True Crime Story : धोखे में लिपटी मोहब्बत

True Crime Story. राज्य स्तर की वौलीबाल खिलाड़ी रंजना के प्यार में पड़ कर जहां अंतरराष्ट्रीय तैराक विनोद कुमार सिंह ने अपनी शादी के बारे में छिपा कर उस से शादी कर ली थी, वैसा ही कुछ रंजना ने भी किया था. ऐसी शादियों का परिणाम कहां अच्छा होता है. ऐसा ही इस शादी में भी हुआ.

9 जनवरी, 2017 को पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना के रहने वाले 65 वर्षीय रामजी सिंह पटना के सचिवालय थाने पहुंचे तो उस समय इंसपेक्टर प्रकाश सिंह अपने कक्ष में बैठे कुछ जरूरी फाइलें निबटा रहे थे. रामजी सिंह उन के सामने खाली पड़ी कुरसी पर बैठ गए. इंसपेक्टर ने फाइलों को एक तरफ किया और रामजी सिंह से मुखातिब हुए.

रामजी सिंह ने उन्हें बताया कि उन का बेटा विनोद कुमार सिंह पटना के सचिवालय में लघु सिंचाई विभाग में नौकरी करता है. वह अंतरराष्ट्रीय तैराक भी रह चुका है. जन्म से उस के दोनों हाथ नहीं हैं. पिछले 2 दिनों से उस का कहीं पता नहीं चल रहा है और उस का मोबाइल भी बंद है.

रामजी सिंह की बात सुन कर इंसपेक्टर प्रकाश सिंह चौंके. हाई प्रोफाइल मामला था और सचिवालय से जुड़ा हुआ भी. उन्होंने सारा काम छोड़ कर रामजी की पूरी बात सुनी. रामजी ने उन्हें आगे बताया कि 2 दिन पहले 7 जनवरी, 2017 को दोपहर को बेटे से उन की बात हुई थी. उस ने कहा था कि वह कुछ जरूरी काम से भागलपुर जा रहा है. काम निपटा कर वह वापस पटना लौट जाएगा.

उस के बाद से उस का फोन बंद बता रहा है. वह 2 दिनों से लगातार उस के मोबाइल पर फोन कर रहे थे, लेकिन उस से न तो बात हो सकी और न ही उस का कुछ पता चल रहा है.

मामला गंभीर था, इसलिए बिना देर किए प्रकाश सिंह ने इस मामले की जानकारी एसएसपी मनु महाराज और आईजी नैयर हसनैन खान को दे दी. मामला सचिवालय से जुड़ा होने की वजह से अधिकारियों के भी हाथपांव फूल गए. वे किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने प्रकाश सिंह को उचित काररवाई करने के आदेश दिए.

त्वरित काररवाई करते हुए प्रकाश सिंह रामजी सिंह के साथ विनोद के कमरे पर पहुंचे. विनोद शास्त्रीनगर के राजवंशीनगर, रोड संख्या 6 के मकान नंबर 396/400 में अपने भांजे अंकित कुमार सिंह के साथ रहता था. प्रकाश सिंह ने सब से पहले अंकित से विनोद के बारे में पूछताछ की. लेकिन वह विनोद के बारे में कुछ खास नहीं बता सका तो उन्होंने कमरे में रखे विनोद के सामान की जांच की. तो उस में उन्हें विनोद की एक पुरानी डायरी मिली.

उस डायरी में भागलपुर के रहने वाले एक तैराक संजय कुमार का मोबाइल नंबर लिखा था. इस के अलावा वहां से ऐसी कोई चीज नहीं मिली, जिस से विनोद के बारे में कुछ पता चलता. प्रकाश सिंह ने यह बात एसएसपी मनु महाराज को बता दी. मनु महाराज ने उन्हें आदेश दिया कि एक पुलिस अफसर को भागलपुर भेज कर वहां से पता लगाने की कोशिश करें. इस पर उन्होंने रामजी सिंह के साथ एसआई अरविंद कुमार को भागलपुर भेज दिया.

10 जनवरी, 2017 को रामजी सिंह और एसआई अरविंद कुमार भागलपुर पहुंचे. संजय कुमार के मोबाइल पर संपर्क कर के वे उस के घर पहुंच गए. वह तिलकामांझी मोहल्ले में अपने निजी मकान में रहता था. उस से अरविंद कुमार ने विनोद के बारे में पूछताछ की तो उस ने जो जानकारी दी, उसे सुन कर दोनों हैरान रह गए.

संजय ने बताया कि 1 जनवरी, 2017 को विनोद रंजना नाम की एक लड़की से मिलने भागलपुर आया था. रंजना को ले कर उस की रंजना के बहनोई शंभू मंडल और उस के मौसेरे भाई बिट्टू से कहासुनी हुई थी. कहासुनी के बीच शंभू मंडल ने विनोद के गाल पर कई थप्पड़ मारे थे, साथ ही उस पर अपनी साली का मोबाइल चुराने का आरोप भी लगाया था. इस के बाद दोनों उसे ले कर तिलकामांझी थाने गए थे.

तिलकामांझी थाने के थानाप्रभारी विनोद को देख कर दंग रह गए थे, क्योंकि विनोद के दोनों हाथ नहीं थे. ऐसे में वह चोरी कैसे कर सकता था. थानाप्रभारी को शंभू और बिट्टू पर शक हुआ तो उन्होंने उन से पूछताछ की. उन्होंने कहा कि जिस के दोनों हाथ ही नहीं हैं, वह भला चोरी कैसे कर सकता है. यह कुछ और ही मामला लगता है.

उन्होंने शंभू से रंजना के बारे में पूछा तो उस ने कहा कि वह यहां नहीं है. हां, उस से बात करा सकता है. इस के बाद उस ने रंजना की थानाप्रभारी से बात कराई. रंजना ने उन्हें बताया कि विनोद ने उस का मोबाइल चुराया नहीं, बल्कि जबरन अपने पास रख लिया है, जिसे वह उसे लौटा नहीं रहा है.

थानाप्रभारी तिलकामांझी ने रंजना के मोबाइल के बारे में विनोद से पूछा तो उस ने कहा कि उस का मोबाइल उस के पास है. थानाप्रभारी ने विनोद से उस का मोबाइल लौटाने को कहा तो उस ने मोबाइल शंभू मंडल को लौटा दिया. शंभू मंडल और बिट्टू मोबाइल ले कर चले गए. थानाप्रभारी ने विनोद को समझाया कि वह अपने घर लौट जाए. ये अच्छे लोग नहीं हैं. उन दोनों के चले जाने के बाद थानाप्रभारी ने थाने के 2 सिपाहियों के साथ विनोद को स्टेशन पहुंचवा दिया. इस के आगे संजय कुछ नहीं बता सका.

संजय ने जो भी बताया था, उस की तसदीक करने के लिए एसआई अरविंद कुमार और रामजी सिंह तिलकामांझी थाने पहुंचे. वहां से पता चला कि संजय द्वारा दी गई जानकारी सही थी. सच्चाई जानने के बाद एसआई अरविंद कुमार ने रामजी सिंह से रंजना के बारे में पूछा.

वह केवल इतना ही बता सका कि रंजना राज्य स्तर की वौलीबाल खिलाड़ी थी. दोनों का एकदूसरे से परिचय खेल के माध्यम से ही हुआ था. 6 महीने पहले दोनों को पटना सचिवालय में एक साथ देखा गया था.

रामजी सिंह ने इस बारे में बेटे विनोद से पूछा था तो उस ने बताया था कि भागलपुर की रहने वाली वौलीबाल खिलाड़ी रंजना उस की दोस्त है. रामजी सिंह को इस से ज्यादा कुछ पता नहीं था. जो भी जानकारी मिली, उसी के आधार पर एसआई अरविंद कुमार को यह प्रेमप्रसंग का मामला लगा.

विनोद कुमार का मामला रहस्यमय ढंग से उलझ गया था. जब कोई सुराग हाथ नहीं लगा तो दोनों पटना लौट आए. 2 दिनों तक रामजी सिंह पटना में रह कर अपने स्तर से बेटे की तलाश करते रहे. उन्होंने दोस्तों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां पता लगाया, लेकिन विनोद का कहीं पता नहीं चला. जब कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने 13 जनवरी को बेटे की गुमशुदगी थाना सचिवालय में दर्ज करा दी.

गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस की काररवाई में तेजी आई. कई दिनों तक पुलिस विनोद की खोज करती रही. मुखबिर भी लगाए गए, फिर भी विनोद के बारे में कुछ पता नहीं चला. 21 जनवरी, 2017 को पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय तैराक विनोद कुमार सिंह के अपहरण का मुकदमा अज्ञात के खिलाफ भादंसं की धारा 363, 365 और 34 के तहत दर्ज कर लिया.

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने विनोद की सुरागरसी में जमीनआसमान एक कर दिया. पूछताछ के लिए उस के कुछ दोस्तों को भी हिरासत में लिया गया, लेकिन इस से भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा. स्थानीय अखबारों ने दिव्यांग तैराक विनोद के अपहरण की खबरों को खूब सुर्खियों में उछाला, जिस से पुलिस की खूब छीछालेदर हो रही थी.

23 जनवरी, 2017 को भागलपुर के लोदीपुर थाने के थानाप्रभारी भारतभूषण ने सचिवालय थाने के थानाप्रभारी प्रकाश सिंह को फोन कर के बताया कि उन के थानाक्षेत्र में आने वाली कलवलिया नदी के किनारे झाड़ी में एक सड़ीगली लाश मिली है, जिस का हुलिया लापता विनोद कुमार सिंह से मिलता है.

सूचना मिलते ही रामजी सिंह, छोटे बेटे मनोज कुमार सिंह और एसआई अरविंद कुमार को साथ ले कर भागलपुर के थाना लोदीपुर पहुंचे. उन्होंने लाश देखी तो हतप्रभ रह गए. उस लाश का चेहरा बुरी तरह जला हुआ था. इस के बावजूद लाश देख कर रामजी सिंह ने उस की शिनाख्त अपने बेटे विनोद के रूप में कर दी.

विनोद की हत्या की सूचना मिलते ही उस के घर में कोहराम मच गया. उस की पत्नी वीणा और उस के दोनों बच्चों प्रियांशु और सोनाली का रोरो कर बुरा हाल हो रहा था. 17 दिनों से रहस्य बनी अंतरराष्ट्रीय तैराक विनोद कुमार सिंह की गुमशुदगी की कहानी हत्या के रूप में सामने आई.

मृतक विनोद के पिता रामजी सिंह ने बेटे की हत्या का आरोप राज्यस्तर की महिला वौलीबाल खिलाड़ी रंजना कुमारी, उस की मां सबरी देवी, पिता राधाकृष्ण मंडल उर्फ वकील मंडल, रंजना के मौसेरे भाई बिट्टू और बहनोई शंभू मंडल पर लगाया.

उन के आरोपों के आधार पर पटना पुलिस ने थाना लोदीपुर के थानाप्रभारी भारतभूषण की मदद से उसी दिन कोहड़ा गांव से रंजना कुमारी, सबरी देवी, राधा मंडल उर्फ वकील और शंभू मंडल को गिरफ्तरार कर लिया. पांचवां आरोपी बिट्टू घर से फरार था.

गिरफ्तार चारों आरोपियों को पटना पुलिस सचिवालय थाने ले आई. थाने में सचिवालय रेंज के एएसपी अशोक कुमार चौधरी ने उन से अलगअलग पूछताछ की. चारों आरोपियों ने अंतरराष्ट्रीय तैराक विनोद कुमार सिंह की हत्या की बात स्वीकार कर ली.

पुलिस ने अगले दिन चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. विनोद कुमार सिंह की हत्या के पीछे प्यार, धोखा और ब्लैकमेलिंग की कहानी कुछ ऐसे सामने आई—

36 वर्षीय विनोद कुमार सिंह मूलरूप से बिहार के सीवान जिले के बड़ा सिकवा गांव का रहने वाला था. उस के पिता रामजी सिंह पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले में रहते थे. विनोद के बाबा ने यहीं रह कर नौकरी की थी. तभी उन्होंने वहां मकान बनवा लिया था. तब से उन का परिवार यहीं रह रहा था. विनोद के पिता रामजी सिंह ने यहीं रह कर शिक्षा विभाग में नौकरी की थी और यहीं से सेवानिवृत्त हुए थे.

रामजी सिंह के 4 बच्चों में 2 बेटियां और 2 बेटे थे. बेटियों से छोटे विनोद कुमार सिंह और मनोज कुमार थे. विनोद पैदाइशी दिव्यांग था. कंधे से नीचे उस के दोनों बाजू नहीं थे. धीरेधीरे विनोद बड़ा हुआ. दोनों बाजू न होने की वजह से विनोद कभी मायूस या दुखी नहीं हुआ, बल्कि उस ने अपनी इसी कमजोरी को ताकत बनाया.

पैरों को उस ने हाथ बनाया. उन्हीं पैरों के सहारे वह अपने सारे दैनिक कार्य करता था. वह पैर के सहारे अपनी कमीज के बटन बंद करने से ले कर पढ़नेलिखने, यहां तक कि चकले पर बेलन के सहारे गोल रोटियां बेलने, चावल पकाने, पैरों से चम्मच के सहारे खाना खाने और कंप्यूटर चलाने जैसे सारे काम कर लेता था. उसे सिर्फ पैंट के बटन बंद करने में दूसरे की मदद लेनी पड़ती थी.

विनोद ने उत्तरी 24 परगना जिले के नइहट्टी कालेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की और मगध विश्वविद्यालय गया से स्नातक. वह अपनी जिंदगी में कुछ बड़ा करना चाहता था. उस की मंजिल उसे तब मिली, जब उस ने कुछ लड़कों को पानी में तैराकी सीखते देखा.

इसी जिले के श्यामनगर में स्विमिंग क्लब था. यहां बच्चे तैराकी सीखने आते थे. विनोद भी अपने दोस्तों के साथ वहां आताजाता था. बच्चों को तैरता देख कर विनोद के मन में आया कि वह भी तैरना सीखेगा. वहां के कोच अशोक पाल थे. कोच से उस ने तैराकी सीखने की इच्छा जाहिर की. लेकिन उस के दोनों हाथ न देख कर कोच ने उसे तैराकी सिखाने से मना कर दिया.

कोच अशोक पाल की बातों का विनोद ने कतई बुरा नहीं माना, बल्कि उन की नकारात्मकता से उसे ऊर्जा मिली. विनोद ने उन से फिर आग्रह किया. कई दिनों की मिन्नतों के बाद कोच अशोक पाल उसे तैराकी सिखाने को तैयार हो गए. उन्होंने 4-5 लड़कों के साथ उसे पानी में उतार दिया. उन्होंने दूसरे लड़कों को हिदायत दी कि कोई भी उसे पकड़े न, देखें यह कैसे क्या करता है, बस इतना ध्यान रखना कि यह डूबने न पाए.

लड़कों ने वैसा ही किया. पहली बार पानी में उतरे विनोद ने दोनों पैरों के सहारे पानी में अद्भुत करतब दिखाए. विनोद के अदम्य साहस को देख कर सभी दंग रह गए. तैरने के लिए पहली बार पानी में उतरे विनोद ने कोच अशोक पाल का दिल जीत लिया. वह उसे तैराकी सिखाने को राजी हो गए. उन्होंने विनोद को तैराकी के गुर सिखाए.

धीरेधीरे वह इस कला में पारंगत हो गया. पहले जिला, फिर राज्य, फिर देश और विदेशों में जा कर उस ने अपने नाम का झंडा फहराया. उस ने 6 बार अंतरराष्ट्रीय तैराकी में मैडल और कई बार नेशनल तैराकी में मैडल जीते. बिहार सरकार ने सन 2012 में खेल कोटे से विनोद को पटना सचिवालय में लघु सिंचाई विभाग में नौकरी दे दी.

जिन दिनों तैराकी में विनोद कुमार के नाम का देशविदेश में डंका बज रहा था, उन्हीं दिनों उस की जिंदगी में वीणा कुमारी सिंह ने जीवनसंगिनी के रूप में कदम रखा. शादी के बाद विनोद 2 बच्चों बेटे प्रियांशु और बेटी सोनाली उर्फ गुनगुन का पिता बना. विनोद की जिंदगी खुशियों से भर गई. अब उसे किसी चीज की कमी नहीं थी.

बात सन 2013-14 की है. सामान्य कदकाठी और तीखे नैननक्श वाली गोरीचिट्टी, छरहरे बदन की रंजना पटना सचिवालय किसी काम से आतीजाती रहती थी. वह भी बिहार की राज्य स्तर की वौलीबाल खिलाड़ी थी. वह भी जीत के कई मैडल अपने नाम कर चुकी थी.

खेल के आधार पर उसे भी नौकरी मिलने वाली थी. उसी की औपचारिकता पूरी करने के लिए वह सचिवालय आयाजाया करती थी. सचिवालय में उन दिनों विनोद की नईनई नौकरी लगी थी. वहीं दोनों की पहली मुलाकात हुई. रंजना सुंदर भी थी और वाकपटु भी. विनोद पहली ही नजर में उसे दिल दे बैठा.

रंजना भागलपुर से एकदो दिनों के लिए पटना आती थी और अपना काम निपटा कर भागलपुर लौट जाती थी. रंजना जब भी सचिवालय आती, विनोद उस का खास खयाल रखता. वह सब से पहले उस का काम करा देता था. इसी बात से रंजना उस की मुरीद हो गई थी.

विनोद की आंखों में उस ने अपने लिए चाहत देख ली. उसे विनोद से मिलनाजुलना अच्छा लगने लगा. धीरेधीरे वह उस की ओर खिंची चली गई. विनोद भी रंजना के दिल में उतर गया था. दोनों के दिलों में मोहब्बत के शोले भड़कने लगे. जल्दी ही दोनों ने अपनी मोहब्बत का इजहार कर दिया.

शादीशुदा और 2 बच्चों का पिता होने की बात विनोद ने रंजना से छिपा ली थी. उस ने रंजना से खुद को कुंवारा बताया था. प्यार के सामने रंजना को विनोद की दिव्यांगता नजर नहीं आई. रंजना भागलपुर के लोदीपुर कोहड़ा गांव की रहने वाली थी. उस के पिता का नाम राधाकृष्ण मंडल उर्फ वकील था. वह स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे. रंजना उन की दूसरे नंबर की बेटी थी.

वह बड़ी हो कर कुछ ऐसा करना चाहती थी, जिस से नाम और शोहरत दोनों मिले. बचपन से ही उस का मन पढ़ाई के बजाए खेलकूद में लगता था. स्कूली पढ़ाई के दौरान वह स्कूल के किसी भी खेल में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेती थी. इंटरमीडिएट के बाद उस ने वौलीबाल की ट्रेनिंग ली. उस के बाद उस ने खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का जादू दिखाया.

जिला स्तर से खेलती हुई रंजना ने राज्य में अपने नाम का परचम फहराया. उसे कई मैडल मिले. उस की खेल प्रतिभा की गूंज बिहार सरकार तक पहुंची तो सरकार ने उसे नौकरी देने का फैसला कर लिया. इसी सिलसिले में रंजना की सचिवालय में विनोद से मुलाकात हुई थी.

विनोद ने रंजना के सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो वह इनकार नहीं कर सकी. दोनों ने चुपके से मंदिर में जा कर शादी कर ली. सात फेरों की उन की तसवीरें रंजना के मोबाइल में कैद थीं, लेकिन विनोद ने बड़ी चालाकी से उस का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया था, ताकि आगे चल कर वह इन तसवीरों को हथियार बना कर उसे अपनी बात मनवाने के लिए मजबूर न कर सके.

विनोद कुमार की देखरेख के लिए उस के साथ उस का भांजा अंकित कुमार सिंह रहता था. उसे भी इस शादी के बारे में पता नहीं चला था. विनोद ने यह बात अंकित से भी छिपा ली थी. इस की भनक उस ने न तो पत्नी वीणा को लगने दी थी और न ही पिता रामजी सिंह को. वीणा कभीकभार पटना आती थी और कुछ दिनों उस के साथ रह कर बंगाल लौट जाती थी.

शादी के बाद रंजना की नियुक्ति सीतामढ़ी के डीएवी इंटर कालेज में पीटी शिक्षक के रूप में हो गई थी. रंजना ने नौकरी जौइन की और सीतामढ़ी के डुमरा इलाके में किराए का एक कमरा ले कर अकेली रहने लगी. विनोद उस से मिलने सीतामढ़ी आताजाता रहता था. मजे की बात यह थी कि रंजना भी शादीशुदा थी, लेकिन उस ने भी अपनी शादीशुदा जिंदगी की बात सभी से छिपाए रखी थी. उस ने कभी अपनी मांग में सिंदूर नहीं भरा था. इसलिए लोग उसे कुंवारी ही समझते थे.

शादी के बाद रंजना विनोद को साथ ले कर कई बार अपने घर आई थी. विनोद का परिचय उस ने मांबाप से खिलाड़ी मित्र के रूप में कराया था. एकदो दिन घर रह कर वह विनोद के साथ लौट जाती थी. विनोद को जीवनसाथी चुन कर रंजना खुश थी. वह भी उसे खुश रखने के लिए पैसा पानी की तरह बहाता था.

जिस सच्चाई को विनोद छिपा रहा था, आखिरकार एक दिन उस की कलई रंजना के सामने खुल ही गई. विनोद की सच्चाई खुलते ही रंजना के ख्वाबों का महल रेत के महल के समान भरभरा कर ढह गया. विनोद इतना बड़ा धोखा देगा, उस ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था. इस के बाद रंजना ने विनोद से दूरियां बना लीं.

अपनी गलतियों पर परदा डालने के लिए विनोद ने रंजना से संपर्क कर के उसे भरोसा दिलाने की काफी कोशिश की, लेकिन रंजना उस की चिकनीचुपड़ी बातों में नहीं आई. इतना ही नहीं, वह अपना मोबाइल उस से वापस लेने की जिद पर अड़ गई. मोबाइल में उस की जिंदगी का अहम राज छिपा था, जबकि विनोद उसे मोबाइल लौटाने से इनकार कर रहा था.

मोबाइल न मिलने से रंजना काफी परेशान थी. एक दिन रंजना अपनी बड़ी बहन विमला के यहां गई. वह काफी परेशान और उदास थी. उस की परेशानी और उदासी देख कर विमला से रहा नहीं गया. उस ने इस का कारण पूछा तो रंजना की आंखों से आंसू टपकने लगे और वह बहन के गले लिपट कर रोने लगी. विमला समझ नहीं पाई कि आखिर ऐसी क्या बात है.

आखिर रंजना ने सारी बातें बेझिझक बता दीं. रंजना की बात सुन कर विमला के पैरों तले से जमीन खिसक गई. रंजना ने जो गलती की थी, वह माफ करने लायक नहीं थी. बड़ी बहन ने उस के गाल पर 2 थप्पड़ रसीद कर दिए, साथ ही उसे काफी भलाबुरा भी कहा.

खैर, जो होना था हो चुका था. अब सवाल उस के निदान का था. शाम के वक्त काम से जब उस का पति शंभू मंडल घर लौट कर आया और साली रंजना को देखा तो उस की खुशी दोगुनी हो गई. रात का खाना सब ने एक साथ खाया. शंभू खाना खाने के बाद कमरे में सोने गया. उस के पीछे विमला भी आ गई. उस ने पति से रंजना की सारी बातें बता दीं. पत्नी की बात सुन कर शंभू का खून खौल उठा.

उस से रहा नहीं गया तो उस ने उसी समय ससुराल फोन कर के रंजना की करतूत अपनी सास सरबी देवी और ससुर राधाकृष्ण उर्फ वकील मंडल से बता दी. हकीकत जान कर मांबाप भी सिर पकड़ कर बैठ गए. वे यह सोच कर परेशान थे कि जब रंजना की सच्चाई बिरादरी वालों को पता चलेगी तो वे कौन सा मुंह दिखाएंगे. उन्होंने यह कह कर सब कुछ शंभू मंडल पर छोड़ दिया कि वह जो उचित समझे, करे.

सुबह हुई तो शंभू ने सब से पहले रंजना से बात की. बातचीत करने के बाद उस ने कुछ सोचा और रंजना से कहा कि उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है. सब पहले की ही तरह ठीक हो जाएगा. वह अपनी नौकरी पर लौट जाए और मन लगा कर काम करे. जीजा की बातें रंजना को ठीक लगीं. उस ने वैसा ही किया.

रंजना सीतामढ़ी नौकरी पर लौट आई. इस बीच विनोद ने उस से फोन कर बात करने की कोशिश की, लेकिन रंजना ने उस से बात करने से साफ मना कर दिया. इस के बाद विनोद मोबाइल में सेव शादी की तसवीरें सार्वजनिक करने की धमकी दे कर उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त करने लगा.

रंजना परेशान हो गई और घर वालों को सारी बातें बता दीं. बेटी की परेशानी देख कर सबरी देवी परेशान हो गई. उस ने दामाद शंभू से जल्द से जल्द कोई उचित कदम उठाने को कहा. इस बारे में शंभू मंडल ने रंजना के मौसेरे भाई बिट्टू, जो उसी के मोहल्ले में रहता था, से बात की. बिट्टू अपने इलाके का दबंग था.

बिट्टू और शंभू मंडल ने आपस में मिल कर रंजना की राह के कांटे को जड़ से उखाड़ने की योजना बना डाली. इस योजना में उन्होंने रंजना को भी शामिल किया. क्योंकि उस के बिना योजना को अंजाम नहीं दिया जा सकता था.

29 दिसंबर, 2016 को रंजना कालेज प्रशासन को धोखे में रख कर वहां से 2 दिनों की छुट्टी ले कर घर आई कि नया साल परिवार के साथ बिता कर लौट आएगी. घर आते समय उस ने किराए का कमरा खाली कर दिया था और सारा सामान ले कर भागलपुर चली आई थी.

30 दिसंबर को मां सबरी देवी और जीजा शंभू मंडल के कहने पर रंजना ने विनोद को नए साल को सेलिब्रेट करने के लिए भागलपुर बुलाया. रंजना के बुलाने पर विनोद 1 जनवरी, 2017 को भागलपुर आ गया.

अपने यहां आने की सूचना उस ने भागलपुर में रहने वाले अपने दोस्त संजय को दे दी थी. संजय विनोद के पास आ चुका था. विनोद को अपने साथ धोखे का अहसास तब हुआ, जब उस ने रंजना की जगह उस के बहनोई शंभू मंडल और बिट्टू को देखा.

शंभू मंडल और बिट्टू उसे रंजना के घर ले जाने के लिए अपने साथ ले कर निकले. लेकिन उसे वहां न ले जा कर तिलकामांझी थाने ले गए. संजय भी उन के साथ था. पहले से आगबबूला शंभू ने रास्ते में विनोद के गाल पर 4-5 थप्पड़ जड़ दिए थे. इस के बाद वह उसे थाने ले गया था.

थानाप्रभारी तिलकामांझी से उस ने मोबाइल चुराने की शिकायत की. विनोद के दोनों हाथ नहीं थे, उसे देख कर उन्होंने मामले को भांप लिया कि यह मामला चोरी का नहीं, बल्कि कुछ और है. जब थानाप्रभारी ने इस बाबत शंभू से पूछताछ की तो उस ने साली के मोबाइल चुराने की बात कही.

थानाप्रभारी के कहने पर उस ने अपनी साली रंजना की बात उन से करा दी. रंजना ने उन्हें बताया कि विनोद ने उस का मोबाइल चुराया नहीं है, बल्कि जबरन अपने पास रख लिया है और उसे लौटा नहीं रहा है. थानाप्रभारी ने विनोद से पूछा तो उस ने इस बात को सही बताया और रंजना का मोबाइल उसे लौटा दिया. मोबाइल ले कर दोनों थाने से चले गए और विनोद भी पटना लौट गया.

5 दिनों बाद 6 जनवरी, 2017 की शाम साढ़े 5 बजे के करीब शंभू मंडल ने विनोद को फोन किया. उस ने साली का जीवन बरबाद करने की बात कह कर उसे जान से मारने की धमकी दी.

विनोद शंभू मंडल की धमकी से डर गया. इस के ठीक आधे घंटे बाद शाम 6 बजे रामजी सिंह बेटे का हालचाल लेने के लिए फोन किया. ड्यूटी कर के औफिस से विनोद कमरे पर जा रहा था. पिता का फोन रिसीव कर के वह शंभू मंडल द्वारा जान से मारने की धमकी वाली बात बता कर रोने लगा.

वह काफी आतंकित लग रहा था. बेटे का रोना सुन कर उन्होंने उसे समझाया कि रोने के बजाए वह उसी समय उन के पास (बंगाल) आ जाए या फिर वही वहां आ जाएं. इस के बाद फोन कट गया. दरअसल विनोद ने रंजना से दूसरी शादी वाली बात घर वालों से छिपा ली थी. उस की इस नई कहानी से उस के घर वाले अनजान थे.

उस के एक घंटे बाद 7 बजे के करीब विनोद ने पिता को फोन कर के बताया कि वह भागलपुर रंजना की मां सबरी देवी से मिलने जा रहा है. उस के पास रंजना के मौसेरे भाई बिट्टू का फोन आया था. वह रंजना की मां से समझौता कराने की बात कह रहा था.

यह सुन कर रामजी सिंह का माथा ठनका. उन्होंने विनोद को वहां जाने से मना किया, लेकिन विनोद ने पिता की बात नहीं मानी और भागलपुर चला गया. वह औफिस से सीधे निकला था. फोन से ही उस ने अंकित को भागलपुर जाने की जानकारी दे दी थी. इसलिए उस के पास केवल बैग ही था. उस बैग में उस के सारे सर्टिफिकेट और टिफिन था.

7 जनवरी, 2017 की दोपहर 1 बजे भागलपुर पहुंच कर उस ने रामजी सिंह को फोन कर के अपने भागलपुर पहुंच जाने की सूचना दे दी. उस ने बिट्टू का वह नंबर भी उन्हें बता दिया था, जिस नंबर से उस ने उसे फोन किया था.

विनोद ने बिट्टू को फोन कर के बता दिया था कि वह भागलपुर पहुंचने वाला है. बिट्टू शंभू मंडल के साथ स्टेशन पहुंचा. दोनों ने उसे रिसीव किया. विनोद का बैग बिट्टू ने ले लिया था. तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर बैठ कर रंजना के घर जाने के लिए निकले. लेकिन दोनों उसे वहां न ले जा कर सीधे कलवलिया नदी के किनारे ले गए. यह देख कर विनोद डर गया.

उस की समझ में आ गया कि उस के साथ धोखा हुआ है. उस ने भाग कर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन उन के चंगुल से बच नहीं सका. शंभू और बिट्टू ने मिल कर उसे जमीन पर गिरा दिया. बिट्टू ने उस के दोनों पैर कस कर पकड़ लिए, जबकि मजबूत जिस्म वाला शंभू मंडल हाथों से विनोद के मुंह को तब तक दबाए रहा, जब तक उस का जिस्म ढीला नहीं पड़ गया.

अपनी संतुष्टि के लिए दोनों ने विनोद कुमार सिंह को हिलाडुला कर देखा. उस के जिस्म में कोई हरकत नहीं हुई. उस की लाश पहचानी न जा सके, इस के लिए शंभू मंडल ने साथ लाया तेजाब उस के चेहरे पर उड़ेल दिया और लाश को झाड़ी में फेंक दिया.

विनोद का सारा सामान उन्होंने नदी में डाल दिया और मोटरसाइकिल से अपने घर लौट गए. विनोद की हत्या की जानकारी उस ने सास सबरी देवी को दे दी थी. बेटी के रास्ते का कांटा साफ होने की खबर पा कर वह खुश थी. यह बात उस ने रंजना को नहीं बताई थी.

दूसरी ओर रामजी सिंह ने बेटे से बात करने के लिए शाम को जब उस के मोबाइल पर फोन किया तो उस के दोनों फोन बंद मिले. उन्होंने कई बार फोन किया, लेकिन हर बार उस का फोन बंद मिला तो वह घबरा गए.

2 दिनों बाद बेटे का पता लगाने वह पश्चिम बंगाल से पटना पहुंचे. उन्हें बेटे का कोई पता नहीं चला तो उन्होंने सचिवालय थाने में उस के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी. मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस हरकत में आई तो 17 दिनों से गायब विनोद की लाश भागलपुर में मिली.

नदी के किनारे झाड़ी के पास खेलते बच्चों की टोली ने सड़ीगली लाश देखी थी और शोर मचा दिया था. इस तरह मामला लोदीपुर थाने तक पहुंच गया.

23 जनवरी, 2017 को विनोद कुमार सिंह हत्याकांड के 4 आरोपी रंजना कुमारी, उस की मां सबरी देवी, पिता राधाकृष्ण उर्फ वकील और शंभू मंडल थाना लोदीपुर पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिए गए. पांचवां आरोपी बिट्टू फरार था.

पूछताछ में शंभू मंडल ने पुलिस को बता दिया था कि विनोद का सारा सामान और मोबाइल उस ने नदी में फेंक दिया था. उस के बताए अनुसार पुलिस शंभू मंडल को भागलपुर ले गई, वहां विनोद के सामान की खोजबीन की, लेकिन उस का कोई सामान नदी से नहीं मिला.

पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. चारों आरोपी जेल में बंद हैं. सचिवालय पुलिस ने बाद में इस मुकदमे को अपहरण की धाराओं से हत्या की धाराओं में बदल दिया था.  True Crime Story

—कथा मृतक के परिजनों और पुलिस सूत्रों पर आधारित

Social Crime Story: और भी हैं नोट छापने की मशीनें

Social Crime Story. भारत में नोट छापने की टकसाल नासिक, मैसूर और देवास 3 जगहों पर हैं. लेकिन नोट छापने की छोटीछोटी मशीनें हर शहर के तमाम चौराहों पर लगी हैं, यह अलग बात है कि इन का तरीका भी अलग है और मालिक भी.

कुदरतउल्लाह ऐसा आदमी था, जिसे कहीं भी पहचाना जा सकता था. लंबे कद और दुबलेपतले शरीर वाले कुदरतउल्लाह की आंखें छोटीछोटी थीं और गालों की हड्डियां उभरी हुईं. उन उभरी हड्डियों के बीच में एक काला मस्सा था, जो किसी तालाब के टापू की तरह उभरा था, लेकिन माथा काफी ऊंचा था. उस की गरदन काफी छोटी, जो लंबे कद पर बड़ी विचित्र लगती थी.

चपटी नाक के नीचे घनी मूछों की वजह से उस का चेहरा आम चेहरों से अलग लगता था. वह हुलिया भी ऐसा बनाए रहता था कि दूर से पहचान में आ जाता था. कुल मिला कर उस का डीलडौल ऐसा था कि उस से मिलने आने वालों को उस के बारे में किसी से पूछने की जरूरत नहीं पड़ती थी. निसार चौधरी भी बिना किसी से कुछ पूछे उस के पास जा पहुंचे थे. कुदरतउल्लाह ने उन्हें नीचे से ऊपर तक देखते हुए पूछा, ‘‘आप की तारीफ?’’

‘‘मुझे निसार चौधरी कहते हैं.’’ निसार ने बिना इजाजत लिए सामने रखी कुरसी खींच कर बैठते हुए कहा, ‘‘आप के बारे में मुझे सब पता है. फरजंद अली ने मुझे सब बता दिया था.’’

‘‘मैं भी आप का ही इंतजार कर रहा था.’’ कुदरतउल्लाह ने अपने पतले होंठों पर मुसकराहट सजाने की नाकाम कोशिश करते हुए कहा, ‘‘फरजंद अली ने मुझे भी आप के बारे में सब बता दिया था.’’

‘‘इधरउधर की बातों में समय बेकार करने के बजाए सीधे काम की बात करनी चाहिए,’’ निसार ने कुदरतउल्लाह से चाय मंगाने का इशारा करते हुए कहा, ‘‘मुझे इस कारोबार में आए अभी 2 साल ही हुए हैं. वैसे तो मेरे पास अभी 4 मशीनें हैं, लेकिन उन में एक ही मशीन ऐसी है, जो ठीकठाक प्रोडेक्शन देती है. मैं ने यह बात फरजंद अली से कही तो उन्होंने आप के बारे में बताया कि आप के यहां तैयार मशीनें और कारखाने में तैयार मशीनों से अच्छा काम करती हैं.’’

‘‘मुझे जानने वालों का यही खयाल है.’’ कुदरतउल्लाह ने कहा, ‘‘इस समय मेरे पास 3 मशीनें हैं, जिन्हें मैं एक साथ बेचना चाहता हूं. जो आदमी तीनों मशीनें एक साथ खरीदेगा मैं उसी को बेचूंगा.’’

‘‘ऐसा क्यों?’’ निसार ने हैरानी से कहा, ‘‘भई मुझे तो 2 ही मशीनें चाहिए.’’

‘‘बाकी बची एक मशीन का मैं क्या करूंगा? दरअसल मैं अपना कारखाना कहीं और शिफ्ट करना चाहता हूं.’’

‘‘क्यों…? लोग बाहर से आ कर यहां कारखाने लगाते हैं और आप यह शहर छोड़ कर कहीं और जा रहे हो. मशीनें तैयार करने के लिए यहां जैसा कच्चा माल शायद कहीं और नहीं मिलेगा?’’

‘‘कच्चा माल तो वाकई यहां बड़ी आसानी से और सस्ता मिल जाता है, लेकिन यहां के कच्चे माल से तैयार की गई मशीनें जल्दी बिकती नहीं. लोग इन्हें कम ही खरीदते हैं. वजह शायद यह है कि यहां की मशीनें उन के दिल में नहीं उतरतीं.’’

‘‘खैर, यह लंबी बहस का विषय है,’’ निसार ने कहा, ‘‘चूंकि मैं पहली बार आप के यहां आया हूं, इसलिए मुझे मालूम नहीं कि आप की मशीनों की कीमत क्या है. अगर आप बताए तो…’’

‘‘कीमत मशीन के हिसाब से होती हैं. इस समय मेरे पास जो मशीनें हैं, उन में से केवल एक 20 हजार रुपए की है, बाकी की 2 मशीनें 50-50 हजार की हैं.’’

‘‘कीमत कुछ ज्यादा नहीं हैं?’’ ‘‘ज्यादा नहीं हैं भाई, मैं बहुत कम बता रहा हूं.’’

‘‘इतनी रकम वसूलने में ही सालों लग जाएंगे. उस के बाद फायदे का नंबर आएगा.’’ निसार ने कहा, ‘‘मेरे पास जो मशीनें हैं, वे 10-15 हजार से ज्यादा की नहीं हैं.’’

‘‘इसीलिए तुम ऐसी बात कर रहे हो,’’ कुदरतउल्लाह ने कहा, ‘‘मेरी मशीनें ऐसी हैं, जिन के प्रोडेक्शन पर लोग गर्व करते हैं. 3-4 महीने में ही लाभ देने लगती हैं. मेरे साथ जो कारीगर काम करते हैं, उन्हें मेरी मशीनों का बहुत अच्छा अनुभव है.’’

‘‘मैं ने यह तो नहीं कहा कि तुम्हारी मशीनें फायदा नहीं देंगी.’’ निसार ने दबे लहजे में कहा, ‘‘लेकिन मेरे पास उतनी रकम नहीं हैं, जितनी तुम मांग रहे हो. तीनों मशीनों की कीमत एक लाख 20 हजार रुपए होती है ऊपर से आप तीनों मशीनें एक साथ बेचना चाहते हैं.’’

‘‘इस कारोबार में उधार बिलकुल नहीं चलता. वैसे भी मैं यह शहर ही छोड़ कर जा रहा हूं, इसलिए पैसे भी नकद चाहिए.’’

‘‘क्या तुम मुझे मशीनें दिखा सकते हो?’’

‘‘कारखानों में ले जा कर दिखाना तो मुश्किल है, क्योंकि कारखाना दिखाना हमारे उसूल के खिलाफ है.’’ कुदरतउल्लाह ने कहा, ‘‘मेरे पास मशीनों की तसवीरें हैं, उन्हें देख कर आप को अंदाजा हो जाएगा कि मेरे कारीगरों ने इन पर कितनी मेहनत की हैं.’’

निसार चौधरी कुदरतउल्लाह से तसवीरें ले कर एकएक कर के ध्यान से देखने लगा. वाकई उन मशीनों को तैयार करने में काफी मेहनत की गई थी. निसार ने तसवीरों को उस की ओर बढ़ाते हुए कहा, ‘‘ऐसा नहीं हो सकता कि अभी आप मुझ से 70 हजार रुपए ले लें और बाकी की रकम बाद में.’’

‘‘मेरी एक बात मानोगे?’’ कुदरतउल्लाह ने कहा. ‘‘एक नहीं, आप की 10 बातें मानूंगा.’’ निसार ने खुशदिली से कहा.

‘‘फरजंद अली आप का दोस्त है न?’’ ‘‘हां, मेरे उन से बहुत अच्छे संबंध हैं.’’

‘‘तो ऐसा करो कि उधार करने के बजाए बाकी रकम उस से उधार ले कर दे दो.’’

‘‘भाई साहब, वह ऐसे ही रुपए नहीं देता, मोटा ब्याज लेता है. जबकि मैं ब्याज पर रकम ले कर कारोबार करना ठीक नहीं समझता. क्योंकि जो कमाई होगी, वह ब्याज अदा करने में ही चली जाएगी.’’

‘‘फिर तो आप का आना बेकार गया,’’ कुदरतउल्लाह ने कहा.

निसार चौधरी उठने ही वाले थे कि उस ने कुछ सोचते हुए कहा, ‘‘अच्छा, आप एक काम करो, 30 हजार रुपए का इंतजाम कर के एक लाख रुपए में सौदा कर लो. उस के बाद मुझे बता दो कि मशीनें कहां पहुंचानी है.’’

‘‘ठीक है कोशिश करता हूं. इस वक्त मेरे पास 50 हजार रुपए हैं, इन्हें रख लीजिए.’’ निसार ने 5 सौ रुपए की एक गड्डी निकाल कर कुदरतउल्लाह की ओर बढ़ाते हुए कहा, ‘‘बाकी रुपए मैं कल पहुंचा दूंगा.’’

‘‘आप शायद मेरी मजबूरी का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं?’’ कुदरतउल्लाह ने गड्डी जेब में रखते हुए कहा, ‘‘वैसे मशीनें कहां पहुंचानी होंगी?’’

‘‘बंदर रोड पर त्रिभुवनलाल जगमल का जो बोर्ड लगा है, उस के सामने वाली गली में मशीनें पहुंचानी हैं.’’ निसार ने कहा, ‘‘बाकी पैसे भी मैं वहीं दे दूंगा.’’

‘‘मशीनें कल रात 11 बजे पहुंच जाएंगी. लेकिन रुपए आप को दिन में देने होंगे. दोटांकी के पास एक शानदार कैफे है. कल दोपहर को मैं वहां पहुंच जाऊंगा. वहीं आ जाना.’’

‘‘क्या आप को मुझ पर विश्वास नहीं है.’’ ‘‘यहां विश्वास की बात नहीं है. कारोबार के अपने नियम होते हैं. हमारा कारोबार परचून की दुकान नहीं है कि बेच कर पैसे अदा कर दोगे. इस कारोबार में लेनदेन का अपना अलग नियम है.’’ कुदरतउल्लाह ने एकएक शब्द पर जोर दे कर कहा, ‘‘अभी आप की मशीनें कहां लगी हैं?’’

‘‘मेरी मशीनें अच्छी जगहों पर लगी हैं. बड़ी मुश्किल से उन जगहों को मैं ने पगड़ी की मोटी रकम दे कर हासिल किया था. मुंबई में आजकल जगह की बड़ी कमी है. लोगों ने पहले से ही अच्छी जगहों पर कब्जा जमा रखा है.’’

‘‘मेरे पास अपनी एक जगह भी है, अगर आप वहां अपनी मशीन लगाना चाहें तो…?’’ ‘‘उस जगह के भी आप मुंहमांगे दाम लेंगे?’’

‘‘नहीं, ऐसी बात नहीं है,’’ कुदरतउल्लाह ने मुसकराने की कोशिश करते हुए कहा, ‘‘अगर आप चाहें तो मैं उसे किराए पर भी दे सकता हूं. किराया आप मेरे घर पहुंचा दिया करना.’’

‘‘जगह की बात मैं अभी नहीं कर सकता. इस बारे में फरजंद अली से मेरी बात चल रही है. उस के पास भी अच्छी…’’

‘‘अगर फरजंद अली से आप की बात चल रही है तो ठीक है.’’ कुदरतउल्लाह ने निसार की बात काटते हुए कहा, ‘‘चलो, अब चला जाए. सौदा तय हो ही गया है.’’

दोनों कमरे से बाहर आए तो उन का स्वागत ट्रैफिक के शोर ने किया. वे दोनों फुटपाथ पर आ कर खडे हो गए. निसार ने कहा, ‘‘आप  कहां से बस पकड़ोगे?’’

‘‘मुझे तो उस सामने के चौराहे से बस मिल जाएगी.’’ कुदरतउल्लाह ने सामने इशारा करते हुए कहा, ‘‘और आप को?’’

‘‘चलिए पहले आप को बस पर बैठा दूं.’’ ‘‘इस की कोई जरूरत नहीं है. मैं चला जाऊंगा.’’ कुदरतउल्लाह ने लालबत्ती की ओर देखते हुए कहा.

‘‘इंसानियत के भी कुछ फर्ज होते हैं जनाब,’’ निसार चौधरी ने गंभीरता से कहा.

फुटपाथ के दाईं ओर एक पतली सी गली के नुक्कड़ पर एक जूस की दुकान के जगमग करते बोर्ड के पास वाले खंभे पर पोलियो से सुरक्षित रखने के संदेश वाला बोर्ड टंगा था. कुदरतउल्लाह उसे ध्यान से पढ़ने लगा, इसलिए उस ने निसार को जवाब में कुछ नहीं कहा. दोनों खामोशी से आगे बढ़ने लगे. जैसे ही वे चौराहे पर पहुंचे तो मसजिद में अजान की आवाज सुनाई दी.

‘‘मेरा खयाल है, कहीं आसपास ही मसजिद है?’’ कुदरतउल्लाह ने निसार की ओर देखते हुए कहा.

‘‘हम लोग जहां जा रहे हैं, उसी चौराहे के दाईं ओर मसजिद है.’’ ‘‘तो पहले वहीं चलें…’’

तभी दर्द में डूबी एक आवाज सुनाई दी, ‘‘अल्लाह के नाम पर कुछ दे दे बाबा.’’ ‘‘चलो हरी बत्ती हो गई है.’’ चौधरी ने आगे बढ़ते हुए कहा तो कुदरतउल्लाह का ध्यान भंग हुआ.

कुदरतउल्लाह रुक गया. उस के सामने थोड़ी दूर पर 10-11 साल का एक लड़का चौराहे के कोने में गंदे से कपड़े पर लेटा था. उस के दोनों पैर घुटनों से नीचे लकड़ी की तरह सूखे हुए थे. बायां हाथ भी लकड़ी जैसा हो गया था.

उस मासूम का ऊपरी होंठ आधे से अधिक कटा हुआ था, जिस से उस के पीलेपीले दांत नजर आ रहे थे. उस की एक आंख का पपोटा कटा हुआ था, जिस से उस की आंख बड़े भयानक अंदाज में बाहर निकली हुई थी. उसे देख कर घृणा और दया के भाव गड्डमड्ड हो रहे थे.

कुदरतउल्लाह ने उस लड़के की ओर अंगुली से इशारा करते हुए कहा, ‘‘इसे देख रहे हो चौधरी?’’

‘‘हां हां, देख रहा हूं.’’ ‘‘यह मेरे कारखाने की तैयार की हुई मशीन हैं.’’ कुदरतउल्लाह ने गर्व से सीना फुलाते हुए कहा, ‘‘यह मशीन पिछले साल मैं ने ही फरजंद अली को बेची थी. यह सुबह से देर रात तक बड़ी आसानी से हजार 2 हजार रुपए छाप लेती है. तुम्हें जो 2 मशीन दे रहा हूं वे भी इस मशीन से किसी भी तरह कम नहीं हैं. अगर तुम उन्हें अच्छी जगह फिट कर दोगे तो वे भी इसी तरह नोट छापेंगी.’’ Social Crime Story

Nepal Crime Case : कदम कदम पर गुनाह

Nepal Crime Case. शमीम एक ऐसा घिनौना अपराधी है, जिस ने न केवल एक नाबालिग लड़की के मांबाप और भाई को मार डाला, बल्कि उस मासूम के साथ बलात्कार करने के साथ उस से देहव्यापार भी कराया. उस के इन कर्मों की पोल तब खुली जब उस ने एसपी राजीव मेहरोत्रा की कार चोरी करवाई…

3 नवंबर, 2016 की रात हरदोई के पुलिस अधीक्षक राजीव मेहरोत्रा सरकारी काम से लखनऊ के थाना हजरतगंज आए थे. वह अपनी सरकारी सूमो गाड़ी भीड़भाड़ वाले इलाके हजरतगंज में खड़ी कर के काम निपटाने चले गए. ड्राइवर महेश कुमार गाड़ी के पास था.

महेश को चाय पीने की तलब लगी तो वह सूमो के चारों दरवाजे लौक कर के चाय पीने चला गया. थोड़ी देर बाद जब वह चाय पी कर वापस लौटा तो गाड़ी वहां नहीं थी. यह देख महेश के पैरों तले की जमीन खिसक गई और वह परेशान हो गया. उस ने इधरउधर देखा, लेकिन गाड़ी कहीं दिखाई नहीं दी.

महेश समझ गया कि वाहन चोरों ने एसपी साहब की सरकारी गाड़ी पर हाथ साफ कर दिया है. उस ने तुरंत फोन कर के एसपी राजीव मेहरोत्रा को इस मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही एसपी राजीव काम बीच में ही छोड़ कर वहां लौट आए. थोड़ी ही देर में एसपी साहब की गाड़ी गायब होने की खबर लखनऊ के पूरे पुलिस डिपार्टमेंट में फैल गई.

आननफानन में कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस कंट्रोल रूम ने यह सूचना जिले के सभी थानों को दे दी थी. फलस्वरूप पुलिस ने राजधानी से जुड़े सभी सीमाई इलाकों की नाकेबंदी कर के वाहनों की चैकिंग शुरू कर दी. लेकिन देर रात तक चली चैकिंग के बाद भी सूमो का कहीं पता नहीं चला. वाहन चोर संभवत: सूमो को पहले ही लखनऊ से बाहर ले गए थे. इस संबंध में कोतवाली थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया.

मुकदमा दर्ज होने के बाद इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई. घटना किसी मामूली व्यक्ति से जुड़ी हुई नहीं थी. बात एसपी साहब की गाड़ी की चोरी की थी. ऐसे में राजधानी पुलिस की नींद हराम हो जाना स्वाभाविक था. क्राइम ब्रांच ने अपने मुखबिरों को यह पता लगाने की जिम्मेदारी सौंप दी कि इस में किस गिरोह का हाथ हो सकता है.

करीब हफ्ते भर बाद मुखबिरों ने क्राइम ब्रांच को हैरत में डालने वाली सूचना दी. सूचना के अनुसार, वाहन चोरों ने एसपी राजीव की सूमो 50 हजार में नेपाल के रोतहट जिले के कबाड़ी सागर शाह के हाथों बेच दी थी.

यह खबर मिलते ही लखनऊ क्राइम ब्रांच की टीम सादे कपड़ों में नेपाल गई और वहां के जिला हेटौड़ा के डीआईजी पशुपति उपाध्याय से मिली. इस टीम ने उन्हें घटना की पूरी जानकारी दे कर उन से अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए मदद मांगी. डीआईजी पशुपति उपाध्याय ने इस टीम को रोतहट जिले के प्रभारी डीएसपी नवीन कृष्ण भंडारी जो एसपी का पद भी संभाल रहे थे, के पास भेज दिया. क्राइम ब्रांच की टीम नवीन कृष्ण भंडारी से मिली. नवीन कृष्ण भंडारी ने फौरी तौर पर एक पुलिस टीम गठित की और सागर शाह के वीरगंज स्थित कबाड़ के गोदाम पर छापेमारी की. सागर शाह चोरी के वाहन खरीदने और बेचने के लिए बदनाम था. यह बात नेपाल की पुलिस  भी जानती थी.

उस के गोदाम से पुलिस टीम को एसपी साहब की सूमो की चेसिस मिल गई. उस ने सूमो को कई हिस्सों में काट कर उस के पार्ट अलगअलग कर दिए थे, जिस से उसे आसानी से न पहचाना जा सके. नेपाल पुलिस ने सागर शाह को हिरासत में ले लिया. उस से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उस ने सूमो खरीदने की बात कबूल कर ली. उस ने पुलिस को बताया कि वह सूमो उसे तस्कर और वाहन चोर गिरोह के सरगना शमीम अख्तर के साथी असगर उर्फ मोजाबिल अंसारी और अफगान अहमद ने 50 हजार रुपए में बेची थी. सागर शाह ने यह भी बताया कि शमीम अख्तर वीरगंज में छिपा है.

नेपाल पुलिस के हाथों बड़ा बटेर लग चुका था. सागर शाह की निशानदेही पर नेपाल पुलिस ने शमीम अख्तर के ठिकाने पर दबिश दी. वहां से शमीम अख्तर को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने उस के पास से 2 पिस्टल, 23 जिंदा कारतूस, 200 ग्राम हेरोइन, 5 मोबाइल फोन, 18 सिम, फरजी प्रैस कार्ड और तमाम जाली आईडी बरामद कीं. बरामद सामानों को नेपाल पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस शमीम अख्तर को गिरफ्तार कर के थाने ले आई. उस के खिलाफ थाना वीरगंज में मुकदमा दर्ज किया गया.

बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र राणा को जब शमीम अख्तर की गिरफ्तारी की सूचना मिलीतो वह बहुत खुश हुए. शमीम अख्तर बिहार के कई जिलों का वांछित अपराधी था. सीतामढ़ी के एक ही परिवार के 3 सदस्यों के अपहरण और उन की नृशंस हत्या, मृतकों की बेटी आशा सिंह को पहले बेटी बनाना, फिर बेटी से पत्नी और बाद में उसे जिस्मफरोशी के धंधे में उतार देने जैसे उस के कई कृत्य काफी चर्चित रहे थे.

उस ने आशा सिंह को पाकिस्तान में बेचने की योजना बना ली थी ताकि वह वहां से वापस ही न लौट सके. लेकिन वह अपने घृणित मंसूबों में कामयाब होता, उस से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया था. लेकिन वह पुलिस के चंगुल से फरार हो गया और नेपाल में जा कर छिप गया था. शमीम नेपाल में छिप कर रहते हुए वहीं से अपना आपराधिक धंधा चला रहा था.

बहरहाल, दोबारा गिरफ्तारी के बाद  शमीम अख्तर अभी नेपाल की जेल में बंद है. यहां की पुलिस उस के प्रत्यर्पण की कोशिश में जुटी है. शमीम अख्तर से लखनऊ एटीएस, एसटीएफ, लखनऊ की स्पैशल ब्रांच, पटना की स्पैशल ब्रांच, एटीएस, पटना की एसटीएफ के साथ मोतिहारी पुलिस के कई अधिकारियों ने नेपाल जा कर उस से विस्तृत पूछताछ की है.

पूछताछ में शमीम ने कबूल किया है कि उस के कहने पर उस के साथियों ने हरदोई के एसपी की सरकारी गाड़ी चुराई थी. लेकिन पकड़े जाने के डर से उस ने यह गाड़ी सागर शाह के हाथों 50 हजार रुपए में बेच दी थी.

करीब 40 वर्षीय शमीम अख्तर बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) जिले के थाना ढाका क्षेत्र के आजाद चौक इलाके के सिकंदरापुर टोला का रहने वाला था. उस के पिता नईमुद्दीन अख्तर किसान थे. नईमुद्दीन के आधा दरजन बच्चों में शमीम अख्तर सब से बड़ा था. शमीम शुरू से ही शातिरदिमाग था. जिस चीज पर उस का दिल आ जाता था, उसे पा कर ही दम लेता था. भले ही इस के लिए उसे किसी भी तरह के हथकंडे क्यों न अपनाने पड़ें. शमीम की हरकतों से उस के घर वाले काफी परेशान रहते थे. अपनी हरकतों के चलते ही शमीम इंटर से आगे पढ़ाई नहीं कर सका था.

नईमुद्दीन का परिवार बड़ा था. वह अपने परिवार का भरणपोषण किसानी से करते थे. उन के परिवार की माली हालत ठीक नहीं थी. जबकि शमीम गरीबी के आलम में जीना नहीं चाहता था. पढ़ाई बीच में छोड़ कर शमीम ने कबाड़ का धंधा शुरू कर दिया. उस ने जीजान से मेहनत की. फलस्वरूप उस का धंधा चल निकला. लेकिन उस ने अमीर बनने के जो ख्वाब देखे थे, वह कबाड़ की कमाई से पूरे नहीं हुए. आखिरकार उस ने अमीर बनने के लिए एक शौर्टकट रास्ता निकाल लिया. यह अलग बात है कि वह रास्ता जुर्म की अंधेरी सुरंग से हो कर जाता था.

बात सन 2001 की है. शमीम अख्तर ने अपने 2 साथियों राजमिया और चंदनदीप के साथ मिल कर अरेराज, जिला मोतिहारी के संजय का अपहरण कर लिया. इन लोगों ने संजय के घर वालों से फिरौती की बड़ी रकम वसूल की. पैसे मिलने के बाद शमीम ने संजय को छोड़ दिया. एक बार शमीम अख्तर ने अपराध की दुनिया में कदम रखा तो फिर कभी पीछे मुड़ कर नहीं देखा.

इस के बाद शमीम ने इसी जिले से दूसरा अपहरण कर के सनसनी फैला दी. इस बार उस ने एक ज्वैलर का अपहरण किया था. फिरौती में उस ने ज्वैलर के परिवार वालों से करीब 50 लाख वसूले. जुर्म की दुनिया से काला पैसे आते ही शमीम अख्तर ने अपना एक बड़ा गिरोह बना लिया. अपने गिरोह में उस ने कम उम्र के नएनए चेहरों को शामिल किया ताकि पुलिस उस तक आसानी से न पहुंच सके.

2-2 अपहरण कर के शमीम ने पुलिस की नाक में दम कर दिया था. पुलिस भी चुप नहीं बैठी थी. आखिर उस ने शमीम को गिरफ्तार कर ही लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे मोतिहारी जेल भेज दिया गया. बाद में पुलिस ने उसे सीतामढ़ी जेल में ट्रांसफर कर दिया. सीतामढ़ी जेल में रहने के दौरान शमीम की मुलाकात सीतामढ़ी के शातिर अपराधी दीपनारायण महतो से हुई.

दीपनारायण महतो की सीतामढ़ी में तूती बोलती थी. उस ने शमीम को अपराध के कई गुर सिखाए. शमीम जेल से ही अपना सिंडीकेट चला रहा था. उस के गुर्गों ने मोतिहारी टाउन, बैरगनिया, फेनहारा और मेहसी में ताबड़तोड़ लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया. पकडे़ जाने के बाद शमीम ने जेल में रह कर 8 साल गुजारे.

इस बीच शमीम अख्तर की पत्नी अपने बच्चों के साथ हमेशाहमेशा के लिए मायके चली गई. शमीम के जेल जाने से पहले की बात है. नईमुद्दीन बेटे की करतूतों से आजिज आ चुके थे. उन्होंने उस की शादी करवा कर उसे सुधारने की सोची, लेकिन नईमुद्दीन की यह कवायद काम नहीं आई. जब वह रोजरोज के पुलिस के झमेले से परेशान हो गए तो उन्होंने शमीम से नाता तोड़ लिया. इसी से दुखी हो कर उस की पत्नी हमेशा के लिए मायके चली गई थी. खैर, उन दिनों शमीम अख्तर के सितारे बुलंदियों पर थे.

सन 2008 में शमीम सीतामढ़ी की जिस जेल में बंद था, उसी में सीतामढ़ी जिले के थाना डुमरा का रहने वाला मूकबधिर संजीव कुमार सिंह भी बंद था. उसे पट्टीदारों से संपत्ति के बंटवारे के विवाद में जेल जाना पड़ा था. उस की पत्नी खुशबू सिंह पति से मिलने जेल आया करती थी.

खुशबू बला की खूबसूरत महिला थी. जेल में आतेजाते जब उस पर शमीम अख्तर की नजर पड़ी तो वह उस का दीवाना हो गया. शमीम और खुशबू के बीच परिचय हुआ तो उस ने खुशबू को विश्वास दिलाया कि जेल से बाहर निकलते ही वह उस के पति को जेल से छुड़वा देगा.

पता नहीं शमीम ने ऐसा कौन सा जादू कर दिया था कि खुशबू उस की अंधभक्त बन गई. उसे शमीम पर पूरा भरोसा हो गया कि वह उस की मदद जरूर करेगा. जेल से बाहर आने के बाद शमीम ने जोड़जुगत कर के खुशबू के पति संजीव को जेल से बाहर निकलवा दिया.

खुशबू शमीम के इस एहसान तले दब गई. वजह यह थी कि जब उस के अपनों ने उस का साथ छोड़ दिया था, तब एक अंजान शख्स उस का सहारा बना. धीरेधीरे शमीम और खुशबू सिंह एकदूसरे की ओर खिंचते चले गए. दोनों के बीच का यह आकर्षण प्रेम में बदल गया. यहां से शमीम अख्तर की जिंदगी में दूसरे अध्याय की एक अनोखी कड़ी जुड़ गई.

खुशबू सिंह की शादी सन 1990 में जिला सीतामढ़ी के डुमरा के संजीव कुमार सिंह से हुई थी. संजीव कुमार सिंह जन्म से मूकबधिर था. शादी के बाद उस के वहां एक बेटे का जन्म हुआ. मांबाप ने उस का नाम अमनदीप सिंह रखा. उस के 3 साल बाद खुशबू आशा सिंह की मां बनी. मूकबधिर संजीव बहुत खुद्दार और जिंदादिल इंसान था. अपने कर्म और मेहनत पर भरोसा करने वाली खुशबू उस का हौसला बढ़ाती रहती थी. संजीव को अपने भाइयों से कभी कोई मदद नहीं मिली थी. सच तो यह है कि वे एक तरह से उस से घृणा करते थे.

न जाने वह कौन सा मनहूस दिन था, जब संजीव कुमार सिंह के परिवार में बुरे वक्त ने कुंडली मार ली. उस का हंसताखेलता परिवार बिखर गया. सन 2008 में पट्टीदारों से विवाद के चलते संजीव सिंह परिवार को ले कर शहर में आ गए. लेकिन विवाद फिर भी नहीं थमा. इसी विवाद के चलते संजीव को जेल जाना पड़ा था.

बहरहाल, 3 जनवरी 2009 को खुशबू की जिंदगी में एक और तूफान आया. उस के 13 वर्षीय बेटे अमनदीप सिंह का किसी ने अपहरण कर लिया. अपहर्त्ताओं ने फिरौती में 20 लाख वसूले. इस के बावजूद अपहर्त्ताओं ने पैसे ले कर भी संजीव और खुशबू सिंह के साथ धोखा किया. उन्होंने अमनदीप को छोड़ने के बजाय उस की हत्या कर दी.

अमनदीप की क्षतविक्षत लाश रेलवे लाइन पर मिली. अमनदीप का अपहरण शमीम ने अपने गुर्गों से करवाया था. उस ने यह काम इतने शातिर ढंग से किया था कि खुशबू को इस की भनक तक नहीं लगी.

खुशबू की जिंदगी ने जैसे दुखों से नाता जोड़ लिया था. वह अभी बेटे की मौत के सदमे से पूरी तरह उबर भी नहीं पाई थी कि दरवाजे पर एक और मुसीबत बांहें फैलाए आ खड़ी हुई.

दिसंबर, 2010 की बात है. संजीव किसी काम से घर से बाहर गया तो फिर लौट कर घर नहीं पहुंचा. बदमाशों ने संजीव सिंह को भी उस के बेटे की तरह अगवा कर लिया. अपहरण करने के 2 दिनों बाद यानी 1 जनवरी, 2011 को शिवहर-पूर्वी चंपारण जिले की सीमा ललुआ सरेह में उस की लाश पड़ी मिली. सदर अस्पताल में खुशबू ने लाश की शिनाख्त अपने पति संजीव के रूप में की. यह काम भी शमीम अख्तर ने ही किया था. संजीव उस की और खुशबू की राह में रोड़ा बन रहा था. संजीव की मौत के बाद शमीम का रास्ता साफ हो गया. अब उसे कोई नहीं रोक सकता था.

खुशबू का हंसताखेलता परिवार उजड़ गया था. उस के जीने का एकमात्र सहारा उस की 13 वर्षीय बेटी आशा सिंह ही बची थी. उस की समझ में नहीं आ रहा था कि वह क्या करे. जीने के लिए अभी पूरी जिंदगी बाकी थी. संकट की इस घड़ी में शमीम अख्तर ने उस के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया. चूंकि दोनों एकदूसरे को अपना जीवनसाथी बनाना चाहते थे, इसलिए खुशबू सिंह इनकार नहीं कर पाई. इस तरह वह शमीम की शरीकेहयात बन गई. शमीम ने खुशबू की बेटी अंशुप्रिया को अपनी बेटी के रूप में अपना लिया.

खुशबू से निकाह करने के बाद शमीम अख्तर पत्नी और बेटी आशा को ले कर बंगाल चला गया. उस ने बंगाल के डागापार में जमीन खरीद कर मकान बनवाया और परिवार के साथ रहने लगा. बाद में उस ने पत्नी और बेटी का धर्म परिवर्तन करा दिया. इस के बाद खुशबू सिंह का नाम रुखसाना खातून और उस की बेटी का नाम नूर हो गया. उस के कुछ दिनों बाद पत्नी और बेटी को ले कर वह वहां से सिलीगुड़ी चला गया.

उस ने सिलीगुड़ी में एक और फ्लैट खरीदा. यह फ्लैट उस ने रुखसाना खातून की करोड़ों की संपत्ति में से कुछ हिस्से को बेच कर खरीदा था. दरअसल, अमनदीप और संजीव की मौत के बाद शमीम अख्तर की नजर खुशबू उर्फ रुखसाना की संपत्ति पर जम गई थी. उस ने धीरेधीरे पत्नी की संपत्ति का आधा हिस्सा अपने नाम करा लिया था. इस के बाद वह उस संपत्ति को बेचता रहा. शमीम के प्यार में अंधी खुशबू उर्फ रुखसाना ने उसे कभी रोकने की कोशिश नहीं की. नूर बच्ची थी, उस के विरोध करने का कोई मतलब नहीं था.

अचानक एक दिन खुशबू उर्फ रुखसाना रहस्यमय तरीके से गायब हो गई. शमीम ने उस की हत्या कर के लाश गायब कर दी. खुशबू की लाश आज तक बरामद नहीं हुई. शमीम ने आशा उर्फ नूर से झूठ बोला कि उस की मां धोखा दे कर एक आदमी के साथ भाग गई.

13 साल की मासूम आशा उर्फ नूर मां के गायब होने से काफी दुखी थी. मां की याद में रोरो कर उस का बुरा हाल था. अपना राज छिपाने के लिए शमीम नूर को ले कर सिलीगुड़ी से मोतिहारी सिकंदरापुर आ गया. उस ने नूर की देखभाल की जिम्मेदारी आयशा को सौंप दी. आयशा शमीम से मिल कर जिस्मफरोशी का धंधा करती थी. शमीम के काले धंधों में एक धंधा जिस्मफरोशी का भी था.

जिस्मफरोशी की दुकान चलाने वाली आयशा शमीम तक कैसे पहुंची, इस की भी एक रोमांचक कहानी है. आयशा शमीम अख्तर के चंगुल में धोखे से आ फंसी थी. दरअसल, दिल्ली एनसीआर की रहने वाली आयशा जौब के सिलसिले में सहारनपुर के दीपांशु से मिली थी. दीपांशु लड़कियों को जौब देने के लिए अखबारों में विज्ञापन छपवाता था. ऐसे विज्ञापन छपवा कर वह भोलीभाली लड़कियों को अपने जाल में फांसता था.

आयशा भी उस के इस धोखे का शिकार बन गई थी. दरअसल, दीपांशु सैक्स रैकेट का सरगना था. राह भटकी अथवा मजबूर लड़कियों को नौकरी दिलाने का झांसा दे कर वह उन्हें अपने यहां लाता था. उन्हें नौकरी तो नहीं मिलती थी, उन का दैहिक शोषण कर के वह उन्हें जिस्मफरोशी के धंधे में उतार देता था.

आयशा दीपांशु की चिकनीचुपड़ी बातों में फंस गई थी. पहले तो उस ने आयशा का खूब दैहिक शोषण किया, फिर उस की नग्न फिल्म तैयार की ताकि वह उस के चंगुल से आजाद न हो सके.

दीपांशु ने वीडियो फिल्म दिखा कर आयशा को इतना मजबूर किया कि वह उस की बात मानने को तैयार हो गई. उस ने आयशा को धमकी दी कि अगर कभी उस ने कुछ ऐसावैसा सोचा भी तो वह उस की ब्लू फिल्म की सीडी बना कर बाजार में उतार देगा. दीपांशु की धमकियों से डरी आयशा अपनी इज्जत बचाने के लिए वही करती रही, जैसा उस ने करने के लिए कहा.

दीपांशु और शमीम अख्तर एक ही नाव के सवार थे. शमीम अख्तर को एक नई लड़की की तलाश थी. उस ने दीपांशु से कह रखा था कि कोई अच्छी लड़की मिले तो उसे उस के यहां भेज दे. उस की मांग पर दीपांशु ने आयशा को मोतिहारी भेज दिया.

इंसान की खाल में छिपे शैतान शमीम अख्तर की भूखी नजरों से आयशा भी नहीं बची. उस ने आयशा को जिस्मफरोशी के धंधे में उतार दिया. आयशा एक पिंजरे से निकल कर दूसरे पिंजरे में कैद हो गई थी. थकहार कर वह शमीम की जिस्मफरोशी की दुकान चलाने लगी.

शमीम अख्तर ने नूर की निगरानी आयशा पर छोड़ दी थी. आयशा 24 घंटे उस पर कड़ी नजर रखती थी. ताकि वह वहां से भाग न सके. बेटी का दरजा देने वाले हैवान शमीम ने उस से जबरन निकाह कर लिया. बेबस और लाचार नूर कुछ नहीं कर पाई. आशा उर्फ नूर को उस ने अपने घर के नीचे बने तहखाने में कैद कर दिया था. उस की मासूमियत को उस ने पहले ही रौंद डाला था.

उस ने नूर को भी जिस्मफरोशी के बाजार में उतार दिया. जब नूर इस के लिए तैयार नहीं होती थी तो शमीम जबरन उस की बांह में नशीला इंजेक्शन लगा देता था. इंजेक्शन की वजह से बेहोशी के आलम में पहुंचते ही जिस्म के भूखे भेडि़ए उसे नोचना शुरू कर देते थे. आयशा गेट के बाहर खड़ी उस की पहरेदारी करती थी.

तहखाने में कैद नूर 3 साल तक सिसकती रही, लेकिन शमीम को उस पर दया नहीं आई. शमीम ने नारकीय जीवन जी रही नूर को उस की बची हुई संपत्ति हथियाने के लिए जिंदा रखा था. वह अभी बालिग नहीं हुई थी. जिस्मानी रिश्तों से नूर को गर्भ न ठहरे, इस के लिए वह हर 3 महीने में उस की कमर में इंजेक्शन लगवा देता था.

शमीम अख्तर ने नूर से निकाह करने के बाद पाकिस्तान के रहने वाले जैक लेबोरियन से 2 लाख में उस का सौदा कर दिया था. जैक लेबोरियन नूर पर लट्टू था और उस से निकाह करने के लिए पाकिस्तान से कपड़े भी खरीद कर लाया था. निकाह के बाद वह उसे पाकिस्तान ले जाना चाहता था. शमीम उस के साथ लंदन जाने की बात कह कर करीब डेढ़ महीने तक गायब रहा. नूर को धोखे में रखने के लिए शमीम ने उस से जैक लेबोरियन को लंदन का रहने वाला बताया था. लेकिन जब नूर ने कपड़े देखे तो उस का भांडा फूट गया. कपड़े पाकिस्तान से खरीदे गए थे.

शमीम अख्तर के पाप का घड़ा भर चुका था. बात 24 फरवरी, 2015 की है. मोतिहारी के ढाका थाने के इंसपेक्टर अशोक कुमार को मुखबिरों से सूचना मिली कि कबाड़ व्यवसाई शमीम अख्तर के घर ढाका लाइन में चोरी हुई कई गाडि़यां देखी गई हैं. इंसपेक्टर अशोक कुमार ने पुलिस टीम के साथ शमीम के सिकंदरापुर आवास पर दबिश दी. पुलिस ने उस के घर से चोरी की 6 गाडि़यां बरामद कीं.

पुलिस की दबिश की सूचना शमीम अख्तर को पहले ही मिल गई थी, इसलिए वह पुलिस के आने से पहले ही घर छोड़ कर फरार हो गया था. तलाशी लेते हुए पुलिस जब उस कमरे तक पहुंची, जहां कबाड़ रखा था तो वहां उसे बाहर की खिड़की से तहखाना दिखाई दिया. तहखाने से किसी के कराहने की मद्धिम सी आवाज आ रही थी. जब आवाज की दिशा की ओर कान लगा कर सुना गया और भीतर झांक कर देखा गया तो उन के होश उड़ गए. तहखाने में एक लड़की कैद थी.

पुलिस को मामला संदिग्ध लगा तो यह खबर अधिकारियों को दी गई. सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंच गए. पुलिस अधिकारियों ने घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान वहां से आयशा को गिरफ्तार किया गया. आयशा की निशानदेही पर तहखाने में कैद आशा उर्फ नूर को मुक्त कराया गया. नूर ने जब पुलिस को आपबीती सुनाई तो पुलिस अधिकारियों के भी रोंगटे खड़े हो गए. मासूम नूर कई सालों से शमीम की यातनाओं को झेल रही थी.

छानबीन के दौरान तहखाने से पुलिस को कई तरह की नशीली गोलियों के रैपर, इंजेक्शन, नशीली दवाओं की शीशियां, कई कंपनियों के सिम और मोबाइल मिले. इन चीजों को पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर अपने कब्जे में ले लिया. इस के बाद पुलिस ने आशा उर्फ नूर को अदालत में पेश किया. अदालत के सामने उस ने अपने नाना के घर जाने की इच्छा जाहिर की. नाना, नानी और मामा के अलावा उस का दुनिया में कोई और बचा भी नहीं था.

आशा उर्फ नूर के बयान पर ढाका थाने में भादंवि की धारा 313, 376ए, 376डी, 376 (2एन), 372, 373, 34 एवं 3, 4, 5, 6, 8 आईटीपी और पोक्सो एक्ट के तहत आरोपी शमीम अख्तर, अजगर खां, मोहम्मद रामजान और आयशा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. नूर की दुखभरी कहानी सुन कर शमीम अख्तर के प्रति लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. उन लोगों ने शमीम अख्तर को गिरफ्तार करने के लिए सड़कों पर धरनेप्रदर्शन किए. आंदोलन कई दिनों तक चलता रहा. नागरिकों के भारी दबाव में पुलिस ने शमीम को गिरफ्तार करने के लिए उस के कई ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं आया.

शमीम अख्तर बिहार छोड़ कर बंगाल भाग गया था. उस ने बंगाल और सिलीगुड़ी के मकान औनेपौने दामों में बेच दिए. ढाका आजाद चौक से सिमरन की बरामदगी के बाद फरार मुख्य आरोपी शमीम ने विभिन्न राज्यों में ठिकाना बनाने के बाद नेपाल के वीरगंज में पानी टंकी के पास नया ठिकाना बनाया था.

उस के बाद वह गाड़ी चोरी के रैकेट से जुड़ गया था. उस का अड्डा ढाका व बैरगनिया (सीतामढ़ी) से सटे गौर (नेपाल) में था.

शातिर शमीम अख्तर चोरी की गाडि़यों के गौर पहुंचते ही नंबर प्लेट उतार कर नई नंबर प्लेट लगवा देता था, जिस के नाम से गाड़ी बेची जाती थी, उस के नाम वह फौरी तौर पर कागजात भी बनवा देता था. इस के साथ ही वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ से भी जुड़ा था.

जांच में पुलिस को शमीम के नेपाल के त्रिभुवन एयरपोर्ट से पाकिस्तान जाने की वीडियो भी मिल गई है. शमीम नेपाल से कई बार पाकिस्तान जा चुका था. पुलिस को उस के पाक जाने के पुख्ता सबूत मिले हैं. शमीम आइएसआइ तक कैसे पहुंचा, इस की भी जांच की जा रही है. आइएसआइ से जुड़ कर उस ने नकली नोटों की खेप, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी तेज कर दी थी.

आशा उर्फ नूर शमीम अख्तर के लिए खतरा बन चुकी थी. अपने मां, बाप और भाई की हत्या की वही एकमात्र गवाह थी, जो उसे सजा दिला सकती थी. नेपाल में रह कर शमीम अख्तर उस की हत्या की योजना बना रहा था.

बात 3 अक्तूबर, 2016 की है. नूर अपने नाना के घर बाजपट्टी के बाबू नरहा और सीतामढ़ी की महिला चौकीदार इंदू देवी के साथ छत पर सोई थी. नूर को शमीम के चंगुल से मुक्त कराए जाने के बाद ढाका थाने ने उस की सुरक्षा में एक महिला और पुरुष सिपाही लगा दिए थे. रात 11 बजे के करीब नूर को घुटन महसूस हुई तो वह छटपटा कर उठ बैठी.

उस ने देखा कि कोई उस का गला दबा कर हत्या करने की कोशिश कर रहा था. वह उसे पहचान गई और चीखने लगी. उस की चीख सुन कर इंदू देवी उठ गईं. तब तक हमलावर छत से नीचे कूद कर फरार हो गया. नूर हमलावर को पहचान गई थी. वह उसी गांव का रहने वाला परमानंद कुमार था. नूर की चीख सुन कर नीचे से सिपाही अरविंद कुमार यादव भी ऊपर आ गया था. नूर ने हमलावर का नाम बताया. पुलिस ने उसी रात परमानंद कुमार को अवैध धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया और थाना बाजपट्टी ले आई.

थाने में पुलिस पूछताछ में आरोपी परमानंद कुमार ने पुलिस को बताया कि उसे शमीम अख्तर की ओर से नूर को जान से मारने के लिए पैसे मिले थे. ये पैसे उस के आदमियों ने दिए थे. बाजपट्टी थाने की पुलिस ने नूर की तहरीर पर भादंवि की धारा 452, 323, 376, 504, 506 और 34 के तहत परमानंद कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. बाद में उसे जेल भेज दिया गया. परमानंद की नाकामी से शमीम अख्तर बौखला कर रह गया था.

शमीम के ही इशारों पर बेतिया निवासी उस के आदमियों असगर उर्फ मोजाबिल अंसारी और अफगान अहमद ने हरदोई के एसपी राजीव मेहरोत्रा की सरकारी गाड़ी चुराई. इस वाहन की वजह से ही उस के गुनाहों का भंडाफोड़ हुआ और उसे जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ा.

शमीम अख्तर अभी नेपाल की जेल में बंद है. भारत की पुलिस उस के प्रत्यर्पण के लिए कोशिश कर रही है. नेपाल की जेल में बंद शमीम अख्तर से लखनऊ एटीएस, एसटीएफ, लखनऊ स्पैशल ब्रांच, पटना स्पैशल ब्रांच, एटीएस, एटीएफ पटना की एसटीएफ के साथ मोतिहारी पुलिस के कई अधिकारियों ने पूछताछ की है.

लेकिन कानूनी दांवपेच के चलते शमीम को भारत नहीं लाया जा सका. उस के कई साथी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और कई फरार चल रहे हैं. नूर के बयान पर ढाका थाने में शमीम के खिलाफ खुशबू सिंह, अमनदीप सिंह और संजीव सिंह की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया था.

शमीम अख्तर ने जो गुनाह किए हैं, उस की फेहरिस्त काफी लंबी है. शायद कानून की किताबों की तमाम धाराएं उस के गुनाहों के सामने कम पड़ जाएं. मासूम नूर की तो दुनिया ही तबाह हो गई. उसे अपना कहने वाला कोई नहीं रहा. उस के बचपन की हसरतों को शमीम ने छीन लिया था. उस के हिस्से में अंधेरों के सिवाय कुछ नहीं बचा. जैसे ही शमीम अख्तर के गिरफ्तार होने की सूचना 17 वर्षीय नूर को मिली, खुशी के मारे उस की आंखों से आंसू छलक पड़े. उस ने कानून से उस के लिए फांसी की सजा की गुहार की है.  Nepal Crime Case

—कथा पुलिस सूत्रों, जनचर्चाओं और सोशल मीडिया पर आधारित. कथा में आशा उर्फ नूर नाम बदला हुआ है.

— इसके बाद अदालती कार्रवाई में क्या हुआ यह ज्ञात नहीं है.

— 2017 में प्रकाशित

Delhi Murder Attempt : प्यार में जहर का इंजेक्शन

Delhi Murder Attempt. प्यार हासिल करने के लिए लोग तरहतरह के अपराध करते हैं. लेकिन अनीश ने अपनी प्रेमिका सविता को  पाने के लिए गूगल पर महीनों की सर्च के बाद जो अपराध किया, वह अपने आप में अनूठा था. आखिर इस से उसे मिला क्या…

26 वर्षीय रवि कुमार दिल्ली के सदर बाजार स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में कैशियर थे. रोज की तरह 7 जनवरी, 2017 को ड्यूटी खत्म कर के वह घर जाने के लिए निकले. वह उत्तरी दिल्ली के शास्त्रीनगर में रहते थे. वह बैंक से निकले थे तो उन के साथ साथ काम करने वाले शतरुद्र भी थे. सदर दिल्ली का थोक बाजार है, जिस से वहां दिन भर भीड़ लगी रहती है. माल लाने और ले जाने वाले रिक्शों की वजह से सड़कों पर जाम सा लगा रहता है. इसी वजह से रवि कुमार शतरुद्र के साथ पैदल ही जा रहे थे.

दोनों बैंक से कुछ दूर स्थित वेस्ट एंड सिनेमा के नजदीक पहुंचे, तभी उन के बीच एक ठेले वाला आ गया, जिस से दोनों अलगअलग हो गए. उसी बीच रवि कुमार की गरदन में किसी ने सुई जैसी कोई चीज चुभो दी. गरदन में जिस जगह सुई सी चुभी थी, रवि कुमार का हाथ तुरंत उस जगह पर तो गया ही, उन्होंने पलट कर भी देखा. एक युवक उन्हें भागता दिखाई दिया तो उन्हें लगा कि उसी ने उन की गरदन में कुछ चुभाया है.

रवि कुमार ने गरदन से हाथ हटा कर देखा तो उस में खून लगा था. उन्होंने उस युवक की ओर इशारा कर के शोर मचाया कि ‘पकड़ो पकड़ो’ तो उन के साथी शतरुद्र उस युवक के पीछे भागे. सदर और खारी बावली बाजार में अकसर छिनैती की घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए लोगों ने यही समझा कि युवक पैसे वगैरह छीन कर भागा है. कुछ अन्य लोग भी उसे पकड़ने के लिए उस के पीछे दौड़ पड़े.

बाराटूटी के पास भाग रहे उस युवक का पैर फिसल गया तो पीछे दौड़ रहे लोगों ने उसे पकड़ लिया और उस की पिटाई करने लगे. तभी किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर फोन कर के उस के पकड़े जाने की सूचना दे दी. रवि अभी अपनी जगह पर ही खडे़ थे. उन का हाथ गरदन पर उसी जगह था, जहां कोई चीज चुभी थी. अब तक उन्हें चक्कर से आने लगे थे. किसी की समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर गरदन पर क्या चीज चुभाई गई है. लेकिन यह साफ हो गया था कि उसी नुकीली चीज के चुभन से उन की तबीयत बिगड़ रही है. इस का मतलब वह कोई जहरीली चीज थी.

बाजार के तमाम लोग रवि को जानते थे. हमदर्दी में वे उन के पास आ कर खडे़ हो गए थे. उन्हीं लोगों में अजय साहू का बेटा इंद्रजीत भी था. अजय साहू सदर बाजार में ही कोटक महिंद्रा बैंक के पास गत्ते के डिब्बे बेचते हैं. इस में उन का बेटा इंद्रजीत हाथ बंटाता था. उस का कोटक महिंद्रा बैंक में एकाउंट था, जिस की वजह से कैशियर रवि कुमार से उस की दोस्ती थी.

रवि की बिगड़ती हालत देख कर लोग ऐंबुलैंस बुलाने की बात कर रहे थे. उस भीड़भाड़ वाली जगह में ऐंबुलैंस का जल्दी पहुंचना आसान नहीं था. इसलिए इंद्रजीत उन्हें मोटरसाइकिल से सेंट स्टीफंस अस्पताल ले गया. जांच के बाद डाक्टरों ने बताया कि जिस ने इन्हें जो भी चीज चुभोई है, उसी की वजह से इन की हालत बिगड़ रही है.

रवि की हालत देख कर साफ लग रहा था कि उन पर जहरीली दवा का असर हो रहा है. चूंकि यह पुलिस केस था, इसलिए डाक्टरों ने थाना सदर पुलिस को फोन द्वारा सूचना दे कर उन का इलाज शुरू कर दिया. शाम साढ़े 7 बजे के करीब पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि सदर बाजार में बाराटूटी के पास कुछ लोगों ने एक चोर को पकड़ रखा है.

इस सूचना को थाना सदर के ड्यूटी अफसर ने एएसआई निक्काराम के नाम कर इस की जानकारी थानाप्रभारी रमेश दहिया को दे दी थी. इसी के कुछ देर बाद थाना सदर पुलिस को सेंट स्टीफंस अस्पताल से भी सूचना मिली कि कोटक महिंद्रा बैंक के कैशियर रवि कुमार को किसी ने जहरीला इंजेक्शन लगा दिया है, उन का इलाज वहां चल रहा है.

बाराटूटी थाने से लगभग 5-6 सौ मीटर ही दूर है, इसलिए एएसआई निक्काराम हैडकांस्टेबल विजय को ले कर तुरंत वहां पहुंच गए. कुछ लोग 24-25 साल के एक युवक को पकड़े थे. पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले कर पूछा तो उस ने अपना नाम डा. प्रेम सिंह बताया. थाने ला कर उस से पूछताछ की गई तो उस ने बताया कि वह चोर नहीं है.

‘‘तू चोर नहीं है तो लोगों ने तुझे क्यों पकड़ा?’’ थानाप्रभारी रमेश दहिया ने पूछा.

‘‘सर, मैं चोरी कर के नहीं, कोटक महिंद्रा बैंक के कैशियर रवि कुमार की गरदन पर जहर का इंजेक्शन लगा कर भाग रहा था, तभी लोगों ने मुझे पकड़ लिया था.’’ प्रेम सिंह ने कहा.

चाकू, गोली मार कर किसी की जान लेने की वारदातें तो अकसर होती रहती हैं, लेकिन राह चलते किसी को जहर का इंजेक्शन लगा कर जान लेने की कोशिश करने का यह अपनी तरह का अलग ही मामला था. इसलिए मामले की सूचना एसीपी आर.पी. गौतम और डीसीपी जतिन नरवाल को देने के बाद रमेश दहिया अतिरिक्त थानाप्रभारी इंसपेक्टर मनमोहन कुमार को साथ ले कर सेंट स्टीफंस अस्पताल पहुंच गए.

रवि कुमार के उपचार में जुटे डाक्टरों को रमेश दहिया ने बता दिया कि इन्हें जहर का इंजेक्शन लगाया गया है. डाक्टर चाहते थे कि यह पता लग जाता कि इंजेक्शन में कौन सा जहर इस्तेमाल किया गया था, जिस से उपचार में उन्हें आसानी हो जाती.

बहरहाल, डाक्टर रवि कुमार के शरीर में फैले जहर का असर कम करने की कोशिश कर रहे थे. अब तक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी आ गए थे. डीसीपी और एसीपी के सामने प्रेम सिंह से पूछताछ की गई तो उस ने बताया कि रवि कुमार को जो इंजेक्शन लगाया गया था, उस में कोबरा सांप के जहर के अलावा मिडाजोलम और फोर्टविन नाम के कैमिकल भी मिले थे.

पुलिस ने प्रेम कुमार के खिलाफ धारा 328 (जहर देने) का मामला दर्ज कर के जहर के बारे में मिली जानकारी रवि कुमार के इलाज में जुटे डाक्टरों को दे दी. चूंकि अब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका  था, इसलिए रवि कुमार की हालत चिंताजनक होती जा रही थी.

पूछताछ में पता चला कि प्रेम कुमार से यह वारदात रवि कुमार के साले बौबी ने कराई थी. रवि कुमार अपनी पत्नी सविता के साथ मारपीट कर के उसे परेशान करते थे. उन की इस हरकत से बौबी बहुत परेशान रहता था, इसीलिए उस ने अपने बहनोई की हत्या की जिम्मेदारी उसे सौंपी थी.

डीसीपी जतिन नरवाल उस समय थाने में ही मौजूद थे. बौबी की गिरफ्तारी के लिए उन्होंने एसीपी आर.पी. गौतम के नेतृत्व में एक पुलिस टीम बनाई, जिस में थानाप्रभारी रमेश दहिया, अतिरिक्त थानाप्रभारी मनमोहन कुमार, एसआई प्रकाश, आशीष, एएसआई निक्काराम, हैडकांस्टेबल विजय आदि को शामिल किया.

रवि कुमार का साला बौबी द्वारका की पालम कालोनी के राजनगर एक्सटेंशन पार्ट-2 में रहता था. पुलिस टीम उस के घर पहुंची तो वह घर पर ही मिल गया. पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले आई. बौबी से पूछताछ की गई तो उस ने कहा, ‘‘सर, मेरी बहन सविता तो अपनी ससुराल में खुश है. उस के पति रवि कुमार बेहद सज्जन व्यक्ति हैं, भला मैं उन के बारे में इस तरह क्यों सोचूंगा? यह जो हमला करने वाला आदमी है, इसे तो मैं जानता तक नहीं.’’

बौबी को जब पता चला कि उस के बहनोई अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं तो वह बेचैन हो उठा. उस ने फोन द्वारा यह जानकारी बहन सविता को दी. बौबी की बातों से पुलिस को लगा कि प्रेम सिंह उसे झूठा फंसाने की कोशिश कर रहा है तो पुलिस ने उसे घर जाने की इजाजत दे दी.

बौबी घर न जा कर सीधे सेंट स्टीफंस अस्पताल पहुंचा. लेकिन उस के अस्पताल पहुंचने से पहले ही रात करीब ढाई बजे उस के बहनोई रवि कुमार की मौत हो गई थी. रवि की मौत की खबर पा कर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया.

पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ कर अगले दिन यानी 8 जनवरी, 2017 को प्रेम सिंह को तीस हजारी कोर्ट में ड्यूटी एमएम के समक्ष पेश कर सबूत जुटाने के लिए एक दिन के रिमांड पर ले लिया. चूंकि डा. प्रेम सिंह बौबी को इस मामले में झूठा फंसाना चाहता था, इस से पुलिस समझ गई कि यह आदमी बेहद शातिर है.

रिमांड अवधि के दौरान उस से की गई पूछताछ में उस ने जो सच्चाई बताई, उस के अनुसार, उस ने यह काम जिम ट्रेनर अनीश यादव के कहने पर किया था. अनीश ने इस के एवज में उसे डेढ़ लाख रुपए दिए थे.

‘‘यह अनीश यादव कौन है और वह कहां रहता है?’’ मनमोहन कुमार ने पूछा. ‘‘सर, अनीश रवि कुमार की पत्नी सविता का प्रेमी है और वह पालम कालोनी की राजनगर एक्सटेंशन पार्ट-2 में रहता है.’’ प्रेम सिंह ने बताया.

प्रेम सिंह को ले कर पुलिस टीम जिम ट्रेनर अनीश यादव के घर पहुंची तो वह भी घर पर ही मिल गया. उसे थाने ला कर पूछताछ की गई तो रवि कुमार को अनूठे तरीके से मारने की जो कहानी सामने आई, वह प्रेमप्रसंग की चाशनी में सराबोर थी—

सविता दक्षिणीपश्चिमी दिल्ली की पालम कालोनी के राजनगर एक्सटेंशन पार्ट-2 में रहने वाले सुरेशचंद की बेटी थी. सुरेशचंद उत्तर प्रदेश के जिला प्रतापगढ़ के रहने वाले थे. 15-20 साल पहले वह दिल्ली आ गए थे और औटो चलाने लगे थे. बेटी सविता के अलावा उन का एक ही बेटा था, जिस का नाम था बौबी.

छोटा परिवार था. औटो चलाने से जो कमाई होती थी, उस से परिवार का गुजरबसर बड़े आराम से हो जाता था. इसलिए उन्होंने अपने दोनों बच्चों को ठीक से पढ़ायालिखाया. पालम कालोनी में ही नवीन रहता था, जो कालेज में सविता के साथ पढ़ता था. साथ पढ़ने की वजह से दोनों में दोस्ती हो गई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई.

राजनगर एक्सटेंशन पार्ट-2 में ही नवीन का दोस्त अनीश रहता था. पढ़ाई के साथसाथ उसे बौडी बनाने का शौक था. इस के लिए वह घंटों जिम में एक्सरसाइज करता था. नवीन ने उसे अपनी प्रेमिका सविता के बारे में सब कुछ बता दिया था. यही नहीं, उस ने सविता से उसे मिलवा भी दिया था. पहली मुलाकात में ही सविता अनीश यादव से प्रभावित हो उठी थी. किसी तरह सविता को अनीश का फोन नंबर मिल गया तो वह उस से फोन पर बातें करने लगी.

अनीश सविता के बात करने का आशय समझ गया. दरअसल सविता का झुकाव नवीन के बजाए अनीश की तरफ हो गया था. दोनों एकदूसरे को प्यार करने लगे थे. नवीन को जब इस बात का पता चला तो उसे दोस्त की बेवफाई का बड़ा दुख हुआ.

अनीश ने एक तरह से नवीन की पीठ में छुरा घोंपा था. इसलिए नवीन ने उस से हमेशा के लिए संबंध खत्म कर लिए. उधर अनीश और सविता एकदूसरे को जीजान से चाहने लगे थे. वे प्यार के उस मुकाम पर पहुंच गए थे, जहां से वापस आना आसान नहीं होता. उन्होंने शादी करने का फैसला कर लिया था. लेकिन वे शादी कोर्ट में करने के बजाए घर वालों की सहमति से सामाजिक रीतिरिवाज से करना चाहते थे.

दोनों ने ही यह बात अपनेअपने घर वालों को कही तो अनीश ने तो किसी तरह अपने घर वालों को राजी कर लिया, पर सविता के घर वाले राजी नहीं हुए. उस की मां तो राजी हो गई थी, पर पिता किसी भी तरह तैयार नहीं हुए. इस की वजह यह थी कि दोनों अलगअलग जाति के थे. सुरेश बेटी सविता की शादी अपनी ही जाति के लड़के से करना चाहते थे.

पिता का यह फरमान सविता को बहुत अखरा. सुरेशचंद्र कैंसर पीडि़त थे. डाक्टरों ने कह दिया था कि वह कुछ ही दिनों के मेहमान हैं. इसलिए सविता जिद कर के पिता के दिल को दुखाना नहीं चाहती थी. यह बात उस ने प्रेमी अनीश को बताई तो अरमानों पर पानी फिरने का उसे भी दुख हुआ. सविता ने घर वालों की मरजी के खिलाफ शादी करने से इनकार कर दिया.

सविता का मानना था कि उस के पिता ज्यादा दिनों के मेहमान तो हैं नहीं, इसलिए उन के गुजर जाने के बाद वह अनीश से शादी कर लेगी. लेकिन अनीश इंतजार करने को तैयार नहीं था. लिहाजा उस ने 29 फरवरी, 2016 को दिल्ली के संगम विहार की एक लड़की से शादी कर ली.

सविता को जब पता चला कि अनीश ने शादी कर ली है तो उसे बड़ा दुख हुआ. उस ने इस बात की शिकायत अनीश से की तो उस ने  कह दिया कि यह शादी घर वालों ने जबरदस्ती की है. इस पर सविता ने मन ही मन ठान लिया कि वह अनीश को किसी और लड़की का नहीं होने देगी.

सविता अनीश की बीवी से मिली और उसे अपने और अनीश के प्रेमसंबंधों के बारे में बता दिया. यही नहीं, उस ने अनीश के साथ के अपने कुछ फोटो भी उसे दिखा दिए. फोटो देख कर अनीश की पत्नी को बहुत गुस्सा आया. शाम को उस ने अनीश से पूछा तो उस ने झूठ बोल दिया.

चूंकि वह सविता के साथ उस के फोटो देख चुकी थी, इसलिए वह उस पर भड़क उठी. दोनों के बीच जम कर नोकझोंक हुई. इस का नतीजा यह निकला कि अनीश की नवविवाहिता उसे छोड़ कर मायके चली गई. वह आज तक लौट कर ससुराल नहीं आई है.

अनीश की पत्नी के चली जाने से सविता बहुत खुश हुई, क्योंकि उस के और अनीश के बीच जो दीवार खड़ी हो गई थी, वह गिर चुकी थी. लिहाजा दोनों के बीच फिर पहले की तरह संबंध हो गए. पर ये संबंध ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सके. सविता के पिता की हालत दिनबदिन बिगड़ती जा रही थी. उन की इच्छा थी कि अपने जीतेजी वह सविता के हाथ पीले कर दें.

किसी रिश्तेदार से उन्हें रवि कुमार के बारे में पता चला. रवि कुमार उत्तर प्रदेश के जिला मैनपुरी के कुआंगई गांव के रहने वाले प्रमोद कुमार का बेटा था. प्रमोद कुमार सेना से रिटायर होने के बाद कानपुर की किसी कंपनी में नौकरी कर रहे थे. रवि कुमार दिल्ली के सदर बाजार स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में कैशियर था.

लड़की लड़का पसंद आने के बाद सुरेशचंद्र और प्रमोद कुमार ने बातचीत कर के 13 जुलाई, 2016 को सामाजिक रीतिरिवाज से उन की शादी कर दी. हालांकि सविता अनीश से ही शादी करना चाहती थी, लेकिन रिश्ता तय होने के बाद पिता की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उस ने उचित नहीं समझा. शादी के बाद वह मैनपुरी स्थित अपनी ससुराल चली गई.

शादी के बाद सविता ने अनीश से संबंध खत्म कर लिए और पूरी तरह से ससुराल में रम गई. उस की शादी हो जाने से अनीश जल बिन मछली की तरह तड़पने लगा. सविता की वजह से ही उस की बसीबसाई गृहस्थी उजड़ी थी और अब वही उसे धोखा दे कर चली गई थी. इस का उसे बड़ा दुख हुआ.

अनीश ने सविता से बात की तो उस ने उसे अपनी मजबूरी बता दी. उस ने पति के बारे में सब कुछ बता कर वाट्सएप से उस का फोटो भी भेज दिया. जबकि वह उस की एक भी बात सुनने को तैयार नहीं था. उस ने सविता पर पति से तलाक लेने का दबाव बनाया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई. कुल मिला कर किसी भी तरह से वह पति को छोड़ने को तैयार नहीं थी.

अनीश तो सविता के प्यार में जैसे पागल था. उस के बिना हर चीज उसे बेकार लगती थी. उस ने सदर बाजार जा कर एक बार रवि कुमार से मुलाकात भी की. उस ने उसे अपने और सविता के प्यार के बारे में बता भी दिया. इस पर रवि ने उस से कहा कि सविता शादी से पहले क्या करती थी, इस से उसे कोई मतलब नहीं है. वह उस के अतीत को नहीं जानना चाहता, अब वह उस की पत्नी है और अपनी जिम्मेदारियां ठीक से निभा रही है.

अनीश को रवि कुमार की बातों पर हैरानी हुई. वह सोचने लगा कि यह कैसा आदमी है, जो पत्नी की सच्चाई जान कर भी चुप है. बहरहाल निराश हो कर वह घर लौट आया. कहते हैं, जिम करने से ब्रेकअप का दर्द कम हो जाता है, पर अनीश तो खुद जिम टे्रनर था. इस के बावजूद वह सविता से बिछुड़ने की पीड़ा नहीं भुला पा रहा था. वह सविता को पाने के उपाय खोजने लगा.

ऐसे में ही उस के दिमाग में आइडिया आया कि अगर वह रवि की हत्या करा दे तो सविता उसे मिल सकती है. यही उसे उचित लगा. वह रवि को ठिकाने लगाने का ऐसा उपाय खोजने लगा, जिस से उस पर कोई आंच न आए. वह तरीका कौन सा हो सकता है, इस के लिए वह इंटरनेट पर सर्च करने लगा. उस ने तमाम तरीके देखे, पर हर तरीके में बाद में कातिल पकड़ा गया था.

वह ऐसे तरीके की तलाश में था, जिस में कातिल पकड़ा न गया हो. इंटरनेट पर महीनों की सर्च के बाद आखिर उसे वह तरीका मिल गया. लंदन और जर्मनी में 2 हत्याएं हुई थीं, जो पिन चुभो कर की गई थीं. पिन द्वारा जहर उन के शरीर में पहुंचाया गया था और वे मर गए थे. ठीक इसी तरह शीतयुद्ध के दौरान बुल्गारिया के रहने वाले बीबीसी के पत्रकार जर्जेई मर्कोव की हत्या की गई थी.

मर्कोव कम्युनिस्टों की निगाह में था. उन्होंने उसे मारने का फतवा भी जारी किया था. मर्कोव बस में जा रहा था, तभी एक हट्टेकट्टे आदमी ने एक छाता उस के ऊपर गिरा दिया था. इस के लिए उस आदमी ने मर्कोव से सौरी भी कहा था. मर्कोव ने भी सोचा कि छाता गलती से गिर गया होगा. लिहाजा उस ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया.

मर्कोव की जांघ में कुछ चुभा था, जहां उस ने हाथ से मसला भी था. 3 दिनों बाद उसे बहुत तेज बुखार आया और वह मर गया. यह बात सन 1978 की थी. जेम्स बौंड स्टाइल में उस छाते के पिन में रिसिन जहर लगाया गया था. रूस की खुफिया एजेंसी केजीबी ने इसे ईजाद किया था.

इस मामले में कोई पकड़ा नहीं जा सका था. इटली के जासूस पिकोडिली पर आरोप लगा था, पर कुछ साबित नहीं हो पाया था. मर्कोव खुद भी एक कैमिकल इंजीनियर था. अनीश को यह तरीका सब से अच्छा लगा.

इस के बाद वह ऐसे व्यक्ति को खोजने लगा, जो उस का यह काम कर सके. वह जहर कहां से लाए, यह भी उस के लिए समस्या थी. इस के लिए वह किसी डाक्टर की तलाश करने लगा, क्योंकि पढ़ाई के दौरान डाक्टरों को जहर के बारे में भी पढ़ाया जाता है. कोई डाक्टर उस का यह काम करने को तैयार हो जाएगा, इस बात का शंशय उस के मन में था. अनीश का एक दोस्त था डा. प्रेम सिंह. वह फिजियोथैरेपिस्ट था. प्रेम सिंह जालौन का रहने वाला था. करीब 4 साल पहले वह दिल्ली आया था. गाजियाबाद के एक इंस्टीट्यूट से फिजियोथैरेपिस्ट का कोर्स करने के बाद द्वारका के पालम विहार में उस ने अपना क्लीनिक खोला था, पर उस का काम ज्यादा अच्छा नहीं चल रहा था.

अनीश के घर के पास डा. प्रेम सिंह किसी के यहां फिजियोथैरेपी करने आता था. तभी उस की मुलाकात अनीश से हुई. अनीश भी जिम ट्रेनर था, इसलिए दोनों में दोस्ती हो गई. अपना काम कराने के लिए अनीश को प्रेम सिंह ही उचित लगा. एक दिन उस ने अपने प्रेम विरह की पीड़ा प्रेम सिंह से बता कर बीबीसी पत्रकार जर्जेई मर्कोव की तरह रवि कुमार की हत्या करने को कहा.

पढ़ाई और क्लीनिक खोलने के लिए प्रेम सिंह पर कुछ लोगों का कर्ज हो गया था. उसे पैसों की सख्त जरूरत थी. हत्या करने का जो प्लान अनीश ने उसे बताया था, उस में उस के फंसने की संभावना काफी कम थी. इसी बात को ध्यान में रख कर उस ने कहा कि इस काम को वह खुद तो नहीं करेगा, पर किसी से करवा जरूर देगा. आखिर 3 लाख रुपए में बात तय हो गई. अनीश ने डेढ़ लाख रुपए उसे एडवांस दे भी दिए.

पैसे लेने के बाद प्रेम सिंह सितंबर, 2016 में अपने गांव गया. उस के गांव के बाहर सपेरों के डेरे थे. उस ने एक सपेरे से कोबरा सांप का जहर मांगा तो उस ने उसे 7 सौ रुपए में एक, सवा एमएल जहर उसे एक सिरिंज में निकाल कर दे दिया. प्रेम सिंह जानता था कि कभीकभी सांप के जहर से भी इंसान बच जाता है.

इसलिए सांप के जहर में वह दूसरे जहर मिलाना चाहता था. उस में क्या मिलाया जाए, इस के लिए वह गूगल पर सर्च करने लगा. सर्च कर के उसे मिडाजोलम और फोर्टविन नाम की 2 दवाओं की जानकारी मिली. इन की अधिक मात्रा आदमी के लिए जानलेवा साबित होती है. इन में से फोर्टविन तो केमिस्ट के पास मिल जाती है, पर मिडाजोलम बडे़ अस्पतालों में ही मिलती है.

अनीश से पैसे ले कर प्रेम सिंह गांव में ही रुका था. जबकि अनीश फोन कर के काम जल्द करने को कह रहा था. वह कह रहा था कि अगर उस से काम नहीं हो रहा तो वह उस के पैसे लौटा दे. दबाव बढ़ने पर वह दिल्ली आ गया.

प्रेम सिंह का एक रिश्तेदार एम्स में भरती था. वह उसे देखने एम्स गया तो वहां टेबल पर उसे मिडाजोलम की शीशी दिखाई दी. 5 एमएल दवा का इंजेक्शन मरीज को लगा दिया गया था. उस में एक एमएल दवा बाकी थी. प्रेम सिंह ने उस शीशी को जेब में रख लिया. फोर्टविन उस ने एक केमिस्ट से खरीद ली. इस के बाद उस ने एक सिरिंज में कोबरा सांप का जहर, फोर्टविन और मिडाजोलम को मिला कर रख दिया.

इस के बाद वह अनीश के साथ रवि कुमार की रैकी करने लगा. 25 अक्तूबर, 2016 को दोनों ने उस का पीछा किया. उस दिन वह बिंदापुर में अपने चचिया ससुर से मिल कर लौट रहा था. जैसे ही वह औटो में बैठा, प्रेम सिंह ने इंजेक्शन लगाने के लिए सुई उस के हाथ में घुसेड़ी. सुई चुभते ही उस ने अपना हाथ घुमाया तो सुई हाथ से निकल गई. इस तरह वह उसे इंजेक्शन नहीं लगा सका.

रवि कुमार ने शोर मचाया तो प्रेम सिंह भीड़ का फायदा उठा कर जहर की सिरिंज ले कर भाग खड़ा हुआ. इस के बाद प्रेम सिंह चौकन्ना हो गया. लेकिन वह समझ नहीं पाया था कि उसे सुई लगाने वाला आखिर कौन था? उस की उस ने पुलिस में शिकायत भी नहीं की थी.

वारदात को कैसे अंजाम दिया जाए, इस बारे में प्रेम सिंह और अनीश की बात होती रहती थी. दोनों ने तय किया कि रवि कुमार ड्यूटी खत्म करने के बाद बाहर निकले तो उसे ऐसी जगह इंजेक्शन लगाया जाए कि वह जीवित न बचे. दोनों मौके की तलाश में लगे रहे. उन्हें लगा कि यह काम सदर बाजार में करना आसान रहेगा, क्योंकि वह भीड़भाड़ इलाका है.

वारदात को अंजाम देने के मकसद से 7 जनवरी, 2017 को अनीश और प्रेम सिंह द्वारका से मैट्रो पकड़ कर आर.के. आश्रम स्टेशन पर पहुंचे. वहां से ई-रिक्शा द्वारा वे सदर बाजार में बाराटूटी चौक पर पहुंचे. अनीश ने वहीं पर प्रेम सिंह को एक बोतल बीयर पिलाई. इस के बाद वे कोटक महिंद्रा बैंक की उस शाखा के नजदीक पहुंच गए, जहां रवि कुमार नौकरी करता था.

शाम सवा 7 बजे के करीब रवि कुमार अपने सहकर्मी शतरुद्र के साथ बैंक से निकला तो प्रेम सिंह उस के पीछे लग गया. जबकि अनीश वहीं खड़ा रहा. प्रेम सिंह को वेस्ट एंड सिनेमा के नजदीक जैसे ही मौका मिला, उस ने रवि की गरदन में फुरती से जहर का इंजेक्शन लगा दिया. इस बार उस ने इंजेक्शन का सारा जहर रवि के शरीर में पहुंचा दिया था.

इस के पहले अप्रैल, 2016 में चैन्नै में एक बिजनैसमैन पकड़ा गया था, जिस ने सन 2015 में इसी अंदाज में 3 लोगों को इंजेक्शन लगा कर मारा था. पहले उस ने इंजेक्शन कुत्तों पर ट्राई किए थे. इंजेक्शन को वह छाते में छिपा कर रखता था. छाते को वह जांघ में छुआ देता था. मरने वाले उन 3 लोगों में एक उस का साला भी था.

अनीश ने इंटरनेट पर महीनों तक सर्च करने के बाद रवि कुमार को मारने का जो उपाय खोजा, आखिर उस से उसे क्या हासिल हुआ? अपने किए अपराध में वह जेल तो पहुंच ही गया, साथ ही उस ने सविता की हंसतीखेलती गृहस्थी भी उजाड़ दी. प्रेम सिंह ने डाक्टर होने के बावजूद अपने पेशे को बदनाम कर के जो कृत्य किया, वह निंदनीय है. पैसे के लालच में वह अपना फर्ज भी भूल गया.

बहरहाल, थाना सदर बाजार पुलिस ने डा. प्रेम सिंह और जिम ट्रेनर अनीश यादव को गिरफ्तार कर के तीसहजारी न्यायालय में महानगर दंडाधिकारी सचिन सांगवान की कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. केस की तफ्तीश इंसपेक्टर मनमोहन कुमार कर रहे हैं. Delhi Murder Attempt

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित, सविता परिवर्तित नाम है.

True Crime Story: डौटर पर फादर का कंट्रोल काबू से बाहर हुआ

True Crime Story. यह निर्मम हत्याकांड जहां बेटी और बाप के पवित्र रिश्तों को कलंकित करता है, वहीं दूसरी ओर प्रेमी और प्रेमिका के एकदूसरे से नफरत करने के दुष्परिणाम को भी उजागर करता है. यह एक ऐसी दिल को दहला देने वाली सच्ची कहानी है, जहां कदमों में झुकने वाले हाथ ही कातिल बन गए.

आर्या और जयंत की पहली मुलाकात एक साइबर कैफे में हुई थी. रोज की तरह आर्या उस दिन भी शाम को 6 बजे साइबर कैफे में पहुंची थी. रोज की तरह वह अपने वाले कंप्यूटर सिस्टम की ओर उस दिन भी बढ़ी तो उस ने देखा कि उस सीट पर एक युवक बैठ कर काम कर रहा था.

आर्या ने एक उचटती निगाह उस युवक पर डाली. उसे थोड़ा गुस्सा भी आया, लेकिन अपने मनोभावों पर काबू करते हुए बगल वाले कंप्यूटर पर बैठ कर वह अपना काम करने लगी. तभी उसे अपने कानों में ‘एक्सक्यूज मी’ शब्द सुनाई पड़ा.

आर्या ने अपना सिर उठा कर देखा तो बगल के कंप्यूटर पर बैठा युवक उस की सीट के सामने खड़ा था. आर्या ने उस से कहा, ”बताइए, क्या बात है?’’

”देखिए, मैं अभी नयानया कंप्यूटर सीख रहा हूं. आज मेरा पहला दिन है. मुझे कंप्यूटर के बारे में कुछ आता नहीं है. क्या आप मेरी मदद कर सकती हैं?’’ उस युवक ने याचना भरे स्वर में कहा.

आर्या का तो एक बार मन किया कि उस युवक को दुत्कार दे, क्योंकि उस ने आज उस की सीट पर ही कब्जा कर लिया था. लेकिन जब उस ने अपनी पूरी गरदन घुमा कर उस अजनबी युवक को देखा तो एकबारगी उस का दिल धड़क उठा.

उस की आंखें जब रूबरू हो कर उस अपरिचित युवक से मिलीं तो आर्या को उस के चेहरे पर एक सम्मोहन भरा आकर्षण दिखा. उसे लगा कि उसे वर्षों से जैसे प्रेमी की तलाश थी, वह आज एक राजकुमार की तरह उस के सामने आ खड़ा हुआ है.

जब आर्या ने उस की आंखों में झांका, फिर आंखों से आंखें मिलीं तो उस अजनबी युवक की आंखों में एक जादू सा सम्मोहन दिखा.

आर्या तो उसे देख कर कुछ पलों के लिए अपनी पलकें झपकाना ही भूल गई थी. आर्या को लगा कि मानो उस की इस युवक से पहले से कोई पहचान हो.

”जी, मैं ने आप से कंप्यूटर के बारे में जानकारी चाही थी, अगर आप को कोई आपत्ति न हो…’’ इस युवक ने सकपकाते हुए जब यह बात पूछी.

आर्या जैसे होश में आई, ”जी ठीक है, मैं अभी बताती हूं.’’ आर्या ने झेंपते हुए कहा.

कुछ ही देर में आर्या ने उस युवक को कंप्यूटर के बारे में आवश्यक बातें बता दीं. वेब ब्राउजिंग का तरीका भी ठीक से समझा दिया.

”जी, आप ने तो कुछ ही देर में मेरी सारी समस्याओं का समाधान कर डाला, आप का यह अहसान मैं हमेशा याद रखूंगा.’’ उस युवक ने आर्या को धन्यवाद देते हुए कहा.

आर्या जयंत बल्लावार जिला चंद्रपुर, महाराष्ट्र की रहने वाली थी. उस के परिवार में मम्मी शारदा व पापा जयंत बल्लावार के अतिरिक्त और कोई नहीं था. आर्या अपने घर में इकलौती थी, जबकि उस के पापा जयंत बल्लावार महाराष्ट्र पुलिस में हैडकांस्टेबल थे और वर्तमान में चंद्रपुर जिला कलेक्टर के प्रशासनिक भवन में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे.

उधर दूसरी तरफ कंप्यूटर सीखने आने वाले युवक का नाम आशीष महेश शेडमाके था, जो भद्रावती का रहने वाला था. उस के परिवार में उस के पापा महेश शेडमाके के अतिरिक्त और कोई नहीं था. आशीष के पापा महेश शेडमाके महाराष्ट्र पुलिस में कांस्टेबल थे. घर में इकलौता बेटा था आशीष.

कुछ साल पहले उस की मम्मी एक बीमारी में चल बसी थीं. महेश अपनी ड्यूटी पर अधिक रहने के कारण आशीष की ओर ध्यान नहीं दे पाते थे, जिस के कारण वह जिद्दी, गुस्सेबाज और उच्छृंखल बन गया था. यानी कि आशीष किसी नियम, अनुशासन या मर्यादा का पालन बिलकुल नहीं करता था. वह एकदम से मनमौजी सा बन गया था.

उस के पापा महेश उसे बारबार समझाते रहते कि अब तुम बड़े हो गए हो, कालेज में पढ़ाई करने लगे हो, कम से कम अब अपनी आदतों में सुधार करने का प्रयास तो करो. मैं जब तक हूं, तब तक तो ठीक है, मगर जब मैं नहीं रहूंगा तो तुम्हारा एक पल भी सांस लेना कठिन हो जाएगा, इसलिए समय पर संभल जाओ. लेकिन इतनी नसीहत देने पर भी आशीष मनमौजी हो कर जिंदगी जीने का आदी हो चुका था.

किया प्रेम का इजहार

इस के बाद आशीष रोज साइबर कैफे में आने लगा था और कंप्यूटर पर बैठ कर अपना काम करने लग जाता था. आशीष अपने बगल में बैठी उस युवती को भी निहारता रहता था, जिस ने एक नजर में ही उसे अपना दीवाना बना डाला था.

उधर आर्या की हालत भी कुछ ऐसी ही थी. वह न चाहते हुए भी कभीकभी आशीष को एकटक देखने लग जाती थी. ऐसे ही कुछ दिन गुजर गए, एकदूसरे को निहारने, होंठों में मुसकराने का सिलसिला ऐसे ही चलता रहा. पहल करने की हिम्मत किसी ओर से नहीं हो सकी.

दूसरी तरफ आशीष को तो अब रातों की नींद भी ठीक से नहीं आ रही थी, इसलिए एक दिन हिम्मत कर के उस ने आर्या से पूछ ही लिया, ”देखिए, मैं कई दिनों से आप से अपने दिल की बात कहना चाह रहा था. यदि आप बुरा न मानें तो क्या मैं कह सकता हूं?’’

”अजनबी जी, मैं भी कुछ ऐसा ही सोच रही थी कि आप बड़े गुमसुम से क्यों रहते हैं.’’ आर्या ने कनखियों से उसे देखते हुए कहा.

”जी, यदि आप कुछ कहना चाहती हैं तो बेशक पहले कह सकती हैं. मैं अपनी बात बाद में कह दूंगा.’’ आशीष ने जल्दी से कहा.

”जी, अब बात आप ने शुरू की है तो बात तो पहले आप को ही करनी चाहिए. आप निस्संकोच कह सकते हैं. वैसे आप कहीं मेरी तारीफ के कसीदे तो नहीं करना चाहते?’’ आर्या ने मुसकराते हुए कहा.

”जी, बात तो कुछ ऐसी ही है. आप बहुत खूबसूरत होने के साथसाथ काफी समझदार भी लगती हैं. वैसे क्या मैं आप का नाम जानने की जुर्रत कर सकता हूं? मेरा नाम आशीष महेश शेडमाके है. मैं अभी ग्रैजुएशन कर रहा हूं. मेरे पापा महाराष्ट्र पुलिस में सर्विस करते हैं. मैं घर में अकेला हूं.’’ आशीष ने कहा.

”आशीषजी, यह कैसी संयोग की बात है कि मैं भी घर में अकेली हूं और मेरे पापा भी महाराष्ट्र पुलिस में हैं. वैसे मेरा नाम आर्या जयंत बल्लावार है.’’

”क्या आप मुझ से दोस्ती करना पसंद करेंगी?’’ आशीष ने धड़कते दिल से कह डाला.

”आशीषजी, आप से तो अपनी दोस्ती तभी से हो गई थी, जिस दिन आप से यहीं पर पहली मुलाकात हुई थी.’’ आर्या ने उस की आंखों में देखते हुए कहा.

यह सुन कर तो आशीष खुशी से उछल ही पड़ा था. वह आर्या के पास आया और उस का हाथ अपने हाथों में ले कर कहने लगा, ”आर्या, जिस दिन आप से यहीं पर पहली मुलाकात हुई थी, उसी दिन से मेरी आंखों में बस गई थीं. आर्या, दोस्ती बहुतबहुत मुबारक!’’

उस के बाद वे दोनों खूब बातें करते रहे. उस रात दोनों को ही गहरी नींद नहीं आई थी. दोनों एकदूसरे के सपने पूरी रात देखते रहे थे. धीरेधीरे वे एकदूसरे के आकर्षण में बंध गए थे.

एक हफ्ते के बाद आशीष खूब अच्छे नए कपड़े पहन कर और बनठन कर साइबर कैफे पहुंचा तो आर्या ने उसे छेड़ते हुए कहा, ”आज आप के चारों तरफ खुशबू ही खुशबू बिखरी हुई है. क्या बात है, आज तो आप बहुत खुश लग रहे हो? कोई लौटरी हाथ लग गई है क्या आप की?’’

”यही समझ लो आर्या, लौटरी हाथ लग भी सकती है. आज मुझे आप से एक खास बात कहनी है.’’ आशीष ने विनयपूर्वक कहा.

वैसे आर्या यह तो समझ चुकी थी कि आज आशीष उसे प्रपोज करने वाला है, क्योंकि प्रेम की यह आग एकतरफा नहीं, बल्कि दोनों ओर से बराबर लगी हुई थी. फिर भी मजे लेने के भाव से आर्या ने अपना चेहरा गंभीर बनाते हुए कहा, ”बोलिए आशीषजी, क्या खास बात कहना चाहते हैं आप?’’

”देखो आर्या, मेरे नाम के आगे अब तुम जी लगाना तो छोड़ ही दो. अब तुम मुझे केवल आशीष कहा करो.’’ आशीष ने झुंझलाते हुए कहा.

”अच्छा आशीष, बस केवल यही बात थी या कोई खास बात अभी भी बाकी रह गई है?’’ आर्या ने उस के चेहरे की ओर देखते हुए शरारत से कहा.

”देखो आर्या, सच बात तो यह है कि मुझे तुम से प्यार हो गया है. आर्या, तुम सारी दुनिया में वह पहली लड़की हो, जिस के लिए मेरे दिल में एक अजीब सी चाहत ने जन्म लिया है. मुझे उस दिन से रातों को नींद नहीं आ रही है, जिस दिन से मैं ने तुम्हें देखा था. मैं अब तुम्हारे बिना एक पल भी नहीं रह सकता, तुम हर पल मेरे दिलोदिमाग पर छाई रहती हो. सचमुच मुझे तुम से बेइंतहा प्यार हो गया है. अब तुम बताओ कि क्या तुम मेरे प्यार को स्वीकार करोगी?’’ आशीष ने अपने दिल की बात कहते हुए कहा.

यह बात सुनते ही आर्या दौड़ कर आशीष की बाहों में समा गई. फिर वह बोली, ”आशीष, तुम क्या सोच रहे थे कि मैं तुम से प्यार ही नहीं करती, बल्कि मैं तो तुम से अपने से भी अधिक प्यार करती हूं.’’

उस के बाद तो दोनों अब साथसाथ इधरउधर घूमनेफिरने भी जाने लगे थे. तभी एक दिन किसी व्यक्ति के माध्यम से आर्या के पापा हैडकांस्टेबल जयंत बल्लावार को अपनी बेटी के किसी युवक के साथ घूमनेफिरने की जानकारी मिली तो उन्होंने घर पर आ कर आर्या से सवालजवाब शुरू कर दिए.

”आर्या, मैं तुम्हारे बारे में आजकल तरहतरह की अनापशनाप बातें सुन रहा हूं. ऐसा सुनने में आया है कि किसी लड़के के साथ तुम सैरसपाटे कर रही हो. लगता है तुम मेरी नाक कटा कर ही मानोगी? कौन है वह लड़का? कहां का रहने वाला है? किस जाति का है?’’ जयंत बल्लावार ने आर्या को फटकारते हुए पूछा.

”पापाजी, मैं यह बात आप क ो बताने ही वाली थी. मैं उस लड़के से बहुत प्यार करती हूं. वह मुझ से शादी भी करना चाहता है. वैसे उस का नाम आशीष महेश शेडमाके है.’’ आर्या ने अपनी बात रखते हुए कहा.

”अरे बेवकूफ, शेडमाके जाति के बारे में कुछ पता भी है तुम्हें? शेडमाके गोंड समुदाय से आते हैं. जंगली आदिवासी लोग थे पहले ये सब. अब तू इस लड़के का खयाल अपने दिलदिमाग से निकाल दे और अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे बस.’’ जयंत ने कहा.

”पापाजी, ये लोग पहले आदिवासी थे. अब तो ये कई पीढिय़ों से भद्रावती में आ कर बस गए हैं. इन के परिवार वाले 3-4 पीढिय़ों से अच्छीखासी नौकरियां करने लगे हैं. आशीष के पापा महेश शेडमाके खुद महाराष्ट्र पुलिस में नौकरी कर रहे हैं. उन का इकलौता बेटा है आशीष. देखिए पापाजी, आप एक बार मेरी बात मान कर तो देखिए, आप एक बार जब उसे देखेंगे तो आप भी जरूर उसे पसंद करने लगेंगे,’’ आर्या ने अपने पापा से विनती करते हुए कहा.

जयंत थे रिश्ते के खिलाफ

लेकिन दूसरी ओर जयंत इस रिश्ते के एकदम खिलाफ थे, इसलिए उन्होंने आर्या को चेतावनी देते हुए अपना अंतिम निर्णय सुनाते हुए कहा, ”देख आर्या, तू मेरा अपना खून है इसलिए तेरी पहली गलती को माफ कर रहा हूं. लेकिन एक बात का ध्यान रखना भूल से भी उस आवारा लड़के को अपने साथ ले कर मेरे पास मत आना. मैं उस समय यह भी भूल जाऊंगा कि तू मेरी बेटी है. मैं तुम दोनों को काट कर फेंक दूंगा. तेरे लिए यही अच्छा रहेगा कि तू इस लड़के को हमेशाहमेशा के लिए भूल जा, अपने जीते जी मैं तेरी शादी उस लड़के से हरगिज नहीं होने दूंगा.’’

आर्या रोते हुए अपने कमरे में चली गई और रात भर रोती रही. 2-3 दिन तक वह न तो अपने कालेज गई और न ही साइबर कैफे. उस ने अपना मोबाइल साइलेंट छोड़ दिया था. वह किसी से बात नहीं कर रही थी.

उधर आशीष भी रोजरोज साइबर कैफे में जाता, परंतु आर्या कई दिनों से वहां पर आ ही नहीं रही थी. आशीष उसे फोन करता पर वह उस का भी फोन नहीं उठा रही थी.

उस ने फिर आर्या को मैसेज किया कि क्या बात है, कहां हो तुम? उधर से आर्या ने मैसेज में लिखा कि मुझे भूल जाओ. तब आशीष ने 22 अप्रैल, 2023 को आर्या को साइबर कैफे में मिलने के लिए बुलाया. आर्या भी उस से मिलने रोज की तरह साइबर कैफे में पहुंच गई.

22 अप्रैल को जैसे ही आर्या साइबर कैफे में पहुंची तो आशीष ने एक गुलदस्ता भेंट करते हुए कहा, ”आर्या, तुम्हें पता है कि आज पृथ्वी दिवस है. पृथ्वी दिवस पूरी दुनिया में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और पृथ्वी को बचाने का संकल्प लेने के लिए मनाया जाता है. मेरी ओर से तुम्हें पृथ्वी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं!’’

”सेम टू यू,’’ कहते हुए उदासी के साथ आर्या ने गुलदस्ता ले लिया.

उस के बाद आर्या अपने कंप्यूटर के सामने उदासी से बैठ गई और गुलदस्ता उस ने मेज के ऊपर रख दिया.

”आर्या, तुम इतनी उदास क्यों हो? तुम ने मैसेज में क्यों लिखा कि मुझे भूल जाओ. कुछ बताओ तो सही! लगता है तुम ने अपना मन बना लिया है.’’ आशीष ने आर्या के पास रखी कुरसी पर बैठते हुए कहा.

”आशीष, मैं ने तो सदा तुम्हें अपना माना है, लेकिन मेरे पापाजी को हमारे अफेयर के बारे में पता चल गया है.’’ आर्या की आंखों में आंसू आ गए थे.

”यह तुम क्या कह रही हो आर्या?’’ आशीष ने उस का हाथ अपने हाथ में ले कर कहा.

”पापाजी को जब यह पता चली तो उन्होंने साफ कह दिया है कि वह अपने जीते जी हमारी शादी नहीं होने देंगे. तुम्हारी जाति हम लोगों की जाति से छोटी है.’’

इस के बाद आर्या ने अपने पापा के साथ हुई सब बातें विस्तार से आशीष को बता दीं.

यह सुन कर एकबारगी तो आशीष भी हतप्रभ हो कर रह गया था. उस की स्थिति काफी दयनीय हो गई थी. उस ने फिर धीरे से कहा, ”आर्या, मैं तुम्हारे बिना एक पल भी जीना नहीं चाहता हूं. मैं यही चाहता हूं कि जैसे तुम्हारे पापा चाहते हैं, अब तुम्हें ऐसा ही करना चाहिए.’’ यह कहते हुए आशीष रो पड़ा था.

आशीष को इस स्थिति में देख कर आर्या दिल ही दिल में रोने लगी थी, लेकिन उस ने अपनी भावनाओं को दबाते हुए आशीष से पूछा, ”अच्छा आशीष, अब एक बात तो बताओ, इस स्थिति में अब तुम आगे क्या करोगे? मेरा विचार यह है कि तुम अपनी जाति की ही किसी लड़की से ब्याह कर लेना और मुझे भूल कर हमेशा खुश रहना.’’

”आर्या, तुम भी यह कैसी बात कर रही हो. मैं तुम्हें छोड़ कर कभी किसी दूसरी लड़की के बारे में तो सपने में भी सोच नहीं सकता हूं, यदि मुझे तुम नहीं मिली तो मैं हंसतेहंसते मौत को गले लगा लूंगा. यही मेरा अब अंतिम फैसला है.’’ आशीष ने आर्या को अपना अंतिम फैसला सुनाते हुए कहा.

पापा को मारने की योजना

यह बात सुन कर तो जैसे आर्या का कलेजा ही मुंह पर आ गया था. वह आगे बढ़ी और उस ने अपनी हथेली आशीष के मुंह पर रखते हुए कहा, ”ऐसा मत करना आशीष. मरेंगे अब हमारे दुश्मन, जो भी हमारे प्यार के आड़े आएंगे. मेरे पापा को मार डालो आशीष.’’

”यह तुम क्या कह रही हो आर्या?’’ आशीष ने चौंकते हुए कहा.

”इस के अलावा और दूसरा चारा ही नहीं बचा है अब आशीष, मैं तुम्हें खोना नहीं चाहती.’’ आर्या ने कहा.

”देखो आर्या, मेरे पास एक बहुत अच्छा प्लान है, यदि हमारा ये प्लान काम कर गया तो हम कभी भी नहीं फंस सकते,’’ आशीष ने कहा.

”जल्दी बताओ न अपना प्लान, मुझे अब तुम से एक पल की दूरी भी बरदाश्त नहीं हो रही है.’’ आर्या ने कहा.

”देखो आर्या, मैं कहीं से जहर का बंदोबस्त करूंगा. तुम्हें यह जहर खाने में मिला कर उन्हें दे देना है. तुम ऐसा करना, यह जहर सुबह के समय देना. औफिस पहुंचने पर जहर का असर सामने आएगा और हम साफसाफ बच जाएंगे.’’ आशीष ने अपना प्लान समझाया.

यह सुन कर आर्या खुश हो कर अपने घर चली गई. 24 अप्रैल, 2023 की शाम आशीष ने एक कांच की बोतल में घातक जहर आर्या को दे दिया. आर्या ने उसे अपने घर में छिपा दिया. 25 अप्रैल, 2023 की सुबह आर्या ने अच्छा नाश्ता बनाया और मिल्कशेक में जहर मिला क र अपने पिता को पिला दिया.

नाश्ता करने के बाद हैडकांस्टेबल जयंत बल्लावार अपनी ड्यूटी पर भी सकुशल पहुंच गए, लेकिन अचानक से उन की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए. आननफानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डौक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

अनुकंपा पर नौकरी

आर्या वहां पर पहुंची और भ्रामक जानकारी दी कि उन के पिता को कई सालों से ऐसे ही चक्कर आते रहते थे, जिस के कारण पुलिस ने इसे सामान्य मौत समझ कर केस को बंद कर दिया.

पापा की मृत्यु के बाद आशीष और आर्या का प्रेम संबंध निर्बाध रूप से आगे बढऩे लगा था. आशीष ने अब अपने पापा को भी आर्या के बारे में सब कुछ सचसच बता दिया था. उन्हें भी यह विवाह मंजूर था. परंतु होनी को तो कुछ और ही मंजूर था.

इस बीच एक दिन आशीष के पापा महेश शेडमाके को दिल का दौरा पड़ा और उन की तत्काल मृत्यु हो गई. दुख की इस घड़ी में आर्या आशीष के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ी रही.

आशीष के पापा की आकस्मिक मृत्यु होने के कारण साधारण मृत्यु मान लिया गया और अनुकंपा के आधार पर आशीष को महाराष्ट्र पुलिस में भरती कर लिया गया, जिस के बाद आशीष की पुलिस ट्रेनिंग शुरू हो गई.

पुलिस की ट्रेनिंग काफी कठिन होती है. ट्रेनिंग के दौरान आशीष कभीकभी अपने उस्तादों की बात न मान कर अपनी मनमरजी करने लगता था, जिस के कारण उस के खिलाफ काफी प्रतिकूल रिपोर्ट सामने आनी शुरू हो गई थी.

ट्रेनिंग सेंटर के अधिकारियों ने आशीष को समझाया कि सरकारी नौकरी इतनी आसानी से नहीं मिल पाती है. आजकल तो पढ़ेलिखे लोग भी नौकरी के लिए दरदर की ठोकरें खा रहे हैं. अपना ध्यान काम में लगाओ, भूल कर भी अनुशासनहीनता या कोई गलत हरकत मत करना, पुलिस की नौकरी में जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है.

उन्होंने आशीष को आगे समझाया कि अपने सीनियर अधिकारियों के आदेशों का पालन करो. इस बार तो हम ने तुम्हें एक पूर्व पुलिस वाले का बेटा समझ कर छोड़ दिया है, यदि तुम ने भविष्य में ऐसी कोई गैरजिम्मेदाराना हरकत की तो तुम्हें इस का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है.

लेकिन आशीष एक चिकने घड़े के समान था, उसे ट्रेनिंग के दौरान आर्या की याद भी बुरी तरह से सताने लगी थी. उस का स्वभाव बहुत आक्रामक बना हुआ था, जिस में वह सुधार करना नहीं चाहता था. एक दिन एक साथी पुलिस ट्रेनी से आशीष का बुरी तरह से झगड़ा हो गया, बात मारपीट तक भी पहुंच गई.

पुलिस अधिकारी जब बीचबचाव के लिए वहां पर पहुंचे तो आशीष ने उन पर भी हाथ उठा दिया. इस गंभीर अपराध के कारण उसे पुलिस प्रशिक्षण के दौरान अनुशासनहीनता और अनैतिक आचरण के कारण बरखास्त कर दिया गया.

इस के बाद आशीष वापस चंद्रपुर आ गया. यहां पर उस ने ये सारी बातें आर्या को बताईं और विवाह करने को कहा. आर्या ने उस से कहा कि आशीष आजकल नौकरी कितनी मुश्किल से मिलती है, तुम ने तो हाथ आई नौकरी पर ही ठोकर मार दी. कुछ दिन शांत रह लेते तो तुम्हारा क्या बिगड़ जाता.

इस पर आशीष उसे बोला कोई बात नहीं, अब मैं भागदौड़ कर के अनुकंपा के आधार पर तुम्हारी नौकरी लगाने की कोशिश करूंगा.

उस के बाद आशीष विवाह की तैयारियों में जुट गया और आर्या की नौकरी के लिए भी एक पत्र व्यवहार करने लगा. आशीष के पापा की लाखों की एफडी व बैंक बैलेंस था, इसलिए वह काफी शानोशौकत से रहने लगा था. वह पक्का शराबी भी हो गया था. उस ने आर्या के साथ विवाह भी कर लिया था.

आशीष की मेहनत रंग लाई और फरवरी 2025 में आर्या का अनुकंपा के आधार पर पुलिस में महिला कांस्टेबल के तौर पर चयन हो गया और वह 9 महीने की पुलिस ट्रेनिंग करने नागपुर चली गई.

आर्या जुझारू और मेहनती प्रवृत्ति की थी. बचपन से ही वह स्वयं को हर परिस्थिति के अनुरूप ढाल लेने में पारंगत थी, इसलिए उस की ट्रेनिंग सहज और सरल रूप से चल रही थी, लेकिन आशीष यहां पर भी अपनी मनमानी करने पर उतारू था. वह दिन में कई बार आर्या को फोन करता, जबकि उसे यह अच्छी तरह से पता था कि ट्रेनिंग पीरियड में ट्रेनी पुलिसकर्मी को एक निश्चित अवधि में ही बातचीत करने का मौका मिलता है.

आर्या उसे बारबार समझाने की कोशिश भी करती थी, लेकिन वह उलटा आर्या पर ही बरस पड़ता था. उस के बाद कई बार आशीष ट्रेनिंग सेंटर में आर्या से मिलने भी आने लगा था, जिस के कारण उसे रोज तरहतरह की बातें सुनने को मिलती रहती थीं.

एक दिन आर्या के ट्रेनिंग बैच की सीनियर अपर्णा (काल्पनिक नाम) ने आर्या से जो बात कही तो आर्या कुछ भी कह पाने में असमर्थ रही थी.

”आर्या, क्या तू शादीशुदा है? क्या ये आशीष नाम का युवक तेरा पति है?’’ ”अपर्णाजी, यह बात सच है. मैं उस से विवाह करने के बाद यहां पर ट्रेनिंग करने आई हूं.’’ आर्या ने पूछा.

”देखो आर्या, अगर यह बात सच है तो कोई बात नहीं, पर यह आदमी कुछ सनकी सा और गुस्सेबाज लगता है. कल मुझे रिसैप्शन में फोन पर बुलाया गया कि एक युवक आप की ट्रेनी महिला कांस्टेबल से मिलना चाहता है. आप यहां पर आ कर उस युवक से बात कीजिए, यह बहुत उत्तेजक अवस्था में लग रहा है. आप यहां पर आ कर इसे समझाइए वरना आप की ट्रेनी महिला कांस्टेबल पर मुसीबत आ सकती है.’’

”उस के बाद क्या हुआ मैडम? क्या आप वहां पर गई थीं?’’ आर्या ने पूछा.

”हां आर्या, जब मैं वहां पर पहुंची तो आशीष गुस्से में अनापशनाप बकवास करने में लगा था. मुझे तो यह भी लगा कि उस ने शराब पी हुई थी. मैं ने जब उसे समझाने की कोशिश की तो वह मुझे ही उल्टापुल्टा कहने लगा था. मैं इसीलिए चुप रही, क्योंकि मैं जानती थी कि वह तुम्हारा पति है. ऐसे इंसान के साथ तुम अपनी जिंदगी कैसे बिताओगी?’’ आर्या ने कहा.

दूर होने का फैसला

उस दिन के बाद से ही आर्या ने अपना मन से अंतिम फैसला कर लिया था कि उसे अब आगे की जिंदगी आशीष के साथ नहीं बितानी है. आर्या अपनी ओर से उसे समझाने की कोशिश करती थी तो वह बुरी तरह उस पर भड़क जाता था.

इसलिए अब आर्या ने मन मना लिया था कि वह आशीष के साथ कभी भी नहीं रहेगी, उसे नेगलेक्ट करती रहेगी और जल्दी ही उस से तलाक ले कर अपनी आगे की जिंदगी शांति से गुजारेगी.

इसलिए अब उस ने आशीष से मिलना तो दूर उस के मैसेज और उस की कौल्स उठाना बंद कर दिया था. आर्या ने तो अब आशीष का मोबाइल नंबर तक ब्लौक कर दिया था.

आशीष को पता था कि आर्या की पुलिस ट्रेनिंग कब पूरी हो रही है. इसलिए वह गाड़ी बुक कर के नागपुर पुलिस ट्रेनिंग सेंटर उसे लेने पहुंचा. लेकिन वहां जा कर आशीष को पता चला कि आर्या जयंत बल्लावार नाम की पुलिस ट्रेनी अपने रिश्तेदारों के साथ यहां से जा चुकी है.

आशीष का गुस्सा अब अपने चरम तक पहुंच चुका था. उस ने आर्या के मोबाइल पर फोन करने की काफी कोशिश की, मगर आर्या का नंबर तो लग ही नहीं रहा था. गुस्से में आ कर आशीष ने नागपुर से आते वक्त अपना मोबाइल फोन भी पटक दिया था, जिस के कारण उस का मोबाइल फोन खराब हो गया था. पूरे दिन वह आर्या को कोसता रहा.

फिर उस ने अपना फोन ठीक कराया, एक नया सिम ले कर फिर आर्या को फोन किया. अनजान नंबर से कौल आया था, आर्या ने फोन उठा लिया. फोन पर काफी देर तक बहस होती रही, आशीष ने आर्या को अपना सामान ले कर घर आने के लिए काफी समझाया, लेकिन आर्या ने उस के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया.

महाराष्ट्र के जिला भद्रावती के अंतर्गत रामनगर पुलिस थाने के पीआई आसिफ राजा शेख 23 मार्च, 2026 को दोपहर में थाने के काम निपटा कर लंच के लिए जाने वाले ही थे कि तभी उन के औफिस के बाहर एक युवक ने उन से पूछा, ”मे आई कम इन सर?’’

आसिफ राजा शेख ने युवक को आने का इशारा किया और उसे सामने वाली कुरसी पर बैठने का इशारा करते हुए कहा, ”कहिए जनाब, किस काम से आए हैं आप? बताइए, हम आप की क्या मदद कर सकते हैं?’’

खोल दिया मर्डर का राज

”जयहिंद सर, मेरा नाम आशीष महेश शेडमाके है. मैं आप के थाने में 3 साल पहले हुए हैडकांस्टेबल जयंत बल्लावार के मर्डर की रिपोर्ट लिखाने आया हूं. उन का मर्डर उन की बेटी और मैं ने मिल कर किया था.’’ आगंतुक आशीष ने अपना परिचय देते हुए कहा.

”यह क्या बात कह रहे हो तुम? तुम क्या कहीं पर नौकरी करते हो और ये मर्डर की बात 3 साल बाद कैसे आज सामने ला रहे हो, कहीं पागल तो नहीं हो गए हो तुम?’’ पीआई ने हैरानी से कहा.

”नहीं साहब, मैं कोई पागल नहीं हूं. मेरे पापा कांस्टेबल महेश शेडमाके थे, जिन की सर्विस के दौरान दिल का दौरा पडऩे से मृत्यु हो गई थी. मुझे अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति मिली थी, लेकिन पुलिस ट्रेनिंग के दौरान अनुशासनहीनता के आरोप में मुझे बरखास्त कर दिया गया.’’ आशीष ने कहा.

”मैं ने आप के पापा महेशजी और हैडकांस्टेबल जयंत बल्लावार के साथ काफी काम किया है. दोनों बड़े भले लोग थे, लेकिन ये मर्डर वाली बात मेरी समझ में नहीं आ रही है.’’ एसएचओ ने कहा.

”साहब, मैं और हैडकांस्टेबल जयंत की इकलौती बेटी आर्या एकदूसरे से प्यार करते थे, लेकिन आर्या के पापा हमारी शादी के खिलाफ थे. वह जाति के मामले को ले कर हमारी शादी नहीं होने देना चाहते थे, तब आर्या ने अपने पापा को रास्ते से हटाने के लिए मेरी मदद मांगी. फिर हम दोनों ने मिल कर उन्हें मार डाला था.’’ आशीष ने कहा.

”आशीष, तुम ने और आर्या ने मिल कर कैसे उन्हें मारा, मुझे विस्तार से बताओ?’’ पीआई ने पूछा. इस बीच उन्होंने अपने एक सिपाही को आशीष की वीडियो बनाने के लिए भी कह दिया.

”सर, उस दिन 22 अप्रैल, 2023 की तारीख थी. मेरी प्रेमिका आर्या ने मुझे यह बात बताई कि मेरी जाति छोटी होने के कारण उस के पापा अपने जीते जी यह विवाह नहीं होने देंगे. उस समय आर्या भी मुझे दिलोजान से चाहती थी. मेरे मन में तब यह बात आई थी कि उस के पापा को अब जीने का कोई हक भी नहीं है. मैं ने जब आर्या से पूछा कि अब हम आगे क्या कर सकते हैं? इस पर आर्या ने साफ कह दिया कि उस के पापा को रास्ते से हटा कर ही हम शादी कर सकते हैं. मैं ने ही उसे जहर देने का प्लान बताया, जिसे वह एकदम मान गई थी.’’ आशीष ने कहा.

”अच्छा आशीष, अब यह बताओ कि तुम ने फिर जहर का इंतजाम कैसे किया?’’ पीआई ने आशीष से पूछा.

”सर, मेरा एक चचेरा भाई है जिस का नाम चैतन्य सचिन गेडाम उर्फ मोंटी है. वह भी मेरी तरह ही सिरफिरा युवक है. उसे मैं ने कहा कि ऐसे जहर का इंतजाम करो, जिस से कुछ समय के बाद मौत हो सकती हो. उस ने मुझ से इस काम के लिए कुछ पैसे मांगे, जो मैं ने उसे तुरंत दे भी दिए. मेरे चचेरे भाई ने अपने एक दोस्त के माध्यम से वह जहर एक शीशी में मुझे दे दिया.

”उस के बाद 24 अप्रैल, 2023 को मैं ने वह जहर की शीशी शाम को साइबर कैफे में आर्या को दे दी और इसे अपने पापा के नाश्ते में मिलाने को कह दिया. आर्या ने वैसा ही किया, जैसा कि मैं ने उसे बताया था. आर्या ने नाश्ते में मिल्कशेक में जहर मिला कर अपने पापा को दे दिया. उस ने मिल्कशेक में काफी चीनी घोल दी, ताकि स्वाद का भी पता न चल सके.

”जयंत बल्लावार नियत समय पर अपनी ड्यूटी पर गए, जहां कुछ समय बाद उन की स्थिति बिगडऩे लगी तो उन्हें तत्काल हौस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

”आर्या ने वहां पर यह बताया कि पापा को अकसर चक्कर आते रहते थे, उन की तबीयत हमेशा खराब रहती थी, उन्हें कई प्रकार की बीमारियां भी थीं. मेरे समझाने के अनुसार आर्या ने पुलिस अधिकारियों से यह प्रार्थना भी की कि अब तो इस के पिता की मृत्यु हो चुकी है, लिहाजा पोस्टमार्टम कर के उन की डैडबौडी को खराब न किया जाए. इसलिए किसी प्रकार का शक न करते हुए पुलिस ने इसे आकस्मिक मृत्यु मान कर फाइल ही बंद कर दी.’’

सारी बातें सुनने के बाद पीआई ने पूछा, ”अच्छा आशीष, क्या तुम जानते हो कि यह बयान दे कर तुम खुद अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारने का काम कर रहे हो? सहआरोपी होने के कारण तुम्हें भी जेल की हवा खानी पड़ सकती है. यह जानते हुए भी कि आर्या तुम्हारी पत्नी है, तुम यह सब क्यों कर रहे हो?’’

”साहब, आग से खेलने वाले अंजाम से नहीं डरा करते. जानता हूं कि आर्या मेरी पत्नी है और मैं ने उस से दिल से प्यार किया, लेकिन उस ने मेरे साथ बेवफाई की. उस ने पुलिस ट्रेनिंग पूरी करने के बाद मेरे साथ रहने से मना कर दिया और मायके में रहने लगी. जिस के लिए मैं ने इतना बड़ा पाप किया, उस को सजा तो मिलनी चाहिए और असली गुनहगार वह है, जिस ने मुझे पाने के लिए अपने पापा को ही मार डाला था.’’ आशीष ने कहा.

इस के बाद मुख्य आरोपी आशीष महेश शेडमाके, आर्या जयंत बल्लावार, चैतन्य उर्फ मोंटी सचिन गेडाम और एक नाबालिग के खिलाफ आईपीसी की धाराएं 120(बी), 302, 201 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया.

आशीष के इकबालिया बयान के बाद जब पुलिस ने महिला पुलिस कांस्टेबल आर्या जयंत बल्लावार से कड़ाई के साथ पूछताछ की तो आर्या के झूठ का महल ढह गया और पूरी साजिश बेनकाब हो गई.

कहानी लिखे जाने तक महाराष्ट्र पुलिस ने हैडकांस्टेबल जयंत बल्लावार हत्याकांड के चारों आरोपियों आशीष महेश शेडमाके निवासी भद्रावती, आर्या जयंत बल्लावार, आशीष के चचेरे भाई चैतन्य उर्फ मोंटी सचिन गेडाम निवासी भद्रावती एवं एक नाबालिग आरोपी निवासी भद्रावती को गिरफ्तार कर लिया था.

कानूनी कारणों और एक आरोपी के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने अभी तक उस का नाम सार्वजनिक नहीं किया है.

हैडकांस्टेबल जयंत बल्लावार मर्डर केस एक ऐसा सनसनीखेज मामला है, जिस ने मानवीय संवेदनाओं और रिश्तों के अटूट विश्वास को तारतार कर डाला है. यह पूरी कहानी किसी डार्क थ्रिलर फिल्म जैसी प्रतीत होती है, लेकिन इस के पीछे छिपी कड़वी हकीकत ने पुलिस महकमे समेत पूरे समाज को स्तब्ध कर के रख दिया है.

जिस बेटी के कंधों पर समाज की रक्षा और पिता के सम्मान और देखभाल की जिम्मेदारी थी, वही अपने पिता के रक्त की प्यासी बन गई. वहीं दूसरी तरफ एक पुलिसकर्मी पिता की हत्या में उस की अपनी पुलिसकर्मी बेटी की संलिप्तता ने पुलिस विभाग की साख पर भी गहरे प्रश्नचिह्नï खड़े कर दिए हैं.

यह घटना मात्र एक अपराध नहीं है, बल्कि आधुनिक समाज में गिरते नैतिक मूल्यों और अनियंत्रित आवेग का एक भयावह दृष्टांत भी उभर कर सामने आया है.

वर्षों तक यह काला राज दफन रहा, क्योंकि आर्या ने अपने प्रेमी आशीष के निर्देशानुसार जांच की दिशा को चतुराई से भटका दिया था. किंतु नियति का चक्र घूम कर फिर वहीं पर आ धमका, जिस प्रेमी के लिए आर्या जयंत बल्लावार ने अपने पिता के रक्त की बलि दे डाली थी, उसी प्रेमी आशीष ने आपसी विवाद और आत्मग्लानि के कारण इस दफन हुए राज को उजागर कर दिया.

कानून इस केस में अपना काम कर रहा है, लेकिन चंद्रपुर की जनता के लिए आज भी यह विश्वास कर पाना कठिन लगता है कि कोई संतान भला इतनी निष्ठुर कैसे हो सकती है.True Crime Story

Bhopal Murder Case : महबूबा के किए मां का कत्ल

Bhopal Murder Case. प्रेम में अंधे अमन ने अपनी उसी मां को गोली चला कर मार डाला, जो उस के सिर पर सेहरा बांध कर दुलहन लाने के सपने संजो रही थी. बन्ने खां को यह बात पता चली तो उन्होंने करोड़ों की संपत्ति के उस वारिस को बचाने की कोशिश तो की, लेकिन…

पुराने भोपाल में बन्ने मियां और उन की पत्नी जमीला का नाम किसी पहचान का मोहताज नहीं था. उन्हें वहां हर कोई जानता था. बन्ने मियां की इमेज एक भाजपा समर्थक मुसलमान नेता की थी. वह आपातकाल के समय गिरफ्तार कर के जेल भी भेजे गए थे. वह बड़ी शान से खुद को मीसाबंदी बताते हुए जेल के उस समय यानी सन 1975 के किस्से लोगों को सुनाते रहते थे कि कांग्रेसी शासनकाल में हम नई आजादी के सिपाहियों पर किसकिस तरह के जुल्मोसितम ढाए गए थे.

48 साल की जमीला बेगम उन की दूसरी पत्नी थीं. वह भी राजनीति में जरूरत के हिसाब से सक्रिय रहने वाली महिला थीं और कदकाठी से भी काफी मजबूत थीं. उन की इमेज झुग्गीझोपड़ी की राजनीति करने वाली औरत की थी, जो अपने पति की पहुंच और रसूख के दम पर झुग्गीझोपड़ी का कारोबार भी करती थी. इस काम से उन्होंने खासा पैसा बनाया था. हालांकि पैसों की कमी उन्हें वैसे भी नहीं थी, क्योंकि बन्ने मियां खानदानी आदमी थे. उन्हें विरासत में ही कोई 25 एकड़ जमीन मिली थी, जिस की कीमत अब करोड़ों में थी.

दूसरी शादी कर के बन्ने मियां गौतमनगर  थाना इलाके के इंदिरानगर में रहने लगे थे. जमीला से उन्हें एक बेटा अमन था, जो अब 22 साल का बांका जवान हो चुका था. बन्ने मियां की पहली बीवी अपने 4 बच्चों के साथ गांधीनगर इलाके में रहती थी. उन के बच्चों में से एक बेटा अपराधी प्रवृत्ति का था. जिंदगी में कई उतारचढ़ाव देखने वाले बन्ने मियां यह कहने का हक तो रखते ही थे कि मियां ऊपर वाले के फजल से सब कुछ है मेरे पास, किसी चीज की कमी नहीं है.

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अब कहने भर का रह गया है, जिस में पुराने जमाने के इनेगिने नेता ही सक्रिय हैं और इस इकाई को जैसेतैसे ढो रहे हैं. लेकिन उन्हें इस का अच्छाखासा फायदा मिल रहा है. बन्ने मियां और जमीला बेगम सियासत करते हुए तबीयत से भाजपाई राज में चांदी काट रहे थे. इन दोनों ने मिल कर अपना खासा समर्थक वर्ग भी तैयार कर रखा था.

30 नवंबर की दोपहर को अचानक जमीला बेगम की मौत की खबर आग की तरह फैली. दोपहर के वक्त इंदिरानगर में आमतौर पर औरतें और बच्चे ही होते थे. मर्द अपनेअपने काम पर निकल चुके होते थे. अमन ने तंग गली में बने अपने मकान के बाहर आ कर शोर मचाया तो वहां मौजूद तमाम औरतें अपना कामधंधा छोड़ कर जमीला के घर की ओर भागीं. हर एक की जुबान पर यही सवाल था कि क्या हुआ?

जवाब में घबराए अमन ने बताया कि अम्मी को करंट लगा है. औरतों ने देखा कि जमीला बेगम खाट पर लेटी थीं और उन के शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी. लिहाजा तुरंत नजदीक से औटो बुलवा कर उन्हें हमीदिया अस्पताल ले जाया गया. घर आई औरतों में कुछ औरतें हैरानी से घर की दीवारों को देख रही थीं कि जमीला को करंट लगा कैसे? यह सवाल अमन से किया गया तो वह घबराहट में कोई जवाब नहीं दे सका. औरतों ने भी उस की हालत देखते हुए ज्यादा कुरेदना ठीक नहीं समझा.

अलबत्ता, जमीला को जब औटो से ले जाया जा रहा था तो जरूर कुछ औरतों ने उस के बाएं कंधे के नीचे एक सुराख देखा था. लेकिन अस्पताल पहुंचने की जल्दबाजी में किसी ने इस बाबत सवाल नहीं किया. बन्ने मियां उस समय अपनी मीसाबंदियों वाली पेंशन लेने बैंक गए हुए थे. जैसे ही उन्हें बीवी की मौत की खबर मिली, वह भी भागेभागे हमीदिया अस्पताल पहुंचे. तब तक डाक्टरों ने जमीला का निरीक्षण कर उन्हें मृत घोषित कर दिया था. अस्पताल में खासी भीड़ जमा हो गई थी. जमीला बेगम के दफनाए जाने की यानी अंतिम संस्कार की बातें और तैयारियां दोनों शुरू हो गई थीं.

जमीला की मौत की खबर थाना गौतमनगर के थानाप्रभारी मुख्तार कुरैशी तक पहुंची तो वह तुरंत हरकत में आ गए. जमीला की मौत कुदरती नहीं, बल्कि संदिग्ध थी. यह बात उन्हें अपने सूत्रों से पता चल चुकी थी, साथ ही यह भी कि जमीला के घर वाले यानी खासतौर पर पति बन्ने मियां और बेटा अमन इस मौत को राज ही रखना चाहते हैं, इसलिए कफनदफन के इंतजाम में जुट गए हैं.

मुख्तार कुरैशी के लिए जमीला की मौत संदिग्ध इस लिहाज से भी थी कि 2 दिनों पहले ही ट्रैक्टर रखने को ले कर कुछ पड़ोसियों से जमीला का विवाद हुआ था. कुछ लोगों के खिलाफ जमीला ने थाने में शिकायत भी दर्ज करा रखी थी. कुरैशी नहीं चाहते थे कि किसी को कुछ कहने का मौका मिले, क्योंकि मामला एक भाजपा नेत्री की संदिग्ध मौत का था, जिस पर उचित काररवाई न करने पर बवाल भी मच सकता था. लिहाजा वह बगैर वक्त गंवाए हमीदिया अस्पताल पहुंच गए.

उन का शक सच निकला. जमीला बेगम के बाएं कंधे के नीचे सुराख था. लेकिन हैरान करने वाली बात यह थी कि खून का कहीं नामोनिशान नहीं था. कुरैशी ने तुरंत जमीला के कंधे पर बने सुराख का एक्सरे कराया तो इस बात की पुष्टि हो गई कि उन की मौत करंट लगने से नहीं, बल्कि गोली लगने से हुई थी. साफ हो गया कि यह हत्या का मामला था. एक्सरे रिपोर्ट से यह भी साफ हो गया था कि कंधे में धंसी गोली 318 बोर के कट्टे की थी.

जमीला के अंतिम संस्कार की बात अब खत्म हो गई थी और उन का पोस्टमार्टम शुरू हो चुका था. पोस्टमार्टम के बाद उन का शव घर वालों यानी बन्ने मियां और अमन को सौंप दिया गया. पूछताछ में पुलिस को अमन से कुछ हासिल नहीं हुआ. वह कभी करंट लगने की बात कहता था तो कभी यह शक भी जाहिर करता था कि मुमकिन है कि मम्मी को किसी ने घर में घुस कर गोली मारी हो, जिस का उसे पता नहीं चला, क्योंकि उस वक्त वह सो रहा था.

दूसरी ओर शहर में यह अफवाह फैल चुकी थी कि जमीला की हत्या की गई है, पर हत्यारे कौन हैं, इस का पता नहीं चल पा रहा है. पुलिस को अमन पर शक था, लेकिन उसे कातिल ठहराने की कोई ठोस वजह उन के पास नहीं थी. पूछताछ में पड़ोसियों से विवाद की बात भी सामने आई थी. उस से भी ज्यादा दिलचस्प लेकिन गंभीर बात यह भी उजागर हुई थी कि बन्ने मियां का पहली पत्नी से कुछ दिनों पहले ही जायदाद को ले कर झगड़ा हुआ था, जिस का एक बेटा अपराधी प्रवृत्ति का था. लिहाजा वह भी शक के दायरे में आ गया था.

आमतौर पर हत्या के ऐसे मामलों में पुलिस 1-2 दिन में ही असली कातिल तक पहुंच जाती है, लेकिन जमीला बेगम की हत्या पुलिस वालों के लिए गुत्थी बनती जा रही थी. पड़ोसियों से पूछताछ की गई तो झगड़े की बात तो उन्होंने स्वीकारी, लेकिन जमीला की मौत के तार उन से जुड़ नहीं पाए. बन्ने मियां की पहली बीवी और बच्चों से भी पूछताछ की गई, लेकिन कोई ऐसी वजह सामने नहीं आई, जिस से उन पर शक किया जाता.

कोई नतीजा न निकलते देख एसपी (नौर्थ) अरविंद सक्सेना ने यह मामला क्राइम ब्रांच के सुपुर्द कर दिया. अब मामला क्राइम ब्रांच के एएसपी शैलेंद्र सिंह के हाथ में आ गया, जो अपनी खास स्टाइल के चलते ऐसे ब्लाइंड मर्डर सुलझाने के लिए जाने जाते हैं.

मुखबिरों के जरिए और जो नई बातें पता चलीं, उन में एक अहम बात यह थी कि हादसे के वक्त बन्ने मियां पेंशन लेने बैंक नहीं गए थे, जैसा कि उन्होंने बताया था, बल्कि वह एक फड़ पर बैठे ताश खेल रहे थे. दूसरी महत्त्वपूर्ण बात यह भी पता चली थी कि कुछ दिनों पहले ही बन्ने मियां और जमीला का किसी बात पर इतना झगड़ा हुआ था कि जमीला नाराज हो कर घर छोड़ कर अपनी बहन के यहां चली गई थी, जहां से बाद में बन्ने मियां उसे मना कर ले आए थे. आते हुए उन्होंने साली से अपनी गलती के लिए माफी भी मांगी थी.

अब शक की सुई बन्ने मियां पर घूमी तो वह झल्ला उठे और एसपी (नौर्थ) से मिल कर शिकायत की कि बीवी के कत्ल के मामले में पुलिस वाले उन के घर वालों को पूछताछ के नाम पर परेशान कर रहे हैं. पुलिस वाले बन्ने मियां को हलके में लेने की भूल नहीं कर रहे थे, जो पेशे से नेता थे और बातबात में नेतागिरी के दम पर सिर पर आसमान उठाने के हुनर में माहिर थे.

पर अब उन में पहले सा आत्मविश्वास नहीं रह गया था, इसलिए पुलिस वाले ताड़ गए कि दाल में कुछ काला जरूर है. पर दाल कहां और कितनी काली है, वहां तक पहुंचने के लिए सब्र की जरूरत थी. लिहाजा ढील दे कर पतंग उड़ाने की शैली अपनाई गई. बन्ने मियां पर शक की वजह यह मनोवैज्ञानिक पहलू भी था कि कई बार कलह के बाद शौहर सुलह करता है तो एक खतरनाक खयाल उस के दिमाग में बीवी को देख लेने या उसे सबक सिखाने का भी पनप रहा होता है.

पुलिस की बारबार की पूछताछ और छानबीन कम हो जाने से बन्ने मियां और अमन को थोड़ा सुकून मिला. अब तक जमीला बेगम की हत्या हुए 3 हफ्ते गुजर चुके थे और लोग इस मामले को भूल चुके थे. जिन्हें याद था, उन्होंने अपनी तरफ से उसे ब्लाइंड मर्डर की लिस्ट में डाल दिया था.

आखिरकार 20 दिसंबर, 2016 को सनसनीखेज तरीके से इस हत्याकांड से पुलिस ने परदा उठाया तो लोग एक बार फिर यह जान कर चौंके कि बेटा अमन ही अपनी मां जमीला का हत्यारा था और हत्या की वजह एक लड़की थी, जो उस की माशूका थी. पूछताछ में अमन टूट गया था और अपना जुर्म कबूल करते हुए उस ने हत्या में प्रयुक्त कट्टा भी बरामद करा दिया था.

अमन निकम्मा और आलसी किस्म का बेजा लाड़प्यार में पला लड़का था, जिस का एक शौक बाइक चलाना भी था. कई लड़कियों से उस की दोस्ती थी. लेकिन मोहल्ले की ही एक लड़की से उसे सच्चा प्यार हो गया था. लड़की चूंकि बिरादरी की थी, इसलिए उस के लिहाज से शादी में कोई अड़चन पेश नहीं आनी थी. लेकिन इस प्रेमप्रसंग की गहराई के बारे में जब जमीला बेगम को पता चला तो वह दुखी भी हुईं और बेटे पर भड़क भी उठीं, क्योंकि उन्होंने अपनी रिश्तेदारी की एक लड़की को बहू के रूप में चुन रखा था और उन रिश्तेदारों को वह जुबान भी दे चुकी थीं.

जमीला ने तरहतरह से अमन को समझाया, पर वह टस से मस नहीं हुआ. वारदात की दोपहर वह सो कर उठा तो मम्मी से चाय की फरमाइश की. इस पर जमीला बाहर नुक्कड़ की किराने की दुकान पर गईं और दूध का पैकेट तथा लड्डू ले आईं. बेटे के लिए चाय बनातेबनाते उन का ध्यान इस तरफ गया कि बिस्तर पर पड़ा बेटा अपनी माशूका से गुफ्तगू कर रहा है तो उन का पारा सातवें आसमान पर जा पहुंचा. उन्होंने उसे खुली चेतावनी दे दी, ‘तेरी शादी वहीं होगी, जहां मैं तय कर चुकी हूं. अपनी पसंद की लड़की से शादी करना है तो मेरे मरने के बाद कर लेना.’

इस कलयुगी आशिक बेटे ने मां की हिदायत कुछ इस तरह मानी कि तकिए के नीचे रखा कट्टा निकाला और उन पर गोली दाग दी. अब वह मां के मरने के बाद अपनी मरजी से शादी करने के लिए आजाद था. मां के कंधे से निकले खून को उस ने गीले कपड़े से पोंछ दिया. हत्या के बाद जो हुआ, वह शुरू में बताया जा चुका है.

जल्दी ही बन्ने मियां की समझ में आ गया था कि उन की बीवी का कत्ल किस ने किया है. बीवी तो वह खो ही चुके थे, अब बेटे को नहीं खोना चाहते थे. लिहाजा जांच के दौरान पड़ोसियों से ट्रैक्टर को ले कर झगड़े को उन्होंने तूल दे कर पुलिस का ध्यान बंटाने की कोशिश की और पहली बीवी से हुए विवाद को भी उन्होंने तूल दिया, जो पुलिसिया जांच में खारिज हो गए थे.

बिगड़ैल अमन मांबाप के बेजा लाड़प्यार के चलते ज्यादा पढ़लिख नहीं पाया था. लेकिन इश्क में मास्टर डिग्री हासिल कर चुका था. उस की महबूबा एकांत में अकसर उस के साथ होती थी और दोनों साथ जीनेमरने की कसमें खाते रहते थे. नई आजादी के सिपाही बन्ने मियां की दुनिया लुट चुकी है. कातिल बेटा जेल में है और करोड़ों की पुश्तैनी जायदाद अब उन्हें मुंह चिढ़ा रही है, जिस का पहली बीवी और बच्चों के हिस्से में जाना तय दिख रहा है.

जमीला की जिद खुद उन्हें भारी पड़ी. अगर वह पुरानी कहानी की तरह बेटे को उस की माशूका को देने के लिए अपना कलेजा सौंप देतीं तो बात बन जाती. इधर अमन का सोचना यह था कि अगर अपनी मरजी से शादी की तो मांबाप के पैसों पर ऐश करने को नहीं मिलेगा. तय है कि जमीला को इस बात का अहसास नहीं था कि बेटा गले तक इश्क के समंदर में डूब चुका है. गोली मारने के पहले उस ने कहा भी था कि अब्बा ने भी तुम से इसी तरह शादी की थी.

पुराने भोपाल के गरीब जरूरतमंद बाशिंदों को झोपड़ी दिलाने का कारोबार करने वाली जमीला का घर अब उजड़ चुका है, जिस में अब बन्ने मियां गमगीन से बैठे रहते हैं. बेटे की परवरिश में कहां गलती हो गई, यह अब उन्हें सब कुछ लुटने के बाद समझ आ रहा है.  Bhopal Murder Case

—  2017 में प्रकाशित

Crime Fiction Story : इन्साफ के लिए इंतकाम

Crime Fiction Story. नुसरत ने बेटी के साथ रेप किया है, यह जानते हुए भी एडवोकेट फुरकान आखिर उसे सजा क्यों नहीं दिला सकता था… 

एडवोकेट फुरकान काला तो था ही, उस का जिस्म भी भद्दा था. उस की छोटीछोटी आंखों में मक्कारी और बेरहमी साफ झलकती थी. वह गले में सोने की मोटी सी चेन और हाथ में कीमती घड़ी पहने रहता था. शहर के पौश इलाके में उस का शानदार बंगला था. एक आदमी की जिंदगी में जो कुछ चाहिए, वह सब उस के पास था.

ये सब उस ने मक्कारी और साजिशों से कमाया था. उस के साथी वकील उसे जोड़तोड़ और चालाकी का बादशाह कहते थे. कैसा भी पेचीदा केस हो, कितना ही घिनौना मुजरिम हो, उस के पास आ कर मजफूज हो जाता था. वह अपनी चालों और तिकड़म की भारीभरकम फीस वसूलता था.

फुरकान के पास बेपनाह दौलत थी. साजिश और तिकड़म से आई दौलत के साथ कई तरह की बुराइयां भी आ जाती हैं. शराब और शबाब के शौक ने उस के अंदर के इंसान को बिलकुल खत्म कर दिया था. उस की जिंदगी में सिर्फ एक अच्छाई यह थी कि वह अपनी बेटी नाहीद से बेपनाह मोहब्बत करता था.

एक दिन फुरकान अपने औफिस में बैठा था, तभी उस के इंटरकौम की घंटी बजी. दूसरी ओर उस का मुंशी था. उस ने क्लाइंट की खबर दी तो उस ने पहला सवाल यही पूछा, ‘‘आसामी पैसे वाली है न?’’

‘‘जी साहब, तगड़ी पार्टी है.’’ मुंशी ने जल्दी से कहा.

फुरकान ने क्लाइंट को केबिन में भेजने को कहा. उस की केबिन में जो आदमी दाखिल हुआ, वह महंगा सूट पहने था. उस की अंगुलियों में हीरे की अंगूठियां चमक रही थीं. कुरसी पर बैठते हुए उस ने कहा, ‘‘मेरा नाम राहत खान है. मैं राहत इंडस्ट्रीज का मालिक हूं.’’

राहत इंडस्ट्रीज एक बड़ी कंपनी थी, जिस से कई कारोबार जुड़े थे. साफ था, वह काफी दौलतमंद पार्टी थी.

‘‘फरमाइए सर, मैं आप की क्या खिदमत कर सकता हूं?’’ फुरकान ने कहा.   ‘‘भई, मेरे बेटे नुसरत का मामला है. उस बेवकूफ ने एक नादानी कर डाली है.’’ राहत खान ने कहा.

‘‘सर, जरा खुल कर बताइए, मामला क्या है?’’   ‘‘भई, मेरा बेटा है नुसरत. उस ने रशना नाम की एक लड़की का रेप कर दिया है और अब जेल में बंद है. हालांकि उस लड़की को उठाने में उस के कुछ दोस्त भी शामिल थे, लेकिन पकड़ा वही अकेला गया है.’’ राहत खान ने कहा.

‘‘ओह! मामला तो संगीन है.’’ फुरकान ने कहा, ‘‘राहत साहब, आप चाहते हैं कि मैं आप के बेटे की पैरवी कर के उसे जेल से छुड़वा दूं.’’   ‘‘जाहिर है, मैं आप के पास इसीलिए आया हूं, क्योंकि मैं ने आप का बहुत नाम सुना है.’’ राहत ने कहा.

फुरकान की आंखों की चमक बढ़ गई. उस ने गंभीर हो कर कहा, ‘‘राहत साहब, केस बहुत बिगड़ चुका है. उस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है और डीएनए रिपोर्ट से सारी सच्चाई पता चल जाएगी.’’

‘‘हां, मैं सब समझता हूं. आप एक बार उसे छुड़वा दीजिए. उस के बाद मैं उस का कुछ इंतजाम कर दूंगा. आप पैसे की कतई फिक्र न करें.’’ राहत खान ने कहा.

‘‘ठीक है, मैं जीजान लगा दूंगा. पर मेरी फीस 50 लाख होगी. उस में से आधे पहले, आधे केस जीतने के बाद. अगर आप को मंजूर हो तो मैं काम शुरू करूं?’’   ‘‘हां, मंजूर है.’’ राहत खान ने कहा.

‘‘आप मुझे उन दोस्तों के नाम व पते लिखा दीजिए, जो उस दिन उस के साथ थे. हां, एक बात यह भी बता दीजिए कि अगर उसे बचाने के लिए उस के किसी दोस्त की कुरबानी देनी पड़े तो आप को कोई ऐतराज तो नहीं होगा?’’

‘‘नहीं, मुझे कोई ऐतराज नहीं होगा. बस किसी तरह मेरा बेटा बच जाए.’’

रशना अपने मांबाप की एकलौती बेटी थी. मांबाप की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, इस के बावजूद भी वह उसे पढ़ा रहे थे. वह शहर के मशहूर कालेज में पढ़ रही थी और बसस्टैंड से घर तक पैदल ही जाती थी. वह बेहद शरीफ और समझदार लड़की थी. बेपनाह खूबसूरत होने के बावजूद वह बड़ी सादगी से रहती थी.

पिता ने उस की शादी शरजील से तय कर दी थी, पर निकाह की तारीख मुकर्रर नहीं हुई थी. मंगेतर से उस की फोन पर बातचीत होती रहती थी. उस दिन भी रशना बस से उतर कर अपने घर जा रही थी, तभी एक कार उस के करीब आ रुकी. उस में से 2 लोग उतरे. जब तक वह कुछ समझ पाती, उन दोनों ने उसे दबोच कर कार में डाल लिया था.

उस गाड़ी में एक युवक और भी था. वह मशहूर उद्योगपति राहत खान का बेटा नुसरत था. रशना पूरी ताकत लगा कर चीखी, ‘‘मुझे कहां ले जा रहे हो? खुदा के वास्ते मुझे छोड़ दो.’’

एक आदमी ने तुरंत उस का मुंह दबा दिया था. सामने बैठे नौजवान नुसरत ने घुड़क कर कहा था, ‘‘चुपचाप बैठी रह. बड़ी मुश्किल से हाथ आई है, ऐसे कैसे छोड़ दूं?’’

इस के बाद उस ने अपने दोस्तों से कहा, ‘‘तुम लोगों ने आज मेरे मन का काम किया है, इसलिए तुम्हें इस का अच्छा इनाम मिलेगा.’’

2 लोगों के बीच रशना डरीसहमी बैठी थी. उसे न रास्ते समझ में आ रहे थे, न बचने की कोई तरकीब. वह चिल्ला भी नहीं सकती थी. कुछ देर में गाड़ी एक नई बन रही कालोनी में रुकी. उस कालोनी में अभी लोगों ने रहना शुरू नहीं किया था. जिन लोगों ने रशना को गाड़ी में डाला था, वही दोनों उसे एक नए मकान में ले गए. कार में बैठा नुसरत भी पीछेपीछे आ गया था.

उसे एक कमरे में छोड़ कर वे दोनों चले गए तो नुसरत ने कमरे का दरवाजा बंद कर के उस की अस्मत लूट ली. वह रोरो कर बख्श देने के लिए गिड़गिड़ाती रही, पर उसे उस पर तनिक भी दया नहीं आई. इस के बाद वह रोती रही. जब वे तीनों उसे गाड़ी में डाल कर वापस ला रहे थे तो रास्ते में रोड पर एक जगह पुलिस का नाका लगा दिखा. कार चला रहा युवक बोला, ‘‘उस्ताद, पुलिस गाड़ी रोकने को कह रही है.’’

‘‘हां, रोक दे गाड़ी.’’ नुसरत ने कहा.   ‘‘उस्ताद, यह चिडि़या?’’ एक साथी ने पूछा.

‘‘इस चिडि़या के पर कटे हुए हैं और मैं ने इसे संभाला हुआ है. तू फिक्र मत कर.’’ नुसरत ने कहा.   उस समय रशना के मन में बेपनाह गुस्सा और नफरत की आग जल रही थी. जैसे ही गाड़ी रुकी, वह पूरी ताकत से चिल्लाई, ‘‘बचाओ…बचाओ…’’

लड़की की आवाज सुन कर पुलिस वालों ने गाड़ी को घेर लिया. सभी को गाड़ी से उतारा गया. रशना ने रोरो कर अपने साथ घटी घटना पुलिस को बता दी. पुलिस ने उन युवकों को हिरासत में ले लिया और खबर रशना के पिता को दे दी. कुछ ही देर में मीडिया वालों को भी पता चल गया. फिर तो हंगामा खड़ा हो गया. रशना के मंगेतर शरजील को पता चला तो वह भी थाने पहुंच गया. रशना उस के कंधे पर सिर रख कर खूब रोई.

एडवोकेट फुरकान किसी भी तरह नुसरत को बचाने में लग गया. इस के लिए उस ने पैसा और पहुंच का इस्तेमाल किया. यह केस अदालत पहुंचा तो एकदम उलटा हो गया. अदालत में जो मैडिकल रिपोर्ट पेश की गई, उस के मुताबिक राहत इंडस्ट्रीज के मालिक का बेटा नुसरत बेगुनाह पाया गया.

एडवोकेट फुरकान ने कोर्ट में जो कहानी पेश की, उस में बताया गया कि अब से करीब 2 महीने पहले किसी जगह पर रशना और नुसरत की मुलाकात हुई थी. दोनों एकदूसरे के करीब आए. मोहब्बत का खेल शुरू हो गया. इन की मुलाकातें महंगे रेस्टोरेंट में होने लगी. उन की मुलाकातों के कई गवाह पेश हुए.

2 वेटर जो उन्हें सर्व करते थे, उन के साथसाथ रेस्टोरेंट के मैनेजर नदीम ने भी गवाही दी. जिन स्टोर और दुकानों से नुसरत ने रशना को तोहफे दिलाए थे, उन लोगों ने भी कोर्ट में बयान दिए.

एक दिन रशना ने नुसरत पर शादी का दबाव डाला तो उस ने शादी से इनकार कर दिया. इस की वजह यह थी कि वह शादी करने लायक नहीं था. इस बात को रशना नहीं जानती थी. नुसरत के शादी से मना करने पर रशना ने उसे धमकी दी कि वह उस के खिलाफ कुछ भी कर सकती है. आखिर वही हुआ और उस ने नुसरत पर रेप का इलजाम लगा दिया.

उस दिन वह खुद अपनी मरजी से नुसरत व उस के दोस्तों के साथ आउटिंग पर गई थी. वापसी पर जब पुलिस ने गाड़ी रोकी तो उस ने चीखनाचिल्लाना शुरू कर दिया. उस के बाद पुलिस ने नुसरत और उस के साथियों को गिरफ्तार कर लिया.

मैडिकल रिपोर्ट में रशना के साथ रेप की पुष्टि तो हुई थी, पर यह रेप नुसरत ने नहीं, बल्कि किसी और ने किया था. बदला लेने की खातिर इलजाम लगा दिया था नुसरत पर. जबकि हकीकत यह थी कि नुसरत नामर्द था.

इस सिलसिले में कई डाक्टरों की मैडिकल रिपोर्ट सबूत के तौर पर अदालत में पेश की गई. वह एक मायूस इंसान है, जो दिल बहलाने के लिए लड़कियों से दोस्ती करता है. डाक्टरों और एक्सपर्ट्स की मैडिकल रिपोर्ट, डीएनए रिपोर्ट, रेस्टोरेंट वालों, स्टोर वालों आदि की गवाही ने केस का रुख ही बदल दिया.

रशना भरी अदालत में रोरो कर चीखचीख कर फरियाद करती रही, लेकिन वकील फुरकान का बिछाया जाल और सबूत इतने पक्के थे कि कुछ नहीं हो सका. नुसरत को बाइज्जत बरी कर दिया गया और रशना पर जुरमाना लगा कर उसे माफ कर दिया गया.

अदालत के बाहर राहत खान ने एडवोकेट फुरकान को गले लगा कर शुक्रिया अदा करते हुए उस की बहुत तारीफ की. शरजील के सामने रशना की हिचकियां बंध गईं. उस ने रोते हुए कहा, ‘‘शरजील, अदालत में जो कुछ कहा गया, वह सब झूठ है. मैं ने नुसरत को इस से पहले कभी नहीं देखा था.’’

‘‘मैं जानता हूं रशना, तुम बेकसूर हो. यह सब उस मक्कार वकील की साजिश है. दौलत के लिए लोग अपना ईमान और जमीर तक बेच देते हैं. तुम परेशान न हो, ऊपर वाला जरूर इंसाफ करेगा. एक बात और रशना, पहले मैं ने सोचा था कि अपना घर बना कर तुम से निकाह करूंगा, लेकिन अब मैं तुम से अगले महीने ही शादी कर रहा हूं, वरना तुम घुटती रहोगी. मैं ने इस बारे में तुम्हारे अब्बू से बात कर ली है.’’ शरजीत ने कहा.

एक दिन नुसरत का दोस्त उस के पास एक आदमी को ले कर आया. उस के सिर पर कैप थी, आंखों पर काला चश्मा, पान जैसे लाल होंठ, गले में नीला स्कार्फ बंधा था. उस ने कपड़े भी काफी कीमती पहन रखे थे. उस व्यक्ति का नाम दिलबर था. दोस्त ने बताया था कि दिलबर के पास ऐसी हुस्न की परियां हैं कि देखो तो आंखें खुली की खुली रह जाएं.

नुसरत उद्योगपति का बेटा था. वह अपनी अय्याशी पर खूब पैसे उड़ाता था, इसलिए उस ने कहा, ‘‘मुझे दिखाओ तो वे कैसी हैं?’’

दिलबर ने अपने मोबाइल फोन में नुसरत को एक फोटो दिखाई. लड़की बेहद हसीन और पुरशबाब थी. देखते ही नुसरत उस का दीवाना हो गया. उस ने कहा, ‘‘क्या तुम इसे ला सकते हो?’’

‘‘हां, तभी तो फोटो दिखा रहा हूं. पर पैसा काफी लगेगा और मेरी कुछ शर्तें भी हैं.’’   ‘‘पैसे की तुम फिक्र मत करो, अपनी शर्तें बताओ.’’ नुसरत ने कहा.

‘‘शर्त यह है कि इस लड़की के पास बस वही आदमी जाएगा, जिस ने सौदा किया है यानी बस तुम. और सुबह होने से पहले तुम लड़की को वापस भेज दोगे. एक लाख रुपए कीमत होगी.’’ दिलबर ने कहा.

‘‘मुझे मंजूर है.’’ नुसरत ने बेचैनी से 50 हजार रुपए उस के हाथ पर रख कर कहा, ‘‘बाकी काम के बाद. तुम लड़की अकेले उठाओगे?’’

‘‘उस से आप को कोई मतलब नहीं, आप बस जगह बता दो, लड़की पहुंचा दी जाएगी.’’ दिलबर ने कहा.

दूसरी ओर वकील फुरकान बड़ा खुश था. एक बड़े दौलतमंद व इज्जतदार खानदान से उस की एकलौती बेटी नाहीद के लिए रिश्ता आया था. लड़का भी बाप के बिजनैस से जुड़ा था. पढ़ालिखा शरीफ लड़का था. मंगनी का दिन भी तय हो गया था.

नाहीद रोज की तरह उस दिन भी योगा क्लास से घर लौट रही थी. वह अपनी छोटी गाड़ी खुद चलाती थी. रास्ते में एक तेज रफ्तार वैन ने उस की कार को ओवरटेक कर के रोक लिया. वैन के शीशे काले थे. वैन रुकते ही उस में से 2-3 लोग जल्दी से उतरे और उन्होंने नाहीद की कार का गेट खोल कर फुरती से उसे बेबस कर के अपनी वैन में बिठा दिया. उस की गाड़ी वहीं खड़ी रह गई.

नाहीद की समझ में नहीं आ रहा था कि वे लोग कौन हैं और उसे किडनैप क्यों कर रहे हैं? वह रुंधी आवाज में बोली, ‘‘तुम लोग कौन हो, मुझे कहां ले जा रहे हो?’’

‘‘हम इस का जवाब नहीं दे सकते, क्योंकि हम से जितना कहा गया है, हम वही कर रहे हैं.’’ उन में से एक ने जवाब दिया.

‘‘इस काम के जितने पैसे तुम्हें मिले हैं, उस का दस गुना मैं तुम्हें अपने अब्बू से दिलवा दूंगी. तुम मुझे छोड़ दो. मैं कसम खाती हूं, तुम्हारा कुछ नहीं बिगड़ेगा.’’

वह आदमी हंस कर बोला, ‘‘तुम्हारे बाप से तो कुछ और वसूल करना है. अब खामोश बैठी रहो. हम तुम पर सख्ती नहीं कर रहे हैं तो इस का मतलब यह नहीं कि तुम बकबक करती रहो. चुप नहीं हुई तो मुंह में कपड़ा ठूंस देंगे.’’

नाहीद सहम कर चुप हो गई. उसे अंदाजा नहीं था कि उसे कहां ले जाया जा रहा है. कुछ देर बाद वह वैन एक सुनसान मकान के सामने जा कर रुकी. नाहीद को वैन से जबरन उतार कर एक कमरे में बंद कर दिया गया. वह कमरा साउंडप्रूफ था. उस का चीखनाचिल्लाना बाहर नहीं सुना जा सकता था. उस कमरे में नुसरत पहुंच गया, जिस के हुक्म पर उसे किडनैप किया गया था. उसे यह पता नहीं था कि यह खूबसूरत लड़की उसी नामीगिरामी वकील की बेटी है, जिस ने उसे रेप के आरोप से बरी कराया था.

नाहीद के लिए वह रात कयामत की थी. अगले दिन नाहीद को वहीं छोड़ दिया गया, जहां से उसे उठाया था. फुरकान दोनों हाथों से सिर थामे बैठा था. उस के सामने उस की लुटीपिटी बेटी नाहीद सिसकियां भर रही थी. एक घंटे पहले ही उसे गेट पर छोड़ा गया था. उस ने अपने बाप को वह सब कुछ बता दिया, जो उस पर गुजरी थी.

तमाम रेपिस्टों को बरी कराने वाले एडवोकेट फुरकान ने कभी सोचा भी नहीं था कि उसी की लाडली बेटी के साथ भी कभी ऐसा घिनौना काम हो सकता है. फुरकान एक समर्थ और ऊंची पहुंच वाला आदमी था. दौलत की भी उस के पास कमी नहीं थी. पर आज न दौलत काम आ रही थी न रसूख. उस ने नाहीद से पूछा, ‘‘बेटा, बस एक बार मुझे पता चल जाए कि यह किस ने किया, फिर देख मैं उस का क्या हश्र करता हूं. मुझे बताओ, वे कौन थे, कैसे थे, कहां ले गए थे?’’

‘‘डैडी, जो लोग ले गए वे सब नकाब में थे. जिस ने मुझे बरबाद किया, उस के बारे में बताती हूं. जगह शहर से बाहर थी. बंगले बने थे, बाकी मुझे कुछ याद नहीं.’’  इतना कह कर नाहीद फिर रोने लगी.

फुरकान के बदन में आग लगी थी. वह अपने दिमाग पर जोर देने लगा कि कौन हो सकते हैं वे लोग? यही सोचतेसोचते उस के लैंडलाइन फोन की घंटी बजी. फुरकान ने भर्राई आवाज में कहा, ‘‘हैलो..’’

‘‘फुरकान साहब से बात करनी है.’’ ‘‘बोल रहा हूं.’’ उस ने कहा.

‘‘फुरकान साहब, मैं आप को उस आदमी का पता बता सकता हूं, जिस ने आप की बेटी की इज्जत लूटी है. आप चाहें तो अपनी बेटी से उस की पहचान भी करवा सकते हैं.’’

‘‘हां…हां, बताओ कौन है वह? जल्द बताओ. पर तुम कौन हो?’’ ‘‘वह सब रहने दीजिए, यह जान कर क्या करेंगे. पर जिस ने आप की बेटी को बरबाद किया है, उस बदमाश का नाम नुसरत है. राहत इंडस्ट्रीज के मालिक का बेटा.’’

‘‘क्याऽऽ वह…वही नुसरत…’’

‘‘हां, वही नुसरत, जिसे आप ने रेप के केस से बरी बराया था. पर अफसोस की बात यह है कि फुरकान साहब कानूनी तौर पर आप उस का कुछ नहीं बिगाड़ सकते, क्योंकि अदालत में आप पक्के सबूतों के साथ यह साबित कर चुके हैं कि वह नामर्द है. अब आप किस मुंह से अदालत के सामने कहेंगे कि उस ने आप की बेटी के साथ रेप किया है. कौन यकीन करेगा आप का?’’

फुरकान के हाथ से रिसीवर छूट गया. नाहीद सिसक रही थी. वह एक बेगुनाह और मासूम लड़की थी. उस दिन फुरकान को महसूस हुआ कि बेटी के साथ इस तरह की वारदात हो जाने के बाद उस के मांबाप पर क्या गुजरती है.

लेकिन यह कहानी यहीं खत्म नहीं होती. इस पूरे मामले में नाहीद का क्या कसूर था? उस के बाप के जुर्म की सजा उसे क्यों मिली? क्या रशना का इंतकाम लेने से उस की तकलीफ खत्म हो गई?

आखिर नुसरत जैसे बिगड़े लड़के अपने बाप की दौलत के बूते पर गुनाह कर के कब तक बाइज्जत बरी होते रहेंगे? Crime Fiction Story

Crime Story in Hindi : जिस्म की चाहत में जुर्म

Crime Story in Hindi. रुचिता जिस दिव्य को बेटे की तरह मानती थी, उसी के मन में मां जैसी रुचिता के प्रति आसक्ति पैदा हुई तो उसे हासिल करने के लिए उस ने उस के साथ जबरदस्ती करनी चाही. रुचिता ने विरोध किया तो वह जिस्म के लिए ऐसा जुर्म कर बैठा जिस के लिए उसे न जाने कब तक जेल में रहना होगा.  

1 दिसंबर की सुबह 11 बजे के करीब कृष्णवल्लभ गुप्ता लिफ्ट से 7वीं मंजिल पर स्थित अपने फ्लैट नंबर 702 पर पहुंचे तो उन्हें फ्लैट के दरवाजे की सिटकनी बाहर से बंद मिली. उन्हें लगा कि रुचिता किसी काम से ऊपर वाले फ्लैट में गई होगी, इसलिए बाहर से सिटकनी बंद है. सिटकनी खोल कर वह अंदर पहुंचे तो बच्चों के बैडरूम के सामने उन्हें कई जगह खून के निशान दिखाई दिए.

उन्हें लगा कि रुचिता के हाथ या पैर में कुछ लग गया होगा, उसी के खून के ये निशान हैं. उन्होंने रुचिता को आवाज दी, ‘‘रुचि…ओ रुचि…कहां हो भई तुम?’’

रुचिता नहीं बोली तो कृष्णवल्लभ ऊपर वाले फ्लैट में उसे देखने गए. वह वहां भी नहीं मिली तो उन्हें संदेह हुआ. अपने फ्लैट में आ कर उन्होंने कमरों में ही नहीं, बाथरूम, टौयलेट में भी देखा, लेकिन रुचिता कहीं नहीं मिली.

इस तलाश में उन्हें फ्लैट में कुछ अन्य जगहों पर भी खून के निशान नजर आए. इस के बाद उन्होंने रुचिता के मोबाइल पर फोन किया. फोन की घंटी तो पूरी बजी, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ.

कृष्णवल्लभ थोड़ा परेशान हुए. उन्होंने भूतल पर अपार्टमेंट के सुरक्षागार्ड प्रेम बहादुर को फोन कर के रुचिता के बारे में पूछा तो उस ने बताया कि मैडम न तो नीचे आई हैं और न ही अपार्टमेंट से बाहर गई हैं. इस के बाद उन्होंने उसे फ्लैट में खून के निशान मिलने की बात बता कर ऊपर बुला लिया.

वह ऊपर पहुंचा तो खून के निशान देख कर वह भी चौंका. एक बार फिर कृष्णवल्लभ ने गार्ड के साथ रुचिता की तलाश शुरू की. गार्ड प्रेम बहादुर ने फ्लैट के स्टोररूम का दरवाजा खोला तो नीचे फर्श पर सामने ही रुचिता की लाश पड़ी दिखाई दी. उस के आसपास खून फैला था.

लाश देख कर प्रेम बहादुर चीख पड़ा. कृष्णवल्लभ भाग कर उस के पास आए और रुचिता की नब्ज टटोल कर देखी तो वह शांत थी. पत्नी की मौत के बारे में जान कर वह जोर से चिल्लाए. उन के चिल्लाने की आवाज सुन कर पड़ोसी आ गए.

यह घटना उदयपुर शहर के न्यू भूपालपुरा के लक्ष्मण वाटिका के पास बने आर्बिट-1 अपार्टमेंट की है. कृष्णवल्लभ गुप्ता इस बहुमंजिला अपार्टमेंट में 7वीं मंजिल पर बने फ्लैट में पत्नी रुचिता, 9 साल की बेटी अविशी और 8 साल के बेटे अरनव के साथ रहते थे. दिनदहाड़े फ्लैट में महिला की हत्या होने से पूरे अपार्टमेंट में सनसनी फैल गई थी.

सूचना पा कर कुछ ही देर में थाना सुखेर पुलिस घटनास्थल पर आ गई थी. फ्लैट और लाश के निरीक्षण में साफ लग रहा था कि मृतका ने आखिरी दम तक संघर्ष किया था. हत्या किसी नुकीली चीज के अलावा सिर को दीवार में पटक कर की गई थी.

फ्लैट की स्थिति से साफ लग रहा था कि लूटपाट जैसा कुछ नहीं हुआ था. रसोई में गैस चूल्हे पर दूध रखा था. घर में रुचिता के मोबाइल की तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिला. अब तक यह समझ में नहीं आया था कि रुचिता की हत्या क्यों की गई थी? फ्लैट में न तो चोरी हुई थी और न ही कोई दूसरी ऐसी बात सामने आई, जिस से हत्या का पता चलता.

सूचना पा कर उदयपुर के ही सैक्टर-4 में रहने वाली रुचिता की मौसी मोनिका जैन और कुछ अन्य रिश्तेदार तथा परिचित आ गए थे. पूछताछ में कृष्णवल्लभ ने बताया था कि वह एलएलबी फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रहा था. इस के अलावा वह सीए भी कर रहा था.

रुचिता वकील थी और उदयपुर बार एसोसिएशन की सदस्य भी थी. कभीकभी वह कोर्ट भी जाती थी. वह जज बनना चाहती थी, इसलिए राजस्थान न्यायिक सेवा (आरजेएस) परीक्षा की तैयारी कर रही थी. इस के लिए वह सुबह करीब साढ़े 7 बजे कोचिंग जाती थी.

उस दिन भी वह सुबह अपने समय पर कोचिंग चली गई थी. उस के बाद दोनों बच्चे स्कूल चले गए थे. साढ़े 8 बजे वह भी कालेज चला गया था. तब तक रुचिता कोचिंग से आई नहीं थी. अपार्टमेंट से निकलते समय उस ने सुरक्षागार्ड प्रेम बहादुर से कहा था कि दूध वाला आए तो मैडम से कह देना कि दूध ले लेंगी. 11 बजे के करीब वह घर लौटा तो फ्लैट के दरवाजे की बाहर से सिटकनी लगी थी और अंदर स्टोररूम में रुचिता की लाश पड़ी थी.

कृष्णवल्लभ की बातों से साफ हो गया था कि रुचिता की हत्या सुबह साढ़े 8 से 11 बजे के बीच हुई थी. पुलिस ने पड़ोसियों और सुरक्षागार्ड प्रेम बहादुर से भी पूछताछ की लेकिन ऐसी कोई बात सामने नहीं आई, जिस से हत्या या हत्यारे के बारे में कुछ पता चलता.

पुलिस ने घटनास्थल की काररवाई कर के लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा तो रुचिता की मौसी मोनिका जैन ने आग्रह किया कि रुचिता के घर वाले अजमेर से चल पड़े हैं, उन्हें आ जाने दीजिए. उस के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाइएगा. पुलिस ने उन की बात मान ली.

इस बीच पुलिस जांच करती रही. एसएफएल टीम ने भी आ कर सारे साक्ष्य जुटा लिए थे. दोपहर में रुचिता के दोनों बच्चे स्कूल से आए तो उन्हें कुछ बताए बगैर मोनिका जैन ने अपने घर भिजवा दिया. शाम को रुचिता के पिता दुलीचंद जैन एवं भाई विवेक उर्फ सोनू पहुंचे तो लाश देख कर दोनों रोने लगे.

पिता और भाई ने रुचिता की हत्या के लिए कृष्णवल्लभ को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि शराब पी कर वह रुचिता के साथ मारपीट करता था. रोजाना फोन कर के वह पति की हरकतें बताती थी. रुचिता के नाम पर लिया गया फ्लैट और उस के गहने भी उस ने बेच दिए थे. पिता और भाई ने रुचिता की हत्या का कृष्णवल्लभ गुप्ता पर आरोप लगाते हुए उस के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर भी दे दी थी.

रुचिता के पिता और भाई द्वारा दी गई तहरीर को मुकदमा दर्ज करने थाने भेज दिया गया था. इस के बाद बाकी की काररवाई कर के लाश को पोस्टमार्टम के लिए एमबी अस्पताल भिजवा दिया था. चूंकि कृष्णवल्लभ गुप्ता को नामजद किया था, इसलिए पुलिस उसे साथ ले कर थाने आ गई थी.

थाने में पूछताछ में भी कृष्णवल्लभ ने वही बातें दोहराईं. पुलिस ने उस की बातों की सच्चाई के बारे में पता किया तो उस ने बताया था कि वह लौ कालेज का रेग्युलर स्टूडेंट है, लेकिन वह रोजाना नहीं, कभीकभी कालेज जाता था. अब सवाल यह था कि जब वह रोजाना कालेज नहीं जाता था तो उस दिन कालेज क्यों गया था?

उस ने बताया था कि बच्चों के उठने से पहले रुचिता कोचिंग चली गई थी, जबकि बच्चों ने बताया था कि सुबह उन का टिफिन बना कर मम्मी ने ही दिया था. सुबह 10 बजे के करीब चौकाबरतन करने वाली बाई हेमा आई थी तो दरवाजे पर ताला लगा था.

दूसरी ओर कृष्णवल्लभ ने बताया था कि 11 बजे जब वह फ्लैट पर पहुंचा था तो दरवाजे पर बाहर से सिटकनी लगी थी और रुचिता का शव स्टोररूम में पड़ा था. उस ने फ्लैट के अंदर आ कर भी शव क्यों नहीं देखा? लाश सुरक्षागार्ड ने देखी. उस के हाथ के नाखूनों पर खून लगा था, जिस के बारे में उस का कहना था कि रुचिता के शव को देखते समय उस के शरीर पर लगा खून उस के हाथों में लग गया होगा.

रुचिता के पिता और भाई का कहना था कि कृष्णवल्लभ बड़ा ही गुस्सैल व हिंसक प्रवृत्ति का था. अकसर पतिपत्नी में झगड़ा होता रहता था. उन्होंने बताया था कि कुछ महीने पहले उस ने रुचिता को जान से मारने की धमकी भी दी थी. हालांकि पड़ोसियों ने झगड़े की बातें नहीं बताई थीं.

पूछताछ में यह भी पता चला कि कुछ समय पहले रुचिता पति, बच्चों और भाई के साथ दुबई घूमने गई थी. वहां किसी बात पर विवाद हो गया तो कृष्णवल्लभ दोनों बच्चों को छोड़ कर चला आया था. बाद में रुचिता का भाई उन्हें ले कर आया था. कृष्णवल्लभ ने बताया था कि वह साढ़े 8 बजे कालेज के लिए निकला था. तब तक रुचिता घर नहीं लौटी थी.

जबकि अपार्टमेंट के कुछ लोगों ने बताया था कि साढ़े 8 बजे उन्हें रुचिता अपार्टमेंट की लिफ्ट में मिली थी. इस के अलावा कृष्णवल्लभ ने उस दिन से पहले अपार्टमेंट के सुरक्षागार्ड से कभी यह नहीं कहा था कि दूधवाला आए तो मैडम से कह देना कि दूध ले लेंगी.

ये बातें कृष्णवल्लभ गुप्ता को संदेह के दायरे में ला रही थीं. जबकि हत्या में किसी भी तरह से अपना हाथ होने से वह मना कर रहा था. पुलिस ने रुचिता के मोबाइल को सर्विलांस पर लगवा दिया था. पुलिस कृष्णवल्लभ से पूछताछ कर ही रही थी कि रात होतेहोते इस मामले में एक नया मोड़ आ गया.

अपार्टमेंट की 8वीं मंजिल के फ्लैट नंबर 892 में रहने वाले अरविंद कोठारी का 22 साल का बेटा दिव्य अचानक लापता हो गया. लापता होने से पहले वह अपने कमरे में एक पत्र छोड़ गया था, जिस में उस ने लिखा था, ‘रुचिता की हत्या से मेरा कोई लेनादेना नहीं है. मैं काफी परेशान हूं. दिन में पुलिस ने मुझ से पूछताछ की थी, लेकिन मम्मीपापा, मैं ने कुछ नहीं किया.’

अचानक इस तरह दिव्य कोठारी का गायब होना और छोड़े गए पत्र में ‘रुचिता की हत्या से मेरा कोई लेनादेना नहीं है’ वाली बात ने पुलिस को उलझा दिया था. उस के घर वालों का कहना था कि दोपहर के करीब 2 बजे वह बिना बताए मोटरसाइकिल से कहीं चला गया था. जब रात तक वह घर नहीं लौटा तो उन्हें चिंता हुई. उन्होंने उस के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन बात नहीं हुई. उस का सामान देखा गया तो उसी में वह पत्र मिला था.

पुलिस दिव्य कोठारी की तलाश में जुट गई. उस के बारे में जानकारियां जुटाई गईं तो पता चला कि वह चार्टर्ड एकाउंटैंसी (सीए) कर रहा था. लेकिन सीपीटी में कई बार फेल हो चुका था. इस से अवसाद में था. पुलिस ने दिव्य के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया तो उस की लोकेशन देर रात तक बड़े तालाब के आसपास की मिलती रही.

पुलिस रात भर उस की तलाश करती रही, पर उस का कुछ पता नहीं चला. अगले दिन यानी 2 दिसंबर की सुबह वह उदयपुर शहर की फतेहपुरा पुलिस चौकी पर पहुंचा और वहां बताया कि उस का नाम दिव्य कोठारी है. चौकी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर थाना सुखेर पहुंचा दिया.

थाने में दिव्य से पूछताछ की जाने लगी तो कभी वह रोने लगता तो कभी हंसने लगता. उस का कहना था कि वह रुचिता को मां की तरह मानता था. पत्र के बारे में उस का कहना था कि पूछताछ से डर कर उस ने पुलिस को वह पत्र लिखा था. दिन भर की पूछताछ में पुलिस को दिव्य से ऐसी कोई बात पता नहीं चली, जिस से हत्या के बारे में कुछ पता चलता.

पुलिस कृष्णवल्लभ से भी पूछताछ कर रही थी. अपराध स्वीकार करने के लिए पुलिस उस पर काफी दबाव बना रही थी. एक बार तो पुलिस ने हवा भी फैला दी कि कृष्णवल्लभ ने पत्नी की हत्या का अपना अपराध स्वीकार भी कर लिया है, लेकिन शाम को ही एसपी राजेंद्र प्रसाद गोयल ने कहा कि अभी ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है, मामले की जांच चल रही है.

अगले दिन रुचिता का मोबाइल उदयपुर के सायरा के एक मजदूर के पास से मिल गया. उसे वह मोबाइल सड़क पर पड़ा मिला था. पुलिस ने रुचिता के मोबाइल नंबर की काल डिटेल्स खंगाली, लेकिन उस से भी कोई सबूत नहीं मिला. पोस्टमार्टम के बाद रुचिता की लाश उस के मायके वाले अजमेर ले कर चले गए और वहीं उस का अंतिम संस्कार कर दिया. पुलिस हिरासत में होने की वजह से कृष्णवल्लभ पत्नी के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सका.

3 दिसंबर को आखिर पुलिस ने रुचिता हत्याकांड का खुलासा कर दिया. एसपी राजेंद्र प्रसाद गोयल ने प्रेस कौन्फ्रैंस में बताया कि रुचिता की हत्या दिव्य ने की थी. वह साइकोसिस का मरीज है. उस ने यह हत्या इसी बीमारी के दौरे के दौरान की थी. यह ऐसी बीमारी है, जिस का दौरा आने पर वह अपनी मां की भी हत्या कर सकता था.

थाने में जब दिव्य के घर वालों को बुलवाया गया तो वह मां से मिलने के बाद उस की गोद में सो गया था. दिव्य ने पुलिस को यह भी बताया था कि अब तक वह 8 बार खुदकुशी की कोशिश कर चुका है.

लेकिन अगले दिन 4 दिसंबर को पुलिस द्वारा दिव्य को साइकोसिस बताने पर जांच पर सवाल उठ खड़े हुए. इस के बाद पुलिस ने कहा कि दिव्य पागल नहीं है, बल्कि पागल होने का नाटक कर रहा था. अगर वह पागल होता तो सीए की पढ़ाई कैसे करता. पुलिस ने दिव्य को उसी दिन अदालत में पेश कर के 8 दिसंबर तक के पुलिस रिमांड पर ले लिया.

5 दिसंबर को उदयपुर बार एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष भरत जोशी और उपाध्यक्ष गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में वकीलों का एक समूह एसपी राजेंद्र प्रसाद गोयल से मिला और उन से कहा कि महिला अधिवक्ता रुचिता की हत्या जैसे संवेदनशील मामले में जिस तरह हत्यारे को साइकोसिस बता दिया गया. इस पर सवाल उठे तो पुलिस अब कह रही है कि दिव्य पागल नहीं था, वह तो नाटक कर रहा था. पुलिस इस मामले की जांच योग्य अधिकारियों से कराई जाए, वरना अदालत में केस की सुनवाई के दौरान हत्यारा इस का अनुचित लाभ उठा सकता है.

2 दिनों में पुलिस द्वारा दिए गए अलगअलग बयानों की वीडियो क्लिपें बना कर लोगों ने वायरल कर दिया है. बगैर मैडिकल जांच के हत्या के अभियुक्त को मानसिक रोगी बता देना पुलिस की बहुत बड़ी संवेदनहीनता और लापरवाही है.

यहां सवाल यह उठता है कि आखिर दिव्य ने रुचिता की हत्या क्यों की थी? पुलिस द्वारा दिव्य से की गई पूछताछ में इस हत्याकांड की जो कहानी उभर कर सामने आई है, वह इस प्रकार थी—

कृष्णवल्लभ गुप्ता कोटा के रामपुरा के रहने वाले एस.आर. गुप्ता के बेटे थे तो रुचिता उर्फ अनु अजमेर के केसरगंज के रहने वाले दुलीचंद जैन की बेटी थी. रुचिता और कृष्णवल्लभ ने सन 2003 में प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद दोनों उदयपुर में किराए का मकान ले कर रहने लगे थे.

गुजरबसर के लिए कृष्णवल्लभ एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करने लगा था. इस के अलावा वह बीएसएनएल में ठेकेदारी के साथसाथ एकाउंट्स का काम भी करता था. बहुधंधी होने की वजह से वह ठीकठाक कमाई कर लेता था. शादी के बाद बेटी हुई तो उस का नाम रखा गया अविशी उर्फ तनु, जो इस समय 9 साल की है. इस के साल भर बाद ही बेटा अरनव उर्फ मिशु हो गया.

कृष्णवल्लभ के पास पैसा आया तो उदयपुर के न्यू भूपालपुरा में लक्ष्मण वाटिका के पास आर्बिट-1 अपार्टमेंट में उन्होंने अपना एक फ्लैट खरीद लिया, जो 8वीं मंजिल पर था. उन्हीं के फ्लैट के सामने अरविंद कोठारी रहते थे, दिव्य कोठी उन्हीं का बेटा है. आमनेसामने रहने की वजह से दोनों परिवारों का एकदूसरे के यहां आनाजाना ही नहीं था, बल्कि अच्छा मेलजोल भी था.

एक साल पहले कृष्णवल्लभ ने 8वीं मंजिल वाला अपना फ्लैट बेच कर 7वीं मंजिल पर फ्लैट खरीद लिया. इस के अलावा उन्होंने विश्वविद्यालय रोड पर एक भूखंड भी खरीद लिया. एक मंजिल नीचे आने के बाद भी कोठारी और उन में मेलजोल बना रहा. दिव्य लगभग रोज रुचिता के यहां आता था. वह उन्हें आंटी कहता था.

रुचिता की उम्र करीब 35 साल थी, लेकिन कदकाठी ऐसी थी कि अभी भी उन में गजब का आकर्षण था. शायद यही वजह थी कि दिव्य उन की ओर आकर्षित हो गया. वह मन ही मन उन्हें प्यार करते हुए उन्हें हासिल करने के बारे में सोचने लगा.

वह रुचिता के साथ डांडिया, बैडमिंटन खेलता और जब वह योगा करतीं तो उन्हें चाहतभरी नजरों से ताकता रहता. अब वह अकसर उन के घर में पल रहे कछुए से खेलने के बहाने आने लगा.

पहली दिसंबर की सुबह साढ़े 8 बजे के करीब कृष्णवल्लभ कालेज के लिए फ्लैट से निकले तो दिव्य ने स्कूटर से कुछ दूरी तक उन का पीछा किया, ताकि पता चल सके कि वह कहां जा रहे हैं. जब उस ने देखा कि वह कालेज गए हैं तो वह लौट आया. पौने 9 बजे दूधवाला आया तो उसी समय दिव्य दूसरी लिफ्ट से 7वीं मंजिल पर पहुंचा और रुचिता के फ्लैट का दरवाजा खुला देख कर अंदर चला गया.

रुचिता उस समय किचन में गैस चूल्हे पर दूध गर्म कर रही थी. दिव्य रुचिता से थोड़ी बातचीत कर के बैडरूम में चला गया और वहां घूम रहे कछुए की फोटो खींचने लगा. इस के बाद तेज आवाज में टीवी चला कर उस ने रसोई में जा कर रुचिता को पीछे से पकड़ लिया और उस के साथ जबरदस्ती की कोशिश करने लगा. दिव्य की इस हरकत से रुचिता चौंकी. उस ने कहा, ‘‘बेटा, यह क्या कर रहे हो?’’

लेकिन दिव्य नहीं माना और रुचिता के आगे के कपड़े फाड़ दिए. दुष्कर्म में सफल न होने पर वहां रखे टूल बौक्स से एक पाना निकाल कर वह रुचिता पर वार करने लगा. इस के अलावा रुचिता के बाल पकड़ कर उस का सिर दीवार पर दे मारा, जिस से रुचिता गिर पड़ी. इस के बाद वह उसे घसीट कर स्टोररूम में ले गया और उसी पाने से उसे तब तक मारता रहा, जब तक वह मर नहीं गई.

रुचिता की हत्या करने के दौरान दिव्य के कपड़ों पर खून लग गया था, जिसे उस ने बाथरूम में जा कर साफ किया और शावर लिया. रुचिता का मोबाइल ले कर वह बालकनी में आया. उस ने देखा कि कोई पड़ोसी उसे देख तो नहीं रहा. बाहर कोई नहीं दिखा तो रिमोट से टीवी बंद कर के वह अपने फ्लैट पर चला गया.

कुछ देर अपने फ्लैट पर रुक कर वह कार से बाहर चला गया. लौटा तो रुचिता की हत्या की सूचना पा कर पुलिस आ गई थी. कुछ देर वह पुलिस की काररवाई पर नजर रखता रहा. उस के बाद अपने फ्लैट पर गया और पत्र लिख कर एक बैग में कुछ कपड़े तथा अन्य सामान के साथ रुचिता का मोबाइल रख कर मोटरसाइकिल से चला गया.

घर से निकलने के बाद वह इधरउधर घूमता रहा. उस का बैग कोने में फटा था, जिस से अंबेरी के पास स्पीड ब्रेकर पर मोटरसाइकिल उछली तो रुचिता का मोबाइल गिर गया, जो एक मजदूर को मिला था. 2 दिसंबर को पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से उसे बरामद कर लिया था.

पुलिस ने 5 दिनों की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद दिव्य को अदालत में पेश किया, जहां जांच अधिकारी ने अदालत को बताया कि अभी अभियुक्त पर भादंवि की धाराएं 302 एवं 201 के तहत मुकदमा दर्ज है. अभी इस में दुष्कर्म के प्रयास की धाराएं जोड़ी जानी है. इस के बाद अदालत ने दिव्य को 3 दिनों के और पुलिस रिमांड पर दे दिया.

पुलिस ने रुचिता की हत्या में प्रयुक्त पाना, खून लगे कपड़े बरामद कर लिए थे. दिव्य की कार, स्कूटर और मोटरसाइकिल के साथ मोबाइल भी जब्त कर लिया गया था.

रुचिता जिस पड़ोसी लड़के को बेटा मानती थी, उसी ने उस की इज्जत पर हाथ डालने की ही नहीं सोची, बल्कि विरोध करने पर जान भी ले ली. आखिर इस में रुचिता की क्या गलती थी? एक लड़के की कुंठा से एक हंसताखेलता परिवार उजड़ गया, 2 मासूम बच्चे बिना मां के हो गए. रुचिता के बच्चे नानानानी के पास हैं.

— इसके बाद अदालती कार्रवाई में क्या हुआ यह ज्ञात नहीं है.

— मनोहर कहानियां, 2017 में प्रकाशित

Blackmail Story in Hindi : चाल

Blackmail Story in Hindi. फहीम ने खुद को ब्लैकमेल करने वाले हैदर के सामने ऐसा झूठ बोला कि उसे उस ने सच मान लिया. यही नहीं, आगे भी कभी सच्चाई पता करने की उस की हिम्मत नहीं पड़ी…    

कौफी हाउस के बाहर हैदर को देख कर फहीम के चेहरे की रंगत उड़ गई थी. हैदर ने भी उसे देख लिया था. इसलिए उस के पास जा कर बोला, ‘‘हैलो फहीम, बहुत दिनों बाद दिखाई दिए.’’

‘‘अरे हैदर तुम..?’’ फहीम ने हैरानी जताते हुए कहा, ‘‘अगर और ज्यादा दिनों बाद मिलते तो ज्यादा अच्छा होता.’’

‘‘दोस्त से इस तरह नहीं कहा जाता भाई फहीम.’’ हैदर ने कहा तो जवाब में फहीम बोला, ‘‘तुम कभी मेरे दोस्त नहीं रहे हैदर. तुम यह बात जानते भी हो.’’

‘‘अब मिल गए हो तो चलो एकएक कौफी पी लेते हैं.’’ हैदर ने कहा.

‘‘नहीं,’’ फहीम ने कहा, ‘‘मैं कौफी पी चुका हूं. अब घर जा रहा हूं.’’

कह कर फहीम ने आगे बढ़ना चाहा तो हैदर ने उस का रास्ता रोकते हुए कहा, ‘‘मैं ने कहा न कि अंदर चल कर मेरे साथ भी एक कप कौफी पी लो. अगर तुम ने मेरी बात नहीं मानी तो बाद में तुम्हें बहुत अफसोस होगा.’’

फहीम अपने होंठ काटने लगा. उसे मालूम था कि हैदर की इस धमकी का क्या मतलब है. फहीम हैदर को देख कर ही समझ गया था कि अब यह गड़े मुर्दे उखाड़ने बैठ जाएगा. हैदर हमेशा उस के लिए बुरी खबर ही लाता था. इसीलिए उस ने उकताए स्वर में कहा, ‘‘ठीक है, चलो अंदर.’’

दोनों अंदर जा कर कोने की मेज पर आमनेसामने बैठ कर कौफी पी रहे थे. फहीम ने उकताते हुए कहा, ‘‘अब बोलो, क्या कहना चाहते हो?’’

हैदर ने कौफी पीते हुए कहा, ‘‘अब मैं ने सुलतान ज्वैलर के यहां की नौकरी छोड़ दी है.’’

‘‘सुलतान आखिर असलियत जान ही गया.’’ फहीम ने इधरउधर देखते हुए कहा.

हैदर का चेहरा लाल हो गया, ‘‘नहीं, ऐसी कोई बात नहीं है. मेरी उस के साथ निभी नहीं.’’

फहीम को हैदर की इस बात पर किसी तरह का कोई शक नहीं हुआ. ज्वैलरी स्टोर के मालिक सुलतान अहमद अपने नौकरों के चालचलन के बारे में बहुत सख्त मिजाज था. ज्वैलरी स्टोर में काम करने वाले किसी भी कर्मचारी के बारे में शक होता नहीं था कि वह उस कर्मचारी को तुरंत हटा देता था.

फहीम ने सुलतान ज्वैलरी स्टोर में 5 सालों तक नौकरी की थी. सुलतान अहमद को जब पता चला था कि फहीम कभीकभी रेस के घोड़ों पर दांव लगाता है और जुआ खेलता है तो उस ने उसे तुरंत नौकरी से निकाल दिया था.

‘‘तुम्हारे नौकरी से निकाले जाने का मुझ से क्या संबंध है?’’ फहीम ने पूछा.

हैदर ने उस की इस बात का कोई जवाब न देते हुए बात को दूसरी तरफ मोड़ दिया, ‘‘आज मैं अपनी कुछ पुरानी चीजों को देख रहा था तो जानते हो अचानक उस में मेरे हाथ एक चीज लग गई. तुम्हारी वह पुरानी तसवीर, जिसे ‘इवनिंग टाइम्स’ अखबार के एक रिपोर्टर ने उस समय खींची थी, जब पुलिस ने ‘पैराडाइज’ में छापा मारा था. उस तस्वीर में तुम्हें पुलिस की गाड़ी में बैठते हुए दिखाया गया था.’’

फहीम के चेहरे का रंग लाल पड़ गया. उस ने रुखाई से कहा, ‘‘मुझे वह तस्वीर याद है. तुम ने वह तस्वीर अपने शराबी रिपोर्टर दोस्त से प्राप्त की थी और उस के बदले मुझ से 2 लाख रुपए वसूलने की कोशिश की थी. लेकिन जब मैं ने तुम्हें रुपए नहीं दिए तो तुम ने सुलतान अहमद से मेरी चुगली कर दी थी. तब मुझे नौकरी से निकाल दिया गया था. मैं ने पिछले 4 सालों से घोड़ों पर कोई रकम भी नहीं लगाई है. अब मेरी शादी भी हो चुकी है और मेरे पास अपनी रकम को खर्च करने के कई दूसरे तरीके भी हैं.’’

‘‘बिलकुल… बिलकुल,’’ हैदर ने हां में हां मिलाते हुए कहा, ‘‘और अब तुम्हारी नौकरी भी बहुत बढि़या है बैंक में.’’

यह सुन कर फहीम के चेहरे का रंग उड़ गया, ‘‘तुम्हें कैसे पता?’’

‘‘तुम क्या समझ रहे हो कि मेरी तुम से यहां हुई मुलाकात इत्तफाक है?’’ हैदर ने भेडि़ए की तरह दांत निकालते हुए कहा.

फहीम ने तीखी नजरों से हैदर की ओर देखते हुए कहा, ‘‘ये चूहेबिल्ली का खेल खत्म करो. यह बताओ कि तुम चाहते क्या हो?’’

हैदर ने बेयरे की ओर देखते हुए धीमे स्वर में कहा, ‘‘बात यह है फहीम कि सुलतान अहमद के पास बिना तराशे हीरों की लाट आने वाली है. उन की शिनाख्त नहीं हो सकती और उन की कीमत करोड़ों रुपए में है.’’

यह सुन कर फहीम के जबड़े कस गए. उस ने गुर्राते हुए कहा, ‘‘तो तुम उन्हें चोरी करना चाहते हो और चाहते हो कि मैं तुम्हारी इस काम में मदद करूं?’’

‘‘तुम बहुत समझदार हो फहीम,’’ हैदर ने चेहरे पर कुटिलता ला कर कहा, ‘‘लेकिन यह काम केवल तुम करोगे.’’

फहीम उस का चेहरा देखता रह गया.

‘‘तुम्हें याद होगा कि सुलतान अहमद अपनी तिजोरी के ताले का कंबीनेशन नंबर हर महीने बदल देता है और हमेशा उस नंबर को भूल जाता है. जब तुम जहां रहे तुम उस के उस ताले को खोल देते थे. तुम्हें उस तिजोरी को खोलने में महारत हासिल है, इसलिए…’’

‘‘इसलिए तुम चाहते हो कि मैं सुलतान ज्वैलरी स्टोर में घुस कर उस की तिजोरी खोलूं और उन बिना तराशे हीरों को निकाल कर तुम्हें दे दूं?’’ फहीम ने चिढ़ कर कहा.

‘‘इतनी ऊंची आवाज में बात मत करो,’’ हैदर ने आंख निकाल कर कहा, ‘‘यही तो असल हकीकत है. तुम वे हीरे ला कर मुझे सौंप दो और वह तस्वीर, निगेटिव सहित मुझ से ले लो. अगर तुम इस काम के लिए इनकार करोगे तो मैं वह तस्वीर तुम्हारे बौस को डाक से भेज दूंगा.’’

पलभर के लिए फहीम की आंखों में खून उतर आया. वह भी हैदर से कम नहीं था. उस ने दोनों हाथों की मुटिठयां भींच लीं. उस का मन हुआ कि वह घूंसों से हैदर के चेहरे को लहूलुहान कर दे, लेकिन इस समय जज्बाती होना ठीक नहीं था. उस ने खुद पर काबू पाया. क्योंकि अगर हैदर ने वह तसवीर बैंक में भेज दी तो उस की नौकरी तुरंत चली जाएगी.

फहीम को उस कर्ज के बारे में याद आया, जो उस ने मकान के लिए लिया था. उसे अपनी बीवी की याद आई, जो अगले महीने उस के बच्चे की मां बनने वाली थी. अगर उस की बैंक की नौकरी छूट गई तो सब बरबाद हो जाएगा. हैदर बहुत कमीना आदमी था. उस ने फहीम को अब भी ढूंढ़ निकाला था. अगर उस ने किसी दूसरी जगह नौकरी कर ली तो यह वहां भी पहुंच जाएगा. ऐसी स्थिति में हैदर को हमेशा के लिए खत्म करना ही ठीक रहेगा.

‘‘तुम सचमुच मुझे वह तसवीर और उस की निगेटिव दे दोगे?’’ फहीम ने पूछा.

हैदर की आंखें चमक उठीं. उस ने कहा, ‘‘जिस समय तुम मुझे वे हीरे दोगे, उसी समय मैं दोनों चीजें तुम्हारे हवाले कर दूंगा. यह मेरा वादा है.’’

फहीम ने विवश हो कर हैदर की बात मान ली. हैदर अपने घर में बैठा फहीम का इंतजार कर रहा था. उस के यहां फहीम पहुंचा तो रात के 3 बज रहे थे. उस के आते ही उस ने पूछा ‘‘तुम हीरे ले आए?’’

फहीम ने अपने ओवरकोट की जेब से मखमली चमड़े की एक थैली निकाल कर मेज पर रखते हुए कहा, ‘‘वह तसवीर और उस की निगेटिव?’’

हैदर ने अपने कोट की जेब से एक लिफाफा निकाल कर फहीम के हवाले करते हुए हीरे की थैली उठाने के लिए हाथ आगे बढ़ाया.

‘‘एक मिनट…’’ फहीम ने कहा. इस के बाद लिफाफे में मौजूद तसवीर और निगेटिव निकाल कर बारीकी से निरीक्षण करने लगा. संतुष्ट हो कर सिर हिलाते हुए बोला, ‘‘ठीक है, ये रहे तुम्हारे हीरे.’’

हैदर ने हीरों की थैली मेज से उठा ली. फहीम ने जेब से सिगरेट लाइटर निकाला और खटके से उस का शोला औन कर के तसवीर और निगेटिव में आग लगा दी. उन्हें फर्श पर गिरा कर जलते हुए देखता रहा.

अचानक उस के कानों में हैदर की हैरानी भरी आवाज पड़ी, ‘‘अरे, ये तो साधारण हीरे हैं.’’

फहीम ने तसवीर और निगेटिव की राख को जूतों से रगड़ते हुए कहा, ‘‘हां, मैं ने इन्हें एक साधारण सी दुकान से खरीदे हैं.’’

यह सुन कर हैदर फहीम की ओर बढ़ा और क्रोध से बोला, ‘‘यू डबल क्रौसर! तुम समझते हो कि इस तरह तुम बच निकलोगे. कल सुबह मैं तुम्हारे बौस के पास बैंक जाऊंगा और उसे सब कुछ बता दूंगा.’’

हैदर की इस धमकी से साफ हो गया था कि उस के पास तसवीर की अन्य कापियां नहीं थीं. फहीम दिल ही दिल में खुश हो कर बोला, ‘‘हैदर, कल सुबह तुम इस शहर से मीलों दूर होगे या फिर जेल की सलाखों के पीछे पाए जाओगे.’’

‘‘क्या मतलब?’’ हैदर सिटपिटा गया.

‘‘मेरा मतलब यह है कि मैं ने सुलतान ज्वैलरी स्टोर के चौकीदार को रस्सी से बांध दिया है. छेनी की मदद से तिजोरी पर इस तरह के निशान लगा दिए हैं, जैसे किसी ने उसे खोलने की कोशिश की हो. लेकिन खोलने में सफल न हुआ हो. ऐसे में सुलतान अहमद की समझ में आ जाएगा कि यह हरकत तुम्हारी है.

‘‘इस के लिए मैं ने तिजोरी के पास एक विजीटिंग कार्ड गिरा दिया है, जिस पर तुम्हारा नाम और पता छपा है. वह कार्ड कल रात ही मैं ने छपवाया था. अगर तुम्हारा ख्याल है कि तुम सुलतान अहमद को इस बात से कायल कर सकते हो कि तिजोरी को तोड़ने की कोशिश के दौरान वह कार्ड तुम्हारे पास से वहां नहीं गिरा तो फिर तुम इस शहर रहने की हिम्मत कर सकते हो.

‘‘लेकिन अगर तुम ऐसा नहीं कर सकते तो बेहतर यही होगा कि तुम अभी इस शहर से भाग जाने की तैयारी कर लो. मैं ने सुलतान ज्वैलरी स्टोर के चौकीदार को ज्यादा मजबूती से नहीं बांधा था. वह अब तक स्वयं को रस्सी से खोलने में कामयाब हो गया होगा.’’

हैदर कुछ क्षणों तक फहीम को पागलों की तरह घूरता रहा. इस के बाद वह अलमारी की तरफ लपका और अपने कपड़े तथा अन्य जरूरी सामान ब्रीफकेस में रख कर तेजी से सीढि़यों की ओर बढ़ गया.

फहीम इत्मीनान से टहलता हुआ हैदर के घर से बाहर निकला. बाहर आ कर बड़बड़ाया, ‘मेरा ख्याल है कि अब हैदर कभी इस शहर में लौट कर नहीं आएगा. हां, कुछ समय बाद वह यह जरूर सोच सकता है कि मैं वास्तव में सुलतान ज्वैलरी स्टोर में गया भी था या नहीं? लेकिन अब उस में इतनी हिम्मत नहीं रही कि वह वापस आ कर हकीकत का पता करे. फिलहाल मेरी यह चाल कामयाब रही. मैं ने उसे जो बता दिया, उस ने उसे सच मान लिया.’    Blackmail Story in Hindi

Crime Fiction in Hindi : विकृत

Crime Fiction in Hindi. कोई पैदाइशी विकृत या दुष्कर्मी नहीं होता. स्थितियां और परिस्थितियां उसे दुष्कर्मी और विकृत बनाती हैं. इस के लिए वे तमाम स्त्रियां भी दोषी होती हैं, जो ऐसे पुरुषों का विरोध नहीं करतीं. अगर महिलाएं उचित जवाब दें तो किसी भी पुरुष की कभी दुष्कर्म करने की हिम्मत ही नहीं पड़ेगी.

उस बंद पड़ी मिल में कोई आताजाता नहीं था. उस की दीवारों का सीमेंट उधड़ चुका था, लोहे के पाइपों में जंग लग चुका था, सारी मशीनें कबाड़ हो चुकी थीं. मिल तक पहुंचने का रास्ता भी खराब हो चुका था. शहर के बाहर होने की वजह से वहां कोई कितना भी चीखे, कोई उसे सुनने वाला नहीं होता था.

उसी मिल के अंदर मशीन से एक 50-55 साल का आदमी बंधा था. लेकिन वह अपनी उम्र से काफी बड़ा दिखाई दे रहा था. साधारण से कपड़े, बढ़ी हुई दाढ़ी, अस्तव्यस्त बाल. उस के दोनों हाथ पीछे की ओर बंधे थे. उस से कुछ दूरी पर एक लड़का बंधा था. उस के कपड़े, जूते आदि उम्दा किस्म के थे. दोनों बेहोश पड़े थे. जब दोनों को होश आया तो लड़के ने अधेड़ से पूछा, ‘‘मैं यहां कैसे आया, तुम कौन हो?’’

‘‘मुझे क्या पता? देखो न, मैं भी तो तुम्हारी तरह बंधा हूं.’’ अधेड़ ने झल्ला कर कहा.

दोनों पसीने से तरबतर थे. छत टिन की थी, जो मई की गर्मी में तप रही थी. कहीं से हवा भी नहीं आ सकती थी. जो खिड़कियां थीं, वे बंद थीं. लड़का चीखा, ‘‘कोई है?’’

गला सूखा होने की वजह से उसे खांसी आ गई. उस की आंखों से पानी बहने लगा. लड़के ने खांसी पर काबू पाते हुए कहा, ‘‘अगर किसी ने रुपयों के लिए मेरा अपहरण किया है तो वह महामूर्ख है. मेरे न तो मांबाप हैं और न मेरे पास रुपए ही हैं.’’

‘‘मैं ने किसी का क्या बिगाड़ा था. मैं तो वैसे ही 10 सालों बाद जेल से बाहर आया हूं.’’ अधेड़ ने कहा.

दोनों खामोश हो कर याद करने की कोशिश करने लगे कि वे यहां कैसे पहुंचे?

अधेड़ जेल की चारदीवारी से 10 साल की सजा काट कर जेल से बाहर निकला था. रात 8 बजे उस की रिहाई हुई थी. जेल से कुछ दूर आने पर अचानक पीछे से आ रही कार ने उसे टक्कर मारी तो वह गिर गया. कार से एक व्यक्ति उतरा. उस ने माफी मांगते हुए कहा, ‘‘आइए, आप की मरहमपट्टी करवा कर आप के घर छोड़ देता हूं.’’

अधेड़ कार में बैठा ही था कि पीछे से किसी ने उस के मुंह पर कुछ रखा, जिस से वह बेहोश हो गया. उस के बाद वह होश में आया तो यहां बंधा था. उस की किसी से क्या दुश्मनी हो सकती है? 10 सालों से वह किसी के संपर्क में नहीं रहा. कहीं कोई गलती से तो उसे नहीं उठा लाया.

लड़का शराब की दुकान से शराब पी कर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में एक छोटा सा बच्चा उसे रोता हुआ मिला. बच्चे के गले में उस के घर का पता एक रेशम की डोरी से बंधा था. बच्चे को देख कर उसे लगा कि यह अपने घर वालों से भटक गया है. उस ने सोचा कि अगर वह इसे इस के घर पहुंचा देता है तो इस के मांबाप उसे कुछ इनाम देंगे, जिस से उस के शराब पीने का इंतजाम हो जाएगा.

वह बच्चे के बारे में सोच ही रहा था कि उस के पास एक कार आ कर रुकी. उस में से एक बुजुर्ग महिला उतरी. उस के कुछ कहने से पहले ही महिला ने उसे बच्चे की सलामती के लिए धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘आप मेरे घर चलिए. हम आप को कुछ इनाम देना चाहते हैं.’’

इनाम के लालच में वह ड्राइवर की बगल वाली सीट पर कार में बैठ गया. औरत बच्चे को ले कर पिछली सीट पर बैठ गई. उस के कार में बैठते ही पिछली सीट से किसी ने उस के मुंह पर रूमाल रखा तो वह बेहोश हो गया. लड़के ने कहा, ‘‘मुझे क्लोरोफार्म सुंधा कर बेहोश किया गया था.’’

‘‘मुझे भी.’’ अधेड़ ने हैरानी से कहा.

‘‘मेरा अपहरण क्यों किया गया, यह मेरी समझ नहीं आ रहा है?’’ लड़के ने कहा.

‘‘अपहरण कोई क्यों करता है, पैसों के लिए या फिर बदला लेने के लिए?’’ अधेड़ ने कहा, ‘‘लेकिन मेरे पास न पैसे हैं और न किसी से ऐसी दुश्मनी है. मैं तो जेल से छूट कर आ रहा हूं.’’

‘‘किस जुर्म में जेल गए थे?’’ लड़के ने होंठों पर जीभ फेरते हुए पूछा.

‘‘तुम्हें उस से क्या लेना. यह सोचो कि हमें यहां क्यों लाया गया है? तुम्हारी जरूर किसी से दुश्मनी रही होगी? अपहरण करने वाले को पता होगा कि तुम्हारे पास रुपए नहीं हैं. ऐसा काम करने से पहले आदमी पूरी जानकारी कर लेता है.’’

‘‘लेकिन तुम्हारे मामले में तो उस ने गलती की है.’’

‘‘मेरा मामला अलग है. तुम अपनी बात करो.’’

दोनों बातें कर रहे थे कि तभी दरवाजे के चरमराने की आवाज आई. इस के बाद कदमों की आहट सुनाई दी, जो निरंतर उन के करीब आती जा रही थी. एक आदमी जो सिर से पैर तक ढका था, सिर्फ उस की आंखें दिख रही थीं, आ कर उन के पास खड़ा हो गया. लड़के ने पूछा, ‘‘कौन हो तुम?’’

‘‘जवाब क्यों नहीं देते?’’ अधेड़ चीखा, ‘‘मुझे थोड़ा पानी पिला दो.’’

वह आदमी लौट गया. वापस आया तो उस के हाथ में एक बोतल थी. उस ने अधेड़ के मुंह से बोतल लगाई. एक घूंट पीने के बाद अधेड़ उसे उगल कर गुस्से से चीखा, ‘‘यह क्या है?’’

उस आदमी ने वही बोतल लड़के के मुंह लगा दी. लड़का छटपटाया. लेकिन कुछ बूंदें उस के मुंह में चली गईं. लड़के ने किसी तरह बोतल से मुंह हटा कर हांफते हुए कहा, ‘‘पेशाब क्यों पिला रहे हो?’’

‘‘यह क्या हैवानियत है?’’ अधेड़ ने कहा.

उस आदमी ने अधेड़ को एक ठोकर मारी. वह दर्द से बिलबिला उठा. इस के बाद लड़के को उसी तरह ठोकर मार कर बोला, ‘‘दुष्कर्म करने के बाद रोतीगिड़गिड़ाती लड़कियों को तुम यही पिलाते थे न?’’

‘‘लेकिन मैं तो अपने अपराध की सजा काट चुका हूं. ’’ महिला की आवाज सुन कर अधेड़ गिड़गिड़ाया.

‘‘तभी तो 50 की उम्र में 60 के लग रहे हो खुशाल.’’ उस महिला ने कहा.

अपना नाम सुन कर खुशाल ने पूछा, ‘‘कौन हो तुम?’’

‘‘पहले यह पूछो कि यह लड़का कौन है? जानते हो इसे?’’ लबादे से ढकी औरत ने चीख कर पूछा.

‘‘नहीं, इस से मेरा क्या वास्ता?’’ खुशाल ने लड़के की तरफ अजनबी निगाहों से देखते हुए कहा.

‘‘यह वही लड़का है, जिस के मातापिता अस्पताल जाते समय तुम्हें अपना भाई और इस का चाचा समझ कर इसे तुम्हारे पास छोड़ जाते थे और तुम इस के गले में अपने गोदाम का, जहां तुम काम करते थे, पता लटका कर गर्ल्स हौस्टल, वर्किंग वुमेन हौस्टल, गर्ल्स स्कूल या कालेज के पास छोड़ देते थे. जब कोई लड़की या महिला अपनी नारी सुलभ आदत की वजह से इसे तुम्हारे पास पहुंचाने जाती थी तो तुम अपने नीच दोस्तों के साथ इस मासूम बच्चे के सामने उस के साथ दुष्कर्म करते थे.

‘‘तुम्हारी हरकतों की वजह से इस का दिमाग इतना विकृत हो गया कि यह डाक्टर, इंजीनियर बनने के बजाय दुष्कर्मी बन गया. तुम ने इस के मातापिता से उन का बेटा छीन लिया, इस का पूरा भविष्य छीन लिया. जानते हो इस ने क्या किया है? जवानी की दहलीज पर कदम रखते ही इस ने अपनी रिश्ते की बहन के साथ वही किया, जो तूने इसे सिखाया था. इस के मातापिता ने शरम से आत्महत्या कर ली.

‘‘कानून ने तुझे सिर्फ एक दुष्कर्म की सजा दी है. इस के मातापिता को आत्महत्या के लिए विवश करने की सजा और इसे दुष्कर्मी बनाने की सजा तो अभी बाकी है. जिन लड़कियों के साथ तूने दुष्कर्म किया था, बता सकता है उन का क्या हुआ था?’’ इतना कह कर उस औरत ने रिवाल्वर निकाला और खुशाल के दाएं पैर पर गोली मार दी. खुशल दर्द से चीख पड़ा. उस के पैर से खून बहने लगा.

‘‘बताता हूं…बताता हूं. मुझे मत मारो. मैं सब बताता हूं. एक लड़की ने आत्महत्या कर ली थी, दूसरी जबरदस्ती करते ज्यादा चोट लगने से मर गई थी. तीसरी ने केस किया. लेकिन कोर्ट से मेरे बाइज्जत बरी होने के बाद उसे ऐसा सदमा लगा कि वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठी. सुना है पागलखाने में है. लेकिन तुम कौन हो?’’

लड़का अधेड़ को जलती नजरों से इस तरह देख रहा था, जैसे वह उस का अपराधी हो. अपराधी था भी. वह अपने बचाव के लिए गिड़गिड़ाने लगा, ‘‘मुझे माफ कर दो. मुझे दुष्कर्मी बनाने में इस का हाथ है. फिर मेरे ऊपर तो मुकदमा चल रहा है. सजा तो होनी ही है. हम जैसे पापियों के लिए जेल की कोठरी ही ठीक है.’’

इसी के साथ एक और गोली चली. इस बार लड़के की चीख निकली. गोली चलाने वाली औरत ने कहा, ‘‘कमीने, जेल की कोठरी तेरे लिए कुछ नहीं है. जेल इंसानों के लिए है. तुम जैसे राक्षसों के लिए तो मौत ही उचित सजा है.’’

‘‘मुझे पानी पिला दो.’’ लड़के ने कहा.

‘‘तुम औरतों, मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म करो और पानी मांगने पर उन्हें पेशाब पिलाओ. अब समझ में आई पानी की कीमत? अब मैं तुम्हें दुष्कर्म की पीड़ा बताऊंगी.’’

तभी 2 लोग और आ गए. वे भी उसी तरह लबादे से ढके थे. उन में से एक के हाथ में लोहे की मोटी रौड थी तो दूसरे के हाथ में तलवार. उन्हें देख कर लड़के ने पूछा, ‘‘ये लोग कौन हैं?’’

‘‘हम कोई भी हों, तुम जैसों के लिए मात्र मांस का टुकड़ा हैं. तुम्हें क्या फर्क पड़ता है कि हम किसी की मां हैं, बहन हैं या पत्नी हैं. तुम्हें तो सिर्फ औरतों की चीखें सुनने में मजा आता है. आज देखते हैं, तुम कितना दर्द बरदाश्त कर पाते हो?’’

‘‘नहीं, हमें माफ कर दो. गोली मार दो, लेकिन हमें तड़पातड़पा कर मत मारो.’’ दोनों एक साथ गिड़गिड़ाए.

‘‘तुम्हें उस दर्द का अहसास कराना जरूरी है. तुम्हें नपुंसक बना कर छोड़ देना ही तुम्हारे लिए उचित सजा है.’’

‘‘मेरी बच्चियों, मेरी बात सुनो. मैं मरने से नहीं डरता. हत्यारे को अपनी हत्या से डरना भी नहीं चाहिए. मेरी उम्र 50 साल है और ज्यादा से ज्यादा 10-5 साल और जिऊंगा. तुम लोगों को इस पापी देह के साथ जो करना है, करो. लेकिन पहले मेरी बात सुन लो.’’

‘‘अभी भी कुछ कहना बाकी है?’’ तीनों में से एक ने कहा. वह पुरुष था.

‘‘हां, बहुत कुछ कहना है. लेकिन अपनी जान बचाने के लिए नहीं. मैं नहीं जानता कि तुम लोग कौन हो. मैं यह जानना भी नहीं चाहता. इस बच्चे को मैं ने अपने पाप के लिए इस्तेमाल किया. तब मैं ने सोचा भी नहीं था कि मेरे कर्मों का इस पर क्या दुष्प्रभाव पड़ेगा. उसी तरह मेरे दुष्कर्मी होने में मात्र मेरा पुरुष होना ही नहीं है. इस के पीछे समाज की वे गंदगियां हैं, जो हमारे मस्तिष्क को विकृत करती हैं.

‘‘मैं केवल सिनेमा, साहित्य या इंटरनेट को ही इस का दोष नहीं दूंगा. क्योंकि इस का असर कोमल मस्तिष्क पर तो पड़ सकता है, मुझ जैसे थके दिमाग वालों पर नहीं. लेकिन मैं कितनी भी वजहें गिना दूं, इस से मेरे अपराध कम नहीं होंगे. दुष्कर्म पहले भी होते थे. हर ताकतवर ने कमजोर की स्त्री के साथ मौका मिलते ही दुष्कर्म किया. लेकिन अभी जो बाढ़ सी आ गई है, यह समाज में फैला प्रदूषण है.

‘‘स्त्रियों को सम्मान की दृष्टि से न देखना, यह पुरुष प्रधान समाज की देन है. पुरुष औरतों को तुच्छ और कमजोर समझते हैं. जो दंड आप लोग हमें आज दे रहे हैं, अगर यही पहले ही स्त्रियां देना शुरू कर देतीं तो शायद आज यह स्थिति न आती. कोई जवाब देने वाला ही नहीं होगा तो हमला करने वाला कैसे पीछे हटेगा.’’

‘‘यही बकवास सुनानी थी तुम्हें?’’ तीनों में से एक ने पूछा.

‘‘मैं बकवास नहीं कर रहा. मैं मां के पेट से ही दुष्कर्मी बन कर पैदा नहीं हुआ और मेरी हत्या के बाद दुष्कर्म बंद भी नहीं हो जाएंगे. क्या इस में सारा दोष हम मर्दों का ही है? तुम स्त्रियों का कोई दोष नहीं है? क्यों नहीं दिया संसार के पहले दुष्कर्मी को सजा, क्यों सहती रही यह सब, क्यों सृष्टि के आरंभ से ही अबला बनी रहीं, क्यों नहीं दिया उसी समय जवाब?

‘‘तुम्हारी कायरता और कमजोरी की ही वजह से समाज को नियम बनाने पडे़. कानून को स्वयं कठोर बनना पड़ा. आज भी समाज और कानून के भरोसे बैठी हैं औरतें. अकेले नहीं, संगठित हो कर तो हमला कर सकती थीं. जो हालात शुरू में थे, आज वही इतने बिगड़ गए हैं कि दुष्कर्म खत्म करने के लिए आधे से अधिक पुरुषों को मृत्युदंड देना होगा. आप लोगों की कमजोरी की वजह से ही आप लोगों का शोषण होता रहा. सजा ही देनी है तो उन औरतों को भी दो, जो सभ्यता की शुरुआत से यह सब सहती आ रही हैं.’’

‘‘ऐसा नहीं है, जबजब औरतों पर अत्याचार हुए हैं, तबतब विनाश हुआ है. मर्दों को अगर प्रकृति ने शारीरिक रूप से अधिक ताकतवर बनाया है तो स्त्रियों को भी दूसरी शक्तियां दी हैं. प्रकृति किसी के साथ अत्याचार नहीं करती. फूल नाजुक है तो क्या हुआ, खूशबू बिखेरता है, उद्यान की शोभा बढ़ाता है. अगर कोई दुष्ट उसे मसल दे तो इस में फूल का क्या दोष?’’ सब से पहले आई महिला ने कहा.

‘‘एक स्त्री पूरे समाज को प्रभावित करती है. अगर यह ज्यादा है तो कम से कम एक परिवार को तो प्रभावित करती ही है. मकान को घर बनाने वाली स्त्रियां अगर घर को मकान बना दें या बाजार बना दें तो क्या उस घरपरिवार के पुरुष श्रेष्ठ हो सकते हैं?’’

खुशाल की यह बात सुन कर उन तीनों में जो पुरुष था, उस ने कहा, ‘‘खत्म करो इसे. इसी की वजह से मेरी बेटी पागलखाने में मरी थी. यह दुष्कर्मी है. हत्यारा है मेरी बेटी का. डाक्टर होते हुए भी मैं अपनी बेटी को नहीं बचा सका. इस के जुल्म के आगे मेरी चिकित्सा हार गई.’’

खुशाल समझ गया कि यह डाक्टर उसी लड़की का बाप है, जिस के साथ उस ने दुष्कर्म किया था. उसे सजा न होने पर वह लड़की पागल हो गई थी. इस के अनुसार अब वह मर चुकी है. उस ने कहा, ‘‘मेरी मां मेरे पिता की गैरहाजिरी में एक आदमी को बुला कर उस के साथ कमरे में बंद हो जाती थी. एक दिन मेरे चाचा ने उसे देख लिया तो उस ने पिता के सामने रोते हुए चाचा पर दुष्कर्म का झूठा आरोप लगा कर उन्हें जेल भिजवा दिया.

‘‘जमानत पर वापस आ कर जब समाज ने, परिवार ने चाचा को प्रताडि़त किया तो उन्होंने आत्महत्या कर ली. जब मेरे पिता ने अपनी आंखों से मां को गैरमर्द के साथ देख लिया तो मां ने अपने प्रेमी के साथ मिल कर उन की हत्या कर दी. बाद में पकड़ी गई और जेल चली गई. मां की इस हरकत से मुझे सारी स्त्रियां हत्यारिन और कामलोलुप नजर आने लगीं.

‘‘बड़े होने पर मेरा विवाह हुआ. मेरे साथ भी वही हुआ, जो मेरे पिता के साथ हुआ था. किसी गैर मर्द की संगत की वजह से मेरी पत्नी ने मुझ पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगा कर जेल भिजवा दिया और खुद अपने आशिक के साथ रंगरलियां मनाती रही. मैं जमानत पर जेल से बाहर आया तो मुझ से तलाक ले लिया. बस उसी के बाद से मैं ने औरतों को अपमानित करना शुरू कर दिया.’’

‘‘इस का मतलब यह हुआ कि तुम 2 औरतों के किए का बदला सारी स्त्री जाति से लेना चाहते थे?’’ लड़की ने पूछा.

लड़की की बात का जवाब देने के बजाय खुशाल ने डाक्टर से कहा, ‘‘डाक्टर साहब, पढ़ेलिखे हो कर आप भी गैरकानूनी काम कर रहे हैं. आप गुस्से में विकृत हो चुके हैं. मेरा भी मनमस्तिष्क विकृत हो चुका है. आप भले मुझे गोली मार दें, लेकिन इस बात से इनकार नहीं कर सकते कि मेरे दुष्कर्मी होने के पीछे औरतों का हाथ था. बेवफाई और बेहयाई ने मुझे ऐसा बनाया. इस की छाप मेरे मस्तिष्क पर बचपन से पड़ चुकी थी.’’

तीनों में से महिला ने अपना चोंगा उतार फेंका. उस की उम्र 60 साल के आसपास थी. उस ने कहा, ‘‘तुम्हारी बातों से मैं कुछ हद तक सहमत हूं. मैं ने भी अपनी मां की वजह से पिता को तिलतिल मरते देखा था. परिवार की वजह से मैं स्वयं भी काफी समय तक अवसाद में रही. लेकिन मैं ने खुद को संभाला, पढ़ाई की और डाक्टर बन गई. एक बेटी को जन्म दिया, जिसे तुम ने मौत के मुंह में धकेल दिया. तुम्हें अतीत ने विकृत किया, इस की वजह से तुम्हारे अपराध कम नहीं हो सकते. उन्हें माफ भी नहीं किया जा सकता.’’

इस के बाद खुद को डाक्टर कहने वाले ने भी अपना चोंगा उतार दिया. वह उस महिला का पति था. बेटी के साथ हुए अत्याचार का बदला लेने के लिए उन्होंने खुशाल के रिहा होने का इंतजार किया था. उस के जेल से बाहर आते ही वे उस का अपहरण कर के यहां ले आए थे. उस ने कहा, ‘‘एक डाक्टर होने के नाते मुझे पता है, तुम्हें दंड की नहीं, इलाज की जरूरत है. लेकिन तुम ने मेरी बेटी के साथ जो जुल्म किए हैं, मैं उन्हें बिलकुल नहीं भूल सकता.’’

‘‘गोली मार कर अपने बदले की आग बुझा लीजिए डाक्टर साहब.  मैं भी अपने इस जीवन से ऊब चुका हूं. इस से मैं भी छुटकारा पाना चाहता हूं.’’

‘‘मुझे लगता है, तुम्हारा जिंदा रहना ही तुम्हारे लिए सब से बड़ी सजा है.’’ डाक्टर की पत्नी ने कहा, ‘‘अगर हम ने तुम्हें इस तरह बेरहमी से मार दिया तो तुम में और हम में अंतर ही क्या रह जाएगा.’’

उन दोनों की इस बात से दुखी हो कर उन के साथ आई लड़की ने कहा, ‘‘इन्हें इस तरह छोड़ने के लिए हम ने इतनी मेहनत नहीं की है? इन्हें छोड़ दिया गया तो ये फिर वही करेंगे. इसलिए इन्हें मार देना ही ठीक है.’’

दर्द से बिलबिला रहे लड़के ने कहा, ‘‘तुम लोगों का दुश्मन तो खुशाल है, फिर मुझे क्यों बांध रखा है. इसी की वजह से मेरा जीवन नरक हुआ है. इसे मार दो और मुझे छोड़ दो.’’

‘‘नाबालिग होने की वजह से जिस दुष्कर्म के जुर्म में तुम रिहा हो गए थे, वह जुर्म रिहाई के योग्य नहीं था. कानून की नजर में तुम भले नाबालिग थे, लेकिन अपराध की दृष्टि से नहीं.’’ लड़की ने उस की ओर रिवाल्वर तान कर कहा.

‘‘दीदी…’’ लड़के ने कांपती आवाज में कहा.

‘‘मत कहो मुझे दीदी. तू भाई के नाम पर कलंक है. तुझ से बदला लेने के लिए ये लोग यह सोच कर मेरी तलाश कर रहे थे कि जैसा भाई ने किया है, वैसा ही उस की बहन के साथ किया जाए. शुक्र था कि पिता के मित्र होने के नाते ये मुझे अपने घर ले गए, वरना मेरा भी वही हाल होता, जो तूने अपने दोस्तों के साथ मिल कर मासूम लड़कियों के साथ किया था. तब तुम यह भी भूल गए थे कि तुम्हारी भी एक बहन है. तू भी किसी का भाई है. वे लड़कियां भी किसी की बहनें थीं. उन का भी भाई रहा होगा. तेरे जैसे हैवान किसी के भाई नहीं हो सकते. मौका मिलता तो तू मुझे भी नहीं छोड़ता.’’

‘‘बस करो दीदी,’’ लड़का चीखा, ‘‘मुझे मार दो, लेकिन इस तरह शर्मिंदा मत करो. मैं भी जीना नहीं चाहता. मैं भाई के नाम पर कलंक हूं. मैं नशे में होश खो बैठता था.’’

‘‘अब अपनी करनी का दोष शराब को दे रहा है.’’ लड़की ने कहा. उस की सहेली के साथ उस के इस भाई ने अपने दोस्तों के साथ मिल कर क्रूरतम कांड किया था.

‘‘नीलेश, अब मैं तेरी बहन नहीं, मौत हूं.’’

‘‘हां सुरभि, मुझे मार दो. मौत ही अब मेरी मुक्ति का उपाय है.’’ नीलेश ने कहा,’’ लेकिन कोशिश करना कि कानूनी, गैरकानूनी रूप से चलने वाला नशे का व्यापार बंद हो जाए, क्योंकि नशे में आदमी अपना होश खो बैठता है.’’

‘‘तुम खुद बताओ,’’ डाक्टर ने कहा, ‘‘एक बलात्कारी की सजा क्या होनी चाहिए? क्या उसे नपुंसक बना देना चाहिए?’’

‘‘आप चाहें तो बना सकते है डाक्टर साहब. लेकिन इस से तो आदमी और भी विकृत हो जाएगा. वह महिलाओं का खूंखार हत्यारा हो जाएगा.’’ खुशाल ने कहा.

‘‘तो आजीवन कारावास उचित रहेगा?’’ डाक्टर की पत्नी ने पूछा.

‘‘लेकिन डाक्टर साहब, आप उन लोगों के बारे में सोचिए, जिन पर झूठे आरोप लगा कर जीवन भर जेल में सड़ने के लिए छोड़ दिया जाता है. यह उन के साथ अत्याचार नहीं होगा, मैं ने 10 साल जेल में बिताए हैं. वहां आधे से अधिक लोग झूठे आरोपो में सजा काट रहे हैं, तमाम लोगों की न जाने कितने दिनों से सुनवाई चल रही है.’’

‘‘तो क्या दुष्कर्मियों को छोड़ दिया जाए?’’ सुरभि ने पूछा.

‘‘एक स्वस्थ समाज, जिस में न कोई नशीले पदार्थ का सेवन करता हो, न मानसिक रूप से विकृत हो, वहां दुष्कर्म के लिए जो भी सजा दी जाए, कम है.’’ खुशाल ने कहा तो जवाब में सुरभि बोली, ‘‘ऐसा व्यक्ति दुष्कर्म करेगा ही क्यों, जो नशा भी न करे और विकृत भी न हो.’’

‘‘वही तो मैं भी कह रहा हूं कि दुष्कर्म के पीछे दुष्कर्मी की शारीरिक, मानसिक और सामाजिक परिस्थितियों को देखना जरूरी है.’’

‘‘ऐसे भी लोग हैं, जो नशा नहीं करते, विकृत होने के कोई कारण भी नहीं हैं, फिर भी दुष्कर्म करते हैं.’’ सुरभि ने कहा.

‘‘ऐसे ही लोग दुष्कर्म के सही आरोपी हैं, जो अपनी हवस शांत करने के लिए छोटे बच्चों, कमउम्र की बच्चियों को बहलाफुसला कर उन के साथ संबंध बनाते हैं. ऐसे लोग समाज को गंदा कर रहे हैं. अपनी यौन पिपासा मिटाने के लिए अपनी मर्यादा को लांघते हैं. इन में स्त्रियां भी हैं.’’ खुशाल ने कहा.

‘‘तो तुम लोगों को छोड़ दिया जाए, यही चाहते हो न तुम लोग?’’ सुरभि ने कहा, ‘‘तुम अपराधी नहीं हो, तुम यही कहना चाहते हो न?’’

नीलेश ने नजरें नीची कर के कहा, ‘‘नहीं दीदी, मुझे मौत चाहिए.’’

‘‘बेटी,’’ डाक्टर ने कहा, ‘‘इन के किए की सजा इन्हें कानून देगा. हम क्यों अपने हाथ खून से रंगे. चलो, ये तो वैसे भी मरे और बीमार लोग हैं.’’

डाक्टर की पत्नी ने कहा, ‘‘चलो बेटी, इन्हें अनदेखा करना, इन से सावधान रहना और इन से कोई रिश्ता मत रखना. इन्हें अपने से अलग कर देना ही इन के लिए उचित सजा है. शर्म होगी तो खुद मुंह छिपाते हुए मर जाएंगें.’’

‘‘लेकिन मैं इन्हें मार देना चाहती हूं. ये दुष्कर्मी और हत्यारे हैं’’ सुरभि गुस्से में  चीखी.

‘‘किसी को योजनाबद्ध तरीके से जाल में फांस कर उन के साथ अत्याचार कर के मार देना विकृत और अपराधी किस्म के लोगों का काम है. जान लेना कोई बड़ा काम नहीं, यह काम कायर करते हैं. बेटी, हम सभ्य समाज के सभ्य लोग हैं. हमारा काम जान बचाना है, लेना नहीं.’’

इस के बाद डाक्टर और उन की पत्नी ने दोनों को पानी पिलाया. डाक्टर की पत्नी ने कहा, ‘‘जिस बच्चे को हम अपने गर्भ में पालते हैं, सीने का दूध पिला कर पालते हैं, वही बड़ा हो कर हम से ताकत दिखा कर खुद को मर्द साबित करना चाहता है. हमें प्रकृति ने कोमल और नाजुक इसलिए बनाया है, ताकि बच्चों को गर्भ का बिछौना और पोषण के लिए भोजन मिल सके. लेकिन तुम जैसे लोगों की समझ में यह बात नहीं आएगी.’’

दोनों के पैरों को बंधा छोड़ कर डाक्टर ने कहा, ‘‘मैं तुम लोगों को माफ करता हूं.’’

इस के बाद डाक्टर ने दोनों के हाथों के बंधन इतने ढीले कर दिए कि उन के जाने के बाद वे थोड़ी मेहनत के बाद स्वयं को बंधन मुक्त कर सकें.

‘‘ये क्षमा या दया के योग्य नहीं, वध के योग्य हैं.’’ सुरभि ने कहा.

‘‘नहीं बेटी, हम इन के जैसे घिनौने और विकृत नहीं है.’’ डाक्टर ने सुरभि के हाथ से पिस्तौल ले कर फेंकते हुए कहा. इस के बाद पत्नी और सुरभि को ले कर बाहर आ गए. अपनी कार स्टार्ट की और चले गए.

उन के जाने के बाद कोशिश कर के नीलेश और खुशाल ने खुद को बंधन मुक्त किया और थकेहारे वहीं बैठे रहे. शर्म और ग्लानि उन के चेहरे पर स्पष्ट झलक रही थी. पिस्तौल, तलवार, रौड वहीं पड़ी हुई थी.

‘‘मैं जीना नहीं चाहता’’ नीलेश ने कहा, ‘‘तुम्हारी वजह से मेरी जिंदगी बरबाद हुई है.’’

‘‘अब मैं भी नहीं जीना चाहता.’’ खुशाल ने कहा.

कुछ देर दोनों खामोश बैठे रहे. उस के बाद खुशाल ने कहा, ‘‘सोचा तो था कि जेल से बाहर आने के बाद नई जिंदगी शुरू करूंगा. लेकिन अब पता चला कि हमें जीने का कोई अधिकार नहीं है. हम जीने लायक नहीं हैं.’’

‘‘हम इतने गिर चुके हैं कि किसी को मुंह दिखाने लायक नहीं हैं. जिस की बहन ही अपने भाई पर भरोसा न करे, जो खुद से नजरे न मिला सके, ऐसे में जीने से मर जाना ही ठीक है. कितना अच्छा होता वे मुझे मार देते.’’ नीलेश ने कहा..

‘‘मैं खुद को उसी तरह सजा दे कर अपने पापों से मुक्त होना चाहता हूं.’’ खुशाल ने कहा और वहां पड़ी लोहे की रौड एवं तलवार उठाई. लेकिन आगे की बात सोच कर उस का दिल कांप उठा.

‘‘मैं भी स्वयं को वही सजा देना चाहता हूं, जो मैं ने लड़कियों को दी है.’’ नीलेश ने कहा तो खुशाल ने तलवार और रौड नीलेश की ओर फेंक कर कहा, ‘‘यह लो, लेकिन हम में इतना साहस नहीं है कि हम स्वयं को उसी तरह बेरहमी से दंडित कर सकें.’’

नीलेश तलवार ले कर काफी देर तक सोचता रहा. उस के बाद तलवार फेंक कर बोला, ‘‘मैं कायर और डरपोक हूं.’’

‘‘काश! हम ने किसी लड़की को समझा होता?’’ खुशाल ने रोते हुए कहा.

‘‘लेकिन मैं खुद को जरूर सजा दूंगा. स्वस्थ समाज के लिए मेरा मर जाना ही ठीक है.’’ पास पड़ी पिस्तौल उठा कर कनपटी पर लगाते हुए नीलेश ने कहा.

‘‘मैं बूढ़ा हूं. मुझे मर जाने दो. तुम्हारा जीवन तो अभी शुरू हुआ है. तुम में सुधार की गुंजाइश है. अगर तुम ठान लो तो बेहतर नागरिक बन सकते हो.’’ खुशाल ने नीलेश को समझाते हुए कहा.

‘‘क्या पता मेरा विकृत मन अपने दोस्तों के साथ नशा कर के फिर कोई नीच हरकत कर बैठे. उस के बाद तीनों को अपनी उदारता पर पश्चाताप होगा. इस के बाद वे फिर कभी किसी को और स्वयं को माफ नहीं कर सकेंगे.’’

इस के बाद धांय की आवाज हुई और नीलेश जमीन पर गिर कर छटपटाने लगा. इस के बाद खुशाल ने वही पिस्तौल उठा कर अपनी कनपटी पर लगाई. उसे उन तमाम लड़कियों की चीखें, कराहें सुनाई दीं, जिन के साथ उस ने दुष्कर्म किया था. वह मन ही मन बड़बड़ाया, ‘‘मेरे पापों के लिए इस से आसान मौत दूसरी नहीं हो सकती. हम तो इस लायक हैं कि हमारे शरीर में लोहे की रौड डाली जाए. हमारा गुप्तांग काट कर हमें हिजड़ों की जमात में भेज दिया जाए. लेकिन मैं खुद के लिए आसान सजा का चुनाव कर रहा हूं.’’

इस के बाद एक गोली और चली. उसी के साथ खुशाल का शरीर एक ओर लुढ़क गया. शायद यही उन के किए की सजा थी.Crime Fiction in Hindi