Crime Fiction : जिंदगी के रंग निराले

Crime Fiction. मेरे अंदर तमाम ऐब थे, लेकिन सच्चाई यह थी कि मैं ने बाबर और ऐना का कुछ नहीं बिगाड़ा था. फिर भी उन्होंने मुझे जहर दे कर मारना चाहा. मैं तो उन से बदला नहीं ले सका पर…  

मेरा नाम शमशेर है. जो बात मैं बताने जा रहा हूं वह 35-40 साल पुरानी है. मेरा बाप तांगा चलाता था. इस काम में हमारी अच्छे से गुजरबसर हो जाती थी. जब मैं 11-12 साल का था, मेरा बाप एक एक्सीडेंट में चल बसा. मां ने तांगाघोड़ा किराए पर चलाने को दे दिया. वह बड़ी मेहनती औरत थी और घर में बैठ कर सिलाई का काम करती थी. इस तरह हमारी जिंदगी की गाड़ी चलने लगी. मां मुझे पढ़ाना चाहती थी. पर मेरा पढ़ाई में जरा भी मन नहीं लगता था. वैसे मुझे अंगरेजी जरूर अच्छी लगती थी. अंगरेजी को मैं बड़े ध्यान से पढ़ता और सीखता था. इसी वजह से 9वीं क्लास में मैं अंगरेजी के अलावा सारे विषयों में फेल हो गया.

फेल होने के बाद स्कूल से मेरा मन एकदम उचाट हो गया था. मैं ने पढ़ाई छोड़ दी. उन्हीं दिनों मेरी दोस्ती गलत किस्म के कुछ युवकों से हो गई. दोस्तों के साथ रह कर मुझे कई तरह के ऐब लग गए. सिगरेट पीना, ताश खेलना, होटलों में जाना मेरी आदतों में शामिल हो गया. इस के लिए पैसे की जरूरत होती थी. पैसे के लिए मैं दोस्तों के साथ मिल कर हाथ की सफाई भी करने लगा. इस में कोई दो राय नहीं कि बुराई शैतान की आंत की तरह होती है. एक बार शुरू हो जाए तो रुकना आसान नहीं होता. मां ने मुझे फिर से स्कूल भेजने की बहुत कोशिश की पर गुनाह की आदत ने मुझे पीछे नहीं लौटने दिया.

धीरेधीरे मैं जुए में माहिर हो गया. मेरे पास पैसे की रेलपेल होने लगी. ताश के पत्ते मेरे हाथ में आते ही जैसे मेरे गुलाम हो जाते थे. मेरी चालाकी ने मुझे जीतने का हुनर सिखा दिया था. जीतने की कूवत ने मेरी मांग भी बढ़ा दी और शोहरत भी. अब बाहर की पार्टियां भी मुझे बुला कर जुआ खिलवाने लगीं. इस काम में मुझे अच्छाखासा पैसा मिल जाता था. जिंदगी ऐश से गुजर रही थी.

देखतेदेखते मैं 23 साल का गबरू जवान बन गया. मेरी मां से मेरी बरबादी बरदाश्त न हुई और एक दिन वह सारे दुखों से निजात पा गई. मां की मौत के बाद मुझे कोई रोकनेटोकने वाला नहीं था. जुए की महारत ने जहां कई दोस्त बनाए वहीं बहुत से दुश्मन भी बन गए. दोस्त तो पैसे के यार होते हैं. मैं ने ऐसे ही दोस्तों के साथ छोटा सा एक गिरोह बना लिया ताकि दुश्मनों से निपटा जा सके. हम लोग अपने पास चाकूकट्टे भी रखने लगे.

एक दिन मैं जुआखाने में एक बड़े गिरोह के सूरमा के साथ जुआ खेल रहा था. शुरू में वह जीतता रहा फिर अचानक बाजी पलट गई. मैं लगातार जीतने लगा, नोटों का ढेर बढ़ता गया. यह देख उस के साथी गालीगलोच पर उतर आए. गुस्से में मैं ने खेल रोक कर जैसे ही नोट समेटने चाहे उन लोगों के हाथों में चाकू और पिस्तौल चमकने लगे. मेरे साथियों ने भी हथियार निकाल लिए. गोलियों चलने लगीं.

उसी दौरान एक गोली मेरे बाजू से रगड़ती हुई निकल गई. इस से मुझ पर जुनून सा तारी हो गया. हम 4 लोग थे और वो 7-8. दोनों तरफ से घमासान शुरू हो गया. 3 लोग जमीन पर गिर कर तड़पने लगे. दूसरे लोग चीखतेचिल्लाते हुए बाहर भागे. मैं और मेरे साथी भी सारे नोट समेट कर वहां से भाग लिए. अंधेरे ने हमारा साथ दिया. पीछे से पकड़ोपकड़ो की आवाजों के साथ गोलियां चल रही थीं. भागतेभागते मेरा एक साथी भी चीख कर ढेर हो गया.

मैं ने जल्दी से रास्ता बदला और एक तंग गली से होता हुआ एक टूटीफूटी वीरान बिल्डिंग के जीने के नीचे दुबक गया. मेरे साथी पता नहीं किधर निकल गए. मैं घंटों वहां बैठा रहा. रात का गहरा सन्नाटा फैल चुका था. कहीं कोई आहट नहीं थी. मैं छिपतेछिपाते घर पहुंचा और अपना घोड़ा ले कर एक अनजानी दिशा की तरफ बढ़ गया.

मैं मौत के मुंह से निकला था और बुरी तरह घबराया हुआ था. जुए से कमाए पैसे मैं ने घर के अंदर कपड़ों में छिपा कर रख रखे थे. मुझ में इतनी भी हिम्मत नहीं थी कि उन पैसों को ले आता. अभी तक मैं ने चोरी, लूट और जुआ जैसी छोटीछोटी वारदातें की थीं. मेरे हाथों कत्ल पहली बार हुआ था. मैं ने अपराध भले ही किए थे, लेकिन अभी तक मेरे अंदर का इंसान मरा नहीं था. मेरे हाथों किसी की जान गई है, यह अहसास मुझे मन ही मन विचलित कर रहा था.

मुझे ये पता नहीं था कि मेरे हाथों से कितने लोग मरे हैं, पर मेरा निशाना चूंकि अच्छा था इसलिए मुझे लग रहा था कि कत्ल मेरे हाथों ही हुआ होगा. एक मरे या दो, गुनाह तो गुनाह है और इस गुनाह की सजा मौत है. अगर मैं पुलिस के हाथ लग जाता तो वह मेरी एक नहीं सुनती क्योंकि पुलिस में भी मेरा रिकौर्ड खराब था.

जुए में जीतने की मेरी शोहरत की वजह से मेरे दुश्मनों की कमी नहीं थी. निस्संदेह वे मेरे खिलाफ गवाही दे कर मेरी मौत का सामान कर देते और अगर मैं इत्तफाक से सूरमा के गिरोह के हाथ लग जाता तो वे लोग मेरे टुकड़ेटुकड़े करने में जरा भी देर नहीं लगाते क्योंकि उन के 3-4 आदमी मरे थे.

मुझे जल्द से जल्द वहां से बहुत दूर चले जाना था इसलिए मैं ने जंगल का सुनसान रास्ता पकड़ा. पता नहीं मैं कब तक घोड़ा दौड़ाता रहा. जब घोड़े ने थक कर आगे बढ़ने से इनकार कर दिया और मैं भी भूखप्यास और थकान से पस्त हो गया तो एक साफ जगह देख कर रुक गया. तब तक दिन का उजाला फैलने लगा था. मैं ने घोड़े को एक पेड़ से बांधा और उसी पेड़ के नीचे लेट गया.

जिस वक्त सूरज की तेज तपिश से मेरी आंखें खुलीं तब तक दिन काफी चढ़ आया था. घोड़ा भी आसपास की घासपत्ती खा कर ताजादम हो गया था.

मैं ने पानी की तलाश में आसपास नजर दौड़ाई, लेकिन दूरदूर तक छितराए पेड़ों और झाडि़यों के अलावा कुछ नजर नहीं आया. वह पूरा इलाका सूखा बंजर सा था. मजबूरन मैं ने फिर से अपना सफर शुरू कर दिया. मैं जानबूझ कर बस्तियों से बच कर चल रहा था इसलिए कोई कस्बा या शहर भी रास्ते में नहीं आया. दोपहर तक भूख ने मेरी हालत खराब कर दी. इस के बावजूद मैं किसी ऐसी जगह पहुंच कर रुकना चाहता था जहां मेरे दुश्मन मुझ तक न पहुंच सकें. अब तक मैं काफी दूर निकल आया था. इसलिए जंगल का रास्ता छोड़ कर मैं सड़क पर आ गया.

भूखप्यास बरदाश्त से बाहर होती जा रही थी. मुझे लग रहा था कि अगर कुछ देर और दानापानी नहीं मिला तो घोड़ा भी नहीं चल पाएगा. मैं ने लस्तपस्त हो कर अपना सिर घोड़े की पीठ पर रख दिया और सोचने लगा कि पता नहीं जिंदगी मिलेगी या मौत. घोड़ा धीमी गति से चलता रहा. कुछ देर बाद मैं ने भूख और धूप से चकराया हुआ अपना सिर उठाया तो सामने एक फार्म हाउस देख कर आंखों पर यकीन नहीं हुआ.

फार्महाउस के अहाते पर कांटेदार तार लगा हुआ था. अंदर दो मंजिला खूबसूरत मकान बना था जो बाहर से ही दिख रहा था. मैं बेहिचक गेट खोल कर अंदर दाखिल हो गया. अंदर एक कोने में हैंडपंप लगा था. मैं ने बेताब हो कर पानी निकाला और मुंह हाथ धो कर जीभर के पानी पिया. फिर वहीं रखी एक बाल्टी भर कर घोड़े के आगे रख दी. फार्महाउस में मक्की की फसल लगी थी. हैंडपंप के पास ही भुट्टे के छिलके और पौधों के तने पड़े थे. मैं ने घोड़े को उस ढेर के पास खड़ा कर दिया ताकि वह पेट भर सके. मैं खुद भी भुट्टा तोड़ कर खाने लगा ताकि कुछ सुकून मिले.

अभी मैं भुट्टा खा ही रहा था कि घोड़े के हिनहिनाने की आवाज सुन मैं ने मुड़ कर देखा. एक हट्टाकट्टा मजबूत जिस्म का व्यक्ति मेरे ऊपर बंदूक ताने खड़ा था मुझे लगा जैसे अभी गोली चलेगी और मेरा काम तमाम हो जाएगा. वह मुझे घूरते हुए बोला, ‘‘कौन हो तुम? बिना इजाजत अंदर कैसे आ गए?’’

मैं ने उसे गौर से देखा, तांबे सा चमकता रंग, भूरे घुंघराले बाल, जो गर्दन तक लटके हुए थे. उस के चेहरे और जिस्म से ऐसी मर्दाना खूबसूरती नुमाया हो रही थी जो औरतों के लिए खास कशिश रखती है.

मैं ने नरम लहजे में कहा, ‘‘मैं बहुत प्यासा था, पानी की तलाश में यहां आ गया. मैं किसी गलत मकसद से यहां नहीं आया हूं.’’

‘‘तुम्हारा नाम क्या है?’’   ‘‘जी, शमशेर.’’

उस ने मुझे घूरते हुए पूछा, ‘‘तुम कहां से आ रहे हो? जाना कहां है?’’

मैं ने अपने शहर का गलत नाम बता कर कहा, ‘‘मैं काम की तलाश में निकला हूं. अगर आप को मेरा आना नागवार लगा है तो मैं तुरंत वापस चला जाता हूं. आसपास कोई आश्रय ढूंढ़ लूंगा.’’ लेकिन मेरी बात से वह संतुष्ट नहीं हुआ और डपट कर बोला, ‘‘तुम्हारे पास कोई हथियार हो तो चुपचप निकाल कर दे दो.’’

मजबूरी थी, मैं ने अपना कट्टा और चाकू उसे दे दिया. इस के बाद उस के तेवर कुछ नरम पड़े. उस ने बंदूक से इशारा करते हुए कहा, ‘‘अपने घोड़े को इस पेड़ से बांध दो ताकि फसल में न घुसे और अंदर चलो.’’

मैं ने घोड़ा बांधा और उस के साथ मकान के अंदर दाखिल हो गया. मकान अंदर से बहुत अच्छा था, खूबसूरत फर्नीचर से सजा हुआ. पर इस से भी खूबसूरत वह औरत थी जो वहां मौजूद थी. उस ने खुलाढीला सा सुर्ख गाउन पहन रखा था. गुलाबी बेदाग रंगत, चमकती नीली आंखें, सुडौल जिस्म, उस की नीली आंखें बड़ी सर्द सी लगी. औरत और उस व्यक्ति का हुलिया यह बताने के लिए काफी था कि कुछ देर पहले दोनों अंदर किस तरह की स्थिति में रहे होंगे.

औरत ने उस व्यक्ति की तरफ देख कर कहा, ‘‘इसे अंदर लाने की क्या जरूरत थी?’’

‘‘जरूरत थी जानेमन.’’ उस ने मुसकुरा कर कहा और औरत का हाथ पकड़ कर दूसरे कमरे में चला गया. घर की सजावट और रहनसहन से लग रहा था कि वे काफी अमीर लोग हैं.

वह व्यक्ति मेरे हथियार अंदर रख कर बाहर आया तो उस के चेहरे पर मुसकुराहट और संतोष के भाव थे. अब उस का अंदाज ही बदला हुआ था. उस ने नरम लहजे में मुझ से कहा, ‘‘माफ करना शमशेर, हम लोग चूंकि वीराने में रहते हैं इसलिए जल्दी से किसी पर एतबार नहीं करते. कस्बा अजीरा भी यहां से थोड़ी दूरी पर है.’’

उस की बात सुन कर मैं ने इत्मीनान की सांस लेते हुए कहा, ‘‘यानि अब आप को यकीन आ गया कि मैं जरूरतमंद हूं.’’

वह कुछ नहीं बोला तो मैं ने कहा, ‘‘खैर, आप का शुक्रिया. अब अगर आप मेरे हथियार मुझे लौटा दें तो मैं जाना चाहूंगा.’’   ‘‘इतनी जल्दी भी क्या है? बैठो अभी.’’

इस बीच वह औरत भी ढंग के कपडे़ पहन कर आ गई थी. नीले रंग के सलवार कुर्ते में वह गजब ढा रही थी. इस से ज्यादा हसीन औरत मैं ने पहले कभी नहीं देखी थी. मैं भले ही सब तरह के गुनाहों में डूबा था, पर औरत से दूर रहा था. पर उस औरत को देख कर मेरा दिल अजब से अंदाज में धड़कने लगा था.

औरत ने मुसकुरा कर कहा, ‘‘खाने का वक्त है, मेरे हाथ का खाना तुम्हें पसंद आएगा.’’

मैं भूख से बेहाल था. मैं ने मुसकरा कर उस की पेशकश कुबूल कर ली.’’ वह व्यक्ति बोला. ‘‘मेरा नाम आहन है. ये मेरी बीवी तूबा है.’’

मैं ने खुशदिली से कहा, ‘‘इतना खूबसूरत जोड़ा मैं ने पहली बार देखा है. आप जैसे लोगों की मेहमाननवाजी मेरी खुशनसीबी है.’’

तारीफ सुन कर तूबा के गाल सुर्ख हो गए. वह खाना लगाने अंदर चली गई. इस बीच आहन शराब के 2 पेग बना लाया. शराब बड़ी जायकेदार थी, जल्द ही हम दोनों अच्छे दोस्तों की तररह पीतेपीते बातें करने लगे. उस ने बताया कि वह फार्म में मक्की, गेहूं और सब्जियां उगाता है. मैं ने उस से बच्चों के बारे में पूछा तो वह कहकहा लाते हुए बोला, ‘‘फिलहाल हम दोनों अकेले हैं और जिंदगी का आनंद ले रहे हैं. बच्चे तो हो ही जाएंगे, पर ये हसीन पल फिर कहां आएंगे.’’

खाना बेहद मजेदार था, मटन टिक्के बड़े लजीज लगे. मैं ने जी भर खाया. खानेपीने के बाद मैं ने उस से करीबी शहर के बारे में पूछा.

‘‘फाटक के सामने की सड़क पर बाईं तरफ सीधे चले जाओ. रात तक तुम बहादुरगढ़ पहुंच जाओगे. वह एक बड़ा शहर है, वहां काम मिल जाएगा.’’ उस ने मुझे रास्ता बताया.

मैं ने उस से अपने हथियार मांग लिए जिन्हें देने में उस ने कोई आनाकानी नहीं की. मैं ने हथियार और पानी साथ रख लिया. घोड़ा भी खापी कर ताजादम हो चुका था. मैं ने अपना घोड़ा उस के बताए रास्ते पर डाल दिया. सूरज की तपिश कम हो चुकी थी. मैं दोढाई घंटे का सफर तय कर चुका था. अचानक मेरे पेट में तेज दर्द उठा. ऐसा लगा जैसे आंतें फटी जा रही हों. निस्संदेह वह जानलेवा दर्द था. तभी एकाएक मुझे उबकाई के साथ उलटी हो गई. सारा खायापीया बाहर आ गया.

उल्टी में खून देख कर मैं डर गया. उल्टी के बाद थोड़ा आराम जरूर मिला पर कमजोरी कुछ ज्यादा ही लग रही थी, सिर चकरा रहा था. घोड़े पर बैठे रहना मुश्किल हो रहा था. दोनों हाथों से घोड़े की गरदन पकड़ कर मैं उस पर गिर सा गया. मेरा वफादार घोड़ा खुद ब खुद आगे बढ़ता रहा. पता नहीं मैं कब होशो हवास से बेगाना हो गया.

‘‘ऐ, होश में आओ.’’ किसी ने मेरे गाल पर थपकी मार कर कहा तो धीरेधीरे मेरी आंखें खुल गईं. मुझे अपने आसपास रोशनी सी महसूस हुई. कुछ देर में मुझे होश आ गया. उस वक्त मैं एक बग्घी में था जिस की छत पर रेशम का कपड़ा मढ़ा हुआ था. जो चेहरा मेरे सामने आया वह किसी अधेड़ उम्र के आदमी का था. हल्की खिचड़ी दाढ़ी, गोरा रंग, नरम चेहरा, सोने के फ्रेम का चश्मा. उस आदमी ने मुझ से बड़े प्यार से पूछा, ‘‘अब तुम कैसा महसूस कर रहे हो?’’

‘‘कमजोरी कुछ ज्यादा ही लग रही है. मैं कहां हूं?’’

उस ने जवाब में कहा, ‘‘मैं डा. जव्वाद हूं. तुम्हें किसी ने जहर दिया था. शुक्र है कि मैं वक्त पर पहुंच गया और तुम बच गए. मैं ने ही तुम्हारा इलाज किया है. गनीमत रही कि तुम्हें उल्टी हो गई थी जिस से जहर का असर कम हो गया था और मेरी दवा की खुराक कारगर साबित हुई. बच गए जनाब तुम.’’

मैं ने हैरानी से पूछा, ‘‘मुझे जहर दिया गया था?’’

‘‘हां, तुम्हारे पेट में जहर था. एक जंगली जहरीली बूटी है जिस का पाउडर जहर का काम करता है. उस का कोई खास स्वाद या गंध नहीं होती. पानी में डालो तो हलका बादामी रंग झलकता है, शराब या किसी शरबत में तो पता भी नहीं चलता. खासियत यह है कि इस जड़ी को खाने के 2ढाई घंटे बाद असर होता है.’’

मेरा दिमाग आहन द्वारा खाने के समय दी गई शराब की तरफ चला गया. शराब तो हम तीनों ने पी थी पर शायद उस ने मेरे गिलास में जहरीला पाउडर मिला दिया था. मैं ने पूछा, ‘‘आप को कैसे पता चला कि मुझे जहर दिया गया है?’’

‘‘ये तुम्हारी खुशनसीबी थी. ये जहरीली बूटी इसी इलाके में ही पाई जाती है और मैं इस के इलाज का एक्सपर्ट हूं. तुम्हारी कमीज पर जो उल्टी गिरी थी उस में खून भी था. उसे देख कर मुझे पता चल गया कि तुम्हें जहर दिया गया है. इसलिए मैं ने फौरन इलाज शुरू कर दिया था.’’

मैं सोचने लगा कि सचमुच यह इत्तेफाक ही है कि इस वीराने में ये रहमदिल डाक्टर मिल गया और उस के इलाज से मेरी जान बच गई. वरना मौत यकीनी थी. डाक्टर ने मुझे सोच में पड़ा देख पूछा, ‘‘तुम जा कहां रहे थे?’’   ‘‘बहादुरगढ़.’’

‘‘पर तुम तो बहादुरगढ़ की उल्टी दिशा में सफर कर रहे थे?’’

‘‘या तो मेरा घोड़ा गलत दिशा में निकल आया होगा या फिर बताने वाले ने गलत दिशा बताई होगी.’’

मुझे अपने घोड़े की याद आई तो मैं ने पूछा, ‘‘मेरा घोड़ा कहां है?’’

‘‘वह देखो पीछे बंधा है.’’ उस ने इशारा कर के कहा, ‘‘दाना खा रहा है.’’ अपने घोड़े को देख मुझे बड़ी तसल्ली मिली.

डाक्टर की बग्घी बहुत शानदार थी. उस में मोटे गद्दे और नरम कुशन लगे थे. बैठने और लेटने के लिए बड़ी आरामदायक जगह बनाई गई थी. एक काला सा आदमी डाक्टर का कोचवान था.

डाक्टर जव्वाद ने मुझ से यह नहीं पूछा कि मैं कौन हूं, कहां से आया हूं. मैं भी चुपचाप आंख बंद कर के लेटा रहा. कुछ देर बाद उस ने मुझे दूध के साथ दवा दी.

दवाई पी कर मैं ने बग्घी से उतरना चाहा तो मुझे एकदम से जोर का चक्कर आ गया. डाक्टर ने मुझे फिर लिटा दिया. कुछ देर बाद उस ने मुझे नाश्ता और कुछ फल खिलाए. फिर कहा, ‘‘अभी तुम लेटे रहो, चलनाफिरना मुश्किल है. तुम्हें बहुत कमजोरी हो गई है.’’

मैं सोचने लगा कि आहन और तूबा ने मुझे जहर क्यों दिया, उन से मेरी कोई दुश्मनी भी नहीं थी.

मेरी आंखों में तूबा का खूबसूरत चेहरा घूम गया. मैं सोच भी नही सकता था कि हुस्न भी इतना जहरीला हो सकता है.

बग्घी वहां से रवाना हो गई. मेरा घोड़ा पीछे आ रहा था. एकाएक डाक्टर ने पूछा, ‘‘तुम्हें जहर किस ने दिया?’’

‘‘मैं एक फार्महाउस पर रुका था. वहां रहने वाले एक मियांबीवी के साथ खानापीना हुआ था. उन लोगों ने ही जहर दिया होगा.’’

‘‘उन से तुम्हारी कोई अदावत थी या कोई झगड़ा हुआ था?’’

‘‘न मेरी उन से कोई दुश्मनी थी न झगड़ा हुआ था, पता नहीं उन लोगों ने मेरे साथ ऐसा क्यों किया? वैसे मैं जिन की बात कर रहा हूं उन में मर्द मर्ना खूबसूरती का नमूना था और औरत बेहद हसीन.’’

‘‘हो सकता है, वे लोग कोई मुजरिम हों और उन्हें तुम से कोई खतरा हो?’’

‘‘नहीं ऐसे तो नहीं लगते थे, खासे अमीर लोग थे.’’ कहते हुए मैं ने डाक्टर से पूछा, ‘‘आप कहां से आ रहे हैं?’’

‘‘मैं इस इलाके के लोगों का इलाज करने के लिए दूरदूर तक जाता हूं. खास कर जहां इलाज और डाक्टर की सहूलियत नहीं है. समझ लो साल के 6 महीने घर से बाहर बीतते हैं.’’

‘‘आप शादीशुदा हैं?’’

‘‘हां, मेरी बीवी बहुत अच्छी है, मेरी गैरहाजरी में घर अच्छे से संभालती है, फारमिंग वगैरह भी देख लेती है. इस मामले में मैं बहुत खुशनसीब हूं.’’

‘‘डाक्टर साहब, अब मुझे कोई बस्ती देख कर उतार दीजिए. मुझे अपनी मंजिल की तलाश में निकलना चाहिए.’’

‘‘नहीं, नहीं, अभी तुम बहुत कमजोर हो, घुड़सवारी कतई नहीं कर सकते. अगर तुम ने सफर किया तो मेरी सारी मेहनत बेकार जाएगी. अभी तुम्हारे शरीर से जहर का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. तुम मेरे साथ चलो. 2 दिन मेरे घर पर आराम करना. इलाज के बाद जब पूरी तरह ठीक हो जाओगे फिर जहां चाहो, चले जाना.’’

मैं इनकार करने की सोच ही रहा था कि मेरे दिमाग में एक खयाल बिजली की तरह कौंधा तो मैं ने झट से कहा, ‘‘डाक्टर साहब, मैं आप का अहसान जिंदगी भर नहीं भूलूंगा. आप मेरी इतनी परवाह कर रहे हैं तो मैं आप के साथ ही चलूंगा और इलाज पूरा होने के बाद आप की पूरी फीस दे कर जाऊंगा.’’

डा. जव्वाद ने हंस कर कहा, ‘‘मैं इलाज बढि़या करता हूं. इस के लिए फीस भी अच्छी लेता हूं.’’

हम डाक्टर के घर पहुंचे तो मैं चौंका. वह जगह मेरे लिए अपरिचित नहीं थी. जहां गाड़ी रुकी वह वही खूबसूरत फार्महाउस था, जहां मुझे जहर दिया गया था. दरवाजा खोलने वाली वही हसीन औरत थी. वह बड़े प्यार से डाक्टर के गले लग गई. डाक्टर ने पीछे मुड़ कर कहा, ‘‘शमशेर, ये मेरी बीवी ऐना है.’’

उस की नजर मुझ पर पड़ी तो ऐसा लगा जैसे उस ने कोई भूत देख लिया हो. उस का चेहरा सफेद पड़ गया. मैं ने झुक कर उसे सलाम किया. गुलाबी साड़ी में उस का हुस्न दमक रहा था.

डाक्टर ने उस से मुखातिब हो कर कहा, ‘‘ऐना इन के लिए ऊपर का कमरा खुलवा दो, ये 2 दिन यहां रुकेंगे. इन्हें किसी जालिम ने जहर दे दिया था, लेकिन मैं वक्त पर पहुंच गया और इन्हें बचा लिया. मैं इन्हें आराम और इलाज के लिए अपने साथ ले आया हूं.’’

मैं सीढि़यों की तरफ बढ़ा. ऐना मेरे पीछे थी. कमरा खोल कर वह एक तरफ हट गई. वह गुस्से से लाल हो रही थी. उस ने गुस्से में कहा, ‘‘वापस क्यों लौट आए?’’ मैं ने मुसकरा कर व्यंग में कहा, ‘‘ये जानने के लिए कि तुम ने मुझे जहर क्यों दिया?’’ लेकिन वह साफ मुकर गई, ‘‘मैं भला तुम्हें क्यों जहर देने लगी? तुम्हें गलतफहमी हुई है.’’

‘‘मैं ने तुम्हारे घर के अलावा कहीं और कुछ नहीं खायापिया था, इसलिए यकीनन जहर तुम ने दिया था.’’

उस ने तीखे लहजे में कहा, ‘‘तुम ने खुद कोई जहरीली चीज खा ली होगी. मुझे तुम्हें जहर देने की क्या जरूरत थी?’’

‘‘जरूरत थी क्योंकि मैं ने तुम्हें आहन के साथ देख लिया था. तुम्हारे इश्क का गवाह बन गया था मैं.’’

वह बात काट कर बोली, ‘‘मैं किसी आहन को नहीं जानती.’’

‘‘ओह, यानी तुम दोनों ने मुझे अपने नाम गलत बताए थे. खैर, मैं यहां तुम्हारी आशनाई का राजफाश करने नहीं आया हूं. मुझे डाक्टर से अपना पूरा इलाज करवाना है. उन का कहना है कि अगर इलाज पूरा न हो तो ये जहर कुछ दिन बाद फिर असर दिखाता है. इसलिए दवा का 3 दिन का कोर्स पूरा करना जरूरी है.’’

इस पर उस ने तमक कर कहा, ‘‘अगर तुम ने कुछ उलटासीधा करने की कोशिश की तो बहुत बड़ी मुश्किल में पड़ जाओगे, याद रखना.’’

‘‘मैं एक जुआरी हूं, फायदा उठाने के साथसाथ नुकसान उठाने के लिए भी तैयार रहता हूं. यह तुम सोचो कि क्या तुम नुकसान उठा सकती हो?’’

ऐना गुस्से से जाने के लिए पलट गई. मैं ने उसे फिर याद दिलाया, ‘‘ऐना एक बात जहन में रख लो, मैं एक बार धोखा खा सकता हूं, बारबार नहीं.’’

डाक्टर ने मेरा बहुत खयाल रखा. इलाज में भी कोई कोताही नहीं बरती. शाम तक मैं काफी फ्रेश महसूस करने लगा. मैं ने डाक्टर से कहा, ‘‘मैं थोड़ा बाहर घूमना चाहता हूं, आप ठीक समझें तो चला जाऊं?’’

‘‘हां, थोड़ी देर के लिए चले जाओ. पास ही कस्बा अजीरा है, पर ज्यादा नहीं घूमना. थक जाओगे.’’

बाहर निकला तो ऐना को गेट के पास कहीं जाने को तैयार खड़ा देखा. मैं ने मुसकरा कर कहा, ‘‘मैं कस्बे जा रहा हूं आहान को कोई पैगाम देना हो तो बता दो.’’

उस ने गुस्से से दांत पीसे और रुख बदल कर खड़ी हो गई. मैं बाहर निकल गया. थोड़ी दूर चलने के बाद एक शराबखाना नजर आया. मैं ने एक पैग रम का आर्डर दिया, शराब सर्व करने वाला एक 14-15 साल का लड़का था. मैं ने उस से पूछा, ‘‘क्या तुम बिना किसी मेहनत के 10 रुपए कमाना चाहते हो?’’

वह हैरान सा मुझे देखते हुए बोला, ‘‘क्या काम करना होगा मुझे?’’

‘‘कुछ खास नहीं, मैं तुम्हें एक आदमी का हुलिया बताता हूं, तुम मुझे उस का नाम और पता बता दो बस.’’

हुलिया सुन कर वह डर सा गया, बोला, ‘‘साब, वह बहुत जालिम और खतरनाक आदमी है. बीच में मेरा नाम नहीं आना चाहिए.’’ मैं ने उस का नाम न आने का वादा किया तो उस ने उस का नाम बाबर बताया और उस का पता समझा दिया. मैं उसे 10 रुपए दे कर बाहर आ गया.

शाम का अंधेरा फैल रहा था. गालियां लैंप पोस्टों से रोशन हो चुकी थीं. वह एक छोटा सा साफसुथरा कस्बा था. वहां के लोग खुशहाल लग रहे थे. मैं बताए गए पते पर पहुंच गया. वह एक बड़ी शानदार हवेली थी. अहाता लैंपों की रोशनी में चमक रहा था. गेट के पास एक खूबसूरत बग्घी खड़ी थी. एक तरफ अस्तबल में घोड़े बंधे थे. मैं ने सोचा किस्मत की बड़ी धनी औरत है ऐना. शौहर भी अमीर और महबूब भी.

जुआरी होने की वजह से मेरी जेब हमेशा खाली रहती थी. बस आखिरी बार जो रकम मेरे हाथ लगी थी वही मेरे पास थी. मुझे इस कस्बे से दौलत की खुशबू आ रही थी. खुशकिस्मती से तुरूप का पत्ता मेरे हाथ लग गया था. अगर मैं एहतियात से खेलता तो एक बड़ी रकम हाथ लग सकती थी. मैं हवेली देख कर लौट आया.

रात का खाना खाने के बाद मैं दवा ले कर डाक्टर के साथ गपशप करने लगा. बातोंबातों में मैं ने कस्बे की शानदार हवेली का जिक्र किया तो डाक्टर ने नागवारी से कहा, ‘‘वह हवेली बाबर की है. उस के बाप को कहीं से खजाना मिल गया था, इसलिए इतनी दौलत छोड़ कर मरा है कि वह सारी उम्र उड़ाए तो भी खत्म नहीं होगी.

‘‘बेटा निकम्मा और ऐशपरस्त निकला, बाप की दौलत पर ऐश कर रहा है, नालायक आदमी.’’ डाक्टर के लहजे से बाबर के लिए नफरत साफ झलक रही थी. दवा से मुझे गहरी नींद आई. सुबह उठा तो एकदम ताजादम था. जब मैं नीचे उतरा तो डाक्टर कहीं गया हुआ था, ऐना नाश्ता लगा रही थी. वह मुझे नाश्ता सर्व करते हुए बोली, ‘‘कल तुम डाक्टर से बाबर का जिक्र कर रहे थे और शायद तुम उस की हवेली भी देख आए हो. मैं तुम्हें आगाह करना चाहती हूं कि तुम उस से पंगा न लो तो तुम्हारे लिए अच्छा रहेगा. वह बहुत खतरनाक आदमी है.’’

‘‘चलो, मैं तुम्हारी बात मान कर उस से पंगा नहीं लेता, पर तुम दोनों की आशिकी की बात तो सब को बता सकता हूं.’’

‘‘उस से कोई फायदा नहीं होगा, हम साफ इनकार कर देंगे. तुम यहां अजनबी हो, डाक्टर भी तुम्हारी बात का यकीन नहीं करेगा. वो मुझ से बेहद मोहब्बत करता है. वैसे भी इस कस्बे में हमारी बहुत इज्जत और अहमियत है, सब तुम्हें ही झूठा कहेंगे. ये भी मुमकिन है कि एक शरीफ डाक्टर की बीवी पर झूठा इलजाम लगाने की वजह से तुम खुद फंस जाओ.’’

निस्संदेह वह औरत बड़ी शातिर थी. मेरी बातों से जरा भी नहीं घबराई. उस की इस बात में दम था कि एक अजनबी पर कोई यकीन नहीं करेगा. पर अभी भी मेरे हाथ में एक प्लसपौइंट था. मैं ने कहा, ‘‘तुम शायद यह भूल रही हो कि तुम ने मुझे जहर दे कर मारने की कोशिश की थी.’’

इस बार वह थोड़ा घबराई, ‘‘पर इस का क्या सुबूत कि मैं ने तुम्हें जहर दिया था?’’

‘‘इस बात की गवाही खुद डाक्टर जव्वाद देगा कि मुझे जहर दिया गया था. तुम्हारे घर से निकलने के बाद उस रास्ते में कहीं ऐसी कोई जगह नहीं थी जहां कुछ खायापिया जा सकता. तुम्हारे फार्महाउस से निकलने के 2 घंटे बाद मेरी तबियत बिगड़ने लगी, उल्टी हुई, पेट में जानलेवा दर्द था.

‘‘डाक्टर ने दवा दे कर मेरी जान बचाई. मैं तुम्हारे फार्महाउस में रुका था, तुम ने मुझे खाना खिलाया. यह सब डाक्टर को बता कर मैं तुम पर इलजाम लगाऊंगा. जब बात फैलेगी तो सोचो तुम्हारी क्या इज्जत रह जाएगी. तुम्हारी वजह से डाक्टर की अलग बदनामी होगी क्योंकि कस्बे के कुछ लोग तो जरूर तुम्हारे और बाबर के नाजायज ताल्लुक के बारे में जानते होंगे.’’

‘‘तुम ऐसा नहीं कर सकते.’’ उस का लहजा कमजोर पड़ गया. ‘‘मैं ऐसा ही करूंगा.’’ मैं ने सख्त लहजे में कहा, ‘‘तुम और बाबर अगर मेरी डिमांड पूरी नहीं करते तो?’’

‘‘तुम्हारी क्या डिमांड है?’’

‘‘सिर्फ 50 हजार रुपए.’’ उस जमाने में यह एक बहुत बड़ी रकम होती थी. 50 हजार की मांग सुन कर उस की आंखें फैल गईं, बोली, ‘‘ये तो बहुत ज्यादा है?’’

‘‘अगर तुम अपनी इज्जत बरकरार रखना चाहती हो तो ये रकम देनी ही पड़ेगी. अपने महबूब को समझाना तुम्हारा काम है. वह लखपति है, उस के लिए 50 हजार कोई बड़ी रकम नहीं है.’’

ऐना चिढ़ कर बोली, ‘‘वह मेरा महबूब नहीं है, वो तो बस एक वक्ती ताल्लुक था.’’

‘‘जब वह तुम्हारा आशिक नहीं है तो तुम डाक्टर को क्यों धोखा दे रही थीं?’’ उस ने धीरे से कहा, ‘‘ये बात तुम नहीं समझोगे.’’

‘‘मुझे समझना भी नहीं है, तुम्हारे पास 2 दिन की मोहलत है. पैसे दे दो वरना कहीं मुंह दिखाने के लायक नहीं रह जाओगी.’’ मैं ने कहा तो उस का चेहरा पीला पड़ गया. मैं उसे वहीं छोड़ कर बाहर निकल गया.

खाने के समय डाक्टर से मुलाकात हुई. उस ने कहा, ‘‘अब तुम्हारी हालत ठीक है, चाहो तो तुम कल जा सकते हो. अब सफर में कोई परेशानी नहीं होगी.’’

मैं सोच रहा था कि यहां से निकल कर किसी नए शहर में अपनी पहचान छिपा कर रहूंगा. वैसे भी अब बढ़ी हुई दाढ़ी की वजह से मेरा हुलिया काफी कुछ बदल गया था. मैं ने ऐना पर दबाव डालने के लिए जानबूझ कर डाक्टर से पूछा, ‘‘डाक्टर साहब, अगर मैं उन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट करना चाहूं. जिन्होंने मुझे जहर दिया था तो क्या आप मेरा साथ देंगे?’’

‘‘हां जरूर, ये एक संगीन जुर्म है. एक डाक्टर होने के नाते मैं ये गवाही जरूर दूंगा कि तुम्हें जहर दिया गया था. ये तो तुम्हारा हक बनता है.’’

‘‘शुक्रिया डा. साहब, सही मानों में आप एक नेक इंसान हैं, मैं आप के अहसान जिंदगी भर नहीं भूलूंगा.’’

ऐना किचन के पास खड़ी सब सुन रही थी. कुछ देर बाद वह एक बैग ले कर बाहर आई और डाक्टर से बोली, ‘‘मुझे काम से बाहर जाना है. आप को बग्घी की जरूरत तो नहीं है, मैं ले जाऊं?’’

‘‘हां ले जाओ. मैं अब आराम करूंगा,’’ कहते हुए वह उठ कर अपने कमरे में चला गया. कुछ देर बाद मैं भी घोड़ा ले कर ऐना के पीछे निकल गया. पहले वह एक जनरल स्टोर में गई. फिर कुछ सब्जियां लीं और सीधी बाबर की हवेली की तरफ चली गई. सारा काम मेरी मंशा के मुताबिक हो रहा था. कुछ देर वहां रुक कर वह वापस फार्महाउस चली गई. मैं चुपचाप छिपा खड़ा सब देख रहा था. थोड़ी देर बाद बाबर बग्घी ले कर बाहर निकला, उस का रुख बैंक की तरफ था. मेरा काम हो गया था, मैं फार्महाउस लौट आया.

रात के खाने के बाद डाक्टर ने मुझे दवा का आखरी डोज दिया और मैं ने उस की मुंहमांगी फीस अदा की. वह खुश हो कर अपने शयन कक्ष में चला गया. मैं ऐना के पास बैठ गया. मैं ने उस से कहा, ‘‘मेरा खयाल है,तुम ने बाबर से बात कर ली होगी.’’

‘‘हां, मुझे पता है, तुम मेरा पीछा कर रहे थे. मैं ने बाबर को बामुश्किल 25 हजार देने को राजी किया है. वह भी इस शर्त पर कि तुम फौरन यहां से रवाना हो जाओगे और कभी पलट कर इस तरफ नहीं आओगे.’’

मुझे 25 हजार ठीक लगे. मैं ने कहा, ‘‘पैसे मिलने के बाद यहां लौट कर क्या करूंगा? तुम्हारे हाथ से जहर खा कर हिम्मत टूट गई है.’’

मैं उठ कर अपने कमरे में आ गया. सुबह मुझे निकलना था, मैं डाक्टर से इजाजत ले चुका था. बस अब मुझे रकम का इंतजार था. करीब एक घंटे बाद ऐना आई. उस के हाथ में एक थैली थी.

वह थैली मुझे थमाते हुए बोली, ‘‘ये लो पूरे 25 हजार हैं, सुबह होते ही यहां से निकल जाना वरना अपने अंजाम के तुम खुद जिम्मेदार होगे.’’

मैं ने थैली ले कर पैसे गिने. फिर उसे शुक्रिया कहा तो वह गुस्से में बोली, ‘‘कल सवेरे जल्दी दफा हो जाना.’’

वह पैर पटकती हुई बाहर निकल गई. मैं ने थैली संभाल कर कपड़ों में छिपाई. फिर कल लाई शराब के कुछ घूंट ले कर मैं ने पैसे मिलने की खुशी मनाई और सो गया.

जब मेरी आंख खुलीं तो मेरे चेहरे पर तेज धूप पड़ रही थी. कुछ देर तक कुछ भी समझ में नहीं आया. फिर एकदम बौखला कर उठ बैठा. मैं डाक्टर के घर के आरामदेह बिस्तर पर नहीं बल्कि रेत पर पड़ा हुआ था. मैं ने अपने कपड़े टटोले, मेरे पैसे और हथियार गायब थे. सामने देखा तो बाबर घोड़े पर बैठा था. उस की बंदूक की नाल मेरी तरफ उठी हुई थी. मैं ने हड़बड़ा कर पूछा, ‘‘मैं यहां कैसे?’’

‘‘बहुत आसानी से, रात को क्लोरोफार्म, सुंघा कर तुम्हें बेहोश किया और फिर तुम्हें तुम्हारे घोड़े पर डाल कर यहां ले आया. ये जगह फार्महाउस से 4 घंटे की दूरी पर है.’’ मेरी नजर अपने घोड़े पर पड़ी जो झाडि़यों में मुंह मार रहा था. अब न मेरे पास मेरे हथियार थे, न पैसे. मैं एकदम खाली हाथ था. मैं ने परेशान हो कर पूछा, ‘‘क्या तुम मुझे कत्ल करना चाहते हो?’’

‘‘नहीं, पर तुम ने मुझ से पंगा लेने की भूल की है, उस की सजा तो मिलेगी.’’

‘‘कैसी सजा?’’

बाबर ने बंदूक का रूख मेरी तरफ करते हुए कहा, ‘‘शमशेर तुम्हारे पास दो रास्ते हैं. पहला यह कि मैं तुम्हें गोली मार दूं और दूसरा यह कि,’’ उस ने शराब की एक छोटी बोतल मेरी तरफ उछालते हुए कहा, ‘‘इस शराब को पी लो. इस में वही जहर मिला हुआ है जिस का स्वाद तुम चख चुके हो.’’

उस की बात सुन कर मेरे हाथ से बोतल नीचे गिर गई. बाबर निशाना साधते हुए बोला. ‘‘मैं 10 तक गिनूंगा, इस बीच तुम ने जहर नहीं पिया तो मैं तुम्हें गोली मार कर चला जाऊंगा. एक दो तीन…’’

मैं तड़प कर बोला, ‘‘एक मिनट रुको.’’ मैं बुरी तरह कांप रहा था.

उस ने मुझे तसल्ली देते हुए कहा, ‘‘जहर पीने के बाद तुम्हारे पास जान बचाने के लिए 2ढाई घंटे होंगे. इस बीच अगर तुम किसी बस्ती तक पहुंच गए तो अपनी जान बचा सकते हो. कोई भी डाक्टर तुम्हारा इलाज कर देगा. पर एक बार गोली चल गई तो बचने का कोई चांस नहीं है. इसलिए जहर पीना ही तुम्हारा नसीब है.’’

वह फिर गिनती गिनने लगा. जब वह 9 तक पहुंचा तो मैं ने बोतल मुंह से लगा ली. वह मुझे शराब पीता देख मुसकरा कर बोला, ‘‘अच्छा किया, तुम ने दूसरा रास्ता चुना. पर अजीरा का रुख न करना क्योंकि वहां तक नहीं पहुंच सकोगे. वैसे भी मेरे आदमी तुम्हारी ताक में हैं.’’

मेरे हाथ से खाली बोतल छीन कर वह घोड़ा दौड़ाते हुए उल्टी तरफ निकल गया. मेरे पास वक्त कम था. मैं ने लपक कर घोड़ा संभाला और घोड़े को विपरीत दिशा में दौड़ाने लगा. इस बार मैं ने जीतने के लिए जिंदगी की बाजी खेली थी और इस जुए में मुझे हर हाल में जीतना था. दांव पर चूंकि मेरी जान लगी हुई थी इसलिए मुझे हर हाल में 2 घंटे में किसी शहर या आबादी में पहुंचना था.

घोड़ा भी शायद मेरी परेशानी समझ कर हवा से बातें करने लगा. मैं भूखप्यास धूप की परवाह किए बिना घोड़ा दौड़ाता रहा. अचानक मुझे अहसास हुआ कि मुझे सफर करते हुए 4 घंटे से ज्यादा गुजर चुके हैं. सूरज सिर पर आ चुका था पर अभी तक जहर ने कोई असर नहीं दिखाया था. मेरी तबियत बिलकुल ठीक थी. इस बीच कोई बस्ती भी नहीं आई थी. मैं समझ गया बाबर ने जहर की बात झूठ कही थी. निस्संदेह वह चाहता होगा कि मैं जल्द से जल्द उस जगह से बहुत दूर निकल जाऊं. पर इस बीच खौफ और परेशानी में मेरा जो हाल हुआ वह मैं ही जानता था.

मैं आगे बढ़ता रहा. थकान भूखप्यास से बुरा हाल था पर खुदा मुझ पर मेहरबान था. आगे मुझे कुछ मकान दिखने लगे. मेरा घोड़ा भी लस्तपस्त हो गया था. मैं थोड़ा आगे बढ़ा तो एक होटल नजर आया. खाने की खुशबू बाहर तक आ रही थी. पर मेरे पास पैसे नहीं थे, मैं वहीं थक कर बैठ गया. होटल के काउंटर पर बैठा शख्स मुझे गौर से देख रहा था. कुछ देर बाद वह उठ कर बाहर आया और मुझे ध्यान से देखते हुए बोला, ‘‘यहां पहली बार दिख रहे हो, परदेसी हो क्या?’’

मैं ने बेबसी से कहा, ‘‘हां परदेसी हूं. भूखा हूं, पर जेब में पैसे नहीं हैं.’’

‘‘तुम कुछ पढ़ेलिखे हो? अंगरेजी बोल सकते हो, कुछ हिसाबकिताब कर सकते हो? दरअसल, मेरे यहां जो आदमी काम करता था, वह बाहर चला गया है, तुम मुझे जरूरतमंद और काबिलेभरोसा लग रहे हो.’’

मैं ने झट से जवाब दिया, ‘‘मैं अंगे्रजी बोल सकता हूं, हिसाबकिताब भी कर सकता हूं. आप मुझ पर भरोसा कर सकते हैं.’’

होटल के मालिक आदम शेख ने मुझे होटल में रख लिया. होटल के पीछे ही मुझे रिहाइश भी मिल गई. मैं पूरी ईमानदारी से काम करने लगा. ऐतिहासिक शहर होने की वजह से वहां अंगरेज टूरिस्ट आते थे. इसलिए मेरी अहमियत और बढ़ गई. यहां मेरी अंगरेजी की काबिलियत काम आई. मुझे जो जहर ऐना ने दिया था जब वह जिस्म से निकला तो मेरी बुराइयां भी निकल गईं. शायद मैं पूरी तरह बदल गया. देखने में मैं वैसे भी काफी स्मार्ट था. अब रहनसहन आदतें बदलने से मेरी निखरी हुई शख्सियत से आदम शेख बहुत प्रभावित हुआ. मेरे काम ने उस का दिल जीत लिया था.

वक्त मुझ पर मेहरबान हुआ, आदम शेख ने अपनी इकलौती बेटी नूरी की शादी मुझ से कर दी. उस ने होटल की सारी जिम्मेदारी मुझ पर छोड़ दी. एक खूबसूरत, समझदार बीवी ने मेरी जिंदगी में खुशियां भर दीं. पर दिल की टीस किसी हाल में कम नहीं हुई. जब भी मुझे बाबर और ऐना का जालिमाना रवैय्या याद आता, मेरे जिस्म में जैसे आग सी भर जाती. जुनून सा सवार हो जाता.

मैं ने इस आग को दबाने की बहुत कोशिश की पर वक्त के साथ तपिश बढ़ती गई. दिल चाहता एक बार फिर अजीरा जाऊं और उन दोनों को ऐसी सजा दूं कि उम्र भर याद रखें. मैं ने उन का कुछ नहीं बिगाड़ा था फिर भी उन दोनों ने मुझे जहर दिया और जब मैं ने उस का मुआवजा वसूल किया तो ऐसा सुलूक किया जिसे मैं आज तक नहीं भूल सका.

जिंदगी और मौत की 4 घंटे की वो कशमकश, वो खौफ और दहशत के पल मैं कैसे भूल सकता था. जहर के असर होने के डर से मैं जीतेजी कई बार मरा.

गनीमत यही थी कि मैं मजबूत शरीर का मालिक था जो ये सब झेल गया. कमजोर दिल तो मौत की सोच कर ही मर जाता. अपने सुकून की खातिर मैं ने एक बार अजीरा जाने का फैसला कर लिया.

उन दिनों होटल में काम कम था. मैं ने अपने एक भरोसेमंद साथी को जिम्मेदारी सौंपी. मैं ने नूरी और आदम शेख से एक बहुत जरूरी काम का बहाना किया और अजीरा के लिए रवाना हो गया. वक्त इतना ज्यादा नहीं गुजरा थ कि मुझे रास्ता ढूंढ़ने में परेशानी होती.

जब मैं डा. जव्वाद के फार्म हाउस के गेट पर पहुंचा शाम हो रही थी. इस बीच फार्महाउस में थोड़े बदलाव हुए थे. गेट पर घंटी लगी थी. मैं ने बेहिचक घंटी बजाई तो एक उम्रदराज शख्स ने गेट खोला. मेरे कहने पर वह मुझे डाक्टर जव्वाद के पास उन के क्लीनिक वाले पोर्शन में ले गया. कुछ पल डाक्टर मुझे गौर से देखता रहा. फिर उस की आंखों में चमक उभरीं. मुझे पहचानते ही वह खड़ा हुआ और बड़ी गर्मजोशी से हाथ मिलाते हुए कहा, ‘‘तुम…तुम… शमशेर हो न, बहुत अच्छा लगा. तुम्हें यहां देख कर.’’

मैं ने अपने साथ लाए तोहफे डाक्टर को पेश करते हुए कहा, ‘‘डा. साहब, मैं इधर से गुजर रहा था, दिल चाहा कि आप से मिलता चलूं. आप की मदद और कुदरत की मेहरबानी से बहुत खुशहाल और शानदार जिंदगी जी रहा हूं. अकसर याद आती थी आप की, आज मिलने का मौका मिल गया.’’

डा. जव्वाद हालचाल पूछता रहा, फिर कहने लगा, ‘‘मुझे अजीरा मे एक सीरियस पेशेंट को देखने जाना है, चाहो तो गेस्ट रूम में आराम करो या मेरे साथसाथ चलो.’’

मैं ने जल्दी से कहा, ‘‘मैं आप के साथ चलूंगा. इस बहाने कस्बा भी घूम लूंगा.’’ मेरे दिल में बाबर के बारे में जानने की बेचैनी थी, इसलिए मैं चाय पीने के बाद डाक्टर के साथ निकल पड़ा. जानेपहचाने रास्ते, डाक्टर की बग्घी जब बाबर की हवेली के आगे रुकी तो मैं हैरान रह गया. डाक्टर के साथ अंदर पहुंचा तो हवेली में एक अजब सी उदासी और खामोशी थी.

सामने जहाजी साइज पलंग पर एक कंकाल सा वजूद पड़ा हुआ था. तभी डाक्टर की आवाज मेरे कानों से टकराई, ‘‘कैसे हो बाबर? तकलीफ कुछ कम हुई या नहीं?’’ मुझे एक झटका सा लगा. हड्डियों का वह ढांचा बाबर है, यकीन नहीं आ रहा था. मेरे कानों में एक कांपती हुई सी आवाज पड़ी, ‘‘बड़ी तकलीफ है, कुछ करो डाक्टर.’’

डाक्टर और उस के नौकर ने बड़ी मुश्किल से उसे उठा कर दवा पिलाई. वह हाथ हिलाने के काबिल भी नहीं था. आंखें धंसी हुईं. चेहरे पर झुर्रियां, गले की लटकी हुई खाल. वह कहीं से बाबर नजर नहीं आ रहा था. मैं उस से बदला लेना चाहता था पर उसे इस हालत में देख कर मैं एक अजीब असमंजस में पड़ गया. वापसी पर मैं ने डा. जव्वाद से पूछा, ‘‘इसे क्या हो गया डाक्टर? बाबर तो बहुत तंदुरुस्त और कडि़यल जवान था.’’

डाक्टर के चेहरे पर एक रहस्यमय मुसकान फैल गई. वह धीरे से बोला, ‘‘कभीकभी पहाड़ भी अनदेखे ज्वालामुखी से टकरा कर किरचाकिरचा हो जाते हैं. हम लोग 2-3 दिन के लिए पहाड़ी इलाके में गए थे. मेरे और ऐना के साथ बाबर भी था. ऐना उसे साथ ले जाने की जिद कर रही थी इसलिए मैं टाल न सका. वहां आदिवासियों ने हम लोगों की बड़ी मेहमाननवाजी की.

‘‘वहां पता नहीं कैसे बाबर जहरीली बूटी खा गया. इत्तफाक से मैं अपनी दवाइयां साथ ले जाना भूल गया था. उस के इलाज में काफी देर हो गई, जहर अंदर तक असर कर चुका है. अब मेरी दवाएं भी फायदा नहीं कर रही हैं. 15 दिन से ऐसी ही शदीद तकलीफ में है.’’

‘‘पर डाक्टर साब आप तो दवाइयां हमेशा अपने साथ रखते हैं, ऐसा कैसे मुमकिन है?’’  मैं ने पूछा तो डाक्टर की आंखों में अजीब सी चमक उभरी.

‘‘शमशेर कुछ चीजें न चाहते हुए भी हो जाती हैं. हो सकता है, उस ने जहर खाया न हो, उसे खिलाया गया हो. जो लोग दूसरों की जिंदगी में जहर घोलते हैं उन्हें भी तो पता चलना चाहिए कि असल में जहर का असर कितना घातक होता है?

‘‘अपनी इज्जत और शोहरत को मैं इस तरह दांव पर नहीं लगा सकता था. इस शर्मनाक मसले का यही एक हल था. ऐना को भी तसल्ली है कि मैं जीजान से बाबर का इलाज कर रहा हूं. ये अलग बात है कि उस की जिंदगी के चंद दिन बाकी हैं.’’

डाक्टर के लहजे की बेरहमी और उस की आंखों की जालिमाना चमक से मैं सारा मामला समझ गया. पिकनिक पर डाक्टर को ऐना और बाबर के ताल्लुक के बारे में यकीन हो गया होगा, और उस ने वही किया जो एक इज्जतदार शौहर को करना चाहिए था. उस की बात सुन कर मेरे दिल को बहुत सुकून मिला. Crime Fiction

Web Series : ब्राउन (2026)- सिटी औफ डैथ

Web Series: वेब सीरीज ‘ब्राउन’ एक साइकोलौजिकल क्राइम थ्रिलर है. यह सीरीज कोलकाता की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां एक उद्योगपति और प्रभावशाली व्यक्ति की बेटी का मर्डर कर दिया जाता है. इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने की जिम्मेदारी एक ऐसी पूर्व पुलिस अधिकारी रीटा ब्राउन को सौंपी जाती है, जो पहले से ही टूटी हुई और शराब की लत से जूझ रही होती है.

कलाकार: करिश्मा कपूर, सूर्य शर्मा, सोनी राजदान, जिशु सेनगुप्ता, शान, अजिंक्य देव, मेघना मलिक, अनिरुद्ध रौय, परेश पाहुजा, आर्यन भौमिक, अनुपम भट्टाचार्य, वैभवी मल्होत्रा, के.के. रैना, नेहा जुल्का, सुभाशीष चक्रवर्ती, कियारा साद.

निर्माता: उमेश कुमार बंसल, निदेशक : अभिनय देव, लेखक: दिग्गी सिसोदिया, सुनयना कुमारी और मयूरव घोष

निर्माण: जी स्टूडियोज और एप्लास इंटरटेनमेंट, ओटीटी: जी 5

वेब सीरीज ‘ब्राउन’ एक डार्क साइकोलौजिकल क्राइम थ्रिलर है, जिस की कहानी कोलकाता शहर की पृष्ठभूमि पर आधारित है. यह वेब सीरीज अभीक बरुआ के मशहूर उपन्यास ‘सिटी औफ डेथ’ पर आधारित है. 7 एपिसोड की इस वेब सीरीज को 15 जून, 2026 को जी 5 पर रिलीज किया गया है.

कहानी की शुरुआत कोलकाता के एक बेहद रसूखदार धीरज जायसवाल की बेटी अहाना जायसवाल की बेरहमी से की गई हत्या से होती है. इस पेचीदा केस को सुलझाने की जिम्मेदारी रीटा ब्राउन को मिलती है, जोकि एक जासूस है.

जांच के दौरान रीटा ब्राउन का साथ इंसपेक्टर अर्जुन सिन्हा देते हैं. रीटा और अर्जुन दोनों अपने कड़वे अतीत से भी जूझ रहे होते हैं. रीटा और अर्जुन जब अहाना की हत्या की कडिय़ों को जोडऩा शुरू करते हैं तो कहानी में कई चौंकाने वाले मोड़ आते हैं और मामला उलझता जाता है.

एपिसोड नंबर 1

पहले एपिसोड का नाम ‘ब्राउन की वापसी’ रखा गया है. एपिसोड की शुरुआत में हम देखते हैं कि एक युवती को रस्सी से बांध कर उसे बैड के ऊपर लटका कर रखा था, जो लगातार अपनी जान की भीख मांग रही थी, तभी अंधेरे से एक किलर आता है, जिस का मुंह ढंका हुआ था. वह आ कर युवती की गरदन काट कर वहां से फरार हो जाता है.

अब हम रीटा ब्राउन (करिश्मा कपूर) को देखते हैं जो अपने बिस्तर में लेटी होती है. तभी अचानक एक सपने से उस की नींद खुल जाती है. उसे याद आता है कि वह सपने में समुद्र के अंदर थी. ऐसे सपने उसे डिप्रेशन में जाने के कारण अकसर आते रहते थे.

अब हमें बैकग्राउंड में यह पता चलता है कि रीटा ब्राउन एक अनुभवी और बहुत ही काबिल पुलिस अधिकारी रही थी. लेकिन कुछ समय से चल रही उस की मानसिक अवस्था और डिप्रेशन के कारण उसे डिटेक्टिव डिपार्टमेंट से हटा कर आरटीएफ में ट्रांसफर कर दिया गया था.

अब रीटा एक पुलिस अकादमी में ट्रेनिंग पा रहे नए औफिसर्स को इन्वेस्टिगेशन की टिप्स बता रही होती है. तभी उसे राज्य के मुख्यमंत्री सृजन सामंत (अरिजीत दत्ता) के पीए शत्रुघ्न कुमार (रामरतन झा) का फोन आता है, जिस में वह रीटा को बताता है कि तुम्हें एक विशेष केस को सुलझाने के लिए मुख्यमंत्री ने बुलवाया है, इसलिए तुम सीधे यहां पहुंचो.

इधर हम इंसपेक्टर अर्जुन सिन्हा (सूर्य शर्मा) को देखते हैं कि वह समुद्र में एक नाव में नाव वाले की पत्नी के मर्डर केस में उस के पति को गिरफ्तार करने जाता है. तो नाव चालक बचने के लिए समुद्र में कूद जाता है, लेकिन इंसपेक्टर अर्जुन समुद्र में कूद कर अपराधी को पकड़ लेता है.

दूसरी ओर रीटा मुख्यमंत्री के कार्यालय में पहुंच जाती है तो वहां पुलिस कमिश्नर सुधेंदु बाबू (फाल्गुनी चटर्जी) उसे उसी मर्डर की केस फाइल देते हैं, जिस का मर्डर एपिसोड के शुरुआत में हुआ था.

अब हमें यह पता चलता है कि मरने वाली युवती का नाम अहाना जायसवाल (वैभवी मल्होत्रा) था, जो देश के प्रमुख बिजनेसमैन और मुख्यमंत्री के सहपाठी धीरज जायसवाल (अजिंक्य देव) की इकलौती बेटी थी. इस केस में रीटा की मदद करने के लिए इंसपेक्टर अर्जुन सिन्हा को भी लगा दिया गया था.

अब डीसीपी रीटा ब्राउन और इंसपेक्टर अर्जुन उस फ्लैट पर जाते हैं, जहां अहाना का मर्डर हुआ था. वहां दृश्य बड़ा भयावह था. किलर ने अहाना के हाथपैर रस्सी से बांध कर उसे उस के बैड के ऊपर लटकाया था. अहाना का कटा सिर जमीन पर पड़ा था और कमरे के चारों तरफ खून ही खून नजर आ रहा था.

वहां पर यह पता भी चलता है कि अहाना के अपने परिवार के साथ अच्छे संबंध नहीं थे, इसलिए वह अपने पिता की आलीशान कोठी को छोड़ कर यहां किराए के फ्लैट में रहती थी.

रीटा सिक्योरिटी गार्ड से जब पूछताछ करती है तो यह पता चलता है कि अहाना इंट्रोवर्ट टाइप की लड़की थी, जो ज्यादा लोगों से मिलना पसंद नहीं करती थी.

कभीकभार अहाना का भाई संजय जायसवाल (परेश पाहुजा), अहाना की बेस्ट फ्रेंड शेफाली (अहिल्या शेट्टी) और अहाना का बौयफ्रेंड सैतुक (आर्यन भौमिक) ही मिलने आते थे.

इस के बाद रीटा और अर्जुन धीरज जायसवाल की कोठी पर पूछताछ करने जाते हैं तो अहाना के पारिवारिक सदस्य उन के सवालों के जवाब घुमाफिरा कर देते हैं. ऐसा लगता है जैसे वे किसी राज की बात को छिपाने की कोशिश कर रहे हों.

अब रीटा और अर्जुन उस बार में जाते हैं जहां मर्डर वाली रात अहाना गई थी. सीसीटीवी में उस रात कार में अहाना और उन का पुराना ड्राइवर राजू (कौशल गोस्वामी) दिखाई दे रहे थे. बार में ड्राइवर राजू अहाना को रोकने की कोशिश करता है, लेकिन अहाना उसे धक्का मार कर आगे निकल जाती है.

इस के बाद रीटा अपने पुराने मुखबिर जौन की सहायता से एक बदनाम अड्डे से ड्राइवर राजू को गिरफ्तार कर लेती है.

उधर पुलिस की दूसरी टीम राजू के घर पर तलाशी लेती है तो वहां से चोरी किए हुए कई मोबाइल फोन बरामद होते हैं, लेकिन उन में अहाना का फोन नहीं मिलता, जो अहाना के मर्डर स्पौट से गायब मिला था.

दूसरी ओर धीरज जायसवाल की पैनी नजर प्रैस पर थी. उसे लगता था कि यदि इस मामले ने तूल पकड़ा या कुछ बात बाहर निकल कर सामने आई तो बड़ी मुश्किल हो सकती है. इसी के साथ पहला एपिसोड समाप्त हो जाता है.

पहले एपिसोड की बात करें तो कहानी काफी धीमी और सुस्त दिखाई दे रही है. इंसपेक्टर अर्जुन का नाव में जा कर अपराधी को पकडऩा नाटकीय लगता है. अभिनय की बात करें तो सभी कलाकारों का अभिनय औसत दरजे का दिखाई देता है.

एपिसोड नंबर 2

दूसरे एपिसोड का नाम ‘गलत संदिग्ध’ रखा गया है. एपिसोड की शुरुआत बैकग्राउंड से होती है, जहां हम मोंटी नामक एक छोटे बच्चे को देखते हैं, जो अपनी आंखों के सामने मां को किसी दूसरे पुरुष से इंटीमेट होते देख लेता है. तभी उस की मां की नजर मोंटी पर पड़ जाती है तो वह शर्म, डर और घबराहट के कारण अपनी कलाई की नस काट कर सुसाइड कर लेती है.

इस का असर उस के बच्चे मोंटी पर जिंदगी भर रहता है. वह इस घटना को कभी भूल नहीं पाता. उस के पिता भी मोंटी को बहुत समझाते हैं. वह बच्चा कौन था? उस के पिता कौन थे और उस की मां का प्रेमी कौन था? यह रहस्य आगे चल कर पता चलेगा.

अब कहानी वर्तमान में आ जाती है, जहां अहाना मर्डर केस में पौलिटिक्स चलने लगी थी. पुलिस कमिश्नर सुधेंदु बाबू नहीं चाहता था कि यह केस रीटा सौल्व करे, क्योंकि वह इस केस की तह में जा कर अनगिनत राजों का परदाफाश कर सकती थी.

इसलिए पुलिस कमिश्नर मुख्यमंत्री से रीटा को इस केस से हटाने की सिफारिश करता है, लेकिन सीएम का पीए शत्रुघ्न पुलिस कमिश्नर की चाल को कामयाब नहीं होने देता और यह केस अभी भी रीटा के पास ही रहता है.

रीटा के पति नितिन गोस्वामी की कुछ दिनों पहले एक प्लेन क्रैश में दर्दनाक मौत हो चुकी थी. वह अपने पति की मौत से अभी तक बाहर नहीं आ पा रही थी.

उस के बाद हम देखते हैं कि फोरैंसिक डौक्टर बताता है कि अहाना का कातिल कोई मामूली इंसान नहीं, बल्कि किलर को मानव शरीर के हर अंग की पूरी जानकारी थी. इसलिए उस ने एक सिंगल सबूत भी नहीं छोड़ा था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आती है कि किलर राइट हैंडेड इंसान था, लेकिन जब राजू की जांच की जाती है तो वह लेफ्ट हैंडेड निकलता है. रीटा को समझ में आ जाता है कि किलर राजू नहीं बल्कि कोई और है.

उसी दिन मुख्यमंत्री ने एक प्रैस कौन्फ्रेंस रखी थी, जिस में राजू को ही कातिल घोषित कर इस केस को बंद करने का प्रोग्राम था, लेकिन तभी रीटा प्रैस कौन्फ्रेंस में आ कर बता देती है कि राजू के खिलाफ पुलिस को अभी तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है, राजू खूनी नहीं है और इस केस की अभी जांच चल रही है.

यह सुन कर वहां बैठे सभी लोग हैरान रह जाते हैं. अब रीटा और अर्जुन राजू से अपना ध्यान हटा कर अब सैतुक (आर्यन भौमिक) पर कर देते हैं, जो कभी अहाना का बौयफ्रेंड रहा था.

पूछताछ पर सैतुक रीटा को बताता है कि अहाना से उस का ब्रेकअप किसी छोटीमोटी बात के लिए नहीं, बल्कि इसलिए हुआ था कि जब कभी वह अहाना से इंटीमेट होने की कोशिश करता था तो उस दौरान अहाना का व्यवहार अजीब सा हो जाता था. वह डर के मारे ऐसे रिएक्ट करने लगती थी, जैसे उसे अपना कोई पुराना बुरा अनुभव याद आ गया हो.

इस के बाद सैतुक बताता है कि मर्डर वाली रात तो वह सारी रात लैब में ही मौजूद था. आप वाचमैन से भी पूछताछ कर सकते हैं.

रीटा जब वाचमैन से पूछताछ करती है तो वह बताता है कि सैतुक पूरी रात लैब में ही था और वे दोनों बाहर अमुक दुकान से बिरयानी खाने भी गए थे.

अब रीटा सैतुक का बैकग्राउंड चैक करवाती है तो पता चलता है कि स्टूडेंट लाइफ में उस ने अपनी एक दोस्त के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी, जिस के कारण सैतुक को कालेज से निकाल भी दिया गया था, उस के ऊपर एक केस भी हुआ था.

अगले दृश्य में रीटा और अर्जुन अहाना की कंडोलेंस मीटिंग में पहुंचते हैं. वहां उन की मुलाकात डा. संदीप चक्रवर्ती (जिशु सेनगुप्ता) से होती है. डा. संदीप बताते हैं कि वह काफी लंबे समय से अहाना के डिप्रेशन का इलाज कर रहे थे.

हैरानी की बात तो यह थी कि अपने इलाज की बात भी अहाना ने अपने परिवार वालों से छिपा कर रखी थी. अहाना की सौतेली मां नोनी जायसवाल (मेघना मलिक) ने बताया कि सैतुक अकसर चुपके से अहाना से मिलने घर पर आता था और नोनी ने एक बार दोनों को किचन में रोमांस करते हुए भी पकड़ा था.

अब रीटा सीधे उस बिरयानी की दुकान में जाती है, जहां वाचमैन ने सैतुक के साथ मर्डर वाली रात को बिरयानी खाने की बात कही थी. शौप का मालिक बताता है कि मर्डर वाली रात तो उस की दुकान किसी कारण से बंद थी. यह सुन कर रीटा का दिमाग और भी चकरा जाता है कि सैतुक और वाचमैन ने उस से झूठ क्यों कहा था.

अब हम देखते हैं कि सैतुक अब सीधे शेफाली के पास पहुंचता है और फिर वे दोनों एक बंद कमरे में चले जाते हैं. यहां पर यह पता चलता है कि सैतुक और शेफाली के बीच में अवैध संबंध थे और उस का शेफाली के साथ भी चक्कर चल रहा था.

तो क्या अहाना को सैतुक और शेफाली के बीच अवैध संबंधों का पता चल गया था और यही वजह उस के मर्डर का कारण बनी थी? इसी सस्पेंस के साथ दूसरा एपिसोड यहां पर समाप्त हो जाता है.

दूसरे एपिसोड की शुरुआत में मोंटी नामक बच्चे का बैकग्राउंड का इस एपिसोड से कोई संबंध ही नहीं है. यह दृश्य बाद के एपिसोड में जहां इस कातिल पर शक होता, वहां पर दिखाया जाता तो यह काफी बेहतर हो सकता था.

एपिसोड नंबर 3

तीसरे एपिसोड का नाम ‘सत्य की कीमत’ रखा गया है. एपिसोड की शुरुआत में एक लौज के अंदर संजय जायसवाल को हम 3 युवतियों के साथ देखते हैं.

वहीं दूसरी तरफ रीटा, सैतुक और शेफाली को सीधे पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले कर आ जाती है, क्योंकि उन दोनों के खिलाफ पुलिस के पास पुख्ता सबूत आ चुके थे.

पूछताछ में सैतुक स्वीकार कर लेता है कि उस का प्रेम संबंध अहाना के साथ था. वहीं शेफाली बताती है कि उस ने आखिरी बार अहाना को एक मैडिकल स्टोर से दवाइयां ले जाते देखा था. जैसे ही अहाना की नजर शेफाली पर पड़ी थी तो वह उस से बिना बात किए डर और घबराहट में वहां से चली गई थी.

अगली सुबह रीटा उसी मैडिकल स्टोर में पहुंच जाती है, जहां अहाना की शेफाली से आखिरी मुलाकात हुई थी. वहां पर रीटा को पता चलता है कि अहाना ने प्रेगनेंसी खत्म करने वाली दवाइयां मैडिकल स्टोर से खरीदी थीं.

यह सच जानने के लिए रीटा फोरैंसिक डौक्टर के पास जाती है तो पता चलता है कि ऊपरी दबाव के कारण एक उन के जूनियर डौक्टर ने प्रेगनेंसी वाली बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हटा दी थी. अब रीटा समझ जाती है कि यह कोई नहीं चाहता था कि अहाना की प्रेगनेंसी का सच दुनिया के सामने आए.

इधर अब धीरज जायसवाल जिस के ऊपर रीटा का शक आ गया था, वह एक नई चाल खेलता है. वह एक न्यूज एंकर को पैसे दे कर एक न्यूज फ्लैश करवाता है, जिस में रीटा और उस के प्रेमी नितिन गोस्वामी के संबंधों को ले कर कीचड़ उछाला जाता है, ताकि रीटा दबाव में आ कर यह केस छोड़ दे. लेकिन रीटा पर इन सब का कुछ असर नहीं पड़ता.

रीटा अब सैतुक और शेफाली को अलगअलग कमरे में बिठा कर पूछताछ करती है. शेफाली बताती है कि अहाना एक डेटिंग ऐप का इस्तेमाल करती थी और उस के माध्यम से कई दूसरे लड़कों के संपर्क में थी.

यह बात उस के घरवालों को पता नहीं थी. शेफाली को भी अहाना की प्रेगनेंसी वाली बात पता नहीं थी.

अब रीटा सच जानने के लिए अहाना के निजी डौक्टर संदीप चक्रवर्ती से पूछताछ करती है. डा. संदीप चक्रवर्ती भी अहाना की प्रेगनेंसी के बारे में नहीं जानते थे. डा. संदीप ने यह जरूर बताया कि पिछले कई दिनों से अहाना उन के पास सेशन लेने नहीं आ रही थी.

रीटा जब डा. संदीप से पूछती है कि मर्डर वाली रात तुम कहां पर थे तो संदीप बताता है कि वह उस रात अपने पेशेंट पंकज के साथ था. उस के बाद रीटा पंकज की डिटेल्स ले कर वहां से अपने घर आ जाती है.

कहानी में अचानक एक नया मोड़ तब आ जाता है, जब पुलिस कमिश्नर सुधेंदु बाबू रीटा को अपने औफिस में बुला कर बताता है कि फोरैंसिक रिपोर्ट में जूनियर डौक्टर ने अपना बचाव करने के लिए बयान दिया है कि औटोप्सी रिपोर्ट उसे रीटा के दबाव में आने के कारण बदलने को कहा गया था और पूरा इलजाम रीटा के ऊपर लगा दिया जाता है.

पुलिस कमिश्नर को अब सुनहरा मौका मिल जाता है और वह रीटा को इस केस से बाहर कर रीटा का ट्रांसफर किसी दूसरी जगह कर देता है. अपनी अटूट मेहनत और कोशिश से अहाना मर्डर केस को अब तक सुलझाने वाली रीटा के लिए यह बहुत बड़ा झटका था, क्योंकि उसे अब यह पता चल गया था कि इस सिस्टम में सच तक पहुंचने के लिए जितना कठिन काम है, उतना ही इस सच के लिए लडऩा भी बड़ा दुष्कर काम है. इसी बेबसी व तनाव के बीच तीसरा एपिसोड समाप्त हो जाता है.

तीसरे एपिसोड का विश्लेषण करें तो कहानी में जगहजगह सस्पेंस अधिक दिखाए जाने के कारण कहानी काफी भटकी हुई दिखाई देती है. अभिनय की बात करें तो कोई भी कलाकार दमदार अभिनय करने में सफल नहीं हो पाया है.

एपिसोड नंबर 4

चौथे एपिसोड का नाम ‘टूटा हुआ रास्ता’ रखा गया है. एपिसोड की शुरुआत में इंसपेक्टर अर्जुन गुस्से में आ कर सीधे उस टीवी चैनल के अंदर घुस जाता है, जिस के एंकर ने रीटा के खिलाफ झूठी खबरें दिखाई थीं. वह सीधा उस टीवी एंकर के पास पहुंच कर उसे उस के पूर्व में किए घोटाले और सारी जालसाजी के सबूत दिखाता है.

एंकर अब अर्जुन को रिश्वत देने की पेशकश करता है, लेकिन अर्जुन उस से कहता है कि मुझे घूस या रिश्वत नहीं चाहिए. तुम्हें अब सार्वजनिक रूप से अपने चैनल पर माफी मांगनी होगी.

एंकर फिर अपने लाइव प्रसारण में रीटा से सार्वजनिक रूप से माफी मांग लेता है.

अब रीटा एक बार में आती है, जहां पर रीटा शराब पी रही होती है. अर्जुन रीटा को अनन्या और सारे केस की प्रोग्रेस के बारे में बताता है और वह रीटा से रिक्वेस्ट करता है कि वह इस केस में दोबारा शामिल हो कर लीड करे, लेकिन रीटा साफ मना कर देती है.

अब हम देखते हैं कि संजय अपनी गर्लफ्रेंड के कमरे में जाता है और उसे एक स्कूल ड्रेस पहनने को कहता है, उस के बाद उस के साथ शारीरिक संबंध बनाने लगता है. इस दृश्य को धीरज जायसवाल का एक आदमी चुपके से अपने कैमरे में कैद कर लेता है.

अगले दिन एक पार्टी में पुलिस कमिश्नर सुधेंदु अहाना मर्डर केस का मुख्य अधिकारी इंसपेक्टर अर्जुन को नियुक्त कर रीटा को इस केस से हटा देता है.

उस के बाद पुलिस कमिश्नर अर्जुन पर दबाव बनाता है कि ड्राइवर राजू को कातिल बना कर यह केस अब बंद कर दो. अर्जुन यह नहीं चाहता था, लेकिन वह नौकरी और सिस्टम के दबाव में आ कर वैसा ही करता है, जैसा उसे कहा गया था.

टीवी पर जब यह खबर फ्लैश होती है तो अहाना की मां नोनी जायसवाल को बहुत दुख होता है, क्योंकि उसे पता था कि राजू ने अहाना को नहीं मारा है. वह टूट जाती है, उस का पति धीरज जायसवाल उसे समझाता है कि राजू ने ही अहाना को मारा है.

वहीं दूसरी ओर अहाना मर्डर केस का असर सैतुक की जिंदगी पर भी पडऩे लगता है. कालेज और लैब विभाग उस के खिलाफ सख्त रवैया अपनाने लगते हैं. उसे लैब में भी एक्सपेरिमेंट करने से रोक दिया जाता है. वह अपना आपा खो बैठता है और सुसाइड करने की कोशिश करने लगता है.

उधर दूसरी ओर अनन्या जायसवाल इंसपेक्टर अर्जुन को फोन कर के एक रेस्तरां में मिलने बुलाती है. अनन्या उस के क्लोज होने की कोशिश भी करती है, परंतु अर्जुन अपने काम से काम रखता है. अनन्या उसे अहाना के बारे में बताती है कि अहाना मर्डर के बाद मुझे लगा था कि मेरा पति संजय अब मुझ पर फोकस करेगा.

उधर मुख्यमंत्री की ओर से आयोजित एक भव्य पार्टी रात को शुरू हो जाती है, जिस में नामचीन लोगों के अलावा पुलिस अधिकारी भी शामिल होते हैं. वहां पर बंगाली के सुप्रसिद्ध कलाकार ब्योमकेश अभि चटर्जी (अबीर चटर्जी) भी आ कर पुलिस कमिश्नर व अन्य लोगों से मिलते हैं.

पुलिस कमिश्नर ब्योमकेश की मुलाकात इंसपेक्टर अर्जुन से कराते हुए कहता है कि अहाना मर्डर केस अर्जुन ने ही सौल्व किया है. रीटा भी वहां पर होती है. वहां पर फोरैंसिक डौक्टर रीटा से सहानुभूति दिखाता है कि रीटा जैसी काबिल औफिसर को वूमेन विंग में ट्रांसफर करना बहुत गलत है.

वह अपने जूनियर डौक्टर द्वारा रीटा पर गलत आरोप लगाने की माफी भी मांगता है.

अगले दिन इस कहानी में एक बहुत ही बड़ा खौफनाक मोड़ आता है. शहर में एक और महिला ऊषा जैन (जयश्री) की हत्या भी अहाना मर्डर की तर्ज पर हो जाती है. एक बंद पड़ी फैक्ट्री में कातिल ने ऊषा जैन को स्विमिंग पूल के ऊपर बांध दिया था और फिर उस का गला काट कर उस की निर्मम हत्या कर दी थी.

फोरैंसिक टीम और इंसपेक्टर अर्जुन घटनास्थल पर पहुंच कर तहकीकात करने लगते हैं. तभी फोरैंसिक डौक्टर रीटा को फोन करता है, क्योंकि इस केस का तरीका भी हूबहू अहाना मर्डर केस जैसा था. लेकिन रीटा उस वक्त फोन नहीं उठा पाती, क्योंकि वह एक रिहैब क्लिनिक में अपनी शराब पीने की लत छोडऩे के लिए थेरेपी सेशन ले रही होती है.

उधर रिहैब क्लिनिक में सभी मरीज टीवी पर लाइव अपना अनुभव शेयर करते हैं, जिन में रीटा भी होती है, वह भी अपना अनुभव साझा करती है. इसी के साथ चौथा एपिसोड समाप्त हो जाता है.

चौथे एपिसोड का विश्लेषण करें तो यहां पर कहानी भटकती नजर आ रही है. एक साथ कई कहानियों का मिश्रण जैसे बौयफ्रेंड का ट्रैक, अनन्या और अर्जुन की मुलाकातें, राजनीतिक दखलंदाजी, किरदारों का अतीत जैसे दृश्य आ जाने के कारण दर्शक भ्रमित होने लगते हैं.

एपिसोड नंबर 5

पांचवें एपिसोड का नाम ‘वेब औफ लाइज’ रखा गया है. अर्जुन रीटा से मिल कर उसे नए ऊषा जैन मर्डर की बात बताता है और उस के फोटो रीटा को दिखाता है, सारी डिटेल्स बताता है. इस के बाद रीटा अब अर्जुन की मदद करने को तैयार हो जाती है. इस के बाद रीटा और अर्जुन मृतका ऊषा जैन के घर पूछताछ करने आते हैं. वहां पता चलता है कि ऊषा की शादी कुछ साल पहले हेमंत जैन (ललित घई) से हुई थी.

पूछताछ के दौरान अर्जुन की नजर हेमंत के दोस्त और बिजनैस पार्टनर अंकित (हर्ष मिश्रा) पर पड़ती है तो उस की बातों और उस के हावभाव से अर्जुन को उस के ऊपर शक हो जाता है. इसलिए अर्जुन अब साइबर टीम को अंकित के रिकौर्ड खंगालने का आदेश देता है.

ऊषा जैन के सासससुर दोनों ऊषा की तारीफ कर के रोने लगते हैं. अर्जुन और रीटा अंकित और हेमंत से उन की लास्ट लोकेशन के बारे में विस्तृत पूछताछ करते हैं.

इधर ऊषा जैन मर्डर की खबर सभी समाचार पत्र और न्यूज चैनल्स की प्रमुख हेडलाइंस बन जाती है. न्यूज चैनल्स रीटा को अहाना मर्डर केस से हटाने के लिए भी पुलिस पर सवालिया निशान बनाने लगते हैं.

अब धीरज जायसवाल मुख्यमंत्री को फोन कर के अहाना मर्डर केस दोबारा से ओपन करने को कहता है. मुख्यमंत्री अब पुलिस कमिश्नर को फटकार लगाते हुए अहाना मर्डर केस दोबारा ओपन करने और ऊषा जैन मर्डर केस के लिए रीटा को जांच अधिकारी बनाने का आदेश दे देता है.

साइबर टीम बताती है कि अंकित उस दिन घर पर वापस नहीं आया था, जबकि उस ने पुलिस को बताया था कि वह मर्डर वाली रात अपने घर पर था.

अर्जुन अब उस होटल में जाता है, जहां अंकित मर्डर वाली रात में गया था. वहां होटल के रिसैप्शन से पता चलता है कि अंकित ने आज भी होटल में कमरा बुक कर रखा था.

उधर पुलिस कमिश्नर अहाना मर्डर केस रीओपन और ऊषा जैन मर्डर केस  की जांच रीटा से करने को कहता है, लेकिन रीटा कहती है कि मैं इस शर्त पर केस में आ सकती हूं, जब इस बार मेरे साथ कोई गेम नहीं होगा और मैं इस केस को लीड नहीं बल्कि अर्जुन के साथ असिस्ट करूंगी. कमिश्नर रीटा की बात मान लेता है.

उधर अर्जुन को होटल के कमरे में हेमंत और अंकित नग्न हालत में आपत्तिजनक हालत में मिलते हैं. इस का मतलब वे दोनों ‘गे’ थे. अर्जुन उन की खूब पिटाई करता है, तब हेमंत बताता है कि उस की शादी घर वालों ने ऊषा से जबरदस्ती की थी. उसे ऊषा की प्रेगनेंसी के बारे में कुछ भी पता नहीं था.

वह बताता है कि उस का और अंकित का रिश्ता काफी सालों से चल रहा था. वह बताता है कि उस ने अपनी गे वाली बात अपनी पत्नी ऊषा को भी बता दी थी.

अब यह केस और काफी उलझ जाता है, क्योंकि मर्डर के वक्त अहाना और ऊषा जैन दोनों ही प्रेगनेंट थीं.

रीटा को उस का मुखबिर जौन एक जगह मिलने के लिए बुलाता है. वह बताता है कि मैं ने आप के पुलिस इंसपेक्टर अर्जुन को ड्रग्स की टिप्स दी थी, अब दूसरे पुलिस अधिकारी मुझे गिरफ्तार करने के लिए मेरे पीछे पड़ गए हैं.

रीटा उसे बचाने का वादा करती है तो जौन उसे अहाना मर्डर केस की एक बड़ी टिप्स देता है. तभी धीरज का आदमी संजय और उस की गर्लफ्रेंड को शहर से दूर भेजने के लिए नया पासपोर्ट बनाने का आदेश देता है, ताकि वह पुलिस की पहुंच से दूर हो सके.

रीटा और अर्जुन को साइबर टीम से उस क्लीनिक का एड्रेस मिला था, जहां ऊषा जैन का अबौर्शन किया गया था. पुलिस को देखते ही क्लीनिक के डौक्टर और कर्मचारी भागने लगते हैं.

रीटा एक लेडी डौक्टर को पकड़ लेती है. वह डौक्टर रीटा को पहचान लेती है और उसे बताती है कि ऊषा जैन अपने बच्चे को गिराना नहीं चाहती थी, लेकिन अपने सासससुर के दबाव के कारण उसे अपना बच्चा गिराना पड़ा था.

शायद लड़की होने के कारण उस के सासससुर ने बच्ची को मार डाला था. उस का पति तो उसे देखने एक बार भी यहां नहीं आया था. उस के बाद अर्जुन और रीटा वापस अपनी पुलिस जीप में लौटते हैं.

साइबर टीम अर्जुन के मोबाइल पर ऊषा जैन के मोबाइल से मिला एक औडियो मैसेज भेजती है. रीटा औडियो स्पीकर पर लगाने को कहती है. उस में ऊषा जैन ने शादी के बाद से अब तक की पूरी कहानी बयां की थी.

वह औडियो में कह रही थी कि उस का पति हेमंत गे था. यह बात हेमंत के मातापिता को भी पता थी. इसी का फायदा उठाते हुए उस के ससुर ने जबरन ऊषा के साथ शारीरिक संबंध बनाने शुरू कर दिए.

जब मेरे सासससुर को यह पता चला कि मेरी कोख में लड़की है तो उन्होंने उस का गर्भपात करा दिया, क्योंकि उन्हें लड़का चाहिए था.

अब रीटा और अर्जुन संजय जायसवाल की गर्लफ्रेंड से मिलने उस के घर जाते हैं, जो शहर छोडऩे की तैयारी कर रहा था. संजय की गर्लफ्रेंड रीटा को बताती है कि संजय उसे इस स्कूल ड्रेस को पहनने को कहता था. उस के बाद मेरे साथ जबरदस्ती संबंध बनाता था.

उस ड्रेस को देखते ही रीटा शौक में रह जाती है, क्योंकि वह स्कूल ड्रेस संजय की बहन अहाना जायसवाल की थी. इस का मतलब था कि अहाना के पेट में जो बच्चा था, वह उस के भाई संजय का था. यहां पर पांचवां एपिसोड समाप्त हो जाता है.

पांचवें एपिसोड में कमिश्नर जब दोबारा अहाना मर्डर के बाद रीटा को जांच अधिकारी बनाता है तो वह लीड करने से मना कर देती है और अपने जूनियर अधिकारी के अंदर काम करती है. भला यह कैसे संभव हो सकता है? इस में लेखक और निर्देशक की विफलता साफसाफ नजर आ रही है.

एपिसोड नंबर 6

एपिसोड की शुरुआत में रीटा अपने आप को समुद्र के किनारे अपने प्रेमी नितिन गोस्वामी को सपने में देखती है तो सुबह उस की मां उसे उठा कर उसे दुख से उबरने की प्रेरणा देती है.

दूसरी ओर अर्जुन भी अपनी मृतक पत्नी और बेटी की यादों में खोया दिखता है. दूसरे दिन अर्जुन और रीटा ऊषा जैन मर्डर केस पर बातचीत करते हैं और फिर अर्जुन और रीटा ऊषा के पति और सासससुर से पूछताछ करते हैं, जिस से अर्जुन गुस्से में उन्हें लौकअप रूम में डाल देता है. रीटा अर्जुन से इस तरह के पुराने केस खंगालने को कहती है.

अब हम रीटा और अर्जुन को अलगअलग परेशान और दुखी अपनेअपने परिवार की यादों में खोए देखते हैं. एक तरफ रीटा की मां जेनिस ब्राउन रीटा को संभाल रही है तो दूसरी तरफ अर्जुन अपनी दिवंगत बेटी के खिलौनों से खेल रहा होता है.

अर्जुन साइबर एक्सपर्ट रहमान को अहाना मर्डर और ऊषा जैन मर्डर केस से मिलतेजुलते केसों की छानबीन करने का आदेश देता है. इस के बाद अर्जुन सैतुक को पुलिस स्टेशन बुलवा कर कहता है कि तेरी गर्लफ्रेंड शेफाली ने तेरे खिलाफ घरेलू हिंसा और यौन उत्पीडऩ की रिपोर्ट दर्ज कराई है. तू सुधर जा वरना अच्छा नहीं होगा.

इस पर सैतुक कहता है कि वह अपनी रिपोर्ट वापस ले लूंगा सर. सैतुक बताता है कि शेफाली की फैंटेसी है कि वह जानवरों की तरह सैक्स करने को कहती थी, मुझे यह सब मजबूरी में करना पड़ता था.

रीटा और अर्जुन एक रेस्तरां में केस डिस्कस कर रहे होते हैं, तभी वहां पर साइबर टीम का रहमान आ कर उन्हें बताता है कि वर्ष 2001 में मुंबई में मैडिकल कौलेज में वहां के मुर्दाघर में एक लड़की की गरदन वहीं के एक स्टूडेंट ने गंडासे से काट दी थी.

उस के बाद रीटा उस खबर को लिखने वाले जर्नलिस्ट से बात कर के वहां के वार्डबौय का नाम पूछ लेती है, जिसका नाम अनीस पोद्दार था, उसी ने यह खबर उस जर्नलिस्ट को दी थी.

साइबर टीम से अर्जुन को पता चलता है कि ऊषा पार्क में और एक साइबर कैफे में जाती थी. अर्जुन उस साइबर कैफे में आ कर उस कंप्यूटर को उठवा लेता है, जहां ऊषा रोज बैठा करती थी.

रीटा मुंबई के मैडिकल कौलेज में अनीस पोद्दार से मिलती है तो अनीस बताता है कि मैडिकल कौलेज में मुर्दाघर में लड़की की गरदन काटने वाला वहीं का एक स्टूडेंट था. लेकिन कौलेज की बदनामी न हो, इसलिए इस केस को दबा दिया गया था.

वह रीटा को एक स्लिप दिखाता है जिस में उस स्टूडेंट का नाम मिटाया गया लगता है—जैसे सुदीप बख्शी. लेकिन इस एडमिशन स्लिप में उस के घर का एड्रेस भी होता है.

रीटा इस एड्रेस को तुरंत अर्जुन को भेज कर सर्च वारंट ले कर उस में दबिश देने को कहती है. दूसरी ओर रीटा अनीस पोद्दार को कहती है कि इस स्टूडेंट का जैसे ही तुम्हें कोई लेटेस्ट फोटो मिले तो मेरे फोन पर तुरंत भेज देना.

अनीस पोद्दार आगे रीटा को बताता है कि हमारे मैडिकल कौलेज में डा. रामास्वामी नाम के एक बेहद कामचोर डौक्टर थे, जिन का काम हमेशा जूनियर डौक्टर किया करते थे. उस रात सभी जूनियर डौक्टर अलगअलग कामों में व्यस्त थे तो उन्होंने अनीस पोद्दार को औटोप्सी रिपोर्ट लेने को कह दिया.

मैं औटोप्सी रूम में आया तो मैं ने देखा कि सारी लाइटें औन थीं और एसी खुला हुआ था. तभी मैं ने देखा कि एक स्टूडेंट एक लड़की का शव उल्टा कर के उस की गरदन को गंडासे से काट रहा था. मैं घबरा कर वहां से भागा और मैं ने सब को खबर दी.

दूसरे दिन जब यह खबर अखबारों में छपी तो बोर्ड ने डा. बरवे और डा. रामास्वामी को नौकरी से निकाल दिया और पुलिस को लेदे कर मामला रफादफा करा दिया गया.

उधर दूसरी ओर अर्जुन रीटा के बताए डौक्टर के एड्रेस पर पुलिस टीम के साथ छापा मारता है. मगर वह पूरी बिल्डिंग एक खंडहर में तब्दील हो चुकी थी. अर्जुन एक कमरे को देखता है, जहां लाइट जल रही थी तो वह वहां पर एक पुलिस वाले को तैनात कर देता है.

उस के बाद अर्जुन और रीटा वहां पहुंचते हैं, जो एक कोचिंग इंस्टीट्यूट था, जहां पर ऊषा जैन हेल्प मांगने गई थी. वहां पता चलता है कि सृष्टि ने ऊषा का डा. संदीप से मिलने को कहा था. असल में सृष्टि वही थी, जिसे रेस्तरां में रीटा ने डा. संदीप से एक दिन मिलते देखा था.

तभी रीटा के मोबाइल पर अनीस एक फोटो भेजता है. जब रीटा उसे खोलती है तो वह फोटो डा. संदीप चक्रवर्ती का होता है, जिसे देख कर रीटा और अर्जुन चौंक जाते हैं.

दूसरी तरफ डा. संदीप के सामने कोई महिला रोरो कर अपना दुख सुना रही होती है. इस के बाद यहीं पर छठा एपिसोड समाप्त हो जाता है.

छठे एपिसोड में भी कहानी में सस्पेंस की भरमार है. अनीस रीटा को बता रहा है कि डा. रामास्वामी अपना काम जूनियर डौक्टर और मुझ से तक करवाता था. अब डौक्टर के पोस्टमार्टम का काम भला एक वार्डबौय कैसे कर सकता है. यह बात भी समझ से परे है.

एपिसोड नंबर 7

सातवें एपिसोड का नाम ‘अंतिम चरण की ओर’ रखा गया है. एपिसोड की शुरुआत में रीटा डा. संदीप के दोस्त पंकज से मिलने आती है, जिस के बारे में डा. संदीप ने बताया था कि वह अहाना के मर्डर वाली सारी रात उस के साथ था.

पंकज बताता है कि उस रात वह मेरे घर पर ही था, क्योंकि मेरी तबीयत खराब हो गई थी और वह डा. संदीप का पेशेंट था.

रीटा पूछताछ के बाद वहां से चली जाती है, उस के जाने के बाद यह पता चलता है कि पंकज और डा. संदीप बचपन के दोस्त रहे थे. उधर दूसरी ओर अर्जुन डा. संदीप का पीछा करने लगता है लेकिन तभी डा. संदीप उस की आंखों से ओझल हो जाता है.

रीटा जब फोरैंसिक डौक्टर के पास आती है तो डौक्टर कहता है कि ऊषा जैन के मर्डर में हमें किसी दूसरे के खून के ट्रेसेज भी मिले हैं. यदि यह मैच हो गए तो कम से कम आजीवन कारावास की सजा पक्की है. तभी वहां अर्जुन बताता है कि डा. संदीप उस के सामने से भाग गया.

वहां रीटा अब अर्जुन को बताती है कि डा. संदीप ने अपने सभी पेशेंट की फाइल में उन का विश्लेषण Redemption लिख कर किया है—यानी कि पाप, गलतियों या बुराई से मुक्ति पाना. जबकि अहाना और ऊषा जैन की फाइल में Benediction शब्द लिखा है. अर्जुन कहता है कि इस का अर्थ तो आशीर्वाद होता है.

अब डा. संदीप अपने खंडहर वाले मकान में आता है तो अर्जुन द्वारा वहां पर रखे गए दोनों पुलिस कांस्टेबल मोबाइल में गेम खेल रहे होते हैं. डा. संदीप इसी का फायदा उठा कर चुपके से अपने कमरे में ताला खोल कर चला जाता है.

अर्जुन रीटा को बताता है कि साइबर टीम ने कंफर्म कर दिया है कि सुदीप बख्शी और डा. संदीप चक्रवर्ती दोनों एक ही हैं, जो नाम बदल कर डा. संदीप बन गया था.

डा. संदीप अपने कमरे में अलमारी खंगालता है तो वहां पर उस की एक गुप्त दराज होती है. वह दराज की चाबी खोल क र वहां से रस्सी और एक लाल रंग के सूटकेस से गंडासा निकालता है और गंडासे को लाल रेशमी कपड़े से लपेट कर वहां से निकल जाता है.

तभी एक कांस्टेबल की नजर कमरे में जली लाइट पर पड़ती है तो वे दोनों डंडा ले कर वहां पर जाते हैं, तब तक डा. संदीप वहां से निकल चुका होता है. वे दोनों पुलिस कांस्टेबल अब घबरा जाते हैं कि उन से बहुत बड़ी भूल हो गई है.

अब रीटा अर्जुन के साथ अपनी पुलिस औैर साइबर टीम के साथ उसी खंडहर पर पहुंच जाती है. डा. संदीप के कमरे के अंदर गुप्त दराज भी उन्हें मिल जाती है. फोरैंसिक टीम को लाल सूटकेस के अंदर रक्त के नमूने भी मिलते हैं. रीटा कहती है कि वह हथियार भी ले कर गया है और एक और मर्डर करने के लिए, चलो उसे ढूंढते हैं.

तभी घर से रीटा को फोन आता है कि मां की तबीयत बहुत खराब हो गई है. रीटा को पता था कि मां की दवाई कहां पर रखी है, वह तुरंत अपने घर चली जाती है.

घर पर आ कर रीटा मां की दवाई ढूंढने लगती है, तभी दरवाजे के पीछे छिपा डा. संदीप उस के मुंह पर क्लोरोफार्म लगा कर उसे बेहोश कर देता है और अपनी कार की डिक्की में डाल कर कहीं ले जाता है. बेहोशी की अवस्था में रीटा अपने आप को अपने प्रेमी नितिन गोस्वामी के पास पाती है.

रीटा को जंगल में एक पेड़ से बंधे देखते हैं, जहां पेड़ पर रस्सी से उस के दोनों हाथ बंधे हुए थे. तभी वहां पर डा. संदीप आ जाता है. संदीप उस से कहता है कि अब मैं तुम्हें तुम्हारे सभी दुखों से मुक्त कर दूंगा.

संदीप बारबार रीटा से एक ही प्रश्न पूछता है कि तुम्हारा सब से बड़ा डर क्या है? रीटा कहती है मुझे प्यार पसंद है, जिंदगी पसंद है. डा. संदीप अब अपना गंडासा उठाता है और जैसे ही वह रीटा की गरदन पर वार करता है, तब तक रीटा रस्सी से अपने हाथ छुड़ा चुकी होती है.

रीटा सीधे अब डा. संदीप की गरदन पकड़ लेती है और उस के हाथ से गंडासा छीन कर सीधे उस के पैर पर वार कर देती है. उस के बाद वह पिस्तौल निकाल कर उस के ऊपर तान देती है.

तभी वहां पर अर्जुन और उस की टीम के सारे लोग पहुंच जाते हैं. पुलिस टीम संदीप को गिरफ्तार कर के ले जाती है. रीटा भी घायल थी, इसलिए उसे भी हौस्पिटल में एडमिट कर दिया जाता है. इस के बाद डा. संदीप के दोस्त पंकज को भी सहआरोपी के तौर पर गिरफ्तार कर लिया जाता है.

दूसरे दिन रीटा को उस के औफिस में बुला कर सभी पुलिस कर्मचारी और साइबर टीम तालियां बजा कर स्वागत करते हैं. उस के बाद अर्जुन रीटा के पास आ कर कहता है मैम चलें?

रीटा पूछती है, ”कहां?’’ अर्जुन कहता है कि धीरज जायसवाल का गिरफ्तारी वारंट है, उसे गिरफ्तार करना है.

रीटा कहती है पुलिस कमिश्नर ने आदेश जारी किया है क्या?

अर्जुन कहता है नहीं, उस से भी बड़े मजिस्ट्रैट ने आदेश दिया है. उस के बाद यहीं पर वेब सीरीज ‘ब्राउन’ का सातवां और आखिरी एपिसोड भी समाप्त हो जाता है.

सातवें एपिसोड में भी काफी कमियां नजर आ रही हैं. खंडहर वाले कमरे में पहरा देने वाले पुलिस वालों के पास केवल डंडा हाथ में पकड़ा दिखाया गया है, जबकि वे एक खतरनाक सीरियल किलर का पहरा दे रहे थे.

जंगल में रीटा को जब बांध कर रखा गया था तो वह सीन इतना ज्यादा लंबा कर दिया गया है कि जिस के कारण दर्शक देखतेदेखते बोर हो जाते हैं. सारे दृश्य नाटकीय से दिखाई दे रहे हैं.

पूरी वेब सीरीज की बात करें तो यह वेब सीरीज शुरुआत से ही एक उदास और दुखभरा माहौल बनाने में लगी रहती है. यहां का लगभग हर किरदार अपनी ही कुछ न कुछ परेशानियों और गंभीर दुखों में उलझा हुआ है, कई बार हत्या की जांच से अधिक ध्यान किरदारों के निजी दुखों पर चला जाता है.

करिश्मा कपूर

भारत की जानीमानी अभिनेत्री करिश्मा कपूर का जन्म 25 जून, 1974 को मुंबई में हुआ था. इस के पापा का नाम रणधीर कपूर और मम्मी का नाम बबीता है जो अपने समय के जानेमाने अभिनेता व अभिनेत्री रहे हैं.

करिश्मा के परिवार में उस की एक छोटी बहन है, जिस का नाम करीना कपूर खान है. करिश्मा कपूर का विवाह वर्ष 2003 में बिजनेसमैन संजय कपूर से हुआ था.

वर्ष 2016 में दोनों का आधिकारिक तौर पर तलाक हो गया था. करिश्मा कपूर की एक बेटी समायरा कपूर व एक बेटा कियान राज कपूर है.

कपूर खानदान की महिलाएं फिल्मों में अभिनय नहीं करती थीं. शशि कपूर की बेटी संजना कपूर ने इस परंपरा को पहली बार तोड़ा. लेकिन उसे फिल्मों में सफलता नहीं मिली.

सही मायनों में करिश्मा कपूर इस कपूर खानदान की पहली महिला है, जो काफी सफल रही थी. करिश्मा कपूर ने अपने फिल्मी करिअर की शुरुआत वर्ष 1991 में फिल्म ‘प्रेम कैदी’ से की थी, जिस में वह मुख्य भूमिका में थी. यह फिल्म काफी सफल रही थी.

इस के अलावा करिश्मा कपूर ‘जिगर’, ‘अनाड़ी’, ‘राजा बाबू’, ‘अंदाज अपना अपना’, ‘कुली नंबर 1’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘दिल तो पागल है’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘बीवी नंबर 1’, ‘हम साथसाथ हैं’, ‘फिजा’, ‘जुबेदा’ जैसी सफल फिल्मों में काम कर चुकी है.

इस के अलावा करिश्मा कपूर वेब सीरीज ‘मेंटलहुड’ (2020) और रहस्यमयी थ्रिलर ‘मर्डर मुबारक’ (2024) में भी काम कर चुकी है. उस ने टेलीविजन सीरीज ‘करिश्मा: द मिरेकल्स औफ डेस्टिनी’ (2003-2004) में मुख्य किरदार निभाया था. इस के अतिरिक्त करिश्मा कपूर कई रियलिटी शोज में जज के रूप में भी काम कर चुकी है.

करिश्मा कपूर को ‘राजा हिंदुस्तानी’ फिल्म में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला. रोमांटिक फिल्म ‘दिल तो पागल है’ में उसे राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार मिला.

करिश्मा कपूर को घर में अनौपचारिक रूप से ‘लोलो’ कहा जाता है. यह नाम उसे अपनी मम्मी बबीता द्वारा इतालवी अभिनेत्री जीना लोलोब्रिगिडा के नाम से प्रेरित हो कर दिया गया था. इस के अलावा करिश्मा कपूर कई चैरिटी ट्रस्ट के साथ जुड़ कर समाज सेवा का काम भी कर रही है.

सूर्य शर्मा

सूर्य शर्मा का जन्म 27 फरवरी, 1990 को हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश में हुआ था. इस के पापा का नाम अश्वनी कुमार शर्मा और मम्मी का नाम आशा कुमार शर्मा है. इस के पापा फिल्म निर्देशक हैं और मम्मी गृहिणी हैं. इस का एक भाई है जिस का नाम तरनकीत शर्मा है, जो एनिमेटर है.

जब सूर्य शर्मा तीसरी कक्षा में था, तब उस ने बाल दिवस पर प्रस्तुत किए गए अपने नाटक के लिए स्कूल में प्रथम पुरस्कार जीता था. स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उस ने अभिनय की दुनिया में जाने का मन बना लिया था. सूर्य शर्मा ने अपने अभिनय करिअर की शुरुआत एक टीवी शो में 2 मिनट की भूमिका से की थी.

इस भूमिका को निभाने के लिए उसे 1,500 रुपए मिले थे. टीवी शो में 2 मिनट की भूमिका के लिए चुने जाने से पहले उस ने 900 से अधिक बार औडिशन दिए थे. करिअर के शुरुआती दौर में कई फिल्म निर्माताओं ने उसे अस्वीकार कर दिया था.

इस के बाद सूर्य शर्मा ‘पेपरफ्राई’ और ‘फौच्र्यून’ जैसे ब्रांडों के विभिन्न विज्ञापनों में दिखाई दिया. अपने संघर्ष के दिनों में सूर्य शर्मा ने अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी से अभिनय के बारे में बहुत कुछ सीखा.

सूर्य शर्मा को पहली बड़ी सफलता मिलने से पहले मुंबई में काफी कड़ा संघर्ष करना पड़ा था. उस ने जी टीवी के शो ‘काला टीका’ में अपने फिल्मी करिअर की शुरुआत की. इस के बाद वह ‘वीरे दी वेडिंग’ जैसी फिल्म में छोटी भूमिकाओं में नजर आया.

वर्ष 2019 में आई वेब सीरीज ‘होस्टेजेस’ में प्रिंस के किरदार के बाद उसे अब नोटिस किया जाने लगा था. वेब सीरीज ‘अनदेखी’ में उस के द्वारा निभाए गए क्रूर और जिद्दी ‘रिंकू भैया’ के किरदार को दर्शकों और आलोचकों से काफी सराहना मिली.

नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘ये काली काली आंखें’ में उस ने ‘धर्मेश’ का एक और महत्त्वपूर्ण किरदार निभाया. इस के अलावा सूर्य शर्मा नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘भक्षक’ और जियो सिनेमा की वेब सीरीज ‘सलाकार’ और ‘सर्च: द नैना मर्डर केस’ में भी काम कर चुका है.

सूर्य ने दिसंबर 2023 में प्रसिद्ध मौडल और पूर्व मिस इंडिया यूनिवर्स फिल्मफेयर मानसी मोघे से विवाह किया था. Web Series

Murder Mystery : मौत का खेल

Murder Mystery. मौत का खेल खेलतेखेलते शिम्ट की सचमुच मौत हो गई. किसी की समझ में नहीं आया कि उस का कातिल कौन है, लेकिन कैलर मेरे सामने खुद को इसलिए कातिल बताने लगी, क्योंकि कातिल के नाम की पर्ची उस के पास थी. जबकि हकीकत में…

मुमकिन है कि आप को मौत के खेल के बारे में जानकारी न हो. इसलिए मैं पहले इस खेल के बारे में कुछ बातें आप को बता दूं. इस खेल में होता यह है कि लाटरी की कुछ पर्चियां एक हैट में डाल दी जाती हैं. खेल में शामिल होने वाले एकएक पर्ची उठा लेते हैं. इन पर्चियों में से एक पर कातिल और एक पर जासूस लिखा होता है. बाकी पर्चियां सादी होती हैं.

इस खेल में जिसे कातिल की पर्ची मिले उसे कातिल और जिसे जासूस की पर्ची मिले उसे जासूस का रोल अदा करना होता है. मरने वाले का किरदार अदा करने के लिए किसी का चुनाव नहीं किया जाता. उस का चुनाव खुद कातिल को करना होता है.

इस खेल में यह जरूरी है कि जिस के नाम कातिल की पर्ची निकले वह अपने वजूद को दूसरों के सामने गुप्त रखे. जबकि जासूस के बारे में खेल में शामिल लोग फैसला करते हैं कि उस के किरदार को दूसरों के सामने प्रकट किया जाए या नहीं.

पर्चियां बंट जाने के बाद खेल में हिस्सा लेने वाले उस पूरे घर में फैल जाते हैं जहां खेल खेला जाना होता है. मकान का तहखाना और बागीचा वगैरह भी खेल के दायरे में शामिल होते हैं. इस खेल के लिए यह भी जरूरी है कि खेल रात के वक्त खेला जाए या कम से कम शाम का अंधेरा तो जरूर फैल चुका हो.

कातिल की शख्सियत चूंकि गुप्त होती है इसलिए किसी को पता नहीं होता कि उस का शिकार कौन बनेगा और किस वक्त बनेगा. यह कातिल किसी को अपना शिकार बनाए तो उस के शिकार व्यक्ति की बनावटी चीख दूसरों को जरूर सुनाई दे ताकि वे समझ जाएं कि ‘कातिल’ अपना वार कर चुका है.

इस के बाद सभी लोग वारदात की जगह पर इकट्ठा हो जाते हैं. लेकिन कातिल का शिकार हुए व्यक्ति को यह जाहिर करने की इजाजत नहीं होती कि कातिल कौन है. इस के बाद ‘जासूस’ कातिल की तलाश शुरू कर देता है.

मैं भी मौत के इस खेल में हिस्सा ले चुका हूं और वह मेरी जिंदगी का पहला और आखिरी खेल था. इस के बाद मैं ने कभी इस खेल में हिस्सा नहीं लिया. उन दिनों की है जब मैं ‘म्यूनिख’ में रहता था. अचानक एक दिन मेरे एक दोस्त शिम्ट की तरफ से पार्टी में शामिल होने का ‘दावतनामा’ मिला. पार्टी म्यूनिख से 30 किलोमीटर दूर ‘ओम्बर्ग’ में थी. शहर के हंगामे से दूर यह छोटी सी बस्ती बसंत में जन्नत जैसी खूबसूरत बन जाती थी.

हरियाली भरी पहाड़ी के दामन में दूरदूर तक फैली खूबसूरत कोठियां और दिल को खुशी से भर देने वाले दृश्य देख कर वहीं रह जाने का मन करता था. लेकिन सब से बड़ी दिक्कत यह थी कि मेरे जैसा मिडिल क्लास आदमी वहां रहने के बारे में सोच भी नहीं सकता था. इस इलाके में सिर्फ उन लोगों की रिहाइश थी, जिन्हें खुद अपनी दौलत का अंदाजा नहीं था.

मेरे दोस्त ‘शिम्ट’ की गिनती भी देश के चंद अमीरतरीन लोगों में होती थी. पुरानी दोस्ती की वजह से वह मुझे हर खुशी के मौके पर आमंत्रित कर लिया करता था. वैसे भी म्यूनिख में दूसरे दोस्तों के मुकाबले शिम्ट का मेरे यहां ज्यादा आनाजाना था. शिम्ट के यहां होने वाली पार्टी के दूसरे दिन एक साहब के यहां कौकटेल पार्टी थी.

इस पार्टी में शिम्ट के साथ मैं भी शामिल हुआ. उस रोज उस खूबसूरत बस्ती के तमाम लोग मिस्टर ‘वोल्फ गैंग’ के यहां जमा हुए थे. देर रात तक शराब के जाम छलकते रहे. यह शराब इस पार्टी के लिए खास तौर पर तैयार करवाई गई थी और बहुत मजेदार थी. यही वजह थी कि हर कोई बढ़चढ़ कर पी रहा था.

आधी रात गुजर जाने के बाद किसी ने ‘मौत का खेल’ खेलने की बात कही, जिसे फौरन ही मान लिया गया. पर्चियां बनाई गईं. हर किसी ने अपनीअपनी पर्ची निकाली. कौन कातिल था, कौन जासूस, किसी को कुछ पता नहीं था. पर्चियां निकलने के तुरंत बाद किसी ने मेन स्विच बंद कर दिया. कोठी एकदम अंधेरे में डूब गई.

इस के साथ ही मौत का खेल शुरू हो गया. मैं भी शराबनोशी में बराबर का शरीक था, लेकिन मेरा दिमाग पूरी तरह से मेरे बस में था. मेरे नाम जासूस की पर्ची निकली थी. यानी कि कत्ल की इस फरजी वारदात में मुझे जासूस का किरदार अदा करते हुए, कातिल की तलाश करनी थी.

पहले तो मैं ने इस खेल में ज्यादा दिलचस्पी नहीं ली, लेकिन जब मैं ने महसूस किया कि इसे सिर्फ एक खेल समझने के बजाय हर शख्स संजीदा नजर आ रहा है तो मुझे भी इस में संजीदगी से दिलचस्पी लेनी पड़ी.

मकान की ऊपरी मंजिल पर चारों तरफ एक खुली गैलरी बनी थी, जिस पर सुरक्षा की दृष्टि से कोई जंगला वगैरह नहीं लगा था.

मकान के अंदर गहरे अंधेरे में रास्ता सुझाई नहीं दे रहा था, लेकिन कपड़ों की सरसराहट और पंजों के बल खास अंदाज से चलने की आवाजों से जाहिर हो रहा था कि हर कोई कातिल से बचने के लिए कहीं न कहीं पनाह लेने की कोशिश में है. कातिल कोई गुप्त व्यक्ति था. कोई नहीं जानता था कि उस पर किस तरफ से हमला होगा.

यह हमला मुझ पर भी हो सकता था. मैं चूंकि जासूस था, इसलिए यह खयाल मुझे कतई पसंद नहीं आया कि मैं ही कातिल का निशाना बनूं. निश्चित रूप से जासूस को दूसरों से ज्यादा समझदार और चालाक होना चाहिए.

मैं सुरक्षित अंदाज में चलता हुआ हाल से बाहर निकल आया. लाइट औफ होने से पहले मैं ने अपने दोस्त शिम्ट को भी उस तरफ जाते देखा था. कुछ देर अंधेरे में दुबके रहने के बाद मैं दोबारा मकान में दाखिल हो गया. मैं दबे कदमों से चलते हुए ऊपरी मंजिल पर पहुंच कर रुक गया.

सितारों की धुंधली सी रोशनी में बालकनी में एक साए को हिलते देख कर मैं ठिठक गया.

मैं उस की शक्ल तो नहीं देख सका, लेकिन यह अंदाजा लगाने में कोई परेशानी नहीं हुई कि वह कोई औरत थी. वह बड़ी सावधानी से पंजों के बल चलते हुए बालकनी के आखिरी सिरे पर जा रही थी.

कुछ देर बाद ही वह दूसरी तरफ घूम कर निगाहों से ओझल हो गई. जब मैं बालकनी के उस मोड़ पर पहुंचा तो मुझे गले में बंधा हुआ उस का स्कार्फ हवा में लहराता नजर आया. लेकिन फिर वह अचानक गायब हो गई.

नीचे हाल में पहुंच कर मैं कुछ देर के लिए रुका. फिर जैसे ही बाहर निकला एक बार फिर उसी औरत का साया नजर आया. यकीनन वह वही औरत थी, जिसे मैं बालकनी पर देख चुका था. मैं ने उस के गले में बंधे हुए स्कार्फ से उसे पहचान लिया था.

मैं उस की एक झलक से ज्यादा नहीं देख सका था, क्योंकि वह जल्दी से अंधेरे में गायब हो गई थी. मैं उस के पीछे लपका, लेकिन किसी चीज से ठोकर खा कर गिर गया. उस औरत के बारे में मेरे दिल में जिज्ञासा पैदा हो रही थी, लेकिन अब मैं उस का पीछा नहीं कर सकता था, क्योंकि मैं जिस चीज से टकरा कर गिरा था वह एक इंसानी जिस्म था.

मैं घुटनों के बल झुक कर उस का मुआयना करने लगा. वह आदमी जमीन पर सीने के बल आड़ातिरछा पड़ा हुआ था. खेल के दौरान इस दृश्य का मतलब था कि कातिल अपना काम कर चुका था और अब जासूस का काम था कि वह कातिल को तलाश करे.

मैं ने एक विशेष इशारे में चीख कर खेल में शामिल लोगों को इस की सूचना दी. इस के साथ ही किसी ने लाइट जला दी और सब लोग इधरउधर से निकलनिकल कर वहां जमा होने लगे.

हर कोई एकदूसरे को पीछे धकेल कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा था, ताकि देख सके कि मरने वाला कौन है? जो लोग आगे थे, वे झुक कर जमीन पर पड़े हुए शख्स को अपने मजाक का निशाना बना रहे थे.

कोई उस की नाक दबा रहा था, कोई कान मरोड़ रहा था और कोई बाजू से पकड़ कर उसे उठाने की कोशिश कर रहा था. सब का मकसद एक ही था कि वह मरने की अदाकारी खत्म कर दे, ताकि जासूस अपना काम शुरू कर सके. लेकिन उस के जिस्म में जरा सी भी हरकत नहीं हुई.

रोशनी होने के बाद लोगों ने उसे पहचान लिया, वह शिम्ट था.

2 आदमियों ने उसे बांहों से पकड़ कर उठाना चाहा, मगर वह अपनी कोशिश में कामयाब नहीं हो सके. शिम्ट के जिस्म में कोई हरकत नहीं हुई.

उसे उठाने की कोशिश की गई तो वह धड़ाम से दोबारा जमीन पर गिर पड़ा. कुछ लोग बुलंद आवाज में उस की अदाकारी की दाद दे रहे थे कि उस ने इस ड्रामे में हकीकत का रंग भर दिया है.

‘‘बस भई शिम्ट, बहुत देर हो गई. अब एक्टिंग खत्म करो.’’ एक और शख्स ने उसे कालर से पकड़ कर उठाते हुए कहा, लेकिन शिम्ट दोबारा नीचे गिर गया.

‘‘रुक जाओ, यह एक्टिंग नहीं हो सकती. मुझे मामला कुछ गंभीर नजर आ रहा है.’’ एक आदमी दूसरों से कहते हुए, उन्हें धकेल कर आगे बढ़ा. सब लोग अभी तक इसे मजाक ही समझ रहे थे.

उस के शब्द सुन कर सभी गंभीर हो गए. माहौल पर एकदम खामोशी छा गई. हर कोई इस तरह एकदूसरे की तरफ देखने लगा, जैसे पूछ रहा हो कि क्या गड़बड़ है? साफ पता चल रहा था कि शिम्ट मर चुका है.

मेहमानों में एक डाक्टर भी था. उस ने आगे बढ़ कर शिम्ट की जांच की. वह कई मिनट तक विभिन्न तरीकों से उस के जिस्म में जिंदगी की ‘लौ’ तलाश करने की कोशिश करता रहा, फिर उस ने सीधा हो कर इस अंदाज में हम सब की तरफ देखा जैसे कुछ कहना चाहता हो, लेकिन कह नहीं पा रहा हो.

चंद क्षण बाद आखिर उस ने मेरे खयाल की तसदीक कर दी. शिम्ट मर चुका था. डाक्टर ने बताया कि उस की मौत दम घुटने की वजह से हुई थी. ठीक उसी समय मैं भीड़ में से एक लड़की की चीख सुन कर चौंका. मैं ने जल्दी से उस की तरफ देखा. उस के गले में बंधे हुए स्कार्फ से मैं ने उसे पहचान लिया.

यह वही लड़की थी, जिसे पहले मैं बालकनी और फिर ठोकर लग कर गिरने से पहले इसी जगह देख चुका था. चीख उस के हलक में ही घुट कर रह गई. चेहरे पर खौफ व दहशत के भाव उभर आए. मैं ने गौर से उस की तरफ देखा. वह 21-22 साल की एक हसीन लड़की थी.

अखरोटी बालों वाली इस लड़की को मैं मौत का खेल शुरू होने से पहले पार्टी में देख चुका था. वह एक बेहतरीन प्यानो वादक थी. उस की मां अमेरिकन और बाप स्थानीय निवासी था.

कभी उस के बाप की गिनती देश के अमीरतरीन लोगों में होती थी. लेकिन देश की सत्ता पर बैठे लोगों से राजनीतिक विरोध की वजह से उस पर इस का सीधा असर पड़ा. पहले उस का पौलिटिकल कैरियर प्रभावित हुआ. फिर कारोबार भी तबाह हो गया.

उस की फैक्ट्रियों, मिलों में रहस्यमय तरीके से आग लगने की घटनाएं होने लगीं. इस सब का नतीजा यह निकला कि एक दिन उस की लाश घर में पंखे से लटकी पाई गई. कैलर उस की एकलौती बेटी थी.

बाप के खुदकुशी करने के बाद आग लगने की वारदातें रुक गईं और कैलर व उस की मां बचीखुजी पूंजी के सहारे जिंदगी के दिन गुजारने लगीं.

अच्छी प्यानो वादक की हैसियत से कैलर को बड़ीबड़ी पार्टियों में आमंत्रित किया जाता था. जहां से उसे इतना पारिश्रमिक मिल जाता था कि घर का खर्च आसानी से चल जाए. इस वक्त वही खूबसूरत कैलर दहशत की हालत में कुछ इस तरह मुंह पर हाथ रखे सहमी खड़ी थी, जैसे अपनी चीखें रोकना चाहती हो.

‘‘लेडीज एंड जेंटलमेन.’’ डाक्टर की आवाज पर सभी उस की तरफ देखने लगे. डाक्टर कह रहा था, ‘‘हम यहां एक खेल, खेल रहे थे, जिस का नतीजा एक लाश की शक्ल में हमारे सामने है. हम में से कोई नहीं जानता कि इस खेल में किस का क्या किरदार था. इस स्थिति में किसी को इस घटना का जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. यहां कोई किसी का दुश्मन नहीं है. मिस्टर शिम्ट की मौत किसी हादसे या इत्तेफाक का नतीजा भी हो सकती है.

‘‘अब मेरी राय है कि इसे एक हादसा समझा जाए और अपनीअपनी पर्चियां नष्ट कर दी जाएं, ताकि इस खेल में किसी को किसी के किरदार का पता न चल पाए. पर्चियां नष्ट करने का तरीका यह होगा कि सब लोग एकएक कर के कमरे में जाएं और अपनीअपनी पर्चियां आतिशदान में डाल दें. इस तरह किसी को किसी पर शुबहा करने का मौका नहीं मिल सकेगा.’’

दुनिया का कोई भी होशमंद इंसान कत्ल के इल्जाम में शामिल होना पसंद नहीं करता. इसलिए सब लोगों ने डाक्टर की तजवीज बिना हीलहुज्जत के कुबूल कर ली.

सभी ने अपनी पर्चियां इस तरह आतिशदान में जा डालीं, ताकि किसी को पता न चल सके कि इस खेल में किस का क्या रोल था. मौत का खेल अपने अंजाम तक पहुंच चुका था.

धीरेधीरे रात बीत गई और सुबह की लाली फैलने लगी. कुछ देर बाद पार्टी में आए मेहमान एकएक कर के रुखसत होने लगे. कोठी के लंबेचौड़े पार्किंग लौट पर खड़ी हुई कारें गायब हो गईं.

कुछ मेहमान ऐसे भी थे, जिन के पास कारें नहीं थीं. उन्हें एक स्टेशन वैगन पर म्यूनिख से यहां तक लाया गया था. मेरा शुमार भी उन्हीं लोगों में था, जो वापसी के लिए वैगन का इंतजार कर रहे थे. पुलिस को इत्तला करने की किसी ने सोची तक नहीं, बस सब खुद को बचाना चाहते थे.

वैगन आई तो हम लोग उस में बैठ गए. पिछली सीट पर मेरे साथ प्यानो वादक कैलर के अतिरिक्त और कोई नहीं था. वह इस तरह जड़ हुई बैठी थी, जैसे उसे लकवा मार गया हो.

स्टेशन वैगन शहर की तरफ जाने वाली सुनसान सड़क पर दौड़ रही थी. कैलर की वीरान निगाहें तेजी से पीछे भागते हुए दृश्यों पर जमी थीं.

अचानक वह इस तरह बड़बड़ाई जैसे अपने आप से मुखातिब हो और उस का दिलोदिमाग काबू में न हो, ‘‘मैं…मैं अपने आप को माफ नहीं कर सकती. इस की जिम्मेदार मैं हूं.’’ वह कुछ पल खामोश रही फिर बड़बड़ाई, ‘‘ओह, यह सब मेरी वजह से हुआ है. उस की कातिल मैं हूं.’’

यह बात मेरे लिए आश्चर्यजनक थी. वह मेरे सामने अपने आप को मुलजिम ठहरा रही थी. मैं समझ नहीं पा रहा था कि वह खुद को शिम्ट का कातिल क्यों समझ रही थी? और यह सब कुछ मुझे क्यों बता रही थी?

‘‘कत्ल? नहीं मिस कैलर, यह महज एक हादसा था और किसी को इस का जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.’’ मैं ने उसे समझाने की कोशिश की.

‘‘नहीं, यह हादसा नहीं कत्ल है. अगर हम यह खेल शुरू न करते तो यह सब नहीं होता. हम इस खेल में शरीक थे, इसलिए किसी को भी इलजाम से बरी नहीं किया जा सकता.’’ वह पहले की तरह ही बड़बड़ाई.

‘‘मुमकिन है तुम्हारा ख्याल सही हो, लेकिन सब की पर्चियां नष्ट की जा चुकी हैं और अब यह अंदाजा लगाना मुश्किल है कि कातिल कौन है?’’ मैं ने कहा.

वह कुछ देर खामोशी से मेरी तरफ देखती रही, फिर हाथ मेरे सामने कर के मुट्ठी खोल दी. उस की हथेली पर कागज का एक पुरजा रखा हुआ था, जिस पर ‘कातिल’ शब्द लिखा हुआ था.

‘‘अब तुम समझ गए होगे कि मैं ऐसी बातें क्यों कर रही हूं.’’ वह दुखी स्वर में बोली.

मैं वाकई हैरत में था कि वह ऐसी बातें क्यों कर रही थी. मैं कुछ देर उस के चेहरे की तरफ देखता रहा, फिर बोला, ‘‘यह सिर्फ एक हादसा था. तुम्हें इस पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहिए मिस कैलर.’’

‘‘ओह. तुम्हें शायद उस की मौत का कोई गम नहीं है. जबकि शिम्ट तुम्हारा दोस्त था.’’ उस के अंदाज में व्यंग्य साफ झलक रहा था.

‘‘मुझे उस की मौत का बहुत अफसोस है, लेकिन मौत पर किसी का बस तो नहीं है न. यह संगीन इत्तेफाक मेरे साथ भी पेश आ सकता था.’’

‘‘संगीन इत्तेफाक?’’ उस ने सुलगती हुई निगाहों से मेरी तरफ देखा, ‘‘तुम्हें शायद अपने दोस्त से मोहब्बत नहीं, नफरत थी.’’

‘‘तुम गलत सोच रही हो. लेकिन मैं यह जरूर जानना चाहता हूं कि तुम अपने आप को उस की मौत का जिम्मेदारक्यों समझ रही हो?’’

‘‘मेरी पर्ची से तुम समझ चुके होगे कि इस खेल में मेरा किरदार क्या था. मुझे किसी एक को कत्ल करना था. मैं ऊपरी मंजिल पर किसी को तलाश करती रही, लेकिन जब कोई नहीं मिला तो मैं नीचे चली आई. वह दीवार से टेक लगाए खड़ा था. मैं ने मौका पा कर जब उस पर हमला किया तो उस ने कोई विरोध नहीं किया.

‘‘यह देख मैं ने उस का गला दबोच लिया. उसे खत्म करने के बाद मैं वहां से हट गई, ताकि वह दूसरों को सूचना दे सके कि कातिल अपना रोल अदा कर चुका है. लेकिन उस की जगह तुम ने हम लोगों को कत्ल की सूचना दी. क्या ऐसी हालत में मैं यह न समझूं कि उस की मौत मेरे हाथों हुई थी? मैं अपनेआप को उस की मौत की जिम्मेदारी से मुक्त नहीं कर सकती.’’

कैलर खामोश हो कर सिसकियां भरने लगी.

मैं ने परेशानी से दूसरे साथियों की तरफ देखा. वह हम पर ध्यान दिए बिना अपनी बातों में मग्न थे. वैगन शहर की सरहद में दाखिल हो चुकी थी.

पूरब के क्षितिज पर फैलने वाली लाली बता रही थी कि सूरज निकलने ही वाला है. स्टेशन वैगन जैसे ही एक सड़क के मोड़ पर घूमी, कैलर ने ड्राइवर को गाड़ी रोक देने का निर्देश दिया.

कैलर का निवास शहर के एक मध्यमवर्गीय इलाके में था. जबकि यह इलाका शहर की घटिया आबादी वाला था. उस के द्वारा वहां गाड़ी रुकवाने पर मुझे आश्चर्य हुआ. वहां न रोशनी का इंतजाम था और न सफाई पर तवज्जो दी गई थी.

दूर तक कच्चे और बेतरतीब मकान फैले हुए थे. आबादी के शुरू में चर्च था. बस्ती की यह अकेली पक्की इमारत थी. चर्च का कलश, अभीअभी निकले सूरज की किरणों में चमकने लगा था.

कैलर के उतरते ही मैं भी गाड़ी से नीचे उतर आया. उस ने मुड़ कर मेरी तरफ देखा और कुछ कहे बिना तेज कदमों से चर्च की तरफ चल दी.

मैं कुछ देर देखता रहा, फिर खुद भी उस के पीछे चल दिया. जब मैं गली में पहुंचा तो वह चर्च में दाखिल हो रही थी.

मैं चर्च के दरवाजे पर रुक कर उस की तरफ देखने लगा. वह इबादत वाले कमरे में पैर मोड़े बैठी अपने उस गुनाह की माफी मांग रही थी, जो उस की समझ के हिसाब से खेल ही खेल में उस के हाथों हो गया था.

वह खुद को शिम्ट का कातिल समझ रही थी. उसे यकीन था कि उस ने शिम्ट का गला घोंट कर उसे मार डाला था. अगर वह दूसरों के सामने इस बात को प्रकट करती तो मुमकिन था कि वे उस की बात मान लेते, लेकिन कम से कम मैं इस बात को मानने को तैयार नहीं था.

क्योंकि कैलर के गला दबोचने से पहले ही शिम्ट मर चुका था. यह कारनामा तो मैं ने अंजाम दिया था. खेल के शुरू में लाइट औफ होते ही मैं ने बाहर निकल कर उसे दबोच लिया था और हलक से आवाज निकालने का मौका दिए बिना जिंदगी से उस का संबंध खत्म कर दिया था.

दरअसल, मैं लंबे अरसे से किसी ऐसे ही मौके की तलाश में था. उस की खूबसूरत बीवी, जो मुझ से बहुत ज्यादा प्यार करती थी और उस की बेशुमार दौलत, इन दोनों पर कब्जा करने के लिए मुझे इस से बेहतर मौका फिर कभी नहीं मिल सकता था.

और अगर मैं इस सुनहरे मौके से फायदा न उठाता तो मुझ से बड़ा बेवकूफ कोई न होता.  Murder Mystery

 

Crime Thriller : कागज के टुकड़े की चोरी

Crime Thriller. माइकल गार्नर हीरों की स्मगलिंग करता था. उस के हीरे जहाज से समुद्र किनारे बने पाल गिलबर्ट के रेस्टोरेंट में आते थे जिन की डिलिवरी एक मामूली सी रसीद के जरिए माइकल के आदमियों को दे दी जाती थी. पाल गिलबर्ट ने सोचा कि अगर वह रसीद उसे मिल जाए तो वह पूरा माल हड़प सकता है. उस ने नारमन बन कर रसीद चोरी करने का काम निक वेलवेट को सौंपा. निक ने अपना काम कर भी दिया लेकिन…

उस की बाईं आंख काली पट्टी से ढकी हुई थी. लेकिन निक वेलवेट को इस बात पर यकीन नहीं था कि उस की एक आंख नहीं है. शायद उस ने वह पट्टी अपनी शख्सियत को रहस्यमय बनाने के लिए बांध रखी थी. वह औसत कद, आकर्षक शरीर का अधेड़ उम्र का आदमी था. उस का माथा ऊंचा और बाल भूरे थे. वह शेरों के पिंजरे के पास खड़ा लापरवाही से च्युंगम चबा रहा था. निक उस के पास जा कर खड़ा हो गया और पिंजरे में बंद शेर की ओर देखने लगा. चंद पलों तक दोनों में से कोई नहीं बोला. आखिरकार निक को ही पहल करनी पड़ी, ‘‘मिस्टर नारमन आज सुबह हमारी फोन पर बात हुई थी.’’

नारमन ने हां में सिर हिलाया और निक की ओर देखे बिना बोला, ‘‘मिस्टर वेलवेट, तुम 5 मिनट देर से पहुंचे.’’   ‘‘सौरी, मैं ट्रैफिक जाम में फंस गया था.’’

‘‘कोई बात नहीं, मैं बोर नहीं हुआ. जानते हो मैं ने तुम्हें शेरों के पिंजरे के पास मिलने के लिए क्यों कहा था?’’   निक इनकार में सिर हिलाते हुए बोला, ‘‘अगर तुम शेरों का जोड़ा चोरी करवाने के बारे में सोच रहे तो बात खत्म समझो. मैं कीमती चीजें चोरी नहीं करता.’’

‘‘मुझे मालूम है, असल में शेर मेरा आइडियल जानवर है. शेरों को देख कर मेरे अंदर हिम्मत और हौसला पैदा होता है.’’   ‘‘हम यहां कुछ और बात करने के लिए मिले हैं.’’ निक ने उसे याद दिलाया.

‘‘ठीक है, हम मुद्दे की बात करते हैं. मैं तुम से एक कागज का टुकड़ा चोरी करवाना चाहता हूं.’’

निक को आश्चर्य नहीं हुआ. क्योंकि वह इस से भी साधारण चीजें चोरी कर चुका था. फिरभी उस ने बात को और साफ करने के लिए पूछा, ‘‘किस तरह का कागज? मेरा मतलब कोई डाक्युमेंट, वसीयतनामा या कानूनी कागज?’’

‘‘महज एक कागज का टुकड़ा.’’ नारमन ने दोहराया, ‘‘जिस का साइज करीब 5 स्क्वायर इंच है और उसे एक पुरानी डायरी से फाड़ा गया है. पुराना होने की वजह से कागज पीला पड़ गया है.’’

‘‘क्या किसी खजाने का नक्शा है?’’ निक ने हलके व्यंग्य में पूछा, तो नारमन की नजर आने वाली इकलौती आंख में गुस्सा झलकने लगा. वह बोला, ‘‘जिस आदमी ने तुम्हारा परिचय कराया था, उस ने कहा था कि तुम ज्यादा सवाल नहीं करते.’’

‘‘उस ने ठीक कहा था.’’ निक बोला, ‘‘फिर भी मैं कोई काम हाथ में लेने से पहले इस बात की तसल्ली करना जरूरी समझता हूं कि जिस चीज को चोरी किए जाने के लिए कहा जा रहा है वह कीमती तो नहीं है.’’

‘‘जब तुम कागज के उस टुकड़े को देखोगे तो खुद समझ जाओगे कि वह कीमती नहीं है न ही उस पर किसी खजाने का नक्शा बना है. उसे एक पुरानी डायरी से फाड़ा गया है और उस के ऊपर तारीख और सन वगैरह छपा हुआ है. जैसे कि आमतौर पर डायरी के पन्नों पर छपा होता है.’’

‘‘ओ.के., तुम्हें यह तो मालूम होगा कि मेरी फीस 25 हजार डौलर है.’’

‘‘हां मुझे मालूम है.’’ नारमन ने कहा और जेब से एक लिफाफा निकाल कर निक के हाथ पर रख दिया, ‘‘इस में पेशगी के 10 हजार डौलर हैं. बाकी रकम काम पूरा होने के बाद. और हां, एक जरूरी बात. आज महीने की 10 तारीख है, 15 तारीख तक कागज का वह टुकड़ा मेरे हाथ में होना चाहिए.’’   ‘‘कागज कहां है?’’

नारमन ने जेब से एक तसवीर निकाल कर निक को देते हुए कहा, ‘‘यह उस मकान की तसवीर है जिस के अंदर से तुम्हें वह कागज का टुकड़ा चोरी करना है. यह मकान शहर के बाहरी इलाके में है. तसवीर के पीछे मकान का पता लिखा हुआ है.’’

निक ने तसवीर ले कर उस का मुआयना किया. वह एक बड़ा और मार्डन शैली का मकान था. चारों तरफ हरेभरे पेड़ और फूलों से लदे पौधे खड़े थे. निक की आंखें सोचने के अंदाज में सिकुड़ गईं. इतने बड़े मकान में कागज का एक छोटा सा टुकड़ा तलाश करना वाकई बहुत मुश्किल काम था.

‘‘इस इमारत के अंदर 3 लोग रहते हैं और उन के साथ उन के 2 नौकर हैं. मकान मालिक का नाम माइकल गार्नर है. जिस कागज के टुकड़े का मैं जिक्र कर रहा हूं उस के बारे में माइकल के अलावा कोई और नहीं जानता. यह मालूम करना तुम्हारा काम है कि कागज का वह टुकड़ा माइकल के पर्स में रखा हुआ है या घर के अदंर किसी जगह पर. वैसे मेरे अंदाजे के मुताबिक वह कागज का टुकड़ा 2 जगह पर हो सकता है, माइकल की जेब में या उस के स्टडी रूम में.’’

‘‘काफी मुश्किल काम मालूम होता है.’’ निक ने कहा.   ‘‘एक बात और बता दूं कि रात के ठीक 11 बजे इमारत के दरवाजे और खिड़कियों पर लगा हुआ सिक्योरिटी अलार्म औन कर दिया जाता है. इस अलार्म का संपर्क पुलिस हेडक्वार्टर से है.’’

निक ने लिफाफा खोल कर अंदर नजर डाली. उस में 100 डौलर वाले नोटों की पूरी गड्डी थी. निक ने स्वीकारोक्ति में सिर हिलाया. लिफाफा जेब में डाला और नारमन को बाय कह कर चला गया. पार्किंग में गिलोरिया कार के अंदर उस का इंतजार कर रही थी. निक दरवाजा खोल कर ड्राइविंग सीट पर जा बैठा और इंजन स्टार्ट करने लगा.

‘‘क्या बात है निक?’’ गिलोरिया ने पूछा, ‘‘तुम कुछ खोएखोए से लग रहे हो. चिडि़याघर के अंदर कोई विचित्र जानवर तो नहीं देख लिया?’’   ‘‘कुछ ऐसा ही समझ लो.’’ निक कार को गियर में डालते हुए बोला, ‘‘इंसान से बढ़ कर विचित्र जानवर कोई नहीं है.’’

थोड़ी देर बाद कार हाइवे पर दौड़ने लगी. गिलोरिया ने उस से पूछा, ‘‘हम कहां जा रहे हैं?’’   ‘‘कुछ पल खुली हवा में सांस लेना चाहता हूं.’’ निक ने कहा, ‘‘शहर की हवा बड़ी दूषित है.’’

गिलोरिया ने कोई और सवाल नहीं किया. वह समझ गई कि निक ने कोई काम हाथ में लिया है. 25 मिनट के बाद उन की कार एक सफेद रंग की मार्डन इमारत के सामने पहुंच गई. निक ने जेब से तसवीर निकाल कर देखी और संतुष्टि के भाव से सिर हिलाते हुए तसवीर जेब में रख ली. वह बिलकुल ठीक जगह पहुंचा था. उस ने कार को इमारत से 50 मीटर दूर पार्क किया और इंजन बंद कर के बाहर निकल गया.

‘‘मैं अभी आता हूं.’’ उस ने गिलोरिया से कहा और लापरवाही से गली में घुस गया. वह साफसुथरा पौश इलाका था. वहां सारे बंगले लाइन में बने हुए थे. गली काफी चौड़ी और सुनसान थी. जिस बंगले की तसवीर उस की जेब में थी उस का मुख्य दरवाजा मजबूत लोहे की सलाखों का बना हुआ था. दरवाजे के साइड में 2 नाम लिखे हुए थे. उन में एक संगमरमर के स्तंभ पर लिखा हुआ था और दूसरा नाम उस के नीचे लगी नेम प्लेट पर. नेम प्लेट पर लिखा नाम माइकल गार्नर था.

निक ने सोचा कि माइकल या तो उस बंगले में किराएदार है या उस ने वह बंगला हाल ही में खरीदा है. वह नेम प्लेट देखता हुआ थोड़ा आगे बढ़ गया और फिर वापस लौट आया. उसी वक्त बंगले का मुख्य दरवाजा खुला और अंदर से एक काली मर्सिडीज निकलती दिखाई दी. ड्राइविंग सीट पर एक स्वस्थ और अच्छी शक्लोसूरत का आदमी बैठा था. सफेद बाल और उम्र लगभग 60 साल.

पीछे की सीट पर उस से आधी उम्र की एक खूबसूरत औरत बैठी थी. निक अपनी कार में आ बैठा और उस ने मर्सिडीज का पीछा शुरू कर दिया. दूरी थोड़ी ज्यादा थी, जब वह गली के मोड़ पर पहुंचा तो मर्सिडीज नजरों से ओझल हो गई.

उसी रोज रात के 10 बजे निक ईस्ट हारलम के इलाके में जा पहुंचा. वह एक बदनाम इलाका था, शरीफ आदमी रात के समय वहां जाते हुए डरते थे. निक अपनी कार सबवे स्टेशन के पास खड़ी कर के पैदल ही एक ओर चल दिया. थोड़ी दूर चलने के बाद उस ने महसूस किया कि लफंगे टाइप के 2 युवक उस का पीछा कर रहे हैं.

वह जानबूझ कर एक अंधेरी गली में घुस गया. वे दोनों युवक उस के बिलकुल पास पहुंच गए. तभी एक ने उस के बाईं ओर के कंधे से कंधा टकराया. निक ने उस की ओर देखा तो दाईं ओर वाला उस के साथ रगड़ खाता हुआ आगे निकल गया. अगर निक इस ड्रामे के लिए तैयार न होता तो उसे हरगिज पता नहीं चलता कि दाईं ओर वाला युवक उस की पैंट की पिछली जेब से पर्स निकाल चुका है.

‘‘रुक जाओ.’’ निक ने जल्दी से आवाज लगाई, ‘‘पर्स खाली है, कुछ नहीं है उस में.’’

यह सुनते ही वे दोनों रुके और बाईं ओर वाले युवक ने कमानीदार चाकू निकाल लिया. हलके अंधेरे के बावजूद निक ने बड़ी फुरती से उस की बांह पकड़ कर चाकू छीन लिया. दूसरा युवक अपने साथी की मदद के लिए तेजी से आगे बढ़ा तो निक ने उस के पेट पर घुटने से जोरदार वार किया. वह तेज दर्द से कराहता हुआ दोहरा हो गया. उन दोनों को शायद यह बिलकुल उम्मीद नहीं थी कि शरीफ सा दिखने वाला वह आदमी जवाबी हमला कर देगा. इसलिए दोनों बौखला गए. निक ने अभी तक पहले वाले युवक की बांह नहीं छोड़ी थी. उस ने चाकू की नोक उस की गरदन से लगाते हुए कहा, ‘‘मैं बिजनेस की बात करना चाहता हूं.’’

‘‘कैसा बिजनेस? हमारी जेबें बिलकुल खाली हैं, तुम्हें कुछ हासिल नहीं होगा.’’   ‘‘जानता हूं, तुम दोनों कंगले हो.’’   ‘‘ओह, मेरी बांह तो छोड़ो.’’

‘‘चुपचाप मेरी बात सुनो.’’ निक ने उसे डांटा, ‘‘यह बताओ, चौबीस घंटों के अंदर 5 सौ डौलर कमाने के बारे में क्या खयाल है?’’   ‘‘24 घंटे के अंदर 5 सौ डौलर?’’ दोनों एकसाथ बोले, ‘‘काम क्या है?’’

‘‘काम ज्यादा मुश्किल नहीं है.’’ कहते हुए निक ने उस युवक की बांह छोड़ दी. फिर कहा, ‘‘तुम्हें एक आदमी की जेब से पर्स निकालना और वापस डालना है.’’

‘‘निकालने वाली बात तो समझ में आती है, लेकिन वापस डालने का क्या मतलब?’’   ‘‘समझ लो यह तुम्हारे हुनर की परीक्षा है. 5 सै डौलर तुम्हें इसी काम के मिलेंगे.’’

‘‘तुम ने हमारा हुनर देखा ही कहां है, हम एक बार नहीं 10 बार पर्स निकाल कर डाल सकते हैं. लेकिन परेशानी यह है कि पर्स में 25-50 डौलर से ज्यादा नहीं निकलते. आजकल आमतौर पर लोगों की जेब में के्रडिट कार्ड होते हैं. बड़े लोगों ने जेबों में कैश रखना छोड़ दिया है. वैसे हमें अपने हुनर का प्रदर्शन कब और कहां करना होगा?’’

निक ने उन्हें विस्तार से सब कुछ समझा दिया. उन के नाम बर्ट और विकी थे.

अगले दिन 11 बज कर 10 मिनट पर माइकल गार्नर ने अपनी कार पार्किंग में खड़ी की और नजदीकी शौपिंग प्लाजा की ओर बढ़ गया. निक की कार भी उस के पीछेपीछे पार्किंग में दाखिल हुई थी. बर्ट और विकी नाम के देनों युवक पिछली सीट पर बैठे थे. तीनों लगभग 2 घंटे से माइकल का पीछा कर रहे थे. अब वह मौका उन के सामने था जिस की उन्हें तलाश थी. निक के इशारे पर बर्ट और विकी कार से निकल कर माइकल के पीछे चल दिए. निक वहां नहीं रुका. उस ने अपनी कार पार्किंग से बाहर निकाल कर शौपिंग प्लाजा की ओर मोड़ दी. वह उन के ज्यादा से ज्यादा करीब रहना चाहता था. चंद पलों के बाद उस ने अपनी कार प्लाजा के सामने रोक दी.

बर्ट और विकी निक की उम्मीद से ज्यादा तेज साबित हुए. उन्होंने उस समय माइकल का पर्स पार कर लिया, जब वह स्टोर के अंदर दाखिल हो रहा था. विकी उस के पीछे ही रहा जबकि बर्ट पर्स ले कर निक के पास पहुंच गया. पर्स के अंदर लगभग डेढ़ सौ डौलर, क्रेडिट कार्ड, आइडिंटी कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन विजिटिंग कार्ड और एक मुड़ा हुआ कागज था. निक ने कागज निकाल कर पर्स यह कह कर बर्ट को वापस दे दिया कि उसे फिर से उसी की जेब में डाल दे.

बर्ट पर्स लेते हुए बोला, ‘‘तुम ने केवल इस कागज के लिए 5 सौ डौलर खर्च किए हैं?’’   ‘‘तुम अपने काम से मतलब रखो.’’ निक ने कहा, ‘‘पर्स से बिना कोई चीज निकाले इसे वापस माइकल की जेब में डाल देना.’’

‘‘और हमारा मेहनताना?’’ बर्ट ने कहा तो निक ने जेब से 2 सौ डौलर निकाल कर उस के हाथ पर रख दिए. बोला, ‘‘3 सौ डौलर काम पूरा होने पर. और हां, जरा जल्दी करो. कहीं वह वापस न चला जाए. मैं भी तुम्हारे पीछे ही आ रहा हूं.’’

बर्ट 2 सौ डौलर जेब में रख कर वापस चल दिया. निक कार से बाहर निकला और थोड़े फासले से उस के पीछे चलने लगा. स्टोर के दरवाजे पर पहुंच कर बर्ट ने पर्स की नकदी अपनी जेब में डाल ली लेकिन निक से उस की यह हरकत नहीं छुप सकी. माइमल अभी तक स्टोर के अंदर ही था. बर्ट ने विकी को इशारा किया और माइकल के पीछे पहुंच गया.

चंद पलों तक वह उस के पीछे चलता रहा. फिर मौका देख कर उस ने पर्स उस की जेब में डालने की कोशिश की. तभी अचानक माइकल घूमा और उस ने बर्ट की कलाई पकड़ ली. उस ने शोर मचाया तो शौपिंग प्लाजा के कोने पर खड़ा सिक्योरिटी गार्ड फौरन उस की मदद के लिए पहुंच गया. यह देख कर विकी ने वहां से खिसक जाने में ही भलाई समझी. निक भी तुरंत मुड़ गया क्योंकि अब वहां रुकना खतरनाक था.

निक कार के पास पहुंचा तो विकी वहां खड़ा उस का इंतजार कर रहा था. उस ने निक को देखते ही कहा, ‘‘बर्ट पकड़ लिया गया है.’’   ‘‘मुझे मालूम है. उस ने मेरे मना करने के बावजूद भी पर्स से पैसे निकाल लिए. यह बात मुझे पसंद नहीं आई.’’

‘‘अब हमारे मेहनताने का क्या होगा?’’   ‘‘उसूली तौर पर तो तुम्हें कोई मेहनताना नहीं मिलना चाहिए. क्योंकि तुम लोगों ने वादे के मुताबिक काम नहीं किया.’’ इस के साथ ही उस ने सौ डौलर निकाल कर विकी के हाथ पर रखते हुए कहा, ‘‘2 सौ डौलर बर्ट को दे चुका हूं. ये सौ डालर तुम्हारे हैं.’’

‘‘लेकिन बात 5 सौ डौलर की हुई थी.’’   ‘‘हां, लेकिन काम पूरा होने की स्थिति में. इन्हें रखो और चलते बनो. वरना पुलिस तुम तक भी पहुंच सकती है.’’

विकी ने सौ डौलर ले कर जेब में डाले और बड़बड़ाते हुए एक ओर चल दिया. निक कार में बैठा और इंजन स्टार्ट कर के गाड़ी आगे बढ़ा दी.

जब वह घर पहुंचा तो गिलोरिया मौजूद नहीं थी. उस ने यह सोचते हुए जेब से कागज निकाला कि उस की उम्मीद के विपरीत जल्दी काम पूरा हो गया. लेकिन कागज खोल कर देखा तो उस की उम्मीदों पर पानी फिर गया. वह किसी पुरानी डायरी का कागज नहीं था. उस का साइज भी अलग था. निक ने मायूसी के साथ सिर को झटका और कागज को फाड़ने का इरादा किया. तभी उस की नजर कागज पर लिखे हुए पते पर पड़ी. लिखा था : पाल गिलबर्ट, कमोडोर रेस्टोरेंट, कोस्ट रोड.   निक कुछ देर तक सोचता रहा. फिर वह कार में बैठ कर कोस्ट रोड की तरफ रवाना हो गया.

कमोडोर रेस्टोरेंट समुद्र के किनारे एक छोटा सा रेस्तरां था. काउंटर के पीछे एक मोटी सी औरत एप्रिन बांधे खड़ी थी. रेस्टोरेंट करीबकरीब खाली पड़ा था. एक कोने में कुछ शिपमैन बैठे थे. निक ने काउंटर के पास पड़े एक स्टूल पर बैठ कर कौफी का आर्डर दिया. औरत ने कौफी का कप भर कर उस के सामने रख दिया और जिज्ञासा भरी नजरों से उस की ओर देखने लगी.

‘‘तुम शायद पहली बार यहां आए हो?’’ औरत ने पूछा तो निक बोला, ‘‘हां, दरअसल मेरे एक दोस्त ने बताया था कि यहां सी-फूड बहुत अच्छा मिलता है.’’   ‘‘थैंक्स, क्या नाम है तुम्हारे दोस्त का?’’

निक ने थोड़ा रुक कर कहा, ‘‘माइकल गार्नर.’’   ‘‘माइकल गार्नर?’’ औरत ने थोड़ा चौंकते हुए पूछा, ‘‘तुम उसे कैसे जानते हो?’’

‘‘हमारी मुलाकात एक बिजनैस फंक्शन के दौरान हुई थी.’’ निक आंख दबाते हुए बोला, ‘‘हमारी लाइन एक ही है. उम्मीद है, तुम मेरा मतलब समझ गई होगी.’’

वह औरत भौएं सिकोड़ कर निक को घूरने लगी. एक लंबी चुप्पी के बाद उस ने पूछा, ‘‘क्या तुम्हें माइकल ने भेजा है?’’

सुन कर निक चौंका, लेकिन उस ने जाहिर नहीं होने दिया. उस ने थोड़ा सा ड्रामा करने का फैसला किया. वह कौफी की चुस्कियां लेते हुए बोला, ‘‘माइकल ने पाल गिलबर्ट का नाम लिया था.’’

‘‘पाल मेरा पति है और बिलकुल बुद्धू है. मैं खुद माइकल से बात करना चाहती थी लेकिन परेशानी यह है कि वह कभी सामने नहीं आता. मैं ने आज तक उस की शक्ल नहीं देखी. वह पाल की सादगी से नाजायज फायदा उठा रहा है.’’

निक बड़ी मुश्किल से उस की बात को पचा गया. वह सोचने लग. अगर इस औरत ने माइकल की शक्ल नहीं देखी तो इस का मतलब माइकल ने कभी इस रेस्टोरेंट में कदम नहीं रखा था.

‘‘तुम माइकल के बजाय मुझ से बात कर सकती हो.’’ निक ने कहा, ‘‘मुझे निकोलस कहते हैं.’’   औरत धीमे स्वर में बोली, ‘‘माइकल से कह देना कि हम सिर्फ एक हजार डौलर के लिए इतना बड़ा खतरा मोल नहीं ले सकते.’’

‘‘मेरे ख्याल में तो एक हजार डौलर बहुत होते हैं.’’ निक ने अंधेरे में तीर चलाया. उसे इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि वह औरत किस मामले की बात कर रही है.   ‘‘असल खतरा तो हम मोल लेते हैं. अगर कभी छापा पड़ गया तो माइकल का क्या नुकसान होगा? ज्यादा से ज्यादा एक पैकेज पकड़ा जाएगा. सारी मुसीबत तो हम पर आ पड़ेगी.’’

निक ने गहरी सांस ली. एक बात साफ हो गई थी कि मामला स्मगलिंग से संबंधित था.   ‘‘मैं माइकल से बात करुंगा,’’ निक ने कहा, ‘‘तुम्हारे खयाल में कितने पैसे ठीक रहेंगे?’’

‘‘कम से कम 3 हजार डौलर.’’   ‘‘यह तो बहुत ज्यादा हैं. बहरहाल, माइकल से बात करुंगा. मैं पैकेज के बारे में पूछना चाहता था.’’

‘‘मेरा खयाल है, यह बात माइकल को मालूम होनी चाहिए. आखिरी सूचना के अनुसार जहाज 15 तारीख को रात के किसी समय बंदरगाह पहुंचेगा. इस का मतलब डिलीवरी 16 या 17 तारीख को होगी.’’

निक ने कौफी का आखिरी घूंट लिया, पैसे निकाल कर काउंटर पर रखे और जाने के लिए खड़ा हो गया. जातेजाते उस ने कहा, ‘‘ओ.के. मिसेज गिलबर्ट. फिर मुलाकात होगी.’’

बाहर निकलकर निक अपनी कार में जा बैठा जो रेस्टोरेंट से कुछ दूरी पर सड़क के दूसरी ओर खड़ी थी. कुछ देर तक वह ड्राइविंग सीट पर बैठा परिस्थितियों पर विचार करता रहा. जाहिर था कोई चीज पानी के जहाज पर स्मगल कर के कमोडोर रेस्टोरेंट में पहुंचाई जाती थी और वहां से माइकल का कोई कारिंदा उसे वसूल कर लेता था. और इस थोड़ी सी सेवा के बदले पाल गिलबर्ट एक हजार डौलर कमा लेता था. सौदा ज्यादा बुरा नहीं था.

निक ने इंजन स्टार्ट कर के कार को गियर में डाल दिया. उसी समय उस ने कमोडोर रेस्टोरेंट के सामने एक स्टेशन वैगन को रुकते हुए देखा. उस की ड्राइविंग सीट पर नारमन बैठा था. उस समय उस की आंख पर काली पट्टी के बजाय धूप का चश्मा था. निक ने अर्थपूर्ण भाव में सिर हिलाया और रुके बगैर बढ़ गया.

अगले दिन जब निक ने माइकल गार्नर के घर की कालबेल बजाई तो एक 30-32 साल की औरत ने दरवाजा खोला. वह वैलडे्रस्ड और आकर्षक औरत थी. उस ने सवालिया नजरों से निक और गिलोरिया की ओर देखा. निक के कंधे पर कैमरे लटक रहे थे. जबकि गिलोरिया एक मुस्तैद फीचर राइटर लग रही थी.

‘‘सौरी, मिस्टर माइकल घर पर नहीं हैं.’’ औरत ने उन दोनों को देखते ही कहा.

यह बात निक और गिलोरिया को पहले से ही मालूम थी. सच तो यह था कि उन्हें इस मौके के लिए डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा था. वो औरत उस घर की हाउसकीपर थी. निक ने जेब से एक कार्ड निकाल कर उस औरत के हाथ में दिया.

उस कार्ड के अनुसार निक घरेलू नौकरों की एक संस्था का प्रतिनिधि था. विजिटिंग कार्ड उस ने फौरी तौर पर आर्डर दे कर तैयार करवाए थे.

‘‘मैं किसी संस्था की सदस्य नहीं बनना चाहती.’’ औरत ने कार्ड वापस करते हुए कहा तो निक 5 डौलर का नोट निकाल कर औरत की ओर बढ़ाते हुए बोला, ‘‘हम तुम्हें संस्था का सदस्य बनाने नहीं आए. हम घरों में काम करने वाले नौकरों के बारे में सर्वे कर रहे हैं और तुम से कुछ सवाल करना चाहते हैं.’’

औरत असमंजस की नजरों से नोट की तरफ देखने लगी.

‘‘हम तुम्हारा ज्यादा समय नहीं लेंगे. कुछ सवाल करेंगे और कुछ फोटो खींचेंगे. ज्यादा से ज्यादा 15-20 मिनट लगेंगे. ये फोटो महिलाओं की मैगजीन में प्रकाशित की जाएंगी.’’

फोटो छपने की बात सुनते ही औरत की आंखें चमकने लगीं. ऐसा लगता था जैसे वह लंबे समय से किसी ऐसे मौके की तलाश में थी. उस ने निक के हाथ से नोट ले कर मुट्ठी में दबा लिया और दोनों को अपने पीछे आने का इशारा करती हुई किचन में पहुंच गई.

उस ने बताया कि उस का नाम मिसेज जून व्हीलर है और वह पिछले 6 महीने से अपने पति डिक व्हीलर के साथ वहां काम कर रही है. उन दोनों का वेतन ठीकठाक था और काम भी ज्यादा नहीं था. माइकल वहां अपनी दूसरी पत्नी और तलाकशुदा बेटी के साथ रहता था.

‘‘क्या यह मिस्टर माइकल का निजी मकान है?’’ निक ने पूछा.   ‘‘हां, यह मकान उन्होंने हाल ही में खरीदा है. इस से पहले वह कैलिफोर्निया में रहते थे.’’

निक को इन बातों में कोई दिलचस्पी नहीं थी. वह जल्दी से अपना काम पूरा कर के वहां से निकल जाना चाहता था. लेकिन वह यह भी नहीं चाहता था कि उस औरत के दिमाग में कोई शक पैदा हो.

‘‘मिसेज व्हीलर, क्या तुम अपनी जिंदगी से संतुष्ट हो?’’ निक ने पूछा.

‘‘मैं ने कभी इस तरह की जिंदगी के बारे में सोचा भी नहीं था.’’ उस ने कहा, ‘‘यह कोई जिंदगी है. 15 साल पहले जब मैं इस शहर में आई थी तो टीवी स्टार बनना चाहती थी. मैं सुंदर थी, आकर्षक थी, एक्टिंग के बारे में बहुत कुछ जानती थी और हर तरह से फिल्म स्टार बनने की योग्यता रखती थी.’’

‘‘सुंदर और आकर्षक तो तुम अब भी हो.’’ निक ने कहा, ‘‘आखिर ऐसा क्या हुआ कि तुम्हें टीवी स्टार बनने का मौका नहीं मिला?’’

‘‘मेरी बदकिस्मती.’’ वह गहरी सांस लेती हुई बोली, ‘‘शुरू में मैं ने कुछ कमर्शियल विज्ञापन फिल्मों में काम किया भी, लेकिन 16 साल की उम्र में एक 40 साल के लेखक के चक्कर में फंस गई. वह सुनहरे सपने दिखा कर मुझे शो बिजनैस से बहुत दूर ले गया. और जब मेरा रंग फीका पड़ने लगा तो उस ने मुझे धक्का दे दिया.’’

‘‘ओह, यह तो बड़े दुख की बात है.’’ निक ने कहा, ‘‘लेकिन मुझे विश्वास है कि हमारी उतारी हुई कोई तसवीर जरूर किसी प्रोड्यूसर को आकर्षित करने में कामयाब रहेगी. हम तुम्हारे विभिन्न पोज उतारेंगे. कुछ किचन में, एक सिटिंग रूम में काम करते हुए, एक बेडरूम में और एक स्टडी में पढ़ते हुए. क्यों न पहले किचन में पोज ले लिए जाएं.’’ उस ने कैमरा फोकस किया और अलगअलग अंदाज से मिसेज व्हीलर के कुछ फोटो लिए.

‘‘उम्मीद है, तुम इन फोटो की एक कापी मुझे भी भिजवाओगे.’’   ‘‘जरूर, मैगजीन की एक कापी भी भिजवाई जाएगी. अब दूसरे कमरों की कुछ फोटो हो जाएं.’’

मिसेज व्हीलर दोनों को रास्ता दिखाते हुए पहले सिटिंग रूम और फिर बैडरूम में ले गई. बैडरूम में फोटो उतारते समय निक ने ज्यादा समय लिया. इस मौके का फायदा उठाते हुए गिलोरिया ने साइड टेबल की दराज देख डालीं. फिर उस ने निक की तरफ देख कर मायूसी के साथ सिर हिलाया. दराजों से वह कागज नहीं मिला जिस की उन्हें तलाश थी.

कुछ देर बाद वे स्टडी में पहुंच गए. निक डर रहा था कि कहीं माइकल वापस न आ जाए. अचानक उसे खयाल आया तो उस ने कहा, ‘‘मिसेज व्हीलर. यहां फोटो उतरवाने से पहले थोड़ा सा मेकअप कर लो. यह वह तसवीरें होंगी जो जरूर किसी प्रोड्यूसर को अपनी तरफ आकर्षित करेंगी. उस के नीचे लिखा जाएगा कि मिसेज जून व्हीलर को स्टडी का बहुत शौक है. वह अपना बचा हुआ समय स्टडी में गुजारती हैं.’’ फिर उस ने गिलोरिया से कहा, ‘‘गिलोरिया, तुम मिसेज व्हीलर का मेकअप करने में मदद करो.’’

गिलोरिया ने सहमति में सिर हिलाया और जून व्हीलर के साथ दूसरे कमरे में चली गई. उस के जाते ही निक ने दराजों की तलाशी लेनी शुरू कर दी. खुशकिस्मती से वह कागज जो उसे चाहिए था ऊपर वाली दराज में ही मौजूद था.

उस कागज को सन 1950 की डायरी से फाड़ा गया था. पुराना होने की वजह से उस में पीलापन आ गया था. अलबत्ता उस का साइज 5 स्क्वायर इंच ही था. उस पर टूटेफूटे अक्षरों में कोई वाक्य लिखा था जो निक की समझ में नहीं आया. निक ने उसे तह कर के जेब में रखा और मिसेज व्हीलर की वापसी का इंतजार करने लगा.

उस का काम खत्म हो चुका था और अब वह जल्द से जल्द वापस जाना चाहता था. कुछ देर बाद मिसेज व्हीलर वापस आ गई, गिलोरिया भी साथ थी.

निक ने उस के हाथ में एक सुंदर जिल्द वाली किताब थमा दी और अलगअलग कोणों से कुछ फोटो लिए. फिर वह अपना कैमरा बंद करते हुए बोला, ‘‘धन्यवाद मिसेज व्हीलर, हम ने तुम्हारा बहुत समय बरबाद कर दिया है.’’   ‘‘कोई बात नहीं.’’ मिसेज व्हीलर ने कहा और दोनों को दरवाजे तक छोड़ने आई.

निक दरवाजे के पास रुकता हुआ बोला, ‘‘मिसेज व्हीलर, मिस्टर माइकल से हमारा जिक्र मत करना. ये पैसे वाले लोग हमारी संस्था को पसंद नहीं करते.’’   ‘‘चिंता मत करो, मैं मिस्टर माइकल को हवा भी नहीं लगने दूंगी.’’

कुछ देर बाद निक की कार हाइवे पर दौड़ रही थी.

‘‘काम हो गया है.’’ निक ने जेब से कागज निकाल कर गिलोरिया को दिखाते हुए कहा, ‘‘यह है वह कागज जिस के लिए यह सारी मुसीबत उठानी पड़ी.’’

गिलोरिया ने हैरत से कागज को देखते हुए कहा, ‘‘विश्वास नहीं होता कि कोई आदमी इस कागज के लिए 25 हजार डौलर खर्च कर सकता है.’’

अपार्टमेंट पहुंच कर निक ने नारमन को फोन किया, ‘‘मिस्टर नारमन, मैं निक वेलवेट बोल रहा हूं, तुम्हारा काम हो गया है.’’

‘‘वंडरफुल,’’ दूसरी ओर से नारमन की आवाज सुनाई दी, ‘‘रात के ठीक 10 बजे सैंट्रल पार्क में मिलो. मैं उत्तरपश्चिमी कोने में तुम्हारा इंतजार करूंगा.’’   ‘‘सैंट्रल पार्क.’’ निक ने हैरानी से कहा, ‘‘क्या हम किसी बेहतर जगह पर मुलाकात नहीं कर सकते?’’

‘‘मैं ने एहतियात के तौर पर इस जगह को चुना है. मैं बाकी की रकम के साथ वहां मौजूद रहूंगा. किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है. ठीक 10 बजे उत्तरीपश्चिमी कोने में.’’

निक ने फोन बंद कर दिया और जेब से कागज निकाल कर उसे गौर से देखने लगा. उस पर टूटेफूटे अक्षरों में कोई अर्थविहीन वाक्य लिखा था. उस के नीचे मकड़ी की शक्ल से मिलतीजुलती कोई तस्वीर बनी थी. यह भी संभव था कि वह किसी के हस्ताक्षर रहे हों. निक ने जेब से लैंस निकाला और कागज पर लिखे वाक्य का अर्थ समझने की कोशिश करने लगा.

सैंट्रल पार्क के उत्तरपश्चिमी कोने में हलका अंधेरा छाया हुआ था. आसपास फैली गगनचुंबी इमारतों की खिड़कियों से निकलता मद्धिममद्धिम प्रकाश वहां पहुंच रहा था, मगर फिर भी घने पेड़ों के नीचे अंधेरा था. ठीक 10 बजे निक ने पार्क में कदम रखा और सावधानीपूर्वक उत्तरपश्चिमी कोने की ओर बढ़ा. उस की तेज नजरें चारों ओर का जायजा ले रही थीं. पेड़ों के अंधेरे में पहुंच कर वह रुका और हौले से नारमन को आवाज दी. यकायक उसे हलकी आहट सुनाई दी. वह आवाज की दिशा में मुड़ने का इरादा कर ही रहा था कि उसे अपनी कमर में कोई ठोस चीज चुभती हुई महसूस हुई. वह पत्थर की तरह अपनी जगह पर जम गया.

‘‘कोई हरकत मत करना.’’ किसी ने उस के कान में धीमे से कहा, ‘‘तुम्हारी कमर में जो चीज चुभ रही है वह 28 बोर की साइलेंसर लगी पिस्तौल की नाल है.’’   ‘‘मैं इस हरकत का मतलब नहीं समझा, मिस्टर नारमन?’’ निक ने कहा.   उसी वक्त एक आदमी निक के सामने पहुंच गया और जल्दी से उस की जेब से पर्स निकाल लिया.

‘‘हमें उलझाने की कोशिश मत करो.’’ उस व्यक्ति ने कहा, ‘‘यहां कोई नारमन नहीं है.’’   ‘‘तुम कौन हो?’’

‘‘इतने अंजान मत बनो.’’ पर्स निकालने वाले ने कहा, ‘‘हमें बस माल चाहिए, इत्मिनान से खड़े रहोगे तो तुम्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाएंगे.’’   ‘‘मैं इत्मिनान से ही खड़ा हूं.’’ निक ने कहा, ‘‘अपने हाथपैर गंदे करने का मेरा कोई इरादा नहीं है.’’

‘‘इसी में समझदारी भी है. ’’ वह आदमी पर्स से कैश निकालते हुए बोला. फिर उस ने चौंक कर कहा, ‘‘अरे, तुम तो बिलकुल ही कंगले मालूम होते हो. इस में तो एक समय के खाने के पैसे भी नहीं हैं.’’

निक के होंठों पर हलकी सी मुसकराहट आ गई. घर से चलते समय उस ने पर्स से कैश और पहचान पत्र आदि निकाल दिए थे. पर्स में केवल 3 डौलर और कुछ सिक्के ही थे.

‘‘अगर बात खाने की है तो मेरे साथ चलो.’’ निक ने कहा, ‘‘मेरे फ्रिज से 2 आदमियों का खाना तो निकल ही जाएगा.’’   ‘‘शटअप, हम इतने भी मूर्ख नहीं हैं. जौनी, जरा इस की जेबें भी देख लेना. पर्स में काम की कोई चीज नहीं है.’’ उस ने अपने साथी से कहा.

निक समझ गया कि उन्हें पुरानी डायरी के टुकड़े की तलाश है. मगर उस ने कोई विरोध नहीं किया. उस आदमी ने बहुत फुर्ती से उस की सारी जेबें देख डालीं और आखिरकार अंदरूनी जेब से एक तह किया हुआ कागज निकाल लिया.

‘‘यह…यह क्या कर रहे हो?’’ निक ने जल्दी से कहा, ‘‘यह कागज तुम्हारे काम का नहीं है.’’   ‘‘शट अप.’’ पीछे वाले आदमी ने कहा और पिस्तौल का हत्था उस के सिर पर दे मारा. इस के साथ ही निक की आंखों के सामने नीलेपीले तारे नाच गए और वह जमीन पर ढेर हो गया.

जब निक को होश आया तो एक आदमी उस के ऊपर झुका हुआ था. वह कपड़े झाड़ते हुए उठ कर खड़ा हो गया.

‘‘तुम तो ठीक हो.’’ अजनबी ने हैरानी से कहा, ‘‘मैं तो एंबुलेंस के लिए फोन करने वाला था.’’   ‘‘धन्यवाद, जरा नींद का झोंका आ गया था.’’ निक ने कहा और चोट वाली जगह पर हाथ फेराते हुए गेट की ओर चल दिया. कार में बैठने के बाद उस ने जुराब हटा कर देखी तो असली कागज मौजूद था.

निक की आशा के अनुरूप एक घंटे बाद नारमन का फोन आ गया.

‘‘मिस्टर वेलवेट.’’ उस ने कहा, ‘‘मेरी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया था इसलिए मैं नियत जगह पर नहीं पहुंच सका.’’

‘‘मेरा भी एक्सीडेंट हो गया है.’’   ‘‘क्या?’’ नारमन के लहजे में हैरत थी.

‘‘मेरा मतलब है कि मेरे साथ दुर्घटना हो गई है.’’ निक ने सफाई देते हुए कहा, ‘‘मैं पार्क में तुम्हारा इंतजार कर रहा था कि 2 बदमाशों ने मुझे आ कर घेर लिया और पिस्तौल दिखा कर लूट लिया.’’

‘‘ओह, यह तो बहुत बुरा हुआ.’’   ‘‘वे लोग उस कागज को भी साथ ले गए हैं जो मैं तुम्हें देने के लिए साथ ले गया था.’’

‘‘लेकिन वह तो…’’ नारमन ने कहना शुरू किया, लेकिन फौरन ही चुप हो गया. निक के लिए इतना ही काफी था. इस से यह बात पक्की हो गई थी कि दोनों गुंडे उसी के भेजे हुए थे.

‘‘मिस्टर नारमन मैं बहुत शर्मिंदा हूं.’’ निक ने कहा, ‘‘मुझे दुख है कि वह कागज का टुकड़ा तुम तक नहीं पहुंचा सका. लेकिन गलती तुम्हारी है, तुम ने मुलाकात के लिए एक असुरक्षित जगह को चुना था.’’

‘‘लेकिन मैं तुम्हें 10 हजार डौलर पेशगी दे चुका हूं.’’   ‘‘तुम्हारी रकम कल सुबह तुम्हें वापस मिल जाएगी.’’   ‘‘रकम की बात नहीं है, मेरे लिए वह कागज ज्यादा महत्त्वपूर्ण है.’’

‘‘मैं दोबारा कोशिश कर सकता हूं.’’ निक ने दिखावे के तौर पर बेदिली से कहा, ‘‘मैं दोनों बदमाशों में से एक की शक्ल देख चुका हूं और मुझे उम्मीद है कि मैं उसे ढूंढ़ निकालूंगा. पुलिस हेडक्वार्टर में मेरे कुछ अच्छे दोस्त हैं.’’

‘‘ठीक है, ठीक है,’’ नारमन ने थोड़े गुस्से के साथ कहा. ‘‘मुझे लंबी चौड़ी भूमिका में कोई दिलचस्पी नहीं है. आज 14 तारीख है. एग्रीमेंट के अनुसार 15 तारीख तक काम हो जाना चाहिए. मुझे हर हाल में कागज का वह टुकड़ा चाहिए.’’

‘‘ठीक है, लेकिन अब तुम्हें दोगुनी फीस अदा करनी होगी.’’   ‘‘यह नामुमकिन है.’’ नारमन चिल्लाया, ‘‘तुम्हें अपने वादे पर कायम रहना चाहिए.’’

‘‘अकसर लोग वादे को भूल जाते हैं.’’ निक ने सोचने वाले लहजे में कहा, ‘‘बहरहाल, अगर तुम चाहो तो 50 हजार डौलर में सौदा कर लो. वरना अपनी रकम वापस ले लो.’’   ‘‘ओह, माई गाड. ठीक है, मुझे मंजूर है.’’

‘‘बहुत खूब, मुझे यकीन था कि तुम समझदारी से काम लोगे. कल सुबह ठीक 11 बजे शेर के पिंजरे के पास 20 हजार डौलर और ले कर पहुंच जाना.’’ कह कर उस ने नारमन के कुछ बोलने से पहले ही फोन बंद कर दिया.

अगली सुबह नारमन ने अपने वादे के अनुसार 20 हजार डौलर निक को अदा कर दिए. वह अच्छी तरह जानता था कि कागज का टुकड़ा निक के पास ही है. लेकिन उस ने इस बात का कोई जिक्र नहीं किया. वह कर भी नहीं सकता था क्योंकि अगर वह ऐसा करता तो एक तरह गुंडे भेजने की स्वीकारोक्ति कर लेता.

निक अब दिन भर खाली था. वह गिलोरिया को एक बेहतरीन होटल में खाना खिलाने ले गया. शाम को दोनों एक संगीत के प्रोग्राम में चले गए. जो रात के 9 बजे तक चलता रहा. अपार्टमेंट पहुंच कर उस ने कमोडोर रेस्टोरेंट में फोन किया. इत्तफाक से दूसरी ओर मिसेज गिलबर्ट ने ही फोन उठाया.

‘‘मैं निकोलस बोल रहा हूं.’’ निक ने कहा, ‘‘मैं ने मिस्टर माइकल से बात की थी. उस ने मुआवजे की रकम दोगुनी कर दी है. यानि 2 हजार.’’

‘‘लेकिन मैं ने 3 हजार की मांग की थी. ’’   ‘‘तुम 3 के बजाय 30 हजार की मांग भी कर सकती थीं. लेकिन माइकल का कहना है कि वह 2 हजार से ज्यादा नहीं दे सकता. अगर तुम्हें मंजूर हो तो बोलो वरना आइंदा के लिए हम कहीं और इंतजाम कर लेंगे.’’

‘‘ठीक है.’’ मिसेज गिलबर्ट ने दुखी मन से कहा, ‘‘फिलहाल 2 हजार ही ठीक हैं.’’   ‘‘जहाज के बारे में क्या रिपोर्ट है?’’

निक ने महसूस किया कि मिसेज गिलबर्ट ने जवाब देने में कुछ हिचकिचाहट दिखाई. वह गंभीर हो कर बोली, ‘‘जहाज शेड्यूल से पहले पहुंच गया है. पैकेज थोड़ी देर पहले ही मिला है, लेकिन डिलिवरी के लिए तुम्हें कल तक इंतजार करना पड़ेगा.’’

‘‘कल तक क्यों?’’   ‘‘मुझे नहीं मालूम. सच पूछो तो पाल ने मुझे पैकेज के बारे में बताने से भी मना किया था.’’

‘‘हमें भी कोई खास जल्दी नहीं है.’’ निक ने कहा, ‘‘कल किसी समय सही.’’   ‘‘सुनो, पाल से इस बात का जिक्र मत करना.’’

‘‘नहीं करूंगा, वैसे गिलबर्ट इस वक्त कहां है?’’   ‘‘ऊपर औफिस में बैठा है.’’

‘‘क्या इसी फोन पर संपर्क किया जा सकता है?’’   ‘‘नहीं, उस के कमरे में दूसरा फोन है?’’

पूछने पर मिसेज गिलवर्ट ने अपने पति के फोन का जो नंबर बताया उसे सुन कर निक का यह शक यकीन में बदल गया कि पाल गिलबर्ट और नारमन वास्तव में एक ही व्यक्ति के 2 नाम हैं. नारमन ने भी उसे वही फोन नंबर दिया था. उस ने फोन बंद कर दिया और नारमन यानी पाल गिलबर्ट को फोन करने के बारे में सोचने लगा. उसे मालूम था कि वह बेचैनी से उस के फोन का इंतजार कर रहा होगा. वादे के अनुसार उसे रात के 12 बजे से पहलेपहले कागज उस तक पहुंचाना था. वह अभी सोच ही रहा था कि फोन की घंटी बजी. उस ने फोन उठा कर अपना नाम बताया.

‘‘मिस्टर वेलवेट, मैं नारमन बोल रहा हूं.’’   ‘‘हैलो नारमन, मैं तुम्हें फोन करने के बारे में ही सोच रहा था.’’

‘‘आज 15 तारीख है, तुम्हारा क्या इरादा है?’’   ‘‘इरादा बिलकुल नेक है. काम हो गया है, बाकी रकम के साथ ठीक 11 बजे पार्क एवेन्यू स्थित बरकले होटल में पहुंच जाओ.’’

‘‘नहीं मिस्टर वेलवेट, इस बार मैं कोई खतरा मोल नहीं लेना चाहता. तुम ऐसा करो कि मेरे औफिस आ जाओ. मेरा औफिस 15 कोस्ट रोड पर स्थित कमोडोर रेस्टोरेंट के बिल्कुल ठीक ऊपर, सीढि़यों के पीछे गली में है. ठीक 11 बजे मैं सीढि़यों पर तुम्हारा इंतजार करूंगा. और देखो अपनी गाड़ी गली के कोने पर खड़ी करना.’’

‘‘ठीक है मिस्टर नारमन,’’ निक ने कहा, ‘‘उम्मीद है, इस बार कोई गड़बड़ नहीं होगी.’’

फोन बंद करने के बाद निक ने घड़ी पर नजर डाली. 10 बजने में 5 मिनट थे. उस ने दराज से रिवाल्वर निकाल कर जेब में रखा और फौरन रवाना हो गया. वह गिलबर्ट को तैयारी का मौका नहीं देना चाहता था.

10 बज कर 10 मिनट पर वह पाल गिलबर्ट के औफिस की सीढि़यां चढ़ रहा था. वहां मद्धिम रोशनी का बल्ब जल रहा था. निक को मालूम था कि औफिस का असल रास्ता रेस्टोरेंट के अंदर से है. जाहिर था कि गिलबर्ट इस मामले को अपनी बीवी से छुपा कर रखना चाहता था. इसीलिए उस ने निक को पिछले रास्ते से बुलाया था. सीढि़यों के अंत में एक गैलरी थी जिस के समाने केवल एक दरवाजा था. निक दरवाजा खटखटा कर इंतजार करने लगा. उस का दायां हाथ कोट की जेब में रिवाल्वर के दस्ते पर था.

कुछ पलों के बाद उस ने दोबारा दरवाजा खटखटाया और चाभी के छेद से अंदर झांका. कमरे में अंधेरा था. इस का मतलब गिलबर्ट या तो रेस्टोरेंट में था या कोई खास इंतजाम करने गया था. निक ने जेब से चाभियों का एक बड़ा गुच्छा निकाला और ताले पर जोर आजमाइश करने लगा. 3 मिनट की कोशिश के बाद वह ताला खोलने में कामयाब हो गया. वह सावधानीपूर्वक दरवाजा खोल कर अंदर दाखिल हुआ और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया. खिड़की के रास्ते आने वाली रोशनी के कारण कमरे में हल्का सा प्रकाश फैला हुआ था. निक कुछ पलों तक सांस रोके दरवाजे के साथ खड़ा रहा. फिर सावधानी के साथ आगे बढ़ा.

कमरा ज्यादा बड़ा नहीं था. अंदर एक औफिस टेबल, एक अलमारी, एक रैक, कुछ कुर्सियां और कुछ छोटीमोटी चीजों के साए नजर आ रहे थे. मेज के पीछे कोने में कार्ड बोर्ड का एक डिब्बा रखा था. निक ने डिब्बा खोल कर देखा, उस के अंदर छोटेछोटे डिब्बे थे. उस ने एक डिब्बा उठा कर खोला तो उस के अंदर टार्च में इस्तेमाल होने वाली बैटरी सेल थे. हर डिब्बे में एक दर्जन सेल. निक ने ऊपर के चंद डिब्बे हटा कर नीचे देखा, लेकिन कोई और चीज नजर नहीं आई. उस ने कंधे उचकाए और डिब्बे वापस रखने लगा.

तभी अचानक उसे महसूस हुआ कि नीचे वाले एक डिब्बे का वजन काफी कम है. उसे इस बात का अहसास अंधेरे की वजह से हुआ था. उसे लगा कि या तो उस डिब्बे में कोई और चीज है या सेल पूरे नहीं हैं. उस ने डिब्बा खोल कर देखा तो उस में सेल ही थे और वह भी पूरे बारह. लेकिन उस डिब्बे का वजन दूसरे डिब्बों से कम था. उस ने एक सेल नीचे वाले डिब्बे से निकाला और एक ऊपर वाले से. फिर दोनों को हाथों में ले कर जांचा, तो नीचे वाले डिब्बे के सेल का वजन कम था.

निक ने अर्थपूर्ण अंदाज में सिर हिलाया और मेज से पेपर कटर उठा कर सेल को खोलने की कोशिश करने लगा. उसे ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी. सेल के ऊपर वाला हिस्सा किसी ढक्कन की तरह खुल गया. उस के अंदर मखमल के एक टुकड़े में लिपटे हुए हीरे थे. अंधेरे के बावजूद उन के अंदर से रंग बिरंगी किरणें निकल रही थीं. इस का मतलब माइकल हीरे स्मगल करता था और गिलबर्ट उस के काम में उस की मदद करता था. निक ने कीमती पत्थर कपडे़ के टुकड़े में लपेट कर सेल में बंद कर दिए और सेल डिब्बे में बंद कर के पिछले दरवाजे से बाहर निकल गया.

गली में पहुंच कर उस ने घड़ी पर नजर डाली तो 10 बज कर 22 मिनट हुए थे. वह वापस जा कर अपनी कार में बैठ कर इंतजार करने लगा. 11 बजने में 5 मिनट पर वह कार से निकल कर पास के फोन बूथ में घुस गया. उस ने सीधे पुलिस हेडक्वार्टर का नंबर मिलाया. फोन रिसीव होते ही उस ने कहा, ‘‘मैं एक स्मगलिंग केस की मुखबिरी करना चाहता हूं. 15 कोस्ट रोड पर कमोडोर रेस्टोरेंट के ऊपर एक छोटे से औफिस में स्मगल किए हुए हीरे मौजूद हैं.’’

‘‘हैलो, कौन बोल रहे हैं?’’ दूसरी ओर से पूछा गया तो वह बात खत्म करते हुए बोला, ‘‘15 कोस्ट रोड, कमोडोर रेस्टोरेंट के ऊपर. मेरे नाम की चिंता मत करो.’’

उस ने फोन बंद किया और दोबारा गली में दाखिल हो गया. इस बार गिलबर्ट सीढि़यों पर खड़ा उस का इंतजार कर रहा था.

‘‘हैलो, मिस्टर वेलवेट,’’ उस ने मुस्कराते हुए कहा, ‘‘तुम बिलकुल ठीक समय पर पहुंचे हो, आओ ऊपर औफिस में बैठ कर बात करते हैं.’’

निक ने जेब से कागज निकाल कर उस की ओर बढ़ाया, ‘‘यह रहा तुम्हारा कागज जो तुम्हें चाहिए था.’’ उस ने कहा, ‘‘मैं जरा जल्दी में हूं, मुझे यहीं से फ्री कर दो. समय मिला तो फिर मुलाकात होगी, बाकी के पैसे कहां हैं?’’

गिलबर्ट ने कागज उस के हाथ से झपट लिया और जेब से पिस्तौल निकालते हुए बोला, ‘‘तुम इतनी आसानी के साथ मुझे उल्लू नहीं बना सकते मिस्टर वेलवेट, तुम भी जानते हो और मैं भी जानता हूं कि यह कागज किसी बदमाश ने तुम से नहीं छीना था. लिहाजा डबल फीस का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता.’’

‘‘तो इस में इतना उग्र होने की क्या जरूरत है? तुम पिस्तौल दिखाए बिना भी यह बात कर सकते थे, मिस्टर पाल गिलबर्ट.’’

अपना असल नाम सुन कर वह चौंकते हुए बोला, ‘‘यह… यह नाम तुम्हें कैसे मालूम हुआ?’’

‘‘मुझे इस के अलावा भी बहुत कुछ मालूम है.’’ निक ने कहा, ‘‘उदाहरण के तौर पर इस समय तुम्हारे औफिस में एक कार्ड बोर्ड का डिब्बा रखा हुआ है जिस में टार्च सेल हैं. लेकिन कुछ सेल खोखले हैं और उन के अंदर हीरे भरे हुए हैं. इस के अलावा मुझे यह भी मालूम है कि यह हीरे मिस्टर माइकल के लिए स्मगल किए गए हैं. रद्दी सा दिखाई देने वाला यह कागज लाखों डौलर के कीमती हीरों की रसीद है. कल जब माइकल तुम से डिब्बे के बारे में पूछेगा तो तुम उसे यह रसीद दिखा कर कहोगे कि उस का आदमी रसीद दे कर डिब्बा ले गया है. यह सुन कर वह बेचारा सिर पीट लेगा और इस तरह तुम उन कीमती हीरों के मालिक बन जाओगे.’’

‘‘तुम जरूरत से ज्यादा जान गए हो मिस्टर वेलवेट.’’ गिलबर्ट फुंफकारा, ‘‘तुम मेरे लिए खतरनाक साबित हो सकते हो, चलो ऊपर.’’   तभी रात के सन्नाटे में पुलिस सायरन की आवाज सुनाई दी.

‘‘मेरा खयाल है, पुलिस इसी तरफ आ रही है.’’ निक ने कहा.   गिलबर्ट के चेहरे पर बौखलाहट उतर आई. वह बोला, ‘‘क्…क्… क्या पुलिस को तुम ने फोन किया है?’’

‘‘यह बात तो पुलिस वाले ही बता सकते हैं कि उन्हें किस ने फोन किया है.’’ निक ने लापरवाही से कहा, ‘‘क्यों न उन्हीं से पूछ लिया जाए?’’

सायरन की आवाज से पता लग रहा था कि पुलिस की गाडि़यां रेस्टोरेंट के सामने पहुंच कर रुक चुकी हैं. गिलबर्ट ने बौखलाहट के साथइधरउधर देखा. इस मौके का फायदा उठाते हुए निक ने उस की कलाई पर कराटे का एक भरपूर हाथ मारा और उस की पिस्तौल छीन ली. फिर उस ने गोलियों निकाल कर जेब में डाल लीं और पिस्तौल वापस उस के हाथ में दे दी.

‘‘भागने का कोई फायदा नहीं होगा मिस्टर गिलबर्ट, पुलिस ज्यादा से ज्यादा चौबीस घंटे के अंदर तुम्हें ढूंढ निकालेगी. तुम्हें ही नहीं माइकल को भी. मैं उस के बारे में भी जानता हूं. जहां तक मेरा सवाल है, मैं 20 हजार डौलर का नुकसान बर्दाश्त कर लूंगा.’’ फिर वह गिलबर्ट को सीढि़यों पर हैरान खड़ा छोड़ कर वापस चल दिया. Crime Thriller

Murder Conspiracy : शिकार

Murder Conspiracy. प्रेमिका सोफिया के लिए डिसिल्वा अपनी पैसे वाली पत्नी मैरी को जिस तरह मारना चाहता था, ठीक उसी तरह मैरी ने उसे ही ठिकाने लगा कर शिकारी को ही शिकार बना डाला

सुबह नहाधो कर मैरी बाथरूम से निकली तो उस की दमकती काया देख कर डिसिल्वा खुद को रोक नहीं पाया और लपक कर उसे बांहों में भर कर बेतहाशा चूमने लगा. मैरी ने मोहब्बत भरी अदा के साथ खुद को उस के बंधन से आजाद किया और कमर मटकाते हुए किचन की ओर बढ़ गई. उस के होंठों पर शोख मुसमान थी. थोड़ी देर में वह किचन से बाहर आई तो उस के हाथों में कौफी से भरे 2 मग थे. एक मग डिसिल्वा को थमा कर वह उस के सामने पड़े सोफे पर बैठ गई.

डिसिल्वा कौफी का आनंद लेते हुए अखबार पढ़ने लगा. उस की नजर अखबार में छपी हत्या की एक खबर पर पढ़ी तो तुरंत उस के दिमाग यह बात कौंधी कि वह अपनी बीवी मैरी की हत्या किस तरह करे कि कानून उस का कुछ न बिगाड़ सके. वह ऐसा क्या करे कि मैरी मर जाए और वह साफ बच जाए. वह उस कहावत के हिसाब से यह काम करना चाहता था कि सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे.

डिसिल्वा ने 2 साल पहले ही मैरी से प्रेमविवाह किया था. अब उसे लगने लगा था कि मैरी ने उस पर जो दौलत खर्च की है, उस के बदले उस ने उस से अपने एकएक पाई की कीमत वसूल कर ली है. अब उसे अपनी सारी दौलत उस के लिए छोड़ कर मर जाना चाहिए, क्योंकि उस की प्रेमिका सोफिया अब उस का और ज्यादा इंतजार नहीं कर सकती. वह खुद भी उस से ज्यादा दिनों तक दूर नहीं रह सकता. लेकिन यह कमबख्त मैरी रास्ते का रोड़ा बनी हुई है. इस रोड़े को हटाए बगैर सोफिया उस की कभी नहीं हो सकेगी. लेकिन इस रोड़े को हटाया कैसे जाए? डिसिल्वा मैरी को ठिकाने लगाने के बारे में सोचते हुए इस तरह डूब गया कि कौफी पीना ही भूल गया.

डिसिल्वा को सोच में डूबा देख कर मैरी बोली, ‘‘तुम कहां खोए हो कि कौफी पीना भी भूल गए. तुम्हारी कौफी ठंडी हो रही है. और हां, हमारी बालकनी के एकदम नीचे एक गुलाब खिल रहा है. जरा देखो तो सही, कितना खूबसूरत और दिलकश लग रहा है. शाम तक वह पूरी तरह खिल जाएगा. सोच रही हूं, आज शाम की पार्टी में उसे ही अपने बालों में लगाऊं. डार्लिंग, आज हमारी मैरिज एनवरसरी है, तुम्हें याद है ना?’’

‘‘बिलकुल याद है. और हां, गुलाब कहां खिल रहा है?’’ डिसिल्वा ने मैरी की आंखों में शरारत से झांकते हुए हैरानी से पूछा.

‘‘बालकनी के ठीक नीचे जो गमला रखा है, उसी में खिल रहा है.’’ मैरी ने कहा.

बालकनी के ठीक नीचे गुलाब खिलने की बात सुन कर डिसिल्वा के दिमाग में तुरंत मैरी को खत्म करने की योजना आ गई. उस ने सोचा, शाम को वह गुलाब दिखाने के बहाने मैरी को बालकनी तक ले जाएगा और उसे नीचे खिले गुलाब को देखने के लिए कहेगा. मैरी जैसे ही झुकेगी, वह जोर से धक्का देगा. बस, सब कुछ खत्म. मैरी बालकनी से नीचे गमलों और रंगीन छतरियों के बीच गठरी बनी पड़ी होगी. इस के बाद वह एक जवान गमजदा पति की तरह रोरो कर कहेगा, ‘हाय, मेरी प्यारी बीवी, बालकनी से इस खूबसूरत गुलाब को देखने के लिए झुकी होगी और खुद को संभाल न पाने की वजह से नीचे आ गई.’

अपनी इस योजना पर डिसिल्वा मन ही मन मुसकराया. उसे पता था कि शक उसी पर किया जाएगा, क्योंकि बीवी की इस अकूत दौलत का वही अकेला वारिस होगा. लेकिन उसे अपनी बीवी का धकेलते हुए कोई देख नहीं सकेगा, इसलिए यह शक बेबुनियाद साबित होगा. सड़क से दिखाई नहीं देगा कि हुआ क्या था? जब कोई गवाह ही नहीं होगा तो वह कानून की गिरफ्त में कतई नहीं आ सकेगा. इस के बाद पीठ पीछे कौन क्या सोचता है, क्या कहता है, उसे कोई परवाह नहीं है.

डिसिल्वा इस बात को ले कर काफी परेशान रहता था कि सोफिया एक सस्ते रिहाइशी इलाके में रहती थी. वैसे तो उस की बीवी मैरी बहुत ही खुले दिल की थी. वह उस की सभी जरूरतें बिना किसी रोकटोक के पूरी करती थी. तोहफे देने के मामले में भी वह कंजूस नहीं थी, लेकिन जेब खर्च देने में जरूर आनाकानी करती थी. इसीलिए वह अपनी प्रेमिका सोफिया पर खुले दिल से खर्च नहीं कर पाता था.

सोफिया का नाम दिमाग में आते ही उसे याद आया कि 11 बजे सोफिया से मिलने जाना है. उस ने वादा किया था, इसलिए वह उस का इंतजार कर रही होगी. अब उसे जाना चाहिए, लेकिन घर से बाहर निकलने के लिए वह मैरी से बहाना क्या करे? बहाना तो कोई भी किया जा सकता है, हेयर ड्रेसर के यहां जाना है या शौपिंग के लिए जाना है.

वैसे शौपिंग का बहाना ज्यादा ठीक रहेगा. आज उस की शादी की सालगिरह भी है. इस मौके पर उसे मैरी को कोई तोहफा भी देना होगा. वह मैरी से यही बात कहने वाला था कि मैरी खुद ही बोल पड़ी, ‘‘इस समय अगर तुम्हें कहीं जाना है तो आराम से जा सकते हो, क्योंकि मैं होटल डाआर डांसिंग क्लास में जा रही हूं. आज मैं लंच में भी नहीं आ सकूंगी, क्योंकि आज डांस का क्लास देर तक चलेगा.’’

‘‘तुम और यह तुम्हारी डांसिंग क्लास… मुझे सब पता है.’’ डिसिल्वा ने मैरी को छेड़ते हुए कहा, ‘‘मुझे लगता है, तुम उस खूबसूरत डांसर पैरी से प्यार करने लगी हो, आजकल तुम उसी के साथ डांस करती हो न?’’

‘‘डियर, मैं तो तुम्हारे साथ डांस करती थी और तुम्हारे साथ डांस करना मुझे पसंद भी था. लेकिन शादी के बाद तो तुम ने डांस करना ही छोड़ दिया.’’ मैरी ने कहा.

‘‘आह! वे भी क्या दिन थे.’’ आह भरते हुए डिसिल्वा ने छत की ओर देखा. फिर मैरी की आंखों में आंखें डाल कर पूछा, ‘‘तुम्हें जुआन के यहां वाली वह रात याद है न, जब हम ने ब्लू डेनूब की धुन पर एक साथ डांस किया था?’’

डिसिल्वा ने यह बात मैरी से उसे जज्बाती होने के लिए कही थी. क्योंकि उस ने तय कर लिया था कि अब वह उस के साथ ज्यादा वक्त रहने वाली नहीं है. इसलिए थोड़ा जज्बाती होने में उसे कोई हर्ज नहीं लग रहा था.

‘‘मैं वह रात कैसे भूल सकती हूं. मुझे यह भी याद है कि उस रात तुम ने अपना इनाम लेने से मना कर दिया था. तुम ने कहा था, ‘हम अपने बीच रुपए की कौन कहे, उस का ख्याल भी बरदाश्त नहीं कर सकते.’ तुम्हारी इस बात पर खुश हो कर मैं ने तुम्हारा वह घाटा पूरा करने के लिए तुम्हें सोने की एक घड़ी दी थी, याद है न तुम्हें?’’

‘‘इतना बड़ा तोहफा भला कोई कैसे भूल सकता है.’’ डिसिल्वा ने कहा. इस के बाद डिसिल्वा सोफिया से मिलने चला गया तो मैरी अपने डांस क्लास में चली गई.

डिसिल्वा सोफिया के यहां पहुंचा. चाय पीने के बाद आराम कुर्सी पर सोफिया को गोद में बिठा कर डिसिल्वा ने उसे अपनी योजना बताई. सोफिया ने उस के गालों पर एक चुंबन जड़ते हुए कहा, ‘‘डार्लिंग, आप का भी जवाब नहीं. बस आज भर की बात है, कल से हम एक साथ रहेंगे.’’

दूसरी ओर होटल डाआर में मैरी पैरी की बांहों में सिमटी मस्ती में झूम रही थी. वह अपने पीले रंग के बालों वाले सिर को म्यूजिक के साथ हिलाते हुए बेढं़गे सुरों में पैरी के कानों में गुनगुना रही थी. पैरी ने उस की कमर को अपनी बांहों में कस कर कहा, ‘‘शरीफ बच्ची, इधरउधर के बजाए अपना ध्यान कदमों पर रखो. म्यूजिक की परवाह करने के बजाए बस अपने पैरों के स्टेप के बारे में सोचो.’’

‘‘मैं तुम्हारे साथ डांस कर रही होऊं तो तुम मुझ से इस तरह की उम्मीद कैसे कर सकते हो? फिर यह क्या मूर्खता है, तुम मुझे बच्ची क्यों कह रहे हो?’’

‘‘बच्ची नहीं तो और क्या हो तुम?’’ पैरी ने कहा, ‘‘एक छोटी सी शरीफ, चंचल लड़की, जो अपने अभ्यास पर ध्यान देने के बजाए कहीं और ही खोई रहती है. अच्छा आओ, अब बैठ कर यह बताओ कि रात की बात का तुम ने बुरा तो नहीं माना? रात को मैं ने तुम्हारे पैसे लेने से मना कर दिया था ना. इस की वजह यह थी कि मैं इस खयाल से भी नफरत करता हूं कि हमारी दोस्ती के बीच पैसा आए.’’

‘‘मैं ने बिलकुल बुरा नहीं माना. उसी कसर को पूरा करने के लिए मैं तुम्हारे लिए यह प्लैटिनम की घड़ी लाई हूं, साथ में चुंबनों की बौछार…’’ कह कर मैरी पैरी के चेहरे को अपने चेहरे से ढक कर चुंबनों की बौछार करने लगी.

डिसिल्वा ने मैरी को तोहफे में देने के लिए हीरे की एक खूबसूरत, मगर सेकेंड हैंड क्लिप खरीदी थी. उस के लिए इतने पैसे खर्च करना मुश्किल था, लेकिन उस ने हिम्मत कर ही डाली थी. क्योंकि बीवी के लिए उस का यह आखिरी तोहफा था. फिर मैरी की मौत के बाद यह तोहफा सोफिया को मिलने वाला था. जो आदमी अपनी बीवी की शादी की सालगिरह पर इतना कीमती तोहफा दे सकता है, उस  पर अपनी बीवी को कत्ल करने का शक भला कौन करेगा?

डिसिल्वा ने हीरे की क्लिप मैरी को दी तो वाकई वह बहुत खुश हुई. वह  नीचे पार्टी में जाने को तैयार थी. उस ने डिसिल्वा का हाथ पकड कर बालकनी की ओर ले जाते हुए कहा, ‘‘आओ डार्लिंग, तुम भी देखो वह गुलाब कितना खूबसूरत लग रहा है. ऐसा लग रहा है, कुदरत ने उसे इसीलिए खिलाया है कि मैं उसे अपने बालों में सजा कर सालगिरह की पार्टी में शिरकत करूं.’’

डिसिल्वा के दिल की धड़कन बढ़ गई. उसे लगा, कुदरत आज उस पर पूरी तरह मेहरबान है. मैरी खुद ही उसे बालकनी की ओर ले जा रही है. सब कुछ उस की योजना के मुताबिक हो रहा है. किसी की हत्या करना वाकई दुनिया का सब से आसान काम है.

डिसिल्वा मैरी के साथ बालकनी पर पहुंचा. उस ने झुक कर नीचे देखा. उसे झटका सा लगा. उस के मुंह से चीख निकली. वह हवा में गोते लगा रहा था. तभी एक भयानक चीख के साथ सब कुछ  खत्म. वह नीचे छोटीछोटी छतरियों के बीच गठरी सा पड़ा था. उस के आसपास भीड़ लग गई थी. लोग आपस में कह रहे थे, ‘‘ओह माई गौड, कितना भयानक हादसा है. पुलिस को सूचित करो, ऐंबुलेंस मंगाओ. लाश के ऊपर कोई कपड़ा डाल दो.’’

थोड़ी देर में पुलिस आ गई.

दूसरी ओर फ्लैट के अंदर सोफे पर हैरानपरेशान उलझे बालों और भींची मुट्ठियां लिए, तेजी से आंसू बहाते हुए मैरी आसपास जमा भीड़ को देख रही थी. लोगों ने उसे दिलासा देते हुए इस खौफनाक हादसे के बारे में पूछा तो मैरी ने रोते हुए कहा, ‘‘मेरे खयाल से वह गुलाब देखने के लिए बालकनी से झुके होंगे, तभी…’’ कह कर मैरी फफक फफक कर रोने लगी.Murder Conspiracy

Murder Mystery: प्रेमलीला ने लील ली जान

Murder Mystery. शादीशुदा सुनीता ने अपने सुकून के लिए पहले संतोष को अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर पति के भांजे विकास को. सुनीता की जिंदगी में विकास के आने के बाद भी संतोष ने उस का पीछा नहीं छोड़ा तो सुनीता ने उसे मिटा डालने का फैसला कर लिया.

ओमप्रकाश जितना सीधासादा था, उतना ही मेहनती भी था. गांव में इधरउधर बैठने के बजाय वह अपने खेती के काम में लगा रहता था. उस के खेतों में अच्छी पैदावार होती थी. इसी वजह से गांव के लोग उस की पीठ पीछे भी तारीफ करते थे. ओमप्रकाश के घर के पास ही संतोष रावत रहता था. शादीशुदा होते हुए भी दूसरी महिलाओं से नजदीकी बढ़ाना उस की आदत में शुमार था.

एक दिन वह ओमप्रकाश के घर गया. वहां उस की पत्नी सुनीता मिली. वह उस से ओमप्रकाश की तारीफ  करते हुए बोला, ‘‘भाभी, तुम भैया को ऐसा क्या खिलाती हो कि दिनरात खेतों में जुटे रहते हैं, फिर भी नहीं थकते. मेरे घर वाले कहते हैं कि मेहनत करने का सबक ओमप्रकाश से सीखो.’’

पति की प्रशंसा सुन कर सुनीता मुसकराई, लेकिन बोली कुछ नहीं. संतोष ने समझा कि वह पति की तारीफ सुन कर मन ही मन गदगद हो रही है. इसलिए उस ने ओमप्रकाश की तारीफ के पुल बांधना जारी रखा.

‘‘सुबह से देर शाम तक खेत में ही तो जुटे रहते हैं. जबकि आदमी को घर की तरफ ध्यान देना भी जरूरी होता है. घर में जो काम करना चाहिए, वह तो करते नहीं.’’ सुनीता ने कहा.

संतोष के दिमाग में बिजली सी कौंधी. वह सोचने लगा कि ऐसा कौन सा काम है, जो भैया घर पर नहीं करते. जिज्ञासा शांत करने के लिए वह बोला, ‘‘भाभी, मैं तुम्हारी बात समझा नहीं. ऐसा कौन सा काम है जो भैया नहीं करते?’’

मन की भड़ास निकालने के लिए सुनीता ने जैसे ही मुंह खोला, तभी उस की जेठानी कमला आ गई. वे दोनों आपस में बतियाने लगीं तो संतोष वहां से चला गया.

ओमप्रकाश उत्तर प्रदेश के जिला बाराबंकी के गांव सलोनीपुर मजरा खिजना का रहने वाला था. उस का विवाह करीब 6 साल पहले सीतापुर के महमूदाबाद थाना के जसमंडा गांव की रहने वाली सुनीता से हुआ था. सुनीता खूबसूरत थी, इसलिए उस से शादी कर के ओमप्रकाश बहुत खुश था. बाद में सुनीता 2 बेटों और 1 बेटी की मां बनी.

संतोष ओमप्रकाश को बड़ा भाई मानता था. ओमप्रकाश भी छोटा भाई मान कर उस का पूरा खयाल रखता था. इसी वजह से संतोष उस के घर आताजाता रहता था. सुनीता और संतोष में खूब पटती थी. उन के बीच हंसीमजाक भी चलता रहता था.

सुनीता द्वारा कही गई बात संतोष के जेहन में घूम रही थी. वह समझ गया था कि सुनीता ओमप्रकाश से संतुष्ट नहीं है. अगर वह संतुष्ट होती तो पति की तारीफ सुन कर खुश हो जाती और कुछ न कुछ जरूर कहती. वह किस वजह से असंतुष्ट थी, यह तो वही जानती होगी. लेकिन संतोष का मन कह रहा था कि वह दैहिक रूप में असंतुष्ट होगी. लेकिन ऐसा होता तो उस के आंगन में 3 बच्चे नहीं खेल रहे होते.

संतोष ने काफी सोचा, लेकिन वह सुनीता की असंतुष्टि का कारण नहीं जान पाया. हकीकत जानने के लिए अगले दिन दोपहर में वह सुनीता के घर जा पहुंचा.

उस समय सुनीता घर में अकेली थी. संतोष उस के पास जा कर बैठ गया. दोनों ने मुसकान बिखेर कर एकदूसरे के प्रति मन की खुशी जाहिर की. बातचीत का सिलसिला जुड़ा तो संतोष के मन की बात होंठों पर आ गई, ‘‘भाभी, कल तुम जो बात कह रही थीं, कमला भाभी के आ जाने की वजह से अधूरी रह गई थी. आखिर वह क्या बात है?’’

सुनीता ने गहरी नजरों से संतोष को देखा. फिर वह मुसकरा कर बोली, ‘‘लगता है कि कल से तुम इसी उधेड़बुन में लगे हो.’’

‘‘नहीं, ऐसी तो कोई बात नहीं है, लेकिन कोई बात अधूरी रह जाए तो मन को मथती रहती है.’’ संतोष बोला.

‘‘उसी बात को जानने के लिए बेचैन हो?’’ सुनीता ने पूछा.

‘‘हां भाभी,’’ संतोष बोला.

‘‘मान लो, मैं बता भी दूंगी तो उस से क्या फायदा होगा? जो काम वह नहीं करते, उसे तुम कर दोगे?’’ सुनीता ने उस की आंखों में आंखें डाल कर कहा.

सुनीता की आंखों में छाए नशे और बातों से संतोष अच्छी तरह समझ गया कि वह क्या चाहती है. इसलिए वह भी उसी अंदाज में बोला, ‘‘भाभी, मैं तुम्हारी हर तरह की सेवा करने को मैं तैयार हूं. कुछकुछ तुम्हारी भावनाओं को समझ भी रहा हूं.’’

‘‘संतोष सोच लो, तुम शादीशुदा हो. बीवी के होते हुए तुम मेरे लिए टाइम निकाल पाओगे?’’

‘‘उस की चिंता मत करो. उसे भनक तक नहीं लगेगी. सच तो यह है कि भाभी, मैं तुम्हें बहुत दिनों से प्यार करता हूं, लेकिन तुम से कहने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था.’’ संतोष ने सुनीता के नजदीक आते हुए कहा.

उस समय कमरे में उन दोनों के अलावा कोई और नहीं था. इसलिए दोनों खुद पर काबू न रख सके और उन्होंने अपनी हसरतें पूरी कर लीं. अवैध संबंधों की राह बहुत ढलवां होती है. कोई भी आदमी इस पर एक बार कदम रख देता है तो वह फिसलता ही जाता है. संतोष और सुनीता ने शादीशुदा होते हुए भी ऐसे रास्ते पर कदम रखा था, जिस का खामियाजा हमेशा गलत ही होता है. दोनों ही अपनेअपने जीवनसाथी को धोखा दे कर अपना स्वार्थ पूरा करते रहे.

उन्होंने वासना की आग में सारी मर्यादाओं को जला कर राख कर दिया.

पाप की गठरी अधिक दिनों तक बंधी नहीं रहती. एक न एक दिन उस की गांठ खुल ही जाती है. धीरेधीरे दोनों के नाजायज संबंधों की भनक गांव के लोगों को भी लग गई. गांव में अपनी बदनामी होते देख सुनीता संतोष से दूरी बनाने लगी. लेकिन संतोष उस का पीछा छोड़ने को तैयार नहीं था. वह जबतब उस के यहां आता रहा.

इसी साल मार्च में ओमप्रकाश का भांजा विकास घर आया. 18 साल का विकास उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के गांव इब्राहीमपुर में रहता था. विकास शारीरिक रूप से मजबूत था.

उसे देख कर पथभ्रष्ट हो चुकी सुनीता के मन में लालच के बीज अंकुरित होने लगे. इस से पहले भी उस ने विकास को कई बार देखा था, लेकिन इस बार उस की सोच बदल गई थी. सुनीता ने विकास की खूब आवभगत की. वह कई दिनों तक मामा के घर रुका रहा.

इस दौरान सुनीता विकास के इर्दगिर्द मंडराती रही. मौका देख वह उस से हंसीमजाक भी करती थी.

कुछ दिन रुकने के बाद जब विकास वापस जाने लगा तो सुनीता विकास का हाथ थाम कर बोली, ‘‘विकास, अब कब आओगे?’’

मामी के इस तरह हाथ पकड़ने से विकास के शरीर में सनसनाहट सी दौड़ गई. उस का मन तो कर रहा था कि वह वहां से अभी न जाए, लेकिन पापा का फोन आ गया था, जिस से उसे वहां से उसी समय जाना पड़ रहा था. उस ने सुनीता को मन की बात बताते हुए कहा, ‘‘मामी, वैसे तो मेरा यहां से जाने का मन नहीं कर रहा है. लेकिन मैं जल्दी ही लौट आऊंगा.’’

‘‘ठीक है, मैं तुम्हारा इंतजार करूंगी.’’

विकास ने मामी के खूबसूरत चेहरे पर नजरें जमाईं तो उस की आंखों में प्यार का मूक आमंत्रण था.

विकास अपने घर तो वापस आ गया, लेकिन उस के मनमस्तिष्क में मामी का खूबसूरत बदन और उस के द्वारा कहे शब्द ही घूम रहे थे. उस का घर पर भी मन नहीं लग रहा था. कुछ दिनों बाद ही वह अपने मन में मामी की नजदीकी हासिल करने के सपने संजोए उस के घर आ गया.

विकास को आया देख सुनीता की खुशी का ठिकाना न रहा. वह अब जल्द ही अपनी हसरतें पूरी करना चाहती थी. एक दिन उस ने विकास से पूछा, ‘‘विकास क्या तुम ने किसी लड़की से प्यार किया है?’’

‘‘क्यों.’’ विकास ने मुसकरा कर पूछा.

‘‘बताओ तो सही.’’ कह कर सुनीता विकास के करीब आ गई.

‘‘एक है, लेकिन पता नहीं वह भी मुझ से प्यार करती है या नहीं.’’

‘‘तुम्हें उस के सामने प्यार का इजहार करना चाहिए.’’ सुनीता ने कहा.

‘‘सोचा कहीं बुरा न मान जाए. अच्छा मामी यह बताओ, अगर उस की जगह तुम होती तो क्या करतीं?’’

‘‘मेरे ऐसे भाग्य कहां.’’ कह कर सुनीता उदास हो गई.

‘‘फिर भी बताओ तो सही. तुम्हारा क्या जवाब होता?’’

‘‘तो मैं तुम्हारे गले में बांहों का हार पहना देती. मगर विकास तुम यह मुझ से क्यों पूछ रहे हो?’’ सुनीता ने मासूमियत से पूछा.

‘‘क्योंकि वह और कोई नहीं, तुम ही हो. मैं तुम से प्यार करता हूं और तुम्हें बांहों में भर कर खूब प्यार लुटाना चाहता हूं.’’ विकास की आंखों में वासना के लाल डोरे उभर आए थे.

‘‘बिलकुल बुद्धू हो, औरत की आंखोंकी भाषा पढ़ना भी नहीं जानते.’’

सुनीता की बात सुन कर विकास ने उसे अपनी बांहों में भर कर उस के चेहरे को चूम लिया. सुनीता ने भी उसे अपने अनुभव के जलवे दिखाने शुरू कर दिए. कुछ ही देर में उन के बीच ऐसे संबंधों ने जन्म ले लिया, जिसे समाज अवैध कहता है.

विकास का वहां ज्यादा दिनों तक रहना रिश्तों में शक पैदा कर सकता था, इसलिए कुछ दिनों बाद वह वहां से चला गया और थोड़ेथोड़े दिनों बाद मामी से मिलने आने लगा. इस तरह उन का यह खेल लंबे समय तक चलता रहा. ओमप्रकाश को इस की भनक तक न लगी. 24 अगस्त, 2013 को सीतापुर जिले की महमूदाबाद थाना पुलिस को गांव याकूबनगर के पास एक आदमी की लाश पड़ी होने की सूचना मिली.

लाश की खबर मिलते ही थानाप्रभारी सुभाषचंद्र तिवारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए. लाश याकूबनगर से पैतेपुर गांव जाने वाली सड़क पर पड़ी थी. उन्होंने देखा कि उस की गरदन पर गहरे घाव थे, जबकि बाकी शरीर पर भी कई जगह चोटों के निशान थे. घाव किसी धारदार हथियार के लग रहे थे. वहां पर तमाम लोग इकट्ठा थे. पुलिस ने उन से लाश की शिनाख्त करानी चाही, लेकिन कोई भी उसे नहीं पहचान सका. थानाप्रभारी ने आवश्यक काररवाई कर के लाश को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय, सीतापुर भेज दिया.

अगले दिन समाचारपत्रों में लाश मिलने का समाचार फोटो सहित छपा, इस के बावजूद लाश की शिनाख्त के लिए कोई थाने नहीं आया. लाश की शिनाख्त होने के बाद ही केस की काररवाई संभव थी. इसलिए पुलिस यह पता लगाने में जुट गई कि कहीं आसपास के जिलों के किसी थाने से इस हुलिया का आदमी तो लापता नहीं है. पुलिस की इस काररवाई का भी कोई नतीजा नहीं निकला.

13 सितंबर, 2013 को देशराज रावत नाम का एक आदमी थाना महमूदाबाद पहुंचा. उस ने बताया कि वह बाराबंकी के बड्डूपुर थानाक्षेत्र में सलोनीपुर गांव का रहने वाला है. उस का बेटा संतोष 23 अगस्त से गायब है.

थानाप्रभारी सुभाषचंद्र तिवारी ने याकूबनगर के पास से जो अज्ञात लाश बरामद की थी, उस के कपड़े और फोटो देशराज को दिखाए. कपड़े और फोटो देखते ही देशराज रोने लगा. उस ने कहा कि यह सब सामान उस के बेटे का ही है. लाश की शिनाख्त होने पर थानाप्रभारी ने राहत की सांस ली. उन्होंने देशराज रावत से मालूमात की तो उस ने बताया कि संतोष 23 अगस्त को घर से गायब हुआ था. गांव में ही रहने वाले ओमप्रकाश की पत्नी सुनीता के साथ उस के नाजायज संबंध थे. उस ने शक जताया कि उस के बेटे की हत्या सुनीता या उस के घर वालों ने की होगी.

देशराज रावत से अहम जानकारी मिलने के बाद इंसपेक्टर सुभाषचंद्र तिवारी ने अपनी तहकीकात शुरू की तो इस बात की पुष्टि हो गई कि संतोष और सुनीता के बीच अवैध संबंध थे. उन्हें यह भी पता चला कि संतोष के गायब होने के एक दिन पहले ही वह अपने मायके आ गई थी. उस का मायका महमूदाबाद थानाक्षेत्र के जसमंडा गांव में था. संतोष की लाश उस के गांव से कुछ दूर मिलने से जाहिर होता था कि उस की हत्या में सुनीता का हाथ हो सकता है.

पुलिस सुनीता की तलाश में जुट गई और मुखबिर की सूचना पर उसे 19 सितंबर को मोतीपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया. थाने ला कर उस से कड़ाई से पूछताछ की गई तो उस ने संतोष की हत्या करने का जुर्म स्वीकार कर लिया. उस ने बताया कि संतोष की हत्या में उस के साथ उस का भांजा व प्रेमी विकास और उस का जेठ सियाराम भी शामिल था.

पूछताछ में सुनीता ने बताया कि संतोष उस के गले की हड्डी बनता जा रहा था. उस की वजह से वह पूरे गांव में बदनाम हो गई थी, लेकिन वह था कि उस का पीछा छोड़ने को तैयार नहीं तैयार था. उस से पीछा छुड़ाने के लिए उस ने उसे मौत के घाट उतारने की योजना बनाई.

यह सब अकेली सुनीता के बस की बात नहीं थी. इस के लिए उस ने विकास को तैयार करने का मन बनाया. उस ने रोते हुए विकास से कहा, ‘‘विकास, संतोष ने मेरा जीना हराम कर दिया है. जहां भी जाती हूं, उस की वजह से मुझे बदनामी झेलनी पड़ती है. वह मेरा किसी हाल में पीछा नहीं छोड़ रहा है.’’

सुनीता को रोते देख कर विकास का दिल भर आया. उस ने कहा, ‘‘रोओ मत मामी, मैं हूं न. अगर वह तुम्हारा पीछा नहीं छोड़ रहा तो उसे यह दुनिया ही छोड़नी पड़ेगी.’’ कहते हुए विकास के चेहरे पर कठोरता आ गई.

यह देख कर सुनीता मन ही मन खुश हुई, लेकिन फिर संभल कर बोली, ‘‘तुम सही कह रहे हो, यही एक तरीका है. लेकिन इस के लिए मेरे जेठ यानी तुम्हारे बड़े मामा सियाराम को भी तैयार करना होगा. तीन लोगों के साथ होने से संतोष बच के नहीं निकल पाएगा.’’

विकास ने सहमति दे दी. इस के बाद उस ने बड़े मामा सियाराम से बात की और घर की इज्जत को बचाने का वास्ता दे कर उसे साथ देने के लिए राजी कर लिया. फिर तीनों ने बैठ कर संतोष को ठिकाने लगाने की योजना बनाई.

योजनानुसार 22 अगस्त, 2013 को सुनीता अपने बच्चों के साथ विकास और सियाराम को ले कर अपने मायके आ गई. 23 अगस्त को सुनीता ने संतोष को फोन कर के मिलने के लिए गांव जसमंडा बुलाया. सुनीता के बुलाने पर संतोष तुरंत बाराबंकी से बस द्वारा लखनऊ होते हुए पहले सीतापुर के कस्बा महमूदाबाद पहुंचा और वहां से सुनीता द्वारा बताई गई जगह पर पहुंच गया.

विकास और सियाराम उस जगह पर पहले ही छिप कर बैठ गए थे. उस समय रात के करीब 9 बज रहे थे. वादे के अनुसार सुनीता संतोष को निश्चित जगह पर मिल गई और उस से बातें करती हुई चलने लगी. वह याकूबपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि अंधेरे का फायदा उठा कर पीछेपीछे आ रहे विकास और सियाराम ने संतोष को दबोच कर जमीन पर गिरा लिया. इस के बाद उन्होंने बांके से उस पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए. कुछ ही देर में संतोष की मौत हो गई. बांके को वहीं पास की झाडि़यों में छिपा कर तीनों वहां से फरार हो गए.

अगले दिन 20 सितंबर, 2013 को विकास और सियाराम को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर उन से पूछताछ की. उन्होनें भी अपना जुर्म कुबूल कर लिया. थानाप्रभारी सुभाषचंद्र तिवारी ने सुनीता, विकास और सियाराम के खिलाफ भादंवि की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर के उन्हें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. Murder Mystery

— कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Love Crime : बेलगाम हसरतें

Love Crime. मिस्ड काल से उपजे प्यार ने अंशु को माया के साथ शादी के बंधन में बांध दिया. लेकिन माया की हसरतें इस तरह बेलगाम हो चुकी थीं, जिन पर किसी का नियंत्रण नहीं रहा. इस का नतीजा यह हुआ कि…

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के गांव चंदुआ के रहने वाले रामऔतार के परिवार में चंदा देवी के अलावा एक बेटा और 2 बेटियां थीं. वह उत्तर प्रदेश पुलिस में होमगार्ड थे. इस के अलावा उन की गांव में थोड़ी सी पुश्तैनी जमीन थी, जिस पर खेतीबाड़ी कर के उन की घरगृहस्थी आराम से चल रही थी. रामऔतार अपनी बड़ी बेटी सुषमा के हाथ पीले कर चुके थे. मंझली बेटी माया भी शादी लायक हो गई थी. इसलिए अब उन्हें उस की शादी की चिंता होने लगी थी.

उन्होंने सोच रखा था कि एकदो साल में जैसे ही कोई सही लड़का मिलेगा, वह उस के हाथ भी पीले कर देंगे. माया अपनी बड़ी बहन से खूबसूरत तो थी ही, साथ ही वह स्वभाव से भी चंचल थी. उसे मोबाइल पर बातें करने का बड़ा शौक था.

3 साल पहले की बात है. एक दिन माया अपने मोबाइल पर वीडियो गेम खेल रही थी. तभी एक अनजान नंबर से मिस्डकाल आई. माया उस फोन नंबर को गौर से देखने लगी. जब वह नंबर उस की पहचान में नहीं आया तो उस ने यह जानने के लिए उस नंबर पर पलट कर फोन कर दिया कि कहीं वह नंबर इस के किसी परिचित का तो नहीं है?

बात करने पर पता चला कि वह नंबर बरेली के ही भौजीपुरा थाना के गांव सरौरा के महावीर उर्फ अंशु का था. अंशु ने माया को बताया कि वह अपने एक दोस्त का नंबर मिला रहा था लेकिन गलती से उस का नंबर लग गया था. इस के लिए अंशु ने उस से सौरी भी कहा. इस के बाद माया ने फोन काट दिया.

अंशु और माया की बात भले ही एकदो मिनट हुई थी, लेकिन इस बातचीत के बाद अंशु के दिल में हलचल मच गई थी. अंशु को माया का बात करने का अंदाज और आवाज पसंद आ गई थी. कई दिनों तक उस के दिलोदिमाग में वही बातें घूमती रहीं.

जब उस से नहीं रहा गया तो उस ने हिम्मत जुटा कर एक बार फिर माया को फोन लगा दिया. इस बार माया उस के नंबर को पहचान गई थी, इसलिए छूटते ही बोली, ‘‘इस बार तो नंबर गलती से नहीं लगा होगा, आप ने जानबूझ कर किया होगा?’’

अंशु ने सच स्वीकार कर लिया और वह उस की आवाज और बात करने के अंदाज की प्रशंसा करते हुए बोला, ‘‘जिस दिन से मैं ने आप की आवाज सुनी है, एक पल के लिए भी नहीं भुला पाया हूं. इसी वजह से हिम्मत जुटा कर आप को फोन किया है. कहीं आप को बुरा तो नहीं लगा?’’

‘‘नहीं, इस में बुरा लगने वाली क्या बात है?’’ माया ने तत्काल जवाब दिया.

बातचीत में अंशु ने उसे अपने बारे में बता कर उस की आवाज आदि की खूब तारीफ की. अपनी तारीफ भला किसे बुरी लगती है. माया को अपनी तारीफ अच्छी लगी. वह उस से खुल कर बात करने लगी.

पहली बार में दोनों का एकदूसरे से सिर्फ परिचय भर हुआ, लेकिन इस के बाद अंशु माया से अकसर बातें करने लगा. पहले तो उन के बीच इधरउधर की ही बातें होती रहीं, लेकिन जल्दी ही अंशु माया से मिलने की जिद करने लगा. तब माया ने गांव की एक शादी के मौके पर उसे मिलने के लिए बुला लिया. शादी के अवसर पर माया ने खूब श्रृंगार किया और अपना सब से सुंदर सूट पहन कर वहां पहुंची. अंशु भी अच्छे कपड़ों में आया था. माया की खूबसूरती देख कर उस की आंखें खुली की खुली रह गईं. माया इतनी सुंदर होगी, इस की उस ने कल्पना ही नहीं की थी.

अंशु पहली बार माया से मिल रहा था. लेकिन कुछ ही देर में दोनों ऐसे घुलमिल गए, जैसे वर्षों से एकदूसरे को जानते हों. माया को भी अंशु का स्वभाव अच्छा लगा. अंशु ने अपने बारे में बताया कि वह भौजीपुरा में एक आटा मिल में काम करता है. इस छोटी सी मुलाकात के बाद दोनों ही जल्दी दोबारा मिलने की बात कह कर एकदूसरे से अलग हो गए, क्योंकि उस शादी समारोह में माया के घर के और भी लोग आए थे.

माया के गांव के कुछ लोगों से अंशु की भी जानपहचान थी. उन लोगों से मिलने के बहाने वह उस के गांव बारबार आने लगा. मुलाकातों का यह सिलसिला लगभग एक साल तक चलता रहा. माया की मां चंदा को बेटी की इन हरकतों के बारे में पता चला तो वह चुपके से बेटी पर नजर रखने लगी. आखिर एक दिन उस ने माया से पूछ लिया कि वह फोन पर लंबीलंबी बातें किस से करती है? माया ने बात को छिपाने की बहुत कोशिश की, मगर चंदा उस की बातों में नहीं आई.

माया को अपने दिल के राज मां को बताने ही पड़े. उधर अंशु ने भी घर में बता दिया था कि वह चंदुआ गांव की माया से प्यार करता है और शादी भी उसी से करेगा. आखिर दोनों के घर वाले उन की शादी करने के लिए तैयार ही नहीं हो गए, धूमधाम से उन की शादी कर दी. यह बात करीब 2 साल पहले की है. चूंकि शादी दोनों की मनमरजी से हुई थी, इसलिए दोनों ही खुश थे.

उन की जिंदगी की गाड़ी अपनी रफ्तार से आगे बढ़ने लगी. करीब एक साल बाद माया ने बेटे को जन्म दिया, जिस का नाम अंश रखा गया. बच्चे के आने के बाद उन का घर किलकारियों से गूंज उठा.

उन की जिंदगी में सब कुछ ठीक चल रहा था. एक दिन अंशु भौजीपुरा से अपने घर लौटा तो उस ने देखा कि माया फोन पर किसी से हंसहंस कर बातें कर रही है. पहले तो उस ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन माया तल्लीन हो कर जिस अंदाज में बातें कर रही थी, उस से उस के कान जरूर खड़े हो गए थे.

माया बातों में इस कदर खोई थी कि उसे पति के घर लौटने का पता ही नहीं चला. अचानक अंशु माया के सामने आ कर खड़ा हो गया. पति को समाने पा कर माया के होश फाख्ता हो गए. उस ने तुरंत फोन काट दिया. अंशु ने माया से पूछा कि किस से बातें कर रही थी तो माया ने सफेद झूठ बोलते हुए कहा कि वह चंदुआ की ही रहने वाली अपनी एक सहेली से बातें कर रही थी.

अंशु जान गया था कि वह झूठ बोल रही है. उस ने रात के समय इस मुद्दे पर बात बढ़ाना उचित नहीं समझा. लेकिन इस घटना के बाद वह पत्नी के फोन पर नजर रखने लगा. माया के मोबाइल पर जब भी फोन आता, वह कान लगा कर उस की बातें सुनता था.

एक बार अंशु ने पत्नी के फोन की काल लौग देखी तो उस में एक नंबर ऐसा मिला, जिस पर वह बारबार बातें करती थी. इस से अंशु का शक यकीन में बदल गया. अंशु ने यह भी महसूस किया कि उस नंबर पर माया जब भी बात करती है, उस के चेहरे पर मुसकान रहती है. यह देख कर वह जलभुन जाता था.

जब अंशु से नहीं रहा गया तो उस ने एक दिन माया को इशारे में समझाने की कोशिश की कि वह अपनी सहेलियों से बातें कर अपना समय फालतू में बरबाद करने के बजाय अपनी घरगृहस्थी में ध्यान दे तो ज्यादा अच्छा रहेगा. माया ने अंशु की चेतावनी सुनने के बाद कुछ दिनों तक तो सावधान रही, लेकिन फिर वह उसी पुराने ढर्रे पर चल पड़ी.

दरअसल, बात यह थी कि शादी के पहले से ही माया के प्रेमसंबंध गांव के कई युवकों से थे. इन में से सत्यवीर भी एक था. उस का घर माया के घर के पिछवाड़े ही था. सत्यवीर से वह गांव के खेतखलिहानों में मिला करती थी. माया के शादी के वक्त जब सत्यवीर को पता चला था कि माया की शादी किसी और लड़के से हो रही है तो उस ने अपनी तरफ से उस की शादी तोड़वाने की बहुत कोशिश की थी, मगर गांव के बड़े बुजुर्गों के दबाव के कारण वह अपने इरादे में सफल नहीं हो सका था.

शादी के एक साल तक तो माया ने सत्यवीर को भुला दिया. मगर सत्यवीर चाह कर भी उसे अपने दिल से नहीं निकाल सका. इस बीच एक बार जब वह मायके आई तो सत्यवीर माया से अपने पुराने संबंधों की दुहाई दे कर फिर से बातचीत करने की जिद करने लगा.

माया अपने पुराने आशिक के दिल को नहीं तोड़ना चाहती थी. लिहाजा फिर से उन के प्रेमिल संबंध बदस्तूर कायम हो गए. माया अब 2 नावों की सवारी कर रही थी. शायद वह सोच रही थी कि उस के पति अंशु को उस के और सत्यवीर के प्रेमसंबंधों की जानकारी कभी नहीं होगी.

उधर अंशु को माया के ऊपर शक तो हो ही गया था. लेकिन वह यह नहीं जान पाया कि पत्नी का चक्कर उस के मायके के ही सत्यवीर के साथ चल रहा है.

माया जबतब मायके जाने लगी तो अंशु ने माया की हकीकत जानने के लिए कमर कस ली. एक बार जब वह मायके गई तो उस के बाद बिना बताए वह भी पीछेपीछे गांव चंदुआ पहुंच गया. लेकिन वह अपनी ससुराल में न जा कर गांव में ही एक परिचित के यहां रुका.

मायके पहुंचते ही माया की हसरतों को जैसे पंख लग गए. वह सत्यवीर से खेतों व पास के जंगल में मिलने लगी. सत्यवीर से मिलने का रास्ता खुला तो गांव के दूसरे आशिकों से भी मिलने में माया ने गुरेज नहीं किया. उस की इन हरकतों से पूरा गांव वाकिफ था.

अंशु को भी इस बारे में पता चल गया. उस ने कई बार चुपचाप माया को सत्यवीर से मिलते देख भी लिया था. तब उसे पता चला कि पत्नी क्या गुल खिला रही है और वह बारबार मायके क्यों आती है. माया से मिले बिना ही वह अपने घर लौट आया. जब माया मायके से वापस आई तो अंशु ने उस की काली करतूतों का चिट्ठा खोल कर सामने रख दिया. इस बार माया सफाई देने के बजाय चुप रही. उस ने उसे फिर से चेतावनी दी कि वह अपनी हरकतों से बाज आ जाए नहीं तो वह अपने परिवार की इज्जत के लिए कोई भी कदम उठा सकता है.

अंशु ने अपने सासससुर से भी माया की हरकतों की शिकायत की. उन्होंने भी माया को समझाने का भरोसा दिया. लेकिन वह उसे समझा नहीं पाए. माया जब शादी से पहले ही उन की बातों को नहीं सुनती थी तो अब भला क्या सुनती. बहरहाल माया में कोई सुधार नहीं आया. इस बात पर माया और अंशु के बीच लगभग हर रोज ही झगड़ा होने लगा.

इसी बीच माया के छोटे भाई रमाशंकर की शादी 24 अप्रैल, 2016 को होनी तय हो गई. एक दिन पहले 23 अप्रैल को तिलक होना था. अपने एकलौते भाई की शादी की खबर मिलने पर माया अपने बेटे अंश के साथ 11 अप्रैल को ही मायके पहुंच गई.

बाद में पहुंचने की बात कह कर अंशु घर पर रुक गया था. माया के मायके में पहुंचते ही सत्यवीर को उस से मिलने का सुनहरा मौका हाथ लग गया. मजे की बात तो यह थी कि उस के साथ उस का पति नहीं आया था. मौका निकाल कर माया और सत्यवीर एकदूसरे से मिल कर अपने इश्क की याद ताजा करने लगे.

उसी दौरान अंशु को चंदुआ गांव के भगवानदास की बेटी अनीता की 22 अप्रैल, 2016 को होने वाली शादी में शामिल होने का न्यौता मिला.

अंशु अनीता की शादी में शामिल होने के लिए रात 8 बजे चंदुआ गांव पहुंच गया. इस बार भी वह अपनी ससुराल न जा कर सीधे भगवानदास के घर पहुंचा और शादी के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपनी ससुराल गया. थका हुआ होने के कारण उस ने पत्नी से कहा कि वह जल्द सोना चाहता है.

उस रात गरमी बहुत थी, इसलिए माया ने उस का बिस्तर छत पर लगा दिया. अपने सभी संबंधियों से मिलने के बाद अंशु अपने बिस्तर पर सोने चला गया. लेटते ही उसे नींद ने अपने आगोश में समेट लिया. माया भी आंगन में बिछी चारपाई पर लेट गई.

आधी रात को अंशु की नींद खुली तो उसे प्यास लगी. पानी पीने के लिए जैसे ही वह छत से उतर कर आंगन में आया तो वहां उस ने जो कुछ देखा, उसे देख कर उस का गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा. सामने चारपाई पर माया के साथ उस का प्रेमी सत्यवीर आपत्तिजनक हालत में लेटा था. सत्यवीर को देख कर अंशु ने तेज आवाज में उसे ललकारा.

सत्यवीर हमेशा अपने साथ एक तमंचा रखता था. खतरा देख कर उस ने भागने के बजाय अंशु पर तमंचा तान दिया. अंशु में पता नहीं कहां से इतनी हिम्मत आ गई कि वह सत्यवीर के पास तमंचा होने के बावजूद उस से भिड़ गया. दोनों में हाथापाई हुई तो इस हाथापाई में अंशु ने सत्यवीर से तमंचा छीन लिया.

पलट कर उस ने सत्यवीर को मारना चाहा, लेकिन सत्यवीर अपनी जान बचा कर भागने में सफल हो गया. प्रेमी के साथ रंगेहाथों पकड़ी गई माया सिर झुकाए उस के सामने चारपाई पर बदहवास हालत में बैठी थी. अंशु को माया के चेहरे से भी नफरत हो गई थी.

दांत पीसते हुए उस ने माया की तरफ फायर झोंक दिया. गोली माया के सीने पर जा कर लगी और वह वहीं ढेर हो गई. इस के बाद अंशु उस ओर भागा, जिधर सत्यवीर भागा था. लेकिन रात के अंधेरे में उसे कुछ नजर नहीं आया. फिर अंशु रात में ही ससुराल से फरार हो गया.

आधी रात को गोली चलने की आवाज सुन कर माया के पिता रामऔतार और मां चंदा देवी तथा घर पर मौजूद दूसरे मेहमान वहां आ पहुंचे. आंगन में चारपाई पर माया की खून से सनी लाश पड़ी थी. वहां का खौफनाक मंजर देख कर सब का कलेजा मुंह को आ गया.

सत्यवीर को वहां आते या वहां से जाते किसी ने नहीं देखा था. उसे तो माया ने फोन कर के चुपके से बुलाया था. माया का पति अंशु वहां से गायब था. इसलिए लोगों ने यही सोचा कि किसी बात को ले कर माया और अंशु में कहासुनी हुई होगी और गुस्से में अंशु माया का कत्ल कर वहां से फरार हो गया होगा.

थोड़ी ही देर में गांव के लोगों का मजमा लग गया. माया की हत्या क्यों हुई, इस बात से सभी अनजान थे. रहस्य से परदा अंशु ही उठा सकता था कि आखिर 2 घंटे में ऐसा क्या अनर्थ हो गया कि बात माया के कत्ल तक पहुंच गई.

थोड़ी देर में गांव का प्रधान भी वहां पहुंच गया. रात 1 बज कर 10 मिनट पर उस ने माया के कत्ल की सूचना थाना हाफिजगंज में फोन कर के दे दी. थोड़ी ही देर में थानाप्रभारी धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस का अमला वहां पहुंच गया. थानाप्रभारी ने लाश का निरीक्षण करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दी.

अगली सुबह रामऔतार थाना हाफिजगंज पहुंचे और बेटी माया की हत्या का आरोप अपने दामाद महावीर उर्फ अंशु के ऊपर लगाते हुए उस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने को कहा. उन की तहरीर पर थानाप्रभारी ने अंशु के खिलाफ भादंवि की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया.

महावीर उर्फ अंशु की तलाश में पुलिस उस के गांव सरौरा पहुंची तो वह घर पर नहीं मिला. 24 अप्रैल, 2016 को धर्मेंद्र कुमार ने एक मुखबिर की सूचना पर अंशु को दिबनापुर हाल्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया.

थाने ला कर जब उस से पूछताछ की गई तो अंशु ने माया की हत्या का जुर्म स्वीकार करते हुए पूरी कहानी बता दी. पुलिस ने अंशु की निशानदेही पर माया की हत्या में प्रयुक्त सत्यवीर का तमंचा उस के घर में रखे संदूक से बरामद कर लिया.

अगले दिन महावीर को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Transgender Love Story : पूरी न हुई तमन्ना 

Transgender Love Story : तमन्ना भले ही हिजड़ा थी, लेकिन चाहने वाला दिल तो उस के अंदर भी था. उस की इसी चाहत का फायदा उठाया शेषपाल ने. उस के दिल में चाहत जगा कर उस का धन तो लूटा ही, धर्म भी लूट लिया. जब तमन्ना ने अपने गहने और पैसे वापस मांगे तो…

जब से ओमकार और ओमवती को पता चला था कि उन के यहां पैदा हुआ बच्चा न लड़का है न लड़की, तब से पतिपत्नी काफी परेशान रहते थे. उत्तर प्रदेश के जिला कासगंज के थाना ढोलना के गांव पचगाई के रहने वाले ठाकुर ओमकार सिंह की यह चौथी संतान थी. ओमकार सिंह ने पत्नी को समझाया कि जो भी होगा देखा जाएगा, बस इतनी सावधानी रखना कि बच्चे की असलियत का किसी को पता न चलने पाए.

ओमकार और ओमवती ने बच्चे का नाम पुष्पेंद्र रखा. उन्होंने पुष्पेंद्र की असलियत अपने हिसाब से बहुत छिपाई, पर जब वह बड़ा हुआ तो उस की चालढाल और हावभाव से ही लोगों को उस की असलियत का पता चल गया. फिर वही हुआ, जिस बात का उन्हें डर था. एक दिन कासगंज की भोली किन्नर की नजर उस पर पड़ी तो उस ने उस की असलियत जान ली और उसे अपने साथ ले आई.

उस समय पुष्पेंद्र की उम्र 12-13 साल थी. अब तक उस की मां की मौत हो चुकी थी और पिता संन्यासी बन चुके थे, बड़े भाइयों की शादियां हो चुकी थीं. भाई उसे बोझ समझते थे तो उन की पत्नियां भी उस का जरा भी खयाल नहीं रखती थीं. इस तरह उस की फिक्र करने वाला कोई नहीं था, इसलिए उस ने भोली के साथ चले जाना ही उचित समझा.

भोली के घर आ कर शुरूशुरू में तो पुष्पेंद्र को यह सब बड़ा अजीब लगा, लेकिन उन के साथ रहतेरहते उसे वहां अच्छा लगने लगा. वह भी उन के जैसे कपड़े पहनने लगा और उन के साथ बधाई गाने जाने लगा, क्योंकि अब तक उसे इस बात का अहसास हो गया था कि वह भी इन्हीं लोगों जैसा है.

पुष्पेंद्र जब हिजड़ों वाले सारे कामधाम सीख गया तो भोली उसे अपने गुरु पूजा के पास ले गई, जहां पूरे रीतिरिवाज के अनुसार पुष्पेंद्र को पूजा ने अपने परिवार में शामिल कर लिया. उस का नाम रखा गया तमन्ना. तमन्ना कुछ दिनों तक तो भोली के साथ रही, उस के बाद वह अपने गुरु पूजा के साथ गंदे नाले स्थित उस के निवास पर रहने लगी.

पुष्पेंद्र उर्फ तमन्ना ने अब तक अपनी जिंदगी के सच को सहज रूप से स्वीकार कर लिया था. पूजा के संरक्षण में वह मौज से रहने लगी. वह सुंदर थी और युवा भी, इसलिए वह जहां भी बधाई गाने जाती, उस की अच्छी कमाई होती. सब कुछ बढि़या चल रहा था. लेकिन जब वह जवान हुई तो उसे साथी की जरूरत महसूस होने लगी.

उस के दिन तो आराम से कट जाते थे, पर रातों को जब वह बिस्तर पर लेटती तो भविष्य को ले कर उसे नींद नहीं आती. वह यही सोचती रहती कि आखिर उस का भविष्य क्या होगा?

प्रकृति की गलती की वजह से वह समाज से अलग हो गई थी. समाज उसे अपना नहीं मानता था. आखिर वह अपने इस दिल का क्या करे, जो हजारों चाहतें पाले था. उस का दिल चाहता था कि कोई उसे अपनी मजबूत बाहों में ले कर उसे प्यार करे. लोगों की खुशियों के लिए तमन्ना नाचतीगाती थी, उन का दिल बहलाती थी, पर उस का अपना दिल बहलाने वाला कोई नहीं था. उस का तनमन पल भर के प्यार के लिए तरसता रहता था.

कासगंज से सटे गांव बहेडि़या के रहने वाले मोहनलाल यादव के बेटे मुकेश यादव को बेटा पैदा हुआ तो तमन्ना साथियों के साथ उस के यहां बधाई गाने गई. उस ने वहां ऐसा समां बांधा कि घर वालों ने खुश हो कर उसे भी खुश कर दिया. यही नहीं, यहीं उस के जीवन में बहार आ गई. दरअसल वह मुकेश के छोटे भाई शेषपाल को भा गई थी. उस ने तमन्ना से उस का मोबाइल नंबर मांगा तो उस ने सहज रूप से उसे अपना मोबाइल नंबर दे दिया.

लेकिन घर आ कर जब तमन्ना ने शेषपाल के बारे में सोचा तो उसे लगा कि उस ने ऐसे ही उस का नंबर नहीं लिया. क्योंकि नंबर मांगते समय शेषपाल की आंखों में जो चाहत नजर आई थी, वैसी उस ने किसी की आंखों में नहीं देखी थी. अगले दिन उस की यह सोच तब सच साबित हुई, जब उस के मोबाइल पर फोन कर के शेषपाल ने कहा, मैं शेषपाल बोल रहा हूं. कौन शेषपाल? तमन्ना ने पूछा. कल जब तुम मेरे यहां बधाई गाने आई थीं, तब मैं ने तुम्हारा नंबर लिया था न? मैं तुम से मिलना चाहता हूं.

तमन्ना का दिल धड़क उठा. किसी लड़के ने पहली बार उस से मिलने की इच्छा व्यक्त की थी. तमन्ना सोच में पड़ गई कि वह क्या जवाब दे. वह जवाब देने के बारे में सोच ही रही थी कि शेषपाल ने यह कह कर फोन काट दिया कि कल दोपहर को वह बाजार में उस का इंतजार करेगा. तमन्ना को उस रात नींद नहीं आई. वह इसी सोच में रात भर करवट बदलती रही कि वह उस से क्यों मिलना चाहता है? अगले दिन सजधज कर वह किसी से बिना कुछ कहे शेषपाल से मिलने बाजार पहुंच गई.

बीच बाजार में बात करना ठीक नहीं था, इसलिए शेषपाल उसे रिक्शे से शहर के बाहर ले आया. शहर से बाहर आ कर तमन्ना ने पूछा, तुम मुझे यहां क्यों ले आए हो? दिल की बात कहने के लिए. शेषपाल ने मन की बात सीधे कह दी. मैं क्या हूं, यह जानते हुए भी? तमन्ना ने कहा, मैं हिजड़ा हूं और हिजड़ों का न समाज में कोई स्थान है और न किसी के दिल में.

तमन्ना का हाथ थाम कर शेषपाल ने कहा, लेकिन मेरे दिल में है. जानती हो, कल रात से मैं सो नहीं पाया हूं. क्योंकि अब इस दिल पर मेरा वश नहीं रह गया है. मुझे अब किसी की परवाह नहीं है. न घर वालों की और न समाज की. मैं सिर्फ इतना जानता हूं कि मैं तुम्हें प्यार करने लगा हूं और तुम्हें कभी धोखा नहीं दूंगा. सिर्फ प्यार करने लगे हो या उस के आगे का भी सोचा है? तुम मुझ से ब्याह कर के अपनी पत्नी बना कर मुझे अपने घर में रख सकते हो? बिलकुल रखूंगा, कसम खाता हूं.  कह कर शेषपाल ने तमन्ना को बांहोें में भर लिया.

तमन्ना उस की बांहों में समा गई थी. उसे कब से एक ऐसे ही मर्द की तलाश थी. उसे लगा कि अब उस की तलाश पूरी हो गई है. शेषपाल टैंपो चलाता था. उस दिन के बाद जब भी उसे मौका मिलता, वह तमन्ना को अपने टैंपो में बैठा कर शहर से बाहर निकल जाता और एकांत में उस के साथ भविष्य के सपने सजाता.

पूजा को जब पता चला कि तमन्ना किसी लड़के के साथ घूमती है तो उस ने तमन्ना से इस बारे में पूछा. सच्चाई बताने के बजाय उस ने बात को टाल दिया. लेकिन जब एक दिन पूजा ने उसे शेषपाल के साथ देख लिया तो उस ने उसे समझाया कि मर्द हिजड़ों का सिर्फ इस्तेमाल करते हैं, उस से प्यार नहीं करते. इसलिए वह किसी मर्द के फरेब में न आए.

पूजा की इस बात पर तमन्ना ने उसे विश्वास दिलाया कि शेषपाल उन मर्दों में नहीं है. वह उसे बेहद प्यार करता है. वह उस से शादी करने को तैयार है. पूजा ने दुनिया देखी थी. उसे पता था कि अगर उस ने तमन्ना पर अंकुश लगाया तो वह बागी हो सकती है. जब ठोकर लगेगी तो उसे खुद ही पता चल जाएगा कि मर्द कितना बेवफा होता है.

प्यार गहराया तो तमन्ना ने कहा, शेषपाल, शादी के बाद हम कोई बच्चा गोद ले लेंगे. उस के बाद हमारा भरापूरा परिवार हो जाएगा. तमन्ना, हमें बच्चा गोद लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी. मैं तुम्हारा औपरेशन करवाऊंगा. उस के बाद तुम लड़की बन जाओगी और मेरे बच्चों को जन्म दोगी. शेषपाल ने कहा. क्या ऐसा भी हो सकता है? तमन्ना ने हैरानी से पूछा. हां, बिलकुल हो सकता है. 3-4 लाख रुपए खर्च होंगे. उस के बाद तुम सचमुच की औरत बन जाओगी. शेषपाल ने कहा.

इस तरह शेषपाल ने तमन्ना के दिल में उम्मीदों के चिराग जला दिए. इस के बाद वह उसे अपना सब कुछ मानने लगी और गृहस्थ जीवन के सपने देखने लगी. शेषपाल ने जब उस से कहा कि अब वह उस के बिना नहीं रह सकता तो तमन्ना ने कहा, पहले शादी करो, उस के बाद ही मैं तुम्हारे घर चलूंगी.

शेषपाल तमन्ना को अपने गांव ले गया और गांव के मंदिर में उस के साथ शादी कर ली. जब वह तमन्ना को ले कर घर पहुंचा तो उसे देख कर सब हैरान रह गए. शेषपाल का घर में दबदबा था, इसलिए कोई कुछ कह नहीं सका. लेकिन जब घर वालों को पता चला कि शेषपाल ने जिस से शादी की है, वह औरत नहीं, हिजड़ा है तो उस की मां उर्मिला और पिता मोहनलाल ने विरोध किया. मांबाप को चुप कराने के लिए शेषपाल ने कहा, यह बहुत पैसे वाली है. औपरेशन के बाद यह लड़की बन जाएगी. उस के बाद सब ठीक हो जाएगा.

उर्मिला और मोहनलाल दबंग बेटे से खुल कर कुछ नहीं कह सके. लेकिन मोहनलाल तमन्ना के पैसे ऐंठने में लग गया. उस ने तमन्ना से पैसे ले कर अपना पूरा घर पक्का करवा डाला. इस के बाद वह तमन्ना को घर के बाहर का रास्ता दिखाने पर विचार करने लगा, लेकिन शेषपाल इस के लिए तैयार नहीं था.

शेषपाल के मना करने पर मोहनलाल ने कहा, तुम्हारी वजह से परिवार की बदनामी हो रही है. अगर तमन्ना घर में रही तो दूसरे बच्चों की भी शादियां नहीं होंगी. हिजड़ा से तो वंश भी नहीं चलेगा. वंश तो औरत से ही चलेगा. प्यार का नशा उतरेगा, तब पछताओगे. लेकिन तब तक तुम किसी काबिल नहीं रहोगे. इसलिए इसे किसी भी तरह घर से निकालो.

दूसरी ओर तमन्ना शेषपाल पर औपरेशन के लिए दबाव डाल रही थी. लेकिन अभी तक डाक्टर ने पूरी तरह भरोसा नहीं दिया था कि औपरेशन के बाद तमन्ना पूरी तरह लड़की बन जाएगी. इस से शेषपाल को लगने लगा कि वह बेकार ही उम्मीदों के पीछे भाग रहा है. ऐसे में ही जब तमन्ना ने पूछा कि वह औपरेशन करवाने कब ले चल रहा है तो शेषपाल ने गुस्से में कहा, अब कभी नहीं ले जाऊंगा. इस का मतलब तुम भी अपने घर वालों के कहने में आ गए हो?  तमन्ना ने गुस्से में कहा.

इस पर नाराज हो कर शेषपाल ने तमन्ना की पिटाई कर दी. एक बार हाथ उठ गया तो उस के बाद मारपीट का सिलसिला सा चल निकला. शेषपाल ने तमन्ना के सारे गहने और पैसे हथिया लिए थे. उस ने पैसे और गहने वापस मांगे तो शेषपाल ने उसे घर से भगा दिया.

वापस आ कर तमन्ना ने सारी बात पूजा को बताई तो वह उसे कोतवाली ले गई. तमन्ना ने सीओ शबीह हैदर को सारी बात बताई तो उन्होंने 7 अक्तूबर, 2015 को शेषपाल और उस के भाइयों मुकेश तथा रजनेश के खिलाफ अपराध संख्या 280/2015 पर भादंवि की धारा 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया.

मुकदमा दर्ज होने की जानकारी शेषपाल को हुई तो वह परेशान हो उठा. उसे जेल जाने का डर सताने लगा. उस का यह डर तब और बढ़ गया, जब उस के पिता मोहनलाल ने कहा कि अब इन हिजड़ों से छुटकारा पाना आसान नहीं है. इसलिए इस सारे झंझट की जड़ को ही खत्म कर दो.

तमन्ना अपनी जिंदगी पटरी पर लाने की कोशिश कर रही कि एक दिन शेषपाल मोटरसाइकिल ले कर उस के घर पहुंचा और उसे मनाने की कोशिश करने लगा. लेकिन तमन्ना उस के साथ जाने को तैयार नहीं थी. शेषपाल ने प्यार की दुहाई देते हुए अपनी गलतियों के लिए माफी मांगी तो वह मान गई और उस की मोटरसाइकिल से उस के साथ चल पड़ी. उस समय तमन्ना ने सपने में भी नहीं सोचा था कि प्रेमी उसे मौत के मुंह में धकेलने ले जा रहा है.

शहर से बाहर आ कर शेषपाल ने जिस की मोटरसाइकिल थी, उसे दे दी. इस के बाद वह तमन्ना के साथ अपने टैंपो के पास पहुंचा, जिस में मुकेश, रजनेश, छोटू और सतीश बैठे थे. उन सब को देख कर तमन्ना को हैरानी हुई. वह कुछ कहती, उस के पहले ही शेषपाल ने कहा, तमन्ना अब हम नए सिरे से जिंदगी शुरू करना चाहते हैं. इसलिए घर जाने से पहले हम सब योगीपुर के माता के मंदिर में माथा टेकने चल रहे हैं.

बिना कुछ कहे तमन्ना टैंपो में बैठ गई. लेकिन जब टैंपो सोरों पार कर के गंगा नदी के किनारे की ओर बढ़ने लगा तो उसे कुछ संदेह हुआ. उस ने पूछा, हम इधर कहां जा रहे हैं? शेषपाल ने हंसते हुए कहा, हम तुम्हारी अंतिम यात्रा पर जा रहे हैं.

यह सुन कर तमन्ना कांप उठी. वह समझ गई कि उस की जान खतरे में है. लेकिन दूरदूर तक वहां कोई नहीं था, इसलिए वह कुछ नहीं कर सकी. जैसे ही टैंपो गंगा किनारे रुका, वह कूद कर भागी. 3 लोगों से वह कैसे बच कर भाग सकती थी. उन्होंने उसे घेर लिया और उसी के दुपट्टे से उस की हत्या कर दी. इस के बाद पांचों ने लाश को जला कर अस्थियां गंगा में बहा दीं.

जब तमन्ना घर लौट कर नहीं आई तो पूजा ने उसे फोन किया. उस का फोन नहीं मिला तो पूजा को लगा कि जरूर कुछ गड़बड़ है. उन्होंने ओमकार को बुलवाया और उन्हें साथ ले कर 18 फरवरी, 2016 को वह एसपी सुनील कुमार से मिलने जा पहुंची.

उन के आदेश पर कासगंज कोतवाली में भादंवि की धारा 364 के तहत मोहनलाल, शेषपाल, मुकेश, छोटू, रजनेश तथा सतीश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. 20 फरवरी को कोतवाली पुलिस ने मोहनलाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी नामजद अभियुक्त फरार हो गए थे. थाने में हुई पूछताछ में मोहनलाल ने बताया कि शेषपाल तमन्ना को ले तो आया था, लेकिन वह उसे कहां ले गया, उसे मालूम नहीं है. पुलिस ने उसी दिन उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

23 फरवरी को जांच अधिकारी अशोक कुमार ने शेषपाल और रजनेश को कासगंज बसस्टाफ से उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब दोनों बस से दिल्ली जाने के लिए वहां पहुंचे थे. थाने में की गई पूछताछ में उन्होंने स्वीकार कर लिया कि तमन्ना की हत्या कर के लाश को उन्होंने जला दिया है और अस्थियां गंगा में बहा दी हैं.

शेषपाल का कहना था कि तमन्ना उस के गले पड़ गई थी. वह उस से छुटकारा पा कर किसी लड़की से शादी कर के अपना घर बसाना चाहता था. जबकि तमन्ना ने उस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी. उस की रिपोर्ट पर उसे ही नहीं, उस के घर वालों को भी जेल भेज दिया जाता, जिस से समाज में उस की बदनामी होती. उस के बाद उस का विवाह भी नहीं होता. इसी बदनामी से बचने के लिए उस ने तमन्ना को मार दिया था.

उस के इस अपराध में मुकेश, छोटू और सतीश भी शामिल थे. शेषपाल ने यह अपराध कर के खुद की तो जिंदगी बरबाद की ही, इस अपराध में शामिल अन्य लोगों की भी जिंदगी बरबाद कर दी. क्या उस ने तमन्ना के पैसों के लिए उस से प्यार किया था? अगर सच्चा प्यार किया होता तो शायद उसे कभी मारता न.

उस ने जो किया, उस की सजा तो उसे मिलेगी ही, आगे क्या होगा, यह समय बताएगा. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है. Transgender Love Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Extramarital Affair Murder : सुख की तलाश में सुनीता 

Extramarital Affair Murder : घरपरिवार से दुखी सुनीता ने सुख की खातिर विकास को अपना बनाया था. लेकिन विकास का अपना घरपरिवार था. वह सुनीता को कैसे अपनी बना सकता था. जब सुनीता उस के लिए गले की हड्डी बनी तो उस ने उसे दूर तो कर दिया, लेकिन…

प्रकाश आहिरे अपने परिवार के साथ महानगर मुंबई के उपनगर घाटकोपर (पश्चिम) में भीमनगर वी.वी.एस. पवार की चाल में रहता था. उस के परिवार में पत्नी सुनीता, 2 बेटियां और एक बेटा था. प्रकाश एक नंबर का शराबी था. अधिक शराब पीने की ही वजह से उसे टीबी हो गई थी. इसलिए परिवार की देखभाल की जिम्मेदारी सुनीता पर आ गई थी.

सुनीता के लिए इस से भी ज्यादा दुख की बात यह थी कि बेटा भी बाप की राह पर चल पड़ा था. वह जो भी कमाता था, शराब पी जाता था. परिवार के भूखों मरने की नौबत आ गई तो सुनीता को कमाने की जरूरत महसूस हुई. उस ने जानपहचान वालों से कहीं नौकरी दिलाने की बात की तो किसी ने उसे दादर स्थित एक नल की टोंटी बनाने वाली फैक्ट्री में नौकरी दिला दी.

सुनीता को वहां वेतन तो कोई ज्यादा नहीं मिल रहा था, फिर भी इतना मिल जाता था कि पेट को रोटी और तन को कपड़ा मिल जाता था. जैसेतैसे दिन बीत रहे थे, लेकिन समय कब बदल जाए, कोई नहीं जानता. अचानक सुनीता एक बार फिर आर्थिक संकट में घिर गई.

वह जिस नल की टोंटी बनाने वाली फैक्ट्री में काम करती थी, वह एकाएक बंद हो गई थी. इस के बाद सुनीता ही नहीं, वहां काम करने वाले सभी लोग बेरोजगार हो गए थे. इस तरह सुनीता के सामने एक बार फिर वही समस्या खड़ी हो गई, जो पहले थी. वह नौकरी के लिए फिर भटकने लगी.

उसी बीच उस की मुलाकात प्रवीण धाड़ी से हुई. प्रवीण सुनीता के साथ दादर की नल की टोंटी बनाने वाली कंपनी में काम करता था. दोनों में पटती भी थी, इसलिए सुनीता ने जब उसे घर की स्थिति बता कर नौकरी के बारे में कहा तो उस ने उसे नौकरी दिलाने का आश्वासन ही नहीं दिया, बल्कि दिला भी दी.

प्रवीण का एक दोस्त था विकास म्हात्रे, जिस की थाणे के कल्याण के पास दिवा में प्लास्टिक के तार बनाने की एक छोटी सी फैक्ट्री थी. उसे एक ईमानदार मेहनती महिला कर्मचारी की जरूरत थी. सुनीता को उस ने वेतन 4 हजार रुपए देने की ही बात कही थी. लेकिन मरता क्या न करता. सुनीता ने विकास म्हात्रे के यहां नौकरी कर ली थी.

वह सुबह लोकल ट्रेन से दिवा तक जाती तो रात 8 बजे तक घर लौटती थी. काम ज्यादा होने पर कभीकभी देर भी हो जाती थी. उसे विकास म्हात्रे के यहां काम करते कुछ ही महीने हुए थे कि एक दिन अचानक वह गायब हो गई. उस के इस तरह अचानक गायब होने से घर में मातम छा गया, क्योंकि उसी की वजह से घर चल रहा था.

सुनीता के भाई देवीदास और बेटी श्रद्धा ने सुनीता को काफी खोजा, जब वह कहीं नहीं मिली तो घाटकोपर जा कर उस की गुमशुदगी दर्ज करा दी. यह 10 जून, 2015 की बात थी. थाना घाटकोपर के थानाप्रभारी इंसपेक्टर व्यंकटेश पाटील ने अधिकारियों तथा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दे कर मामले की जांच शुरू कर दी.

सुनीता विकास म्हात्रे की फैक्ट्री में नौकरी करती थी और सुबह वहीं जाने की बात कह कर घर से निकली थी, इसलिए पुलिस का ध्यान उसी पर जम गया था. उसे थाने बुला कर पूछताछ की गई तो उस ने खुद को सुनीता के मामले में एकदम अनभिज्ञ बताया. जब इस से कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस ने उस का मोबाइल नंबर ले कर उसे छोड़ दिया.

22 जून, 2015 को नवी मुंबई के निलजे गांव की लोढा हैवन इमारत के रहने वाले एलआईसी एजेंट संतोष व्हटकर किसी काम से नवी मुंबई महापे जा रहे थे तो रास्ते में उन्हें पेशाब लगी. महापे रोड के टीवीएमटी नाले के पास मोटरसाइकिल रोक कर वह पेशाब करने नाले के किनारे गए तो वहां लगे मिट्टी के ढेर पर महिला की लाश देख कर उन के होश उड़ गए. वह पेशाब करना भूल गए और मोटरसाइकिल उठा कर सीधे महापे टोल नाका पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस वालों को लाश के बारे में बताया.

पुलिस वालों ने इस की जानकारी थाना एमआईडीसी पुलिस को दी तो थानाप्रभारी इंसपेक्टर चंद्रसेन देशमुख अपने साथ इंसपेक्टर चंद्रकांत काटकर, अरुण पवार, प्रवीण शेडके, एसआई प्रदीप श्राफ, हैडकांस्टेबल आशीष महाडिक, दिगंबर आंजे, प्रकाश सालुके और दीपक कांबले को ले कर घटनास्थल पर पहुंच गए.

बरसात की वजह से लाश फूल गई थी. लाश पर जो नाइटी थी, वह जगहजगह से फटी हुई थी. उस के हाथ पीछे की तरफ मजबूत रस्सी से बंधे थे. साफ लग रहा था कि हत्या कर के लाश यहां सुनसान में ला कर फेंकी गई थी. लाश फेंकने वाले ने यह सोच कर लाश यहां फेंकी थी कि बरसात में लाश बह कर दूर निकल जाएगी.

चंद्रसेन देशमुख ने लाश और घटनास्थल का निरीक्षण कर के लाश को पोस्टमार्टम के लिए वाशी अस्पताल भिजवा दिया. इस के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर के जांच शुरू कर दी. जांच में सब से बड़ी समस्या शिनाख्त की थी, बिना शिनाख्त के जांच आगे नहीं बढ़ सकती थी.

इस के लिए पुलिस ने नवी मुंबई, थाणे, रायगढ़, पालघर और कोंकण के सभी थानों से संपर्क किया. इस के अलावा लाश के फोटो दैनिक अखबारों में छपवाए गए. जब इस सब से भी कोई लाभ नहीं हुआ तो लाश के पैंफ्लेट छपवा कर पूरे शहर में चस्पा करवाए गए. लेकिन पुलिस को इस का भी कोई लाभ नहीं मिला. जब लाश की शिनाख्त ही नहीं हो सकी तो जांच कैसे आगे बढ़ती?

धीरेधीरे 4 महीने बीत गए. 27 सितंबर, 2015 को थाना घाटकोपर के सिपाही रावत और पानसरे किसी काम से तुर्दे गए तो वहां उन्होंने कई जगहों पर सुनीता की लाश के पैंफ्लेट लगे देखे. वे जिस गुमशुदा महिला की तलाश 4 महीने से कर रहे थे, उस की तो हत्या हो चुकी थी. उन्होंने यह बात तुरंत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को बताई और थाना एमआईडीसी जा कर सुनीता की लाश मिलने के बारे में जानकारी जुटाई.

इस के बाद उन्होंने वह लाश सुनीता की ही थी, इस की पुष्टि के लिए उस के घर वालों को वहीं बुला लिया. घर वालों को जब थाने में रखे सुनीता के सामान और फोटो दिखाए गए तो सुनीता के भाई देवीदास और बेटी श्रद्धा ने बताया कि फोटो और सामान सुनीता के ही हैं.

चूंकि थाना घाटकोपर पुलिस की नजर में विकास म्हात्रे संदिग्ध था, इसलिए उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ मे इस बार भी वह पहले की ही तरह नाटक करता रहा. पुलिस उस के साथ सख्ती न कर सके, इस के लिए वह कभी बेहोश हो जाता तो कभी दीवार पर सिर पटकने लगता, साथ ही धमकी देता कि अगर उसे परेशान किया गया तो वह आत्महत्या कर लेगा.

विकास को रास्ते पर आते न देख चंद्रसेन देशमुख ने वरिष्ठ अधिकारियों से सलाह कर के उस से सच्चाई उगलवाने की एक नई युक्ति निकाली. संयोग से उन की वह युक्ति सफल भी हो गई. उसी युक्ति से विकास ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.

18 जनवरी, 2016 को चंद्रसेन देशमुख ने अपने एक तेजतर्रार पुलिस अधिकारी को वकील के रूप में विकास के पास भेजा. उस अधिकारी ने विकास से कहा कि उसे उस की पत्नी ने उस के पास भेजा है. उसे पूरा भरोसा है कि वह उसे बचा लेगा. लेकिन वह उसे तभी बचा सकेगा, जब वह शुरू से ले कर अंत तक की पूरी कहानी उसे बता दे. आखिर विकास उस के झांसे में आ गया और सुनीता की हत्या का सारा सच उगल दिया. उस ने सुनीता की हत्या की जो कहानी सुनाई, वह इस प्रकार थी.

42 वर्षीय विकास म्हात्रे महानगर मुंबई के उपनगर अंधेरी (पूर्व) में करीम की चाल में अपने परिवार के साथ रहता था. उस के परिवार में पत्नी के अलावा 4 बेटियां थीं. उस की प्लास्टिक के तार बनाने की छोटी सी फैक्ट्री थी. शुरू में वह अपना यह काम घर से ही करता था. लेकिन कुछ दिनों बाद उस ने अपनी तार बनाने वाली मशीन मुंबई से दूर थाणे के दिवा के गांव दानीवाली की चाल में लगा ली थी.

काम अच्छा चलने लगा तो विकास को सहयोगी की जरूरत महसूस हुई. उस की नजर में पुरुष की अपेक्षा महिला सहयोगी ज्यादा अच्छी लगी. उसे लगता था कि औरतें कम पैसे में भी मेहनत और ईमानदारी से काम करती हैं. इस बारे में उस ने अपने दोस्त प्रवीण धाड़ी से बात की तो उस ने सुनीता की नौकरी उस के यहां लगवा दी. सुनीता को नौकरी की जरूरत थी ही, इसलिए कम वेतन पर भी उस ने विकास के यहां नौकरी कर ली.

इस तरह सुनीता विकास को एक सहयोगी के रूप में मिल गई. विकास सुनीता का काफी ध्यान रखता था. उस का ध्यान रखना सुनीता को अच्छा भी लगता था. परिणामस्वरूप वह विकास के करीब आती गई. उस के करीब आने के बाद सुनीता बीमार पति, शराबी बेटे और अविवाहित बेटी तथा घर के झंझटों से मुक्त रहने लगी.

सुनीता का अपनी ओर झुकाव देख कर विकास भी सुनीता के करीब आने की कोशिश करने लगा. एक दिन सुनीता के दिल की बात भांपने के लिए उस ने कहा, पता नहीं क्यों, आज मेरा काम में मन नहीं लग रहा है. सुनीता ने हंसते हुए कहा, लगता है, पत्नी की याद आ रही है. पत्नी को याद करने सेक्या फायदा? मेरी पत्नी बीमारी की वजह से इतनी कमजोर है कि वह मेरे किसी काम की नहीं है. विकास ने ठंडी सांस लेते हुए कहा. तुम चाहो तो मैं तुम्हारी मदद कर सकती हूं. सुनीता विकास की आंखों में आंखें डाल कर बोली. विकास सुनीता से क्या चाहता है, इस बात से वह अंजान नहीं थी. इसीलिए उस ने उस से इस तरह कहा था.

इस मामले में तुम मेरी क्या मदद कर सकती हो? विकास ने पूछा. तुम मुझे 5 सौ रुपए दो. उस के बाद देखो मैं तुम्हारी कैसे मदद करती हूं. सुनीता ने हंस कर अपना हाथ आगे बढ़ा दिया.

विकास ने जेब से 5 सौ रुपए का नोट निकाल कर सुनीता के हाथ पर रख दिया. उस ने नोट को मुट्ठी में दबाया और बाथरूम में चली गई. कुछ देर बाद जब वह बाहर आई तो उस के बदले रूप को देख कर विकास दंग रह गया.

सुनीता के बदन पर सिर्फ पेटीकोट ब्लाऊज था. विकास जो चाहता था, सुनीता उस के लिए तैयार थी. वहां उन दोनों के अलावा और कोई नहीं था, इसलिए मर्यादा तोड़ कर उन दोनों ने एक नया रिश्ता कायम कर लिया. एक बार मर्यादा टूटी तो उन का जब मन करता, वे एक हो जाते. जब से सुनीता का विकास से संबंध बना था, वह खुश रहने लगी थी. अब उस का मन घर में बिलकुल नहीं लगता था. इस की वजह यह थी कि उस के घर का जो माहौल था, उस में उस का दम घुटता था.

इसीलिए उस का घर से मोह भंग हो गया था. अब उसे विकास ज्यादा अच्छा लगने लगा था. शायद यही वजह थी कि वह उस के साथ विवाह कर के साथ रहने का सपना देखने लगी थी. जबकि विकास के मन में ऐसा कुछ नहीं था. उस का अपना घरपरिवार था. वह अपने परिवार के साथ खुश भी था.

सन 2015 के जून महीने के पहले सप्ताह में एक दिन सुनीता बिना किसी को कुछ बताए अपना सारा सामान ले कर विकास की फैक्ट्री में हमेशाहमेशा के लिए आ गई. उस ने विकास पर शादी के लिए जोर डाला तो दोनों में जम कर झगड़ा हुआ.

विकास ने उसे कंपनी से बाहर जाने के लिए कहा तो उस ने उसे धमकाते हुए कहा, ‘‘अगर तुम ने मुझे यहां से निकाला तो मैं सीधे थाने जा कर तुम्हारे खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवा दूंगी. उस के बाद तुम जेल तो जाओगे ही, तुम्हारी बदनामी भी खूब होगी.’’

सुनीता की इस धमकी से विकास बुरी तरह डर गया. उस ने सोचा कि अगर सुनीता ने सचमुच ऐसा कर दिया तो वह कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रह जाएगा. अब वह उस से छुटकारा पाने के उपाय सोचने लगा. काफी सोचनेविचारने के बाद उसे लगा कि अब सुनीता से छुटकारा मार कर ही मिल सकता है. बस उस ने खतरनाक फैसला ले लिया.

सुनीता किसी भी तरह अपने घर जाने को तैयार नहीं हुई तो विकास और उस में कहासुनी होने लगी. इसी कहासुनी के बीच विकास को गुस्सा आ गया तो उस ने सुनीता को धक्का दे कर जमीन पर गिरा दिया और प्लास्टिक की थैलियों से उस का मुंह और नाक दबा दिया. जब उस की मौत हो गई तो तसल्ली के लिए उस ने लाश को 2-3 बार उठा कर पटका.

जब उसे पूरा विश्वास हो गया कि सुनीता मर चुकी है तो उस ने उस के दोनों हाथों को पीछे कर के रस्सी से बांध दिए और उसे उठा कर ड्रम में डाल दिया. इस के बाद उसे ऊपर से सीमेंट डाल कर पैक कर दिया और उसे उठा कर बाथरूम में रख दिया. यह 4 जून, 2015 की बात थी.

सुनीता को ठिकाने लगा कर विकास परिवार के साथ शिर्डी चला गया. दूसरी ओर सुनीता घर लौट कर नहीं आई तो उस के घर वाले उस की तलाश करने लगे. 10 जून, 2015 को विकास घूमफिर कर लौटा तो उसे सुनीता की लाश की चिंता हुई. लाश को ठिकाने लगाना बहुत जरूरी था. ड्रम को उठा कर वह दानीवाली नाका ले आया और वहां से टैंपो द्वारा महापे रोड ले गया. उस समय तक रात के 11 बज चुके थे. उस समय तक सड़क सूनी हो चुकी थी.

उस ने टीवीएमटी नाले के पास टैंपो रुकवा कर ड्रम को उतारा और उसे तोड़ कर लाश को बाहर निकाला. इस के बाद लाश को नाले में ले जा कर फेंक दिया और अपने घर आ कर आराम से सो गया. लेकिन वह सुबह उठा तो पुलिस उस के सामने खड़ी थी.

सुनीता की हत्या की पूरी कहानी सुना कर विकास ने वकील के कागज पर दस्तखत कर दिए. अगले दिन जब उसे पता चला कि वह उस की पत्नी द्वारा भेजा गया कोई वकील नहीं, पुलिस अधिकारी था तो उस ने अपना सिर पीट लिया. लेकिन अब क्या हो सकता था. उस ने तो अपना अपराध स्वीकार कर लिया था. पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.  Extramarital Affair Murder

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधा

Love Crime Story : बेवफाई का ऐसा सिला

Love Crime Story . शिवप्रसाद सचमुच अर्शली को बहुत प्यार करता था. यही वजह थी कि उस ने उस के लिए अपने घर वालों तक से बगावत कर दी थी. यही नहीं, अपनी सारी कमाई भी उस पर लुटा दी थी. इस के बावजूद जब अर्शली ने उस से किनारा कर लिया तो प्रेमिका की यह बेवफाई उस से बरदाश्त नहीं हुई और…

सपना 22 वर्षीया अर्शली लौरेंस उर्फ जैनी उर्फ छोटी को बेटी की तरह मानती थी. जब वह उसे 2 दिनों सेदिखाई नहीं दी तो उसे चिंता हुई. अर्शली की मां सोफिया भी नजर नहीं आ रही थी. उन के कमरे में बाहर से ताला बंद था. उन की स्कूटी भी गैलरी में नहीं थी. उन का फोन भी बंद था.

सपना की समझ में नहीं आ रहा था कि मांबेटी बिना बताए कहां चली गईं. जबकि इस से पहले वे जब भी कहीं बाहर जाती थीं, बता कर जाती थीं. यही नहीं, घर की चाबी दे कर सारी जिम्मेदारी भी उसे ही सौंप जाती थीं.

सपना किन्नर थी और अपनी साथी बौबी के साथ सोफिया के मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रहती थी. वह सुबह निकलती थी तो शाम को ही घर आती थी. 3 अप्रैल की दोपहर सपना घर से निकलने लगी तो सोफिया के कमरे से उसे दुर्गंध सी आती महसूस हुई. उस ने खिड़की के पास खड़ी हो कर लंबी सांस ली तो उसे लगा कमरे से मांस के सड़ने की दुर्गंध आ रही है.

उस की समझ में नहीं आया कि सोफिया के कमरे से इस तरह की दुर्गंध क्यों आ रही है? चूंकि मांबेटी 3 दिनों से गायब थीं, इसलिए सपना को किसी अनहोनी की आशंका हुई. इस के बाद उस ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर फोन कर दिया.

चूंकि यह इलाका थानाकोतवाली शाहपुर के अंतर्गत आता था, इसलिए पुलिस कंट्रोल रूम ने इस की सूचना थानाकोतवाली शाहपुर पुलिस को दे दी. सूचना मिलते ही कोतवाली  प्रभारी आनंद प्रकाश शुक्ला एसआई विमलेंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार सिंह, सिपाही मनीष सिंह, राजीव शुक्ला, रामविनय, रामनिहाल, संतोष कुमार और शिवानंद उपाध्याय को साथ ले कर बशारतपुर के मोहल्ला मोतीपोखरा स्थित सोफिया लौरेंस के घर पहुंच गए.

चूंकि मोहल्ले वालों को अभी तक कुछ पता नहीं था, इसलिए एकाएक इतने पुलिस वालों को देख कर सब हैरान रह गए. सभी अपनेअपने घरों से निकल कर बाहर आ गए. सपना घर के बाहर ही खड़ी थी. पुलिस वालों ने उस से बात की तो उस ने जो आशंका व्यक्त की, सुन कर पुलिस वालों को भी किसी अनहोनी की आशंका हुई.

दरवाजे पर ताला लगा था. आनंद प्रकाश शुक्ला ने दरवाजा खोलने से पहले घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी तो थोड़ी ही देर में सीओ अभय कुमार मिश्र, एसपी (सिटी) हेमराज मीणा, एसएसपी अनंतदेव के अलावा कई थानों के थानाप्रभारी भी पुलिस बल के साथ वहां आ गए. इन्हीं के साथ फोरैंसिक टीम भी आ गई थी.

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सोफिया के कमरे के दरवाजे पर लगे ताले को तोड़ कर दरवाजा खोला गया तो तेज दुर्गंध बाहर निकली. दरवाजे के पास खड़े पुलिस अधिकारी पीछे हट गए. थोड़ी देर में दुर्गंध थोड़ी कम हुई तो नाक पर रूमाल रख कर पुलिस अधिकारी कमरे में घुसे.

सामने ही बैड पर 2 महिलाओं की लाशें कंबल से ढकी पड़ी थीं. दोनों ही लाशें बुरी तरह से सड़ चुकी थीं. कमरे का सामान यथावत था. बिस्तर पर खून बहा था, जो सूख कर काला पड़ चुका था. देखने से ही लग रहा था कि दोनों महिलाओं की हत्या की गई थी.

लाशें बुरी तरह सड़ चुकी थीं, इसलिए यह अंदाजा लगाना मुश्किल था कि हत्याएं कैसे की गई थीं. पूछने पर पता चला कि मरने वाली दोनों महिलाएं मांबेटी थीं. उस समय उन का वहां अपना कोई नहीं था. इसलिए पुलिस ने किराएदार सपना की उपस्थिति में घर की तलाशी ली.

घर के आंगन के एक कोने में शराब और बीयर की तमाम बोतलें पड़ी थीं. पूछने पर पता चला कि मांबेटी दोनों शराब और बीयर पीती थीं. चूंकि वे क्रिश्चियन थीं, इसलिए पुलिस के लिए यह कोई हैरानी की बात नहीं थी. पुलिस ने कमरे में मांबेटी के मोबाइल फोन तलाशे तो वे गायब मिले. इस के अलावा सपना ने बताया था कि उन की स्कूटी थी, जो गैलरी में खड़ी रहती थी, वह भी नहीं थी. इस से पुलिस को लगा कि हत्यारा दोनों के मोबाइल फोन के अलावा स्कूटी भी ले गया था.

फोरैंसिक टीम ने अपना काम निबटा लिया तो पुलिस ने दोनों लाशों को पोस्टमार्टम के लिए बाबा राघवदास मैडिकल कालेज भिजवा दिया. उस समय वहां मृतका सोफिया और उस की बेटी अर्शली के बारे में बताने वाला उन का कोई नहीं था.

सोफिया की सास मरियम 3 महीने पहले बड़ी पोती एलिना की हत्या हो जाने के बाद अपनी बेटी सन्नो के पास जौनपुर चली गई थीं. इसलिए इन दोनों हत्याओं की रिपोर्ट किराएदार किन्नर सपना की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई.

मामला गंभीर था, इसलिए इस के खुलासे के लिए एसएसपी अनंतदेव ने अपने औफिस में एसपी (सिटी) हेमराज मीणा, सीओ अभय कुमार मिश्र, कोतवाली शाहपुर के प्रभारी आनंद प्रकाश शुक्ला और क्राइम ब्रांच की एक मीटिंग बुलाई.

मीटिंग में उन्होंने हेमराज मीणा के नेतृत्व में एक टीम गठित की, जिस ने सीओ अभय कुमार मिश्र की देखरेख में मामले की जांच शुरू की. जांच के लिए पुलिस टीम घटनास्थल पर दोबारा पहुंची तो पता चला कि मकान के भूतल पर सोफिया लौरेंस अपनी बेटी अर्शली के साथ रह रही थीं, जबकि पहली मंजिल के 2 कमरों में एक में किन्नर सपना और बौबी रहती थीं तो दूसरे कमरे में रीमा अपने परिवार के साथ रहती थी.

इन किराएदारों को सोफिया की सास मरियम लौरेंस ने रखा था. जबकि इस समय मरियम जौनपुर में अपनी बेटी सन्नो लौरेंस के पास थीं. यह भी पता चला कि मरियम लौरेंस की बड़ी पोती यानी मृतका सोफिया की बड़ी बेटी एलिना लौरेंस की 7-8 दिसंबर, 2015 की रात संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई थी. वह मोहल्ले के ही अभिषेक मधई से 7 सालों से प्रेम करती आ रही थी.

अभिषेक भी उसे प्यार करता था. मरने से 3 महीने पहले वह अभिषेक के साथ लिवइन रिलेशन में रहने उस के घर चली गई थी. यह बात अभिषेक के पिता मोटीन मधई और मां अर्चना लौरेन को पसंद नहीं थी. इसलिए वे बेटे अभिषेक और एलिना को ताने मारते रहते थे.

7 दिसंबर, 2015 की रात अभिषेक और एलिना रात 9 बजे के करीब घर लौटे तो उन्हें देख कर ही लग रहा था कि वे शराब पिए हुए हैं. रात के 3 बजे के करीब अभिषेक के कमरे में किसी चीज के गिरने की तेज आवाज आई तो अर्चना की नींद टूट गई. भाग कर वह अभिषेक के कमरे में पहुंची तो वह बैड पर औंधे मुंह पड़ा उल्टियां कर रहा था, जबकि एलिना फर्श पर निढाल पड़ी थी. पूछने पर अभिषेक ने बताया कि दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया है.

बेटे की बात सुन कर अर्चना बुरी तरह डर गईं. उस ने पति को जगा कर सारी बात बताई. पतिपत्नी ने तड़पती एलिना को वहीं छोड़ दिया और बेटे को ले कर अस्पताल चले गए. डाक्टरों ने अभिषेक को तो बचा लिया, लेकिन घर में पड़ी एलिना ने दम तोड़ दिया.

एलिना की मौत की खबर मरियम और सोफिया को मिली तो वे सन्न रह गईं. पोती की आकस्मिक मौत से मरियम लौरेंस को गहरा सदमा लगा. सोफिया और मरियम ने कोतवाली शाहपुर में मुकदमा दर्ज कराया कि अभिषेक के घर वालों ने एलिना की हत्या की है. मुकदमा दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने एलिना की हत्या के जुर्म में अभिषेक को गिरफ्तार कर के जेल भेज दिया.

इस के बाद पुलिस यह पता लगाने लगी कि सोफिया के घर किनकिन लोगों का आनाजाना था. इसी बात की जानकारी जुटाने में पुलिस को पता चला कि मोहल्ले के रहने वाले मिंटू के दोस्त शिवप्रसाद का उस के घर काफी आनाजाना था. लोगों का यह भी कहना था कि अर्शली और शिवप्रसाद एकदूसरे से प्यार करते थे.

पुलिस ने मिंटू से पूछताछ की तो उस ने स्वीकार कर लिया कि अर्शली और शिवप्रसाद एकदूसरे से प्यार करते थे. हत्याएं उस ने की हैं या किसी और ने, इस बारे में वह कुछ नहीं बता सकता. पुलिस मिंटू को साथ ले कर आम बाजार स्थित शिवप्रसाद के घर पहुंची तो वह घर पर ही मिल गया.

पुलिस वालों को देख कर जहां शिवप्रसाद के घर वाले हैरान थे, वहीं उस ने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास था कि आप लोग जल्दी ही मेरे घर आने वाले हैं. इसीलिए मैं घर छोड़ कर कहीं गया नहीं. क्योंकि अगर मैं घर छोड़ कर कहीं भाग जाता तो आप लोग मेरे घर वालों को परेशान करते. आप लोगों को बता दूं कि मैं ने ही सोफिया और अर्शली की हत्या की है.’’

शिवप्रसाद की बातें हैरान करने वाली थीं. पुलिस को लगा, कहीं यह पागल तो नहीं है. इसलिए उन्हें उस की बातों पर यकीन नहीं हुआ. पुलिस को उस की बातों पर यकीन तब हुआ, जब उस ने अर्शली की स्कूटी, सोफिया तथा अर्शली के मोबाइल फोन और लोहे की वह रौड तथा धारधार रेडियम वाला चाकू बरामद करा दिया, जिस से अर्शली और सोफिया की हत्या की गई थी.

आम लोगों के लिए यह हैरान करने वाली ही बात थी. शायद ऐसा पहली बार हुआ था कि कोई कातिल घर में बैठ कर पुलिस के आने का इंतजार कर रहा था. आनंद प्रकाश शुक्ल शिवप्रसाद और बरामद सामान ले कर कोतवाली आ गए और हत्यारे की गिरफ्तारी की सूचना पुलिस अधिकारियों को दे दी.

अधिकारियों की उपस्थिति में शिवप्रसाद ने अर्शली और सोफिया की हत्या की जो कहानी सुनाई, वह प्रेम में धोखा खाने के बाद बदला लेने की कहानी थी.

अगले दिन 4 अप्रैल को एसएसपी अनंतदेव ने पुलिस लाइंस के मनोरंजन कक्ष में पत्रकारवार्ता आयोजित कर शिवप्रसाद को पत्रकारों के सामने पेश किया तो प्रेमिका की बेवफाई की जो कहानी उस ने पुलिस को बताई थी, वही कहानी पत्रकारों को भी सुना दी. सीधेसादे शिवप्रसाद ने हालात और परिस्थितियों के हाथों मजबूर हो कर प्रेमिका अर्शली और उस की मां सोफिया की हत्या की जो कहानी सुनाई, वह इस प्रकार थी.

उत्तर प्रदेश के जिला गोरखपुर की थानाकोतवाली शाहपुर के बशारतपुर के मोहल्ला मोतीपोखरा में ज्यादातर ईसाई रहते हैं. इसी मोहल्ले में मरियम लौरेंस भी रहती थी. उन की 2 संतानें थीं, बेटा एलिसिएंस लौरेंस उर्फ पन्नो तथा बेटी सन्नो. मरियम लौरेंस रेलवे अस्पताल में नर्स थीं. उन के पति की बहुत पहले मौत हो चुकी थी. पति की मौत के बाद उन्होंने ही बेटे और बेटी को पालपोस कर बड़ा किया था.

पन्नो बड़ा हुआ और उस में दुनियादारी की समझ आई तो उस ने परिवार का सहारा बनना चाहा. मरियम ने अपनी मेहनत की बदौलत काफी चलअचल संपत्ति जुटा रखी थी. पन्नो ने नौकरी करने के बजाय घर के सामने पड़ी अपनी खाली जमीन पर आटा चक्की लगा ली. उस की मेहनत रंग लाई और उस की आटा चक्की चल निकली.

लेकिन जब पन्नो के पास पैसे आए तो एकाएक उस के दोस्तों की संख्या बढ़ गई. इन्हीं दोस्तों की वजह से उसे शराब पीने की बुरी लत लग गई. जब इस की जानकारी मरियम को हुई तो बेटे को लाइन पर लाने के लिए उन्होंने उसे डांटाफटकारा ही नहीं, समझाया भी. पर पन्नो पर इस सब का कोई असर नहीं हुआ. धीरेधीरे पन्नो की लत बढ़ती गई और उस की आटा चक्की की सारी कमाई शराब में उड़ने लगी. इस का नतीजा यह निकला कि आटा चक्की बंद हो गई.

मरियम बेटे की आदत से परेशान रहने लगी थीं. उसे सुधारने की उन्होंने बहुत कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. आखिर में उन्हें एक रास्ता उस की शादी कर देना नजर आया. मरियम ने खूब सोचसमझ कर उस की शादी सोफिया लौरेंस से कर दी. इस के बाद बेटी सन्नो की शादी जौनपुर में कर के वह अपनी जिम्मेदारी से मुक्त हो गईं.

शादी के बाद पन्नो पर गृहस्थी का बोझ पड़ा तो उस ने आटा चक्की की जगह जनरल स्टोर खोल लिया. उस की दुकान चल निकली और ठीकठाक कमाई होने लगी. पन्नो को सोफिया से 2 बेटियां हुई एलिना और अर्शली. इस तरह भरापूरा परिवार हो गया. पोतियों के साथ मरियम का भी समय आराम से कटने लगा.

चूंकि एलिना पहली संतान थी, इसलिए मरियम उसे कुछ ज्यादा ही प्यार करती थीं. अर्शली छोटी थी, इसलिए वह मांबाप को ज्यादा प्यारी थी. वे उसे प्यार से जैनी कहते थे. एलिना और अर्शली बड़ी हुईं तो उन की खूबसूरती में निखार आ गया. दोनों बहनें थीं भी बला की खूबसूरत. पन्नो की बेटियां बड़ी हो रही थीं, जिस से घर का खर्च बढ़ रहा था, लेकिन उस की कमाई घटती जा रही थी.

इस की सब से बड़ी वजह थी पन्नो की शराब पीने की आदत. अब तो उस के साथ सोफिया भी बीयर पीने लगी थी. रोजाना शाम को पतिपत्नी शराब और बीयर की बोतलें ले कर बैठ जाते, इस का नतीजा यह निकला कि धीरेधीरे दुकान की पूजी शराब में उड़ती गई.

मरियम पोतियों का वास्ता दे कर बेटेबहू को समझातीं तो वे उन की बात समझने के बजाय डांट कर उन्हें ही चुप करा देते. जब उन्होंने देखा कि उन की बातों का बेटे और बहू पर कोई असर नहीं हो रहा है तो चुप रहने में ही वह अपनी भलाई समझने लगीं. बेटेबहू के व्यवहार से वह बहुत दुखी रहती थीं.

पन्नो की कमाई का एक मात्र जरिया दुकान थी. धीरेधीरे दुकान खाली हो गई. इस तरह कमाई का रास्ता बंद हो गया. बेटियां बड़ी हो रही थीं, उन के भी खर्चे थे. पन्नो और सोफिया को चिंता सताने लगी कि परिवार का खर्च कैसे चलेगा. सोचविचार कर पन्नो ने एक औटो खरीद लिया और उसे चलाने लगा.

उसी बीच एलिना अपने घर के पीछे रहने वाले अभिषेक मधई को दिल दे बैठी. उस समय एलिना 17 साल की थी. दोनों छिपछिप कर मिलने लगे. उन के इस प्यार की जानकारी सिर्फ अर्शली को थी. सोफिया के मकान के बगल में मिंटू रहता था. चूंकि मिंटू सोफिया का पड़ोसी था, इसलिए वह उस के घर भी आताजाता था. मिंटू का दोस्त था शिवप्रसाद, जो कोतवाली शाहपुर के अंतर्गत आने वाले आम बाजार के रहने वाले रामप्रसाद का बेटा था.

रामप्रसाद रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे, लेकिन नौकरी से रिटायर हो चुके थे, इसलिए घर खर्च चलाने के लिए शिवप्रसाद औटो चलाता था. उस के परिवार में पिता और 2 बहनें थीं.

मिंटू के यहां आनेजाने में शिवप्रसाद की नजर खूबसूरत अर्शली पर पड़ी तो वह उसे भा गई. उस ने उस के बारे में मिंटू से पूछा तो उस ने उस के बारे में उसे सब कुछ बता दिया. अर्शली शिवप्रसाद को इतनी पसंद आ गई कि ईसाई होने के बावजूद वह उसे दिल दे बैठा.

मिंटू के जरिए दोनों का परिचय हुआ तो जल्दी ही उन में दोस्ती हो गई. उन की यह दोस्ती प्यार में बदली तो उन का यह प्यार जुनूनी हो गया. हालत यह हो गई कि दोनों ही रातदिन एकदूसरे के खयालों में खोए रहने लगे. यह करीब 3 साल पहले की बात है.

उसी बीच सोफिया पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा. शराब पीने से खोखले हो चुके पन्नो की अचानक मौत हो गई. पति की मौत से जहां सोफिया टूट गई, वहीं अर्शली को भी पिता की मौत का गहरा सदमा लगा था. लेकिन दुख की इस घड़ी में शिवप्रसाद साया की तरह हर घड़ी उस के साथ खड़ा ही नहीं रहा, बल्कि हर तरह से उस की मदद भी की.

उन्हीं दिनों शिवप्रसाद का मकान बन रहा था. उस के पिता रामप्रसाद ने मकान बनवाने के लिए उसे ढाई लाख रुपए दिए थे. अर्शली के प्यार में पागल शिवप्रसाद ने सारे रुपए उस पर लुटा दिए. इन पैसों को ले कर बापबेटे में खूब झगड़ा भी हुआ, लेकिन रामप्रसाद कर ही क्या सकते थे. एकलौती औलाद थी, घर से भी तो नहीं निकाल सकते थे.

शिवप्रसाद औटो से जो कमाता था, अर्शली पर खर्च करता था. पिता की मौत के बाद अर्शली की पढ़ाई छूट गई थी. शिवप्रसाद ने उस का दाखिला कराया, इस साल उस ने 12वीं की परीक्षा दी थी, परीक्षा का परिणाम अभी आया नहीं था.

पन्नो की मौत के बाद कमाई का कोई जरिया नहीं रहा तो मरियम ने अपने मकान की पहली मंजिल पर बने 2 कमरों को किराए पर उठा दिया, जिस से सोफिया और अर्शली का खर्च निकल सके. एक कमरे में किन्नर सपना और बौबी रहती थी, जबकि दूसरे में रीमा अपने परिवार के साथ रहती थी. इसी किराए और मरियम की पेंशन से घर का खर्च चल रहा था.

एलिना और अभिषेक का प्रेमप्रसंग पूरे मोहल्ले में चर्चा का विषय बन गया था. इस की वजह यह थी कि बिना ब्याह के ही एलिना प्रेमी के घर रहने चली गई थी, लेकिन 3 महीने बाद ही प्रेमी के घर जहर खाने से एलिना की मौत हो गई. सोफिया ने बेटी की हत्या का आरोप लगा कर अभिषेक को जेल भिजवा दिया.

एलिना की मौत से मरियम को ऐसा आघात लगा कि वह बीमार रहने लगीं. उन की हालत दिन पर दिन बिगड़ती गई तो मां की हालत देख कर सन्नो उन्हें अपने साथ जौनपुर ले गई. मरियम के जाने के बाद घर में सोफिया और अर्शली ही रह गईं.

सोफिया को अर्शली और शिवप्रसाद के रिश्ते की जानकारी थी. एलिना की मौत के बाद वह डर गई कि अर्शली के साथ भी कहीं वैसा ही हो गया तो उस का एकमात्र सहारा छिन जाएगा. इस के बाद उस ने एलिना का उदाहरण दे कर अर्शली को समझा कर कहा कि अब उस की शादी उस के पसंद के लड़के के साथ होगी.

अर्शली ने मां की भावना का आदर करते हुए वादा किया कि अब वह उन की मर्जी के खिलाफ कोई ऐसा काम नहीं करेगी, जिस से उन्हें परेशानी हो. मां से किए वादे के अनुसार अर्शली ने शिवप्रसाद से अचानक बातचीत बंद कर दी.

उस ने उस से कह भी दिया कि वह उस का पीछा करना छोड़ दे. अगर उस ने उस का पीछा नहीं छोड़ा तो वह उस की शिकायत पुलिस से कर देगी. अब वह वहीं शादी करेगी, जहां मां कहेंगी.

अचानक अर्शली में आए इस बदलाव से शिवप्रसाद हैरान रह गया. उस की समझ में नहीं आया कि अर्शली ने अचानक उस से मुंह क्यों मोड़ लिया? वह जब भी उस से बात करने की कोशिश करता, अर्शली पुलिस की धमकी दे कर उसे चुप करा देती. अर्शली की यह बेवफाई शिवप्रसाद को शूल बन कर चुभने लगी.

शिवप्रसाद ने अर्शली से प्यार ही नहीं किया था, बल्कि उस पर लाखों रुपए खर्च भी किए थे. एक तरह से उस ने अर्शली के लिए खुद को बरबाद कर लिया था.

घरपरिवार से उस के लिए बगावत की थी. ऐसे में भला वह कैसे चाहता कि अर्शली किसी और की हो जाए. शायद यही सोच कर शिवप्रसाद ने तय कर लिया कि अर्शली अगर उस की नहीं तो वह उसे किसी और की भी नहीं होने देगा. सोफिया ने अर्शली को उस से दूर किया था, इसलिए शिवप्रसाद की नजरों में असली गुनहगार वही थी.

अर्शली को पाने के लिए शिवप्रसाद पागल था. एक दिन वह बहुत बेचैन हुआ तो ‘रौकी हैंडसम’ फिल्म देखने चला गया. फिल्म में हत्या का एक सीन दिखाया गया था, जिस में रेडियम (चमकदार) चाकू से अंधेरे में हत्या की गई थी. फिर क्या था, शिवप्रसाद ने उसी वक्त तय कर लिया था कि उसे क्या करना है.

उस रात वह बिना कुछ खाएपिए ही सो गया. अगले दिन वह कोतवाली शाहपुर के असुरन चौक की एक दुकान से रेडियम वाला चाकू खरीद लाया. 29 मार्च की रात 11 बजे वह अर्शली के घर के पिछवाड़े से छत पर जा कर छिप गया. चूंकि तब तक काफी रात हो चुकी थी, इसलिए उसे छत पर चढ़ते किसी ने नहीं देखा था.

सोफिया और अर्शली रात में सोने से पहले बीयर पीती थीं. उस रात भी मांबेटी ने बीयर पी और खाना खा कर एक ही बैड पर सो गईं. यह बात शिवप्रसाद को पता थी. शिवप्रसाद रात गहराने की प्रतीक्षा करता रहा. रात 3 बजे वह दबे पांव सीढि़यों से नीचे उतरा और सीधे सोफिया के कमरे में जा पहुंचा.

मांबेटी को एक ही बैड पर सोई देख कर उस ने कमरे के एक कोने में रखी लोहे की रौड उठाई और सोफिया के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. सोफिया चीखी तो अर्शली उठ कर बैठ गई और चिल्लाने लगी. शिवप्रसाद डर गया और उस ने अपने बचाव के लिए चाकू से अर्शली के पेट में ताबड़तोड़ कई वार कर दिए.

अर्शली तड़पने लगी तो उस ने खून सने हाथों से उस का गला दबा दिया. मांबेटी मर चुकीं थीं. उन के ऊपर कंबल डाल कर उस ने बैड पर रखे दोनों के मोबाइल फोन उठा कर जेब में डाल लिए.

शिवप्रसाद ने गैलरी में रखी स्कूटी बाहर निकाली और दरवाजे पर ताला बंद कर के उसी स्कूटी से अपने घर चला गया. वह करीब 4 बजे अपने घर पहुंचा और इत्मीनान से सो गया. वह सुबह उठा तो भी घर छोड़ कर कहीं नहीं गया.

पूछताछ के बाद पुलिस ने शिवप्रसाद को अदालत में पेश कर के जेल भेज दिया. इस तरह पुलिस ने 12 घंटे में ही हत्यारोपी शिवप्रसाद को गिरफ्तार कर लिया था. इस के लिए एसएसपी अनंतदेव ने शिवप्रसाद को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को 5 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की.

शिवप्रसाद ने जो किया, शायद अब उसे पछतावा हो रहा होगा. लेकिन अब वह कर ही क्या सकता है. उस की अब बाकी की जिंदगी तो जेल में ही बीतनी है. दुख की बात तो यह है कि सोफिया और अर्शली का अंतिम संस्कार भी करने वाला कोई नहीं था. उन का अंतिम संस्कार पुलिस ने किया था. Love Crime Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित