Hindi Crime Story: दिल दौलत और दगाबाज दोस्त

Hindi Crime Story: टेड सैंडी को दिल से प्यार करता था जबकि सैंडी को उस की दौलत से प्यार था. इस में जब टेड का दोस्त रिक भी सैंडी के साथ मिल गया तो दोनों ने टेड की दौलत के लिए उसे ठिकाने लगा दिया.

उत्तरी अमेरिका के शहर लास वेगास को दुनिया का फन सिटी माना जाता है. वहां चौबीसों घंटे जुआ खेला जाता है, इसलिए वहां जुआ खेलने वालों का जमघट लगा रहता है. यहां सिर्फ जुआ ही नहीं खेला जाता सैक्स और फैशनेबल कपड़ों का भी व्यापार होता है. इस की वजह से यहां अपराधी भी बहुत हैं. यहां रातदिन टौपलेस लड़कियों के डांस शो और शराब के साथ जुआ चलता रहता है. इस शहर की रौनक सालोंसाल से ज्यों की त्यों बनी है. कसीनो में डूबी रातों, स्पा बाथ के जलवे और सैक्स का मजा लूटने यहां तमाम पर्यटक आते हैं.

कसीनो में पैसे वाले लोग हजारोंलाखों रुपयों की बाजियों में डूबे रहते हैं. एक तरफ बाजी जीतने वाले को खुशी होती है तो दूसरी ओर हजारोंलाखों हारने वाले पर भी ‘जीत’ का नशा छाया रहता है. कसीनो का मायाजाल ही ऐसा होता है कि हारने का भी गम नहीं होता. वह इसी उम्मीद में रहता है कि कभी उस का भी समय आ सकता है. 17 सितंबर, 1996 की रात निवेडा वैली पर काले बादलों का ऐसा साया मंडराया, जो कभी फीका नहीं पड़ा. निवेडा वासियों के दिल में अब घोड़ों, जुआ और लड़कियों के शौकीन टेड बिनियन की सिर्फ यादें ही रह गई हैं.

स्मार्ट, गणित में माहिर और बेशुमार दौलत का मालिक. टेड के पास इतनी दौलत थी कि नोट गिनने वाली मशीन भी थक जाए. खतरों से खेलने वाला, मौत से न डरने वाला, टेड आखिर में मारा गया. जो दौलत उसे जान से प्यारी थी, उसी दौलत की वजह से उसे जान गंवानी पड़ी. टेड बिनियन लड़कियों का भी खूब शौकीन था. उसे हर रोज एक नई लड़की की तलाश होती थी. पैसा उस के पास था ही, इसलिए हर रात उसे नई लड़की आसानी से मिल जाती थी. उस रात वह लड़की की ही तलाश में चिताह क्लब पहुंचा तो वहां उस की मुलाकात साथ वाली टेबल पर बैठी सैंडी मर्फी से हुई.

टेड बारबार उसी की ओर देख रहा था. उस के इस तरह देखने से सैंडी को अंदाजा हो गया कि वह क्या चाहता है. सैंडी को पता था कि टेड अरबपति है. टेड ने सैंडी को अपनी तरफ खींचने की बहुत कोशिश की, लेकिन उस ने भाव नहीं दिया. तब उस ने उसे नोटों की गड्डी दिखाई. लेकिन सैंडी ने उसे लौटाते हुए कहा, ‘‘तुम ने मुझे समझा क्या है? तुम्हें क्या लगता है कि पैसे ले कर मैं तुम्हारे साथ चल दूंगी.’’

टेड ने सोचा था कि सैंडी भी अन्य लड़कियों की तरह होगी, लेकिन वह वैसी नहीं थी. जबकि यह उस की एक अदा थी, जिस की बदौलत वह टेड को अपनी ओर आकर्षित करने में कामयाब हो गई थी. उस के इस अंदाज से टेड अंदर तक घायल हो गया था. लड़कियों को सिर्फ मौजमस्ती की चीज समझने वाले टेड के दिल में सैंडी अपनी इस अदा से उतर गई थी. जबकि सही बात यह थी कि सैंडी पैसों की तलाश में ही कैलिफोर्निया से लास वेगास आई थी. वह पैसों के लिए क्लबों में टौपलेस डांस करती थी. सैंडी की यह अदा टेड के लिए दिखावा भर थी. वह टेड की अमीरी और खुले दिल से अनजान नहीं थी. वह खुद उसे अपनी ओर खींचना चाहती थी. जिस में वह कामयाब भी हो गई थी.

इस के बाद उन्हें मिलते देर नहीं लगी. उन की मुलाकातें होने लगीं. एक लंबे समय के बाद सैंडी को पता चला कि टेड ही उस कसीनो का मालिक है, जहां वह काम करती थी. 2 सप्ताह में ही सैंडी की जिंदगी बदल गई थी. टेड की पत्नी को जब पति और सैंडी के प्रेम के बारे में पता चला तो उस की पत्नी डौरिस अपनी 15 वर्षीया बेटी को ले कर चली गई. उस ने तलाक का मुकदमा करने में भी देर नहीं की. टेड शराब तो पीता ही था, पत्नी के जाने के बाद हेरोइन भी लेने लगा.

डोरिस के घर से जाते ही जो सैंडी पैसों की खातिर हर रात क्लबों में जिस्म दिखाने का नाच करती थी, वह अरबपति के घर की मालकिन बन गई. एक तरह से उस के हाथ सोने का अंडा देने वाली मुर्गी लग गई थी. लास वेगास ने उस की जिंदगी बदल दी थी. टेड सैंडी की अदाओं पर फिदा था. हर रात उस के साथ बाहर जा कर खाना खाता, कसीनो में जुआ खेलता और फिर रात भर सैंडी के साथ मजे लेता. यही उस की जिंदगी का नियम बन गया था.

सैंडी ने जिंदगी में जो चहा था, पा लिया था. अब टेड की बेशुमार दौलत सैंडी के हाथों में थी. उस की जिंदगी ने नया करवट तब लिया, जब उस की जिंदगी में टेबिश आया. रिक टेबिश लास वेगास सन 1991 में आया था. यहां उस ने अपनी ट्रांसपोर्ट कंपनी खोली थी. इस के बाद जल्दी ही उस की गिनती करोड़पतियों में होने लगी थी. पिएरो रेस्टोरेंट के रौसलेट में रिक की मुलाकात टेड से हुई तो जल्दी ही दोनों गहरे दोस्त बन गए. एक दिन टेड रिक को अपने घर ले गया तो वहां उस ने उसे सैंडी से मिलवाया. इस के बाद अक्सर तीनों की मुलाकातें होने लगीं.

टेड बिनियन अपने कारोबार में व्यस्त रहता था, जिस की वजह से सैंडी का झुकाव रिक की ओर हो गया. वह उस के साथ शौपिंग पर भी जाने लगी. इस तरह दोनों करीब आते गए. इस के बाद एक शाम जब दोनों घर में अकेले थे तो सैंडी ने कहा, ‘‘रिक, क्या तुम्हें नहीं लगता कि हमारे बीच अपनापन इस हद तक बढ़ गया है कि अब इसे रिश्ते का नाम दे दिया जाना चाहिए.’’

‘‘कैसा रिश्ता?’’ रिक ने पूछा.

‘‘प्यार का रिश्ता,’’ सैंडी ने कहा, ‘‘तुम्हारे साथ होने पर दिल में कुछकुछ होने लगता है. सच कहूं, मेरा दिल बिलकुल खाली है. टेड को तो मेरे दिल ने सिर्फ नाम का पति माना है. उस बूढ़े में इतनी ताकत कहां है कि उसे पूरी तरह से पति मान लिया जाए. वह शरीर में आग तो लगा देता है, लेकिन बुझाना उस के वश की बात नहीं है.’’

रिक उस के कहने का मतलब समझ गया था. वह तो वैसे ही सैंडी पर फिदा था. इस तरह खुले आमंत्रण पर भला कैसे खुद को रोक पाता. उस ने सैंडी को बाहों में भर लिया. इस का नतीजा यह रहा कि दोनों के बीच जिस्मानी दूरी खत्म होते देर नहीं लगी. दोनों एकांत के साथी बने तो हर छोटीबड़ी बातों के भी राजदार बन गए. इस सब से बेखबर टेड का भी रिक पर विश्वास बढ़ता गया. यही वजह थी कि एक दिन टेड ने उस से पार्किंग के नीचे बने बेसमेंट में दबी चांदी के सिक्कों की बोरियों को कहीं दूसरी जगह ले जाने के बारे में सलाह मांगी. क्योंकि टेड अपनी बहन की दखलंदाजी से परेशान था. वह उस की दौलत हड़पना चाहती थी.

इस के बाद रिक की सलाह पर टेड ने चांदी के सिक्कों से भरी बोरियां लास वेगास से 60 किलोमीटर दूर एक छोटे से गांव पाहरूपम पहुंचा दी. टेड ने वहां जमीन खरीद कर इंजीनियर्स ग्रुप की मदद से एक तहखाना बनवाया था और उसी में अपनी दौलत रखवा दी थी. 17 सितंबर, 1998 की रात लास वेगास के मेट्रोपैलिटन डिपार्टमेंट में एक फोन आया, जिस में एक औरत कह रही थी कि उस के पति की तबीयत बहुत खराब है. उन्होंने सांस लेना बंद कर दिया है.

उस ने घर का पता बताया था 2406, पोलोकिनो लेन. यह टेड बिनियन का घर था. वह फोन सैंडी ने किया था. थोड़ी देर में घर के बाहर 3 जीपें आ कर रुकीं. इसी के साथ डाक्टरों की 2 टीमों के साथ पुलिस वालों की लाइन लग गई. भीतर से सैंडी चिल्लाई,  ‘‘आप लोग इन्हें बचा लो, यह मर जाएंगे, इन की सांस रुक गई है.’’

एक डाक्टर उसे चुप कराने लगा तो बाकी अंदर चले गए. रेंकल ने बाहर आ कर उस से पूछा, ‘‘आप कौन हैं?’’

‘‘मैं उन की बीवी हूं.’’ सैंडी बोली.

‘‘आप की पति से आखिरी बार कब मुलाकात हुई थी?’’

‘‘आज सुबह.’’

रेंकल सैंडी को वहीं छोड़ कर अंदर टेड के पास पहुंचा. उस की नब्ज टटोली तो रुक चुकी थी. शरीर एकदम ठंडा हो चुका था. साफ था टेड मर चुका था. सैंडी भी आ गई और टेड की लाश से लिपट कर रोने लगी. पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ कर अलग किया और सांत्वना दिया. टेड को जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. वहां सैंडी की तबीयत खराब हो गई तो उसे दवा दे कर सुला दिया गया. कुछ देर में रिक भी आ गया. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में उस ने बताया कि वह टेड और सैंडी दोनों का दोस्त है. वह कारोबार के सिलसिले में शहर से बाहर जा रहा था. टेड की मौत का पता चला तो एयरपोर्ट से सीधे अस्पताल आ गया.

पुलिस ने अनुमान लगाया कि कैसीनों का लाइसैंस न मिलने से टेड ने आत्महत्या की होगी. सैंडी ने बताया कि देर शाम उस ने टेड के हाथ में बंदूक देखी थी. चाह कर भी उसे नींद नहीं आ रही थी. परेशानी की वजह से उन्होंने हेरोइन की ज्यादा डोज ले ली होगी? जांच करने वाली टीम ने पाया कि टेड बिनियन की मौत आत्महत्या नहीं थी, बल्कि उसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई थी. जांच में उस के कमरे से जो एक्सानेक्स की शीशी मिली थी, उस की अधिक डोज देने से टेड तड़पतड़प कर एक कमरे से दूसरे कमरे में भटका होगा. कमरा बंद होने की वजह से छलांग लगाने का भी कोई रास्ता नहीं था. इस दवा के कारण उल्टी भी हुई होगी, जिसे साफ किया गया होगा.

यह अपराध काफी गहराई तक सोच कर किया गया था. टेड बिनियन की मौत के 2 दिनों बाद 19 सितंबर, 1998 पुलिस को सूचना मिली कि 2 बड़ेबड़े भरे हुए ट्रक पाहरूम से बाहर जाते हुए देखे गए हैं. उन दोनों ट्रकों में से एक को रिक टेबिश चला रहा है, जबकि दूसरे को उस का साथी डेविड मेटसन. दोनों ट्रकों को पीछा कर के पकड़ लिया गया. उस समय तो रिक बहाना कर के बच गया था. उस ने कहा था कि टेड बिनियन ने उसे ये ट्रक मि. एंथनी के पास पहुंचाने को कहा था. लेकिन आगे की जांच में सैंडी और रिक शक के दायरे में आ गए. इस के बाद 14 जून, 1999 को सैंडी मर्फी और रिक टेबिश को गिरफ्तार कर लिया गया.

पूछताछ में पता चला कि जिस रात टेड का कत्ल हुआ था, दोनों होटल पेनिनसुला में एक साथ दिखाई दिए थे. होटल का कमरा मिस्टर एंड मिसेज टेबिश के नाम से बुक कराया गया था. रात गुजारने के बाद दोनों सुबह वहां से एक साथ घर के लिए निकले थे. लेकिन उस समय सबूत न होने की वजह से वे छूट गए थे. करीब 4 सालों बाद अक्टूबर, 2004 में सैंडी मर्फी और रिक टेबिश को सबूतों के साथ पेशी के लिए कोर्ट में लाया गया, जहां दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. सैंडी ने माना कि उस ने टेड बिनियन के साथ शादी प्यार की वजह से नहीं, उस की दौलत की वजह से की थी. वह उस की दौलत हासिल करना चाहती थी. इस के बाद रिक उस की जिंदगी में आया तो दोनों ने शादी का फैसला कर लिया.

सैंडी की तरह रिक भी टेड की दौलत हड़पना चाहता था. सैंडी ने जब उस से टेड की दौलत हथिया कर शादी करने को कहा तो वह राजी हो गया. सैंडी जानती थी कि टेड हेरोइन के नशे का आदी है. इस के अलावा वह कई तरह की नशीली गोलियां भी खाता था. उस ने टेड को मारने के लिए इन्हीं चीजों का सहारा लेने का फैसला किया. रिक भी इस पर सहमत हो गया. घटना वाले दिन पहले दोनों ने दवा की हाई डोज दे कर टेड को मार दिया. उस के बाद दोनों ने जिस्मानी भूख मिटाई.

उन्होंने माना कि टेड बिनियन को जबरदस्ती 12 पैकेट हेरोइन खिलाई गई थी. उस के बाद एक्सानेक्स की 10 गोलियां उस के मुंह में ठूंस दी थी, ताकि उस की अरबों की दौलत के मालिक वे खुद बन सकें. दोनों के अपराध स्वीकार करने और सबूतों के आधार पर जज ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी. उम्रकैद की सजा मिलने के बाद सैंडी और रिक ने कई बार जमानत की अर्जी दी, लेकिन उन्हे खारिज कर दिया गया. 2 जनवरी, 2010 को फिर सैंडी ने उम्र का हवाला देते हुए जमानत की अर्जी दाखिल की कि अभी उस की उम्र ही क्या है, अपने किए की वह काफी सजा भुगत चुकी है, इसलिए उस के भविष्य को ध्यान में रख कर उसे जमानत दी जाए. लेकिन इस बार भी उसे जमानत नहीं मिल सकी. दोनों की उम्रकैद की सजा बरकरार है. यह प्रकरण इतना विख्यात हुआ था कि हौलीवुड में इस पर फिल्म बनी थी. Hindi Crime Story

Web Series: मिसेज देशपांडे – एक खूंखार सीरियल किलर

Web Series: इस वेब सीरीज में मिसेज देशपांडे का किरदार निभा रही माधुरी दीक्षित एक सीरियल किलर जीनत है, जो 25 सालों से जेल में बंद है, लेकिन इस के बाद भी शहर में पुराने तरीके से ही सीरियल मर्डर की घटनाएं हो रही हैं. इस नए सीरियल किलर को पकडऩे के लिए पुलिस जीनत को जेल से बाहर निकालती है. नकलची सीरियल किलर को पकडऩे में पुलिस कामयाब तो हो जाती है, लेकिन उस के द्वारा जीनत की ही तरह हत्याएं करने की जो कहानी सामने आती है, उसे सुन कर पुलिस अधिकारी ही नहीं, बल्कि जीनत तक चौंक जाती है, क्योंकि…

प्रोड्यूसर: एलाहा हेपतुल्ला, समीर नायर, दीपक सहगल, निर्देशक: नागेश कुकुनूर, लेखक: नागेश कुकुनूर, रोहित वनावलीकर, ओटीटी:जियो हौटस्टार

कलाकार: माधुरी दीक्षित, प्रियांशु चटर्जी, बहारुल इसलाम, सिद्धार्थ चांदेकर, दीक्षा जुनेजा, प्रदीप वेलंकर, निमिशा नायर, हार्दिक सोनी, जेबा हुसैन, जुबिन शाह, उमाकांत पाटिल, सुलक्षणा जोगलेकर, केविन दवे, जितेंद्र लाड, अंजलि जोगलेकर, असित चटर्जी, दीपाली घोरपडे, खुशी हजारे, अर्जुन पांडे, केनेथ देसाई आदि.

‘मिसेज देशपांडे’ एक मनोवैज्ञानिक क्राइम थ्रिलर सीरीज है, जिस में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिका में है. 6 एपिसोड की यह वेब सीरीज 19 दिसंबर, 2025 को जियो हौटस्टार पर प्रसारित हुई थी.

यह वेब सीरीज 1917 में आई फ्रेंच सीरीज ‘ला मांटे’ पर आधारित है. हर क्राइम थ्रिलर की ही तरह यह सीरीज भी सस्पेंस और मर्डर मिस्ट्री की परतें एकएक कर खोलती है. आखिर कैसी है इस क्राइम वेब सीरीज की कहानी और बाकी की चीजें, चलिए जानते हैं इस का सस्पेंस और इस का रिव्यू.

एपिसोड नंबर 1

पहले एपिसोड का नाम ‘टेक्स वन टू कैच वन’ रखा गया है. एपिसोड की शुरुआत में हम विराट मल्होत्रा (जुबिन शाह) को देखते हैं. उस ने किसी लड़की को अपने साथ रात बिताने के लिए फोन किया था, मगर वह नहीं आई. इस के बाद विराट अपने एक खास डीलर को फोन कर 2 रशियन लड़कियों को अपने कमरे में बुलाता है. विराट अब अपने कमरे में ड्रग्स का सेवन करने लगता है, तभी डोर बेल बजने पर जैसे ही विराट दरवाजा खोलता है तो एक नकाबपोश विराट पर हमला कर उस का गला एक चमकदार रस्सी से घोंट देता है. फिर उस की लाश शीशे के सामने रख कर वहां एक ट्रौफी रख कर भाग जाता है.

तभी वहां पर दोनों रशियन गर्ल आ जाती हैं. कमरे में विराट की लाश को देख कर वे डर जाती हैं. अब वहां पर उस केस को हैंडल करने इंसपेक्टर पल्लवी सोनवाने (सुलक्षणा जोगलेकर) आती है और पूछताछ व मौकामुआयना करने लगती है. थोड़ी ही देर में घटनास्थल पर मुंबई के पुलिस कमिश्नर अरुण खत्री (प्रियांशु चटर्जी) आ कर इंसपेक्टर पल्लवी से केस की जानकारी लेता है.

जब पुलिस कमिश्नर अरुण खत्री लाश के पास जाता है तो उसे कुछ साल पहले के केस याद आ जाते हैं, जिन में कातिल ने सभी केसों में लोगों को मार कर शीशे के सामने बिठा दिया था. उस के बाद पुलिस कमिश्नर सीधे हैदरावाद जेलर शकुंतला राव (अंजलि जोगलेकर) को फोन कर के जीनत (माधुरी दीक्षित) नामक कैदी के बारे में पूछताछ करता है तो जेलर शकुंतला बताती है कि जीनत तो जेल में ही है. अब जेलर शकुंतला जीनत को बुलाती है.

इस के बाद पुलिस कमिश्नर अरुण खत्री जीनत से मिलने हैदराबाद जेल जाता है, क्योंकि जीनत ने उन्हें मैसेज भेजा था कि वह पुलिस की मदद करना चाहती है. उन दोनों की बातचीत से पता चलता है कि आज से 25 साल पहले मिसेज सीमा देशपांडे ने पूरे 8 खून इसी पैटर्न पर किए थे. आठवें कत्ल में अरुण ने ही सीमा को गिरफ्तार किया था. बाकी 7 मर्डर स्वीकार करने के लिए सीमा ने यह शर्त रखी थी कि उस का नाम सीमा से बदल कर जीनत रख दिया जाए, जिसे स्वीकार कर उसे हैदराबाद जेल भेज दिया गया था.

अब जीनत यानी सीमा देशपांडे अरुण से कहती है कि ये नया खूनी मेरे ही पैटर्न पर मर्डर कर रहा है. यदि आप को इसे पकडऩा है तो आप को मुझे जेल से छुड़वाना होगा, तभी मैं इस नए सीरियल किलर को पकड़वा सकती हूं. पुलिस कमिश्नर अरुण खत्री डीजीपी महाराष्ट्र (शिवराज वालवेकर) को अपनी गारंटी पर सीमा को जेल से बाहर निकलवा देता है. इस के बाद हम एक आदमी को ड्रग्स माफिया से मिलते देखते हैं. तभी वहां पर पुलिस आ कर सब को गिरफ्तार कर लेती है.

असल में बौस से पैसे ले कर जाने वाला वह आदमी एसीपी तेजस फडके (सिद्धार्थ चांदेकर) था, जो वेश बदल कर ड्रग्स माफिया के ग्रुप में शामिल हो कर उन के पूरे गिरोह को पकडऩा चाहता था. पुलिस ने अभी रेड डाल कर उस के औपरेशन पर पानी फेर दिया था. इस के बाद अरुण खत्री सारी फाइलें तेजस को दे कर कहता है कि तुम ये सब ठीक तरह से पढ़ लो, आज के बाद तुम्हें ही यह केस हैंडल करना है.

अरुण एसीपी तेजस से कहता है कि अब हमें सीमा देशपांडे के साथ मिल कर इस नए सीरियल किलर को पकडऩा है, जो सीमा की तर्ज पर 3 मर्डर कर चुका है. इस के बाद हम तन्वी (दीक्षा जुनेजा) को देखते हैं, जो अपना एक सैलून अपनी बहन दिव्या (निमिशा नायर) के साथ चलाती है. तभी सैलून में तेजस आता है तो तन्वी उस से लिपट जाती है.

यहां पर अब पता चलता है कि तन्वी और तेजस पतिपत्नी हैं, लेकिन अपने पुलिस केस के सिलसिले में तेजस महीनों बाद ही अपनी पत्नी से मिल पाता है. इस के बाद अरुण खत्री के कहने पर एक घर को तैयार किया जाता है, जहां पर सीमा को रखा जा सके. सीमा ने 8 मर्डर किए थे, इसलिए उस की नई शिफ्टिंग के दौरान सभी पुलिस वाले भी काफी डरे हुए थे कि कहीं सीमा यहां से भाग न जाए.

अब सीमा देशपांडे अपने नए ठिकाने पर आ कर काफी खुश लग रही थी, साथ ही उस ने जो वस्तु जेल में पीसी थी, वह उसे अपने बैड के नीचे छिपा कर रख लेती है. अब सीमा से मिलने उस के नए ठिकाने पर कमिश्नर अरुण और जांच अधिकारी तेजस आते हैं. तेजस विराट मल्होत्रा की फोटो दिखाते हुए सीमा से पूछता है कि आप इस केस के बारे में बताइए, आप को क्या लगता है? अब अरुण और तेजस सीमा को क्राइम सीन पर ले कर आते हैं, वहां पर सीमा कहती है कि इस नए सीरियल किलर ने तो विराट मल्होत्रा के हाथ में एक ट्रौफी भी रखी है, जैसा मैं ने अपने तीसरे मर्डर में किया था.

सीमा आगे बताती है कि मेरी पूरी फाइल पढऩे के बाद ही किलर ने ये सब मर्डर करने शुरू कर दिए हैं. अरुण कहता है कि तुम्हारी वह फाइल अब तक केवल 6 लोगों ने ही पढ़ी है, इस पर सीमा कहती है कि उन्हीं 6 लोगों में से कोई अवश्य इस नए सीरियल किलर को जानता होगा. अगले दिन एसीपी तेजस कमिश्नर अरुण को बताता है कि उन 6 लोगों में से 3 लोग मर चुके हैं. एक जज है, जिन की उम्र अभी 75 साल की है.

उन्होंने बताया कि उन्होंने सीमा देशपांडे की फाइल जला ही डाली है. सर, अब आप और जेहान दारूवाला (कीनिथ देसाई) नाम का वकील बचे हैं, इसलिए अब मैं दारूवाला से पूछताछ करता हूं. अब तेजस वकील दारूवाला से मिल कर उस से इस फाइल के बारे में पूछताछ करता है तो दारूवाला अपने चैंबर में, उस फाइल को ढूंढने लगता है, लेकिन वह फाइल नहीं मिलती तो दारूवाला कहता है कि जरूर यह फाइल मेरे भांजे ने चुरा ली होगी.

वकील दारुवाला बताता है कि जब मेरी बड़ी बहन मरी थी तो मैं ने उस के बेटे होश (केविन दवे) को अपने पास रख कर उस की परवरिश करने लगा था. लेकिन होश तो हमेशा आवारा की तरह घूमता रहता था. तभी होश वकील दारूवाला के घर की तरफ आता दिखता है, उसी समय एसीपी तेजस होश को पकडऩे की कोशिश करता है तो होश भाग जाता है. यहीं पर पहला एपिसोड समाप्त हो जाता है.

पहले एपिसोड की बात करें तो इस में काफी खामियां नजर आ रही हैं. कमिश्नर अरुण अपनी गारंटी पर एक ऐसे खूनी जिस ने 8 मर्डर किए थे, उसे डीजीपी के मना करने पर भी अपनी गारंटी पर जेल से छुड़वा लेता है. यह बात कल्पना से परे है. एसीपी तेजस फडके एक ड्रग्स रैकेट के पीछे लगा हुआ था, लेकिन पुलिस कमिश्नर खुद उस के औपरेशन को फेल कर देता है. यह बात भी समझ से परे है.

एपिसोड नंबर 2

दूसरे एपिसोड का नाम ‘द सीक्रेट लैटर्स’ रखा गया है. अब अगला सीन वर्तमान में आ जाता है, जहां दूसरे दिन सीमा के घर पर आ कर एसीपी तेजस वे सभी लैटर सीमा को दिखाता है, जो उसे होश के कमरे से मिले थे. ये वही पत्र थे, जो सीमा ने होश को लिखे थे. तेजस अब सीमा से पूछता है कि तुम ने ही इतने सारे लैटर्स होश को खुद लिखे थे यानी कि तुम जानती थी कि यह नया सीरियल किलर होश ही है.

इधर हम दूसरी ओर देखते हैं कि होश ने एक व्यक्ति को कमरे में बंद कर के रखा हुआ है. तभी वह नायलौन की एक चमकदार रस्सी निकालता है. इसी तरह की रस्सी से विराट का कत्ल किया गया था. आगे हम देखते हैं कि कमिश्नर अरुण से मिलने इंसपेक्टर पल्लवी आती है और बताती है कि विराट के मर्डर से पहले ऐसे ही 4 मर्डर हुए थे. मैं ने इस में काफी रिसर्च कर ली है, इसलिए आप मुझे विराट का केस दे दें.

अरुण कहता है कि यदि तुम्हारी जरूरत पड़ेगी तो मैं जरूर इस केस में शामिल कर लूंगा, लेकिन तुम इस नए सीरियल किलर वाली बात किसी भी मत बताना. उस के बाद इंसपेक्टर पल्लवी चली जाती है. सीमा फिर फोन पर एसीपी तेजस को बताती है कि होश ने उसे 12 जुलाई तक जो लैटर लिखे थे, उस में वह नौरमल लग रहा था. उस के बाद होश का मुझे 17 अगस्त को लैटर आया, जिस में वह काफी भड़का हुआ और काफी गुस्से में था.

इस का मतलब इस दौरान किसी ने उसे जरूर भड़काया होगा, अब एसीपी तेजस वकील दारूवाला के पास आ कर उस से पूछता है कि होश जुलाई से अगस्त के बीच में कहां था. दारूवाला बताता है कि उन दिनों होश एक कंसट्रक्शन कंपनी में काम कर रहा था. बाद में उस ने वहां काम करना भी छोड़ दिया था. तेजस उस कंसट्रक्शन कंपनी के इंजीनियर से बात की तो उस ने बताया कि होश बहुत ही झगड़ालू और पागल किस्म का इंसान था. प्रोजेक्ट मैनेजर जतिन (ऋषभ ठाकुर) के कहने पर उसे काम पर रखना पड़ा था.

अगले सीन में देखते हैं कि लोनावाला के जतिन के बंगले में एक कमरे में होश ने जतिन की पत्नी और बेटी को बंधक बना कर रखा है. उन के लिए होश खाना ले कर आता है, लेकिन वे दोनों काफी डरी हुई थीं, जबकि होश ने जतिन को एक दूसरी जगह बंधक बना कर रखा हुआ था. तभी यहां पर तेजस पुलिस टीम के साथ आ कर जतिन की पत्नी और बेटी को बचा लेता है और होश को अरेस्ट कर लेता है. तेजस होश को पुलिस स्टेशन ला कर जूस पिला कर तीनों मर्डर और जतिन के बारे में पूछताछ करता है. तब होश कहता है कि कंफेस तो मैं कर लूंगा, लेकिन पहले मुझे सीमा से मुलाकात करवा दो, जिसे हैदराबाद जेल में जीनत के नाम से कैद किया गया है.

उस के बाद तेजस सीमा को ले कर होश से मिलाने आता है. पुलिस उन दोनों की अकेले में मुलाकात करवाती है. इन दोनों को देखने और उन की बात सुनने के लिए पुलिस ने साउंड और कैमरे लगा रखे थे, जहां कुछ दूरी पर कमिश्नर अरुण और तेजस उन की हर गतिविधि को देख रहे थे. सीमा होश से आराम से बातें करने लग जाती है, फिर होश सीमा से कहता है कि तुम्हारा वह सीक्रेट मेरे पास सेफ रहेगा.

यह सुनते ही सीमा के हावभाव एकदम से बदल जाते हैं, जिसे अरुण और तेजस भी भांप लेते हैं. सीमा होश से कहती है कि तुम ने ये तीनों खून नहीं किए हैं, क्योंकि तुम मारने की केवल बात कर सकते हो, तुम्हारे अंदर खून करने की हिम्मत बिलकुल भी नहीं है. यह सुन कर होश रोने लग जाता है, फिर सीमा उस से जतिन के बारे में पूछती है तो वह एड्रेस बता देता है, जिसे सुन कर तेजस तुरंत एक पुलिस टीम जतिन को तलाशने के लिए भेज देता है.

इधर सीमा अब होश को अपनी ओर खींच कर उस के कान में कुछ कहती है और माइक में हाथ लगा लेती है ताकि उस की आवाज कोई भी न सुन सके. यह सुन कर होश जोरजोर से रोने लग जाता है. तभी वहां तेजस भाग कर आता है और सीमा से पूछता है कि तुम ने होश से क्या कहा तो सीमा कुछ नहीं कहती. अब सीमा अरुण और तेजस से कहती है कि होश ने कोई मर्डर नहीं किया है. मुझे लगता है कि जो भी असली खूनी है, वह बाहर ही आराम से घूम रहा है. यह सुन कर कमिश्नर अरुण परेशान हो जाता है.

अब हम बार में एक आदमी को देखते हैं जो लड़कियों से अय्याशी कर रहा होता है, फिर वह नशे में अपनी कार की तरफ जाने लगता है तो कोई उस का पीछा करने लगता है. उधर पुलिस टीम जतिन को सुरक्षित छुड़ा कर ले आती है. सीमा तेजस से कहती है कि मैं ने केवल उन्हीं लोगों को मारा था, जो बुरे काम करते थे. फिर हम देखते हैं कि जो आदमी बार में लड़कियों के साथ अय्याशी कर रहा था, जब वह अपने घर आता है तो वहां पर कोई नायलौन की रस्सी से गला घोंट कर उस का मर्डर कर देता है.

यानी कि जो भी किलर है, वह अभी भी मर्डर किए जा रहा है. उस के बाद यहां पर दूसरा एपिसोड समाप्त हो जाता है. दूसरे एपिसोड में भी काफी खामियां नजर आ रही हैं. यहां पर जेल की एक महिला सिपाही को सीमा और होश के लैटर आपस में आदानप्रदान करते दिखाया गया है.

यानी कि जेल में जब लैटर घूस ले कर लिए दिए जा सकते हैं तो और भी कुछ घूस दे कर किया जा सकता है. अर्थात जेल में भ्रष्टाचार व्याप्त है, यह बात भी उचित नहीं लगती. एसीपी तेजस होश को जूस पिला कर पूछताछ करना भी तर्कसंगत नहीं लगता. नाटकीयता साफसाफ नजर आ रही है.

एपिसोड नंबर 3

तीसरे एपिसोड का नाम ‘ट्रुथ इन द वुड्स’ रखा गया है. एपिसोड की शुरुआत में फ्लैशबैक में सीमा देशपांडे को दिखाया जाता है. जब वह किशोरावस्था में कत्थक नृत्य की प्रैक्टिस कर रही होती है, तभी एक आदमी उस के पास आता है, जिसे देख कर वह डर जाती है. उस अय्याश आदमी के मर्डर की खबर पा कर कमिश्नर अरुण और एसीपी तेजस भी पहुंच कर लाश का निरीक्षण करने लगते हैं. अरुण कहता है कि अब यह सीरियल किलर रोज मर्डर कर के हमें चुनौती देने लगा है.

अब एक  नई पुलिस टीम बना ली जाती है, जिस में इंसपेक्टर पल्लवी को भी शामिल किया जाता है. तेजस अब पुलिस को इसे खोजने में लगा देता है कि मरे हुए लोगों का आपस में क्या कनैक्शन था. अब हम एक युवा को देखते हैं जो अपने शरीर पर मांबेटे का टैटू बनवा रहा है. यह अलैक्स (विश्वास किनी) होता है, जिस का किरदार काफी रहस्यमयी और दिलचस्प है.

अब तेजस अपने औफिस में आता है तो उस का औफिसर उसे उस दिन सीमा ने होश के कान में जो बात कही थी, वह सुनवाता है. जिस में सीमा होश से कह रही थी कि तुम्हारे जीने का कोई फायदा नहीं, तुम एक कमजोर इंसान हो, तुम्हें तो मर जाना चाहिए. फिर हम होश को देखते हैं जो हौस्पिटल की खिड़की के शीशे से अपनी गरदन काट कर मर जाता है. यह देख कर हौस्पिटल के डौक्टर और पुलिस हैरान हो कर रह जाते हैं.

तेजस अब सीमा के पास आ कर कहता है कि तुम्हारे कारण ही होश ने आत्महत्या कर अपनी जान दे डाली है. तुम यही तो चाहती थी ताकि तुम्हारा सीके्रट कभी बाहर न आ सके. इस पर सीमा ‘हां’ कहती है. तेजस अब सीमा को उस अय्याश आदमी का फोटो दिखा कर पूछता है कि ये कौन हो सकता है. इस के बाद तेजस अपनी पुलिस टीम के पास आ कर बताता है कि ऐसा लग रहा है यह सीरियल किलर पहले से ही लोगों को जानता था, जिन के उस ने खून किए हैं.

इस के बाद वकील दारुवाला का फोन तेजस के पास आता है, जिस में वह बताता है कि कुछ साल पहले सरकार ने सभी प्रमुख केसों की फाइलें डिजिटलाइज कर दी थीं, जिस में सीमा के भी सारे मर्डर की फाइल्स भी थीं. इसलिए हो सकता है कि इस सीरियल किलर ने औनलाइन इन मर्डर को देखा होगा. अब तेजस सबइंसपेक्टर हानिया (जेबा हुसैन) से कहता है कि तुम जल्दी पता करो कि सरकार ने जो मर्डर की फाइल्स औनलाइन की थी, उस का टेंडर किस को दिया गया था? अब हम अलेक्स को देखते हैं, जो अभी अपने घर पर था. उस ने जो टैटू बनवाया था, वही मांबेटे की तसवीर उस के घर पर भी थी, उस के बाद वह अपने बैग से एक फोटो निकालता है, जिस में सीमा की फोटो भी होती है.

फिर अलेक्स अपने बैग से वही नायलौन वाली रस्सी भी निकालता है, जिस से यह लगता है कि अलैक्स ही सीरियल किलर हो सकता है. फिर तेजस के नानाजी अजोवा (प्रदीप वेलेकर) एक यात्रा पर निकल जाते हैं, जब वह जाने लगते हैं तो उन पर अलैक्स नजर रखने लगता है. सीमा भी इधर रात को 3 बजे जाग रही होती है, जैसे वह किसी का इंतजार कर रही हो. यहां पर अब हमें पता चलता है कि सीमा ने जो जेल में पुडिय़ा बनाई थी, उस से ही उस ने मोदक बनाए थे और प्रसाद मिला कर वही सब पुलिस टीम को खिला दिए थे, जिस में बेहोशी की दवा मिली थी.

केवल अकेला इंसपेक्टर ओमकार ही था, जिस ने यह प्रसाद नहीं खाया था, इस को खा कर सभी पुलिस वाले बेहोश हो जाते हैं. तभी वहां इंसपेक्टर ओमकार आता है तो सीमा तबीयत खराब होने का बहाना करने लगती है. यह देख कर ओमकार जैसे ही सीमा के पास आता है तो सीमा तत्काल झपट कर उस के गले में प्रैशर डाल कर ओमकार को बेहोश कर देती है. उस के बाद सीमा उस परची वाले घर पर जाती है तो दरवाजा नहीं खुलता और वह पूरी रात घर के बाहर ही बैठी रहती है.

अगले दिन पता चलता है कि सीमा भाग चुकी है, जिस से अरुण और तेजस काफी परेशान हो जाते हैं. उधर तन्वी जब अपना सैलून सुबहसुबह खोलती है तो उस की सहेली दिव्या (निमिशा नायर) तन्वी को बताती है कि कल मेरी तो मेरे बौयफ्रेंड के साथ डेट ही खराब हो गई. ये दोनों आपस में बातें कर रहे होते हैं, तभी सैलून में सीमा आ कर तन्वी से हेयर कट करने को कहती है. तन्वी उस के हेयर कट करने लगती है तो सीमा उस से बातें करने लगती है.

इधर अरुण तेजस से पूछता है कि तुम ने सीमा को अपने परिवार के बारे में तो नहीं बताया? तेजस के ‘हां’ कहने पर अरुण कहता है कि अपने परिवार वालों से बात बात करो कि कहीं सीमा उन्हें नुकसान न पहुंचा दे. तेजस पहले अपने नानाजी को फोन करता है, वह ठीक होते हैं. फिर वह पत्नी तन्वी को फोन करता है तो तन्वी सीमा के हेयर कट करने के कारण फोन नहीं उठाती. फिर वह तन्वी के सैलून के सीसीटीवी में अपने मोबाइल पर जब सीमा को वहां देखता है तो तुरंत गाड़ी में सैलून की तरफ भागता है.

इधर सीमा सैलून में तन्वी और दिव्या से खूब बातें करती है. तन्वी सीमा को बताती है कि वह अपने पति तेजस के साथ काफी खुश है. तभी सैलून में तेजस आ कर सीमा से कहता है कि मेरे साथ तुरंत चलो. तन्वी तेजस से पूछती है कि यह महिला कौन हैं तो तेजस कहता है तुम्हें बाद में बताऊंगा और वह सीमा को अपने साथ गाड़ी में बिठा कर ले जाता है. एक सुनसान जगह पर वह गाड़ी रोक कर सीमा को गाड़ी से बाहर निकाल कर उस से कहता है कि सीमा तेरा मर जाना ही ठीक है, क्योंकि तू एक सीरियल किलर है.

इस पर सीमा कहती है कि मेरी ममता ही मुझे वहां पर खींच कर ले गई थी और वह फिर बताती है कि तेजस मैं तेरी मां हूं और तेरे परिवार से मिलने गई थी. यह सुन कर तो तेजस के होश ही उड़ जाते हैं. उस के बाद यहां पर तीसरा एपिसोड समाप्त हो जाता है. इस एपिसोड की कहानी और निर्देशन में काफी खामियां दिखाई दे रही हैं. होश एक गंभीर मुजरिम है, जिस का हौस्पिटल में इलाज चल रहा था. वह आत्महत्या कर लेता है. ऐसे गंभीर अपराधी की गतिविधि पर नजर रखने के लिए एक पुलिस वाला तक नहीं है.

एपिसोड नंबर 4

चौथे एपिसोड का नाम ‘ए किलर इज बौर्न’ रखा गया है. शुरुआत में फ्लैशबैक में दिखाया गया है कि सीमा अपने रेस्टोरेंट में या तो वहां पर तेजस (फडके तनुश पाठक) भी होता है जो काफी छोटा था. फिर सीन वर्तमान में आता है जहां तेजस सीमा के साथ गाड़ी में बैठा होता है. तेजस सीमा के साथ अरुण के पास आता है. वह अरुण से पूछता है कि सर आप को यह सच पता था कि सीमा मेरी मां है? अरुण कहता है हां, मुझे पता था. सीमा ने ही केस में तुम्हारा नाम सजेस्ट किया था. अरुण सीमा से कहता है कि अब तुम्हारा यहां पर कोई काम नहीं है, इसलिए तुम अब वापस हैदराबाद जाने के लिए रेडी हो जाओ.

इधर तेजस अपने नाना से कहता है कि तुम ने मेरी मां के बारे में झूठ कहा था कि वह मर चुकी है. नाना उसे काफी समझाने की कोशिश करते हैं. अब हम टीवी पर देखते हैं, जहां पर ऐंकर प्रतीक सूर्यवंशी (असित चटर्जी) बताता है कि अब ये मर्डर 25 साल पुराने मर्डर्स की तर्ज पर हो रहे हैं. इस के बाद इंसपेक्टर पल्लवी को जेलो नाम की उस कंपनी का पता लग जाता है, जिस ने इन सारी फाइलों को डिजिटलाइज किया था.

इस के बाद एसआई हानिया पल्लवी को बताती है कि 7 महीने पहले जेलो कंपनी में काम करने वाले सुनील गुप्ते (साहित्य पंसारे) नाम के कर्मचारी का उसी तर्ज पर मर्डर हुआ था और उस की लाश कुएं में फेंक दी गई थी और मृतक की आंखों को खुला रखने के लिए ग्लू का इस्तेमाल किया गया था. इस के बाद जब सीमा को वापस हैदराबाद ले जाया जा रहा होता है, तब कमिश्नर अरुण सीमा को सुनील गुप्ते की फोटो दिखाता है. सीमा कहती है कि यह मर्डर भी उसी सीरियल किलर ने किया है. लेकिन मैं इस की सच्चाई केवल तेजस को ही बताऊंगी, क्योंकि इसी बहाने मैं आखिरी बार अपने बेटे को देख तो सकूंगी.

अब अरुण तेजस को सीमा के पास भेजता है तो सीमा उसे बताती है कि एक रात जब वह अपना रेस्टोरेट बंद कर रही थी, तभी सीन फ्लैशबैक में जाता है, जहां जोसेफ एल्पट (शरद जाधव) नाम का एक आदमी सीमा के साथ दुष्कर्म करने के इरादे से वहां पर आ कर सीमा के प्रतिरोध करने पर उसे मारने की कोशिश करता है. अपने बचाव के लिए सीमा वहां पर पड़ी नायलौन की रस्सी से जोसेफ का गला घोंट कर उसे मार डालती है.

फिर सीन वर्तमान में आता है, जहां सीमा तेजस को बताती है कि उस के बाद मेरे पापा आए और उन्होंने जोसेफ की लाश को कुएं में फेंक दिया और कुएं को बंद कर दिया. सीमा आगे बताती है कि उस दिन रात को जोसेफ का बेटा अलेक्स (राज यादव) भी वहां पर था. हालांकि वह काफी छोटा था, लेकिन उस ने इस कत्ल को अपनी आंखों से देखा था, इसीलिए वही अब सीरियल किलर हो सकता है.

सीमा बताती है कि उस के बाद उस ने अलेक्स को अपने पास रख कर अपने बच्चे की तरह उस की परवरिश की थी, क्योंकि उस की तो मां भी नहीं थी. फिर मुझे जेल हो गई तो अलेक्स कहां गया, इस के बारे में मुझे पता नहीं चल सका था. तेजस उस समय तुम भी बहुत छोटे थे. अब तेजस अपने नाना को फोन कर के कहता है कि पहला मर्डर तो नाना आप ने ही छिपाया था. अलेक्स कहां गया बताओ, उस के नाना कहते हैं कि इस के अलावा मेरे पास और कोई आप्शन भी नहीं था. सीमा के जेल जाने के बाद मैं ने अलेक्स को एक अनाथालय में भेज दिया था.

उस के बाद तेजस अनाथालय में जा कर पूछताछ करता है तो वहां का वार्डन तेजस को बताता है कि अलेक्स के पास एक बैग था, जो भी उस को छूता था तो वह मरनेमारने पर उतारू हो जाता था. पता नहीं बैग में वह क्या रखता था? वार्डन बताता है कि फिर वह चोरियां करने लगा. इस के बाद वह कहां गया हमें पता नहीं. परंतु एक साल पहले उस का मुझे फोन आया था, जिस में उस ने बताया कि वह अब एक अच्छा इंसान बन गया है.

इधर तेजस के कहने पर कुएं को खोला जाता है तो उस के अंदर एक कंकाल मिलता है. अलेक्स तन्वी के घर आ कर बताता है कि वह तेजस का बचपन का दोस्त है. ते हैं. तभी तन्वी फोन कर बताती है कि आज उस के पास अलेक्स आया था, जो तुम्हारे और नानाजी के बारे में कुछ बातें बता रहा था. तेजस तुरंत अलेक्स का फोटो तन्वी से ले कर सभी पुलिस स्टेशनों को भेज देता है, ताकि अलेक्स को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके.

तेजस को पता चलता है कि अलेक्स एक बार में काम करता है तो वह उस बार में जा कर अलेक्स को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले आता है. अलेक्स बताता है कि जब मैं ने टीवी पर तुझे देखा तो मुझे अच्छा लगा. साथ ही तू जब अपने घर से आई (मां) को ले कर जा रहा था तो मुझे खुशी हुई कि आई तो जिंदा है, जबकि नानाजी ने मुझे बताया था कि आई मर चुकी है.

जब तेजस बैग में मिली चीजों के बारे में पूछता है तो अलेक्स बताता है कि जब नानाजी आई की मौत की खबर सुना कर मुझे अनाथालय ले जा रहे थे तो मैं ये सब चीजें आई की याद के तौर पर रख ली थीं. सीमा आई तो मेरे दिल के काफी करीब हैं. तभी वहां इंसपेक्टर पल्लवी तेजस को बताती है कि अब तक जितने भी मर्डर हुए हैं, उस में अलेक्स की लोकेशन बार की ही थी यानी कि अलेक्स ने ये खून नहीं किए थे. तेजस अब अलेक्स को रिहा कर देता है.

दूसरे दिन अलेक्स तेजस के घर खाने पर आता है तो तेजस, तन्वी और दिव्या उस से खूब दिल खोल कर बातें करते हैं. जब तन्वी अलेक्स और दिव्या को बातें करते देखती है तो काफी खुश हो जाती है, क्योंकि दिव्या अलेक्स को पसंद करने लगी थी. तभी वहां पर एक पुलिस औफिसर तेजस के लिए एक पार्सल दे कर जाता है. तेजस उसे खोलता है तो उस में एक मोबाइल था, जिस में अब तक के सारे मर्डर्स की फोटो थीं. साथ ही उस में एक परची में लिखा था कि मैं सीमा से बात करना चाहता हूं, इसलिए कल 12 बजे कौल करूंगा.

यह सब देख कर तेजस के होश उड़ जाते हैं कि यह किलर तो सब कुछ जान गया है, इस के बाद यहीं पर चौथा एपिसोड समाप्त हो जाता है. चौथे एपिसोड में भी काफी भटकाव की स्थिति दिखाई दे रही है. तेजस कुएं को खुदवा कर उस में से कंकाल बरामद करवाता है, मगर अपने नाना को गिरफ्तार नहीं करवाता. अलेक्स जब पहली बार तन्वी से मिलता है तो वह अपने मोबाइल से चुपके से अलेक्स का फोटो ले लेती है. यह कहानी भी साफसाफ, मनगढ़ंत सी दिखाई देती है.

एपिसोड नंबर 5

पांचवें एपिसोड का नाम ‘शिष्य’ रखा गया है. एपिसोड की शुरुआत में फ्लैशबैक में 1999 का सीन दिखाते हैं, जहां सुहास (कामरान शाह) नाम का एक छोटा बच्चा सीमा के रेस्टोरेंट में खाना खाने आता है. सीमा देखती है कि सुहास को उस के पिता (श्रीरंग गोखले) डांटते हुए प्रताडि़त करते हुए जबरदस्ती खाना खिला रहे हैं. जब सुहास के पेरेंट्स हाथ धोने चले जाते हैं तो सीमा सुहास से पूछती है कि मुझे बताओ क्या बात है. तब नन्हा सुहास अपने शरीर पर चोटों के निशान दिखाते हुए कहता है कि मेरे पापा बुरे हैं, मेरी बुरी तरह पिटाई करते हैं.

अब रात को सीमा अपनी एक ब्लैक ड्रेस पहनती है और सुहास के घर आ कर उस के पिता का नायलौन की रस्सी से गला घोंट कर मर्डर कर देती है और लाश को शीशे के सामने रख देती है. यही नहीं, वह करीब 2 घंटे तक लाश के पास लाश के अकडऩे का इंतजार भी करती है और फिर लाश अकडऩे पर उस की आंखें खोल कर चली जाती है. हानिया को पार्सल में जो मोबाइल मिला था, तेजस अब उस का पता करने को कहता है. दोपहर को एक बजे उसी फोन पर किलर का फोन सीमा के लिए आता है. तेजस मोबाइल का स्पीकर औन कर देता है और किलर का औन कौल ट्रैस पर लगा देता है. किलर सीमा से कहता है कि आप मेरी गुरु हैं और मैं आप का शिष्य हूं.

सीमा उस से पूछती है कि तुम 4 लोगों को तो मार ही चुके हो, अब पांचवां कौन है? इस पर किलर कहता है कि इस का आप को जल्द ही पता चल जाएगा और किलर फिर फोन काट देता है. सीमा बताती है कि मुझे ये लगता है कि यह किलर आदमी नहीं, बल्कि एक औरत हो सकती है. सीन अब चेंज होता है. किलर ने एक डेंटिस्ट महेंद्र तोपार्देकर (सुदर्शन पाटिल) को अपना नया टारगेट बना कर रस्सी से बांधा हुआ था. किलर अब उसी फोन पर वीडियो कौल कर के वही दृश्य सीमा को फोन पर दिखाते हुए कहता है कि अब आप ये मर्डर अपनी आंखों से देख पाएंगी.

तेजस जल्दी से वहां के दृश्य से उस जगह का पता लगा लेता है. वह अब अपनी टीम ले कर शौप पर निकलता है. इधर सीमा किलर को अपनी बातों में उलझा कर तरहतरह के सवाल पूछने लग जाती है. अब किलर जैसे ही उस डेंटिस्ट का नायलौन की रस्सी से गला घोंट रहा होता है, वैसे ही तेजस हाथ में पिस्टल ले कर उसी शौप पर पहुंच जाता है. तेजस को देखते ही किलर भागता है और भागते हुए तेजस पर वार कर के उसे बेहोश कर देता है, पर उस डेंटिस्ट महेंद्र की जान बच जाती है.

उस के बाद तेजस फोन कर के सीमा को बताता है कि वह सेफ है. तब सीमा कहती है कि जब किलर मुझे लाइव मर्डर दिखा रहा था तो वही गाना गुनगुना रहा था, जो मैं ने सुहास के पिता का मर्डर करते समय गुनगुनाया था. इस का मतलब यही है कि बचपन में उस समय सुहास ने ही मुझे अपने पापा का मर्डर करते देख लिया होगा. शायद यह किलर सुहास ही हो सकता है. इस के बाद तेजस उसी डेंटिस्ट महेंद्र के पास आता है, जो हौस्पिटल में भरती था, तब डेंटिस्ट महेंद्र बताता है कि वह किलर एक लड़की है. एक बार मुझे वह एक बार में मिली थी. हम ने काफी देर तक एकदूसरे से प्यार भरी बातें कीं. उस के बाद मैं उसे अपने रूम में ले कर आ गया. हम ने आपस में किस किए.

जैसे ही हम अब कुछ आगे और करना चाहते थे, मुझे ऐसा लगा उस के बौडी पार्ट कुछ अलग थे. मैं समझ गया कि उस ने सर्जरी करा रखी है तो मैं ने उसे अपने घर से जाने के लिए कह दिया. वह पहले एक लड़का था, जो बाद में सर्जरी करा कर शैफाली बन गई थी. अब तेजस पुलिस टीम के पास आ कर ये सारी बातें सीमा को बता देता है. तभी दोपहर के 12 बजे का समय हो जाता है और किलर का फोन सीमा के लिए आता है तो सीमा कहती है सुहास तुम कैसे हो?

जिस पर किलर कहता है कि अच्छा तुम अब मेरे बारे में जान गई हो, लेकिन तुम ने मुझे धोखा क्यों दिया जो पुलिस मेरे पीछे आ गई. सीमा कहती है कि तुम ऐसे किसी को जान से मत मारो, जिस की कोई गलती ही न हो. मुझे ऐसे सनकी किलर पसंद नहीं हैं. जिस पर सुहास कहता है कि मैं ने आप के लिए आज तक काफी कुछ किया है, जिस के कारण आज तुम्हारा परिवार एक हो पाया है और अब तुम्हीं मुझ से बात करने के लिए मना कर रही हो. अब आप ने मुझे गुस्सा दिला दिया है तो मैं आप के बेटे की खुशियां छीन लूंगी, यह कहते हुए सुहास फोन काट देता है.

अब सीमा सोचने लगती है कि सुहास ने अब तक तेजस के लिए क्याक्या किया होगा. उधर तेजस भी यही सोच रहा था कि आखिर ये है कौन, जो मुझे इतनी अच्छी तरह से जानता है और मेरी खुशियां छीन सकता है. यहीं पर पांचवां एपिसोड खत्म हो जाता है. पांचवें एपिसोड में भी कहानी को भटकाने की कोशिश की गई है, जिस के कारण नाटकीयता साफसाफ झलक रही है. सीमा जब सुहास के पिता का मर्डर करने आती है तो सुहास और उस की मां को कहीं भी नहीं दिखाया गया है और वह मर्डर करने के बाद पूरे 2 घंटे तक लाश के पास बैठ कर लाश के अकडऩे का इंतजार करती है. यह बात तो समझ से ही परे है.

एपिसोड नंबर 6

छठे और आखिरी एपिसोड का नाम ‘द फाइनल जजमेंट’ रखा गया है. एपिसोड की शुरुआत में हम फ्लैशबैक में देखते हैं कि सुहास जब छोटा होता है तो वह अपने पापा की मौत के बाद खुशीखुशी अपना लड़कियों की तरह होने पर लिपिस्टिक लगा कर प्रचार करता है. पर उसे जैसे ही पता चलता है कि सीमा की मौत हो गई है तो वह बहुत दुखी हो कर रोने लगता है.

बड़ा होते ही सुहास अपनी मां को वृद्धाश्रम में छोड़ कर आता है और फिर अपना घर बेच कर उस पैसे से अपना सैक्स मैडिकली चेंज करा कर लड़की बन जाता है. फिर हम दिव्या (निमिशा नायर) को देखते हैं जो सुहास नहीं बल्कि दिव्या बन चुकी थी और अब तक ये मर्डर दिव्या ही कर रही थी. इधर तेजस तन्वी को फोन कर के सेफ रहने को कहता है, तभी वहां पर दिव्या आ कर तन्वी को किडनैप कर ले जाती है. यह सारी बातें फोन पर तेजस सुन लेता है और पुलिस टीम को दिव्या के घर पूरी तहकीकात करने भेजता है. लेकिन दिव्या के घर पुलिस टीम को कुछ भी नहीं मिलता है.

सीमा दिव्या से कहती है कि तुम मेरे परिवार को नुकसान मत पहुंचाओ, मैं तुम से सीधे मिल लूंगी, लेकिन इस के बदले में तुम्हें तन्वी को रिहा करना होगा. दिव्या मान जाती है और सीमा को एक मौल का एड्रेस दे कर उसे वहां बुलाती है. तेजस कहता है कि दिव्या साइको है, तुम्हें मार भी सकती है, मगर सीमा कमिश्नर अरुण की परमिशन ले कर वहां जाने की ठान लेती है. इधर इंसपेक्टर पल्लवी को लगता है कि यहां पर सीमा दिव्या से मिली हुई हो सकती है.

तेजस भी अपनी पुलिस टीम के साथ उस मौल में पहुंचता है तो दिव्या तेजस को फोन कर के फोन सीमा को देने के लिए कहती है और कहती है कि यदि कोई भी सीमा के पीछे आएगा तो इस से तन्वी की जान जा सकती है. लेकिन तेजस खुद न जा कर अपनी पुलिस टीम के कुछ साथियों को सीमा के पीछे लगा देता है. मगर दिव्या तेजस से कई कदम आगे थी, वह सीमा को इधरउधर रास्तों से एक जगह बुला कर उस के हाथों में हथकड़ी लगा कर तन्वी को छोड़ देती है. जिस के बाद दिव्या निकल जाती है. तेजस उसे पकड़ नहीं पाता.

तन्वी को देख कर तेजस की जान में जान आ जाती है. अब दिव्या सीमा को वहीं पर ले कर आती है, जहां पर उस ने तन्वी को पहले कैद कर के रखा था. फिर तन्वी तेजस को बताती है कि दिव्या ने उसे जहां कैद किया था, वहां पर जेलो कंपनी के बौक्स रखे थे. तेजस हानिया से जेलो कंपनी के पुराने औफिस का पता करने को कहता है. इधर दिव्या सीमा को बताती है कि जब आप के मरने की खबर आई थी तो मैं बहुत रोई थी. फिर वह उसे अपना जेंडर चेंज करने की कहानी बताती है.

दूसरी ओर तेजस को दिव्या की लोकेशन पता चल जाती है तो वह दिव्या को पकडऩे आता है. लेकिन दिव्या भागने लगती है, तब तेजस दिव्या के कंधे पर गोली मार देता है. वहीं हम देखते हैं कि सीमा मौका देख कर वहां से भाग जाती है. अब हौस्पिटल में तेजस दिव्या से सीमा के बारे में पूछता है तो वह बताती है कि वह अपना एक पुराना बदला लेने गई है. अब हमें फ्लैशबैक में दिखाया जाता है कि जब सीमा छोटी थी, तब एक दिन उस के पापा दीनानाथ (प्रदीप वेलंकर) ने कमरे में ले जा कर उस के साथ दुष्कर्म किया था. यह लगभग काफी दिनों तक होता रहा.

जब सीमा की मां (वैभवी सबा) ने इस का विरोध किया तो सीमा के पापा ने मां को उस के सामने ही मार डाला था. अब सीमा वर्तमान में दीनानाथ के पास पहुंचती है तो वह अपने पापा से कहती है पहले तो मैं सब कुछ भूल गई थी, मगर काउंसलिंग के बाद मुझे सब कुछ याद आ गया है, इसलिए मैं तुम्हें ही मारने आई हूं. सीमा अपने पापा को मारने वाली होती है कि तभी वहां तेजस आ जाता है तो वह अब खुद अपने नाना को मारना चाहता था, क्योंकि उस ने भी काउंसलिंग वाली फाइल पढ़ ली थी.

तब सीमा कहती है कि तेजस, इसे तुम मत मारो, इसे तो मेरे हाथों से ही मरना चाहिए. यह सुन कर तेजस अपनी मां को सीने से लगा कर रोने लगता है. तभी उस के नाना अपनी पुरानी करतूत से आहत हो कर छत से कूद कर अपनी जान दे देते हैं. फिर यह केस बंद हो जाता है. अब सीमा को हैदराबाद जेल वापस भेजा जा रहा है, क्योंकि अब सीमा का बदला भी पूरा हो गया था और किलर भी पकड़ा जा चुका था. सीमा कमिश्नर अरुण को धन्यवाद देती है कि उन के कारण ही वह अपने बेटे तेजस से मिल पाई थी.

ये लोग अब गाड़ी में आगे जाने लगते हैं तो हम देखते हैं कि आधे रास्ते में आ कर तेजस की गाड़ी अचानक से कहीं गायब हो जाती है, तभी वहां पर इंसपेक्टर ओमकार अपनी गाड़ी से आता है तो देखता है कि तेजस अपनी गाड़ी में बंघा पड़ा था. तेजस ओमकार से कहता है कि मेरी पिस्टल सीमा ने छीन ली और मुझे यहां बांध कर न जाने कहां फरार गई, इसलिए जल्दी जा कर उसे ढूंढो. वहीं अब हम सीमा को देखते हैं जो बस में बैठ कर कहीं जा रही थी. यहां पर वेब सीरीज ‘मिसेज देशपांडे’ समाप्त हो जाती है.

छठे एपिसोड में भी लेखक ने कहानी में काफी भटकाव दिखाए हैं. सुहास को यह बात भला कैसे चली थी कि सीमा की मौत हो चुकी है. तेजस को इस बात का बिलकुल भी शक दिव्या पर नहीं होता, जबकि छठे एपिसोड तक आतेआते दर्शक समझ चुके थे कि कातिल दिव्या ही हो सकती है. यदि पूरी वेब सीरीज की बात करें तो इस के निर्माण में संदिग्धों को बड़े अजीबोगरीब तरीके से पेश किया गया है, जिस से कोई भी तुरंत समझ जाता है कि यह कहानी दर्शकों को वेवकूफ बनाने की कोशिश कर रही है.

माधुरी दीक्षित

सुप्रसिद्ध अभिनेत्री और कुशल नृत्यांगना माधुरी दीक्षित का जन्म 15 मई, 1967 को मुंबई (महाराष्ट्र) में हुआ था. पिता शंकर दीक्षित और मम्मी स्नेहलता दीक्षित की लाडली बेटी माधुरी की इच्छा बचपन से ही डौक्टर बनने की थी. शायद यही वजह रही थी कि माधुरी ने अपना जीवनसाथी डा. श्रीराम नेने को चुना. मुंबई के डिवाइन चाइल्ड हाईस्कूल से अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद माधुरी दीक्षित ने मुंबई यूनिवर्सिटी से स्नातक की शिक्षा पूरी की.

माधुरी दीक्षित हिंदी सिनेमा की सफल अभिनेत्री रही है. माधुरी ने अपने अभिनय करिअर की शुरुआत सन 1984 में ‘अबोध’ फिल्म से की थी. किंतु माधुरी को असली पहचान वर्ष 1998 में आई प्रसिद्ध फिल्म ‘तेजाब’ से मिली, जिस के बाद उस ने मुड़ कर नहीं देखा. एक के बाद एक सुपरहिट फिल्मों के कारवां ने माधुरी को भारतीय सिनेमा की सर्वोच्च अभिनेत्री के रूप में स्थापित किया. इस की प्रमुख फिल्में ‘राम लखन’, ‘परिंदा’, ‘त्रिदेव’, ‘किशन कन्हैया’, ‘दिल’, ‘प्रहार’ आदि रही हैं.

माधुरी दीक्षित को फिल्म ‘दिल’, ‘बेटा’, ‘हम आप के हैं कौन’, ‘दिल तो पागल है’ के लिए फिल्मफेयर के सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार और वर्ष 2003 में फिल्म ‘देवदास’ के लिए फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. वर्ष 2008 में माधुरी दीक्षित को भारत सरकार के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री’ से सम्मानित किया गया.

माधुरी दीक्षित का विवाह 1999 में डा. श्रीराम माधव नेने से हुआ था. इन के 2 बेटे हैं. माधुरी दीक्षित ने वेब सीरीज ‘मिसेज देशपांडे’ से पहले वेब सीरीज ‘द फेम गेम’ (2022 नेटफ्लिक्स) और ‘मजा मां’ (2022 अमेजन प्राइम वीडियो) में काम किया है.

सिद्धार्थ चांदेकर

वेब सीरीज ‘श्रीमती देशपांडे’ में सीमा (माधुरी दीक्षित) के बेटे की भूमिका एसीपी तेजस खड़के निभाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता सिद्धार्थ चांदेकर का जन्म 14 जून, 1991 को पुणे, महाराष्ट्र में हुआ था. सिद्धार्थ की मम्मी का नाम सीमा चांदेकर है, जो मराठी फिल्मों की अभिनेत्री रही हैं. सिद्धार्थ ने अपनी स्कूली शिक्षा पुणे के एस.डी. कटारिया हाईस्कूल से पूरी की थी. उस के बाद उस ने पुणे के सर परशुरामभाऊ कालेज से स्नातक की शिक्षा पूरी की. सिद्धार्थ के अभिनय करिअर की शुरुआत वर्ष 2007 में हिंदी फिल्म ‘हम ने जीना सीख लिया’ से हुई थी. हालांकि यह फिल्म फ्लौप रही थी, लेकिन सिद्धार्थ ने हार नहीं मानी.

इस के बाद सिद्धार्थ ने लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘अग्निहोत्र’ से मराठी सिनेमा में पदार्पण किया. उस के बाद अवधूत गुप्ते की मराठी फिल्म ‘जैदा’ में उमेश जगताप की भूमिका निभाई, जो काफी पसंद की गई. सिद्धार्थ को ब्लौकबस्टर फिल्म ‘क्लासमेट्स’ में अनी के किरदार से सब से ज्यादा जाना जाता है. 2014 में उस ने अजय नाइक की फिल्म ‘बावरे प्रेम’ में उर्मिला कानिकटर के साथ अभिनय किया.

वर्ष 2016 में आई भारतीय मराठी भाषा की बायोपिक ‘वजंदर’, जिस का निर्देशन सचिन कुंडलकर ने किया था, में सिद्धार्थ ने आलोक का किरदार निभाया था. सिद्धार्थ ने रोमांटिक कौमेडी फिल्म ‘औनलाइन बिनलाइन’ फिल्म ‘लास्ट ऐंड फाउंड’, और ‘बसस्टौप’ में भी काम किया है.

सिद्धार्थ और मराठी फिल्मों की अभिनेत्री मिताली की शादी को मराठी सिनेमा जगत की अब तक की सब से भव्य शादी माना गया. इस जोड़े ने शाही अंदाज में अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की. पुणे के पास ढेपेवाडा में हुई यह शादी बेहद खूबसूरत थी, समारोह काफी भव्य था. सिद्धार्थ वेब सीरीज ‘माया नगरी: सिटी औफ ड्रीम्स’, ‘अंधातरी’, ‘जीवलगा’ और ‘मारू कंफ्यूज्ड मैन’ नामक मराठी हिंदी वेब सीरीजों में काम कर चुका है. Web Series

 

 

Hindi True Crime: कंटीली राह का राही

Hindi True Crime: शादीशुदा होते हुए भी धर्मवीर बाजारू औरतों के पास जाता था. इस से खफा हो कर उस की बीवी भी मायके चली गई. फिर एक दिन उस का यही शौक उस के लिए जानलेवा साबित हुआ.

गोरखपुर राजकीय रेलवे पुलिस के थानाप्रभारी गिरिजाशंकर त्रिपाठी को उन के एक खास मुखबिर ने सूचना दी कि पुराना पार्सल गेट नंबर-6 पर स्थित आरपीएफ मालखाने के पास एक युवक लहूलुहान पड़ा तड़प रहा है. थानाप्रभारी ने टाइम देखा तो उस समय रात के करीब 10 बज रहे थे. यह सूचना मिलते ही वह उसी समय पुलिस टीम के साथ मुखबिर द्वारा बताई जगह पर पहुंच गए. स्ट्रीट लाइट की रोशनी में वहां सब कुछ साफ दिखाई दे रहा था. एक युवक पेट के बल खून से लथपथ पड़ा था. पास जा कर देखा तो पता चला कि उस की दाहिनी कनपटी पर किसी वजनदार चीज से वार किया गया था.

पास ही एक बड़ा पत्थर पड़ा था जिस पर ताजा खून लगा था. लग रहा था कि हत्यारों ने इसी पत्थर से उस के ऊपर वार किया था. मौके पर शराब की 2 खाली शीशियां भी पड़ी थीं. पुलिस ने युवक की जामातलाशी ली तो उस की पैंट की जेब से एक कागज की परची मिली. उस परची पर एक मोबाइल नंबर और एक बैंक का खाता नंबर लिखा था. पुलिस ने उन सबूतों को अपने कब्जे में ले लिया. युवक का जिस्म अभी भी गरम था. उस की सांसें भी चल रही थीं. रेलवे के नियम के अनुसार रेलवे परिक्षेत्र में हुई घटना, दुर्घटना के घायलों को आरपीएफ के जवान ही अस्पताल ले जाते हैं, इसलिए थानाप्रभारी ने आरपीएफ को घटना की सूचना दे दी.

सूचना पा कर आरपीएफ के 2 जवान मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को टैंपो से नेताजी सुभाषचंद्र बोस जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. इस के बाद थानाप्रभारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने जरूरी काररवाई कर के लाश को पोस्टमार्टम के लिए बाबा राघवदास मैडिकल कालेज भेज दिया. यह बात 31 अक्तूबर, 2014 की है. मृतक कौन था और कहां का रहने वाला था, पुलिस के पास इस की कोई जानकारी नहीं थी. मृतक के पास से जो परची मिली थी, उस पर लिखे फोन नंबर को थानाप्रभारी ने अपने फोन से रात में ही मिलाया. दूसरी ओर से काल किसी पुरुष ने रिसीव की. उस ने पूछा, ‘‘हैलो, कौन बोल रहे हैं?’’

‘‘मैं गोरखपुर जीआरपी थाने से इंसपेक्टर गिरिजाशंकर त्रिपाठी बोल रहा हूं.’’ थानाप्रभारी ने अपना परिचय देने के बाद उस से पूछा, ‘‘क्या मैं जान सकता हूं कि तुम कौन बोल रहे हो और कहां रहते हो?’’

‘‘सर, मैं गोरखपुर से धर्मेश उपाध्याय बोल रहा हूं.’’ पुलिस का नाम सुनते ही धर्मेश की आंखों से नींद गायब हो गई, ‘‘क्या बात है सर, इतनी रात गए…’’

‘‘यह नंबर तुम्हारा ही है?’’ उस की बात बीच में काट कर इंसपेक्टर त्रिपाठी ने सवाल किया.

‘‘जी हां, यह मेरा ही नंबर है.’’ धर्मेश ने जवाब दिया.

‘‘हमें मालखाने के पास एक युवक घायलावस्था में मिला था. उसी की जेब से मिली परची पर यह नंबर लिखा था. तुम अस्पताल आ कर उस युवक को देख लो कि कहीं वह तुम्हारा कोई परिचित तो नहीं है?’’ थानाप्रभारी ने कहा.

धर्मेश का बड़ा भाई धर्मवीर कई दिनों से घर से निकला हुआ था. यह बात थानाप्रभारी को बताते हुए उस ने उन से घायल मिले युवक की कदकाठी और कपड़ों के बारे में पूछा तो थानाप्रभारी ने घायल युवक का जो हुलिया बताया, वह उस के भाई धर्मवीर से मेल खा रहा था. उसे चिंता होने लगी. यह बात उस ने दूसरे कमरे में सो रहे पिता प्रेमनारायण उपाध्याय को बताई तो उन की नींद भी हराम हो गई. थानाप्रभारी ने धर्मेश को उस युवक की मौत की खबर नहीं दी थी, ताकि घर वाले रात में परेशान न हों. लेकिन घर वालों की नींद तो गायब हो चुकी थी. बेटे की फिक्र में प्रेमनारायण का बदन कांपने लगा. धर्मेश का गांव डिगुलपुर जिला मुख्यालय से दूर था.

वहां से जिला अस्पताल जाने के लिए कोई साधन नहीं था, इसलिए भोर होते ही वह पिता के साथ गोरखपुर के लिए निकल पड़ा. रास्ते भर दोनों धर्मवीर की सलामती के लिए प्रार्थना करते रहे. सुबह 8 बजे तक दोनों गोरखपुर के थाना जीआरपी पहुंचे. थानाप्रभारी ने मृतक युवक के कपड़े उन्हें दिखाए तो कपड़े देखते ही दोनों रोने लगे. कपड़े धर्मवीर उपाध्याय के ही थे. मैडिकल कालेज ले जा कर जब उन्हें लाश दिखाई गई तो उन्होंने उस की पुष्टि धर्मवीर उपाध्याय के रूप में कर दी. शिनाख्त हो जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली. थानाप्रभारी गिरिजाशंकर त्रिपाठी ने प्रेमनारायण और उन के बेटे धर्मेश से बात की तो उन्होंने बताया कि धर्मवीर की हत्या महराजगंज के सुभाष पांडेय और कुशीनगर के संत यादव ने की होगी.

धर्मेश ने इन दोनों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करा दी. नामजद मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस ने दोनों की तलाश में उसी शाम उन के घरों पर दबिश डाली तो दोनों आरोपी अपनेअपने घरों से दबोच लिए गए. दोनों को पुलिस गोरखपुर ले आई. दोनों से सख्ती से पूछताछ की गई तो वे खुद को निर्दोष बताते हुए धर्मवीर की हत्या से साफ इनकार करते रहे. पूछताछ के बाद पता चला कि संत यादव कुशीनगर जिले के कसया कस्बे का बड़ा व्यवसाई था. उस के पास कई ट्रक थे. सुभाष पांडेय उस का बिजनैस पार्टनर था. घटना से करीब 15-20 दिनों पहले ही धर्मवीर उपाध्याय किसी परिचित के माध्यम से संत यादव के संपर्क में आया था.

धर्मवीर उपाध्याय गोरखपुर के सिकरीगंज इलाके डिगुलपुर गांव के रहने वाले प्रेमनारायण उपाध्याय का बड़ा बेटा था. प्रेमनारायण सीआरपीएफ के जवान थे, जो 2 साल पहले रिटायर हुए थे. धर्मवीर के अलावा उन का एक और बेटा धर्मेश था. संत यादव को ड्राइवर की जरूरत थी, इसलिए उन्होंने उसे अपने यहां नौकरी पर रख लिया था. अक्तूबर 2014 में संत यादव ने उसे सामान से भरा ट्रक ले कर असम भेजा था. धर्मवीर सामान ले कर असम पहुंचा. लौटते समय उसे वहां से 67 हजार रुपए भाड़ा मिला. असम से वापस लौटते समय धर्मवीर की संत यादव से बातचीत भी हुई थी, तब उस ने भाड़े के 67 हजार रुपए मिलने की बात बता दी थी. लेकिन हफ्ते भर बाद भी वह गोरखपुर नहीं पहुंचा तो संत यादव को चिंता हुई.

उस ने धर्मवीर को फोन किया, पर उस का फोन लगातार स्विच्ड औफ मिला. कई दिनों बाद भी जब उस का धर्मवीर से संपर्क नहीं हुआ तो उस के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आईं. इस के बाद संत यादव को विश्वास हो गया कि धर्मवीर ने उस के साथ बड़ा धोखा किया है. वह ट्रक और रुपए दोनों ले कर चंपत हो गया है. उस ने अपने स्तर पर उस का पता लगाना शुरू किया. कई दिनों बाद उसे ट्रक के बारे में पता चल गया. ट्रक बिहार के आरा जिले में लावारिस हालत में खड़ा था. आरा पहुंच कर संत यादव ट्रक ले कर वापस आ गया. उसे इस बात का शक होने लगा कि कहीं किसी ने धर्मवीर की हत्या तो नहीं कर दी.

इसी बीच धर्मवीर के घर वालों को उस की हत्या की जानकारी मिल गई. धर्मवीर के घर वालों को संत यादव और उस के साथी सुभाष पर ही शक हुआ. इसी शक के आधार पर धर्मेश ने दोनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करवाया था. यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस को भी लगने लगा कि पैसों के विवाद में ही इन दोनों ने मिल कर धर्मवीर की हत्या कर दी होगी. सच उगलवाने के लिए पुलिस कई दिनों तक उन से सख्ती से पूछताछ करती रही, लेकिन पुलिस उन दोनों से कोई ठोस जानकारी नहीं उगलवा पाई. तब पुलिस ने हिदायत दे कर उन्हें छोड़ दिया.

इस केस की मौनिटरिंग कार्यवाहक रेलवे पुलिस उपाधीक्षक नम्रता श्रीवास्तव कर रही थीं. उन्होंने इस केस को खोलने में लगी टीम की बैठक बुलाई. बैठक में हत्या के विभिन्न कोणों पर रोशनी डाली गई. बैठक में धर्मवीर के पारिवारिक पहलुओं पर जांच केंद्रित करने का फैसला किया गया. पुलिस ने जांच की गई तो पता चला कि धर्मवीर और उस की पत्नी मनीषा के रिश्तों के बीच काफी गहरी खाई है. मनीषा अपनी तीनों बेटियों को ले कर महराजगंज के फरेंदा गांव स्थित अपने मायके में रह रही थी. पुलिस को एक और चौंका देने वाली सूचना मुखबिर से मिली कि मनीषा की बुआ का बेटा पूना में रहता था.

वह क्रिमिनल था. पुलिस का ध्यान इसी बात पर गया कि कहीं ऐसा तो नहीं कि मनीषा ने उसी की मदद से पति को ठिकाने लगवा दिया हो? यानी कुल मिला कर पुलिस के शक की सूई मनीषा की तरफ घूम गई. शक के आधार पर पुलिस ने मनीषा से कई चक्र में पूछताछ की, लेकिन इस पूछताछ से भी कोई हल नहीं निकला. पुलिस की जांच में वह भी बेकसूर दिखी. पुलिस की जांच जहां से चली थी, वहीं फिर आ कर रुक गई. पुलिस को उस की कालडिटेल्स से काफी उम्मीद बंधी थी. धर्मवीर की कालडिटेल्स पुलिस चेक कर चुकी थी, उस से भी कोई खास जानकारी नहीं मिली.

पुलिस को सारी उम्मीदों पर पानी फिरता दिखाई दे रहा था. थानाप्रभारी की समझ में यह बात नहीं आ रही थी कि धर्मवीर की हत्या किस ने और क्यों की? एक दिन थानाप्रभारी अपने कक्ष में बैठे इसी घटना पर मंथन कर रहे थे. उसी समय उन के दिमाग में एक आइडिया आया. उसी आइडिया को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जिस जगह पर धर्मवीर की हत्या हुई थी, उस इलाके में उस दिन सक्रिय रहे मोबाइल नंबरों की जानकारी निकलवाई. पता चला कि उस दिन उस इलाके के फोन टावर के संपर्क में 35 हजार फोन नंबर आए थे. अब इतने नंबरों में से कातिल का नंबर ढूंढना आसान नहीं था. फिर भी उन्होंने अपनी टीम से उन सभी नंबरों का विश्लेषण कराया.

कई महीने की कड़ी मशक्कत के बाद उन नंबरों में से 4 नंबर संदिग्ध निकले. उन नंबरों की जांच की गई तो वे चारों नंबर स्विच्ड औफ मिले. उन नंबरों को पुलिस ने जांच के दायरे में ले लिया. इस बीच थानाप्रभारी एक बार फिर धर्मवीर के गांव डिगुलपुर पहुंचे. लोगों से बात करने पर उन्हें पता चला कि धर्मवीर शराबी तो था ही, अय्याश प्रवृत्ति का भी था. यह जानकारी उन के लिए अहम साबित हुई. छानबीन कर के वह गोरखपुर वापस लौट आए. इसी बीच मुखबिर ने उन्हें एक चौंका देने वाली सूचना दी. मुखबिर ने उन चारों संदिग्ध नंबरों को देख कर बताया कि उन में से एक नंबर कुशमिला उर्फ मुसकान नामक युवती का है. मुसकान कालगर्ल थी. उस का धंधा स्टेशन के इर्दगिर्द चलता था और घटना के बाद से वह गायब थी.

पुलिस ने मुसकान के फोन नंबर की जांच की तो पता चला कि उस ने अपना सिम फरजी आईडी पर लिया था, इसलिए पुलिस उस के ठिकाने तक नहीं पहुंच सकी. घटना को हुए 10 महीने बीत चुके थे, लेकिन पुलिस हत्यारों का पता तक नहीं लगा पाई थी. शक की सूई मुसकान पर थी, लेकिन उस का फोन स्विच्ड औफ था. पुलिस ने उस के नंबर को सर्विलांस पर लगा रखा था. अगस्त, 2015 में जैसे ही उस ने अपना फोन नंबर औन किया, तभी सर्विलांस से उस की लोकेशन बिहार के बेतिया जिले की आई. पुलिस ने कई दिनों तक उस के फोन पर होने वाली बातें सुनीं.

बातचीत के दौरान एक बार मुसकान के मुंह से गोरखपुर में मालखाने के पास एक युवक की हत्या करने की बात निकल गई. इस के बाद पुलिस को विश्वास हो गया कि धर्मवीर की हत्या में उस का हाथ है. उस के बाद पुलिस ने मुसकान की गिरफ्तारी की योजना बनाई. गुपचुप तरीके से गोरखपुर पुलिस बिहार के पश्चिमी चंपारण के बेतिया जिला पहुंची. स्थानीय पुलिस के सहयोग से गोरखपुर पुलिस ने पता लगा लिया कि मुसकान बेतिया में एक आर्केस्ट्रा कंपनी में काम करती है. पुलिस ने उस आर्केस्ट्रा कंपनी में दबिश दी. वहां जा कर पता चला कि वह तो 2 दिन पहले ही गोरखपुर चली गई. लिहाजा पुलिस खाली हाथ वापस लौट आई.

13 अगस्त, 2015 को सुबहसुबह एक मुखबिर ने इंसपेक्टर गिरिजा शंकर त्रिपाठी को फोन कर के सूचना दी कि पुराने पार्सल गेट पर मुसकान अपने एक साथी के साथ खड़ी है. वह कहीं भागने की फिराक में है. सूचना पक्की और बेहद महत्त्वपूर्ण थी, इंसपेक्टर त्रिपाठी बगैर देर किए घर से निकल लिए. जिस समय खबरी का फोन उन के पास आया था, उस समय वह घर से कार्यालय आने के लिए तैयार हो रहे थे. सूचना मिलने के 10 मिनट बाद वह थाने पहुंच गए. घर से निकलने से पहले उन्होंने टीम के सदस्यों को थाने में पहुंचने के लिए कह दिया था. थाने पहुंचते ही उन्हें एसएसआई सुधीर कुमार, एसआई राघवेंद्र मिश्र, हरीश तिवारी, हेडकांस्टेबल किसलय मिश्र, कांस्टेबल रणजीत पांडेय, अनिल कुमार, विजय सिंह, अभय पांडेय, संजय सिंह, संदीप यादव और महिला कांस्टेबल शीला गौड़ तैयार मिलीं.

टीम को ले कर वह पुराना पार्सल गेट नंबर 6 पर पहुंच गए. पुलिस ने गेट को चारों ओर से घेर लिया. पुलिस को देख कर मुसकान डर गई. उस ने वहां से खिसकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया. उसे और उस के साथी को गिरफ्तार कर के पुलिस थाने ले आई. पूछताछ में पता चला कि उस के साथ वाले युवक का नाम विजय पांडेय है. पुलिस ने उन से धर्मवीर उपाध्याय की हत्या किए जाने की वजह पूछी तो बिना किसी हीलाहवाली के दोनों ने अपना इकबालिया जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उन्होंने ही धर्मवीर की हत्या की थी. घटना को अंजाम देने में उन के 2 और साथी विकास कुमार उर्फ मुकेश और सुमेर कुमार उर्फ समीर भी शामिल थे.

फिर मुसकान और विकास ने पुलिस के सामने रोंगटे खड़े कर देने वाली जो कहानी बताई, वह इस प्रकार थी. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गांव डिगुलपुर के रहने वाले प्रेमनारायण उपाध्याय सीआरपीएफ में नौकरी करते थे. वह 2 साल पहले ही नौकरी से रिटायर हुए थे. उन के 2 बेटे थे धर्मवीर और धर्मेश. धर्मवीर गांव के आवारा लड़कों के साथ रह कर बिगड़ गया था. तब उन्होंने यह सोच कर महराजगंज के फरेंदा की मनीषा के साथ उस की शादी कर दी कि गृहस्थी में फंस कर वह सुधर जाएगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. यह बात 15 साल पहले की है.

शादी के बाद भी उस के चालचलन में कोई तब्दीली नहीं आई. आवारा दोस्तों के साथ घूमनेफिरने, शराब पीने की उस की आदत नहीं गई. मनीषा ने उसे समझाया भी, लेकिन उस पर कोई फर्क नहीं पड़ा. ऐसे में मनीषा के सामने आंसू बहाने के अलावा कोई उपाय नहीं बचा था. ऐसे शख्स से शादी कर के उस के सारे सपने रेत के ढेर की तरह ढह गए थे. इसी दौरान धर्मवीर ने ड्राइविंग सीख ली. वह ट्रक चलाने लगा. ट्रक ले कर वह जब भी बाहर जाता, 2-3 महीने बाद ही घर लौटता. इतने दिनों बाद घर लौटने पर भी वह परिवार के साथ कम यारदोस्तों के संग ज्यादा समय बिताता था. दोस्तों में ही कमा कर लाए हुए अधिकांश पैसे खर्च कर देता था. उस की इस आदत से उस के मांबाप ही नहीं, सासससुर भी चिंतित रहते थे.

इसी तरह शादी के 5-6 साल बीत गए. मनीषा भी 3 बेटियों की मां बन गई. मनीषा पति से नाखुश रहती थी. बच्चों के भविष्य की चिंता मनीषा को रहती थी. एक दिन वह तीनों बेटियों को ले कर ससुराल से मायके आ गई. धर्मवीर को जब यह पता चला तो वह गुस्से से पागल हो उठा. वह ससुराल पहुंच गया और पत्नी से लड़नेझगड़ने लगा. उस ने पत्नी को लाने के लिए काफी मिन्नतें कीं. लेकिन मनीषा ने ससुराल लौटने से साफ मना कर दिया. धर्मवीर ने ऐसा कई बार किया, पर मनीषा नहीं आई. 23-24 अक्तूबर, 2014 को धर्मवीर सामान से लदा ट्रक ले कर असम पहुंच गया था. सामान डिलीवरी करने के बाद उसे वहां से भाड़े के 67 हजार रुपए मिले.

एक साथ इतनी बड़ी रकम देखते ही धर्मवीर की नीयत डोल गई. ट्रक मालिक संत यादव ने जब भाड़े के बारे में उस से पूछा तो उस ने भाड़ा मिलने की बात बता दी. उस के बाद धर्मवीर ने अपना मोबाइल स्विच्ड औफ कर के रख दिया और ट्रक बिहार के आरा जिले में छोड़ कर ट्रेन से गोरखपुर आ गया. जब हफ्ते भर बाद भी धर्मवीर संत यादव के पास नहीं पहुंचा तो वह समझ गया कि धर्मवीर ने उस के साथ धोखा किया है. उधर रुपए ले कर धर्मवीर गोरखपुर के रास्ते अपनी ससुराल पहुंच गया. वह 1-2 दिन ससुराल में रुका. बच्चों और पत्नी को खुश करने के लिए खूब पैसे खर्च किए.

उस के बाद वहां से अपने साढ़ू के यहां महराजगंज चला गया. 2 दिन साढ़ू के यहां रुक कर 31 अक्तूबर, 2014 को शाम 6 बजे के करीब वह गोरखपुर पहुंच गया. उस समय उस के पास 40 हजार रुपए बचे थे. बाकी के 27 हजार रुपए वह खर्च कर चुका था. इधरउधर समय बिताने के बाद धर्मवीर साढ़े 9 बजे स्टेशन पहुंचा. वह अय्याश तो था ही, इसलिए वह यह भी जानता था कि उसे जिस चीज की तलाश है, वह यहीं मिलेगी. पैदल टहलते हुए वह पुराना पार्सल गेट नंबर-6 पहुंचा. वहां उसे 22 वर्षीय मुसकान मिली. बात करने पर मामला 500 रुपए में तय हो गया.

धर्मवीर मुसकान के साथ जाने से पहले शराब पीना चाहता था. उस ने मुसकान को यह बात बताई तो उस ने भी उस के साथ 2 पैग लेने को कह दिया. धर्मवीर उस की इच्छा जान कर खुश हो गया. वह उसे रिक्शे पर बैठा कर धर्मशाला बाजार ले गया. उस के पीछेपीछे मुसकान के साथी विकास पांडेय, विकास उर्फ मुकेश और सुमेर उर्फ समीर भी लग गए. वहीं से धर्मवीर ने शराब के साथ खाने के लिए मछली भी खरीदी. धर्मशाला बाजार के रेलवे लाइन के किनारे एक जगह बैठ कर दोनों ने मछली खाई और शराब पी. वहां से वे पुराना पार्सल गेट नंबर 6 पहुंचे. अब तक वहां गहरा सन्नाटा फैल गया था. वहीं पर धर्मवीर मुसकान के साथ हसरतें पूरी करना चाहता था. इस से पहले कि वह कुछ करता, तभी मुसकान के तीनों साथी वहां आ धमके.

अचानक सामने लड़कों को देख कर धर्मवीर सकपका गया. वे तीनों धर्मवीर से पैसों की मांग करने लगे तो दिखावे के लिए मुसकान ने उन लड़कों से विरोध जताया. धर्मवीर उन से उलझ गया. कुछ ही देर में धर्मवीर और उन तीनों लड़कों के बीच गुत्थमगुत्था हो गई. उसी दौरान सुमेर ने पीछे से धर्मवीर के दोनों हाथ पकड़ लिए और मुकेश ने धक्का दे कर पेट के बल गिरा दिया. सुमेर ने धर्मवीर की पीठ पर घुटना रख कर मुंह दबा दिया. विकास पांडेय के कहने पर मुसकान ने धर्मवीर के पैर दबोच लिए. तब धर्मवीर को लगा कि मुसकान भी इन लड़कों के साथ मिली है. वे लड़के नशेड़ी थे, इसलिए धर्मवीर उन के काबू में नहीं आ रहा था. फिर विकास पांडेय ने पास में पड़ा पत्थर उठा कर उस के सिर पर दे मारा.

पत्थर के वार से धर्मवीर का सिर फट गया और वह तड़पने लगा. विकास ने धर्मवीर की जेब टटोली. उस की जेब से 40 हजार रुपए निकले. इतने रुपए पा कर वे बहुत खुश हुए. चारों ने 10-10 हजार रुपए आपस में बांट लिए और तुरंत मौके से फरार हो गए. मुसकान और उस के साथियों ने पुलिस से बचने के लिए अपनेअपने मोबाइल औफ कर दिए. उन्होंने तय कर लिया कि कोई भी एकदूसरे को तब तक फोन नहीं करेगा जब तक मामला ठंडा नहीं हो जाता. मुसकान गोरखपुर छोड़ कर बेतिया, बिहार चली गई. कई साल पहले वह बेतिया में रह चुकी थी. वहां रह कर वह आर्केस्ट्रा कंपनी में नाचती थी. मुसकान गोरखपुर से बेतिया कैसे पहुंची, उस की रोमांचित कर देने वाली अपनी अलग कहानी है.

दरअसल, मुसकान गोरखपुर जिले के खोराबार के महेवा मंडी स्थित खिरवनिया गांव के रहने वाले रघुनाथ मल्लाह की बेटी थी. उसे बचपन से ही नाचनेगाने का शौक था. वह घर में टेलीविजन के कार्यक्रम देख कर नाचती थी. घर वालों को उस का यह काम पसंद नहीं था. 15 साल की उम्र में वह घर से बेतिया भाग गई और वहां अपने एक रिश्तेदार की मदद से आर्केस्ट्रा कंपनी में नाचने लगी. आर्केस्ट्रा कंपनी का मालिक उस का दैहिक शोषण करने लगा तो वह उस कंपनी को छोड़ कर दूसरी कंपनी में चली गई. वहां भी वह नहीं बच पाई. इस बार आर्केस्ट्रा के मालिक ने उस से प्रेमविवाह किया. 2-3 सालों तक मौजमस्ती करने के बाद उस ने मुसकान को छोड़ दिया.

ठोकरें खा कर मुसकान अपने घर लौट आई. घर वालों ने उसे घर में पनाह नहीं दी. दरदर की ठोकरें खाती मुसकान पेट की आग बुझाने के लिए अपने तन को बेचने पर मजबूर हो गई. उस से मिलने वाले पैसों से फुटपाथ पर खानाबदोश की जिंदगी शुरू की. फिर समय ने ऐसी करवट ली कि उस के हाथ खून से सन गए और वह हत्यारिन बन गई. कुशमिला उर्फ मुसकान को अपने किए पर बहुत पछतावा है. काश, उस ने घर वालों की बात मान ली होती तो शायद उसे यह दिन नहीं देखना पड़ता. कथा लिखे जाने तक चारों आरोपियों में से सुमेर उर्फ समीर को छोड़ कर बाकी 3 जेल की सलाखों के पीछे थे. समीर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया था. पुलिस तीनों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है. कथा लिखने तक किसी की जमानत नहीं हुई थी. Hindi True Crime

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

Haridwar Crime Story: विद्रोही बीवी का दंश

Haridwar Crime Story: नफीस और गुफराना आपसी मतभेदों के चलते अलगअलग रहने लगे थे. जब गुफराना को पता चला कि नफीस दूसरी शादी के चक्कर में है तो उस की करोड़ों की जायदाद के चक्कर में उस ने गुनाह की ऐसी भूमिका बनाई कि पुलिस भी चकरा गई. 26 अप्रैल, 2015 को सुबह के 11 बज रहे थे. जिला हरिद्वार के रुड़की शहर की सिविल लाइंस कोतवाली के एसएसआई आर.के. सकलानी कोतवाली में ही थे. पिछले कुछ दिनों से एटीएम मशीनों के साथ छेड़छाड़ और ठगी की शिकायतें मिल रही थीं. इसलिए आर.के. सकलानी क्षेत्र की एटीएम मशीनों की सुरक्षा व्यस्था की चैकिंग करने की सोच रहे थे. तभी उन के मोबाइल की घंटी बजने लगी. सकलानी ने काल रिसीव की तो पता चला कि दूसरी ओर शहर के विधायक प्रदीप बत्रा हैं.

बातचीत हुई तो प्रदीप बत्रा ने सकलानी को बताया कि कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला ग्रीनपार्क का रहने वाला 40 वर्षीय नफीस 9 अप्रैल से गायब है. उन्होंने यह भी बताया कि नफीस के घर वाले गांव बिझौली में रहते हैं और उसे सभी परिचितों और रिश्तेदारों के यहां ढूंढ़ चुके हैं. आर.के. सकलानी ने बत्रा साहब से कहा कि वह नफीस के घर वालों को उस के फोटो के साथ कोतवाली भेज दें. वह नफीस को ढूंढ़ने में उन की पूरी मदद करेंगे. थोड़ी देर बाद नफीस का भाई नसीर अपने 2 रिश्तेदारों के साथ कोतवाली सिविल लाइंस पहुंच गया. उसे चूंकि विधायकजी ने भेजा था, इसलिए सकलानी ने नफीस के लापता होने के मामले में पूरी दिलचस्पी लेते हुए नसीर से जरूरी बातें पूछीं.

उस ने बताया कि 9 अप्रैल को नफीस मोटरसाइकिल से अपने भतीजे साकिब के पास गया था. साकिब मदरसा जामिया तुलउलूम का छात्र था. शाम को उस ने साकिब को बाइक की चाबी दे कर कहा था कि वह थोड़ी देर में आ रहा है. लेकिन वह आज तक वापस नहीं लौटा. नसीर ने यह भी बताया कि उस के पास मोबाइल था, जो उसी दिन से बंद है.

‘‘नफीस की किसी से कोई दुश्मनी तो नहीं थी?’’ सकलानी के पूछने पर नसीर ने बताया कि नफीस सीधासादा इंसान था. उस की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. एसएसआई सकलानी ने नसीर से नफीस का फोटो ले कर उस की गुमशुदगी का मामला दर्ज करा दिया. उस का पता लगाने की जिम्मेदारी एसआई अजय कुमार को सौंपी गई. अजय कुमार ने भी नसीर से उस के भाई नफीस के बारे में विस्तृत पूछताछ की. चूंकि नफीस को गायब हुए 10 दिन हो चुके थे, इसलिए यह मामला थोड़ा गंभीर लग रहा था. अजय कुमार ने नफीस के कई रिश्तेदारों से पूछताछ भी की और उस के फोन की काल डिटेल्स भी निकलवाई. लेकिन कई दिनों की भागदौड़ के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला.

एक दिन सकलानी की एक वीआईपी ड्यूटी के बारे में पड़ोस की कोतवाली भगवानपुर के कोतवाल योगेंद्र सिंह भदौरिया से बात हुई तो बातोंबातों में भदौरिया ने बताया कि 20 दिनों पहले उन के इलाके में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली थी, जिस की शिनाख्त अभी तक नहीं हुई है. भदौरिया ने यह भी बताया कि मृतक क्रीम कलर की चैकदार शर्ट और मटमैले रंग की पैंट पहने था और उस का शरीर और चेहरा काफी हद तक कुचला हुआ था. यह सुन कर सकलानी ने सोचा कि कहीं वह लाश नफीस की ही न रही हो. यह बात दिमाग में आते ही उन्होंने एसआई अजय कुमार और मृतक के भाई नसीर को कोतवाली भगवानपुर भेजा.

चूंकि लाश काफी दिनों पहले मिली थी, इसलिए पुलिस ने 3 दिनों तक लाश की शिनाख्त का इंतजार करने के बाद उसे दफन करा दिया था. अलबत्ता लाश के कपड़े कोतवाली के मालखाने में ही रखे थे. पुलिस ने जब उन कपड़ों को नसीर को दिखाया तो वह उन्हें देखते ही रोने लगा. वे कपड़े नफीस के ही थे. भगवानपुर पुलिस ने बताया कि नफीस की लाश 9 से 10 अप्रैल, 2015 की रात को देहरादून रोड स्थित पुहाना गांव के तिराहे के पास मिली थी. लाश का चेहरा काफी हद तक कुचला हुआ था. इसीलिए उस की शिनाख्त नहीं हो सकी थी.

भगवानपुर कोतवाली के इंसपेक्टर योगेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि वे इस मामले को दुर्घटना समझ रहे थे. फिर भी उन्होंने मृतक की शिनाख्त कराने का पूरा प्रयास किया था. मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी उस की मृत्यु का कारण सिर की चोटों की वजह से अत्यधिक रक्तस्राव होना बताया गया था. शिनाख्त की काररवाई के बाद अजय कुमार रुड़की लौट आए. शाम को उन्होंने इस मामले में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आर.के. सकलानी, कोतवाल बी.डी. उनियाल व एएसपी प्रहलाद नारायण मीणा से विचारविमर्श किया. लंबी बातचीत से पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि यह मामला एक्सीडेंट का नहीं, बल्कि कत्ल का था.

एएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने जांच अधिकारी अजय कुमार को निर्देश दिया कि वह मृतक नफीस की काल डिटेल्स देख कर उन लोगों से पूछताछ करें, जिन्होंने घटना वाले दिन उसे फोन किया था. साथ ही उस की पारिवारिक स्थिति की गोपनीय जानकारी भी जुटाएं. एसआई अजय कुमार ने नफीस की पारिवारिक जानकारी जुटाई तो पता चला कि थाना मंगलौर के अंतर्गत आने वाले गांव बिझौली का रहने वाला 40 वर्षीय नफीस खेतीबाड़ी करता था. 18 वर्ष पूर्व नफीस का निकाह पुरकाजी, मुजफ्फरनगर की गुफराना उर्फ सुक्खी से हुआ था. दोनों के 2 बच्चे थे अजमल और एहतराम. नफीस के पास बिझौली में खेती की जमीन भी थी और मकान भी.

इस के अलावा रुड़की शहर में भी उस का एक मकान था. उस की कुल संपत्ति करीब ढाई करोड़ की थी. यह भी पता चला कि नफीस अय्याश किस्म का इंसान था. इसी वजह से 3 साल पहले उस की गुफराना से अनबन हो गई थी. वह दोनों बच्चों के साथ अपने मायके पुरकाजी में ही रह रही थी. यह सारी बातें एसएसपी स्वीटी अग्रवाल को पता चलीं तो उन्होंने इस मामले की जांच में एसओजी टीम को भी शामिल कर दिया. एसओजी टीम ने जब नफीस के मोबाइल फोन की काल डिटेल्स खंगालीं तो पता चला कि नफीस के लापता होने से पूर्व उस की एक नंबर पर बात हुई थी. उस नंबर पर एसओजी को कुछ संदेह हुआ. क्योंकि उस नंबर पर बात होने के बाद नफीस का मोबाइल स्विच औफ हो गया था.

एसओजी टीम के प्रभारी मोहम्मद यासीन ने जब उस नंबर की जांच की तो पता चला कि वह नंबर मोहल्ला झोझियान, पुरकाजी निवासी इकराम के नाम से था. पुलिस ने जब इकराम के बारे में सुरागरसी की तो मालूम हुआ कि वह कहने को तो ट्रक ड्राइवरी करता था, लेकिन आपराधिक प्रवृत्ति का था. 2 साल पहले वह एक मोटर- साइकिल लूट के मामले में थाना छपार, मुजफ्फरनगर में गिरफ्तार हो कर जेल भी गया था. फिलहाल वह घर से फरार है. इस के बाद सकलानी, अजय कुमार और एसओजी टीम ने इकराम की गिरफ्तारी के लिए मेरठ, गाजियाबाद व हापुड़ में उस के ठिकानों पर दबिश देनी शुरू कर दी.

आखिरकार 2 मई, 2015 को पुलिस ने इकराम को उस वक्त पुरकाजी से ही गिरफ्तार कर लिया, जब वह चोरीछिपे अपने घर वालों से मिलने आ रहा था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे रुड़की ले आई. कोतवाली में पुलिस ने जब उस से नफीस की हत्या के बारे में पूछताछ की तो उस ने स्वीकार कर लिया कि नफीस की हत्या की गई थी और वह हत्या की वारदात में शामिल था. उस ने यह भी बताया कि इस हत्या में उस की खुद की बीवी भूरी, महबूब और शमीम भी शामिल थे. जबकि हत्या की सुपारी नफीस की पत्नी गुफराना उर्फ सुक्खी ने दी थी. इकराम से पूछताछ के बाद इस मामले की हकीकत कुछ इस तरह सामने आई.

18 वर्ष पूर्व जब गुफराना और नफीस का निकाह हुआ था, इकराम काफी छोटा था. पुरकाजी में वह इन लोगों का पड़ोसी था. पड़ोसी होने के नाते इकराम गुफराना को फूफो कहता था. उस का एक भाई और 4 बहनें थीं. पैसे की कमी की वजह से उस की बहनों की शादियां नहीं हुई थीं. इकराम बाइक लूट के अपने मुकदमे की पैरवी के लिए मुजफ्फरनगर कोर्ट जाता रहता था. भूरी नाम की एक तलाकशुदा महिला भी अपने पति से चल रहे तलाक के मुकदमें की वजह से वहां आतीजाती थी. वहीं पर दोनों की मुलाकात हुई. धीरेधीरे मुलाकातें बढ़ने लगीं तो इकराम भूरी की मदद करने लगा.

बाद में इकराम ने भूरी से निकाह कर लिया और मुजफ्फरनगर के मोहल्ला लद्दावाला में किराए का मकान ले कर रहने लगा. एक बार इकराम पुरकाजी आया तो एक दिन फूफी गुफराना उसे मिल गई. दोनों की पुरानी जानपहचान थी, इसलिए खूब बातें हुईं. बातोंबातों में गुफराना ने उसे बताया कि उस का शौहर नफीस किसी औरत से दूसरा निकाह करने वाला है, इसलिए उस ने बच्चों सहित उसे घर से निकाल दिया है. गुफराना ने इकराम से यह भी कहा कि अगर किसी तरह वह नफीस को ठिकाने लगा दे तो वह उसे 8 लाख रुपए देगी. कुछ दिनों तक इकराम ने गुफराना की इस बात पर खास ध्यान नहीं दिया. लेकिन जब एक दिन उस ने बड़ी गंभीरता से कहा कि 8 लाख की रकम कम नहीं होती तो वह नफीस की हत्या करने के लिए तैयार हो गया. इस के बाद दोनों ने मिल कर नफीस की हत्या की योजना बना ली.

इस के बाद गुफराना ने इकराम को एडवांस के तौर पर 80 हजार रुपए भी दे दिए. गुफराना ने नफीस का मोबाइल नंबर भी इकराम को दे दिया. योजना के अनुसार, इकराम ने 19 मार्च, 2015 को रुड़की की रामपुर चुंगी के निकट भूरी के रहने के लिए किराए के एक कमरे का इंतजाम कर दिया. आगे की योजना के तहत एक दिन भूरी ने नफीस के मोबाइल पर मिसकाल की. इस के जवाब में नफीस ने लौट कर फोन किया और भूरी से लंबी बात की. इस के बाद भूरी और नफीस एकदूसरे को अकसर फोन करने लगे. कुछ ही दिनों में भूरी ने नफीस को अपने प्रेमजाल में फांस लिया. इस के बाद नफीस अकसर उस से मिलने उस के कमरे पर जाने लगा.

नफीस को सपने में भी गुमान नहीं था कि जिस खूबसूरत औरत के प्रेमजाल में फंस कर वह पैसा उड़ा रहा है, वह उस की मौत का तानाबाना बुन चुकी है. बहरहाल षडयंत्र से अनभिज्ञ नफीस भूरी के भ्रमजाल में फंसा रहा. योजना के तहत 9 अप्रैल, 2015 को इकराम ने देहरादून जाने के लिए 2500 रुपए में पुरकाजी निवासी सुनील की टैक्सी बुक की और शाम को अपने दोस्तों शमीम और जावेद के साथ रामपुर चुंगी स्थित भूरी के कमरे पर आ गया. टैक्सी ड्राइवर अर्जुन उन के साथ था. योजना के अनुसार, गुफराना का भाई महबूब भी उस वक्त भूरी के कमरे पर मौजूद था. शाम 7 बज कर 30 मिनट पर भूरी ने फोन कर के नफीस को अपने कमरे पर बुलवा लिया.

जब नफीस कमरे पर आया तो महबूब और जावेद बाहर खड़ी कार में बैठ गए. भूरी ने नफीस से कमरे पर मौजूद शमीम का परिचय अपने रिश्तेदार के रूप में कराया. इस के बाद वह दूध गरम करने लगी. उधर थोड़ी देर बैठे रहने के बाद इकराम ने टैक्सी चालक अर्जुन से कहा कि अभी बच्चों को तैयार होने में देर लगेगी, तब तक तुम जावेद के साथ जा कर अपनी शाम रंगीन कर लो. टैक्सी की चाबी मुझे दे दो, मैं इस में तेल डलवा देता हूं. इस के बाद टैक्सी चालक अर्जुन जावेद के साथ शराब के ठेके पर पहुंच गया, जहां उस ने खूब शराब पी. जावेद उसे पीने के लिए उकसा रहा था. दूसरी ओर भूरी ने नफीस की नजर बचा कर गर्म दूध में नशे की 4 गोलियां डाल दी थी. नफीस भूरी पर अंधविश्वास करता था. उस ने दूध पी लिया.

नशीला दूध पीने के बाद नफीस को नींद आने लगी तो वह वहीं सो गया. तभी शमीम और इकराम कमरे में आए. आते ही उन्होंने नफीस का गला दबा कर उस की हत्या कर दी. इस के बाद वे उस की लाश को टैक्सी की पिछली सीट पर डाल कर गांव सालियर होते हुए पुहाना जहाजगढ़ मार्ग पर ले आए. एक सुनसान जगह देख कर इन लोगों ने नफीस की लाश को सड़क के किनारे फेंक दिया. नफीस की लाश की शिनाख्त न हो सके, इस के लिए इकराम ने कई बार टैक्सी आगेपीछे कर के उस का मृत शरीर और चेहरा कुचल दिया, ताकि यह दुर्घटना का मामला लगे. इस के बाद तीनों वापस भूरी के कमरे पर आ गए.

ड्राइवर अर्जुन और जावेद नशे में धुत हो कर रात 12 बजे वापस लौटे. रात को सब वहीं सो गए. सुबह इकराम ने अर्जुन को उलाहना दिया कि तुम्हारे ज्यादा पीने की वजह से हम देहरादून नहीं जा सके. इकराम को यकीन था कि अर्जुन कुछ भी नहीं समझ पाया होगा. अगले दिन सुबह 7 बजे शमीम व जावेद बाइक से मुजफ्फरनगर चले गए तथा इकराम व भूरी टैक्सी से पुरकाजी लौट आए. नफीस की जेब से निकाला पैसों से भरा पर्स इकराम ने भूरी को सौंप दिया था.

नफीस की हत्या का खुलासा होने के बाद एसआई अजय कुमार ने नफीस की गुमशुदगी का मुकदमा भादंवि की धारा 302, 201, 328, 34 व 120 बी में परिवर्तित कर दिया. इस के बाद एसओजी प्रभारी मोहम्मद यासीन तथा उन की टीम के सदस्यों, अशोक, जाकिर, आशुतोष तिवारी, कपिल, शेखर, राहुल, अमित, पूरण, हेमंत, अंशु चौधरी और रश्मि गुज्यांल ने पुरकाजी व मुजफ्फरनगर में दबिशें दे कर गुफराना व भूरी को भी गिरफ्तार कर लिया और रुड़की ले आए. भूरी व गुफराना ने अपने बयानों में इकराम के बयानों का ही समर्थन किया. गुफराना ने बताया कि वह इकराम को अपने शौहर नफीस की हत्या की सुपारी के 80 हजार रुपए दे चुकी है तथा शेष रकम अपना आम का बाग बेच कर देती.

इस के बाद पुलिस ने भूरी की निशानदेही पर मृतक नफीस का पर्स उस के मुजफ्फरनगर स्थित मकान से बरामद कर लिया. उस की निशानदेही पर आर.के. सकलानी ने हत्या में इस्तेमाल इंडिका टैक्सी पुरकाजी से बरामद कर ली. 3 मई, 2015 को एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने इकराम, भूरी और गुफराना उर्फ सुक्खी को मीडिया के सामने पेश कर के नफीस हत्याकांड का खुलासा किया. तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की भनक पा कर अभियुक्त जावेद, शमीम व महबूब फरार हो गए थे. पुलिस उन की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत थी. Haridwar Crime Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Delhi Crime Story: कंबल में लपेट दिया अपना रिलेशन

Delhi Crime Story: पति की हत्या के आरोप में जेल गई अनीता, जमानत पर छूटने के बाद अपनी सहेली पुष्पा के भाई शिवनंदन के साथ ही लिवइन रिलेशन में रहने लगी. इसी दौरान उन दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ कि शिवनंदन ने लिवइन रिलेशन को कंबल में लपेट कर रख दिया.

बात पहली जून, 2015 की है. सुबह करीब साढ़े 8 बजे दिल्ली के उत्तर पश्चिमी जिले के थाना आदर्श नगर के ड्यूटी औफिसर को पुलिस नियंत्रण कक्ष द्वारा सूचना मिली कि मजलिस पार्क के मकान नंबर ए/308 से दुर्गंध आ रही है और दरवाजे पर ताला लगा है. ड्यूटी औफिसर ने इस काल के बारे में थानाप्रभारी संजय कुमार को अवगत करा दिया. बंद मकान से बदबू आने की बात सुन कर ही थानाप्रभारी समझ गए कि वहां कुछ न कुछ गड़बड़ जरूर है. क्योंकि इस तरह की जो भी काल आती हैं, उन में से ज्यादातर मामले हत्या के ही निकलते हैं. यानी कोई किसी की हत्या कर के लाश को कमरे में छिपा कर दरवाजा बंद कर के फरार हो जाता है.

बहरहाल थानाप्रभारी पुलिस टीम के साथ मजलिस पार्क की तरफ निकल गए. जहां से बदबू आने की बात कही गई थी, वह पहली मंजिल पर था. पुलिस ने भी उस मकान से आती हुई दुर्गंध को महसूस किया. वहीं पर करीब 20 साल का एक युवक नीरज भी था. वह उस मकान में रहने वाले शिवनंदन का सौतेला बेटा था. नीरज ने पुलिस को बताया कि मकान की चाबी उस के पिता के पास है और वह पता नहीं कहां चले गए. तभी आसपास रहने वाले लोग भी वहां आ गए. उन्होंने भी दुर्गंध वाली बात उन्हें बताई. वहां मौजूद लोगों की मौजूदगी में पुलिस ने दरवाजे पर लगा ताला तोड़ कर जैसे ही किवाड़ खोले तो बदबू और बढ़ गई. नाक पर रुमाल रख कर पुलिस घर में घुसी और यह खोजने लगी कि यह बदबू आ कहां से रही है.

दरवाजे के पास ही एक बरामदा था. फिर एक कमरा बना था. उस के बराबर में किचन थी. किचन के पास बाथरूम था. फिर उस के बराबर में एक कमरा था. कमरे के पीछे बालकनी थी. पुलिस ने कमरे और बाथरूम को छान मारा लेकिन वहां कुछ नहीं मिला. इस के बाद पुलिस किचन में पहुंची तो वहां 2 चूहे मरे मिले. उन चूहों से तेज बदबू आ रही थी इसलिए पुलिस ने नीरज से उन चूहों को फिकवा दिया. पुलिस तो बदबू के दूसरे ही मायने लगा रही थी, लेकिन वहां मामला दूसरा ही निकला. लिहाजा थानाप्रभारी राहत की सांस ले कर वहां से चले गए. करीब साढ़े 9 बजे थानाप्रभारी के मोबाइल पर नीरज का फोन आया. उस ने उन्हें बताया कि मकान से बदबू अभी भी आ रही है. मकान का कोनाकोना छान मारा. लेकिन अब कोई मरा हुआ चूहा भी नहीं मिला. फिर भी पता नहीं बदबू कहां से आ रही है.

थानाप्रभारी एसआई प्रवीण कुमार के साथ एक बार फिर मजलिस पार्क में उसी मकान पर पहुंच गए. इस बार वहां नीरज के साथ उस का सौतेला पिता शिवनंदन भी मिल गया. बदबू महसूस होने पर पुलिस ने एक बार फिर से खोजबीन शुरू कर दी. इस बार भी बदबू किचन की तरफ से ही आ रही थी. पुलिस ने सोचा कि पहले की तरह कोई चूहा ही मरा पड़ा होगा. वह किचन में खोजबीन करने लगी. लेकिन वहां कुछ दिखाई नहीं दे रहा था. तभी पुलिस की नजर ऊपर की तरफ स्लैब पर बने लकड़ी के रैक पर गई. उस रैक को जैसे ही खोला तो बदबूदार भभका आया.  रैक में एक कंबल दिखाई दिया. देखने पर लग रहा था जैसे उस कंबल में कोई इंसान लिपटा हुआ हो.

पुलिस ने वह कंबल उतार कर खोला तो उस में एक युवती की लाश निकली उस की उम्र करीब 40 साल थी. वह महिला क्रीम कलर का सूट पहने हुए थी. जिस पर ब्राउन कलर के फूल थे. जामुनी रंग की चुन्नी भी उस के गले में थी. लाश को देखते ही नीरज चीखते हुए बोला कि यह तो मेरी मां अनीता है. शिवनंदन भी रो रहा था क्योंकि वह उसी के साथ पत्नी बन कर लिवइन रिलेशन में रह रही थी. शिवनंदन और उस के सौतेले बेटे से पुलिस ने अनीता की हत्या के बारे में पूछा तो दोनों ने बताया कि अनीता की हत्या किस ने की, इस बारे में उन्हें कुछ पता नहीं है. गम के माहौल में पुलिस ने उन दोनों से ज्यादा पूछताछ तो नहीं की लेकिन पुलिस के शक की सुई दोनों बापबेटों पर ही टिकी थी.

मौके पर क्राइम इनवैस्टीगेशन टीम को बुला कर पुलिस ने घटनास्थल की जरूरी काररवाई पूरी की और लाश को पोस्टमार्टम के लिए जहांगीरपुरी के बाबू जगजीवनराम मेमोरियल अस्पताल भिजवा दिया. हत्या के इस मामले को सुलझाने के लिए थानाप्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम बनाई गई, जिस में इंसपेक्टर राकेश कुमार, एसआई प्रवीण कुमार, हेडकांस्टेबल बालकिशन, राजेंद्र सिंह, अंगद सिंह, कांस्टेबल नवीन कुमार, गजेंद्र, विकास, मनोज आदि को शामिल किया गया. जिस मकान में अनीता की लाश मिली थी, उस में शिवनंदन और अनीता का बेटा नीरज भी रहता था. उन दोनोें के होते हुए कोई मकान में वारदात कर के चला जाए और इस बात की भनक उन्हें न लगे, ऐसी संभावना बहुत कम थी.

दोनों में से कोई न कोई हत्या का राज जरूर जानता होगा. ऐसा पुलिस का मानना था. लिहाजा उन दोनों से पूछताछ करने के लिए पुलिस ने उन्हें थाने बुला लिया. पूछताछ में शिवनंदन ने बताया कि वह आजादपुर मंडी में काम करता है. रोजाना सुबह जल्दी घर से निकलने के बाद देर रात को घर लौटता है. नीरज भी सब्जीमंडी में दूसरी जगह काम करता था. वह भी सुबह घर से जाने के बाद शाम को घर लौटता है.

‘‘जब तुम लोग घर से निकल जाते थे तो घर पर अनीता ही रह जाती होगी?’’ थानाप्रभारी ने उन से पूछा.

‘‘हां, घर पर वही रहती थी.’’ शिवनंदन बोला.

‘‘तो कौन से दिन वह घर पर नहीं मिली?’’ थानाप्रभारी ने जानना चाहा.

‘‘29 मई को जब हम शाम को घर आए तो वह घर से गायब मिली.’’ शिवनंदन ने बताया.

‘‘फिर तुम ने उस की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई?’’ थानाप्रभारी ने पूछा.

‘‘नहीं, पुलिस में खबर इस वजह से नहीं की क्योंकि वह कईकई दिनों के लिए घर से गायब हो जाती थी. यही सोचा कि वह 2-4 दिनों में आ जाएगी.’’ शिवंनदन ने कहा.

‘‘बाहर…बाहर कहां और क्यों जाती थी?’’ थानाप्रभारी चौंके.

‘‘सर, पता नहीं कहां जाती थी. मगर इतना पता है कि एक बार वह जिस्मफरोशी के आरोप में चंडीगढ़ पुलिस द्वारा और नशीले पदार्थ की तस्करी के आरोप में पंचकुला पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई थी.’’ शिवनंदन ने बताया.

यह सुन कर पुलिस समझ गई कि अनीता जरूर आवारा और आपराधिक प्रवृत्ति की रही होगी. चाहे वह जैसी भी रही हो, उस का मर्डर तो हुआ ही था. एक बात तो तय थी कि उस का मर्डर बड़ी तसल्ली से उस घर में ही किया गया था. यह काम घर का कोई नजदीकी व्यक्ति ही कर सकता है. वह व्यक्ति कौन हो सकता है, जानने के लिए थानाप्रभारी ने शिवनंदन से पूछा कि उन के घर में और कौनकौन आता था?  जब शिवनंदन ने बताया कि कोई नहीं आता था तो पुलिस को शिवनंदन पर शक गहरा गया. उस से सख्ती से पूछताछ की तो उस ने स्वीकार कर लिया कि अनीता की हत्या उस ने ही की थी.

अनीता ने उस के सामने ऐसे हालात पैदा कर दिए थे जिस की वजह से उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा था. उस ने अनीता की हत्या करने के पीछे की जो कहानी बताई वह बड़ी दिलचस्प निकली. शिवनंदन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के अथर गांव के रहने वाले गयाप्रसाद का बेटा था. शिवनंदन के अलावा गया प्रसाद के एक बेटा और 5 बेटियां थीं. गयाप्रसाद खेतीबाड़ी कर के अपने परिवार का भरणपोषण कर रहे थे. जैसेजैसे बच्चे जवान होते गए वह उन की शादी करते गए. उन्होंने मंझली बेटी पुष्पा की शादी उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मजलिस पार्क में रहने वाले रमेश चंद से की थी. रमेश आजादपुर सब्जी मंडी में काम करता था.

रमेश का काम अच्छा चल रहा था. 10 साल की उम्र में शिवनंदन भी अपने बहनोई रमेश के पास दिल्ली आ गया. रमेश ने उसे पढ़ाना चाहा लेकिन उस का पढ़ाई में मन नहीं लगा तो रमेश उसे अपने साथ ही काम पर सब्जीमंडी में ले जाने लगा. कुछ दिनों में ही वह मंडी का काम समझ गया. इस तरह वह 14-15 साल की उम्र में ही पैसे कमाने लगा था. वह जो पैसे कमाता उन्हें अपने पिता के पास भेज देता था. इस बीच अनीता 2 बेटों और एक बेटी की मां बन गई थी. बताया जाता है कि शिवनंदन की बहन पुष्पा के अपने भतीजे से ही नाजायज संबंध हो गए थे. इस बात की जानकारी रमेश को हुई तो उस ने पत्नी पुष्पा को समझाया.

पुष्पा को जब लगा कि उस के अवैध संबंधों में पति बाधक है तो उस ने सन 2004 में पति की हत्या कर दी. पति की हत्या के आरोप में पुष्पा को जेल जाना पड़ा. तब शिवनंदन ने ही अपने दोनों भांजों और भांजी की परवरिश की. एक साल बाद जेल में ही पुष्पा की मुलाकात अनीता से हुई. अनीता मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली थी. उस की शादी दिल्ली के खजूरी खास क्षेत्र के रहने वाले देवेंद्र सिंह से हुई थी. बताया जाता है कि सन 2005 में उस ने भी अपने पति की हत्या कर दी थी. पति की हत्या के आरोप में उसे जेल जाना पड़ा था. अनीता के 2 बेटे थे नीरज और सूरज. उस के जेल जाने के बाद बच्चों को लक्ष्मीनगर में रहने वाली उन की मौसी ले गई थी.

पुष्पा और अनीता हमउम्र थीं इसलिए जेल में वे दोनों अच्छी दोस्त बन गई थीं. शिवनंदन जेल में अपनी बहन से मिलने जाता ही था. वहीं पर बहन ने उस की मुलाकात अनीता से कराई थी. अविवाहित शिवनंदन अनीता से मिल कर बहुत प्रभावित हुआ. वह उसे मन ही मन चाहने लगा. अनीता की वजह से वह जल्दजल्द बहन से मिलने जाने लगा. इसी बीच पुष्पा को सजा हो गई तो वह सजा पूरी कर के घर आ गई. कई साल पहले अनीता के मांबाप की मौत हो चुकी हो चुकी थी. दिल्ली के लक्ष्मीनगर में जो उस की बहन रह रही थी, वह भी ऐसी नहीं थी जो उस की जमानत करा सके. उस की जमानत कराने वाला कोई नहीं था जिस से वह जेल में ही बंद थी.

पुष्पा चाहती थी कि किसी तरह अनीता भी जेल से बाहर आ जाए. इसलिए एक दिन उस ने शिवनंदन से उस की जमानत कराने को कहा. शिवनंदन भी यही चाहता था, इसलिए उस ने सन 2010 में किसी तरह अनीता की जमानत करा दी. जमानत के बाद अनीता को पुष्पा ने अपने घर ही रख लिया. शिवनंदन की कमाई से ही घर का खर्चा चल रहा था. एक ही घर में रहने की वजह से शिवनंदन और अनीता एकदूसरे के बेहद नजदीक आ गए. पुष्पा को उन के संबंधों की भनक लग चुकी थी. उन से इस बारे में कुछ कहने के बजाय उस ने मुंह फेर लिया.

इतना ही नहीं, पुष्पा का उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र में एक मकान और था. वह अपने तीनों बच्चों को ले कर बुराड़ी चली गई. मजलिस पार्क वाले मकान में शिवनंदन ही रहने लगा, मगर वह इस के बदले बहन को किराया दे देता था. शिवनंदन और अनीता ने जब महसूस किया कि उन के संबंधों पर पुष्पा को कोई आपत्ति नहीं है तो उन की हिम्मत और बढ़ गई. इस के बाद वे बिना शादी किए पतिपत्नी की तरह रहने लगे. हालांकि अनीता उस से उम्र में 15 साल बड़ी थी, इस के बाद भी दोनों के इस तरह रहने पर पुष्पा भी खुश थी. अनीता ने अपने दोनों बेटों को भी अपने पास बुला लिया. बड़ा बेटा सूरज अपने किसी जानकार के साथ नौकरी के लिए मुंबई चला गया. तब से वह मुंबई में ही है. जबकि छोटा 20 साल का नीरज मां के साथ ही रह रहा था. नीर को शिवनंदन ने आजादपुर सब्जी-मंडी में काम पर लगवा दिया.

शिवनंदन तो सुबह ही घर से मंडी के लिए निकल कर देर शाम को ही घर लौटता था. इस दौरान अनीता अकेली ही घूमने के लिए निकल जाती थी. वह कहां जाती और किस के साथ घूमती थी, यह बात वह पुष्पा को भी नहीं बताती थी. शिवनंदन को जब अनीता की इस हरकत की जानकारी मिली तो उस ने उसे समझाया लेकिन वह नहीं मानी. इस के बाद तो उस की हिम्मत इतनी बढ़ गई कि वह कईकई दिनों तक घर से बाहर रहने लगी. इस दौरान वह अपना फोन भी स्विच्ड औफ कर लेती थी. अनीता जब अपनी मनमरजी करने लगी तो शिवनंदन ने भी उस से कहनासुनना बंद कर दिया.

शिवनंदन को पता नहीं था कि वह गलत धंधा भी करने लगी है. वह गलत धंधा क्या है इस का पता उसे तब लगा जब वह 3 साल पहले नशीले पदार्थ के साथ पंचकुला पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई. ड्रग की खेप वह दिल्ली से पंजाब पहुंचाने जा रही थी. पुष्पा को अनीता के गिरफ्तार होने की जानकारी मिली तो वह हैरान रह गई. उसे लगा कि अनीता शायद गलत तरह के लोगों के बीच फंस गई है और वे लोग उस से ड्रग सप्लाई करा रहे हैं. वह उस से बात कर के सच्चाई जानना चाहती थी. इसलिए वह उस से जेल में मिलने पहुंच गई. पुष्पा को देखते ही अनीता फूटफूट कर रोई. अनीता ने उसे बताया कि ड्रग सप्लाई का काम वह किसी के दबाव में कर रही थी. यानी पुष्पा जैसा सोच रही थी, बात वही निकली.

बहरहाल पुष्पा को अनीता पर दया आ गई. और उस ने भाई से कह कर उस की जमानत करा ली. वह फिर से शिवनंदन के साथ ही रहने लगी. कुछ दिनों तक तो अनीता वहां ठीक रही, बाद में वह अपने पुराने ढर्रे पर उतर आई. बिना बताए घर से निकल कर देर रात घर लौटना जैसे उस का रोज का नियम बन गया था. शिवनंदन उसे डांटता तो वह 2-4 दिन तो ठीक रहती उस के बाद वही उस का घूमनाफिरना शुरू हो जाता था. पुष्पा को कभीकभी गुस्सा आता कि वह उसे घर से निकाल दे लेकिन यह सोच कर खयाल भी आ जाता था कि इस के मांबाप तो हैं नहीं. यहां के बाद ये जाएगी कहां. इसलिए वह बारबार अनीता को समझाती ही रहती थी.

शिवनंदन को कोई परेशानी न हो इसलिए उस ने अपने घर के दरवाजे पर लगने वाले ताले की दूसरी चाबी अपने पास रख ली. करीब एक साल पहले वह अचानक घर से फिर गायब हो गई. उस का मोबाइल फोन भी स्विच्ड औफ था. शिवनंदन और पुष्पा ने उसे संभावित जगहों पर तलाशा लेकिन वह कहीं नहीं मिली. फिर 4-5 दिनों बाद पुष्पा के मोबाइल पर चंडीगढ़ पुलिस का फोन आया. पुलिस ने बताया कि अनीता वेश्यावृत्ति के आरोप में गिरफ्तार की गई है. यह खबर मिलते ही पुष्पा चौंक गई. इस के बाद वह समझ गई कि अनीता कईकई दिनों तक बाहर क्यों रहती है. उस ने यह बात शिवनंदन को बताई तो वह भी हैरान रह गया.

अब की बार शिवनंदन ने तय कर लिया कि वह अनीता से न तो जेल में मिलने जाएगा और न ही उस की जमानत कराएगा लेकिन पुष्पा के मन में तो अब भी उस के लिए दया थी. आखिर उस ने शिवनंदन को चंडीगढ़ जाने के लिए तैयार कर लिया. दोनों ने उस से जेल में मुलाकात की. अनीता ने इस बार भी लाख सफाई दी कि उसे झूठे आरोप में फंसाया गया है, वह बेकुसूर है. लेकिन शिवनंदन को उस पर विश्वास नहीं हुआ क्योंकि वह उस का विश्वास पहले ही तोड़ चुकी थी. अनीता पुष्पा से इस बार और माफ करने के लिए गिड़गिड़ाने लगी. उस के आंसू देख कर पुष्पा का दिल फिर से पसीज गया. लिहाजा भाई से कहसुन कर उस ने अनीता की फिर से जमानत करा ली.

इस बार उस ने अनीता को हिदायत दी कि वह अब कोई ऐसावैसा काम न करे जिस से उन्हें परेशानी हो. अनीता ने वादा तो कर लिया लेकिन उसे निभा नहीं पाई. फिलहाल उस ने घर से बाहर निकलना तो बंद कर दिया था, पर वह घर पर ही अपने फोन से पता नहीं किसकिस से बतियाती रहती थी. शिवनंदन उस के आचरण को जान ही चुका था. इसलिए उसे इस बात का शक था कि वह अपने किसी यार से ही बात करती होगी. उस ने इस बारे में अनीता से पूछा भी पर अनीता यही कह देती कि अपनी सहेलियों से बातें करती है. 29 मई, 2015 को अनीता का बेटा नीरज सब्जीमंडी गया हुआ था. शिवनंदन घर पर ही था. अनीता उस दिन भी अपने फोन पर काफी देर से किसी से बातें कर रही थी. शिवनंदन मन ही मन कसमसा रहा था. जैसे ही अनीता की बात खत्म हुई तो शिवनंदन ने पूछा, ‘‘किस का फोन था जो इतनी लंबी बात चली?’’

‘‘तुम्हें क्यों बताऊं किस का फोन था. जब तुम किसी से बातें करते हो तो मैं क्या तुम से पूछती हूं?’’ अनीता बोली.

‘‘मैं इतनी देर तक किसी से बात भी तो नहीं करता. और यदि तुम्हारे पूछने पर मैं नहीं बताता तो कहती.’’ उस ने कहा.

‘‘देखोजी, मैं किसी से बात करूं या ना करूं इस से तुम्हें कोई मतलब नहीं होना चाहिए.’’ अनीता तुनक कर बोली.

इसी बात पर अनीता और शिवनंदन के बीच कहासुनी हो गई. अनीता ने शिवनंदन पर हाथ छोड़ दिया. शिवनंदन भी आपा खो बैठा उस ने दोनों हाथों से अनीता का गला दबा दिया. कुछ ही देर में अनीता का दम घुट गया. उस के मरते ही शिवनंदन घबरा गया. उस ने गुस्से में अनीता को मार तो दिया, लेकिन अब उस के सामने समस्या यह थी कि वह उस की लाश को ठिकाने कहां लगाए. अगर वह उसे कहीं बाहर ले जाए तो उस के पकड़े जाने की संभावना थी. लिहाजा वह उसी घर में उसे ठिकाने लगाने की सोचने लगा. काफी सोचनेविचारने के बाद उस ने एक कंबल में उस की लाश लपेट ली. फिर उसे किचन के ऊपर के स्लैब पर बनी लकड़ी की रैक में छिपा दिया. इस के बाद वह मकान के दरवाजे पर ताला लगा कर सब्जीमंडी चला गया.

शाम को शिवनंदन और नीरज सब्जीमंडी से लौटे तो नीरज ने घर में मां को नहीं देखा तो वह चौंका. तब शिवनंदन ने कह दिया कि वह पहले की तरह कहीं गई होगी. अनीता कईकई दिनों के लिए अचानक घर से गायब हो जाती थी, इसलिए वह कुछ नहीं बोला. उसे पता नहीं था कि उस की मां अब इस दुनिया में नहीं है. 2-3 दिनों बाद लाश सड़ने लगी तो शिवनंदन ने किचन में खाना बनाना बंद कर दिया ताकि नीरज को कोई शक न हो. वह बाजार से ही खाना मंगाने लगा. उधर अनीता की लाश से बदबू वाला तरल पदार्थ रिसने लगा. उस तरल पदार्थ को शायद किचन में गए चूहों ने पीया होगा, जिस से उन की मौत हो गई. शिवनंदन और नीरज रोजाना ही उसी घर में सोते थे. बदबू बढ़ने पर नीरज ने उस से पूछा भी लेकिन शिवनंदन ने कोई चूहा मरने की बात कह कर उस की बात टाल दी.

पहली जून को शिवनंदन और नीरज अपने काम पर निकल गए. नीरज किसी काम से घर आया तो उस से पड़ोसियों ने बदबू आने वाली बात बताई. उसी दौरान किसी ने पुलिस को फोन कर दिया. फोन काल पर पुलिस वहां आई और मरे हुए चूहे निकलवा कर चली गई. एकडेढ़ घंटे बाद शिवनंदन भी वहां आ गया. उसे जब पता चला कि किचन में जाने के बावजूद भी पुलिस लाश का पता नहीं लगा पाई तो वह बहुत खुश हुआ. उस ने सोचा कि अब वह पकड़ा नहीं जाएगा. लेकिन उस की यह खुशी केवल कुछ देर तक ही रही. क्योंकि उसी दौरान बदबू आने की शिकायत पुलिस से दोबारा जो कर दी गई थी. दूसरी बार पहुंची पुलिस ने बदबू की वजह ढूंढ ही निकाली.

शिवनंदन से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे हत्या और लाश ठिकाने लगाने के आरोप में गिरफ्तार कर के जिला एवं सत्र न्यायालय रोहिणी के महानगर दंडाधिकारी कपिल कुमार के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. शिवनंदन और पुष्पा ने अनीता को सुधरने के कई मौके दिए थे लेकिन अनीता अपनी बढ़ती महत्त्वाकांक्षाओं के चलते गलत पर गलत काम करती रही. यदि वह सही रास्ते पर चलती तो शायद शिवनंदन के हाथों नहीं मारी जाती. बहरहाल, अनीता का बेटा सूरज मां की मौत के बाद भी मुंबई से नहीं आया. मामले की तफ्तीश इंसपेक्टर राकेश कुमार कर रहे हैं. Delhi Crime Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित.

Hindi Stories: कातिल दरोगा

Hindi stories: फरियाद ले कर पुलिस चौकी पहुंची खूबसूरत ईशा को देख कर दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह इतना प्रभावित हुआ कि शादीशुदा होते हुए भी वह उसे चाहने लगा. इतना ही नहीं, खुद को अविवाहित बता कर उस ने ईशा से शादी भी कर ली. बाद में यही झूठ ऐसा जी का जंजाल बना कि वह एक खौफनाक अपराध कर बैठा. कानपुर के थाना काकादेव क्षेत्र में एक मोहल्ला है नवीन नगर. कौशलेश सचान अपनेपरिवार के साथ इसी मोहल्ले में रहते थे. उन के परिवार में पत्नी विनीता के अलावा एक बेटा ऐश्वर्य राज, 2 बेटियां ईशा व प्रगति थीं. कौशलेश साधन संपन्न व्यक्ति थे. घर में किसी चीज की कोई कमी नहीं थी.

कौशलेश सचान की बड़ी बेटी का नाम वैसे तो ईशा था लेकिन घर में सब लोग उसे ईशू कहते थे. गोरी, तीखे नाकनक्श और बड़ीबड़ी आंखों वाली ईशा सुशील और विनम्र स्वभाव की थी. ईशा तनमन से जितनी खूबसूरत थी, पढ़नेलिखने में भी उतनी ही तेज थी. उस ने कानपुर के सरस्वती बालिका इंटर कालेज से प्रथम श्रेणी में इंटरमीडिएट और एएनडी कालेज में बीए पास किया. ईशा की इच्छा थी कि वह आईएएस बने. इसलिए प्रथम श्रेणी में बीए पास करने के बाद उस ने आईएएस की तैयारी के लिए कोचिंग शुरू कर दी थी. लेकिन लगातार 3 साल तक परीक्षा देने के बाद भी वह सिविल सर्विस में न निकल सकी.

एक दिन ईशा अपनी मां विनीता के साथ जेके मंदिर गई. दर्शन करने के बाद जब वह गेट के बाहर निकली, तो एक झपटमार ने उस के गले की सोने की चेन खींच ली और साथ ही उस का पर्स भी छीन कर भाग निकला. बदहवास मांबेटी थाना नजीराबाद पहुंचीं. उस इलाके के चौकी इंचार्ज सबइंसपेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह पटेल उस समय थाने में ही थे. ईशा ने ज्ञानेंद्र सिंह को लूट की पूरी घटना बताई तो उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कर के लुटेरे की तलाश शुरू कर दी. 3-4 दिन बाद ही ज्ञानेंद्र ने छोटे यादव नाम के लुटेरे को पकड़ लिया. दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह की इस त्वरित काररवाई से ईशा काफी प्रभावित हुई.

बयान दर्ज कराने, लुटेरे और सामान की शिनाख्त करने के लिए ईशा को कई बार थाना नजीराबाद आनाजाना पड़ा. इसी आनेजाने में ईशा और दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह एकदूसरे के आकर्षण में बंध गए. ज्ञानेंद्र सिंह जहां ईशा की खूबसूरती पर फिदा था, वहीं ईशा भी शरीर से हृष्टपुस्ट व स्मार्ट दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह को देख कर उस की ओर आकर्षित हो गई थी. दोनों को एक अनजाना आकर्षण एकदूसरे की तरफ खींचने लगा था. दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह को ईशा कुछ ज्यादा ही पसंद आ गई थी, इसलिए उस ने उस का मोबाइल नंबर ले लिया था. वह जब तब ईशा से बातें करने लगा. ईशा को भी उस की रसभरी बातों में प्यार झलकता था. वह भी उस से खूब बातें करने लगी. धीरेधीरे दोनों की मुलाकातें भी होने लगीं. बात आगे बढ़ी तो दोनों साथसाथ सैरसपाटे के लिए भी जाने लगे. ज्ञानेंद्र ईशा को फिल्म भी दिखाता और रेस्तरां में खाना भी खिलाता.

सबइंसपेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह पटेल मूल रूप से चित्रकूट जिले के मऊ थाना अंतर्गत आने वाले गांव छिवलहा का रहने वाला था. उस का सलेक्शन 2007 के बैच में हुआ था. उस की पहली पोस्टिंग कानपुर के किदवई नगर थाने की साकेत नगर पुलिस चौकी में हुई थी. इस के बाद वह कानपुर शहर और देहात के कई थानों में तैनात रहा. कुछ समय वह क्राइम ब्रांच में भी रहा. ज्ञानेंद्र सिंह नौकरी के अलावा प्लौटिंग का भी काम करता था. इस काम में उस ने खूब पैसा कमाया. उस के पास 4-5 लग्जरी कारें थीं, जिन्हें उस ने एक ट्रैवलिंग एजेंसी में लगवा रखा था. ज्ञानेंद्र सिंह शादीशुदा और 2 बच्चों का बाप था. उस की शादी मध्य प्रदेश स्थित सतना जिले की बछरांवा निवासी नीलम के साथ हुई थी.

पत्नी और बच्चों के साथ वह साकेत नगर, कानपुर में रह रहा था. जबकि ईशा से उस ने खुद को अविवाहित बताया था. एक रोज ज्ञानेंद्र सिंह ईशा के घर पहुंचा, तो उस वक्त वह घर में अकेली थी. उस के मातापिता किसी काम से माल रोड गए हुए थे, और भाईबहन कालेज में थे. ज्ञानेंद्र सिंह और ईशा कमरे में बैठ कर बातचीत करने लगे. बातोंबातों में ज्ञानेंद्र ने ईशा की खूबसूरती के कसीदे काढ़ने शुरू कर दिए. यह देख उस ने ज्ञानेंद्र की बेचैन आंखों में आंखें डाल कर पूछा, ‘‘ज्ञानेंद्र, क्या सचमुच मैं तुम्हें अच्छी लगती हूं? कहीं तुम मुझे खुश करने के लिए मेरी झूठी तारीफ तो नहीं कर रहे?’’

ज्ञानेंद्र सिंह ने ईशा को चाहत भरी नजरों से देखा, वह उसे ही अपलक निहार रही थी. ज्ञानेंद्र ने महसूस किया कि दिल की बात कहने का ऐसा मौका मुश्किल से ही मिलेगा. इसलिए वह ईशा की कलाई थामते हुए बोला, ‘‘ईशा, मुझे तुम से प्यार हो गया है. तुम्हारे बगैर सबकुछ सूनासूना सा लगता है. मुझे लगता है कि तुम्हारे दिल में भी मेरे लिए ऐसी ही फीलिंग्स हैं. अगर ऐसा है तो प्लीज मेरा प्यार स्वीकार कर लो.’’

‘‘ज्ञानेंद्र, तुम नहीं जानते कि मैं तुम्हारे मुंह से ये शब्द सुनने के लिए कितनी बेकरार थी. कितनी देर लगा दी तुम ने अपने दिल की बात कहने में. मैं तुम्हें कैसे यकीन दिलाऊं कि मैं तुम से कितना प्यार करती हूं. आई लव यू ज्ञानेंद्र.’’

उस दिन दोनों ने अपनेअपने प्यार का इजहार कर दिया, इस के बाद जैसे दोनों की दुनिया ही बदल गई. समय के साथ उन की मोहब्बत दिन दूनी रात चौगुनी परवान चढ़ती गई. ज्ञानेंद्र जब ड्यूटी पर होता तो ईशा से मोबाइल पर बातें करता और जब समय मिलता तो उस के साथ घूमताफिरता. इस तरह दोनों एकदूसरे के इतना करीब आ गए कि उन्हें लगने लगा, अब एकदूसरे के बिना नहीं रहा जा सकता. अंतत: शुरुआत ईशा ने की. उस ने अपने दिल की बात घरवालों को बता कर ज्ञानेंद्र सिंह से शादी करने की इच्छा जाहिर की.

ईशा की बात सुन कर पहले तो उस की मां विनीता और पिता कौशलेश चौंके, लेकिन बाद में बेटी की खुशी के लिए राजी हो गए. दरअसल ईशा ने उन्हें समझाया था कि दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह उन की ही जातिबिरादरी का है. अच्छा कमाता है और पुलिस विभाग में अच्छे पद पर तैनात है. बेटी की मरजी जान कर वे लोग ईशा की शादी ज्ञानेंद्र से करने को राजी हो गए. सबइंसपेक्टर ज्ञानेंद्र से बात की गई तो उस ने बताया कि कुछ कारणों से उस ने अपने घर वालों से संबंध विच्छेद कर रखा है इसलिए उस के परिवार का कोई सदस्य शादी में शामिल नहीं हो पाएगा.

बहरहाल, बातचीत के बाद कौशलेश ने 10 मार्च, 2013 को अपनी बेटी ईशा का विवाह ज्ञानेंद्र सिंह के साथ कर दिया. शादी के बाद ज्ञानेंद्र उसे साकेत नगर स्थित अपने घर ले गया. उस वक्त उस की पत्नी नीलम मायके गई हुई थी. इस के बाद ईशा ज्यादातर मायके में ही रही. वह उसे अपने घर तभी ले जाता था, जब नीलम मायके गई होती थी. बहरहाल, हंसीखुशी से एक वर्ष कब बीत गया, पता ही न चला. इसी बीच ईशा ने एक खूबसूरत बच्ची को जन्म दिया, जिस का नाम उस ने सान्या रखा. सान्या के जन्म से जहां ईशा के जीवन में बहार आ गई थी, वहीं ज्ञानेंद्र खोयाखोया सा रहने लगा था. दिखावे के तौर पर तो वह उसे प्यार करता था, लेकिन अंदर ही अंदर परेशान रहता था.

ईशा और ज्ञानेंद्र में पहली बार तकरार तब शुरू हुई जब वह अपनी बेटी सान्या का बर्थडे सर्टिफिकेट बनवाने नगर निगम पहुंची. दरअसल, ज्ञानेंद ने सर्टिफिकेट में पिता की जगह अपना नाम लिखवाने से मना कर दिया था. इस बात को ले कर ईशा और ज्ञानेंद्र में काफी विवाद हुआ. यहीं से ईशा को ज्ञानेंद्र पर शक हुआ. जब ईशा ने गुप्त रूप से ज्ञानेंद्र के संबंध में जानकारी हासिल की तो उस के पैरों तले से जमीन खिसक गई. उसे पता चला कि ज्ञानेंद्र शादीशुदा और 2 बच्चों का पिता है. वह अपनी पत्नी नीलम और बच्चों के साथ कानपुर में ही रहता है. वह उसे तभी अपने घर ले जाता है, जब नीलम मायके गई होती है.

उस दिन देर रात ज्ञानेंद्र सिंह घर आया तो ईशा ने उस से पूछा, ‘‘मैं कौन हूं तुम्हारी. पत्नी, प्रेमिका या रखैल?’’

‘‘यह तुम कैसी बहकीबहकी बातें कर रही हो? तुम पत्नी हो मेरी.’’ ज्ञानेंद्र ने जवाब दिया.

‘‘झूठ बोल रहे हो, तुम शादीशुदा और 2 बच्चों के पिता हो. तुम्हारी पत्नी का नाम नीलम है, जिस के साथ तुम वैवाहिक जीवन बिता रहे हो. तुम फरेबी और धोखेबाज हो. प्यार का नाटक कर के तुम ने मुझे धोखा दिया और मुझ से शादी कर ली. लेकिन अब मैं चुप नहीं बैठूंगी. तुम्हारे खिलाफ लड़ाई लड़ूंगी. जरूरत पड़ी तो रिपोर्ट भी दर्ज कराऊंगी.’’

ज्ञानेंद्र सिंह समझ गया कि ईशा को असलियत का पता चल गया है, इसलिए उस ने माफी मांग ली. फिर बोला, ‘‘ईशा तुम मेरी दूसरी पत्नी बन कर रह सकती हो. मैं तुम्हें पूरा सम्मान दूंगा. कभी किसी चीज की कमी नहीं होने दूंगा. चाहो तो अपने और बेटी के नाम पर जितना चाहे पैसा जमा करा सकती हो. मैं खुशीखुशी जमा कर दूंगा.’’

‘‘मिस्टर ज्ञानेंद्र, पत्नी दूसरी पहली नहीं होती. पत्नी सिर्फ पत्नी होती है. अगर तुम मुझ से प्यार करते हो तो अपनी पत्नी नीलम को तलाक दे दो.’’

‘‘उसे तलाक देना आसान नहीं है.’’ ज्ञानेंद्र ने मजबूरी जाहिर की तो ईशा बोली, ‘‘मेरा क्या होगा. यह सोचा है तुम ने? अपनी पत्नी और बच्चों की चिंता थी तो मेरे साथ प्यार का स्वांग कर के धोखे से शादी क्यों की? अगर तुम ने नीलम को तलाक नहीं दिया तो इस का अंजाम अच्छा नहीं होगा. मैं जहर खा कर जान दे दूंगी या फिर तुम्हारे खिलाफ धोखाधड़ी से शादी रचाने और शारीरिक शोषण करने की रिपोर्ट दर्ज कराऊंगी.’’

ईशा की धमकी सुन कर ज्ञानेंद्र सिंह अंदर तक कांप गया.वह तनाव में रहने लगा. ऐसी स्थिति में दोनों के बीच दूरियां बढ़ना स्वभाविक था. फलस्वरूप दोनों में आएदिन झगड़ा होने लगा. लड़झगड़ कर ईशा मायके आ गई. आखिरकार इस गंभीर समस्या के निदान के लिए दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह ने ईशा के कत्ल की योजना बना डाली. अपनी इस योजना में उस ने अपने साथी मनीष कठेरिया, उस के भाई बच्चा और मनीष के साथी अर्जुन व उस की प्रेमिका अवंतिका को शामिल कर लिया. मनीष कठेरिया किदवई नगर में रहता था. वह दबंग किस्म का आदमी था. साकेत नगर में उस की ‘टेलीकाम विला’ नाम से मोबाइल शौप तथा ‘बालाजी ट्रैवल्स’ के नाम से ट्रैवलिंग एजेंसी थी. इस के अलावा वह कमेटी भी चलाता था. पुलिस से दोस्ती करना उस का शौक था.

दर्जनों थानेदारों से उस के दोस्ताना संबंध थे. जिन्हें वह मुफ्त में मोबाइल फोन और आनेजाने के लिए लग्जरी गाडि़यां मुहैया कराता था. इस सेवा के एवज में वह अपने काम निकलवाता था. ज्ञानेंद्र सिंह जब साकेत नगर चौकी इंचार्ज था, तभी उस की दोस्ती मनीष से हुई थी. धीरेधीरे दोनों की दोस्ती बढ़ती गई. अर्जुन जूही बारादेवी में रहता था और मनीष कठेरिया का दोस्त था. वह मनीष की ट्रैवलिंग एजेंसी में लग्जरी कार चलाता था. अर्जुन की प्रेमिका अवंतिका किदवई नगर में रहती थी. दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था. मनीष कठेरिया ने ही अर्जुन और अवंतिका का परिचय दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह से कराया था. मनीष का भाई बच्चा गोविंद नगर में रहता था.

आर्थिक मदद के लिए वह मनीष के पास आता था. मनीष के कहने पर बच्चा हर काम करने के लिए तत्पर रहता था. मनीष की कमेटी का पैसा बच्चा ही वसूल किया करता था. वह हमेशा मारपीट पर आमादा रहता था. इसी बीच ज्ञानेंद्र सिंह का तबादला प्रतापगढ़ हो गया था. वहां वह आंसपुर (देवसरा) थाने में तैनात रहा. बाद में काम में लापरवाही बरतने के कारण उसे लाइन हाजिर कर दिया गया था. लाइन हाजिर होने के बाद वह पुलिस लाइन में ड्यूटी कर रहा था. ईशा की धमकी ने उस का दिन का चैन और रात की नींद हराम कर दी थी. उसे पता था कि ईशा ने रिपोर्ट दर्ज करा दी तो उस की नौकरी तो जाएगी ही उसे जेल की हवा भी खानी पड़ेगी. इसलिए वह जल्द से जल्द ईशा का काम तमाम करना चाहता था. इस के लिए वह बराबर अपने दोस्तों से संपर्क बनाए हुए था. उस ने उन से मिल कर ईशा की हत्या की योजना बना ली थी.

अपनी योजना के तहत दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह 17 मई, 2015 को ईशा के घर नवीन नगर, काकादेव पहुंचा. वहां उस ने ईशा की मां, मौसी, मामा व अन्य घरवालों से माफी मांगी और वादा किया कि वह ईशा को शारीरिक या मानसिक पीड़ा नहीं पहुंचाएगा और जैसा वह कहेगी, वैसा ही करेगा. उस के कहने पर पहली पत्नी नीलम को तलाक भी दे देगा. उस ने यह भी कहा कि अगर किसी वजह से वह नीलम को तलाक न दे सका तो ईशा व उस की बेटी के भरणपोषण के लिए मोटी रकम देगा. ईशा के घरवालों ने इस समझौते को स्वीकार कर लिया. 18 मई, 2015 की शाम 4 बजे दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह अपने साथी मनीष कठेरिया के साथ लग्जरी कार से ईशा के घर पहुंचा और उस की मां विनीता के पैर छू कर बोला, ‘‘मांजी, हम ईशा को कुष्मांडा देवी के दर्शन कराने ले जाना चाहते हैं. हमें आप की इजाजत चाहिए.’’

ईशा ज्ञानेंद्र की पत्नी थी, सो उन्हें क्या ऐतराज हो सकता था. लिहाजा उन्होंने ईशा को ज्ञानेंद्र के साथ जाने की इजाजत दे दी. ईशा व ज्ञानेंद्र को रात 8 बजे तक मंदिर से वापस आ जाना चाहिए था. लेकिन जब दोनों रात 10 बजे तक वापस नहीं आए तो ईशा की मां विनीता सचान को चिंता हुई. उन्होंने ईशा और ज्ञानेंद्र से मोबाइल पर बात करनी चाही, लेकिन दोनों के मोबाइल स्विच्ड औफ थे. रात भर विनीता बेटी के आने का इंतजार करती रहीं, लेकिन वह वापस नहीं लौटी. सुबह को परेशानहाल विनीता सचान थाना काकादेव पहुंचीं. थाने पर उस समय थानाप्रभारी उदय प्रताप यादव मौजूद थे. उन्होंने सारी बात बताते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगई. लेकिन विभाग का मामला होने की वजह से पुलिस ने उन्हें टरका दिया. इस पर विनीता सचान डीआईजी आशुतोष पांडेय से मिलीं और शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की विनती की.

डीआईजी आशुतोष पांडेय को मामला गंभीर लगा. अत: उन्होंने थानाप्रभारी उदय प्रताप को तत्काल रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दे दिया. आदेश मिलते ही उदय प्रताप ने विनीता सचान की ओर से भादंवि की धारा 364 के तहत दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली. 20 मई को काकादेव थानाप्रभारी उदय प्रताप यादव को कौशांबी के थाना महेवाघाट द्वारा एक युवती की सिर विहीन लाश मिलने की सूचना दी गई. शक के आधार पर थानाप्रभारी विनीता सचान, उन के पुत्र ऐश्वर्य राज व अन्य घरवालों के साथ महेवाघाट थाना पहुंचे. पुलिस ने लाश मोर्चरी में रखवा दी थी. विनीता सचान ने जब उस लाश को देखा तो वह फफक कर रो पड़ीं. यह लाश उन की बेटी ईशा की ही थी. विनीता ने लाश की पहचान ईशा के हाथ में बंधी कलाई घड़ी तथा बांह पर गुदे लव आकार के टैटू से की थी.

लाश की शिनाख्त होने पर महेवाघाट थाना पुलिस ने अपने यहां दर्ज हत्या के मामले को थाना काकादेव, कानपुर ट्रांसफर कर दिया. चूंकि ईशा की लाश की शिनाख्त हो चुकी थी, इसलिए काकादेव पुलिस ने अपहरण के इस मामले में धारा 302/201/120बी और जोड़ दी. साथ ही विनीता के बयान के आधार पर ज्ञानेंद्र सिंह के साथसाथ बच्चा, मनीष कठेरिया, अर्जुन और उस की कथित पत्नी अवंतिका को भी आरोपी बना दिया. चूंकि यह मामला पुलिस के एक दरोगा से जुड़ा था इसलिए डीआईजी आशुतोष पांडेय ने ईशा के हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने, कत्ल में प्रयुक्त हथियार और सिर बरामद करने के लिए एक विशेष पुलिस टीम बनाई. इस टीम में सीओ स्वरूप नगर आतिश कुमार, क्राइम ब्रांच के सीओ अमित कुमार राय, प्रभारी आर.के. सक्सेना तथा काकादेव थानाप्रभारी उदय प्रताप यादव को शामिल किया गया.

पुलिस टीम ने ज्ञानेंद्र, बच्चा, मनीष कठेरिया तथा उस के साथी अर्जुन के ठिकानों पर ताबड़तोउ़ छापे मारे. लेकिन सभी आरोपी फरार थे. पुलिस टीम ने उन के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगा दिए. साथ ही करीब एक दर्जन लोगों को भी हिरासत में ले कर पूछताछ की. निर्दोष पाए जाने पर बाद में उन्हें छोड़ दिया गया. पुलिस टीम को ईशा के मोबाइल की लोकेशन आगरा में मिली. पुलिस टीम आगरा गई और हाइवे के एक ढाबे के कर्मचारी से ईशा का मोबाइल बरामद कर लिया. उस कर्मचारी ने बताया कि कुछ लोग यह मोबाइल खाना खाने के बाद मेज पर छोड़ गए थे. पुलिस टीम को समझते देर नहीं लगी कि हत्यारोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए ऐसा किया होगा.

25 मई, 2015 को पुलिस टीम ने हत्यारोपी अर्जुन व उस की प्रेमिका अवंतिका को छपेड़ा पुलिया, काकादेव से कार सहित गिरफ्तार कर लिया. अर्जुन अपनी प्रेमिका को स्विफ्ट डिजायर कार से घुमाने बिठूर जा रहा था. यह कार मनीष कठेरिया की थी. अर्जुन और अवंतिका के पास से ईशा का एक कंगन भी बरामद हुआ. पूछताछ में अर्जुन ने बताया कि घटना वाले दिन शाम 4 बजे ज्ञानेंद्र सिंह स्विफ्ट कार से ईशा के घर पहुंचा था. उस वक्त कार में मनीष और उस का भाई बच्चा भी मौजूद था. ईशा को साथ ले कर तीनों नौबस्ता आए. मनीष ने उसे व अवंतिका को फोन कर के वहीं बुला लिया.

सभी 6 लोग 2 गाडि़यों के साथ विधनू, घाटमपुर, फतेहपुर होते हुए कौशांबी की ओर बढ़े. रास्ते में एक सुनसान जगह पर ज्ञानेंद्र ने गाड़ी रोक दी. उसी वक्त मनीष ने ईशा को दबोच लिया और ज्ञानेंद्र ने तेज धार वाले चाकू से ईशा का सिर धड़ से अलग कर दिया. धड़ से खून का फव्वारा छूटा तो मनीष ने अपनी शर्ट उतार कर सिर को धड़ से बांध दिया. फिर ईशा के शरीर से कपड़े और जेवर उतार कर सिर को यमुना नदी में तथा धड़ को महेवाघाट यमुना पुल के पास फेंक दिया. तत्पश्चात गाड़ी की अदलाबदली कर के तथा कंगन दे कर उसे वापस भेज दिया गया. मनीष, बच्चा व दरोगा ज्ञानेंद्र दूसरी गाड़ी से कहीं चले गए. अर्जुन व अवंतिका का बयान दर्ज करने के बाद काकादेव पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया.

अब पुलिस टीम ने शातिर दिमाग ज्ञानेंद्र सिंह, उस के साथी मनीष कठेरिया व बच्चा को गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछाया. इस से घबरा कर 30 मई को मनीष कठेरिया ने सीजेएमएम मीना श्रीवास्तव की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने उसे 3 दिनों की रिमांड पर ले लिया. मनीष से कोहना व किदवई नगर थाने में कड़ाई से पूछताछ की गई, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ. दबाव बनाने के लिए पुलिस ने उस की मां उषा को थाने बुलवा लिया. दोनों को आमनेसामने बैठा कर पुलिस टीम ने पूछताछ शुरू की. जबान न खुलने पर पुलिस ने उस की मां उषा को जेल भेजने की धमकी दी. इस धमकी से मनीष टूट गया और उस ने जबान खोल दी.

वह पुलिस टीम को महेवाघाट थाना क्षेत्र ले गया. वहां उस ने एक गड्ढे से मृतक ईशा का पर्स व सोने का एक कंगन बरामद करा दिया. पर्स में कुछ नकदी व जरूरी कागजात थे. पुलिस टीम ने यहीं से मनीष की खून से सनी शर्ट भी बरामद कर ली, जिसे उस ने हत्या के बाद खून रोकने के लिए इस्तेमाल किया था. बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने मनीष को अदालत पर पेश कर के जेल भेज दिया. मनीष को जेल भेजने के बाद पुलिस टीम ने ईशा की हत्या के मुख्य आरोपी दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह को पकड़ने की कवायद शुरू की. एसएसपी शलभ माथुर ने उसे पकड़ने के लिए 12 हजार का ईनाम घोषित कर दिया था. लेकिन दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह पुलिस की हर युक्ति को धता बता कर 8 जून को कोर्ट में हाजिर हो गया. पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम हाथ मलती रह गई.

दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह द्वारा आत्मसमर्पण की बात कानपुर कोर्ट में फैली तो वकीलों का गुस्सा सातवें आसमान जा पहुंचा. वे झुंड बना कर सीजेएमएम कोर्ट जा पहुंचे. पुलिस जब ज्ञानेंद्र को ले जाने लगी तो वकील उस पर टूट पड़े और उसे लातघूंसों से जम कर पीटा, उन्होंने उस के कपड़े फाड़ दिए और मुंह पर थूका. बड़ी मसक्कत के बाद पुलिस उसे जेल ले जा सकी. कत्ल में इस्तेमाल हथियार और मृतका का सिर बरामद करने के लिए पुलिस टीम ने दरोगा ज्ञानेंद्र सिंह को 17 जून को 2 दिनों के रिमांड पर लिया. काफी जद्दोजहद के बाद ज्ञानेंद्र सिंह ने मुंह खोला. वह पुलिस टीम को महेवाघाट, कौशांबी में यमुना नदी के दूसरी तरफ ले गया, जहां उस ने जमीन में गड़े सर्जिकल चाकू, ईशा का मंगलसूत्र, चेन और अंगूठी बरामद कराई. ईशा के सिर के संबंध में पूछने पर ज्ञानेंद्र ने बताया कि उसे यमुना नदी की तेज धारा में फेंक दिया गया था.

सिर को बरामद करने के लिए पुलिस ने यमुना नदी में जाल डलवाया, लेकिन सिर बरामद नहीं हो सका था. पुलिस पूछताछ में ज्ञानेंद्र ने बताया कि ईशा उस पर पहली पत्नी नीलम को तलाक देने का दबाव बना रही थी. जिस से परेशान हो कर उस ने उसे ठिकाने लगा दिया. वह उसे मंदिर दर्शन कराने के बहाने ले गया था. रास्ते में कार के भीतर ही उस का काम तमाम कर दिया गया. फिर धड़ को महेवाघाट थाने के पास यमुना नदी के पास फेंक दिया गया और सिर यमुना नदी में. वारदात के वक्त मनीष कठेरिया, उस का भाई बच्चा, अर्जुन तथा उस की प्रेमिका अवंतिका उस के साथ थे.

19 जून, 2015 को काकादेव पुलिस ने रिमांड अवधि पूरी होने पर अभियुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को सीजेएमएम मीना श्रीवास्तव की कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. कथा संकलन तक किसी भी अभियुक्त की जमानत नहीं हुई थी. अभियुक्त बच्चा फरार था. Hindi stories

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Hindi Crime Stories: एक थी प्रिया

Hindi Crime Stories: डा. प्रिया की शादी हुए 5 साल हो गए थे, लेकिन उन के और डा. कमल के संबंध पतिपत्नी की तरह नहीं बन पाए थे. आखिर इस की वजह क्या थी, आगे इस का परिणाम क्या हुआ?  दिल्ली के थाना नबी करीम पुलिस की जीप 18 अप्रैल की रात करीब 2 बजे पहाड़गंज स्थित होटल प्रेसीडेंसी पहुंची तो मैनेजर बाहर ही मिल गया. थानाप्रभारी जीप से जैसे ही उतरे, मैनेजर ने उन के पास आ कर कहा, ‘‘इंस्पेक्टर साहब, हमारे होटल के कमरा नंबर 302 में ठहरी डा. प्रिया वेदी  के कमरे में कोई हलचल नहीं हो रही है. हमें डर लग रहा है कि उस में कोई अनहोनी तो नहीं हो गई?’’

‘‘डा. प्रिया वेदी कौन हैं, होटल में कब से ठहरी हैं?’’ थानाप्रभारी ने पूछा, ‘‘वह अकेली ही थीं या उन के साथ कोई और भी था?’’

‘‘सर, आज ही दिन के साढ़े बारह बजे के आसपास वह अकेली ही आई थीं. सामान के नाम पर उन के पास एक ट्रौली बैग था. पहचान पत्र के रूप में उन्होंने राजस्थान ट्रांसपोर्ट अथौरिटी की ओर से जारी किया गया ड्राइविंग लाइसेंस दिया था.’’

‘‘वह जब से आईं, बाहर बिलकुल नहीं निकलीं?’’ थानाप्रभारी ने पूछा.

‘‘कमरे में जाने के बाद से उन्होंने न तो रूम अटेंडेंट को बुलाया है और न ही कमरे से बाहर निकली हैं. सर, जब वह यहां आई थीं तो कुछ तनाव में लग रही थीं. रिसैप्शन पर ही मैं ने उन्हें ठंडा पानी मंगा कर पिलाया था, ताकि वह रिलैक्स महसूस करें. मैं ने उन से पूछा भी था, पर उन्होंने कुछ बताया नहीं था. वैसे भी किसी से उस की व्यक्तिगत बातों के बारे में ज्यादा नहीं पूछा जा सकता.’’

‘‘इस बीच आप ने उन के बारे में पता करने की कोशिश नहीं की?’’

‘‘सर, आधी रात तक जब उन के कमरे से किसी तरह की सर्विस की कोई काल नहीं आई तो मैं ने रूम अटेंडेंट को भेजा कि जा कर मैडम से पूछ लो कि उन्हें कोई परेशानी तो नहीं है. लेकिन बारबार बेल बजाने के बाद भी जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो मुझे शक हुआ और मैं ने पुलिस को सूचना दे दी.’’ मैनजर ने एक ठंडी सांस ले कर कहा.

‘‘चलो, मुझे वह कमरा दिखाओ, जिस में डा. प्रिया वेदी ठहरी हुई हैं.’’

मैनेजर पुलिस टीम को तीसरी मंजिल स्थित कमरा नबंर 302 पर ले गया. थानाप्रभारी ने कमरे का दरवाजा खुलवाने की काफी कोशिश की. जब दरवाजा खुलवाने की उन की हर कोशिश नाकामयाब हो गई तो उन्होंने कहा, ‘‘अब कमरे का दरवाजा तोड़ने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है.’’

मैनेजर ने रिसैप्शन से 2-3 कर्मचारियों को बुलवा लिया तो उन्होंने कमरे के दरवाजे पर जोरजोर धक्के दिए, जिस से अंदर लगी सिटकनी उखड़ गई और दरवाजा खुल गया. अंदर जाने पर कमरे में पड़ा बैड खाली मिला. कमरे से अटैच बाथरूम खोला गया तो उस में डा. प्रिया खून से लथपथ पड़ी थीं. उन के एक हाथ की नस कटी थी तो दूसरे में ड्रिप लगी थी. होटल मैनेजर ने बताया कि यही डा. प्रिया वेदी हैं. थानाप्रभारी ने डा. प्रिया की नब्ज देखी तो वह थम चुकी थी. उन में जीवन का कोई भी लक्षण नहीं था. थाना नबी करीम पुलिस डा. प्रिया की लाश का निरीक्षण कर ही रही थी कि उन के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर थाना डिफेंस कालोनी पुलिस भी उन के घर वालों के साथ होटल प्रेसीडेंसी पहुंच गई.

घर वालों ने भी उस लाश की शिनाख्त डा. प्रिया के रूप में कर दी. उन्होंने बताया कि यह दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में एनेस्थीसिया की सीनियर रेजीडेंट थीं और अपने पति डा. कमल वेदी के साथ एम्स के आयुर्विज्ञाननगर में रहती थीं. पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो डा. प्रिया वेदी का लिखा साढ़े 3 पेज का एक सुसाइड नोट मिला. होटल के कमरे का हर सामान अपनी जगह रखा था. डा. प्रिया का भी सामान सुरक्षित था. इस से साफ लग रहा था कि यह हत्या का नहीं, खुदकुशी का ही मामला है. पुलिस ने जरूरी काररवाई के बाद डा. प्रिया वेदी की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. इतनी काररवाई निपटातेनिपटाते सुबह हो गई थी.

19 अप्रैल को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने डा. प्रिया की लाश घर वालों को सौंप दी तो उसी दिन उन्होंने उस का अंतिम संस्कार कर दिया. अंतिम संस्कार में एम्स के भी कई डाक्टर शामिल हुए थे. वे डा. प्रिया की मौत को ले कर तरहतरह की बातें कर रहे थे. उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि डा. प्रिया वेदी ने आत्महत्या की है. उन का कहना था कि वह बहुत ही हंसमुख और मिलनसार थीं. साथी डाक्टरों से उन के काफी अच्छे संबंध थे. उन का कहना था कि उन्होंने अपने दिल में छिपे दर्द का  कभी किसी को अहसास नहीं होने दिया. डा. प्रिया एम्स में अगस्त, 2014 से एनेस्थीसिया की सीनियर रेजीडेंट के पद पर काम कर रही थीं. उन के पति डा. कमल वेदी भी एम्स में ही स्किन के डाक्टर थे. वह डा. कमल से एक साल जूनियर थीं.

होटल के कमरे में पुलिस को जो सुसाइड नोट मिला था, उस में डा. प्रिया ने पति पर समलैंगिक होने का आरोप लगाया था. पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने भी आई है कि डा. प्रिया ने खुदकुशी करने से पहले अपने फेसबुक एकाउंट पर कई बातें लिखी थीं. डा. प्रिया ने फेसबुक पर लिखा था कि मैं पिछले 5 सालों से डा. कमल वेदी के साथ शादीशुदा जिंदगी बिता रही हूं, लेकिन हमारे शारीरिक संबंध नहीं बने, जो कि दांपत्य के लिए जरूरी होते हैं. शादी ही इसी के लिए होती है. मुझे एक फर्जी ईमेल आईडी मिली थी, जिस के द्वारा मेरे पति समलैंगिकों से बातें करते थे. मुझे जब इन सब बातों का पता चला तो मुझे प्रताडि़त किया जाने लगा.

उसी दिन डा. प्रिया के घर वालों ने दिल्ली के नबी करीम पुलिस थाने में डा. कमल के खिलाफ दहेज प्रताड़ना एवं अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज करा दिया. दिल्ली पुलिस ने शुरुआती जांच में मिले साक्ष्यों एवं डा. प्रिया के घर वालों के बयान के आधार पर 19 अप्रैल को डा. कमल को गिरफ्तार कर लिया. डा. प्रिया कौन थीं, कितने संघर्षों के बाद डाक्टर बन कर उन्होंने पिता का सपना पूरा किया था? इतना संघर्ष कर के जीवन को संवारने वाली डा. प्रिया ने आखिर आत्महत्या क्यों की? यह सब जानने के लिए हमें जयपुर से शुरुआत करनी होगी.

राजस्थान की राजधानी जयपुर, जो गुलाबी नगर के नाम से मशहूर है, के चांदपोल बाजार में एक छोटी सी गली है, जिसे गोविंदरावजी का रास्ता कहते हैं. इसी रास्ते में कान महाजन बड़ के पास रामबाबू वर्मा रहते हैं. वह टेलरिंग यानी कपड़ों की सिलाई की दुकान से गुजरबसर करते थे. उन के 3 बच्चे थे, सब से बड़ा बेटा विजय, उस से छोटी बेटी प्रिया और सब से छोटा बेटा लोकेश. उन के तीनों ही बच्चे पढ़ाईलिखाई में काफी होशियार थे. रामबाबू वर्मा खुद तो ज्यादा नहीं पढ़ सके थे, लेकिन वह बच्चों को पढ़ालिखा कर बड़ा आदमी बनाना चाहते थे. यही उन का सपना भी था, जिसे पूरा करने के लिए वह जम कर मेहनत कर रहे थे. उन का चूनेमिट्टी का मकान था. सीमित आय थी. जाहिर है, घर के हालात बहुत अच्छे नहीं थे. कपड़ों की सिलाई की आमदनी से किसी तरह परिवार की दालरोटी चल रही थी. बच्चे पढ़ने लगे तो खर्च बढ़ता गया.

लेकिन रामबाबू ने हिम्मत नहीं हारी. वह बच्चों को पढ़ाने के लिए दिन दूनी और रात चौगुनी मेहनत करने लगे. पत्नी भी उन का साथ देती थीं. इस तरह बच्चों की पढ़ाई के लिए पतिपत्नी न दिन देख रहे थे न रात. पतिपत्नी की दिनरात की मेहनत रंग लाई और बड़े बेटे विजय का सिलेक्शन मैडिकल में हो गया. प्रिया उस से छोटी थी. भाई के सिलेक्शन के बाद उस ने भी डाक्टर बनने का मन बना लिया. पढ़ाई में वह तेज थी ही, भाई का सपोर्ट मिला तो उस ने भी मातापिता को निराश करने के बजाय उन के सपनों में रंग भर दिया.

प्रिया ने प्रीमैडिकल टैस्ट पास कर लिया. बड़ा बेटा विजय मैडिकल की पढ़ाई कर ही रहा था. रामबाबू वर्मा के लिए 2 बच्चों की मैडिकल की पढ़ाई का खर्च वहन करना मुश्किल था. लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. बैंक से बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लिया, लेकिन उन की पढ़ाई में कोई रुकावट नहीं आने दी. प्रिया का अजमेर के जेएलएन मैडिकल कालेज में दाखिला हुआ था. वह पूरी लगन से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही थी. बीचबीच में वह घर भी आती रहती थी. इस तरह चांदपोल की गली में प्रिया आइडियल गर्ल बन गई थी. क्योंकि पुराने से मकान में रह कर गरीबी में पलबढ़ कर वह डाक्टरी की पढ़ाई कर रही थी.

आखिर वह दिन भी आ गया, जब प्रिया एमबीबीएस की डिग्री हासिल कर के डाक्टर बन गई. रामबाबू वर्मा के लिए वह सब से ज्यादा खुशी का दिन था. उन का सब से बड़ा सपना पूरा हो गया था. बड़े बेटे विजय के डाक्टर बनने से ज्यादा खुशी उन्हें प्रिया के डाक्टर बनने से हुई थी. इस के बाद 24 अप्रैल, 2010 को उन्होंने प्रिया की शादी डा. कमल वेदी से कर दी. डा. कमल वेदी राजस्थान के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ के रहने वाले महेश वेदी के बेटे थे. परिवार वालों की सहमति से दोनों की शादी धूमधाम से हुई थी. रामबाबू वर्मा के लिए खुशी की बात थी कि उन्हें डाक्टर बेटी के लिए डाक्टर दामाद भी मिल गया था. वह निश्चिंत थे कि बेटी को कोई परेशानी नहीं होगी.

दोनों की जोड़ी खूब जमेगी. प्रिया भी अपने ही पेशे का जीवनसाथी मिलने से खुश थी. वह जानती थी कि एक डाक्टर की भावना को दूसरा डाक्टर ही अच्छी तरह समझ सकता है. बेटी को डाक्टर बना कर और उस की शादी कर के रामबाबू वर्मा  एक बड़ी जिम्मेदारी से मुक्त हो गए थे. अब उन के ऊपर छोटे बेटे लोकेश की जिम्मेदारी रह गई थी. लोकेश भी पढ़ाई में तेज था. वह बैंक की नौकरियों की तैयारी कर  रहा था. वह भी अपने प्रयासों में सफल हो गया और उसे बैंक में नौकरी मिल गई. फिलहाल वह कोटा में एक बैंक में प्रोबेशनरी अफसर है. डा. कमल वेदी को उसी बीच सन 2012 में दिल्ली के एम्स में नौकरी मिल गई. वह एम्स में स्किन के डाक्टर हैं. इस के बाद सन 2014 में डा. प्रिया भी एम्स में एनेस्थीसिया की सीनियर रेजीडेंट के रूप में तैनात हो गईं. पतिपत्नी को एम्स के आयुर्विज्ञाननगर में रहने के लिए मकान भी मिल गया था.

डा. प्रिया को भले ही एम्स में पति डा. कमल के साथ नौकरी मिल गई थी, लेकिन वह खुश नहीं थीं. डा. प्रिया के मायके वालों के अनुसार डा. कमल ने प्रिया को कभी पति का प्यार नहीं दिया. वह अपने वैवाहिक जीवन को ले कर परेशान रहती थी. जब इस बात की जानकारी रामबाबू को हूई तो उन्होंने कमल के पिता महेश वेदी से बात की. महेश वेदी ने रामबाबू को भरोसा दिलाया कि जल्दी ही सब ठीक हो जाएगा. डा. कमल ने भले ही प्रिया के वैवाहिक जीवन के सुनहरे सपनों को चूरचूर कर दिया था, लेकिन प्रिया अपने पति कमल से बेहद प्यार करती थी. वह न तो पति को छोड़ना चाहती थी और न ही अपने परिवार को टूट कर बिखरने देना चाहती थी.

करीब ढाई साल पहले रामबाबू वर्मा को जब बेटी पर हो रहे जुल्मों की जानकारी मिली तो प्रिया ने उन्हें मां की कसम दिला  कर चुप करा दिया था. वह चुपचाप मानासिक और शारीरिक अत्याचार सहन करती रही. डा. प्रिया ने फेसबुक पर पोस्ट लिख कर अपना दर्द बयां किया था. उन्होंने लिखा था कि शादी के 6 महीने बाद ही मुझे यकीन हो गया था कि मेरा पति डा. कमल समलैंगिक है और उस के कई लोगों के साथ समलैगिक संबंध हैं. उनहोंने लोगों के नाम भी फेसबुक पर लिखे थे. उन्होंने जब कमल के लैपटौप में उस के समलैंगिक संबंधों के सबूत दिखाए तो कमल ने कहा कि किसी ने उस का एकाउंट हैक कर के इस तरह की चीजें डाल दी हैं.

डा. प्रिया ने आगे लिखा था कि मैं सच जान चुकी थी. फिर भी मैं कमल से बेहद प्यार करती थी, लेकिन वह मेरे प्यार को समझ नहीं पाए. अगर हमारे समाज में ऐसे लोग हैं तो कभी उन से शादी मत कीजिए. अपने जीवन के अंतिम समय से कुछ घंटे पहले डा. प्रिया ने फेसबुक पर जो स्टेटस अपडेट किया था, उस में डा. कमल को गुनहगार बताया था. उन का कहना था कि वह कमल से बेहद प्यार करती थीं, इस के बावजूद उस ने उसे छोटीछोटी चीज के लिए तरसाया. केवल एक महीने पहले उस ने खुद को समलैंगिक माना. इस सब के बावजूद वह उस की मदद करना चाहती थीं, लेकिन वह उसे टौर्चर करता रहा.

इसी फेसबुक पेज पर डा. प्रिया ने एक रात पहले के वाकए का जिक्र करते हुए लिखा था, ‘तुम ने मुझे इतना अधिक टौर्चर किया है कि अब तुम्हारे साथ सांस भी नहीं ले सकती. तुम इंसान नहीं, राक्षस हो, क्योंकि तुम ने मेरी खुशी छीन ली. तुम्हारे जैसे लोग केवल लड़की और उस के घर वालों की भावनाओं से खेलते हैं. डा. कमल, मैं ने तुम से कभी कुछ नहीं चाहा था, क्योंकि मैं तुम्हें बेहद प्यार करती थी, जबकि तुम ने कभी मेरे प्यार की अहमियत नहीं समझी. कमल तुम मेरे गुनहगार हो. 18 अप्रैल की सुबह डा. प्रिया जब उठीं तो बेहद तनाव में थीं. बीती रात ही डा. कमल ने उस से झगड़ा किया था. वह फ्रेश हुईं और एक ट्रौली बैग में जरूरी सामान रख कर कुछ देर वह सोचती रहीं, फिर एकाएक मन को कठोर कर के अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी होने की बात कह कर घर से निकल पड़ीं.

सुबह करीब साढ़े 9 बजे प्रिया ने जयपुर में अपने पिता को फोन किया कि प्लीज पापा, जल्दी आ जाओ. आप नहीं आओगे तो मेरा मरा मुंह देखोगे. उसी दिन सुबह करीब 11 बजे प्रिया ने कोटा में रहने वाले अपने छोटे भाई लोकेश को फोन कर के यही बातें कही थीं. प्रिया की बातों से उस के घर वालों की चिंता बढ़ गई थी. रामबाबू वर्मा तुरंत घर वालों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे. दूसरी ओर कोटा से छोटा भाई लोकेश भी अपने एक कजिन के साथ दिल्ली के लिए चल पड़ा था. रास्ते से उन्होंने कई बार प्रिया को फोन किए, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला. इस बीच प्रिया का भी कोई फोन नहीं आया.

जब रामबाबू वर्मा, लोकेश और उन के अन्य रिश्तेदार दिल्ली पहुंचे तो रात हो चुकी थी. प्रिया के बारे में जब उन्हें कोई सही सूचना नहीं मिली तो सभी थाना डिफेंस कालोनी पहुंचे और प्रिया की गुमशुदगी दर्ज करने का अनुरोध किया. पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर प्रिया के मोबाइल के आधार पर उस की लोकेशन पता की तो वह पहाड़गंज इलाके में मिली. इस से पुलिस ने अंदाजा लगाया कि वह पहाड़गंज में होंगी. पुलिस ने प्रिया के पति डा. कमल एवं घर के अन्य लोगों से भी बात की. वे भी प्रिया के बारे में कुछ नहीं बता सके थे. इस के बाद पुलिस मिली मोबाइल लोकेशन के आधार पर रामबाबू वर्मा, लोकेश एवं डा. कमल आदि को साथ ले कर पहाड़गंज के होटल प्रेसीडेंसी पहुंच गई, जहां डा. प्रिया की लाश मिली.

पूछताछ में पता चला कि डा. प्रिया एवं डा. कमल के रिश्तों में इतनी दूरियां आ चुकी थीं कि इसी साल 26 जनवरी को जब जयपुर में प्रिया के छोटे भाई लोकेश की शादी थी तो उस में केवल प्रिया ही गई थी. लेकिन प्रिया ने अपने व्यवहार से किसी को इस बात की भनक नहीं लगने दी थी कि हालत यहां तक पहुंच चुकी है. बहरहाल, डा. प्रिया की मौत ने अनेक सवाल खड़े कर दिए हैं. उस के घर वाले प्रिया को इंसाफ दिलाने की मांग कर रहे हैं. जयपुर के स्टैच्यू सर्किल पर प्रिया की याद में कैंडल मार्च भी निकाला गया. फेसबुक पर तेजी से वायरल होने के बाद डा. प्रिया का सुसाइड नोट उस में से हटा दिया गया. डा. प्रिया का वाल पोस्ट उस की मौत के बाद करीब साढ़े 3 हजार लोगों ने शेयर किया था. इस के बाद फेसबुक ने प्रिया की प्रोफाइल को रिमेंबरिंग प्रिया वेदी कर दिया, साथ ही उन का वाल पोस्ट फेसबुक से हटा दिया. Hindi Crime Stories

 

Web Series Search: द नैना मर्डर केस

Web Series Search: इस वेब सीरीज की शुरुआत एक हाई प्रोफाइल कालेज स्टूडेंट नैना मराठे के मर्डर से होती है. इस की लाश जंगल से बरामद होती है. इस केस की इन्वैस्टिीगैशन एसीपी संयुक्ता दास को मिलती है, लेकिन उस की ही टीम में विपरीत स्वभाव का पुलिस अधिकारी जय कंवल भी होता है, दोनों के मतभेद से जांच भी प्रभावित होती है. इस परिस्थिति में क्या ये इस केस को खोल पाते हैं?

निर्माता: अमृता सेन, निर्देशक: रोहन सिप्पी, लेखक: राधिका आनंद और श्रेया करुणाकरम, ओटीटी: जियो हौटस्टारा

कलाकार: कोंकणा सेन शर्मा, सूर्या शर्मा, शिव पंडित, श्रद्धा दास, ध्रुव सहगल, गोविंद नामदेव, चांदसी कटारिया, नावेद असलम, सागर देशमुख

डायरेक्टर रोहन सिप्पी जिन्होंने ‘क्रिमिनल जस्टिस’, ‘मिथ्या’, ‘दुरंगा’,  जैसी वेब सीरीज बनाई हैं. जियो हौटस्टार पर अपनी नई क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘सर्च: द नैना मर्डर केस’ ले कर आए हैं. यह वेब सीरीज साल 2007 में आए मशहूर डैनिश शो ‘द किलिंग’ का इंडियन रीमेक है. यह सीरीज एक लड़की नैना के रेप और मर्डर की गुत्थी सुलझाने पर आधारित है. वेब सीरीज की कहानी एक काबिल और कामयाब एसीपी संयुक्ता दास (कोंकणा सेन शर्मा) के इर्दगिर्द घूमती है. संयुक्ता अपनी फेमिली लाइफ को बचाने की खातिर अपने करिअर की कुरबानी देने के लिए तैयार है. वह अहमदाबाद शिफ्ट होने की तैयारी कर रही होती है, लेकिन तभी एक कालेज स्टूडेंट नैना मराठे की हत्या की हो जाती है.

नए एसीपी जय कंवल (सूर्या शर्मा) के आ जाने के बावजूद इस केस को लीड करने की जिम्मेदारी संयुक्ता को मिलती है. जाहिर तौर पर इस से नया एसीपी जय संयुक्ता से चिढ़ा रहता है और उसे जबतब नीचा दिखाने की कोशिश करता है. नैना मर्डर की खोजबीन शुरू होती है तो शक की सूई नैना के दोस्तों, एक्स बौयफ्रेंड, टीचर से ले कर महिला हितों की पैरवी करने वाले यूथ नेता तुषार सुर्वे (शिव पंडित) तक पहुंचती है. पूरी वेब सीरीज देख कर भी यह पता नहीं चलता कि आखिर नैना का कातिल कौन है. शायद निर्मातानिर्देशक द्वारा इस सस्पेंस को अगले सीजन के लिए बचा कर रखा गया है. यही वजह है कि आखिरी एपिसोड देखने के बाद दर्शकों में एक खीझ भी पैदा होती है.

रोहन सिप्पी निर्देशित इस सीरीज की एक खासियत यह है कि क्राइम की के अपने करिअर और परिवार के बीच तालमेल बिठाने की जद्दोजहद, औरत को कम आंकने की पुरुष सत्तात्मक सोच और उस के मातहत काम करने में आड़े आने वाली मेल ईगो जैसे सामाजिक मुद्दों को बिना किसी भाषणबाजी के सहजता से उठाया गया है. सीरीज की कमजोरी है इस की छानबीन वाला पहलू, जो काफी धीमी गति से आगे बढ़ता है और दर्शकों को निराश भी करता है. हत्या और रेप केस के इनवैस्टिगेशन के तरीके में थ्रिलर वाला रोमांच नहीं है. वहीं राजनीति और नैना की फेमिली वाले सब प्लौट्स में भी ट्विस्ट की कमी खलती है.

एपिसोड नंबर 1                 

42 मिनट के पहले एपिसोड की शुरुआत  एक ऐसे खौफनाक सीन से  होती है, जिस में रात के अंधेरे में सुनसान जगह एक कार एक लड़की का पीछा कर रही है और लड़की छिपने का प्रयास करती है, मगर अगले ही पल कार की हेडलाइट उस के चेहरे पर पड़ती है और फिर चाकू के वार से लड़की ढेर हो जाती है. अगले सीन में नवी मुंबई में अपनी मम्मी के घर रह रही एसीपी संयुक्ता दास (कोंकणा सेन शर्मा) को फोन पर एक डैडबौडी मिलने की खबर मिलती है तो वह घर से निकल जाती है. बताई गई लोकेशन पर जब वह पहुंचती है तो वहां क्राइम ब्रांच के स्टाफ के साथी मिलते हैं, जिन्होंने संयुक्ता को सरप्राइज दे कर बर्थडे पार्टी में बुलाया था.

अगले सीन में कालेज में एक पौलिटिकल पार्टी के फंक्शन की तैयारियां चल रही हैं, जिस में रक्षा (श्रद्धा दास) पहुंच कर तुषार सुर्वे (शिव पंडित) के बारे में पूछताछ करती है. अगले सीन में संयुक्ता की मुलाकात यूपीएससी में 32वीं रैंक लाने वाले एसीपी जय कंवल (सूर्या शर्मा) से होती है, तभी डीसीपी राठी आ कर बताते हैं कि संयुक्ता क्राइम ब्रांच छोड़ कर साइबर ब्रांच अहमदाबाद जा रही है और आज उन का आखिरी दिन है. वह जय के साथ संयुक्ता को भेज कर एक मर्डर केस के इनवैस्टीगेशन करने के लिए भेजते हैं.

अगले सीन में डीसीपी राठी (नावेद असलम) संयुक्ता को नए घर में शिफ्ट होने के लिए गिफ्ट दे कर क्राइम ब्रांच छोड़ कर साइबर ब्रांच में न जाने को कहते हैं, जिस पर संयुक्ता मुसकरा कर कहती हैं कि उसे अहमदाबाद जाना ही होगा. इस एपिसोड में इतने जल्दीजल्दी सीन बदलते हैं कि दर्शकों के दिमाग का दही जम जाता है. इस के आगे उद्धव (सागर देशमुख) और उस की पत्नी पायल के बीच का नोंकझोंक का मजेदार सीन है. पत्नी वाशिंग मशीन को सुधारने के लिए प्लंबर बुलाने को कहती, तभी उद्धव कहता है कि वह बड़ेबड़े ट्रक की रिपेयरिंग कर लेता है, मगर पानी का पाइप खुल जाता है. इसी सीन में पता चलता है कि उन की एक बेटी नैना है, जो उस की दोस्त लावण्या के घर पढऩे गई है.

जय और संयुक्ता कार से केस के इनवैस्टीगेशन के लिए जा रहे हैं और उन के बीच की बातचीत से लगता है कि जय अपने आप को ओवरस्मार्ट समझता है. नई सोच पार्टी के तुषार आता है तो रक्षा फारेस्ट डिपार्टमेंट से मिले ‘सेव मैंगो कैंपेन’ के कागजात पर दस्तखत कराती है. वहीं तुषार 4 हफ्ते बाद होने वाले इलेक्शन कैंपेन के लिए रणनीति बनाता है. घटनास्थल पर स्नीफर डौग स्क्वायड के साथ संयुक्ता और जय पहुंचते हैं तो टीम के सहयोगी उन्हें बताते हैं कि एक हुडी (पैंट) और सेलफोन मिला है.

अगले सीन से पता चलता है कि रक्षा और तुषार के बीच प्यार भी है. कालेज के फंक्शन में युवा नेता तुषार और सीनियर लीडर प्रदीप भोसले की मुलाकात होती है, तब प्रदीप तुषार से इस चुनाव में उसे जिताने की बात करता है और प्रौमिस करता है कि अगले चुनाव में उसे जिताएगा. कालेज के फंक्शन की शुरुआत के पहले संयुक्ता और जय वहां पहुंचते हैं तो पता चलता है नैना मराठे सहित कालेज के 4 स्टूडेंट एब्सेंट हैं. पूछताछ करने की वजह से संयुक्ता रिक्वेस्ट कर के फंक्शन को किसी और दिन कराने को कहती है, जिसे तुषार मान लेता है.

संयुक्ता और जय नैना के घर जाते हैं तो उस की मम्मी बताती है कि नैना कल शाम को लावण्या के घर पढऩे के लिए गई थी और वहां रुक कर कल कालेज जाने वाली थी. उधर सुनील बताता है कि लावण्या और सावंत तो घर पर ही हैं. इधर नैना की मां उद्धव को फोन कर के बताती है कि पुलिस घर पर नैना के संबंध में पूछताछ करने आई है तो उद्धव ओजस के घर जा कर पता करता है. ओजस बताता है कि वह रात में ही घर चली गई थी. अगले सीन में संयुक्ता को फोन कर खदान पहुंचने को कहा जाता है. खदान से एक क्रेन की मदद से निकली कार की डिक्की में नैना की डैडबौडी मिलती है.

नैना की मम्मी पायल के बताए अनुसार तभी उद्धव भी वहां पहुंच जाता है और अपनी बेटी की लाश देख कर फूटफूट कर रोने लगता है. एसीपी संयुक्ता को कार के अंदर तुषार सर्वे की पार्टी का स्टीकर मिलता है. शुरुआत की कहानी में लोचा है. क्राइम ब्रांच पहले ही नैना के घर तहकीकात करने पहुंच जाती है, जबकि उस की डैडबौडी मिलने का सीन बाद का है. यह सब दर्शकों को हजम नहीं होता.

एपिसोड नंबर 2

दूसरा एपीसोड भी 42 मिनट का है, जिस की शुरुआत में नैना की डैडबौडी का पोस्टमार्टम करने वाला डौक्टर संयुक्ता को बताता है कि आंखों में शीशे के टुकड़े मिले हैं और लंग्स में पानी भरने से मौत हुई है. नैना के मम्मीपापा वहां मौजूद हैं, जिन्हें जय भरोसा दिलाता है कि कातिल को छोड़ेंगे नहीं. अगले सीन में डीसीपी राठी संयुक्ता दास को अहमदाबाद जाने के बजाय 48 घंटे का वक्त इस केस के लिए देने को कहते हैं. इस के बाद तुषार सुर्वे को रक्षा बताती है कि उन का वीमेन सेफ्टी कैंपेन का डाटा लीक हो गया है और प्रदीप भोसले उसे आगे बढ़ा कर राजनैतिक फायदा उठाना चाहता है,

तभी संयुक्ता और जय वहां पहुंच कर उन को एक कार की फोटो दिखा कर कहते हैं कि इस कार में आप की पार्टी का स्टीकर लगा था. इस पर साहिल बताता है कि यह कार उन के इलेक्शन कैंपेन में इस्तेमाल हो रही थी. जय जब तल्ख लहजे में तुषार से पूछताछ करता है तो रक्षा उसे धमकाते हुए कहती है कि उस के एक फोन पर उसे हटाया जा सकता है. संयुक्ता उसे ट्रांसपोर्ट मैनेजर से बात करने के बहाने वहां से बाहर भेजती है और तुषार को जांच में सहयोग करने को कहती है. जय को ट्रांसपोर्ट मैनेजर उस कार के ड्राइवर मुकेश की फोटो और नंबर दे देता है.

ड्राइवर मुकेश की तलाश में संयुक्ता और जय उस के अड्ïडे पर बेलापुर जाते हैं. रात के वक्त एक पुरानी बिल्डिंग में जय नीचे और संयुक्ता ऊपरी मंजिल पर उस की तलाश करते हैं, तभी मुकेश कांच की टूटी हुई बोतल से संयुक्ता पर पीछे से हमले करने की कोशिश करता है, जिस में संयुक्ता बालबाल बच जाती है. दोनों में हाथापाई चलती है और उसी दौरान संयुक्ता के पूछने पर मुकेश बताता है कि उस रात वह गाड़ी और चाबी छोड़ कर हास्पिटल आ गया था. संयुक्ता मोबाइल में नैना की फोटो दिखा कर पूछती है कि इसे कालेज में देखा था तो वह बताता है कि उस के साथ खोपड़ी भी था. उसी समय जय आ कर मुकेश पर गोली चला देता है. वह उठ कर पीछे की तरफ कदम बढ़ाते हुए भागने की कोशिश में अगले ही पल छत से नीचे गिर जाता है.

इस के बाद दूसरे दिन सुबह घर पर संयुक्ता की मां उसे उलाहना देती है कि वह दफ्तर के काम में इतनी व्यस्त रहती है कि उसे पति भीष्म और बेटी माही का खयाल ही नहीं है. नैना के मर्डर की ब्रेकिंग न्यूज चलने के बाद तुषार सुर्वे और रक्षा संयुक्ता से मिल कर कहते हैं कि उन्हें भी मीडिया को स्टेटमेंट देना होगा, इस पर इनवैस्टीगेशन का हवाला दे कर संयुक्ता उन्हें रोकती है. जय नैना के सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ फोटो दिखाते हुए संयुक्ता से कहता है कि नैना ओजस अधिकारी से प्रेम करती थी, बाद में ब्रेकअप हो गया और नैना ने जब उसे इग्नोर किया तो जरूर उस दिलजले ने नैना का काम तमाम कर दिया होगा.

उधर से भीष्म फोन कर के नाराजगी दिखाते हुए कहता है कि ‘तुम्हारे अहमदाबाद न आने से माही के स्कूल का ओरिएंटेशन मिस हो गया, तुम न आ पा रही तो गृह प्रवेश का प्रोग्राम कैंसल कर दे रहा हूं.’

इस पर संयुक्ता कहती है कि उस ने आने के लिए परसों की फ्लाइट टिकट बुक कर ली है. तुषार और रक्षा जाह्नवी के घर जा कर उस की पार्टी से अलायंस का प्रपोजल रखते हैं. जाह्नवी अपने मैडिकल कालेज को लाइसेंस देने की शर्त पर अलायंस के लिए तैयार हो जाती है. जय कालेज के रंधीर से कालेज फेस्ट के फोटो ले कर संयुक्ता को दिखाता है. ओजस और लावण्या से भी पूछताछ होती है.

पूछताछ में पता चलता है कि ओजस कालेज में ड्रग्स सप्लाई करता था. उस दिन मजे लेने के लिए ड्राइवर मुकेश को ड्रग्स फूंकने को दिया और वह वोमेटिंग करने लगा और फिर वहां से गायब हो गया. पूछताछ के दौरान ओजस के पेरेंट्स आ कर आपत्ति जताते हुए कहते हैं कि उन के लायर की उपस्थिति में ही पूछताछ होगी. इस पर संयुक्ता उन्हें क्राइम ब्रांच आने को कहती हैं, लेकिन जय ओजस का सेलफोन ले लेता है. जय को कालेज के वाशरूम में एक लड़का दिखता है, जिस के हाथ में खोपड़ी वाला टैटू बना हुआ है. ओजस के मोबाइल में मिले फोटो में भी वही लड़का दिखता है.

अगले सीन में रात के अंधेरे में जय और संयुक्ता कालेज में अलगअलग जगहों पर तलाशी करते हैं, जहां नैना का आईडी कार्ड मिलता है और एक गद्दे पर खून के निशान के साथ दीवारों पर लिखी इबारत मोबाइल में मिली फोटो से मेल खाती है. नैना के पेरेंट्स टीवी चैनल पर न्यूज में सुनते हैं कि तुषार सुर्वे की कार में नैना का मर्डर और रेप हुआ है. इलेक्शन कैंपेन, पार्टियों के साथ अलायंस जैसे सीन जिस तरह से फिल्माए गए हैं, वह कोई प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं. वेब सीरीज में इनवैस्टीगेशन जिस तरह से दिखाई गई है, वह दर्शकों को उबाऊ लगता है.

एपिसोड नंबर 3

37 मिनट के तीसरे एपिसोड की शुरुआत होती है कालेज की उसी बेसमेंट में बने रेस्टरूम से जहां फोरैंसिक एक्सपर्ट गद्दों पर मिले खून के निशान के नमूने ले रहे हैं. जय संयुक्ता से कहता है कि उसे गार्ड ने बताया है कि यह स्थान कालेज के स्वीपरों के रुकने के लिए था, जिसे स्टूडेंट्स ने अपना पर्सनल रेस्टरूम बना लिया था. वह आगे कहता है कि आरव और ओजस उस रात कहां थे, वे नहीं बता पा रहे, इसलिए मेरी मानो तो कांड यहीं पर हुआ है. उद्धव के घर एक छोटा लड़का तनु के बर्थडे पर केक बना रहा है. उद्धव उसे गोद में ले कर बर्थडे सौंग गाने को कहता है, तभी पायल आ कर बच्चे को अंदर भेज  कर कहती है कि मुझे पुलिस की काररवाई पर भरोसा नहीं है.

अगले सीन में तुषार और साहिल न्यूज देखते हैं, जिस में प्रदीप भोसले मीडिया से कह रहा है कि तुषार जैसा अपराधी चुनाव में खड़ा भी नहीं होना चाहिए. तभी रक्षा आ कर बैड न्यूज सुनाती है कि जाह्नवी और प्रदीप भोसले की पार्टी का अलायंस हो गया है. कैंपेन मैनेजर साहिल तुषार से कहता है कि सोशल मीडिया पर इंटरव्यू कर के सच्चाई पब्लिक को बताएंगे, तभी तुषार सुर्वे मुर्दाबाद के नारे लगाती भीड़ उन के दफ्तर में घुस आती है और तुषार के चेहरे पर कालिख पोत देती है.

डीसीपी राठी न्यूज लीक होने पर संयुक्ता और जय को फटकार लगाते हुए कहता है कि मीडिया का टारगेट पुलिस न बने. रक्षा साहिल पर शक करती है, मगर तुषार कहता है साहिल उस के बचपन का दोस्त है और मुझे उस पर पूरा भरोसा है. उस के बाद तुषार धीरेन को फोन कर के कुछ पता लगाने की बात करता है. मीडिया के सवाल पूछने पर डीसीपी राठी बताते हैं कि अपराधी को जल्द पकड़ लिया जाएगा और केस सौल्व होने तक एसीपी क्राइम ब्रांच छोड़ कर नहीं जाएंगी. तीसरे दिन तुषार सोशल मीडिया पर लाइव आ कर नैना की हत्या को दुखद बताते हुए महिलाओं की सुरक्षा पर बात करता है और पब्लिक से कमेंट करने को कहता है.

उधर संयुक्ता को फोन पर भीष्म कहता है कि मुझे न्यूज से पता चला कि तुम नहीं आ रही. वह गुस्से में कहता है कि तुम्हें हसबैंड की बजाए एक कांस्टेबल की जरूरत है. क्राइम ब्रांच में संयुक्ता और जय नैना के पेरेंट्स से पूछताछ करते हैं, तब पता चलता है कि उस की मम्मी को नैना की लाइफ के बारे में कुछ भी पता नहीं है, मगर पिता उद्धव बताते हैं कि ओजस उस का बौयफ्रेंड था. तुषार एक व्यक्ति को पैसे दे कर यह जानकारी जुटा लेता है कि उस के औफिस से साहिल के अकाउंट से जानकारी भोसले को भेजी गई है. लावण्या और आरव से संयुक्ता और जय सघन पूछताछ करते हैं, जिस में उन के बयान संदेहास्पद लगते हैं.

दोनों यह स्वीकार करते हैं कि फेस्ट के दौरान कालेज में बेसमेंट में वे स्मोकिंग के लिए गए थे. संयुक्ता आरव को बताती है कि नैना की लास्ट फोटो बेसमेंट में उस के साथ मिली है. जय फिर से संयुक्ता को अपनी कहानी सुना कर कहता है कि ओजस और आरव ने ही नैना का रेप कर के मर्डर किया है और गाड़ी में लाश ले कर गाड़ी को पानी में फेंक दिया होगा. मगर संयुक्ता इसे नकार कर कहती है कि नैना फेस्ट में जिस कास्ट्यूम में थी, लाश अलग कास्ट्यूम में मिलती है और ओजस के साथ ब्रेकअप के बाद वह बेसमेंट में उस के साथ क्यों जाएगी. अगले सीन में प्रोफेसर रंधीर नैना के घर पहुंच कर बताते हैं कि नैना और मेरे बीच ऐसी पुस्तकों का आदानप्रदान होता था, जो अभी तक किसी ने पहले पढ़ी न हो. प्रोफेसर एक पुस्तक नैना की मां को देते हैं.

यह सीन भी यहां दर्शकों को बोर करता है. सीनियर अफसर संयुक्ता को नैना की रिपोर्ट दिखाते हैं, जिस में लिखा है कि उस ने किसी तरह का ड्रग्स या अल्कोहल नहीं लिया था. वह जय की थ्योरी पर नाराजगी जताते हुए संयुक्ता को बेस्ट औफीसर मानते हैं. इधर ओजस के लायर की उपस्थिति में जब जय सख्ती से पूछताछ करता है तो लायर आब्जेक्शन करता है. संयुक्ता को ओजस पूछताछ के दौरान बताता है कि नैना कई दिनों से अजीब बिहेव कर रही थी और फेस्ट की रात भी किसी से फोन पर बात कर रही थी, इस वजह से मेरा उस से झगड़ा हुआ था. ओजस के ज्यादा शराब पीने की वजह से उस की कार कालेज में रात भर खड़ी रहती है, मगर 3 बजे रात को आरव की गाड़ी ओजस के घर के सामने सीसीटीवी कैमरे में दिखती है. इस सवाल पर वह कुछ बताने की बजाय बुरी तरह रोने लगता है.

तभी उस का लायर उसे ले कर चला जाता है. इस के बाद इनवैस्टीगेशन के तौरतरीकों को ले कर संयुक्ता और जय में तीखी झड़प होती है. जय एक पार्टी में जाता है, वहां कालेज के 2 लड़कों से दोस्ती बढ़ा कर उन से नैना के बारे में तहकीकात करता है तो उसे नैना के साथ संबंध का एक वीडियो मिलता है. इधर रक्षा और तुषार साहिल पर प्रदीप भोसले के लिए काम करने का आरोप लगाते हैं. संयुक्ता अपनी बेटी माही के लैपटाप में उस की नंगी तसवीरें देख कर उसे डांटती है तो वह भी मम्मी को उस की केयर न करने की शिकायत करती है. दोनों के बीच कहासुनी चल रही होती है, उसी दौरान जय फोन कर के उसे औफिस बुला कर नैना का वह वीडियो दिखाता है. जय को पार्टी में अनजान लड़के जिस तरह नैना के सीक्रेट बता देते हैं, यह समझ से परे है.

एपिसोड नंबर 4

33 मिनट के चौथे एपिसोड की शुरुआत में बताया गया है कि रात के समय संयुक्ता जय के साथ औफिस में नैना के उस वीडियो को देखते हैं और कब चौथे दिन की सुबह हो जाती है, उन्हें पता भी नहीं चलता. इधर नैना की मम्मी पायल मीडिया के सामने इंसाफ की मांग करती है. रक्षा तुषार के साथ जाह्नवी से मिल कर उस के ब्रिटिश आइसलैंड में करोड़ों रुपए होने की जानकारी का हवाला दे कर अपनी पार्टी के साथ अलायंस करने पर मजबूर कर देती हैं. फोरैंसिक रिपोर्ट में पता चलता है कि स्टोर रूम में मिले ब्लड सैंपल का ग्रुप-ओ पौजिटिव है, जबकि नैना का ब्लड ग्रुप-बी पौजिटिव था. रिपोर्ट में यह भी पता चलता है कि नैना के बालों से मिले कांच के टुकड़े स्टोररूम में मिले कांच के टुकड़ों से मैच नहीं कर रहे.

इस से संयुक्ता समझ जाती है कि डीपफेक की मदद से नैना का चेहरा जोड़ कर वह वीडियो बनाया गया है. संयुक्ता अब ओ पौजिटिव ग्रुप वाली लावण्या से सख्ती से पूछताछ करती है तो वह बताती है कि उस रात ओजस और आरव के साथ बेसमेंट से नैना नाराज हो कर जाने लगी तो मैं ने उसे समझाया, मगर उस ने कहा कि ओजस अच्छा लड़का नहीं है. उस ने नैना के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी, इसलिए उस से ब्रेकअप हुआ था. लावण्या ओजस को चाहती थी. नैना के जाने के बाद ओजस उस के साथ स्टोररूम में इंटीमेट होना चाह रहा था, तभी लावण्या को दिखाई देता है कि  आरव रिकौर्डिंग कर रहा है.

वह कांच की बाटल फोड़ कर अपने हाथ में मार लेती है. तब आरव ने प्रौमिस किया था कि वीडियो डिलिट कर देगा, मगर फिर डीपफेक ऐप से एडिट कर के उसे वायरल कर दिया. लावण्या ने नैना के बदलाव की जानकारी देते हुए बताया कि वह कालेज भी कम आती थी और उस के घर भी लेट नाइट आती थी. उस के पास दूसरा सेलफोन भी था, जिस पर किसी के कौल आते थे. लावण्या एक जर्नी टिकट भी संयुक्ता को देती है, जो उस जगह का था, जहां अकसर नैना जाती थी. कहानी में नैना, लावण्या, ओजस, आरव जैसे किरदारों को रहस्यमयी तरीकों से दिखाया गया है, जिस में दर्शक उन के बारे में कोई राय कायम नहीं कर पाते.

उधर जय ओजस को कार में बिठा कर खदान के पास ले जा कर टौर्चर कर के उस से सच उगलवाना चाहता है, मगर सीनियर अफसर का फोन आ जाता है. दफ्तर में उसे डांटते हुए डीसीपी राठी कहता है कि ओजस का बाप सीएम का सर्जन है. वह चेतावनी देते हुए केयरफुल तरीके से केस सौल्व करने का निर्देश देता है. अगले सीन में जय और संयुक्ता की इस बात को ले कर झड़प होती है कि वे एकदूसरे को कुछ बताते नहीं है. संयुक्ता अपनी गलती मान लेती है और जय को कौफी दे कर बताती है कि उस रात क्या हुआ था. उस रात नैना अपने साथ कपड़े ले कर कहीं जाने वाली थी. उस का फोन 8 बजे डिस्चार्ज हुआ, लेकिन उस ने चार्ज नहीं किया, क्योंकि उस के पास दूसरा फोन था.

साथ ही वह किसी ऐसे व्यक्ति से मिलने जा रही थी जो कालेज फ्रेंड से अलग कोई उम्रदराज या शादीशुदा व्यक्ति था. उसी समय जय एक बैग निकाल कर देते हुए बताता है कि यह बैग शिंदे को नैना के कबर्ड से मिला है. यह बैग जरूर उस आदमी ने दिया होगा, जिस से मिलने नैना जाती थी. नैना के पेरेंट्स को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी. बातचीत के दौरान जय कहता है कि जिन के मांबाप स्ट्रिक्ट रहते हैं, उन के बच्चे झूठे होते हैं. इस पर संयुक्ता अपनी बेटी को याद कर जय से बोल कर कुछ समय के लिए घर चली जाती है. इधर पायल के पिता उद्धव को भलाबुरा कह कर इस का जिम्मेदार उसे ही ठहराते हैं. उधर संयुक्ता का बेटी से झगड़ा होता है तो बेटी उस पर तुषार सुर्वे को प्रोटेक्ट करने का आरोप लगाती है.

इसी दौरान वह बेटी का मोबाइल ले कर तसवीरों के बारे में पूछती है तो बेटी दरवाजा बंद कर लेती है. संयुक्ता उस का डाटा चैक करना चाहती है, मगर पासवर्ड बदल जाने से नहीं देख पाती. वह स्टाफ के केतन को बिना पासवर्ड बताए स्क्रीन अनलौक करने के बारे में पूछती है. इधर नैना के घर से उस की अर्थी उठ रही है. अगले सीन में जय संयुक्ता को ले कर जाता है, वहां किसी ऐप के बारे में बताता है कि कालेज स्टूडेंट इस ऐप के एडिक्ट हैं और नैना के मोबाइल में भी यह ऐप थी, जिस में कालेज प्रोफेसर रंधीर से नैना की प्राइवेट चैट मिली है. जय बताता है कि प्रोफेसर रंधीर रंगीनमिजाज आदमी है, पहले भी एक कालेज में इस का स्टूडेंट के साथ अफेयर रहा था. जब दोनों रंधीर के घर जाते हैं तो उस की वाइफ सुप्रिया से पूछताछ करते हैं.

संयुक्ता वाशरूम जाने के बहाने अंदर तहकीकात करती है, जहां उसे प्लास्टिक का एक ऐसा बैंड मिलता है, जो नैना की बौडी में बंधा हुआ था. यहीं पता चलता है कि रंधीर का तुषार सुर्वे से भी संबंध है. इधर उद्धव को जब रंधीर के नैना से कनेक्शन का पता चलता है तो वह भी कुछ करने की योजना बनाता है.

एपिसोड नंबर 5

33 मिनट के पांचवें एपिसोड की शुरुआत होती है प्रोफेसर रंधीर झा की गिरफ्तारी से. उन्हें नैना के मर्डर के आरोप में क्राइम ब्रांच लाया जाता है, जहां पर उन से पूछताछ होती है. उस के पहले उन की पत्नी सुप्रिया, गार्ड, मेड और पड़ोसियों के बयान के आधार पर संयुक्ता और जय का शक रंधीर पर गहरा जाता है. रंधीर बताता है कि उस रात नैना उस के घर आई तो थी, मगर घर के बाहर से ही मुझे बुक दे कर और बाहर पार्किंग में साइकिल छोड़ कर निकल गई थी. रंधीर भरोसे के साथ कहता है कि उस ने नैना को न कोई फोन दिया है और न ही उस के साथ कोई ऐसा रिश्ता है. तभी संयुक्ता की मां फोन पर माही के घर पर न होने की जानकारी देती है.

संयुक्ता माही के बौयफ्रेंड के आईपी एड्रेस को ट्रेस कर माही तक पहुंच जाती है. रास्ते में कार में दोनों की बहस होती है, जिस में माही उसे सेल्फिश कहती है. रास्ते में झड़प के दौरान माही भरोसे से कहती है कि मैं गलत नहीं हूं. उस के बाद घर में जब माही सो रही होती है, तब संयुक्ता ‘आई ट्रस्ट यू ऐंड आई लव यू’ लिखी एक परची लगा कर मोबाइल उस की टेबल पर रख कर वापस कर देती है. इधर संयुक्ता के साथ पूरी टीम रंधीर के घर की तलाशी ले कर सबूत इकट्ठा करने में लगी है.

इसी दौरान फर्श पर खून के निशान मिलते हैं, उसी समय डीसीपी राठी उन्हें औफिस बुला लेता है. पार्टी अलायंस की मीटिंग में रंधीर झा को ले कर जाह्नïवी द्वारा आपत्ति की जाती है और टीवी चैनल की डिबेट में भी प्रदीप भोसले तुषार पर वीमेन सेफ्टी का दिखावा करने का आरोप लगा कर उसे भी दोषी मानता है. क्राइम ब्रांच के दफ्तर में संयुक्ता की आंखों के सामने रंधीर को छोड़ दिया जाता है. डीसीपी उसे बगल के कमरे की तरफ (जहां जय एक लड़का और लड़की से पूछताछ कर रहा है) इशारा करते हुए कहते हैं कि रंधीर के घर मिला खून किसी और का है.

संयुक्ता उन के पास जाती है तो साक्षी और अमृत नाम के कपल उस रात की कहानी बताने लगते हैं. अमृत और साक्षी एकदूसरे को प्रेम करते थे, मगर अलगअलग जातियों के होने के बावजूद उन के घर वाले राजी नहीं थे. शादी करने के बाद साक्षी को उस की बहन ने बताया कि उस के बाबा उसे खोज रहे हैं और उसे वे बहुत मारेंगे. इस वजह से दोनों हेल्प के लिए रंधीर सर के पास पहुंचते हैं, मगर डर के मारे साक्षी अपना हाथ काट लेती है. खून बहता देख रंधीर उन्हें हौस्पिटल ले जाता है. यह सीन बनावटी सा ज्यादा लगता है. कहानी के हिसाब से कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाया है.

डीसीपी राठी इनवैस्टीगेशन की इस तरह के तरीके पर सवाल उठाते हुए संयुक्ता को इस केस को छोड़ कर अहमदाबाद जाने को कहते हैं. जाह्नवी तुषार को कहती है कि रंधीर झा की वजह से उस की पार्टी के 17 एमएलए पार्टी छोड़ कर दूसरी पार्टी बना रहे हैं. इस से तुम्हारे करिअर पर गलत प्रभाव पड़ेगा, तभी साहिल आ कर बताता है कि रंधीर को क्राइम ब्रांच ने क्लीन चिट दे दी है. संयुक्ता केस छोड़ कर जाने को होती है, तभी जय उसे हाफ डे का बोल कर फिर से जांच शुरू करने को कहता है. जय और संयुक्ता अब दूसरे एंगल से फिर एक पेट्रोल पंप के फुटेज देखते हैं, तभी संयुक्ता फोन आने की वजह से घर आ जाती है.

घर पर भीष्म मुंबई आ जाता है और संयुक्ता को कल की फ्लाइट से अहमदाबाद चलने को कहता है तो संयुक्ता भी राजी हो जाती है. इधर जय पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज से मिले इनपुट को संयुक्ता को भेजता है, जिस में पता चलता है कि उस कैंपेन वाली कार को ले कर उद्धव का पार्टनर विनायक ले कर आया था.

एपिसोड नंबर 6

30 मिनट के आखिरी एपिसोड की शुरुआत में जय और संयुक्ता विनायक मोरे के घर तलाशी के लिए पहुंचते हैं, जहां उन्हें नैना के फोटोग्राफ और लव लेटर मिलता है. संयुक्ता को नैना की मां बताती है कि उद्धव विनायक को भाई की तरह समझता था. विनायक मूवर्स ऐंड पैकर्स के इस काम को और आगे बढ़ाने में नंबर 2 का पैसा लगाना चाहता था, वह उद्धव को मंजूर नहीं था. जय संयुक्ता को विनायक की बैकग्राउंड हिस्ट्री बताता है कि उद्धव और विनायक गुंडागर्दी करते थे. संयुक्ता की मम्मी फोन कर के उस से भीष्म के साथ अहमदाबाद जाने के लिए कहती है. संयुक्ता केतन से विनायक की चैट हिस्ट्री चैक करने को कहती है, तभी भीष्म फोन कर के संयुक्ता को 9 बजे एयरपोर्ट के लिए निकलने को कहता है.

संयुक्ता काम का हवाला दे कर उस से कहती है कि वह सीधे एयरपोर्ट पहुंच जाएगी. रात को औफिस के बाहर तुषार संयुक्ता से मिल कर आश्वस्त होना चाहता कि अब तो कोई दिक्कत उस की पार्टी को नहीं आएगी. जय फिर संयुक्ता को एक कहानी गढ़ कर सुनाता है कि नैना का मर्डर विनायक ने ही किया, मगर संयुक्ता बिना प्रूफ के इसे मानने को तैयार नहीं होती. संयुक्ता जय के पूछने पर बताती है कि उस की एक गलती की वजह से 3 साल पहले एक निरपराध की जान चली गई थी, इस वजह से वह बिना गोली के गन रख कर काम करती है. वह समाज के उस कल्चर को भी दोषी मानती है कि समाज लड़कियों को सुरक्षित रहने को कहता है, मगर लड़कों से कुछ नहीं कहता.

संयुक्ता को नैना के मोबाइल में एक ऐप के जरिए की गई काल हिस्ट्री मिलती है, जिस में देर रात उस को एक आईडी से काल किए जाते थे. छठवें दिन की सुबह रक्षा ग्राउंड में एक्सरसाइज कर रही है और साहिल वहां पहुंच कर रक्षा को मनाने की कोशिश करता है. संयुक्ता से केतन आईपी एड्रेस न मिलने की बात कहता है तो संयुक्ता उसे कालेज के सीसीटीवी फुटेज फिर से चैक करने को कहती है, तभी डीसीपी उस के पास आ कर कहते हैं कि तुम्हारी फ्लाइट तो मिस नहीं हो जाएगी? इस पर संयुक्ता कहती है कि प्रूफ ढूंढने की कोशिश कर रही हूं. इधर उद्धव गोडाउन में विनायक को बांध कर उसे मारने दौड़ता है, मगर विनायक उसे लात मार कर गिरा देता और भागने की कोशिश करता है.

जैसे ही वह अपना मोबाइल औन करता है, जय उस की लोकेशन ट्रेस कर उस के पीछे जाता है. डीसीपी संयुक्ता को अहमदाबाद जाने को कहते हैं. इधर भीष्म और माही एयरपोर्ट पर बैठे हैं, तभी संयुक्ता भी आ जाती है. फ्लाइट की अनाउंसमेंट होते ही वे उठ कर जाने लगते हैं, तभी केतन फोन कर के बताता है कि विनायक की काल डिटेल्स में विनायक पेट्रोल पंप पर तो गया था, मगर कालेज और खदान पर नहीं गया था. वह जय को फोन करने को बोलती है. जय विनायक की लोकेशन पर पहुंचता है.  वहां उद्धव और विनायक में हाथापाई होती है. विनायक उद्धव को मारने से पहले बताता है कि वह नैना को चाहता था, मगर नैना ने मना किया तो वह पीछे हट गया था.

जैसे ही विनायक उद्धव को मारने को होता है, तभी जय उस पर गोली चला देता है. मरने से पहले विनायक कहता है कि उस ने नैना का खून नहीं किया है. इधर भीष्म और माही के साथ संयुक्ता फ्लाइट में चढऩे जाने ही वाली थी कि रक्षा फोन कर के बताती है कि उस ने झूठ बोला था, वह मर्डर वाली रात तुषार के साथ नहीं थी. उस रात नैना हमारी पार्टी के डिनर पर आई थी और तुषार से मिली थी. रक्षा यह भी बताती है कि क्राइम सेल का कोई आदमी तुषार की मदद कर रहा है. संयुक्ता के प्रूफ मांगने पर रक्षा उसे कुछ भेज कर मोबाइल चैक करने को कहती है. फ्लाइट की फाइनल कौल होते ही भीष्म संयुक्ता को बुलाता है, मगर वह बस देखती रह जाती है और विमान उड़ जाता है. यहां भी कुछ अधूरापन सा लगता है कि कैसे भीष्म और माही फ्लाइट में चले जाते हैं और संयुक्ता रह जाती है.

संयुक्ता दोबारा फिर से क्राइम ब्रांच औफिस आ जाती है और एक बार फिर से नैना के मर्डर की तहकीकात में जुट जाती है. रक्षा द्वारा भेजे गए वीडियो में नैना तुषार से मिलते हुए दिखाई देती है. उद्धव पुलिस हिरासत में संयुक्ता के सामने एक बार फिर इस मर्डर केस के किरदार एकएक कर के सामने आने लगते हैं. आखिरी एपिसोड की एंडिंग दर्शकों को निराश करती है. 6 एपिसोड के साढ़े 3 घंटे सिर खपाने के बाद दर्शकों को कुछ खास हासिल नहीं होता. इतनी मशक्कत के बाद भी कातिल का पता न लगना यह साबित करता है कि लेखकों ने यह सस्पेंस अगले सीजन के लिए बचा कर रखा है.

कोंकणा सेन शर्मा

बंगाली परिवार में 3 दिसंबर, 1979 को जन्म लेने वाली कोंकणा विज्ञान लेखक और पत्रकार मुकुल शर्मा, अभिनेत्री और फिल्म निर्देशक अपर्णा सेन की बेटी है. कोंकणा ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई मौडर्न हाईस्कूल फौर गल्र्स, कलकत्ता में की है. कोंकणा ने अपनी स्नातक की पढ़ाई दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफेन कालेज से पूरी की है. कोंकणा की शादी रणवीर शौरी से हुई है, उस के एक बेटा भी है जिस का नाम हारुन सेन शौरी है.

कोंकणा ने अपने करिअर की शुरुआत एक बाल कलाकार के रूप में फिल्म ‘इंदिरा’ से की थी. साल 2000 में उस ने फिल्म अभिनेत्री के रूप में बंगाली फिल्म ‘एक जे आछे कन्या’ से शुरुआत की, जिस में उस ने एक नकारात्मक चरित्र निभाया था. इस के बाद वह रितुपर्णो घोष की बहुप्रशंसित फिल्म तितली में मिथुन चक्रवर्ती और अपनी मम्मी अपर्णा सेन के अपोजिट नजर आई थी. कोंकणा को इंडस्ट्री में पहचान फिल्म ‘मिस्टर ऐंड मिसेज अय्यर’ में मीनाक्षी अय्यर के रूप में मिली, उसे इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के राष्ट्रीय पुरस्कार से भी नवाजा गया. इस फिल्म का निर्देशन उन की मम्मी अपर्णा सेन के द्वारा किया गया था. इस फिल्म के बाद कोंकणा फिल्म जगत की जानीमानी अभिनेत्री बन गई थी.

इस के बाद वह मधुर भंडारकर की फिल्म ‘पेज 3’ में एक पत्रकार के किरदार में नजर आई. इस फिल्म में उस की बेहतरीन अदाकारी को देख आलोचक भी उस से बिना प्रभावित हुए बिना रह नहीं सके. यह फिल्म उसे दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार दिलाने में कामयाब रही. साल 2006 में फिल्म ‘ओमकारा’ में एक गरीब अधेड़ महिला का किरदार निभा कर कोंकणा ने एक बार फिर अपने प्रशंसकों को काफी प्रभावित किया था. उसे इस फिल्म के फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस के अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था. इस के बाद कोंकणा ने रितुपर्णो घोष के बंगाली कला फिल्म ‘दोसर’ में अभिनय किया, जिस का पहला प्रदर्शन कई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोहों में किया गया.

इस फिल्म के लिए उसे महिंद्रा इंडो-अमेरिकन आर्ट काउंसिल (रूढ्ढ्र्रष्ट) फिल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इस के बाद वह फिर मधुर भंडारकर की एक फिल्म ‘ट्रैफिक सिगनल’ में दिखाई दी. इस फिल्म में वह एक वेश्या के किरदार में नजर आई थी. 2007 में आई उन की दूसरी फिल्म अनुराग बासु की ‘लाइफ इन ए… मेट्रो’ थी, यह फिल्म बौक्स औफिस पर अच्छीखासी कमाई करने में कामयाब रही थी.  इस फिल्म में मुंबई के अलगअलग लोगों के जीवन का चित्रण किया था और कोंकणा की भूमिका एक जवान और असुरक्षित महिला की थी, जिस के लिए उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया.

2007 के आखिर में कोंकणा ने यशराज फिल्म्स बैनर के अंतर्गत 2 फिल्मों में अभिनय किया. पहली फिल्म प्रदीप सरकार निर्देशित ‘लागा चुनरी में दाग’ थी. यह फिल्म बनारस की पृष्ठभूमि पर आधारित थी. दूसरी फिल्म थी माधुरी की कमबैक फिल्म ‘आ जा नच ले’. इस फिल्म में कोंकणा बतौर सपोर्टिंग एक्ट्रेस नजर आई थी. 2008 में कोंकणा ने ‘दिल कबड्डी’ में अभिनय किया. उस ने एक लघु फिल्म ‘हाउ कैन इट बी?’ में भी काम किया, जिस का निर्देशन मीरा नायर ने किया था और इसे रिलीज करने से पहले 2008 के कई फिल्म समारोहों में दिखाया गया था. 2009 में वह एक कम बजट की अंगरेजी फिल्म ‘द प्रेसिडेंट इज कमिंग’ में दिखाई पड़ी, जिस का निर्देशन कुणाल राय कपूर ने किया था.

इस के बाद कोंकणा जोया अख्तर की फिल्म ‘लक बाइ चांस’ में फरहान अख्तर के अपोजिट नजर आई, लेकिन बौक्स औफिस पर फिल्म को प्रत्याशित सफलता नहीं मिली. इस के बाद सेन 2009 में अयान मुखर्जी की रोमानी हास्य फिल्म ‘वेकअप सिड’ में रणबीर कपूर के संग रोमांस करती हुई नजर आई. 2010 में कोंकणा ने अश्विनी धीर की फिल्म ‘अतिथि तुम कब जाओगे’ में अजय देवगन और परेश रावल के साथ काम किया. यह एक कौमेडी ड्रामा फिल्म थी. 2013 में वह एकता कपूर की फिल्म ‘एक थी डायन’ में नजर आई. कोंकणा सेन की आने वाली फिल्मों में ‘गौर हरि दास्तां- द फ्रीडम फाइल’, ‘लिपस्टिक अंडर माई बुरका’, ‘तलवार’ और ‘कादंबरी’ शामिल हैं.

सूर्या शर्मा

सूर्या शर्मा का जन्म 27 फरवरी, 1990 को हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में हुआ था. हिमाचल प्रदेश के रहने वाले ऐक्टर सूर्य शर्मा बौलीवुड में लंबी दूरी तय कर अपनी एक अलग पहचान बनाने में कामयाब हुआ है. सूर्या शर्मा ने रिया कपूर की फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ और सुधीर मिश्रा की वेब सीरीज ‘होस्टेज’ में अपने अभिनय का परचम लहराया. उस के अभिनय की तारीफ निर्देशक अनुराग कश्यप और ऐक्टर सुधीर मिश्रा भी कर चुके हैं. 2025 में रिलीज ‘सलाकार’ वेब सीरीज में सूर्या शर्मा ने कर्नल अशफाक उल्लाह का किरदार निभा कर अपनी ऐक्टिंग का लोहा मनवाया था. उस की अदायगी आप को यकीनन उस से नफरत करने पर मजबूर कर देती है.

इस नेगेटिव किरदार को सूर्या शर्मा ने बड़ी शिद्दत से निभाया है. जियो हौटस्टार पर अक्तूबर में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘सर्च’ में एसीपी जय कंवल के रूप में भी उस की ऐक्टिंग काबिलेतारीफ है. सूर्या की ऐक्टिंग की शुरुआत 2015 में जी टीवी के रोमांटिक शो ‘काला टीका’ से हुई, जिस में उस ने आर्यन नाम का किरदार निभाया था. इस पहले टीवी ब्रेक मिलने से पहले उसे लगभग 800 से 900 औडिशंस देने पड़े और उस 2 मिनट के छोटे रोल के लिए 1,500 रुपए मिले थे. 2019 में उस ने वेब सीरीज ‘होस्टेजेस’ में प्रिंस का किरदार निभा कर दर्शकों का ध्यान खींचा. 2020 में सीरीज ‘अनदेखी’ में वह रिंकू बना नजर आया. यह किरदार उस के लिए एक मील का पत्थर बन गया और उसे बेस्ट नेगेटिव रोल का खिताब भी मिला.

सूर्या मानता है कि अभिनय में कोई रोल छोटा या बड़ा नहीं होता. सिर्फ एक सही रोल ही आप के लिए गेमचेंजर बन सकता है. उस के पेरेंट्स ने हर कदम पर उस का समर्थन किया. खासकर उस के पिता कहा करते थे कि ‘घिसोगे नहीं तो चमकोगे कैसे’. उनकी इन पंक्तियों ने उसे हर वक्त इंस्पायर किया. 9 दिसंबर, 2023 को सूर्या ने पूर्व मिस इंडिया मानसी मोघे से शादी की. दोनों को 11 मार्च, 2025 को एक बेटा भी हुआ. सूर्या ट्रैवलिंग, पेंटिंग और फिटनैस का शौकीन है. वह सादा खाना पसंद करता है और फिट रहने के लिए रनिंग करना पसंद करता है. Web Series Search

 

Actress Murder Case: टुकड़ों में मिली अभिनेत्री की लाश

Actress Murder Case: राइमा इसलाम शिमू बांग्लादेश की एक जानीमानी अभिनेत्री थीं. उन्होंने न सिर्फ 50 से ज्यादा फिल्मों में काम किया, बल्कि 2 दरजन से अधिक नाटकों में भी काम कर दर्शकों के दिलों में जगह बनाई. यह महज इत्तफाक की बात है कि जिन दिनों देश भर में अपने दौर की खूबसूरत और लोकप्रिय अभिनेत्री परवीन बाबी की जिंदगी पर बनी वेब सीरीज ‘रंजिश ही सही’ की चर्चा हो रही थी, उन्हीं दिनों बांग्लादेश की परवीन जितनी ही सैक्सी, लोकप्रिय और सुंदर एक्ट्रेस राइमा इसलाम शिमू की दुखद हत्या की चर्चा भी उतनी ही शिद्दत से हो रही थी.

फर्क सिर्फ इतना था कि परवीन बाबी की लाश उन के घर में मिली थी, जबकि राइमा की एक सड़क पर मिली थी. यह सड़क बांग्लादेश की राजधानी ढाका के केरानीगंज अलियापुर इलाके में हजरतपुर ब्रिज के नजदीक है, जो कालाबागान थाने के अंतर्गत आता है. 17 जनवरी, 2022 को राइमा की लाश मिली तो बांग्लादेश में सनाका खिंच गया क्योंकि वह कोई मामूली हस्ती नहीं थीं बल्कि घरघर में उन की पहुंच थी. अपनी अभिनय प्रतिभा के दम पर उन्होंने अपना एक बड़ा दर्शक और प्रशंसक वर्ग तैयार कर लिया था.

जिस हाल में राइमा की लाश मिली थी, उस से साफ जाहिर हो रहा था कि उन की बेरहमी से हत्या की गई है. इस हादसे ने एक बार फिर साफ कर दिया कि रील और रियल लाइफ में जमीनआसमान का फर्क होता है और आमतौर पर फिल्म स्टार्स, फिर वे किसी भी देश के हों, की जिंदगी उतनी हसीन और खुशनुमा होती नहीं जितनी कि उन के जिए किरदारों में दिखती है. यही राइमा के साथ हुआ कि हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उन का बेहद करीबी शख्स था और हत्या की वजह कोई अफेयर, पैसों का लेनदेन, कोई विवाद या नशे की लत या फिर कोई दिमागी बीमारी भी नहीं थी.

45 वर्षीय राइमा साल 1977 में ढाका के एक मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मी थीं, जिन्हें बचपन से ही अभिनय का शौक था. ढाका से स्कूल और कालेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एक्टिंग का कोर्स भी किया था. 19 साल की उम्र में ही उन्हें ‘बर्तमान’ फिल्म में काम करने का मौका मिल गया था. निर्माता काजी हयात की इस कामयाब फिल्म से वह फिल्म इंडस्ट्री में पहचानी जाने लगीं. फिल्म समीक्षकों ने तो उन की एक्टिंग को अव्वल नंबर दिए ही थे, दर्शकों ने भी उन्हें सराहा था. इस की वजह उन का ताजगी से भरा चेहरा और बेहतर एक्टिंग के अलावा उन की कमसिन अल्हड़पन और खूबसूरती भी थी.

पहली फिल्म कामयाब होने के बाद राइमा ने फिर कभी पीछे मुड़ कर नहीं देखा. देखते ही देखते उन्होंने बांग्लादेश के तमाम दिग्गज निर्देशकों के साथ काम किया. इन में इनायत करीम, शरीफुद्दीन खान, दीपू, देलवर जहां झंतु और चाशी नजरूल इसलाम प्रमुख हैं. सभी छोटेबड़े निर्देशकों के साथ राइमा ने 50 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया और टीवी पर भी अपना जलवा बिखेरा.

लोगों के दिलों में बसी थीं राइमा

छोटे परदे पर आना उन की व्यावसायिक मजबूरी भी हो गई थी, क्योंकि बांग्लादेश के लोग भी टीवी धारावाहिकों को ज्यादा तरजीह देने लगे हैं. राइमा ने कोई 25 धारावाहिकों में एक्टिंग की, जिस से घरघर उन की पहुंच और स्वीकार्यता बढ़ती गई. बांग्लादेश फिल्म इंडस्ट्री के लगभग सभी बड़े नायकों के साथ उन्होंने काम किया. खासतौर से अमित हसन, बप्पाराज रियाज, शाकिब खान, जाहिद हसन और मुशर्रफ करीम के साथ उन की जोड़ी खूब जमती थी.

राइमा आला कारोबारी दिमाग की मालकिन थीं, इसलिए उन्होंने खुद का प्रोडक्शन हाउस भी खोल लिया था. जिस के तहत कई टीवी सीरियल बने थे. अलावा इस के वह फिल्म पत्रकारिता भी ‘अर्थ कोथा द नैशनल बिजनैस मैगजीन’ के लिए करती थीं. बहुमुखी प्रतिभा की धनी इस एक्ट्रेस को टीवी न्यूज चैनल एटीएन बांग्ला में सेल्स एंड मार्केटिंग में वाईस प्रेसिडेंट भी नियुक्त किया गया था. जल्द ही एक नामी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी टीएन इवेंट्स लिमिटेड के सीईओ की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई थी.

इतना ही नहीं, उन्होंने बांग्लादेश में ही अपना ब्यूटी सैलून भी शुरू कर दिया था, जिस का नाम रोज ब्यूटी सैलून है. ढाका का ग्रीन रोड इलाका राइमा के घर की वजह से भी पहचाना जाने लगा, जो दर्शकों और प्रशंसकों की नजर में किसी मन्नत या जन्नत से कम नहीं था. लेकिन कोई सोच भी नहीं सकता था कि लाखों लोगों का मनोरंजन करने वाली और दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली इस एक्ट्रेस की निजी जिंदगी किसी नर्क से कम बदतर नहीं थी और इस की वजह था उन का पति शखावत अली नोबेल, जो कभी उन पर जान छिड़का करता था. इन दोनों ने 16 साल पहले लव मैरिज की थी.

शौहर ही निकला कातिल

आम दर्शक इस से ज्यादा कुछ नहीं सोच पाता कि उस की चहेती एक्ट्रेस अपने महल जैसे घर के अंदर सदस्यों के साथ हंसखेल रही होगी, रोमांस कर रही होगी या फिर डायनिंग टेबल पर बैठी लंच या डिनर कर रही होगी. और कुछ नहीं तो पति और बच्चों के साथ आंचल हवा में लहराते लौन के झूले पर झूलती गाना गा रही होगी. उस के इर्दगिर्द रंगबिरंगे फूल और चहचहाते पक्षी होंगे. सर के ऊपर नीला खुला आसमान होगा. लेकिन ऐसा कुछ भी कम से कम राइमा की जिंदगी में तो नहीं था.

पिछले कुछ दिनों से वह बेहद घुटन भरी जिंदगी जी रही थीं. आलीशान घर के अंदर कलह स्थायी रूप से पसर चुकी थी जिस से उन के दोनों बच्चे सहमेसहमे से रहते थे. राइमा और शखावत कहने और देखने को ही साथ रहते थे और मियांबीवी कहलाना भी उन की सामाजिक मजबूरी हो चली थी. लेकिन रोजरोज की मारकुटाई और कलह आम बात हो चुकी थी. यह सब कितने खतरनाक मुकाम तक पहुंच चुका था, इस का खुलासा 17 जनवरी, 2022 को राइमा की लाश मिलने के बाद हुआ. अंदर से टूटी और थकी हुई यह एक्ट्रेस 16 जनवरी को मावा एक शूटिंग के लिए गई थी. लेकिन देर रात तक वापस घर नहीं लौटी तो घर वालों को चिंता हुई क्योंकि राइमा का फोन भी बंद जा रहा था.

कालाबागान थाने में उन की गुमशुदगी की सूचना दर्ज हुई. एक रिपोर्ट राइमा की बहन फातिमा निशा ने भी लिखाई थी. पुलिस ने राइमा की ढुंढाई शुरू की, लेकिन देर रात तक कोई कामयाबी नहीं मिली तो मामला सुबह तक के लिए टल गया. इस दौरान उन का भाई शाहिदुल इसलाम खोकान लगातार पुलिस वालों से बहन को ढूंढने की गुजारिश करते खुद भी राइमा की तलाश में इस उम्मीद के साथ लगा रहा कि कहीं से कोई सुराग मिल जाए. लेकिन उस के हाथ भी मायूसी ही लगी. 17 जनवरी की सुबह कुछ राहगीरों ने हजरतपुर ब्रिज के पास एक लावारिस संदिग्ध बोरे को देख इस की खबर पुलिस को दी. पुलिस ने आ कर जैसे ही बोरे को खोला तो उस में से बरामद हुई राइमा की लाश, जो 2 टुकड़े कर बोरे में ठूंसी गई थी.

गले पर चोट के निशान भी साफसाफ दिख रहे थे, जिस से स्पष्ट हो गया कि राइमा की हत्या हुई है और लाश को यहां फेंक दिया गया है. लेकिन हत्यारा कौन हो सकता है, यह सवाल पुलिस को मथे जा रहा था. राइमा की हत्या की खबर जंगल की आग की तरह फैली और फैंस जहांतहां इकट्ठा होने लगे. शव को पोस्टमार्टम के लिए सर सलीमुल्लाह मैडिकल कालेज भेज दिया गया.

पुलिस को शखावत पर शक तो था ही, लेकिन जैसे ही राइमा के भाई शाहिदुल इसलाम खोकान ने यह कहा कि शखावत एक ड्रग एडिक्ट है. वह अकसर मेरी बहन से कलह करता था. मैं ने उस की कार में खून देखा है. वह सुबह 8 से ले कर 10 बजे तक घर पर नहीं था. मुझे लगता है कि उसी दौरान उस ने राइमा की लाश फेंक दी.

फिल्मों जैसा कत्ल

शाहिदुल की शिकायत पर पुलिस ने शखावत को घेरा तो बिना किसी ज्यादा मशक्कत के उस ने सच उगल दिया. अब तक राइमा के फैंस जगहजगह मोमबत्तियां ले कर उन की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने लगे थे. सोशल मीडिया पर भी राइमा छाई हुई थीं. लोग श्रद्धांजलि देते राइमा के हत्यारे को गिरफ्तार करने की मांग और प्रदर्शन कर रहे थे. हिरासत में लिए गए शखावत ने बगैर किसी खास चूंचपड़ के अपना गुनाह कुबूल लिया. उस के बयान की बिनाह पर 6 लोग और गिरफ्तार किए गए, जिन में उन का ड्राइवर और एक नजदीकी दोस्त अब्दुल्ला फरहाद भी था. फरहाद को शखावत ने फोन कर बुलाया था.

पूछताछ में पता चला कि शखावत और फरहाद ने राइमा की हत्या 16 जनवरी को ही कर दी थी. वक्त था सुबह 7 बजे का. इन दोनों ने राइमा की लाश बोरे में भर दी और उसे प्लास्टिक की डोरी से सिल दिया. यह काम इत्मीनान से बिना किसी अड़ंगे के हो सके, इस के लिए उन्होंने घर पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड को नाश्ता लेने भेज दिया था. घटनास्थल से बरामद डोरी शखावत के गले का फंदा बनेगी, यह भी तय दिख रहा है क्योंकि जब पुलिस टीम घर पहुंची थी तो इस डोरी का पूरा बंडल वहां से बरामद हुआ था. जिस से शक की कोई गुंजाइश नहीं रह गई थी.

ये दोनों लाश को ठिकाने लगाने के पहले उसे मीरपुर ले गए थे, लेकिन वहां कोई उपयुक्त सुनसान जगह नहीं मिली तो वापस घर आ गए थे. राइमा की लाश उन लोगों के लिए बोझ बनती जा रही थी. मीरपुर से वापसी के बाद दोनों रात साढ़े 9 बजे के करीब हजरतपुर ब्रिज पहुंचे और लाश वाले बोरे को वहीं फेंक दिया, लेकिन हड़बड़ाहट और जल्दबाजी में गलती से डोरी वहीं छोड़ दी, जो उन के खिलाफ एक पुख्ता सबूत बन गई. लाश फेंकने के बाद घर आ कर दोनों ने सबूत मिटाने की गरज से कार को धोया और बदबू दूर करने के लिए उस में ब्लीचिंग पाउडर भी छिड़का. लेकिन इस के बाद भी खून के धब्बे पूरी तरह नहीं मिट पाए थे.

यानी राइमा शूटिंग पर गई है, यह झूठ जानबूझ कर फैलाया गया था, जिस से कत्ल को किसी हादसे में तब्दील किया जा सके या उस का ठीकरा किसी और के सिर फूटे, नहीं तो उसे तो ये लोग 16 जनवरी, 2022 को ही ऊपर पहुंचा चुके थे. गलत नहीं कहा जाता कि मुलजिम कितना भी चालाक हो, कोई न कोई सबूत छोड़ ही देता है फिर शखावत और फरहाद तो नौसिखिए थे, जो यह मान कर चल रहे थे कि उन्होंने बड़ी चालाकी से अपने गुनाह को अंजाम दिया है, इसलिए पकडे़ जाने का तो कोई सवाल ही पैदा नहीं होगा. कुछ दिन हल्ला मचेगा और फिर सब कुछ ठीक हो जाएगा.

पुलिस के सामने शखावत ने शरीफ बच्चों की तरह मान लिया कि राइमा से कलह के चलते उस ने उस का कत्ल किया, लेकिन हकीकत में वह अव्वल दरजे का शराबी और ड्रग एडिक्ट था, जो पत्नी को मार कर उस की सारी दौलत हड़प कर लेना चाहता था, जिस से ताउम्र मौज और अय्याशी की जिंदगी जी सके. पर अब उसे जिंदगी भर जेल की चक्की पीसना तय दिख रहा है. हो सकता है अदालत कोई रहम न दिखाते हुए शखावत को फांसी की सजा ही दे दे, जिस का कि वह हकदार भी है. Actress Murder Case

Crime Story: दिखावटी रईस – निकला बड़ा ठग

Crime Story: कहते हैं कि इंसान बड़ा तिकड़मी होता है. कोई अपने तिकड़म अच्छे कामों के लिए लगाता है तो कोई अपने तिकड़म से दुनिया को झुकाने की फितरत रखता है. केरल के एक आदमी ने आसानी से पैसा कमाने के लिए जोरदार तिकड़म लगाया. 10 करोड़ की ठगी के मामले में 25 सितंबर, 2021 की रात को केरल की क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तारी के बाद जब उस के कारनामों का खुलासा हुआ तो लोग उस की चर्चा करते नहीं थक रहे हैं. क्योंकि अपने तिकड़म से उस ने देश के जानेमाने ठग नटवरलाल को भी पीछे छोड़ने की कोशिश की है. 51 साल के उस आदमी का नाम है मोनसन मावुंकल. वह केरल के जिला अलप्पुझा के चेरथला का रहने वाला है. इस ठग ने स्वयंप्रसिद्धि द्वारा अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई थी.

अपनी वेबसाइट पर उस ने जरा भी कंजूसी किए बगैर बड़ी ही उदारता के साथ अपनी पहचान इस तरह दी थी— डा. मोनसन मावुंकल, प्राचीन और दुर्लभ वस्तुओं का अंतरराष्ट्रीय सौदागर. विश्व शांति के प्रणेता और वर्ल्ड पीस काउंसिल का मेंबर. प्रवासी मलयाली फैडरेशन पेट्रन, पुरातत्त्वविज्ञान के मास्टर, डाक्टरेट इन कौस्मेटोलौजी और उस में पोस्टडाक्टरल, शिक्षाशास्त्री, प्राचीन ज्वैलरी के निर्यातक, मोटिवेशनल स्पीकर और प्रख्यात यूट्यूबर.

यह आदमी काम क्या करता था? कोच्चि में एक आलीशान कोठी किराए पर ले कर उस में उस ने प्राचीन और दुर्लभ वस्तुओं का म्यूजियम बना रखा था. इस के अलावा कोठी के एक फ्लोर पर वह सौंदर्य चिकित्सा करता था. वहां एक स्पा भी था. कोठी के विशाल कंपाउंड में उस की लगभग 30 कारें खड़ी थीं. उस की कारों के इस काफिले में पोर्शे बाक्सटर, रोल्स रायस, रेंजरोवर, लैंडक्रूजर, डौज, मर्सिडीज एस क्लास और लेक्सस जैसी महंगीं कारें थीं.

उस के म्यूजियम में जो दुर्लभ चीजें थीं, वह सोनेचांदी की प्राचीन ज्वैलरी के अलावा देशी और विदेशी प्रवासियों को अमूल्य और दुर्लभ नमूने भी बेचता था. उस की सूची में ईसा मसीह जो कपड़े पहनते थे, उस का एक टुकड़ा, जीसस को धोखा देने के लिए घूल जुडासन ने जो 30 चांदी के सिक्के दिए थे, वे सिक्के. मोहम्मद पैगंबर जिस कटोरे में खाते थे, वह कटोरा. टीपू सुलतान का सिंहासन, लियोनार्डो दा विंची और राजा रवि वर्मा के बनाए असली चित्र, छत्रपति शिवाजी महाराज हमेशा अपने साथ जो भगवद्गीता रखते थे, वह भगवद् गीता, मोजिस का अधिकार दंड, नारायण गुरु की लाठी, त्रावणकोर के महाराजा का सिंहासन, विश्वप्रसिद्ध पैलेस का ओरिजिनल टाइटल डीड.

दुनिया की पहली ग्रामोफोन मशीन, बाइबल की सर्वप्रथम छपी पहली कौपी, सद्दाम हुसैन अपने साथ जो कुरान शरीफ रखता था, वह पवित्र कुरान शरीफ, केरल का प्रसिद्ध शबरीमाला मंदिर जब बना था, तब की उस की धार्मिक विधियों के लिए दस्तावेज के रूप में जो ताम्रपत्र बनाया गया था, वह दुर्लभ ताम्रपत्र, इस तरह की अनेक दुर्लभ प्राचीन चीजें मोनसन मावुंकल के खजाने में थीं. छोटे ग्राहकों के लिए हाथीदांत की कलाकृतियां और व्हेल मछली की हड्डियों से बने खिलौने भी उस के म्यूजियम में थे. फिल्मी हीरो जैसे लगने वाले और अपनी बोलने की कला से सामने वाले व्यक्ति को प्रभावित करने की उस में गजब की शक्ति थी.

इस के अलावा उस के इस म्यूजियम और वैभवशाली 30 कारों के काफिले के कारण किसी को भी प्रभावित करने में उसे जरा भी दिक्कत नहीं होती थी. 2-3 सशस्त्र बौडीगार्ड हमेशा उस के साथ रहते थे. प्रसिद्धि का भूखा मोनसन डौन की स्टाइल में अपने फोटो वेबसाइट और सोशल मीडिया पर अकसर डालता रहता था. सामान्य आदमी तो ठीक, केरल के फिल्मी कलाकार, राजनेता और बड़ेबड़े पुलिस अधिकारी भी उस का म्यूजियम देखने आते थे.

उस से मिलने वालों में राज्य के डीजीपी लोकनाथ बेहरा, असिस्टेंट आईजीपी मनोज अब्राहम, सुपरस्टार मोहनलाल, कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के. सुधाकरन, वर्तमान सरकार के मंत्री रोशी आंगस्टाइन, अहमद देवरकोविल, आईजी लक्ष्मण गुगुलोथ, पूर्व डीआईजी सुरेंद्रन, आईपीएस श्रीलेखा, सांसद हीबी एडन, पूर्व मंत्री मोना जोसेफ जैसे अनेक महारथियों के फोटोग्राफ्स उस के म्यूजियम में थे. इस तरह के वीआईपी मेहमानों के भव्य स्वागत में मोनसन मावुंकल कोई कसर नहीं छोड़ता था. इन लोगों के साथ के फोटो वह तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल कर देता था. वह पुलिस अधिकारियों को छोटामोटा सामान उपहार में दे कर खुश रखता था.

पुलिस विभाग में चलने वाली चर्चाओं के अनुसार, मोनसन ने एक बड़े पुलिस अधिकारी को 55 लाख की कोरल एडमिरल कलाई घड़ी उपहार में दी थी. पुलिस विभाग से मधुर संबंध होने की वजह से उस की कोठी और अलप्पुझा जिले में स्थित उस के घर, दोनों जगहों पर पुलिस बीट बौक्स की व्यवस्था हो गई थी. आखिर यह ठग पकड़ा कैसे गया? जून, 2017 से नवंबर, 2020 के बीच मोनसन मावुंकल ने अलग अलग 6 लोगों से कुल 24 करोड़ रुपए उधार लिए थे. अंतरराष्ट्रीय हीरा व्यापारी और एंटीक बिजनैस डीलर के रूप में उस ने इन लोगों से अपना परिचय कराया था.

बाद में जब इन लोगों ने अपना पैसा वापस मांगना शुरू किया तो मोनसन मावुंकल इन से कहने लगा कि फारेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (फेमा) के अधिकारियों ने उस का पैसा रोक रखा है. उसे पाने के लिए केंद्र सरकार से उस की कानूनी लड़ाई चल रही है. उन लोगों को मोनसन की बात पर विश्वास नहीं था, इसलिए वे लोग उस के घर आए. आलीशान कोठी, लग्जरी कारों का काफिला, उस की आलीशान जीवनशैली और माननीय लोगों के साथ उस की फोटो देख कर उन्हें मोनसन की बात पर विश्वास हो गया. इस के अलावा विश्वास जमाने के लिए मोनसन मावुंकल ने उन लोगों को एचएसबीसी बैंक का स्टेटमेंट भी दिखाया.

मोनसन मावुंकल का पार्टनर कोई वी.आई. पटेल (यह वी.आई. पटेल कौन हैं, इस के बारे में केरल पुलिस आज तक पता नहीं कर सकी है) के साथ के उस के एकाउंट में छोटीमोटी नहीं, 2.62 लाख करोड़ की रकम जमा थी. मोनसन मावुंकल ने उन से यह भी कहा था कि 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिल कर उस ने अपना पैसा पाने की बात भी की है. प्रवासी मलयाली फेडरेशन की वैश्विक महिला कोआर्डिनेटर रह चुकी अनीता पुल्लाइल इस समय इटली में रहती हैं. मोनसन मावुंकल के किसी लेनदार ने जब उन से व्यक्तिगत रूप से इस बारे में बात की तो उन्होंने सलाह दी कि उस चीटर के खिलाफ तुरंत पुलिस में शिकायत कर दीजिए. अगर आप को जरूरत महसूस हो तो मेरे नाम का भी उपयोग कर सकते हो.

अनीता ने यह भी कहा था कि पता चला है कि उस नालायक ने उस की कोठी में काम करने वाली नौकरानी की 17 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म भी किया है. यह पता चलते ही उन्होंने उस शैतान से सारे संबंध तोड़ लिए हैं. इस के बाद उन लेनदारों ने मोनसन मावुंकल के खिलाफ शिकायत करने के साथसाथ उस शिकायत पर काररवाई के लिए राज्य के मुख्यमंत्री पी. विजयन के यहां शिकायत की. उन्हीं की शिकायत के आधार पर लोकल पुलिस को अंधेरे में रख कर राज्य की क्राइम ब्रांच ने इस मामले को अपने हाथ में लिया.

25 सितंबर, 2021 को मोनसन मावुंकल की बेटी की सगाई की आलीशान पार्टी थी. उसी रात क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया. जिस समय उसे गिरफ्तार किया गया, उस की जेब में 3 महंगे आईफोन, दाहिने हाथ में एप्पल की घड़ी, बाएं हाथ में सोने का वजनदार लकी ब्रेसलेट और गले में मोटी सी सोने की चेन थी. अपनी स्वयंप्रसिद्धि के कारण मोनसन मावुंकल ने केरल में ‘हू इज हू’ की सूची में स्थान प्राप्त कर लिया था. गिरफ्तारी के बाद मोनसन मावुंकल मीडिया में छा गया.

अखबारों और टीवी चैनलों में उस के नेताओं के साथ के संबंध और पुलिस अधिकारियों से सांठगांठ की चर्चा लगातार चलने लगी. उस के बाद बहुत बड़ा घोटाला सामने आया. इस के अलावा भी अनेक रहस्य बाहर आएंगे, ऐसा सभी को लग रहा है. फोटोग्राफ्स में जो महानुभाव थे, वे सब ढीले पड़ गए और अपनीअपनी सफाई देने लगे कि यह आदमी इतना बड़ा ठग है, उन्हें पता नहीं था. राज्य के डीजीपी लोकनाथ बेहरा ने तो मोनसन मावुंकल के म्यूजियम में महाराजा के स्टाइल में हाथ में तलवार के साथ पोज दिया था.

लोकनाथ इसी साल रिटायर हुए हैं. उन के रिटायर होने के बाद सरकार ने उन्हें तुरंत कोच्चि मेट्रो का मैनेजिंग डायरेक्टर बना दिया था. मोनसन मावुंकल के गिरफ्तार होते ही वह पत्नी की बीमारी का कारण बता कर अपने घर ओडिशा चले गए हैं. जैसेजैसे सच्चाई बाहर आने लगी, झूठ और मात्र झूठ के आधार पर खड़ा किया गया मोनसन मावुंकल का साम्राज्य भरभरा कर गिरने लगा. हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद मोनसन मावुंकल ने किसी कालेज का मुंह नहीं देखा था. फिर भी उस के नाम के साथ डाक्टरेट की डिग्री लगी है. उस के म्यूजियम के खजाने में जो पौराणिक वस्तुएं थीं, वे ज्यादातर नकली थीं.

हाथीदांत और व्हेल की हड्डियों से बनी जो चीजें थीं, वे तिरुवनंतपुरम के एक कारीगर से ऊंट की हड्डियों से बनवाई गई थीं. उस कारीगर का भी इस पर पैसा बाकी है, इसलिए उस ने भी मुकदमा कर रखा है. उस की 30 कारों में से एक भी कार के पूरे कागज नहीं मिले. महंगी पोर्शे कार 2007 में करीना कपूर के नाम रजिस्टर्ड हुई थी. उस में पिता का नाम रणधीर कपूर और पता भी उन्हीं के घर का है. मोनसन मावुंकल की पत्नी शिक्षिका थी. 1981-82 में वे दोनों इडुक्की जिले के एक गांव में रहते थे. उस समय के उस के पड़ोसियों का कहना है कि मोनसन मावुंकल तो उन के गांव में इलैक्ट्रिशियन वायरमैन का काम करता था. 1998 में उस ने कोच्चि में पुरानी कारों के खरीदनेबेचने का धंधा शुरू किया. तभी चोरी की कार बेचने के आरोप में पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया था.

छोटीमोटी धोखाधड़ी करते हुए उस ने एक पूरा आभासी साम्राज्य खड़ा कर लिया. अपने लेनदारों को मोनसन मावुंकल बड़े शान से 2.62 लाख करोड़ की जमा रकम वाला एचएसबीसी बैंक का स्टेटमेंट दिखाता था. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस आदमी का तो बैंक में कोई एकाउंट ही नहीं है. कोफिन में अंतिम कील जैसी घटना उस की गिरफ्तारी के बाद बाहर आई. उस की कोठी में काम करने वाली नौकरानी की बेटी 17 साल की थी, तब मोनसन मावुंकल ने उस के साथ उच्च शिक्षा के लिए दाखिला दिलाने के नाम पर दुष्कर्म किया था. पुलिस से मोनसन मावुंकल के संबंधों के कारण वह गरीब पुलिस से शिकायत करने से डरती रही.

मोनसन मावुंकल पकड़ा गया तो उस ने एर्नाकुलम थाने में शिकायत की है कि अब तक उस के साथ दुष्कर्म का सिलसिला चलता रहा था. गिरफ्तारी के 2 दिन पहले भी उस नराधम ने उस लड़की के साथ दुष्कर्म किया था. क्राइम ब्रांच ने मोनसन मावुंकल के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 450, 506, 420, 421 के तहत कुल 14 एफआईआर दर्ज की हैं. इस में 19 अक्तूबर, 2021 को पोक्सो एक्ट के अंतर्गत भी मामला दर्ज किया गया था. डौन की तरह बौडीगार्ड के साथ मोनसन मावुंकल के फोटो खूब वायरल हुए थे. पुलिस जांच में पता चला कि सभी अंगरक्षकों के हाथों में जो हथियार दिख रहे थे, वे चाइनीज खिलौना राइफलें थीं. इस घटना का राजकीय प्रत्याघात भी जोरदार सामने आया है.

6 अक्तूबर, 2021 को केरल की विधानसभा में प्रश्नोत्तर के दौरान मोनसन मावुंकल एक बार फिर चर्चा में आया. राज्य के डीजीपी और अन्य उच्च अधिकारी मोनसन के म्यूजियम में क्या करने जाते थे, इस का जवाब देना मेरे लिए मुश्किल है. मुख्यमंत्री विजयन ने कहा. उन्होंने विश्वास दिलाया कि उस के दोनों घरों पर पुलिस बीट बौक्स की व्यवस्था किस ने कराई है, इस की जांच होगी.

विपक्षी नेता वी.डी. सतीश ने आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए कहा है कि 2019 में पुलिस की इंटेलिजेंस विंग ने मोनसन मावुंकल को चीटर घोषित करते हुए जनवरी, 2020 में पूरी रिपोर्ट दी थी, फिर भी पुलिस ने उस के खिलाफ कुछ नहीं किया था. उसे राज्य के पुलिस अधिकारियों और सरकार की मदद मिलती रही थी. यह कह कर विपक्ष ने वाकआउट कर दिया था. लोगों को ठग कर इकट्ठा किया गया पैसा आखिर गया कहां? पुलिस अब इस दिशा में जांच कर रही है. पिछले 5 सालों में कोच्चि के पौश इलाके की प्रौपर्टी में जो बेनामी इनवैस्ट हुआ है, उस में सभी डीलरों का कहना है कि किसी ‘डाक्टर’ नाम के आदमी ने खासा बेनामी इनवैस्ट किया है.

पुलिस का मानना है कि वह डाक्टर कोई और नहीं, मोनसन मावुंकल ही होगा. इटली में रह रही अनीता पुल्लाइल भी पुलिस के शक के दायरे में है. वह बारबार केरल आ कर मोनसन मावुंकल से मिलती रहती थी. इस से पुलिस को आशंका है कि उस के माध्यम से मोनसन ने पैसा विदेश पहुंचाया है. पुलिस इस की भी जांच कर रही है. पुलिस का मानना है कि उन लेनदारों से अनीता ने जो शिकायत करने के लिए कहा था, उस समय मोनसन की पुलिस अधिकारियों से अच्छी सांठगांठ थी. इसलिए उन लोगों की शिकायत पर कुछ होगा नहीं, यह सोच कर उस ने यह सलाह दी थी.

दुनिया झुकती है, झुकाने वाला चाहिए, यह उक्ति मोनसन मावुंकल पर सच्ची ठहरती है. सारा नकली कारोबार कर के लोगों को ठगने और उन पर धाक जमाने के लिए नेताओं, अभिनेताओं और पुलिस अधिकारियों की तसवीरों का उपयोग किया, परंतु अंत में अपराध का घड़ा फूटा और अब वह नमूना जेल की सलाखें गिन रहा है.