह से किसी प्रकार के संबंध थे. कहीं ये सैक्स माफियाओं का काम न हो, इस दृष्टि से भी जांच की गई थी, लेकिन सारी कोशिशें बेकार गई थीं.

मेपल की हत्या को एक साल गुजर गया. 28 सितंबर, 2012 को उस की पहली बरसी थी. बरसी वाले दिन सुर्रे पार्क में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिस में करीब 2 सौ लोगों ने भाग ले कर मेपल को श्रद्धांजलि दी. इस सभा में लोगों ने कामना की कि उस का हत्यारा जल्द से जल्द पकड़ा जाए, ताकि उस की आत्मा को शांति मिल सके.

इसी आयोजन में हरकीरत बटालिया ने बटालिया परिवार की ओर से मेपल स्कौलरशिप मेमोरियल फंड्स की स्थापना की घोषणा की. इस संस्था की ओर से साइमन फ्रेजर यूनिवर्सिटी, जिस में मेपल पढ़ती थी, में आर्ट्स और हेल्थ साईंस पढ़ने वाली आर्थिक रूप से कमजोर लड़कियों की अर्थिक मदद का ऐलान किया गया. बटालिया परिवार की ओर से इस संस्था में 50 हजार डालर की राशि दान स्वरूप दी गई. इस संस्था में सामाजिक कार्य करने वाले तथा व्यवसाई भी दान कर सकते थे.

इस के अलावा उन्होंने पुलिस से लिखित रूप से मेपल के हत्यारे को पकड़ने की अपील करने के साथ अब तक की गई कोशिशों के लिए धन्यवाद भी दिया. पुलिस के लिए मेपल हत्याकांड पहेली बना हुआ था. पुलिस ने हर तरकीब अपना ली थी, पर कोई सुराग नहीं मिला था. लेकिन उस के मुखबिर अब भी मुस्तैद थे और गुरजिंदर तथा उस के खास दोस्तों की अभी तक निगरानी रखी जा रही थी. आखिर पुलिस को एक दिन सफलता मिल ही गई. 1 दिसंबर की रात गुरजिंदर का 22 वर्षीय दोस्त गुरसिमर बेदी एक बार में दोस्तों के साथ शराब पी रहा था. तभी उस के मुंह से निकला, ‘‘देखो, एक साल पहले हम ने कितनी होशियारी से मेपल की हत्या की कि आज तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई.’’

अगली ही टेबल पर बैठे पुलिस के मुखबिर ने यह बात सुन ली. उस ने तुरंत पुलिस को फोन कर के बुला लिया. मुखबिर के इशारे पर गुरसिमर को पकड़ लिया गया. खुद को पुलिस से घिरा देख वह घबरा गया और उस का सारा नशा उतर गया. उस की समझ में आ गया कि अब बचना मुश्किल है. उसे पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां सीधे पूछा गया कि मेपल बटालिया की हत्या किस ने की और क्यों की?

बिना किसी लागलपेट के गुरसिमर ने सच बोल दिया, ‘‘मेपल की हत्या गुरजिंदर धालीवाल उर्फ गैरी ने की थी. उस के साथ मैं भी था. मैं ने ही उसे वह रिवौल्वर उपलब्ध कराई थी, जिस से मैपल को गोली मारी गई थी. उस ने यह हत्या क्यों की, यह मुझे मालूम नहीं. मैं तो उस का साथ दोस्ती की वजह से देने को तैयार हो गया था. मेरी समझ में अभी तक नहीं आया कि दोनों गहरे दोस्त थे, एकदूसरे को प्यार भी करते थे, इस के बावजूद उस ने मेपल की हत्या कर दी?’’

‘‘इस समय वह कहां मिलेगा?’’ पुलिस ने पूछा.

‘‘अपने घर पर.’’ गुरसिमर ने कहा.

गुरसिमर बेदी को साथ ले कर पुलिस ने गुरजिंदर के घर छापा मारा. उस समय रात के साढ़े 12 बज रहे थे. वह अपने बैडरूम में सो रहा था. उस के घर वालों से उस के बारे में पूछा गया तो उन्होंने पूछा, ‘‘आप लोग उसे क्यों पूछ रहे हैं?’’

‘‘एक साल पहले उस ने एक लड़की की हत्या की थी. उसी अपराध में उसे गिरफ्तार करना है.’’ एक पुलिस अधिकारी ने कहा.

‘‘वह ऐसा कतई नहीं कर सकता, आप को कोई गलतफहमी हुई है. वह एक होनहार और नेक चालचलन वाला लड़का है.’’ उस के पिता ने कहा.

घरवालों की लाख कोशिश के बावजूद पुलिस गुरजिंदर को गिरफ्तार कर के पुलिस स्टेशन ले आई. वह बारबार कहता रहा, ‘‘मैं ने मेपल की हत्या नहीं की. मैं तो उसे दिल की गहराई से प्यार करता था. भला मैं उस की हत्या कैसे कर सकता हूं.’’

गुरसिमर को उस के सामने बैठा कर एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘इस ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और सबूत भी दे दिए हैं. तुम्हारे पास बचाव का अब कोई रास्ता नहीं है. सच्चाई स्वीकार करने में ही तुम्हारी भलाई है.’’

‘‘मैं ने किसी की हत्या नहीं की.’’ गुरजिंदर अपनी बात पर अड़ा रहा.

‘‘ठीक है, अब लाई डिटेक्टर से ही पता चलेगा कि तुम सच बोल रहे हो या झूठ?’’ पुलिस अधिकारी ने उस पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाया.

इस के बाद गुरजिंदर घबरा गया. झूठ के सहारे आगे चलना उसे कठिन लगा. ऐसे में उसे सच बोल देना ही ठीक लगा. उस ने कहा, ‘‘हां, मैं ने ही की है मेपल की हत्या. मैं उस की हत्या करना नहीं चाहता था. मैं तो उस के साथ सारी जिंदगी बिताना चाहता था, लेकिन उस ने काम ही ऐसा किया कि मजबूर हो कर मुझे उस की हत्या करनी पड़ी.’’

19 वर्षीया मेपल बटालिया जिस एंवर करिक सैकेंडरी स्कूल में पढ़ती थी, उसी में गुरजिंदर भी पढ़ता था. मेपल जब हाईस्कूल में पढ़ रही थी, तभी उस की मुलाकात गुरजिंदर से हुई थी. दोनों ने एकदूसरे को आकर्षित किया तो उन के बीच दोस्ती हो गई. बाद में उन्हें पता चला कि उन के परिवार एकदूसरे से परिचित हैं. इस से दोस्ती और भी गहरी हो गई. दोनों का एकदूसरे के घर भी आनाजाना होने लगा. दोनों की मम्मियां अकसर साथसाथ शौपिंग के लिए जाती थीं.

मेपल चंचल स्वभाव की थी, जबकि गुरजिंदर गंभीर और शर्मीला. विपरीत स्वभाव का होने के बावजूद दोनों में खूब पटती थी. मेपल सैकेंडरी में पहुंची तो दोनों का आकर्षण और बढ़ गया. गुरजिंदर यूनिवर्सिटी में पहुंच गया था. नजदीकी तो पहले से ही थी. अब दोनों इस दोस्ती को एक रिश्ते का नाम देना चाहते थे. गुरजिंदर शर्मीले स्वभाव की वजह से दिल की बात जुबान पर नहीं ला पाया. पर मेपल ने पहल करते हुए एक दिन प्रपोज कर दिया, ‘‘क्या मेरे साथ डेट पर चलोगे?’’

दोनों अकसर साथसाथ घूमते थे, पर डेट पर जाने का अर्थ दूसरा ही था. इसलिए मेपल के प्रस्ताव पर गुरजिंदर शरमा गया. उस ने मुसकरा कर सिर हिला दिया. छुट्टी के दिन दोनों ने डेट पर जाने का प्रोग्राम बनाया. गुरजिंदर अपनी कार से उसे डोनियाल पार्क ले गया, जहां वे एकांत में बैठ कर बातें करने लगे. अचानक मेपल ने पूछा, ‘‘क्या तुम मुझ से प्यार करते हो?’’

गुरजिंदर इधरउधर देखने लगा. उसे जवाब न देते देख मेपल ने अपना प्रश्न दोहराया. इस पर उस ने सिर्फ यही कहा, ‘‘क्या तुम…?’’

‘‘पहले तुम बताओ, सवाल पहले मैं ने किया है तो जवाब पहले तुम दोगे.’’ मेपल ने शरारती अंदाज में कहा.

‘‘अगर मैं हां कहूं तो.’’ गुरजिंदर ने कहा.

‘‘ऐसे नहीं, मुझे प्रपोज करो.’’ मेपल बोली.

‘‘मुझे प्रपोज करना नहीं आता.’’ गुरजिंदर अब भी शरमा रहा था.

‘‘अच्छा बाबा, मैं ही प्रपोज करती हूं, मैं तुम से बेहद बेहद प्यार करती हूं.’’ मेपल ने मुसकराते हुए कहा.

‘‘मैं भी तुम से प्यार करता हूं. साथ ही वादा करता हूं कि हमेशा इसी तरह प्यार करता रहूंगा.’’ गुरजिंदर ने कहा.

इस के बाद दोनों एकदूसरे से खुल गए. उन की बातचीत का अंदाज बदल गया. उन के होंठ भी कई बार आपस में टकराए, पर उन्होंने इस से आगे की हद पार नहीं की. इस के बाद मेपल और गुरजिंदर ज्यादा से ज्यादा एकदूसरे के करीब रहने लगे. उन के घर वालों को उन के प्यार का पता नहीं था. उन्हें तो सिर्फ यही मालूम था कि दोनों अच्छे दोस्त हैं.

मेपल ने सेकेंडरी पास कर के साइमन फ्रेजर यूनिवर्सिटी में हेल्थ साइंस में एडमिशन ले लिया. वहीं वह मौडलिंग भी करने लगी. वहीं से उसे लघु फिल्म ‘डायरी औफ विंपी किड’ में एक भूमिका मिल गई. इस से उस के हौसले और बढ़ गए. वह अकसर मौडलिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने लगी. इस के बावजूद उस ने पढ़ाई को नजरअंदाज नहीं किया. वह पढ़ाई को भी पूरा समय देती थी. वहीं गुरजिंदर ग्रैजुएशन पूरा कर के पिता के व्यवसाय में हाथ बंटाने लगा था.

प्यार की नींव विश्वास पर टिकी होती है. दोनों के बीच विश्वास था भी पर गुरजिंदर का विश्वास उस दिन डगमगा गया, जब उस ने मेपल को एक अन्य युवक के साथ यूनिवर्सिटी में हाथ में हाथ डाले घूमते देख लिया. उस दिन वह मेपल से मिलने यूनिवर्सिटी गया था. यह उसे अच्छा नहीं लगा, इसलिए निराश मन से वह बिना मिले ही लौट गया. जब दोनों दूसरे दिन मिले तो गुरजिंदर ने पूछा, ‘‘कल तुम्हारे साथ कौन लड़का था?’’

‘‘क्लास में पढ़ता है. हम दोनों में अच्छी दोस्ती है. पर तुम्हें मेरा उस के साथ घूमना बुरा क्यों लगा, यह तो आम बात है.’’ मेपल ने कहा.

गुरजिंदर उस के जवाब से संतुष्ट नहीं था. उस ने कहा, ‘‘मुझे यह अच्छा नहीं लगता. मैं नहीं चाहता कि कोई तुम्हें छुए भी.’’

बात आईगई हो गई. कुछ दिनों बाद गुरजिंदर कौफी शौप में कुछ दोस्तों के साथ गया तो वहां एक प्राइवेट केबिन में उस की नजर चली गई. वहां मेपल किसी लड़के के साथ अश्लील मुद्रा में बैठी थी. यह देख कर वह गुस्से से कांपने लगा. उस ने उस केबिन में जा कर दोनों को भलाबुरा कहने के साथसाथ मेपल से अपना कौमार्य टेस्ट कराने को कहा. उस ने कहा कि उसे शक है कि उस के कई लड़कों से शारीरिक संबंध हैं.

इस पर मेपल खुद पर काबू नहीं रख पाई. वह गुस्से में बोली, ‘‘तुम कौन होते हो मुझ पर इस तरह का इल्जाम लगाने वाले. किस हक से तुम मुझे कुंवारेपन का टेस्ट कराने को कह रहे हो. हमारे बीच प्यार है, हम ने शादी नहीं की, जो तुम इस तरह हक जता रहे हो.’’

‘‘लेकिन मैं तो तुम्हारे साथ जिंदगी गुजारने की सोच बैठा हूं.’’ गुरजिंदर ने कहा.

‘‘यह तुम्हारी सोच है, जरूरी नहीं कि मेरी भी यही सोच हो. मैं जिंदगी को बांधना नहीं चाहती. मैं खुल कर जीने में विश्वास रखती हूं. तुम्हें अच्छा नहीं लगता तो तुम अपना रास्ता अलग कर सकते हो.’’ मेपल ने दो टूक जवाब दिया.

गंभीर स्वभाव का गुरजिंदर बौखला गया. पर उस ने खुद पर संयम रखा. 24 सितंबर, 2011 को उस ने मेपल को उसी लड़के के साथ फिर देखा तो खुद पर काबू नहीं रख पाया और दोनों से उलझ पड़ा. वह मारपीट तक पर उतारू हो गया. उस का यह रूप देख कर मेपल ने इस की शिकायत पुलिस से कर दी, पर दूसरे दिन उस ने अपनी शिकायत वापस ले ली. हां, उस ने गुरजिंदर को चेतावनी जरूर दी कि आइंदा वह उस की जिंदगी में दखल न दे, वरना परिणाम अच्छा नहीं होगा.

‘‘परिणाम किस का अच्छा होगा, किस का बुरा यह तो अब पता चलेगा.’’ गुरजिंदर बड़बड़ाया.

उस ने मेपल को सबक सिखाने की योजना बना कर अपने दोस्त गुरसिमर बेदी से बात की. गुरजिंदर ने उस से सहयोग मांगा तो वह तैयार हो गया. उस ने साथ देने का वादा तो किया ही, साथ ही उस के कहे अनुसार एक रिवौल्वर का इंतजाम भी कर दिया. इस के बाद उस ने मेपल पर नजर रखनी शुरू कर दी. 28 सितंबर, 2011 को मेपल यूनिवर्सिटी के लिए घर से निकली तो दोनों उस का पीछा करते हुए वहां पहुंच गए और मौका देख यूनिवर्सिटी कैंपस में कार रोक कर गुरजिंदर ने उस पर गोलियां चला दीं और भाग खड़े हुए. मेपल के मरने की खबर गुरजिंदर को अपने घर वालों से मिल चुकी थी, क्योंकि वे मेपल के अंतिम संस्कार में गए थे, पर वह मेपल के घर शोक जताने भी नहीं गया.

पुलिस ने शक के आधार पर उसे हिरासत में भी लिया, पर वह झूठ बोल कर शक के दायरे से निकल गया. अंत में साल भर बाद उस का गुनाह सामने आ गया और वह पकड़ा गया. गुरजिंदर और गुरसिमर को सुर्रे सिटी कोर्ट में पेश किया गया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. 17 सितंबर, 2012 को अगली पेशी पर गुरजिंदर के वकीलों ने उसे निर्दोष बताते हुए सबूत भी दिए, पर कोर्ट ने उन्हें खारिज कर दिया.

30 अप्रैल, 2013 को पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश कर दी. चार्जशीट, गवाह और सबूतों के आधार पर कोर्ट ने दोनों को दोषी करार दिया. यह संयोग ही था कि 28 सितंबर, 2011 को मेपल की हत्या हुई थी और 28 सितंबर, 2014 को कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए गुरजिंदर धालीवाल उर्फ गैरी को साजिश रचने व हत्या करने के आरोप में 19 साल की सश्रम कारावास की सजा तथा उस के साथी गुरसिमर बेदी को साजिश में शामिल होने और हथियार मुहैया कराने के आरोप में 8 साल की सजा सुनाई.

कथा लिखे जाने तक 15 नवंबर, 2015 को गुरजिंदर के वकील ने जमानत की अर्जी कोर्ट में लगाई थी, पर कोर्ट ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए अर्जी खारिज कर दी थी. Canada

Husband Wife Conflict: फर्क देवर और पति में

Husband Wife Conflict: मातृत्व सुख न पाने से शांति बेचैन रहने लगी थी, इस के लिए वह पति को दोषी मानती थी. जब उस ने यह बात पति से कही तो वह उस से लड़ाईझगड़ा ही नहीं करने लगा, बल्कि शराब पी कर मारनेपीटने भी लगा. इस के बाद शांति ने इस सब से छुटकारा पाने के लिए क्या किया.

19 नवंबर की सुबह 10 बजे राजू थाना लहरापुर पहुंचा और थानाप्रभारी धर्मपाल सिंह को बताया कि बीती रात किसी ने उस के भाई वीरेंद्र की गोली मार कर हत्या कर दी है. उस की लाश गांव के बाहर नलकूप वाले कमरे में पड़ी है. हत्या की खबर पा कर धर्मपाल सिंह ने राजू से कुछ सवाल पूछे और पुलिस टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. रवानगी से पहले उन्होंने सीओ राकेश सिंह को भी घटना से अवगत करा दिया था.

राजू लहरापुर थाने के गांव अनेसों का रहने वाला था, जो थाने से 7 किलोमीटर दूर उत्तरपश्चिम दिशा में था. पुलिस को वहां पहुंचने में आधे घंटे का समय लगा. घटनास्थल पर भीड़ जुटी हुई थी. थानाप्रभारी धर्मपाल सिंह भीड़ को हटा कर उस कमरे के अंदर पहुंचे, जहां वीरेंद्र की लाश पड़ी थी. लाश के पास मृतक की पत्नी शांति दहाड़ें मार कर रो रही थी. कमरे में पड़ी चारपाई पर वीरेंद्र की रक्तरंजित लाश पड़ी थी. बिस्तर खून से तरबतर था. दीवारों पर भी खून के छींटें पड़े थे. वीरेंद्र के सीने में गोली मारी गई थी, जिस से उस की मौत हो गई थी. मृतक की उम्र 35 साल के आसपास रही होगी.

थानाप्रभारी धर्मपाल सिंह अभी जांचपड़ताल कर ही रहे थे कि सीओ राकेश सिंह भी आ गए. उन्होंने फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुला लिया था. टीम ने कमरे से साक्ष्य एकत्र कर लिए. राकेश सिंह ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, मृतक की पत्नी भाई तथा गांव के मुखिया से पूछताछ की. पूछताछ में मृतक के भाई राजू ने बताया कि उस का बड़ा भाई वीरेंद्र नलकूप की रखवाली के लिए रात को नलकूप के कमरे में सोता था. कभीकभी वह खुद भी वहां सो जाता था. बीती रात 8 बजे खाना खा कर वह नलकूप पर सोने आ गए थे.

सुबह 8 बजे वह उन के लिए नाश्ता ले कर आया तो देखा कि किसी ने गोली मार कर उन की हत्या कर दी थी. उस ने हत्या की जानकारी पहले भाभी शांति को दी, उस के बाद गांव के अन्य लोगों को. इस के बाद हत्या की सूचना देने थाना लहरापुर चला गया.

‘‘तुम्हारे भाई की गांव में किसी से रंजिश तो नहीं है?’’ राकेश सिंह ने पूछा.

‘‘नहीं साहब, हमारी गांव में किसी से कोई रंजिश नहीं है.’’

‘‘कोई लेनदेन का विवाद?’’

‘‘नहीं, भैया किसी से कोई लेनदेन नहीं करते थे. हम अपनी हैसियत के मुताबिक ही रहते थे. कर्ज लेना भैया को बिलकुल पसंद नहीं था. हां, वह शराब के शौकीन जरूर थे, लेकिन खानेपीने में अपना ही पैसा खर्च करते थे.’’

राकेश सिंह ने मृतक की पत्नी शांति से पूछताछ की तो वह फफकफफक कर रो पड़ी. चंद मिनट बाद उस के आंसुओं का सैलाब रुका तो बोली, ‘‘साहब, मेरे पति अच्छेभले थे. कोई तनाव या परेशानी नहीं थी. रात 8 बजे खाना खा कर वह नलकूप पर सोने आए थे. पता नहीं रात में किस ने मेरा सुहाग उजाड़ दिया. सुबह देवरजी उन्हें नाश्ता देने आए तो हमें उन की हत्या की जानकारी मिली.’’

‘‘तुम्हें किसी पर शक है?’’ धर्मपाल सिंह ने पूछा.

‘‘साहब, मुझे चोरों पर शक है. लगता है, रात में चोर नलकूप की मोटर चुराने आए थे, वह जाग गए होंगे और चोरों को ललकारा होगा, तब उन्होंने गोली मार दी होगी.’’

गांव के मुखिया भगवत ने सीओ राकेश सिंह को चौंकाने वाली जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वीरेंद्र की हत्या का राज घर में ही छिपा है. वीरेंद्र की पत्नी शांति का चालचलन ठीक नहीं है. उस के अपने देवर राजू से नाजायज रिश्ते हैं. वीरेंद्र उन अवैध रिश्तों का विरोध करता था, साथ ही शांति से मारपीट भी. शक है कि शांति और राजू ने मिल कर वीरेंद्र को मार डाला है. यह जानकारी मिलते ही राकेश सिंह ने राजू को हिरासत में ले लिया और मृतक वीरेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए औरैया जिला अस्पताल भिजवा दिया. इस के बाद वह राजू को ले कर थाना लहरापुर आ गए.

थाने पर राकेश सिंह तथा धर्मपाल सिंह ने राजू से पूछताछ शुरू की तो वह घडि़याली आंसू बहाने लगा. उस की आंखों से बहते आंसू देख कर एक बार तो ऐसा लगा कि वह निर्दोष है. लेकिन जब धर्मपाल सिंह ने राजू से कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया और भाई की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया. अगले दिन पुलिस ने राजू की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया, जिसे उस ने अपने खेत के पास झाडि़यों में छिपा दिया था. राजू गिरफ्तार हुआ तो शांति घबरा गई. वह अपना सामान समेट कर भागने की तैयारी कर रही थी कि पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया. थाने पर जब उस का सामना अपने देवर राजू से हुआ तो उस ने भी सच बताना ठीक समझा. उस ने बड़ी आसानी से अपना जुर्म कबूल कर लिया.

चूंकि राजू और उस की भाभी शांति ने वीरेंद्र की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया था, इसलिए धर्मपाल सिंह ने मृतक के चचेरे भाई ध्रुवपाल को वादी बना कर राजू व शांति के खिलाफ वीरेंद्र की हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया. इस के साथ ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों से की गई पूछताछ में अवैध रिश्तों की सनसनीखेज कहानी प्रकाश में आई. औरैया जनपद में तिरवाबिंदियापुर रोड पर  एक कस्बा है सहार. इसी कस्बे में रहने वाले राजकुमार की बेटी थी शांति. राजकुमार ने शांति का विवाह औरैया जिला के थाना लहरापुर के अंतर्गत आने वाले अनेसों गांव निवासी वीरेंद्र के साथ किया था.

वीरेंद्र के मातापिता की मौत हो चुकी थी. वह अपने छोटे भाई राजू के साथ रहता था. उस के पास 10 बीघा जमीन थी, जिस में अच्छी उपज होती थी. कुल मिला कर उन का जीवन खुशहाल था. देखतेदेखते 5 साल बीत गए, पर शांति की गोद सूनी ही रही. गोद सूनी रहने का दोष शांति अपने पति पर देती थी,  जिस से दोनों में झगड़ा होता रहता था. इस झगड़े से वीरेंद्र इतना परेशान हो जाता था कि वह शराब के ठेके पर पहुंच जाता और फिर लड़खड़ाते कदमों से ही घर लौटता. धीरेधीरे 3 साल और बीत गए. लेकिन शांति को मातृत्व सुख नहीं मिला. शांति समझ गई कि वह अक्षम पति से मातृत्व सुख कभी प्राप्त नहीं कर सकती. इसलिए वह पति से घृणा करने लगी.

शराब पीने को ले कर दोनों में झगड़ा इतना बढ़ता कि वीरेंद्र शांति को जानवरों की तरह पीट देता. समय के साथ मनमुटाव इतना बढ़ा कि वीरेंद्र घर के बजाय खेत पर बनी नलकूप की कोठरी में सोने लगा. शांति स्वभाव से मिलनसार थी. राजू भाभी के प्रति सम्मोहित था. जब दोनों साथ चाय पीने बैठते, तब शांति उस से खुल कर हंसीमजाक करती. शांति का यह व्यवहार धीरेधीरे राजू को ऐसा बांधने लगा कि उस के मन में शांति का सौंदर्यरस पीने की कामना जागने लगी. एक दिन राजू खाना खाने बैठा तो शांति थाली ले कर आई और जानबूझ कर गिराए गए आंचल को ढंकते हुए बोली, ‘‘लो देवरजी खाना खा लो, आज मैं ने तुम्हारी पसंद का खाना बनाया है.’’

राजू को भाभी की यह अदा बहुत अच्छी लगी. वह उस का हाथ पकड़ कर बोला, ‘‘भाभी, तुम भी अपनी थाली परोस लो, साथ खाने में मजा आएगा.’’

खाना खाते वक्त दोनों के बीच बातों का सिलसिला जुड़ा तो राजू बोला, ‘‘भाभी, तुम सुंदर और सरल स्वभाव की हो, लेकिन भैया ने तुम्हारी कद्र नहीं की. मुझे पता है कि अभी तक तुम्हारी गोद सूनी क्यों है? वह अपनी कमजोरी की खीझ तुम पर उतारते हैं. लेकिन मैं तुम्हें प्यार करता हूं.’’

यह कह कर राजू ने शांति की दुखती रग पर हाथ रख दिया था. सच में शांति पति से संतुष्ट नहीं थी. उसे न तो मातृत्व का सुख प्राप्त हुआ था और न ही शारीरिक सुख, जिस से उस का मन विद्रोह कर उठा. उस का मन बेईर्मान हो चुका था. आखिरकार उस ने फैसला कर लिया कि अब वह असंतुष्ट नहीं रहेगी. इस के लिए उसे रिश्तों को तारतार क्यों न करना पड़े.

औरत जब जानबूझ कर बरबादी के रास्ते पर कदम रखती है तो उसे रोक पाना मुश्किल होता है. यही शांति के साथ हुआ. शांति जवान भी थी और पति से असंतुष्ट भी. वह मातृत्व सुख भी चाहती थी. अत: उस ने देवर राजू के साथ नाजायज रिश्ता बनाने का निश्चय कर लिया. राजू वैसे भी शांति का दीवाना था. एक शाम शांति बनसंवर कर चारपाई पर लेटी थी. तभी राजू आ गया. वह उस की खूबसूरती को निहारने लगा. शांति को राजू की आंखों की भाषा पढ़ने में देर नहीं लगी. शांति ने उसे करीब बैठा लिया और उस का हाथ सहलाने लगी. राजू के शरीर में हलचल मचने लगी.

थोड़ी देर की चुप्पी के बाद होश दुरुस्त हुए तो शांति ने राजू की ओर देख कर कहा, ‘‘देवरजी, तुम मुझे बहुत अच्छे लगते हो. लेकिन हमारे बीच रिश्ते की दीवार है. अब मैं इस दीवार को तोड़ना चाहती हूं. तुम मुझे बस यह बताओ कि हमारे इस नए रिश्ते का अंजाम क्या होगा?’’

‘‘भाभी, मैं तुम्हें कभी धोखा नहीं दूंगा. तुम अपना बनाओगी तो तुम्हारा ही बन कर रहूंगा.’’ कह कर राजू ने शांति को बाहों में भर लिया.

ऐसे ही कसमोंवादों के बीच कब संकोच की सारी दीवारें टूट गईं, दोनों को पता ही नहीं चला. उस दिन के बाद राजू और शांति बिस्तर पर जम कर सामाजिक रिश्तों और मानमर्यादाओं की धज्जियां उड़ाने लगे. वासना की आग ने उन के इन रिश्तों को जला कर खाक कर दिया. राजू अपनी भाभी के प्यार में इतना अंधा हो गया कि उसे दिन या रात में जब भी मौका मिलता, वह शांति से मिलन कर लेता. शांति भी देवर के पौरुष की दीवानी थी. उन के मिलन की किसी को कानोकान खबर नहीं थी.

कहते हैं कि वासना का खेल कितनी भी सावधानी से खेला जाए, एक न एक दिन भांडा फूट ही जाता है. ऐसा ही शांति और राजू के साथ भी हुआ. एक रात पड़ोस में रहने वाली चचेरी जेठानी रूपा ने चांदनी रात में आंगन में रंगरलियां मना रहे राजू और शांति को देख लिया. इस के बाद तो इन की पापलीला की चर्चा पूरे गांव में होने लगी. वीरेंद्र को जब देवरभाभी के नाजायज रिश्तों की जानकारी हुई तो उस का माथा ठनका. उस ने इस बाबत शांति से बात की तो उस ने नाजायज रिश्तों की बात सिरे से खारिज कर दी. उस ने कहा, ‘‘राजू सगा देवर है. उस से हंसबोल लेती हूं. पड़ोसी इस का मतलब गलत निकालते हैं. उन्होंने ही तुम्हारे कान भरे हैं.’’

वीरेंद्र ने उस समय तो पत्नी की बात मान ली, लेकिन मन में शक पैदा हो गया, इसलिए वह चुपकेचुपके पत्नी पर नजर रखने लगा. परिणामस्वरूप एक रात वीरेंद्र ने शांति और राजू को रंगरलियां मनाते रंगेहाथों पकड़ लिया. वीरेंद्र ने दोनों की पिटाई की और संबंध तोड़ने की चेतावनी दी. लेकिन इस चेतावनी का असर न तो शांति पर पड़ा और न ही राजू पर. हां, इतना जरूर हुआ कि अब वे सतर्कता बरतने लगे. जिस दिन वीरेंद्र, शांति को राजू से हंसतेबतियाते देख लेता, उस दिन शराब पी कर शांति को पीटता और राजू को भी भलाबुरा कहता. उस ने गांव के मुखिया से भी भाई की शिकायत की, साथ ही राजू को समझाने के लिए भी कहा कि वह घर न तोड़े.

शांति शराबी पति की मारपीट से तंग आ चुकी थी. इसलिए उस ने एक दिन शारीरिक मिलन के दौरान राजू से पूछा, ‘‘देवरजी, हम कब तक इस तरह चोरीछिपे मिलते रहेंगे? आखिर कब तक उस शराबी की मार खाते रहेंगे? कहीं किसी दिन उस ने शराब के नशे में मेरा गला घोंट दिया तो..?’’

‘‘ऐसा नहीं होगा भाभी. तुम साथ दोगी तो मैं भाई को ही ठिकाने लगा दूंगा.’’

‘‘मेरी मांग का सिंदूर मिटा कर क्या मुझे विधवा बना दोगे?’’

‘‘नहीं, मैं तुम्हारी मांग में सिंदूर भर कर तुम्हें अपना बना लूंगा.’’

‘‘तो ठीक है, मैं तुम्हारा साथ दूंगी.’’

इस के बाद शांति और राजू ने वीरेंद्र की हत्या की योजना बना डाली. योजना के तहत राजू ने किसी अपराधी से 2 हजार रुपए में तमंचा व 2 कारतूस खरीदे और उन्हें घर में छिपा कर रख दिया. इस के बाद दोनों उचित समय का इंतजार करने लगे. हत्या की योजना बनने के बाद वीरेंद्र के प्रति शांति का व्यवहार नरम पड़ गया. वह दिखावटी रूप से उस के प्रति प्यार जताने लगी. कभीकभी वह शारीरिक मिलन के लिए नलकूप वाली कोठरी पर भी चली जाती. पत्नी के इस व्यवहार से वीरेंद्र को लगा कि उस ने भाई से संबंध खत्म कर लिए हैं.

18 नवंबर, 2015 की रात 8 बजे वीरेंद्र घर आया. शांति ने उसे बड़े प्यार से खाना खिलाया. इस के बाद वह खेतों पर नलकूप वाली कोठरी पर सोने चला गया. उस के जाते ही राजू और शांति ने बात कर के अपनी योजना को अंजाम तक पहुंचाने का निश्चय कर लिया. गांव के ज्यादातर लोग जब गहरी नींद सो गए तो राजू ने कमर में तमंचा खोंसा और शांति के साथ खेतों पर जा पहुंचा. शांति ने कोठरी के दरवाजे की कुंडी खटखटाई. इस पर वीरेंद्र ने पूछा, ‘‘कौन?’’

‘‘मैं हूं शांति. दरवाजा खोलो.’’

वीरेंद्र ने सोचा, शांति शारीरिक मिलन के लिए आई है. इसलिए उस ने सहज ही दरवाजा खोल दिया. दरवाजा खुलते ही राजू ने कमर में खोसा तमंचा निकाला और वीरेंद्र के सीने पर 2 फायर झोंक दिए. गोली लगते ही वीरेंद्र खून से तरबतर हो कर चारपाई पर गिर पड़ा. चंद मिनट तड़पने के बाद उस ने दम तोड़ दिया. भाई की हत्या करने के बाद राजू ने तमंचा झाडि़यों में छिपा दिया और शांति के साथ घर आ गया. सुबह 8 बजे दिखावे के तौर पर राजू नाश्ता ले कर नलकूप पर गया और वहां से बदहवास भागता हुआ गांव आया. गांव वालों को उस ने भाई की हत्या हो जाने की जानकारी दी.

कुछ देर बाद वह थाना लहरापुर पहुंचा और थानाप्रभारी धर्मपाल सिंह को हत्या की सूचना दी. सूचना पाते ही धर्मपाल सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले कर जांचपड़ताल शुरू कर दी. जांच में देवरभाभी के नाजायज रिश्तों के चलते वीरेंद्र की हत्या का रहस्य उजागर हो गया. 21 नवंबर, 2015 को थाना लहरापुर पुलिस ने अभियुक्त राजू और शांति को औरैया कोर्ट में रिमांड मजिस्टे्रट के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया. कथा लिखे जाने तक उन की जमानत नहीं हुई थी. Husband Wife Conflict

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Crime News: कविता रैना हत्याकांड – कत्ल जो बन गया पहेली

Crime News: कविता रैना की हत्या पुलिस के लिए एक पहेली बन गई थी. इस पहेली को सुलझाने में 4 आईपीएस अधिकारी, 5 थानों की पुलिस, क्राइम ब्रांच और 200 पुलिस कर्मचारी लगे. आज तक का यह सब से महंगा और जटिल केस अब मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी में पढ़ाया जाएगा.

कविता रैना की हत्या इंदौर पुलिस के लिए मिस्ट्री बन कर रह गई थी. एक ऐसा रहस्य, जिस का कोई भी सिरा ढूंढे नहीं मिल रहा था. सिरा मिला तो लेकिन 107 दिन बाद, वह भी तब जब 5 आईपीएस अफसरों सहित 200 पुलिस कर्मियों ने खानापीना भूल कर 20-20 घंटे काम किया. 177 लोगों से गहन पूछताछ की, डेढ़ लाख मोबाइल फोनों की काल डिटेल्स की छानबीन की गई.

20 से ज्यादा बार मर्डर का ट्रायल किया गया.  1500 से ज्यादा मकानों और लगभग 200 गोदामों का चप्पाचप्पा छाना गया. 117 बुलेट मोटरसाइकिलों और 150 कारों को जांचा परखा गया. 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई. 5 थानों की पुलिस के साथसाथ क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया. यहां तक कि अजय देवगन, तब्बू स्टारर फिल्म ‘दृश्यम’ को कई बार इसलिए देखा गया कि कहीं हत्यारे ने फिल्म के नायक की तरह ही कोई दांव न खेला हो.

कविता रैना की हत्या की कहानी सुलझी तो लेकिन इंदौर पुलिस के लिए एक ऐसा इतिहास बन कर जो अब पुलिस अकादमी में पढ़ाया जाएगा. अपने पति संजय रैना, सास कांता रैना और 2 बच्चों बेटे ध्रुव और बेटी यशस्वी के साथ 81/2 सेक्टर-बी, मित्रबंधु नगर में रहती थीं कविता रैना. मित्रबंधु नगर इंदौर के कनाडि़या रोड पर है. कविता के पति संजय रैना एमिल फार्मास्युटिकल कंपनी में एरिया सेल्स मैनेजर थे. पहले कविता भी एक स्कूल में पढ़ाती थीं, लेकिन बच्चों की जिम्मेदारी बढ़ जाने की वजह से उन्होंने 2 साल पहले पढ़ाना छोड़ दिया था. फिलहाल वह घर में रह कर महिलाओं के ब्लाउज वगैरह सिलने का काम करती थीं. ब्लाउज सिलने में उन्हें एक्सपर्ट माना जाता था.

कविता के पति संजय रैना अधिकांशत: कंपनी के कामों में व्यस्त रहते थे. इसलिए घरबार के छोटेमोटे काम भी कविता को करने  होते थे. इस के लिए उन्होंने एक्टिवा स्कूटी ले रखी थी. कविता की बेटी यशस्वी एक कान्वेंट स्कूल में पहली क्लास में पढ़ती थी. वह रोजाना स्कूल बस से आतीजाती थी. बस स्टाप बहुत ज्यादा दूर नहीं था. कविता सुबह को बेटी को स्कूटी से ले जा कर बस में बैठा आती थीं और दोपहर को खुद ही बस स्टाप से ले आती थीं.

24 अगस्त, 2015 की दोपहर को डेढ़ बजे यशस्वी की बस मित्रबंधु नगर के शर्मा स्वीट्स के सामने वाले स्टाप पर आकर रुकी तो अन्य बच्चों के साथ यशस्वी भी उतर गई. सभी बच्चों की मां या घर का कोई सदस्य उन्हें लेने आए थे, लेकिन यशस्वी की मां कविता रैना वहां नहीं आई थीं.

पिछले 3 सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ था कि मां यशस्वी को लेने स्टाप पर नहीं आई हों. मां को वहां न देख यशस्वी रुंआसी हो गई. कविता के पड़ोस में ही रहने वाली जया अपने बच्चे को लेने बस स्टाप पर आई थीं. उन्होंने यशस्वी को रुंआसी खड़ी देखा तो उसे समझाया, ‘‘हो सकता है तुम्हारी मां किसी काम में उलझ गई हों, चलो मैं तुम्हें घर छोड़ दूंगी.’’

जया आंटी पड़ोस में ही रहती थीं. यशस्वी उन्हें जानती थी, इसलिए वह उन के साथ घर आ गई. यशस्वी को अकेला आया देख दादी कांता रैना ने पूछा, ‘‘तेरी मां नहीं पहुंची स्टाप पर? यहां से तो वह एक दस पर ही निकल गई थी.’’

‘‘मां वहां नहीं थीं, मैं आंटी के साथ आ गई.’’ यशस्वी ने बताया तो दादी बोली, ‘‘चल कोई बात नहीं, हो सकता है किसी काम में उलझ गई हो.’’ कांता रैना पोती की ड्रैस वगैरह चेंज कराने में लग गईं. बात वहीं समाप्त हो गई.

चूंकि कविता घर के कामों से बाहर जाती रहती थीं, इसलिए कांता रैना ने तो यह बात आसानी से मान ली कि वह किसी काम में उलझ गई होगी, लेकिन यह बात यशस्वी के गले नहीं उतर रही थी. इस की वजह यह थी कि 3 सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ था कि मां उसे लेने स्टाप पर न पहुंची हों. संजय रैना उस दिन एक मीटिंग के सिलसिले में सुबह ही घर से निकल गए थे. उन्होंने नाश्ता तक नहीं किया था. दोपहर को लंच करने वह घर आए तो यशस्वी ने उन्हें बताया कि मां उसे लेने न तो बसस्टाप पर पहुंचीं और न ही अभी तक लौटी हैं. यह जान कर संजय रैना हैरान रह गए. उन्होंने कविता के मोबाइल पर फोन किया तो पता चला उन का मोबाइल घर में ही है. तब तक कविता को गए 2 घंटे हो चुके थे.

संजय को चिंता हुई तो वह खाना छोड़ कर कविता को ढूंढने निकल पड़े. उन्होंने कविता को हर जगह ढूंढा, लेकिन उन का कोई पता नहीं चला. रिश्तेदारों और परिचितों को फोन भी किए पर कविता के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. हर ओर से निराश हो कर उन्होंने थाना कनाडि़या में कविता की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखा दी. पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट तो दर्ज कर ली, लेकिन संजय जानते थे कि हालफिलहाल कुछ होने वाला नहीं है. इसलिए वह रिश्तेदारों और मित्रों के साथ कविता को खोजते रहे. कविता को लापता हुए 2 दिन हो गए लेकिन उन का कहीं कोई पता न चला.

इस से सब ने अनुमान लगाया कि कविता के साथ कोई अनहोनी हो गई है. 26 अगस्त को देवास के पास एक युवती की जली हुई लाश मिली तो पुलिस ने शिनाख्त के लिए संजय रैना को भी बुलाया क्योंकि उन्होंने पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा रखी थी. लाश पहचानने की स्थिति में नहीं थी. कपड़े वगैरह भी नहीं थे. संजय ने अनुमान से ही कह दिया कि हो सकता है वह उन की पत्नी की लाश हो. पुलिस ने इसे सत्य मान कर उन से हस्ताक्षर भी करवा लिए. यह खबर सुन कर संजय के घर में कोहराम मच गया. पूरा परिवार रोनेधोने लगा. तभी खबर आई कि थाना भंवर कुआं क्षेत्र में 3 इमली चौराहे के पास वाले गंदे नाले में 2 बोरों में एक महिला की 6 टुकड़ों में कटी लाश मिली है.

दरअसल, कचरा बीनने वाले 2 लड़कों ने नाले में 2 बोरे पड़े देखे थे, जिन में से बदबू आ रही थी. उन्होंने यह बात लोगों को बताई और लोगों ने पुलिस को. सूचना मिलते ही थाना भंवरकुआं के थानाप्रभारी राजेंद्र सोनी पुलिस टीम के साथ वहां जा पहुंचे जहां बोरे पड़े थे. दोनों बोरों को नाले से निकाल कर खुलवाया गया तो उन में एक औरत की नग्न लाश निकली. आश्चर्यजनक बात यह थी कि लाश 6 टुकड़ों में कटी हुई थी. इस के अलावा मृतका के सीने पर चाकुओं के 2 निशान भी थे. साथ ही सिर पर भी एक घाव था. पुलिस ने लाश के टुकड़ों को जोड़ा ताकि मृतका की पहचान कराई जा सके.

पुलिस ने लाश को पहचानने के लिए संजय रैना को भी बुलाया. उन्होंने लाश के टुकड़े देखे तो हाथ पर गुदे टैटू और कंधे के तिल को देख कर बताया कि लाश उन की पत्नी कविता की है. पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट सुधीर शर्मा को भी बुला रखा था. उन्होंने लाश को सूक्ष्म यत्रों से देख कर बताया कि मृतका की हत्या 24 अगस्त को ही कर दी गई थी. जबकि उस के शरीर को काफी बाद में इलेक्ट्रिक कटर से काटा गया था. यह बात लाश के कटने के निशानों और हड्डियों के काटने की शेप से पता चली.

प्राथमिक काररवाई के बाद लाश के टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए एमवाई अस्पताल भेज दिया गया. इस के साथ ही थाना भंवरकुआं में अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर लिया गया. एक सीधीसादी पारिवारिक गृहणी के साथ इस तरह का पाशविक कृत्य किसी के गले नहीं उतर रहा था. मित्रबंधु नगर के निवासी इसे ले कर बहुत गुस्से में थे. उन का गुस्सा पुलिस पर भी था क्योंकि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी उस ने कोई खास काररवाई नहीं की थी.

यही वजह थी कि पोस्टमार्टम के बाद जब कविता का शव मिल गया तो मित्रबंधु नगर के लागों ने शव को बंगाली चौराहे पर रख कर चक्का जाम कर दिया. इस पर डीआईजी संतोष कुमार, एसपी (पूर्व) ओ.पी. त्रिपाठी, एसपी (पश्चिम) डी. कल्याण चक्रवर्ती, एसपी (सिटी) शशिकांत कनकने और एडीशनल एसपी (क्राइम ब्रांच) विनयपाल ने बंगाली चौराहे पर आ कर लोगों को समझाया. साथ ही आश्वासन भी दिया कि जल्दी ही हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा.

पुलिस के अनुरोध और आश्वासन पर लोगों ने धरना खत्म कर दिया. उसी दिन कविता का अंतिम संस्कार कर दिया गया. पुलिस का अनुमान था कि कविता रैना के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया होगा और उस के बाद उन की हत्या कर दी गई होगी. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पुलिस की यह धारणा गलत साबित हुई. कविता के साथ कोई दुष्कर्म नहीं हुआ था. उन की मौत सिर पर लगी गंभीर चोट और सीने पर हुए चाकू के वारों से हुई थी. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि कविता की लाश के टुकड़े चाकू वगैरह से नहीं बल्कि इलेक्ट्रिक कटर से किए गए थे. अलबत्ता सीने पर चाकू के 2 निशान जरूर पाए गए.

इस से पुलिस को संदेह हुआ कि ऐसा काम कोई करीबी ही कर सकता था. इस की वजह यह थी कि कविता की हत्या और शरीर के टुकड़े किसी एकांत जगह पर ही किए जा सकते थे और ऐसी जगह वह किसी करीबी के साथ ही जा सकतीं थीं. यह किसी प्रेम प्रसंग का मामला भी हो सकता था और पतिपत्नी के झगड़ों का प्रतिफल भी. संभावना यही थी कि इस के पीछे कविता के पति संजय रैना का हाथ हो सकता है.

पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि घटना वाले दिन कविता अपनी बेटी यशस्वी को बस स्टाप से लाने के लिए 1 बज कर 10 मिनट पर घर से निकली थीं. यशस्वी की बस स्टाप पर 1 बज कर 40 मिनट पर आई थी. जब बस स्टाप पर पहुंची थी तब कविता वहां नहीं थीं. इस का मतलब कविता के गायब होने का रहस्य 1 बज कर 10 मिनट से 1 बज कर 40 मिनट के बीच ही छिपा था. घर से बस स्टाप के बीच ज्यादा दूरी नहीं थी. पुलिस ने इस सवा किलोमीटर के रास्ते पर तमाम लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी ऐसा कुछ नहीं बताया जिस से यह माना जाता कि कविता का अपहरण हुआ था.

पुलिस ने बस स्टाप के सामने वाली दुकान शर्मा स्वीट्स पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी, लेकिन कविता कहीं नजर नहीं आईं. इस से अनुमान लगाया गया कि वह किसी परिचित के साथ ही गई होंगी, बाद में उसी ने उन का कत्ल कर दिया होगा. इसी के मद्देनजर पुलिस ने सब से पहले कविता के पति संजय रैना को शक के दायरे में रख कर पूछताछ करने का मन बनाया. इस की वजह यह थी कि संजय ने एक गलत लाश की पहचान अपनी पत्नी के रूप में कर दी थी.

पूछताछ से पहले संजय रैना की घटना वाले दिन की गतिविधियों के बारे में पता लगाया गया. साथ ही उन की काल डिटेल्स भी निकलवाई गई. पासपड़ोस के लोगों और उन के परिचितों से भी पूछताछ की गई. पूछताछ में संजय रैना की मां कांता रैना को भी शामिल किया गया. इस पूछताछ में पता चला कि कविता रैना घरेलू महिला थीं. उन के और संजय के बीच किसी बात को ले कर कोई मतभेद नहीं था. कविता की किसी से कोई दुश्मनी या झगड़ा भी नहीं था. वह मिलनसार महिला थीं. कांता रैना ने बताया कि कविता घर पर ब्लाउज सिलने का काम करती थीं.

घटना वाले दिन उन्हें 2 ब्लाउज सिल कर शाम तक देने थे, इसलिए यशस्वी को ले कर उन्हें जल्दी लौट आना चाहिए था, लेकिन वह नहीं लौटी थीं. इस पूछताछ में यह बात भी निकल कर आई कि संजय को कोई मनोरोग था, जिस के लिए वह खुद इंजेक्शन लिया करते थे. इस बारे में संजय रैना से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें कुछ समय पहले मानसिक प्रौब्लम हुई थी. डाक्टर ने उन्हें इंजेक्शन लगाना सिखा कर घर पर ही इंजेक्शन लगाने को कहा था. उन्होंने डाक्टर के पेपर भी पुलिस को दिखाए. इस से पुलिस संतुष्ट हो गई.

संजय रैना की घटना वाले दिन की गतिविधियों और उन की काल डिटेल्स में पुलिस को कुछ संदिग्ध नहीं मिला. पुलिस ने संजय के 2 सहकर्मियों पीयूष और विक्रांत परमार से भी पूछताछ की, जो कभीकभी उन के घर आया करते थे. लेकिन इस का भी कोई नतीजा नहीं निकला. इस बीच बड़नगर से कविता के पिता रामनारायण जालवाल, मां तेजूबाई, दोनों भाई लखन व ठाकुर तथा दोनों बहनें सुनीता और सीमा भी आ चुके थे. पुलिस ने रामनारायण, तेजूबाई और उन के बेटों से अलग पूछताछ की. उन का कहना था कि संजय रैना से कविता को कोई शिकायत नहीं थी. दोनों के बीच खूब प्यार था. यह संभव नहीं है कि संजय ने कविता को कोई नुकसान पहुंचाया हो.

पुलिस ने बहन सीमा और उस के पति ओमप्रकाश कुमावत से भी अलग से पूछताछ की. ओमप्रकाश कुमावत का पालदा में एंब्रायडरी का काम था. ओमप्रकाश और सीमा को उन के घर पालदा भी ले जाया गया. लेकिन इस से कोई नतीजा नहीं निकला. जब कहीं से कोई बात न बनी तो डीआईजी संतोष कुमार ने एएसपी देवेंद्र पाटीदार, सीएसपी बिट्टू सहगल, सीएसपी पारुल बेलापुरकर, शशिकांत कनकने, एएसपी विनयपाल और इंसपेक्टर सोमा मलिक के नेतृत्व में पुलिस की 8 टीमें बनाईं. इन आठों  टीमों को अलगअलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं.

जांच के जो अहम बिंदू तय किए गए उन में मुख्य थे, उस सवा किलोमीटर रास्ते की हर नजरिए से गहन जांच करना जो कविता के घर और स्कूल बस के स्टाप के बीच था. क्योंकि कविता उसी रास्ते से लापता हुई थीं. साथ ही एक टीम को उस रास्ते में पड़ने वाली दुकानों या मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी थीं.

एक टीम को संजय रैना और कविता के करीबियों से पूछताछ की जिम्मेदारी सौंपी गई तो एक को उन लोगों का पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई जो कविता के संपर्क में रहते थे. एक टीम को कविता के चरित्र या किसी प्रेमप्रसंग वगैरह का भी पता लगाने को कहा गया. एक टीम इस काम पर भी लगाई गई कि वह कविता के बस स्टाप के बीच पड़ने वाले सभी मोबाइल टावरों के संपर्क में आने वाले मोबाइल फोनों के नंबर एकत्र करे और कालडिटेल्स से उन में संदिग्ध नंबर ढूंढे.

एक टीम को उस टीचर जो 2 साल पहले कविता के साथ पढ़ाती थी और उस स्कूल के संचालक से भी पूछताछ की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिस के स्कूल में ये दोनों पढ़ाती थीं. दूसरी टीम को यशस्वी को बस स्टाप से लाने वाली महिला और उस महिला से पूछताछ की जिम्मेदारी सौंपी गई जिस ने कविता को बस स्टाप की ओर जाते देखा था. साथ ही उस महिला से भी पूछताछ करने को कहा गया जिस के ब्लाउजों का आर्डर कविता को उसी दिन शाम तक देना था.

पुलिस टीम ने पता लगाया तो जानकारी मिली कि कविता अपनी पड़ोसी निशा यादव के साथ रेहान अली के स्कूल में पढ़ाती थीं. वहां से पहले कविता ने पढ़ाना छोड़ा था और फिर एक साल बाद निशा ने. कविता के स्कूल की नौकरी छोड़ने की वजह यह थी कि एक तो उन की बेटी यशस्वी स्कूल जाने लगी थी और उसे बस स्टाप पर छोड़ने और लेने जाना होता था. दूसरे वह बहुत अच्छे ब्लाउज सिलना जानती थी और स्कूल के वेतन से ज्यादा पैसे घर पर ही कमा सकती थीं.

पुलिस ने निशा और स्कूल संचालक दोनों से पूछताछ की. उन दोनों ने बताया कि उन के बीच किसी तरह का कोई मतभेद या विवाद नहीं था. कविता ने अपनी मर्जी से नौकरी छोड़ी थी. नौकरी छोड़ने के बाद रेहान अली से उन का कोई संपर्क नहीं रहा था. निशा से भी कविता का किसी तरह का कोई मतभेद नहीं था. जिस महिला सुमित्रा यादव ने कविता को बसस्टाप की ओर जाते देखा था, उस का कहना था कि घर से स्टाप तक का ज्यादातर रास्ता सुनसान रहता था, उस ने कविता को वैभवनगर कौर्नर पर पीपल के पेड़ के पास देखा था.

पीपल के पेड़ के आगे बस स्टाप तक भीड़भाड़ रहती थी इसलिए उस से आगे कविता के अपहरण की कोई संभावना नहीं थी. यह बात बताने वाली सुमित्रा यादव निशा की सास थी. पुलिस उसे वैभव नगर के कौर्नर वाले पीपल के पेड़ के पास तक भी ले गई. पुलिस ने नंदिनी नागर नाम की उस महिला से भी पूछताछ की जिस के ब्लाउज के और्डर कविता को शाम तक देने थे. उस ने बताया कि वह कविता से केवल ब्लाउज सिलवाती थी, इस से अलावा उन से उस का कोई संबंध या संपर्क नहीं था. रक्षाबंधन पास था. इसलिए उस ने कविता से शाम तक ब्लाउज देने को कहा था.

संजय रैना ने बताया था कि जिस दिन कविता गायब हुई थी उस दिन एक काली स्कार्पियो उन के घर के सामने से गुजरी थी, थोड़ी देर बाद वह तेजी से वापस लौट गई थी. साथ ही उस दिन एक बोलेरो को भी कालोनी में घूमते देखा गया था. हो सकता है, उन गाडि़यों में बैठे लोग स्थित का जायजा लेने आए हों. इस पर पुलिस ने उस इलाके के मकानों के आगे लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखीं और उस स्कार्पियो व बोलेरो को पहचानने की कोशिश की.

इस के अलावा उस शर्मा स्वीट्स के कैमरे की फुटेज भी दोबारा देखी गई जिस के सामने स्कूल का बस स्टाप था. उस फुटेज में कविता तो कहीं नजर आईं अलबत्ता वहां 2 बाइकों पर सवार 4 युवक और एक संदिग्ध वैन जरूर खड़ी दिखाई दी. पुलिस ने उन मोटर साइकिल सवारों, वैन और स्कार्पियो की खोजबीन शुरू की. पुलिस ने उन टावरों के अंतर्गत आने वाले 7000 मोबाइल नंबरों की काल डिटेल्स की भी गहनता से जांच की जो कविता के घर से यशस्वी के बस स्टाप के बीच पड़ते थे. घटना वाले दिन कविता के मोबाइल पर महज 2 फोन काल आई थीं. इन में एक उन के पति संजय की थी और दूसरी एक बुटीक से आई थी.

पूछताछ में संजय ने बताया कि उस दिन वह काम के सिलसिले में सुबह ही घर से निकल गए थे, इसलिए उन्होंने फोन कर के पत्नी से कहा था कि दोपहर का खाना घर आ कर ही खाएंगे. जिस शृंगार बुटिक से फोन आया था, वह मीना नाम की महिला का था, जो वैभवनगर बस स्टाप के निकट था. पूछताछ में उस ने बताया कि कविता ने एक सूट सिलने को दिया था, उसी के लिए उसे फोन किया गया था.

कविता के घर के सामने ही एक यादव का घर था, जो शादियों में शामियाने वगैरह लगाने का काम करता था, उस के पास उत्तर प्रदेश और बिहार के दर्जन भर से ज्यादा लड़के काम करते थे. पुलिस ने संदेह के आधार पर उन सभी लड़कों को हिरासत में ले कर पूछताछ की और उन के मोबाइल चेक किए. लेकिन वे सब निर्दोष थे.

इस के अलावा कविता से मिलने वालों, गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, कूड़ा उठाने वाले, दूध वाले, सब्जी वाले, फेरी वालों और इलाके के धोबी तक से पूछताछ की गई. संजय रैना का परिवार पहले भागीरथपुरा में किराए के मकान में रहता था. 4 साल पहले यह परिवार मित्रबंधु नगर में अपने मकान में शिफ्ट हो गया था. पुलिस ने भागीरथपुरा से मित्रबंधु नगर तक कविता के जानपहचान वालों को खोजखोज कर पूछताछ की.

जांच में यह बात भी सामने आई कि कविता पिछले एक साल में 177 लोगों से मिली थीं, जिन में परिचित व रिश्तेदार भी थे और ऐसे लोग भी, जिन से कविता का कोई काम पड़ा था. इन सभी 177 लोगों से पूछताछ के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा. पूछताछ में यह भी पता चला कि 28 जुलाई को कविता जब अपनी सास और बेटी के साथ एक्टिवा से पलासिया चौराहे के पास से गुजर रही थीं तो एक बुलेट मोटरसाइकिल वाले ने पीछे से आ कर उन की एक्टिवा को टक्कर मार दी थी. कविता ने उसे खूब खरीखोटी सुनाई. उस वक्त बात वहीं समाप्त हो गई.

लेकिन कविता जब पत्रकार कालोनी के चौराहे पर पहुंचीं तो उसी बाइक वाले ने फिर से उन की एक्टिवा में टक्कर मार दी. इस बार कविता, उन की सास कांता और बेटी यशस्वी गिर गई. बाइक सवार शराब पिए हुए था. कविता को गुस्सा आया तो उन्होंने उस की चप्पल से पिटाई कर दी. लोगों ने भी इस मामले में उन का ही साथ दिया. यह बात सामने आई तो पुलिस ने सोचा कि कहीं उस मोटरसाइकिल वाले ने ही रंजिशन उन का अपहरण कर के उन की हत्या न कर दी हो. इस के बाद पुलिस ने शहर के 117 बुलेट मोटरसाइकिल चलाने वालों की जांच की. लेकिन उन में कोई भी संदिग्ध नहीं निकला.

अभी कारों और बुलेट मोटरसाइकिलों की जांच चल ही रही थी कि 30 अगस्त को कविता की एक्टिवा एमपी09एस एएस5271 पुलिस को मिल गई. यह  एक्टिवा पिछले 7 दिन से नौलखा बस स्टैंड की पार्किंग में खड़ी थी. पुलिस ने पार्किंग की देखभाल करने वाले से पूछताछ की तो उस ने बताया कि स्कूटी को 24 अगस्त को रात साढ़े 8 बजे राजू नाम का एक व्यक्ति खड़ा कर गया था. पर्ची लेते वक्त उस ने 30 रुपए दे कर तीसरे दिन आने को कहा था, लेकिन वह लौट कर नहीं आया.

पार्किंग के केयरटेकर ने बताया कि उस ने राजू से स्कूटी लौक न करने को कहा था ताकि जरूरत होने पर उसे दूसरी जगह खड़ा किया जा सके. लेकिन राजू नहीं माना और स्कूटी को लौक कर के चाबी अपने साथ ले गया. पार्किंग में बाहर की ओर सीसीटीवी कैमरा लगा था. उम्मीद थी कि उस की सीसीटीवी  फुटेज में राजू का चेहरा दिखाई दे सकता है. लेकिन यहां भी पुलिस को मात खानी पड़ी. सीसीटीवी कैमरे के सामने एक लाइट लगी थी, जिस की वजह से राजू का फोटो नहीं आ पाया था. अलबत्ता पार्किंग के केयरटेकर से पूछ कर उस का स्केच जरूर बनवाया जा सकता था. पुलिस ने यही काम कर लेना बेहतर समझा.

इस काम में टेक्नीकल और साइंटिफिक टीमें भी लगी थीं. उन्होंने जब एक्टिवा की जांच की तो उस पर खून के धब्बे पाए गए. इस से अनुमान लगाया गया कि कविता की लाश के टुकड़े उसी की एक्टिवा पर रख कर नाले में फेंके गए होंगे. लेकिन पुलिस की समझ में यह बात नहीं आ रही थी कि हत्यारे को कविता की एक्टिवा को इस तरह सुरक्षित रखने की क्या जरूरत थी? क्योंकि वह चाहता तो काम हो जाने के बाद कविता के कपड़ों और जेवरों की तरह एक्टिवा को भी गायब कर सकता था या फिर उसे कहीं दूर दूसरी जगह खड़ा कर सकता था.

इस से अनुमान लगाया गया कि हत्यारे ने बसस्टैंड पर एक्टिवा यह सोच कर खड़ी की होगी कि पुलिस यह सोचे कि कविता बस में बैठ कर कहीं गई होंगी. लेकिन कविता की लाश मिलने से पुलिस की यह सोच न बन सकी. कविता की लाश के टुकड़े नग्नावस्था में मिले थे. जबकि घर से जाते समय वह पीले रंग की साड़ी ब्लाउज और कुछ गहने पहने हुए थीं.

इस से अनुमान लगाया गया कि हत्यारे ने उन के कपड़े जला दिए होंगे और गहने अपने पास रख लिए होंगे. एक्टिवा को सुरक्षित जगह खड़ा करना भी हत्यारे की मानसिकता को दर्शा रहा था. यानी वह कविता के गहनों और एक्टिवा का मोह पाले हुए था. इस से पुलिस को एक बार फिर कविता के करीबियों पर शक हुआ. इस के लिए गोपनीय और खुले दोनों ही रूप से कविता के कई करीबी लोगों की जांच की गई. लेकिन परिणाम कुछ नहीं निकला.

इस बीच पुलिस टीमें 6 पीएसटीएन (पब्लिक स्विच्ड टेलीफोन नेटवर्क) के माध्यम से डेढ़ लाख से ज्यादा मोबाइल फोनों का डाटा खंगाल चुकी थी. केवल इतना ही नहीं बल्कि हत्यास्थल की तलाश में इमली चौराहे से ले कर नेमावर रोड तक 6 किलोमीटर के दायरे में सारे मकान और गोदाम भी छान लिए गए थे.

अधिकारी गूगल पर एक एक मकान या गोदाम को टिक करते और पुलिस टीम उस जगह की जांच करती. इस तरह पुलिस ने 1500 मकान और 200 गोदाम छाने. लेकिन कहीं से कुछ नहीं मिला. लाश के टुकड़े जिन बोरियों में मिले थे, उन का प्रिंट तो धुंधला था लेकिन यह पता चल गया था कि उन में से एक बोरी चाय की पत्ती की थी और दूसरी कैमिकल की. इस बात को ध्यान में रख कर पालदा औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों और गोदामों की सर्चिंग की गई.

इन्वेस्टीगेशन के दौरान ही पुलिस की निगाह महेश बैरागी पर जम गई. महेश बैरागी  उस मीनाबाई का पति था, जिसे कविता ने 18 जुलाई 2015 को अपना सूट सिलने के लिए दिया था. महेश बैरागी अपनी पत्नी मीनाबाई और 2 बच्चों तनिष्क और तेजस के साथ मूसाखेड़ी क्षेत्र के आलोकनगर में रहता था. साथ में उस की साली पूजा भी रहती थी. महेश के बारे में पता चला कि पहले मूसाखेड़ी चौराहे पर उस की मोबाइल रिचार्ज की दुकान थी. बाद में उस ने मोबाइल रिचार्ज की दुकान बंद कर दी थी.

मीनाबाई ने वैभवनगर मेन रोड पर शृंगार बुटिक के नाम से लेडीज कपडे़ सिलने की दुकान खोल रखी थी. कभीकभी वहां महेश भी बैठा करता था. बाद में 20 अगस्त से उस ने वहीं पास में साडि़यों की दुकान खोल ली थी. ताज्जुब की बात यह थी कि 28 अगस्त को उस ने वह दुकान बंद कर दी थी. घटना वाले दिन कविता के फोन पर शृंगार बुटिक से ही फोन किया गया था. हालांकि पुलिस ने मीनाबाई और महेश बैरागी से पहले भी पूछताछ की थी. इतना ही नहीं महेश बैरागी हर धरनेप्रदर्शन में भी शामिल हुआ था और एक 2 बार कविता के घर शोक जताने भी गया था. कई बार वह कविता के घर वालों के साथ थाने भी आया था.

पुलिस ने जब मीना से पूछा कि घटना वाले दिन वह 12 बजे से 2 बजे के बीच कहां थी, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई. कविता को उस ने कब फोन किया था, यह भी वह ठीक से नहीं बता पाई. इस से पुलिस को महेश बैरागी पर शक हुआ. वैसे भी उस का पिछला रिकौर्ड कुछ ठीक नहीं था. संदेह हुआ तो पुलिस ने महेश बैरागी को थाने बुला कर पूछताछ की. उस से लगातार 20-22 दिन तक पूछताछ की जाती रही. लेकिन वह पुलिस के सवालों के सही जवाब देता रहा. वैसे भी उसे किडनी की बीमारी थी, जिस से वह परेशान हो जाता था. इसलिए पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी.

पुलिस की टीमें कविता की हत्या के मामले में लगातार 107 दिन तक पूछताछ करती रही. पुलिस ने कोई भी ऐसा एंगल नहीं छोड़ा, जहां जरा सी भी संभावना रही हो. 177 लोगों से गहन पूछताछ की गई. करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गईं. 1500 मकान और 200 गोदाम छाने गए, लेकिन नतीजा कोई नहीं निकला.

कहते हैं, पाप सिर चढ़ कर बोलता है. अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो कोई न कोई गलती कर ही बैठता है. इस मामले में भी ऐसा ही हुआ. कविता के मर्डर के 107 दिन बाद पुलिस को एक लीड मिली. एक किराना व्यापारी ने पुलिस को बताया कि उस ने अपनी दुकान के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगवा रखा है. महेश बैरागी उस के पास आया था और 24 अगस्त की फुटेज मांग रहा था. यह पता चलते ही 9 दिसंबर, 2015 को पुलिस ने महेश बैरागी को उस के मूसाखेड़ी क्षेत्र के आलोक नगर से उठा लिया. थाने ला कर उस से सख्ती से पूछताछ की गई तो उस ने मान लिया कि कविता का कत्ल उस ने ही किया था.

महेश बैरागी ने बताया कि कविता रैना के घर से 400 मीटर की दूरी पर उस की पत्नी मीना का बुटिक था. कविता पर उस की निगाहें कई महीने से जमी थीं. उसे उम्मीद तब बंधी जब 18 जुलाई को कविता ने उस की पत्नी मीनाबाई के बुटिक पर अपनी नेट की साड़ी से सूट सिलवाने को दिया था. इस के बाद कविता सूट के चक्कर में बुटिक पर आने लगी थी. वह तभी आती थीं जब बेटी को लेने बस स्टाप पर आती थीं. महेश बैरागी कोशिश करता था कि जब वह आएं तो बुटिक पर मौजूद रहे. मीना को वह किसी न किसी बहाने वहां से भेज देता था. इस तरह महेश कविता को एक महीने तक टालता रहा. उस ने उन्हें डिलीवरी के लिए 18 अगस्त की डेट दी थी.

महेश बैरागी कई महीने से कविता को देख रहा था और उन पर उस का दिल आ गया था. कविता से उस की जो बातें हुई थीं, उस से उसे पता चला कि वह सूट कम और साड़ी ज्यादा पहनती थीं. इसी बात को ध्यान में रख कर उस ने 20 अगस्त को पत्नी के बुटिक के पास ही साड़ी की दुकान खोल ली. उसे उम्मीद थी कि कविता साड़ी देखने के लिए उस की दुकान पर जरूर आएगी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

महेश बैरागी यह जानता था कि कविता दोपहर में अपनी बेटी को लेने बस स्टाप पर आती हैं. उसी समय वह मीनाबाई के बुटिक पर भी आती हैं. उस ने कविता को 18 अगस्त की सूट की डिलीवरी डेट थी. इसलिए बहाने से उस ने अपनी पत्नी मीनाबाई को घर भेज दिया और खुद बुटिक पर बैठ गया. उस दिन करीब एक बज कर 20 मिनट पर कविता आईं तो उस ने कह दिया, ‘‘आप का सूट अभी तैयार नहीं हुआ है, सिलने के लिए कारीगर के पास गया हुआ है. 2-4 दिन में सिल जाएगा तो हम आप को फोन कर देंगे.’’

इसी बहाने उस ने कविता का मोबाइल नंबर भी ले लिया. उस दिन कविता लौट कर बस स्टाप पर चली गईं. बाद में वह बेटी को ले कर घर चली गईं. 24 अगस्त को महेश बैरागी ने अपनी साड़ी की दुकान नहीं खोली. इस की जगह वह बुटिक पर बैठ गया. वहां 2 लोगों का कोई काम नहीं था, इसलिए मीनाबाई घर चली गई. उस के जाते ही महेश ने कविता के मोबाइल पर काल कर के कहा, ‘‘आप का सूट तैयार है, आ कर ले लीजिएगा.’’

सूट के चक्कर में ही कविता घर से 10 मिनट पहले निकलीं. उन्होंने सोचा था कि पहले सूट लेंगी और फिर बस स्टाप से बेटी को. इसलिए पहले वह मीनाबाई के बुटिक पर पहुंची. वहां महेश बैरागी बैठा था. कविता ने सूट के बारे में पूछा तो वह बोला, ‘‘आप का सूट तो तैयार है, लेकिन आप को मेरे साथ आईडीए कालोनी चलना पड़ेगा. सूट कारीगर के पास है.’’

सूट सिलने के लिए दिए हुए एक महीने से ज्यादा हो गया था. कैसा बना है, यह देखने की भी उत्सुकता थी. यशस्वी की बस के आने में थोड़ा समय था. इसलिए कविता ने चलने के लिए हां कर दी. कविता की स्वीकृति मिलते ही महेश ने अपनी मोटरसाइकिल उठा ली. कविता के पास स्कूटी थी ही. दरअसल, महेश ने पहले ही पूरी तैयारी कर रखी थी. आजादनगर की आईडीए कालोनी में उस के एक दोस्त टीकम देवड़ा का फ्लैट था. इस फ्लैट की एक चाबी महेश बैरागी के पास रहती थी.

आईडीए कालोनी के फ्लैट नंबर एफ-20 के पास पहुंच कर महेश बैरागी ने अपनी मोटर साइकिल खड़ी कर दी. कविता ने भी स्कूटी स्टैंड पर लगा दी. इस के बाद महेश कविता को फ्लैट नंबर एफ-20 में ले गया. फ्लैट में जरूरत का सारा सामान था. महेश ने कविता से कहा, ‘‘आप बैठिए, मैं कारीगर को बुलाता हूं.’’

कविता सोफे पर बैठ गईं तो महेश ने दरवाजे की कुंडी बंद कर दी और कविता के पास आ कर घुटनों के बल बैठते हुए बोला, ‘‘मैं आप को बहुत चाहने लगा हूं. आप की खूबसूरती ने मेरी रातों की नींद उड़ा दी है. प्लीज एक बार मेरी इच्छा पूरी कर दो. जिंदगी भर आप की सेवा करूंगा.’’

यह सुनते ही कविता आगबबूला हो गईं. इस के बावजूद महेश बैरागी ने उन के साथ हाथापाई और छेड़छाड़ करने की कोशिश की. लेकिन जब कविता ने काबू न दिया तो महेश बैरागी ने कमरे में पड़ा लोहे का पाइप उठा कर उन के सिर पर दे मारा. वार जोरदार था. कविता के सिर से खून निकलने लगा और वह वहीं ढेर हो गईं. अब स्थिति करो या मरो की हो गई थी. अपनी जान बचाने के लिए कविता को ठिकाने लगाना जरूरी था. इस के लिए महेश बैरागी ने पहले से तैयार चाकू से उन के सीने पर 2 वार किए. फलस्वरूप कविता की इहलीला खत्म हो गई.

कविता मर चुकी थीं. बैरागी जानता था कि कविता के घर न पहुंचने पर खोजबीन भी होगी और बात पुलिस तक भी पहुंचेगी. इसलिए उस ने वहां से अपनी मोटरसाइकिल हटाना जरूरी समझा. फ्लैट का ताला बंद कर के उस ने कविता की एक्टिवा ओट में खड़ी कर दी और अपनी बाइक ले कर दुकान पर चला गया.

महेश बैरागी ने कविता का कत्ल तो कर दिया, लेकिन उस की समझ में यह नहीं आ रहा था कि लाश को कैसे ठिकाने लगाए. शाम तक वह इसी मुद्दे पर सोचता रहा. सोचविचार कर उस ने एक इलेक्ट्रिक कटर का इंतजाम किया. 24 की रात को टीकमदेवड़ा के फ्लैट पर पहुंच कर सब से पहले उस ने कविता के सारे कपड़े उतार कर जलाए और उन की राख टायलेट पौट में डाल कर फ्लश कर दी. जेवर उस ने अपने पास रख लिए.

इस के बाद उस ने घर से साथ लाए इलेक्ट्रिक कटर से कविता की लाश के 6 टुकड़े किए और फ्लैट में पड़ी 2 बोरियों में भर दिए. तत्पश्चात वह दोनों बोरों को बारीबारी से कविता की स्कूटी पर रख कर इमली चौराहे के पास वाले नाले में फेंक आया. फ्लैट से खून वगैरह उस ने साफ कर दिया था. 24 अगस्त की रात साढ़े 8 बजे महेश बैरागी कविता की स्कूटी ले कर नौलखा बस स्टैंड पहुंचा और अपना नाम राजू बता कर 3 दिन के लिए स्कूटी पार्किंग में खड़ी कर दी. पार्किंग के केयरटेकर के कहने के बावजूद उस ने स्कूटी की चाबी अपने पास ही रखी. ऐसा उस ने इसलिए किया ताकि बाद में पता चलने पर पुलिस यही समझे कि कविता स्कूटी वहां खड़ी कर के किसी के साथ बस में बैठ कर कहीं चली गई होंगी.

2 दिन बाद यानी 26 अगस्त को जब कविता की लाश के टुकड़े मिल गए और लोगों ने बंगाली चौराहे पर धरनाप्रदर्शन किया तो वह उस में भी शामिल हुआ. इतना ही नहीं बल्कि वह कविता के घर और उन के घर वालों के साथ थाने भी गया. जब महेश बैरागी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया तो पुलिस ने उसे 10 दिसंबर, 2015 को जिला न्यायालय के कोर्ट नंबर 14 में न्यायाधीश संजय श्रीवास्तव की अदालत पर पेश कर के 15 दिसंबर तक के पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया ताकि उस से विस्तृत पूछताछ की जा सके. इस के साथ ही इस साजिश में शामिल महेश बैरागी की पत्नी मीनाबाई और दोस्त टीकम देवड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया. उन दोनों पर साक्ष्य छिपाने का आरोप था.

महेश बैरागी की निशानदेही पर उस के घर से कविता का वह सूट, जिस की वजह से उन की जान गई थी, भी बरामद हो गया. साथ ही वह लोहे का पाइप और चाकू भी बरामद कर लिया गया, जिस से कविता की हत्या की गई थी. लाश के टुकड़े करने वाला इलेक्ट्रिक कटर भी बरामद हो गया. पुलिस ने टीकम के फ्लैट से खून के नमूने भी उठाए. साथ ही महेश का खून ले कर डीएनए जांच के लिए भी भेजा. इस के अलावा उस से 3 सिम भी बरामद हुए.

टीकम देवड़ा के बारे में पता चला कि जिस फ्लैट में कविता की हत्या की गई थी, उस में वह पिछले 2 सालों से किराए पर रह रहा था. वह सुबह को चोईथराम सब्जीमंडी में और शाम को मूसाखेड़ी सब्जीमंडी में पौलीथिन सप्लाई करने का काम करता था. दोपहर में वह घर में ही रहता था. उस के घर कोई नहीं आताजाता था. इसी से अनुमान लगाया गया कि वह इस अपराध में बराबर का भागीदार रहा होगा. जबकि मीनाबाई को हत्या से जुड़ी सूचनाएं छुपाने का अपराधी माना गया.

महेश बैरागी के बारे में पता चला कि उस की पत्नी मीना उस की सगी मौसी की बेटी थी. उस से उस ने प्रेमविवाह किया था. यह जानकारी भी मिली कि वह अय्याश तबीयत का था और क्रिमनल माइंडेड भी. उस की दूसरी मौसी की बेटी रेखा, जो बेटमा की रहने वाली थी, 2009 में उस के घर से गायब हो गई थी. रेखा अपने पति हेमंत उर्फ बबलू के साथ महेश के घर रह रही थी. उन दोनों को महेश ने ही बुला कर अपने साथ रखा था. रेखा की गुमशुदगी संयोगितागंज थाने में दर्ज हुई थी. पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार उस वक्त महेश ने पुलिस को मिठाई के डिब्बे पर लिखा एक पत्र सौंपा था. उस ने बताया था कि वह रेखा का लिखा पत्र है. इस पत्र में लिखा था कि वह अपनी मर्जी से वसीम के साथ जा रही है.

बाद में जब पुलिस ने वसीम से इस सिलसिले में बात की तो उस ने बताया कि रेखा से उस का कोई संबंध नहीं था. अलबत्ता रेखा के पति बबलू ने महेश पर संदेह जाहिर करते हुए कहा था कि रेखा ने उसे सुहागरात को ही बता दिया था कि महेश के साथ उस के पुराने संबंध हैं. जिस दिन रेखा गायब हुई थी उस दिन महेश बबलू को चायपत्ती बेचने के काम के सिलसिले में बागली (देवास) ले गया था. बहाना बना कर वह स्वयं घर लौट आया था. जबकि बबलू को उस ने रात को वहीं रुकने को कहा था. उस समय महेश बैरागी की पत्नी मीना ने भी अपने पति पर शक जाहिर किया था, लेकिन बाद में वह पलट गई थी और वसीम का नाम ले दिया था. अब पुलिस एक बार फिर रेखा के गायब होने वाली फाइल खोलने की सोच रही है. रेखा की मां माया को अब भी महेश बैरागी पर ही शक है.

महेश बैरागी पर शर्मा नाम के एक व्यक्ति का मकान हड़पने का भी आरोप है. यह आलोक नगर का वही मकान है, जिस में वह पत्नी और बच्चों के साथ रहता था. यह मकान उस ने किराए पर लिया था और बाद में फर्जी दस्तावेज बनवा कर मकान पर कब्जा कर लिया था. मकान मालिक को उस ने मारपीट कर भगा दिया था. अब पुलिस उस के खिलाफ मकान पर जबरन कब्जा करने का भी केस दर्ज करेगी. सन 2012 में संयोगितागंज थाने की पुलिस ने उस के आलोकनगर वाले घर से उसे अश्लील सीडी बनाते हुए भी पकड़ा था. बाद में 2013 में वह एक महिला से अश्लील बात करने के आरोप में भी पकड़ा गया था.

बहरहाल, जितना जटिल कविता मर्डर केस था, उतना ही जटिल महेश बैरागी का करेक्टर भी है. उस की पूरी हकीकत विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी. Crime News

 

Dehradun Crime: काल बनी एक बहू

Dehradun Crime: फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही चंचल बेहद खूबसूरत और पढ़ीलिखी थी. फौजी पति की दूरियों की वजह से वह संजय के प्रेम में उलझ गई. सास ने उसे संभालने की कोशिश की तो संजय चंचल के साथसाथ करोड़ों की प्रौपर्टी के चक्कर में ऐसा अंधा हुआ कि उस ने चंचल के साथ मिल ऐसी खतरनाक साजिश रची कि…

कमला जोशी उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से करीब 25 किलोमिटर दूर थाना प्रेमनगर के संपन्न गांव श्यामपुर में रहती थीं. उन के परिवार में 2 बेटे बड़ा राजेंद्र और छोटा दीपक था. दोनों बेटों का वह विवाह कर चुकी थीं. राजेंद्र खेतीबाड़ी संभालता था, जबकि दीपक भारतीय सेना में नौकरी कर रहा था. दीपक की पत्नी चंचल कमला के पास ही रहती थी. वह देहरादून में फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रही थी. वह स्कूटी से आतीजाती थी.

कमला जोशी के पास करोड़ों की प्रौपर्टी थी. घर से लगी रही उन की 4 बीघा जमीन थी, देहरादून में भी उन्होंने प्लौट खरीद रखा था. उन का परिवार वैसे तो खुशहाल था, लेकिन उन्हें एक बात की हमेशा फिक्र लगी रहती थी. दरअसल राजेंद्र का विवाह उन्होंने 7-8 साल पहले कर दिया था, लेकिन अनबन के चलते एक साल बाद ही उस का पत्नी से तलाक हो गया था. राजेंद्र का एक बेटा था भास्कर, जिसे उस ने अपने पास ही रख लिया था. 7 वर्षीय भास्कर परिवार में सभी का लाडला था.

कमला उम्र के आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुकी थीं. वह चाहती थीं कि किसी भी तरह बड़े बेटे की गृहस्थी दोबारा बस जाए तो उन की जिम्मेदारी पूरी हो जाए. इस से एक तो राजेंद्र को सहारा मिल जाता और भास्कर को मां का प्यार. उन की छोटी बहू चंचल सुंदर होने के साथसाथ पढ़ीलिखी और समझदार थी. वह हर तरह से परिवार के सभी सदस्यों का खयाल रखती थी. थोड़ी परेशानी तब होती थी, जब चंचल दीपक के पास चली जाती थी.

दीपक की तैनाती उड़ीसा में थी. नवंबर के दूसरे सप्ताह में भी चंचल दीपक के पास चली गई थी. बड़े बेटे का घर बसाने के लिए कमला ने अपने कई नातेरिश्तेदारों से कह रखा, लेकिन उस की उम्र और एक बेटा होने की वजह से कोई उस से रिश्ता करने को तैयार नहीं था. इस के बावजूद कमला ने प्रयास नहीं छोड़ा. आखिरकार किसी ने उन्हें पिथौरागढ़ में एक रिश्ता बताया. कमला इस मौके को हाथ से जाने नहीं देना चाहती थीं. अपने स्तर से उन्होंने जो जानकारियां जुटाईं, उस हिसाब से लड़की और उस का परिवार दोनों ही बहुत अच्छे थे.

बातचीत हो जाने के बाद कमला ने वादा कर लिया कि वह जल्द ही लड़की देखने आएंगी. दीपक अपनी मां और भाई से बात करता रहता था. 27 नवंबर, 2015 की सुबह उस ने राजेंद्र के मोबाइल पर फोन किया तो उस की बात कमला से हुईं. उन्होंने उसे बताया कि वे लोग रास्ते में हैं और लड़की देखने के लिए पिथौरागढ़ जा रहे हैं. कमला ने बताया था कि उन के साथ राजेंद्र और भास्कर भी हैं. मां के साथ हुई दीपक की यह आखिरी बातचीत थी. क्योंकि उस ने शाम के वक्त मां के मोबाइल पर फोन किया तो वह स्विच औफ मिला. इस के बाद रात से सुबह हो गई, लेकिन दीपक की मां से दोबारा बात नहीं हो सकी.

इस से उस की चिंता बढ़ गई. उस ने किसी तरह पता कर के लड़की वालों के यहां पिथौरागढ़ फोन किया तो पता चला कि वे वहां पहुंचे ही नहीं थे, जबकि वे लोग उन का इंतजार कर रहे थे. दीपक ने अपने नातेरिश्तेदारों को भी फोन किए, पर घर वालों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी. उस का मन तरहतरह की आशंकाओं से घिरने लगा. वे घर भी वापस नहीं पहुंचे थे. दीपक इस से परेशान था. उस की समझ में नहीं आ रहा था कि वे लोग गए तो कहां गए.

कुछ नहीं सूझा तो उस ने छुट्टी ली और पत्नी चंचल के साथ अगले दिन घर पहुंच गया. जब वह अपने स्तर से उन की खोजबीन में नाकाम रहा तो उस ने स्थानीय थाना प्रेमनगर में अपनी मां, भाई और भतीजे की गुमशुदगी दर्ज करा दी. दीपक ने एसएसपी डा. सदानंद दाते से भी मिल कर परिवार को खोजने की गुजारिश की. पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो पता चला कि 28 नवंबर को उन की कार नंबर – यूके 07 एपी 5359 उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद के बिलासपुर इलाके में लावारिस हालत में पाई गई थी.

दीपक ने पुलिस को बताया कि राजेंद्र कार चलाना नहीं जानते थे. पिथौरागढ़ जाने के लिए वे कोई ड्राइवर कर के गए होंगे. लेकिन उन के साथ ड्राइवर कौन गया था, यह उसे पता नहीं था. एसपी (सिटी) अजय कुमार के निर्देश पर पुलिस ने बिलासपुर पहुंच कर कार की जांचपड़ताल की. कार में सभी सामान सुरक्षित था. बारीकी से जांच की गई तो उस में एक्सिस बैंक के एटीएम की एक परची मिली. वह उपनगर काशीपुर की थी. इस से अनुमान लगाया गया कि काशीपुर में उन्होंने एटीएम का इस्तेमाल किया होगा. सदानंद दाते ने एक पुलिस टीम काशीपुर के लिए रवाना कर दी. पुलिस  ने एटीएम के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी.

इस फुटेज से पता चला कि राजेंद्र और उस की मां कमला करीब 8 मिनट एटीमए केबिन में रहे थे. बाद में उन के पास एक लंबातगड़ा युवक भी आया था, जिस से उन्होंने कुछ बात की थी. संभावना थी कि वही ड्राइवर रहा होगा. हालांकि उस का चेहरा बहुत ज्यादा स्पष्ट नहीं था, लेकिन पुलिस को उम्मीद थी कि उस के जरिए अब जोशी परिवार के लापता होने का सुराग मिल जाएगा. लेकिन यह उम्मीद ज्यादा नहीं टिक सकी, पता चला कि वह वहां का सिक्योरिटी गार्ड था. इस से केवल यह पता चला कि जोशी परिवार काशीपुर तक सुरक्षित था.

जोशी परिवार रहस्यमय हालात में कहां लापता हो गया, कोई नहीं जानता था. इसी बीच ऊधमसिंहनगर में सितारगंज के सिडकुल के पास एक बच्चे का शव पड़ा मिला. शव मुख्य सड़क से करीब 30 मीटर अंदर झाडि़यों में मिला था. शव मिलने की सूचना पर थानाप्रभारी सी.एस. बिष्ट मौके पर पहुंचे. बच्चे की हत्या गरदन काट कर की गई थी. इस की सूचना आला अधिकारियों को दी गई तो एएसपी टी.डी. वैला भी घटनास्थल पर पहुंचे.

मौके पर पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला. पुलिस ने उस के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. इस की सूचना मिलने पर दीपक भी सितारगंज पहुंचा. शव देख कर वह बिलख पड़ा. वह शव उस के भतीजे भास्कर का था. सितारगंज पुलिस ने बच्चे की हत्या, अपहरण और साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज कर लिया. जो जोशी परिवार लापता था. उस में से एक बच्चे भास्कर की हत्या की जा चुकी थी. उन की कार भी बरामद हो चुकी थी. जबकि कमला और राजेंद्र का कुछ पता नहीं था. ऊधमसिंहनगर के एसएसपी केवल खुराना ने इस मामले की तह तक जाने और गहनता से जांच कर ने के लिए एएसपी टी.डी. वैला, एएसपी काशीपुर कमलेश उपाध्याय और सीओ खटीमा लोकजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस की 3 टीमों का गठन किया.

लेकिन उन्हें घटना के तार देहरादून से जुड़े होने का अंदेशा था. सब से अहम बात यह थी कि राजेंद्र जिस ड्राइवर को अपने साथ ले कर गया होगा, वह कार ड्राइवर कौन था, यह पता लगाना जरूरी था. ड्राइवर का पता चलने पर ही अहम सुराग मिल सकते थे. पुलिस ने जोशी परिवार के आसपास रहने वालों से भी पूछताछ की, लेकिन ड्राइवर के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका. ड्राइवर को उन्होंने हायर किया था या कोई जानपहचान वाला चालक था, इस बारे में कुछ पता नहीं चल पा रहा था. हां, यह आशंका जरूर प्रबल हो गई थी कि जोशी परिवार किसी बड़ी साजिश का शिकार हुआ है. भास्कर का शव मिलने के बाद राजेंद्र और उस की मां के जीवित होने की उम्मीद कम ही रह गई थी.

पुलिस ने दीपक और उस की पत्नी चंचल से भी पूछताछ की, लेकिन उन्होंने किसी से भी कोई रंजिश होने से इंकार कर दिया. जोशी परिवार के पास करोड़ों की पारिवारिक जमीन थी. यह पूरी प्रौपर्टी कमला के नाम थी. इस नजरिए की गई जांच में सामने आया कि प्रौपर्टी को ले कर भी किसी से किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था. ड्राइवर का पता लगाने के लिए पुलिस ने राजेंद्र के मोबाइल की काल डिटेल्स हासिल की, लेकिन उस में भी कोई नंबर ऐसा नहीं मिला, जो किसी ड्राइवर का रहा हो.

राजेंद्र के मोबाइल में आखिरी काल पिथौरागढ़  से आई थी. पुलिस वहां पहुंची तो वह उस लड़की के पिता का नंबर था, जिसे जोशी परिवार देखने जा रहा था. उन्होंने बताया कि राजेंद्र का फोन 27 नवंबर को सिर्फ यह बताने के लिए आया था कि वे लोग उन के यहां आ रहे हैं. इस के बाद राजेंद्र से चाहकर भी उन का कोई संपर्क नहीं हो सका था. पुलिस के सामने अब 2 तरह की आशंकाएं थीं. एक तो यह कि इस परिवार की हत्याएं लूटपाट के लिए की गई थीं और दूसरी यह कि कार ड्राइवर ने ही उन लोगों के साथ कुछ गलत किया हो. इस बात को ध्यान में रख कर दोनों जिलों देहरादून और ऊधमसिंहनगर की पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की.

लेकिन कोई सुराग नही मिल सका. मामला उलझ कर रह गया था. वारदात का मोटिव समझ से परे था. जोशी परिवार की खुले तौर पर किसी से कोई रंजिश नहीं थी और न ही कोई दूसरा ऐसा विवाद जिस के लिए परिवार को ही लापता कर दिया जाता. नि:संदेह इस घटना को साजिश के तहत अंजाम दिया गया था. पुलिस ने राजेंद्र के पूर्व ससुराल वालों से भी पूछताछ की, लेकिन इस का भी कोई नतीजा नहीं निकला. पुलिस जांचपड़ताल में जुटी थी, परंतु कहीं से कोई सुराग हाथ नहीं लग रहा था.

पुलिस ने शक के आधार पर काम करती है. परिवार की समाप्ति पर कमला की करोड़ों की प्रौपर्टी का दीपक ही एकलौता वारिस था. यह भी संभव था कि उस के इशारे पर ही किसी रहस्यमय तरीके से इस मामले को अंजाम दिया गया हो. आज के दौर में प्रौपर्टी को ले कर हत्याएं हो जाना कोई नई बात नहीं है. अपने ही अपनों के खून के प्यासे बन जाते हैं. प्रौपर्टी के एंगल पर पुलिस ने दीपक को भी शक के दायरे में रख कर 5 दिसंबर को उस से गहन पूछताछ की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला.

पुलिस किसी नतीजे पर पहुंच पाती, इस से पहले गुत्थी और ज्यादा उलझ गई. एसएसपी केवल खुराना के निर्देश पर पुलिस ने 7 दिसंबर को उस स्थान के आसपास कांबिग कर के खोजबीन शुरू की, जहां भास्कर का शव मिला था. इस खोजबीन में उत्तर दिशा की झाडि़यों से पुलिस को 2 शव और मिले. दोनों शव बुरी तरह सड़गल चुके थे. कपड़ों के आधार पर उन की शिनाख्त कमला और राजेंद्र के रूप में की गई. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भर कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड में पुलिस के सामने सब से बड़ा सवाल यह था कि हत्याओं को किस ने और क्यों अंजाम दिया? ऐसी क्या दुश्मनी हो सकती थी, जिस के लिए 3 हत्याएं कर दी गईं. ड्राइवर का अब तक कुछ पता नहीं चल सका था.

जबकि वही मुख्य संदिग्ध भी था. वह सुपारी किलर भी हो सकता था और किसी लुटेरे गिरोह का सदस्य भी. दीपक व उस की पत्नी किसी रंजिश की बात से इनकार कर चुके थे. इस मामले की जांच में स्पैशल औपरेशन गु्रप की टीम को भी लगा दिया गया. देहरादून व ऊधमसिंहनगर पुलिस की 10 टीमें केस के खुलासे में जुट गईं. पुलिस के शक की सुई ड्राइवर पर ही टिकी थी. क्योंकि कुछ ऐसे ड्राइवर भी होते हैं, जो दिखावे के लिए तो कार चलाने का काम करते हैं, लेकिन किसी गिरोह के साथ मिल कर अपराध को अंजाम देते हैं.

देहरादून से सितारगंज के बीच कई सुनसान इलाके थे, लेकिन हत्यारों ने उसी स्थान को क्यों चुना, यह भी एक बड़ा सवाल था. ऐसा प्रतीत होता था कि हत्या पूर्व नियोजित थी और शातिराना अंदाज में तीनों को ठिकाने लगा दिया गया था. पुलिस के पास हत्या की जांच के लिए 3 बिंदु प्रमुख थे. एक ड्राइवर, दूसरा संपत्ति और तीसरा प्रेम प्रसंग. संपत्ति के मामले में पुलिस दीपक से खूब घुमाफिरा कर गहन पूछताछ कर चुकी थी. वह खुद को बेकसूर बता रहा था. उस के खिलाफ पुलिस को कोई सबूत भी नहीं मिला था. ड्राइवर के गुनाहगार और राजदार होने के शक में भी कई लोगों से पूछताछ की जा चुकी थी.

जांच कर रही पुलिस ने इस बार नजरिया बदल कर प्रेम के एंगल पर भी काम करना शुरू किया. इस के लिए कुछ रिश्तों को खंगालना शुरू किया गया. इस कड़ी में घर की छोटी बहू यानी दीपक की पत्नी चंचल पर जांच केंद्रित की गई. पुलिस ने उस का मोबाइल नंबर हासिल कर के उस की काल डिटेल्स की जांचपड़ताल शुरू की तो पुलिस चौंकी. दरअसल घटना वाले दिन उस के मोबाइल पर एक नंबर से कुछ एसएमएस किए गए थे, जिस नंबर से एसएमएस किए गए थे, वह श्यामपुर के ही संजय पंत का था.

संजय पंत जोशी परिवार के पड़ोस में ही रहता था. इस पर पुलिस ने संजय के मोबाइल की लोकेशन की जांच की तो उसे यह देख कर झटका लगा कि घटना वाले दिन उस की लोकेशन राजेंद्र के मोबाइल के साथसाथ सितारगंज तक गई थी. इस से साफ था कि घटना वाले दिन वह उन के साथ था. चंचल और संजय मोबाइल पर अकसर बातें किया करते थे. काल डिटेल्स इस की गवाही दे रही थी. इस का मतलब संजय और चंचल का जरूर कोई गहरा कनेक्शन था.

गुत्थी सुलझती नजर आई तो पुलिस बिना देरी किए देहरादून पहुंची. संजय को पकड़ लिया गया. देहरादून के एसपी (सिटी) अजय कुमार के निर्देश पर चंचल को भी हिरासत में ले लिया गया. उन दोनों को हिरासत में ले कर पुलिस ऊधमसिंहनगर आ गई. पुलिस ने दोनों के मोबाइल ले कर चेक किए तो उन में से घटना वाली तारीख के एसएमएस नदारद थे. जाहिर था कि उन्होंने एसएमएस डिलीट कर दिए थे. पुलिस ने दोनों से गहराई से पुछताछ की तो उन्होंने जो बताया, सुन कर पुलिस के भी रोंगटे खड़े हो गए.

जोशी परिवार का कातिल संजय पंत था और इस साजिश में चंचल भी शामिल थी. दोनों के अवैध रिश्ते और संपत्ति का लालच इतने बड़े कांड की वजह बन गया था. किसी ने सोचा भी नहीं था कि एक बहू पूरे परिवार के लिए काल बन जाएगी. करीब डेढ़ साल पहले संजय और चंचल की नजरें चार हुई थीं, धीरेधीरे दोनों का झुकाव एकदूसरे की तरफ हो गया था. चंचल का पति दूर रहता था, संजय ने इस बात का फायदा उठाया और अपनी मीठीमीठी बातों से चंचल को अपनी तरफ आकर्षित करने में कामयाब हो गया.

चंचल को भी पति से दूरियां खलती थीं. भविष्य की परवाह किए बिना दोनों ने प्रेम की पींगे बढ़ानी शुरू कर दीं. संजय किसी न किसी बहाने से कमला के घर आनेजाने लगा. एक ही गांव और पड़ोसी होने से उस का इस तरह आना कोई अप्रत्याशित बात नहीं थी. वक्त गुजरता रहा. संजय और चंचल मुलाकातों के अलावा मोबाइल पर भी बातें किया करते थे. दोनों एकदूसरे से प्यार का इजहार कर चुके थे. एक दौर ऐसा भी आया, जब उन के बीज मर्यादा की दीवार गिर गई. यूं तो हर नजरिए से उन का रिश्ता अवैध था, लेकिन उन दोनों को इस में खुशियां मिल रही थीं.

चंचल काफी पढ़ीलिखी थी. उस की समझदारी पर पूरे परिवार को गर्व था. कमला ने जमाना देखा था. बहू के रंगढंग उन से छिप नहीं सके. उन्होंने एक दिन चंचल को समझाया, ‘‘संजय का हमारे घर ज्यादा आनाजाना ठीक नहीं है बहू. मैं सबकुछ जान कर भी अंजान नहीं रह सकती. तुम खुद को सुधार लो, इसी में परिवार की भलाई है.’’

चंचल जैसे इस के लिए पहले से तैयार थी. यह एक सच है कि ऐसी गलतियां कर ने वाला इंसान अपनी कारगुजारियों को छिपाने के लिए झूठ बोलने लगता है और इसी के चलते वह काफी शातिर भी हो जाता है. वह जानती थी कि एक न एक दिन यह नौबत आ कर रहेगी. अच्छा इंसान वही होता है, जो अपनी गलती स्वीकार कर के उसे सुधार ले, लेकिन चंचल ने उल्टा दांव चला. वह हैरान हो कर बोली, ‘‘यह आप क्या कह रही हैं मांजी? आप को इतनी घटिया बातें सोचते हुए शरम नहीं आई?’’

‘‘सोचना क्या, मैं सब देख रही हूं.’’ कमला गुस्से से बोलीं.

‘‘सच देखतीं तो आप ऐसा नहीं बोलतीं. ऐसा कुछ भी नहीं है, जैसा आप सोच रही हैं. अपने दिमाग से इस तरह की बातों को निकाल दीजिए.’’

‘‘सच्चाई तो कड़वी लगती है बहू, लेकिन मैं ने तुम्हें समझाना अपना फर्ज समझा. मैं तुम्हारी हरकतों से अपने परिवार को बदनाम नहीं होने दूंगी.’’ बहू के शातिराना रुख से हैरान कमला ने चेतवानी भरे लहजे में कहा.

उन्होंने अगले दिन संजय को भी समझाया कि वह उन के यहां ज्यादा न आया करे. पतन की राहें बहुत रपटीली होती हैं. कुछ दिनों तो दोनों दूर रहे, लेकिन बहुत जल्द दोनों पुराने ढर्रे पर उतर आए. संजय रात के वक्त भी छिपतेछिपाते आने लगा. जो गलतियां करता है, वह कहीं न कहीं लापरवाह भी हो जाता है. एक रात कमला ने उन दोनों को पकड़ा तो उन्हें जम कर फटकारा. संजय चुपचाप वहां से खिसक गया. कमला ने चंचल को खरीखोटी सुनाई, ‘‘मैं ने सोचा था चंचल कि तू मेरी बातों से संभल जाएगी, लेकिन अब पानी सिर से ऊपर चला गया है. अब मैं यह सब बरदाश्त नहीं कर सकती. मुझे इस बारे में दीपक से बात करनी पड़ेगी.’’

चंचल रंगेहाथों पकड़ी गई थी. उस के पास कहनेसुनने को कुछ नहीं था. वह नहीं चाहती थी कि यह बात उस के पति तक पहुंचे. उस ने कमला से माफी मांग कर कभी कोई गलती न करने की कसम खाई. सुबह का भूला शाम को घर आ जाए तो उसे भूला नहीं कहते. कमला ने भी वक्त के साथ बहू को माफ कर दिया. बेटे को दु:ख न पहुंचे, इसलिए वह इन बातों को दबा गईं. संजय का आनाजाना भी कम हो गया. अपने किए पर वह भी माफी मांग चुका था. कुछ दिनों की सावधानी के बाद दोनों अब देहरादून जा कर एकदूसरे से मिलने लगे. चंचल फैशन डिजाइनिंग के कोर्स के लिए जाती थी. इसी बहाने वह संजय से मिल लेती थी. मोबाइल पर भी वह बातें और एसएमएस किया करते थे. अब दोनों को ही परिवार के लोग बाधा लगने लगे थे.

अपने अवैध रिश्ते में संजय और चंचल एकदूसरे के साथ जीनेमरने की कसमें खा चुके थे. संजय दुष्ट और अपराध करने वाला युवक था. चंचल पूरी तरह उस के रंग में रंगी हुई थी. उन के प्रेमप्रसंग में कमला व राजेंद्र बड़ी बाधा थे, गनीमत यह थी कि ये बातें अभी दीपक को नहीं पता थी. संजय चाहता था कि अपने और चंचल के बीच की हर दीवार को गिरा कर न सिर्फ उस से विवाह कर ले, बल्कि करोड़ों की प्रौपर्टी भी उस की हो जाए. उस ने इस बारे में चंचल से बात की तो उस ने भी अपनी स्वीकृति दे दी.

इस के बाद संजय इसी बारे में सोचने लगा. उस ने रुपयों का इंतजाम कर के 30 हजार रुपए में सितारगंज के रहने वाले दुष्ट प्रवृत्ति के युवक अनिल कुमार से एक माउजर खरीद लिया. संजय व चंचल चाहते थे कि हत्याएं इतनी सफाई से की जाएं कि किसी को उन के ऊपर जरा भी शक न हो. वे दोनों जानते थे कि कमला राजेंद्र के लिए लड़की देखने के लिए पिथौरागढ़ जाने वाली हैं. इसी बात को ध्यान में रख कर वह पहले ही अपने पति के पास उड़ीसा चली गई. उड़ीसा जाने के बावजूद वह संजय के संपर्क में बनी रही.

संजय ने उस से वादा किया कि अगर कमला पिथौरागढ़ गईं तो वह सभी का काम तमाम कर देगा. संजय ने अपनी योजना को अंजाम देने के लिए कमला और राजेंद्र से मेलजोल और बढ़ा लिया. उसे पता चला कि 27 नवंबर को उन्हें पिथौरागढ़ जाना है. राजेंद्र को ड्राइवर की जरूरत थी. उस ने इस बारे मं सजय से कहा तो वह खुद उन के साथ जाने को तैयार हो गया. संजय कार चलाना जानता था. कमला और राजेंद्र को इस बात की खुशी हुई कि संजय उन के लिए अपना समय निकाल रहा है.

27 नवंबर को वह उन्हें कार से ले कर पिथैरागढ़ के लिए निकला. संयोगवश उसे किसी ने भी उन के साथ जाते नहीं देखा. संजय ने अपने पास माउजर और एक चाकू रख लिया. ये लोग हरिद्वार पहुंचे तो दीपक का फोन आया और उस ने मां से बात की. इस के बाद संजय ने बहाने से राजेंद्र का मोबाइल लिया और उस का सिम ढीला कर दिया, जिस से उस का नेटवर्क चला गया. राजेंद्र टैक्नोलौजी के मामले में कमजोर था, इसलिए उस ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया. संजय नहीं चाहता था कि किसी का फोन आए और वह लोग उस के साथ होने के बारे में कुछ बता दें. वे काशीपुर पहुंचे तो राजेंद्र ने एटीएम से कुछ पैसे निकाले.

इस बीच संजय ने 2 बार चंचल से 4-4 मिनट बात की. इस के बाद जंगल का रास्ता सुनसान था. कमला और भास्कर कार में सो रहे थे, जबकि राजेंद्र जाग रहा था. सिडकुल के पास पहुंच कर संजय ने कार रोक दी. राजेंद्र ने उस से कार रोकने की वजह पूछी तो उस ने कहा कि उसे थकान हो रही है. कुछ देर रुक कर चलेंगे. संजय कार से नीचे उतर गया. राजेंद्र भी नीचे उतर गया. बाहर से कार के अंदर कोई आवाज न जाए, इसलिए संजय ने कार के शीशे बंद कर दिए.

संजय बात करते हुए बहाने से राजेंद्र को कुछ दूर ले गया और माउजर से उस के सिर में गोली मार दी. राजेंद्र ने तुरंत ही दम तोड़ दिया. संजय उसे खींच कर झाडि़यों में ले गया और लाश को छिपा दिया. इस बीच उस ने राजेंद्र की जेब से मोबाइल निकाल कर उसे स्विच्ड औफ कर दिया. इस के बाद वह कमला जोशी के पास पहुंचा और उन्हें बताया कि राजेंद्र झाडि़यों के पीछे बैठ कर शराब पी रहा है और आने से मना कर रहा है. यह सुन कर कमला जोशी उस के साथ चल दीं. मौका पाते ही संजय ने उन्हें भी गोली मार दी.

दोनों शव ठिकाने लगा कर वह कार ले कर थोड़ा दूर आगे गया और एक जगह पर कार रोक कर भास्कर को जगा कर अपने साथ झाडि़यों की तरफ ले गया. संजय हैवान बन चुका था. उस ने चाकू निकाल कर मासूम भास्कर की पहले गरदन काटी और फिर उस के पेट पर वार किए. भास्कर ने तड़प कर दम तोड़ दिया. हत्या कर के तीनों की लाशें ठिकाने लगाने के बाद उस ने यह बात चंचल को एसएमएस कर के बता दी. कमला ने बैग में जो आभूषण लड़की को देने के लिए रखे थे, वह उस ने खुद कब्जा लिए. उस ने एक थैले में आभूषण, चाकू व माउजर रखा और आगे जा कर कलमठ में जंगल में एक स्थान पर गड्डा खोद कर उसे छिपा दिया.

इस के बाद वह रुद्रपुर होते हुए बिलासपुर पहुंचा और सड़क किनारे कार छोड़ कर बस से देहरादून चला गया. हत्या का मामला ठंडा हो जाने के बाद चंचल और संजय की योजना दीपक को भी ठिकाने लगाने की थी. लेकिन उस से पहले ही वे पुलिस के शिकंजे में आ गए. संजय की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और आभूषण बरामद करने के साथ ही पुलिस ने माउजर बेचने वाले अनिल को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत भेज दिया गया.

चंचल के अविवेक ने जहां एक भरेपूरे परिवार को उजाड़ दिया, अंधे प्यार और लालच ने संजय को भी जुर्म की राह पर धकेल दिया. दोनों ने मर्यादाओं का खयाल किया होता तो ऐसी नौबत कभी नहीं आती. चंचल के पति दीपक का कहना था कि उसे नहीं लगता कि उस की पत्नी का हत्या में कोई हाथ है. वह पूरे कांड का मास्टरमाइंड संजय को मानता है. कथा लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की जमानत नहीं हो सकी थी. Dehradun Crime