शक के कफन में दफन हुआ प्यार – भाग 3

ननिहाल जाने के बहाने मिलता था प्रेमिका से

विवेक बघांव पहुंचा तो उसे देख कर नाना रामधनी खुश हुए. उन्हें क्या पता था कि उन का नाती उन से नहीं, अपनी प्रेमिका चंदना से मिलने आया है. नानानानी से मिलना तो एक बहाना था. नानानानी से मिलने के बाद विवेक चंदना से मिलने उस के घर गया.

घर में चंदना और उस की मां ही थीं. विवेक को देखते ही चंदना का चेहरा खिल उठा. वह उसे हसरत भरी नजरों से देखती रही. विवेक से वह कहना तो बहुत कुछ चाहती थी, लेकिन मां के डर की वजह से कुछ नहीं बोल पाई.

मुंह से भले ही न सही पर इशारोंइशारों में दोनों के बीच काफी बातें हुईं. वैसे भी जब दो प्रेमी दिल की गहराई से एकदूसरे को प्यार करते हों तो उन्हें अपनी बात कहने के लिए शब्दों की जरूरत नहीं होती.

नाश्ता वगैरह करने के बाद विवेक जब घर से निकलने लगा तो चंदना उसे विदा करने कमरे से बाहर आई. तभी उस ने झटके में मोबाइल फोन उस के हाथों में थमा दिया और बोला, ‘‘यह तुम्हारे लिए गिफ्ट है.’’ चंदना ने झट से फोन अपनी समीज के अंदर रख लिया ताकि कोई देख न सके. उस रात विवेक नाना के घर पर ही रुक गया. अगली सुबह वह अपने घर मऊनाथ भंजन लौट आया.

फोन मिल जाने से दोनों के बीच की दूरियां मिट गईं. भले ही वे एकदूसरे की सूरत देख नहीं पा रहे थे, लेकिन प्यार भरी मीठीमीठी बातें कर के अपने दिल को तसल्ली दे लेते थे. एक दिन चंदना की छोटी बहन वंदना ने उसे मोबाइल पर किसी से बात करते सुन लिया.

उस ने जब इस बारे में बहन से पूछा तो वह घबरा गई. उस ने वंदना को इस बारे में किसी से कुछ भी न बताने को कहा तो वह मान गई. वंदना ने वाकई किसी से कुछ नहीं बताया. हां, चंदना ने उसे यह नहीं बताया था कि वह किस से और क्यों बातें करती थी. धीरेधीरे दोनों का प्रेम जवां होता रहा.

वे अपने प्यार को ले कर भविष्य के सुनहरे सपने संजोने लगे. रेत के ढेर पर ख्वाबों का आशियाना बनाने लगे. इसी बीच इन प्रेमियों के साथ एक नई घटना घट गई. पता नहीं दोनों के प्यार को किस की नजर लग गई थी.

अचानक बदल गया चंदना का व्यवहार

विवेक ने महसूस किया कि चंदना अब उसे पहले जैसा प्यार नहीं कर रही है. पता नहीं क्यों वह उस से कटने लगी थी. पहले वह विवेक के फोन की घंटी बजते ही काल रिसीव कर लेती थी, पर अब लगातार फोन की घंटियां बजती रहती थीं. न तो चंदना काल रिसीव करती थी और न ही मिस्ड काल करती थी.

चंदना के इस व्यवहार पर विवेक को गुस्सा आता था. हद तो तब हो गई जब विवेक चंदना को काल करता तो वह अकसर दूसरी काल पर व्यस्त मिलती थी.

विवेक का शक पुख्ता हो गया था कि चंदना का किसी और के साथ संबंध बन चुका है. इसीलिए वह उस से कटीकटी सी रहने लगी है. इस बात को ले कर चंदना और विवेक के बीच विवाद हो गया. विवेक ने उसे बहुत भलाबुरा कहा. उस के बाद चंदना ने विवेक से बात करनी बंद कर दी.

बाद में विवेक ने किसी तरह चंदना को मना लिया और उस से माफी मांग ली. उस ने वादा किया कि अब दोबारा उस से ऐसी गलती नहीं होगी. चंदना से माफी मांग कर विवेक ने एक पैंतरा चला था. उस ने सोच लिया था कि अगर चंदना उस की नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होगी.

इसीलिए उस ने चंदना से माफी मांग कर उसे विश्वास में लिया ताकि कभी बुलाने पर वह उस की बात सुन ले. प्यार में अंधी चंदना को इस बात का तनिक भी भान नहीं था कि विवेक उस के पीठ पीछे क्या षडयंत्र रच रहा है.

विवेक ईर्ष्या की आग में जल रहा था. वह दिनरात इसी सोच में डूबा रहता था कि चंदना उस की नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होगी. आखिर विवेक ने उस की हत्या की योजना बना डाली. योजना बनाने के बाद विवेक बाजार जा कर एक फलदार चाकू खरीद लाया और उसे अपने बैग में छिपा दिया.

16 मार्च की सुबह विवेक मां से नानी के घर जाने को कह कर घर से निकला और बस स्टैंड जा पहुंचा. वहां से वह गाजीपुर जाने वाली एक सरकारी बस में बैठ गया. गाजीपुर पहुंचने के बाद उस ने चंदना को फोन कर के बताया कि वह मिलने आ रहा है. गांव के बाहर लल्लन यादव के खेत के पास पहुंचो, कुछ जरूरी बातें करनी हैं.

विवेक का फोन आने के बाद चंदना मां से खेतों पर जाने की बात कह कर विवेक के बताए स्थान पर जाने के लिए चल दी. चंदना को क्या पता था कि जो उस से मिलने आ रहा है, वह उस का वफादार प्रेमी नहीं बल्कि मौत है.

साढ़े 9 बजे के करीब चंदना लल्लन यादव के खेत पर पहुंच गई. वहां खेत के चारों ओर कोई नहीं था. तब तक विवेक भी वहां पहुंच गया. प्रेमिका को देख कर विवेक हौले से मुसकराया तो चंदना ने भी उसी अंदाज में मुसकरा कर जवाब दिया. फिर चंदना ने उस से बुलाने की वजह पूछी तो विवेक गुस्से से लाल हो गया और उसे भद्दीभद्दी गालियां देते हुए बोला, ‘‘मैं ने तुम्हारे लिए खुद को बरबाद कर दिया. तुम पर पानी की तरह पैसे बहाए. तुम ने बदले में मुझे क्या दिया बेवफाई. मेरे प्यार को ठुकरा कर दूसरों की बाहों में रंगरलियां मना रही हो. ऐसा मैं हरगिज होने नहीं दूंगा. अगर तुम मेरी नहीं हुई तो तुम्हें किसी और की भी होने नहीं दूंगा.’’

विवेक ने किया चाकू से वार

चंदना कुछ समझ पाती, इस से पहले ही विवेक ने बैग से फलदार चाकू निकाला और उस की गरदन पर जोरदार वार कर दिया. चंदना हवा में लहराती हुई जमीन पर जा गिरी. उस के बाद विवेक तब तक उस के पेट और गरदन पर वार करता रहा, जब तक उस के प्राणपखेरू नहीं उड़ गए. चंदना की निर्मम हत्या करने के बाद विवेक उस की लाश घसीटते हुए गेहूं के खेत में ले गया और लाश को ठिकाने लगा कर आराम से घर लौट आया.

विवेक ने जिस चालाकी और सफाई से काम किया था, उसे देख कर उसे लगा था कि पुलिस उस तक कभी नहीं पहुंच सकती. लेकिन पुलिस ने उस की सोच पर पानी फेर दिया. जिस शक की आग में वह जल रहा था, उसी शक की आग ने उसे खाक में मिला दिया.

प्यार का ये मतलब नहीं होता कि किसी की निर्मम तरीके से हत्या कर दे. विवेक अगर समझदारी से काम लेता तो चंदना भी इस दुनिया में सांस ले रही होती. लेकिन एक शक की चिंगारी ने सब कुछ तहसनहस कर दिया.

कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

अधूरी प्रेम कथा : ममता के घर वालों ने खेला खूनी खेल

इंटरमीडिएट करने के बाद सोमबीर ने आगे की पढ़ाई का इरादा त्याग दिया था. अब वह कोई कामधंधा करना चाहता था. रोहतक के पास स्थित सोमबीर के गांव सिंहपुरा में कई ऐसे युवक थे, जो ऊंची डिग्रियां ले कर नौकरी की तलाश में भटकने के बाद भी बेरोजगार थे. इसी के मद्देनजर सोमबीर ने पहले ही सोच लिया था कि वह नौकरी के चक्कर में न पड़ कर अपना खुद का कोई काम शुरू करेगा, जिस में सीधा कमाई का जरिया बन जाए.

सोचविचार कर उस ने प्रौपर्टी डीलिंग का काम करने का फैसला किया. इस काम में न तो ज्यादा मेहनतमशक्कत की जरूरत थी और न ही ज्यादा भागदौड़ की. हां, एक अदद पूंजी की जरूरत जरूर थी, जो उस ने अपने पिता जयराज की मदद से थोड़े ही दिनों में एकत्र कर ली थी. उस ने प्रौपर्टी डीलिंग के काम के लिए पास के गांव गद्दीखेड़ा को चुना.

सोमबीर ने गद्दीखेड़ा के जाट रामकेश के मकान में किराए का कमरा ले कर अपना औफिस खोल लिया. धीरेधीरे उस का काम चल निकला तो वह उसी मकान में एक दूसरा कमरा ले कर रात में भी वहीं रहने लगा. कुछ ही दिनों में वह मकान मालिक रामकेश के पूरे परिवार के साथ काफी घुलमिल गया.
रामकेश के परिवार में पत्नी सरिता के अलावा 3 बेटियां थीं, जिन में सब से बड़ी ममता थी. ममता जब ढाई साल की थी, तभी उसे रोहतक की श्याम कालोनी में रहने वाली उस की बुआ कृष्णा ने गोद ले लिया था. वह रोहतक में बारहवीं में पढ़ रही थी.

पिछले साल ममता रोहतक से अपने जैविक मातापिता के घर गद्दीखेड़ा गई थी. ममता 17 साल की जवान हो चुकी थी. मां सरिता ने बेटी को देखा तो देखती रह गई.

ममता ने आगे बढ़ कर मां के पैर छुए तो सरिता निहाल हो गई. ममता अपनी दोनों छोटी बहनों से गले मिली, कुशलक्षेम पूछा. ममता के आने से पूरे घर का माहौल खुशनुमा हो गया. सरिता ने फोन कर के अपनी ननद कृष्णा से कह दिया कि ममता कुछ दिनों यहां रहने के बाद रोहतक लौटेगी, इसलिए वह उसे जल्दी बुलाने के लिए फोन न करे.

एक दिन ममता का सामना सोमबीर से हुआ तो वह उसे अपलक देखता रह गया. गोरीचिट्टी, बला की खूबसूरत ममता किसी अप्सरा से कम नहीं लग रही थी. दरअसल, सोमबीर को यह मालूम नहीं था कि रामकेश अंकल की एक और बड़ी लड़की भी है, जिसे बचपन में ही उस के फूफा ने गोद ले लिया था. ममता ने उसे अपनी ओर टकटकी लगाए देखा और पलभर के लिए उसे तिरछी नजरों से देखते हुए मुसकरा कर घर के अंदर चली गई.

ममता और सोमबीर की यह पहली मुलाकात थी, जो कुछ न कह कर भी बहुत कुछ कह गई थी. इस के कुछ दिनों बाद जब सोमबीर को ममता से बात करने का मौका मिला तो वह उस की खूबसूरती की तारीफ करने लगा. ममता को न जाने क्यों उस की बातें अच्छी लगीं.

इसे उम्र का तकाजा कह सकते हैं और पहली नजर का प्यार भी, जिस में आकर्षण की भूमिका बड़ी होती है. बहरहाल, इसी के चलते सोमबीर और ममता ने भी प्यार का इजहार भी किया. प्यार जैसेजैसे दिन गुजरते गए, सोमबीर और ममता एकदूसरे के प्यार में डूबते चले गए.

शुरू में तो सरिता और रामकेश ने ममता और सोमबीर के मिलनेजुलने पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब वे हद से आगे बढ़ने लगे तो उन का माथा ठनका.

सरिता ने ममता को समझाया कि सोमबीर अनुसूचित जाति का लड़का है, इसलिए उस से ज्यादा घुलनामिलना ठीक नहीं है. ममता ने मां की बातें एक कान से सुन कर दूसरे से बाहर निकाल दीं.
इस के बाद सरिता बेटी पर नजरें रखने लगी. हालांकि ममता और सोमबीर रामकेश और सरिता की नजरों से बच कर मिलते थे, पर उन की अनुभवी आंखों को धोखा देना आसान नहीं था. कई बार किसी न किसी ने दोनों को मिलते हुए देख लिया और इस की खबर रामकेश तक पहुंचा दी.

पानी सिर से ऊपर जाते देख रामकेश ने सोमबीर को ममता से दूर रहने के लिए कहा. इतना ही नहीं, उसे छोटी जाति का हवाला दे कर खतरनाक परिणाम भुगतने की भी चेतावनी दी. रामकेश की धमकी से परेशान सोमबीर ने ममता से कहा कि दोनों के परिवार वाले उन्हें किसी भी हाल में मिलने नहीं देंगे, इसलिए जल्दी ही कोई उपाय नहीं किया गया तो उन का एक होना मुश्किल हो जाएगा.

सोमबीर की बातें सुन कर ममता उसे विश्वास दिलाते हुए बोली कि वह उस के बिना नहीं जी सकती. इस के बाद दोनों ने एक साथ जीने और मरने की कसमें खाईं. सोमबीर जानता था कि ममता के घर वाले एक तो जाट हैं और दूसरे रसूख वाले दबंग भी, इसलिए उस ने कानून का सहारा ले कर कोर्ट में शादी करने की योजना बनाई.

24 अगस्त, 2017 को ममता मौका पा कर घर से निकली और सोमबीर के पास पहुंच गई. सोमबीर उसे साथ ले कर चंडीगढ़ पहुंचा. वहां दोनों ने पहले आर्यसमाज मंदिर में और फिर कोर्ट में शादी कर ली.
ममता के गायब होने की बात जब उस की मां सरिता को पता चली, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. सरिता और रामकेश ने यह बात रमेश को बताई तो उन्हें ममता की इस हरकत पर बहुत गुस्सा आया. मां कृष्णा भी ममता की इस हरकत से सन्न रह गई. वे लोग रामकेश के घर आ गए.

सोमबीर के खिलाफ लिखाई रिपोर्ट

सब ने विचारविमर्श कर के रोहतक के थाना आर्यनगर में ममता के नाबालिग होने और सोमबीर व उस के पिता जयराज के खिलाफ अपनी बेटी को बहलाफुसला कर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज करवा दिया.
गांवों और ग्रामीण समाज में ऐसी बातें देरसबेर किसी न किसी तरह पहुंच ही जाती हैं. जिस ने भी इस बारे में सुना वह इस बात को और भी बढ़ाचढ़ा कर बखान करने लगा. जितने मुंह उतनी ही बातें होने लगीं.
मामला केवल प्रेम विवाह का नहीं था, बल्कि इस बात का था कि जाट बिरादरी की एक लड़की ने अपने से छोटी जाति के लड़के के साथ शादी रचा ली है. रामकेश और रमेश के परिवार की बिरादरी में थूथू होने लगी. इस सब से गुस्साए रमेश ने ममता की हत्या करने का फैसला कर लिया.

रमेश के इस फैसले से ममता को जन्म देने वाली मां सरिता और पिता रामकेश भी सहमत थे. सब से पहले उन्होंने कोर्ट में ममता का स्कूल सर्टिफिकेट दे कर बताया कि ममता अभी नाबालिग है, 17 साल की. इसलिए कोर्ट उस की शादी को रद्द घोषित करे.

जब कोर्ट ने इस मामले की छानबीन की तो पता चला ममता की उम्र सचमुच 17 साल ही है. हकीकत जानने के बाद कोर्ट ने सोमबीर और ममता को कोर्ट में पेश होने का सम्मन जारी कर दिया. यह बात जनवरी, 2018 की है. जब दोनों कोर्ट में पेश हुए तो पता चला कि सोमबीर ने फरजी तरीके से ममता की उम्र 18 साल बता कर उस से शादी की थी.

कोर्ट को धोखे में रखने के जुर्म में सोमबीर और उस के पिता को जेल और ममता को बालिग होने तक नारी निकेतन भेज दिया गया. ममता के बालिग होने में अभी 17 महीने बाकी थे.

ममता के बालिग हो जाने के बाद 8 अगस्त, 2018 को रोहतक कोर्ट में पेश किया जाना था. उधर करनाल स्थित नारी निकेतन में रह रही ममता की खुशी देखते ही बन रही थी. लोगों ने ममता को इतना खुश पहले कभी नहीं देखा था. वह सब से कह रही थी ‘आज मैं अपने घर चली जाऊंगी.’

सबइंसपेक्टर नरेंद्र और लेडी हैडकांस्टेबल सुशीला ममता को नारी निकेतन से ले कर रोहतक कोर्ट पहुंचे. चूंकि ममता का पति सोमबीर और ससुर जेल में थे, इसलिए सोमबीर की मां सरोज तथा छोटा भाई देवेंद्र कोर्ट पहुंचे थे. सरोज और देवेंद्र काफी डरे हुए थे, जिस की वजह ममता के पिता की ओर से समयसमय पर दी गई जान से मार देने की धमकियां थीं.

यहां तक कि ममता ने यह कह कर कई बार अपने दत्तक पिता रमेश से माफ कर देने की गुहार भी लगाई थी कि वह अपनी इस नई जिंदगी से काफी खुश है. लेकिन ममता द्वारा अपने से छोटी जाति के युवक से शादी कर लेने से बुरी तरह आहत रमेश का एक ही रटारटाया जवाब था, ‘ममता को मरना होगा, क्योंकि उस ने सोमबीर से शादी कर के हमें समाज और बिरादरी के आगे हमेशा के लिए नीचे झुका दिया है.’
ममता को जन्म देने वाली मां सरिता और पिता रामकेश भी उस की जान बख्शने को तैयार नहीं थे. रमेश तथा रामकेश भी कोर्ट में मौजूद थे.

ढाई बजे कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराने के बाद ममता अपनी सास सरोज, देवर देवेंद्र के साथ लघु सचिवालय के गेट नंबर-2 से बाहर निकल रही थी. साथ में सबइंसपेक्टर नरेंद्र और लेडी हैडकांस्टेबल सुशीला भी थे. पांचों लोगों ने सड़क के पार पहुंच कर एक दुकान पर जूस पीया. वहां से निकल कर वे आटो पकड़ने के लिए आगे बढ़ ही रहे थे कि तभी पीछे से आए 2 मोटरसाइकिल सवारों ने ममता को 3 गोलियां मारीं.

एसआई नरेंद्र ने हमलावरों को मारने के लिए अपना रिवौल्वर निकालने की कोशिश की, लेकिन वे ऐसा कर पाते इस से पहले ही हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी. वह सड़क पर ही ढेर हो गए. हेडकांस्टेबल सुशीला ने सरोज को बदमाशों की गोलियों से देवेंद्र सड़क से पत्थर उठाने के लिए नीचे झुका तो गोलियां उस के सिर के ऊपर से गुजर गईं. हमलावर उन पर और भी गोलियां चलाना चाहते थे, लेकिन गोलियां खत्म होने के कारण वे ऐसा नहीं कर पाए.

योजना बना कर किया हमला

हमलावरों के भाग जाने के बाद हैडकांस्टेबल सुशीला जैसेतैसे घायल ममता और सबइंसपेक्टर नरेंद्र को उठा कर पीजीआई रोहतक ले गई. लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हडंकंप मच गया. हमलावरों को पकड़ने के लिए रोहतक में सड़कों पर बैरिकेड्स लगा कर तलाशी अभियान चला, लेकिन वे भागने में कामयाब रहे.

8 अगस्त को लेडी हेडकांस्टेबल सुनीता के बयान पर ममता और सबइंसपेक्टर नरेंद्र की संदिग्ध हत्यारों के विरुद्ध भादंवि की धारा 333, 353, 196, 307, 302, 34 और 120बी के तहत दर्ज कर के तफ्तीश शुरू की गई. इस केस की जांच आर्यनगर की थानाप्रभारी सुनीता को सौंपी गई.

रोहतक के एसपी जशनदीप सिंह ने डीएसपी रमेश कुमार को निर्देश दिया कि इस केस से संबंधित सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करें. थानाप्रभारी सुनीता ने हमलावरों की तलाश में ममता के पिता रामकेश के गांव गद्दीखेड़ा में दबिश दी. वहां वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल तो मिल गई पर वहां से कातिल फरार हो चुके थे.

रामकेश और सरिता से पूछताछ करने के बाद दोनों को 10 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया. उसी दिन ममता के दत्तक पिता को भी पुलिस उन के घर से गिरफ्तार कर थाना आर्यनगर ले आई.

चारों से प्रारंभिक पूछताछ के बाद ममता हत्याकांड के पीछे यह बात निकल कर सामने आई कि उस की हत्या कराने में मुख्य हाथ उस के दत्तक पिता रमेश का हाथ था. उस की हत्या 7 लाख की सुपारी दे कर कराई गई थी, जिस में मुख्य भूमिका ममता के मौसेरे भाई मोहित उर्फ मंगलू ने निभाई थी.

मंगलू ने उत्तर प्रदेश के 2 पेशेवर शार्पशूटरों को ममता की हत्या की सुपारी दी थी. दोनों शूटर हत्या के एक दिन पहले गद्दीखेड़ी गांव आ गए थे. मोहित ने अगले दिन उन के लिए एक बाइक मुहैया करवाई और खुद शूटर्स की कार में बैठा रहा.

घटना वाले दिन जब ममता अपनी सास के साथ सड़क पर चल रही थी तो उस से कुछ ही दूरी पर खड़े उस के दत्तक पिता ने हत्यारों को ममता की ओर इशारा कर के उसे गोली मारने का इशारा किया.
उस का इशारा पाते ही मोटरसाइकिल सवार हत्यारों ने पहले तो ममता पर गोली चलाई, लेकिन जैसे ही उन्होंने सबइंसपेक्टर नरेंद्र को रिवौल्वर निकालते देखा तो उन्हें भी गोली मार दी. इस के बाद सभी गद्दीखेड़ा गांव पहुंचे.

वहां खाना खाने के बाद वे अपनी कार से फरार हो गए. पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आया कि ममता के मौसेरे भाई मोहित का मोबाइल फोन गद्दीखेड़ा गांव पहुंचने तक औन था. वहां पहुंचते ही उस का मोबाइल औफ हो गया था. घटना वाले दिन उस की आखिरी लोकेशन गद्दीखेड़ा गांव में ही थी.
उधर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की निगरानी में ममता की लाश का अंतिम संस्कार कर दिया गया. उस की लाश को मुखाग्नि उस के ताऊ के लड़के नान्हा ने दी.

सबइंसपेक्टर नरेंद्र की लाश को उन के घर वालों के हवाले कर दिया गया, जिन्होंने उन का अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान के साथ किया. उस समय कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वहां मौजूद थे. शहीद सबइंसपेक्टर नरेंद्र के परिवार वालों को सरकार की ओर से 60 लाख रुपए का अनुदान देने की घोषणा की गई है.

चूंकि नरेंद्र अनुसूचित जाति के थे, इसलिए इस दोहरे हत्याकांड में अब एससी/एसटी एक्ट जोड़ कर आगे की जांच रोहतक के डीएसपी रमेश कुमार करेंगे. ममता का पति सोमबीर और ससुर जयराज अभी भी सुनारिया जेल में बंद हैं. उन्हें अपने घर वालों की हत्या किए जाने की आशंका है. इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की जोरशोर से तलाश जारी है.

मेजर का खूनी इश्क : शैलजा के इंकार ने ली जान – भाग 3

सर्विलांस टीम निखिल के मोबाइल नंबर पर नजर रखे हुई थी. निखिल अपने मोबाइल को स्विच्ड औफ किए हुए था. 23-24 जून की रात को उस ने 58 सैकेंड के लिए फोन औन कर के किसी से बात की थी. उस समय उस की लोकेशन दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर के पास थी.

फिर सुबह होने पर उस ने कुछ देर के लिए मोबाइल खोला. उस लोकेशन के आधार पर पता चला कि वह दिल्ली से मेरठ की तरफ गया है. लिहाजा पुलिस की टीमें मेरठ के लिए रवाना कर दी गईं.

दिल्ली में बैठी सर्विलांस टीम को मेजर निखिल हांडा की जो भी लोकेशन पता चलती, वह उसे मेरठ में मौजूद टीमों को बता देती थी. इस तरह दिल्ली पुलिस मेजर निखिल का पीछा करती रही. आखिर 24 जून की दोपहर को उसे दौराला के पास टोल प्लाजा से हिरासत में ले लिया. पुलिस उसे ले कर दिल्ली लौट आई.

पुलिस ने उस की होंडा सिटी कार की तलाशी ली तो उस में एक चाकू मिला. इस के अलावा उस के टायरों पर भी खून के निशान थे. इस से पुलिस को यकीन हो गया कि शैलजा का हत्यारा वही है. मेजर निखिल हांडा को गिरफ्तारी की बात सुन कर डीसीपी विजय कुमार भी नारायणा थाने पहुंच गए.

पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में थानाप्रभारी सुनील चौहान ने मेजर निखिल हांडा से शैलजा द्विवेदी की हत्या के बारे में पूछताछ की तो उस ने अनभिज्ञता जाहिर की. उस से जब उस के टायरों पर लगे खून के निशान के बारे में पूछा तो उस ने बताया कि उस की कार से सड़क पार कर रहे एक कुत्ते का एक्सीडेंट हो गया था.

चूंकि निखिल हांडा सेना का अधिकारी था, इसलिए पुलिस उस के साथ सख्ती भी नहीं कर सकती थी. लिहाजा पुलिस अधिकारियों ने सेना के बेस अस्पताल के सीसीटीवी से मिली फुटेज और शैलजा की काल डिटेल्स दिखाते हुए उस से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की तो वह पुलिस के सवालों में उलझ गया.

आखिर उस ने हत्या की बात स्वीकार कर ली. उस ने बताया कि काफी समझाने के बाद भी शैलजा ने उस की बात नहीं मानी तो उस के सामने ऐसे हालात बन गए कि उसे शैलजा की हत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा. उस से पूछताछ के बाद शैलजा द्विवेदी की हत्या की जो कहानी सामने आई, इस प्रकार निकली.

शैलजा मूलरूप से अमृतसर, पंजाब के पुतलीघर की रहने वाली थी. उस का सरनेम कालिया था. शैलजा के परिवार में मातापिता के अलावा एक भाई सुकर्ण कालिया हैं, जो अमृतसर में वकालत करते हैं. शैलजा कालिया की पढ़ाई अमृतसर में ही हुई थी. डीएवी कालेज से ट्रैवल ऐंड टूरिज्म में ग्रैजुएशन करने के बाद शैलजा ने गुरु नानकदेव विश्वविद्यालय से भूगोल और टाउन प्लानिंग में पोस्टग्रैजुएशन किया. शिक्षा पूरी करने के बाद उस का रुझान अध्यापन की तरफ हुआ. उस ने एक संस्थान में 5 साल तक लेक्चरर के पद पर नौकरी की.

पढ़ाई पूरी कर के शैलजा कालिया अपने पैरों पर खड़ी हो गई थी. मातापिता उस की शादी के लिए उपयुक्त लड़का देखने लगे ताकि उस की शादी कर के अपनी जिम्मेदारी से मुक्त हो सकें.

किसी परिचित ने कालिया दंपति को उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के रहने वाले मेजर अमित द्विवेदी के बारे में बताया. उन्होंने छानबीन की तो अमित उन की बेटी शैलजा के लिए उपयुक्त लगे. दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के बाद यह रिश्ता तय हो गया और सन 2009 में शैलजा और अमित की शादी हो गई.

पति ही नहीं घरपरिवार भी अच्छा मिला शैलजा को

अमित स्वभाव से सीधे और शरीफ इंसान थे. खूबसूरत शैलजा से शादी कर के वह बहुत खुश थे. शैलजा भी अमित से शादी कर के खुद को खुशनसीब समझती थी. उच्चशिक्षित शैलजा ने शादी के बाद लेक्चरर की नौकरी छोड़ दी थी. उन्हें डांसिंग, कुकिंग, सिंगिंग आदि का शौक था. इस के अलावा वह बातें इतनी प्रभावशाली करती थीं कि उन के साथ रहने वाला कोई भी बोर नहीं होता था. अपनी बातों और चुटकुलों से वह सभी को प्रभावित कर देती थीं. कुल मिला कर शैलजा बहुमुखी प्रतिभा वाली थी.

एक दिन पति के ड्यूटी पर जाने के बाद शैलजा अपने ड्राइंगरूम में अकेली बैठी थी. तभी उस के दिमाग में एक बात घूमी कि शादी से पहले जब वह अपने घर पर थी तो उस की पहचान उस के मांबाप से होती थी और शादी के बाद वह पति के नाम से जानी जाती है. यानी उच्चशिक्षा हासिल करने के बाद भी समाज में उस की अपनी कोई पहचान नहीं है. वह कुछ ऐसा करना चाहती थीं जिस से उन की अलग पहचान बन सके.

अपने मन की बात उन्होंने पति को बताई तो मेजर अमित द्विवेदी ने कह दिया कि वह जो करना चाहती हैं, करें. उन्होंने पत्नी का हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिया. पति की यह बात सुन कर शैलजा बहुत खुश हुईं. इस के बाद उन्होंने पुणे में रह कर एक इंस्टीट्यूट से मौडलिंग और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट का कोर्स किया.

कोर्स करने के दौरान वह कैच ऐंड केयर नाम के एनजीओ से जुड़ कर समाजसेवा करने लगीं. वह एनजीओ के बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाती थीं. इंस्टीट्यूट से जब भी समय मिलता, वह पति के पास जाती रहती थीं.

इसी दौरान शैलजा ने एक बेटे को जन्म दिया, जिस का नाम अयान रखा गया. बेटे के जन्म के बाद घर में खुशियां और बढ़ गईं. शैलजा अपनी पहचान के लिए जो उड़ान भरना चाह रही थीं, बेटा पैदा होने पर वह रुक गई. उन्होंने सोचा कि जब बेटा कुछ बड़ा हो जाएगा तो वह फिर से अपने कैरियर के लिए जुट जाएंगी. वह पूरी तरह से बेटे की परवरिश में लगी रहीं.

अयान जब मां के बगैर रहने लायक हो गया तो शैलजा ने फिर से अपने बारे में सोचना शुरू किया. बेटा पैदा होने के बाद शैलजा की फिगर खराब हो गई थी, लिहाजा वह उसे मेंटेन करने में जुट गईं. उन्होंने जिम जाना शुरू कर दिया. इस के अलावा वह योगा भी करती थीं. अपनी मेहनत से उन्होंने शरीर को फिट कर के आकर्षक बना लिया.

चूंकि शैलजा ने मौडलिंग का कोर्स किया था, इसलिए उन का झुकाव भी उसी क्षेत्र की ओर हो गया. धीरेधीरे उन्होंने ग्लैमर वर्ल्ड की तरफ कदम बढ़ाए. उन्होंने कई उत्पादों के लिए मौडलिंग भी की. सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भी वह हिस्सा लेती रहीं. इस के बाद शैलजा की ऐसी पहचान बढ़ी कि जुलाई 2017 में ‘मिसेज इंडिया अर्थ’ पत्रिका ने शैलजा को कवर पेज पर छापा.

विभा ने खुद ही चुनी कांटों भरी राह – भाग 1

सीतापुर और लखीमपुरी खीरी की सीमा पर बहने वाली शारदा नहर पर बने रिक्शा पुल के नीचे एक लावारिस काला बैग पड़ा था. चूंकि नहर में पानी ज्यादा नहीं था, इसलिए वह जगह सूखी थी. यह क्षेत्र सीतापुर जनपद के हरगांव थाना क्षेत्र में आता है.

14 जनवरी की सुबह 7 बजे कबीरपुर गांव के बच्चों ने वहां बैग पड़ा देखा तो उत्सुकतावश खोल कर देखा. उस के अंदर एक बच्ची की लाश थी. यह देख बच्चे घबरा गए और गांव जा कर लोगों को बताया. गांव के लोग तुरंत वहां पहुंच गए.

लाश देख कर गांव वालों के साथ पहुंचे कबीरपुर गांव के चौकीदार ने इस मामले की सूचना हरगांव थाने को दे दी. हरगांव थाने के थानाप्रभारी अश्विनी कुमार पांडेय ने एक दिन  पहले ही थाने का चार्ज संभाला था. उन्होंने सोचा भी नहीं था कि आते ही उन का वास्ता किसी बड़ी घटना से पड़ जाएगा. सूचना मिलते ही वह सबइंसपेक्टर राजकिशोर यादव और पुलिस टीम के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हो गए.

घटनास्थल पर पहुंच कर अश्विनी कुमार ने लाश का निरीक्षण किया. मृतक बच्ची की उम्र करीब 10-11 साल रही होगी. उस की लाश काले बैग के अंदर एक टाट के बोरे में लिपटी हुई थी. बैग में 2 ईंटों के साथ नमक भी पड़ा हुआ था. मृतका के मुंह पर 2 इंच चौड़ा टेप चिपका था. गले पर कसे जाने के निशान मौजूद थे.

लाश का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने अनुमान लगाया कि किसी चीज से बच्ची का गला घोंटने के बाद लाश को किसी वाहन से यहां ला कर डाला गया होगा. नमक इसलिए डाला गया ताकि लाश जल्दी गल जाए. जबकि ईंटें डालने का सबब यह रहा होगा कि लाश पानी की सतह पर ऊपर न आ पाए. अनुमान था कि हत्यारों ने लाश रात में फेंकी होगी. जल्दबाजी या कोहरे के कारण वे यह नहीं देख सके होंगे कि जिस जगह पर लाश फेंक रहे हैं, वहां पानी नहीं है.

इसी बीच पुलिस को रिक्शा पुल से 3 किलोमीटर दूर शारदा नहर पर बने उमरिया पुल के पास एक और बच्ची की लाश मिलने की सूचना मिली. इस पर थानाप्रभारी अश्विनी कुमार ने 2 सिपाहियों को घटनास्थल पर छोड़ा और बाकी सिपाहियों के साथ उमरिया पुल के पास पहुंच गए. वहां उन्हें टाट के एक बोरे में लिपटी हुई एक बच्ची की लाश मिली.

hindi-manohar-love-crime-story

मृतका की उम्र करीब 8 साल रही होगी. उस के पूरे चेहरे पर टेप लगा हुआ था और गले पर भी गहरे निशान थे. उन्होंने दोनों लाशों की शिनाख्त करानी चाही, लेकिन लाशों की शिनाख्त नहीं हो सकी. इस पर पुलिस ने दोनों लाशों के फोटो करवा लिए और लाशों को सीलमुहर करवा कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया.

थाने लौट कर उन्होंने एसआई राजकिशोर यादव की लिखित तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ भादंवि की धाराओं 302, 201 के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया.

देर रात 3 डाक्टरों के पैनल ने दोनों लाशों का पोस्टमार्टम किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि दोनों बच्चियों की हत्या प्लास्टिक की किसी पतली रस्सी या तार से गला घोंट कर की गई थी. साथ ही पहले मिली बच्ची के साथ रेप किए जाने की भी पुष्टि हुई. डाक्टरों ने विस्तृत जांच के लिए स्लाइड तैयार कर के रख ली थी.

बेटियों के साथ मां विभा भी लापता, आखिर क्या था रहस्य?

कुछ लोगों ने लाश व घटनास्थल के वीडियो बना कर वाट्सऐप पर डाल दिए थे, जिन के वायरल होते देर नहीं लगी. वीडियो देख कर सीतापुर के आलमनगर, गदियाना मोहल्ले के कुछ लोग शहर कोतवाली पहुंचे और कोतवाली का कार्यभार देख रहे एसएसआई अनिल तिवारी को बताया कि दोनों लाशें आलमनगर, गदियाना मोहल्ले में रह रही विभा पांडेय की बेटियों काव्या और कामना (परिवर्तित नाम) की हैं.

12 जनवरी की रात से विभा और उस की दोनों बेटियां घर से लापता थीं. विभा का भी पता नहीं चल रहा था. एसएसआई तिवारी ने इस संबंध में हरगांव थानाप्रभारी अश्विनी कुमार को अवगत कराया. इस के बाद इस बारे में उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई.

कुछ ही देर में डौग स्क्वायड के साथ पुलिस टीम विभा के घर पहुंच गई. एसपी आनंद कुलकर्णी और एएसपी मधुबन सिंह ने वहां पहुंच कर घर का निरीक्षण किया. विभा का भाई नवीन, जोकि तरीनपुर मोहल्ले में रहता था, से भी पूछताछ की गई. उस ने बताया कि वह पहले इसी मकान के दूसरे हिस्से में रहता था. लेकिन बहन विभा से विवाद होने के बाद काफी समय से वह तरीनपुर में किराए के मकान में रह रहा था.

नवीन ने यह भी बताया कि विभा का पति प्रवीन पांडेय विभा को 4 साल पहले छोड़ कर चला गया था. तब से वह एक बार भी विभा या बच्चों को देखने नहीं आया. विभा के साथ अधिकतर उस का करीबी दोस्त नवीन उर्फ विमल गुप्ता रहता था. विमल का खुद का घर आवास विकास कालोनी में है, लेकिन वह अधिकांश समय विभा के साथ ही गुजारता था. इसी मकान में विभा ब्यूटीपार्लर चलाती थी और विमल ने सीसीटीवी कैमरे लगाने की दुकान खोल रखी थी.

विमल से पूछताछ की गई तो उस ने बताया कि 12 जनवरी की शाम को विभा उस के साथ कुछ सामान खरीदने बाजार गई थी. शाम 7 बजे तक वह उस के साथ रही. उस के बाद वह औटो से घर चली गई तो वह अपने घर लौट आया. बाद में उस ने विभा को फोन मिलाया तो उस का फोन बंद मिला.

लेकिन सवाल यह उठता था कि जब 2 दिन से मांबेटियां घर से लापता थीं तो उन के करीबियों व घर वालों ने पुलिस को इस की सूचना क्यों नहीं दी? घर वालों से भी ज्यादा विभा का करीबी विमल था. उसे विभा और बच्चियों की चिंता क्यों नहीं हुई.

उस ने विभा को तलाशने या थाने में सूचना देने की जहमत भी नहीं उठाई थी. पुलिस के शक के दायरे में आने वाला सब से पहला शख्स विमल ही था. इस के अलावा पुलिस ने विभा के कुछ और करीबियों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया.

खुले मिजाज की विभा पति से अलग रह कर स्वतंत्र जिंदगी जीती थी

पुलिस को यह भी पता चला कि विभा खुले मिजाज की युवती थी, वह किसी से भी बात करने या मिलनेजुलने में गुरेज नहीं करती थी. उस के पास कई ऐसे लोग आते थे, जो उस की छवि को दागदार बनाते थे. लेकिन विभा को इस सब की कोई चिंता नहीं थी.

विभा के करीबियों में सलीम नाम का एक व्यक्ति भी शामिल था. पुलिस ने उस से भी पूछताछ की. सभी से पूछताछ के बाद पुलिस ने एक बार फिर से विमल को निशाने पर लिया. इस पूछताछ के दौरान विमल कुछ ऐसा बोल गया, जिस ने उसे संदिग्ध बनाने में और इजाफा किया.

शक के कफन में दफन हुआ प्यार – भाग 2

‘‘मैं अभी लाती हूं.’’ वंदना ने जवाब दिया. फिर वह भागती हुई कमरे में गई और बक्से से मोबाइल फोन निकाल कर ले आई. उस ने मोबाइल थानाप्रभारी के हाथों में दे दिया. यह देख कर दीपचंद और उस की पत्नी भौचक्के रह गए. उन्हें पता ही नहीं था कि उन की बेटी उन की नाक के नीचे क्या गुल खिला रही थी. घर वालों को पता ही नहीं था कि छोटी बेटी भी उस के साथ मिली हुई थी. मांबाप माथा पकड़ कर बैठ गए.

‘‘बेटा, क्या तुम्हें पता है कि तुम्हारी बहन चंदना किस से बात करती थी?’’ जांच अधिकारी ने वंदना से अगला सवाल किया.

‘‘सर, मुझे उस का नाम तो नहीं पता लेकिन मैं इतना जानती हूं कि दीदी छिपछिप कर किसी से बात करती थी. मैं ने उसे कई बार बातें करते हुए देखा था.’’

‘‘ठीक है बेटा, तुम जा सकती हो. इस के आगे का पता मैं खुद लगा लूंगा.’’ उन्होंने कहा और चंदना का मोबाइल फोन ले कर चले गए.

थानाप्रभारी शमीम अली सिद्दीकी के पास हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए मोबाइल ही आखिरी सहारा था. उन्होंने चंदना के मोबाइल नंबर की काल डिटेल्स निकलवाई. काल डिटेल्स से पता चला कि घटना वाले दिन यानी 16 मार्च की सुबह चंदना के फोन पर साढ़े 9 बजे के करीब आखिरी काल आई थी.

मोबाइल से पहुंची कातिल तक पुलिस

उस के बाद उस का मोबाइल स्विच्ड औफ हो गया था. जिस नंबर से चंदना को आखिरी काल आई थी, उस नंबर के बारे में पता लगाया गया तो पता चला कि वह नंबर मऊनाथ भंजन जिले के मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के गांव उमनपुर निवासी विवेक कुमार चौहान का था. उस नंबर पर चंदना की काफी लंबीलंबी बातें होती थीं. पुलिस को यह समझते देर नहीं लगी कि मामला प्रेम प्रसंग का था. इसी प्रेम प्रसंग के चक्कर में उस की हत्या हुई थी.

जांच अधिकारी शमीम अली ने दीपचंद को थाने बुलवा कर विवेक कुमार चौहान के बारे में पूछताछ की तो दीपचंद विवेक का नाम सुन कर चौंक गया. उस ने बताया कि विवेक उस के पड़ोस में रहने वाले रामधनी का नाती है. वह अकसर अपने नानानानी से मिलने ननिहाल आता रहता था. वह जब भी यहां आता था, मेरे घर पर भी सब से मिल कर जरूर जाता था. वह बहुत सीधासादा लड़का है.

काल डिटेल्स के आधार पर विवेक शक के दायरे में आ चुका था. घटना वाले दिन से उस का भी फोन बंद था. लेकिन घटना वाले दिन उस के सेलफोन की लोकेशन घटनास्थल पर ही थी. इसी वजह से विवेक शक के दायरे में आ गया.

19 मार्च, 2018 को थानाप्रभारी शमीम अली गाजीपुर से पुलिस फोर्स ले कर मऊनाथ भंजन पहुंचे. मुहम्मदाबाद गोहना थाने की पुलिस की मदद से उन्होंने उमनपुर स्थित विवेक के घर पर दबिश दी. संयोग से विवेक घर पर ही था. पुलिस उसे हिरासत में ले कर गाजीपुर ले आई. फिर पुलिस ने उसे बहरियाबाद थाने ले जा कर उस से कड़ाई से पूछताछ की.

सख्ती से घबरा कर उस ने सब कुछ बता दिया. अपना जुर्म कबूलते हुए उस ने पुलिस को बताया कि चंदना उस की प्रेमिका थी और उसी ने चाकू से गोद कर उस की हत्या की थी. उस ने यह भी बताया कि उस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू छिपा दिया था.

विवेक ने सिलसिलेवार पूरी कहानी बता दी. थानाप्रभारी ने विवेक की निशानदेही पर लल्लन के खेत से चाकू बरामद कर लिया. आरोपी विवेक से पूछताछ के बाद कहानी कुछ इस तरह पता चली.

चंदना विवेक से लड़ा बैठा था नैना

21 वर्षीय चंदना खूबसूरत तो थी ही, ऊपर से चंचल भी थी. चंदना के पड़ोस में रामधनी चौहान का घर था. रामधनी भले ही दीपचंद की जाति के नहीं थे, लेकिन रामधनी के घर से दीपचंद के परिवार जैसे प्रगाढ़ संबंध थे. रामधनी के घर जब भी कोई मेहमान आता था तो दीपचंद उसे बुला कर अपने घर ले आता और जम कर स्वागत करता. दीपचंद के मेहमाननवाजी से मेहमानों का दिल खुश रहता था.

रामधनी की बेटी का एक बेटा था जिस का नाम विवेक कुमार चौहान था. 21-22 वर्षीय विवेक कभीकभार नानानानी के घर बघांव आया करता था. वह मऊनाथ भंजन जिले के उमनपुर गांव में अपने मांबाप के साथ रहता था. उस के पिता का नाम था विजय बहादुर चौहान. वह सरकारी नौकरी में थे. उसी से 5 सदस्यों वाले परिवार का भरणपोषण होता था. विवेक ने स्नातक तक पढ़ाई कर के नौकरी करने का मन बना लिया था.

3 साल पहले यानी सन 2015 में बात तब की है जब विवेक इंटरमीडिएट में पढ़ रहा था. उन्हीं दिनों उस के ननिहाल बघांव में शादी थी. परिवार के साथ विवेक भी बघांव आया था. वहां उसे मामा के घर सप्ताह भर रहना था.

घर वालों के साथ चंदना भी शादी में शामिल हुई. चंदना खूबसूरत तो थी ही, जब वह सफेद रंग के कपड़े पहन लेती थी तो और भी सुंदर लगती थी. उस दिन भी चंदना ने सफेद रंग की पोशाक पहनी थी. इस पोशाक में वह सब से अलग और बहुत खूबसूरत लग रही थी. अचानक उस पर विवेक की नजर पड़ गई तो वह उसे कुछ देर अपलक निहारता रह गया. थोड़ी देर बाद चंदना उस की नजरों के सामने से ओझल हो गई तो उस की आंखें उसे इधरउधर ढूंढने लगीं. लेकिन वह कहीं नहीं दिखी.

प्यार में दोनों हो गए दीवाने

पहली ही नजर में चंदना विवेक के दिल में घर कर गई थी. उस दिन के बाद से विवेक चंदना के करीब जाने के लिए बेताब रहने लगा. वैसे भी उस के लिए दीपचंद के घर आनेजाने की पूरी छूट थी. जब भी मौका मिलता, वह दीपचंद के घर चला जाता और घंटों चंदना के साथ बिताता.

चूंकि चंदना के पिता दीपचंद अध्यापक थे, इसलिए उन का दिन स्कूल में ही बीतता था. बच्चे स्कूल चले जाते थे. चंदना की पढ़ाई पूरी हो चुकी थी इसलिए वह और उस की मां सुमन घर पर ही रहती थी. सुमन को विवेक के चंदना से मिलने पर कोई ऐतराज नहीं था. वह सोचती थी कि विवेक बहुत सीधासादा और नेकदिल युवक है. वह कोई ऐसा कदम नहीं उठाएगा, जिस से दोनों परिवारों की बदनामी हो.

विवेक जब भी चंदना के पास बैठता था, उसे दीवानगी भरी नजरों से निहारता था. चंदना को विवेक का ऐसा देखना अच्छा लगता था. उस के मन के भीतर एक अजीब सी गुदगुदी होती थी. धीरेधीरे चंदना भी विवेक को प्यार भरी नजरों से देखने लगी थी.

आंखों के रास्ते दोनों ने एकदूसरे के दिलों में अपना मुकाम बना लिया था. यह भी कह सकते हैं कि दोनों एकदूसरे को अपना दिल दे बैठे थे. जब दिलों की बातें हुईं तो मौका देख कर दोनों ने अपने प्यार का इजहार भी कर लिया. एक हफ्ते बाद विवेक अपने परिवार के साथ घर लौट गया.

विवेक अपने घर तो लौट आया, लेकिन उस का दिल, उस का चैन, उस का करार सब कुछ चंदना के पास रह गया था. चंदना के बगैर विवेक का मन नहीं लग रहा था. वह उस से मिलने के लिए तड़प रहा था. विवेक यही सोच रहा था कि चंदना से कैसे मिले, कैसे बातें करे. उधर चंदना का भी यही हाल था. विवेक के लिए वह तड़प रही थी. चंदना के पास सेलफोन भी नहीं था जो फोन कर के विवेक से बात कर लेती.

मोहब्बत की आग दोनों तरफ बराबर लगी हुई थी. दोनों विरह की अग्नि में जल रहे थे. विवेक से जब चंदना की जुदाई बरदाश्त नहीं हुई तो वह मांबाप से झूठ बोल कर नानानानी से मिलने के बहाने बघांव चला आया. बघांव आते हुए रास्ते में उस ने चंदना को उपहार में देने के लिए एक मोबाइल फोन खरीदा. उस ने सोचा कि चंदना के पास सेलफोन होगा तो बात करने में आसानी रहेगी.

मेजर का खूनी इश्क : शैलजा के इंकार ने ली जान – भाग 2

सुनील चौहान ने मेजर द्विवेदी को लाश के फोटो भी दिखाए, जिन्हें मेजर द्विवेदी ने गौर से देखा. वह उन की पत्नी शैलजा ही थी. मेजर अमित की आंखों से आंसू टपकने लगे. उन्होंने इंसपेक्टर चौहान से डेडबौडी देखने को कहा.

थानाप्रभारी मेजर अमित द्विवेदी और उन के साथियों को दीनदयाल अस्पताल ले गए, वहां उन्होंने मेजर को वह लाश दिखाई जो बरार स्क्वायर की मुख्य सड़क पर मिली थी. लाश देखते ही मेजर द्विवेदी रोने लगे. उन्होंने लाश की शिनाख्त अपनी पत्नी शैलजा द्विवेदी के रूप में कर दी.

लाश की शिनाख्त हो जाने के बाद थानाप्रभारी ने राहत की सांस ली. मेजर द्विवेदी जब अस्पताल से निकल कर पार्किंग की ओर जा रहे थे तो उन्होंने पार्किंग में मेजर निखिल हांडा को अपनी कार के पास खड़े देखा.

मेजर हांडा वैसे तो अमित द्विवेदी का दोस्त था, लेकिन किसी वजह से अब उन के बीच पहले जैसे संबंध नहीं रहे थे. हांडा ने मेजर द्विवेदी और उन के साथियों को देख लिया था, इस के बावजूद उन के पास नहीं आया, बल्कि नजरें चुराने लगा. मेजर द्विवेदी ने मन ही मन सोचा जरूर कि हांडा यहां क्यों आया है? लेकिन इस बात को महत्त्व नहीं दिया.

मेजर अमित ने उस से बात नहीं की और सुनील चौहान के साथ थाने लौट आए. पुलिस पहले ही अज्ञात हत्यारे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चुकी थी. थानाप्रभारी ने मेजर द्विवेदी से पूछा कि क्या उन्हें इस हत्या को ले कर किसी पर कोई शक है. लेकिन मेजर ने इस बात से इनकार कर दिया.

मामला हाईप्रोफाइल था, इसलिए डीसीपी विजय कुमार ने इसे सुलझाने के लिए एसीपी (विकासपुरी) सोमेंद्र पाल त्यागी एसीपी (पंजाबी बाग) सुरेंद्र कुमार, आनंद सागर, थानाप्रभारी (नारायणा) सुनील चौहान, थानाप्रभारी (पंजाबी बाग) राजीव भारद्वाज, थानाप्रभारी (कीर्तिनगर) अनिल शर्मा, थानाप्रभारी (इंद्रपुरी) राममेहर, स्पैशल स्टाफ के इंसपेक्टर जयप्रकाश और साइबर सैल के इंसपेक्टर मनोज कुमार को अपने औफिस बुलवा कर उन के साथ मीटिंग की.

मीटिंग में उन्होंने यह भी कहा कि जिस जगह शैलजा की लाश मिली है, वहां पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों को बुला कर सीन औफ क्राइम रिक्रिएट किया जाए. साथ ही हत्या की हर पहलू से जांच की जाए. डीसीपी ने अलगअलग पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 6 पुलिस टीमें बना कर उन्हें अलगअलग काम सौंप दिए.

पुलिस आई पूरे ऐक्शन में

इंसपेक्टर मनोज कुमार ने शैलजा के फोन नंबर की काल डिटेल्स निकलवा कर जांच शुरू कर दी. पता चला कि शैलजा की एक फोन नंबर पर बहुत बात होती थी. पिछले 3 महीने में उस नंबर से शैलजा के मोबाइल पर 6 हजार काल्स आई थीं. जाहिर है इतनी काल्स वही कर सकता था जो शैलजा का ज्यादा नजदीकी हो.

घटना वाले दिन सुबह भी करीब साढ़े 8 बजे उसी नंबर से शैलजा के फोन पर काल आई थी. उस फोन नंबर के बारे में पुलिस ने मेजर अमित द्विवेदी से पूछा तो उन्होंने बताया कि यह नंबर मेजर निखिल हांडा का है.

पुलिस ने उन से मेजर निखिल हांडा के बारे में पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि काफी पहले वह उन का दोस्त था, लेकिन अब उस से बोलचाल नहीं है. इंसपेक्टर मनोज कुमार ने बोलचाल न होने की वजह पूछी तो उन्होंने बताया कि मेजर निखिल हांडा दोस्ती कर के उन की पत्नी शैलजा को परेशान करता था, इसलिए उन्होंने उस से संबंध खत्म कर दिए थे.

मेजर अमित की बात सुन कर इंसपेक्टर मनोज कुमार को स्थिति कुछकुछ साफ होती दिखी. यह जानकारी उन्होंने डीसीपी को दे दी. जांच के लिए थानाप्रभारी सुनील चौहान के नेतृत्व में एक टीम आर्मी के बेस अस्पताल भेजी गई. टीम के साथ मेजर द्विवेदी भी थे. पुलिस ने उस डाक्टर से भी पूछताछ की, जो शैलजा का उपचार कर रहा था.

डाक्टर ने बताया कि शैलजा द्विवेदी आई तो थीं, लेकिन फिजियोथेरैपी कराए बिना ही चली गई थीं. सुनील चौहान के दिमाग में यह बात घर कर गई कि जब शैलजा ने अस्पताल जा कर फिजियोथेरैपी नहीं कराई तो अस्पताल आने का उन का मकसद क्या था.

पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो पता चला कि शैलजा पूर्वाह्न 11 बजे अस्पताल के बाहर रुकी सफेद रंग की होंडा सिटी कार में बैठ कर चली गई थीं. गाड़ी कौन चला रहा था, यह तो पता नहीं चल सका लेकिन पुलिस को उस कार का नंबर जरूर मिल गया. नंबर था डीएल3सी सीके7882. जांच करने पर पता चला कि यह होंडा सिटी दक्षिणी दिल्ली के साकेत के जी-96 में रहने वाले ए.आर. हांडा के नाम पर रजिस्टर्ड थी.

यह पता चलते ही तुरंत एक पुलिस टीम साकेत के पते पर भेजी गई. वहां जा कर पता चला कि ए.आर. हांडा रिटायर्ड कर्नल थे. उन्होंने बताया कि होंडा सिटी कार उन के नाम पर रजिस्टर्ड जरूर है, लेकिन उसे ज्यादातर उन का बेटा मेजर निखिल राय हांडा इस्तेमाल करता है.

उन्होंने यह भी बताया कि उन का पोता यानी निखिल का बेटा आयुष्मान सेना के बेस अस्पताल में भरती है. उस की मां नलिनी (परिवर्तित नाम) अस्पताल में उस के पास रहती है. बेटे को देखने निखिल अस्पताल के चक्कर लगाता रहता है.

इस के बाद मेजर निखिल हांडा पर पुलिस का शक बढ़ गया. पुलिस ने अस्पताल में हांडा की पत्नी नलिनी से मुलाकात की. नलिनी ने बताया कि उस दिन वह सुबह 10 बजे बेटे को देखने आए थे और कुछ देर बाद चले गए थे. दोपहर डेढ़ पौने 2 बजे वह फिर अस्पताल आए. लेकिन आधा घंटा रुकने के बाद लौट गए. इस के बाद न वह आए और न ही उन्होंने फोन किया.

अब तक की जांच में जो जानकारी पुलिस को मिली थी, उस से यह बात पुख्ता हो रही थी कि शैलजा द्विवेदी की हत्या मेजर निखिल हांडा ने की होगी. पुलिस टीमों ने जांच रिपोर्ट डीसीपी विजय कुमार के सामने रख दी. टीमों का काम देखने के बाद डीसीपी इस बात से संतुष्ट हो गए कि जांच टीमें सही दिशा में काम कर रही हैं.

मेजर निखिल हांडा की तलाश

अब मेजर निखिल हांडा का पुलिस के सामने मौजूद होना आवश्यक था ताकि उस से पूछताछ के बाद स्थिति साफ हो सके. इसलिए डीसीपी ने पुलिस टीमों को मेजर निखिल हांडा को तलाश करने के निर्देश दिए.

प्रेमी ने खोदी मोहब्बत की कब्र

मध्य प्रदेश की संस्कारधानी कहे जाने वाले जबलपुर शहर का उपनगरीय इलाका रांझी पूरे देश में व्हीकल फैक्ट्री के लिए जाना जाता है, जहां पर भारतीय सेना के उपयोग में आने वाले व्हीकल का निर्माण किया जाता है. रांझी के झंडा चौक के पास ही नंदकिशोर वंशकार का परिवार रहता है. नंदकिशोर की रांझी के बाजार में एक छोटी सी दुकान है, जिस में वह टूव्हीलर वाहनों के सीट कवर बनाने का काम करता है.

नंदकिशोर के परिवार में उस की पत्नी सुधा, 2 बेटे और 2 बेटियां खुशबू और आरजू थीं. 23 साल की बड़ी बेटी खुशबू मौडर्न खयालों की थी, जिसे सजनेसंवरने के साथ घूमनेफिरने का भी शौक था.

मई 2021 की 31 तारीख की बात थी. दोपहर के करीब डेढ़ बजे का समय था. खुशबू अपनी मां सुधा से बोली, ‘‘मम्मी लौकडाउन की वजह से कई दिनों से मैं घर से बाहर नहीं निकल पाई, इसलिए आज ब्यूटीपार्लर जा रही हूं.’’

सुधा बेटी की फितरत जानती थी इसी वजह से उस ने यह कहते हुए खुशबू को ब्यूटीपार्लर जाने की अनुमति दे दी कि जा तो रही है, लेकिन जल्दी घर आ जाना.

इस के बाद खुशबू इठलाती हुई ब्यूटीपार्लर जाने की बोल कर घर से निकल गई और सुधा खाना बनाने में व्यस्त हो गई.

रात के 8 बजे तक जब खुशबू घर नहीं लौटी तो सुधा परेशान हो गई. सुधा ने जब खुशबू के मोबाइल पर काल किया तो उस का फोन स्विच्ड औफ बता रहा था. उस ने अपनी छोटी बेटी आरजू को आसपास के घरों में खुशबू को खोजने के लिए भेज दिया.

इसी दौरान सुधा ने अपने पति नंदकिशोर को फोन कर कहा, ‘‘आप जल्दी घर आ जाइए, खुशबू दोपहर को ब्यूटीपार्लर गई थी, लेकिन अभी तक घर नहीं लौटी है.’’

यह सुन कर नंदकिशोर भी घबरा गया. वह पत्नी को तसल्ली देते हुए बोला, ‘‘चिंता मत करो, मैं जल्द ही घर पहुंच रहा हूं.’’

इधर आरजू आसपास के घरों में चक्कर लगा कर वापस आ गई थी, लेकिन खुशबू कहीं नहीं थी. करीब 9 बजे जैसे ही नंदकिशोर अपनी दुकान से घर पहुंचा तो सुधा बहुत घबराई हुई हालत में थी. वह बारबार नंदकिशोर से कह रही थी, ‘‘आप जल्दी से खुशबू का पता कीजिए. आजकल समय बहुत खराब है.’’

नंदकिशोर भी रोज ही लड़कियों के अपहरण और उन के साथ होने वाली जोरजबरदस्ती की घटनाएं सुनता रहता था, इसलिए वह भी किसी अज्ञात आशंका के चलते भयभीत हो गया. उस के मन में बुरेबुरे खयाल आने लगे.

नंदकिशोर ने अपने पड़ोसी को साथ ले कर रांझी इलाके के 4-5 ब्यूटीपार्लरों में जा कर खुशबू के बारे में पूछताछ की, लेकिन पता चला कि खुशबू किसी पार्लर में नहीं पहुंची थी. सुधा सब रिश्तेदारों को फोन लगा कर बेटी के बारे में पूछ चुकी थी. खुशबू के छोटे भाईबहन भी अपने घर के आसपास अपनी बहन की तलाश कर चुके थे, लेकिन कहीं से भी उस की कोई खबर नहीं मिल रही थी.

तब तक रात के 12 से ज्यादा का वक्त हो चुका था. थकहार कर नंदकिशोर अपने घर आ गया. घर में तो जैसे मातम छाया हुआ था. चिंता और भय के माहौल में जैसेतैसे पूरे परिवार ने रात काटी और सुबह होते ही नंदकिशोर अपनी पत्नी सुधा के साथ रांझी पुलिस स्टेशन पहुंच गया.

थाने में टीआई आर.के. मालवीय को पूरी जानकारी बताते हुए नंदकिशोर ने बेटी की गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई. सुधा रोरो कर टीआई मालवीय से बेटी को खोजने की गुहार लगा रही थी. टीआई आर.के. मालवीय ने खुशबू की फोटो, मोबाइल नंबर ले कर सूचना दर्ज करते हुए उन्हें भरोसा दिया, ‘‘आप चिंता न करें, पुलिस जल्द से जल्द आप की बेटी को खोज निकालेगी.’’

अगले ही दिन जबलपुर शहर से निकलने वाले समाचार पत्रों में खुशबू की फोटो के साथ उस की गुमशुदगी की सूचना छप चुकी थी. सोशल मीडिया में भी खुशबू के गुम होने का समाचार उस की फोटो के साथ जम कर वायरल हो चुका था.

नंदकिशोर का हर दिन अब अपनी दुकान का कामधंधा छोड़ कर बेटी की खोजखबर लेने में बीतने लगा था. इधर रांझी पुलिस ने आसपास के इलाकों में खुशबू की तलाश की.

खुशबू के घर वालों और पड़ोसियों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि खुशबू का आकाश बेन नाम के लड़के से प्रेम प्रसंग था. खुशबू के मोबाइल की काल डिटेल्स में भी 31 मई को करीब आधे घंटे तक उस की बातचीत आकाश से होने की जानकारी मिली. इस से पुलिस को पूरा भरोसा हो गया था कि खुशबू के अपहरण में आकाश बेन का ही हाथ होगा.

पुलिस ने जब आकाश को थाने बुला कर पूछताछ की तो उस ने खुशबू से प्रेम होने की बात तो कुबूल ली, परंतु उस ने पुलिस को बताया कि वह लौकडाउन के बाद से खुशबू से मिला तक नहीं है.

पुलिस ने लगातार आकाश से खुशबू के बारे में पूछताछ की, लेकिन हर बार वह भावुक हो कर पुलिस को यही कहता कि मैं भी खुशबू की तलाश में लगा हूं. मैं उस के बिना जिंदा नहीं रह सकता.

नंदकिशोर और उस की पत्नी सुधा को खुशबू और आकाश की नजदीकियों की जानकारी थी, इसलिए दोनों का शक आकाश पर ही था, परंतु आकाश नंदकिशोर के साथ खुशबू को खोजने में उस का साथ दे रहा था. इसलिए कई बार नंदकिशोर को लगता कि खुशबू के गायब होने में आकाश का हाथ न हो.

रांझी पुलिस ने जब खुशबू की मम्मी सुधा से पूछा कि तुम्हें किसी पर शक है, जो खुशबू को अगवा कर सकता है तो सुधा ने बेहिचक आकाश का नाम लिया था.

पुलिस टीम ने आकाश को 4 बार हिरासत में ले कर पूछताछ की, मगर वह हर बार वह यही कहता कि उसे खुशबू के गायब होने के संबंध में कोई जानकारी नहीं है.

धीरेधीरे समय बीत रहा था और पुलिस खुशबू को नहीं खोज पाई थी. नंदकिशोर पुलिस के बड़े अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा चुका था, लेकिन उस की शिकायत दर्ज कर उसे केवल आश्वासन ही दिया जा रहा था.

पुलिस की हीलाहवाली से परेशान हो कर नंदकिशोर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करा दी. शिकायत की जांच हेतु जब रांझी पुलिस थाने के टीआई पर दबाव पड़ा तो टीआई आर.के. मालवीय ने खुशबू को तलाश करने के बजाय नंदकिशोर को थाने में तलब किया.

टीआई ने नंदकिशोर को 2 दिन के भीतर खुशबू को खोज निकालने का भरोसा दिला कर उस पर दबाव बना कर शिकायत वापस करवा ली.

2 दिन बाद नंदकिशोर जब पुलिस स्टेशन गया तो टीआई बेकाबू हो कर बोले, ‘‘पुलिस के पास बहुत सारे काम हैं, एक अकेली तुम्हारी लड़की को खोजने नहीं बैठे रहेंगे.’’

पुलिस के इस व्यवहार से नंदकिशोर बहुत दुखी हुआ. अपनी बेटी के बारे में पता लगाने के लिए नंदकिशोर पिछले 3 महीनों में 50 बार से अधिक रांझी थाने और 5 बार एसपी से मिल चुका था, परंतु उसे कोरे आश्वासन ही मिलते थे. जिस से वंशकार समाज के लोग लामबंद हो कर पुलिस की इस लापरवाही पर आक्रोशित थे.

इस के बाद टीआई आर.के. मालवीय का तबादला कर दिया गया और रांझी पुलिस थाने की कमान तेजतर्रार टीआई विजय परस्ते को सौंप दी गई. टीआई विजय परस्ते ने एएसआई रामकुमार मार्को की मदद से पूरे केस की फिर से पड़ताल शुरू कर दी.

 

टीआई विजय परस्ते के निर्देश पर पुलिस टीम ने लापता खुशबू के प्रेमी आकाश की निगरानी शुरू कर दी. उस की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही थी.

इधर चारों तरफ से घोर निराशा मिलने के बाद नंदकिशोर ने वकील से मिल कर जबलपुर हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका लगा दी. हाईकोर्ट ने इस मामले में दखल दे कर जबलपुर एसपी को खुशबू को खोजने का आदेश दिया तो एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने प्रकरण में क्राइम ब्रांच को भी लगा दिया.

पूरे मामले में शुरू से ही आकाश बेन पहला संदेही था. क्राइम ब्रांच और रांझी पुलिस ने 23 सितंबर, 2021 की रात को आकाश को थाने में बुला कर जब सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया. पुलिस पूछताछ में दिल दहला देने वाली कहानी सामने आई.

रांझी के बजरंग नगर के गंगा मैया इलाके में रहने वाला सूरज बेन व्हीकल फैक्ट्री के मेस में खानसामा था. उस के 2 बेटे आकाश और प्रकाश थे. 24 साल का आकाश कुछ समय पहले रिछाई के इंडस्ट्रियल एरिया में एक इंजेक्शन बनाने वाली फार्मा कंपनी में काम करता था.

बाद में अपने पिता सूरज बेन के कहने पर वह उस के साथ ही व्हीकल फैक्ट्री के मेस में वेटर का काम करने लगा. लौकडाउन के चलते व्हीकल फैक्ट्री का मेस जब बंद हो गया तो आकाश का काम छूट गया.

लौकडाउन खत्म होने के बाद वह काम की तलाश में राइस मिल गया तो उसे हम्माल का काम मिल गया. राइस मिल में चावल के बोरे काटने, भरने और सिलने का काम करने वाले मजदूरों को हम्माल कहा जाता है. आकाश मैट्रिक तक ही पढ़ा था, लेकिन वह फैशनपरस्त लड़का था.

पिता की आमदनी भी परिवार के लिए ऊंट के मुंह में जीरा के बराबर थी, इस वजह से आकाश ने हम्माली के काम को शौक से अपना लिया था.

आकाश और खुशबू दसवीं कक्षा तक जबलपुर के स्कूल में साथसाथ ही पढ़े थे और दोनों के परिवारों की आपस में नजदीकियां थीं.

रोज ही उन का एकदूसरे के घरों में आनाजाना लगा रहता था. इसलिए उन के मेलजोल पर किसी को ऐतराज भी नहीं था.

स्कूल में हुई बचपन की दोस्ती जवां होते ही कब प्यार में बदल गई, दोनों को पता ही नहीं चला. दोनों एकदूसरे को दिलोजान से चाहने लगे. आकाश और खुशबू के घरवाले भी उन की परवान चढ़ती मोहब्बत से अंजान नहीं थे.  आकाश अकसर ही खुशबू को बाइक से शहर घुमाने ले जाता था. जबलपुर शहर के पार्क में घंटों वे बांहों में बांहें डाल अपने प्यार की पींगें बढ़ाने लगे थे. दोनों को जब भी एकांत मिलता तो आकाश खुशबू के होंठों को चूमते हुए कहता, ‘‘खुशबू, मैं तुम्हें अपनी जान से भी ज्यादा चाहता हूं और जल्दी ही तुम से शादी करना चाहता हूं.’’

आकाश खुशबू की हर ख्वाहिश का ध्यान रखता था. वह उसे घुमानेफिराने के साथ उसे नए कपड़े गिफ्ट करता था. यही वजह थी कि खुशबू भी आकाश की दीवानी थी.

पिछले साल मार्च 2020 में कोरोना महामारी के चलते जब लौकडाउन हुआ तो आकाश की फैक्ट्री बंद हो गई और उसे पैसे की तंगी होने लगा.

आकाश खुशबू की फरमाइशें पूरी नहीं कर पा रहा था. घूमनेफिरने की आदी और स्मार्टफोन की शौकीन खुशबू सोशल मीडिया के जरिए दूसरे लड़कों से नजदीकियां बढ़ाने लगी तो खुशबू के पिता नंदकिशोर और उस की पत्नी बेटी की इन हरकतों से परेशान रहने लगे.

मोहल्ले में नंदकिशोर की बदनामी होने लगी तो उस ने घमापुर में रहने वाले दिनेश नाम के लड़के से खुशबू की शादी तय कर दी. जून महीने में खुशबू की शादी होने वाली थी. खुशबू भी इस रिश्ते को ले कर अब गंभीर हो गई थी.

खुशबू आकाश से बेपनाह मोहब्बत करती थी, मगर वह पिता के द्वारा दिनेश के साथ तय किए गए शादी के रिश्ते के बाद अपने भविष्य के नए सपने बुनने लगी थी.

दिनेश एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था और स्मार्ट भी था, जबकि आकाश की माली हालत उतनी अच्छी नहीं थी. यही सोच कर खुशबू आकाश से दूरी बनाने लगी. इस से आकाश तो जैसे पागल ही हो गया.

शादी का रिश्ता तय होते ही खुशबू ने आकाश से फोन पर बातचीत भी बंद कर दी. इसे ले कर आकाश परेशान रहने लगा. आकाश ने खुशबू के साथ जीनेमरने की कसमें खाई थीं और अब आकाश को यह लगने लगा था कि खुशबू किसी दूसरे लड़के से प्रेम करने लगी है.

आकाश खुशबू की बेवफाई को बरदाश्त नहीं कर पा रहा था. वह खुशबू की हरकतों से इतना जलभुन गया था कि उस ने यह ठान लिया था कि खुशबू यदि मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा.

आकाश बारबार खुशबू को फोन करने लगा. हर दिन आने वाली फोन काल से खुशबू परेशान रहने लगी. एक दिन फोन कर के आकाश ने भावुक होते हुए खुशबू से कहा, ‘‘खुशबू, मैं तुम से एक बार मिलना चाहता हूं, प्लीज मना मत करना.’’

आकाश की हालत पर खुशबू को तरस आ गया और 31 मई, 2021 को वह आकाश से मिलने को तैयार हो गई.

31 मई की दोपहर में ब्यूटीपार्लर जाने की कह कर जैसे ही खुशबू घर से बाहर निकली तो सुभाष चौराहे पर स्कूटी लिए आकाश उसी का बेसब्री से इंतजार करता मिला. खुशबू को स्कूटी पर बैठा कर आकाश व्हीकल एस्टेट के खंडहर हो चुके दोमंजिला क्वार्टर में ले गया.

 

क्वार्टर चारों तरफ से झाडि़यों से घिरा हुआ था और वहां किसी का आनाजाना नहीं होता. इसी का फायदा उठा कर आकाश खंडहर हो चुके क्वार्टर की दूसरी मंजिल पर खुशबू को ले गया.

आकाश ने वहां खुशबू को एक पैकेट दिखाते हुए कहा, ‘‘देखो तो मैं तुम्हारे लिए क्या गिफ्ट लाया हूं.’’

खुशबू ने पैकेट को हाथों में लेते हुए आकाश से पूछा, ‘‘क्या गिफ्ट लाए हो?’’ ्र

‘‘खुद खोल कर देखो,’’ कहते हुए आकाश ने उसे बाहों में भरने की कोशिश की.

खुशबू ने अपने आप को उस से दूर करते हुए कहा, ‘‘देखो आकाश, अब मेरा रिश्ता तय हो गया है. अब तुम मुझे भूलने की कोशिश करो. मैं अब नई जिंदगी शुरू करना चाहती हूं.’’

खुशबू के समझाने का जैसे आकाश पर कोई असर ही नहीं हो रहा था. आकाश के मन में तो कुछ और ही चल रहा था. वह तो उस दिन यह ठान कर ही घर से निकला था कि खुशबू का कत्ल कर उसे किसी और की दुलहन नहीं बनने देगा. यानी आकाश अपनी मोहब्बत की कब्र खोदने ही आया था.

जैसे ही खुशबू ने उस से दूर होने की कोशिश की तो आकाश ने एक हाथ से खुशबू की गरदन को घेर लिया. खुशबू ने जैसे ही अपना चेहरा सामने की तरफ किया, आकाश ने दूसरे हाथ से अपनी पैंट की जेब में रखा चाकू निकाल लिया. खुशबू संभल पाती, इस के पहले ही उस ने चाकू से उस का गला रेत कर उसे मौत की नींद सुला दिया. खुशबू की हत्या कर आकाश ने उसी क्वार्टर में आसपास पड़ी झाडि़यों से शव को छिपा दिया. उस के बाद दूसरे दिन से ही खुशबू के घर पहुंच कर उस की खोजबीन करने का नाटक करने लगा.

मामले को छिपाने के लिए आकाश ने लाश को बड़ी ही सफाई से व्हीकल की खंडहरनुमा बिल्डिंग की दूसरी मंजिल में झाडि़यों में छिपा दिया था. आकाश को यकीन था कि इस खंडहर में कोई आताजाता नहीं है और कुछ ही दिनों में खुशबू की मृत देह को चीलकौवे खा जाएंगे. लेकिन कानून के लंबे हाथों से आकाश बच नहीं सका.

रांझी पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की पूछताछ में जब आकाश ने खुशबू की हत्या करने का जुर्म कुबूल किया तो पुलिस 24 सितंबर, 2021 को आकाश को ले कर व्हीकल एस्टेट के खंडहरनुमा र्क्वाटर की दूसरी मंजिल पर पहुंच गई. वहां पर खूशबू की लाश 4 महीनों में कंकाल बन चुकी थी.

पुलिस ने वहां से खुशबू का कंकाल बरामद किया. वहीं हत्या में प्रयुक्त चाकू और हत्या के दिन गिफ्ट में दिए गए कपड़े भी जब्त कर लिए.

घटनास्थल पर युवती के पहने हुए कपड़े और जूते भी पड़े हुए थे. कंकाल के आसपास चूडि़यां और सिर के बाल भी बिखरे हुए थे. सिर के बाल और कंकाल को फोरैंसिक टीम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के लिए मैडिकल कालेज भिजवाया गया.

 

खुशबू की गरदन सहित सिर के हिस्से के कंकाल को जांच के लिए फोरैंसिक लैब, सागर भेज दिया गया और शेष बची हुई हड्डियां खुशबू के घर वालों को एक बोरी में भर कर अंतिम संस्कार के लिए दे दीं.

नंदकिशोर और सुधा बेटी की हड्डियों के बोरे को अपनी छाती से लगा कर चीखचीख कर रो रहे थे. इस सनसनीखेज हत्या से वंशकार समाज के लोगों ने परिजनों के साथ रांझी थाने पहुंच कर विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने रांझी पुलिस पर जांच में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पुलिस ने पहले ही गंभीरता से मामले की जांच की होती तो इस हत्याकांड का खुलासा तभी हो गया होता.

मां सुधा और पिता नंदकिशोर आरोप लगा रहे थे कि इस हत्याकांड में आकाश के अलावा उस के पिता सूरज बेन और उस के रिश्तेदार प्रकाश और बसंत बेन भी शामिल रहे हैं. उन्हें भी पुलिस गिरफ्तार करे.

जबलपुर जिले के एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर एडीशनल एसपी संजय अग्रवाल और रांझी टीआई विजय परस्ते ने प्रैस कौन्फ्रैंस कर 117 दिन पुराने गुमशुदगी के केस का परदाफाश करने की जानकारी मीडिया को दी.

24 साल के प्रेमी आकाश बेन को अपनी प्रेमिका खुशबू की हत्या कर शव छिपाने के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे सेंट्रल जेल जबलपुर भेज दिया गया.

आकाश जो कभी खुशबू से बेइंतहा मोहब्बत करता था, आखिरकार उसी ने मोहब्बत की कब्र खोद कर अपने प्यार को हमेशा के लिए दफन कर दिया.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

कल्पना की अधूरी उड़ान : प्रेमिका को देनी पड़ी जान

विकास पालीवाल 

उत्तर प्रदेश के जिला मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र में एक गांव है नगला लालमन. उसी गांव के 2 भाई यशपाल और शेषपाल सुबह 10 बजे किसी काम से जा रहे थे. गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित जल्लापुर निवासी दिनेश यादव के खेत के पास से गुजर रहे थे. तभी उन की नजर खेत में झाड़ी की ओर गई तो वहां का दृश्य देख कर दोनों भाइयों के पैर थम गए.

झाड़ी के पीछे 21-22 साल की युवती की लाश पड़ी थी. पास जा कर देखा तो पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई. वह लाश गांव के ही फेरू सिंह की 22 वर्षीय बेटी कल्पना की थी. उस के चारों ओर खून फैला हुआ था. किसी ने गोली मार कर उस की हत्या कर दी थी.

उसी समय दोनों भाइयों ने कल्पना के भाई अवधपाल सिंह को इस बात की जानकारी फोन से दे दी. यह बात अवधपाल ने अपने घर बताने के साथ ही पड़ोसियों को भी बताई.  खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया. घरवालों के साथ ही लालमन गांव के लोग खेत की ओर दौड़े.

गांव की युवती को दिनदहाड़े खेतों पर गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया गया था. इस से गांव में सनसनी फैल गई. कुछ ही देर में वहां भीड़ जुट गई.

यह 17 मार्च, 2021 की सुबह की बात है. भाई अवधपाल व ग्रामीणों ने पास जा कर देखा तो कल्पना की कनपटी पर गोली मारी गई थी. इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी थी.

सूचना मिलते ही थाना एलाऊ के थानाप्रभारी सुरेशचंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. युवती की हत्या की खबर आसपास के गांवों में भी फैल चुकी थी, जिस से वहां देखने वालों की भीड़ जमा हो गई.

लाश देख कर लोग आक्रोशित थे और हंगामा कर रहे थे. थानाप्रभारी ने बिना देर किए अपने उच्चधिकारियों को भी घटना से अवगत करा दिया.

सूचना मिलने पर एसपी अविनाश पांडेय, एएसपी मधुबन सिंह, सीओ (सिटी) अभय नारायण राव के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हो गए. एसपी के आदेश पर फोरैंसिक टीम, डौग स्क्वायड की टीम भी वहां पहुंच गई.

उच्चाधिकारियों ने युवती के शव का निरीक्षण किया. शव की दशा इस बात की ओर इशारा कर रही थी कि गोली मारने से पहले उस के साथ मारपीट भी की गई थी.

क्योंकि उस के दाएं हाथ पर चोट के निशान थे, जिन्हें देख कर ऐसा लग रहा था जैसे वह टूटा हुआ है. गोली बाएं कान के नीचे सटा कर मारी गई थी. इस से लग रहा था कि हत्यारे जानपहचान वाले ही होंगे. चेहरे के चारों ओर खून फैला हुआ था.

पुलिस ने मृतका के घरवालों से बात की. उन्होंने बताया कि कल्पना आज तड़के साढ़े 5 बजे अपने घर से दिशामैदान के लिए निकली थी. लेकिन जब वह 2 घंटे तक वापस नहीं आई तो घर वाले उस की तलाश में जुट गए.

जब उस की तलाश की जा रही थी, तभी उन्हें उस की हत्या की खबर मिली. घर वालों ने बताया कि कल्पना अपने पास मोबाइल रखती थी, लेकिन वह अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गई थी.

पुलिस अधिकारियों ने जब उन से पूछा कि उन की किसी से दुश्मनी या रंजिश तो नहीं है तो कल्पना के भाई अवधपाल सिंह ने बताया कि गांव में उन की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है. फिर सवाल यह था कि हत्या किस ने और क्यों की है?

फोरैंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए. मृतका के कपड़ों से कुछ भी नहीं मिला. हां, उस का दुपट्टा वहीं खेत की मेड़ पर तह बना कर हुआ रखा मिला.

पुलिस का खोजी कुत्ता भी घटनास्थल से कुछ दूरी तक खेतों में गया. इस पर पुलिस ने खेतों की तलाशी की. लेकिन ऐसा कोई सुराग नहीं मिल सका, जिस से हत्यारे का सुराग मिलता. पानी का डिब्बा गायब था.

कई घंटे तक जांच करने के बाद जब पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को उठाना चाहा तो ग्रामीणों ने विरोध किया. उन्होंने कहा कि गुत्थी सुलझने के बाद ही कल्पना का शव उठने दिया जाएगा.

एसपी अविनाश पांडेय ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया कि मृतका के मोबाइल की काल डिटेल्स निकाल कर हत्यारों का पता लगाया जाएगा. उन्होंने आक्रोशित लोगों को आश्वासन दिया कि पुलिस शीघ्र ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लेगी. उन के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हो गए. तब पुलिस ने काररवाई कर शव को मोर्चरी भेज दिया.

मृतका के भाई अवधपाल ने इस संबंध में गांव के ही 2 सगे भाइयों दिनेश और विक्रम के खिलाफ कल्पना की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई. आरोपित दिनेश शिक्षक है और कुरावली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत है. वहीं उस का भाई विक्रम गांव में रोजगार सेवक है.

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई. पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए उन के घर पर दबिश दी, लेकिन वे घर पर नहीं मिले.

मृतका के घर वालों से पुलिस ने पूछताछ की. लेकिन परिवार के लोग कल्पना की हत्या का कारण नहीं बता सके. जबकि भाई अवधपाल ने गांव के ही 2 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी. अवधपाल ने बताया कि दोनों आरोपित घटना के समय से फरार हैं, इसलिए उन पर शक है.

घर वालों की ओर से बताए गए घटनाक्रम पर पुलिस पूरे तौर पर विश्वास नहीं कर रही थी. युवती की हत्या के मामले में पुलिस की नजर में परिवार के लोग भी शक के दायरे में थे. पुलिस किसी भी तथ्य को नजरंदाज नहीं कर रही थी.

जांच शुरू हुई तो नामजद आरोपियों के खिलाफ कोई भी साक्ष्य नहीं मिला. इस के चलते अन्य पहलुओं पर पुलिस ने जांच शुरू की. घटना का राजफाश करने के लिए सीओ (सिटी) अभय नारायण राय के नेतृत्व में स्वाट और सर्विलांस सहित 4 टीमों को लगाया गया.

शाम तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई. इस में गोली से मौत होने के साथ ही मृतका की बांह पर चोट के निशान थे लेकिन बांह की हड्डी नहीं टूटी थी. इस बात से यह स्पष्ट हो गया कि युवती का हत्यारे के साथ संघर्ष हुआ था. इसी के चलते उस की बांह में चोट लगी थी.

पुलिस ने ग्रामीणों से भी इस संबंध में पूछताछ की. पुलिस की जानकारी में आया कि मृतका के गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध थे. पुलिस ने इस बीच कल्पना का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया. काल डिटेल्स की जांच की गई. मोबाइल में एक नंबर ऐसा था, जिस पर सब से ज्यादा बातें होती थीं.

पुलिस ने जब इस संबंध में जानकारी की तो पता चला कि यह नंबर गांव के ही अजब सिंह का है. अजब सिंह की तलाश हुई तो वह गायब था. इस से पुलिस के शक की सुई उस की तरफ घूम गई.

जांच के दौरान पता चला कि अजब सिंह अपनी ससुराल फर्रुखाबाद में है. सर्विलांस के जरिए पुलिस को उस के बारे में अहम सुराग मिलने शुरू हो गए.

दूसरे दिन गुरुवार की रात इंसपेक्टर एलाऊ सुरेशचंद्र शर्मा पूछताछ के लिए उसे ससुराल से थाने ले आए.  पुलिस ने जब उस से पूछताछ शुरू की उस ने युवती के घर वालों पर ही हत्या करने का आरोप लगाते हुए बताया कि जब उस के बुलावे पर कल्पना खेत पर आ गई तो हम लोग झाड़ी की आड़ में बातचीत करने लगे. इसी बीच कल्पना के घर वाले आ गए.

हम लोगों को बातचीत करते देख उन लोगों ने कल्पना के साथ मारपीट शुरू कर दी. जब मैं ने उन्हें रोका तो मेरे साथ भी मारपीट की. कल्पना को गोली मारने के बाद उस के परिवार वाले उसे भी गाड़ी में डाल कर ले गए थे.

एक स्थान पर उसे मुंह बंद करने की हिदायत दे कर वे लोग गाड़ी से उतार कर चले गए थे. राहगीरों ने उसे अस्पताल में भरती कराया. इस के बाद वह अपनी ससुराल चला गया.

इतनी बड़ी घटना के बाद भी पुलिस को घटना की सूचना क्यों नहीं दी? पुलिस के सवालों में वह उलझ गया. पुलिस की सख्ती करने पर फिर उस ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया.

अजब सिंह ने बताया कि उसी ने नाराज हो कर अपनी प्रेमिका कल्पना की गोली मार कर हत्या की थी. उस की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक और तमंचा तथा अजब सिंह का मोबाइल भी बरामद कर लिया.

19 मार्च को प्रैस कौन्फ्रैंस में एसपी अविनाश पांडेय ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया. शादीशुदा और 2 बच्चों के पिता आरोपी अजब सिंह और मृतका के बीच प्रेम संबंध थे.

कल्पना की शादी तय होने की जानकारी मिलने के बाद अजब सिंह बौखला गया था. उस ने कल्पना के सामने हमेशा साथ रहने की फरमाइश रख दी. जब इस बात पर वह राजी नहीं हुई तो उस ने उस की गोली मार कर हत्या कर दी.

इस घटना को औनर किलिंग का मामला बनाने के लिए उस ने ड्रामा रचा, लेकिन पुलिस ने सर्विलांस के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में जो खौफनाक कहानी बताई, वह इस प्रकार थी—

कल्पना का पिता फेरू सिंह दिल्ली में काम करता है. अवधपाल की गांव में खुद की जमीन कम होने के कारण वह उगाही पर गांव के लोगों की जमीन ले कर खेती करता था. गांव के ही अजब सिंह की छोटी उम्र में ही शादी हो गई थी. वह 2 बच्चों का पिता है.  खेतीकिसानी के कारण उस के कल्पना के घर वालों के साथ अच्छे संबंध थे. उस का कल्पना के घर भी आनाजाना था.

एक दिन अजब सिंह की नजर उस पर पड़ी. कल्पना सुंदर थी. वह उस की सुंदरता देख ठगा सा रह गया. उस ने उसी क्षण उस से दोस्ती करने का निर्णय ले लिया.

अजब सिंह टकटकी लगाए उसे निहारता रहा. कल्पना को भी इस बात का अहसास हो गया कि अजब सिंह उसे देख रहा है. अजब सिंह कसी हुई कदकाठी का युवक था. जवानी की दलहीज पर पहुंची कल्पना का दिल भी उस पर रीझ गया. उसे देख कल्पना का दिल तेजी से धड़कने लगा था.

अब जब भी अजब सिंह कल्पना के घर आता, वह पीने के लिए पानी मांगता. जब कल्पना उसे पानी का गिलास देती वह उस का धीरे से हाथ दबा देता. कल्पना उस के मन की बात जान कर मुसकरा देती. धीरेधीरे दोनों की दोस्ती हुई फिर प्यार हो गया.

दोनों ने एकदूसरे को अपने फोन नंबर दे दिए थे, जिस से फोन पर भी उन की बातें होने लगीं. इस के बाद उन का प्यार और गहराता गया. उन के प्रेम संबंधों की किसी को भनक तक नहीं लगी.

अजब सिंह के शादीशुदा होने से कल्पना के परिजनों को उस पर शक नहीं हुआ. इसी आड़ में वह लगातार कल्पना से मिलताजुलता रहा और उस पर काफी पैसा खर्च करने लगा.

कल्पना अब जवान हो गई थी. घर वालों को उस की शादी की चिंता होने लगी. घर वालों ने भागदौड़ कर कल्पना की शादी तय कर दी थी. इस की जानकारी अजब सिंह को हो गई थी.

17 मार्च की सुबह साढ़े 5 बजे अजब सिंह ने मैसेज कर कल्पना को मिलने खेत पर बुलाया. वह भी अपने खेतों की सिंचाई के बहाने बाइक से वहां पहुंच गया था.

कुछ ही देर में कल्पना भी आ गई. अजब सिंह ने उस से कहा, ‘‘कल्पना, मैं तुम से बहुत प्यार करता हूं. लेकिन अब मैं देख रहा हूं कि जब भी फोन करता हूं तुम्हारा फोन बिजी मिलता है. तुम शायद अपने मंगेतर से ज्यादा बातें करती हो. कल्पना, तुम अपने मंगेतर से बात करना बंद कर दो.’’

अजब सिंह और कल्पना के बीच पिछले 4 साल से दोस्ती थी. दोनों के बीच गहरे प्रेम संबंध थे. अजब सिंह अपनी 2 बीघा जमीन भी प्यार की भेंट चढ़ा चुका था. वह कल्पना पर बहुत पैसा खर्च करता था. उस ने 4 सालों में कई मोबाइल फोन भी ला कर उसे दिए थे.

सब कुछ ठीक चल रहा था. कल्पना के घर वालों ने कल्पना की शादी तय कर दी थी. यह बात प्रेमी अजब सिंह को नागवार गुजरी. उस ने कल्पना से कहा, ‘‘कल्पना, मैं तुम्हें पहले की तरह प्यार करता रहूंगा. तुम्हारी शादी जरूर हो रही है लेकिन तुम शादी के बाद भी मुझ से संबंध खत्म मत करना.’’

‘‘देखो, मेरे और तुम्हारे बीच अब तक जो कुछ था, वह अब सब खत्म हो गया है. अब तुम मुझे फोन और मुझ से मिलने की कोशिश भी मत करना. क्योंकि मेरी शादी होने वाली है. और हां, मैं अपने मंगेतर से बात करनी बंद नहीं करूंगी.’’ कल्पना ने जवाब दिया.

अपनी प्रेमिका की इस बेरुखी से अजब सिंह बौखला गया. उसे डर था कि शादी के बाद उस की मोहब्बत उस से छिन जाएगी. इसी बात को ले कर दोनों के बीच बहस होने लगी. गुस्से में उस ने कल्पना की बांह मोड़ दी, जिस से वह दर्द से कराह उठी और खेत में गिर गई.

इसी बीच अजब सिंह ने तमंचा निकाल कर उस की कनपटी पर रख कर गोली चला दी. कुछ देर तड़पने के बाद कल्पना ने दम तोड़ दिया. इस के बाद अजब सिंह बाइक से वहां से चला गया.

आरोपी अजब सिंह गजब का ड्रामेबाज निकला. उस ने कल्पना के घर वालों को औनर किलिंग में फंसाने के लिए पूरा घटनाक्रम तैयार किया था. उस ने हत्या करने के बाद कुछ दूरी पर अपना मोबाइल तो कुछ दूर जा कर तमंचा फेंक दिया. इस के बाद सीने पर अपने नाखूनों से खरोंच करने के बाद सिर पत्थर पर मार कर खुद को घायल किया.

फिर उस ने कानपुर नगर के बिल्हौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रास्ते में जा रहे राहगीरों की मदद से अपने ऊपर गांव के कुछ युवकों द्वारा मारुति वैन में डाल कर पीटने और यहां फेंकने की बात कह कर स्वास्थ्य केंद्र में भरती हो गया. वहां से खुद को कन्नौज के एक अस्पताल में रेफर कराया, जहां से अपनी ससुराल फर्रुखाबाद आ गया.

अपने ऊपर हमले की झूठी अफवाह फैलाई. पुलिस को उस की यह कहानी समझ नहीं आई थी. कल्पना के घर वालों को फंसाने में वह कामयाब होता, इस से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने अजब सिंह को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया. इस प्रकार 2 निर्दोष भाई जेल जाने से बच गए. कल्पना ने एक बालबच्चेदार व्यक्ति से मोहब्बत कर जो भूल की थी, उस का खामियाजा उसे अपनी जान दे कर चुकाना पड़ा.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित