Rajasthan Murder Mystery. सरिता की बीमारी और झगड़े से तंग आ कर चंद्रमल ने उसे मार कर जिस तरह उस की लाश को 2 गज जमीन के नीचे पहुंचा दिया था, सोचा था कि कभी यह रहस्य नहीं खुलेगा. लेकिन अपराध कभी छिपा है जो उस का छिपा रहता...
सरिता जैन के मायके वालों को जब पता चला कि उन की बेटी पिछले 2 महीने से लापता है तो वे उस की ससुराल जा पहुंचे. सरिता का पति चंद्रमल जैन घर पर ही था. उन लोगों ने उस से सरिता के बारे में पूछा तो वह दुखी हो कर बोला, ‘‘सरिता को तो आप के यहां होना चाहिए. वह मुझ से हमेशा लड़ती रहती थी. बहुत दुखी करती थी मुझे. 2 महीने पहले भी वह मुझ से लड़ी थी और 5 हजार रुपए ले कर घर से जाते हुए बोली, ‘मैं मायके जा रही हूं, आज के बाद अपनी शक्ल मत दिखाना मुझे.’ मैं तो यह सोच कर निश्चिंत बैठा था कि वह मायके में होगी, जब गुस्सा शांत हो जाएगा तो खुद ही लौट आएगी.’’
चंद्रमल जैन ने भर्राई आवाज और डबडबाई आंखों से जो कुछ कहा था, उस से सरिता के मायके वालों को लगा कि वह जो कह रहा है, सच है. सरिता के गायब होने से वे लोग भी दुखी थे. किसी की समझ में नहीं आ रहा था कि जब सरिता न मायके में हैं और न ससुराल में तो वह गई तो गई कहां?
सरिता के पिता को दुखी देख चंद्रमल ने कहा, ‘‘पापा, आप धैर्य रखिए. हम सब मिल कर उसे खोजेंगे. जाते वक्त वह गुस्से में थी, संभव है किसी नातेरिश्तेदार के यहां चली गई हो. मुझे परेशान करने के लिए वह ऐसा भी कर सकती है.’’






