Crime Story: बड़े लोगों के बड़े बडें राज

Crime Story: शीना बोरा के कत्ल की कहानी तमाम रहस्यों में उलझी हुई है. कुछ रहस्य सुलझ गए हैं तो कुछ सुलझ जाएंगे. लेकिन यह रहस्य शायद ही सुलझ पाए कि इतने धनाढ्य और नामीगिरामी परिवार की होते हुए भी इंद्राणी मुखर्जी ने ऐसा क्यों किया? दौलत के लिए तो यह हो नहीं सकता, क्योंकि दौलत तो उन के कदम चूमती थी. फिर क्या रहस्य था शीना की हत्या का?

मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया को मुंबई में अवैध हथियारों की खरीदफरोख्त से जुड़ी एक गुप्त सूचना मिली थी. इस संबंध में अपराधियों की धरपकड़ करतेकरते एक ऐसा कार ड्राइवर पुलिस के हत्थे चढ़ा, जिस से 7.66 एमएम की एक पिस्टल बरामद हुई. बरामद पिस्टल की मिल्कीयत की बाबत वह कोई सबूत पेश नहीं कर सका, न ही उस के पास हथियार रखने का कोई लाइसेंस था. उस का कहना था कि वह पिस्टल उसे एक जगह लावारिस पड़ा मिला था. पुलिस ने उस से सघन पूछताछ की. इस पूछताछ में की गई सख्ती उस से बरदाश्त नहीं हुई तो उस ने एक ऐसे सनसनीखेज अपराध का खुलासा कर दिया, जिस के बारे में सुनते ही पुलिस वालों के पैरों तले से जमीन खिसक गई.

उस ड्राइवर का नाम था श्यामवर राय. पुलिस द्वारा उस के अन्य अपराधों के बारे में पूछे जाने पर श्यामवर राय ने बताया कि उस ने कभी कोई अपराध नहीं किया. अलबत्ता कत्ल के एक मामले में अपनी मालकिन को सहयोग जरूर दिया था. श्यामवर राय ने पूछताछ में जो कुछ बताया, उसे सुन कर पुलिस दुविधा में पड़ गई, वजह यह थी कि वह एक निहायत संगीन अपराध था और एक जानीमानी हस्ती से जुड़ा था. वह जिस कत्ल के बारे में पुलिस को बता रहा था, उस में मुख्य रूप से एक ऐसी औरत का हाथ था, जो न केवल मीडिया जगत की जानीमानी हस्ती थी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खासा रुतबा रखती थी.

सन 2008 में उस का नाम दुनिया की 50 पावरफुल महिलाओं की सूची में शामिल किया गया था. इस के अलावा भी उस के नाम के साथ अन्य कई उपाधियां जुड़ी थीं. पूछताछ में ड्राइवर श्यामवर राय ने सीधेसीधे बताया कि उस महिला ने एक अन्य आदमी के साथ मिल कर अपनी छोटी बहन को मौत के घाट उतारा था और उस का शव रायगढ़ के जंगल में ले जा कर जला दिया था. बाद में उसे वहीं दफन कर दिया गया था. लेकिन बिना पर्याप्त सबूतों के उस महिला पर हाथ डालना आसान नहीं था. वैसे भी यह बात 3 साल से ज्यादा पुरानी थी.

महाराष्ट्र पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी राकेश मारिया अपनी योग्यता और आपराधिक केसों को प्रोफेशनल तरीके से हल कर के दोषियों को सजा दिलवाने के लिए जाने जाते रहे हैं. इस का एक कारण यह भी रहा कि कोई भी आपराधिक मामला हल करने में उन्होंने कभी हड़बड़ी या जल्दबाजी नहीं की. वांछित अपराधी पर भी उन्होंने तभी हाथ डाला, जब उस के खिलाफ पर्याप्त सबूत हाथों में आ गए. इस केस में तो आरोपी का कद इतना बड़ा था कि बिना सही सबूतों के उस पर हाथ डालने का मतलब था, अपनी नौकरी से हाथ धोना. इसलिए राकेश मारिया ने एकएक कदम फूंकफूंक कर रखने का फैसला किया.

राकेश मारिया 30 सितंबर, 2015 को पुलिस कमिश्नर पद से मुक्त होने जा रहे थे. इसलिए वह चाहते थे कि मुंबई पुलिस कमिश्नर पद के बचेखुचे दिन बिना किसी दागधब्बे के अमनचैन से निकल जाएं. यह केस फूलप्रूफ तरीके से हल करने के लिए मारिया ने डीसीपी धनंजय कुलकर्णी के अलावा कुछ अन्य काबिल अफसरों और पुलिस कर्मचारियों की टीम बनाई. यह टीम मामले की तह में जा कर दोषियों के खिलाफ सबूत जुटाने में जुट गई. मारिया पलपल की खबर रख रहे थे. इस काम में उन्हें 3 महीने तो लगे, लेकिन उन्होंने कत्ल का केस हल करने के लिए वांछित सबूत जुटा लिए.

मीडिया जगत की जानीमानी हस्ती पीटर मुखर्जी ने सन 1993 से 2007 तक स्टार इंडिया के साथ काम किया था. ‘कौन बनेगा करोड़पति’ और ‘सास भी कभी बहू थी’ जैसे सीरियल को अस्तित्व में लाने का श्रेय उन्हें भी दिया गया था. यह केस पीटर मुखर्जी की पत्नी इंद्राणी मुखर्जी से ही जुड़ा था. दरअसल, इंद्राणी बोरा पहले मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज में बतौर एचआर कंसल्टेंट काम करती थी. वह निहायत ही खूबसूरत औरत थी. कहते हैं कि एक कौकटेल पार्टी में किसी ने पीटर और इंद्राणी का परिचय करवाया तो इंद्राणी ने बेतकल्लुफी से पीटर के गले लगते हुए कहा कि वह उन्हें न केवल पहले से जानती है, बल्कि एक सफल आदमी के रूप में उन्हें पसंद भी करती है.

इंद्राणी के बात करने के खुले लहजे और उस की खूबसूरती ने पीटर का मन कुछ इस तरह मोह लिया कि वह उसे पाने के लिए लालायित हो उठे. पीटर किसी अन्य औरत के साथ पार्टी में आए थे, जिसे वहीं छोड़ कर वह इंद्राणी के साथ चले गए. इस के बाद तो जैसे दोनों लिवइन रिलेशनशिप में रहने लगे. बाद में नवंबर, 2002 में दोनों ने शादी कर ली. उस समय पीटर 46 साल के तलाकशुदा अधेड़ थे, जबकि इंद्राणी 30 साल की थी यानी पीटर से 16 साल छोटी.

इंद्राणी ने पीटर से खुद को सिंगल मदर बता कर कहा था कि उस ने अपने आत्मसम्मान की वजह से अपने अभिभावकों से रिश्ता तोड़ रखा है. पीटर के कहने पर इंद्राणी अपनी 5 साल की बेटी विधि को भी घर में ले आई, जिसे पीटर ने विधिवत अपनी दत्तक पुत्री बना लिया. सन 2007 में जब पीटर ने स्टार को छोड़ा तो यह कंपनी स्टार इंडिया, स्टार ग्रुप और स्टार एंटरटेन इंडिया नाम की 3 कंपनियों में बंट गई. पीटर मुखर्जी को स्टार ग्रुप का सीईओ बनाया गया और एंटरटेन इंडिया का सीईओ बनाया गया समीर नायर को. इस बीच पीटर व इंद्राणी ने मिल कर आईएनएक्स मीडिया कंपनी की स्थापना कर ली थी. दरअसल यह कदम इंद्राणी के लिए ही उठाया गया था.

हकीकत में शादी के बाद धीरेधीरे इंद्राणी ने पीटर मुखर्जी की जिंदगी पर पूरी तरह कब्जा कर लिया था. उस की जिस्मानी मादकता में खोए पीटर भी उसी के इशारों पर नाच रहे थे. पीटर के स्टार ग्रुप छोड़ने से 1 साल पहले ही इंद्राणी ने विधिवत आईएनएक्स कंपनी की चेयरपरसन का काम संभाल लिया था. साथ ही उस ने अन्य कई चैनल भी लांच करने की योजना बनानी शुरू कर दी थी. पीटर और इंद्राणी ने आईएनएक्स कंपनी को बड़े पैमाने पर लांच करने की बात कह कर देशविदेश की विज्ञापन कंपनियों से अपार धन एकत्र किया. देखतेदेखते ये लोग 800 करोड़ की संपत्ति के मालिक बन गए. मीडिया जगत में दोनों का खूब रुतबा तो था ही.

चेयरपरसन होने के नाते चूंकि इंद्राणी ही कंपनी का सारा काम देख रही थी, इसलिए उसे तमाम अवार्ड भी मिले और उस की पर्सनैलिटी पर लेखफीचर भी छपने लगे. कई बार टीवी पर भी उस के इंटरव्यू आए. इंद्राणी कुछ तो कुदरतन खूबसूरत थी, कुछ वह खूब बनठन कर रहा करती थी. फलस्वरूप पार्टियों में उस के व्यक्तित्व का अलग ही आकर्षण होता था. वह सब से खुल कर बातें करने में भी परहेज नहीं करती थी. साथ ही वह डांस भी बहुत अच्छा किया करती थी. यहां तक कि कभीकभी वह गीत वगैरह सुना कर भी महफिल में रंग जमा देती थी.

इत्तफाकन अगर वह किसी पार्टी में न पहुंच पाती तो अन्य लोग सब से ज्यादा उसी के बारे में पूछताछ करते थे. वैसे भी उस के बारे में यह बात मशहूर थी कि जिंदगी को सही मायनों में जीना है तो इस का गुर इंद्राणी मुखर्जी से सीखो. मुखर्जी परिवार संपन्न परिवार था. उन के यहां किसी चीज की कमी नहीं थी. पैसा तो जैसे इस परिवार के आंगन में बरसता था. सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा था. तभी अचानक एक दिन एक लड़की शीना बोरा और लड़का मिखाइल पूछतेपूछते मुखर्जी परिवार के घर आ पहुंचे. उन दोनों को देख कर इंद्राणी पहले तो चौंकी, फिर उस ने पीटर को बताया कि ये दोनों उस के छोटे भाईबहन हैं.

यह जान कर पीटर ने उन दोनों की काफी आवभगत की और उन्हें अपने साथ ही रहने को कहा. इंद्राणी ने उन के रहने की अलग व्यवस्था करवा दी. सन 2010 में पीटर व इंद्राणी कुछ समय के लिए इंग्लैंड चले गए. वापस लौट कर वे फिर से अपनी खुशहाल जिंदगी में रम गए. इंद्राणी ने अपने भाईबहन की बात करना पहले ही बंद कर दिया था. पीटर मुखर्जी ने एकाध बार पूछा तो उस ने बताया कि मिखाइल अपना कारोबार जमाने में व्यस्त हो गया है, जबकि शीना को अमेरिका में अच्छी नौकरी मिल गई है. पीटर पत्नी की हर बात पर आंख मूंद कर विश्वास कर लेते थे. इस बार भी उन्हें इंद्राणी की बात पर कोई संदेह नहीं हुआ.

वक्त अपनी रफ्तार से गुजर रहा था कि अचानक एक रोज…

उस दिन अगस्त, 2015 की 26 तारीख थी. पीटर मुखर्जी अपनी पत्नी इंद्राणी के साथ वरली स्थित अपने निवास पर थे. सुबह का वक्त था. डोरबेल बजने पर घर के नौकर ने दरवाजा खोला तो सामने मुंबई पुलिस खड़ी थी. इंद्राणी को बुला कर एक महिला सबइंसपेक्टर ने आगे आ कर कहा, ‘‘मैडम, हमारे अफसरों को किसी केस के सिलसिले में आप से बात करनी है. कृपया आप हमारे साथ अभी थाने चलें.’’

इंद्राणी मुखर्जी मीडिया जगत से जुड़ी एक बड़ी हस्ती थी. वह पता नहीं कितने पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से अकसर मिला करती थी. वे तमाम लोग उसे निजी रूप से जानते थे. इसलिए इंद्राणी के लिए आम लोगों की तरह पुलिस से भयभीत होने जैसा कुछ नहीं था. वह बेझिझक बेपरवाह पुलिस की गाड़ी में बैठ कर उन के साथ चली गई. थाना खार में पहुंच कर उसे बताया गया कि उसे उस की बहन शीना बोरा के कत्ल और उस की लाश को खुर्दबुर्द करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. इस संबंध में उस के खिलाफ भादंवि की धाराओं 302 (हत्या) व 201 (सबूत नष्ट करने) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया जा चुका है.

इस के साथ ही पुलिस ने उस की गिरफ्तारी के बारे में उस के पति पीटर मुखर्जी को भी सूचित कर दिया. पीटर मुखर्जी यह सुन कर अचंभित रह गए कि शीना का कत्ल कर दिया गया है और इस का इलजाम इंद्राणी पर है. उन्होंने कहा कि इंद्राणी ने अगर वाकई ऐसा किया है तो उस ने निहायत ही घिनौना काम किया है. इस के बावजूद उन्होंने पत्नी की मदद के लिए वकीलों का इंतजाम कर दिया.  पुलिस थाना खार में थोड़ीबहुत मनोवैज्ञानिक पूछताछ करने के बाद उसी रोज कस्टडी रिमांड के लिए इंद्राणी को बांद्रा स्थित मेट्रोपौलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया.

इंद्राणी की ओर से महानगर के 2 जानेमाने वकीलों ने उस के बचाव में अदालत में पेश हो कर कहा कि उन की मुवक्किला को झूठे केस में फंसाया जा रहा है. किसी ने अगर शीना का कत्ल कर दिया था तो इस में इंद्राणी मुखर्जी का क्या कसूर? वकीलों का कहना था कि इस मामले में पुलिस के पास उन की संलिप्तता का कोई प्रमाण नहीं है. वैसे भी वह मीडिया जगत की एक सम्मानित महिला हैं न कि कोई पेशेवर अपराधी. इसलिए अदालत को उसे पुलिस रिमांड में न दे कर तुरंत जमानत पर रिहा कर देना चाहिए.

माननीय दंडाधिकारी ने इंद्राणी के वकीलों की दलील सुनने के साथसाथ पुलिस का पक्ष भी सुना और उन के द्वारा पेश किए गए तथ्यों को भी जांचापरखा. इस के बाद अदालत ने पुलिस को इंद्राणी का रिमांड दे दिया. पुलिस ने इंद्राणी मुखर्जी को 5 दिनों तक कस्टडी रिमांड में रख कर शीना बोरा की हत्या के बारे में पूछताछ की. लेकिन इंद्राणी भी कम नहीं थी. पुलिस के तमाम हथकंडों के आगे न तो वह झुकी और न ही डरी. अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को मानने से उस ने साफ इनकार कर दिया. वह पुलिस को यही समझाने का प्रयास करती रही कि शीना मरी नहीं, अमेरिका में नौकरी कर रही है. हां, पिछले कुछ अरसे से वह उस के संपर्क में नहीं है, न ही उस के पास उस का कौंटेक्ट नंबर या पता वगैरह है.

इंद्राणी द्वारा पुलिस को बताए अनुसार, किसी बात पर शीना से उस की बहस हो गई थी, जिस से नाराज हो कर वह 3 साल पहले अमेरिका चली गई थी. वहीं से उस ने एक बार फोन कर के बताया था कि अमेरिका में उसे बहुत अच्छी नौकरी मिल गई है, इसलिए अब वह दोबारा कभी उस के पास इंडिया नहीं आएगी. इंद्राणी आसानी से काबू में नहीं आ रही थी. वह एक ही रट लगाए हुए थी कि इस केस में उस के किसी दुश्मन के कहने पर उसे गलत तरीके से फंसाया जा रहा है. इंद्राणी से उस का अपराध कबूल करवाना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा था.

दूसरा कोई चारा न देख पुलिस ने ड्राइवर श्यामवर राय को ला कर उस के सामने खड़ा कर दिया. वह पहले ही से कस्टडी रिमांड में चल रहा था. उसे सामने देख इंद्राणी को कंपकंपी छूट गई. पुलिस के मुताबिक इस के बाद इंद्राणी ने शीना की हत्या करने की बात कबूल करते हुए कई राज खोले. पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया ने उसी दिन पत्रकारों को बताया कि शीना असलियत में इंद्राणी की बहन न हो कर बेटी थी. जुलाई, 2012 में जब वह 22 वर्ष की थी, उस की हत्या कर दी गई. अपनी ही बेटी के कत्ल का तानाबाना इंद्राणी ने खुद ही बुना था. शीना को ब्रांदा से सूमो गाड़ी पर अपहृत कर के मुंबई के दूरवर्ती इलाके रायगढ़ में एक सुनसान जगह पर ले जाया गया.

गाड़ी में शीना और इंद्राणी के अलावा ड्राइवर श्यामवर राय व संजीव खन्ना नामक शख्स थे. ड्राइवर ने इंद्राणी मुखर्जी के मुंह से इस शख्स का नाम सुन लिया था, मगर उसे यह नहीं मालूम हो पाया था कि दोनों का आपस में रिश्ता क्या था. बकौल पुलिस आयुक्त मारिया इंद्राणी ने पूछताछ में बताया कि उस ने शीना को रायगढ़ के फार्महाउस में होने वाली पार्टी में शामिल होने के बहाने से बुलाया था. शीना की हत्या मुंबई से दूर खोपोली सड़क मार्ग पर एक सुनसान जगह पर गला दबा कर की गई, फिर रायगढ़ के जंगल में पैट्रोल छिड़क कर शव को न केवल जलाया गया, बल्कि उसे वहीं गड्ढा खोद कर दफन भी कर दिया गया.

पुलिस कमिश्नर का यह बयान मीडिया के जरिए लोगों के सामने आया तो पूरे देश की नजरें इसी खबर पर टिक गईं. यह मुंबई महानगर का हाईप्रोफाइल केस था, जो अनैतिक संबंध, रिश्तों में धोखे और पैसों के लालच में उलझी किसी थ्रिलर स्टोरी की तरह सामने आता दिखाई दे रहा था. 27 अगस्त को पुलिस ने संजीव खन्ना को गिरफ्तार कर लिया. पता चला वह इंद्राणी का पूर्व पति था. खन्ना से की गई पूछताछ में पता चला कि उस की और इंद्राणी की मुलाकात 1980 के दशक में मेघालय की राजधानी शिलांग में तब हुई थी, जब इंद्राणी हायर एजुकेशन के सिलसिले में वहां रह रही थी.

पूछताछ में संजीव खन्ना ने पुलिस को बताया कि इंद्राणी के पिता एक बड़े कारोबारी थे. उस से उन का परिचय गुवाहाटी में अपना कारोबार जमाते समय हुआ था. इस संबंध में उन्होंने खन्ना की काफी मदद की थी. उन की बेटी इंद्राणी से खन्ना का इस से पहले ही परिचय हो चुका था, जो वक्त के साथ प्रेम में बदल गया था. बाद में दोनों ने आपस में शादी कर ली थी. इसी बीच मिखाइल ने पुलिस को यह बयान दे कर चौंका दिया कि वह इंद्राणी मुखर्जी का भाई नहीं, बल्कि बेटा है. अलबत्ता वह अपने पिता का नाम नहीं बता पाया. फिर भी उस ने यह बात पूरा जोर दे कर कही कि निश्चित रूप से उस की बहन शीना की हत्या हुई है, लेकिन इस संबंध में कुछ सनसनीखेज खुलासे वह तब करेगा, जब मुंबई पुलिस इस केस की अपनी छानबीन पूरी कर लेगी.

पुलिस के हवाले से यह बात भी सामने आई कि शीना के संबंध पीटर मुखर्जी की पहली पत्नी शबनम से पैदा बेटे राहुल मुखर्जी के साथ थे और दोनों शादी करना चाहते थे. यह बात सामने आने पर पीटर मुखर्जी ने अफसोस जाहिर करते हुए केवल इतना ही कहा कि वह सोच भी नहीं सकते थे कि उन के परिवार में इतना कुछ घट जाएगा और उन्हें पता भी नहीं चलेगा. इंद्राणी के बारे में भी अब तक यह तथ्य सामने आ गया था कि उस ने खुद को सिंगल मदर बता कर जब पीटर मुखर्जी से शादी की थी तो एक नहीं, कई झूठ बोले थे. उन में सब से बड़ा झूठ तो यही था कि उस ने अपनी औलादों मिखाइल व शीना को बेटाबेटी की जगह अपना भाईबहन बताया था.

अब यह बात भी सामने आई कि पीटर मुखर्जी से पहले भी इंद्राणी 2 शादियां कर चुकी थी. उस के पहले पति का नाम था सिद्धार्थ दास, जबकि संजीव खन्ना उस का दूसरा पति था. सिद्धार्थ से उसे बेटी शीना व बेटा मिखाइल पैदा हुए थे और संजीव खन्ना से बेटी विधि, जिसे पीटर मुखर्जी ने दत्तक पुत्री बना लिया था. रहस्यों से भरी किसी फिल्म की तरह पीटर के सामने नईनई बातें आ रही थीं. मीडिया के लोग उन से असलियत जानने को उन के घर के चक्कर लगाने लगे. आखिर परेशान हो कर पीटर को अपना बयान जारी करना पड़ा, ‘मैं पूरी तरह सदमे में हूं. अब तक मैं शीना को इंद्राणी की बहन मानता आया था और मिखाइल को उस का भाई. अब पता चल रहा है कि दोनों उस की अपनी औलाद थे.

‘शीना जब भारत नहीं आ रही थी तो मेरे बेटे राहुल ने मुझ से कहा था कि पापा कुछ गड़बड़ है. उस ने एक बार मुझे यह बताने की कोशिश भी की थी कि शीना असल में इंद्राणी की बेटी हो सकती है. लेकिन मैं ने उस की बात को खारिज कर दिया था. दूसरों की जिंदगी से जुड़ी सनसनीखेज कहानियां सुनना और पढ़ना जितना खुशगवार लगता है, उतना ही मुश्किल होता है अपने जीवन में इस तरह की कहानी से रूबरू होना.’

इस बीच पुलिस ने श्यामवर की निशानदेही पर रायगढ़ के जंगल से बरामद शीना की हड्डियों को मुंबई के जेजे अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया था. श्यामवर राय के अनुसार शीना की हत्या के बाद इंद्राणी मुखर्जी व संजीव खन्ना ने उसे चुप रहने के लिए बहुत बुरी तरह से धमकाया था, साथ ही मुंह बंद रखने के लिए उसे 50 हजार रुपए भी दिए थे.

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, श्यामवर राय इस अपराध में सीधे तौर पर शामिल नहीं था. इंद्राणी मुखर्जी का वह निजी ड्राइवर था. वह उस के दबंग स्वभाव से अच्छी तरह परिचित था. साथ ही वह यह भी जानता था कि इंद्राणी के बहुत ऊंचे संबंध थे, जिन के चलते वह किसी के खिलाफ कुछ भी करवा सकती थी. उस ने पुलिस को बताया कि उस की मालकिन अपने पति पीटर मुखर्जी को भी जूती की नोक पर रखती थी और उन्हें जराजरा सी बात पर बुरी तरह लताड़ देती थी. घर में एक तरह से इंद्राणी मुखर्जी का ही एकछत्र राज था. इन्हीं वजहों से श्यामवर राय अपनी मालकिन से बहुत डरता था. हालांकि शीना की हत्या के बाद उस का कई बार मन हुआ कि वह इस बारे में पुलिस को बता दे.

लेकिन वह इंद्राणी मुखर्जी के खिलाफ जाने का साहस कभी नहीं जुटा पाया. अब जबकि इंद्राणी मुखर्जी व संजीव खन्ना खुद सलाखों के पीछे हैं तो श्यामवर पुलिस संरक्षण में पूरी तरह इन के खिलाफ खड़ा हो गया था. वैसे भी उन के खिलाफ खड़े होने में ही उस की भलाई थी. संजीव खन्ना कोलकाता में केबल नेटवर्क का कारोबार करता था. उस के पास फाइनैंस का ज्यादा इंतजाम नहीं था और उस का बिजनैस भी घाटे में जा रहा था. 24 अप्रैल, 2012 को शीना के मर्डर के बाद एकदम से उस के खाते में इतनी बड़ी रकम आ गई थी कि रातोंरात उस ने अपने डूबते कारोबार को संभाल लिया था.

इस के साथ ही उस ने कोलकाता के चौरंगी लेन क्षेत्र में 1500 वर्गफुट के एरिया में  ‘1658 बार ऐंड किचन’ नाम से नया काम भी शुरू कर दिया था. इस काम में उस का एक पार्टनर भी था अजय रावला, जो उस की गिरफ्तारी के बाद भूमिगत हो गया था. इस के अलावा भी खन्ना ने पश्चिम बंगाल के बावाली शहर में अपना एक हेरिटेज रिजौर्ट बना रखा था. हालांकि यह बात पूरी तरह साफ थी कि खन्ना के पास अचानक इतनी बड़ी धनराशि कहां से आ गई थी कि उस ने अपना डूबता हुआ कारोबार संभालने के साथसाथ नए काम भी शुरू कर दिए थे. लेकिन पुलिस इस बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थी. सिवाय इस के कि शीना की हत्या में संजीव खन्ना भी उतना ही कसूरवार था, जितना कि इंद्राणी मुखर्जी.

शीना मर्डर केस की जांच आगे तो बढ़ रही थी, लेकिन बुरी तरह उलझीउलझी सी स्थिति में. यहां तक कि हत्या का मकसद तक साफ रूप से सामने नहीं आ रहा था. सही परिणाम सामने आते न देख 27 अगस्त, 2015 को पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया ने इस केस की जांच का जिम्मा पूरी तरह अपने हाथ में ले लिया. उन्होंने थाने में बैठ कर केस के तीनों अभियुक्तों से खुद पूछताछ की. साथ ही उन्होंने इंद्राणी मुखर्जी के सौतेले बेटे राहुल मुखर्जी को भी वहां बुलवा लिया था. उस से भी पूछताछ की गई. इस पूछताछ में संजीव खन्ना ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि जब अपराध हुआ, तब वह अपने किसी काम से मुंबई आया था. यहां आ कर वह इंद्राणी के कहने पर उस की कार में बैठ गया था और कार चलते ही वह सो गया था. उसे नहीं मालूम कि उस की नींद के दौरान कार में या कार के बाहर क्या हुआ.

संजीव खन्ना ने पुलिस कमिश्नर मारिया को बताया, ‘‘सर, मेरी व इंद्राणी की बेटी विधि अमेरिका में पढ़ रही है. विधि को पीटर मुखर्जी ने गोद ले रखा है. शीना का पीटर के बेटे राहुल से अफेयर था. दोनों लिवइन रिलेशनशिप में भी रहे थे. इसे ले कर इंद्राणी शीना से बहुत नाराज थी. सो उस ने अपने ड्राइवर से मिल कर शीना की हत्या कर दी.’’

लेकिन पुलिस के थोड़ा सख्ती करते ही उस ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उस ने मकसद के बारे में बताया कि विधि इंद्राणी की बेटी थी और शीना भी उसी की बेटी निकल आई थी. ऐसी स्थिति में उस के न रहने से इंद्राणी की प्रौपर्टी में उस का हिस्सा विधि को मिल जाता. राहुल मुखर्जी से एक घंटा पूछताछ करने के बाद उसे वापस घर भेज दिया गया था. 12 घंटे बाद उसे फिर से पूछताछ के लिए थाना खार में बुलवाया गया. पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया ने उस से खुद सवाल किए. दरअसल वह जानना चाहते थे कि एक बरस से अधिक तक शीना के साथ लिवइन रिलेशनशिप में रहने के बाद वह एकाएक उस की ओर से बेफिक्र क्यों हो गया था? उस ने इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट क्यों नहीं लिखवाई?

राहुल को वरली व खार के उन फ्लैटों में भी ले जाया गया, जहां शीना और वह साथसाथ रहे थे. शीना का भाई मिखाइल अभी तक चुप था, अब उस ने भी टीवी पर आ कर सीधेसीधे साफ कहना शुरू कर दिया कि उस के पास ऐसे पक्के सबूत हैं, जो इंद्राणी मुखर्जी को शीना का कातिल करार देने के लिए काफी हैं. मिखाइल गुवाहाटी में रहता था. पुलिस ने वहां पहुंच कर उस से पूछताछ की. उस ने कुछ टेप व फोटो वगैरह पुलिस को दिए. साथ ही अपना बयान दर्ज करवाने के अलावा यह भी बताया कि शीना के साथसाथ इंद्राणी उसे भी मार देना चाहती थी. इतना ही नहीं, अभी भी उसे उस की ओर से जान का खतरा है.

मिखाइल ने पुलिस को शीना का बर्थ सर्टिफिकेट भी दिया, जिस पर उस के मातापिता के नाम वाले कौलम में उस के नानानानी उपेंद्र कुमार बोरा व दुर्गारानी बोरा का नाम दर्ज था. शीना की जन्मतिथि थी 11 फरवरी, 1989. मिखाइल उस से बड़ा था, उस के अभिभावक भी उस के नानानानी ही थे. बरसों पहले शीना को जन्म देने के बाद इंद्राणी ने शीना और मिखाइल को अपने मातापिता के पास छोड़ कर सिद्धार्थ दास से शादी कर ली थी. अभी तक सब को यही पता था कि पीटर मुखर्जी ही इंद्राणी के पति थे. अब यह बात सामने आई कि पीटर से पहले उस ने संजीव खन्ना से शादी की थी, जिस से शादी के बाद उस ने बेटी विधि को जन्म दिया था. संजीव से पहले उस ने सिद्धार्थ दास से शादी की थी.

इंद्राणी का आचरण बेहद उलझा हुआ था, पुलिस ने फिलहाल इसी को खंगालने की सोची. देखा जाए तो इंद्राणी का पूरा जीवन अय्याशी, मक्कारी और झूठी महत्त्वाकांक्षाओं से भरा था. वह जिंदगी में सब कुछ हासिल करने के लिए ऊंची से ऊंची उड़ान भरना चाहती थी, जिस के लिए वह कुछ भी करने को तैयार रहती थी. जहां जरा सा फायदा नजर आया, वहां उस ने अपना जिस्म दांव पर लगाने में भी झिझक नहीं की.  वैसे इंद्राणी का मूल नाम था परी. अपने मांबाप की एकलौती संतान थी वह. परी के पिता का पहले अच्छाभला कारोबार था, जिस के घाटे में चले जाने की वजह से वह कुंठित हो गए थे. पत्नी से भी अनबन रहने लगी थी.

औलाद के रूप में उन के यहां एक बेटी ही थी परी, जिस पर गुस्सा उतारने के लिए वह उसे जराजरा सी बात पर पीटने लगते थे. कई बार तो उसे मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया जाता था. एक बार परेशानी की हालत में वह घर से भाग गई. लेकिन स्टेशन पर गाड़ी में बैठने से पहले ही वह पिता द्वारा पकड़ ली गई. उस रोज उस की इतनी पिटाई हुई कि वह 2 बार तो बेहोश हो गई. बहरहाल, जैसेतैसे परी ने स्कूली शिक्षा पूरी की. आगे की पढ़ाई के लिए उसे शिलांग भेज दिया गया, जहां उस के कदम बहके और 1988 में उस ने महज 17 साल की उम्र में कुंवारी मां के रूप में मिखाइल को जन्म दिया. फिर 1989 में शीना पैदा हो गई. इस के बाद दोनों बच्चों को अपने मांबाप की गोद में डाल कर वह अपनी खुद की बनाई राह पर निकल पड़ी. इस नई राह पर उस ने अपना नाम रखा इंद्राणी.

इंद्राणी ने सब से पहले शादी की अपने से दोगुनी उम्र के वकील से, जो ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाई. इस के बाद शिलांग में उस की मुलाकात सिद्धार्थ दास से हुई. दोनों ने विवाह भी किया, लेकिन कुछ ही दिनों में दोनों का तलाक हो गया. फिर वापस गुवाहाटी पहुंच कर उस ने साहिल नाम के लड़के से प्रेम विवाह किया. उस के साथ भी इंद्राणी का रिश्ता ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाया. उस ने मामूली सी अनबन पर उसे भी तलाक दे दिया. तदनंतर गुवाहाटी से कोलकाता आ कर इंद्राणी ने एक निजी फर्म में काम किया, जहां उस की मुलाकात कारोबारी संजीव खन्ना से हुई. खन्ना को अपने प्रेमजाल में फंसा कर इंद्राणी ने उस से शादी कर ली, जिस से उसे बेटी विधि पैदा हुई.

खन्ना के साथ भी उस की शादी ज्यादा दिन नहीं टिक पाई. अंतत: उस ने संजीव खन्ना को भी तलाक दे दिया और नन्हीं विधि को ले कर मुंबई चली आई. मुंबई में इंद्राणी को अच्छी नौकरी मिली तो नए पति के रूप में पीटर मुखर्जी भी मिल गए. अब उस के लिए आसमान को छूने के रास्ते खुल गए थे. स्टार पति के साथ वह खुद भी स्टार बन गई थी. हालांकि इंद्राणी की कारगुजारियों के चलते पीटर भी बदनाम होने लगे थे. खैर, पुलिस की निरंतर पूछताछ अभी भी जारी थी. इस बार की पूछताछ में इस बात का सनसनीखेज खुलासा हुआ कि कत्ल किए जाते वक्त शीना 2 माह की गर्भवती थी. इस संबंध में राहुल मुखर्जी के मामा शालीन सिंह ने देहरादून में पत्रकारों को बताया कि राहुल व शीना के रिश्ते को उन की बहन शबनम व मां सीमा सिंह ने भी मंजूरी दे दी थी.

पीटर मुखर्जी की पहली ससुराल देहरादून के बदीपुर इलाके में है, जहां उन की पहली पत्नी शबनम का गुलएशबनम नाम से फार्महाउस है. इस से कुछ ही दूरी पर उन की मां सीमा सिंह का शंकर सदन नाम से बंगला है. बकौल शालीन सिंह सन 2011 में राहुल के साथ शीना जब शबनम के फार्महाउस पर आई थी तो राहुल ने अपनी मां के सामने उस से शादी की बात रखी थी. इस पर शबनम ने अपनी मां और उन्हें सलाहमशविरे के लिए वहां बुला लिया था. शालीन सिंह के अनुसार, शीना सभी को बहुत पसंद आई थी. वैसे भी वह और राहुल पतिपत्नी की तरह रह रहे थे. इसलिए उन सब ने इस शादी के  लिए हामी भर दी थी. अगले दिन राहुल शीना को ले कर मुंबई चला गया. इस के बाद उस की कोई खबर नहीं आई थी.

पुलिस हिरासत में अपना गुनाह कबूल करते हुए संजीव खन्ना ने पुलिस से पूरा सहयोग करने की बात कहते हुए घटनास्थल पर जा कर शीना की कुछ हड्डियां बरामद करवा दीं. यहां से उस का एक दांत भी मिला. देहरादून से पुलिस ने शीना का पासपोर्ट भी बरामद कर लिया था. पुलिस ने हड्डियां, खोपड़ी व दांत वगैरह डीएनए परीक्षण के लिए सुरक्षित रख लिए थे. दरअसल इस केस में दोषियों को सजा दिलवाने के लिए अहम भूमिका फोरैंसिक प्रमाण ही निभा सकते थे. 29 अगस्त को पुलिस ने वह कार भी बरामद कर ली, जिस का इस्तेमाल शीना के मर्डर में हुआ था.

इस के बावजूद इस केस में कोई भी बात पूरी तरह खुल कर सामने नहीं आ रही थी. यही वजह थी कि लोगों को पुलिस की तफ्तीश पर जरा भी विश्वास नहीं हो पा रहा था. इसे ले कर पुलिस की किरकिरी भी हो रही थी. इसी बीच रायगढ़ के तत्कालीन एसपी आर.डी. शिंदे संदेह के घेरे में आ गए. महाराष्ट्र के डीजीपी संजीव दयाल ने बताया कि 2012 में शीना का शव मिलने पर लापरवाही बरतने वाले किसी भी पुलिसकर्मी अथवा अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा. उल्लेखनीय है कि तब रायगढ़ पुलिस ने जंगल से जला हुआ शव और सूटकेस मिलने पर न तो हत्या का कोई केस दर्ज किया था और न ही जले हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया था.

30 अगस्त को इंद्राणी के गैरेज से ठीक वैसा ही सूटकेस मिला, जैसा कि शीना के शव के टुकड़े रखने के लिए इस्तेमाल किया गया था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस सूटकेस में मिखाइल की हत्या कर के उस के शव के टुकड़े रखे जाने थे. बताते चलें कि मिखाइल पहले ही यह दावा कर चुका था कि शीना से भी पहले इंद्राणी की योजना उस की हत्या करने की थी. 31 अगस्त को पुलिस रिमांड खत्म हो रहा था. अभी तक की पूछताछ से पुलिस खुद भी संतुष्ट नहीं थी. रिमांड बढ़ाने के अनुरोध के साथ इंद्राणी, संजीव व श्यामवर को फिर से बांद्रा मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया तो पुलिस रिमांड की अवधि 5 सितंबर, 2015 तक के लिए बढ़ा दी गई.

इस केस में हर दिन नएनए खुलासे हो रहे थे. 2 सितंबर को सिद्धार्थ दास ने कोलकाता में कुछ पत्रकारों से संपर्क कर के कहा, ‘‘शीना मर्डर केस के बारे में अखबारों और टीवी चैनलों से पता चला तो मैं सच्चाई पर पड़ा परदा उठाने को मजबूर हुआ हूं. इंद्राणी से न तो मेरी कानूनी तौर पर और न ही किसी मंदिर में शादी हुई थी. हम दोनों 1986 से 1989 तक लिवइन रिलेशनशिप में पतिपत्नी की तरह जरूर रहे थे. इसी दौरान हमारे 2 बच्चे मिखाइल और शीना पैदा हुए थे. मैं ही इन दोनों का जैविक पिता हूं. हां, इंद्राणी ने वाकई अगर शीना की हत्या की है तो निश्चित ही उसे फांसी की सजा होनी चाहिए. मैं डीएनए टेस्ट करवा कर पुलिस की हर तरह की मदद करने को तैयार हूं.’’

इसी दिन पीटर को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया, जहां उन्हें देखते ही इंद्राणी रोने लगी. इन दोनों को आमनेसामने बिठा कर पुलिस ने पीटर से उन की फाइनैंशियल ट्रांजेक्शंस की जानकारी मांगी, जो उन्होंने विस्तारपूर्वक दे दी. पीटर से पुलिस ने निरंतर 12 घंटों तक पूछताछ की. पीटर के सामने इंद्राणी ने एक बार फिर हत्या का अपना जुर्म स्वीकार किया. इसी दौरान शीना की एक डायरी भी सामने आई, जिस का हर पन्ना भावुकता से भरा था. इंद्राणी के बारे में उस ने एक जगह लिखा था, ‘मुझे नहीं पता कि मां मुझे याद करती है या नहीं, लेकिन वह मेरी मां है, मैं उन्हें चाहती हूं. वह दुनिया की सब से हसीन औरत हैं, एकदम फिल्मी हीरोहन लगती हैं. लेकिन उन की फितरत ऐसी है कि मैं उन्हें डायन कहना पसंद करूंगी.’

4 सितंबर को इस केस में बड़ा खुलासा यह हुआ कि रायगढ़ से मिली खोपड़ी का मिलान शीना के फेशियल रीकंस्ट्रक्शन से हो गया. 5 तारीख को रिमांड समाप्ति पर इंद्राणी, संजीव व श्यामवर को फिर से अदालत में पेश कर के 7 सितंबर तक इन का कस्टडी रिमांड बढ़वा लिया गया. रिमांड की इस अवधि में पुलिस ने कुछ ऐसे हथकंडों का इस्तेमाल किया कि शीना मर्डर केस की सारी सच्चाई पूरी तरह खुल कर सामने आ गई: दरअसल, इंद्राणी के लिए हर रिश्ता एक सीढ़ी था, जिस के सहारे वह आसमान की ऊंचाइयां छूना चाहती थी. सामने वाले को धोखा देना उस की फितरत में शुमार था.

दिल से तो वह किसी को भी पसंद नहीं करती थी, न अपने किसी प्रेमी या पति को और न ही अपनी औलादों को. उसे तो अपना मतलब निकालना आता था, इस के लिए सामने वाला उस के जिस्म को भले ही किसी भी तरह से क्यों न रौंद जाए. शायद इसीलिए संजीव खन्ना को तलाक दे दिए जाने के बावजूद उस ने उस से रिश्ता खत्म नहीं किया था. इंद्राणी द्वारा पुलिस को बताए अनुसार, वह अगर तेजतर्रार थी तो शीना भी कम नहीं थी. दोनों जब भी मिलतीं, दोनों का आपस में खूब झगड़ा होता था. मिखाइल भी हमेशा अपनी बहन का ही साथ देता था.

इंद्राणी ने पुलिस को बताया, ‘‘दरअसल, शीना मेरे कई राज जानती थी, जिन के आधार पर वह मुझे ब्लैकमेल किया करती थी. इस के बदले वह मुझ से एक बड़ा फ्लैट चाहती थी. मैं चूंकि उस से नफरत करती थी, इसलिए उस से छुटकारा पाने की सोचने लगी थी. यह नफरत तब और बढ़ गई, जब शीना ने पीटर के बेटे राहुल से ताल्लुकात बढ़ा कर उस से शादी की घोषणा कर दी. जबकि एक तरह से वह उस का भाई था. यह जान कर मैं उस के प्रति नफरत से भर उठी. राहुल से उसे गर्भ भी ठहर गया था.’’

बकौल इंद्राणी उस ने शीना को खत्म करने की सोची. फिर उस के दिमाग में आया कि इस सूरत में मिखाइल आसमान सिर पर उठा लेगा. अत: इंद्राणी ने उसे भी मौत की नींद सुलाने का फैसला कर लिया. इस के लिए उस ने संजीव खन्ना को बुलवा कर उस से मिल कर अपनी खूनी योजना तैयार की. पीटर मुखर्जी उन दिनों विदेश गए हुए थे. योजना बना कर इन लोगों ने मिखाइल को इंद्राणी के वरली वाले फ्लैट पर बुला कर उसे अपने साथ एक पार्टी में चलने को कहा. साथ ही बताया कि रास्ते में शीना के कालेज से उसे भी साथ ले चलेंगे.

इस बीच इंद्राणी ने जहर मिला कोल्डड्रिंक का गिलास मिखाइल के सामने रखते हुए उसे पी लेने को कहा. मिखाइल को चूंकि इंद्राणी पर पहले ही संदेह था, अत: उस ने कहा कि वह वहीं बैठ कर आराम से कोल्डड्रिंक पीता है, तब तक वे लोग जा कर शीना को ले आएं. पार्टी में जाने को उसे तैयार होने में समय भी तो लगेगा. इंद्राणी व संजीव उस की बातों में आ कर शीना को लेने चले गए. उन के जाने के बाद मिखाइल चुपचाप वहां से निकल गया. शीना को घर ला कर इन्होंने पहले वही जहर मिला कोल्डड्रिंक पिलाया, फिर उस का गला घोंट दिया. बाद में उस के शव को अच्छे कपड़े पहना कर उस का मेकअप कर दिया. इंद्राणी ने उस के होंठों पर चटकीली लाल लिपस्टिक लगा कर आंखों पर गहरे रंग का चश्मा चढ़ा दिया.

इस के बाद कार की पीछे वाली सीट पर बैठ कर इंद्राणी ने अपनी बगल वाली सीट पर शीना के शव को बैठी अवस्था में रखते हुए उस का सिर अपने कंधे पर इस तरह टिका लिया, मानो वह थक कर सो गई हो. उस के दूसरी तरफ संजीव खन्ना बैठा. ड्राइवर श्यामवर राय को बाद में बुलाया गया. इस तरह पूरे फिल्मी अंदाज में इन लोगों ने मुंबई से 85 किलोमीटर दूर रायगढ़ के जंगलों में जा कर शीना के शव के टुकड़े किए. तत्पश्चात उन टुकड़ों को अपने साथ लाई खाली अटैची में भर कर एक गड्ढे में डाला और जला दिया. इस के बाद इन लोगों की इसी तरह मिखाइल को मारने की योजना भी थी.

पीटर से भी अब तक लगातार पूछताछ होती रही थी, मगर जब ये बातें प्रमाणों के साथ सामने आईं तो उन्हें क्लीनचिट दे दी गई. 7 सितंबर को पुलिस रिमांड की समाप्ति पर तीनों अभियुक्तों को फिर से अदालत पर पेश कर के 21 सितंबर, 2015 तक के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. इस बीच शीना की हड्डियों का डीएनए इंद्राणी और मिखाइल से मैच होने की रिपोर्ट आ गई थी. जब इस बात को ले कर विवाद बढ़ा कि राकेश मारिया को शीना मर्डर केस की जांच से हटाने के लिए उन्हें डीजी होमगार्ड्स बनाया गया है तो महाराष्ट्र सरकार ने इस की जांच सीबीआई को सौंप दी है. Crime Story

 

Crime Stories: सीरियल किलर बलदेव

Crime Stories: मांबाप की उपेक्षा का शिकार बलदेव सिंह लोगों की सेवा कर के पैसा कमाना चाहता था, लेकिन सेवा से पैसा नहीं मिला तो उस ने 2 लोगों को मौत के घाट उतार दिया. इस के बाद तो उस ने हत्याओं का ऐसा सिलसिला चलाया कि…

कुछ दिनों पहले देश के प्रमुख अखबारों में एक समाचार प्रमुखता से छपा था कि देश में एक ऐसा सीरियल किलर गिरोह सक्रिय है, जो अब तक सौ से भी ज्यादा लोगों को मौत के घाट उतार चुका है. आगे भी न जाने कितने लोगों की हत्याएं कर सकता है. गिरोह में कितने सदस्य हैं, इस की किसी को खबर नहीं थी. वे हत्याएं क्यों कर रहे थे, इस का भी कुछ पता नहीं चल रहा था. कहीं लगता था कि हत्या लूटपाट के लिए की गई है तो कहीं कुछ और ही नजर आ रहा था. कत्ल करने का तरीका जरूर पता चल गया था. पहले वे मारने वाले को विश्वास में लेते थे, उस के बाद उसे एकांत में ले जा कर उस का टेंटुआ दबा कर मौत के घाट उतार देते थे.

मजे की बात यह थी कि हत्यारों ने कहीं कोई सुराग नहीं छोड़ा था. उन्हें हत्या करते भी किसी ने नहीं देखा था. कहीं कैमरे में भी उन का यह कारनामा नहीं कैद हुआ था. मुंबई में इस गिरोह के एक सदस्य के पकड़े जाने की जानकारी जरूर मिली थी, लेकिन उस से भी विस्तार से कुछ पता नहीं चला था. शायद मुंबई पुलिस गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार करने के बाद ही इस अमानवीय कांड के रहस्य से परदा हटाना चाहती थी. मुंबई पुलिस अपने हिसाब से मामले की जांच कर रही थी कि पंजाब की एक घटना ने अचानक इस पूरे रहस्य से परदा हटा दिया.

4 जून, 2015 को लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर 6 के थानाप्रभारी इंसपेक्टर कंवरजीत सिंह को उन के मुखबिर से सूचना मिली कि कलगीधर रोड पर शिमलापुरी की गली नंबर 17 के मकान नंबर 5740 में रहने वाले बलवीर सिंह का बेटा इंदर सिंह देखने में तो सीधासादा साइकिल रिपेयर करने वाला गुरसिख है. लेकिन असलियत में वह बहुत खतरनाक अपराधी है. संदेह है कि वह कई हत्याओं में शामिल रहा है. मुखबिर की इस सूचना पर कंवरजीत सिंह को याद आया कि उस आदमी को तो उन्होंने कई बार थाने बुला कर उस से थोड़ीबहुत पूछताछ की थी.

इस पूछताछ में उन्हें कभी नहीं लगा था कि वह किसी हत्या में शामिल रहा होगा. धरमकरम की बातें करने वाले उस आदमी से जो छोटेमोटे अपराध हो गए थे, उस के लिए उस ने अफसोस जाहिर करते हुए यही कहा था कि अब उस ने अपनी जिंदगी वाहेगुरु को समर्पित कर दी है. किसी भी तरह का अपराध करने की कौन कहे, अब वह किसी का मन दुखाने की भी नहीं सोचता. वह सच्चाई की राह पर चलना चाहता है. कुछ भी था, मुखबिर की सूचना को न एकदम से झुठलाया जा सकता था और न ही इस बात को हलके में लिया जा सकता था. इसलिए कंवरजीत सिंह ने एसआई राजविंदर सिंह को भेज कर उस आदमी को थाने बुलवा लिया. वह आसानी से चला भी आया.

थाने में इंदर सिंह से पूछताछ शुरू हुई. पहले तो वह पुलिस को बहकाता रहा, लेकिन जब पुलिस ने उस पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाया तो अचानक उस ने बड़े ही आत्मविश्वास के साथ कहा, ‘‘साहब, जब किसी आदमी का बुरा वक्त आता है तो उस के हाथों ऐसेऐसे काम हो जाते हैं, जिन्हें करने के बारे में उस ने कभी सोचा भी नहीं होता.’’

‘‘तो तुम्हारे हाथों ऐसे कौन से गलत काम हो गए, जिन्हें करने के बारे में तुम ने कभी सोचा भी नहीं था?’’ एसआई राजविंदर सिंह ने पूछा.

इंदर सिंह की इन बातों से राजविंदर सिंह को थोड़ी हैरानी हुई थी. उस समय वह 2 सिपाहियों के साथ उस से सहज रूप से बात कर रहे थे. शुरुआती पूछताछ चल रही थी.

इसी शुरुआती पूछताछ में राजविंदर सिंह उसे बातों में उलझा कर धीरेधीरे मनोवैज्ञानिक ढंग से मुद्दे की बात पर इस तरह ले आए कि उस ने ऐसा अपराध स्वीकार कर लिया कि सुन कर दोनों सिपाहियों सहित राजविंदर सिंह के पैरों तले से जमीन खिसक गई. राजविंदर सिंह के सवालों के जवाब में इंदर सिंह ने कहा था, ‘‘गलत तो गलत ही है साहब, हम आदमी पर आदमी मारते गए, जो भी हत्थे चढ़ा, टेंटुआ दबा कर उसे ऊपर पहुंचा दिया. कभी हिसाब लगाने की कोशिश ही नहीं की कि हम ने कितने लोगों को मौत के घाट उतार दिया है.’’

इंदर सिंह के इस अपराध स्वीकारोक्ति के बाद राजविंदर सिंह उसे सिपाहियों की निगरानी में छोड़ कर सीधे थानाप्रभारी के पास पहुंचे. राजविंदर की बात सुन कर कंवरजीत सिंह भी सकते में आ गए. इस का मतलब मुखबिर की सूचना एकदम सही थी. उन्होंने तुरंत इस बात की जानकारी लुधियाना के डीसीपी नवीन सिंगला को दे कर उन से दिशानिर्देश मांगे. नवीन सिंगला ने कहा, ‘‘इस तरह की बातें करने वाले का या तो दिमाग हिला होता है या फिर वह बहुत शातिर किस्म का होता है. इसलिए उस आदमी से ज्यादा सख्ती करने के बजाय मनोवैज्ञानिक तरीके से ही पूछताछ जारी रखो. अगर वह लुधियाना के किसी हत्या के मामले के बारे में बताए तो उसे विधिवत गिरफ्तार कर लो.’’

कंवरजीत सिंह राजविंदर के साथ इंदर सिंह से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने लगे. इस पूछताछ में इंदर सिंह ने जो बताया, उस से उस की कहानी इस तरह से सामने आई: इंदर सिंह, जिस ने अपना असली नाम बलदेव सिंह बताया, जिला लुधियाना की तहसील जगराओं की चुंगी नंबर 5 के पास स्थित मोहल्ला अगवाड़गुजरां का रहने वाला था. उस के पिता का नाम हरभजन सिंह था. उस के मांबाप ने उस का नाम बलदेव सिंह रखा था. 4 भाइयों में बलदेव दूसरे नंबर पर था. बड़े भाई निहाल सिंह और उस से छोटे डिंपल सिंह का विवाह हो चुका था. लेकिन उस की और सब से छोटे जस्सा सिंह की शादी नहीं हुई थी.

सातवीं पास करने के बाद बलदेव ने वैल्डिंग का काम सीखा और एक फैक्ट्री में नौकरी करने लगा. जब तक वह बाहर रहता, खुश रहता. लेकिन घर आते ही उस की खुशी गायब हो जाती. इसलिए उस का मन घर में बिलकुल नहीं लगता था. इस की वजह यह थी कि उस के पिता जराजरा सी बात पर उस की मां की पिटाई करते रहते थे, जो उस से बरदाश्त नहीं होता था. पिता ने घर में इस तरह अपना दबदबा बना रखा था कि घर में उस से कुछ कहने की किसी में हिम्मत नहीं थी. कह तो बलदेव सिंह भी कुछ नहीं पाता था, लेकिन उसे यह बात खलती बहुत थी. एक दिन उस के पिता किसी बात पर उस की मां को मारनेपीटने लगे तो उस से बरदाश्त नहीं हुआ और उस ने आगे बढ़ कर पिता का हाथ पकड़ लिया.

इस बात पर पिता ने तो उसे मारापीटा ही, मां ने भी उसे ही डांट कर उस की गलती निकाली. यही नहीं, पिता ने घर से निकल जाने को कहा तो उस के इस फैसले में मां ने भी उसी का साथ दिया. इस के बाद उस घर में रहना बलदेव सिंह को ठीक नहीं लगा और उस ने हमेशा के लिए अपना घर छोड़ दिया. इधरउधर भटकता हुआ एक दिन वह हिमाचल प्रदेश के सुप्रसिद्ध मणिकर्ण गुरुद्वारा पहुंचा. वहां रहते हुए संगतसेवा में उस का मन कुछ इस कदर रमा कि उस ने वहीं रहने का मन बना लिया. उसे वहां रहते हुए धीरेधीरे 6 साल बीत गए.

एक बार वहां इस तरह का एक ऐसा धार्मिक जत्था आया, जो देश के सभी धर्मस्थलों की यात्रा पर निकला था. मणिकर्ण में रहते हुए बलदेव सिंह को काफी अरसा गुजर गया था, इसलिए अन्य धर्मस्थलों को देखने की चाह में वह उस जत्थे के साथ आगरा चला गया. वहां गुरु का ताज गुरुद्वारा उसे इस कदर पसंद आया कि वह वहीं रुक गया और संगतों की सेवा करने लगा. यहां मुंबई का रहने वाला एक लंगड़ा एक अन्य लड़के के साथ गुरुद्वारा के जानवरों की सेवा करता था. रोजरोज मिलने से बलदेव की उन से दोस्ती हो गई. कुछ ही दिनों में उन की यह दोस्ती घनिष्ठता में बदल गई. इस की वजह यह थी कि तीनों की पारिवारिक स्थितियां करीबकरीब एक जैसी थीं.

बलदेव की तरह उन दोनों के घरों में भी उन के मांबाप के बीच झगड़ा रहता था. इन्हीं झगड़ों से परेशान हो कर वे भी घर से भाग आए थे. एक दिन तीनों ने सलाह की कि क्यों न वे मिल कर शहर में एक कमरा ले लें, जहां से आराम से सो सकें. इस के बाद उन्होंने आगरा शहर में वाजिब किराए पर एक कमरा ले लिया. इस के बाद वे दिन भर गुरुद्वारा में सेवाकार्य करते और खापी कर रात में अपने कमरे पर आ कर आराम से सो जाते. उन के पास जो थोडे़बहुत पैसे थे, उन से उन्होंने कमरे का पहले महीने का किराया दे दिया था. आगे के लिए उन के पास पैसे नहीं थे. गुरुद्वारा में उन की सेवा के बदले मुफ्त में खाने और ठहरने की सुविधा थी. इस के अलावा उन्हें वहां से कोई तनख्वाह वगैरह नहीं मिलती थी.

एक तरह से किराए का कमरा ले कर उन्होंने बेकार ही अपना खर्च बढ़ा लिया था. पैसों की दिक्कत आई तो सलाहमशविरा कर के उन्होंने उस का भी हल निकाल लिया. दरअसल, दिन भर तो गुरुद्वारा में श्रद्धालुओं की भीड़ रहती ही थी, रात में भी बाहर से आए लोगों की अच्छीखासी संख्या वहां ठहरा करती थी. इसलिए वहां के सभी कमरे प्राय: भरे रहते थे. ऐसे में बलदेव और उस के दोस्तों को अक्सर गुरुद्वारा के प्रांगण में फर्श पर सोना पड़ता था. इसी वजह से उन्होंने शहर में किराए का कमरा लिया था. पैसे की दिक्कत हल करने के लिए उन्होंने योजना यह बनाई कि रात में गुरुद्वारा से चलते समय वह ऐसे 2-3 लोगों को अपने साथ कमरे पर ले आएंगे, जिन्हें वहां कमरा नहीं मिला हुआ होगा. कमरे पर ला कर वे उन की खूब सेवा करेंगे, जिस के बदले में वे उन से कुछ बख्शीश मांग लिया करेंगे.

इस के बाद उन्होंने एक दंपति को अपने साथ ले जाने के लिए राजी कर लिया. उन्होंने उन्हें अपने कमरे पर ला कर उन की खूब सेवा की. उस दंपति ने भी अपना हक मानते हुए उन से सेवा तो खूब करवाई, लेकिन सुबह चलते समय बख्शीश के नाम पर उन्हें कुछ नहीं दिया. जबकि उन के पास पैसों की कमी नहीं है, इस बात का अंदाजा बलदेव और उस के साथियों को हो गया था. दंपति के इस रवैए पर उन्हें गुस्सा आ गया. परिणामस्वरूप उन्होंने पतिपत्नी को पकड़ कर उन के टेंटुए दबा दिए. दोनों को मौत के घाट उतार कर उन का सारा पैसा और अन्य कीमती सामान ले लिया.

बिना किसी योजना के अचानक उन लोगों ने 2 कत्ल कर दिए थे. परेशान होना लाजिमी था. पुलिस पकड़ कर जेल में डाल देती. पुलिस से बचने के लिए लाशों को कमरे में बंद कर के उन्होंने बाहर से ताला लगाया और बस से मथुरा चले गए. वहां से पीलीभीत जाने के लिए उन्होंने बसअड्डे से एक टैक्सी की. अब तक कत्ल करने की उन की घबराहट पूरी तरह खत्म हो चुकी थी. अब उन्हें लगने लगा था कि पैसा कमाने का यह बढि़या और आसान तरीका है. टैक्सी में लंगड़ा आगे ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बैठा था. बलदेव और दूसरा साथी पीछे वाली सीट पर बैठे थे.

तीनों में दोस्ती जरूर थी, लेकिन अभी तक वे एकदूसरे के निजी जीवन के बारे में ज्यादा कुछ नहीं जानते थे. सही बात तो यह थी कि अभी उन्हें एकदूसरे के नाम तक पता नहीं थे. वे एकदूसरे को बाबाजी कह कर पुकारते थे. हालांकि बाद में बलदेव को एक का नाम बलजिंदर मालूम हो गया था. मथुरा के बसअड्डे से चल कर टैक्सी करीब एक किलोमीटर गई होगी कि तीनों ने एकदूसरे को आंखों का इशारा किया और टैक्सी रुकवा ली. बलजिंदर ड्राइवर के ठीक पीछे बैठा था. टैक्सी के रुकते ही उस ने ड्राइवर के गले में रस्सी डाली और कसना शुरू कर दिया. लंगड़े और बलदेव ने ड्राइवर को तब तक पकड़े रखा, जब तक वह मर नहीं गया. उस की तलाशी में उस के पास उन्हें मात्र 8 सौ रुपए मिले.

सुनसान जगह पर लाश को फेंक कर टैक्सी लंगड़ा चलाने लगा. कोई 7-8 किलोमीटर दूर जाने पर एक टै्रक्टर ट्रौली से कार का एक्सीडेंट हो गया. तब कार को वहीं छोड़ कर वे बस से अमरियां की ओर चल पड़े. अमरियां से करीब 20 किलोमीटर दूर एक कस्बे में बस रुकी तो उन्होंने बस छोड़ दी और एक टैक्सी किराए पर ले ली. इस के ड्राइवर को भी पहले की तरह रास्ते में मार कर लाश गड्डे में फेंक दी और कार ले कर चले गए. इस ड्राइवर की जेब से उन्हें मात्र 3 सौ रुपए मिले थे.अमरियां शहर में इन्होंने खायापिया. ये किसी छोटी जगह पर रुकना चाहते थे. अमरियां से थोड़ा आगे बढ़े होंगे कि टैक्सी का बोनट झटके से खुल गया और उस की विंडस्क्रीन टूट कर बिखर गई.

टैक्सी को उसी हालत में वहीं छोड़ कर वे एक ट्रक से अमरियां लौट आए और वहां से पीलीभीत की ओर चले गए. वहां से इन्हें कारसेवा वालों की बस मिल गई, जिस से ये पंजाब चले गए. पंजाब पहुंच कर लंगडे के कहने पर उसे मोरिंडा फतेहगढ़ रोड पर स्थित रेलवे फाटक पार करते ही खुले में पड़ने वाले संतों के एक डेरे पर उतार दिया गया. जबकि बलजिंदर और बलदेव पहले लुधियाना गए और फिर वहां से अमृतसर चले गए. अमृतसर में दोनों हरमंदिर साहिब गुरुद्वारा में सेवा करते हुए अपना समय बिताने लगे. यहां एक दिन उन की मुलाकात एक ऐसे आदमी से हुई, जो उन दिनों मणिकर्ण गुरुद्वारे में सेवा किया करता था, जब ये भी वहां सेवा कर रहे थे.

वह आदमी पेशे से पेंटर था, शहर में उस की अपनी दुकान थी. एक दिन वह बलदेव और बलजिंदर को अपनी दुकान पर ले गया, जहां उन्होंने उसे लूटने की नीयत से उस का टेंटुआ दबा दिया. मारने के बाद उस की सोने की चेन, अंगूठियां और नकदी लूट कर उसी के स्कूटर से वे लुधियाना आ गए. यहां गिल चौक इलाके के एक आदमी को बलजिंदर ने वह स्कूटर बेच दिया, साथ ही यहीं पर रहने का तय कर लिया. लुधियाना के कोटमंगलसिंह इलाके में उन्होंने किराए पर कमरा ले लिया. मकान मालिक बुजुर्ग औरत थी. एक दिन उन्हें मौका मिला तो उन्होंने गला घोंट कर उसे भी मार दिया.

यहां लूटपाट करने के बाद दोनों एक संत के डेरे पर जा कर वहां आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करने लगे. लुधियाना में ही बलदेव की एक दूर की रिश्तेदार रहती थीं. 15 दिनों बाद वह बलजिंदर को साथ ले कर उस से मिलने चला गया. पहले भी वह उन के यहां जाता रहता था. लेकिन तब उस की सोच इस तरह की नहीं थी. जिंदगी के प्रति अब उस का नजरिया बदल चुका था. बलदेव की उस रिश्तेदार देविंदर कौर के गले में पहनी सोने की मोटी चेन और कानों में लटकते कीमती झुमके देख कर बलजिंदर के हाथों में खुजली होने लगी. उस ने आव देखा न ताव, गले में डाल रखे दुपट्टे से ही देविंदर कौर का काम तमाम कर दिया. इस के बाद बलदेव ने उस के सारे गहने उतार लिए.

यहां से भाग कर दोनों हुजूर साहिब चले गए, जहां उन्हें पुराना सेवादार गुलजार सिंह मिल गया. इस के बाद तीनों एकसाथ मुंबई चले गए. वहां वे चूडि़यां बनाने वाली फैक्ट्री में काम करने लगे. एक महीने बाद बलदेव अकेला दिल्ली आ गया और फर्नीचर का काम करने लगा. दिल्ली में उसे किसी अखबार से पता चला कि मुंबई में बलजिंदर एक फैक्ट्री मालिक की हत्या के आरोप में गोरेगांव पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है. उस में छपे समाचार में यह भी लिखा था कि पुलिस की पूछताछ में उस ने अपने साथियों के साथ मिल कर 105 लोगों से अधिक की हत्याएं करने की बात कबूली है. इस से बलदेव सिंह को यह सोच कर घबराहट होने लगी कि बलजिंदर ने कहीं उस का नाम तो नहीं ले लिया.

डर की वजह से वह गुरुद्वारा शीशगंज में जा कर रहने लगा. कुछ दिनों बाद उसे वहां एक ऐसा बुजुर्ग जोड़ा मिला, जिन का जवान बेटा कई सालों पहले उन से नाराज हो कर कहीं चला गया था. उस की तलाश में वे मारेमारे फिर रहे थे. आंखों से भी उन्हें कम दिखाई देने लगा था. कुदरत का खेल देखो कि बलदेव की शक्लसूरत और कदकाठी उन के बेटे से हूबहू मेल खा रही थी. उसे देखते ही उन्होंने जिद पकड़ ली कि वही उन का खोया बेटा है. पतिपत्नी बलदेव से मिन्नत करने लगे कि वह गुस्सा थूक दे और उन के साथ घर लौट चले. इस बुजुर्ग दंपति का नाम था बलबीर कौर और सरदार बलबीर सिंह. ये लुधियाना के कलगीधर रोड पर शिमलापुरी की गली नंबर 17 के म.नं. 5740 के रहने वाले थे. उन के बेटे का नाम था इंदर सिंह.

बलदेव सिंह उन्हें बिलकुल नहीं जानता था. लेकिन उसे लगा कि कुदरत ऐसा खेल खेल कर शायद उसे बचाना चाहती है. वह उस बुजुर्ग दंपति के साथ उन का बेटा इंदर सिंह बन कर लुधियाना आ गया. उस ने तय कर लिया था कि अब वह कभी कोई अपराध नहीं करेगा. यहां भी दुर्भाग्य ने उस का साथ नहीं छोड़ा. इंदर सिंह भी छोटेमोटे अपराधों में पुलिस में वांछित था. इसी डर से वह भगौड़ा हुआ था. उस के मांबाप के मन में न जाने कैसे यह बात बैठ गई थी कि वह उन की किसी बात पर खफा हो कर घर छोड़ कर चला गया था.

पुलिस को जब उस के घर आने की खबर मिली तो उसे थाने में बुलाया जाने लगा. इस बात का पुलिस को कभी अंदाजा नहीं था कि वह इंदर सिंह न हो कर उस का हमशक्ल है. चूंकि उस के खिलाफ दर्ज मामले ज्यादा गंभीर नहीं थे, इसलिए पुलिस उसे थाने बुला कर थोड़ीबहुत पूछताछ कर के समझाबुझा कर घर भेज देती थी. लेकिन जब उस के सीरियल किलर होने की जानकारी मिली तो पुलिस ने उस से मनोवैज्ञानिक तरीके से विस्तृत पूछताछ की. तब उस ने अपना अपराध स्वीकार करने में देर नहीं लगाई. इस पूछताछ से लुधियाना में हुए 2 कत्ल के मामले भी हल हो गए. जहां तक 105 से अधिक कत्ल करने संबंधी छपे समाचार का सवाल था तो इस बारे में उस ने पुलिस को यही बताया कि इस के विधिवत खुलासा बलजिंदर ही कर सकता है.

लुधियाना में हुए कत्ल के मामलों में बलजिंदर भी वांछित था, इसलिए पुलिस ने 22 अगस्त, 2015 को उसे ट्रांजिट रिमांड पर लुधियाना ले आने का प्रयास किया. लेकिन मुंबई पुलिस का कहना है कि इस बारे में जब तक महाराष्ट्र सरकार की अनुमति नहीं मिल जाती, इतने खौफनाक अपराधी को मुंबई से बाहर नहीं भेजा जा सकता. इस दौरान बलदेव सिंह को 5 दिनों के कस्टडी रिमांड पर रख कर गहन पूछताछ की गई. उस के बाद लुधियाना पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भिजवा दिया, जहां से अन्य जगहों की पुलिस उस के द्वारा अपने यहां किए गए अपराध संबंधी पूछताछ करने के लिए ट्रांजिट रिमांड पर ले जा रही है.

पंजाब पुलिस बलदेव सिंह का डोजियर देश के अन्य तमाम राज्यों को भेज कर उन के यहां उस के बताए तरीके से हुई हत्याओं की सूची तैयार कर रही है. पुलिस का कहना है कि बलदेव सिंह ने जितने कत्ल किए हैं, उन सब का ब्यौरा सिलसिलेवार बताना, उस के लिए संभव नहीं है. वैसे उस का कहना है कि वह जिस भी शहर में गया है, वहां उस ने कम से कम 5-7 हत्याएं तो की ही हैं. Hindi Stories

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित.

 

Crime Story: बाप बना निशाना – जब बेटा ही बन गया पिता का हत्यारा

Crime Story: ससुर पिता के समान होता है, लेकिन शैल कुमार पटेल इतनी घटिया सोच वाला था कि वह अपनी बहू रति के साथ जबरदस्ती करने पर आमादा था. एक दिन शैल के बेटे प्रमोद ने पिता की हरकतें खुद देख लीं. इस के बाद जो हुआ, वह इतना भयावह था कि…

28 मार्च, 2021 को होली का त्यौहार था. जगहजगह होलिका दहन की तैयारियां चल रही थीं. जबलपुर जिले के बरगी पुलिस थाने के टीआई शिवराज सिंह क्षेत्र में होने वाले होलिका दहन के सुरक्षा इंतजाम में लगे थे. दोपहर का वक्त था, तभी उन के मोबाइल की घंटी बजी. काल रिसीव करते ही दूसरी तरफ से आवाज आई, ‘‘सर, मैं वन विभाग से सीनियर बीट गार्ड अमित त्रिपाठी बोल रहा हूं. वन विभाग की टीम ने गढ़ गोरखपुर के पास बरगी-घंसौर रोड के किनारे एक अधजली लाश पड़ी देखी है.’’

टीआई शिवराज सिंह ने बीट गार्ड अमित त्रिपाठी को निर्देश दिया, ‘‘आप वहीं रुकिए, मैं थोड़ी देर में पहुंचता हूं.’’

टीआई ने इस घटना की जानकारी एसपी और एएसपी को दी और अपनी टीम के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हो गए. बरगी थाना से घटनास्थल की दूरी करीब 30 किलोमीटर थी. पुलिस टीम को वहां पहुंचने में करीब घंटे भर का समय लग गया. इस बीच यह खबर सोशल मीडिया पर फैल चुकी थी. युवक की अधजली लाश मिलने की खबर पा कर एफएसएल टीम के साथ एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा व एएसपी शिवेश सिंह बघेल भी घटनास्थल पर पहुंच गए.

टीआई ने लाश का निरीक्षण किया. लाश अधेड़ उम्र के किसी व्यक्ति की थी और लाश झुलसी हुई थी. लग रहा था कि हत्यारे ने उस की पहचान मिटाने के लिए उस के शरीर पर सागौन के पत्ते और लकडि़यां डाल कर जलाया था. पूरा शरीर जलने से काला पड़ गया था. मृतक के पेट की अंतडि़यां बाहर निकल आई थीं. वह नीले रंग का अंडरवियर पहने था, वह भी आधा जल चुका था. उस के एक पैर के अंगूठे में लोहे का छल्ला, बाएं हाथ की 2 अंगुलियों में लोहे और तांबे का छल्ला और गले में मोतियों की माला थी.

जिस कच्चे रास्ते के किनारे शव पड़ा था, वह गढ़ गोरखपुर को जाता था. यह इलाका सिवनी जिले के घंसौर से करीब 10 किलोमीटर दूर था, परंतु जबलपुर जिले की सीमा में आता था. टीआई शिवराज सिंह, सीएसपी (बरगी) रवि सिंह चौहान व बरगी नगर चौकी के एसआई कुलदीप पटेल ने वहां मौजूद लोगों से मृतक के संबंध में पूछताछ की, मगर लाश की शिनाख्त नहीं हो पाई. तब पुलिस ने मौके की काररवाई पूरी कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी.

चूंकि लाश की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, इसलिए पोस्टमार्टम के बाद उसे कब्र खोद कर दबा दिया गया. एसपी के निर्देश पर जबलपुर जिले के आसपास के सिवनी, मंडला जिलों को भी मृतक की अधजली लाश और बरामद सामान की फोटो भेजी गई. साथ ही अपनेअपने जिलों के गुमशुदा मामलों की तस्दीक करने को कहा गया. इतना ही नहीं, एसपी ने मामले के खुलासे पर 10 हजार का ईनाम भी घोषित कर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई.

वापस नहीं लौटा शैल

मध्य प्रदेश के सिवनी और जबलपुर जिले की सीमाओं पर सघन वनों से आच्छादित घंसौर तहसील का एक छोटा सा गांव है बरोदा माल. 52 साल के शैल कुमार पटेल उर्फ शिल्लू का परिवार बरोदा माल में ही रहता था. अपनी जमीन पर खेतीबाड़ी करने वाला शैल आसपास के इलाके में दूध बेचने का काम भी करता था. उस के परिवार में पत्नी रमाबाई, एक अविवाहित बेटी और 26 साल का बेटा प्रमोद, उस की पत्नी और उस की 2 महीने की बेटी थे. प्रमोद ने घर पर ही एक छोटी सी किराना दुकान खोल रखी थी.

इस के 3 दिन बाद यानी 31 मार्च, 2021 को बरोदा माल गांव की रहने वाली रमाबाई अपने चचेरे भाई जोध सिंह के साथ सिवनी जिले के घंसौर थाने में अपने पति शैल कुमार पटेल उर्फ शिल्लू की गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंची. उस ने पुलिस को बताया कि 26 मार्च को उस का पति खेत पर जाने की बोल कर गया था. इस के बाद घर नहीं लौटा.

घंसौर पुलिस ने रमाबाई और जोधसिंह को 28 मार्च को जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र में मिले शव के बारे में बताया और उस लाश के फोटो भी दिखाए. मृतक के गले की माला और पैर में पहने लोहे के कड़े को देख कर रमाबाई की आंखें फटी रह गईं. ये सभी चीजें उस के पति शैल की ही थीं. घंसौर पुलिस द्वारा बरगी पुलिस थाने को इस बात की जानकारी दी गई तो पहली अप्रैल को रमाबाई और उस के घर वाले जबलपुर के बरगी थाने गए. बरगी पुलिस ने जबलपुर के एसडीएम से अनुमति ले कर तहसीलदार की मौजूदगी में दफनाई गई लाश कब्र से बाहर निकलवाई.

लाश की शिनाख्त रमाबाई ने अपने पति शैल पटेल के रूप में कर ली. लाश का पंचनामा कर उस के घर वालों को सौंप कर पुलिस जांच में जुट गई. शैल कुमार पटेल के अंतिम संस्कार के समय बरगी पुलिस की एक टीम गांव में मौजूद थी. उसी समय पूछताछ में शैल की पत्नी रमाबाई ने पुलिस को बताया कि 26 मार्च को उस के पति को गांव के 2 लड़के आयुष शर्मा और मनोज बैगा अपनी बाइक पर बैठा कर ले गए थे, जिस के बाद से वह घर वापस नहीं लौटा था.

आयुष शर्मा उस वक्त श्मशान घाट पर शैल के अंतिम संस्कार की रस्म में शामिल था. पुलिस टीम ने आयुष से उसी समय पूछताछ की तो पहले तो वह अंजान बना रहा, लेकिन जब पुलिस टीम ने उसे वहीं से अपनी गाड़ी में ले जा कर सख्ती से पूछताछ की तो उस ने सारा राज खोल दिया. उस ने बताया कि वह बाइक पर शैल को बिठा कर घंसौर तक ले गया था. वहां से शैल को मनोज बैगा उर्फ पंडा, राहुल नेमा और राहुल यादव कार में बिठा कर ले गए थे. उन लोगों ने ही हत्या कर शव को जलाया.

आयुष से मिली जानकारी के आधार पर घंसौर में मौजूद पुलिस टीम ने तीनों को पकड़ लिया. फिर आखिर में मृतक के बेटे प्रमोद को भी हिरासत में लिया. सभी को थाने ले कर जब पूछताछ की गई तो पता चला कि शैल कुमार की हत्या का षडयंत्र उस के बेटे प्रमोद ने अपने दोस्तों के साथ रचा था.

बेटे ने कराई हत्या

प्रमोद ने अपने पिता की हत्या के लिए अपने दोस्त राहुल नेमा और उस के ड्राइवर राहुल यादव को सुपारी दी थी. हिरासत में लिए गए पांचों आरोपियों द्वारा बताई गई कहानी को सुन कर यकीन करना मुश्किल हो रहा था कि बेटा ही अपने पिता का कातिल होगा. पुलिस पूछताछ में शैल कुमार की हत्या की जो कहानी सामने आई, वह मानवीय रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली थी.

शैल कुमार पटेल के बेटे प्रमोद की पहली पत्नी शादी के कुछ समय बाद ही अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी. करीब डेढ़ साल पहले प्रमोद ने दूसरी शादी रति (परिवर्तित नाम) से की थी, जिस से सवा महीने की एक बेटी है. 21 साल की नवयौवना रति की खूबसूरती को देख कर सभी उस की तारीफ करते थे. प्रमोद की दूसरी शादी के कुछ ही महिनों बाद उस का पिता रति पर बुरी नजर रखने लगा.

रति ने जब इस की शिकायत प्रमोद से की तो उसे भरोसा नहीं हुआ. उस ने पत्नी को समझाया कि बापू गांजे के नशे में खोए रहते हैं, हो सकता है गलती से उन्होंने कुछ हरकत कर दी हो. शैल गांजे का नशा करता था. प्रमोद ने तो पत्नी को समझा दिया, लेकिन शैल अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था. उसे जब भी मौका मिलता वह उस की पत्नी से छेड़छाड़ करने लगता. शैल अपनी पोती को गोद में लेने के बहाने रति के अंगों को बुरी नीयत से छूता था.

वह रति के साथ जबरदस्ती करना चाहता था. मगर रति के सख्त व्यवहार के कारण वह सफल नहीं हो पा रहा था. रति भी अपने परिवार की बदनामी के डर से इस बात का जिक्र किसी से नहीं कर पा रही थी.

होली के हफ्ते भर पहले की बात है. रति अर्द्धनग्न अवस्था में गुसलखाने से नहा कर निकली थी कि ताक में बैठे शैल ने रति को अपनी बांहों में भर लिया और उस के गालों को चूमने लगा. रति बदहवास सी ससुर के आगोश से छूटने का प्रयास कर रही थी. तभी अचानक प्रमोद आ गया. प्रमोद ने जब यह नजारा देखा तो क्रोध के मारे वह चीख उठा. उस ने पिता को भलाबुरा कहा.

बेटे ने देखी पिता की करतूत

प्रमोद की चीख सुन कर शैल रति को छोड़ कर घर से बाहर निकल गया. उस दिन प्रमोद को यकीन हो गया कि उस की पत्नी बापू के व्यवहार के बारे में जो शिकायत करती थी, वह झूठी नहीं थी. अब बापू प्रमोद की नजर में खटकने लगा था. उस के दिल में अपने बाप के प्रति इस कदर नफरत पैदा हो गई थी कि वह उस की शक्ल तक देखना पसंद नहीं करता था. रात दिन वह इसी चिंता में खोया रहता.

प्रमोद की दोस्ती गांव के राहुल नेमा से थी. राहुल नेमा के पिता जिला पंचायत के नेता थे और राहुल जबलपुर के प्रतिष्ठित दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ा था. इस कारण गांव में उस की इज्जत ज्यादा थी. राहुल दिन भर कार में सवार हो आवारागर्दी करता घूमता था. दोस्तों के बीच उस का काफी रुतबा था.

प्रमोद ने जब राहुल को अपनी परेशानी बताई तो राहुल ने प्रमोद को उस के बाप की हत्या के लिए उकसा दिया. राहुल ने प्रमोद से कहा,  ‘‘तुम पैसे खर्च करो तो तुम्हारे बापू को हमेशा के लिए ही रास्ते से हटा देंगे.’’

प्रमोद बापू के कारनामों से छुटकारा चाहता था, इसलिए उस ने राहुल का यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया. प्रमोद ने राहुल के सामने इस काम को अंजाम देने के लिए 50 हजार रुपयों की पेशकश की. राहुल महंगे मोबाइल रखने और खानेपीने का शौकीन था. अपने इन्हीं शौक और फिजूलखर्ची की वजह से एक बार उस ने अपने घर का ट्रैक्टर तक बेच दिया था और पुलिस थाने में ट्रैक्टर चोरी की झूठी शिकायत दर्ज करा दी थी.

प्रमोद ने राहुल को जब 50 हजार रुपए देने का औफर दिया तो पैसों की खातिर उस ने प्रमोद के पिता की हत्या की सुपारी ले ली. इस काम के लिए राहुल ने अपने ड्राइवर राहुल यादव को भी साथ मिला लिया. 50 हजार रुपए में से 15 हजार रुपए प्रमोद ने राहुल नेमा को एडवांस दिए, जबकि 35 हजार रुपए काम होने के बाद देने का वादा किया. ड्राइवर राहुल यादव ने गांव के आयुष शर्मा और मनोज बैगा से बात की और दोनों को साजिश में शामिल कर लिया.

चूंकि शैल गांजा पीने का शौकीन था, इसलिए गांव के दूसरे नशेडि़यों के साथ उस का उठनाबैठना था. योजना के मुताबिक, 28 मार्च, 2021 को आयुष शर्मा एवं मनोज बैगा शाम लगभग 7 बजे शैल पटेल को अपनी बाइक पर गांजा पिलाने के बहाने घंसौर तिराहा ले गए, जहां पर राहुल नेमा अपनी कार ले कर ड्राइवर राहुल यादव के साथ पहले से ही मौजूद था. तिराहे पर बैठ कर सभी ने गांजा पीया.

आयुष शर्मा एवं मनोज बैगा ने अपनी बाइक घंसौर तिराहे पर ही छोड़ दी और शैल पटेल को राहुल नेमा की कार में बैठा कर घंसौर की तरफ चले गए. चलती कार के अंदर ही सभी ने शैल पटेल के साथ मारपीट शुरू कर दी और कार में पहले से पड़ी रस्सी से उस का गला घोंट कर हत्या कर दी.

चारों आरोपी शैल का शव ले कर घंसौर से 10 किलोमीटर दूर जबलपुर के गढ़ गोरखपुर के पास पहुंच गए. रोड किनारे जंगल में कार खड़ी कर शव को जंगल में फेंक कर सूखी पत्तियों से ढंक कर आग लगा दी.

रमाबाई हो रही थी परेशान

जब देर रात तक शैल घर नहीं लौटा तो घर वालों को उस की चिंता हुई. शैल की पत्नी रमाबाई ने बेटे प्रमोद से कहा, ‘‘आज तेरे बापू अभी तक घर नहीं लौटे.’’

प्रमोद ने मां की बात पर ध्यान न देते हुए कहा, ‘‘मां, इस में चिंता की कोई बात नहीं है बापू कहीं नशे के अड्डे पर चिलम पीने बैठ गए होंगे, आ जाएंगे. तुम खाना खा कर सो जाओ.’’

रमा को लगा कि होलिका दहन देखने की वजह से शैल घर आने में लेट हो गया होगा. यही सोच कर उस रात रमा चुपचाप सो गई. जब सुबह तक भी शैल घर नहीं पहुंचा तो उस की चिंता बढ़ गई. रमाबाई हर रोज बेटे प्रमोद से अपने बापू की खोजखबर लेने की बात करती रही, लेकिन वह मां को गोलमोल जबाब दे कर चुप करा देता. धीरेधीरे शैल को घर से गायब हुए 4 दिन बीत चुके थे.

रमाबाई प्रमोद से उस के पिता की गुमशुदगी पुलिस थाने में दर्ज कराने की बात कहती रही, परंतु प्रमोद अपने पिता को आसपास के इलाकों में खोजने का नाटक करता रहा. आखिर में रमाबाई खुद 70 साल के चचेरे भाई जोधसिंह पटेल के साथ थाने पहुंची और पति की गुमशुदगी दर्ज करा दी. आरोपियों ने यह सोच कर इस काम को अंजाम दिया था कि दूसरा जिला होने की वजह से शव की पहचान नहीं हो पाएगी और किसी को शक भी नहीं होगा.

लेकिन पुलिस की नजरों से वे ज्यादा दिन नहीं बच सके.

पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 302, 201, 364 और 120(बी) के तहत मामला दर्ज कर मृतक के 26 वर्षीय बेटे प्रमोद पटेल, के अलावा राहुल नेमा, राहुल यादव, मनोज बैगा उर्फ पंडा और आयुष शर्मा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और कार सहित 2 मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं.

अपनी बहू से नाजायज संबंध बनाने की ख्वाहिश रखने वाले ससुर को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा और बेटे को अपनी नामसझी की वजह से अपने बीवीबच्चों से दूर जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ा.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

ये भी पढ़े : हत्यारा आशिक
ये भी पढ़े : हत्यारा आशिक: पहले जान, फिर जान का दुश्मन

Crime Kahani: प्रेमिका का एसिड अटैक – सोनम ने की प्रेम की हद पार

Crime Kahani: पहली मंजिल पर रह रहे किराएदार के कमरे से सुबहसुबह तेज चीखने की आवाज भूतल पर रह रहे मकान मालिक सुरेशचंद्र की पत्नी ने सुनी. आवाज सुन कर एक बार तो वह सोच में पड़ गईं. लेकिन दूसरे ही पल लगातार आ रही चीखों को सुन कर वह एक ही सांस में सीढि़यां चढ़ कर किराएदार नर्स सोनम पांडेय के कमरे में पहुंच गईं. क्योंकि चीख उसी के कमरे से आ रही थी. वहां का दृश्य देख कर उन की आंखें आश्चर्य से फटी रह गईं. पीछेपीछे मकान मालिक सुरेशचंद्र भी वहां पहुंच गए.

कमरे के फर्श पर सोनम और देवेंद्र झुलसे हुए पड़े थे. वहीं पर एक स्टील का डब्बा पड़ा था. कमरे में तेजाब की तेज दुर्गंध आ रही थी. दोनों ही तेजाब की जलन और दर्द से तड़प रहे थे. उस समय सुबह के यही कोई 7 बज रहे थे. इसी बीच झुलसी हालत में ही देवेंद्र ने अपने दोस्त शिवम को फोन किया.

कुछ ही देर में शिवम आटो ले कर वहां पहुंच गया. वह आननफानन में घायल देवेंद्र को आटो में ले कर अस्पताल जाने लगा. इस पर मकान मालिक सुरेशचंद्र ने उस से कहा कि वह घायल सोनम को भी साथ ले जाए. क्योंकि इलाज की उसे भी जरूरत है. तब शिवम ने कहा, ‘‘मैं पहले देवेंद्र को अस्पताल में भरती करा दूं वह ज्यादा झुलस गया है. इस के बाद सोनम को ले जाऊंगा.’’ इस तरह वह देवेंद्र को वहां से ले कर चला गया.

जब शिवम सोनम को काफी देर तक लेने नहीं आया तो सुरेशचंद्र ने इस की सूचना थाना हरीपर्वत के थानाप्रभारी अरविंद कुमार को दे दी. थानाप्रभारी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए. उन्होंने तेजाब से झुलसी सोनम को एक निजी अस्पताल में भरती कराया. वहीं अस्पताल में भरती 80 फीसदी झुलसे देवेंद्र की उपचार के दौरान दोपहर करीब ढाई बजे मौत हो गई.

पुलिस ने मरने से पहले देवेंद्र के मजिस्ट्रैट के सामने बयान दर्ज करा लिए थे. उस ने अपने बयान में सोनम पांडेय को एसिड अटैक के लिए जिम्मेदार बताया था. देवेंद्र के घर वालों को जब यह जानकारी उस के दोस्त शिवम ने दी तो उस के घर में रोना शुरू हो गया. वह 5 बहनों के बीच अकेला भाई था, रोतेरोते मां और बहनों की हालत बिगड़ गई. दरअसल, यह मामला उत्तर प्रदेश के आगरा शहर के थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित शास्त्रीनगर का है.

देवेंद्र ने अपने बयान में बताया था कि 25 मार्च, 2021 की सुबह सोनम ने उसे अपने कमरे में लगे पंखे को ठीक करने के लिए बुलाया था. जैसे ही देवेंद्र कमरे में आया तो सोनम ने स्टील के डब्बे में रखा तेजाब उस के ऊपर उड़ेल दिया. अचानक हुए इस हमले से वह खुद को बचा नहीं सका. एसिड अटैक के दौरान नर्स सोनम पर भी तेजाब गिर गया था, जिस से वह भी झुलस गई थी. अब प्रश्न यह था कि सोनम ने देवेंद्र के ऊपर एसिड अटैक क्यों किया?

hindi-manohar-love-crime-story

पुलिस ने मकान मालिक सुरेशचंद्र से बात की तो उन्होंने पुलिस को बताया कि सोनम पहले शास्त्रीनगर में ही स्थित किसी दूसरे मकान में रहती थी. 5 महीने से वह उन के मकान में किराए पर रह रही थी. देवेंद्र को वह अपना पति बताती थी. वह कमरे पर उस के पास 10-12 दिनों में आता और 1-2  दिन रुक कर चला जाता था. उस का कहना था कि पति बाहर काम करते हैं.

वहीं सूचना पा कर अस्पताल पहुंचे देवेंद्र के घर वालों ने इन सब बातों से अनभिज्ञता जताई. उन का कहना था कि  सोनम के देवेंद्र से संबंध होने की उन्हें जानकारी नहीं थी. उन्होंने बताया कि देवेंद्र अविवाहित था और उस की 28 अप्रैल को शादी होने वाली थी. देवेंद्र की मां कुसुमा ने सोनम पांडेय पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया. सोनम के कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस ने स्टील का एक डब्बा बरामद किया. संभवत: इस एक लीटर वाले डब्बे में दूध लाया जाता होगा. इस में ही तेजाब रखा हुआ था. इस डब्बे की तली में तेजाब भी मिला. वहीं कमरे से देवेंद्र के जले हुए कपड़े व जूते भी मिले. पुलिस ने इन साक्ष्यों को जब्त कर जरूरी काररवाई के बाद फोरैंसिक लैब भेज दिया.

घटना की जानकारी मिलने पर एसपी (सिटी) रोहन प्रमोद बोत्रे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया व अस्पताल भी गए. उन्होंने पत्रकारों को बताया कि सोनम और देवेंद्र के बीच प्रेम संबंध थे. आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है. चूंकि वह भी एसिड की चपेट में आ कर झुलसी है, इसलिए इलाज के लिए उसे अस्पताल में भरती कराया गया है.

पुलिस ने जरूरी काररवाई करने के बाद देवेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया. पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की. जांच में पता चला कि सोनम पांडेय मूलरूप से उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के भागूपुर की रहने वाली शादीशुदा युवती है. सोनम की शादी करीब 10 साल पहले गुजरात में हुई थी. शादी के कुछ दिनों बाद ही पतिपत्नी के बीच लड़ाईझगड़ा रहने लगा. इस दौरान वह एक बेटे की मां भी बन गई. शादी के 2 साल बाद ही वह अपने बेटे को ले कर अपने मायके आ गई.

कुछ समय बाद वह आगरा आ कर नर्स की नौकरी करने लगी थी. वह सिकंदरा बाईपास स्थित एक अस्पताल में नर्स थी. बेटा ननिहाल में ही रह रहा था. सोनम ने अब तक अपने पति से तलाक नहीं लिया था. उस ने अपने साथी कर्मचारियों को भी अपने शादीशुदा होने के बारे में नहीं बताया था. 28 वर्षीय देवेंद्र राजपूत मूलरूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के सहावर क्षेत्र के गांव बाहपुर का रहने वाला था. देवेंद्र चिकित्सा क्षेत्र में बचपन से ही रुचि रखता था. इसलिए उस ने लैब टैक्नीशियन का कोर्स किया था.

सुनहरे भविष्य की तलाश में वह आगरा आ गया था और पिछले 8 साल से लाल पैथ लैब में सहायक के पद पर काम कर रहा था. वह आगरा के ही खंदारी इलाके में किराए पर रहता था. चूंकि सोनम और देवेंद्र एक ही फील्ड से जुड़े थे, एक दिन काम के दौरान दोनों की जानपहचान हो गई. साथसाथ काम करते पहले दोनों में दोस्ती हुई, जो बाद में प्यार में बदल गई.

पिछले 3 सालों से दोनों लिवइन रिलेशन में रह रहे थे. सोनम ने अपने मकान मालिक को बता रखा था कि देवेंद्र उस का पति है. इस तरह देवेंद्र का जब मन होता, वह सोनम से मिलने उस के कमरे पर चला जाता था. इसी बीच सोनम को पता चला कि देवेंद्र की शादी कहीं और तय हो गई है. इस जानकारी से सोनम का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. क्योंकि वह देवेंद्र पर शादी करने का दबाव बना रही थी. सोनम ने घटना से कुछ दिन पहले देवेंद्र से कहा, ‘‘मैं तुम से बहुत प्यार करती हूं और तुम से शादी करना चाहती हूं.’’

देवेंद्र को सोनम के बारे में पता चल चुका था कि वह शादीशुदा है और उस के एक बच्चा भी है. देवेंद्र तो सोनम के साथ पिछले 3 साल से केवल टाइम पास कर रहा था. देवेंद्र ने उसे समझाते हुए कहा,‘‘सोनम तुम शादीशुदा हो. तुम्हारे एक बेटा भी है. और तुम ने अब तक अपने पति से तलाक भी नहीं लिया है. ऐसे में हम शादी कैसे कर सकते हैं? ऐसी स्थिति में मेरे घर वाले भी शादी के लिए तैयार नहीं होंगे. फिर मेरी भी शादी तय हो चुकी है.’’

देवेंद्र की इन बातों ने आग में घी डालने का काम किया. सोनम अपना आपा खो बैठी. उस ने मन ही मन तय कर लिया कि वह अपने प्रेमी को किसी और का हरगिज नहीं होने देगी. अपने खतरनाक मंसूबे की भनक उस ने देवेंद्र को नहीं लगने दी. इस बीच देवेंद्र ने सोनम के कमरे और उस से मिलनाजुलना भी बंद कर दिया. अपनी योजना को अंजाम देने के लिए सोनम ने 25 मार्च, 2021 की सुबह देवेंद्र को फोन कर कमरे का पंखा ठीक करने के बहाने अपने पास बुलाया था.

देवेंद्र सोनम के कमरे पर पहुंचा तो उन दोनों के बीच शादी की बात को ले कर गरमागरमी हुई. इस के बाद सोनम ने स्टील के डब्बे में पहले से लाए तेजाब से देवेंद्र पर अटैक कर दिया, जिस से वह गंभीर रूप से सिर से पैर तक झुलस गया. जानकारी मिलने पर घटना के दूसरे दिन सोनम के पिता आगरा आ गए. उन्होंने घायल बेटी को एस.एन. मैडिकल कालेज में भरती कराया. वहां उपचार होने से उस की हालत में सुधार हुआ. हालांकि उस समय तक उस के बयान दर्ज नहीं हो सके थे.

प्रेमिका के तेजाबी हमले ने एक साथ 3 परिवारों के अरमानों को झुलसा दिया. 5 बहनों में इकलौता भाई और एक मां से उस का घर का चिराग छीन लिया. मां और बहनें देवेंद्र के सिर पर सेहरा बांधने की तैयारी में जुटी थीं. शादी के कार्ड भी छप गए थे.

शादी में बुलाने वालों को कार्ड भेजने की तैयारी चल रही थी. वहीं कासगंज की रहने वाली जिस युवती से देवेंद्र का रिश्ता तय हो गया था और एक महीने बाद दोनों को फेरे लेने थे, उस के अरमानों को भी तेजाब से हमेशा के लिए झुलसा दिया. पोस्टमार्टम के बाद देवेंद्र का शव रात 9 बजे जब घर पहुंचा तो बेटे का शव देख कर मां बेहोश हो गईं. वहीं पांचों बहनें अपने छोटे भाई के शव से लिपट कर रोने लगीं. पूरे गांव में शोक का माहौल था. उधर जिस घर में देवेंद्र की बारात जानी थी वहां उस की मौत की खबर पहुंचने से कोहराम मच गया.

दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह देवेंद्र का शोकपूर्ण माहौल में अंतिम संस्कार किया गया. सभी का कहना था कि देवेंद्र की हत्यारोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए. कहानी लिखे जाने तक प्रेमिका का इलाज चल रहा था. ठीक होने पर उसे जेल जाना पड़ेगा. देश भर में हर साल एसिड अटैक की तमाम घटनाएं होती हैं, वह भी तेजाब पर बैन लगाए जाने के बाद. एसिड अटैक एक खतरनाक अपराध है, जो महिला हो या पुरुष सभी की जिंदगी तबाह कर देता है. सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेशों के बाद भी देश में गैरकानूनी रूप से होने वाली एसिड की बिक्री पर रोक नहीं लगाई जा सकी है.

एसिड बिक्री को ले कर जो कानून हैं, उन्हें सख्ती के साथ जमीन पर उतारा जाना बेहद जरूरी है. एसिड अटैक से पीडि़त व्यक्ति के निजी, सामाजिक, पारिवारिक और आर्थिक जीवन पर बेहद बुरा प्रभाव पड़ता है. Crime Kahani

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Crime Story: औनलाइन चलता सेक्स रैकेट

Crime Story: 22 जनवरी, 2021 की बात है. 12 साल की मानसी पास की दुकान से चिप्स लेने गई थी. जब वह काफी देर बाद भी घर नहीं लौटी तो घर वालों को उस की चिंता हुई. घर वाले उस दुकानदार के पास पहुंचे, जिस के पास वह अकसर खानेपीने का सामान लाती थी. उन्होंने उस दुकानदार से मानसी के बारे में पूछा तो दुकानदार ने  बताया कि मानसी तो काफी देर  पहले ही चिप्स का पैकेट ले कर जा चुकी है.

जब वह चिप्स ले कर जा चुकी है तो घर क्यों नहीं पहुंची, यह बात घर वालों की समझ में नहीं आ रही थी. उन्होंने आसपास के बच्चों से उस के बारे में पूछा, लेकिन उन से भी मानसी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली.

घर वालों की समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर मानसी गई तो गई कहां. उन्होंने उसे इधरउधर तमाम संभावित जगहों पर ढूंढा लेकिन उस का कहीं पता नहीं चला. तब उन्होंने इस की सूचना पश्चिमी दिल्ली के थाना राजौरी गार्डन में दे दी. चूंकि मामला एक नाबालिग लड़की के लापता होने का था, इसलिए पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया. पुलिस ने मानसी के पिता की तरफ से गुमशुदगी की सूचना दर्ज कर ली.

डीसीपी (पश्चिमी दिल्ली) उर्विजा गोयल को जब 12 वर्षीय मानसी के गायब होने की जानकारी मिली तब उन्होंने थाना पुलिस को इस मामले में तीव्र काररवाई करने के आदेश दिए. डीसीपी का आदेश पाते ही थानाप्रभारी ने इस मामले की जांच के लिए एएसआई विनती प्रसाद के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित कर दी.

एएसआई विनती प्रसाद ने सब से पहले लापता बच्ची के घर वालों से उस के बारे में विस्तार से जानकारी ली. इतना ही नहीं, उन्होंने घर वालों से यह भी जानना चाहा कि उन की किसी से कोई रंजिश तो नहीं है. घर वालों ने उन से साफ कह दिया कि उन की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है. इस के बाद पुलिस अपने स्तर से मानसी को तलाशने लगी. जिस जगह से मानसी गायब हुई थी, पुलिस ने उस क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी. इस के अलावा स्थानीय लोगों से भी बच्ची के बारे में जानकारी हासिल की. पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी कर दी, लेकिन कहीं से भी मानसी के बारे में कोई सुराग नहीं मिला.

पुलिस टीम को जांच करतेकरते करीब 2 महीने बीत चुके थे. जब बच्ची कहीं नहीं मिली तो पुलिस ने ह्यूमन ट्रैफिकिंग के एंगल को ध्यान में रखते हुए केस की जांच शुरू कर दी. यानी पुलिस को यह शक होने लगा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि बच्ची जिस्मफरोशी गैंग के चंगुल में फंस गई हो. इस बिंदु पर जांच करते करते पुलिस टीम ने कई जगहों पर दबिशें दीं, लेकिन लापता बच्ची का सुराग नहीं मिला.

करीब 2 महीने बाद पुलिस को सूचना मिली कि मानसी का अपहरण करने के बाद उसे दिल्ली के मजनूं का टीला इलाके में रखा गया है और वहीं पर उस से जिस्मफरोशी का धंधा कराया जा रहा है. यह सूचना रोंगटे खड़े कर देने वाली थी. क्योंकि मानसी की उम्र केवल 12 साल थी और इस उम्र में उस बच्ची के साथ जिस तरह का कार्य कराने की जानकारी मिली, वह मानवता को शर्मसार करने वाली ही थी.

hindi-manohar-social-crime-story

जांच अधिकारी विनती प्रसाद ने यह खबर अपने उच्चाधिकारियों को दी फिर उन्हीं के दिशानिर्देश पर पुलिस टीम ने 17 मार्च, 2021 को मजनूं का टीला इलाके में एक घर पर दबिश दी. मुखबिर की सूचना सही निकली. मानसी वहीं पर मिल गई. पुलिस ने मानसी को सब से पहले अपने कब्जे में लिया. इस के बाद पुलिस ने वहां 2 महिलाओं सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया.

पुलिस ने उन सभी से पूछताछ की तो उन्होंने स्वीकार किया कि वे बड़े स्तर पर एस्कौर्ट सर्विस मुहैया कराते थे और उन का धंधा ज्यादातर वाट्सऐप ग्रुप और इंटरनेट के माध्यम से चलता है. उन के पास से पुलिस ने 5 मोबाइल फोन बरामद किए. फोनों की जांच की गई तो तमाम वाट्सऐप ग्रुप में ऐसी लड़कियों के अनेक फोटो मिले, जिन से वे जिस्मफरोशी कराते थे. पुलिस ने गिरफ्तार किए हुए उन चारों लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि उन में से संजय राजपूत और कनिका राय मजनूं का टीला के रहने वाले थे जबकि अंशु शर्मा  मुरादाबाद का और सपना गोयल मुजफ्फरनगर की.

ये सभी औनलाइन सैक्स रैकेट चलाते थे. जांच में पता चला कि इन लोगों के काम करने का तरीका एकदम अलग था. यह गिरोह सोशल साइट पर ज्यादा सक्रिय था. गैंग के लोग 150 से ज्यादा वाट्सऐप ग्रुप में सक्रिय थे. एस्कौर्ट सर्विस मुहैया कराने वाली लड़की के फोटो ये वाट्सऐप ग्रुप में शेयर करते थे. इस के बाद ग्रुप से जो कस्टमर इन के संपर्क में आता था, उस से यह पर्सनल चैटिंग करने के बाद पैसों की डील फाइनल करते थे. फिर औनलाइन ही पेमेंट अपने खाते में ट्रांसफर कराने के बाद कस्टमर के बताए गए स्थान पर ये लड़की को सप्लाई करते थे.

इस तरह यह गैंग देश के अलगअलग बड़े शहरों में लड़कियों की सप्लाई करते था. इतना ही नहीं, फाइव स्टार होटलों में भी इन के पास से लड़कियां सप्लाई की जाती थीं. आरोपियों ने बताया कि उन के गैंग के सदस्य अलगअलग जगहों से लड़कियां उन के पास लाते थे. मानसी का भी गैंग के 2 लोगों ने अपहरण उस समय किया था, जब वह दुकान पर गई थी. उस का अपहरण करने के बाद वह उसे अपने घर पर ले गए थे.

उन्होंने मानसी से कहा था कि आज उन के यहां पर जन्मदिन है इसलिए वह बच्चों को इकट्ठा कर के केक काटेंगे. उन्होंने मानसी को केक खाने को दिया. केक खाते ही मानसी को नशा हो गया. इस के बाद दोनों मानसी को मजनूं का टीला ले गए, वहां पर संजय राजपूत, अंशु शर्मा, सपना गोयल और कनिका राय मिली. 12 साल की बच्ची को देख कर ये चारों खुश हो गए कि अब इस से मोटी कमाई की जा सकती है. क्योंकि वह तो उसे सोने का अंडा देने वाली मुरगी समझ रहे थे.

जब मानसी पर हल्का नशा सवार था, तभी उस के साथ रेप किया गया. होश आने पर मानसी दर्द से कराहती रही. इस के बाद भी इन लोगों को उस पर दया नहीं आई. उन्होंने उसी रात उसे किसी दूसरे ग्राहक के सामने पेश किया. इस तरह वह मानसी का शारीरिक शोषण करते रहे. जब वह विरोध करती तो ये लोग उसे प्रताडि़त करते थे. इस तरह मानसी इन लोगों के चंगुल में बुरी तरह फंस चुकी थी. वहां से निकलने का उस के पास कोई उपाय नहीं था.

आरोपियों के 2 अन्य साथी फरार हो चुके थे. पुलिस ने उन की तलाश में अनेक स्थानों पर दबिश दी, लेकिन उन का पता नहीं चला. आरोपी 35 वर्षीय संजय राजपूत, 21 वर्षीय अंशु शर्मा, 24 साल की सपना गोयल और 28 साल की कनिका राय से विस्तार से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. अभियुक्तों के पास से बरामद की गई 12 वर्षीय मानसी को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भरती करा दिया. मानसी ने अपने साथ घटी सारी घटना पुलिस को बता दी.

आरोपियों को जेल भेजने के बाद पुलिस गंभीरता से इस बात की जांच करने में जुट गई. इस गैंग के तार देश में किनकिन लोगों से जुड़े थे और इन्होंने अब तक कितनी लड़कियों का अपहरण किया था. Crime Story

(कथा में मानसी परिवर्तित नाम है)

Agra News: मिटा दिया साया – पिता बने भविष्य पर बोझ

Agra News: रात लगभग 2 बजे सुनील कुमार के घर में कोहराम मच गया. बरामदे में सुनील कुमार की लहूलुहान लाश पड़ी थी. लाश के पास में ही उस की पत्नी आशा देवी बैठी रो रही थी. शोर सुन कर आसपास के लोग भी आ गए. बेटे अनुज ने उसी समय थाना चित्राहाट में फोन कर घटना की जानकारी दी. यह घटना आगरा के चित्राहाट थाना क्षेत्र के नाहि का पुरा गांव में 25 मार्च, 2021 की रात को हुई थी.

सूचना मिलते ही थानाप्रभारी महेंद्र सिंह भदौरिया उसी समय टीम के साथ गांव में जा पहुंचे. उन्होंने अनुज से घटना के बारे में जानकारी ली. इस के बाद उन्होंने घटना की जानकारी एसपी (पूर्वी) अशोक वेंकट को दी. वह भी कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंच गए. पूछताछ में अनुज ने पुलिस को बताया कि रोजाना की तरह पिता रात को बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे. जबकि परिवार के अन्य सदस्य ऊपरी मंजिल पर सोए हुए थे.

रात लगभग 2 बजे पिता की चीख सुन कर आंखें खुल गईं. वह और मां दोनों बरामदे की ओर दौड़े. बरामदे में गांव का अनवर जो हमारे परिवार से रंजिश मानता है, पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर रहा था. उन लोगों ने रोकने का प्रयास किया तो वह जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग गया. सिर से निकले खून के छींटों से दीवार भी लाल हो गई थी. अचानक हुए हमले से पिता अपना बचाव नहीं कर सके और उन की मौत हो गई. घटनास्थल की काररवाई करने के बाद पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी.

घर वालों के अनुसार 21 मार्च को खेत पर अनुज और अनवर के बेटे विजय के बीच विवाद हो गया था. अनवर ने अपने बेटे विजय का पक्ष लेते हुए अनुज के सिर में ईंट मार दी थी, जिस से सिर से खून बहने लगा. इतना ही नहीं अनवर ने धमकी दी, ‘‘मैं तेरा काल हूं, तेरी बलि चढ़ाऊंगा.’’

घर आ कर अनुज ने पिता सुनील कुमार को घटना की जानकारी दी. इस पर सुनील अपने घायल बेटे को ले कर अनवर के घर पहुंचा. शिकायत करने पर अनवर के घर वालों ने गालीगलौज करने के साथ ही पितापुत्र को जान से मारने की धमकी दी थी. इस के बाद थाना चित्राहाट में घटना की अनवर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करा दी थी. लेकिन बाद में गांव के लोगों ने बीच में पड़ कर सुलह करा दी थी. इस के बाद अनवर ने वारदात को अंजाम दे दिया.

पीडि़त घर वालों ने पुलिस को बताया कि यदि आरोपी अनवर जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो अनुज के साथ भी अनहोनी हो सकती है. अनुज की तरफ से अनवर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया.

hindi-manohar-family-crime-story

44 वर्षीय सुनील कुमार पूर्व प्रधान रामप्रकाश का बेटा था. सुनील के परिवार में पत्नी आशा देवी के अलावा बेटा अनुज और 2 बेटियां थीं. परिवार ने अनवर की धमकी को हलके में लिया था. मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपी अनवर की तलाश में जुट गई. आरोपी के घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिला. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी (पूर्वी) अशोक वेंकट ने पुलिस की टीम का गठन किया.

पुलिस टीम में थानाप्रभारी (बाह) विनोद कुमार पवार, थानाप्रभारी (जैतपुर) योगेंद्र पाल सिंह, थानाप्रभारी (चित्राहाट) महेंद्र सिंह भदौरिया, सर्विलांस टीम के प्रभारी नरेंद्र कुमार व उन की टीम को शामिल किया गया. पुलिस जहां अनवर की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी, वहीं वह घटना के संबंध में गहराई से जांचपड़ताल में जुटी थी. इस संबंध में पुलिस को गांव वालों ने बताया कि सुनील अय्याश किस्म का व्यक्ति था. गांव के अलावा आसपास के गांवों में कई महिलाओं से उस के अवैध संबंध थे. वह उन पर खूब पैसा खर्च करता था. इस के लिए वह पहले अपनी जायदाद बेच चुका था.

हाल ही में उस ने बेटी की शादी के नाम पर कुछ जमीन का सौदा भी कर दिया था. इसी को ले कर घर में क्लेश हो रहा था. सुनील की बेटी व बेटा भी इस बात से नाराज थे. पुलिस का मानना था कि बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद जब दोनों पक्षों में सुलह हो गई थी तब अनवर ने सुनील की हत्या क्यों की? और वह भी अकेले. हत्या जैसी घटना को अकेले अनवर अंजाम नहीं दे सकता था.

उस का कोई साथी भी इस में जरूर शामिल होगा. लेकिन मृतक के घर वालों से पूछताछ के साथ ही अनुज ने रिपोर्ट में भी केवल अनवर को ही नामजद किया था. इस बीच आरोपी अनवर की तलाश में जुटी पुलिस की टीमों के हाथ कई अहम सुराग लगे, जिस से वह पुलिस की पकड़ में आ गया. अनवर को पुलिस थाने ले लाई. उस से कड़ाई से पूछताछ की गई. पूछताछ में उस ने पुलिस को बताया कि सुनील की हत्या के बाद वह मौके पर पहुंचा था. मृतक का शव चारपाई से उस ने ही उतरवा कर जमीन पर रखवाया था. उस के बाद सुनील के घर वालों की कानाफूसी पर वह वहां से निकल गया था.

मृतक की पत्नी से भी पुलिस को अहम सुराग मिले थे, जिस से इस हत्याकांड में बेटा व बेटी के लिप्त होने की बात सामने आई थी. पुलिस ने सुनील की हत्या के आरोप में मृतक के बेटे अनुज, बेटी अल्पना के साथ ही अल्पना के प्रेमी संजेश तथा संजेश के दोस्त मदन यादव को 29 मार्च, 2021 को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी से पहले उन के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए और 30 मार्च को सुनील हत्याकांड का परदाफाश कर दिया. चारों आरोपियों ने हत्या में शामिल होने का जुर्म कबूल करते हुए हत्या में प्रयुक्त चारपाई का पाया, जिस से सुनील के सिर को कूंच कर हत्या की गई थी, को एक खेत से हत्यारोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया.

पुलिस पूछताछ में हत्यारोपियों ने सुनील कुमार की हत्या की जो कहानी बताई, वह चौंकाने वाली थी—

सुनील कुमार अपनी जायदाद  बेचबेच कर अपने शौक पूरे कर रहा था. पिता की हरकतों से परिवार में क्लेश चल रहा था. हाल ही में सुनील ने अपनी 6 बीघा जमीन का 20 लाख रुपए में सौदा किया था. इस बात की जानकारी घर वालों को जैसे ही हुई, उन्होंने इस का कड़ा विरोध किया. ननिहाल वालों को भी इस संबंध में बताया, उन्होंने भी सुनील को समझाया लेकिन उन के समझाने का भी सुनील पर कोई असर नहीं हुआ.

इस पर बेटे अनुज और बेटी अल्पना को अपने भविष्य की चिंता सताने लगी. यदि पिता संपत्ति बेचबेच कर इसी तरह बरबाद करते रहे तो परिवार के सामने भूखों मरने की नौबत आ जाएगी. तब दोनों भाईबहनों ने पिता सुनील का पुरजोर विरोध किया तो सुनील ने अनुज और अल्पना के साथ मारपीट कर दी. संपत्ति के विवाद में आए दिन हो रहे गृह क्लेश के बीच 21 मार्च को गांव में बच्चों के विवाद में अनुज का अनवर से झगड़ा हो गया. इसी घटना को आधार बना कर अनुज और अल्पना ने अपने पिता सुनील की हत्या की योजना बना डाली.

अल्पना के पिछले 6 सालों से सूरजनगर गांव के संजेश से प्रेम संबंध थे. उधर सुनील अल्पना की शादी के लिए रिश्ता तलाश रहा था, जबकि अल्पना संजेश से प्यार करती थी और उसी से शादी करना चाहती थी.

अनुज और अल्पना ने प्रेमी संजेश के साथ पिता सुनील कुमार की हत्या की साजिश रची. अल्पना ने संजेश को बताया कि पिता को हम दोनों के प्रेम संबंधों का पता चल गया है और वह उस की शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे हैं, साथ ही वह अपने शौक पूरा करने के लिए जमीन भी बेच रहे हैं. यदि उन्होंने इसी तरह सारी जमीन बेच दी तो हमारे लिए कुछ नहीं बचेगा. उन्होंने 20 लाख रुपए में जमीन बेचने का सौदा भी कर लिया है. यदि उन्हें जल्दी से रास्ते से नहीं हटाया गया तो हम लोगों को पछताना पड़ेगा.

सुनील ने कुछ दिन पहले अल्पना व अनुज के साथ मारपीट की थी. ये बात संजेश को बुरी लगी थी. तब प्रेमी संजेश ने अपनी प्रेमिका अल्पना की खातिर सुनील को ठिकाने लगाने के लिए अपने गांव के ही दोस्त मदन यादव को तैयार कर लिया. 25 मार्च, 2021 की रात को संजेश की फोन काल पर ही मदन यादव सुनील की हत्या करने के लिए वहां पहुंच गया. रात 2 बजे घर के बरामदे में सो रहे सुनील के सिर पर चारपाई के पाए से ताबड़तोड़ वार कर उस की हत्या कर दी. हत्या को अंजाम देने के बाद संजेश और मदन अपने घर चले गए. उन के जाने के बाद योजनानुसार अनुज ने शोर मचाया.

पुलिस जब चारों आरोपियों अनुज, अल्पना, संजेश और मदन यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय ले जा रही थी, तो वे हंस रहे थे. पिता की हत्या के बाद बेटे अनुज और बेटी अल्पना के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Hindi Stories: अधूरी औरत

Hindi Stories: मेरी तो जान ही निकल गई. हथेलियों में पसीना आने लगा. यह वही औरत थी, जिसे मैं ने पहली रात हवेली के पिछली तरफ शीशम के पेड़ के नीचे बैठी देखा था…

स्वा स्थ्य विभाग ने मेरी बदली नसीरपुर कर दी. मुझे पता चला कि 3 घंटे का सफर बस से, और आगे एक घंटा तांगे से जाना होगा. मैं ने अपने आने की खबर भिजवा दी और कोई 2 बजे के करीब बस में सवार हो गया. मेरा खयाल था कि शाम तक गांव पहुंच जाऊंगा, मगर यह सब गलत हो गया. जिस बस में मैं सवार था, वह इतनी भरी हुई थी कि बाद में चढ़ने वाले लोगों को खड़े होने की भी मुश्किल से जगह मिली थी.

बरसात का मौसम था. मैं ने किताब निकाली और पढ़ने लगा. किताब में मैं इस कदर खोया था कि मुझे पता ही नहीं चला कि बस कहांकहां रुकी. जब बस एक जगह अचानक झटके खाने के बाद रुक गई तो मुसाफिरों में खलबली सी मची और शोर होने लगा. तब मैं ने चौंक कर पूछा कि क्या मामला है? मालूम हुआ कि बस में खराबी आ गई है. क्लीनर खराब हुए पुर्जे को ठीक कराने के लिए वापस 6 मील ले जाएगा. मुसाफिरों में काफी बेदिली फैली, मगर अब इंतजार के सिवा कोई चारा नहीं था. मुसाफिर बस से उतर कर इधरउधर टहलने लगे. मैं भी वक्त गुजारने के लिए इधरउधर घूमता रहा.

क्लीनर साहब की वापसी रात 9 बजे के करीब हुई और 10 बजे के करीब बस ने दोबारा सफर शुरू किया. जब बस बसअड्डे पर पहुंची तो वहां कोई तांगा मौजूद नहीं था. अब मेरे पास कस्बे तक पैदल मार्च करने के अलावा और कोई चारा नहीं था. मैं ने सामान कंधे पर डाला और पैदल ही चल पड़ा. अब तक देर इतनी हो गई थी कि बारबार यह खयाल आ रहा था कि कहीं चौकीदार क्लीनिक में इंतजार कर के चला न गया हो. उस वक्त मौसम अचानक खुशगवार हो गया था. ठंडी हवा चलने लगी, कभीकभी बिजली भी चमक उठती. बारिश किसी भी वक्त शुरू हो सकती थी.

मैं तेजतेज कदम उठाने लगा. जैसे ही कस्बा नजर आया, बूंदाबांदी शुरू हो गई. क्लीनिक कस्बे से बाहर पक्की इमारत में था. मैं तकरीबन दौड़ता हुआ क्लीनिक पहुंचा, मगर वही हुआ, जिस का डर था. चौकीदार इंतजार कर के जा चुका था. शायद उसे अब मेरे आने की उम्मीद नहीं रही होगी. मैं बरामदे में खड़ा हो कर सोचने लगा. थोड़े फासले पर एक हवेली नजर आई. बाकी मकान ज्यादातर कच्चे थे. अब तक बारिश काफी तेज हो गई थी. इस तरह बरामदे में खड़े हो कर रात गुजारना मुश्किल था. मैं ने सोचा, क्यों न हवेली में रात बिताई जाए.

मैं बारिश में भीगता हुआ हवेली पर जा पहुंचा और जोरजोर से गेट खटखटाने लगा. काफी देर तक किसी ने गेट नहीं खोला. दरअसल गेट से काफी आगे जा कर कमरे थे. इसलिए शायद आवाज उन तक नहीं पहुंच रही थी. मैं बारिश में भीग गया था. मैं हवेली के पीछे चला गया. वहां जानवर बंधे थे. मैं उन के बीच से गुजरता हुआ आगे बढ़ने लगा. अचानक मेरी नजर एक औरत पर पड़ी. वह अर्धनग्न अवस्था में शीशम के पेड़ के नीचे बैठी थी. आंखें उस ने बंद कर रखी थीं और होंठों ही होंठों में कुछ बुदबुदा रही थी. औरत जवान और खूबसूरत थी. मैं ने फौरन अपनी निगाहें फेर लीं और वापस हो लिया.

मैं सख्त हैरान था कि आधी रात के वक्त वह दरख्त के नीचे क्या कर रही थी. भूतप्रेत पर मुझे यकीन नहीं था. उस वक्त मैं ने मुनासिब नहीं समझा कि आगे बढ़ कर उस औरत से कुछ पूछूं. मैं वापस क्लीनिक पर आ गया. वह रात मैं ने बरामदे में बैठ कर बिता दी. इस बीच मेरे दिमाग पर उस औरत के बारे में जानने का भूत सवार हो गया. गांव नसीरपुर की जिंदगी किसी ऐसे गरम मकान में रहने की तरह थी, जिस की दीवारें नजर नहीं आतीं. ऐसा महसूस होता था, जैसे वह हुकूमत की भूलीबिसरी बस्ती हो. गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित था. मच्छर इस कदर थे कि चाहे कितनी भी मात्रा में कुनैन का इस्तेमाल क्यों न कर लो, बुखार जरूर हो जाता था. बुखार भी ऐसा, जो आदमी की सारी ताकत खत्म कर देता था.

शुरू में इक्कादुक्का मरीज बुखार की शिकायत ले कर आते रहे. क्योंकि ज्यादातर लोग डाक्टरी इलाज को मानते ही नहीं थे. इसी दौरान गांव की मसजिद के मौलवी साहब बहुत सख्त बीमार हो गए. उन की टांग पर एक पुराना जख्म था, जिस की वजह से उन्हें बुखार रहने लगा. सब लोग जहरबाद समझते रहे. मैं ने मौलवी साहब का इलाज किया. पहले एक छोटा सा औपरेशन किया, फिर इंजेक्शन लगाने शुरू कर दिए. मौलवी साहब की सेहत बहाल होने लगी. गांव से हो कर मेरी चर्चा आसपास के गांवों तक जा फैली तो दूरदूर से लोग आने लगे. इस से पहले गांव वालों का इलाज काका करता था.

काका गांव का नाई था. वह जर्राह भी था. यह सब कुछ उस ने अपने बाप से सीखा था. जर्राह से ज्यादा वह मुझे मालिशिया लगता था, क्योंकि वह ज्यादातर लोगों का इलाज मालिश से किया करता था. सिरदर्द में सिर की मालिश, पेट के दर्द में भी वह मरीज को लिटा कर तेल से पेट की मालिश करता था. चोट की हालत में भी मालिश करता. गांव वालों के इसरार पर उस ने दांत भी उखाड़ने शुरू कर दिए थे. जब 2-3 आदमियों के दांत उस ने गलत उखाड़ दिए तो मैं ने उस को जा कर समझाया कि अब बस कर दे.

एक वक्त में इतने ज्यादा काम तो शहर के डाक्टर भी नहीं करते. वहां भी अब हर बीमारी का स्पैशलिस्ट होता है. यही बड़े डाक्टर की पहचान है. उस ने दांत का डाक्टर बनने का खयाल छोड़ दिया और सिर्फ हड्डियों और जर्राही का स्पैशलिस्ट बनने पर संतोष कर लिया. उस गांव के चौधरी मलिक अल्लाहबख्श थे. गांव वालों का कहना था कि वह बहुत नेक इंसान थे. उस गांव के लोग ही नहीं, आसपास के गांव वाले भी उन की बड़ी इज्जत करते थे. उन की उम्र कोई 70 बरस के करीब थी. अब वह अक्सर बीमार रहते थे. 1-2 बार इलाज के सिलसिले में मुझे उन की खिदमत में हाजिर होना पड़ा था. वह मेरी बड़ी इज्जत करते थे. कभीकभी वैसे भी गपशप के लिए हवेली में बुला लेते थे.

हवेली में उन के बेटे से भी मुलाकात हुई. उस का नाम था मलिक असद. वह 30-35 बरस का मजबूत कदकाठी का आदमी था. उस के बाल घुंघराले और आंखें स्याह थीं. रंग सांवला था. चेहरा सख्त था. वह तबीयत का भी बड़ा जालिम था. मैं ने खुद उसे 1-2 बार हवेली में मजदूरों की पिटाई करते देखा था. गांव के लोग उस से डरते थे और उसे बुरा कहते थे. एक दिन बड़े चौधरी साहब ने बुला भेजा. नौकर ने मुझे एक बड़े से कमरे में ले जा कर बिठाया. उस कमरे में बहुत सी कुर्सियां और मोढ़े रखे थे. जब भी गांव का कोई मसला खड़ा होता, चौधरी वहीं सब को इकट्ठा करते थे. चौधरी साहब आए और बेंत से बनी आरामकुर्सी पर बैठ गए.

थोड़ी देर वह कुछ सोचते रहे, फिर बड़ी राजदारी से बोले, ‘‘डाक्टर पुत्तर, मेरी बहू बीमार है. अजीब सी बीमारी है. उसे कुछ पता नहीं चलता. कभी तो वह बिलकुल ठीक होती है, कभी वह पूरापूरा दिन कमरे में सोई पड़ी रहती है. जब जागती है तो सब से झगड़ने लगती है. मैं उस की वजह से बहुत परेशान हूं. मेरा दिल कहता है, तुम उस का इलाज कर सकते हो.’’

‘‘चौधरी साहब, आप अल्लाह पर भरोसा रखें. मैं अपनी ओर से पूरी कोशिश करूंगा. आप मुझे मरीज दिखाएं.’’

मैं वाकई दिल से बड़े चौधरी की इज्जत करता था. चौधरी साहब मुझे पहली बार हवेली के अंदर ले गए. वह एक बैडरूम था. कमरे में एक दीवान और 2-3 कुर्सियां पड़ी थीं. एक बैड था, जिस पर एक औरत लेटी थी. जैसे ही चौधरी साहब ने उसे सीधी किया, मेरी तो जान ही निकल गई. हथेलियों में पसीना आने लगा. यह वही औरत थी, जिसे मैं ने पहली रात हवेली के पिछवाड़े पेड़ के नीचे देखा था. मैं ने अपने आप पर काबू पाया और सोचने लगा कि यह औरत चौधरी की बहू है यानी मलिक असद की बीवी है. यह उस रात क्या कर रही थी? मेरी दिलचस्पी, जाहिर है, अपनी चिंता को पहुंच गई थी.

औरत बेसुध पड़ी थी. मैं ने और चौधरी साहब ने उसे जगाने की पूरी कोशिश की, मगर वह नहीं जागी. जाहिर तौर पर उसे कोई बीमारी नजर नहीं आ रही थी. बुखार भी नहीं था. मैं ने सुई चुभो कर देखी तो वह तकलीफ महसूस कर रही थी. ब्लडप्रेशर कुछ कम था, मगर उस की सूजी हुई आंखें मुझे शक में डाल रही थीं. मैं ने उस के खून का नमूना ले कर चौधरी साहब से कहा, ‘‘आप फिक्र न करें. मैं खून टेस्ट करने के बाद ही आप को बता सकूंगा कि इन्हें क्या तकलीफ है. आप इस दौरान इन्हें कोई दवा न दें. खास ध्यान रखें कि यह कोई भी चीज न खाएं. सुबह इन को क्लीनिक भेज दें, तब तक ब्लड टेस्ट की रिपोर्ट मेरे सामने होगी.’’

चौधरी साहब की हवेली से निकलने के बाद मेरे जेहन में यही बात बारबार आ रही थी कि यह औरत नशा जरूर करती है. मैं ने क्लीनिक आते ही खून टेस्ट करना शुरू कर दिया, क्योंकि मैं खुद उस गुत्थी को सुलझाना चाहता था. खून की रिपोर्ट से जाहिर हो गया कि चौधरी की बहू को नशे की लत पड़ चुकी थी. यह जान कर मुझे खुद भी अफसोस होने लगा. बहरहाल मैं खुद को कल के लिए तैयार कर चुका था. अगले दिन मैं शाम तक इंतजार करता रहा, मगर चौधरी की बहू क्लीनिक पर नहीं आई. इस का मतलब साफ था कि वह खुद आना नहीं चाहती थी और उसे अपनी इस आदत के जाहिर होने का अंदेशा था. लेकिन उस नशे से वह मौत के मुंह में जा सकती थी.

शाम को मैं चौधरी साहब से मिलने गया. उन्हें बताया कि मरीजा क्लीनिक पर नहीं आई तो वह बहुत हैरान हुए. उन्होंने नौकरानी को बुला कर बुराभला कहा और फिर खुद जा कर बहू को लिवा लाए. उस वक्त वह बहुत अच्छे कपड़े पहने हुए थी. उस के रखरखाव में एक खास शान थी. उस की बड़ीबड़ी आंखें मेरे चेहरे पर जमी हुई थीं, जिन में एक खास किस्म की वहशत और गुस्सा था. उस के खुश्क होंठ एकदूसरे से जुडे़ थे. वह अपने चेहरे पर आई जुल्फों की लट सिर के झटके से बारबार पीछे की तरफ लौटाती रही. वह खामोश बैठी रही, जैसे किसी से बात करना ही न चाहती हो.

मैं ने जरा हौसले के साथ उस खामोशी को तोड़ते हुए कहा, ‘‘अब आप की तबीयत कैसी है?’’

उस ने अपनी पलकें उठाईं और मेरी तरफ देखा. मैं आज तक उन आंखों को नहीं भूल सका. उस की आंखों में एक अजीब सी मस्ती थी, जैसे इंद्रधनुष आंखों में उतर आया हो. उस ने बड़ी अदा से कहा, ‘‘मेरी तबीयत पहले से बेहतर हो रही है. मुझे किसी दवा की जरूरत नहीं.’’

यह कह कर वह उठी और तेजी के साथ दरवाजे से बाहर निकल गई. मैं ने हैरत से चौधरी साहब की तरफ देखा. वह भी मेरी तरफ देख रहे थे. उन के चेहरे पर गुस्से और शर्मिंदगी के आसार साफ नजर आ रहे थे. मैं चूंकि सूरतेहाल को समझने लगा था, इसलिए मैं ने चौधरी साहब से कहा, ‘‘आप की बहू को कोई घरेलू परेशानी है. है तो यह आप के घर का मसला, लेकिन डाक्टर के लिए यह सब जानना बहुत जरूरी होता है. आप जब तक मुझे सब कुछ बताएंगे नहीं, मेरे लिए उन का इलाज करना मुश्किल हो जाएगा.’’

पहले तो चौधरी साहब परेशान नजर आने लगे. जोरजोर से हुक्का गुड़गुड़ाते रहे, जैसे किसी फैसले पर पहुंच रहे हों. फिर उन्होंने आहिस्ताआहिस्ता कहना शुरू किया, ‘‘मेरी बहू दरअसल बांझ है. 5 साल शादी को हो गए हैं, मगर औलाद नहीं हुई. बेचारी बड़ी परेशान रहती है. जब से मलिक असद की दूसरी शादी की तैयारी की बात सुनी है, बहुत चिड़चिड़ी हो गई है. बातबात पर लड़तीझगड़ती है. कमरा बंद कर के दिन भर पड़ी रहती है.’’

‘‘चौधरी साहब, आप की बहू कोई दवा इस्तेमाल कर रही है, जो अगर जल्दी बंद न की गई तो बहुत देर हो जाएगी. इस से उस की जिंदगी को भी खतरा हो सकता है. आप पता कराएं कि वह क्या चीज खा रही है. घर के किसी न किसी शख्स को तो पता ही होगा. आखिर वह दवा या कोई और चीज कहीं से तो खरीदी जाती है.’’

मेरी बात सुन कर चौधरी साहब ने जोरजोर से ‘रज्जो…रज्जो…’ पुकारना शुरू कर दिया. एक लड़की भागीभागी दरवाजे से दाखिल हुई. रज्जो चौधरी साहब की नौकरानी का नाम था. वह घबराई हुई चौधरी साहब को देखने लगी. मैं ने उसे संभलने का मौका दिए बगैर जोर से कहा, ‘‘रज्जो, जो दवा तुम बीबीजी को ला कर देती हो, वह शीशी ले कर आओ.’’

वह बौखला कर बोली, ‘‘जी…नहीं, मैं नहीं ला कर देती. वह खुद मेरे साथ जा कर मलंग बाबा से लाती हैं. कसम कुरान की, मलंग बाबा पुडि़या पर दम कर के बीबी जी को देते हैं.’’

मेरा चलाया हुआ तीर निशाने पर सीधा जा लगा था. मैं ने नरम पड़ते हुए कहा, ‘‘जाओ, एक पुडि़या ला कर मुझे दिखाओ. खबरदार, बीबीजी को पता न लगे.’’

रज्जो ने चौधरी साहब की तरफ देखा. चौधरी साहब ने इशारा किया तो वह चली गई. कोई एक घंटे बाद रज्जो ने हमें वह पुडि़या लाकर दी. मैं उस पुडि़या को ले कर क्लीनिक आ गया. वह अफीम की पुडि़या थी. उस से साफ जाहिर था कि मलंग बाबा कोई धोखेबाज था और चौधरी की बहू को नशे की आदी बना रहा था. मैं उसी वक्त हवेली वापस आया, क्योंकि मलंग बाबा का अड्डा बंद कराना न सिर्फ नेकी का काम था, बल्कि लोगों को मौत के मुंह से निकालना भी था.

चौधरी साहब को जैसे ही सूरतेहाल मालूम हुई, उन्होंने तांगे का बंदोबस्त किया और हम पुलिस चौकी चल दिए. पुलिस चौकी कस्बे से 3 मील के फासले पर थी. चौकी का इंचार्ज चौधरी से परिचित था. उसे हालात बताए गए तो उस ने फौरन एक छापामार पार्टी के साथ रात को मलंग बाबा के अड्डे पर धावा बोल दिया.  मलंग बाबा और उस के 2 नौजवान साथी गिरफ्तार हुए. उन के अड्डे से अफीम बरामद हुई. अगले दिन पुलिस से पता चला कि मलंग बाबा जेल से भागा हुआ फरार कैदी था. एक साल से वह भेष बदल कर यह धंधा कर रहा था. गांव के लोगों को ताबीज के बहाने अफीम दे कर बेवकूफ बना रहा था. चौधरी की बहू से तो वह खूब रकम हथिया रहा था.

जैसे ही चौधरी की बहू की अफीम की खुराक बंद हुई, उस का सारा बदन टूटने लगा. बुखार में जिस्म तपने लगा. उस की आंखों में खौफ छा गया. वह मेरे पांव पड़ती कि मैं उस को अफीम दे दूं या मौत का टीका लगा दूं. उस के शरीर की दुर्दशा देख कर और बुखार की तपिश को कम करने के लिए मैं कभीकभी उसे नींद का इंजेक्शन लगा देता, मगर जब वह जागती तो फिर वैसे ही तड़पने लगती. मैं ने और बड़े चौधरी साहब ने कई रातें उस के बिस्तर के पास बैठ कर गुजार दीं. इस बीच मैं ने देखा कि चौधरी का बेटा मलिक असद न तो उस की परवाह करता था और न ही उस के पास ठहरता था. यह मेरे लिए बड़ी हैरत की बात थी.

मेरे दिल में उस के लिए नफरत के जज्बात उभरने लगे. उन दिनों चौधरी साहब तख्तपोश पर बैठे रहते और मैं मरीजा के सिरहाने बेबस हो कर बैठा रहता. मेरे हाथ चौधरी साहब ने वैसे ही बांध रखे थे. मैं उसे अस्पताल नहीं ले जा सकता था, जहां उसे बचाने की कोशिश की जाती. मैं बाहर से किसी मदद का इंतजाम भी नहीं कर सकता था, क्योंकि यह चौधरी की इज्जत का मामला था. मैं सिर्फ अपनी जानकारी के मुताबिक इलाज करता रहा, मगर शायद अल्लाह ने चौधरी साहब की दुआएं सुन ली थीं. 10 दिनों के बाद उन की बहू की हालत में तब्दीली आनी शुरू हो गई. वह संभलने लगी. अब वह न तो जिद करती और न ही उठउठ कर भागती और न शोर मचाती. उसे सुकून आना शुरू हो गया.

अब उस ने मेरी तरफ बड़ी एहसानमंद निगाहों से देखना शुरू कर दिया. उस की हालत को पूरी तरह संभलने में 3 महीने लग गए. इस दौरान मैं हर रात चौधरी साहब की हवेली में जाता रहा. मैं ने महसूस किया कि छोटा चौधरी कईकई दिनों और रातों को घर से गायब रहता था. एक दिन मैं अपने क्लीनिक में मरीजों से फारिग हुआ ही था कि चौधरी साहब की बहू अपनी नौकरानी के साथ क्लीनिक में तशरीफ ले आई. पहले तो वह कुछ देर खामोश बैठी रही, फिर कहने लगी, ‘‘डाक्टर साहब, आपने मुझे दोबारा जिंदगी दी है, लेकिन आप ने ऐसा क्यों किया? मैं तो खुद अपनी जिंदगी खत्म करना चाहती थी. आप ने मुझे बचा कर मेरे दुख के सफर को और लंबा कर दिया. मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि आप को अपना मसीहा कहूं या दुश्मन?’’

मिसेज मलिक असद की बातें सुन कर पहले तो मैं एक लम्हे के लिए चुप रह गया. लेकिन मैं ने बाद में हौसला बढ़ाते हुए कहा, ‘‘मिसेज मलिक, मेरा कोई कमाल नहीं. कुदरत को यही मंजूर था. अल्लाह ने आप को दोबारा जिंदगी दी है. वही इस के भेद जानता है. वैसे आप इतनी मायूस क्यों हैं?’’

मिसेज मलिक ने मेरी तरफ देख कर कहा, ‘‘डाक्टर साहब, आप ने मुझे मौत के मुंह से निकाला है तो मैं आप को बताना चाहती हूं कि कई बार आदमी उन हालात से दोचार हो जाता है, जहां आगे कोई रास्ता नहीं होता. वह जीना नहीं चाहता. मैं किस के लिए जीऊं? आप को पता है कि औरत मां बन कर ही पूरी औरत बनती है.’’

मैं चाहता था कि वह अपने दिल का दर्द खुल कर कह दे. एक तो उस के अंदर का गुबार निकल जाएगा, दूसरे शयद इस मामले में मैं कोई मदद कर सकूं. मैं ने बात बढ़ाते हुए कहा, ‘‘आप बताएं आप को क्या दुख है? अल्लाह ने आप को सेहत बख्शी है तो आप की दूसरी तकलीफें भी रफा कर देगा.’’

मेरी बातों का यह असर हुआ कि उस ने बिलखबिलख कर रोना शुरू कर दिया. फिर कहने लगी, ‘‘डाक्टर साहब, आज से 5 साल पहले बडे़ चौधरी साहब ने बड़े अरमानों से मुझे अपनी बहू बनाया था. मगर आज सोचती हूं कि काश, मेरी शादी न हुई होती. एक साल तो हंसीखुशी से गुजर गया, लेकिन उस के बाद मुझे अपने आप से नफरत होने लगी. चौधरी के तमाम रिश्तेदार और गांव के तमाम लोगों की नजरें मुझे तीर की तरह चुभने लगीं.

‘‘जो लोग मेरे आगेपीछे फिरते थे, वही मुझे ताना देने लगे कि मैं बांझ हूं. पहले छोटा चौधरी, फिर घर वाले और जब बड़े चौधरी ने भी आंखें फेर लीं तो मुझे अपने आप से नफरत होने लगी. मैं ने कोई पीरफकीर न छोड़ा. दूरदूर तक तावीज करवाए, मगर मेरे यहां बच्चा न हुआ.

‘‘फिर उस मलंग बाबा ने मुझे अफीम पर लगा दिया. मुझे भी नशे में रहना अच्छा लगने लगा. अब आप ने मुझ से वह भी छीन लिया. खुदा के लिए मुझे जहर ही दे दें. अगले माह छोटे चौधरी की दूसरी शादी होने वाली है. मैं इस से पहले अपने आप को खत्म करना चाहती हूं. अब आप खुद बताएं, मैं आप को हमदर्द कहूं या दुश्मन?’’

चौधरी की बहू की बातें सुन कर मेरे दिल में भी उस के बारे में हमदर्दी के जज्बात उभरने लगे. अगर खुदा ने उस को औलाद की दौलत नहीं दी तो इस में उस बेचारी का क्या कसूर? इस के बावजूद मैं ने उस का हौसला बढ़ाते हुए कहा, ‘‘आप मायूस क्यों होती हैं? अल्लाह बड़ा कारसाज है. आप ने इस सिलसिले में कोई इलाज करवाया है? अब तो जमाना बहुत तरक्की कर गया है. आप शहर जा कर इलाज करवाएं. सब ठीक हो जाएगा इंशाअल्लाह.’’

मेरी बातें सुन कर मिसेज मलिक ने बड़ी उदासी से कहा, ‘‘डाक्टर साहब, अब क्या फायदा? अब तो उस के दिन भी तय होने वाले हैं.’’

‘‘आप ऐसा करें कि शहर में एक तजुर्बेकार लेडी डाक्टर मेरी परिचित हैं. आप उन से जांच करवाएं और रिपोर्ट मुझे ला कर दें. आप इस काम के लिए फौरन, बल्कि कल ही शहर चली जाएं.’’

पहले तो मिसेज मलिक टालमटोल से काम लेती रहीं, मगर मेरे मजबूर करने पर उन्होंने वादा कर लिया.

तीसरे दिन मिसेज मलिक बड़ी खुशखुश मेरे क्लीनिक में आईं और लिफाफा मेरे हाथ में दे कर कहा, ‘‘डाक्टर साहब, अब बताएं कि मैं क्या करूं?’’

मैं ने लिफाफा खोला और रिपोर्ट पढ़ने लगा. साथसाथ मेरी हैरत में इजाफा होता चला गया, क्योंकि रिपोर्ट में डाक्टर ने लिखा था कि मिसेज मलिक में किसी किस्म का कोई नुक्स नहीं है. अगर औलाद नहीं हो रही है तो उन के शौहर की जांच करवाई जाए. इस रिपोर्ट को पढ़ने के बाद हम दोनों एकदूसरे की तरफ हैरत से देख रहे थे. मिसेज मलिक की आंखों में आंसू थे और मैं सोचने लगा था कि यह औरत नासमझी में अपने आप को कितनी बड़ी सजा दे रही थी, बल्कि अपनी जान तक देने पर तैयार थी. मैं ने मिसेज मलिक को तसल्ली दी.

अगले दिन मैं हवेली गया. मैं छोटे चौधरी से तनहाई में बात करना चाहता था, मगर पता चला कि वह हवेली में मौजूद नहीं था. मैं पैगाम दे कर लौट आया कि जब छोटे चौधरी आएं तो मुझे खबर भेज दें.

रात को छोटे चौधरी से मुलाकात हुई. मैं ने बड़ी नरमी से बातचीत करते हुए कहा, ‘‘चौधरी साहब, आप के यहां औलाद नहीं हुई. आप को इस बारे में पता है कि इस की क्या वजह है?’’

यह सुनते ही चौधरी के तेवर बदलने लगे. उस के चेहरे की लकीरें गहरी होने लगीं और वह बड़े गुस्से से बोला, ‘‘डाक्टर, मुझे पता है, मेरी बीवी बांझ है. तुम्हें फिक्र करने की जरूरत नहीं. यह हमारा निजी मामला है.’’

‘‘नहीं चौधरी साहब, आप को यही तो गलतफहमी है. आप की बीवी बिलकुल ठीक है. वह बच्चा पैदा करने की पूरी खूबी रखती है. आप को अपना इलाज करवाना होगा.’’

मेरे यह कहने की देर थी कि चौधरी आगबबूला हो गया, ‘‘डाक्टर, यह बात अब दोबारा नहीं कहना, नहीं तो तुम्हारी लाश किसी को नहीं मिलेगी. और दित्तू, डाक्टर को हवेली से बाहर निकाल दे.’’

इस से पहले कि मैं कुछ कहता, 2 आदमियों ने मुझे बांहों से घसीट कर हवेली से बाहर कर दिया. मैं चौधरी की बेवकूफी पर अफसोस करता हुआ क्लीनिक वापस आ गया. सारी रात मुझे नींद नहीं आई. मैं सोचता रहा कि ये लोग कितने बेवकूफ हैं. इन के भले की बात भी इन को बुरी लगती है. अगले दिन मैं ने मिसेज असद मलिक से उन लोगों का पता पूछा, जहां चौधरी असद मलिक की शादी हो रही थी. वह कस्बा नसीरपुर गांव से 15 मील दूर था. लड़की का वालिद नंबरदार था. उम्र 60 साल थी. बीवी की मौत हो गई थी. 1 बेटी और 2 बेटों की शादी हो गई थी. सिर्फ 1 ही बेटी रह गई थी. मैं ने नंबरदार यूसुफ को अपना परिचय दिया तो वह बड़ी भलमनसाहत से पेश आया.

मैं ने नंबरदार से अर्ज की, ‘‘आप की बेटी की शादी मलिक असद से तय हो गई है और जल्दी ही शादी भी होने वाली है. आप की जानकारी में यह बात भी जरूर होगी कि चूंकि मलिक असद की पहली बीवी से औलाद नहीं है, इसीलिए वह दूसरी शादी कर रहे हैं. मगर मैं डाक्टर होने के नाते अपना फर्ज समझता हूं कि आप को सच्चाई से आगाह कर दूं. मलिक असद की बीवी बांझ नहीं है. वह पूरी तरह सेहतमंद है और औलाद पैदा करने के काबिल है. मेरे पास इस का सबूत मौजूद है. अगर आप इस बात को बुनियाद बना कर शादी कर रहे हैं तो अपनी बेटी की जिंदगी में कांटे बो रहे हैं. आप मेरी बात समझ गए होंगे. मैं ने अपना फर्ज अदा कर दिया है. अब आप जैसा मुनासिब समझें, फैसला करें.’’

मेरी बातें सुन कर नंबरदार परेशान हो गया. काफी देर चुपाचाप हुक्का पीता रहा. फिर बोला, ‘‘डाक्टर साहब, आप के कहने का मतलब है कि मलिक असद ही औलाद पैदा करने के काबिल नहीं है?’’

‘‘मेरा मतलब है कि मलिक असद को इलाज की जरूरत है. अगर वह इलाज करवा ले तो उस की पहली बीवी से औलाद हो सकती है. अगर दूसरी शादी सिर्फ औलाद की खातिर हो रही है तो आप पहले छानबीन कर लें.’’

नंबरदार सिर झुका कर सोचता रहा. फिर कहने लगा, ‘‘ठीक है डाक्टर साहब, मैं ने आप की बात सुन ली है. आप की मेहरबानी कि आप ने ये बातें बता दीं. मैं सोच कर जवाब दूंगा.’’

मैं नंबरदार को सलाम कर के खुशखुश वापस आ गया. दूसरे दिन जब मैं ने मिसेज मलिक को सारी बातें बताईं तो वह भी बहुत खुश हुई और उस की आंखों में मेरे लिए शुक्रगुजारी के आंसू आ गए. मैं ने उसे समझाया कि बात अभी खत्म नहीं हुई. उसे बड़ी समझदारी और खिदमत से अपने शौहर का दिल जीतना होगा. उस के दिल में अपने लिए जगह बनानी होगी और उसे इलाज पर राजी करना होगा.

2 ही दिन गुजरे थे. मैं शाम के वक्त खेतों में सैर कर रहा था. शाम के वक्त मैं रोज गांव से बाहर निकल जाता था. हलकीहलकी ताजी हवा और पत्तों की सरसराहट से मुझे अजीब सा सुकून मिलता था. मैं अपनी धुन में चला जा रहा था कि एकदम मेरे सामने मलिक असद आ खड़ा हुआ. उस के साथ 2 आदमी और थे. दोनों आदमियों के हाथों में लाठियां थीं. मलिक असद की आंखों में गुस्सा भरा था—‘‘डाक्टर, मैं ने तुम्हें समझाया था कि यह बात दोबारा न करना, वरना तुम्हारी लाश नहीं मिलेगी. अब तैयार हो जाओ. तुम्हें मैं दूसरी दुनिया में पहुंचा दूंगा. तुम्हें मलिक असद का पता नहीं है.’’

उस ने अपने आदमियों को इशारा किया. बस मुझे इतना याद है कि एक लाठी मेरे सिर पर लगी. उस के बाद मुझे होश नहीं रहा. जब होश आया तो मैं अस्पताल के कमरे में एक बैड पर लेटा था. मेरे पास कमरे में बड़े चौधरी और उन की बहू थी. मुझे होश में आते देख कर बड़े चौधरी ने मेरे पांव पकड़ लिए और मिसेज मलिक असद सजदे में गिर गईं. चौधरी साहब कहने लगे, ‘‘पुत्तर डाक्टर, मुझे माफ कर दो. मैं बहुत शर्मिंदा हूं. तुम चाहो तो मेरे बेटे को पुलिस के हवाले कर दो. मगर यकीन करो, अगर मुझे इस का पता होता तो मैं अपने बेटे की जान ले लेता और तुम्हें नुकसान न पहुंचने देता.’’

इस दौरान मिसेज असद भी सजदे से उठ गई थीं. मेरी एक टांग पर पलस्तर चढ़ा था. मैं ने फाइल पढ़ी तो पता चला कि सिर के जख्म पर 10 टांके लगे थे और बाईं टांग टूट गई थी. इस के बावजूद मैं मुसकरा रहा था, ‘‘चौधरी साहब, आप का इस में कोई कसूर नहीं. मैं इस वाकये की कोई रिपोर्ट नहीं करना चाहता. मैं सिर्फ छोटे चौधरी से मिलना चाहता हूं.’’

मेरी बात सुन कर बड़े चौधरी की आंखों में आंसू आ गए. वह अपने आंसू पोंछते हुए कमरे से बाहर चले गए. मिसेज मलिक ने मुझे बताया, ‘‘आप से लड़ाई की इस घटना से पहले नंबरदार और उस के भाई हवेली में आए थे और मलिक असद के सामने बड़े चौधरी से कहने लगे थे, ‘आप के बेटे में नुक्स है. वह औलाद पैदा करने के काबिल नहीं है. आप ने हम से गलतबयानी की है, बल्कि हमें धोखा दिया है. हम यह रिश्ता तोड़ने आए हैं.’

‘‘यह सुन कर मलिक असद उन से झगड़ पड़ा. अगर बड़े चौधरी न होते तो वे लोग भी जख्मी हो जाते. बडे़े चौधरी ने हालात को संभाला और उन से कहने लगे कि आप लोगों से मैं ने कोई झूठ नहीं बोला है, आप लोगों को यह बात किस ने बताई है?

‘‘जब नंबरदार ने आप का नाम बताया तो बड़े चौधरी चुप रह गए. इसी दौरान मलिक असद गुस्से में बाहर निकल गया. मुझे शक हुआ. मैं ने अपनी नौकरानी से कहा कि वह मलिक असद का पीछा करे. उस ने मुझे आ कर बताया कि उन लोगों ने आप को जख्मी कर दिया है.

‘‘मैं ने फौरन बड़े चौधरी को बताया और हम अपने आदमियों के साथ वहां पहुंचे तो आप की हालत काफी खराब थी. फौरन तांगा मंगवाया और सड़क पर आ कर गाड़ी का बंदोबस्त किया. यहां अस्पताल में आ कर भी हम बहुत परेशान रहे. आप को पूरे 6 दिनों बाद होश आया है. इस दौरान पुलिस भी हमें परेशान करती रही.’’

मैं मिसेज मलिक की बातें सुन कर मुसकराता रहा. मुझे पूरे 15 दिन अस्पताल में रहना पड़ा. इस दौरान मलिक असद को बड़े चौधरी लिवा लाए. वह भी अपने किए पर शर्मिंदा था. मैं उस से बहुत प्यार से मिला. मैं ने जाहिर नहीं होने दिया कि उस ने मुझ पर बहुत ज्यादती की है. इस का यह असर हुआ कि वह दिनरात मेरे पास रहने लगा. मैं ने इस दौरान डाक्टर राशिद से उस की मुलाकात कराई और उन से सिफारिश की कि वह उस का इलाज करें. मैं ठीक हो कर गांव आ गया और अपने काम में खो गया. इस वाकए का यह असर हुआ कि मुझे चौधरी की हवेली में ही रहने के लिए जाना पड़ा. खानापीना भी वहीं होने लगा.

मलिक असद और उस की बीवी बड़ी खुशगवार जिंदगी बिताते रहे. मैं जब तक उस गांव में तैनात रहा, मिसेज मलिक ने मुझे सगी बहन का प्यार दिया. 2 सालों बाद मुझे पता चला कि मलिक असद के घर एक फूल सी बच्ची पैदा हुई है तो उस वक्त की मेरी खुशी का अंदाजा आप लगा सकते हैं. Hindi Stories

लेखक – डा. फरहान  

Social Story: अवनीश का खूनी खेल – कर्मो की मिली सजा

Social Story: कानपुर शहर से 30 किलोमीटर दूर एक बड़ा कस्बा है अकबरपुर. यह  (देहात) जिले के अंतर्गत आता है. तहसील व जिला मुख्यालय होने के कारण कस्बे में हर रोज चहलपहल रहती है. इस नगर से हो कर स्वर्णिम चतुर्भुज राष्ट्रीय मार्ग जाता है जो पूर्व में कानपुर, पटना, हावड़ा तथा पश्चिम में आगरा, दिल्ली से जुड़ा है.

इस नगर में एक ऐतिहासिक तालाब भी है जो शुक्ल तालाब के नाम से जाना जाता है. शुक्ल तालाब ऐतिहासिक वास्तुकारी का नायाब नमूना है. बताया जाता है कि सन 1553 में बादशाह अकबर के नवरत्नों में से एक बीरबल ने शीतल शुक्ल को इस क्षेत्र का दीवान नियुक्त किया था. दीवान शीतल शुक्ल ने सन 1578 में इस ऐतिहासिक तालाब को बनवाया था.

इसी अकबरपुर कस्बे के जवाहर नगर मोहल्ले में सभासद जितेंद्र यादव अपने परिवार के साथ रहते थे. उन के परिवार में पत्नी अर्चना यादव के अलावा बेटी अक्षिता (5 वर्ष) तथा बेटा हनू (डेढ़ वर्ष) था. जितेंद्र के पिता कैलाश नाथ यादव भी साथ रहते थे. वह पुलिस में दरोगा थे, लेकिन अब रिटायर हो चुके हैं. जितेंद्र यादव की आर्थिक स्थिति मजबूत थी. उन का अपना बहुमंजिला आलीशान मकान था.

जितेंद्र यादव की पत्नी अर्चना यादव पढ़ीलिखी महिला थी. वह नगर के रामगंज मोहल्ला स्थित प्राइमरी पाठशाला में सहायक शिक्षिका थी, जबकि जितेंद्र यादव समाजवादी पार्टी के सक्रिय सदस्य थे. 2 साल पहले उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में सभासद का चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी. वर्तमान में वह जवाहर नगर (वार्ड 14) से सभासद है. जितेंद्र यादव का अपने मकान के भूतल पर कार्यालय था, साथ ही पिता कैलाश नाथ यादव रहते थे, जबकि भूतल पर जितेंद्र अपनी पत्नी अर्चना व बच्चों के साथ रहते थे.

मकान के दूसरी और तीसरी मंजिल पर 4 किराएदार रहते थे, जिन में 2 महिला पुलिसकर्मी अनीता व ऊषा प्रजापति थीं. मकान की देखरेख व किराया वसूली का काम कैलाश नाथ यादव करते थे. ऊषा का पति अवनीश प्रजापति मूलरूप से प्रयागराज जनपद के फूलपुर का रहने वाला था. महिला कांसटेबल ऊषा पहले प्रयागराज में तैनात थी. उस के साथ उस का पति भी रहता था. अवनीश वहां लैब टैक्नीशियन था, लेकिन लौकडाउन लगने के कारण मई 2020 में उस की लैब बंद हो गई थी.

ऊषा का ट्रांसफर भी प्रयागराज से कानपुर देहात जनपद के थाना अकबरपुर में हो गया था. उस के बाद वह पति अवनीश के साथ अकबरपुर कस्बे में सभासद जितेंद्र यादव के मकान में किराए पर रहने लगी थी. ऊषा की शादी अवनीश प्रजापति के साथ 4 साल पहले हुई थी. 4 साल बीत जाने के बाद भी ऊषा मां नहीं बन सकी थी. इस से उस का बेरोजगार पति अवनीश टेंशन में रहता था. अवनीश घर में ही पड़ा रहता था. उस का काम केवल इतना था कि वह पत्नी ऊषा को ड्यूटी पर अकबरपुर कोतवाली स्कूटर से छोड़ आता था और ड्यूटी समाप्त होने पर घर ले आता था.

ऊषा पुलिसकर्मी होने के बावजूद जितनी सरल स्वभाव की थी, उस का पति बेरोजगार होते हुए भी उतने ही कठोर स्वभाव का था. अवनीश की न तो किसी अन्य किराएदार से पटती थी और न मकान मालिक से. हां, वह सभासद जितेंद्र यादव से जरूर भय खाता था, जितेंद्र की पत्नी अर्चना यादव तो उसे फूटी आंख नहीं सुहाती थी. सभासद की पत्नी अर्चना यादव तथा ऊषा के पति अवनीश प्रजापति के बीच पटरी नहीं बैठती थी. दोनों के बीच अकसर तनाव बना रहता था. तनाव का पहला कारण यह था कि अवनीश साफसफाई से नहीं रहता था. वह मकान में भी गंदगी फैलाता रहता था.

अर्चना यादव शिक्षिका थीं. वह खुद भी साफसफाई से रहती थीं और मकान में रहने वाले अन्य किराएदारों को भी साफसफाई से रहने को कहती थीं. अन्य किराएदार तो अर्चना के सुझाव पर अमल करते थे, लेकिन अवनीश नहीं करता था. वह गुटखा और पान खाने का शौकीन था. पान खा कर उस की पीक कमरे के बाहर ही थूक देता था. कमरे के अंदर की साफसफाई का कूड़ा भी बाहर जमा कर देता था, जो हवा में उड़ कर पूरे फ्लोर पर फैल जाता था.

तनाव का दूसरा कारण अवनीश की बेशरमी थी. उस की नजर में खोट था. वह अर्चना को घूरघूर कर देखता था. उसे देख कर वह कभी मुसकरा देता, तो कभी कमेंट कस देता. उस की हरकतों से अर्चना गुस्सा करती तो कहता, ‘‘अर्चना भाभी, जब तुम गुस्सा करती हो तो तुम्हारा चेहरा गुलाब जैसा लाल हो जाता है और गुलाब मुझे बहुत पसंद है.’’

अर्चना ने अवनीश की हरकतों और गंदगी फैलाने की शिकायत अपने ससुर कैलाश नाथ यादव से की तो उन्होंने अवनीश को डांटाफटकारा और कमरा खाली करने को कह दिया. लेकिन अवनीश की पत्नी ऊषा ने बीच में पड़ कर मामले को शांत कर दिया. ऊषा प्रजापति ने मामला भले ही शांत कर दिया था, लेकिन अर्चना की शिकायत ने अवनीश के मन में नफरत के बीज बो दिए थे. वह मन ही मन उस से नफरत करने लगा था. अर्चना अपने बच्चों को भी अवनीश से दूर रखती थी. दरअसल, ऊषा की कोई संतान नहीं थी, अर्चना को डर था कि गोद भरने के लिए कहीं ऊषा व अवनीश उस के बच्चों पर कोई टोनाटोटका न कर दें.

एक रोज अर्चना किसी काम से छत पर जा रही थी. वह पहली मंजिल पर पहुंची तो अवनीश के कमरे के अंदरबाहर कूड़ा बिखरा देखा. इस पर उस ने गुस्से में कहा, ‘‘अवनीश कुत्ता भी पूंछ से जगह साफ कर के बैठता है, लेकिन तुम तो उस से भी गएगुजरे हो जो गंदगी में पैर फैलाए बैठे हो.’’

अर्चना की बात सुन कर अवनीश का गुस्सा बढ़ गया, ‘‘भाभी, मैं कुत्ता नहीं इंसान हूं. मुझे कुत्ता मत बनाओ. आप मकान मालकिन हैं, लेकिन इतना हक नहीं है कि आप मुझे कुत्ता कहें. आज तो मैं किसी तरह आप की बात बरदाश्त कर रहा हूं, लेकिन आइंदा नहीं करूंगा.’’

इस बार अर्चना ने अपने सभासद पति जितेंद्र से अवनीश की शिकायत की. इस पर सभासद ने अवनीश को खूब फटकार लगाई, साथ ही चेतावनी भी दी कि अगर उसे मकान में रहना है तो सफाई का पूरा ध्यान रखना होगा. वरना मकान खाली कर दो. अर्चना द्वारा बारबार शिकायत करने से अवनीश के मन में नफरत और बढ़ गई. उसे लगने लगा कि अर्चना जानबूझ कर किराएदारों के सामने उस की बेइज्जती करती है. उस के मन में प्रतिशोध की ज्वाला भड़कने लगी. वह बेइज्जती का बदला लेने की सोचने लगा.

28 फरवरी, 2021 की सुबह अवनीश ने पान की पीक कमरे के बाहर थूक दी. पीक की गंदगी को ले कर अर्चना और अवनीश में जम कर तूतूमैंमैं हुई. ऊषा ने किसी तरह पति को समझा कर शांत किया और गंदगी साफ कर दी. झगड़ा करने के बाद अवनीश दिन भर कमरे में पड़ा रहा और अर्चना को सबक सिखाने की सोचता रहा. आखिर उस ने एक बेहद खतरनाक योजना बना ली. रात 8 बजे अवनीश अपनी पत्नी ऊषा को अकबरपुर कोतवाली छोड़ने गया. वहां से लौटते समय उस ने पैट्रोल पंप से एक बोतल में आधा लीटर पैट्रोल लिया और वापस घर लौट आया.

उस ने ऊपरनीचे घूम कर पूरे मकान का जायजा लिया. ग्राउंड फ्लोर स्थित कार्यालय में सभासद जितेंद्र यादव क्षेत्रीय लोगों के साथ क्षेत्र की समस्यायों के संबंध में बातचीत कर रहे थे, कैलाश नाथ भी अपने कमरे में थे. जायजा लेने के बाद अवनीश पहली मंजिल पर आया. वहां अर्चना यादव रसोई में थी. पास में उन की 5 साल की बेटी अक्षिता तथा 18 माह का बेटा हनू भी बैठा था. अर्चना खाना पका रही थीं, जबकि दोनों बच्चे खेल रहे थे. इस बीच सिपाही अनीता कोई सामान मांगने अर्चना के पास आई. फिर वापस अपने कमरे में चली गई.

सही मौका देख कर अवनीश अपने कमरे में गया और वहां से पैट्रोल भरी बोतल ले आया. फिर वह रसोई में पहुंचा और पीछे से अर्चना यादव व उस के बच्चों पर पैट्रोल उड़ेल दिया. उस समय गैस जल रही थी, अत: पैट्रोल पड़ते ही गैस ने आग पकड़ ली. अर्चना व उस के बच्चे धूधू कर जलने लगे. आग की लपटों से घिरी अर्चना चीखी तो महिला सिपाही अनीता ने दरवाजा खोला. सामने का खौफनाक मंजर देख कर वह सहम गई. वह उसे बचाने को आगे बढ़ी तो अवनीश ने उस पर वार कर दिया. अनीता चीखनेचिल्लाने लगी.

भूतल पर सभासद जितेंद्र यादव साथियों सहित मौजूद थे. उन्होंने चीखपुकार सुनी तो पिता कैलाश नाथ व अन्य लोगों के साथ भूतल पर पहुंचे और आग की लपटों से घिरी पत्नी अर्चना व बच्चों के ऊपर कंबल डाल कर आग बुझाई. इसी बीच पकड़े जाने के डर से अवनीश भागा और केबिल के सहारे नीचे आ गया. घर के बाहर सभासद की स्कौर्पियो कार खड़ी थी. उस ने उसे भी जलाने का प्रयास किया. इसी बीच सभासद के साथियों ने उसे दौड़ाया तो वह भागने लगा. भागते समय सड़क पार करते हुए वह मिनी ट्रक की चपेट में आ गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार हेतु सरकारी अस्पताल पहुंचा दिया.

इधर सभासद जितेंद्र यादव ने गंभीर रूप से जली पत्नी और दोनों बच्चों को अपनी कार से प्राइवेट अस्पताल राजावत पहुंचाया. लेकिन डाक्टरों ने उन की गंभीर हालत देख कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया. सभासद  के पिता कैलाश नाथ यादव ने घटना की सूचना पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दी तो हड़कंप मच गया. कुछ ही देर में कोतवाल तुलसी राम पांडेय, डीएसपी संदीप सिंह, एसपी केशव कुमार चौधरी, एएसपी घनश्याम चौरसिया तथा डीएम दिनेश चंद्र जिला अस्पताल पहुंच गए. उन्होंने सभासद जितेंद्र यादव को धैर्य बंधाया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.

चूंकि अर्चना की हालत नाजुक थी. अत: जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने अर्चना का बयान दर्ज कराने के लिए एसडीएम संजय कुशवाहा को जिला अस्पताल बुलवा लिया. संजय कुशवाहा ने अर्चना का बयान दर्ज किया. अर्चना ने कहा कि किराएदार अवनीश ने पैट्रोल डाल कर उसे और उस के दोनों मासूम बच्चों को जलाया है. जिला अस्पताल में अर्चना व उस के बच्चों की हालत बिगड़ी तो डाक्टरों ने उन्हें कानपुर शहर के उर्सला अस्पताल में रेफर कर दिया. उर्सला अस्पताल में रात 11 बजे जितेंद्र के मासूम बेटे हनू ने दम तोड़ दिया.

रात 1 बजे बेटी अक्षिता की भी सांसें थम गईं. उस के बाद 4 बजे अर्चना ने भी उर्सला अस्पताल में आखिरी सांस ली. इस के बाद तो परिवार में कोहराम मच गया. जितेंद्र पत्नी व मासूम बच्चों का शव देख कर बिलख पड़े. अर्चना की मां व भाई भी आंसू बहाने लगे. पहली मार्च को सभासद जितेंद्र यादव की पत्नी अर्चना यादव व उस के मासूम बच्चों को किराएदार अवनीश द्वारा जिंदा जलाने की खबर अकबरपुर कस्बे में फैली तो सनसनी फैल गई. चूंकि मामला सभासद के परिवार का था, उन के सैकड़ों समर्थक थे. अत: उपद्रव की आशंका से पुलिस अधिकारियों ने अकबरपुर कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया.

इधर अर्चना व उस के बच्चों की मौत की खबर अकबरपुर कोतवाल तुलसीराम पांडेय को मिली तो उन्होंने अवनीश व उस की पत्नी ऊषा की सुरक्षा बढ़ा दी. उन्होंने अवनीश को अस्पताल से डिस्चार्ज करा कर अपनी कस्टडी में ले लिया. सभासद जितेंद्र यादव की तहरीर पर कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने भादंवि की धारा 326/302 के तहत अवनीश प्रजापति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे बंदी बना लिया. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद डीएसपी संदीप सिंह ने अभियुक्त अवनीश से घटना के संबंध में पूछताछ की तथा उस का बयान दर्ज किया. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का भी बारीकी से निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाए.

2 मार्च, 2021 को नगरवासियों ने मृतकों की आत्माओं की शांति के लिए कैंडल मार्च निकाला और अंडर ब्रिज के नीचे उन की फोटो पर पुष्प अर्पित किए. अनेक युवकों के हाथों में हस्तलिखित तख्तियां थी. उन की मांग थी कि हत्यारे को फांसी की सजा मिले. युवक सीबीआई जांच की भी मांग कर रहे थे. उन को शक था कि इस साजिश में कुछ और लोग भी शामिल हैं, जिन का परदाफाश होना जरूरी है.

3 मार्च, 2021 को पुलिस ने अभियुक्त अवनीश प्रजापति को कानपुर देहात की माती कोर्ट में मजिस्ट्रैट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया. सभासद जितेंद्र यादव और उन के पिता इस हृदयविदारक घटना से बेहद दुखी हैं. जितेंद्र यादव से दर्द साझा किया गया तो वह फफक पड़े. बोले, ‘किस पर भरोसा करूं. चंद मिनटों में ही हमारा सब कुछ खत्म हो गया. किराएदार ऐसा कर सकता है, कभी सोचा नहीं था. अवनीश ने मेरे परिवार को योजना बना कर जलाया है. बदले की आग में उस ने हमारी दुनिया ही उजाड़ डाली.’ Social Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Mumbai News: राधे मां का मायावी संसार

Mumbai News: राधे मां का मामला सामने आने के बाद यह बात साफ हो गई है कि साधुसंत हो या कोई तथाकथित अध्यात्म का ठेकेदार, सब के लिए मार्केटिंग जरूरी है. जितनी अच्छी मार्केटिंग होगी, उतना ही लाभ मिलेगा. अगर खूबसूरती पर आडंबर का आवरण चढ़ा दिया जाए तो कहना ही क्या…

वहां अनगिनत लोगों का जमावड़ा था. अधिकांश के माथे पर राधे मां के नाम की लाल पट्टी बंधी थी. भीड़ के बावजूद वहां पुलिस नहीं थी, अलबत्ता कैमरों के साथ बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी जरूर मौजूद थे. जिन में पलपल की खबर देने की होड़ सी लगी थी. जिस जगह यह जमावड़ा लगा था वह थी मुंबई में बालकेश्वर इलाके के एक बड़े मकान के सामने की खुली जगह. उस दिन तारीख थी इसी साल की 14 अगस्त. सुबह का वक्त. इस जगह को प्रैस वालों ने पिछले रोज तब से ही अपने कैमरों के फोकस पर ले रखा था, जब मुंबई की ढिंडोसी कोर्ट के माननीय सेशन जज वी.ए. राउत ने राधे मां के खिलाफ दर्ज दहेज प्रताड़ना के केस में उन की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी.

यह आपराधिक प्रकरण मुंबई के थाना कांदिवली में 7 लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था. इन में 6 लोगों से पुलिस ने पूछताछ पूरी कर ली थी, जिन्हें अदालत से अग्रिम जमानत भी मिल चुकी थी. सातवीं आरोपी राधे मां थीं, जिन से पूछताछ करने के लिए पुलिस ने सम्मन भेज कर उन्हें 14 अगस्त को दोपहर 12 बजे थाना कांदिवली बुलाया था. शुरू में राधे मां ने शायद इस सब को हल्केपन से लिया था. दरअसल, उन का मानना था कि कोई उन के खिलाफ कुछ भी कहता रहे, न तो पुलिस उन का कुछ बिगाड़ सकती है और न कोई कानून. संभवत: राधे मां को यह भी भरोसा था कि उन की कथित महानता के चलते पुलिस उन के खिलाफ कोई केस दर्ज करने की हिम्मत नहीं कर पाएगी.

उन के इस अति आत्मविश्वास का कारण था, उन के अनुयायियों में महानगर के तमाम बड़ेबड़े प्रभावशाली लोगों का होना, जिन में कई जानीमानी फिल्मी हस्तियां भी थीं. वैसे भी उन के भक्तों का दायरा इतना बड़ा था कि अपनी धर्मगुरु राधे मां के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होने की स्थिति में वे जमीनआसमान एक कर सकते थे. यही वजह थी कि राधे मां के खिलाफ आवाजें उठते ही बड़ी संख्या में लोग उन के आश्रम पर एकत्रित होने लगे. कई लोग ऐसे भी थे जो फोन कर के उन्हें हर तरह से आश्वस्त कर रहे थे.

राधे मां का आश्रम बोरीवली स्थित एक विशाल इमारत के 5वें माले पर था. इस बिल्डिंग के छठें माले पर राधे मां ने अपना निजी आवास बना रखा था, जहां उन की अनुमति के बगैर कोई नहीं आजा सकता था. जिस इमारत में आश्रम और राधे मां का निवास है वह मुंबई (मलाड) की मशहूर एम.एम. मिठाईवाला चेन के मालिक मनमोहन गुप्ता की है. पूरा गुप्ता परिवार राधे मां का अनन्य भक्त है. परिवार के मुखिया मनमोहन गुप्ता राधे मां के आदेश के बिना न तो कोई व्यापारिक फैसला लेते हैं और न ही पारिवारिक.

मनमोहन गुप्ता का एक भांजा है नकुल. 30 अप्रैल, 2012 को उस की शादी मुंबई के ही कांदिवली इलाके की रहने वाली निक्की अग्रवाल से हुई थी. यह शादी राधे मां की अनुमति से ही संपन्न हुई थी. लेकिन चंद रोज बाद ही यह विवाह टूटने के कगार पर पहुंच गया था. इस की वजह बताई जा रही हैं राधे मां. कम से कम निक्की का तो यही कहना है. 16 जुलाई, 2015 को निक्की ने इस संबंध में थाना कांदिवली में भादंवि की धाराओं 498ए, 406 एवं 506 के तहत गुप्ता परिवार के 6 सदस्यों के अलावा राधे मां को भी नामजद करते हुए अपनी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. यह प्राथमिकी पुलिस ने अदालती आदेश पर दर्ज की थी.

अपनी इस रिपोर्ट में निक्की ने जिस पर सब से ज्यादा आरोप लगाए थे, वह थीं राधे मां. निक्की के आरोप के अनुसार यह शादी न केवल राधे मां की अनुमति से हुई थी, बल्कि शादी से जुड़े अन्य मामलों में भी उन का पूरा दखल था. दानदहेज की बातें भी उन्होंने ही खुल कर की थीं. बकौल निक्की सब कुछ तय हो जाने के बाद राधे मां ने शादी में शिरकत करने के लिए वायुमार्ग से आने की बात कहते हुए एक विशेष हेलीकौप्टर, लग्जरी गाड़ी व 25 लाख रुपयों की मांग की थी, जो उस के घर वाले उन की इच्छा के मुताबिक पूरी नहीं कर पाए. निक्की के अनुसार दहेज में 25 लाख रुपए दे दिए जाने के बावजूद राधे मां शेष मांगें पूरी न होने की वजह से खफा हो गईं.

शादी हो जाने के बाद इसी की सजा देने के लिए उन्होंने उसे तब अपने यहां हाजिर होने का फरमान सुना दिया, जब वह अपने पति के साथ हनीमून पर विदेश गई हुई थी. अपनी गुरुमां के आदेश की अवहेलना करना उस के पति के बूते की बात नहीं थी. लिहाजा हनीमून बीच में छोड़ नकुल ने वापस लौट कर उसे राधे मां के सामने पेश कर दिया. निक्की द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार इस के बाद राधे मां ने उसे अपनी सेविका बना कर अपने निवास पर रख लिया, जहां उस से साफसफाई करने से ले कर कई ऐसे कार्य भी करवाए जाते थे जिन्हें करने के बारे में उस ने अपने घर में कभी सोचा तक नहीं था.

बकौल निक्की इन कामों में जरा सी भी कोताही होने पर उसे राधे मां के गुस्से का शिकार बनना पड़ता था. राधे मां उस के प्रति न केवल कठोर शब्दों का इस्तेमाल करती थीं बल्कि उस के जिस्म के हिस्सों पर अपने त्रिशूल की नोक चुभो कर उसे बुरी तरह प्रताडि़त भी करती थीं. बाद में वह उस की ससुराल वालों को बुलवा कर उन से उस की पिटाई भी करवाती थीं. उस वक्त राधे मां निक्की को संबोधित कर के कहती थीं, ‘‘आगे से कभी भी मुझे न कहने की जुर्रत मत करना.’’

निक्की ने पुलिस को बताया कि उस के परिवार वालों ने अपनी हैसियत से ज्यादा खर्चा कर के उस की शादी बड़ी धूमधाम से की थी, जिस में अच्छाखासा दहेज भी दिया गया था. लेकिन उस का जीवन नर्क बना दिए जाने के बावजूद उस की ससुराल वाले उस के मातापिता से 65 लाख रुपए नगद मांग कर रहे थे.

बकौल निक्की यह सब राधे मां के कहने पर किया जा रहा था. राधे मां ने उसे एक तरह से अपनी बंधक बना लिया था. तमाम तरह की प्रताड़नाओं की वजह से उस का जीवन नर्क बनता जा रहा था. न कोई उसे बचाने वाला था, न ही उस की बात सुनने वाला. उस के मातापिता व भाई रौनक अग्रवाल उस की दशा देख कर अलग खून के आंसू रो रहे थे. लेकिन राधे मां के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत उन में भी नहीं थी. निक्की की सोच के मुताबिक राधे मां ने शायद उस पर काला जादू कर के उसे अपने वश में कर रखा था. वह जितना भी इस जाल से निकलने का प्रयास करती, उतना ही और ज्यादा फंसती जाती थी. आखिर जैसेतैसे एक दिन वह राधे मां के जाल से निकल कर अपने घर पहुंचने में सफल हो गई.

इस के बाद उस ने वकील सन्नी वास्कर से मिल कर अपनी तहरीर तैयार की और इसे ले कर पुलिस के पास पहुंची. लेकिन जब पुलिस ने कोई काररवाई नहीं की तो उस ने अदालत में अपनी याचिका लगाई. आखिर अदालत ने पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर के काररवाई करने का निर्देश दिया. निक्की की शिकायत पर पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर के 6 लोगों के बयान लिए और राधे मां को थाने में पेश होने का लिखित आदेश दिया.

राधे मां के पास जब यह आदेश पहुंचा तब वह बोरीवली स्थित अपने आवास पर थीं, जहां से वह अचानक गायब हो गईं. पुलिस को संदेह हुआ कि कहीं वह विदेश भागने की कोशिश न करें, लिहाजा इस संबंध में रेड कौर्नर नोटिस जारी कर के उन की फोटो के साथ सभी हवाईअड्डों को सूचित कर दिया गया. इधर यह सब चल रहा था, उधर मुंबई की एक वकील फाल्गुनी ब्रह्मभट्ट ने राधे मां पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाते हुए उन के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी. इस बारे में फाल्गुनी का कहना था कि राधे मां की कथित महिमा के बारे में सुन कर वह खुद उन के दरबार में गई थीं. वहां का माहौल एकदम अभद्र व अश्लील था, जिस से आहत हो कर उन्होंने राधे मां के खिलाफ बोरीवली थाने में शिकायत दर्ज करवाई.

बकौल फाल्गुनी ब्रह्मभट्ट राधे मां अपने यहां लोगों को देर रात की पार्टियों में बुलाती हैं, जिस में वह बौलीवुड के गानों पर लोगों के साथ नाचती हैं. इतना ही नहीं, बल्कि वह अपने भक्तों खासकर पुरुषों को उन्हें गोद में उठा कर झूला झुलाने और चूमने को भी कहती हैं. मुंबई में जगहजगह राधे मां के होर्डिंग्स लगे हुए थे. उन्हें दुर्गा मां का अवतार कह कर प्रचारित किया गया था. वह रहती भी अपनी अलग वेशभूषा में थीं. निहायत कीमती लाल सुर्ख जोड़े के साथ महंगे आभूषणों से लदीफदी राधे मां के चेहरे पर फिल्मी तारिकाओं जैसी चमक और सौंदर्य झलकता था. वह गहरे लाल रंग की लिपस्टिक का इस्तेमाल करती थीं. उन के माथे पर गहरे लाल रंग की लंबी रेखा खिंची रहती थी.

केशविन्यास भी फिल्मी तारिकाओं से कम नहीं था, जिस में दाईं तरफ बालों में गुलाब का फूल टंका रहता था. इस कथित दिव्य रूप के साथ राधे मां के दाएं हाथ में गोटे वाली लाल रंग की चुनरी में लिपटा छोटा सा त्रिशूल होता था और बायां हाथ आशीर्वाद देने की मुद्रा में उठा रहता था. संभवत: मार्केटिंग को ध्यान में रखते हुए राधे मां का यही स्वरूप जनमानस को परोसा गया था. अपनी इसी छवि के साथ राधे मां आम लोगों के जेहन में समाई हुई थीं. दरअसल अगर कोई व्यक्ति उन का भक्त नहीं भी था तो भी वह उन के इस रूप को राधे मां के रूप में पहचानता था. इस कथित दिव्य चेहरे के पीछे कोई दूसरा चेहरा भी छिपा हो सकता था, इस बारे में अभी तक शायद किसी ने सोचने की जहमत नहीं उठाई थी.

लेकिन खुद को देवी का अवतार बताने वाली राधे मां के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होने का जरा सा धुआं क्या उठा कि छोटे रूप में ही सही आग की चिंगारियां नजर आने लगीं. इन चिंगारियों की चमक तब और बढ़ गई जब सोशल साइट्स पर राधे मां का एक वीडियो वायरल हुआ. इस वीडियो में वह अपने चिरपरिचित परिधान की जगह थोड़े मौडर्न लिबास में फिल्मी गाने की धुन पर हिरणी वाले अंदाज में ठुमके लगाती हुई नजर आईं.

लेकिन बात यहीं खत्म नहीं हुई, किसी ने उन के कुछ ऐसे अभद्र चित्र भी नेट पर डाल दिए, जिन में वह निहायत आधुनिक लिबास पहने नजर आ रही थीं. ऐसा लग रहा था जैसे उन्होंने आधेअधूरे मौडर्न कपड़ों में मौडलिंग का सेशन करवाया हो. अभी तक यह रहस्य ही था कि आखिर राधे मां के इस तरह के फोटो जुटा कर किस ने सार्वजनिक कर दिए. इसी बीच टीवी कलाकार राहुल महाजन ने एक टीवी चैनल पर आ कर बताया कि ये फोटो उन्होंने अपने एक मित्र से हासिल कर के सार्वजनिक किए थे ताकि ऐसे ढोंगी साधुसंतों की सच्चाई लोगों के सामने आ सके.

इस के साथ ही राधे मां का हर क्रियाकलाप ब्रेकिंग न्यूज बनने लगा. सभी न्यूज चैनलों पर राधे मां पर होने वाली परिचर्चा दिखाई जाने लगी. कोई राधे मां के हक में बोल रहा था तो कोई विरोध में. अखबारों के पन्ने भी इस तरह के समाचारों से रंगने लगे थे. घरघर में राधे मां की चर्चा हो रही थी. दूसरी ओर अपने खिलाफ मामला दर्ज होने और पुलिस द्वारा थाने में पेश होने का सम्मन मिलने पर राधे मां अपने बोरीवली आश्रम कम निवास से गायब हो गईं. इस से पुलिस को संदेह हुआ कि राधे मां विदेश भागने की कोशिश कर सकती हैं. इसी के मद्देनजर उन के खिलाफ रेड कौर्नर नोटिस जारी कर दिया गया.

पुलिस को तो राधे मां की तलाश थी ही, मीडिया भी उन की खोजखबर लेने के लिए दिनरात शिद्दत से जुटा था. आखिर 8 अगस्त की भोर में कुछ मीडियाकर्मियों को पता चला कि राधे मां अपने खास भक्तों के साथ महाराष्ट्र के औरंगाबाद स्थित एक बड़े होटल में ठहरी हैं. उन्हें यह भी पता चला कि वह होटल से सुबहसुबह नांदेड़ के लिए रवाना हो जाएंगी. इस का नतीजा यह हुआ कि जब राधे मां नांदेड़ जाने के लिए तैयार हो कर होटल से बाहर निकलीं तो पत्रकारों ने उन्हें घेर कर सवाल दागने शुरू कर दिए, जिस पर एक बार तो वह बेहोश हो कर जमीन पर गिर गईं. इस पर उन के साथी पत्रकारों को लताड़ते हुए उन्हें गोद में उठा कर उन की कार तक ले गए. इस बीच वह होश में आ गई थीं.

राधे मां के पास काले रंग की चमचमाती विदेशी जगुआर कार थी. भारतीय मुद्रा में इस कार की कीमत करीब एक करोड़ रुपए है. इस कार में ड्राइवर के साथ वाली सीट हटा कर लाल रंग का सिंहासन लगवा दिया गया था. साथ ही इस के नीचे आने वाले कार के पहिए पर भी लाल रंग पोत दिया गया था. अन्य तीनों पहिए जिस तरह के थे, उन्हें वैसा ही रहने दिया गया था. पत्रकार लगातार प्रश्न पूछते हुए राधे मां के पीछे आ गए थे. राधे मां के साथियों ने जब उन्हें ले जा कर गाड़ी में बने सिंहासन पर बैठा दिया तो वह एक बार तो अपना चेहरा हाथों में छिपा कर रोने लगीं. फिर अचानक खिड़की का शीशा नीचे करते हुए पत्रकारों से मुखातिब हो कर बोलीं, ‘‘मैं मीडिया, पुलिस और कानून का सम्मान करती हूं. मेरा न्याय मेरा भगवान करेगा.’’

इस के बाद वह अपने समर्थकों समेत नांदेड़ के लिए रवाना हो गईं. मीडिया भी उन के पीछे लगा रहा. नांदेड़ के एक बड़े गुरुद्वारे में जा कर राधे मां ने मत्था टेका और अरदास की. 9 तारीख को वह मुंबई लौट आईं. इसी दिन किसी ने उन की वेबसाइट को हैक कर लिया. मातामणि श्री राधे गुरु मां चैरिटेबल ट्रस्ट के कार्यकारी ट्रस्टी संजीव गुप्ता ने इस बारे में पत्रकारों को बताया कि किसी शरारती तत्व ने वेबसाइट हैक कर के उस पर लिख दिया था— ‘प्लीज, ढोंग करने वाले किसी तथाकथित संत को मत पूजो. आप लोग मेहनत कीजिए. राधे मां को पूजने से कुछ नहीं होगा.’

बहरहाल जल्दी ही वेबसाइट को ठीक कर दिया गया. बहरहाल, मुंबई लौट कर राधे मां एक मजार पर चादर चढ़ाने भी गईं. इस के साथ ही उन्होंने कांदिवली थाने में एक लिखित प्रार्थनापत्र दे कर इस बात की गुजारिश की कि 14 अगस्त की बजाय थाने में उन की पेशी 26 अगस्त तक के लिए मुल्तवी कर दी जाए. दरअसल राधे मां के एक बेटे को हीरो के रूप में ले कर एक फिल्म निर्माता फिल्म बना रहे थे ‘इश्क डौट कौम’. इस फिल्म की शूटिंग बैंकाक में हो रही थी, जिसे देखने के लिए राधे मां को वहां जाना था. लेकिन पुलिस ने उन का यह अनुरोध अस्वीकार करते हुए अपना सख्त आदेश भिजवा दिया कि वह किसी भी सूरत में 14 अगस्त, 2015 को दिन के ठीक 12 बजे थाने में हाजिर हो जाएं, यही उन के हित में होगा.

नांदेड़ से मुंबई लौटने पर राधे मां बोरीवली न जा कर बालकेश्वर इलाके में स्थित अपने दूसरे आवास पर जा कर ठहर गई थीं. यहीं से उन्हें थाना कांदिवली पहुंचना था. इस जगह से थाने की दूरी करीब 30 किलोमीटर थी. मुंबई के ट्रैफिक को देखते हुए डेढ़-2 घंटे का वक्त लग सकता था. लिहाजा तय हुआ कि वहां से 10 बजे निकला जाए. अपने चिरपरिचित अंदाज में राधे मां सही वक्त पर अपने इस निवास से निकल भी आईं. लेकिन बाहर आते ही उन्हें पत्रकारों ने घेर लिया, जिस पर राधे मां ने इतना ही कहा, ‘‘देखिए, मैं पूरी तरह प्योर और पायस हूं. मैं ने आज तक कभी किसी का दिल नहीं दुखाया. मैं पूरी तरह प्योर हूं.’’

फिर उन्होंने पहले तो आम प्रचलित कवितानुमा बात कही, ‘‘सच्चाई छुप नहीं सकती बनावट के उसूलों से, खुशबू आ नहीं सकती कभी कागज के फूलों से.’’

इस के बाद राधे मां ने कबीर के इस दोहे का उल्लेख किया, ‘‘साच बराबर तप नहीं, झूठ बराबर पाप. जाके हृदय साच है ताके हृदय आप.’’

इस के बाद राधे मां ने खुद को बेकसूर कहते हुए फरमाया कि वह पैसे वाली देवी हैं, उन के श्रद्धालु उन्हें इतना चढ़ावा चढ़ाते हैं कि उन्हें पैसों की कोई कमी नहीं है. ऐसे में वह निक्की के परिवार वालों से पैसा क्यों मांगेगी? जबकि वह तो हमेशा दूसरों की मदद करती आई हैं. इसी मौके पर राधे मां ने इलैक्ट्रौनिक मीडिया के एक फोटोग्राफर से कहा, ‘‘बेटा, इस वक्त भी मेरी गाड़ी में 20 लाख रुपया पड़ा है, जिसे मैं जिसे चाहूं दे सकती हूं. तुम्हारा कैमरा अगर टूट जाए तो चिंता नहीं करना. मैं ले कर दूंगी तुम्हें नया कैमरा.’’

खैर, अपने साथियों, छोटी मां व टल्ली बाबा समेत वह अपने 60 समर्थकों सहित दिन के ठीक पौने 11 बजे कांदिवली थाने के लिए रवाना हो गईं. इस बार वह काले रंग की अपनी जगुआर कार पर न जा कर सफेद रंग की फार्चुनर गाड़ी से निकली थीं. बहरहाल, राधे मां ने थाने में क्या कहा, यह जानने से पहले उन का इतिहास खंगालने की कोशिश करते हैं. राधे मां का वास्तविक नाम है सुखविंदर कौर. कुछ लोग उन्हें बब्बो के नाम से भी जानते हैं. उन का जन्म 4 अप्रैल, 1965 को जिला गुरदासपुर (पंजाब) के गांव दोरांगला निवासी अजीत सिंह के यहां हुआ था.

उन की 3 बहनें और 2 भाई थे. अजीत सिंह पंजाब स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड में नौकरी करते थे. अपनी पुत्रवधू की हत्या में सजा भुगतने के बाद 2014 में उन की मृत्यु हो गई थी. सुखविंदर ने गांव के सरकारी स्कूल से 10वीं पास की थी. जब वह कुल 17 साल की थी, तभी उस की शादी कर दी गई. उस की ससुराल जिला होशियारपुर के कस्बा मुकेरियां में थी. उस का पति मोहन सिंह अपने पिता करम सिंह हलवाई के साथ दुकान पर काम करता था.

सुखविंदर को धर्मकर्म में बचपन से ही रुचि थी. शादी के बाद भी उस का धर्मकर्म के प्रति लगाव बना रहा. इत्तफाक से उस की कही कई बातें सच हो गई थीं. इसी को ध्यान में रख कर उस ने अपने पति के बारे में भी भविष्यवाणी की कि विदेश में जा कर काम करने से वह अच्छा पैसा कमा सकते हैं. मोहन सिंह पत्नी की बात मानते हुए दोहा कतर चले गए. तब तक सुखविंदर 3 बच्चों की मां बन चुकी थी.

पति के विदेश जाने के बाद घरगृहस्थी चलाने के लिए सुखविंदर ने घर पर ही कपड़े सिलने का काम शुरू कर दिया. लेकिन उस ने अपनी भक्ति में कमी नहीं आने दी. स्थानीय काली मंदिर में जा कर वह घंटों काली मां की पूजाअर्चना किया करती थी. धीरेधीरे वह अध्यात्म की दिशा में मुड़ कर मुकेरियां स्थित डेरा परमहंस बाबा के महंत रामादीन दास की शिष्या बन गई. महंत ने उसे आध्यात्मिक दीक्षा दी. साथ ही नया नाम दिया—राधे मां.

इस के बाद सुखविंदर राधे मां के रूप में सत्संग करने लगीं. वैसे भी लोग अब उन्हें राधे मां के नाम से ही जाननेपुकारने लगे थे. खानपुर में मां भगवती मंदिर राधे मां का आध्यात्मिक केंद्र बन गया. आज भी वहां के लोगों का कहना है कि इस तरह के सत्संग के दौरान वह अपने भक्तों को वरदान देती थीं, जिस से उन के संकट दूर हो जाते थे. उन दिनों खुद को देवी का अवतार कहते हुए राधे मां जागरण भी किया करती थीं. सन 2002 में राधे मां ने फगवाड़ा में ऐसे ही एक भव्य जागरण का आयोजन करवाया, जिस में उन्होंने खुद को मां दुर्गा के अवतार के तौर पर प्रचारित करने का प्रयास किया. फगवाड़ा में रहने वाले विश्व हिंदू परिषद के नेता सुरेंद्र मित्तल ने इस बात का विरोध किया.

30 मार्च 2002 को हुए जागरण के बाद राधे मां एक कारोबारी अरण नंदा के दीवान हाउस में ठहरी हुई थीं. सुरेंद्र मित्तल ने अपने साथियों के साथ वहां पहुंच कर राधे मां का विरोध किया. यह विरोध प्रदर्शन 3 घंटों तक चला. मौके पर स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई थी. आखिर राधे मां द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी मांगे जाने के बाद यह प्रदर्शन खत्म हो पाया. जो भी था, एक जगह राधे मां का विरोध हुआ तो 10 जगह जयजयकार भी होती रही. राधे मां प्रवचन सुनातीं व जागरण करतीं और अपने भक्तों को आशीर्वाद देतीं. भक्त भी कहते रहे कि राधे मां के आशीर्वाद से उन के कष्ट दूर हो गए हैं.

कहते हैं कि ऐसा ही एक आशीर्वाद राधे मां ने मुंबई के एक भक्त मनमोहन गुप्ता को भी दिया था. काम हो जाने पर वह राधे मां से इस कदर प्रभावित हुए कि उन्हें अपने साथ मुंबई ले गए. इस तरह मुंबई का जानामाना गुप्ता परिवार राधे मां का अनन्य भक्त बन गया. मनमोहन गुप्ता का लड़का संजय गुप्ता अपनी ग्लोबल एडवरटाइजिंग एजेंसी चलाता था. यह एजेंसी बड़ेबड़े होर्डिंग्स लगाने का काम करती थी. संजय गुप्ता ने अपने इस व्यवसाय के माध्यम से राधे मां को उच्च श्रेणी की देवी बना कर लोगों के सामने पेश किया और अपने बोरीवली वाले विशाल बंगले की 2 मंजिलें उन्हें दे दीं. राधे मां को विदेशी जगुआर गाड़ी भी संजय गुप्ता ने ही भेंट की थी.

फलस्वरूप गुप्ता परिवार की बदौलत कुछ ही सालों में राधे मां की प्रसिद्धि इस तरह आसमान छूने लगी कि 2 अगस्त, 2012 को जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि ने गुरु पूर्णिमा पर अनुष्ठानों के साथ राधे मां को महामंडलेश्वर की पदवी से नवाज दिया. इस अलंकरण समारोह को पूरी तरह गुप्त रखा गया था. अखाड़े के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार महामंडलेश्वर पदवी मिलने के अगले ही दिन राधे मां मुंबई चली गई थीं. इस के बाद उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी दिए जाने पर कई सवाल उठने लगे.

जांच के लिए राधे मां के आध्यात्मिक गुरु स्वामी पंचनंद के नेतृत्व में 11 सदस्यीय जांच समिति बनी. समिति ने राधे मां के जीवन से जुड़े विभिन्न स्थानों पर जा कर जांच की. इस के बाद उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी से निलंबित कर दिया गया था. इस से पहले द्वारिकापीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने राधे मां को नासिक कुंभ मेले में औपचारिक शाही स्नान में हिस्सा लेने से रोक दिया था. अखाड़ों में संतों के बीच राधे मां को ले कर भले ही कुछ भी चलता रहा हो, मुंबई में राधे मां का दबदबा तब तक पूरी तरह कायम रहा, जब तक निक्की ने उन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई थी. निक्की की उसी रिपोर्ट ने उन्हें थाने पहुंचने को मजबूर कर दिया था.

बहरहाल, 14 अगस्त 2015 को दिन के ठीक पौने 11 बजे बालकेश्वर से चला राधे मां का काफिला 12 बज कर 20 मिनट पर थाना कांदिवली जा पहुंचा. मामले की नजाकत को देखते हुए थाने में भारी पुलिस बल का प्रबंध किया गया था. राधे मां के अलावा किसी को भी थाने के भीतर नहीं जाने दिया गया. थाने के विशेष रूम में 3 महिला इंसपेक्टरों और एक पुरुष इंसपेक्टर ने राधे मां से 75 सवालों की सूची के साथ 4 घंटे 42 मिनट तक पूछताछ की. इस पूछताछ के दौरान 25 मिनट तक राधे मां रोईं और एक बार बेहोश भी हुईं. तब उन्हें वातानुकूलित कमरे में ले जा कर उन की सहायक छोटी मां को भीतर बुलाया गया जो लगातार उन्हें टेट्रापैक जूस व काजू देती रहीं.

इस बीच राधे मां के वकील अशोक गुप्ते व आबाद कोंडा उन्हें हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत दिलवाने का प्रयास करते रहे जो आखिर स्वीकार कर ली गई. यह जमानत 2 हफ्तों के लिए स्वीकार की गई. साथ ही राधे मां को इस बात का निर्देश भी दिया गया कि उन्हें तय समय पर मामले की जांच के सिलसिले में कांदिवली पुलिस थाने जाना होगा. यह सिलसिला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि इस दौरान अन्य कई जगहों पर राधे मां के खिलाफ शिकायतें दर्ज हो गईं. जगहजगह आक्रोश भी प्रकट हो रहा था.

इस सिलसिले में मुकेरियां में हिंदू संगठनों ने न केवल उन के विरोध में प्रदर्शन किया, बल्कि उन का पुतला जला कर उन के चित्रों वाले होर्डिंग्स पर कालिख पोत दी गई. तमाम संतों के बीच वह बहस का मुद्दा तो बनी ही रहीं. यहां तक कि राधे मां का मामला लोकसभा में भी गूंजा. सदन में सरकार से फरजी साधूसाध्वियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की जाती रही. मलोट कस्बे के वकील चूनीलाल भारती ने स्थानीय सिटी पुलिस में राधे मां के खिलाफ अपनी शिकायत दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया कि राधे मां उर्फ सुखविंदर कौर खुद को दुर्गा मां का अवतार बता कर चौकी लगाती हैं. इस से जहां वह अंधविश्वास फैला रही हैं, वहीं वह धार्मिक भावनाओं से भी खिलवाड़ कर रही हैं. बकौल वकील भारती राधे मां ने यह पाखंड रच कर 1000 करोड़ की संपत्ति एकत्र की है.

राधे मां पर एक आरोप उन के भाई के ससुराल वालों ने भी लगाया है. आरोप के अनुसार पंजाब के गांव नानोमंगल निवासी बलविंदर कौर की शादी राधे मां के भाई सुखबीर सिंह हुई थी. बलविंदर आंगनवाड़ी में सरकारी नौकरी करती थी. शादी के 6 साल बाद तक उसे बच्चा नहीं हुआ तो 6 जून, 2002 को गला दबा कर उस की हत्या कर दी गई. इस आरोप में राधे मां के पिता अजीत सिंह और भाइयों सुखबीर सिंह व निर्मल सिंह के खिलाफ कत्ल का मुकदमा दर्ज हुआ. 11 अक्तूबर 2004 को इन तीनों को 10-10 साल कैद की सजा सुनाई गई थी. बलविंदर के भाई जगतार सिंह ने आरोप लगाया है कि उस की बहन की हत्या के षडयंत्र में राधे मां भी शामिल थी, लेकिन उस के खिलाफ कुछ नहीं किया गया. अब इस की विस्तृत जांच की जाए.

हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा-चंबा सीमा पर स्थित हटली राम मंदिर के महंत श्यामसुंदर ने बताया कि वह और राधे मां गुरु रामादीन दास परमहंस के शिष्य थे. गुरुजी ने ही सुखविंदर कौर को राधे मां बनाया था. महंत श्यामसुंदर का आरोप है कि गुरुजी की संपत्ति हथियाने के मकसद से राधे मां एक बार उन्हें अपने साथ विदेश ले गईं, जहां से वापस आने पर गुरुजी इस कदर बीमार हुए कि आखिर मौत की नींद ही सो गए. महंत श्यामसुंदर को आशंका है कि अब राधे मां से उन्हें भी जान का खतरा है.

14 अगस्त को फगवाड़ा निवासी सुरेंद्र मित्तल ने एसएसपी कपूरथला को लिखित शिकायत दे कर राधे मां, उस की बहन राजेंद्र कौर उर्फ रज्जी मौसी, रितु सरीन उर्फ छोटी मां, उस की पुत्रवधू मेघा सिंह व संजीव गुप्ता पर धमकाने, अश्लीलता फैलाने व आडंबर रच कर हिंदू धर्म को ठेस पहुंचाने के आरोप लगाए हैं. लुधियाना में भी इस तरह की एक शिकायत अदालत में दर्ज हुई है. फिल्म अभिनेत्री डौली बिंद्रा पहले राधे मां की मुरीद थीं, अब उन्होंने भी इसी तरह की शिकायत मुंबई पुलिस में की है.

फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर खुल कर राधे मां के खिलाफ बोले, तो दिग्गज फिल्म निर्माता सुभाष घई ने उन के हक की बात की. गायक सोनू निगम तो पूरी तरह राधे मां के समर्थन में उतर पड़े. 17 अगस्त 2015 को उन्होंने राधे मां के समर्थन में एक के बाद एक ट्वीट कर के उन का समर्थन करते हुए उन की तुलना काली मां से कर डाली. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘काली मां को तो राधे मां से भी कम कपड़ों में दर्शाया गया है, यह बहुत रोचक है कि यह देश कपड़ों की वजह से एक महिला पर केस चलाना चाहता है.’ सोनू का दूसरा ट्वीट था, ‘पुरुष साधु नग्न घूम सकते हैं, अजीब तरह के डांस कर सकते हैं, लेकिन रेप का आरोप लगने के बाद ही उन्हें जेल में डाला जा सकता है. क्या यह लैंगिक समानता है?’

सोनू ने तीसरे ट्वीट में लिखा, ‘केस चलाना चाहते हैं तो अनुयायियों पर केस चलाइए. अपने आप पर केस चलाइए. महिलाओं और पुरुषों को धर्मगुरु बनाने के लिए अलगअलग नियम. यह सही नहीं है.’ इसे ले कर सोनू निगम के खिलाफ केस भी दर्ज हुआ है क्योंकि उन्होंने राधे मां की तुलना काली मां से कर दी थी. बहरहाल, इसे रोचक ही कहा जाएगा कि इस वक्त राधे मां की सर्वाधिक चर्चा फिल्मनगरी में है. कोई उन का विरोध कर रहा है तो कोई उन के हक में आवाज बुलंद कर रहा है. राधे मां के एक पूर्व अनुयायी ने अपना नाम न छापने की शर्त पर जो बताया वह भी कम रोचक नहीं है, ‘सब माया का खेल था, जबरदस्त मार्केटिंग थी. प्रचार से लोग, बीड़ी कच्छा बेच कर क्या से क्या बन गए, यहां तो फिर भी…’

इसी सब के चलते 20 अगस्त को राधे को पुन: थाने बुलाया गया. इस बार उन के सामने 23 सवालों की सूची रखी गई. इस सूची में एक नया नाम ‘डैडी’ भी शामिल था. पूछताछ में राधे मां ने बताया कि डैडी उन के पति को कहा जाता है जबकि अपने और डैडी के पासपोर्ट के बारे में राधे मां ने कोई जानकारी नहीं दी. जो भी हो, ज्यादा रोचक तो इस समाचार को माना जाना चाहिए कि ‘ग्लैमरस राधे मां’ नाम से इस प्रकरण पर फिल्म की घोषणा भी हो गई है. Mumbai News

 

Lucknow News: धंधे की तपिश में झुलसी बेटी

Lucknow News: सायरा लखनऊ में देहधंधे की बड़ी धुरी थी. दूसरे की बेटियों को वेश्यावृत्ति की आग में झोंकने वाली सायरा अपनी बेटियों पर इस धंधे की छाया भी नहीं पड़ने देना चाहती थी. लेकिन उस की करतूतों की सजा बेटी को उठानी ही पड़ गई. सायरा जितनी खूबसूरत थी उतनी ही चंचल और शोख हसीन भी. अन्य लड़कियों की तरह शादी को ले कर उस के भी सुनहरे सपने थे. लेकिन उस के सारे सपने उस वक्त चकनाचूर हो गए जब उस की शादी सीतापुर जिले के महमूदाबाद कस्बे के हुसनैन के साथ हुई. उस का मायका भी इसी कस्बे के दूसरे मोहल्ले का था.

हुसनैन मेहनतमजदूरी करता था. वह जो पैसे कमाता था उस से उस के घर का केवल खर्च ही चल पाता था. ऐसे में उस ने अपने सपनों को एक तरफ सरका दिया और अपनी घरगृहस्थी में रम गई. लेकिन जब कभी वह गहने या अच्छे कपड़े पहनी हुई अन्य महिलाओं को देखती तो उस के दिल में टीस सी उठती थी. तब वह सोचती कि उस के सपने भी कभी पूरे होंगे या जिंदगी ऐसे ही अभावों में कटेगी.

जब उसे निश्चित हो गया कि कस्बे में रह कर उस के सपने पूरे नहीं हो सकते तो उस ने लखनऊ जाने की ठान ली और इस के लिए उस ने पति को भी किसी तरह तैयार कर लिया. इस के बाद सायरा और हुसनैन महमूदाबाद से लखनऊ पहुंच गए. पुराने लखनऊ में उन्होंने एक कमरा किराए पर ले लिया. शहर में जाते ही कोई काम मिलना आसान नहीं होता, इसलिए हुसनैन रिक्शा चलाने लगा. इस से उसे पहले से ज्यादा कमाई होने लगी पर शहर में रहने की वजह से उन के खर्च भी बढ़ने लगे थे. इस के बावजूद भी दोनों वहां खुश थे.

सायरा खुद भी अपने लिए कामधंधे की तलाश में लग गई. किसी जानकार के माध्यम से उसे एक ब्यूटीपार्लर में काम मिल गया. उस की शादी को 8 साल हो हो चुके थे और वह 4 बच्चों की मां भी बन गई थी. ब्यूटीपार्लर में काम करने की वजह से वह बनठन कर रहती थी. इस से पता नहीं लग पाता था कि वह 4 बच्चों की मां है. उसी ब्यूटीपार्लर में काम करने वाली परवीन नाम की एक औरत से उस की दोस्ती हो गई. सायरा परवीन से अपने घर के हालात बताती रहती थी.

एक दिन परवीन ने उस से कहा, ‘‘सायरा, तुम्हारी गरीबी देख कर मुझे दया आ रही है. वैसे मेरे पास एक काम है. इस में पैसा खूब है लेकिन यह बात तुम अपने तक ही रखना.’’

‘‘क्या काम है और इस में मुझे करना क्या होगा?’’ सायरा ने अचंभे से पूछा.

‘‘देख, करना कुछ नहीं है. बस यह समझ ले कि जिस काम को तू हुसनैन के साथ मुफ्त में करती है, उसी को तुझे दूसरी जगह करना है. 3 से 4 घंटे में ही तुझे उतने पैसे मिल जाएंगे, जितने ब्यूटीपार्लर में 15 दिन में नहीं कमाती होगी.’’

‘‘अच्छा…’’ सायरा हंसते हुए बोली.

‘‘मैं तो कई सालों से इसे मजे से कर के पैसे कमा रही हूं.’’ परवीन ने बताया.

‘‘फिर तुम ब्यूटीपार्लर में नौकरी क्यों करती हो?’’ सायरा ने पूछा.

‘‘वह तो सिर्फ दिखावे के लिए है. इस बहाने मैं घर से बाहर आ जाती हूं.’’

‘‘इस में कोई रिस्क तो नहीं है?’’ सायरा ने पूछा.

‘‘रिस्क कैसा. तू मेरे साथ रहेगी तो सब जान जाएगी. हम दोनों मिल कर यह काम करते हैं.’’ परवीन ने कहा तो सायरा ने हां कर दी. इस के बाद दोनों मिल कर जिस्मफरोशी का धंधा करने लगीं.

सायरा के पति हुसनैन को पता नहीं था कि उस की बीवी क्या काम करती है. जबकि उस की गतिविधियों से मोहल्ले वाले उस के चालचलन को जान चुके थे. मगर इस की उस ने चिंता नहीं की. उस का मकसद पैसे कमाना था, इसलिए लोगों की बातों को अनसुना कर वह अपने मिशन में जुटी रही. परवीन के साथ रह कर सायरा भी इस क्षेत्र की खिलाड़ी बन गई. धंधे की सारी जानकारी हो जाने के बाद सायरा परवीन से अलग रह कर काम करने लगी.

फिर उस ने पुराना मोहल्ला का कमरा छोड़ कर मडियांव इलाके में दूसरा कमरा किराए पर ले लिया. यहां उस ने एक प्लौट भी खरीद लिया. मडियांव इलाके में घनी आबादी नहीं थी. वह एक नई कालोनी बस रही थी. इस कारण वहां पर कौन किस के पास आजा रहा है, इस का किसी को पता भी नहीं चल रहा था. कोई भी गलत काम ज्यादा दिनों तक छिपा नहीं रह सकता. यानी उस के पति हुसनैन को भी उस के धंधे की भनक लग गई. उस ने उसे डांटा और उस के काम का विरोध किया पर सायरा को बिना कोई ज्यादा मेहनत किए अच्छी आमदनी हो रही थी इसलिए उस ने पति के विरोध की परवाह नहीं की.

हुसनैन भी गैरतमंद था, अपनी बात पर अड़ते हुए उस ने पत्नी को कई चेतावनियां भी दीं. इस का भी उस पर असर नहीं हुआ तो वह उस से अलग हो कर दूसरी जगह रहने लगा. अब सायरा की लगाम कसने वाला कोई नहीं था. वह अपने घर पर ही ग्राहकों को बुलाने लगी. इसी दौरान उस की मुलाकात हरदोई जिले के लालबहादुर मिश्रा से हुई. सायरा को एक ऐसे आदमी की जरूरत थी जो उस के साथ रहे और कोई मुसीबत आए तो उस का साथ दे. सायरा के काम से वाकिफ होते हुए भी लालबहादुर मिश्रा ने सायरा से शादी करने के लिए मुस्लिम धर्म स्वीकार कर लिया. फिर उस ने अपना नाम शम्सुद्दीन रख लिया.

लालबहादुर का साथ मिलते ही सायरा की कमाई तेजी से बढ़ने लगी. अब उस ने अपने साथ दूसरी लड़कियां भी रख लीं. इस से उसे और ज्यादा कमाई होने लगी. कुछ दिनों बाद उस ने मडियांव की ही बसंत विहार कालोनी में एकएक कर के 4 प्लौट खरीद लिए. इन में से 2 प्लौट अपने नाम से और 2 लालबहादुर के नाम पर थे. करीब 1 हजार वर्गमीटर के इन प्लौटों पर उन्होंने 28 कमरे बनवाए. सारे कमरों को होटल के कमरों की तरह से तैयार कराया गया था. सभी कमरों में होटल की तरह सभी सुविधाएं मौजूद थीं.

कमरों में एसी, फ्लोर टाइल्स, छतों पर पीओपी की पूरी कारीगरी, दीवारों पर महंगा पेंट और कमरों में आरामदायक बेड डाले गए थे. कमरे इस तरह से बनाए गए थे कि आपातकाल में वहां से सुरक्षित निकला जा सके. मडियांव में हिंदुओं की आबादी ज्यादा थी इस वजह से वह हिंदू औरत की तरह रह रही थी. उस के मोहल्ले में भी किसी को यह पता नहीं था कि उस का पति हिंदू से मुस्लिम बन गया है. सायरा ने अपने घर के सामने एक मंदिर भी बनवा रखा था. वह खुद भी सुबहशाम उस मंदिर में पूजा करने जाती थी. सायरा के इस काम से मोहल्ले वाले भी प्रभावित रहते थे.

दूसरी ओर सायरा अपने धंधे को और बढ़ाने का काम भी कर रही थी. उस के पास दूसरे शहरों से भी लड़कियां आने लगीं. वह लड़कियां उस के मकान में ही ठहरती थीं. मोहल्ले वालों से उन लड़कियों को किराएदार बताती. किसीकिसी को वह अपनी रिश्तेदार तक बता देती थी. वहां जो ग्राहक आते, उन से कमरों का किराया भी वसूलती थी. इस तरह उस की आमदनी दिनोंदिन बढ़ती जा रही थी. धीरेधीरे सायरा के संबंध दूसरे राज्यों में जिस्मफरोशी का धंधा करने वाले लोगों से भी हो गए. दिल्ली, मुंबई व अन्य शहरों की सी-ग्रेड की मौडल भी उस के यहां आने लगीं. कुछ दलाल उस के यहां नाबालिग लड़कियों को भी छोड़ जाते थे. उन्हें वह अपने घर के तहखाने में ठहराती थी.

तहखाने में भी एसी लगे थे. जब कोई लड़की देहधंधे के लिए तैयार नहीं होती तो उस को डरायाधमकाया जाता था. उसे भूखाप्यासा रखा जाता था. वहां रहने वाले मुस्टंडे उस के साथ बलात्कार करते. ऐसी प्रताड़नाओं को सह कर ज्यादातर नाबालिग लड़कियां सायरा की बात मानने को तैयार हो जाती थीं. तब वह उन्हें ग्राहकों के पास भेज देती थी. सायरा के ग्राहकों में पुलिस, बिल्डर, माफिया और छोटे नेता तक शामिल थे. ये उस के यहां आते थे तो कई अपने पास ही लड़कियां बुलवाते थे. अपने धंधे को चलाने के लिए उस ने लखनऊ में ही अलगअलग जगहों पर कुछ और कमरे भी किराए पर ले रखे थे.

वह दूसरों की लड़कियों को देहधंधे में लगाने का काम करती थी. लेकिन उस ने अपनी लड़कियों को इस से दूर रखा. अपनी बड़ी बेटी सना की वह शादी कर चुकी थी. अपनी छोटी बेटी सोनी और बेटे साजिद को वह अपने साथ रखती थी. उस के यहां बाहरी लोगों का ज्यादा आनाजाना हो गया तो मोहल्ले वाले भी उस की असलियत समझ गए. फिर तो उस के यहां आए दिन छापे पड़ने लगे. सायरा की जिंदगी ऊपर से भले ही सरल दिख रही थी, पर उस की परेशानियां भी कम नहीं थीं. मोहल्ले वालों की शिकायत पर उस के अड्डे पर कई बार पुलिस के छापे भी पड़े, जिस में सायरा और लालबहादुर को जेल भी जाना पड़ा. बाद में वे लोग जमानत पर जेल से बाहर आ गए.

उन के ऊपर कई मुकदमे चल रहे थे. लालबहादुर पर गुंडा एक्ट भी लगा हुआ था. उसे जिला बदर भी किया गया था. इस के बावजूद भी वह पुलिस से चोरीछिपे अपने घर पर रह रहा था. सायरा ग्राहकों की मांग पर अपने घर के कमरों को खास किस्म की थीम से भी सजाती थी. इस के लिए ग्राहक को अलग से पैसा देना पड़ता था. जैसे किसी ग्राहक को सुहागरात जैसा कमरा चाहिए तो वह फूलों से सजा कर कमरे को तैयार करा देती थी.

पहली जून, 2015 की रात करीब साढ़े 8 बजे सायरा कहीं बाहर से घर लौटी थी. लालबहादुर और बेटा साजिद कुछ सामान लेने के लिए बाजार गए थे. घर में अंदर घुसने के बाद सायरा ने अपनी साड़ी उतार कर मैक्सी पहन ली. उस की 16 साल की बेटी सोनी किचन में खाना बना रही थी. उसी समय दरवाजे पर दस्तक हुई. सायरा ने दरवाजा खोला तो सामने 2 लोग थे. सायरा उन में से एक को जानती थी. इसलिए उस ने उन्हें घर में बुला लिया. तभी उन में से एक युवक ने बड़ी फुरती से सायरा की कनपटी और गरदन पर गोली मार दी.

गोलियों की आवाज सुन कर बेटी सोनी किचन से बाहर आई तो बदमाशों को देख कर डर की वजह से वह बाथरूम में घुस गई. लेकिन वह बाथरूम का दरवाजा बंद कर पाती, उस से पहले ही बदमाश उस के पीछेपीछे पहुंच गए. दरवाजा खोल कर उन्होंने सोनी के माथे पर गोली मार कर हत्या कर दी. 2 लोगों की हत्या कर के बदमाश वहां से भाग गए. आधे घंटे बाद सायरा का बेटा साजिद घर लौटा तो घर का गेट खुला देख कर उसे कुछ अजीब लगा. वह अंदर दाखिल हुआ तो मां को खून से लथपथ देख कर उस की चीख निकल गई. फिर वह अपनी बहन सोनी की तलाश करने लगा.

बाथरूम में वह भी मृत अवस्था में मिली. दोनों लाशें देख कर वह जोरजोर से रोने लगा. उस के रोने की आवाज सुन कर आसपास के कुछ लोग वहां आ गए. उन के सहयोग से वह मां और बहन को मैडिकल कालेज के ट्रामा सेंटर ले गया, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल की तरफ से सूचना थाना मडियांव पुलिस को दे दी गई. सूचना मिलने के बाद थानाप्रभारी संतोष सिंह भी अस्पताल पहुंच गए. पुलिस ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया.

मडियांव थाने से महज कुछ दूरी पर हुए दोहरे हत्याकांड से पुलिस भी हैरान रह गई. खबर मिलने पर सीओ राजेश यादव और डीआईजी आर.के. चतुर्वेदी मौके पर पहुंच गए. साजिद ने पुलिस को बताया कि उस की मां हर समय ज्वैलरी पहने रहती थीं. पर उन की लाश पर एक भी ज्वैलरी नहीं थी. हत्यारे उस की मां के सारे गहने भी उतार कर ले गए. घटनास्थल की काररवाई निपटाने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर के आवश्यक काररवाई शुरू कर दी. इस केस को खोलने के लिए एक पुलिस टीम बनाई गई. टीम में इंसपेक्टर संतोष सिंह, एसएसआई अक्षय कुमार सिंह, हेडकांस्टेबल अमरेश त्रिपाठी, सिपाही अनिल सिंह, हमीदुल्लाह, राजीव पांडेय, लवकुश, रामनरेश कनौजिया आदि को शामिल किया गया.

पुलिस ने सायरा के धंधे और उस से जुड़े हर पहलू की छानबीन शुरू की. दिन पर दिन बीतते रहे लेकिन घटना से संबंधित कोई सुराग नहीं मिला. इस बीच लखनऊ में राजेश पांडेय को एसएसपी के रूप में तैनात किया गया. एसएसपी ने टीम के साथ मिल कर केस की समीक्षा की. सर्विलांस सेल को भी टीम के साथ लगाया गया. फिर सायरा के नजदीकियों से एकएक कर के पूछताछ की. इस का नतीजा यह निकला कि पुलिस टीम हत्यारे तक पहुंच गई. हत्यारा भी और कोई नहीं सायरा की खास सहेली फिरोजा का पति शिवओम निकला. उस ने इस दोहरे हत्याकांड की जो कहानी बताई, वह इस प्रकार थी.

शिवओम मडियांव थाने के ही नौबस्ता का रहने वाला था. वह आपराधिक किस्म का था. सन 2003 में उस ने अपनी पहली पत्नी पंचमाला उर्फ सुमन की हत्या कर के उस की लाश भी ठिकाने लगा दी थी. पंचमाला के साथ शिवओम की शादी सन 1996 में हुई थी. उस के एक बेटी भी हुई. बेटी के पैदा होने के बाद शिवओम घर से दूर रहने लगा था. पंचमाला ने जब पति की छानबीन की तो पता चला कि उस ने धर्म बदल कर खदरा की रहने वाली फिरोजा से निकाह कर लिया है. तब 2 मई, 2003 को पंचमाला ने शिवओम के खिलाफ विकास नगर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया. रिपोर्ट दर्ज होते ही शिवओम डर गया. पुलिस के डर से उस ने पत्नी के साथ समझौता कर लिया और उसे अपने घर ले आया.

9 जुलाई, 2003 को पंचमाला अचानक कहीं लापता हो गई. पुलिस ने जब शिवओम से पूछताछ की तो उस ने सारी सच्चाई बयां कर दी. उस ने बताया कि वह पंचमाला की हत्या कर के लाश को ठिकाने लगा चुका है. तब पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में उसे जेल भेज दिया. अदालत में केस चलने के बाद उसे 7 साल की सजा हुई, लेकिन बाद में हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर वह बाहर आ गया. शिवओम की दूसरी पत्नी फिरोजा की सायरा से अच्छी दोस्ती थी. फिरोजा की 2 बेटियां थीं. कई बार फिरोजा सायरा के पास जाती तो अपनी दोनों बेटियों को भी ले जाती थी.

शिवओम सायरा के धंधे से वाकिफ था, इसलिए फिरोजा का उस के यहां जाना उसे पसंद नहीं था. उसे शक था कि सायरा कहीं उस की पत्नी और दोनों बेटियों को भी देहधंधे में न लगा दे. उस ने पत्नी से कहा कि वह सायरा से नहीं मिला करे लेकिन सायरा फिरोजा की गहरी दोस्त थी, इसलिए उस ने पति की बात नहीं मानी. शिवओम ने कई बार सायरा को भी समझाया था कि वह उस की पत्नी और बेटियों से न मिला करे. लेकिन सायरा ने उस की बात को अनसुना कर दिया. तब उस ने सायरा को ही रास्ते से हटाने की योजना बना ली.

पहली जून, 2015 की देर शाम को योजना के अनुसार शिवओम अपने दोस्त आमिर के साथ सायरा के घर पहुंच गया. दरवाजा बंद था. दस्तक देने पर सायरा ने दरवाजा खोला तो शिवओम ने उसे 2 गोली मारी, जिस से उस का वहीं काम तमाम हो गया. तभी सायरा की बेटी सोनी वहां आ गई. चूंकि वह शिवओम को पहचानती थी, इसलिए न चाहते हुए मजबूरी में उस की हत्या करनी पड़ी. सायरा के शरीर पर सोने के काफी गहने थे. शिवओम ने उस के सारे गहने उतारे और भाग गया. गहने गायब होने से पुलिस को शुरू में यह शक हुआ था कि कहीं हत्या की वजह लूट तो नहीं थी. लेकिन पुलिस ने जब जांच की तो मामला दूसरा ही निकला.

एसएसपी राजेश पांडेय ने केस का खुलासा करने वाली टीम की सराहना की है. जिस देहधंधे ने सायरा को गरीबी से उठा कर ऐशोआराम की जिंदगी मुहैया कराई, वही धंधा उस की मौत का कारण बना. इस तरह की घटनाओं से यही सीख मिलती है कि बुरे काम का अंजाम बुरा ही होता है. बुराई का अंजाम उस व्यक्ति को ही नहीं, उस के पूरे परिवार को उठाना पड़ता है. Lucknow News

—कथा पुलिस सूत्रों और जनचर्चा पर आधारित