हतभागी भाग्यश्री : पिता के फैसले ने की जिंदगी बर्बाद

मध्य महाराष्ट्र की कृष्णा नदी की सहायक नदियों के किनारे निचली पहाडि़यों की लंबी शृंखला है. इन की घाटियों में बसे बीड शहर की अपनी एक अलग पहचान है. पहले यह शहर चंपावती के नाम से जाना जाता था. बीड में अनेक धार्मिक और ऐतिहासिक इमारतें हैं. इस के अलावा यहां शैक्षणिक संस्थान और कालेज भी हैं, जहां आसपास के शहरों से हजारों लड़केलड़कियां पढ़ने के लिए आते हैं.
घटना 19 दिसंबर, 2018 की है. उस समय शाम के यही कोई पौने 6 बजे का समय था. बीड के जानेमाने आदित्य इलैक्ट्रौनिक टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग कालेज में सेमेस्टर परीक्षा का अंतिम पेपर चल रहा था, हजारों की संख्या में युवकयुवतियां परीक्षा दे रहे थे. इन्हीं में भाग्यश्री और सुमित वाघमारे भी थे. ये दोनों पतिपत्नी थे.
निर्धारित समय पर जब पेपर खत्म हुआ तो अन्य छात्रछात्राओं के साथ ये दोनों भी कालेज से बाहर आ गए. इन दोनों के चेहरों पर खुशी की चमक थी. मतलब उन का पेपर काफी अच्छा हुआ था, जिस की खुशी वह अपने सहपाठियों में बांट रहे थे.
लेकिन कौन जानता था कि उन के खिले चेहरों की खुशी सिर्फ कुछ देर की मेहमान है. परीक्षा के परिणाम आने के पहले ही उन की जिंदगी में जो परिणाम आने वाला था. वह काफी भयानक था. 15-20 मिनट अपने सहपाठियों से मिलनेजुलने के बाद दोनों पार्किंग में पहुंचे, जहां उन की स्कूटी खड़ी थी.
सुमित वाघमारे ने पार्किंग से अपनी स्कूटी निकाली और दोनों उस पर बैठ कर घर जाने के लिए निकल गए. 10 मिनट में वह नालवाड़ी रोड गांधीनगर चौक पर पहुंच गए. तभी उन की स्कूटी के सामने अचानक एक मारुति कार आ कर रुकी. उस वक्त सड़क कालेज के सैकड़ों छात्रों और भीड़भाड़ से भरी थी. मारुति कार उन की स्कूटी के सामने कुछ इस तरह आ कर रुकी थी कि वे दोनों रोड पर गिरतेगिरते बचे थे. इस के पहले कि वे संभल कर कुछ कहते, कार से 2 युवक निकल कर बाहर आ गए.
उन्हें देख कर भाग्यश्री और सुमित वाघमारे के होश उड़ गए. क्योंकि उन में से एकभाग्यश्री का भाई बालाजी लांडगे और दूसरा उस का दोस्त संकेत था. उन के इरादे कुछ ठीक नहीं लग रहे थे.
बालाजी लांडगे सुमित को खा जाने वाली नजरों से घूरे जा रहा था. भाग्यश्री अपने भाई के गुस्से को समझ रही थी. संभावना को देखते हुए भाग्यश्री अपने पति की रक्षा के लिए झट से पति के सामने आ खड़ी हुई. इस के बावजूद भी बालाजी लांडगे ने बहन को धक्का दे कर सुमित के सामने से हटाया और अपने दोस्त संकेत वाघ की तरफ इशारा कर के सुमित को पकड़ने के लिए कहा.
संकेत ने सुमित का कौलर पकड़ लिया. यह देख बालाजी बोला, ‘‘क्यों बे, मैं ने कहा था न कि मेरी बहन से दूर रहना, नहीं तो नतीजा बुरा होगा. लेकिन मेरी बातों का तुझ पर कोई असर नहीं हुआ. इस की सजा तुझे जरूर मिलेगी.’’

गुस्से में चाकू बना तलवार

इस के पहले कि सुमित कुछ कहता या संभल पाता, बालाजी लांडगे ने अपनी जेब से चाकू निकाला और सुमित पर हमला कर दिया. पति पर हमला होता देख भाग्यश्री चीखते हुए बोली, ‘‘भैया, सुमित को छोड़ दो. उस की कोई गलती नहीं है. सजा देनी है तो मुझे दो. मैं ने उसे प्यार और शादी के लिए मजबूर किया था. तुम्हें मेरी कसम है भैया. दया करो, बहन पर.’’
‘‘कैसी बहन, मेरी बहन तो उसी दिन मर गई थी, जब घर से भाग कर तूने इस से शादी की थी. जानती है तेरी इस करतूत से समाज और बिरादरी में हमारी कितनी बदनामी हुई. तूने परिवार को कहीं का नहीं छोड़ा. लेकिन मैं भी इसे नहीं छोड़ूंगा.’’ वह बोला.
अगले ही पल बालाजी लांडगे ने चाकू सुमित वाघमारे के पेट में उतार दिया. इस हमले से सुमित वाघमारे की मार्मिक चीख निकली और वह जमीन पर गिर कर तड़पने लगा. इस के बाद भी बालाजी लांडगे का गुस्सा शांत नहीं हुआ. वह सुमित वाघमारे पर तब तक वार करता रहा, जब तक कि उस की मौत न हो गई.
इस दौरान भाग्यश्री रहम की भीख मांगती रही. पति की जान बचाने के लिए वह मदद के लिए चीखतीचिल्लाती रही. लेकिन उस की सहायता के लिए कोई आगे नहीं आया. सुमित वाघमारे की हत्या करने के बाद बालाजी और उस का दोस्त संकेत दोनों वहां से चले गए.
अचानक घटी इस घटना को जिस ने भी देखा, स्तब्ध रह गया. शहर के बीचोबीच भीड़भाड़ भरे इलाके में घटी इस घटना से पूरे बीड शहर में सनसनी फैल गई. भाग्यश्री पति के शरीर से लिपट कर बुरी तरह चीखचिल्ला कर लोगों से सहायता मांग रही थी कि उस के पति को अस्पताल ले जाने में मदद करें. लेकिन मदद के लिए कोई आगे नहीं आया.
काफी हाथपैर जोड़ने के बाद आखिरकार एक आटो वाले को दया आई और वह सुमित वाघमारे को अपने आटो से जिला अस्पताल ले गया, जहां डाक्टरों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया.
यह सुन कर भाग्यश्री अस्पताल में ही फिर से रोने लगी. अस्पताल स्टाफ ने उसे सांत्वना दी. पुलिस केस था, लिहाजा अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस भी वहां पहुंच गई. भाग्यश्री ने अस्पताल से ही सुमित के घर वालों को फोन कर के उस की हत्या की खबर दे दी थी.
अस्पताल पहुंचे थाना विलपेठ के पीआई ने भाग्यश्री से बात की तो उस ने बता दिया कि उस के पति की हत्या उस के सगे भाई बालाजी लांडगे और उस के दोस्त संकेत ने की है. थानाप्रभारी ने यह सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी.
कुछ ही देर में बीड शहर के एसपी जी. श्रीधर, एडीशनल एसपी वैभव कलुबर्मे, डीएसपी (क्राइम) सुधीर खिरडकर, पीआई घनश्याम पालवदे, एपीआई दिलीप तेजनकर, अमोल धंस, पंकज उदावत के साथ अस्पताल आ गए. उन्होंने मृतक के शव का बारीकी से निरीक्षण किया. उस के शरीर पर तेज धार वाले हथियार के कई वार थे.
अस्पताल से पूछताछ करने के बाद पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. घटनास्थल की काररवाई निपटाने के बाद पीआई फिर से अस्पताल गए. उन्होंने सुमित की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी.

औनरकिलिंग के चक्कर में हुई हत्या

भाग्यश्री ने अपने भाई बालाजी लांडगे और संकेत वाघ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाने के बाद पुलिस को बताया कि जब से उस ने अपने परिवार के विरुद्ध जा कर सुमित वाघमारे से कोर्टमैरिज की थी, तब से उस के परिवार वाले अकसर सुमित को धमकियां देते आ रहे थे, जिस की उन्होंने करीब एक महीने पहले शिवाजी नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी. लेकिन पुलिस ने कोई काररवाई नहीं की तो बालाजी के हौसले बुलंद हो गए.
पुलिस को मामला औनरकिलिंग का लग रहा था. दिनदहाड़े हत्या होने की खबर जब शहर में फैली तो एसपी जी. श्रीधर ने लोगों को भरोसा दिया कि हत्यारों को जल्द पकड़ लिया जाएगा. उन्होंने उसी समय इस केस की जांच पुलिस डीएसपी (क्राइम) सुधीर खिरडकर को सौंप दी.
खिरडकर ने जांच का जिम्मा लेते ही स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें बना कर तेजी से जांच शुरू कर दी. पुलिस ने सब से पहले शहर की नाकेबंदी कर के अभियुक्तों के बारे में अलर्ट जारी कर दिया.
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो इस बात की पुष्टि हो गई कि वारदात को बालाजी लांडगे और संकेत वाघ ने ही अंजाम दिया था. लिहाजा पुलिस ने दोनों के फोन नंबर सर्विलांस पर लगा दिए. साथ ही मुखबिरों को भी सजग कर दिया. लेकिन 3 दिनों तक पुलिस और क्राइम ब्रांच को कोई सफलता नहीं मिली.
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि सुमित वाघमारे की हत्या में बालाजी लांडगे के दोस्त कृष्णा क्षीरसागर और उस के भाई गजानंद क्षीरसागर ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. बालाजी और उस का दोस्त संकेत फरार हो चुके थे. लिहाजा पुलिस टीम ने दबिश दे कर कृष्णा क्षीरसागर और उस के भाई गजानंद क्षीरसागर को गिरफ्तार कर लिया.
कृष्णा क्षीरसागर और गजानंद क्षीरसागर ने क्राइम ब्रांच को बताया कि बालाजी लांडगे और संकेत वाघ पुणे होते हुए औरंगाबाद में एक मंत्री के घर गए हैं. यह सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम पुणे में उस मंत्री के घर पहुंच गई. पता चला कि टीम के आने के कुछ घंटे पहले ही दोनों वहां से अमरावती के लिए निकल गए थे.
आरोपी अमरावती शहर से बाहर न जा सकें, इस के लिए एसपी जी. श्रीधर ने अमरावती के पुलिस कमिश्नर से अभियुक्तों की गिरफ्तारी में मदद करने को कहा. तब पुलिस कमिश्नर ने अमरावती शहर की पुलिस के साथ जीआरपी को भी सतर्क कर दिया. जीआरपी ने बालाजी लांडगे और संकेत वाघ को अमरावती के बडनेरा रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया. इस के बाद उन्होंने दोनों अभियुक्त क्राइम ब्रांच की जांच टीम को सौंप दिए.
क्राइम ब्रांच औफिस में बालाजी लांडगे से पूछताछ की तो उस ने आसानी से अपना गुनाह स्वीकार करते हुए अपनी बहन के सुहाग की हत्या की जो कहानी बताई, इस प्रकार निकली—

25 वर्षीय सुमित वाघमारे महत्त्वाकांक्षी युवक था. मूलरूप से बीड तालखेड़ा, तालुका मांजल, गांव हमुनगोवा का रहने वाला था. उस के पिता शिवाजी वाघमारे गांव के जानेमाने किसान थे. गांव में उन की काफी प्रतिष्ठा थी. परिवार में उन की पत्नी के अलावा एक बेटी और बेटा सुमित वाघमारे थे.
शिवाजी वाघमारे उसे उच्चशिक्षा दिला कर कामयाब इंसान बनाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने सुमित का एडमिशन बीड शहर के आदित्य इलैक्ट्रौनिक टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग कालेज में करवाया. उस के रहने की व्यवस्था उन्होंने बीड शहर में ही रहने वाली अपनी साली के यहां कर दी थी. अपनी मौसी के घर रह कर सुमित इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने लगा.
इसी कालेज से भाग्यश्री लांडगे भी इंजीनियरिंग कर रही थी. दोनों एक ही कक्षा में थे, जिस से उन की अच्छी दोस्ती हो गई. उन की दोस्ती प्यार तक कब पहुंच गई, उन्हें पता ही नहीं चला.
दोनों के दिलों में प्यार के अंकुर फूटे तो वे एकदूसरे को अपने जीवनसाथी के रूप में देखने लगे थे. उन्हें ऐसा लगने लगा जैसे दोनों एकदूसरे के लिए ही बने हों.

पहले दोस्ती, फिर प्यार, बाद में शादी

समय धीरधीरे सरक रहा था. कालेज की पढ़ाई और परीक्षा में सिर्फ 6 महीने रह गए थे. दोनों ने फाइनल परीक्षा के बाद शादी करने का फैसला किया था, लेकिन इस के पहले ही भाग्यश्री के परिवार वालों को उस के और सुमित के बीच चल रहे प्यार की जानकारी हो गई, जिसे जान कर वे सन्न रह गए. उन्होंने भाग्यश्री के लिए जो सपना देखा था, वह टूट कर बिखरते हुए नजर आया.
मामला काफी नाजुक था. भाग्यश्री का फैसला उन की मानमर्यादा के खिलाफ था. लेकिन भाग्यश्री सुमित वाघमारे के प्यार में अंधी हो चुकी थी. फिर भी उन्होंने मौका देख कर भाग्यश्री को समझाने की काफी कोशिश की. उस के भाई बालाजी लांडगे को तो सुमित जरा भी पसंद नहीं था.
वह न तो उन की बराबरी का था और न ही उन की बिरादरी का. उस ने भाग्यश्री को न केवल डांटाफटकारा बल्कि बुरे अंजाम की चेतावनी भी दी. साथ ही यह भी कहा कि अगर उस ने अपनी राह और रवैया नहीं बदला तो उस का कालेज जाना बंद करा देगा.
घर और परिवार का माहौल बिगड़ते देख भाग्यश्री समझ गई कि घर वाले उस की शादी में जरूर व्यवधान डालेंगे. इसलिए किसी भी नतीजे की परवाह किए बगैर कालेज की परीक्षा के 3 महीने पहले उस ने अपने प्रेमी सुमित वाघमारे से कोर्टमैरिज कर ली. इतना ही नहीं, कुछ दिनों के लिए वह पति सुमित के साथ भूमिगत हो गई.
भाग्यश्री के अचानक गायब हो जाने के बाद उस के घर वालों की काफी बदनामी हुई. इतना ही नहीं, जब उन्हें पता चला कि उस ने सुमित से शादी कर ली है तो उन्हें बहुत गुस्सा आया. घर वालों ने दोनों को बहुत तलाशा. जब वे नहीं मिले तो सुमित वाघमारे को जिम्मेदार मानते हुए उन्होंने शिवाजी नगर थाने में सुमित के खिलाफ भाग्यश्री के अपहरण की शिकायत दर्ज करा दी.
पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए अपनी काररवाई शुरू कर दी. इसी बीच भाग्यश्री को पता चल गया कि पुलिस उन्हें तलाश रही है. लिहाजा अपनी शादी के एक महीने बाद भाग्यश्री और सुमित वाघमारे दोनों पुलिस के सामने हाजिर हो गए. दोनों ने अपने बालिग होने और शादी करने का प्रमाणपत्र पुलिस को दे दिया. साथ ही अपनी सुरक्षा की भी गुहार लगाई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भाग्यश्री के परिवार वालों को समझा दिया कि दोनों बालिग हैं, इसलिए उन की शादी कानूनन वैध है. इसलिए उन्हें किसी भी तरह तंग न किया जाए. अगर भाग्यश्री या उस के पति ने थाने में अपनी सुरक्षा आदि को ले कर कोई शिकायत की तो पुलिस को काररवाई करनी पड़ेगी.
लेकिन पुलिस की चेतावनी के बाद भी भाग्यश्री के परिवार वालों का रवैया नहीं बदला. उन के अंदर प्रतिशोध की चिंगारी सुलगती रही. भाग्यश्री के भाई बालाजी लांडगे ने भाग्यश्री और सुमित वाघमारे को घटना के एक महीने पहले सबक सिखाने की धमकी दी थी, जिस की शिकायत उन्होंने थाने में भी की थी.

प्रेमी युगल की शिकायत
के बावजूद कुछ नहीं हुआ

पुलिस में की गई इस शिकायत का भी बालाजी पर कोई असर नहीं हुआ. वह अपने परिवार की बेइज्जती पर भाग्यश्री को सबक सिखाना चाहता था. इस के लिए उस ने एक खतरनाक योजना तैयार की, जिस में उस ने अपने दोस्त संकेत वाघ, कृष्णा क्षीरसागर और गजानंद क्षीरसागर की मदद ली. उन्हें उन का काम समझा कर वह मौके की तलाश में रहने लगा था.
19 दिसंबर, 2018 को कृष्णा क्षीरसागर ने बालाजी लांडगे को बताया कि भाग्यश्री और सुमित वाघमारे अपनी परीक्षा देने के लिए कालेज आएंगे. खबर पाते ही बालाजी लांडगे अपनी योजना की तैयारी में लग गया. उस ने अपने दोस्त संकेत वाघ को उस की कार के साथ लिया और कालेज के पास आ कर परीक्षा खत्म होने का इंतजार करने लगा.
परीक्षा खत्म होने के बाद भाग्यश्री और सुमित वाघमारे जब अपनी स्कूटी से कालेज से घर के लिए निकले तो बालाजी लांडगे ने उन का रास्ता रोक लिया और देखते ही देखते बहन के सिंदूर को रक्त के कफन में लपेट दिया.
सुमित वाघमारे की हत्या के बाद संकेत वाघ और बालाजी लांडगे ने कार ले जा कर मित्रनगर छोड़ दी. वहां से वह गजानंद क्षीरसागर की स्कूटी से वाडा रेलवे स्टेशन गए, वहां से वे पुणे, औरंगाबाद और अमरावती पहुंचे, जहां वे रेलवे पुलिस के हत्थे चढ़ गए थे.
चारों गिरफ्तार अभियुक्तों से विस्तृत पूछताछ करने के बाद बीड क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने उन्हें विलपेठ पुलिस थाने के अधिकारियों को सौंप दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

सौजन्य- मनोहर कहानियां, मई 2019

पढ़ा लिखा अमानुष : अपनी बेटी का किया शिकार

जूनियर इंजीनियर सुशील कुमार पिछले 2 सालों से मेरठ की ट्यूबवेल कालोनी स्थित सरकारी कालोनी में अपने परिवार के साथ रह रहा था.उस की नियुक्ति सिंचाई विभाग में थी. उस के परिवार में पत्नी मोनिका उर्फ डौली के अलावा 2 बेटियां और एक बेटा था. सब से बड़ी बेटी सोनी (परिवर्तित नाम) 14 साल की थी.

बात 13 मार्च, 2019 की सुबह करीब 9 बजे की है. जेई सुशील कुमार की पत्नी मोनिका अपनी बड़ी बेटी सोनी के साथ अस्पताल गई थी. थोड़ी देर बाद जब वह घर लौटी तो वहां का खौफनाक मंजर देख कर उस की चीख निकल गई. उस के रोनेबिलखने की आवाजें सुन कर आसपास रहने वाले लोग उस के यहां चले आए. सभी के मन में जिज्ञासा हो गई कि पता नहीं अचानक जेई साहब के यहां क्या हो गया. लेकिन लोगों ने एक कमरे में जब जेई सुशील कुमार की खून से सनी लाश बैड पर पड़ी देखी तो सन्न रह गए. लोग समझ नहीं पा रहे थे कि यह सब कैसे हो गया. कमरे का सारा सामान भी बिखरा हुआ था.

मोनिका ने उसी समय अपने देवर अजय कुमार को फोन कर के इस घटना की जानकारी दी. बड़े भाई की हत्या होने की बात सुन कर अजय भी अवाक रह गया. अजय सहारनपुर के पास स्थित अपने पैतृक गांव सलोनी में रहता था. भाई का दुखद समाचार सुन कर वह परिवार के अन्य लोगों के साथ मेरठ की तरफ रवाना हो गया. उसी दौरान मोनिका ने थाना सिविल लाइंस में फोन कर के पति की हत्या की सूचना दे दी.
मेरठ के सिविल लाइंस थानाप्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी को जैसे ही घटना की जानकारी मिली तो वह अपने स्टाफ के साथ नलकूप विभाग की कालोनी की ओर रवाना हो गए.

थानाप्रभारी ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया. उन्होंने फोरैंसिक टीम तथा डौग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुला लिया. बैड पर मृतक जेई सुशील कुमार के हाथपैर तथा मुंह कपड़े से बंधे थे तथा उस के गले को किसी तेज धारदार हथियार से रेता गया था.

बैड के अलावा बैडरूम में चारों तरफ खून के छींटे दिख रहे थे तथा कमरे का सामान इधरउधर बिखरा पड़ा था. इस के अलावा जेई साहब के क्वार्टर के सामने वाले एक क्वार्टर के दरवाजे पर भी खून के छींटे दिखाई दिए.

घटनास्थल पर मिले तमाम फोरैंसिक नमूने एकत्र करने के बाद उन्होंने क्वार्टर के दूसरे कमरे का भी मुआयना किया. दरअसल, इस सरकारी क्वार्टर में 2 कमरे थे. दूसरे कमरे का सारा सामान भी बिखरा हुआ था और अलमारी खुली पड़ी थी.

यह सब देख कर ऐसा लग रहा था जैसे हत्या की यह वारदात लूटपाट के इरादे से की गई हो. शायद सुशील कुमार ने लुटेरों का विरोध किया होगा. जिस पर लुटेरों ने उस की निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी होगी.

मृतक की पत्नी मोनिका से जब इस घटना के बारे में थानाप्रभारी ने पूछा तो उस ने रोते हुए बताया कि वह सुबह 9 बजे के आसपास अपनी बड़ी बेटी सोनी के साथ डाक्टर के पास गई थी. उस समय उस के पति चाय पीने के बाद नहाने जाने की तैयारी कर रहे थे. जबकि दोनों छोटे बच्चे घर से बाहर खेलने गए थे.

डाक्टर के पास से जब वह घर लौटी तो देखा कि क्वार्टर के दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद थी. दरवाजा खोलने पर उसे बैड पर पति की लाश पड़ी मिली. यह सारी घटना महज आधे घंटे के अंतराल के दौरान घट गई थी.

मृतक की पत्नी और कालोनी के कुछ अन्य लोगों से पूछताछ करने के बाद सुशील कुमार की लाश पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दी.

काररवाई के बाद पुलिस ने सुशील कुमार के बैडरूम को अपने कब्जे में ले लिया. वहां पर कुछ पुलिसकर्मियों को निगरानी के लिए छोड़ कर थानाप्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी वापस थाने लौट आए. पुलिस ने मोनिका की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया. थानाप्रभारी इस केस की आगे की तहकीकात थाने के ही इंसपेक्टर मुकेश कुमार को सौंप दी.

इंसपेक्टर मुकेश कुमार ने हत्या के इस सनसनीखेज मामले की तफ्तीश को आगे बढ़ाते हुए मृतक जेई के सामने रहने वाले दूसरे जेई भारत यादव को हिरासत में ले लिया. क्योंकि उन के दरवाजे पर खून के छींटे मिले थे. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में जेई भारत यादव ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि सुबह वह अपने र्क्वाटर में मौजूद थे. लेकिन इस दौरान उन्होंने सुशील कुमार के क्वार्टर से चीखने जैसी कोई आवाज नहीं सुनी.

अलबत्ता मोनिका ने भारत यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भारत यादव के उस के पति से अच्छे संबंध नहीं थे इसलिए इस घटना में उस का हाथ हो सकता है. लेकिन जब अगले 36 घंटे की पूछताछ में इंसपेक्टर मुकेश कुमार को इस घटना में भारत यादव के ऊपर संदेह नहीं हुआ तो उन्होंने उसे शहर में ही रहने की ताकीद कर घर जाने की इजाजत दे दी.

उधर पोस्टमार्टम के बाद सुशील कुमार की लाश अतिम संस्कार के लिए उस के घर वालों को सौंप दी गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया कि सुशील कुमार की मौत गला कटने के कारण अधिक खून निकल जाने की वजह से हुई थी.

काल डिटेल्स में मिला क्लू

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि सुबह 9 और साढ़े 9 बजे के बीच कालोनी के लोगों ने किसी को भी मृतक के क्वार्टर की तरफ आतेजाते नहीं देखा था. जब कहीं से कोई क्लू नहीं मिला तो पुलिस ने मृतक सुशील कुमार और उस की पत्नी मोनिका के मोबाइल नंबरों की काल डिटेल्स निकलवाई.

मोनिका के मोबाइल की काल डिटेल्स देख कर इंसपेक्टर मुकेश कुमार चौंक उठे. पता चला कि पिछले कुछ महीने से लगातार एक मोबाइल नंबर पर उस की लगातार बातें होती आ रही हैं. बातचीत का यह सिलसिला उस के पति की हत्या के बाद भी जारी था.

पुलिस ने उस मोबाइल नंबर की भी डिटेल निकलवाई तो पता चला यह सिमकार्ड पवन कुमार सैनी के नाम रजिस्टर्ड था, जो राजस्थान के गंगानगर का रहने वाला था. जब इंसपेक्टर मुकेश कुमार ने मोनिका को थाने में बुला कर इस मोबाइल नंबर के बारे में सख्ती से पूछताछ की तो उस का चेहरा सफेद पड़ गया. उस ने बड़ी ही आसानी से पति की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली. पति की हत्या को स्वीकार करते हुए उस ने जो कुछ बताया, सुन कर वहां उपस्थित सभी पुलिस अधिकारी हैरान रह गए.

उस से की गई पूछताछ के बाद उसी दिन पुलिस टीम श्रीगंगानगर पहुंची और वहां से पवन को हिरासत में ले आई. उस से जब इस घटना के बारे में पूछताछ की तो थोड़ी देर तक आनाकानी करने के बाद उस ने मोनिका के साथ मिल कर उस के पति सुशील कुमार की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली.

मेरठ के एसएसपी नितिन तिवारी और एसपी डा. अखिलेश नारायण सिंह ने 16 मार्च, 2019 को एक प्रैस कौन्फ्रैंस आयोजित कर इस सनसनीखेज हत्याकांड का परदाफाश कर दिया.

उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर का एक गांव है सलोनी. यह गांव थाना सरसावाला के अंतर्गत आता है. जेई सुशील कुमार इसी गांव का रहने वाला था. वह अपनी पत्नी मोनिका व 3 बच्चों के साथ मेरठ के सिंचाई विभाग के सरकारी क्वार्टर में रहता था. उस के पास सभी भौतिक सुखसुविधाएं थीं.

मोनिका अपने पति और तीनों बच्चों के साथ बेहद खुश थी. लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह पति के चालचलन में कुछ परिवर्तन महसूस कर रही थी.

दरअसल, सुशील ने उस में रुचि लेनी बहुत कम कर दी थी. इस का पता लगाने के लिए जब मोनिका ने एक दिन पति के मोबाइल फोन की जांचपड़ताल की तो एक दिन उसे पता चला कि पति के कुछ महिलाओं के साथ अवैध संबंध हैं, जिन के साथ वह बराबर संपर्क में रहता है.

यह जान कर मोनिका के दिल को बहुत चोट पहुंची. उस ने पति को आकर्षित करने के कई हथकंडे अपनाए, लेकिन सुशील के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया. यह सब देख कर उस ने पति से बदला लेने की ठानी और अपने मोबाइल से एक सोशल साइट पर जा कर दूसरे लड़कों से रोमांटिक चैटिंग करनी शुरू कर दी. सोशल साइट पर उस की मुलाकात पवन कुमार सैनी नाम के युवक से हुई. पवन सैनी राजस्थान के श्रीगंगानगर के गांव नाहरावाली का रहने वाला था.

मोनिका की पवन से गहरी दोस्ती हो गई. मोनिका को पवन बहुत अच्छा लगा, इसलिए उस ने उस से प्यार का इजहार कर दिया. अब मोनिका पवन से मिलने के लिए उतावली हो रही थी. लिहाजा मोनिका ने एक दिन उसे मेरठ के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया.

मोनिका के कहने पर पवन श्रीगंगानगर से चल कर मेरठ के एक होटल में पहुंच गया. मोनिका भी उसी होटल में पहुंच गई. पहली बार मिलने पर दोनों ही बहुत खुश हुए. पवन उम्र में उस से छोटा था.

होटल के बंद कमरे में दोनों ने एकदूसरे पर प्यार लुटाते हुए काफी वक्त गुजारा. एकदूसरे को प्यार करते रहने की कसमें खाईं. इस हसीन और रोमांचक मुलाकात के बाद पवन ने मोनिका से फिर मिलने आने का वादा किया और वापस श्रीगंगानगर लौट गया.

इस घटना के बाद वे दोनों अपनी सुविधा और मौके के अनुसार एक दूसरे को फोन कर अपने दिल की बात कर लेते थे. जब मोनिका के मन में पवन से मिलने की इच्छा हिलोरें मारती तो वह उसे मेरठ बुला लेती थी. पवन अभी कुंवारा था, इसलिए वह खुद भी मोनिका से मिलने की ताक में रहता था.

करीब ढाई साल तक अवैध संबंधों का यह सिलसिला बड़ी खामोशी से चलता रहा. मोनिका और पवन दोनों एकदूसरे को पा कर बहुत खुश थे. तभी एक दिन अचानक मोनिका की 14 वर्षीय किशोर बेटी सोनी ने उसे जो कुछ बताया, उसे सुन कर उस के पैरों तले की जमीन खिसक गई.

सोनी ने बताया कि उस के पापा पिछले कुछ महीनों से उस के साथ जबरन गलत काम करते हैं और मना करने पर वह उस के साथ मारपीट करते हैं.

मोनिका ने हिम्मत कर के यह बात पति से पूछी तो उलटे वह आगबबूला हो उठा और चुप रहने को कहा. इतना ही नहीं, उस ने यह भी धमकी दी कि अगर यह बात किसी को बताई तो वह तीनों बच्चों को मौत के घाट उतार देगा.

पानी चढ़ गया सिर से ऊपर

मोनिका ने कई बार पति को समझाने की कोशिश की, लेकिन सुशील अपनी हरकतों से बाज नहीं आया. पानी सिर से ऊपर जाता देख कर मोनिका ने सुशील की इस गंदी हरकत के बारे में अपनी सास परीक्षा देवी को बताया. अपने बेटे की करतूत सुन कर परीक्षा ने ऐसे पढ़ेलिखे बेटे को लानत दी. इतना ही नहीं, उन्होंने बेटे सुशील को समझाने की कोशिश की, मगर वह कुछ भी समझने की जगह उलटे मरनेमारने पर उतारू हो गया.

यह देख कर परीक्षा से बहू मोनिका से कहा कि ऐसे राक्षस का घर में रहना ठीक नहीं है. इसे तो समाज में जिंदा रहने का भी अधिकार नहीं है. सास की बात सुन कर मोनिका मन ही मन बहुत खुश हुई क्योंकि पति के मरने के बाद पूरी तरह से अपने प्रेमी पवन सैनी के साथ रहने की आजादी मिलती.

मोनिका एक तीर से दो शिकार कर रही थी. उसे अब सुशील से नफरत हो चुकी थी. वह सुशील की हत्या करने के बाद पवन के साथ अपनी जिंदगी शुरू करना चाहती थी. मोनिका ने पति को ठिकाने लगाने के बारे में सास से बात की तो उन्होंने मोनिका को कुछ रुपए भी दे दिए ताकि वह किसी और से सुशील की हत्या करा सके.

इस के बाद मोनिका ने पवन को मेरठ बुला कर उस से कहा कि अगर वह उसे हमेशा के लिए पाना चाहता है तो उसे पति को ठिकाने लगाना होगा. आखिर में पवन अपनी माशूका के साथ जिंदगी गुजारने की खातिर उस के पति की हत्या करने के लिए तैयार हो गया. इस काम के लिए मोनिका ने अपनी बड़ी बेटी सोनी को भी शामिल कर लिया.

बेटी भी हो गई बाप की हत्या में शामिल

दरअसल वह भी अपने बाप के अत्याचारों से इतनी तंग आ चुकी थी कि उसे मौत के घाट उतारने के लिए मम्मी का साथ देने में उस ने एक पल के लिए भी नहीं सोचा.

योजना के अनुसार, 12 मार्च, 2019 को मोनिका का प्रेमी पवन श्रीगंगानगर से मेरठ पहुंचा और वहां एक होटल में ठहर गया. अगले दिन 13 मार्च की सुबह मोनिका ने पवन के मोबाइल पर फोन कर उसे अपने क्वार्टर के बाहर बुला लिया. उस समय लोगों का अधिक आनाजाना नहीं था.

इसी बीच सोनी अपने पापा सुशील के पास पहुंची. सुशील कुमार उस समय अपने बैड पर बैठा हुआ था. सोनी ने प्यार से मनुहार करते हुए उसे एक खेल खेलने के लिए कहा तो वह इस के लिए फौरन राजी हो गया. दरअसल, वह सोनी को कभी किसी बात के लिए मना नहीं करता था.

इस के बाद पहले तो उस ने पापा सुशील कुमार की दोनों आंखों पर पट्टी बांधी. फिर उस के हाथ और पैरों को भी मजबूती से बांध दिया. तब तक मोनिका भी कमरे में आ गई. उस ने पति को बंधे देखा तो पवन को कमरे में आने के लिए फोन किया.

पवन चाकू ले कर वहां पहुंच गया. पवन को देखकर मोनिका की आंखें चमक उठीं. उस ने पति के सिर को पकड़ कर पीछे की ओर खींचा और पवन को जल्दी से उस की गरदन काटने का इशारा किया. शायद तभी सुशील को अपने साथ कुछ गलत होने का आभास हो गया था, इसलिए वह बचने के लिए छटपटाने लगा. लेकिन उस की बेटी सोनी ने उस के हाथ और पैर पकड़ लिए ताकि पवन आसानी से अपने काम को अंजाम दे सके. तभी पवन ने चाकू से सुशील की गरदन रेत डाली.

जब सुशील की लाश तड़प कर ठंडी पड़ गई तो पवन ने दूसरे कमरे में जा कर अपने कपड़ों से खून साफ किया और वहां से अपने होटल लौट गया. उस के जाने के बाद मोनिका और सोनी ने सुशील के खून के छींटे सामने रहने वाले जेई भारत यादव के दरवाजे पर लगा दिए ताकि साजिश के तहत इस कत्ल का आरोप उस के सिर मढ़ा जा सके.

दरअसल भारत यादव और सुशील के बीच किसी बात को ले कर खटपट होती रहती थी. इस के बाद उस ने घर के कपड़े और अलमारियों का सामान इस प्रकार कमरे में फेंक दिया ताकि यह मामला लूटपाट का लगे. फिर दोनों मांबेटी कमरों का दरवाजा बंद कर अस्पताल जाने के बहाने घर से बाहर निकल गईं. आधे घंटे के बाद दोनों वापस लौट आईं और घर में लूटपाट होने तथा पति की हत्या की झूठी खबर लोगों में फैला दी.

विवेचनाधिकारी इंसपेक्टर मुकेश कुमार ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सने पवन के कपड़े बरामद करने के बाद सुशील कुमार हत्याकांड के दोनों आरोपियों पवन और मोनिका को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

सोनी को बाल न्यायालय में पेश कर बाल सुधारगृह भेजा गया. बाद में इस हत्याकांड में शामिल चौथी आरोपी जेई सुशील कुमार की मां परीक्षा देवी को भी सहारनपुर स्थित उन के पुश्तैनी घर से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें भी जेल भेज दिया गया.

सौजन्य- मनोहर कहानियां, मई 2019

प्यार के भंवर में-भाग 1 : देवर भाभी ने क्यों की आत्महत्या

उत्तर प्रदेश के जिला बांदा का एक गांव है-बदौली. रसपाल इसी गांव में रहता था. उस के परिवार में पत्नी चंद्रकली के अलावा एक बेटा भानुप्रताप तथा बेटी सुनीता थी. रसपाल खेती किसानी के साथसाथ ट्यूबवैल मरम्मत का काम करता था. इस से उसे अतिरिक्त आमदनी हो जाती थी.

कुल मिला कर उस का परिवार खुशहाल था. रसपाल ने अपनी बेटी सुनीता का विवाह सन 2016 में हरिओम के साथ कर दिया था. हरिओम के पिता शिवबरन, फतेहपुर जिले के गांव लमेहटा के रहने वाले थे. उन के परिवार में पत्नी गेंदावती के अलावा 2 बेटे हरिओम व राममिलन थे. हरिओम जेसीबी चालक था, जबकि राममिलन पिता के कृषि कार्य में हाथ बंटाता था.

एक तरह से सुनीता और हरिओम की शादी बेमेल थी. हरिओम उम्र में तो बड़ा था, साथ ही वह सांवले रंग का भी था. जबकि सुनीता सुंदर थी और चंचल भी. इस के बावजूद उस के घरवालों ने हरिओम को पसंद कर लिया था. इस की वजह यह थी कि हरिओम जेसीबी चला कर अच्छा पैसा कमाता था.

हरिओम जहां सुनीता को पा कर खुश था, वहीं सुनीता उम्रदराज और सांवले रंग के पति को पा कर जरा भी खुश नहीं थी. शादी से पहले उस के मन में पति को ले कर जो सपने थे, वे चकनाचूर हो गए थे.
शादी के एक साल बाद सुनीता ने एक बेटे को जन्म दिया, जिस का नाम हर्ष रखा. इस के बाद एक बेटी का जन्म हुआ. 2 बच्चों की किलकारियों से सुनीता का घरआंगन गूंजने लगा.

सुनीता की अपने देवर राममिलन से खूब पटती थी. इस की वजह यह थी कि एक तो वह हमउम्र था, दूसरे सुनीता, राममिलन के बात व्यववहार से काफी प्रभावित थी. वह अपने देवर का हर तरह से खयाल रखती थी.

इसी वजह से राममिलन सुनीता के आकर्षण में बंध कर उस के नजदीक आने की कोशिश करने लगा. यही नहीं, वह उस की खूब तारीफ करता और उसे प्रभावित करने के लिए कभीकभार वह उस के लिए कोई उपहार भी ले आता.

हरिओम ड्राइवर था, सो पक्का शराबी था. अकसर वह झूमता हुआ घर वापस आता. वह कभी थोड़ाबहुत खाना खा कर तो कभी बिना खाए ही सो जाता था. सुनीता 2 बच्चों की मां जरूर थी, लेकिन अभी उस में पति का साथ पाने की प्रबल इच्छा थी. लेकिन हरिओम तो बिस्तर पर लेटते ही खर्राटे भरने लगता था. तब सुनीता मन मसोस कर रह जाती थी.

आखिर पति से जब उसे शारीरिक सुख मिलना बंद हुआ तो उस ने विकल्प की खोज शुरू कर दी.
सुनीता स्वभाव से मिलनसार थी. राममिलन भाभी के प्रति सम्मोहित था. जब दोनों साथ चाय पीने बैठते, तब सुनीता उस से खुल कर हंसीमजाक करती. सुनीता का यह व्यवहार धीरेधीरे राममिलन को ऐसा बांधने लगा कि उस के मन में भाभी सुनीता का सौंदर्य रस पीने की कामना जागने लगी.

एक दिन राममिलन खाना खाने बैठा, तो सुनीता थाली ले कर आई और जानबूझ कर गिराए गए आंचल को ढंकते हुए बोली, ‘‘लो देवरजी, खाना खा लो, आज मैं ने तुम्हारी पसंद का खाना बनाया है.’’
राममिलन को भाभी की यह अदा बहुत अच्छी लगी. वह उस का हाथ पकड़ कर बोला, ‘‘भाभी, तुम भी अपनी थाली परोस लो, साथ खाने में मजा आएगा.’’

सुनीता अपने लिए भी खाना ले आई. खाना खाते समय दोनों के बीच बातों का सिलसिला जुड़ा तो राममिलन बोला, ‘‘भाभी, तुम सुंदर व सरल स्वभाव की हो, लेकिन भैया ने तुम्हारी कद्र नहीं की. मुझे पता है, वह अपनी कमजोरी की खीझ तुम पर उतारते हैं. लेकिन मैं तुम्हें प्यार करता हूं.’’

यह कह कर राममिलन ने सुनीता की दुखती रग पर हाथ रख दिया था. सच में सुनीता पति से संतुष्ट नहीं थी. उसे न तो पति से प्यार मिल रहा था और न ही शारीरिक सुख, जिस से उस का मन विद्रोह कर उठा. उस का मन बेईमान हो चुका था. आखिर उस ने फैसला कर लिया कि अब वह असंतुष्ट नहीं रहेगी. चाहे इस के लिए उसे रिश्तों को तारतार क्यों न करना पड़े.

औरत जब जानबूझ कर बरबादी की राह पर कदम रखती है, तो उसे रोक पाना मुश्किल होता है. यही सुनीता के साथ हुआ. सुनीता जवान भी थी और पति से असंतुष्ट भी, अत: उस ने देवर राममिलन के साथ नाजायज रिश्ता बनाने का निश्चय कर लिया.

राममिलन वैसे भी सुनीता का दीवाना था. देवर राममिलन गबरू जवान था, दूसरे कुंवारा था. उस पर दिल आते ही सुनीता उसे अपने प्यार के भंवर में फंसाने की कोशिश करने लगी. भाभीदेवर के रिश्ते की आड़ में सुनीता राममिलन से ऐसेऐसे मजाक करने लगी कि राममिलन के शरीर में सिहरन सी होने लगी. जल्दी ही उस का मन स्त्री सुख के लिए बेचैन होने लगा.

एक शाम सुनीता बनसंवर कर बिस्तर पर लेटी थी, तभी राममिलन आ गया. वह उस की खूबसूरती को निहारने लगा. सुनीता को राममिलन की आंखों की भाषा पढ़ने में देर नहीं लगी. सुनीता ने उसे करीब बैठा लिया और उस का हाथ सहलाने लगी. राममिलन के शरीर में हलचल मचने लगी.

नरमुंड का रहस्य-भाग 3 : पत्नी का खतरनाक अवैध संबंध

इस तरह टिंकू की हत्या से 4 लोगों को फायदा हो रहा था. पहला फायदा बबलू को था, क्योंकि उस की पत्नी से उस के अवैध संबंध थे. दूसरा फायदा छंगा को था, जिस ने 3 लाख रुपए में टिंकू की हत्या की बात तय कर के 2 लाख रुपए में अपने भतीजे को कौन्ट्रैक्ट दे दिया था. तीसरा फायदा शबाबुल को था, जिसे टिंकू की हत्या पर 2 लाख रुपए छंगा से मिलने थे और 2 लाख नरमुंड देने पर फरीद से मिलने थे. चौथा और सब से बड़ा फायदा गुलाब नबी और सालिम को था, क्योंकि उन्हें दिल्ली के तांत्रिक महफूज आलम से नरमुंड पहुंचाने पर 20 लाख रुपए मिलने थे और उन्होंने 2 लाख में शबाबुल से बात कर ली थी. उन्हें 18 लाख रुपए बच रहे थे.

इस के बाद बबलू टिंकू की हर गतिविधि पर नजर रखने लगा. उसे कहीं से पता चल गया था कि 9 सितंबर की रात टिंकू अपने खेत में पानी लगाने जाएगा. यह बात उस ने छंगा को बता दी. छंगा ने शबाबुल को सूचित कर दिया. पूरी योजना बना कर छंगा, शबाबुल, फरीद, गुलाब नबी और बबलू टिंकू के खेत के पास पहुंच गए. रास्ते में उन्होंने ठेके से शराब खरीदी. बबलू के अलावा उन सब ने खेत के किनारे बैठ कर शराब पी. योजना के अनुसार उन्होंने बबलू के हाथ बांघ कर वहीं बैठा दिया.

9 सितंबर, 2017 की शाम को खाना खाने के बाद यादराम ने अपने दोनों बेटों लक्ष्मण और ओमकार को खेत में पानी लगाने को कहा. क्योंकि उस दिन उन का तीसरा बेटा टिंकू डीसीएम गाड़ी में तोरई भर कर दिल्ली की आजादपुर मंडी गया था. लक्ष्मण और ओमकार अपने चचेरे भाई शिवम को भी साथ ले गए थे. वे अपने साथ टौर्च भी ले गए थे.

जब वे खेत पर पहुंचे तो उन्हें वहां 4 बदमाश मिले और बबलू उन के पास बैठा था. उस के हाथ पीछे की ओर बंधे थे. बदमाशों ने धमकी दे कर उन तीनों को भी बांध दिया. बबलू ने देखा कि उन तीनों में टिंकू नहीं है तो वह चौंका, क्योंकि उसी की हत्या के लिए तो उस ने यह ड्रामा रचा था. बदमाशों ने बबलू के साथ मंत्रणा की. बबलू ने जब देखा कि खेल बिगड़ रहा है तो उस ने बदमाशों को बता दिया कि इन में से जो बीच में है, उसी का काम तमाम कर दिया जाए. बीच में लक्ष्मण था.

इस के बाद एक बदमाश ने लक्ष्मण के हाथ खोल दिए और 3 लोग शबाबुल, फरीद और गुलाम नबी लक्ष्मण को अंधेरे में अपने साथ ले गए. छंगा राइफल लिए बाकी के पास खड़ा रहा. करीब 5 मिनट बाद वे लक्ष्मण को ले कर वापस आ गए. उन्होंने बबलू से फिर बात की और कहा कि लड़का अच्छा है. बबलू ने उन से कहा कि कोई बात नहीं, इसी का काम कर दो. तब शबाबुल, फरीद व गुलाम नबी लक्ष्मण को फिर जंगल में ले गए.

तीनों ने लक्ष्मण को जमीन पर गिरा दिया. लक्ष्मण जान पर खेल कर उन से भिड़ गया. पर वह अकेला तीनों का मुकाबला नहीं कर सका. लिहाजा बदमाशों ने उसे फिर नीचे गिरा दिया. वह उठ न सके, इस के लिए फरीद ने उस के पैर पकड़े और गुलाम नबी ने सिर के बाल पकड़ लिए. तभी शबाबुल ने फरसे से एक ही वार में उस का सिर धड़ से अलग कर दिया. लक्ष्मण चिल्ला भी न सका. उस का सिर कलम कर के वे उन बंधकों के पास आ कर बोले, ‘‘काम हो गया.’’

यह काम करने में उन्हें केवल 20 मिनट लगे थे. इस के बाद वे बंधकों को उलटा लिटा कर उन के ऊपर चादर डाल कर चले गए. वह चादर ओमकार अपने साथ घर से लाया था. शबाबुल ने लक्ष्मण का सिर गुलाम नबी तांत्रिक के हवाले कर दिया. गुलाम नबी ने कैमिकल का लेप लगा कर उस के सिर को डींगरपुर के जंगल में एक बेर के पेड़ के नीचे दबा दिया था.

करीब आधे घंटे बाद ओमकार, बबलू और शिवम ने किसी तरह खुद को खोला और तेजी से गांव की तरफ भागे. उन के शोर मचाने पर गांव वाले जंगल की तरफ बदमाशों की तलाश में निकले. जंगल में लक्ष्मण की लाश मिलने पर बबलू ने ही कुंदरकी पुलिस को फोन कर के सूचना दी थी.

इतनी बड़ी घटना को अंजाम देने के बाद भी बबलू लक्ष्मण की अंतिम क्रिया तक में साथ रहा. सभी कर्मकांडों में उस ने अपना सहयोग दिया. लक्ष्मण की चिता के फूल चुनने के समय भी वह उस के घर वालों के साथ था.

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों से पूछताछ कर पुलिस ने उन की निशानदेही पर फरसा भी बरामद कर लिया. अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने 2 अन्य अभियुक्तों इमरतपुर ऊधौ के राशिद और सालिम को भी गिरफ्तार कर लिया था. सालिम पूर्व ग्रामप्रधान था. इन सभी से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया.

फरार अभियुक्तों की तलाश में पुलिस ने कई स्थानों पर दबिशें डालीं, पर पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी. इसी बीच अभियुक्त छंगा उर्फ अकबर ने 12 अक्तूबर, 2017 को मुरादाबाद की कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने कोर्ट में दरख्वास्त दे कर छंगा को पुलिस रिमांड पर लिया और पूछताछ कर के जेल भेज दिया था.

इस के अलावा पुलिस सीलमपुर दिल्ली के तांत्रिक महफूज आलम को भी तलाश रही थी, जिस ने 20 लाख रुपए में नरमुंड लाने की बात डींगरपुर के तांत्रिक गुलाम नबी से तय की थी. महफूज की गिरफ्तारी के बाद ही यह पता चल सकेगा कि तांत्रिक 20 लाख रुपए में उस कटे हुए सिर को खरीद कर क्या करता? पुलिस जब तांत्रिक के दिल्ली ठिकाने पर पहुंची तो वह फरार मिला. लोगों ने बताया कि महफूज तांत्रिक के पास देश के अलगअलग राज्यों से ही नहीं, बल्कि अरब के शेख भी आते थे.

इस से पुलिस को शक है कि कहीं तांत्रिक ने इस से पहले तो नरमुंड के लिए किसी की हत्या तो नहीं कराई थी. बहरहाल, पुलिस फरार अभियुक्तों की तलाश कर रही है.

नरमुंड का रहस्य-भाग 2 : पत्नी का खतरनाक अवैध संबंध

सर्विलांस से पकड़े गए लक्ष्मण के हत्यारे

पुलिस का पहला काम लक्ष्मण का सिर ढूंढना था. अपने स्तर से वह सिर तलाश रही थी. पीडि़त परिवार के दबाव में पुलिस बबलू को जब थाने बुलाती, कोई न कोई राजनैतिक रसूख वाला उस की हिमायत में थाने पहुंच जाता. पुलिस ने उस से सख्ती से भी पूछताछ की, पर रोरो कर वह खुद को निर्दोष बताता रहा.

इस के बाद उसे इस हिदायत के साथ छोड़ दिया गया कि वह गांव में ही रहेगा और जब भी जरूरत पड़ेगी, उसे थाने आना पड़ेगा. बबलू ने पूरे गांव व पुलिस से कहा था, ‘‘अगर लक्ष्मण की हत्या में मेरा हाथ पाया जाए तो मुझे सरेआम फांसी पर लटका देना. यह बात सभी जानते हैं कि मैं ने इस परिवार की कितनी मदद की है.’’

पुलिस ने बबलू का फोन सर्विलांस पर लगा रखा था. पिछले एक महीने में उस ने जिनजिन नंबरों पर बात की थी, वे सभी सर्विलांस पर थे. जांच में पता चला कि घटना से पहले बबलू के मोबाइल पर छंगा उर्फ अकबर, निवासी इमरतपुर ऊधौ, थाना मैनाठेर से बात हुई थी. पुलिस ने मुखबिर के द्वारा छंगा के बारे में पता कराया तो जानकारी मिली कि वह घर पर नहीं है.

इस हत्याकांड को 27 दिन हो चुके थे, परंतु लक्ष्मण का सिर नहीं मिला था. पुलिस की हिदायत की वजह से बबलू सतर्क था. वह कहीं आताजाता भी नहीं था.

6 अक्तूबर, 2017 को बबलू ने किसी से फोन पर कहा कि वह गांव शिमलाठेर के बाहर अमरूद के बगीचे में आ जाए, वहीं बात करेंगे. यह बात सर्विलांस टीम को पता चल गई. थानाप्रभारी ने मुखबिर से गांव के बाहर की अमरूद की बाग के बारे में पूछा और उस पर नजर रखने को कहा.

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गांव शिमलाठेर के बाहर अमरूद के बाग में दबिश दे कर वहां से बबलू के अलावा 3 अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया, जबकि 3 लोग भाग गए. हिरासत में लिए गए लोगों को थाने ला कर पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने नाम शबाबुल निवासी इमरतपुर ऊधौ, फरीद निवासी लालपुर गंगवारी और गुलाम नबी निवासी डींगरपुर बताया.

उन्होंने बताया कि फरार होने वाले छंगा उर्फ अकबर, राशिद निवासी इमरतपुर ऊधौ और पिंटू उर्फ बिंटू निवासी दौलतपुर थे. उन सभी से पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो न सिर्फ उन्होंने लक्ष्मण की हत्या का अपराध स्वीकार किया, बल्कि उन की निशानदेही पर एक जगह गड्ढे में दबाया हुआ लक्ष्मण का सिर भी बरामद कर लिया. उस पर उन्होंने ऐसा कैमिकल लगा रखा था, जिस से वह करीब एक महीने तक जमीन में दबा रहने के बावजूद खराब नहीं हुआ था. लक्ष्मण की हत्या की उन्होंने जो कहानी बताई, वह चौंकाने वाली थी.

उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद से कोई 18 किलोमीटर दूर है थाना कुंदरकी. इसी थाने के गांव शिमलाठेर में बबलू अपने परिवार के साथ रहता था. वह संपन्न आदमी था. उस के पास 4 ट्रैक्टर और 6 ट्रक हैं. वह टै्रक्टरों से खेतों की जुताई करता है और ट्रकों से मुरादाबाद के रेलवे माल गोदाम में आने वाले सीमेंट को अलगअलग गोदामों तक पहुंचवाता था. इस सब से उसे अच्छी कमाई हो रही थी.

लक्ष्मण का छोटा भाई टिंकू बबलू के ट्रक पर पल्लेदारी करता था. वह मेहनती और ईमानदार था. बबलू उस पर बहुत विश्वास करता था, जिस की वजह से उस का बबलू के घर भी आनाजाना था. बबलू अपने कामधंधे में व्यस्त रहता था, इसलिए बबलू की पत्नी कमलेश टिंकू से ही घर के सामान मंगाती थी. ऐसे में ही कमलेश के टिंकू से संबंध बन गए.

हालांकि दोनों की स्थिति में जमीनआसमान का अंतर था. कमलेश के सामने टिंकू की कोई औकात नहीं थी. इस के बावजूद कमलेश का टिंकू पर दिल आ गया था. शुरू में तो उन के संबंधों पर किसी को शक नहीं हुआ. लेकिन ऐसे संबंधों में कितनी भी सावधानी बरती जाए, देरसवेर उजागर हो ही जाते हैं. कमलेश और टिंकू के संबंधों की बात भी गांव में फैल गई.

3 लाख रुपए में टिंकू की मौत का सौदा

बबलू गांव का रसूखदार व्यक्ति था. टिंकू की वजह से उस की गांव में अच्छीखासी बदनामी हो रही थी. इसलिए उस ने तुरंत टिंकू को पल्लेदारी से हटा दिया. इस के बाद टिंकू का कमलेश के घर आनाजाना बंद हो गया. कमलेश किसी भी हाल में टिंकू को छोड़ना नहीं चाहती थी. लिहाजा फोन पर संपर्क कर के वह टिंकू को अपने खेतों पर बुला लेती. बबलू ने पत्नी को भी समझाया, पर वह नहीं मानी. इस पर बबलू ने टिंकू को ठिकाने लगवाने की ठान ली.

बबलू के गांव के नजदीक ही इमरतपुर ऊधौ गांव है. इसी गांव में अकबर उर्फ छंगा रहता था. वह वहां का माना हुआ बदमाश था. कई थानों में उस के खिलाफ दरजन भर मामले दर्ज थे. बबलू ने उस से बात कर 3 लाख रुपए में टिंकू की हत्या का सौदा कर डाला.

छंगा का एक भतीजा शबाबुल सुपारी किलर था. उस पर भी 10-12 केस चल रहे थे. छंगा ने शबाबुल से बात की. वह मुरादाबाद के जयंतीपुर में अपनी 2 बीवियों के साथ रहता था. उसे अपना मकान बनाने के लिए पैसों की जरूरत थी, इसलिए वह 2 लाख रुपए में टिंकू की हत्या करने को राजी हो गया.

चूंकि शबाबुल पेशेवर अपराधी था, इसलिए उसी बीच लालपुर गंगवारी के फरीद और डींगरपुर के गुलाम नबी ने शबाबुल से किसी नवयुवक के कटे हुए सिर की डिमांड की. इस के लिए उन्होंने शबाबुल को 2 लाख रुपए भी दे दिए. वह नरमुंड उन्हें सालिम के मार्फत दिल्ली के सीलमपुर में रहने वाले एक बड़े तांत्रिक महफूज आलम के पास पहुंचाना था. फरीद संपेरा और तांत्रिक है.

महफूज आलम ने नरमुंड पहुंचाने पर गुलाब नबी और सालिम को 20 लाख रुपए देने की बात कही थी. पर इन दोनों ने शबाबुल से 2 लाख रुपए में ही सौदा कर लिया था. तांत्रिक महफूज उस नरमुंड का क्या करता, यह किसी को पता नहीं था.

शबाबुल को दोहरा फायदा उठाने का मौका मिल गया था. उसे टिंकू की हत्या 2 लाख रुपए में करनी थी. उस का सिर काट कर गुलाम नबी को देना था यानी एक तीर से उस के 2 शिकार हो रहे थे.

सिरकटी लाश का रहस्य

राजिंदर कुमार रोजाना की तरह सुबह 9 बजे काम पर जाने के लिए घर से निकला था. उस की मां बिशनो ने उसे दोपहर के खाने का टिफिन तैयार कर के दिया था. 20

वर्षीय राजिंदर मेनबाजार बटाला में रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर काम करता था.वह ज्यादा पढ़ालिखा नहीं था. कुछ साल पहले उस के पिता शिंदरपाल की मृत्यु हो गई थी. पिता की मौत के बाद रिश्तेदारों ने भी परिवार का साथ छोड़ दिया था. किसी से सहायता की उम्मीद नहीं थी. घर के आर्थिक हालात ऐसे नहीं बचे थे कि राजिंदर पढ़ाई आगे जारी रख पाता. इसलिए उस ने पढ़ाई बीच में छोड़ कर काम करना शुरू कर दिया था.

राजिंदर के परिवार में उस की मां बिशनो के अलावा एक बहन नीलम थी. वह जो कमाता था, उस से जैसेतैसे घर खर्च चल पाता था. 19 सिंतबर, 2019 की सुबह राजिंदर काम पर गया. शाम को वह अपने समय पर घर नहीं लौटा तो मां को चिंता हुई. क्योंकि इस से पहले कभी ऐसा नहीं हुआ था. वह ठीक साढ़े 8 बजे काम से घर लौट आता था.

राजिंदर का इंतजार करतेकरते जब रात के 10 बज गए तो मां बिशनो और बहन नीलम कुछ पड़ोसियों के साथ उसे ढूंढने निकलीं. सब से पहले वे उस दुकान पर गईं, जहां राजिंदर काम करता था. उस समय दुकान बंद हो चुकी थी.

दुकान मालिक के घर जा कर पूछने पर पता चला कि राजिंदर अपने समय से पहले ही 7 बजे छुट्टी ले कर चला गया था. घर वालों ने राजिंदर के खास दोस्तों से पूछताछ की. इस के अलावा हर संभावित ठिकाने पर उस की तलाश की गई, लेकिन उस के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली.

अंत में हार कर पड़ोसियों की सलाह पर बिशनो ने बेटे राजिंदर के लापता होने की रिपोर्ट थाना सिविल लाइंस बटाला की पुलिस चौकी सिंबल में दर्ज करवा दी.

चौकी इंचार्ज एसआई बलविंदर सिंह ने उन्हें राजिंदर को जल्द तलाशने का आश्वासन दिया. राजिंदर का फोटो ले कर उन्होंने जिले के सभी थानों में भिजवा दिया और अस्पतालों में भी उस की तलाश करवाई गई. पर राजिंदर का कहीं कोई पता नहीं चला.

बिशनो ने बेटे के लापता होने में अपनी ही कालोनी गांधी कैंप निवासी अशोक प्रीतम दास पर शक जताया था. अशोक उसी मोहल्ले में रहता था और उस का बिशनो के घर काफी आनाजाना लगा रहता था.

करीब एक महीना पहले अशोक की पत्नी की रहस्यमयी हालात में मृत्यु हो गई थी. अशोक का बेडि़यां बाजार में अपना खुद का हेयरकटिंग सैलून था.

राजिंदर अशोक का अपने घर आने का विरोध करता था. उस की कई बार अशोक से झड़प भी हो चुकी थी. इस बात को ले कर राजिंदर की अपनी मां से भी कई बार कहासुनी हुई थी. उस ने मां से भी कह दिया था कि वह अशोक को अपने घर आने से रोके.

एसआई बलविंदर ने अशोक को थाने बुला कर उस से पूछताछ की. अशोक ने बताया कि उसे राजिंदर से मिले एक महीना हो गया है और कई दिनों से वह उस के घर भी नहीं गया. बातचीत में अशोक बेकसूर लगा तो एसआई बलविंदर सिंह ने उसे घर भेज दिया और राजिंदर की तलाश जारी रखी.

22 सितंबर, 2019 को सेंट फ्रांसिस स्कूल के पीछे मोहल्ला भट्ठा इंदरजीत में रहने वालों ने प्रधान अमरीक सिंह को बताया कि उन के घर के सामने वाले हंसली नाले से बड़ी भयानक दुर्गंध आ रही है.

अमरीक सिंह कुछ लोगों को साथ ले कर नाले के पास पहुंचे. उन्होंने देखा कि वहां बोरी में बंद किसी आदमी की लाश पड़ी थी. लाश की टांगें बोरे से बाहर थीं. अमरीक सिंह ने तुरंत इस बात की सूचना पुलिस चौकी सिंबल के इंचार्ज एसआई बलबीर सिंह को दी.

सूचना मिलते ही बलबीर सिंह मौके के लिए रवाना हो गए और यह जानकारी थाना सिविल लाइंस बटाला के एसएचओ मुख्तियार सिंह को दे दी. थानाप्रभारी भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए.

पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाश को नाले से बाहर निकलवाया. बोरी में मृतक का सिर नहीं था. हां, धड़ जरूर था. कंधों से बाजू कटे हुए थे. कपड़ों के नाम पर मृतक के शरीर पर केवल अंडरवियर था.

कई दिनों से लाश नाले के पानी में पड़ी रहने से बुरी तरह से गल चुकी थी, जिस की पहचान मुश्किल थी. वैसे भी बिना सिर के मृतक की शिनाख्त करना असंभव काम था.

पहचान के लिए मृतक के शरीर पर ऐसा कोई निशान नहीं था, जिस के सहारे पुलिस उस की शिनाख्त कराती. सिर और बाजू कटी लाश मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी, दहशत का माहौल बन गया था.

क्राइम इनवैस्टीगेशन टीम बुलवा कर पंचनामे की कारवाई की गई. थानाप्रभारी ने लाश मिलने की जानकारी अपने आला अधिकारियों को दे दी थी. इस के कुछ देर बाद एसएसपी उपिंदरजीत सिंह घुम्मन, एसपी (इनवैस्टीगेशन) सूबा सिंह और डीएसपी (सिटी) बालकिशन सिंगला भी मौकाएवारदात पर पहुंच गए थे.

पुलिस ने नाले में आसपास मृतक के कटे हुए अंग तलाशने की मुहिम शुरू कर दी. पुलिस को यह पता नहीं था कि हत्यारे ने मृतक के शेष अंग वहीं फेंके थे या उन्हें किसी दूसरी जगह ठिकाने लगाया था.

काफी खोजने के बाद भी कटे हुए अंग नहीं मिले. मौके की काररवाई निपटाने के बाद पुलिस ने अज्ञात युवक की लाश 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दी और अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया.

अपनी तफ्तीश के पहले चरण में चौकी इंचार्ज बलबीर सिंह ने पिछले दिनों शहर से लापता हुए लोगों की लिस्ट चैक की. लिस्ट में राजिंदर का नाम भी था. चौकी इंचार्ज बलबीर सिंह ने 23 सितंबर को राजिंदर के परिवार वालों को बुलवा कर जब लाश दिखाई तो उस की मां बिशनो और बहन नीलम ने शरीर की बनावट और अंडरवियर से लाश की शिनाख्त राजिंदर के रूप में की.

राजिंदर 19 सितंबर, 2019 को लापता हुआ था और 22 सितंबर को उस की लाश नाले से मिली. चूंकि मां बिशनो ने मोहल्ले के ही अशोक पर शक जताया था, जिस से एक बार पुलिस पूछताछ भी कर चुकी थी. अब लाश की शिनाख्त हो जाने के बाद चौकी इंचार्ज उसी दिन अशोक को पूछताछ के लिए दोबारा थाने ले आए. इस बार भी वह अपने पहले बयान पर अड़ा रहा. पर जब उस से सख्ती की गई तो उस ने राजिंदर की हत्या करने का अपराध स्वीकार कर लिया.

अगले दिन अशोक को अदालत में पेश कर उस का 4 दिनों का पुलिस रिमांड लिया गया. रिमांड के दौरान सब से पहले उस से पूछा गया कि राजिंदर के शरीर के बाकी अंग उस ने कहां फेंके थे.

24 सितंबर को अशोक की निशानदेही पर पुलिस और नायब तहसीलदार जसकरण सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने नाले से मृतक राजिंदर का सिर और बाजू ढूंढ निकाले. इन हिस्सों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया और पोस्टमार्टम के बाद लाश उस के घर वालों को सौंप दी गई.

रिमांड के दौरान अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि बिशनो के पति की मृत्यु के बाद राजिंदर कुमार की मां बिशनो के साथ उस का करीब 7 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. वह बिशनो से मिलने रोज उस के घर जाया करता था. उस समय राजिंदर और उस की बहन छोटे थे. सो उन्हें कोई रोकनेटोकने वाला नहीं था. जब बच्चे बड़े हुए तो राजिंदर उसे और मां को संदेह की नजरों से देखने लगा था.

वह उस के वहां आने का विरोध करता था. बिशनो के संबंधों का पता अशोक की पत्नी को भी था. इस बात को ले कर वह भी घर में क्लेश करती थी. तब अशोक गुस्से में उस की पिटाई कर देता था. दूसरी ओर राजिंदर के विरोध से अशोक भी काफी परेशान था. वह उसे अपने रास्ते का कांटा समझने लगा था. इस कांटे को रास्ते से हटाने के लिए अशोक कुमार ने राजिंदर की हत्या करने की एक खौफनाक साजिश रच ली.

अपनी योजना के अनुसार, 19 सितंबर की शाम वह राजिंदर से मिला और कोई जरूरी बात करने के बहाने उसे अपने घर ले गया. घर ले जा कर अशोक ने राजिंदर को चाय पिलाई, जिस में नशे की दवा मिली हुई थी. चाय पीते ही राजिंदर एक ओर लुढ़क गया.

राजिंदर के लुढ़कते ही अशोक ने पहले गला दबा कर उस की हत्या की और उस के बाद दातर (हंसिया) से बड़े आराम से उस का सिर काट कर धड़ से अलग किया. फिर दोनों बाजू काटे. यह सब करने के बाद अशोक ने राजिंदर के शव को बोरी में डाल कर बांधा और अपनी साइकिल पर रख कर रात के अंधेरे में हंसली नाले में फेंक आया.

रिमांड के दौरान पुलिस ने अशोक की निशानदेही पर दातर, साइकिल, अपने और राजिंदर के जलाए हुए कपड़ों की राख भी बरामद कर ली. रिमांड अवधि के दौरान पुलिस इस मामले में मृतक की मां बिशनो की भूमिका की भी जांच कर रही है. हालांकि पुलिस ने इस बारे में अभी स्पष्ट खुलासा नहीं किया है.

राजिंदर की बहन पर भी अशोक बुरी नजर रखता था. अब पुलिस इस बारे में भी जांच कर रही है. अगर कोई बात सामने आती है तो मृतक की मां बिशनो पर भी काररवाई की जाएगी. एक माह पहले अशोक की पत्नी की रहस्यमयी तरीके से मौत हो गई थी. पुलिस इस बात की जांच भी कर रही है कि बिशनो के चक्कर में कहीं अशोक ने ही तो अपनी पत्नी को कोई जहरीली चीज दे कर मारा था.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

सौजन्य- सत्यकथा, नवंबर 2019

अपने ही परिवार की दुश्मन

17जून, 2019 की सुबह हरवंत सिंह लगभग हांफते हुए थाना झंजेर पहुंचा. उस ने थाना इंचार्ज एसआई जुगराज सिंह को बताया कि बीती रात उस की पत्नी, बेटी और दो बेटों सहित परिवार के 4 सदस्य लापता हो गए हैं. जल्द काररवाई कर उन्हें ढूंढा जाए.

हरवंत सिंह की गिनती गांव में बड़े किसानों में होती थी और उन का परिवार शिक्षित परिवार के रूप में जाना जाता था. इसलिए पुलिस ने हरवंत सिंह की शिकायत दर्ज कर तेजी से काररवाई शुरू कर दी.

हरवंत सिंह का परिवार अजनाला अमृतसर के देहाती इलाके के थाना झंजेर क्षेत्र में पड़ने वाले गांव तेडा खुर्द में रहता था. करीब 30 साल पहले हरवंत की शादी अजनाला के ही गांव पंधेर कंभोज निवासी मंगल की बेटी दविंदरपाल कौर से हुई थी. उस के परिवार में पत्नी के अलावा 28 वर्षीय बेटी शरणजीत कौर, 26 वर्षीय ओंकार सिंह और 24 वर्षीय लवरूप सिंह उर्फ लवी नाम के 2 बेटे थे.

तीनों बच्चे उच्चशिक्षा प्राप्त थे और अविवाहित थे. वे अपने कैरियर को ले कर गंभीर थे. ओंकार सिंह इन दिनों जौब के लिए आस्ट्रेलिया जाने की तैयारी कर रहा था.

16 जून की रात पूरा परिवार खाना खाने के बाद जल्दी सो गया था. अगली सुबह जब हरवंत सिंह अपने पशुओं को चारा डालने के लिए उठा तो यह देख कर हैरान रह गया कि परिवार के सभी सदस्य घर से लापता हैं. उस ने काफी देर तक अपने बीवीबच्चों को ढूंढा और उन के न मिलने पर पुलिस में सूचना दर्ज करवा दी.

गांव वालों के साथ पुलिस की समझ में भी यह बात नहीं आ रही थी कि सोतेसोते पूरा परिवार अचानक कैसे गायब हो गया. वे कहां हैं, इस के बारे में न तो हरवंत के रिश्तेदारों को कोई जानकारी थी और न ही गांव के सरपंच को. पुलिस ने गांव तेडा खुर्द जा कर पूछताछ की तो उन्हें घर के मुखिया हरवंत सिंह के बारे में कई चौंका देने वाली बातें पता चलीं.

पुलिस इस मामले में अभी और जानकारी हासिल कर ही रही थी कि 19 जून को हरवंत सिंह के साले मेजर सिंह ने झंजेर थाने पहुंच कर अपने जीजा हरवंत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि उस की बहन और भांजेभांजी का अपहरण हरवंत सिंह ने ही किया है. मेजर सिंह ने उन के अपहरण की कई वजह भी पुलिस को बताईं.

थाना इंचार्ज को मेजर सिंह के बयान में सच्चाई नजर आई. पुलिस ने उसी समय मेजर सिंह की तहरीर के आधार पर हरवंत सिंह, उस के भांजे कुलदीप सिंह तथा 2 और अज्ञात व्यक्तियों को नामजद करते हुए हरवंत सिंह की पत्नी दविंदरपाल कौर, बेटी शरणजीत कौर, बेटे ओंकार सिंह और लवरूप सिंह उर्फ लवी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर काररवाई शुरू कर दी.

पुलिस पूछताछ करने जब गांव पहुंची तो हरवंत घर से लापता मिला. थाना इंचार्ज जुगराज सिंह ने इस घटना की सूचना एसपी (देहात) विक्रमजीत सिंह, एसपी (तफ्तीश) हरपाल सिंह और डीएसपी (अजनाला) हरप्रीत सिंह को भी दे दी थी.

बड़े अधिकारियों के निर्देश पर 2 पुलिस टीमें बनाई गईं. एक टीम हरवंत की तलाश में जुट गई और दूसरी टीम ने परिवार के बाकी सदस्यों को ढूंढना शुरू कर दिया.

एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 20 तारीख को हरवंत सिंह और उस के 2 साथियों सोनू सिंह और रछपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया. तीनों आरोपियों को उसी दिन अदालत में पेश कर 26 तारीख तक पुलिस रिमांड पर ले लिया गया.

रिमांड के दौरान हरवंत ने अपना अपराध कबूल करते हुए बताया कि उसी ने अपने भांजे कुलदीप और 2 साथियों सोनू व रछपाल के साथ मिल कर अपने परिवार के चारों सदस्यों की हत्या कर उन की लाशें नहर में बहा दी थीं.

हरवंत का चौंका देने वाला बयान सुन कर पुलिस अधिकारी सकते में आ गए. वे इस बात पर यकीन करने को तैयार ही नहीं थे कि गबरू जवान 2 बेटों, पत्नी और बेटी की हत्या करने के बाद कोई उन्हें वहां से ले जा कर नहर में फेंक सकता है.

बहरहाल पुलिस ने हरवंत की निशानदेही पर जगदेव कलां की लाहौर नहर से दविंदरपाल कौर की लाश बरामद कर ली, जिस की शिनाख्त उस के भाई मेजर सिंह ने कर दी.

दविंदर की लाश एक बोरी में बंद थी और बोरी में ईंटें भरी हुई थीं. उस की लाश बरामद होने के बाद पुलिस को पूरा विश्वास हो गया था कि हरवंत ने अपने बयान में जो कहा है, वह सच ही होगा. उस ने वास्तव में अपने पूरे परिवार की हत्या कर दी है.

एसडीएम हरफूल सिंह गिल की देखरेख में पुलिस ने बीएसएफ के गोताखोरों की सहायता से बाकी लाशों के लिए पूरी नहर को खंगालना शुरू कर दिया. 2 दिनों की तलाश के बाद 24 जून को अलगअलग जगहों से शरणजीत कौर, ओंकार सिंह और लवरूप सिंह उर्फ लवी की लाशें भी बरामद हो गईं. पुलिस ने चारों लाशों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया.

दरअसल, पुलिस को शुरू से ही हरवंत सिंह पर संदेह था. पुलिस ने जब मामले की गहनता से जांच की तो पाया कि हरवंत के घर में बनी पशुओं के चारा खाने वाली खुरली (हौदी) की काफी ईंटें उखाड़ी हुई थीं. यह देख पुलिस को शक हुआ कि यहां कुछ न कुछ तो जरूर हुआ था, पर पुलिस के पास कोई पुख्ता सबूत नहीं था और ईंटों का गायब होना महज एक इत्तफाक भी हो सकता था.

पुलिस रिमांड के दौरान हरवंत द्वारा अपनी पत्नी, बेटी और 2 बेटों की हत्या करने की जो कहानी प्रकाश में आई, वह अय्याशी में डूबे एक ऐसे बाप की कहानी थी, जिस ने अपनी अय्याशी में रोड़ा बन रहे पूरे परिवार को ही मौत के घाट उतार दिया था.

इस जघन्य और घिनौने अपराध को अंजाम देने के लिए हरवंत सिंह की प्रेमिका व उस के भांजे कुलदीप ने भी उस का साथ दिया था.

हरवंत सिंह जवानी से ही अय्याश किस्म का था. उस के अपने गांव के अलावा आसपास के गांवों की कई औरतों के साथ नाजायज संबंध थे. शराब और शबाब उस के पसंदीदा शौक थे. जब तक उस के बच्चे छोटे थे, तब तक उसे इस सब से कोई फर्क नहीं पड़ा था. रोकने वाली केवल उस की पत्नी दविंदरपाल थी, जिसे वह डराधमका कर चुप करा दिया करता था.

लेकिन जब उस के तीनों बच्चे बड़े हुए और उन्होंने लोगों से अपने पिता की करतूतें सुनीं तो उन्होंने हरवंत को टोकना शुरू कर दिया. अपने पिता की हरकतों पर लगाम कसने के लिए उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी थी. पंचायत से ले कर रिश्तेदारों तक को बीच में डाला, पर कोई फायदा नहीं हुआ.

हरवंत सिंह को अपने भांजे कुलदीप सिंह से बड़ा लगाव था. कुलदीप अधिकांशत: अपने मामा हरवंत के पास ही रहता था. जब कुलदीप जवान हुआ तो वह भी अपने मामा के नक्शेकदम पर चलने लगा. हरवंत को इस की बड़ी खुशी हुई कि कोई तो उस का साथ देने वाला है.

अब मामाभांजे दोनों मिल कर अय्याशी करने लगे थे. हरवंत और कुलदीप की इन हरकतों ने उस के परिवार को कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ा था. जगहजगह उन की बदनामी होती थी. इसी कारण बच्चों के कहीं से रिश्ते भी नहीं आ रहे थे. जिस घर में अय्याश बाप हो, वहां कौन अपनी बेटी ब्याहना चाहेगा.

पिता की हरकतों से तंग आ कर पूरे परिवार ने उस का जम कर विरोध करना शुरू कर दिया. रोजरोज की किचकिच से गुस्साए हरवंत ने अपने भांजे कुलदीप के साथ मिल कर पूरे परिवार को ही मिटाने की योजना बना डाली. उस ने अपने 2 दोस्तों सोनू और रछपाल को भी अपनी योजना में शामिल कर लिया.

हत्याकांड को अंजाम देने के लिए उन्होंने सफेदा (यूकेलिप्टस) के पेड़ की टहनियां तोड़ीं और उन के आगे वाले हिस्से को नुकीला कर के उसे हथियार के रूप में प्रयोग किया. हरवंत सहित सभी हत्यारों के पास लकड़ी का बनाया एकएक हथियार था. इस के अलावा उन्होंने अपने साथ .32 बोर और .315 बोर की पिस्तौलें भी ले ली थीं. अपनी योजना के अनुसार 16 जून, 2019 को हरवंत ने रात के खाने की दाल में नशे की गोलियां मिला दी थीं.

16 जून की रात खाना खाने के बाद जब पूरा परिवार बेहोशी की हालत में सोया हुआ था, तब हरवंत ने कुलदीप, सोनू और रछपाल को अपने घर बुला लिया. परिवार के सभी लोग सोए हुए थे. सभी सदस्यों के सिरहाने एकएक आरोपी मोर्चा संभाल कर खड़ा हो गया.

फिर चारों ने एक साथ सब पर हमला बोल दिया. सब से पहले हरवंत ने एक ही कमरे में सोए दोनों बेटों लवरूप सिंह और ओंकार सिंह के सिर पर लकड़ी के नुकीले हथियार से हमला किया. इसी दौरान कुलदीप सिंह और अन्य ने उस की पत्नी दविंदर कौर व बेटी सिमरनजीत पर प्रहार किया.

जब चारों की मौत हो गई तो हरवंत ने कुलदीप और अपने 2 साथियों की मदद से सब से पहले खून के दागों को धोया. फिर पशुओं के चारे की खुरली से ईंटें उखाड़ कर उन की लाशों से ईंटें बांध दीं. फिर लाशों को बोरी में डाल कर जिप्सी में लादा और ले जा कर नहर में फेंक आए. लाशों के साथ ईंटें इसलिए बांधी गईं कि वे कभी ऊपर न आ सकें.

हरवंत सिंह, कुलदीप सिंह, सोनू सिंह और रछपाल सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए लकड़ी के 4 नुकीले डंडे, 2 पिस्तौल और 8 कारतूस बरामद किए गए.

हत्या के लिए बनाए गए लकड़ी के हथियार काफी वजनी थे. वहीं हरवंत की कथित प्रेमिका और एक अन्य साथी इस हत्याकांड में सीधे रूप जुड़े थे या नहीं, इस की जांच चल रही थी.

पुलिस ने हरवंत व उस के साथियों को घटनास्थल पर ले जा कर क्राइम सीन क्रिएट कर के भी जांच की थी. रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद इस हत्याकांड से जुड़े आरोपियों को अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया.द्य

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

सौजन्य- सत्यकथा, नवंबर 2019

हत्यारी मां : ऐसी भी क्या नफरत

लेकिन पुलिस को सीताराम, दीपिका और कैलाबाई में से ही हत्यारे को ढूंढना था. जब पुलिस ने…

शनिवार, 18 मई की आधी रात से ज्यादा बीत चुकी थी. कोटा के बोरखेड़ा इलाके की सरस्वती कालोनी में निस्तब्धता छाई थी जिसे रहरह कर भौंकते कुत्तों की आवाज भयावह बना रही थी. कालोनी की गली नंबर 4 गहरे अंधेरे में डूबी हुई थी. गली में स्ट्रीट लाइट्स थीं, लेकिन एक भी लाइट रोशन नहीं थी. गली के मोड़ पर स्थित मकान नंबर 17 पर लिखा था, शुभम कुंज. बरामदे से आ रही मैली रोशनी में नाम पढ़ पाना मुश्किल था.

इस दोमंजिले मकान में सामने प्रथम तल के हिस्से में पहले बरामदा था, जिस में मद्धिम सी लाइट जल रही थी. उस के बाद बेडरूम था, जिस में गहरा अंधेरा था.

बेडरूम में अलगअलग पलंग पर कैलाबाई, सीताराम और दीपिका सोए थे. दीपिका के पास उस का 5 महीने का बेटा शिवाय भी सोया था.

लगभग 3 बजे टौयलेट जाने के लिए उठे सीताराम ने लाइट जलाई तो उस का दिमाग झनझना कर रह गया. दीपिका की बगल में लेटा 5 महीने का बेटा शिवाय गायब था. जबकि दीपिका गहरी नींद में सो रही थी.

सीताराम को हैरानी हुई कि बच्चा गायब है और नींद में गाफिल दीपिका को पता तक नहीं कि बच्चा कहां है. सीताराम की समझ में नहीं आया कि 5 महीने का बच्चा कहां गया. उस ने चीखते हुए दीपिका और अपनी सास कैलाबाई को जगाया. दीपिका अलसाई सी उठी तो उस ने उसे झिंझोड़ते हुए पूछा, ‘‘शिवाय कहां है?’’

‘‘कहां है शिवाय?’’ दीपिका ने आंखें मलते हुए उसी का सवाल दोहराया तो सीताराम गुस्से से उबल पड़ा.

‘‘यही तो मैं तुम से पूछ रहा हूं. कहां है शिवाय?’’ सीताराम पत्नी पर बुरी तरह झल्लाया, ‘‘तुम उलटा मुझ से सवाल कर रही हो.’’

इधरउधर ताकती निरुत्तर दीपिका को सीताराम ने झिंझोड़ दिया, ‘‘अभी तक तुम्हारी खुमारी नहीं उतरी? मैं पूछ रहा हूं शिवाय कहां है? कहां है हमारा बच्चा?’’ इस के साथ ही सीताराम बिलख उठा.

इस के बाद दीपिका समझ गई कि बच्चा गायब है. उस ने रोतेरोते बिस्तर खंगाल लिया. जब शिवाय कहीं नजर नहीं आया तो उस की रुलाई फूट पड़ी, ‘‘मेरा लाल?’’

रात में चीखपुकार मची तो मकान में हड़कंप मच गया. मकान के पिछवाड़े रहने वाले किराएदार और निचले हिस्से में रहने वाले घर वाले भी ऊपर आ गए. जब उन लोगों को बात समझ में आई तो सभी हैरान रह गए कि 5 माह के बच्चे को कौन ले गया.

लोगों ने घर का कोनाकोना छान मारा तभी सीताराम को सास कैलाबाई की चीख सुनाई दी, ‘‘अरे बेटा, गजब हो गया.’’ आवाज छत से आई थी. सीताराम घर वालों के साथ छत पर गया. कैलाबाई बिलखती हुई पानी की टंकी तरफ इशारा कर रही थी, ‘‘अरे मुन्ना तो यहां पड़ा है.’’

बदहवास सीताराम पानी की टंकी की तरफ दौड़ा. टंकी का ढक्कन खुला हुआ था और शिवाय पानी में डूबा हुआ था. बच्चे को पानी में डूबा देख कर सीताराम के रोंगटे खड़े हो गए. गुस्से से पूरा बदन सुलग उठा.

सीताराम ने जल्दी से बच्चे को टंकी से निकाला और अपने घर वालों के साथ जेके लान अस्पताल की तरफ दौड़ा. डाक्टरों ने बच्चे का इलाज शुरू किया भी. लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका. नि:संदेह मामला हत्या का था. मैडिको लीगल केस होने की वजह से डाक्टरों ने इस की इत्तला पुलिस को दे दी.

बोरखेड़ा के थानाप्रभारी हरेंद्र सोढ़ा सूचना मिलते ही छानबीन के लिए अस्पताल पहुंच गए. डाक्टरों ने संदेह व्यक्त किया कि बच्चे को संभवत: गला दबाने के बाद पानी की टंकी में डाला गया होगा.

इंसपेक्टर सोढ़ा बच्चे के शव को देख कर हैरान रह गए. 5 माह के बच्चे के साथ यह क्रूरतम अपराध था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा तो घर वाले अड़ गए. लेकिन सीआई सोढ़ा ने उन्हें समझाया कि मामला हत्या का है, इसलिए पोस्टमार्टम जरूरी है.

आखिरकार परिजन मान गए. पुलिस ने मैडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव घर वालों को सौंप दिया. पुलिस ने बच्चे के पिता सीताराम की रिपोर्ट पर हत्या का केस दर्ज कर लिया.

थानाप्रभारी सोढ़ा ने वारदात की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी और सुबह 6 बजे अस्पताल से सरस्वती कालोनी पहुंच गए. तब तक एडिशनल एसपी राजेश मील और सीओ अमृता दुहन भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे.

सूचना मिलने पर एसपी दीपक भार्गव भी घटनाक्रम पर आ गए. क्राइम टीम और डौग स्क्वायड को भी बुला लिया गया था. टीम के साथ आए फोटोग्राफर ने मृत बच्चे के विभिन्न कोणों से फोटो लिए.

प्रशिक्षित कुत्ते को शिवाय के कपड़े सुंघा कर छोड़ा गया तो वह ट्रेनर के साथ एक पलंग के चारों तरफ घूमा और कमरे से सीधा निकल कर छत पर जाने वाली सीढि़यों की तरफ दौड़ा. सीढि़यां चढ़ कर वह पानी की टंकी के पास पहुंच कर रुक गया.

फोरैंसिक टीम ने 11 जगह से फिंगरप्रिंट उठाए. सीताराम के पलंग के अलावा छत पर रखी टंकियों से भी फिंगर प्रिंट उठाए गए. मकान की छत पर 4 टंकियां थीं.

उन में 3 काले रंग की और एक सफेद रंग की थी. शिवाय को कमरे के ठीक ऊपर रखी सफेद रंग की टंकी में डुबोया गया था. साढ़े 5 सौ लीटर की यह टंकी 80 प्रतिशत भरी हुई थी.

पुलिस अधिकारियों ने मकान के बाहर और बरामदे में लगे 2 सीसीटीवी  कैमरों को भी देखा. लेकिन उस में कोई भी बाहरी शख्स दिखाई नहीं दिया. पुलिस इस मुददे पर संशय में ही रही कि कमरे की कुंडी भीतर से बंद थी या नहीं. बैडरूम का दरवाजा गैलरी की तरफ खुलता था. लगभग 4 फीट की गैलरी में बाथरूम और टौयलेट था.

पुलिस अधिकारियों ने झांक कर देखा, लेकिन ऐसा कोई सबूत नहीं मिला, जिस से यह आभास होता कि हत्यारा कहीं छिप कर बैठा रहा होगा. गैलरी से सीढि़यां नीचे भी जाती थीं और छत पर भी.

नीचे जाने वाली सीढि़यों पर उतरने के लिए दरवाजा खोलना पड़ता था. चूंकि कैमरों में कुछ नहीं मिला था, इस दरवाजे पर संदेह करना व्यर्थ था. छानबीन के दौरान पुलिस एक ही नतीजे पर पहुंची कि बैडरूम में दीपिका, सीताराम और कैलाबाई ही थे. यानी बाहर का कोई व्यक्ति नहीं आया था.

पुलिस ने मृत शिवाय की मौसी रत्ना गौड़ से पूछताछ की, जो ग्राउंड फ्लोर पर रहती थी. रत्ना गौड़ की बातों से कई चौंकाने वाली बातें पता चलीं. मसलन, शिवाय सीताराम दंपति का पहला बेटा नहीं था. उन के यहां शिवाय से पहले भी 2 संतानें हुई थीं, वह भी बेटे. रत्ना का कहना था पहले बेटे की मौत श्वास नली में दूध चले जाने से हुई और दूसरे बेटे के दिल में छेद था.

यही उस की मौत का कारण बना. रत्ना ने बताया कि 2 बच्चों की मौत के बाद दीपिका गुमसुम सी रहने लगी थी. रत्ना ने यह भी बताया कि उस का किसी से मिलनाजुलना भी नहीं के बराबर था.

सीताराम ने बताया कि उस की सास कैलाबाई गांव में रहती थीं. नाती को देखने और संभालने के लिए वह अकसर आती जाती रहती थीं. फिलहाल भी कैलाबाई इसीलिए आई हुई थीं. कैलाबाई भी उन के कमरे में भी सोई हुई थीं.

बातचीत करने के बाद पूरा परिवार 10 बजे सो गया था. रात 11 बजे उस की नींद खुली तो दीपिका बच्चे को दूध पिला रही थी. पत्नी को यह कह कर मैं फिर सो गया कि मुन्ने को डकार दिला कर सुलाना. लेकिन रात 3 बजे नींद खुली तो कहतेकहते… सीताराम की हिचकियां बंध गईं.

घटना के बाद से दीपिका रोरो कर बेहाल थी. ऐसी स्थिति में उस पर शक करना बेमानी था. ऐसे गमगीन माहौल में एडिशनल एसपी राजेश मील को पूछताछ करना उचित नहीं लगा.

कोटा के बोरखेड़ा थानांतर्गत एक कालोनी है- सरस्वती कालोनी. इस कालोनी की गली नंबर 4 में स्थित 17 नंबर का मकान ‘शुभम कुंज’ रविरत्न गौड़ का है. रविरत्न गौड़ अपनी पत्नी कैलाबाई के साथ अंता कस्बे में रहते हैं.

उन के इस मकान में 2 बेटियों के परिवार और 2 किराएदार यानी 4 परिवार रह रहे थे. रविरत्न गौड़ की छोटी बेटी दीपिका अपने पति सीताराम के साथ इस मकान की पहली मंजिल पर सामने के हिस्से में रहती थी. सीताराम शिक्षक था. उस की तैनाती ग्रामीण क्षेत्र में थी.

दीपिका कोटा के महाराव भीमसिंह अस्पताल में टेक्नीशियन के पद पर काम कर रही थी. मकान के ग्राउंड फ्लोर पर दीपिका की बहन रत्ना गौड़ अकेली रहती थी. रविरत्न गौड़ और उन की पत्नी कैलाबाई जब कोटा आते थे तो रत्ना वाले हिस्से में ठहरते थे.

यह संयोग ही था कि घटना वाली रात को कैलाबाई कोटा आई हुई थीं. रात में दीपिका और दामाद के साथ बातचीत करते हुए 10 बज गए तो वह उन्हीं के कमरे में सो गईं.

सीताराम और दीपिका का विवाह 16 साल पहले 2003 में हुआ था. इस बीच उन के 2 बच्चे हुए और काल कवलित हो गए. इस घटना के दौरान दीपिका मातृत्व अवकाश पर थी जो अब खत्म होने को था. उसे सोमवार 20 अगस्त को ड्यूटी जौइन करनी थी. दीपिका ने जिस तरह सोशल मीडिया पर बेटे शिवाय के फोटो शेयर किए थे, उस ने पुलिस को काफी प्रभावित किया.

पुलिस के लिए हैरानी की बात यह थी कि रविवार 19 मई को 5 माह के मासूम की हत्या की खबर सोशल मीडिया पर तो तेजी से फैली लेकिन कालोनी की गली नंबर 4 में किसी को इस बात की भनक तक नहीं लगी थी.

पुलिस के संदेह के दायरे में 3 व्यक्ति थे- सीताराम, दीपिका और कैलाबाई. तीनों के मृतक शिवाय से रक्त संबंध थे. लेकिन तफ्तीश  के दौरान पुलिस को एक के बाद एक मिली जानकारियां दीपिका की तरफ इशारा कर रही थीं.

पूछताछ के दौरान थानाप्रभारी सोढ़ा को सीताराम की एक बात कील की तरह चुभ रही थी कि पिछले एक महीने से दीपिका का व्यवहार अचानक बदल गया था.

पता नहीं क्यों वह इस बात की रट लगाए हुए थी कि मेरी छुट्टियां खत्म हो रही है. ड्यूटी पर जाऊंगी तो शिवाय को कैसे संभालूंगी. सीताराम के आश्वस्त करने के बाद भी वह फिर उसी ढर्रे पर आ जाती थी.

सीताराम के इस बयान से पुलिस के संदेह को बल तो मिला, लेकिन इस की पुष्टि एक निजी अस्पताल के रिकौर्ड से हुई. रिकौर्ड के मुताबिक करीब 20 दिन पहले भी दीपिका ने शिवाय का गला घोंटने का प्रयास किया था.

तब शिवाय निजी अस्पताल में करीब एक सप्ताह तक भरती रहा था. इस बीच पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई. मैडिकल बोर्ड में शामिल डाक्टरों के मुताबिक दुपट्टे से बच्चे का गला घोंटने का प्रयास किया गया था. लेकिन इस से उस की मौत नहीं हुई थी.

बाद में उसे पानी की टंकी में डाला गया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिवाय के गले पर नीले निशान पाए गए थे.

पुलिस अधिकारियों ने दीपिका के व्यवहार को ले कर महाराव भीम सिंह अस्पताल में उस के साथ काम करने वाले सहकर्मियों से भी बातचीत की. लगभग सभी की एक ही प्रतिक्रिया थी कि दीपिका न केवल व्यवहार कुशल थी बल्कि अपने काम के प्रति भी पूरी तरह समर्पित थी.

सहकर्मियों का यह भी कहना था कि उस के व्यवहार से ऐसा कभी नहीं लगा कि वह मानसिक रूप से परेशान थी. अलबत्ता उसे अस्पताल से घर ले जाने  और लाने वाले आटो चालक ने इतना जरूर कहा कि यह बेहद गुस्सैल थी.

गुस्सा आने पर वह कुछ भी भला बुरा कहने से नहीं चूकती थी. अलबत्ता कुल मिला कर वह ठीकठाक थी. सहकर्मियों से ले कर आटो चालक के उत्तर से पुलिस अधिकारी उलझन में पड़ गए. तभी एसपी दीपक भार्गव ने अपनी पैनी निगाहों से समस्या के समाधान के लिए जांच को नई दिशा दी.

भार्गव साहब ने जांचकर्ताओं से कहा कि दीपिका का मोबाइल खंगालो. मोबाइल में पता चलेगा कि वो क्या देखती थी, उस का रुझान किस तरफ था. एसपी भार्गव का कहना था कि किसी की मानसिक  स्थिति की जानकारी लेने के लिए मोबाइल सब से अच्छा साधन हो सकता है.

इस का नतीजा काम का साबित हुआ. दीपिका के मोबाइल से एक चौंकाने वाला रहस्योदघाटन हुआ. पता चला कि फुरसत के वक्त वह हौरर फिल्में देखती थीं. रात को सब के सो जाने के बाद हौरर फिल्म देखने के लिए उस की आंखें मोबाइल की स्क्रीन पर गड़ी रहती थीं. घटना की रात भी वह हौरर फिल्म देखने के बाद सोई थी.

एडिशनल एसपी राजेश मील ने जब यह बात एसपी साहब को बताई तो उन का कहना था यह भी एक तरह का नशा है. नशे की झोंक में अपराध का जुनून सवार होता है. तब आदमी वैसा ही कुछ करने को उतारू हो जाता है, जैसा देखता है. एसपी साहब ने कहा कि दीपिका से मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ करने की कोशिश करो.

एडिशनल एसपी राजेश मील की देखरेख में पुलिस अधिकारियों अमृता दुलहन और हरेंद्र सोढ़ा ने दीपिका, उस के पति सीताराम और कैलाबाई को सामने बिठा कर दीपिका से पूछताछ शुरू की तो वह पहले ही सवाल पर उबल पड़ी. उस ने सवाल के बदले सवाल किया कि कोई मां अपने बेटे को कैसे मार सकती है?

गुस्से से उफनती हुई दीपिका पुलिस पर आरोप लगाने पर तुल गई, ‘‘आप मुझे बेवजह फंसाने की कोशिश कर रहे हैं.’’

उस का गुस्सा यही नहीं थमा, उस ने पति सीताराम को भी लपेटे में ले कर कहा, ‘‘यह सब तुम्हारी करनी है. याद रखना मुझे फंसाओगे तो तुम भी नहीं बचोगे.’’ सीताराम दीपिका के तानों से स्तब्ध रह गया. उस के मुंह से बोल तक नहीं फूटे.

सीओ अमृता दुहन जैसा चाहती थीं वैसा ही हुआ. दीपिका का गुस्सा बुरी तरह उफान पर था. अमृता दुहन ने मौका देख सवाल किया तो तीर निशाने पर लगा. उन्होंने पूछा, ‘‘20 दिन पहले शिवाय को क्या हुआ था, जो तुम ने उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया था?’’

गुस्से में उफनती दीपिका की जैसे घिग्घी बंध गई. लोहा गरम था, अमृता दुहन ने उसे फिर निशाने पर लिया, ‘‘तुम हौरर फिल्में देखती हो? घटना की रात तुम ने जो फिल्म देखी, उस में क्या बताया गया था.’’

गुस्से के मारे दीपिका का चेहरा सुर्ख हो गया. वह तड़प कर पुलिस अधिकारियों की तरफ मुड़ी और जहरीले लहजे में चिल्ला कर बोली, ‘‘हां, मैं ने ही मार दिया शिवाय को, नहीं है मुझे बच्चे पसंद… बच्चा चाहे किसी का भी हो मुझे किसी का बच्चा नहीं सुहाता…?’’

सीताराम और कैलाबाई के चेहरे सफेद पड़ चुके थे. जबकि पुलिस अधिकारियों के चेहरों पर मुसकराहट थी. पुलिस ने शनिवार एक जून को दीपिका को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

पुलिस के अनुसार इस वारदात के बाद पहले 2 बच्चों की मौतें भी संदेह के दायरे में आ गई हैं. उन की जांच की जा रही है.

सौजन्य- सत्यकथा, अक्टूबर 2019

 

शातिर बहू की चाल : योजना खुद पर ही पड़ी उलटी

थाने के फोन की घंटी बजी तो हलवदार ने रिसीवर उठाते ही कहा, ‘‘सर, थाना सुलतानपुरा से हवलदार जसवंत सिंह.’’

‘‘मैं सरकारी टीचर संदीप शर्मा बोल रहा हूं. कोठी नंबर 534 बी, आदर्श नगर से. आप जल्दी यहां आ जाइए. किसी ने कोठी की मालकिन सतनाम कौर की हत्या कर दी है. उन की लाश बेडरूम में पड़ी है.’’ दूसरी ओर से कहा गया.

हवलदार जसवंत सिंह ने यह सूचना थाने के एसएचओ इंसपेक्टर ओंकार सिंह बराड़ को दे दी. आेंकार सिंह पुलिस टीम के साथ आदर्श नगर स्थित घटनास्थल पर पहुंच गए. वहां पहले से ही लोगों की भीड़ जमा थी. भीड़ में से एक व्यक्ति ने आगे बढ़ कर बताया, ‘‘सर, मेरा नाम संदीप शर्मा है, मैं ने ही थाने में फोन किया था.’’

‘‘लाश कहां है?’’ इंसपेक्टर ओंकार सिंह ने पूछा तो संदीप शर्मा ने कोठी की ऊपरी मंजिल की ओर इशारा करते हुए बताया, ‘‘सर, लाश बेडरूम में पड़ी है.’’

ओंकार सिंह अपनी टीम के साथ कोठी के ऊपर वाले भाग में पहुंचे. बेडरूम में बेड पर एक बुजुर्ग महिला की लाश पड़ी थी. इंसपेक्टर ओंकार सिंह ने घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी और घटनास्थल पर क्राइम टीम को बुलवा लिया.

फौरेंसिक एक्सपर्ट और फिंगरपिं्रट विशेषज्ञों ने आते ही अपना काम शुरू कर दिया. इस बीच सूचना पा कर एसपी कपूरथला मनदीप सिंह भी मौकाए वारदात पर पहुंच गए थे. घटनास्थल और लाश का निरीक्षण करने से पता चला कि मृतका की हत्या गला घोंट कर की गई थी.

पूछताछ के दौरान संदीप शर्मा ने बताया कि मृतका सतनाम कौर कनाडा की रहने वाली थीं. वह करीब 5 महीने पहले अपने रिश्तेदारों से मिलने यहां आई थीं. संदीप शर्मा ने यह भी बताया कि उस ने मृतका के बेटे मनमोहन सिंह को कनाडा फोन कर के घटना की सूचना दे दी है.

इंसपेक्टर ओंकार सिंह अभी संदीप शर्मा का बयान नोट कर ही रहे थे कि राजपुर महतानियां, जिला होशियारपुर निवासी राजिंदर सिंह ने वहां आ कर बताया कि मृतका उस की बहन सतनाम कौर है. दरअसल, संदीप शर्मा ने मृतका के बेटे मनमोहन सिंह को फोन कर के घटना के बारे में बता दिया था.

मनमोहन ने अपने मामा को फोन कर के कहा कि वह मां के पास जा कर देखें, खबर सच है या किसी ने भद्दा मजाक किया है. भांजे का फोन मिलने के बाद राजिंदर सिंह आदर्शनगर आ गए थे.

बहरहाल, राजिंदर सिंह के बयान पर 30 मार्च, 2019 को अज्ञात लोगों के खिलाफ सतनाम कौर की हत्या का मुकदमा भादंवि की धारा 302 के तहत दर्ज कर लिया गया. इस के साथ ही मृतक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृतका की हत्या दम घुटने के कारण हुई थी. उन के गले पर दुपट्टे वगैरह से कसने के निशान थे. हत्या का दिन 29 मार्च और समय दिन के 11 बजे से 12 बजे के बीच बताया गया था.

अब तक की पूछताछ में यह बात स्पष्ट हो गई थी कि मृतका की किसी से कोई दुश्मनी या अनबन नहीं थी. वह 2-3 साल में एक बार कुछ दिनों के लिए कनाडा से अपने रिश्तेदारों से मिलने आया करती थी. वह जब भी आती थीं, ज्यादातर अपनी आदर्शनगर वाली कोठी में ही रहा करती थीं.

चूंकि मामला एक एनआरआई बुजुर्ग महिला से जुड़ा था इसलिए एसपी मनदीप सिंह के आदेश पर इसे जल्द से जल्द सुलझाने के लि ए 3 टीमें गठित की गईं.

हत्या के इस मामले में अजीब बात यह थी कि घर में कोई चीज चोरी नहीं हुई थी. घर का सारा सामान ज्यों का त्यों था. किसी चीज को छेड़ा तक नहीं गया था. बेडरूम में चाय के 3 खाली गिलास रखे मिले. इस से साफ था कि घर में सतनाम कौर का कोई परिचित आया था.

पुलिस ने मृतका सतनाम कौर के पारिवारिक सदस्यों और निजी जिंदगी के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि सतनाम कौर के पति बलदेव सिंह की साल 1998 में मौत हो गई थी. मृतका के 2 बेटे थे बड़ा बेटा जगमोहन सिंह जग्गा और छोटा मनमोहन सिंह उर्फ मनी.

मनमोहन सिंह उर्फ मनी कनाडा में रहता था. जबकि बड़े बेटे जगमोहन उर्फ जग्गा की साल 2017 में मृत्यु हो गई थी. जगमोहन की पत्नी हरजोत कौर अपने बच्चों के साथ गांव दादूवाल में रहती थी.

बलदेव सिंह की मौत के समय इस परिवार के पास 12 किले उपजाऊ जमीन थी, जिसे 3 बराबर हिस्सों में बोट दिया गया था. हरेक के हिस्से में 4-4 किले जमीन आई थी. दोनों बेटों के साथसाथ एक हिस्सा सतनाम कौर का था.

पति की मौत के बाद सतनाम कौर छोटे बेटे मनमोहन के पास कनाडा चली गई थीं. पुलिस जांच में एक अहम बात यह सामने आई कि बड़े बेटे जगमोहन की पत्नी हरजोत कौर की अपनी सास सतनाम कौर से बिलकुल नहीं बनती थी. जगमोहन की मौत के समय भी सतनाम कौर केवल उस की अंतिम अरदास पर ही गई थीं.

इस पूरे मामले की जांच के बाद शक की सुई हरजोत कौर की ओर घूम गई. इस बीच इंसपेक्टर ओंकार सिंह ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज निकालवा कर चेक किए तो एक सरकारी दफ्तर के बाहर लगे कैमरे में एक्टिवा पर सवार एक पुरुष और उस के पीछे बैठी महिला को सतनाम कौर की कोठी में जाते देखा गया.

हालांकि दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे. लेकिन एक्टिवा का नंबर- पीबी 37 एच-3277 स्पष्ट दिखाई दे रहा था.

आरटीओ औफिस से पता चला कि उक्त नंबर की एक्टिवा मृतका की बड़ी बहू हरजोत कौर की है. पुलिस का शक अब पूरी तरह यकीन में बदल गया था. जब हरजोत कौर को उस के गांव दादूवाल से हिरासत में ले कर पूछतछ की गई तो उस ने तुरंत अपन अपराध स्वीकार कर लिया. उस ने बताया कि उस ने पैसों के लालच में अपनी सास की हत्या की थी.

इस हत्याकांड में उस के साथ उस का परिचित विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की भी था जो गांव समरावा, जिला जालंधर का रहने वाला है. पुलिस ने हरजोत की निशानदेही पर विक्की को भी गिरफ्तार कर लिया.

दोनों आरोपियों को 1 अप्रैल को फगवाड़ा की अदालत में पेश कर उन का 2 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया. रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से की गई पूछताछ के बाद मृतका सतनाम कौर की हत्या की जो कहानी सामने आई वह इस प्रकार थी.

हरजोत कौर जब ब्याह कर ससुराल आई थी तभी से अपनी सास सतनाम कौर के साथ उस की कभी नहीं बनी थी. सतनाम कौर भी अपनी बहू को नापसंद करती थी. इस का एक कारण शायद यह था कि बलदेव सिंह और सतनाम कौर अपने छोटे बेटे मनमोहन के साथ कनाडा में रहते थे.

हरजोत ने भी कनाडा जाने की जिद की थी, अपने पति जगमोहन को उकसाया भी था, पर सतनाम कौर ने उस की एक नहीं चलने दी थी. इसी वजह से वह सतनाम कौर से रंजिश रखने लगी थी.

बलदेव सिंह की मौत के बाद जब जमीन का बंटवारा हो गया तो हरजोत कौर अपने हिस्से की जमीन और पैसा ले कर पति और बच्चों के साथ जिला जालंधर के गांव दादूवाल में जा कर रहने लगी थी. अपने हिस्से की जमीन उस ने ठेके पर विक्की के पिता हरजीत को दे दी थी.

हरजोत चालाक और ज्यादा पैसा खर्च करने वाली औरत थी. जमीन से होने वाली कमाई उस के लिए पूरी नहीं पड़ती थी. उस की नजर हर समय अपनी सास के हिस्से वाली जमीन और उन के बैंक बैलेंस पर रहती थी. जबकि सतनाम कौर उसे अपने घर में घुसने तक नहीं देती थी.

हरजोत कौर पर इन दिनों काफी कर्जा हो गया था. कर्जदार उसे परेशान कर रहे थे, ऊपर से उस के बच्चे जवान हो रहे थे. उन के शादीब्याह की चिंता अलग से थी. हरजोत कौर को अपनी सास से यह रंजिश भी थी कि वह उस पर और उस की जवान होती बेटी पर तरहतरह के लांछन लगाती थीं.

सतनाम कौर ने पूरी बिरादरी में हरजोत और उस के बच्चों, जो कि उन के पोतापोती थे को बदनाम कर रखा था. इस घटना से 2 सप्ताह पहले हरजोत कौर यह शिकायत ले कर अपने मामा ससुर यानी सतनाम कौर के भाई राजिंदर सिंह के पास गई थी कि वह अपनी बहन को समझाएं.

वह उसे और उस के बच्चों को बेवजह बदनाम करना छोड़ दें. नहीं तो वह जहर खा कर आत्महत्या कर लेगी. राजिंदर सिंह ने सतनाम कौर को समझाया भी था, लेकिन सतनाम कौर अपनी आदत से बाज नहीं आई थीं. इसलिए हरजोत कौर ने अपनी सास को ही रास्ते से हटाने की योजना बना ली थी.

अपनी योजना को अमली जामा पहनाने के लिए उस ने ये सारी बातें विक्रमजीत को बताईं. विक्रम नशे का आदी था. सो थोड़ा सा नशा करने के बाद वह हरजोत का साथ देने के लिए तैयार हो गया. रिमांड के दौरान दिए गए अपने बयान में हरजोत ने बताया कि उस ने पति के जीवित रहते 2 साल पहले अपनी सास की कोठी की रेकी कर ली थी.

अब ताजा स्थिति में उस ने आदर्श नगर जा कर यह देखा था कि सतनाम कौर की कोठी तक पहुंचने के लिए रास्ते में किनकिन सीसीटीवी कैमरों का सामना करना पड़ सकता है. नए हिसाब से उस ने नई योजना तैयार की थी.

घटना वाले दिन 29 मार्च को वह अपनी एक्टिवा पर सवार हो कर विक्रम के साथ सतनाम पुरा पहुंची. विक्रम ने उस से 500 रुपए मांगे और पैसे ले कर पहले नशा किया. इस दौरान वह एक दुकान पर बैठ कर बर्गर खाती रही. इस के बाद दोनों सतनाम कौर की आदर्श नगर स्थित कोठी पर पहुंचे.

सतनाम कौर उसे देखते ही भड़क उठी और दोनों को वहां से चले जाने को कहा, लेकिन कोई जरूरी बात करनी है. बोल कर दोनों सतनाम के बेडरूम में बैठ गए. फिर मौका पाते ही विक्रम ने अपने गले में डाला हुआ काले रंग का साफा सतनाम के गले में डाल दिया, फिर दोनों ने मिल कर उस की हत्या कर दी.

आदर्शनगर, सतनामपुरा इलाके में सतनाम कौर कोठी नंबर 534 बी की ऊपरी मंजिल पर अकेली रहती थी. जबकि कोठी की नीचली मंजिल पर संदीप शर्मा व रामशरण 2 लोग किराए पर रहते थे. दिनांक 29 मार्च की सुबह किराएदार अपने काम पर चले गए थे, और देर रात घर लौटे थे. आ कर दोनों सो गए थे.

30 तारीख की सुबह जब किराएदार अध्यापक संदीप शर्मा ऊपर गया तो सतनाम कौर को आवाजें लगाने पर भी जब कोई आवाज नहीं आई, तो उसे शक हुआ. उस ने ऊपर जा कर देखा तो सतनाम कौर को मरा पाया और पुलिस को सूचना दे दी.

पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर काले रंग का साफा बरामद कर लिया, जिस से उन्होंने सतनाम कौर का गला घोंट कर हत्या की थी. पुलिस ने आननफानन में 24 घंटे के भीतर सतनाम कौर के हत्यारों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.

आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया था. पर एक बात अभी तक पुलिस को हजम नहीं हो रही थी कि हरजोत कौर ने बिना किसी विरोध के साथ अपना अपराध स्वीकार कैसे कर लिया.

जबकि हत्या जैसा संगीन अपराध कोई भी आरोपी इतनी आसानी से कबूल नहीं करता. पुलिस ने पूरे मामले की दोबारा गहनता से जांच की तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए. 2 दिन बाद इस मामले में अचानक एक नया मोड़ आ गया.

पुलिस ने इस केस की एक और अभियुक्त  अंजू को हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान उस ने स्वीकार किया कि उस ने हरजोत के कहने पर विक्रम के साथ जा कर सतनाम कौर की हत्या की थी.

हरजोत कौर तो मौकाएवारदात पर गई ही नहीं थी. दरअसल सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से चेक करने पर पुलिस को पता चला था कि एक्टिवा पर सवार औरत की कद काठी और उस समय पहने हुए कपड़े हरजोत से मेल नहीं खा रहे थे.

जब हरजोत से दोबारा सख्ती से पूछताछ की गई तो उस ने सब सच उगल दिया. वह और विक्रम अब तक पुलिस से झूठ बोलते आए थे. दरअसल, पुलिस को गुमराह करने और जांच की दिशा भटकाने के लिए यह हरजोत की चाल थी.

अंजू कई सालों से हरजोत के घर काम करती थी और उसी गांव की रहने वाली थी. हरजोत ने उसे अपनी बातों के जाल में फंसा कर इस काम के लिए राजी किया था. अंजू के अनुसार उस ने यह काम पैसों या किसी अन्य लालच में नहीं किया था.

वह हरजोत को अपनी बड़ी बहन जैसी मानती थी. हरजोत ने इसी बात का फायदा उठाया था. घटना वाले दिन 29 मार्च को अंजू, विक्रम और हरजोत तीनों एक साथ सतनामपुरा आए थे. हरजोत बर्गर की एक दुकान पर रुक गई थी और अंजू विक्रम के साथ हरजोत की एक्टिवा पर घटना को अंजाम देने सतनाम कौर के घर पहुंच गई.

सतनाम की हत्या करने के बाद हरजोत की योजना अनुसार वे दोनों अपने गांव दादूवाल लौट गए थे. गांव पहुंच कर अंजू ने अपना पहना हुआ सूट जला दिया था. ऐसा करने के लिए उस से हरजोत ने ही कहा था. पुलिस ने अंजू की निशानदेही पर वह अधजला सूट भी बरामद कर लिया.

3 अप्रैल को अंजू, विक्रम और हरजोत को पुन: अदालत में पेश किया गया. उस दिन विक्रम और हरजोत का रिमांड समाप्त हो गया था, इसलिए उन दोनों को जेल भेज दिया गया. जबकि अंजू को 5 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर लिया गया.

बाद में रिमांड अवधि समाप्त होने पर अंजू को भी जेल भेज दिया गया. पुलिस जांच भटकाने के पीछे हरजोत का मकसद यह था कि जरूरत पड़ने पर वह यह साबित कर सकती है कि घटना के समय वह मौका ए वारदात पर मौजूद नहीं थी. और अगर वह पकड़ी भी गई तो उस के बच्चों की देखभाल अंजू कर लेगी. दोनों हालातों में एक औरत का बाहर रहना तय था, पर पुलिस जांच में हरजोत की पोल खुल गई और उस के साथ अंजू भी पुलिस की गिरफ्त में आ फंसी.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारि

सौजन्य- सत्यकथा, सितंबर 2019

 

विदेश में रची साजिश : रिश्तों में आई दरार

सरदार हरविंदर सिंह और उन के परिवार के अन्य लोग 27 फरवरी, 2019 को दिल्ली एयरपोर्ट पर आस्ट्रेलिया से आने वाली फ्लाइट का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. क्योंकि उस दिन सरदार हरविंदर सिंह की चहेती बेटी रवनीत कौर शादी के बाद पहली बार आस्ट्रेलिया से इंडिया आ रही थी. शादी के बाद से ही रवनीत अपने पति जसप्रीत सिंह के साथ आस्टे्रलिया जा कर बस गई थी. उस की एक 4 साल की बेटी नवसीरत कौर भी उस के साथ आ रही थी. उस का जन्म भी आस्टे्रलिया में ही हुआ था.

रवनीत के आने की खुशी में उस के मायके और ससुराल वालों ने स्वागत की पूरी तैयारियां कर रखी थीं. अपने निर्धारित समय पर प्लेन ने दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड किया और पंजाब से आया यह काफिला रवनीत और उस की बेटी को दिल्ली से ले कर सेक्टर-47 चंडीगढ़ की ओर रवाना हो गया. रवनीत उस समय करीब 5 महीने की गर्भवती थी.

रवनीत कौर की ससुराल चंडीगढ़ में ही थी. इसलिए उस का पहला हक ससुराल जाने का ही बनता था. बहरहाल रवनीत के आने की खुशी में ससुराल में जश्न मनाया गया, अगले दिन बाहर से आए सभी रिश्तेदार अपनेअपने घरों को लौट गए थे. रवनीत के पिता हरविंदर सिंह भी अपनी पत्नी और बेटे के साथ अपने गांव चले गए थे. यह बात 28 फरवरी, 2019 की है.

सरदार हरविंदर सिंह पंजाब के जिला फिरोजपुर के गांव बग्गे के पीपल के निवासी थे. यह गांव फिरोजपुर से करीब 8 किलोमीटर दूर है. हरविंदर सिंह बेहद शरीफ और मिलनसार इंसान थे. वह गांव बग्गे के पीपल की कोऔपरेटिव सोसाइटी के सेक्रेटरी भी थे.

उन के पास रुपएपैसे की कमी नहीं थी. उन के पास कई एकड़ उपजाऊ भूमि भी थी. परिवार में पत्नी के अलावा उन के 2 बच्चे थे. बड़ी बेटी रवनीत कौर और बेटा जश्नीत सिंह. दोनों की वह शादी कर चुके थे.

हरविंदर सिंह ने लगभग 6 साल पहले रवनीत की शादी चंडीगढ़ निवासी रावल सिंह के बेटे जसप्रीत सिंह के साथ की थी. जसप्रीत आस्टे्रलिया में रहता था. वहां उस का होटल का व्यवसाय था. शादी के कुछ महीने बाद जसप्रीत ने रवनीत को भी अपने पास आस्टे्रलिया बुला लिया. बाद में वे दोनों वहां के स्थाई नागरिक बन गए थे.

शादी के 2 साल बाद रवनीत ने एक बेटी को जन्म दिया जिस का नाम नवसीरत रखा गया. सब कुछ ठीकठाक चल रहा था. पतिपत्नी के अलावा दोनों के परिवार भी आपस में बहुत खुश थे.

रवनीत को आस्टे्रलिया से आए 15 दिन हो चुके थे और वह अपनी ससुराल चंडीगढ़ में ही थी. रवनीत के पिता सरदार हरविंदर ने एक दिन अपने बेटे से कहा, ‘‘पुत्तर रवनीश को आए 15 दिन हो गए हैं. हम चाहते हैं कि उसे तुम बुला लाओ जिस से वह कुछ दिन यहां रह सके.’’

‘‘जी पापाजी, मैं आज ही चंडीगढ़ जा कर रवनीत को ले आता हूं.’’ जश्नीत ने कहा और वह उसी दिन चंडीगढ़ में बहन की ससुराल जा कर उसे अपने साथ लिवा लाया. मायके में आ कर रवनीत की खुशी और बढ़ गई. अपने मातापिता और बचपन की सहेलियों से मिल कर वह बहुत खुश हुई. रवनीत के आने से केवल हरविंदर के परिवार वाले ही नहीं बल्कि गांव में उस के जानने वाले भी खुश थे.

14 मार्च, 2019 की बात है. वक्त करीब 11 बजे का होगा. रवनीत के घर के सभी लोग बैठक में बैठे आपस में हंसीमजाक कर रहे थे कि उसी समय रवनीत के मोबाइल पर आस्ट्रेलिया से उस के पति जसप्रीत की वीडियो काल आई. रवनीत परिवार वालों से बात करना छोड़ कर पति से बातें करने लगी.

फोन पर न जाने कैसी बातें चल रही थीं कि उसे इस बात का अंदेशा ही नहीं रहा कि वह फोन पर बात करतेकरते अपने घर से बाहर निकल आई और अपने पिता के खेतों की ओर चल दी.

वह वहां घूमते हुए पति से बातें करने में मशगूल थी. वहीं खेतों के पास एक कार खड़ी थी. उस कार के नजदीक 2 लोग भी मौजूद थे. फोन पर बातें करते हुए रवनीत जैसे ही उस कार के पास पहुंची तो दोनों लोगों ने रवनीत को उठा कर कार में डाला और वहां से फरार हो गए.

यह नजारा दूर खेत में काम करते केवल एक आदमी ने देखा था. इधर जब आधे घंटे से भी ज्यादा समय हो गया और रवनीत फोन पर बातें कर के घर में नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई कि आखिर फोन पर बातें करते हुए वह कहां चली गई.

सब ने उस की तलाश शुरू कर दी, इस बीच जिस व्यक्ति ने रवनीत को कार में ले जाते देखा था, उस ने आ कर पूरी बात सरदार हरविंदर सिंह को बताई तो सब के पैरों तले से जमीन खिसक गई.

आखिर वो कौन लोग थे जो रवनीत को जबरदस्ती उठा कर ले गए थे. सीधी सी बात यह थी कि वह लोग रवनीत का अपहरण कर के ले गए थे. यह बात कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई. इस के बाद तो पूरा गांव रवनीत की तलाश में जुट गया. पर न तो कार मिली और न ही रवनीत का कोई पता चला. अंत में सभी गांववासी इकट्ठे हो कर थाना फिरोजपुर पहुंचे.

सरदार हरविंदर सिंह ने एसएचओ गुरचरण सिंह को बेटी के अपहरण होने की सारी बात विस्तार से बता दी. सरदार हरविंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रवनीत के अपहरण का मामला दर्ज कर उस की तलाश शुरू कर दी थी.

क्योंकि मामला एक ऊंचे रसूखदार और जमींदार की एनआरआई बेटी से जुड़ा था. इसलिए एसएचओ गुरचरण सिंह ने इस घटना की सूचना अपने उच्चाधिकारियों को भी दे दी. सूचना मिलते ही एसएसपी संदीप गोयल, एसपी बलजीत सिंह सिद्धू क्राइम टीम के साथ मौके पर  पहुंच गए.

एसएसपी के निर्देश पर शहर के बाहर जाने वाली सभी सड़कों पर नाकेबंदी कर दी गई थी. एकएक गाड़ी की तलाशी ली जाने लगी पर कोई फायदा नहीं हुआ. शायद अपहर्त्ता पुलिस की नाकेबंदी से पहले ही सीमा पार कर चुके थे. फिर भी पुलिस ने रवनीत का फोटो जिले के सभी थानों में भेजवा दिया था.

रवनीत को अगवा हुए 24 घंटे से भी ज्यादा बीत चुके थे पर अभी तक पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा था. पुलिस मामले में लापरवाही बरत रही थी. तब परिजन और गांव वाले रवनीत की तलाश के लिए एसएसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए. कई दिनों तक चले इस आंदोलन के बाद एसएसपी ने धरने पर बैठे लोगों को भरोसा दिया कि पुलिस बहुत जल्दी केस का खुलासा कर देगी. तब कहीं जा कर 19 मार्च, 2019 को उन्होंने धरना खत्म किया.

एसएसपी ने एसपी बलजीत सिंह की निगरानी में एक टीम गठित की. पुलिस ने हरविंदर सिंह से बात करने के बाद कुछ लोगों के फोन सर्विलांस में लगा दिए थे तथा रवनीत के पति जसप्रीत सिंह और अन्य लोगों के फोन नंबरों की काल डिटेल्स निकलवा ली थी. 19 मार्च को ही पुलिस को जानकारी मिली क कुछ लोग कार से एक महिला की लाश भाखड़ा नहर में फेंक कर फरार हो गए थे.

पुलिस ने इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए भाखड़ा नहर में दूरदूर तक जाल डलवा दिया. पुलिस की यह कोशिश रंग लाई और एक महिला की लाश नहर से बरामद कर ली. जिस की पुष्टि रवनीत कौर के रूप में हुई. जरूरी काररवाई कर पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी.

एसपी बलजीत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम इस मामले की जांच कर रही थी. पुलिस टीम ने पीडि़त परिवार द्वारा दी गई कुछ जानकारी के अधार पर जांच आगे बढ़ाई तो सफलता मिल गई.

दरअसल रवनीत के अपहरण के बाद हरविंदर सिंह ने यह खबर आस्टे्रलिया में अपने दामाद जसप्रीत सिंह को दे कर फौरन इंडिया आने के लिए कहा था पर वह हर बार टालमटोल करता रहा. कभी कहता कि अभी वीजा नहीं मिल रहा है तो कभी कोई और बहाना बना देता.

जब हरविंदर सिंह ने आस्ट्रेलिया एंबेसी से संपर्क किया तो पता चला कि जसप्रीत ने वीजा एप्लाई किया ही नहीं है. इन सब बातों से हरविंदर और अन्य रिश्तेदारों को शक हुआ कि ऐसी क्या मजबूरी है जो बीवी का अपहरण हो जाने की खबर मिलने के बाद भी जसप्रीत सिंह आराम से अपने घर बैठा रहा. उन्होंने अपने तौर पर जांच पड़ताल शुरू की.

इधर पुलिस ने भी अपने मुखबिरों का जाल बिछा रखा था. और साइबर क्राइम की टीम ने शक की सुई का रुख सीधा आस्टे्रलिया की तरफ मोड़ दिया था. आस्ट्रेलिया से जसप्रीत की इंडिया में पत्नी के अलावा और जिस नंबर पर ज्यादा बातें होती थीं, वह नंबर पटियाला के समाना की तरनजीत कौर का था. तरनजीत कौर के अलावा एक नंबर संदीप सिंह का भी था. संदीप सिलवर सिटी समाना का निवासी था.

इन दोनों नंबरों पर जसप्रीत की घंटों बातें होती थीं. इस मामले को हल करने के लिए पुलिस ने कई पहलुओं पर जांच शुरू कर दी थी. पुलिस ने यह पता लगाया कि जिस दिन रवनीत कौर के पास उस के पति जसप्रीत सिंह का आस्टे्रलिया से फोन आया था उस दिन जसप्रीत ने किनकिन लोगों से बात की थी.

पुलिस ने सभी के फोन नंबरों की लोकेशन टे्रस की इसी जांच के सहारे पुलिस समाना की रहने वाली तरनजीत कौर तक पहुंच ही गई.

पुलिस ने तरनजीत कौर को 24 मार्च, 2019 को हिरासत में ले कर पूछताछ शुरू कर दी. तरनजीत कौर को पकड़ने से पहले पुलिस ने आरोपितों की आपस में हो रही टेलीफोन पर बातचीत व उन की एक्टिविटी पर नजर रखी.

पूछताछ में तरणजीत कौर ने कई खुलासे किए, जिस से तरनजीत कौर की निशानदेही पर ही पुलिस को रवनीत का शव बरामद करने के साथ मामले का खुलासा करने में बड़ी सफलता मिल गई थी.

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जसप्रीत सिंह ने अपनी प्रेमिका किरणजीत कौर के साथ मिल कर अपनी पत्नी रवनीत कौर की हत्या करवाई थी. इस में किरणजीत की बहन तरनजीत कौर और संदीप सिंह नामक युवक ने साथ दिया था. संदीप सिंह तरनजीत कौर की बुआ का बेटा है. पुलिस ने तरनजीत को कोर्ट में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया.

पूछताछ में तरनजीत की निशानदेही पर उस की बुआ के बेटे संदीप सिंह को भी 26 मार्च को गिरफ्तार कर लिया.

रिमांड के दौरान पूछताछ में यह बात सामने आई कि जसप्रीत सिंह के शादी से पहले से ही किरणजीत कौर के साथ अवैध संबंध थे. जसप्रीत सिंह और किरणजीत कौर ने आस्टे्रलिया से कनाडा भाग कर कथित तौर पर शादी कर ली थी. किरणजीत कौर वहां किसी अस्पताल में नर्स की नौकरी करती है और जसप्रीत सिंह एक रेस्टोरेंट में काम करता था. दोनों के बीच संबंध होने के कारण ही रवनीत कौर को ठिकाने लगाया गया था.

अवैध संबंधों में बाधा बन रही पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए ही जसप्रीत ने प्रेमिका किरणजीत के साथ मिल कर आस्टे्रलिया में ही रवनीत की हत्या की साजिश रची थी. पत्नी रवनीत के भारत पहुंचने के कुछ दिन बाद उस ने प्रेमिका किरण को भी आस्ट्रेलिया से भारत भेज दिया था.

इस के बाद उस ने प्रेमिका के रिश्तेदारों की मदद से पत्नी की हत्या करवा दी. हत्या के अगले ही दिन किरणजीत कौर सिंगापुर के रास्ते वापस आस्टे्रलिया लौट गई थी.

एनआरआई महिला रवनीत कौर की हत्या के आरोप में फिरोजपुर पुलिस ने पटियाला जिले की समाना निवासी तरनजीत कौर व उस के रिश्तेदार संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों ने रवनीत कौर की हत्या 14 मार्च को उस के अगवा करने के कुछ देर बाद उसी दिन समाना में ले जा कर कर दी थी. इस के बाद शिनाख्त मिटाने के लिए शव को भाखड़ा नहर में फेंक दिया था. जिसे फिरोजपुर पुलिस ने बरामद कर लिया था.

जसप्रीत सिंह ने अपनी जिस प्रेमिका के लिए पत्नी रवनीत कौर की हत्या करवा दी. वह पहले से ही शादीशुदा है. हत्याकांड को अंजाम देने व सबूत मिटाने में संदीप सिंह शामिल रहा.

एनआरआई महिला रवनीत कौर की हत्या कैसे की गई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. बताया जाता है कि मृतका रवनीत कौर 5 महीने की गर्भवती थी. रवनीत कौर की हत्या में शामिल 2 एनआरआई सहित 4 जनों के खिलाफ मामला दर्ज कर काररवाई शुरू कर दी.

पुलिस ने एनआरआई जसप्रीत सिंह, किरणजीत कौर, तरनजीत कौर और संदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर एनआरआई जसप्रीत सिंह और किरणजीत कौर को विदेश से मंगवाने के लिए भी कानूनी काररवाई शुरू कर दी. जबकि तरनजीत और संदीप सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की बीट कार नंबर एचआर51एजी-5522 भी बरामद कर ली गई.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

सौजन्य- सत्यकथा, जुलाई 2019