Hindi stories: मैं कहा आ गई

Hindi stories: नरगिस जो सोच कर दिलशाद बेगम का कोठा छोड़ कर भागी थी, जब उसे वैसा ही माहौल भाई के घर में भी मिला तो उसे लगा, इस से अच्छा तो दिलशाद बेगम का कोठा ही था. अंतर सिर्फ इतना है कि यहां डांस को आर्ट कहा जाता है और वहां मुजरा.

सिसिगरेट का लंबा कश खींच कर गुलजार खां बोला, ‘‘दिलशाद बेगम, मैं तुम से फिर कह रहा हूं, शरीफों का खून बड़ा बेएतबार होता है. किसी दिन खट्टा खाओगी. मेरी मेहनत बेकार जाएगी.’’

‘‘गुलजार खां, उसे पढ़ने का शौक था, मैं ने पढ़ने बैठा दिया. बस, इतनी सी बात है. आंखें दिखाते ही सिर से पांव तक कांप जाती है.’’

‘‘मगर तुम यह क्यों भूल जाती हो कि पढ़नेलिखने से अच्छाईबुराई में तमीज करना आ जाता है. जिस दिन ऐसा हो गया, समझो, गई हाथ से.’’

‘‘समझ में नहीं आता, तुम्हारी इस बात पर हंसूं या कहकहे लगाऊं. जितने तमाशाई हमारे यहां आते हैं, माशाअल्लाह सब पढ़ेलिखे होते हैं. अच्छे खानदानों से भी होते होंगे, लेकिन सफेद कपड़े पहन कर कीचड़ में आ जाते हैं. नरगिस कीचड़ में कमल सी है.’’

‘‘तमाशा देखना अलग बात है, तमाशा बनना अलग. वे सब तमाशा देखने आते हैं, तमाशा बनने नहीं. नरगिस की बात और है.’’

‘‘पैदा किए की तो खैर मोहब्बत होती ही है, मगर पालने की मोहब्बत भी कम नहीं होती. 4 साल की उम्र से पाला है उसे.’’

‘‘बेचारी तुम्हीं को अपनी मां समझती है,’’ गुलजार खां ने दांत निकालते हुए कहा. फिर एकदम संजीदा हो गया, ‘‘अच्छा, यह बताओ, तुम से उस ने कभी अपने बाप का नाम पूछा है?’’

‘‘हां, बचपन में पूछती थी, मगर अब शायद समझ गई है कि इस बाजार में बाप नहीं, सिर्फ मां होती हैं.’’

‘‘अगर उसे मालूम हो जाए कि उस का कोई बाप भी है और तुम उस की मां नहीं हो तो सोचो, क्या होगा?’’

‘‘यह तो मैं बाद में सोचूंगी, पहले तुम यह बताओ कि तुम्हें आज हुआ क्या है?’’

‘‘हुआ यह है कि मुझे 20 हजार रुपए की जरूरत है.’’

‘‘मैं तुम्हें नरगिस की कीमत से बहुत ज्यादा दे चुकी हूं.’’

‘‘वह तो मुझे मिल चुकी है. अब मैं इस राज को छिपाने के लिए थोड़े से पैसे मांग रहा हूं. तुम्हें नहीं मालूम, किसी राज को छिपाना कितना मुश्किल होता है.’’

‘‘अब तुम्हें देने के लिए मेरे पास फूटी कौड़ी भी नहीं है,’’ दिलशाद बेगम गुर्राई, ‘‘और हां, इस घमंड में मत रहना कि तुम नरगिस को मेरे खिलाफ भड़का दोगे. मैं ने कच्ची गोलियां नहीं खेलीं. मैं तुम्हारी तरफ से उस के दिल में इतना जहर भर चुकी हूं कि अब वह तुम्हारी सूरत से भी नफरत करती है.’’

‘‘सोच लो, दिलशाद बेगम.’’

‘‘सोच लिया. यह कोठा यूं ही नहीं चला रही हूं.’’

दिलशाद बेगम के लहजे में इतना विश्वास था कि गुलजार खां खुशामद पर उतर आया, ‘‘दिलशाद बेगम, मैं ने तुम्हारी कितनी खिदमत की है और तुम हो कि मामूली सी रकम के लिए इनकार कर रही हो.’’

‘‘इनकार नहीं कर रही, तुम्हारी धमकियों का जवाब दे रही हूं.’’

‘‘धमकियां कैसी? मैं तो मजाक कर रहा था. लाओ, जल्दी से रकम निकालो.’’

‘‘एक शर्त पर. आइंदा तुम मेरे पास रकम लेने नहीं आओगे.’’

‘‘मंजूर है.’’

‘‘तुम बैठो, मैं अभी आई.’’ कह कर दिलशाद बेगम अपने कमरे में चली गईं.

आगे क्या होता है, यह देखने या सुनने की नरगिस को जरूरत नहीं थी. वह उलटे कदमों वापस हुई और घर से बाहर निकल गई. उस की हालत उस परिंदे की तरह थी, जिस के पर काट कर तेज हवा में उसे छोड़ दिया गया हो. उस ने ये बातें इत्तिफाक से सुन तो ली थीं, लेकिन उसे यह मालूम नहीं था कि सच्चाई का रहस्योद्घाटन कितना कष्टदायक होता है. कल तक वह कितनी मजबूत थी. आज रेत की दीवार की तरह बैठी जा रही थी. अगर गुलजार खां उस से यह बात कहता तो शायद वह कभी यकीन न करती. लेकिन दिलशाद बेगम, जिसे अब तक वह अपनी मां समझती रही थी, उस ने खुद कबूल किया था कि वह उस की मां नहीं है.

नरगिस इस बाजार की गंदगी को कबूल कर चुकी थी. वह यहां पैदा हुई है तो यहीं के आदाब उस पर सजेंगे. उसे कभी भूले से अपने बाप का खयाल आया भी था तो वह यह सोच कर हंस दी थी कि इस बाजार में किसे यह नेमत मिलती है, जो उसे मिलेगी. लेकिन जैसे ही उस पर राज खुला कि वह किसी की अमानत है, उसे खयानत के अहसास ने बेचैन कर दिया. वह अब तक अपने बाप का नाम डुबोती रही है. लेकिन कौन बाप? गुलजार खां ने यह तो बताया ही नहीं. कहीं वह जल्दी तो वहां से नहीं हट गईं? शायद उस ने बाद में नाम भी बताया हो.

गली में उस वक्त सन्नाटा था. इक्कादुक्का लोग चलफिर रहे थे. इन गलियों में तो रातें जागती हैं, दिन सोते हैं. उस वक्त भी दरोदीवार ऊंघ रहे थे. अगर सुगरा उसे बुला कर न ले गई होती तो वह भी इस वक्त सो रही होती. सुगरा उस के पड़ोस में रहती थी और नरगिस की तरह वह भी तालीम की मंजिल से गुजर रही थी. सुगरा और वह एक ही उस्ताद से नाच की तालीम हासिल कर रही थीं.

नरगिस इन्हीं खयालों में गुम थी कि उसे गुलजार खां आता दिखाई दिया.

‘‘गुलजार खां.’’ नरगिस ने उसे हौले से पुकारा.

‘‘हूं, क्या है?’’

‘‘तुम कल मुझ से मिल सकते हो?’’

‘‘क्यों?’’

‘‘बस, ऐसे ही.’’ नरगिस ने इठलाते हुए कहा.

‘‘मैं आज ही एक हफ्ते के लिए शहर से बाहर जा रहा हूं.’’

‘‘मेरी खातिर एक दिन के लिए रुक नहीं सकते?’’ नरगिस फिर इठलाई.

नरगिस ने उस से कभी सीधे मुंह बात नहीं की थी. उस ने अदाएं दिखाईं तो गुलजार खां के मुंह में पानी आ गया, ‘‘चल, तू कहती है तो रुक जाता हूं, लेकिन बात क्या है?’’

‘‘कल ही बताऊंगी.’’ नरगिस ने कहा और भागती हुई घर में चली गई.

नरगिस घर में दाखिल हुई तो दिलशाद बेगम उस के इंतजार में थी. दिलशाद बेगम उसे देखते ही गुर्राई, ‘‘कहां थीं तुम?’’

नरगिस का जी चाहा कि उस से भी ज्यादा जोर से चीख कर कहे, ‘तुम यह पूछने वाली कोन होती हो?’ लेकिन अभी इस का वक्त नहीं आया था. इसलिए बोली, ‘‘जरा देर के लिए सुगरा के पास गई थी.’’

‘‘खबरदार, जो कल से तू ने एक कदम भी बाहर निकाला.’’

‘‘अच्छा अम्मां.’’

‘‘और यह भी सुन लो. बहुत पढ़ चुकी. मैं कल मास्टर साहब को मना कर दूंगी. सिर्फ उस्तादजी आएंगे. हमारा रिश्ता किताबों से नहीं, घुंघरुओं से है. उसी में मन लगाओ.’’

नरगिस ने यह भी नहीं पूछा कि यह जुल्म क्यों कर रही हो? उस ने किसी प्रतिक्रिया का इजहार किए बगैर सिर झुका कर अपने कमरे का रास्ता लिया. अब उसे यह सोचना था कि वह हालात से समझौता कर ले या उस माहौल से बगावत कर के यहां से निकल जाए, लेकिन यहां से निकल कर कहां जाए? इस का फैसला गुलजार खां से मुलाकात के बाद ही किया जा सकता था. रात को नरगिस सोने के लिए लेटी तो नींद उस की आंखों से कोसों दूर थी. जिस बिस्तर पर वह शौक से लेटती थी, आज गंदगी का अहसास हो रहा था. उसे अपनेआप से घिन आ रही थी. सोचतेसोचते जैसे किसी ने उस के जेहन में कोई झरोखा खोल दिया.

उस ने उस झरोखे से बाहर झांक कर देखा. शादी का घर था, मेहमानों से भरा हुआ शोर था. 4 साल की एक बच्ची सुर्ख रंग के कपड़े पहने, तितली की तरह इधर से उधर घूमती फिर रही थी. फिर उस के जी में न जाने क्या आया कि अकेली घर से बाहर आ गई. सामने गुब्बारे वाला खड़ा था. वह उस के करीब जा कर खड़ी हो गई और हसरतभरी नजरों से गुब्बारों की तरफ देखने लगी.

‘‘गुब्बारा लोगी?’’ एक आदमी ने उस के करीब आ कर बड़े प्यार से पूछा.

‘‘पैसे नहीं हैं.’’ वह बोली.

‘‘पैसे मैं दिए देता हूं.’’ उस आदमी ने कहा.

‘‘नहीं, अम्मा कहती हैं, किसी से पैसे नहीं लेते.’’

‘‘गैरों के लिए कहा होगा, मैं तो चचा हूं तुम्हारा.’’

बच्ची राजी हो गई. गुब्बारे वाला इतनी देर में आगे बढ़ चुका था. वह उस की उंगली थामे आगे बढ़ती रही. फिर क्या हुआ था? नरगिस ने याददाश्त के झरोखे में झांक कर देखा, दूर तक अंधेरा फैला हुआ था. रेल की सीटी की आवाज आई. वह रो रही थी. फिर चुप हो कर सो गई. अम्मा का चेहरा तो कुछकुछ याद भी था, अब्बा तो बिलकुल याद नहीं थे.

नरगिस को ताज्जुब हो रहा था कि अब तक उसे ये बातें क्यों याद नहीं आई थीं. खयाल तक नहीं आया था इन बातों का. गुलजार खां, तू ने यह क्या कर दिया? ऐसी बातें मेरे कानों में क्यों डाल दीं? मैं गफलत की नींद सो रही थी, तू ने मुझे क्यों जगा दिया? क्या मैं अब जिंदगीभर सो सकूंगी? जो बिछड़ गए, जिंदा भी होंगे? जिंदा हुए भी तो मुझे मिलेंगे कैसे?

दिन निकल गया. नरगिस सोई कब थी कि जागती. उस ने अपने मंसूबे के मुताबिक जरूरी तैयारी की और गुलजार खां का इंतजार करने लगी. दोपहर के करीब जब दिलशाद बेगम अपने कमरे में सो रही थी, गुलजार खां आ गया. वह उस वक्त आया ही इसलिए था कि दिलशाद बेगम सो रही होगी.

‘‘गुलजार खां, तुम अम्मा से पैसे मांग रहे थे?’’ नरगिस ने पूछा.

‘‘हां, मांगे तो थे, लेकिन तुम्हें कैसे मालूम हुआ?’’

‘‘किसी ने भी बताया हो, मगर यह बात सही तो है न?’’

‘‘कह तो रहा हूं सही है.’’

‘‘क्या जरूरत आ पड़ी?’’

‘‘मेरी बेटी की शादी है. उस की मां को मैं तलाक दे चुका हूं. बेटी से भी नहीं मिलता, लेकिन है तो मेरा खून. उस की शादी का सुना तो मैं ने सोचा, कोई जेवर बनवा दूं,. कुछ हक मेरा भी तो है.’’

‘‘क्या तुम अपनी बेटी से बहुत मोहब्बत करते हो?’’ नरगिस ने पूछा.

‘‘मोहब्बत तो मुझे मालूम नहीं, किस बला का नाम है, लेकिन उस की शादी का सुना तो दिल चाहा कि मैं भी उस के लिए कुछ करूं.’’

‘‘जिसे खुश करने के लिए अपना सब कुछ कुरबान करने को जी चाहे, वही महबूब होता है. इसी जज्बे का नाम मोहब्बत है.’’

‘‘होगा, मुझे क्या?’’ गुलजार खां लापरवाही से बोला.

‘‘तुम अपनी बेटी से मिलते तो हो नहीं, बरसों से तुम ने उसे देखा भी नहीं होगा?’’

‘‘मिलने या न मिलने से क्या होता है. बेटी तो है वह मेरी.’’

‘‘वह भी तुम से मोहब्बत करती होगी?’’

‘‘क्यों नहीं करती होगी?’’

‘‘फिर तुम से मिलने क्यों नहीं आती?’’

‘‘अपनी मां के डर से. उस की मां बड़ी जालिम है.’’

‘‘मैं भी अपनी मां के डर से अपने बाप से नहीं मिलती.’’

‘‘कौन सी मां?’’ गुलजार खां अनजाने तौर पर पूछ बैठा.

‘‘दिलशाद बेगम और कौन?’’ नरगिस ने इत्मीनान से जवाब दिया.

‘‘हां, मगर बाप… बाप कौन है तुम्हारा?’’

‘‘यही पूछने के लिए तो मैं ने तुम्हें बुलाया है.’’

‘‘दिमाग खराब है क्या?’’ गुलजार खां ने झुंझला कर कहा, ‘‘मैं क्या ठेकेदार हूं तुम्हारे बाप का, और यह ठेकेदारी कबूल कर भी ली तो इस बाजार में किसकिस के बाप को तलाश करता फिरूंगा?’’

‘‘अगर नहीं मालूम तो छोड़ो.’’ कह कर नरगिस अपनी जगह से उठी और जेवर का डिब्बा ला कर गुलजार खां के सामने रख कर बोली, ‘‘ये कुछ जेवर हैं.’’

‘‘वह तो मैं भी देख रहा हूं, मगर तुम कहना क्या चाहती हो?’’

‘‘गुलजार खां, तुम ये जेवर अपनी बेटी को दे दो.’’

‘‘ये…ये… सब मेरा मतलब है, ये सब ले लूं?’’ गुलजार खां ने बेसब्री से जेवर की तरफ हाथ बढ़ाया.

‘‘नहीं, ऐसे नहीं.’’

‘‘फिर कैसे?’’

‘‘मुझे जिस घर से उठाया था, उस घर की निशानदेही कर दो. मेरा बाप भी तो मेरी शादी के लिए पैसे जमा करता फिर रहा होगा. उस की मेहनत ठिकाने लगा दो…’’

‘‘मेरा क्या वास्ता तुम्हारे बाप से…?’’

‘‘अब कोई फायदा नहीं गुलजार खां, मुझे वह गुब्बारे वाला याद आ गया है, जिस के पीछेपीछे मैं चली थी. वह आदमी तुम ही थे, जिस ने मेरी उंगली थाम कर कहा था, ‘गुब्बारा लोगी?’ तुम गुब्बारा तो नहीं दिला सके, यह कोठा दिला दिया.’’

‘‘ऐ लड़की, लानत भेज अपनी याददाश्त पर. मैं ऐसे घटिया काम नहीं करता.’’

‘‘गुलजार खां, मैं ने दिलशाद बेगम से तुम्हारी बातचीत सुन ली है. अब तुम सीधी तरह मुझे मेरे बाप का नाम बता दो.’’

‘‘मैं ऐसी बेहूदा बातों का जवाब नहीं देता. हिम्मत है तो दिलशाद बेगम से पूछो.’’

‘‘गुलजार खां, सोच लो. तुम्हारे 2 लफ्जों की कीमत ये सारे जेवर हैं.’’

गुलजार खां के चेहरे का रंग बदलने लगा. लगता था, जैसे वह किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले सोचने की क्रिया से गुजर रहा है.

‘‘गुलजार खां, तुम ने जिंदगी में शायद ही कोई नेक काम किया हो. आज एक नेकी कमा लो. जरा सोचो, तुम्हारी बेटी इतने जेवर देख कर कितनी खुश होगी.’’ नरगिस ने उस की गैरत को झिंझोड़ा.

‘‘अगर दिलशाद बेगम को मालूम हो गया, तो…?’’

‘‘फिक्र मत करो. तुम्हारा नाम कहीं नहीं आएगा. तुम्हारा नाम लेने के लिए मैं यहां रहूंगी ही नहीं.’’

‘‘लेकिन मैं तुम्हें क्या बताऊं? इतना अरसा गुजर गया, मुझे कुछ याद नहीं रहा.’’

‘‘सोचो, गुलजार खां, सोचो. जेहन पर जोर डालो. याद करो. कुछ तो याद होगा.’’

‘‘सच्ची बात तो यह है कि मैं तुम्हारे बाप को जानता तक नहीं. वह मकान तक मुझे याद नहीं, जहां से मैं ने तुम्हें उठाया था.’’

‘‘वह शहर तो याद होगा.’’

‘‘हां, शहर याद है. मोहल्ला भी याद आ जाएगा, लेकिन मकान, यह मुश्किल है.’’

‘‘शहर और मोहल्ला ही बता दो.’’

‘‘मैं ने तुम्हें मुलतान से उठाया था और मोहल्ले का नाम था मुमताजाबाद. इस के सिवा मुझे कुछ याद नहीं.’’

नरगिस के तनबदन में आग लग रही थी. उस का दिल चाह रहा था कि गुलजार खां का मुंह नोच ले. उस का मुजरिम उस के सामने था, लेकिन वह कुछ नहीं कर सकती थी.

‘‘अब तुम क्या करोगी?’’ गुलजार खां ने पूछा.

‘‘करना क्या है. मुलतान जाऊंगी. मुमताजाबाद में कोई तो जानता होगा कि 15 साल पहले वहां किस की दुनिया उजड़ी थी. कुछ तो मालूम होगा. कुछ भी कर लूंगी, मगर अब यहां नहीं रहूंगी.’’

नरगिस बोलती रही और गुलजार खां डिब्बे से जेवर निकाल कर कंधे पर पड़े रूमाल में बांधता रहा. उस ने तमाम जेवर समेटे और खामोशी से बाहर निकल गया. अब नरगिस सोच रही थी कि यहां से कैसे निकले? जिस घर में उस ने 15 बरस काट दिए थे, अब वहां 15 मिनट गुजारना भी मुश्किल था.

अगले दिन सुबह हुई, फिर दोपहर हुई और फिर पूरे बाजार में यह खबर फैल गई कि नरगिस भाग गई.

दिलशाद बेगम को रहरह कर गुलजार खां की बात याद आ रही थी. उस ने कहा था, ‘ज्यादा ढील मत दो, वरना खट्टा खाओगी.’ ठीक कहता था. खा लिया खट्टा. ऐसी हर्राफा निकली कि कानोंकान खबर नहीं होने दी और भाग गई.

नरगिस ने एक बड़ी चादर से अपने जिस्म को अच्छी तरह लपेटा हुआ था. दिन का वक्त था, इसलिए चहलपहल जरा कम थी. वह गली से निकली और जिधर मुंह उठा, पैदल चल दी. वह गली से निकलते ही तांगे में बैठ सकती थी, लेकिन खामख्वाह तांगे वाले के फिकरों का निशाना बनना नहीं चाहती थी. जब उसे यकीन हो गया कि वह बहुत दूर निकल आई है तो उस ने एक तांगे वाले को हाथ दिया.

‘‘स्टेशन चलोगे?’’

‘‘क्यों नहीं चलेंगे, सवारियां कहां है?’’ तांगे वाले ने पूछा.

‘‘मैं अकेली हूं.’’ नरगिस बोली.

‘‘बैठिए.’’

नरगिस तांगे की पिछली सीट पर बैठ गई. तांगे वाले ने चाबुक लहराई और घोड़े ने कदम उठा दिए.

‘‘स्टेशन जा रही हैं, तो किसी दूसरे शहर भी जा रही होंगी, लेकिन यों खाली हाथ…?’’

नरगिस का जी चाहा कि उसे डांट दे, लेकिन यह सोच कर गुस्सा पी गई कि बातचीत के दौरान शायद कोई मतलब की बात हाथ लग जाए, ‘‘मेरी सास रावलपिंडी से सवार हुई होंगी. मेरा सामान उन्हीं के पास है.’’

‘‘लेकिन इतनी जल्दी क्यों जा रही हैं? गाड़ी आने में पूरे 2 घंटे बाकी हैं.’’

‘‘मेरी घड़ी खराब थी.’’

 

तांगे वाले ने इस बार कोई नया सवाल नहीं उठाया. समझ में नहीं आता था कि वह नरगिस के स्पष्टीकरण से आश्वस्त हो गया है या मायूस हुआ था. स्टेशन आ गया तो उस ने अजीब अंदाज में कहा, ‘‘लो बीबी, स्टेशन आ गया. तुम तो शायद पहली बार यहां आई होगी?’’

नरगिस कुछ नहीं बोली. तांगे वाला पैसे ले कर चलता बना, नरगिस हैरान खड़ी थी. उसे यह तो मालूम था कि टिकट लेना होता है, लेकिन टिकट कहां से मिलेगा, यह मालूम नहीं था. उस ने एक कुली से पूछा और टिकट लेने के लिए कतार में खड़ी हो गई. मुलतान का टिकट लिया और प्लेटफार्म पर पहुंच गई.

गाड़ी आने में अभी काफी देर थी. प्लेटफार्म पर लोगों की भीड़ देख कर उसे बड़ी खुशी हुई. अगर उसे कोई ढूंढने आया भी तो इस भीड़ में छिपना बहुत आसान होगा, नरगिस ने सोचा और एक खानदान के साथ इस तरह मिल कर बैठ गई, जैसे उसी खानदान का हिस्सा हो.

आहिस्ताआहिस्ता भीड़ बढ़ती जा रही थी. शायद गाड़ी आने वाली थी. नरगिस ने चादर से मुंह निकाल कर रेल की खाली पटरियों की तरफ देखा. फिर अचानक उस की आंखों ने जैसे कोई खौफनाक दृश्य देख लिया. वही तांगे वाला, जो उसे ले कर आया था, उसे आता हुआ नजर आया. उस के अंदाज से मालूम हो रहा था, जैसे वह किसी को ढूंढ रहा हो. नरगिस के दिल में एक खौफ ने सिर उठाया, ‘हो न हो, वह मुझे घर से भागी हुई लड़की समझ रहा हो.’

नरगिस ने फौरन चादर उतारी और बिछा कर उस पर आराम से बैठ गई. उसे मालूम था कि तांगे वाला उसे चादर से ही पहचानता है. उस ने चेहरा इतने गौर से नहीं देखा था कि उसे पहचान सकता. हुआ भी वही. तांगे वाला उस के करीब से गुजरा. लेकिन वह उसे पहचान नहीं सका. इतनी देर में गाड़ी आने का शोर मच गया और नरगिस भी दूसरे मुसाफिरों की तरह गाड़ी की तरफ लपकी. जिस खानदान के साथ वह बैठी थी, उसी के साथ एक जनाने डिब्बे में दाखिल हो गई. उस ने चादर फिर ओढ़ ली और एक तरफ सिमट कर खड़ी हो गई.

‘‘अकेली हो?’’ अचानक एक बूढ़ी औरत ने पूछा.

‘‘हां.’’ नरगिस बोली.

‘‘यहां बैठ जाओ.’’ बुढि़या अपनी जगह से थोड़ा सा खिसक गई.

नरगिस उस के करीब जा बैठी.

‘‘कहां जा रही हो?’’ बूढ़ी औरत ने पूछा.

‘‘मुलतान.’’

‘‘अच्छा है, साथ रहेगा. मैं भी मुलतान जा रही हूं.’’

अभी ये बातें हो रही थीं कि तांगे वाला 2 जनाना पुलिसवालियों के साथ डिब्बे में दाखिल हुआ. अब चादर उतारने का वक्त नहीं था. नरगिस ने बूढ़ी औरत से कहा, ‘‘मेरे पीछे बदमाश लगे हैं. आप उन से कह दीजिए कि मैं आप की बहू हूं. बाकी बात मैं आप को बाद में बताऊंगी.’’

बुढि़या अभी गौर ही कर रही थी कि तांगे वाले ने इशारे से बताया कि यही है वह लड़की.

एक पुलिसवाली उस के करीब आई, ‘‘ऐ, क्या नाम है तुम्हारा?’’

‘‘शाजिया.’’ नरगिस ने जानबूझ कर गलत नाम बताया.

‘‘घर से भाग कर आई हो?’’

‘‘दिमाग तो ठीक है आप का? मेरी सास बैठी हैं. इन से पूछ लें, मैं कैसे आई हूं.’’

अब बुढिया को याद आया. नरगिस ने क्या कहा था और अब उसे क्या करना है, ‘‘वाह, भई वाह. एक तो तुम मर्द को ले कर जनाना डिब्बे में घुस आई हो, ऊपर से मेरी बहू पर इल्जाम लगा रही हो. वर्दी में न होती तो चोटी पकड़ कर मारती.’’

बुढि़या चीखी तो अन्य औरतों की भी हिम्मत हुई. तांगे वाले की मौजूदगी पर औरतों ने ऐसा शोर मचाया कि वह दरवाजे पर तो खड़ा ही था, घबरा कर नीचे उतर गया. पुलिसवालियां भी इस सूरतेहाल से घबरा गईं और 2-4 सवाल करने के बाद वे भी रफूचक्कर हो गईं.

बुढि़या नरगिस के लिए बड़ी मददगार साबित हुई. उसी बीच गाड़ी ने प्लेटफार्म छोड़ दिया और तेज रफ्तार से दौड़ने लगी. नरगिस की परेशानी कुछकुछ दूर हो गई थी. लिहाजा वह अपने खयालों में खो गई. घर और घर वालों के बारे में सोचतेसोचते नरगिस की आंखों के कोने भीग गए.

‘‘अब मुलतान आने वाला है,’’ बूढ़ी औरत ने कहा, ‘‘संभल कर बैठ जाओ. मेरा बेटा मुझे लेने आएगा. सिर ढांप कर उस के सामने आना. वह गुस्से का जरा तेज है.’’

‘‘अच्छा मांजी.’’ नरगिस ने बूढ़ी को मां कह कर मुखातिब किया.

नरगिस को रहरह कर उस बूढ़ी औरत पर प्यार आ रहा था. वह बूढ़ी औरत थोड़ी ही देर में उसे मां जैसी लगने लगी थी. वह सोच रही थी, यह बूढ़ी या तो कामयाब ड्रामा कर रही है या फिर वाकई इतनी स्नेहशील है. इस के साथ जो लोग रहते होंगे, खुशकिस्मत होंगे. वे लड़कियां कितनी नसीब वाली होंगी, जो इस की सरपरस्ती में रहती होंगी. गाड़ी की रफ्तार कम हो गई थी. कुछ औरतें यह कहती हुई उठीं कि मुलतान आ रहा है. नरगिस ने भी साथ लाए हुए कपड़ों की पोटली संभाली. इस के सिवा उस के पास कोई और सामान था ही नहीं.

मुलतान आ गया. उस वक्त रात हो रही थी और नरगिस को मुमताजाबाद के सिवा पते के नाम पर कुछ भी मालूम नहीं था. न मकान नंबर मालूम था, न बाप या भाई में से किसी का नाम. वह सोच रही थी कि काश, यह रात उसे उस बूढ़ी औरत के साथ गुजारनी नसीब हो जाए. फिर सुबह वह मुमताजाबाद चली जाएगी, लेकिन अपनी जुबान से वह कैसे कहती?

गाड़ी से उतर कर नरगिस जैसे ही प्लेटफार्म पर खड़ी हुई, बूढ़ी औरत ने कहा, ‘‘इतनी रात को कहां घर ढूंढती फिरोगी? सुबह चली जाना. अभी मेरे साथ चलो. तुम्हें अभी अपनी कहानी भी तो मुझे सुनानी है. ऐ, वह लो, मेरा बेटा आ गया.’’ बूढ़ी ने नरगिस का हाथ इस तरह थाम रखा था, जैसे उसे डर हो कि इस भीड़ का फायदा उठा कर वह गायब न हो जाए.

एक नौजवान लड़का तेजी के साथ आया और उस बूढ़ी औरत के पास जो छोटा सा संदूक था, उसे उठा कर एक तरफ को चल दिया. नरगिस भी उस बूढ़ी औरत के साथसाथ चलती हुई स्टेशन के बाहर आ गई. बाहर तांगा तैयार था. लड़के ने सामान तांगे पर रखा. इस का मतलब था, उसी तांगे पर बैठना है. बूढ़ी औरत ने नरगिस का हाथ थामा और तांगे में बैठ गई.

‘‘अम्मां यह कौन है?’’ लड़के ने पूछा.

‘‘क्या खबर कौन है?’’ बूढ़ी औरत ने मजाक के अंदाज में कहा.

‘‘मखौल न किया करो. तुम्हारे साथ आई है. तुम्हीं को मालूम नहीं कौन है?’’

‘‘सच्ची बात तो यही है. अब घर चल कर पूछूंगी. वैसे तुझे इस से क्या? चुप बैठा रह.’’

रास्तेभर उन तीनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई. कभीकभी लड़का पीछे पलट कर देख लेता था. नरगिस को अंदाजा हो रहा था कि वह शहर लाहौर के मुकाबले छोटा है. एक बार फिर इस खयाल ने उसे घेर लिया कि वह आज बहुत सालों बाद अपने शहर में है. बूढ़ी का मकान शायद स्टेशन से काफी फासले पर था. तांगा बहुत देर तक चलता रहा. तब कहीं मकान आया, जहां उस बूढ़ी औरत को उतारना था. उस घर में उस बूढ़ी के अलावा 3 औरतें और थीं. उस के 3 बेटे थे, 2 बहुएं थीं और एक बेटी थी, जो लड़का उन्हें ले कर आया था, वह कुंवारा था.

‘‘पहले नहा कर कपड़े बदलो, फिर खाना खाएंगे. उस के बाद तुम्हारी कहानी सुनूंगी.’’ बूढ़ी औरत ने नरगिस से कहा.

इन सब कामों से निपटने के बाद वह बूढ़ी औरत नरगिस को ले कर एक कमरे में चली गई. बोली, ‘‘हो सकता है, तुम्हारी कहानी में कोई ऐसी बात हो, जो सब के सुनने की न हो, इसलिए मैं तुम्हें यहां ले आई. अब सुनाओ, तुम कौन हो और तुम पर क्या बीती है?’’

नरगिस ने शुरू से अब तक की अपनी पूरी कहानी उसे सुना दी.

‘‘बस, इतनी सी बात पर परेशान हो?’’ बूढ़ी औरत बोली.

‘‘मांजी, यह इतनी सी बात है? मैं किसी शरीफ घराने में रहने के लायक हूं?’’

‘‘क्यों, क्या हो गया तुम्हें? तुम जहां भी रही, उस में तुम्हारा क्या कसूर? तुम तो शरीफ घरानों की लड़कियों से भी शरीफ हो. वे तो अच्छेभले माहौल में भी बिगड़ जाती हैं और तुम उस गंदगी से बच कर निकल आई.’’

‘‘लेकिन मेरे मांबाप, भाईबहन?’’

‘‘अल्लाह फजल करेगा. मेरा बेटा सरफराज, जो हमें स्टेशन से ले कर आया है, पत्रकार है. अखबार वालों के बड़े लंबे हाथ होते हैं. मैं उस से कहूंगी, वह ढूंढ़ निकालेगा.’’

‘‘मुझे आप एक बार मुमताजाबाद ले चलें. शायद मैं अपना घर पहचान लूं.’’

‘‘हांहां, क्यों नहीं… मैं कल ही तुम्हें ले जाऊंगी. मेरी एक मिलने वाली वहां रहती है.’’

इस के बाद नरगिस इस तरह सोने के लिए लेट गई, जैसे चांदरात को बच्चे ईद के इंतजार में सोते हैं.

उस बूढ़ी के साथ सुबह मुमताजाबाद पहुंचते ही नरगिस की आंखें उस के हाथों से निकल गईं. आंसू थे कि थमने का नाम ही नहीं लेते थे. उसे महसूस हो रहा था, जैसे वह 4 साल की बच्ची है. घर का रास्ता भूल गई है और रास्ते में खड़ी रो रही है.

‘‘हौसला करो बेटी. क्या सड़क पर तमाशा बनोगी. लोग कहेंगे, मैं तुम्हें चुरा कर ले जा रही हूं.’’ बूढ़ी ने समझाया.

नरगिस ने आंसुओं को हौसले की मुट्ठी में बंद किया और बूढ़ी के साथसाथ चलने लगी. किसी गली में भी उसे यह महसूस नहीं हुआ कि वह यहां पहले भी आ चुकी है. हर मकान को भूखों की तरह देखती हुई चल रही थी.

बड़ी बी उसे ले कर एक से दूसरी, तीसरी और चौथी गली में घूमती रही. कई गलियां घूमने के बाद उन्होंने कहा, ‘‘भई, तुम तो जवान हो, मेरी टांगें जवाब दे गईं. आधा मुमताजाबाद रह गया है. वह फिर कभी देख लेंगे. अब चल कर कुछ देर बैठते हैं. मैं ने कहा था न मेरी एक मिलने वाली यहां रहती है. चलो, वहां चलते हैं.’’

‘‘चलिए.’’ नरगिस बेदिली से बोली.

वहां जाते हुए नरगिस ने एक जगह को बड़े गौर से देखा. फिर वह एकदम से चीखी, ‘‘अम्मा, यह है मेरा घर. मुझे याद आ गया. यही तो है. मुझे तुम यहां ले चलो. मुझे सब याद आ गया. यही है मेरा घर.’’

बूढ़ी चौंकी, ‘‘यही तो है वह मकान, जहां मैं तुझे लाने वाली थी, इसी में तो मेरी वह जानने वाली रहती है. चलो, पहचान लेना, वरना मैं उन से खुद पूछ लूंगी.’’

दोनों अंदर चली गईं. अंदर एक औरत सिल पर मसाला पीस रही थी. एक औरत अपने बच्चे को लिए बैठी थी. वे अंदर पहुंचीं तो 4 नौजवान लड़कियां कमरे से निकल कर सेहन में आ गईं.

‘‘आओ खाला, बहुत दिनों बाद आईं.’’ उस औरत ने कहा, जो मसाला पीस रही थी.

‘‘हां, तू तो बहुत आ गई मेरे यहां.’’ बूढ़ी औरत ने ताना दिया.

 

नरगिस दीवानों की तरह एकएक दीवार को ताक रही थी. उसे यह भी खयाल नहीं आया कि वह वहां मेहमान बन कर आई है. वह भाग कर जीने की तरफ गई. बिलकुल ऐसा ही जीना था. इस में अब दरवाजा लग गया है, मगर यह तो बाद में भी लग सकता है. उस वक्त नहीं होगा, लेकिन ये लोग तो कोई और हैं. फिर मुझे ऐसा क्यों लग रहा है, जैसे मैं यहां आ चुकी हूं?

औरतें उसे गौर से देख रही थीं और इशारों से पूछ रही थीं, यह कौन है? नरगिस इन सब से बेपरवाह कोनेखुदरे झांकती फिर रही थी. कुछ कोने उस के लिए अजनबी थे. कुछ हिस्से ख्वाब की तरह नजर आ रहे थे. यकीन नहीं आ रहा था, मगर उस का दिल कहता था, इस घर में कोई खास बात जरूर है.

‘‘खाला, यह कौन है?’’ एक औरत ने पूछा.

‘‘है एक बेचारी. बचपन में अगवा हो गई थी. अब 15 सालों बाद किसी तरह भाग कर आई है. इतने से बच्चे को याद रहता है. घंटाभर से मुझे लिए फिर रही है. हर मकान को समझ बैठती है, यही उस का घर है.’’ बूढ़ी ने कहा.

‘‘अल्लाह इस की मुश्किल आसान करे. इसे इस के मांबाप से मिलवाए.’’

सब ने ‘आमीन’ कहा. इतनी देर में नरगिस भी आ कर बैठ गई. उसे देख कर सब चुप हो गए.

‘‘अम्मा, यहां से चलो. यहां मेरा जी घबराता है.’’ नरगिस ने कहा.

‘‘तू तो जिद कर के यहां आई थी, अब जी घबराने लगा.’’

‘‘अच्छा आप बैठें. मैं जा रही हूं.’’

‘‘अरी सुन तो, मैं भी चल रही हूं. अच्छा बहन, फिर आऊंगी. यह लड़की तो हवा के घोड़े पर सवार है.’’ बूढ़ी ने कहा और बुरका संभाल कर उठ गई.

‘‘क्या हुआ, मकान देख लिया?’’ बूढ़ी ने रास्ते में पूछा.

‘‘नहीं, यह वह घर नहीं है, लेकिन न जाने क्यों मुझे ऐसा लगता है, जैसे यही है.’’

‘‘तू जी हलकान मत कर. मैं आज ही सरफराज से कहूंगी. वह सब पता लगा देगा.’’

‘‘नहीं अम्मा, दुनिया की भीड़ में गुम हो कर कोई नहीं मिलता. इंसान हो या मकान, सब गुम हो जाते हैं.’’

‘‘अल्लाह की जात से मायूस नहीं होते बेटी.’’

‘‘अच्छा एक बात बताइए.’’

‘‘पूछ बेटी.’’

‘‘अगर मेरे घर वाले मुझे नहीं मिले तो आप मुझे अपने घर में रख लेंगी? मैं आप की नौकरी करूंगी.’’

‘‘कैसी बातें करती है बेटी, तू काहे को नौकरी करने लगी? तू तो मेरी बेटी जमीला की तरह है. खैर से तेरे वारिस तुझे मिल जाएं. अगर नहीं मिलते तो तू भी मेरी जमीला है.’’

बड़ी बी ने सरफराज से जिक्र किया तो उस ने वादा किया कि वह नरगिस के सरपरस्तों की तलाश के लिए जो कुछ होगा, करेगा.

 

नरगिस को यहां रहते हुए 3 दिन हो गए थे. एक नई जिंदगी से उस का परिचय हुआ था. उस ने पहली बार शरीफ घरों के आदाब देखे थे. उसे पहली बार अहसास हुआ था कि घर की दहलीज हर एक के लिए नहीं होती. इन औरतों की आंखों में जो शरमोहया थी, नरगिस ने पहले नहीं देखी थी. चिराग जलने के बाद यहां पराए मर्दों के कदमों की आवाजें नहीं गूंजती थीं. औरतें मुसकराती थीं, कहकहे नहीं लगाती थीं. सिरों पर आंचल न भी हो, तो लगता था, शरमोहया का साया सिर पर है.

नमाज की चौकी पर बैठी हुई बड़ी बी रहमत का फरिश्ता लगती थीं. शौहरों के सामने दस्तरख्वान सजाती हुई बीवियां, भाइयों से जिद करती हुई बहनें कितनी अच्छी, कितनी प्यारी लगती थीं.

सरफराज बराबर कोशिश में लगा हुआ था. आखिरकार एक दिन वह कामयाब हो गया. उस ने बड़ी बी के सामने एक अखबार रखते हुए कहा, ‘‘पहचानिए तो, किस की तसवीर है?’’

‘‘कोई बच्ची है, जमीला को दिखाओ.’’

‘‘अम्मा, यह उसी लड़की की बचपन की तसवीर है, जो आप के घर में ठहरी है.’’

‘‘नरगिस की?’’ हैरानी से बड़ी बी की आंखें फैल गईं.

‘‘हां, इस का उस वक्त का नाम नजमा था. नरगिस बाद में रखा गया होगा.’’

‘‘मगर यह कैसे मालूम हुआ कि यह नरगिस की ही तसवीर है.’’

‘‘अम्मा, मैं ने 15 साल पहले के अखबार खंगाले. दरअसल मुझे यकीन था कि नरगिस के वालिदैन ने गुमशुदगी का इश्तिहार जरूर दिया होगा. वही हुआ. यह इश्तिहार मुझे नजर आ गया. इस में जो पता दिया गया है, वह मुमताजाबाद का है. यह भी लिखा है कि शादी के हंगामे में किसी संगदिल ने इसे अगवा कर लिया था. नरगिस ने भी यही बताया था. तसदीक उस वक्त हो जाएगी, जब हम उस पते पर जाएंगे, जो इस इश्तिहार में दिया गया है.’’

‘‘देखें, तो अपनी बच्ची की तसवीर,’’ बड़ी बी ने अखबार उठा लिया, ‘‘ऐ हां, है तो यह नरगिस ही. वही नाक, वही नक्शा. हाथ टूटें उस के, जिस ने उसे उस के मांबाप से जुदा किया.’’ फिर बड़ी बी ने नरगिस को आवाज दी, ‘‘नरगिस, जरा इधर तो आ.’’

‘‘जी अम्मा.’’ नरगिस लगभग दौड़ती हुई आ गई.

‘‘मैं तुझे एक चीज दिखाऊंगी, लेकिन तू वादा कर कि रोएगी नहीं.’’

‘‘नहीं रोऊंगी.’’ नरगिस बोली.

‘‘यह देख, क्या है?’’ बड़ी बी ने अखबार में छपी हुई तसवीर पर उंगली रखते हुए कहा.

‘‘तसवीर है किसी की.’’ नरगिस बोली.

‘‘किसी की नहीं, तुम्हारी तसवीर है.’’

अब नरगिस की समझ में आया, वह क्या दिखाना चाहती हैं. उस ने तसवीर देखी. ऊपर ‘गुमशुदा की तलाश’ और नीचे मुमताजाबाद का पता छपा हुआ था.

नरगिस कुछ देर तक उस तसवीर को गौर से देखती रही, फिर चीख मार कर बेहोश हो गई.

जब तक नरगिस होश में आई, तब तक सरफराज तय कर चुका था कि वह पहले खुद उस के मांबाप के पास जाएगा. जो लड़की तसवीर को देख कर बेहोश हो सकती है, वालिदैन को देख कर खुशी से मरने के करीब पहुंच जाएगी.

‘‘जब पता चल ही गया है तो आप मुझे वहां ले चलें. अम्मा, आप को भी ले कर चलूंगी. अपनी मां को बताऊंगी कि यह न होतीं तो मैं आप तक कभी न पहुंच सकती. अम्मा, पहले उन्हें यह बताइएगा नहीं कि मैं नजमा हूं. जरा वह भी तो बेताब हों. उन से कह दीजिएगा कि पता मालूम हो गया है. अब आप की बेटी 2-4 दिनों बाद मिलेगी. देख लेना अम्मा, खुशामद करेंगे और मेरे अब्बा कि बस, नजमा को आज ही ले आओ. मैं दिल ही दिल में खूब हंसूंगी उन पर. बेचारों को ज्यादा मत सताना. थोड़ी देर में बता देना कि नजमा यह क्या खड़ी है. बड़ा मजा आएगा.’’

नरगिस ये हवाई किले बना रही थी, जबकि सरफराज का मशविरा था कि वह अकेला जाएगा. हीलहुज्जत के बाद नरगिस तैयार हो गई और सरफराज अपनी वालिदा को ले कर मकान ढूंढ़ने चला गया.

‘‘यह तू मुझे कहां ले आया?’’ बड़ी बी ने मकान को ऊपर से नीचे तक देखते हुए कहा.

‘‘अखबार में इसी मकान का नंबर छपा है.’’ सरफराज ने अखबार देखते हुए कहा.

‘‘लेकिन यह तो शाहिदा का मकान है. मेरी सहेली है. मैं तो नरगिस को ले कर यहां आ चुकी हूं.’’

‘‘अच्छा, मगर पता तो यही है.’’

‘‘सरफराज,’’ बड़ी बी ने सरगोशी की, ‘‘नरगिस भी इस मकान को देख कर चौंकी थी. शायद उस की याददाश्त ने सही निशानदेही की थी. हो सकता है, शाहिदा का नरगिस से वाकई कोई ताल्लुक हो.’’

‘‘चलिए, मालूम करते हैं. अकसर यह भी होता है कि गुम हो जाने वाली लड़कियों के रिश्तेदार उन्हें कबूल करने से कतराते हैं. अगर ऐसा हुआ तो हमें सख्त जद्दोजहद करनी पड़ेगी.’’

‘‘कैसी जद्दोजहद? मैं शाहिदा की जान को आ जाऊंगी. बच्ची का इस में क्या कसूर? बस तुम इतना खयाल करना कि यह जिक्र न आने पाए कि नरगिस अब तक तवायफ के कोठे पर थी. मैं कोई और बहाना तलाश लूंगी.’’

बड़ी बी अंदर चली गईं. कुछ देर बाद सरफराज को भी बुला लिया गया.

‘‘आप इस बच्ची को जानती हैं?’’ सरफराज ने शाहिदा को अखबार दिखाते हुए पूछा.

शाहिदा ने गौर से तसवीर को देखा और इनकार में सिर हिला दिया.

‘‘गौर से देखिए, कुछ याद कीजिए,’’ सरफराज ने जोर दिया, ‘‘यह 15 साल पुरानी तसवीर है.’’

‘‘नहीं बेटा, मैं इस को नहीं जानती.’’ शाहिदा ने फिर इनकार किया.

‘‘अच्छा यह बताइए, 15 साल पहले आप के घर में कोई बच्ची गुम हुई थी?’’

‘‘अल्लाह न करे. ऐसा हादसा तो कभी पेश नहीं आया.’’

‘‘फिर यह इश्तिहार कैसा है? इस में तो आप ही के घर का पता है.’’

‘‘कमाल है,’’ सरफराज किसी सोच में डूब गया, ‘‘अच्छा, यह बताइए, आप के यहां हाजी फरीद अहमद किस का नाम है?’’

‘‘किसी का भी नहीं. मेरे शौहर का नाम तो अब्दुल हमीद था.’’

सरफराज को अपनी सारी मेहनत बेकार जाती हुई नजर आ रही थी. अचानक उस के जेहन में एक खयाल बिजली की तरह कौंधा.

‘‘आप इस मकान में कब से हैं?’’ उस ने पूछा.

‘‘तकरीबन 12 साल से.’’

‘‘हूं,’’ सरफराज ने चुटकी बजाई, ‘‘यह इश्तिहार है 15 साल पहले का. इस का मतलब है, आप से पहले इस मकान में कोई और रहता था और वह थे हाजी फरीद अहमद यानी नरगिस के वालिद. उन्होंने किसी वजह से यह मकान आप को बेच दिया और यहां से चले गए.’’

‘‘हां, यही होगा.’’

‘‘आप मुझे मकान के कागजात दिखा सकती हैं?’’

‘‘बात क्या है? हमें पूरी तरह समझाओ.’’

‘‘मैं बताती हूं,’’ बड़ी बी ने कहा, ‘‘उस रोज जो लड़की मेरे साथ आई थी, यह तसवीर उसी की है. बचपन में वह गुम हो गई थी. शायद मैं ने तुम्हें बताया भी था. उस रोज वह यहां आई थी तो इस मकान को देख कर चौंकी भी थी. अब हमें उस के मांबाप की तलाश है. कागजात से यह मालूम हो जाएगा कि यह मकान वाकई हाजी फरीद का था, जो नरगिस के बाप हैं. यह तस्दीक हो जाए तो सरफराज उन्हें भी तलाश कर लेगा.’’

‘‘अच्छा, मैं कागजात ले कर आती हूं.’’

सरफराज ने कागजात देखे. मकान वाकई हाजी फरीद अहमद के नाम पर था, लेकिन बेचने वाले रशीद अहमद और हमीद अहमद थे, जिन की वल्दियत हाजी फरीद अहमद मरहूम लिखी हुई थी. इस का मतलब था कि हाजी साहब का इंतकाल हो गया था और उन के बेटों यानी नरगिस के दोनों बड़े भाइयों ने यह मकान बेच दिया था.

‘‘मामला बिलकुल साफ है. हम नरगिस के वारिसों के बहुत करीब पहुंच चुके हैं. अब गुत्थी सिर्फ यह है कि वे दोनों शख्स इस वक्त कहां हैं? मुलतान में या मुलतान के बाहर? अगर मुल्क में ही हैं तो मैं उन्हें जरूर तलाश लूंगा.’’

अगले दिन सरफराज ने पूरे मुल्क के अखबारों में टेलीप्रिंटर से यह खबर पहुंचा दी कि 15 साल पहले गुम होने वाली बच्ची नजमा वल्द हाजी फरीद मरहूम, जिस के भाइयों के नाम रशीद अहमद और हमीद अहमद हैं, हमारे पास मौजूद है और अपने भाइयों को तलाश रही है. ये लोग खबर को पढ़ते ही हम से संपर्क करें. इसी किस्म का इश्तिहार उस ने टीवी को भी दिया.

तीसरे दिन सरफराज के पास टेलीफोन आया, ‘हम ने खबर पढ़ी. हम कल आप के पास आ रहे हैं.’

यह टेलीफोन कराची से रशीद अहमद की तरफ से था. दूसरे दिन रशीद अहमद और उस की बेगम सरफराज के घर पहुंच गए. उस के लिबास और हुलिए से जाहिर हो रहा था कि वे निहायत दौलतमंद हैं. सरफराज को यह देख कर इत्मीनान हुआ कि दौलतमंद होने के बावजूद रशीद अपनी गुमशुदा बहन को भूला नहीं था. उस के चेहरे पर घबराहट और खुशी के मिलेजुले भाव साफ बता रहे थे कि वे नरगिस से मिलने के लिए बेचैन हैं.

‘‘पहले यह साबित कीजिए कि आप ही रशीद अहमद वल्द हाजी फरीद अहमद हैं.’’ सरफराज ने कहा.

‘‘मुझे मालूम था कि आप यह सबूत जरूर चाहेंगे, इसलिए मैं अपना पासपोर्ट साथ ले आया हूं. इस के अलावा मैट्रिक का सर्टीफिकेट भी है. मैं ने मैट्रिक मुलतान से ही किया था. अब्बाजी की तसवीर भी है, जिस में हम दोनों भाई उन के साथ बैठे हुए हैं. और एक सब से अहम सबूत यह है कि नजमा की जो तसवीर उस वक्त अखबार में छपी थी, वह मेरे अलबम में थी, जो मैं अपने साथ लाया हूं, यह देखिए.’’

‘‘आप ने इस तसवीर को बहुत संभाल कर रखा है.’’ सरफराज ने तसवीर को देखते हुए कहा.

‘‘क्यों न रखते साहब. कोई दिन ऐसा नहीं गया, जब हम ने इसे याद न किया हो. एक ही तो हमारी बहन थी. वह भी ऐसी, जो हम दोनों भाइयों के जवान होने के बाद पैदा हुई थी. मेरे छोटे भाई हमीद की शादी पर ही वह गुम हुई थी. उसे कहांकहां नहीं ढूंढ़ा हम ने. अब्बाजी तो ऐसे बिस्तर से लगे कि फिर उठ ही न सके. मां भी कुछ अरसे बाद ही हम से रूठ गईं. नजमा क्या गई, हमारा तो घर ही उजड़ गया. हम दोनों भाइयों का दिल भी उचाट हो गया. लिहाजा हम ने वह मकान बेच दिया. हमीद तो बाहर निकल गया. आजकल जापान में है. मैं कराची चला गया. अब वह मिली है तो ऐसे वक्त कि अम्माजी…’’ उस की आवाज आंसुओं में बह गई. वह बच्चों की तरह फूटफूट कर रोने लगा.

‘‘रशीद साहब, हौसला रखिए. अल्लाह ने इतनी बड़ी खुशी दी है कि आप का दामन भर जाएगा. उसे समेटिए और खुदा का शुक्रिया अदा कीजिए. मैं नजमा को बुलाता हूं.’’ सरफराज ने कहा.

‘‘ठहरिए सरफराज साहब, मैं यह कैसे यकीन कर लूं कि वह नजमा मेरी बहन ही है?’’

‘‘इस की गवाही आप का दिल दे रहा है. आप के आंसू शहादत दे रहे हैं.’’

‘‘वह तो है, लेकिन मैं एक इत्मीनान करना चाहता हूं.’’

‘‘फरमाइए.’’

‘‘हमारे घर में एक मुर्गा था, जो कटखना हो गया था. उस ने नजमा की पीठ पर चोंच मार दी थी. जख्म बहुत दिन पका था और कंधे से कुछ नीचे निशान छोड़ गया था. वह निशान अब भी होगा.’’

‘‘यकीनन होगा.’’ सरफराज ने कहा.

‘‘आप मेरी बेगम को अंदर से जाइए. यह उस निशान को देख लेंगी. फिर कोई शक नहीं रहेगा.’’

‘‘बेशक.’’

रशीद अहमद की बेगम अंदर चली गई. कुछ देर बाद वह इस खुशखबरी के साथ बाहर आई कि निशान मौजूद है. रशीद अहमद की आंखें एक बार फिर भीग गईं.

‘‘आप लोग बैठें. मैं नजमा को ले कर आता हूं.’’ सरफराज ने कहा और कमरे से निकल गया.

रशीद अहमद की आंखें दरवाजे पर लगी थीं. उसे सांस लेने की फुरसत भी नहीं थी. पलक झपकाना भूल गया था. फिर कुछ आउट हुई. सरफराज की वालिदा के साथ नरगिस कमरे में दाखिल हुई. रशीद अहमद अपनी जगह से उठ खड़ा हुआ. कुछ देर दोनों भाईबहन एकदूसरे को देखते रहे, फिर जैसे नरगिस को होश आ गया.

‘‘भाई जान.’’ उस ने कहा और दौड़ कर रशीद अहमद के गले से लग कर रोने लगी. रोरो कर मन कुछ हलका हुआ तो पूछा, ‘‘अम्मा को नहीं लाए और अब्बाजी भी नहीं आए?’’

‘‘तू घर चल, सब से मुलाकात हो जाएगी. अभी तो मैं और तेरी भाभी आए हैं तुझे लेने.’’

‘‘मुझे अम्मा बहुत याद आती हैं. मुझे जल्दी से घर ले चलें.’’

‘‘चलते हैं. जरा इन लोगों का शुक्रिया अदा कर लूं.’’

‘‘भाईजान, इन का शुक्रिया जरूर अदा कीजिए. ये न होते तो और न जाने कितने दिन ठोकरें खाती.’’ कह कर नरगिस फिर रोने लगी.

‘‘रशीद साहब, यह मेरी वालिदा हैं.’’ सरफराज ने बड़ी बी का परिचय कराया.

‘‘मांजी, मैं किस मुंह से आप लोगों का शुक्रिया अदा करूं.’’

‘‘शुक्रिया कैसा बेटा, तुझे तेरी बहन मिल गई, हमें तो खुदा ने एक जरिया बनाया था. तेरी बहन बहुत प्यारी है. इस का खयाल रखना. इसे कोई तकलीफ न पहुंचे.’’

‘‘यह मेरी जान है मांजी. मेरे पास अल्लाह का दिया सब कुछ है. मैं इसे सोने में तौल दूंगा.’’

‘‘बेटा, बहनें मोहब्बत की भूखी होती हैं, दौलत की नहीं.’’ बड़ी बी ने कहा.

‘‘मैं आप की नसीहत याद रखूंगा.’’

‘‘मैं अपनी बच्ची को तैयार कर दूं. आप की अमानत है, ले जाइएगा.’’

बड़ी बी नरगिस को अंदर ले गईं. तैयार करने का तो बहाना था. उन्हें दरअसल उसे यह नसीहत करनी थी, ‘‘मेरी एक बात याद रखना. अपने अतीत को भूल जाना. कभी किसी पर जाहिर मत करना कि तुम कोठे पर रही हो. यह ऐसी तोहमत है, जो तुम्हारे भाई की मोहब्बत को आधा कर देगी. भाई अगर बर्दाश्त कर भी लेगा तो भाभी आज नहीं, तो कल तुम्हें ताने जरूर देगी.’’

‘‘लेकिन भाई पूछेंगे जरूर कि 15 साल कहां रही? किस माहौल में जवान हुई? मैं उन से क्या कहूंगी?’’

‘‘बेटी, यह तुम्हारी मरजी पर निर्भर है. तुम समझदार हो. कोई कहानी गढ़ लेना. इसी में तुम्हारी बेहतरी है.’’

‘‘ठीक है, अम्मा. मैं समझ गई.’’

‘‘अब जाओ अपने भाई के साथ.’’

‘‘आप लोग मुझे बहुत याद आएंगे.’’

‘‘अरे, तुम्हें वहां ऐसा प्यार मिलेगा कि भूल जाएगी. फिर भी अगर मैं याद आऊं तो चली आना मुझ से मिलने. कराची कौन सा दूर है.’’

नरगिस उस घर से इस तरह रुखसत हुई, जैसे कोई बेटी अपनी मां के घर से ससुराल जाती है.

नरगिस ने सोचा भी नहीं था कि रशीद भाई इतने दौलतमंद होंगे. वह उन का मकान देख कर हैरान रह गई. उन की कोठी, कमरों की सजावट, अमीराना ठाठबाट, ये सब चीजें उस के लिए विस्मयकारी थीं. उसे भाई से मिलने की खुशी तो थी ही, भाई को खुशहाल देख कर उस का दिल और भी ज्यादा खुश हुआ.

घर पहुंचते ही वह एक बार फिर जानपहचान की मंजिल से गुजरी. रशीद अहमद की 2 बेटियां और एक बेटा था. बेटियां तो नरगिस की तरकीबन हमउम्र थी, लेकिन बेटा छोटा था. नरगिस के पहुंचते ही इमराना उस से मिलते आई, ‘‘हैलो.’’

‘‘यह मेरी बड़ी बेटी इमराना है,’’ रशीद ने परिचय कराया, ‘‘तुम से कोई 2 साल बड़ी होगी.’’

इस के बाद एक और लड़की अंदर दाखिल हुई. उस का नाम फरहाना था. बेटे का नाम इमरान था.

नरगिस उन लड़कियों को देख कर ज्यादा खुश नहीं हुई. उन के कपड़े, तराशे हुए बाल और लज्जाहीनता उस के लिए निराशाजनक थी. उसे पहली नजर में अंदाजा हो गया कि इस घर का रहनसहन अंग्रेजी तर्ज का है, लेकिन यह कोई ऐसी खराब बात नहीं थी. बड़े घराने ऐसे ही जिंदगी गुजारते हैं.

औचारिक परिचय के बाद रशीद अहमद नरगिस से मुखातिब हुए, ‘‘इतने दिनों कहां रहीं? तुम पर गुजरी क्या? कुछ हमें भी तो बताओ.’’

‘‘हां, नजमा, कुछ तो बताओ.’’ भाभी बोलीं.

नरगिस ने अपनी कहानी सुनाई, लेकिन कुछ तब्दीली के साथ, ‘‘भाईजान, मुझे तो कुछ याद नहीं रहा था. यह कहानी मरते वक्त मुझे मेरे मोहमिन (उपकारी) ने सुनाई. उस ने मुझे बताया कि कोई शख्स तुम्हें मुलतान से लाहौर ले आया था. जाहिर है कि किसी गलत इरादे से ले कर आया होगा. लेकिन खुदा को कुछ और ही मंजूर था. वह अभी रेलवे स्टेशन से बाहर आया था कि उस पर दिल का दौरा पड़ा. जिस ने मुझे पालापोसा, टैक्सी चलाता था. खैर, जब उस शख्स को हार्टअटैक हुआ तो उस ने टैक्सी को हाथ दिया. टैक्सी में बैठने से पहले ही उसे यकीन हो गया था कि वह अब बचेगा नहीं. उस ने मुझे सुपुर्द कर अटकअटक कर उस के अब्बू का पता बताया कि वह मुझे वहां पहुंचा दे.

‘‘उस के मरने के बाद उस ने बहुत चाहा कि मुझे मेरे घर पहुंचा दे, लेकिन उस के दिल में बेईमानी आ गई. उस वक्त वह बेऔलाद था. उस की अपनी बेटी मेरे आने के बाद पैदा हुई. उस ने और उस की बीवी ने तय किया कि जब खुदा ने यह तोहफा उसे दिया है तो वे हमें वापस नहीं करेंगे.

‘‘भाईजान, उस ने मरते वक्त मुझ से माफी मांगी और दरख्वास्त की कि उस की मौत के बाद मैं अपने घर चली जाऊं और अगर वह बच गया तो खुद मुझे मेरे घर छोड़ जाएगा. लेकिन मौत ने उसे मोहलत नहीं दी. इस से भी ज्यादा गजब यह हुआ कि उस ने सिर्फ यह बताया था कि मेरा घर मुमताजाबाद, मुलतान में है. इस से पहले कि वह मकान नंबर या अब्बा का नाम बताता, उस की रूह उड़ गई. यह भी हो सकता है कि इतने दिन गुजर जाने के बाद वह यह मालूमात भूल ही गया हो. उसे सिर्फ मुमताजाबाद याद रह गया हो.’’

‘‘उस बेहूदा आदमी ने तुम्हें हम से जुदा कर दिया और तुम उसे मोहसिन कहती हो. सोचो, अगर वह उसी वक्त तुम्हें हमारे पास ले आता तो आज यह दिन देखने को नहीं मिलता.’’ रशीद अहमद ने गुस्से से कहा.

‘‘मैं उसे इसलिए मोहसिन कहती हूं कि उस ने अपनी मौत से पहले मेरी हकीकत मुझे बता कर मुझ पर एहसान किया. अगर वह न बताता तो आज मैं वहां होती, जहां से अगर वापस आती तो आप मुझे अपनी बहन जानते हुए भी कबूल करने से इनकार कर देते.’’

नरगिस ने आगे बताया, ‘‘अब यह बताना जरूरी नहीं कि अब मेरा वहां रहना मुश्किल नहीं रहा था. मैं उन के घर से निकली और मुलतान का टिकट ले कर गाड़ी में बैठ गई. गाड़ी में मुझे सरफराज की वालिदा मिल गई. फिर जो कुछ हुआ, वह सरफराज साहब आप को बता ही चुके हैं.’’

नरगिस को कराची आते ही यह खबर मिल चुकी थी कि उस के वालिदैन का इंतकाल हो चुका है. अब रशीद भाईजान ही उस के सब कुछ हैं. उस की खुशी आधी रह गई थी, लेकिन यह खुशी फिर भी थी कि अब वह एक शरीफ घर में शरीफाना जिंदगी गुजारेगी.

 

नई जगह थी, इसलिए सुबह जल्दी ही नींद टूट गई. सुबह से कुछ पहले ही वह बिस्तर से उठी. जब से वह बड़ी बी के घर आई थी, नमाज की पाबंद हो गई थी. नमाज अदा की और फिर लौन में आ कर टहलने लगी. कुछ देर बाद वह वापस आ गई. घर में अभी तक सब लोग सो रहे थे. नरगिस कुछ देर अपनी जिंदगी पर गौर करती रही. कोई व्यस्तता तो थी नहीं. लेटेलेटे नींद आ गई. आंख खुली तो घड़ी में साढ़े नौ बज रहे थे. नरगिस घबरा कर उठी और एक बार फिर हाथमुंह धो कर बाहर निकली तो भाई रशीद को अकेले नाश्ता करते देखा.

नरगिस ने सलाम करने के बाद कहा, ‘‘मैं तो समझ रही थी, आप औफिस जा चुके होंगे.’’

‘‘अरे, अपना औफिस है. तेरा भाई किसी का मुलाजिम तो है नहीं. आओ, तुम भी नाश्ता कर लो.’’ रशीद बोला.

‘‘इमराना और फरहाना कहां हैं?’’ नरगिस ने पूछा.

‘‘उन्हें कालेज जाना होता है, 8 बजे चली गई होंगी.’’

‘‘और इमरान?’’

‘‘उस की मत पूछो. बरखुरदार नींद के ऐसे शौकीन हैं कि दोपहर की शिफ्ट में दाखिला लिया है. वह 11 बजे उठेंगे.’’

‘‘भाभी को तो नाश्ते की मेज पर होना चाहिए था. आप अकेले नाश्ता कर रहे हैं.’’

‘‘वह रात को देर तक जागती हैं. उन्हें कहीं जाना तो होता नहीं. अपनी मर्जी से उठती हैं. हमारी मुलाकात शाम की चाय पर होती है या रात के खाने पर.’’

नरगिस सोच में पड़ गई. यह कैसा घर है, जहां लोग एकसाथ बैठ कर नाश्ता भी नहीं करते. हर शख्स अपनी अलग जिंदगी गुजार रहा है.

रशीद अहमद ने नाश्ता किया और तैयार होने के लिए ड्रेसिंगरूम में चले गए. तैयार हो कर आए तो नरगिस भी नाश्ता कर चुकी थी.

‘‘अच्छा नजमा, मैं औफिस जा रहा हूं. तुम्हारी खातिर दोपहर को आ जाऊंगा. उस वक्त तक तुम्हारी भाभी भी उठ जाएंगी. तुम उन से गपशप करना.’’

नरगिस अपने भाई को छोड़ने दरवाजे तक गई और उस वक्त तक वहां खड़ी रही, जब तक ड्राइवर ने गाड़ी गेट से बाहर नहीं कर ली. यह पहला मौका था, जब कोई रशीद अहमद को छोड़ने दरवाजे तक आया था.

इतने बड़े घर में नरगिस अकेली घूमती रही. अल्लाहअल्लाह कर के 11 बजे इमरान सो कर उठा. उठते ही उस ने पूरे घर को सिर पर उठा लिया. मजबूरन उस की मां को भी उठना पड़ा. मांबेटे जल्दीजल्दी तैयार हुए. इमरान ने नाश्ता किया और स्कूल चला गया.

थोड़ी देर में रशीद अहमद आ गए. उन्हें देख कर बीवी चौंकी, ‘‘आप आज इतनी जल्दी आ गए.’’

‘‘भई, मैं ने सोचा, नजमा अकेली बोर हो रही होगी. इमरानाफरहाना आ जाएं तो कहीं घूमने निकलते हैं.’’

इमराना और फरहाना आ गईं. दोपहर का खाना सब ने मिल कर खाया. नरगिस को खुशी हो रही थी कि नाश्ते पर न सही, खाने पर तो सब मौजूद हैं.

‘‘कराची बाद में घूमेंगे, पहले तुम लोग नजमा को घर तो दिखा दो.’’ खाने के बाद रशीद अहमद ने बेटियों से कहा.

‘‘अच्छा डैडी.’’ उन्होंने बेदिली से कहा और नरगिस को ले कर चली गई. तमाम कमरे दिखाने के बाद वे उसे एक हौलरूपी कमरे में ले गईं. उस कमरे में कालीन के सिवा कोई फर्नीचर नहीं था. संगीत के जितने वाद्य हो सकते हैं, सब उस कमरे में मौजूद थे. तबले की जोड़ी, हारमोनियम, ड्रम, गिटार. क्या था, जो वहां नहीं था. एक कोने में घुंघरू पड़े हुए थे. नरगिस को फुरेरी आ गई. उसे बहुत दिनों बाद दिलशाद बेगम का कोठा याद आ गया.

‘‘यह सब क्या है इमराना?’’ नरगिस ने भयभीत आवाज में पूछा.

‘‘यह हमारा बालरूम है. यहां हम डांस करते हैं, संगीत सुनते हैं, शोर मचाते हैं, मौज उड़ाते हैं. यह साउंडप्रूफ कमरा है. यहां हम कितना ही शोर मचाएं, बाकी घर वाले डिस्टर्ब नहीं होते.’’

‘‘तुम लोग डांस करती हो?’’ नरगिस को जैसे यकीन नहीं हुआ.

‘‘हां, आप को भी दिखाएंगे किसी दिन. फरहाना तो ऐसा नाचती है कि बिजली भी क्या कौंधेगी. डैडी कहते हैं, पहले तालीम पूरी कर लो, वरना फिल्मों के दरवाजे तो उस के लिए हर वक्त खुले हैं.’’

नरगिस पर हैरतों के पहाड़ टूट रहे थे. तमाशबीनों के सिवा यहां तो सब कुछ दिलशाद बेगम के कोठे की तरह था.

नरगिस सोच रही थी. अगर वह यह सब कुछ न देखती तो अच्छा था. वह तो किसी पाकीजा माहौल की तलाश में आई थी, मगर यह सब क्या है? उस ने सोचा, वह इस माहौल को बदलने की कोशिश करेगी. शरीफ घरों का नक्शा उस के जेहन में कुछ और था, जो यहां नहीं था.

‘‘घर देख आईं नजमा?’’ रशीद अहमद ने पूछा.

‘‘जी, आप का घर बहुत पसंद आया.’’ उस की आवाज में छिपे व्यंग्य को रशीद अहमद महसूस नहीं कर सका.

‘‘आओ, अब तुम्हें कराची घुमाने चलते हैं.’’ रशीद अहमद ने कहा. उस के बाद इमराना और फरहाना से कहा कि वे भी चलें. इमराना और फरहाना लिबास बदल कर चलने को निकलीं तो नरगिस की आंखें झुक गईं. जींस की पतलून पर ऊंचीऊंची शर्ट्स पहने वे बिलकुल लड़का लग रही थीं.

नरगिस बोली, ‘‘तुम लोगों ने यह क्या लिबास पहना है? क्या इसी तरह बाहर जाओगी?’’

‘‘क्यों…? इस लिबास में क्या है?’’ इमराना ने तैश में आ कर कहा.

‘‘यह लिबास शरीफ लड़कियों पर अच्छा नहीं लगता.’’

‘‘क्या हम शरीफ लड़कियां नहीं हैं? आप इसलिए आई हैं हमारे घर कि हमारी ही बेइज्जती करें?’’

‘‘यह बेइज्जती नहीं, लड़कियों पर दुपट्टा सजता है.’’

‘‘बसबस, अपनी नसीहत अपने पास रखें. डैडी, मैं यह बेइज्जती बरदाश्त नहीं कर सकती. मैं नहीं जाती, आप लोगों के साथ.’’

‘‘मैं भी नहीं जाऊंगी.’’ फरहाना ने बहन का साथ दिया.

‘‘तुम लोग क्यों इतनी जज्बाती होती हो? नजमा इस तरह के लिबास की आदी नहीं. कुछ दिन यहां रहेगी तो सीख जाएगी. खुद भी यही लिबास पहना करेगी.’’

नरगिस का मुंह लटक गया. वह समझ रही थी कि भाई उस की तारीफ करेंगे और बेटियों को डांटेंगे कि कैसा लिबास पहन कर आ गईं, मगर वह तो उलटे उन की हिमायत कर रहे थे. भाभी अलग मुंह बनाए खड़ी थीं. अब नरगिस के बिगड़ने का सबब ही नहीं था. उस ने माफी मांग ली, ‘‘मुझे माफ कर दो इमराना. भाईजान ठीक कहते हैं. मैं इस लिबास की आदी नहीं हूं न, इसलिए यह बात कह दी. आओ, घूमने चलें.’’

बुझे मन से दोनों बहनें उस के साथ चल दीं.

अगले दिन नरगिस ने सुना कि मास्टर साहब आए हैं तो उस के तालीम के शौक ने सिर उभारा, ‘‘भाईजान, मैं भी मास्टर साहब के पास जा कर बैठ जाऊं?’’

‘‘हांहां, क्यों नहीं. मैं इंटरकौम पर कहता हूं, इमराना दरवाजा खोल देगी, तुम जाओ.’’ रशीद बोला.

‘‘मगर वह है किस कमरे में?’’

‘‘बालरूम में, और कहां.’’

‘‘जी अच्छा, मैं जाती हूं.’’

नरगिस ने सोचा, मास्टर साहब से वह खुद बात करेगी. मास्टर साहब तैयार हो गए तो भाई से कह कर  कल से खुद भी पढ़ना शुरू कर देगी. नरगिस ने दरवाजे को धक्का दिया. दरवाजा खुला हुआ था. रोम, अतोम, ततोम, तना, तरा, री… अंदर से आवाजें आ रही थीं. नरगिस उन आवाजों से अवगत थी. यह किस किस्म की पढ़ाई है. वह डरतेडरते अंदर गई. जिन्हें वह मास्टर साहब कह रही थी, वह उस्तादजी थे. उन से इमराना और फरहाना संगीत की तालीम हासिल कर रही थीं. नरगिस के लिए उस घर में यह एक और नई बात थी. उस्तादजी ने नरगिस की तरफ देखा और गाना बंद कर दिया.

‘‘यह लड़की कौन है?’’

‘‘डैडी की बहन हैं.’’

‘‘आज से पहले तो नजर नहीं आईं?’’

‘‘अभी तो आई हैं मुलतान से.’’

‘‘अच्छा चलो, तुम सबक दोहराओ.’’

नरगिस एक तरफ सिमट कर बैठ गई. सबक फिर शुरू हो गया.

थोड़ी देर बाद मास्टर साहब रुखसत हो गए और दूसरे उस्तादजी के आने का वक्त हो गया. अब नाच की महफिल जम गई. नरगिस को बारबार महसूस हो रहा था, जैसे वह दिलशाद बेगम के कोठे पर बैठी है. उसी रात 11 बजे की बात है. इमराना ने नरगिस से कहा, ‘‘आओ, तुम्हें अपने दोस्तों से मिलाऊं.’’

नरगिस खुशीखुशी उस के साथ चली गई. बालरूम में महफिल जमी हुई थी. नरगिस का खयाल था, इमराना की सहेलियां होंगी, लेकिन यहां तो मामला ही दूसरा था, 4 लड़के बैठे थे.

डेक बज रहा था, फरहाना नाच रही थी. चारों लड़के सोफे पर बैठे दाद दे रहे थे. नरगिस ने सोचा, तमाशबीनों की कसर थी इस घर में, अब यह भी पूरी हो गई. सिर्फ नोट नहीं बरसाए जा रहे हैं. बाकी सब वही है, जिस से बच कर वह यहां आई थी. उसे यों लगा, जैसे सब कुछ वही है, सिर्फ कोठा बदल गया है. अब यह उस के बर्दाश्त से बाहर था. वह गुस्से से उठी और सीधे भाई के पास कमरे में पहुंच गई.

‘‘भाईजान, यह क्या माहौल बनाया है आप ने?’’

‘‘क्या हो गया?’’ रशीद अहमद घबरा कर खड़ा हो गया.

‘‘मैं अभी बालरूम से आ रही हूं,’’ नरगिस ने बताया, ‘‘फरहाना डांस कर रही है और वह भी लड़कों के सामने.’’

‘‘ओह,’’ रशीद अहमद बुरी तरह हंसने लगा, ‘‘बस इतनी सी बात है? उन लोगों ने एक म्युजिकल ग्रुप बनाया है. प्रोग्राम करते हैं. किसी प्रोग्राम की रिहर्सल कर रहे होंगे.’’

‘‘भाईजान, आप की नजर में यह कोई बात ही नहीं है. लोग मुजरा देखने घरों से दूर जाते हैं, मगर यहां तो घर ही में मुजरा हो रहा है.’’

‘‘नजमा,’’ रशीद जोर से चीखा, ‘‘खबरदार, मेरी बच्चियों के शौक को मुजरा कहती हो? मैं ने तो सुन लिया, लेकिन सोचो, इमराना या फरहाना ने सुन लिया होता तो उन के दिलों पर क्या गुजरती. तुम्हारी भाभी पार्टी में गई हैं. अगर वह होतीं तो कितना बिगड़तीं तुम पर.’’

‘‘लेकिन भाईजान, क्या मैं सच नहीं कर रही हूं?’’

‘‘बिलकुल नहीं. म्यूजिक एक आर्ट है और मेरी बच्चियां आर्टिस्ट हैं. यह आर्ट उन्हें शोहरत की बुलंदियों पर पहुंचाएगा.’’

‘‘नाम बदलने से मुजरा आर्ट बन सकता है, लेकिन रहेगा तो मुजरा ही.’’

‘‘क्या बेवकूफी की रट लगा रखी है. बड़े घरानों में इसे बुरा नहीं समझा जाता. अब तुम बड़े घर में आ गई हो. एडजस्ट होने की कोशिश करो.’’

‘‘बहुत अच्छा, भाईजान.’’

नरगिस सोच रही थी, क्या दिलशाद बेगम का कोठा भी बड़ा घर था? क्या वह घर छोड़ कर उस ने गलती की है? क्या वह एडजस्ट नहीं हो सकी थी? क्या वहां से आना उस की गलती थी?

बहुत दिनों बाद उस रात नरगिस फिर रोई. ये आंसू खुशी के नहीं, पछतावे के थे. नरगिस से नजमा बनने का पछतावा. अब उस ने तय किया कि वह इस घर के मामलों में दखल नहीं देगी.

दूसरे दिन शाम को घर में भूचाल आ गया. नौकरचाकर भागेभागे फिर रहे थे. शायद कोई अहम मेहमान आने वाले थे. मुमकिन है, इमराना या फरहाना में से किसी का रिश्ता आया हो. भाभी की जुबानी मालूम हुआ कि टीवी के प्रोड्यूसर फरहाना से मुलाकात के लिए आए हैं. कोई ड्रामा तैयार हो रहा है. वह फरहाना को उस में शामिल करना चाहते हैं.

नरगिस तो वहां जा कर नहीं बैठी, लेकिन जब वे चले गए तो भाभी ने उसे बताया, ‘‘शुक्र है, फरहाना की मेहनत वसूल हो गई. प्रोड्यूसर ने बताया कि वह एक ड्रामा तैयार कर रहे हैं, जिस में 2-3 मुजरे पेश किए जाएंगे. फरहाना उस ड्रामे में तवायफ बन कर मुजरा करेगी. अब देखना, कैसी शोहरत होती है उस की.’’

नरगिस जहर का घूंट पी कर रह गई.

प्रोड्यूसर और अदाकारों का आनाजाना बढ़ने लगा. फरहाना के दिमाग भी अर्श को छू रहे थे. सीधे मुंह बात ही नहीं करती थी. उठतेबैठते प्रोड्यूसर की तारीफें, अदाकारों के किस्से. फिर उस ड्रामे की शूटिंग शुरू हो गई. फरहाना रात गए वापस आती. सुबह होते ही फिर चली जाती.

 

उसी बीच जापान से नरगिस का दूसरा भाई हमीद आ गया था. नरगिस भाई की मोहब्बत में गुम हो गई. नरगिस ने उस से भी दबेदबे लफ्जों में फरहाना की शिकायत की, लेकिन उस का कहना भी यही था कि इस में कोई हर्ज नहीं है, यह मौडर्न जमाना है. और उस को नापसंद करने वाले दकियानूसी हैं. हमीद कुछ दिन रहने के बाद वापस चला गया. नरगिस फिर जैसे होश में आ गई. उसे होश आया तो मालूम हुआ, ड्रामा मुकम्मल हो गया है.

‘‘आज फरहाना का मुजरा प्रसारित होगा.’’ भाभी ने नरगिस को बताया.

पूरा घर टीवी के सामने मौजूद था. रशीद अहमद बारबार घड़ी की तरफ देख रहे थे. वक्त हुआ और ड्रामा शुरू हो गया. फिर वह सीन आया, जिस में मुजरा पेश किया जाना था. प्रोड्यूसर ने हकीकत का रंग भरने के लिए असली वेश्या बाजार में शूटिंग की थी. फरहाना बता रही थी, ‘‘यह सेट नहीं है, असली कोठा है.’’

चंद उच्छृंखल किस्म के जवान तकियों से टेक लगाए बैठे थे. बूढ़ी नायिका पानदान खोले बैठी थी. इतनी देर में फरहाना कैमरे के सामने आई. दाग की एक गजल पर उस ने नाचना शुरू किया. एक नौजवान बारबार उठता था और फरहाना शरमा कर कलाई छुड़ा लेती थी और फिर नाच शुरू हो जाता था.

‘‘वेलडन फरहाना.’’ डांस खत्म होने के बाद रशीद अहमद ने बेटी को मुबारकबाद दी.

‘‘खुदा करे, यह सीन मशहूर हो जाए.’’ भाभी ने बेटी को मुबारकबाद दी.

इमराना तो खुशी से फरहाना के गले लग गई.

नरगिस इस धूमधाम से बेपरवाह सोच रही थी. यह कैसा इंकलाब है. मैं कोठे पर सिखलाई जाने के बावजूद वहां नाच नहीं सकी, भाग आई. एक शरीफ घर की लड़की वहां पहुंच कर नाच आई. वही लोग, जो तवायफ को गाली समझते हैं, तवायफ की तरह नाचने पर अपनी बेटी को मुबारकबाद दे रहे हैं.

उस दिन तो फरहाना को होश ही नहीं था, लेकिन दूसरे दिन उस ने नरगिस से पूछा, ‘‘नजमा फूफी, कैसा था मेरा डांस?’’

‘‘डांस तो बाद की बात है, पहले यह बताओ कि उस वक्त तुम में और किसी तवायफ में कोई फर्क था?’’ नरगिस ने पूछा.

‘‘फर्क नहीं रहने दिया, यही तो मेरा कमाल था.’’ फरहाना ने जवाब दिया.

‘‘तुम करो तो कमाल. यही कमाल तवायफ करें तो समाज गाली देता है.’’

‘‘इसलिए कि तवायफ आर्टिस्ट नहीं होती.’’ फरहाना ने दलील दी.

‘‘बहुत खूब. मगर यह क्यों भूलती हो कि वे तुम से बड़ी आर्टिस्ट होती हैं. तुम से बेहतर नाच सकती हैं.’’

‘‘गलत. तवायफ तमाशबीनों को खुश करने की अदाएं जानती हैं, नाच क्या जानें?’’

‘‘तमाशबीनों को तो तुम ने भी खुश किया. देखा नहीं, तुम्हारे डैडी और तुम्हारी मम्मी कैसे खुश हो रहे थे. हालांकि उन्हें फिक्रमंद होना चाहिए था.’’

‘‘यह महज अदाकारी थी.’’

‘‘तवायफ भी तो अदाकारी करती है.’’

‘‘आप कहना क्या चाहती हैं?’’

‘‘यही कि उस वक्त तुम में और किसी तवायफ में कोई फर्क नहीं था, सिवाय इस के कि तुम अदाकारा भी थीं.’’

‘‘ऐसी घटिया सोच पर मैं इस के अलावा आप से क्या कह सकती हूं कि आप अनपढ़, जाहिल और गंवार हैं. आप इस फन की एबीसी भी नहीं जानतीं और चली हैं आलोचना करने.’’

‘‘जहां तक जानकारी की बात है फरहाना, तो मैं बता सकती हूं कि तुम ने कहांकहां गलती की है.’’

‘‘जिन उस्तादों से मैं ने सीखा है, उन की आप को हवा भी नहीं लगी है. पांव उठा कर चलना आता नहीं, चली हैं मेरी गलतियां निकालने.’’

‘‘मैं तुम्हारी गलतफहमी दूर कर दूं?’’

‘‘क्या करेंगी आप?’’

‘‘उस गजल की रिकौर्डिंग है तुम्हारे पास, जिस पर तुम नाची थीं?’’

‘‘है.’’

‘‘बालरूम में चलो और उसे बजाओ.’’

फरहाना की समझ में कुछ नहीं आ रहा था कि क्या होने वाला है. उस ने कैसेट को प्लेयर में रख दिया और देखने लगी कि क्या होता है.

नरगिस का बदन हरकत में आया और उस के अंगों ने शायरी शुरू कर दी. वह नाच रही थी और फरहाना उसे हैरानी से देख रही थी. जिसे वह जाहिल, गंवार कह रही थी, वह उस वक्त माहिर नर्तकी नजर आ रही थी. फरहाना ने कई बार अपनी आंखों को मसला, लेकिन यह हकीकत थी, ख्वाब नहीं था.

‘‘फरहाना, इसे कहते हैं नाच.’’

‘‘नजमा फूफी, आप ने यह डांस कहां सीखा?’’

‘‘इसे छोड़ो कि यह डांस कहां सीखा, यह पूछो कि मैं ने इस वक्त डांस क्यों किया? तुम न भी पूछो तो मैं तुम्हें बताऊंगी. मैं ने यह अदना सा नमूना इसलिए पेश किया कि तुम यह जान लो कि नाच सिर्फ तवायफ पर सजता है. तुम घर की जन्नत छोड़ कर दोजख तक जाओगी, लेकिन नाच फिर भी नहीं आएगा. यह नाच मैं ने यह बताने के लिए किया है कि मैं नाच सकती हूं, लेकिन मैं इस पर फख्र नहीं करती. फख्र करती हूं शराफत के उस आंचल पर, जो इस वक्त भी मेरे सिर पर है. आर्ट के नाम पर खुद को धोखा मत दो. तुम्हारा आर्ट हमारी शराफत और पाकीजगी है, जो तुम कहीं रख कर भूल गई हो. तुम्हें नाच इसलिए नहीं आ सकता, क्योंकि तुम तवायफ बनने की अदाकारी तो कर सकती हो, पर वह जख्म कैसे खाओगी, जो तवायफ के दिल पर रोज लगते हैं. अब भी वक्त है, लौट आओ. इसलिए कि तवायफ जब बगावत करती है तो किसी शरीफ घराने में पनाह लेती है. तुम बगावत करोगी तो कहां जाओगी? कुछ सोचा? सोच लो तो मुझे बता देना.’’

फरहाना सोचती तो क्या, उस ने तो पूरे घर में ऐलान कर दिया कि उस ने एक आर्टिस्ट खोज लिया है. यह खबर रशीद अहमद तक कैसे नहीं पहुंचती. रशीद ने पूछा, ‘‘सुना है, तुम डांस बहुत अच्छा करती हो?’’

‘‘मजबूरियां जब हद से बढ़ जाएं तो नाच बन जाती हैं.’’ नरगिस बोली.

‘‘तुम्हें यह फन भी आता है, मुझे मालूम ही नहीं था.’’

‘‘मालूम होता भी कैसे, मेरे कदम तो भाई की चारदीवारी में हैं.’’

‘‘फन और खुशबू को छिपे नहीं रहना चाहिए. तुम कहो तो मैं कोशिश करूं. एमडी से ले कर चेयरमैन तक सब से परिचय है.’’

‘‘अब मुझ में भागने की हिम्मत नहीं है.’’

‘‘यह तुम किस किस्म की बातें कर रही हो? सोचो तो, तुम्हारी तसवीरें अखबारों की जीनत बनेंगी. मशहूर हो जाओगी. तुम्हारे साथ मेरी शोहरत भी होगी.’’

नरगिस को लगा, जैसे उस का भाई नहीं, गुलजार खां सामने खड़ा है, जो फिर एक शरीफ घर की लड़की को उठाने आ गया है. वह गौर से उन्हें देख रही थी.

‘‘मगर तुम ने यह फन सीखा कहां से?’’ रशीद ने पूछा.

‘‘सुन सकेंगे?’’

‘‘अरे भई, यकीनन किसी अच्छे उस्ताद का नाम आएगा, सुनेंगे क्यों नहीं.’’

‘‘मेरी उस्ताद थीं दिलशाद बेगम और मैं ने यह फन लाहौर की हीरा मंडी (वेश्या बाजार) में 15 साल की लगातार मेहनत से सीखा है.’’

‘‘क्या… तो तुम…?’’

‘‘हां, भाईजान, मैं तवायफ थी और शराफत की तलाश में अपने वारिसों के साए में पनाह लेने आई थी.’’

‘‘आहिस्ता बोलो. किसी ने सुन लिया तो क्या कहेगा. मेरी इज्जत खाक में मिल जाएगी.’’

‘‘कह दीजिएगा, फरहाना की तरह अदाकारी कर रही है.’’

‘‘खामोश, मेरी बेटी का नाम अपने साथ न लो. अगर तुम पहले यह सब कुछ बता देतीं तो मैं अपने घर के दरवाजे बंद कर लेता. वैसे भी तुम हमारे लिए मर चुकी थीं.’’

‘‘तो बंद कर लीजिए. यों भी मुझे जिस घर की तलाश थी, यह वह घर नहीं है.’’

‘‘दरवाजे अब बंद करूंगा तो दुनिया से क्या कहूंगा?’’

‘‘कह दीजिएगा कि तवायफ थी, निकाल दिया.’’

‘‘बहुत खूब, मैं अपने मुंह पर खुद कालिख मल दूं.’’

‘‘मैं अगर आप के मशविरे पर अमल कर के आर्ट के नाम पर नाचने का प्रदर्शन करूं, तो आप का मुंह सलामत रहेगा?’’

‘‘वह और बात होगी.’’

‘‘मगर इस तरह मेरे मुंह पर कालिख मल जाएगी. दिलशाद बेगम कहेगी, शाबाश, नरगिस बेगम, शाबाश. तू ने कोठा छोड़ दिया, पेशा नहीं छोड़ा. जो काम मैं तुम से नहीं ले सकी, तेरे सगे भाई ने ले लिया.’’

रशीद सिर झुका कर अपने कमरे में चला गया और नरगिस अपने कमरे में आ गई.

दोपहर का वक्त था. सब अपनेअपने कमरों में थे. नरगिस खामोशी से उठी. ड्राइंगरूम में रखी हुई रशीद अहमद की तसवीर अपनी चादर में छिपाई और खामोशी से बाहर आ गई.

‘‘बीबीजी आप…’’ दरबान ने पूछा.

‘‘हां, मैं जरा पड़ोस में जा रही हूं. कोई पूछे तो बता देना.’’

नरगिस सड़क पर आई और एक टैक्सी को हाथ दे कर रोका, ‘‘स्टेशन चलो.’’

स्टेशन पहुंच कर नरगिस ने एक कुली से बुकिंग औफिस का पता पूछा. चंद औरतें खिड़की के सामने खड़ी थीं. वह भी खड़ी हो गई.

‘‘कहां की टिकट दूं?’’

‘‘मुलतान.’’

टिकट ले कर गाड़ी का वक्त पूछा और प्लेटफार्म पर आ गई. आज वह फिर एक गुलजार खां से, एक दिलशाद बेगम से बच कर भाग रही थी. हरम गेट, मुलतान- अपनी मांजी के पास. Hindi stories

   लेखक – डा. साजिद अमजद  

Love Story: प्यार नहीं, जिद

Love Story: अगर कोई लड़की किसी लड़के से दोस्ती कर ले और दोनों की दोस्ती गहरा जाए तो इस का मतलब यह नहीं है कि वह लड़के को प्यार करने लगी है. ज्यादातर लड़के ऐसी गलतफहमी पाल लेते हैं. सिद्धार्थ के साथ भी ऐसा ही हुआ, जिस का अंजाम डारिया को तो भुगतना ही पड़ा, वह भी जेल चला गया.

दुनिया में हर आदमी ख्वाब देखता है. कुछ सोते में तो कुछ जागते में. लेकिन यह भी सच है कि किसी के ख्वाब पूरे हो जाते हैं तो किसी के टूट कर किरचाकिरचा बिखर जाते हैं. कहने का अभिप्राय यह है कि ख्वाबों के मामले में सब खुशनसीब नहीं होते. डारिया यूरिएवा प्रोकीना के साथ भी कुछ ऐसा ही था. किशोर होते ही डारिया का झुकाव संगीत की ओर हो गया था. उस ने सुना था कि संगीत के मामले में भारत अग्रणी देश है, जहां बड़ेबड़े संगीतज्ञ रहते हैं. संगीतज्ञों के घराने हैं. इसलिए उस ने मन बना लिया था कि समय आने पर वह भारत जा कर संगीत की शिक्षा लेगी.

यही वजह थी कि 22 वर्ष की होते ही वह मन में संगीत सीखने की इच्छा लिए भारत आ गई. डारिया ने भारत के बारे में जैसा सुना था, ठीक वैसा ही पाया. उस ने यहां की ढेरों यादों को अपने दिलोदिमाग में संजो कर रख लिया. इन यादों को वह कभी खोना नहीं चाहती थी. 6 महीने के दौरान उस ने भारत के कई मनमोहक पर्यटकस्थल घूम लिए थे. इस के साथ ही उस ने संगीत के सुरों को अपनी नाजुक उंगलियों और मीठी आवाज से साधने की कला भी सीख ली थी.

डारिया मूलरूप से बुलगारिया के प्रमुख शहर वारना की रहने वाली थी. समुद्र किनारे बसे इस खूबसूरत शहर के समुद्री बीच पर देशीविदेशी पर्यटकों का खूब आवागमन रहता है. डारिया यूरी प्रोकीना की बेटी थी. यूरी के परिवार में पत्नी एंटोनिना प्रोकीना के अलावा 2 ही बेटियां थीं, जिन में बड़ी थी जेन प्रोकीना और छोटी डारिया. डारिया का परिवार साधन संपन्न था. उस ने रूस की राजधानी मास्को स्थित मास्को यूनिवर्सिटी से शिक्षा हासिल की थी. पढ़ाई के दौरान ही उस ने रूस की नागरिकता भी ले ली थी. बाद में इसी यूनिवर्सिटी में वह रिसर्च स्कौलर हो गई.

इस के लिए उसे 60 हजार यूरो मिलते थे. मास्को में वह सावेटेक्सिया क्षेत्र स्थित स्ट्रीट नंबर 21 के फ्लैट नंबर 22 में रह रही थी. उस का आवागमन दोनों देशों के बीच बना रहता था. इसी दौरान वह भारत आई थी. दरअसल, डारिया ने भारत के बारे में काफी कुछ सुन रखा था. इसी से उसे यहां के प्रति लगाव पैदा हुआ. मई, 2015 में उस का यह ख्वाब साकार हुआ. भारत में कई जगहों का भ्रमण करने के बाद उस ने अपना ठिकाना उत्तर प्रदेश की पर्यटक नगरी वाराणसी को बनाया. डारिया की खूबसूरत यादों की एक कड़ी सिद्धार्थ श्रीवास्तव भी था.

सिद्धार्थ का परिवार बनारस के लंका थानाक्षेत्र की नंदनगर कालोनी के मकान नंबर 37 में रहता था. साधनसंपन्न श्रीवास्तव परिवार की रीढ़ पूर्व एक्साइज कमिश्नर हृदयनाथ श्रीवास्तव थे. सिद्धार्थ उन का पोता था. सिद्धार्थ के पिता प्रदीप श्रीवास्तव का दूध का कारोबार था. उन के परिवार में पत्नी वीना के अलावा 2 बेटे थे, जिन में सिद्धार्थ छोटा था. सिद्धार्थ बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में बैचलर औफ म्यूजिक (बीम्यूज) तृतीय वर्ष का छात्र था. उस से मुलाकात के बाद डारिया उस के घर पर ही पेइंगगैस्ट के रूप में रहने लगी थी. भारत भ्रमण का उस का 6 महीने का सफर यादगार रहा. अब वह भारत की अपनी यादों के साथ 18 नवंबर को अपने देश वापस जाने की तैयारी कर रही थी. उस ने अपनी एयर टिकट भी बुक करा ली थी.

यादें खूबसूरत ही रहें तो बेहतर हैं. तकलीफ तब होती है, जब या तो वे कड़वाहट में तब्दील हो जाएं या फिर कोई गहरा जख्म देने वाला तूफान उन से टकरा जाए. डारिया को भी अचानक एक ऐसे भयानक तूफान से रूबरू होना पड़ा, जिस की उस ने कभी कल्पना भी नहीं की थी. 2 नवंबर, 2015 की रात डारिया घर की छत पर बिछे तख्त पर मच्छरदानी लगा कर सो रही थी. रात बीत चुकी थी और भोर होने वाली थी. तड़के तकरीबन 4 बजे का वक्त था, जब डारिया की तेज चीखें सुन कर प्रदीप श्रीवास्तव की नींद खुल गई.

प्रदीप, उन की पत्नी वीना व बेटा सचिन दौड़ कर ऊपर पहुंचे तो डारिया रोतेरोते चिल्ला रही थी, ‘‘हैल्प…हैल्प…प्लीज हैल्प मी.’’ उसे देख कर सभी के पैरों तले से जमीन खिसक गई. डारिया के चेहरे, शरीर की खाल और कपड़ों से गंधयुक्त धुंआ निकल रहा था. श्रीवास्तव परिवार समझ गया कि उस पर किसी ने तीक्ष्ण तेजाब से हमला किया है. एकाएक किसी को कुछ सुझाई नहीं दिया तो वह डारिया को उठा कर नीचे बाथरूम में लाए और उस के जले हिस्से को पानी से धोया. इस बीच वह अचेत हो गई थी. आननफानन में वह उसे ले कर बीएचयू अस्पताल पहुंचे और प्राईवेट वार्ड में भर्ती करा दिया.

इस की सूचना उन्होंने पुलिस को दे दी थी. घटना जितनी गंभीर थी, उतनी ही दिल दहला देने वाली भी. मामला विदेशी युवती पर तेजाब डालने का  था. सूचना पा कर लंका॒ थानाप्रभारी संजीव कुमार मिश्र मय पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए. उन्होंने अपने अधिकारियों को इस घटना से अवगत कराया तो एसएसपी आकाश कुलहरि, एसपी (सिटी) सुधाकर यादव और सीओ डी.पी. शुक्ला भी वहां आ पहुंचे. जिस बिस्तर पर डारिया पर तेजाब डाला गया था, उस का आधा हिस्सा जल कर काला पड़ चुका था. मौके से पुलिस को तेजाब का जग मिला, जो आधा भरा हुआ था. फोरैंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुलवाया गया. पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर बिस्तर व जग को अपने कब्जे में ले लिया. इस के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची. तब तक जिलाधिकारी राजमणि यादव भी वहां आ गए थे.

डारिया की हालत नाजुक थी. तेजाब से उस के चेहरे से ले कर पैर तक का दायां हिस्सा 45 प्रतिशत तक जल चुका था. डाक्टर उस का प्राथमिक उपचार कर रहे थे. इसलिए उस से तत्काल पूछताछ नहीं की जा सकती थी. पुलिस ने प्रदीप आदि से पूछताछ कर के युवती का ब्यौरा जुटाया. उस के कमरे से उस की दोहरी नागरिकता वाले पासपोर्ट भी मिल गए. घटना को ले कर अधिकारी असमंजस की स्थिति में थे. उन्हें आरंभ में ही लग गया था कि हमले के पीछे कोई बड़ा कारण है, लेकिन वह कारण आखिर क्या है, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था.

पुलिस का अनुमान था कि हमलावर या तो पीडि़ता को जानता था या फिर किसी ने निजी खुन्नस के चलते किसी को पैसा दे कर यह काम कराया था. जो भी रहा हो, यह काम करने या कराने वाले का मकसद युवती का चेहरा बिगाड़ना था. चिकित्सकों की इजाजत पर पुलिस ने डारिया से पूछताछ की तो उस ने इस के लिए सिद्धार्थ श्रीवास्तव को जिम्मेदार बताया. पुलिस ने सिद्धार्थ के परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह घटना के बाद से ही लापता है. वे लोग डारिया की चीखें सुन कर छत पर गए थे. उन्हें नहीं पता कि हमले के पीछे सिद्धार्थ का हाथ है या नहीं?

एक तो शहर में तेजाब को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की यह बड़ी घटना थी, दूसरे घटना की शिकार हुई युवती विदेशी थी. इन दोनों ही बातों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी. कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण, जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अमरेंद्र सेंगर और पुलिस उप महानिरीक्षक एस.के. भगत ने अपने अधीनस्थ अफसरों को आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए. विदेशी युवती का प्रकरण होने की वजह से इस की गूंज प्रदेश मुख्यालय से ले कर दिल्ली तक पहुंची तो प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने डीजीपी जगमोहन यादव से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले कर डारिया का उपचार सरकारी खर्चे पर कराने के निर्देश दिए.

दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से रूस व बुल्गारिया के दूतावासों को इस घटनाक्रम का ब्यौरा प्रेषित कर दिया गया. इस बीच पुलिस ने डारिया के बयानों पर महिला एसआई संजू सरोज के माध्यम से लिखित तहरीर के आधार पर धारा 326 (ए) के अंतर्गत नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया.

मामले की गंभीरता के मद्देनजर आरोपी को जल्द गिरफ्तार करना जरूरी था. एसएसपी आकाश कुलहरि ने थानाप्रभारी संजीव कुमार मिश्र को आरोपी की तलाश में जुट जाने को कहा. थानाप्रभारी ने आरोपी सिद्धार्थ की तलाश में कई स्थानों पर दबिश डाली, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका. फिर भी पुलिस उस की सुरागसी में लगी रही. शाम को एक मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सिद्धार्थ को कुछ देर पहले बसस्टैंड के पास घूमते देखा गया है.

सूचना मिलते ही संजीव कुमार ने एक पुलिस टीम बनाई. इस टीम में एसआई संजय कुमार सिंह, एसआई महेंद्रराम प्रजापति, कांस्टेबल अखिलेश कुमार व संजय कुमार को शामिल किया गया. पुलिस टीम ने बसस्टैंड पहुंच कर सिद्धार्थ की तलाश शुरू कर दी. पुलिस चूंकि आरोपी के घर से उस का फोटो ले चुकी थी, इसलिए उसे पहचानने में देर नहीं लगी. पुलिस ने पीछे से जा कर उसे दबोच लिया.

सिद्धार्थ को गिरफ्तार कर के पुलिस थाना लंका ले आई. संजीव कुमार ने उस की गिरफ्तारी की सूचना उच्चाधिकारियों को भी दे दी. पुलिस ने सिद्धार्थ से पूछताछ की तो उस ने बिना किसी सख्ती के अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने उस से विस्तृत पूछताछ की तो दोस्ती व एकतरफा प्यार की वजह से डारिया को हमेशा के लिए अपना बनाने का ख्वाब देखने वाले हारे हुए जुनूनी प्रेमी की चौंकाने वाली कहानी निकल कर सामने आई.

दरअसल डारिया टूरिस्ट वीजा पर 1 मई, 2015 को भारत आई थी. पहले वह हिमाचल प्रदेश की वादियों में घूमी, फिर वाराणसी आ गई. डारिया का एक हमवतन दोस्त एलेक्जेंडर भी वाराणसी आया हुआ था. एक शाम दोनों गंगा घाट पर घूम रहे थे, तभी डारिया के कानों में टकराई बांसुरी की मधुर धुन ने जैसे उस के मन में मिठास घोल दी. उस ने घूम कर देखा तो एक युवक बांसुरी की धुन में खोया हुआ था. दोनों उस के नजदीक पहुंचे और उस की जम कर तारीफ की. यह युवक सिद्धार्थ श्रीवास्तव था.

बांसुरी बजाने का शौकीन सिद्धार्थ अक्सर गंगा किनारे चला जाया करता था और बांसुरी बजाने का अभ्यास करता था. उस दिन भी वह इसीलिए वहां गया था. डारिया की तारीफ से सिद्धार्थ बहुत खुश हुआ. इसी बीच तीनों के बीच औपचारिक परिचय हुआ. डारिया बांसुरी की धुन सुन कर जिस अंदाज से खिलखिला कर उस के पास आई थी, उसी अंदाज में वापस भी चली गई. लेकिन पहली ही मुलाकात में उस ने सिद्धार्थ के दिल के तारों को झंकृत कर दिया था.

डारिया खुद भी संगीत सीखना चाहती थी. सिद्धार्थ उसे भला लड़का लगा. इसलिए अगले दिन वह फिर गंगा किनारे उसी स्थान पर गई. सिद्धार्थ उस दिन भी वहां मौजूद था. डारिया ने संगीत के प्रति अपने लगाव की बात सिद्धार्थ को बताई तो उसी दिन से उन के बीच बातों और मुलाकातों का सिलसिला बढ़ गया. रफ्तारफ्ता उन की दोस्ती गहराती गई. डारिया होटल में ठहरी थी. एक दिन सिद्धार्थ ने उस से कहा, ‘‘डारिया, तुम्हें यदि अपने इस दोस्त पर भरोसा हो तो तुम मेरे यहां पेइंगगैस्ट बन कर रह सकती हो. इस से तुम्हें संगीत सीखने में भी आसानी होगी.’’

सिद्धार्थ का प्रस्ताव अच्छा था. संगीत सीखने की ललक की वजह से उस ने इस के लिए स्वीकृति दे दी. बनारस में अनेक सैलानी कईकई महीने रुकते हैं. होटल चूंकि महंगे पड़ते हैं, इसलिए कई बार वे होटल के बजाय पेइंगगैस्ट बन कर लोगों के यहां रुक जाते हैं. यह साधारण सी बात थी. सिद्धार्थ एक दिन डारिया को अपने घर ले गया और उस ने उस का परिचय अपने घर वालों से कराया. डारिया का स्वभाव सभी को पसंद आया. सिद्धार्थ की सहमति पर डारिया को बतौर पेइंगगैस्ट रहने के लिए एक कमरा दे दिया गया.

वह श्रीवास्तव परिवार के साथ रह कर संगीत सीखने लगी. डारिया को प्राकृतिक सौंदर्य से बहुत प्यार था. वह जी भर कर घूमना चाहती थी. वह खुले विचारों वाली युवती थी. इस बीच उस का दोस्त एलेक्जेंडर भी कहीं घूमने जा चुका था. वैसे भी वे दोनों अलगअलग आए थे. डारिया सिद्धार्थ के साथ सिक्किम, दार्जिलिंग और लेह घूमने के लिए गई. दोनों जहां भी जाते थे, एक साथ ही ठहरते थे. इस दौरान दोनों दोस्ती से उपजे वक्ती प्यार की वजह से एकदूसरे के बेहद नजदीक आ गए थे. नजदीकियों की रोशनी थोड़ी और फैली तो डारिया के दिल में क्या है? बिना यह जानेसमझे सिद्धार्थ ने मन ही मन डारिया को अपनी जिंदगी का हमसफर बनाने का फैसला कर लिया.

चूंकि डारिया की रजामंदी के बिना यह संभव नहीं था, इसलिए अच्छे वक्त के इंतजार में उस ने वक्ती तौर पर अपने जज्बातों को जब्त कर के रखना ही बेहतर समझा. यह बात अलग थी कि डारिया के लिए यह रिश्ता केवल और केवल वक्ती था. कई जगहों पर घूम कर सिद्धार्थ और डारिया सितंबर में वाराणसी आ गए. इस बीच डारिया ने बांसुरी, हारमोनियम और तबले पर संगीत सीखने का अभ्यास कर लिया था. वह अपना ज्यादातर वक्त संगीत के रियाज और किताबें पढ़ने में बिताती थी. सिद्धार्थ के दिल में चूंकि कुछ और था, इसलिए वह उस का ख्याल रखने में दिनरात एक कर रहा था. एक तरह से वह उस पर अपना हक भी समझने लगा था, जबकि डारिया उसे एक घनिष्ठ दोस्त से ज्यादा कुछ नहीं समझती थी.

डारिया श्रीवास्तव परिवार से काफी घुलमिल गई थी. उस का दोस्त एलेक्जेंडर सिक्किम गया हुआ था. उस ने डारिया को वहां आने को कहा, तो वह अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में अकेली ही उस के पास चली गई और एक सप्ताह बाद वापस आई. सिद्धार्थ के दिल में उस के लिए एकतरफा प्यार का जुनून था. उस के इस तरह जाने से उसे गुस्सा तो आया. लेकिन उस ने अपनी नाराजगी प्रकट नहीं की. सिद्धार्थ जिद्दी व गुस्सैल प्रवृत्ति के विकार का शिकार था. उस के घर वाले उस का इलाज भी करा रहे थे. डारिया और सिद्धार्थ के बीच चूंकि संबंधों के मामले में कभी भी खुल कर बात नहीं हुई थी, इसलिए दोनों ही एकदूसरे की भावनाओं और अंदरूनी सोच को नहीं समझ पाए थे.

डारिया अब अपने देश वापस जाना चाहती थी. इस बारे में वह अपने घर वालों से अकसर बात भी करती थी. एक दिन जब वह अपनी मां से मोबाइल पर बात कर रही थी तो सिद्धार्थ कमरे में आ गया. कुछ देर बातें कर के डारिया ने चहकते हुए कहा, ‘‘एक सरप्राइज है माम, आई कम बैक होम. बट आफ्टर सम डेज. ओके बाय.’’ कहते हुए उस ने फोन डिस्कनेक्ट कर दिया. वह बहुत खुश थी. उस का अंतिम वाक्य सुन कर सिद्धार्थ को करंट सा लगा. एकाएक वह तनाव में आ गया. वह उस के नजदीक जा कर बोला, ‘‘कहां जाने की बात कर रही थीं डारिया?’’

‘‘अपनी कंट्री.’’ उस ने हंस कर जवाब दिया.

‘‘व्हाट?’’ सिद्धार्थ ने चौंक कर पूछा तो डारिया ने उस की तरफ देखा, ‘‘इतना हैरान क्यों हो रहे हो सिद्धार्थ? अपने देश तो मैं जाऊंगी ही.’’

सिद्धार्थ अपने दिल की बात छिपाते हुए बोला, ‘‘यह बात नहीं है, दरअसल मैं चाहता हूं कि तुम अभी कुछ दिनों और यहां रहो.’’

‘‘बट व्हाय? मैं यहां हमेशा के लिए तो कतई नहीं आई थी.’’

‘‘तुम नहीं जानती, तुम्हारे बिना मैं बहुत अकेला हो जाऊंगा.’’

‘‘सौरी डियर, मुझ से रुकने की बात मत करो. ऐसा नहीं हो सकता.’’

‘‘तुम चाहो तो सब हो सकता है.’’

‘‘उदास नहीं होते बेबी, दिस इज नौट बिग मैटर.’’ कहने के साथ ही डारिया उस की बातों को हंसी में टाल गई. जबकि सिद्धार्थ के साथ ऐसा नहीं हो सका.

उस दिन से सिद्धार्थ की चिंता का दौर शुरू हो गया. वह अजीब से तनाव में रहने लगा. उस की रातों की नींद उड़ गई. दरअसल वह मन ही मन फैसला कर चुका था कि वह डारिया को अपनी दुलहन बनाएगा. वह सोचता था कि डारिया इतने दिनों साथ रही है. उस के दिल में भी उस के लिए जगह होगी. वह पति के रूप में उसे अपना कर हमेशा के लिए भारत में बस जाएगी. इसलिए अब उस ने जल्द से जल्द अपने दिल की बात उस से करने का मन बना लिया.

इस बीच डारिया भारत को अलविदा कह कर जाने की तैयारी करने लगी थी. उस ने एक एजेंट के जरिए 18 नवंबर की अपनी टिकट भी बुक करा ली थी. यह बात पता चलने पर सिद्धार्थ बौखला गया. एक दिन वह डारिया के कमरे में आया तो उस की आंखों व चेहरे पर उदासी के बादल मंडरा रहे थे. उस की परेशानी छिपने वाली नहीं थी. उस ने डारिया से कहा, ‘‘मैं तुम से एक बात कहना चाहता हूं डारिया.’’

‘‘क्या?’’ डारिया ने आंखों में आंखें डाल कर पूछा तो वह बोला, ‘‘हमारा धर्म, संस्कार और देश भले ही अलग हों, लेकिन मेरे दिल ने सिर्फ तुम्हारी धड़कन को महसूस किया है. मैं तुम्हें सच्चा प्यार करता हूं. जब से तुम मेरी जिंदगी में आई हो, मैं ने अपनी हर खुशी और हर गम को तुम से जोड़ कर देखा है. मैं तुम से शादी करना चाहता हूं. मैं चाहता हूं कि तुम हमेशा के लिए यहीं रह जाओ.’’

‘‘कैसी बात कर रहे हो सिद्धार्थ? मैं यहां शादी करने नहीं, घूमने के लिए आई थी.’’

‘‘लेकिन…’’ उस ने कुछ कहना चाहा तो डारिया ने उसे बीच में ही टोक दिया, ‘‘प्लीज सिद्धार्थ, रिश्ते अपनी जगह हैं, लेकिन मैं ने इस बारे में कभी नहीं सोचा.’’

‘‘अब तो सोच सकती हो?’’

‘‘सौरी सिद्धार्थ.’’

‘‘तुम्हारे जाने से मैं बहुत दुखी हो जाऊंगा.’’ सिद्धार्थ ने कहा तो डारिया उसे समझाते हुए बोली, ‘‘मैं तुम से दूर नहीं जा रही सिद्धार्थ. महसूस कर के देखना, मुझे हरदम अपने साथ पाओगे. मैं तो यहां सिर्फ घूमने आई थी. मेरा लक्ष्य तुम नहीं थे. मुझे यहां तुम जैसा अच्छा दोस्त मिला, यह मेरे लिए खुशी की बात है. हमारी दोस्ती की डोर इतनी कमजोर नहीं, जो दूरियों से टूट जाए.’’

‘‘प्लीज एक बार शादी के बारे में सोच लो. मैं तुम्हें बहुत खुश रखूंगा.’’ सिद्धार्थ ने गिड़गिड़ाने वाले अंदाज में कहा तो वह उस के प्रस्ताव को सिरे से खारिज करते हुए बोली, ‘‘नेवर सिद्धार्थ, यह सच है कि मैं तुम्हारे साथ रही. तुम ने मेरा खयाल भी रखा. इसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगी. थैंक्यू सो मच.’’

सिद्धार्थ के सपने जैसे एक झटके में चकनाचूर हो गए. उसे डारिया से ऐसी उम्मीद नहीं थी. उस की हालत हारे हुए जुआरी जैसी हो गई. अब जैसेजैसे दिन बीत रहे थे, सिद्धार्थ और भी परेशान होता जा रहा था. वह दिनरात डारिया के बारे में सोचता और वक्त बेवक्त उसे मनाने की कोशिश भी करता, लेकिन हर बार डारिया का जवाब ना ही होता. डारिया उस की उदासी की वजह जानती थी, लेकिन उस की अपनी मजबूरी थी. इस से सिद्धार्थ बुरी तरह चिढ़ गया. प्यार की नाकामी ने उस के दिल में नफरत का सैलाब भर दिया. गुस्सैल प्रवृत्ति का होने से इस में और भी इजाफा हुआ.

उसे लगा कि डारिया ने उस के साथ बेवफाई की है और उसे अपनी खूबसूरती पर घमंड है. अगर वह उस की बात नहीं मानेगी तो वह भी उसे किसी के काबिल नहीं छोड़ेगा. उस की हालत पागलों जैसी हो गई. आखिर सिद्धार्थ ने डारिया पर तेजाब से हमला करने का फैसला कर लिया. इंटरनेट पर उस ने खतरनाक एसिड के बारे में जानकारी जुटाई और शहर में उस की दुकान का पता भी खोजा. 6 नवंबर को उस ने गांधीनगर मार्केट स्थित कैमिकल की एक दुकान से 750 रुपए में ढाई लीटर सल्फ्युरिक एसिड खरीद कर अपने पास रख लिया. यह एसिड एक जार में था. 12 नवंबर की शाम उस ने डारिया से अंतिम बार कहा, ‘‘डारिया एक बार फिर सोच लो.’’

लेकिन वह उस की बात से चिढ़ कर बोली, ‘‘तुम पागल हो गए हो सिद्धार्थ.’’

‘‘पागल ही सही, मुझे सोच कर जवाब दे देना.’’ कहते हुए वह उस के कमरे से बाहर निकल गया.

रात में डारिया छत पर सोने के लिए चली गई. वह खुली छत पर बिस्तर लगा कर सोती थी. डारिया तो अपने घर जाने के सपने लिए नींद के आगोश में चली गई. लेकिन सिद्धार्थ की आंखों से नींद कोसों दूर थी. उसे पूरी रात नींद नहीं आई. वह तड़के छत पर पहुंचा. डारिया उस वक्त सो रही थी. उस ने उसे जगाया. डारिया ने आंखे मलते हुए पूछा, ‘‘क्या बात है सिद्धार्थ?’’

‘‘क्या सोचा तुम ने जाने के बारे में?’’ सिद्धार्थ ने कठोरता से पूछा तो उस के इरादे से अंजान अलसाई डारिया बोली, ‘‘ओफ्हो तुम अब भी इसी बात को ले कर बैठे हो. मुझे जाना है यार.’’ कहने के साथ वह दोबारा लेटने लगी, लेकिन तभी बिजली की सी गति से सिद्धार्थ के हाथ हरकत में आ गए. उस ने पीछे की तरफ किया हुआ अपना हाथ आगे किया और जग में लिया हुआ तेजाब डारिया की तरफ उछाल दिया.

इस के बाद वह चीते की सी फुर्ती से भाग गया. यह सब अप्रत्याशित था. तेजाब गिरते ही डारिया दर्द से बिलबिला उठी. उस के हलक से दर्दनाक चीखें निकलने लगीं. इस के बाद ही सिद्धार्थ के घर वाले दौड़ कर ऊपर पहुंचे थे और उसे अस्पताल में दाखिल कराया था. सिद्धार्थ चूंकि घर में नजर नहीं आ रहा था, इसलिए घर वालों को उस पर शक तो था, पर वह इस बात को छिपाए रहे. बाद में जब डारिया ने उस का नाम पुलिस को बताया तो उन्होंने सिद्धार्थ के फरार होने की बात पुलिस को बता दी. उधर सिद्धार्थ दिनभर इधरउधर छिपता घूमता रहा. घूमतेघूमते शाम को वह बस स्टैंड पहुंचा. उस ने शहर को हमेशा के लिए छोड़ देने का फैसला कर लिया था. लेकिन इस से पहले ही वह पुलिस के शिकंजे में आ गया. सिद्धार्थ की करतूत पर हर कोई हैरान था.

अगले दिन यानी 14 नवंबर को रूसी दूतावास के अधिकारी बनारस पहुंचे और पीडि़त डारिया से मिले. दूतावास के जरिए ही उस के घर वालों को हादसे की जानकारी दी गई. वे लोग चाहते थे कि बेहतर उपचार के लिए बेटी अपने देश आ जाए. गृह मंत्रालय के निर्देश पर डाक्टरों की एक टीम डारिया को एयर एंबुलैंस के जरिए दिल्ली ले गई और उसे सफदरजंग अस्पताल में भरती करा दिया.

डाक्टरों ने जांच की तो पता चला कि डारिया की बाईं आंख की रोशनी पूरी तरह जा चुकी है. विदेश मंत्रालय के अधिकारी वाराणसी से उस का सामान ले गए. इस के बाद डारिया को उस के परिजनों की इच्छानुसार विदेशी दूतावास के जरिए उस के देश भेज दिया गया. केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने घोषणा की है कि डारिया के इलाज का खर्चा भारत सरकार उठाएगी. इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने भी डारिया के नाम 5 लाख रुपए का एक चैक भारत सरकार को भेज दिया था. उधर आरोपी के दादा हृदयनाथ श्रीवास्तव का कहना था कि वह डारिया के लिए खुद नेत्रदान करने को तैयार हैं.

हमले से आहत डारिया का कहना था कि वह सिद्धार्थ से एक बार मिल कर पूछना चाहती है कि क्या किसी से दोस्ती या उस पर विश्वास करना गलत है? उस ने पुलिसकर्मियों से कहा कि सिद्धार्थ को माफ कर दिया जाए. सिद्धार्थ उस का अच्छा दोस्त है. डारिया ने यह भी कहा कि भारत एक अच्छा देश है. वह भविष्य में भी यहां आती रहेगी.

इधर पुलिस ने आरोपी सिद्धार्थ से विस्तृत पूछताछ व जरूरी कागजी औपचारिकताओं को पूरा कर के जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. कथा तैयार करने तक आरोपी जेल में था. पुलिस उस के खिलाफ चार्जशीट तैयार करने के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) की काररवाई करने की तैयारी कर रही थी.

डारिया से सिद्धार्थ को पहचानने की भूल हो गई थी. दूसरे सिद्धार्थ डारिया की दोस्ती और संबंधों को प्यार समझ कर उस के साथ दुनिया बसाने का ख्वाब देखने लगा था. अगर दोनों पहले ही एकदूसरे को ठीक से परख लेते तो न डारिया दर्दनाक हादसे से रूबरू होती और न सिद्धार्थ का भविष्य खराब होता. Love Story

—कथा पुलिस सूत्रों

Hindi stories: जुर्म का रिश्ता

Hindi stories: चोरीडकैती करने वाली लैला को रौनी से प्यार हुआ तो वह साथियों से धोखा करने लगी. भला उस के साथी यह धोखेबाजी कैसे बरदाश्त करते, परिणामस्वरूप वह मारी गई.

सीनियर पुलिस इंसपेक्टर से मिलने का समय ले कर मैं ने फोन रखा ही था कि रौनी आ गया. उस का चेहरा उतरा हुआ था. इस का मतलब था कि वह किसी मुसीबत में था. उस ने आते ही कहा, ‘‘कौफी का वक्त है, मंगवा लो.’’

मैं ने कौफी का और्डर दे दिया. उस ने कुरसी पर करवट बदलते हुए कहा, ‘‘दोस्त, मैं तुम से कुछ कहना चाहता हूं, जिस से मेरा दिल हलका हो जाए.’’

रौनी ऊंचा, स्मार्ट और पूरा आदमी था. वह काला सूट पहने था. रौनी अपनी बात कहे, उस से पहले मैं थोड़ा अपने बारे में बता दूं. मैं एक प्राइवेट डिटैक्टिव हूं. इस इमारत की दूसरी मंजिल पर मेरा औफिस है. उसी मंजिल पर रौनी का भी औफिस है. वह एक साइकियाट्रिस्ट था. उस के पास ज्यादा लोग नहीं आते थे, पर जो आते, वे बड़े लोग होते थे. वह उन्हीं लोगों से इतनी रकम ऐंठ लेता था कि उसे पैसों की कोई तकलीफ नहीं होती थी, क्योंकि उन के सेशन काफी चलते थे.

रौनी अपने काम में परफेक्ट था, क्योंकि जो लोग उस के पास आते थे, वे कहीं और नहीं जाते थे. उस के पास समय की कमी नहीं होती थी, इसलिए दिन में 1-2 चक्कर वह मेरे औफिस के जरूर लगा लेता था. उस की बातें बड़ी दिलचस्प और असरदार होती थीं. उस के न आने पर मुझे उस की कमी महसूस होती थी. आज मैं थोड़ा मसरूफ था. मेरा दिमाग एक उलझन में फंसा था. उस समय मेरे सामने सब से बड़ा मसला गहनों की दुकानों में होने वाली डकैतियां थीं. मेरे एक ज्वैलर क्लाइंट ने अपनी दुकान पर होने वाली डकैती के बारे में पता लगाने का काम मुझे सौंप रखा था.

इसी बात को ले कर मैं ने सीनियर पुलिस इंसपेक्टर मेहता से बात की थी. उस ने आज ही मुझे थाने बुलाया था. रौनी ने मुझे सोच में डूबा देख कर कहा, ‘‘सच में मैं बहुत परेशान हूं. मेरी दोस्त लैला का कुछ पता नहीं चल रहा है, न कोई फोन, न कोई सूचना.’’

लैला काम क्या करती थी, यह मुझे पता नहीं था, लेकिन इतना जरूर पता था कि वह क्रिस्टल बौल में लोगों को उन का भविष्य बता कर बेवकूफ बनाया करती थी. वह बेहद खूबसूरत और हंसमुख लड़की थी. हां, उस की ड्रैसिंग कुछ अजीब होती थी. वह काला या सुरमई रंग का रेशमी लबादानुमा चोंगा पहनती थी. उस के बाल पौनीटेल में बंधे होते थे. हाथों में ढेर सी मोटीमोटी चांदी की चूडि़यां कानों में बड़ीबड़ी बालियां और हमेशा होंठों पर गहरी लिपस्टिक लगाए रहती थी.

मैं ने रौनी से कहा, ‘‘हो सकता है रौनी, वह किसी काम से कहीं बाहर चली गई हो और तुम्हें बता न पाई हो?’’

‘‘नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता. मुझे बिना बताए वह कहीं नहीं जा सकती.’’

‘‘यह भी हो सकता है कि वह किसी क्लाइंट को प्रभावित करने के लिए कुछ खास कर रही हो और उसे फुरसत न मिल रही हो.’’

मैं ने यह बात इसलिए कही थी, क्योंकि मुझे पता चला था कि वह भविष्य बता कर अच्छेभले लोगों को उल्लू बना रही थी. मेरा तो यह भी सोचना था कि वह रौनी को भी उल्लू बना रही थी. प्यार वगैरह सब ढोंग था. रौनी का प्यार तो सच्चा था, पर मुझे लैला पर जरा भी भरोसा नहीं था.

लेकिन यह सब मैं रौनी से नहीं कह सकता था. मैं ने उसे तसल्ली देते हुए कहा, ‘‘तुम परेशान बिलकुल मत हो, निश्चित वह कहीं काम में फंसी है. जल्दी ही वह तुम्हें खबर देगी.’’

‘‘नहीं, मेरा दिल बेचैन है. परसों रात हम मिलने वाले थे. मैं उस के फ्लैट पर गया, लेकिन वह वहां नहीं मिली. कल और आज मैं ने कई बार उसे फोन किया, पर उस ने फोन नहीं उठाया. पता नहीं क्या बात है? तुम प्राइवेट जासूस हो, मेरी गुमशुदा महबूबा को ढूंढने का केस ले लो प्लीज.’’

‘‘क्या तुम ने लैला की गुमशुदगी थाने में दर्ज करा दी है?’’

‘‘नहीं, क्या मुझे उस की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दे देनी चाहिए?’’

‘‘अगर, सच में वह गायब है तो अवश्य दे देनी चाहिए.’’ मैं ने कहा.

दरअसल, मैं उस का केस लेना नहीं चाहता था, क्योंकि मेरा खयाल था कि लैला जानबूझ कर उस से मिलना नहीं चाह रही है. नहीं तो वह जरूर खबर करती. जाहिर है, ऐसी सूरत में मेरी भागदौड़ बेकार जाती. रौनी ने कहा, ‘‘यह मत समझना कि मैं मुफ्त में काम कराऊंगा. मैं तुम्हें इस की पूरी फीस दूंगा.’’

‘‘मेरा खयाल है कि हमें जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना चाहिए. हो सकता है, जल्द ही वह तुम्हें सूचना दे.’’

मेरा इंसपेक्टर से मिलने का समय हो गया था, इसलिए मैं ने खड़े होते हुए कहा, ‘‘मुझे एक जरूरी काम से पुलिस स्टेशन जाना है. मैं वहां पता करूंगा कि उस के साथ कोई हादसा तो नहीं हो गया. इस बीच तुम उस के दोस्तों और रिश्तेदारों को फोन कर के पता कर लो.’’

उस ने इत्मीनान की सांस ली. हकीकत में मैं इस मामले को ले कर जरा भी परेशान नहीं था. मैं पुलिस स्टेशन चला गया. इंसपेक्टर मेहता ने मुझे बैठा कर कहा, ‘‘मि. रुस्तम, मसला यह है कि गहनों की दुकानों में लगातार होने वाली चोरियों ने हमें परेशान कर रखा है. मेरा खयाल है, ये सारी वारदातें एक ही सिलसिले की कडि़यां हैं, पर ऐसा कोई सबूत नहीं मिल रहा है, जिस से तफतीश आगे बढ़ सके.’’

‘‘यह अंदाजा आप ने कैसे लगा लिया कि ये वारदातें एक ही सिलसिले की कडि़यां हैं? यह भी तो हो सकता है कि कोई एक ही आदमी हो, जो अलगअलग जगहों पर वारदात कर रहा हो?’’

‘‘ऐसा सोचने की वजह यह है कि एक तो ये सारी वारदातें दिन में हुई हैं, दूसरे लूटे गए गहने एकदम से गायब हो गए हैं. उन्हें कहीं बेचा भी नहीं गया. हम इस पर कड़ी नजर रखे हुए हैं. इस से यही लगता है कि यह किसी एक गिरोह का या एक आदमी का काम है.’’

इंसपेक्टर मेहता होशियार और तेजतर्रार पुलिस अफसर थे. वह जरा भी घमंडी और मगरूर नहीं थे. प्राइवेट जासूसों से भी अच्छे से मिलते थे, इसलिए मेरी उन से अच्छी अंडरस्टैंडिंग थी. आज हमारी मुलाकात का यही मकसद था कि वह इस उलझे हुए केस में मेरी सलाह और मदद चाहते थे. मैं ने पूछा, ‘‘मैं आप की क्या मदद कर सकता हूं?’’

‘‘मैं ने कुछ लोगों को पकड़ रखा है. वे इन डकैतियों में शामिल हो सकते हैं, पर काफी कोशिश के बाद भी मैं उन से कुछ मालूम नहीं कर सका हूं. शायद आप उन से काम की कोई बात उगलवा सकें.

उन के औफिस से निकल कर मैं हवालात की ओर बढ़ा था कि बरामदे में पड़ी बैंच पर मुझे रौनी की महबूबा लैला बैठी दिखाई दी. 2-3 बार वह रौनी के साथ मेरे औफिस में आई थी, इसलिए मैं उसे पहचानता था. वह थोड़ी तिरछी बैठी थी, इसलिए शायद उस ने मुझे नहीं देखा. मैं ने मेहता से पूछा, ‘‘इस औरत को जानते हो?’’

‘‘नहीं, पहले कभी नहीं देखा.’’

पहले जिस आदमी को मेरे सामने लाया गया, उस का नाम नरेन था. वह ज्वैलरी की एक दुकान में काम करता था. उस दुकान में भी डकैती हो चुकी थी. उस ने वारदात के 2 दिन पहले वहां से नौकरी छोड़ दी थी. उस से पूछताछ करने पर मैं इस नतीजे पर पहुंचा कि उस का डकैती से कोई संबंध नहीं है. दूसरा आदमी सीधासादा नौजवान बब्बन था, बातचीत से ही वह बेकसूर लग रहा था. तीसरा आदमी लंबे चेहरे वाला जिमी था. उस का कहना था कि इस शहर में आए उसे बस 2 हफ्ते ही हुए हैं. वह यहां अपनी बीमार मां को देखने आया था, जो एक नर्सिंगहोम में एडमिट थी. उस ने मेरी हर बात के जवाब ठीक दिए थे, इसलिए उस पर शक की कोई गुंजाइश नहीं थी.

फिर भी मैं ने नर्सिंगहोम में भरती उस की मां से मिलने का फैसला किया. लेकिन इस से कुछ खास फायदा नहीं हुआ. उस की मां काफी बूढ़ी थी. वह व्हीलचेयर पर बैठी थी, जिसे एक नर्स धकेल रही थी. मैं ने अपना परिचय दिया तो वह मुसकराने लगी. मैं ने कहा, ‘‘मिसेज जेसिका मैं यहां सिर्फ यह पता करने आया हूं कि यहां आप की ठीक से देखभाल हो रही है या नहीं?’’

वह सिर्फ मुसकराती रही.

मैं ने आगे पूछा, ‘‘आप के कितने बच्चे हैं, क्या आप को देखने आते हैं?’’

उस ने मुसकराते हुए कहा, ‘‘हां, मेरे 6 बच्चे हैं.’’

‘‘क्या आप उन के नाम बता सकती हैं.’’

‘‘जौर्ज, साबू, सरीन, रौकी, मेरिन और पवन.’’

‘‘क्या उन में किसी का नाम जिमी भी है?’’

‘‘हां है न, वह बहुत अच्छा लड़का है.’’

‘‘लेकिन अगर जिमी को मिला लेते हैं तो आप के 7 बच्चे हो जाते हैं.’’

‘‘तो फिर 7 ही होंगे.’’

‘‘अच्छा, एक बार उन के नाम फिर से बताइए.’’

‘‘जिमी, पवन, जौन, सुरेश, बाबू, रीता, मेरिन.’’

मैं समझ गया कि बुढि़या का दिमाग ठीक नहीं है. मैं ने नर्सिंगहोम के रिसेप्शन से पता किया तो बताया गया कि जिमी के हुलिए का एक आदमी अकसर उस से मिलने आता रहता था. यह भी पता चला कि बुढि़या से मिलने तमाम लोग आते रहते थे. वह किसी को बेटा कहती थी तो किसी को बेटी.

जवान पोतेपोतियां भी उस से मिलने आते थे. इन की सारी तादाद पता नहीं थी. मेरे खयाल में जेसिका इस मामले में खुशनसीब थी. इतने लोग उस से मिलने आते थे और उस का खयाल रखते थे. शायद बुढ़ापे की वजह से उस की याददाश्त ठीक नहीं थी. कई बार तो उसे मिलने आने वाले बेटेबेटी या पोते का नाम क्या है, यही नहीं याद होता था? सब का प्यार मिलने की वजह से हर वक्त उस के होंठों पर मुसकान खिली रहती थी.

मैं रौनी से बचता हुआ अपने औफिस पहुंच गया. अगर मैं उसे यह बता देता कि मैं ने लैला को थाने में बैठी देखा था तो वह मेरी जान खा लेता. सवाल करकर के परेशान कर देता, इसलिए मैं उस से नहीं मिला.

रात को मैं अपने अपार्टमैंट में सो रहा था कि फोन की घंटी बजी. आंख खुली तो देखा रात के 2 बज रहे थे. फोन उठाना मेरी मजबूरी थी. दूसरी तरफ से रौनी की परेशान आवाज सुनाई दी, ‘‘रुस्तम, पुलिस मेरे अपार्टमैंट की तलाशी ले रही है, तुम जल्दी से आ जाओ.’’

‘‘क्यों, पुलिस तुम्हारे अपार्टमेंट की तलाशी क्यों ले रही है?’’ मैं ने हैरानी से पूछा.

‘‘पता नहीं, ये लोग कुछ बता भी नहीं रहे हैं. दोस्त तुम फौरन आ जाओ. तुम पुलिस के साथ काम करते हो, मुमकिन है तुम इस मामले में मेरी कुछ मदद कर सको. मेरी कुछ समझ में नहीं आ रहा है?’’

यह बात मेरी भी समझ में नहीं आई थी. आखिर पुलिस रौनी के फ्लैट की तलाशी क्यों ले रही थी? मैं उसे अच्छी तरह से जानता था, वह एक शरीफ आदमी था.

उस की मदद करना जरूरी था, इसलिए मैं उसी वक्त घर से निकल पड़ा. 10 मिनट में मैं उस की बिल्डिंग में पहुंच गया. उस समय इंसपेक्टर मेहता फ्लैट से निकल रहा था. मुझे देख कर बोला, ‘‘हैलो रुस्तम, आखिरकार हम ने इसे पकड़ ही लिया?’’

‘‘क्या…?’’ मैं ने हैरानी से पूछा.

‘‘हां, पूरा माल तो नहीं, फिर भी अलगअलग दुकानों से चोरी के कुछ गहने जरूर बरामद हुए हैं. समझ लो केस खुल गया. पुलिस स्टेशन आ जाओ, मैं तुम्हें सब विस्तार से बता दूंगा.’’

मैं कुछ कहना चाहता था, तभी एएसआई और सिपाही रौनी को हथकड़ी लगा कर मेरे सामने से गुजरे, उस ने नाइटसूट पर कोट पहन रखा था, पैरों में स्लीपर थे. मुझे देख कर वह दुखी हो कर बोला, ‘‘प्लीज, मेरी मदद करो, मैं बेकसूर हूं रुस्तम.’’

पुलिस वाले उसे ले कर चले गए. मैं ने इंसपेक्टर मेहता से कहा, ‘‘मुझे लगता है, आप ने गलत आदमी को पकड़ लिया है?’’

‘‘यह तुम कैसे कह सकते हो? इस के फ्लैट से चोरी का कुछ माल बरामद हुआ है.’’

‘‘एक बात मेरी समझ में यह नहीं आ रही है कि तुम्हें  इस पर क्यों शक हुआ?’’

‘‘रौनी के घर में जो औरत साफसफाई का काम करती है, उस ने अखबारों में गहनों की दुकानों में होने वाली डकैतियों के बारे में पढ़ा था. आज शाम को थाने आ कर उसी ने बताया कि उस ने रौनी के घर में कई जगहों पर गहनों के डिब्बे छिपे हुए देखे हैं, जिन में गहने रखे हैं.’’

मैं ने मेहता से कहा कि रौनी इस तरह का आदमी नहीं है. वह शरीफ और कानून पसंद आदमी है. इंसपेक्टर मेहता भी मुझ से सहमत थे, पर गहने उस के घर से बरामद हुए थे. हो सकता था, इस में उस का हाथ न हो. मैं ने कहा, ‘‘मुझे लगता है, उसे किसी ने फंसाने की कोशिश की है?’’

‘‘पर वह कौन हो सकता है? उस ने ऐसा क्यों किया?’’

उसी समय मेरी जेहन में लैला का खयाल आया. उसे मैं ने थाने के बरामदे में बैठी देखा था. मैं ने यह बात मेहता से पूछी तो उस ने कहा, ‘‘हां, सुबह जब तुम ने उस के बारे में पूछा था तो मैं ने पता किया कि वह थाने क्यों आई थी? उस ने बताया कि वह जिमी का इंतजार कर रही थी. मेरा खयाल है कि वह जिमी की गर्लफ्रैंड है, क्योंकि जब जिमी पहुंचा था तो उन दोनों में बातचीत भी हुई थी. झगड़े जैसी आवाजें भी आई थीं. बाद में वह उसी के साथ चली गई थी.’’

‘‘मुझे यकीन था कि वह रौनी और इस केस के बीच की कड़ी थी. हमें सख्त पूछताछ करनी होगी.’’ मैं ने कहा.

‘‘मैं अपने आदमियों को लैला और जिमी की तलाश में भेजता हूं.’’ मेहता ने कहा.

रौनी को पुलिस से रिहा करा कर मैं घर आ गया. मैं ने मेहता से वादा किया था कि किसी भी वक्त रौनी को हाजिर करने की जिम्मेदारी मेरी है. उस ने भी कहा था कि लैला के मिलते ही वह मुझे सूचना देगा.

दूसरे दिन रौनी जब मेरे औफिस आया तो उस की हालत काफी खराब थी. उस के बाल बिखरे हुए थे, चेहरा  उजड़ा हुआ था. वह दुखी हो कर बोला, ‘‘यह कितनी खराब बात थी कि पुलिस वाले मुझे मुजरिमों की तरह हथकड़ी लगा कर ले गए.’’

‘‘रौनी, तुम्हारे घर से चोरी के गहने बरामद हुए थे. उन्हें यह तो करना ही था. शुक्र करो कि तुम्हें रिहाई मिल गई, सवाल यह है कि तुम्हारे घर चोरी के गहने आए कैसे?’’

‘‘मुझे इस बारे में कुछ खबर नहीं है. तुम्हें तो पता है कि मैं ज्यादातर घर से बाहर रहता हूं. मुझे खुद हैरानी हो रही है कि मेरे घर किस ने और क्यों वे गहने रखे?’’

‘‘लैला के बारे में तुम्हारा क्या खयाल है, क्या यह मुमकिन है?’’

उस ने मेरी बात काट कर कहा, ‘‘नहीं, वह ऐसा नहीं कर सकती. उस के पास चोरी के गहने कहां से आएंगे? तुम उस पर क्यों शक कर रहे हो?’’

‘‘क्या तुम उस के अतीत के बारे में जानते हो? उस की हर गतिविधि की जानकारी तुम्हें रहती है?’’

‘‘क्यों, उस की ऐक्टीविटीज जानना जरूरी है?’’

‘‘तभी तो कोई बात तुम दावे से कह सकते हो. किसी इंसान के बारे में कुछ कहने के लिए उस का अतीत, वर्तमान और बैकग्राउंड जानना जरूरी है और उसे गहनों का शौक भी बहुत है.’’

‘‘मैं उस के बारे में बस इतना जानता हूं कि उस की बूढ़ी मां यहां के एक नर्सिंगहोम में भरती है.’’

‘‘एक मिनट, उस की मां का नाम क्या है? और वह किस नर्सिंगहोम में भरती है?’’

उस ने हिचकिचाते हुए कहा, ‘‘न तो मुझे उस की मां का नाम पता है, न नर्सिंगहोम का.’’

‘‘क्या  उस के बहुत सारे भाईबहन हैं?’’

‘‘भाईबहन का उस ने जिक्र ही नहीं किया मुझ से.’’

मेरे दिमाग में अजीब सी हलचल मची हुई थी, जिस ने मुझे बेचैन कर रखा था.

दोपहर को एक संदिग्ध आदमी से पूछताछ चल रही थी. मुझे देखते ही मेहता ने कहा, ‘‘पिछली रात तुम्हारे दोस्त के फ्लैट से जो गहने हमें मिले थे, उन्हें 2-3 दुकानदारों ने पहचान लिया है. उन्हीं की दुकान के थे. बस इस के आगे तफतीश नहीं बढ़ रही है.’’

‘‘लैला का क्या हुआ? उस से कोई काम की बात पता चली?’’

‘‘नहीं, हम उसे अभी तक तलाश नहीं सके.’’

‘‘तुम ने कहा था कि कल उस ने जिमी से बात की थी और उसी के साथ गई थी तो जिमी को पकड़ कर उस से लैला के बारे में क्यों नहीं पूछते?’’

‘‘मेरे दिमाग में यह बात आई तो थी, लेकिन जिमी भी लापता है.’’ मेहता ने कहा.

मैं ने उसे जिमी की मां से मुलाकात के बारे में बता कर कहा कि रौनी बता रहा था कि लैला की मां भी किसी नर्सिंगहोम में भरती है. तभी फोन बज उठा. उस के चेहरे पर चिंता उभर आई. कुछ अच्छी खबर नहीं थी. बताया गया कि लैला की लाश एक कूड़ेदान में पड़ी मिली है, उसे पिछली रात ही मारा गया है. मैं एक ठंडी सांस भर कर रह गया. यकीनन लैला की मौत रौनी के लिए एक बड़ा सदमा थी. उस ने आगे कहा, ‘‘उस की मां का नाम जेसिका है. वह यहां एक नर्सिंगहोम में भरती है, मेरा खयाल है हमें उस से मिलना चाहिए. शायद उस से कुछ काम की बातें पता चल सकें. उसे उस की बेटी की मौत की इत्तला भी देनी है.’’

जेसिका से काम की कोई बात पता चल सकेगी, मुझे जरा भी उम्मीद नहीं थी. हो सकता है बेटी की मौत की खबर सुन कर वह कुछ कहे या नौर्मल हो जाए. जब हम नर्सिंगहोम पहुंचे, जेसिका के कमरे में ताला लगा था. हम ने नर्स से पूछा तो उस ने कहा, ‘‘वह यहीं कहीं घूम रही होगी. थोड़ी देर पहले अपनी व्हीलचेयर पर यहीं बरामदे में घूम रही थी.’’

पर हमें जेसिका कहीं नहीं मिली. हम ने उन से डुप्लीकेट चाबी ले कर कमरा खोला तो कमरे की सारी चीजें बिखरी पड़ी थीं, मेज की दराजें खुली थीं, सामान बाहर पड़ा था. 2 दिन पहले उस ने जो गाउन पहन रखा था, वह भी फर्श पर पड़ा था. बिस्तर भी अस्तव्यस्त था. हम सब हैरान थे, क्योंकि वह तो डिसएबल थी. वह ऐसा कर नहीं सकती थी. किसी की मदद के बगैर उसे कुछ करना मुमकिन नहीं था. अचानक मेरे दिमाग में एक बात कौंधी, मैं तेज कदमों से नर्सिंगहोम के सामने की तरफ बढ़ा. सीढि़यों के करीब पहुंच कर मैं ने खिड़की से बाहर झांका. उस समय हम दूसरी मंजिल पर थे.

नीचे इमारत के सामने मुझे जेसिका दिखाई दे गई. वह जल्दीजल्दी 2 सूटकेस एक टैक्सी के पिछले दरवाजे से ठूंसने की कोशिश कर रही थी. जल्दी से वह टैक्सी की पिछली सीट पर बैठ गई. इस बीच मेहता और नर्स भी मेरे करीब आ गए थे. उन दोनों ने भी जेसिका को देख लिया था.

मेहता ने पूछा, ‘‘क्या यही जेसिका है?’’

मैं ने कहा, ‘‘हां, यही जेसिका है.’’

नर्स दांत भींचते हुए गुस्से में बोली, ‘‘मैं इस कमबख्त को मजबूर समझ कर 2 महीने से इस की व्हीलचेयर धकेल रही थी. यह तो मुझ से भी तेज चल सकती है.’’

मेहता ने मोबाइल निकाल कर टैक्सी के औफिस फोन कर के पूछा कि जो टैक्सी इरोज नर्सिंगहोम से सवारी उठा रही है, वह कहां के लिए बुक की गई है?

पता चला कि वह टैक्सी एयरपोर्ट जाने के लिए बुक की गई थी. उन्होंने उसी समय थाने फोन कर के ड्यूटी औफिसर से कहा कि इस नंबर की टैक्सी का तुरंत पीछा किया जाए, साथ ही बारीकी से मिसेज जेसिका का हुलिया बता कर कहा गया कि जैसे ही यह औरत टैक्सी से उतरे, उस की निगरानी की जाए.’’

इस में कोई शक नहीं कि मेहता एक जहीन अफसर थे. उन्होंने बड़ी होशियारी से पूरी सिचुएशन को हैंडल किया और उन्होंने तुरंत एयरपोर्ट फोन कर के वहां के सिक्यूरिटी अफसर से बात की. उन्होंने जेसिका का हुलिया बता कर कहा कि इसे या इस के किसी साथी को प्लेन में सवार न होने दिया जाए. मेहता की ज्यादा दिलचस्पी उन दोनों सूटकेसों में थी, जो जेसिका ने कार में ठूंसे थे. नर्सिंगहोम से निकल कर मेहता की गाड़ी एयरपोर्ट के लिए चल पड़ी थी. मुझे उम्मीद थी कि हम टाइम पर एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे और हमेशा मुसकराने वाली बुढि़या का ड्रौपसीन देख लेंगे, जिस की बेजान टांगे एकदम ठीक हो गई थीं.

मेहता ने वायरलैस स्विच औन कर लिया था और अपने आदमियों से मिलने वाली खबरें एयरपोर्ट के सिक्यूरिटी अफसर को देने लगा कि जेसिका की टैक्सी एयरपोर्ट पार्किंग में दाखिल हो रही है. उस का स्वागत करने को तैयार रहें. हम खुशनसीब निकले कि जब हम लोग एयरपोर्ट पहुंचे, मिसेज जेसिका टैक्सी से उतर रही थीं, साथ ही मेहता के बंदे भी पहुंच चुके थे. जेसिका दोनों हाथों से सूटकेस संभाले टिकट काउंटर की ओर बढ़ी. उस के बाद वह वेटिंग लाउंज की ओर बढ़ी. वहां भीड़ में मिसेज जेसिका की उस के बच्चों से मुलाकात हो गई. वे सब के सब जवान और अधेड़ उम्र के थे.

जैसे ही स्पीकर पर कहा गया कि मुसाफिर जहाज पर पहुंच जाएं, वे सब लाउंज के दरवाजे की तरफ बढ़े. उसी समय मेहता के सहयोगियों और एयरपोर्ट के सिक्यूरिटी अफसर ने आगे बढ़ कर उस हंसतीमुसकराती फैमिली को अपने घेरे में ले लिया. उन में से 1-2 ने भागने की कोशिश की, लेकिन वे पकड़ लिए गए. उसी समय हम सब भी वहां पहुंच गए. मैं ने उन में से कुछ को पहचान लिया. जिमी और नरेन, उस में वह आदमी भी था, जिस ने चोरी से पहले नौकरी छोड़ दी थी और बब्बन भी था. बाकी लोगों को मेहता ने पहचान लिया. ज्वैलरी डकैती के केस में वह उन से पूछताछ कर चुका था और उन्हें बेगुनाह समझ कर छोड़ दिया था.

बूढ़ी जेसिका के होंठों की मुसकराहट गायब हो चुकी थी. वह गालियां बकते हुए अपनी औलादों को डांट रही थी कि उन लोगों की लापरवाही की वजह से पुलिस उन के पीछे लग गई, यह उन की भूल थी. मेहता के सिपाहियों ने सूटकेस अपने कब्जे में ले लिए. सूटकेस जाते देख कर जेसिका गुस्से से पागल हो उठी. वह पुलिस वालों के विरोध में बोल रही थी. उन के खिलाफ कानूनी काररवाई की धमकी दे रही थी. हमें यकीन था कि शहर की दुकानों से लूटे गए गहने उन्हीं दोनों सूटकेसों में हैं. इसलिए इन सब को गिरफ्तार करने के लिए कहा गया. अंदाजा था, लैला का मर्डर भी उन्हीं लोगों ने किया था.

जब उन सब को हथकडि़यां पहनाई जाने लगीं तो वे सब खुद को बेगुनाह साबित करते हुए बुरी तरह चीखनेचिल्लाने लगे. उन की मां बचीखुची गालियां दे कर उन्हें चुप कराने लगी. पुलिस स्टेशन पहुंच कर बारीबारी से सब से अलगअलग पूछताछ की गई. पता चला कि लैला के कत्ल के बाद जिमी ने ही जेसिका और अन्य लोगों को वहां से भाग चलने के लिए मजबूर किया था. जब जेसिका सारे गहने समेट कर भाग रही थी, तभी हमारी नजर उस पर पड़ गई थी, सारे साथी एयरपोर्ट पर मिल कर फरार होने वाले थे.

अब मेरी सब से बड़ी मुश्किल यह थी कि पेपर में खबर छपने से पहले ये सारी बातें रौनी को कैसे बताऊं? यह सब जान कर उसे कितना दुख होगा और लैला की मौत की खबर तो उसे पागल कर देगी. मैं ने अपने औफिस में उसे बुला कर अच्छे तरीके से सारी बातें बताईं. यह सब सुन कर वह एकदम से शौक्ड रह गया था. उस ने अपने आप पर कंट्रोल किया, दुखी हो कर बोला, ‘‘रुस्तम, मैं ने जिंदगी में पहली बार किसी से मोहब्बत की थी, वह भी बहुत ज्यादा. उस का अंजाम कितना दुखद हुआ. मुझे पता नहीं था कि वह ऐसी होगी और इस तरह मारी जाएगी.’’

मैं जानता था कि उसे बड़ा गहरा सदमा लगेगा. इस क्राइसिस से निकलने में उसे वक्त लगेगा. फिर भी मैं ने उस का दुख कम करने के लिए कहा, ‘‘हो सकता है, उस का बचपन गरीबी में गुजरा हो, हालात से तंग आ कर उस ने चोरी के रास्ते पर कदम बढ़ाए हो, हम कह नहीं सकते. वह किन हालात में चोर बनी, अब उसे भूलने के अलावा और कोई रास्ता नहीं है.’’

रौनी ने एक ठंडी सांस भर कहा, ‘‘हां, शायद तुम ठीक कह रहे हो. वह दिल की बहुत अच्छी थी, बहुत चाहने वाली. पता नहीं किस मजबूरी ने उसे गलत राह पर डाल दिया था.’’

पर यह हकीकत अपनी जगह थी कि वह एक मुजरिम थी. मजे की बात यह थी कि उन सारे लोगों में किसी का किसी से कोई आपसी रिश्ता नहीं था. ये सभी गहनों की दुकानों को लूटने के लिए आपस में मिल बैठे थे. वे अन्य शहरों में भी इसी किस्म की वारदात कर चुके थे. उन सभी को एक गिरोह में समेटने वाली जेसिका थी. वह इस गिरोह की सरगना थी. उस की प्लानिंग और हिदायत पर ही वे वारदात करते थे. गिरोह में कुल 10 लोग थे. लैला भी इस गिरोह में शामिल थी. लेकिन यहां आने के बाद उस की नीयत बदल गई. वह अपने हिस्से के गहने नर्सिंगहोम में भरती जेसिका के पास जमा कराने के बजाय गायब करने लगी. गहने जमा करने के लिए उन्होंने कितनी सेफ जगह ढूंढी थी-नर्सिंगहोम.

लैला की इस हरकत की वजह शायद रौनी था, वह उस से सचमुच मोहब्बत करने लगी थी. वह कुछ माल जमा कर के रौनी को अपनी मोहब्बत से मजबूर कर के किसी अंजान शहर भाग जाना चाहती थी, जहां वह चैन की जिंदगी गुजार सके. चोरी के गहने बेच कर उसे अच्छीखासी रकम मिल सकती थी. लेकिन उस ने अभी तक रौनी को अपने मंसूबे से आगाह नहीं किया था. उसे यह भी नहीं बताया था कि वह चोरी किए गए गहने उस के फ्लैट में छिपा रही है. जेसिका को शक हो गया था कि लैला चोरी किए गए पूरे गहने उस के पास जमा नहीं कर रही है.

उस ने गैंग के दूसरे आदमियों को उस की निगरानी पर लगा दिया था. जिमी ने गहनों के बारे में पता लगाने के लिए सख्ती की तो लैला अपनी जान से हाथ धो बैठी. जुर्म करने के लिए ये सभी एक रिश्ते में बंधे थे. उन की सरगना जेसिका उन की मां का रोल एक अपाहिज औरत के रूप में बहुत अच्छे से कर रही थी. पकड़े जाने पर सारे रिश्ते बिखर गए. Hindi stories

 

Crime Story: अपमान के बदले – ले ली भाई, भाभी और पत्नी की जान

Crime Story: रामप्रकाश को जब पता चला कि उस की पत्नी के बड़े भाई से संबंध हैं तो उसे पत्नी से ही नहीं, बड़े भाई से भी नफरत हो गई. लेकिन उस ने जो किया, क्या वैसा करना ठीक था. रामप्रकाश जैसे ही घर के पीछे की ओर गया, पीछे से रामपाल ने आ कर बड़े भाई को अकेले में पा कर लगभग फुसफुसाते हुए कहा, ‘‘भइया, आज मैं आप से बड़े भइया राजकुमार के बारे में कुछ बातें करना चाहता हूं.’’

‘‘अंबर (रामपाल को घर में सभी अंबर कहते थे) तुम्हारे और बड़े भइया के बीच हमेशा कुछ न कुछ चलता रहता है, अब क्या हो गया?’’ रामप्रकाश ने पलट कर जवाब में कहा.

‘‘पहले तो वह कह रहे थे कि मेरी शादी में सारा खर्च वह करेंगे. लेकिन गहने बनवाने लगे तो 40 हजार रुपए मुझ से ले लिए. उस समय मैं ने पिंटू से 70 हजार रुपए ले कर उस में से 40 हजार रुपए उन्हें दिए थे. अब वह अपने पैसे मांग रहा है. मैं ने भइया से कुछ रुपए देने को कहा तो उन्होंने मुझे गाली दे कर भगा दिया.’’

‘‘अंबर, तुम भइया का स्वभाव अच्छी तरह जानते हो. उन की आदत ही ऐसी है. इस में नाराज होने की कोई बात नहीं है.’’ रामप्रकाश ने छोटे भाई रामपाल को समझाने के उद्देश्य से कह.

लेकिन रामपाल समझने के बजाय रामप्रकाश को भी बड़े भाई राजकुमार के खिलाफ भड़काते हुए बोला, ‘‘तुम भइया को जितना सीधा समझते हो, वह उतने सीधे हैं नहीं. तुम तो उन की ओर से आंखें मूंदे हुए हो, इसलिए उन की बुराई तुम्हें दिखाई नहीं देती. गांव वाले क्या कहते हैं, तुम्हें पता है? पूरे गांव में चर्चा है कि रंजना भाभी और बड़े भइया के बीच गलत संबंध है.’’

रामपाल का इतना कहना था कि रामप्रकाश को गुस्सा आ गया. वह थोड़ी ऊंची आवाज में बोला, ‘‘तुम्हारा दिमाग तो ठीक है अंबर, तुम झूठ कह रहे हो. भइया ऐसा काम नहीं कर सकते. उन पर इस तरह का घिनौना आरोप लगा कर तुम मेरी नजरों में गिर गए.’’

‘‘अगर तुम सच देखना चाहते हो तो जब बड़े भइया तुम्हें और आशा भाभी को किसी रिश्तेदार के यहां भेजें तो रात में अचानक आ कर तुम देख लेना, बड़े भइया और भाभी रंजना एक साथ मिलेंगी.’’ रामपाल ने ने भी थोड़ी ऊंची आवाज में कहा.

छोटे भाई उस की इस बात से नाराज हो कर पैर पटकता हुआ रामप्रकाश चला गया. उस के पीछेपीछे रामपाल भी चला गया. रामपाल उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के थाना माल के गांव थावर में अपने बड़े भाइयों राजकुमार और रामप्रकाश के साथ रहता था. राजकुमार मूलरूप से लखनऊ के ही थाना मलिहाबाद के गांव चौसझा का रहने वाला था. 20 साल पहले वह अपना गांव छोड़ कर थावर आ गया था और यहीं रहने लगा था. यहां वह अपनी क्लिनिक चलाता था. उस ने बीयूएमएस की डिग्री ले रखी थी.

उस की क्लिनिक ठीकठाक चलने लगी थी तो उस ने अपने दोनों भाइयों रामप्रकाश और रामपाल को भी यहीं बुला लिया था. इस तरह तीनों भाई एक साथ रहने लगे थे. राजकुमार ही पूरे परिवार की देखभाल करता था. उस के दोनों ही भाई उम्र में उस से काफी छोटे थे.

राजकुमार की शादी आशा के साथ हुई थी. शादी के कई सालों के बाद भी जब उसे खुद की कोई संतान नहीं हुई तो उस ने सन 2006 में अपनी साली रंजना की शादी अपने छोटे भाई रामप्रकाश से करा दी थी. शादी के बाद रंजना को 2 बेटे, 6 साल का तुषार, 3 साल का ईशान और 4 माह की एक बेटी अनिष्का थी. रंजना ब्यूटीपार्लर का कोर्स किए हुए थी, इसलिए राजकुमार ने उसे घर के ही एक कमरे में ब्यूटीपौर्लर खुलवा दिया था.

कुछ दिनों पहले राजकुमार ने अपने सब से छोटे भाई रामपाल की शादी कराई थी. उस की शादी में उन्होंने करीब एक लाख रुपए के गहने बनवाए थे. शादी के समय राजकुमार ने रामपाल से कहा था कि शादी के खर्च में वह भी कुछ मदद करे. तब राजपाल ने इधरउधर से पैसों का जुगाड़ कर के राजकुमार को दिए थे.

न जाने क्यों राजकुमार और उस की पत्नी आशा रामपाल को पसंद नहीं करते थे. रामपाल को इस बात का अहसास भी था. भाईभाभी के इस व्यवहार से उसे लगता था कि भइया मंझले भाई रामप्रकाश और उस की पत्नी रंजना को ही अपनी सारी जायदाद देंगे. रामपाल में कुछ बुरी आदतें थीं, जिस की वजह से उस ने कई लोगों से कर्ज ले रखा था. कर्ज चुकाने के लिए वह जब भी बड़े भाई राजकुमार से पैसे मांगता, वह उसे बेइज्जत कर के भगा देता था.

रामपाल ने मंझले भाई रामप्रकाश के मन में शंका का बीज डाल दिया था. एक दिन रामप्रकाश की रिश्तेदारी में शादी थी. राजकुमार ने अपनी पत्नी आशा से कहा कि वह रामप्रकाश और दोनों बेटों को ले कर शादी में चली जाए. आशा ने वैसा ही किया. रामप्रकाश ने अपनी पत्नी रंजना से भी शादी में चलने को कहा तो उस ने सुबह ब्यूटीपौर्लर खोलने का बहाना कर के शादी में जाने से मना कर दिया.

इस बात से रामप्रकाश की शंका यकीन में बदल गई. उसे रामपाल की बात सच लगी. वह भाभी आशा और दोनों बेटों को ले कर शादी में चला तो गया, लेकिन सभी को वहां छोड़ कर रात में चुपके से घर आ गया. घर पहुंच कर उस ने पत्नी रंजना और बड़े भाई राजकुमार को आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया. इस के बाद उसे पत्नी रंजना और बड़े भाई से नफरत हो गई.

इस के बाद वह बड़े भाई से बदला लेने के लिए छोटे भाई रामपाल से मिल गया. अपने अपमान का बदला लेने के लिए दोनों भाइयों ने बड़े भाई की हत्या की योजना बना डाली. 5 नवंबर की रात करीब ढाई बजे रामपाल मोटरसाइकिल से थावर पहुंचा. योजना के अनुसार, रामप्रकाश ने घर का दरवाजा पहले से ही खोल रखा था. रामपाल घर में घुसा और क्लीनिक में हंसिया और बांका ले कर छिप गया.

इस के बाद रामप्रकाश ने पीठ में दर्द होने की बात कह कर रंजना को इंजेक्शन लाने के लिए कहा. रंजना जैसे ही उठ कर क्लीनिक की ओर गई, वहां छिपे रामपाल ने उसे पकड़ लिया और ब्यूटीपौर्लर वाले कमरे में घसीट ले गया. उस के पीछेपीछे रामप्रकाश भी वहां पहुंच गया. इस के बाद दोनों ने उसे खत्म कर दिया. इस के बाद दोनों पहली मंजिल पर गए, जहां राजकुमार पत्नी आशा के साथ सो रहा था.

दोनों ने पहले आशा पर वार किया. आशा की चीख से राजकुमार जाग गया तो दोनों उस पर टूट पड़े. जब रामपाल और रामप्रकाश को लगा कि दोनों मर गए हैं तो रामप्रकाश ने बांका और हंसिया घर के बाहर फेंक दिया और रामपाल को भाग जाने के लिए कहा. जब रामपाल भाग गया तो वह दरवाजा खोल कर चिल्लाने लगा कि घर में बदमाश घुस आए हैं. शोर सुन कर गांव वाले इकट्ठा हो गए. उस समय राजकुमार कराह रहा था, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उस की मौत हो गई. रामप्रकाश ने गांव के ही 2 लोगों, राजाराम और प्रेमरैदास के खिलाफ हत्या का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया. पुलिस ने जांच की तो नामजद लोगों के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला.

मोहनलालगंज के सांसद कौशल किशोर ने तो इस हत्याकांड का परदाफाश करने के लिए पुलिस पर दबाव डाला तो गांव वालों ने भी सड़क जाम कर के पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की. तब लखनऊ के एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने थाना माल के थानाप्रभारी विनय तिवारी, एसएसआई गणेश तिवारी, क्राइम ब्रांच के भगवान सिंह, अनिल सिंह चंदेल और हमीदउल्ला की एक टीम बनाई, जिस का नेतृत्व मलिहाबाद के सीओ जावेद खान को सौंपा.

आखिर 4 दिनों के बाद 9 नवंबर को इस टीम ने राजकुमार, आशा और रंजना की हत्या के आरोप में राजकुमार के दोनों सगे भाई रामप्रकाश और रामपाल को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में रामपाल और रामप्रकाश ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. दरअसल, जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी तो वहां लूट का कोई सबूत नहीं मिला था. आसपड़ोस वालों ने बदमाशों के आनेजाने की भी आवाज नहीं सुनी थी. रामपाल जब वहां पहुंचा था तो उसे देख कर ही लग रहा था कि वह अभीअभी नहा कर आया है. उस के बाल भी गीले थे. नहाने वाली जगह पर भीगा तौलिया मौजूद था. उस पर खून के कुछ दाग भी लगे थे.

रामप्रकाश ने बताया था कि बदमाशों ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया था, लेकिन जब पुलिस ने गांव वालों से पूछा कि घर का दरवाजा किस ने खोला था तो कोई सामने नहीं आया. इस से पुलिस को लगा कि हत्या में घर वालों का ही हाथ है. बाद में पूछताछ में ये बातें सामने आ गईं.

पूछताछ में रामप्रकाश ने कहा, ‘‘मैं भाभी आशा को बहुत मानता था. वह हमें भी बेटे की तरह मानती थीं. रंजना उन की सगी छोटी बहन थी. उन्हें रंजना की हत्या में मेरे शामिल होने का पता चलता तो वह हमारे खिलाफ हो जातीं. रंजना ने जो किया था, मुझे उस बात से उस से चिढ़ हो गई थी. इस हालत में न चाहते हुए भी मुझे भाभी की हत्या करनी पड़ी.’’

पूछताछ के बाद पुलिस ने रामपाल और रामप्रकाश को अदालत में पेश कर के जेल भेज दिया था, कथा लिखे जाने तक दोनों भाई जेल में थे. Crime Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारि

Terrorism News: शूट आउट लश्करेतैयबा

Terrorism News: लश्करेतैयबा का आतंकी अबु कासिम धर्म के नाम पर स्थानीय युवकों को तो भटकाता ही था, खुद भी आतंकी वारदातों को अंजाम देता था. अपने आतंकी कारनामों की ही वजह से वह लश्करेतैयबा के चीफ हाफिज सईद का खास बन गया था. आखिर भारतीय सुरक्षा बलों ने उसे मार गिराया

जम्मूकश्मीर में पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे गांवों की ओर की जाने वाली फायरिंग से भारतपाक सीमा पर हलचल बढ़ी हुई थी. पाकिस्तान कभी गोलियां दाग रहा था तो कभी मोर्टार. इस तरह पाकिस्तान द्वारा इस साल अब तक करीब 300 बार सीज फायर का उल्लंघन किया जा चुका था. इस तरह की फायरिंग के पीछे 2 प्रमुख वजहें होती हैं. एक बौखलाहट और दूसरी भारतीय सेना का ध्यान बंटा कर दुर्गम पहाड़ी इलाकों से हथियारों के जखीरे से लैश प्रशिक्षित आतंकवादियों को सीमा पार कराना.

भारतीय सुरक्षा बलों के लिए कुख्यात व प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्करेतैयबा के आतंकी एक बड़ी चुनौती बने हुए थे. जम्मूकश्मीर पुलिस व सेना के जवान उन का मुकाबला कर रहे थे. इस के चलते जंगलों में चलाए गए औपरेशन के तहत सुरक्षा बलों ने लश्कर के कई आतंकियों को मार गिराया था और 2 को जिंदा पकड़ने में सफलता हासिल की थी.

जम्मूकश्मीर में सक्रिय आतंकवादियों की कमान लश्कर के टौप कमांडर अबु कासिम उर्फ अब्दुल रहमान के हाथों में थी. अबु शातिर और बेहद खूंखार किस्म का था. उस के दिलोदिमाग में हिंदुस्तान के प्रति नफरत का जहर भरा था. सुरक्षाबलों को चकमा देने में माहिर अबु खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों का दुश्मन नंबर वन था. वह आतंकी हमलों का न सिर्फ प्लानर था, बल्कि खुद भी हमले करने से नहीं चूकता था. पाकिस्तान की पनाह में बैठे एक करोड़ डौलर के इनामी रहे लश्कर के चीफ मोस्ट वांटेड आतंकवादी हाफिज सईद व हिज्बुल मुजाहिदीन के सुप्रीमो सैयद सलाहुद्दीन से उस का सीधा संपर्क था.

अबु कासिम धर्म के नाम पर स्थानीय युवकों को भड़का कर न सिर्फ ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान भेजता था, बल्कि हिज्बुल मुजाहिदीन व अन्य आतंकी संगठनों के बीच तालमेल की भूमिका भी निभाता था. प्रशिक्षित आतंकियों को भारत की सीमा में घुसपैठ कराने में उस की महत्त्वपूर्ण भूमिका होती थी. अबु कासिम के कारनामों के चलते उस के सिर पर नेशनल इन्वैस्टीगेशन एजेंसी (आईएनए) व जम्मूकश्मीर पुलिस ने 10-10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था. 5 सालों से आतंक का पर्याय बने 20 लाख के इनामी कासिम को सुरक्षा बलों ने घेरने की कोशिशें तो कई बार कीं, लेकिन हर बार वह अत्याधुनिक हथियारों से बारूद उगलता चकमा दे कर फरार हो गया था.

एक बात और, खुद को महफूज रखने के लिए अबु कासिम अपने इर्दगिर्द चौबीसों घंटे हथियारबंद आतंकियों की एक टीम रखता था. 28 अक्तूबर, 2015 के आखिरी सप्ताह में भारतीय खुफिया एजेंसियों को जो पुख्ता इनपुट मिलने शुरू हुए थे, वे चौंकाने वाले थे. पता चला था कि लश्कर के जेहादी आतंकी अबु कासिम के इशारे पर किसी बड़े हमले की फिराक में हैं. सूचना के अनुसार अबु कासिम अपने 7-8 साथियों के साथ उत्तरी कश्मीर के बंडीपोरा जिले से करीब 5 किलोमीटर दूर बुटु के जंगलों में छिपा था. एजेंसियों के लिए यह चिंता की बात थी.

आईएनए चीफ शरद कुमार, सेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह, बीएसएफ के डाइरेक्टर जनरल शरद कुमार पाठक व सीआरपीएफ के डीजी प्रकाश मिश्रा जम्मूकश्मीर के डीजीपी के. राजेंद्र कुमार व आईजी एस.जे.एम. गिलानी ने अपने अधीनस्थों के साथ एक मीटिंग की. इस के बाद शाम 5 बजे सेना की एक बटालियन, सीआरपीएफ की 18वीं बटालियन और जम्मूकश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से फूलपू्रफ प्लानिंग के साथ विशेष सर्च औपरेशन शुरू कर दिया.

पहाड़ी इलाके में घेराबंदी करनी शुरू कर दी गई. लेकिन आतंकियों को शायद इस की भनक लग गई, इसलिए उन्होंने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. जवानों ने भी इस का मुंहतोड़ जवाब देते हुए फायरिंग शुरू कर दी. फिजाओं में गोलियों की गूंज बहने लगी. सेना की 14 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) बटालियन के जवान समोद चौधरी जांबाजी दिखा कर आतंकियों से नजदीक से लोहा ले रहे थे. भारतीय जवान का यह कदम आतंकियों पर भारी पड़ रहा था, लेकिन उसी दौरान आतंकियों की तरफ से आई कई गोलियां समोद के शरीर में समा गईं.

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद समोद मुकाबला करते रहे. अंत में जब शरीर ने साथ नहीं दिया तो वह गिर पड़े. उन्हें तत्काल चिकित्सा के लिए ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन की सांसें थम गईं. आतंकियों की तरफ से कुछ देर के लिए गोलियों की तड़तड़ाहट बंद हो गई. सुरक्षा बल अबु कासिम की चकमा देने की फितरत से वाकिफ थे. लेकिन इस बार वह उस की चालाकियों को नाकाम कर देना चाहते थे. औपरेशन लंबा चल सकता था. धरपकड़ के लिए पैरा कमांडों, खोजी कुत्ते और हैलीकौप्टर भी लगा दिए गए थे. रात भर रहरह कर गोलियां चलती रहीं.

आतंकी गोलियां चलाते हुए आगे बढ़ रहे थे. इसी तरह वे समीपवर्ती कुलगाम के जंगलों तक पहुंच गए. वे पहाडि़यों व पेड़ों की आड़ से चकमा दे रहे थे. रुकरुक कर रातभर मुठभेड़ चलती रही. तड़के आतंकियों की तरफ से गोलियां चलनी बिल्कुल बंद हो गईं. इस के बावजूद कवरिंग फायर के बीच सुरक्षा बल आगे बढ़ते रहे. वहीं पर उन्हें एक आतंकी की लाश पड़ी मिली. उस पर नजर पड़ते ही टीम कैप्टन खुशी से चिल्ला पड़े, ‘‘वैलडन सर, औपरेशन सफल रहा.’’

उन की खुशी का मतलब था कि मारा गया आतंकवादी कोई और नहीं, अबु कासिम था. उस के साथी भाग निकले थे. कासिम लश्कर का बड़ा कमांडर था. लिहाजा उस की मौत बहुत बड़ी कामयाबी थी. इस सूचना का सुरक्षा बलों के हैडक्वार्टर तक फ्लैश कर दिया गया. कासिम की मौत लश्कर चीफ का दायां हाथ टूटने जैसी थी. उस के शव को कब्जे में ले लिया गया. सूचना मिलने पर राजधानी दिल्ली से खुफिया एजेंसियों की टीमें भी कश्मीर के लिए रवाना हो गईं. उस दिन कासिम के अन्य साथियों की तलाश में सर्चिंग औपरेशन चलाया गया, लेकिन वे हाथ नहीं आ सके.

मुठभेड़ में मारे गए अबु कासिम के गुनाहों की फेहरिश्त बहुत लंबी थी. वह दरजनों आतंकी वारदातों में शरीक होने के साथ उन का मास्टरमाइंड रहा था. पाकिस्तान के बहावलपुर का रहने वाला कासिम कई सालों पहले आतंकी संगठन लश्करेतैयबा में शामिल हुआ था और वहां से प्रशिक्षण हासिल कर के आतंक फैलाने के लिए भारत की सीमा में दाखिल हो गया था. कासिम तेजतर्रार व टीम पर नियंत्रण रखने वाला युवक था. अपनी इसी विशेषता से उस ने कश्मीर के कुछ युवकों को भी संगठन में शामिल कर लिया था. हाफिज सईद उस के कामों से खुश हो कर उस की तारीफें कर के उस के दिल में नफरत के शोले भड़काता रहता था.

अबु कासिम घुसपैठ कर के भारत आता और दोगुनी ताकत से अपने मिशन में जुट जाता. सुरक्षा बल उस के दुश्मन नंबर वन थे. वह उन पर गोलियां चलाने में जरा भी देर नहीं करता था. उस के आतंक का लंबाचौड़ा काला इतिहास है. सन 2012 में उस का नाम सुर्खियों में तब आया था, जब पंथा चौक बेमिना बाईपास पर उस ने अपने साथियों के साथ एक सैन्य काफिले पर हमला कर दिया था. इस के बाद वह ताबड़तोड़ हमले करने व कराने लगा. लश्कर चीफ हाफिज सईद यही चाहता था. उस के कारनामों से खुश हो कर सईद ने उसे कश्मीर का टौप कमांडर बना दिया था.

इस के अलावा अबु कासिम को हिज्बुल मुजाहिदीन व अन्य आतंकी संगठनों के आतंकियों के बीच तालमेल बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंप दी थी, जिसे वह बखूबी निभा रहा था. कासिम की ताकत बढ़ी तो उस ने वारदातें भी बढ़ा दीं. साथियों के पकड़े जाने पर भारतीय खुफिया एजेंसियों तक भी उस के कमांडर बनने की खबर पहुंच गई. 24 जून, 2013 को कासिम ने साथियों के साथ श्रीनगरबारामूला हाईवे पर फिर से सेना के काफिले पर हमला किया, जिस में 8 जवान शहीद और 11 जवान घायल हो गए. कासिम ही निर्देश पर पाकिस्तानी आतंकी अबु हमजा व अबु उस्मान ने कदलबल इलाके में 18 जुलाई, 2013 को शेरे कश्मीर आयुर्विज्ञान संस्थान, सौरा के पूर्व निदेशक डा. जलालुद्दीन व उन के अंगरक्षक की हत्या कर दी.

13 अगस्त, 2013 को कासिम के डिप्टी कमांडर अबु दुजाना ने शौकत अहमद लोन के साथ मिल कर पांपोर के गालंदर इलाके में पुलिस दल पर गोलियां चलाईं, जिस में 2 पुलिसकर्मी शहीद हो गए. आतंकी उन की एक एके-47 राइफल भी ले गए. कासिम के इशारे पर ही बड़गाम में 2 दिसबर, 2013 को आतंकी लतीफ, रियाज व अबु उमर ने चाडूरा के तत्कालीन थानाप्रभारी को मौत के घाट उतार दिया था. उस का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा था. उसी के इशारे पर लश्कर आतंकी अबु हांजुला ने 4 मार्च, 2014 को पुलवामा अदालत परिसर में कई पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी.

इस के बाद अबु कासिम ने 11 अगस्त, 2014 को पांपोर के निकट बीएसएफ के काफिले पर हमला कर दिया था. इस हमले में एक डिप्टी कमांडेंट समेत 6 जवान घायल हुए थे. सन 2014 में ही उस ने कैसर मौला में एक सैनिक और एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी थी. कासिम के आतंकी मंसूबे बढ़ रहे थे. वह धर्म के नाम पर स्थानीय युवकों को भी बरगला कर आतंकवाद की टे्रनिंग के लिए लश्कर के शिविरों में भेज रहा था. उस की बढ़ती गतिविधियों के चलते एनआईए व कश्मीर पुलिस ने उसे जिंदा या मुर्दा पकड़ने के लिए 10 लाख रुपए का इनाम घोषित कर दिया था.

शातिर कासिम ने भी अपनी रणनीति में बदलाव कर दिया. अब वह हमलों की प्लानिंग तैयार करने लगा. प्लानिंग के तहत ही उस ने अपने साथी नावेद उस्मान उर्फ कासिम व मोमीन उर्फ मोहम्मद नौमान याकूब को सुरक्षा बल के किसी काफिले पर हमला करने के लिए तैयार किया. 5 अगस्त, 2015 को सुबह तकरीबन 7 बजे ऊधमपुर स्थित उत्तरी कमांड मुख्यालय से बीएसएफ की बस जम्मूश्रीनगर हाईवे पर जा रही थी. बस में कई जवान सवार थे. बस जैसे ही नरसू नाले के नजदीक पहुंची, सड़क किनारे घात लगाए बैठे नावेद व मोमीन अचानक सामने आ गए.

पहले उन्होंने बस के दाएं टायरा पर गोली मार कर पंक्चर किया, उस के बाद औटोमैटिक राइफल से बस पर गोलियों की बौछार शुरू कर दी. पंक्चर हो जाने की वजह से बस रुक गई थी. उसी बीच उन्होंने हैंडग्रेनेड से बस पर हमला कर दिया. इस से बस के शीशे चूर हो कर हवा में बिखर गए. बस चालक घायल हो गया. इस अप्रत्याशित हमले ने सुरक्षा बलों को संभलने का मौका नहीं दिया. बस में सवार जवान रौकी के पास राइफल थी. हैंडग्रेनेड से उस के कई साथी जख्मी हो गए थे. आतंकियों के इरादे वह भांप चुका था. इसलिए तेजी से खड़े हो कर उस ने बस का दरवाजा बंद कर लिया और उस की आड़ में खिड़की से मोर्चा ले कर जवाबी फायरिंग शुरू कर दी, जिस में एक आतंकी मारा गया.

मरने वाला आतंकी मोहम्मद नौमान याकूब उर्फ मोमीन था. दूसरा आतंकी गोलियां बरसता रहा. उस की कई गोलियां रौकी के शरीर में भी धंस चुकी थीं. वह सुरक्षा बलों पर गोलियां चला जरूर रहा था, लेकिन साथी की मौत पर उस के मन में भी डर बैठ गया था, इसलिए वह गोलियां चलातेचलाते भाग गया. साहस का परिचय देते हुए रौकी ने अपने साथियों को बचा लिया था, लेकिन वह खुद और एक अन्य जवान शुभेंदु राय इस मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. आननफानन में हैडक्वार्टर व स्थानीय थाना चिनैनी को सूचना दी गई. घायल जवानों को अविलंब अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दोनों की ही मौत हो गई.

सुरक्षा बलों ने फरार हुए आतंकी की तलाश शुरू कर दी. यह बड़ा हमला था. इस ने खुफिया एजेंसियों व सुरक्षा बलों को दहला कर रख दिया था. बीएसएफ के आईजी राकेश शर्मा, डीआईजी पुलिस सुरेंद्र गुप्ता, एसएसपी सुलेमान चौधरी समेत पुलिस प्रशासनिक व सैन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे. विशेष कमांडो दस्ते को भी बुला लिया गया था, जो हेलीकौप्टर से फरार हुए आतंकी को खोजने लगे. आतंक नावेद गांव के रास्ते की तरफ भागा था. उस ने रास्ते में मिले 2 ग्रामीणों देशराज व रमेश को राइफल की नोक पर अपने बस में कर के कहा, ‘‘चुपचाप मुझे रास्ता दिखाओ, वरना यहीं मार डालूंगा.’’

उस की धमकी से दोनों ग्रामीण बुरी तरह डर गए थे. वे नावेद को पहाड़ी की तरफ ले जाने लगे. थोड़ा आगे पहुंच कर नावेद ने 2 और युवकों, राकेश शर्मा और विक्रमजीत शर्मा को अपने कब्जे में ले लिया. आगे चल कर एक और युवक नावेद के कब्जे में आ गया. यह नावेद की रणनीति का हिस्सा था. उस का सोचना था कि यदि उस की घेराबंदी होगी तो बंधक ग्रामीणों की आड़ उसे बचा लेगी.

तकरीबन 2 किलोमीटर चल कर नावेद अचानक रुक गया. आसमान में मंडराते हैलीकौप्टर की आवाज सुन कर उसे रुकना पड़ा. वह हैलीकौप्टर विशेष कमांडो दस्ते का था. इस बीच बंधक बने 3 लोग चकमा दे कर भाग निकले थे. इस बीच राकेश और विक्रमजीत समझ गए थे कि आतंकी के हाथ में हथियार जरूर है, लेकिन वह घबराया हुआ है. शरीर से भी वह ज्यादा ताकतवर नहीं दिखता था.

आंखों ही आंखों में दोनों ने इशारा किया और हिम्मत दिखा कर नावेद पर टूट पड़े. उस की रायफल छीन कर उन्होंने एक तरफ फेंक दी और शोर मचाना शुरू कर दिया. उन्होंने नावेद को पकड़ कर पुलिस को फोन कर दिया. पुलिस के पहुंचने तक उन्होंने उसे पकड़े रखा. पुलिस ने नावेद को अपने कब्जे में ले लिया. नावेद ने ही पुलिस को बताया कि मारा गया आतंकी मोमीन पाकिस्तान के बहावलपुर निवासी मोहम्मद याकूब का बेटा था.

नावेद का जिंदा पकड़ा जाना भारत के लिए बड़ी उपलब्धि थी. भारत में 26 नवंबर, 2008 को मुंबई हमलों के आतंकी अजमल आमिर कसाब के बाद जिंदा पकड़ा गया दूसरा आतंकी नावेद था. बाद में नावेद को जम्मू स्थित जौइंट इंट्रोगेशन सेंटर (जेआईसी) लाया गया, जहां उस से सुरक्षा एजेंसियों व पुलिस ने हर एंगल से संयुक्त पूछताछ की. एनआईए चीफ शरद कुमार ने भी कश्मीर पहुंच कर नावेद से पूछताछ की. इस पूछताछ में सामने आया कि आतंकी नावेद भी धर्म के नाम पर भटका हुआ युवक था.

20 वर्षीय नावेद पाकिस्तान के फैसलाबाद जिले का रहने वाला था. वह आवारा किस्म का युवक था. आवारगी के चलते वह कुछ युवकों के माध्यम से लश्कर में शामिल हो गया था. नावेद की उम्र कम थी. आतंकी संगठनों को जल्दी बहकावे मे आने वाले ऐसे युवकों की तलाश रहती है. नावेद को रुपएपैसे का लालच दे कर धर्म के नाम पर जुनूनी बना दिया गया. जब वह दिमागी तौर पर पूरी तरह संगठन का हिस्सा बन गया तो परिवार से नाता तोड़ कर आतंकी ट्रेनिंग कैंप में चला गया. मोमीन से उस की मुलाकात वहीं हुई. मोमीन हाफिज सईद का सुरक्षागार्ड रह चुका था. बाद में उसे युवकों को ट्रेनिंग देने का काम सौंपा गया था.

मोमीन और नावेद अन्य साथियों के साथ कश्मीर में पुंछ सेक्टर से दाखिल हुए थे और यहां आ कर कासिम के इशारे पर काम करने लगे थे. पुलिस ने नावेद से पूछताछ के बाद बुलेटपू्रफ वाहन से उसे विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. इस हमले का मास्टरमाइंड अबु कासिम था. वह सुरक्षा बलों के निशाने पर था. सरगरमी से उस की तलाश की जाने लगी. तमाम जांच एजेंसियां कासिम के पीछे लग गई थीं. सूचना मिल रही थी कि कुछ आतंकवादी कासिम के इशारे पर बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से सीमा में दाखिल हो चुके हैं. इस के मद्देनजर जंगलों में सघन सर्चिंग औपरेशन शुरू कर दिया गया.

इसी कड़ी में बारामूला जिले के रफियाबाद के हमाम मरकूट के जंगलों में एक बार फिर 26 अगस्त को कासिम से सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हो गई. 20 घंटे तक चली इस भीषण मुठभेड़ में अगले दिन तक 3 आतंकवादियों को मार गिराया गया. एक आतंकवादी की गोलियां खत्म हो गईं. साथियों के शव देख कर वह घबरा गया और बचने के लिए जंगल में पहाड़ों के बीच बनी एक गुफा के अंदर छिप गया. सुरक्षा बलों के लिए अच्छी बात यह थी कि वह फिदायीन नहीं था, वरना खुद को भी गोली या बम से उड़ा सकता था. जिस गुफा में वह घुसा था, सुरक्षा बलों ने उस गुफा को घेर लिया. गुफा के दूसरी तरफ कोई रास्ता नहीं था. उसे बाहर निकालने के लिए गुफा के अंदर आंसू गैस का गोला व मिर्ची बम फेंके गए.

इन के धुंए से आंखों में तेज जलन के साथ आंसू निकलते हैं और सांस लेना मुश्किल हो जाता है. करीब 10 मिनट बाद अपने हाथ ऊपर किए सलवारकुरती पहने वह आतंकी बाहर निकल आया. उस की आंखों से आंसू निकल रहे थे. उसे हिरासत में ले लिया गया. मुठभेड़स्थल से 5 एके 47 राइफलें, 2 यूबीजीएल (ग्रेनेड लांचर), 2 जीपीएस, एक नक्शा और स्मार्टफोन सहित भारी मात्रा में गोलाबारूद बरामद हुआ.

लेकिन कासिम इस बार भी भाग निकला. चंद दिनों के अंदर एक और जिंदा आतंकवादी को पकड़ने की यह बड़ी कामयाबी थी. उच्च सैन्यधिकारी व उत्तरी कश्मीर के डीआईजी गरीबदास भी मौके पर पहुंचे. उस ने अपना नाम सज्जाद अहमद उर्फ अबु उबैदुल्ला उर्फ फहदुल्ला उर्फ अब्दुल्ला बताया. उस की उम्र 22 साल थी.  पूछताछ में इस आतंकी ने कई बड़े खुलासे किए. उस के अनुसार सैन्य शिविरों पर जो 3 आतंकवादी मारे गए थे, उन के नाम अबुतल्लाह, अबु कातल व अबु उस्मान थे. सज्जाद को कई दौर की पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर के जेल भेज दिया गया. उस से भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को कई महत्त्वपूर्ण जानकारियां मिलीं.

अबु कासिम अभी भी सुरक्षा एजेंसियों के लिए सब से बड़ा खतरा बना था. राज्य पुलिस के आतंकरोधी दस्ते के होनहार इंसपेक्टर मोहम्मद अल्ताफ डार कासिम के खिलाफ चल रहे मिशन के तहत उस के मूवमैंट को ट्रैक कर रहे थे. इंसपेक्टर मोहम्मद अल्ताफ डार आतंकियों से लोहा लेने के लिए चर्चित थे.

2 महीने बाद 7 अक्तूबर को उन्हें सूचना मिली कि कासिम बांदीपोरा के जंगलों में छिपा है. वह पुलिस दल के साथ वहां पहुंच गए. उसे घेरने व जिंदा पकड़ने का प्रयास किया गया. जबरदस्त मुठभेड़ हुई, लेकिन वह चकमा देने में कामयाब रहा. इस मुठभेड़ में इंसपेक्टर मोहम्मद अल्ताफ शहीद हो गए. अल्ताफ की शहादत के बाद उस के खिलाफ सघन अभियान जारी रहा. आखिर में वह मारा गया.

अब सुरक्षा बलों को उम्मीद है कि कासिम जैसे आतंकी के मारे जाने पर लश्कर गुट की कमर टूटेगी. आतंकियों के ऐसे अंजाम से युवा भी उस के बहकावे में आने से बचेंगे. जम्मू कश्मीर के डीजीपी के. राजेंद्र कुमार ने बताया कि कासिम का मारा जाना आतंकवाद पर काफी प्रभाव डालेगा. कथा लिखे जाने तक पुलिस पकड़े गए आतंकवादियों के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर रही थी और संयुक्त औपरेशन के जरिए अन्य आतंकियों की खोजबीन में जुटी थी. Terrorism News

—कथा पुलिस व सैन्य सूत्रों पर आध

Crime Story: नकली नोटों को असली बनाने की शातिर चाल

Crime Story: कोलकाता में पिछले दिनों नकली नोटों का एक बड़ा और अनोखा मामला सामने आया. गिरफ्तार चंद्रशेखर जायसवाल पुराने और सड़ेगले असली नोटों के ‘सिल्वर सिक्योरिटी थ्रेड’ को निकाल कर उस से नकली नोट तैयार करता था. एक और बड़ी बात यह कि चंद्रशेखर न केवल नकली भारतीय करेंसी तैयार करता था, बल्कि डौलर, यूरो समेत कई अन्य देशों की भी नकली करेंसियां उस के यहां से बरामद हुई हैं. यह तो थी एक खबर.

आइए, अब देखते हैं नकली नोटों का कारोबारी चंद्रशेखर जायसवाल अपना यह कारोबार किस तरह चला रहा था. मध्य कोलकाता के बऊबाजार में 2 लाख रुपए के नकली नोटों के साथ चंद्रशेखर जायसवाल नामक एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई. इस के बाद कांकुड़गाछी स्थित उस के घर से 10 करोड़ रुपए के नकली नोट बरामद हुए. इस से पहले नकली नोटों के ऐसे कई मामले सामने आए हैं.

इन मामलों से पता चला है कि बरामद नकली नोट की छपाई पाकिस्तान व बंगलादेश में होती है और पाकिस्तान, बंगलादेश और नेपाल की सीमा से हमारे देश में ये नकली नोट पहुंचाए जाते हैं. लेकिन चंद्रशेखर जायसवाल का मामला कई माने में अनोखा साबित हो रहा है. चूंकि यह मामला नकली विदेशी करेंसी से भी जुड़ा है, इसीलिए जांच एजेंसी की नजर में यह मामला देश की आंतरिक सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है.

गिरफ्तार चंद्रशेखर जायसवाल ने कबूल किया कि सिल्वर सिक्योरिटी थ्रेड उसे रिजर्व बैंक की पटना शाखा के एक ठेकेदार की मारफत मिला करते थे. हावड़ा जिले के डोमजुड़ में चंद्रशेखर जायसवाल बाकायदा नकली नोटों का एक बड़ा कारखाना चलाता था. स्पैशल टास्क फोर्स ने इसी कारखाने के गोदाम में छापेमारी कर के नकली नोट बनाने के तमाम सामान बरामद किए हैं. 

टस्क फोर्स के अधिकारी अमित जावलगी के अनुसार, छापेमारी में सब से चौंकाने वाला जो सामान बरामद हुआ है वह पुराने खस्ताहाल, सड़ेगले असली पुराने नोटों की 20 बोरियां हैं. पूछताछ में चंद्रशेखर ने एजेंसी के अधिकारियों के सामने कबूल किया कि इस की आपूर्ति रिजर्व बैंक का एक ठेकेदार किया करता था. कारखाने से पुराने असली नोटों के अलावा नोट छापने वाले कागज, स्टैंप, स्याही के साथ 450 नकली नोटों की बोरियां भी बरामद हुई हैं. बरामद हुए नकली नोटों में केवल 500 और 1000 रुपए के नोट थे. 

आयरन स्क्रैप के कारोबारी चंद्रशेखर का यह कारखाना स्थानीय रूप से लोहे की कील बनाने वाले कारखाने के रूप में जाना जाता था. स्थानीय लोगों को कारखाने की चारदीवारी के उस पार लोहे के स्क्रैप का ढेर दिखता था. स्थानीय रूप से प्रचारित यही किया गया था कि कारखाने में स्क्रैप को गला कर विभिन्न साइज की कीलें तैयार की जाती हैं. लेकिन इस कारखाने में पिछले 2 साल से नकली नोट छापे जा रहे थे.

मामले की जांच कर रही स्पैशल टास्क फोर्स की जांच से खुलासा हुआ कि गिरफ्तार चंद्रशेखर के नकली नोटों का कारोबार खास कोलकाता और डोमजुड़ के बीच फलफूल रहा था. छापेमारी में इस कारखाने से न केवल नकली भारतीय नोट बरामद हुए, बल्कि डौलर और यूरो समेत टर्की, जिम्बाब्वे व अन्य कई देशों की करेंसियों के भी नकली नोट बरामद हुए. जाहिर है इस कारखाने से चंद्रशेखर विदेश में भी अपना कारोबार चला रहा था. इसीलिए इस मामले को राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंप दिया गया.

रिजर्व बैंक की सुरक्षा में सेंध

नकली नोट में सिक्योरिटी थ्रेड का इस्तेमाल अपनेआप में एक अनोखा खुलासा था. चंद्रशेखर के कारखाने में तैयार नकली नोटों को ‘ग्रेड वन’ नकली नोट बताया गया. इस की वजह, नकली नोट में बाकायदा सिक्योरिटी थ्रेड का इस्तेमाल है. नकली नोट की जांच का काम जितना आगे बढ़ता गया, जांच अधिकारी के आगे एक से बढ़ कर एक चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. अब तक नकली नोट तैयार करने का जितना भी खुलासा हुआ है उस में असली नोट जैसे कागज का इस्तेमाल करने, वाटर मार्क की नकल और उम्दा स्याही के इस्तेमाल की बातें सामने आई थीं.

सिक्योरिटी थ्रेड का इस्तेमाल पहली बार हुआ है. इसीलिए यह रिजर्व बैंक की सुरक्षा में सेंध का मामला बन गया. टास्क फोर्स के अधिकारी बताते हैं कि नकली नोट छापने के लिए भी विशेष रूप से प्रशिक्षित लोगों की जरूरत होती है. कारखाने में 20 कर्मचारी अत्याधुनिक मशीन पर नकली नोट छापते थे. चंद्रशेखर के पास ऐसे 3 प्रशिक्षित कर्मचारी थे, जिन्हें वह मुंबई से ले कर आया था.

चूंकि इस से पहले ऐसा कोई मामला टास्क फोर्स के सामने नहीं आया था इसीलिए टास्क फोर्स ने रिजर्व बैंक के नोट विशेषज्ञों से भी पत्र लिख कर जानना चाहा कि पुराने असली नोट के ‘सिल्वर सिक्योरिटी थ्रेड’ का इस्तेमाल नकली नोटों में कैसे किया जा सकता है? मजेदार बात यह कि रिजर्व बैंक के नोट विशेषज्ञों के लिए भी यह बड़ा चौंकाने वाला मामला था. रिजर्व बैंक के नोट विशेषज्ञों की राय में सिक्योरिटी थ्रेड को निकाल कर फिर से इस्तेमाल करना कोई नामुमकिन बात भी नहीं है.

दरअसल, यह सिक्योरिटी थ्रेड चांदी की पन्नी हुआ करती थी. नोट भले ही सड़ जाए, लेकिन चांदी की पन्नी को फिर भी निकाला जा सकता है. रिजर्व बैंक के अनुसार, पन्नी का फिर से इस्तेमाल पूरी तरह से भले ही नहीं किया जा सकता हो लेकिन आंशिक तौर पर किया ही जा सकता है. रिजर्व बैंक ने यह भी माना कि हर रोज कोलकाता के तमाम बैंकों से बड़े पैमाने पर नकली नोट पकड़े जा रहे हैं.

जांच में पता चला कि नकली नोट का कारोबार करने वालों में से अब तक किसी ने सिक्योरिटी थे्रड का इस्तेमाल नहीं किया है. नकली नोटों में असली सिक्योरिटी थे्रड का इस्तेमाल इतनी सफाई से किया गया था कि नकली नोटों की शिनाख्त लगभग नामुमकिन ही थी. 

कोलकाता पुलिस के इतिहास में नकली नोट का इतना बड़ा कारोबार इस से पहले कभी नहीं पकड़ा गया था. जब इस मामले का खुलासा हुआ तो सब से पहले मध्य कोलकाता के बड़ा बाजार में आतंक का माहौल देखा गया. रुपए का लेनदेन मुश्किल हो गया. गौरतलब है कि बड़ाबाजार के थोक कारोबार का एक बड़ा हिस्सा नकदी में चलता है. जांच कर रही टास्क फोर्स का कहना है कि बैंकों के जरिए नकली नोट कोे लंबे समय तक चलाते जाना इतना भी सहज नहीं है. नकली नोट का कारोबार थोक बाजार में अधिक होता है, क्योंकि थोक बाजार से ये नोट आसानी से बैंकों तक पहुंच जाते हैं.

पुराने नोट का निबटारा

रिजर्व बैंक के एक अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि पहले रिजर्व बैंक द्वारा पुराने, फटे, सड़ेगले नोटों को एक तय समय के बाद जला कर नष्ट कर दिया जाता था. इस के बाद कुछ वर्ष पहले पुराने नोटों को नीलाम करने का चलन शुरू हुआ. इस के लिए पहले पेपर कटर मशीन में डाल कर उस के टुकड़ेटुकड़े करना जरूरी है. इस के बाद ही इन्हें नीलाम किया जा सकता है.

नियमानुसार इन स्क्रैप नोटों को कटर मशीन में डाल कर इन में रिजर्व बैंक के गवर्नर के हस्ताक्षर समेत नोटों में वाटर मार्क और सिक्योरिटी थ्रेड वाले हिस्से कुछ इस तरह नष्ट करना जरूरी है, ताकि उन का फिर से इस्तेमाल न किया जा सके.

टास्क फोर्स अधिकारी अमित जावलगी ने बताया कि रिजर्व बैंक के गवर्नर के हस्ताक्षर, वाटर मार्क और सिक्योरिटी थ्रेड नष्ट करने के बाद ही सड़ेगले, पुराने नोटों की नीलामी होती है. नीलामी में रिजर्व बैंक में पंजीकृत कंपनी ही भाग ले सकती है. पंजीकृत कंपनी ही रिजर्व बैंक का ठेकेदार कहलाती है.

ठेकेदार कंपनी इन सड़ेगले नोटों का व्यवहार अपने तरीके से कर सकती है. पर पुराने नोट का ठेकेदार कंपनी कुछ भी करे, उस का पूरा दायित्व ठेकेदार कंपनी का होता है. लेकिन नियमानुसार रिजर्व बैंक से प्राप्त सड़ेगले नोट ठेकेदार कंपनी के मारफत किसी भी सूरत में बाहरी लोगों के हाथों तक पहुंचना गैरकानूनी है. 

रिजर्व बैंक के ऐसे ही एक ठेकेदार की मारफत चंद्रशेखर असली नोट का सिक्योरिटी थे्रड हासिल किया करता था. नीलामी से प्राप्त असली नोट से सिक्योरिटी थे्रड को निकाल कर उस का इस्तेमाल बड़ी सफाई से नकली नोटों में किया जाता था. यही कारण है कि कभीकभी असलीनकली नोट की परखने वाली मशीन भी गच्चा खा जाया करती है.

बहरहाल, ठेकेदार की शिनाख्त हो चुकी है और उस से पूछताछ में पता चला कि सिक्योरिटी थे्रड प्राप्त करने के लिए चंद्रशेखर पुराने नोट खरीदने में उस के मूल्य से दोगुना पैसा खर्च किया करता था. 50 हजार रुपए से भी कम कीमत के सड़ेगले खस्ताहाल नोटों को चंद्रशेखर 1 लाख रुपए में खरीद लेता था. कारखाने में नकली नोटों पर यह सिल्वर थ्रेड बिठा दिया जाता था. 

टास्क फोर्स के अधिकारी का कहना है कि इस से पहले पश्चिम बंगाल में जो भी नकली नोट बरामद हुए हैं, उन में से ज्यादातर पाकिस्तान व बंगलादेश में छपे थे. पाकिस्तान में छपे नोट असली नोट के काफी करीब हुआ करते हैं. डोमजुड़ से बरामद हुए नकली नोट असली भारतीय नोट के करीब तो नहीं, लेकिन पाकिस्तान में तैयार किए गए भारतीय नोट के ज्यादा करीब थे.

छोटे नोटों की किल्लत

जांच में जो तथ्य निकल कर सामने आया है वह यह कि छोटे नोटों की किल्लत के बीच नकली बड़े नोटों का बाजार चलता है. गौरतलब है कि कोई भी राज्य क्यों न हो, हर राज्य के बड़े शहरों से ले कर गांवदेहात और कसबे में 20 और 50 रुपए के नोटों की किल्लत आम है. वहीं, ज्यादातर एटीएम में 100, 500 और 1000 रुपए के ही नोट मिलते हैं. दरअसल, बड़े नोटों का छुट्टा 50-100 रुपए की खरीदारी में आसानी से हो जाता है. ये नोट दुकानदार की मारफत हाथोंहाथ हर जगह पहुंच जाते हैं.

जहां तक छोटे नोटों की किल्लत का सवाल है, राष्ट्रीयकृत बैंक सारा दोष यह कह कर रिजर्व बैंक के मत्थे मढ़ देते हैं कि वहां से पर्याप्त मात्रा में छोटे नोट नहीं आते. एक अधिकारी का कहना है कि शालबनी, देवास और नासिक से नोट रिजर्व बैंक की विभिन्न शाखाओं में पहुंचते हैं. नोट का शालबनी कारखाना रिजर्व बैंक के अधीन है, लेकिन देवास और नासिक के कारखानों पर मालिकाना हक केंद्रीय वित्त मंत्रालय का है.

रिजर्व बैंक की किसी शाखा को किस डिनौमिनेशन यानी किस मूल्य का कितना नोट भेजा जाए, वित्त वर्ष की शुरुआत में ही यह मुंबई स्थित रिजर्व बैंक के मुख्यालय में तय हो जाता है. अब इस बारे में रिजर्व बैंक के एक सूत्र का कहना है कि 50 और 20 रुपए के नोट की किल्लत के कई कारण हैं. इन का आवंटन 10 रुपए, 100 रुपए, 500 रुपए और 1000 रुपए के नोट की तुलना में महज 10 से 20 प्रतिशत होने के कारण इन की किल्लत बनी रहती है.

साल के दौरान समयसमय पर 20 और 50 रुपए का संकट बना रहता है. लेकिन इस तरह की किल्लत की समस्या हर वित्त वर्ष के अंत में अधिक देखी जाती है. इस की वजह यह है कि जिस तरह के कागज में 20 और 50 रुपए के नोटों की छपाई होती है, उस के आयात में कभीकभी दिक्कत पेश आती है.

वहीं एटीएम में 100 रुपए का नोट न मिलने के बारे में आईसीआईसीआई बैंक के एक अधिकारी का कहना है कि किसी एटीएम में रुपए स्टोर करने की जो जगह है उस में एक बार में अधिकतम 50 लाख रुपए से अधिक नहीं डाले जा सकते.  अब अगर मशीन में 100 रुपए के नोट डाले जाएं तो 50 लाख रुपए से कम राशि ही डाली जा सकेगी. यही कारण है कि ज्यादातर एटीएम में 500 और 1000 रुपए के ही नोट डाले जाते हैं. 100 रुपए के नोट भी एटीएम में डाले जाते हैं लेकिन कम संख्या में. साफ है, इन्हीं स्थितियों का लाभ उठा कर नकली नोटों का कारोबार फलताफूलता है. Crime Story

Crime Stories: ममता, मजहब और माशूक

crime stories: मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमाओं को जोड़ने वाली धार्मिक नगरी चित्रकूट में यों तो साल भर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन तीजत्यौहार के दिनों में भक्तों का जो रेला यहां उमड़ता है, उसे संभालने में पुलिस प्रशासन के पसीने छूट जाते हैं. ऐसे में यदि व्यवस्था में जरा सी चूक हो जाए तो पुलिस प्रशासन के लिए समस्या खड़ी कर सकती है. लिहाजा पुलिस व प्रशासन भीड़भाड़ वाले दिनों में अपनी तरफ से पूरी कोशिश करते हैं कि व्यवस्था और सुविधाओं में कोई कमी न रह जाए.

इस साल भी जनवरी के दूसरे सप्ताह से ही चित्रकूट में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था, जिन का इंतजार पंडेपुजारियों के अलावा स्थानीय व्यापारी भी करते हैं. कहा जाता है कि मकर संक्रांति की डुबकी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ पहुंचाती है और यदि डुबकी सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के समय लगाई जाए तो हजार गुना ज्यादा पुण्य मिलता है.

14 जनवरी, 2018 को मकर संक्रांति की डुबकी लगाने के लिए लाखों लोग चित्रकूट पहुंच चुके थे. श्रद्धालु अपनी हैसियत के मुताबिक लौज, धर्मशाला व मंदिर प्रांगणों में ठहरे हुए थे. वजह कुछ भी हो पर यह बात दिलचस्प है कि चित्रकूट आने वालों में बहुत बड़ी तादाद मामूली खातेपीते लोगों यानी गरीबों की रहती है. उन्हें जहां जगह मिल जाती है, ठहर जाते हैं और डुबकी लगा कर अपने घरों को वापस लौट जाते हैं.

चित्रकूट में दरजनों प्रसिद्ध मंदिर और घाट हैं, जिन का अपना अलगअलग महत्त्व है. हर एक मंदिर और घाट की कथा सीधे राम से जुड़ी है. कहा यह भी जाता है कि चित्रकूट में राम और तुलसीदास की मुलाकात हुई थी. इन्हीं सब बातों की वजह से यहां लगने वाले मेले में देश के दूरदराज के हिस्सों से श्रद्धालु आते हैं.

मेले में आए लोग श्री कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा भी जरूर करते हैं. लगभग 7 किलोमीटर की यह पदयात्रा करीब 4 घंटे में पूरी हो जाती है. 14 जनवरी को भी श्रद्धालु श्री कामदगिरि की परिक्रमा कर रहे थे, तभी कुछ ने यूं ही जिज्ञासावश पहाड़ी के नीचे झांका तो उन की आंखें फटी की फटी रह गईं.

इस की वजह यह थी कि पहाड़ी के नीचे की तरफ लगे बिजली के एक खंभे पर एक लड़की की लाश लटकी थी. शोर हुआ तो देखते ही देखते परिक्रमा करने वाले लोग वहां रुक कर लाश देखने लगे.

पुलिस को बुलाने या सूचना देने के लिए किसी को कहीं दूर नहीं जाना पड़ा. क्योंकि भीड़ जमा होने पर परिक्रमा पथ पर तैनात पुलिस वाले खुद ही वहां पहुंच गए. पुलिस वालों ने जब खंभे पर लटकी लड़की की लाश देखी तो उन्होंने तुरंत इस की खबर आला अफसरों को दी. कुछ ही देर में थाना नयापुरा के थानाप्रभारी पुलिस टीम के साथ वहां पहुंच गए. पुलिस लाश उतरवाने में लग गई.

पुलिस काररवाई के चलते भीड़ यह निष्कर्ष निकाल चुकी थी कि लड़की अपने घर वालों के साथ आई होगी और खाईं में गिर गई होगी. लेकिन पुलिस ने जब खंभे से लाश उतारी तो न केवल पुलिस वाले बल्कि मौजूद भीड़ भी हैरान रह गई. क्योंकि तकरीबन 11-12 साल की लग रही उस लड़की के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था.

मुंह में कपड़ा ठूंसा होने पर मामला सीधेसीधे हत्या का लगने लगा. पुलिस भी यह मानने लगी कि हत्या कहीं और कर के लाश यहां ला कर फेंकी होगी. क्योंकि अभी तक आसपास के किसी थाने से किसी लड़की की गुमशुदगी की खबर नहीं आई थी.

चित्रकूट में लड़की की लाश मिलने की खबर आग की तरह फैली तो लोग तरहतरह की बातें करने लगे. पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अगले दिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई, जिस में बताया गया कि उस लड़की की हत्या गला घोंट कर की गई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भादंवि की धाराओं 302 और 201 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

उस वक्त चित्रकूट में बाहरी लोगों की भरमार थी. इसी वजह से लाश की शिनाख्त नहीं हो पाई थी. फिर भी पुलिस कोशिश में लग गई कि शायद कोई सुराग मिल जाए. अब तक की जांच से यह स्पष्ट हो गया था कि मृतका चित्रकूट की न हो कर कहीं बाहर की रही होगी.

इस तरह के ब्लाइंड मर्डर पुलिस के लिए न केवल चुनौती बल्कि सरदर्द भी बन जाते हैं. इस मामले में भी यही हो रहा था. हत्यारों तक पहुंचने के लिए लाश की शिनाख्त जरूरी थी.

पुलिस वालों ने सब से पहले सीसीटीवी फुटेज देखने का फैसला लिया, लेकिन यह भी आसान काम नहीं था, क्योंकि मकर संक्रांति के वक्त चित्रकूट में सैकड़ों कैमरे लगे हुए थे. यह जरूरी नहीं था कि सभी फुटेज देखने के बाद भी इतनी भीड़भाड़ में वह लड़की दिख जाए. पर सीसीटीवी फुटेज देखने के अलावा पुलिस के पास कोई और रास्ता भी नहीं था.

चित्रकूट में इस हत्या की चर्चा तेज होने लगी तो सतना के एसपी राजेश हिंगणकर ने मामला अपने हाथ में ले लिया. उन्होंने जांच में जुटी पुलिस के साथ बैठक की और कुछ दिशानिर्देश दिए. पुलिस टीम के लिए यह काम भूसे के ढेर से सुई ढूंढने जैसा था. पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने में जुट गई. पुलिस की मेहनत रंग लाई.

12 जनवरी, 2018 की एक फुटेज में एक युवक और युवती के साथ वह लड़की दिखी तो पुलिस वालों की आंखें चमक उठीं.

उत्साहित हो कर पुलिस ने और फुटेज खंगालीं तो इस बात की पुष्टि हो गई कि जिस लड़की की लाश पुलिस ने बरामद की थी, वह वही थी जो फुटेज में युवकयुवती के साथ थी. यह फुटेज जानकीकुंड अस्पताल की थी, जहां युवक व युवती मरीजों वाली लाइन में लगे थे.

उस दिन स्नान के लिए वहां लाखों लोग आए थे. इसलिए यह पता लगाना आसान नहीं था कि वह युवक और युवती कहां के रहने वाले थे, इसलिए पुलिस ने ये फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिए, जिस से उन तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके.

फुटेज सोशल मीडिया पर डालने के बाद भी पुलिस को उन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. इस पर हत्यारे का सुराग देने पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया गया. इसी दौरान पुलिस वालों ने जानकीकुंड अस्पताल के रजिस्टर की जांच भी शुरू कर दी थी.

अस्पताल में आए मरीज का नामपता जरूर लिखा जाता है लेकिन हजारों की भीड़ में यह पता लगा पाना मुश्किल काम था कि जो चेहरे कैमरे में दिख रहे थे, उन के नाम क्या थे. इस के बाद भी पुलिस वाले नामपते छांटछांट कर अंदाजा लगाने में लगे रहे कि वे कौन हो सकते हैं. इस प्रक्रिया में 25 दिन निकल चुके थे और लाख कोशिशों के बाद भी पुलिस के हाथ कामयाबी नहीं लग रही थी.

चित्रकूट के लोगों की दिलचस्पी भी अब मामले में बढ़ने लगी थी. उन्हें सस्पेंस इस बात को ले कर था कि देखें पुलिस कैसे हत्यारों तक पहुंचती है और पहुंच भी पाती है या नहीं.

अस्पताल के रजिस्टर में दर्ज जिन नामों पर पुलिस ने शक किया और जांच की, उन में एक नाम उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के विजय और उस की पत्नी आरती का भी था. एसपी के निर्देश पर एक पुलिस टीम विजय के गांव ऐंझी पहुंच गई.

विजय से सीधे पूछताछ करने के बजाय पुलिस ने पहले उस के बारे में जानकारी हासिल की तो एक जानकारी यह मिली कि उस की 10-11 साल की एक बेटी नेहा भी थी, जो लगभग एक महीने से नहीं दिख रही है.

पुलिस ने चित्रकूट से लड़की की जो लाश बरामद की थी, उस की उम्र भी 10-12 साल थी. यह समानता मिलने पर पुलिस की जिज्ञासा बढ़ गई. इस के बाद पुलिस विजय के घर पहुंच गई. उस समय उस की पत्नी आरती भी घर पर मौजूद थी. पुलिस ने जब उन दोनों से उन की बेटी नेहा के बारे में पूछा तो वह बोले कि उन की कोई बेटी नहीं थी, केवल एक बेटा ही है.

उन की बातों से लग रहा था कि वह झूठ बोल रहे हैं क्योंकि उनके पड़ोसियों ने बता दिया था कि इन की 10-11 साल की एक बेटी नेहा थी, जो पता नहीं कहां चली गई है. इसी शक के आधार पर पुलिस विजय और उस की पत्नी आरती को चित्रकूट ले आई.

थाने में उन दोनों से जब पूछताछ शुरू हुई तो दोनों साफ मुकर गए कि उन की कोई बेटी भी है. तब पुलिस ने उन्हें सीसीटीवी फुटेज दिखाई, जिस में उन के साथ 10-11 साल की बच्ची थी. फुटेज देखते ही दोनों बगले झांकने लगे. उसी समय दोनों ने आंखों ही आंखों में कुछ बात की और चंद मिनटों में ही बेटी की हत्या का राज उगल दिया.

पुलिस वाले यह जान कर आश्चर्यचकित रह गए कि आरती का असली नाम सबीना शेख है और वह मुसलमान है. सबीना की शादी सन 2006 में उत्तर प्रदेश के जिला फतेहपुर के ही निवासी जाहिद अली से हुई थी. जाहिद से उसे 2 बच्चे हुए, पहली बेटी सिमरन और दूसरा बेटा साजिद जो 5 साल का है.

सबीना जाहिद के साथ रह जरूर रही थी, लेकिन उस के साथ उस की कभी पटरी नहीं बैठी, क्योंकि सबीना किसी और को चाहती थी.

दरअसल सबीना और विजय एकदूसरे को बचपन से चाहते थे, लेकिन सबीना की शादी घर वालों ने उस की मरजी के खिलाफ जाहिद से कर दी थी, इसलिए सबीना जाहिद के साथ रह जरूर रही थी, लेकिन उसे वह दिल से नहीं चाहती थी.

उस ने तो अपने दिल में विजय को बसा रखा था. जब दिल नहीं मिले तो उन के बीच बातबेबात झगड़ा रहने लगा. अपनी कलह भरी जिंदगी सुकून से गुजारने की गरज से सबीना ने शादी के 9 साल बाद विजय को टटोला. उसे यह जान कर खुशी हुई कि विजय उसे आज भी पहले की तरह चाहता है और उसे बच्चों सहित अपनाने को तैयार है.

बस फिर क्या था बगैर कुछ सोचेसमझे एक दिन वह पति को बिना बताए विजय के साथ भाग गई. यह सन 2015 की बात है.  योजनाबद्ध तरीके से दोनों भाग कर ऐंझी गांव आ कर रहने लगे. सबीना अपने बच्चों को भी साथ ले आई थी, जिस पर विजय को कोई ऐतराज नहीं था.

अपने पुराने और पहले आशिक के साथ रह कर सबीना खुश थी. उधर जाहिद ने भी बीवी के गायब होने पर कोई भागदौड़ नहीं की, क्योंकि वह तो खुद सबीना से छुटकारा पाना चाहता था. सबीना अब हिंदू के साथ रह रही थी, इसलिए उस ने खुद का नाम आरती सिंह, बेटी सिमरन का नाम नेहा सिंह और बेटे साजिद का नाम बदल कर आशीष सिंह रख लिया था.

नए पति के साथ खुशीखुशी रह रही सबीना को थोड़ाबहुत डर अपने मायके वालों से लगता था कि अगर उन्हें पता चला तो वे जरूर फसाद खड़ा कर सकते हैं. साजिद उर्फ आशीष ने तो विजय को पापा कहना शुरू कर दिया था, लेकिन सिमरन विजय को पिता मानने को तैयार नहीं थी. सिमरन उर्फ नेहा चूंकि 10-11 साल की हो चुकी थी, इसलिए वह दुनियाजहान को समझने लगी थी. उस का दिल और दिमाग दोनों विजय को पिता मानने को तैयार नहीं थे.

आरती की बड़ी इच्छा थी कि नेहा विजय को पापा कहे. इस बाबत शुरू में तो आरती और विजय ने उसे बहुत बहलायाफुसलाया, लेकिन इस्लामिक माहौल में पली सिमरन हमेशा विजय को मामू ही कहती थी. जब इस संबोधन पर सबीना ने सख्ती से पेश आना शुरू किया तो वह सिमरन के इस मासूमियत भरे सवाल का कोई जवाब वह नहीं दे पाई कि आप ही तो कहती थीं कि ये मामू हैं, अब इन्हें पापा कैसे कह दूं. मेरे अब्बू तो दूसरे गांव में रहते हैं.

इस से विजय और सबीना की परेशानी बढ़ने लगी थी. वजह मामू और अब्बा के मुद्दे पर सिमरन बराबरी से विवाद और तर्क करने लगी थी. दोनों को डर था कि यह उजड्ड और बातूनी लड़की कभी भी उन का राज खोल सकती है क्योंकि गांव में कोई इन की असलियत नहीं जानता था. अगर गांव वाले सच जान जाएंगे तो धर्म के ठेकेदार इन का रहना और जीना मुहाल कर देते.

जब लाख समझाने और धमकाने से भी बात नहीं बनी यानी सिमरन विजय को पिता मानने को तैयार नहीं हुई तो खुद सबीना ने विजय को इशारा किया कि इस से तो अच्छा है कि सिमरन का मुंह हमेशा के लिए बंद कर दिया जाए. विजय भी इस के लिए तैयार हो गया.

दोनों ने मकर संक्रांति पर चित्रकूट जाने की योजना बनाई और सिमरन से कहा कि वहां तुम्हारी आंखों की जांच भी करा देंगे. सिमरन जिद्दी जरूर थी, पर इतनी समझदार अभी नहीं हुई थी कि सगी मां के मन में पनप रही खतरनाक साजिश को भांप पाती.

12 जनवरी, 2018 को चित्रकूट आ कर दोनों ने जानकीकुंड अस्पताल में सिमरन उर्फ नेहा की आंखों की फ्री जांच करवाई और उस दिन उन्होंने विभिन्न मंदिरों में दर्शन किए. 13 जनवरी, 2018 को इस अंतरधर्मीय परिवार ने चित्रकूट में परिक्रमा की और रात में नरसिंह मंदिर के प्रांगण में आ कर सो गए.

2 दिन घूमनेफिरने के बाद थकेहारे दोनों बच्चे तो जल्द सो गए, लेकिन दुनिया के सामने दोहरी जिंदगी जीते विजय और आरती उर्फ सबीना की आंखों में नींद नहीं थी. रात 12 बजे के लगभग दोनों ने गहरी नींद में सोई नेहा उर्फ सिमरन का गला मफलर से घोंट डाला.

उस के मर जाने की तसल्ली होने के बाद दोनों यह सोच कर लाश को झाडि़यों में फेंक आए कि सिमरन की लाश को जल्द ही चीलकौए और जानवर नोचनोच कर खा जाएंगे और उन के जुर्म की भनक किसी को भी नहीं लगेगी. लाश खाईं में गिराने के बाद वे दोनों बेटे को ले कर गाजियाबाद भाग गए और कुछ दिन इधरउधर भटकने के बाद ऐंझी पहुंच गए.

पहाड़ी से लाश गिराते समय इत्तफाक से नेहा की लाश का बायां पांव खंभे में उलझ गया और लाश लटकी रह गई.

9 फरवरी, 2018 को जब सारे राज खुले तो हर किसी ने इसे वासना के लिए ममता का गला घोंटने वाली शर्मनाक वारदात कहा. बात सच भी थी, जिस का दूसरा पहलू सबीना और विजय की यह बेवकूफी थी कि वे नाम बदल कर चोरीछिपे रह रहे थे.

सबीना जाहिद से तलाक ले कर सीना ठोंक कर विजय से शादी करती तो शायद सिमरन भी विजय को पिता के रूप में स्वीकार कर लेती, पर इसे इन दोनों की बुजदिली ही कहा जाएगा कि धर्म और समाज के दबाव से लड़ने के बजाय उन्होंने एक मासूम की हत्या कर के अपनी जिंदगी खुशहाल बनने का ख्वाब देख डाला. कथा संकलन तक दोनों जेल में थे. Crime Stories

Hindi stories: औरतें अपने पैरों पर खड़ी हों – प्रज्ञा भारती

Hindi stories: साल 2003 में हैल्थ सैक्टर से समाजसेवा का काम शुरू करने वाली प्रज्ञा भारती आज बिहार में अच्छीखासी पहचान और इज्जत हासिल कर चुकी हैं. प्रज्ञा भारती साल 2005 से औरतों की तरक्की के लिए भी लगातार काम कर रही हैं. वे अब तक बिहार के 10 जिलों में 5 हजार औरतों को हुनरमंद बना चुकी हैं और 2 हजार औरतों को रोजगार दिला चुकी हैं. वे ‘परिहार सेवा संस्थान’ के तले औरतों को हुनरमंद बनाने के साथसाथ उन्हें रोजगार देने की मुहिम में लगी हुई हैं. साथ ही, वे पारिवारिक जिम्मेदारियों को भी बखूबी निभा रही हैं.

प्रज्ञा भारती कहती हैं कि औरतों को हुनरमंद बनाने के साथसाथ उन्हें रोजगार से जोड़ना जरूरी है. जब तक काम करने के बाद औरतों के हाथ में पैसा नहीं आएगा, तब तक उन के मन में अपने पैरों पर खड़ा होने का भाव नहीं आएगा.

फिलहाल प्रज्ञा भारती ‘वुमन फूड वैंडर योजना’ पर काम कर रही हैं. इस योजना में औरतों को ही रखा गया है. कैटरिंग से ले कर सर्विस तक के काम में औरतों को ही लगाया गया है. औरतें ही खाना पकाएंगी, परोसेंगी, पैक करेंगी और उसे पहुंचाएंगी. इस के लिए फिलहाल सौ औरतों को ट्रेंड किया गया है.

प्रज्ञा भारती कहती हैं कि घरेलू औरतों को उन के घर में ही काम देने की जरूरत है. इस से वे कमाई के साथसाथ अपने बच्चों और परिवार की भी देखरेख कर सकेंगी. प्रज्ञा भारती बाल सुधारगृह के बच्चों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए स्पैशल ट्रेनिंग देने में लगी हुई हैं. इस से बाल सुधारगृह से बाहर निकल कर बच्चे रोजगार में लग सकेंगे.

प्रज्ञा भारती बताती हैं कि उन्होंने पटना कालेज से बीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद मास कम्यूनिकेशन में एमए किया था. उस के बाद कुछ दिनों तक पत्रकारिता की, पर उस में मन नहीं रमा, क्योंकि वे समाजसेवा और औरतों को मजबूत करने की दिशा में कुछ ठोस काम करने के सपने देख रही थीं और साल 2003 में वे इस मुहिम में लग गईं.

सब से पहले उन्होंने पटना के स्लम एरिया कमला नेहरू नगर, कौशल नगर और कुम्हार टोली की औरतों के हालात का जायजा लिया और उन्हें हुनरमंद बनाने के काम में लग गईं. इस के बाद प्रज्ञा भारती जहानाबाद और अरवल जैसे नक्सली पैठ वाले इलाकों में भी अपने दलबल के साथ पहुंच गईं और वहां की औरतों को काम सिखाने लगीं.

सिकरिया जैसे नक्सली इलाके, जहां पुलिस भी जाने से खौफ खाती थी, में पहुंच कर प्रज्ञा भारती ने औरतों के मन से मर्द के भरोसे बैठ कर जिंदगी गुजार देने के भाव को मिटाने में कामयाबी हासिल की. प्रज्ञा भारती को औरतों और कमजोर लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करने की सीख अपने मातापिता से मिली. उन के पिता बचपन से ही पोलियो के शिकार हो गए थे, इस के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और सांख्यिकी महकमे के डायरैक्टर पद तक पहुंचे.

प्रज्ञा भारती की मां ने भी शारीरिक रूप से कमजोर होने के बावजूद अपना कारोबार खड़ा किया. ह्वीलचेयर पर बैठ कर ही उन्होंने अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में कामयाबी पाई. उन की मां की सोच है कि वे किसी के सहारे जिंदगी न गुजारें. इसी सोच ने प्रज्ञा भारती को. Hindi stories

Rajasthan News: पुलिस वाले ने पुलिस से परेशान हो कर खुदकुशी की

Rajasthan News: राजस्थान के नागौर जिले के सुरपालिया थाने के तहत आने वाले एक गांव बाघरासर में रविवार, 21 जनवरी, 2018 की सुबह डीडवाना एएसपी दफ्तर के ड्राइवर कांस्टेबल गेनाराम मेघवाल ने अपनी पत्नी संतोष और बेटे गणपत व बेटी सुमित्रा के साथ फांसी के फंदे पर झूल कर जान दे दी.

21 जनवरी, 2018 को सुबह के 4 बजे गेनाराम के लिखे गए सुसाइड नोट को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया. उस सुसाइड नोट पर गेनाराम समेत परिवार के सभी सदस्यों के दस्तखत थे. 5 पन्नों के उस सुसाइड नोट में एक पुलिस एएसआई राधाकिशन समेत 3 पुलिस वालों पर चोरी के आरोप में फंसाने, सताने व धमकाने को ले कर यह कदम उठाने का आरोप लगाया गया था.

सुसाइड नोट में लिखा था कि मार्च, 2012 में नागौर पुलिस लाइन में रहने वाले एएसआई राधाकिशन सैनी के घर में चोरी हुई थी. राधाकिशन ने गेनाराम, उस के बेटे गणपत और बेटे के दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. उन दिनों गेनाराम नागौर में तैनात था. इस मामले में 2 बार एफआईआर हो चुकी थी. लेकिन तीसरी बार यह मामला फिर खुलवा लिया गया. इस के बाद गेनाराम ने कोर्ट में एफआईआर रद्द करने की याचिका लगाई, मगर वह कोर्ट से खारिज हो गई थी.

गेनाराम अपने आखिरी समय में एएसपी दफ्तर, डीडवाना में तैनात था. वहां वह दफ्तर के पास बने सरकारी क्वार्टर में परिवार के साथ रहता था. जांचपड़ताल में यह भी सामने आया  कि गेनाराम और राधाकिशन के बीच गांव ताऊसर में 18 बीघा जमीन को ले कर भी झगड़ा चल रहा था. इस मामले में भी अजमेर पुलिस के अफसरों ने जांच की थी. गेनाराम और उस के परिवार के तनाव की एक खास वजह यह भी थी.

गेनाराम का पिछले कुछ सालों में कई बार तबादला हुआ था. इस के चलते भी वह परेशान था. अपने सुसाइड नोट में उस ने एएसआई राधाकिशन सैनी पर बेवजह परेशान करने का आरोप लगाया था. गेनाराम के खिलाफ चोरी के मामले की जांच कर रहे नागौर सीओ ओमप्रकाश गौतम का कहना है कि मार्च, 2012 के इस मामले की जांच पहले भी सीओ लैवल के कई अफसर कर चुके थे. 2 बार एफआईआर भी कराई गई थी, लेकिन पिछले दिनों यह मामला फिर से खुलवाया गया था.

गेनाराम ने हाईकोर्ट में अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को खारिज कराने के लिए भी याचिका लगाई थी, लेकिन 8 जनवरी, 2018 को कोर्ट ने उस की यह याचिका खारिज कर दी थी. अपने सुसाइड नोट में गेनाराम ने परेशान करने के लिए जिस भंवरू खां का जिक्र किया है, वह रिटायर हो चुका है. गेनाराम के परिवार वालों ने राधाकिशन, उस की पत्नी, भंवरू खां और रतनाराम समेत 3-4 दूसरे लोगों के खिलाफ खुदकुशी करने के लिए उकसाने और दलित उत्पीड़न अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कराया था.

लोगों ने इस मामले की जांच सीबीसीआईडी से कराने और ताऊसर की 18 बीघा जमीन को सीज करने की मांग की है. यहां यह भी बताना जरूरी है कि राधाकिशन के घर में मार्च, 2012 में जब पुलिस लाइन, नागौर में चोरी हुई थी. तब राधाकिशन को गेनाराम की पत्नी संतोष ने ही चोरी होने की खबर दी थी. पर राधाकिशन और उस के परिवार ने गेनाराम और उस के बेटे गणपत व उस के साथियों पर ही चोरी करने का आरोप लगा दिया और मुकदमा दर्ज करा दिया.

जुर्म साबित नहीं होने के बाद भी दुराचरण रिपोर्ट भेजी गई. गेनाराम ने सुसाइड नोट में लिखा था, ‘हमारी किसी ने नहीं सुनी.’

इस मामले में तब सीओ द्वारा तलबी लैटर जारी किया गया था. दफ्तर पहुंचने पर राधाकिशन ने गेनाराम को फिर धमकाया. राधाकिशन कई सालों से एक ही दफ्तर में तैनात है. गेनाराम एएसपी दफ्तर में ड्राइवर था. नागौर जिला एसपी दफ्तर में मीटिंग होती थी, तो वही एएसपी को ले कर जाता था. एसपी दफ्तर में ही एएसआई राधाकिशन का दफ्तर था. वह गेनाराम को देखते ही धमकाता था. गेनाराम इस वजह से परेशान हो गया था.

गेनाराम और उस के बीवीबच्चे पढ़ेलिखे थे. उन्होंने क्यों नहीं कानूनी लड़ाई लड़ी? शायद उन की उम्मीद जवाब दे गई थी, तभी उन्होंने अपनी जिंदगी खत्म करने में ही भलाई समझी और जहर पीने के बाद फांसी के फंदे पर झूल कर मौत के मुंह में जा पहुंचे. सुसाइड नोट में लिखी बातें पढ़ कर लोग हैरान रह गए कि पुलिस वाला भी पुलिस के कहर से नहीं बच सका. ऐसे पुलिस वालों पर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह पूरा परिवार खत्म न हो.

गेनाराम के बेटे गणपत और बेटी सुमित्रा ने सीकर से पौलीटैक्निक का कोर्स किया था. इस के बाद से वे दोनों मातापिता के साथ डीडवाना में ही रह रहे थे. इस परिवार के बाकी सदस्यों का कहना है कि सुमित्रा की सगाई गांव धीरजदेसर में हुई थी, जबकि बेटे गणपत की सगाई गांव सोमणा में की गई थी.

कांस्टेबल गेनाराम के 10 सवाल, जो उस ने अपने सुसाइड नोट में लिखे थे, अब जवाब मांग रहे हैं :

* चोरी का सारा सामान मिल जाना और एफएसएल भी नहीं उठाना घटना का बनावटी होना जाहिर करता है.

* तांत्रिक के कहने, कांच में चेहरा देखने की बात के आधार पर अनुसंधान करना क्या सही है?

* जांच अधिकारी के सामने राधाकिशन द्वारा गणपत के साथ मारपीट की गई. गवाह होने के बाद भी एफआईआर दर्ज करा देना.

* एसपी दफ्तर में नियम विरुद्ध नौकरी करना.

* पुत्र के साथ मारपीट और बिना वारंट 2 दिन थाने में रखना सचाई पर कुठाराघात है.

* पुत्र गणपत अपराधी था तो उसे थाने में रख कर छोड़ा क्यों गया?

* अनुसंधान अधिकारी राजीनामे का दबाव बनाने में जुटे थे. मामला इसी के चलते पैंडिंग रखा गया.

* जांच में पहले पुत्र और फिर पूरे परिवार पर आरोप लगाना शक पैदा करता है.

* चोरी के सामान में मंगलसूत्र गायब बताया जो महिला हमेशा पहने रहती है.

* महिला ने मंगलसूत्र पहन रखा था तो उसे चोरी हो जाना क्यों बताया?

गेनाराम के पूरे परिवार समेत खुदकुशी करने का पता चला तो राधाकिशन, भंवरू खां और रतनाराम फरार हो गए.

कांग्रेस के संसदीय सचिव रह चुके गोविंद मेघवाल ने बताया, ‘‘दलितों पर जोरजुल्म बढ़ रहे हैं. समाज को एकजुट होना पड़ेगा. यह पुलिस और वसुंधरा सरकार की नाकामी है. हमारा समाज इस पर विचार कर रहा है.’’ Rajasthan News

Domestic Dispute: स्पीड पोस्ट से आया तलाक

Domestic Dispute: यह जनवरी, 2016 की दोपहर की बात है. कड़ाके की सर्दी पड़ने की वजह से आफरीन रहमान जयपुर स्थित अपने घर पर ही थीं. उन का खाना खाने का मन नहीं था, इसलिए कुरसी पर बैठ कर वह सोचने लगीं कि अब क्या किया जाए, क्योंकि घर के सारे काम वह पहले ही निपटा चुकी थीं. वह कुरसी पर बैठी थीं कि तभी उन की नजर सामने सैंटर टेबल पर पड़ी पत्रिका पर पड़ गई.

उसे एक दिन पहले ही वह बाजार से खरीद कर लाई थीं. रात को वह उसे पढ़ रही थीं, तभी उन्हें नींद आ गई थी. तब मैगजीन सैंटर टेबल पर रख कर वह सो गई थीं. मैगजीन देख कर आफरीन को उस कहानी की याद आ गई, जिसे वह पढ़ रही थीं. वह एक महिला की कहानी थी, जिसे पति ने घर से निकाल दिया था. इस समय वह महिला मायके में भाइयों के साथ रह रही थी.

आफरीन ने उसी कहानी को पढ़ने के लिए मैगजीन उठा ली. वह पन्ने पलट रही थीं, तभी डोरबैल बजी. आफरीन सोच में पड़ गईं कि इस समय दोपहर में कौन आ गया? उन्होंने बैठेबैठे ही आवाज लगाई, ‘‘कौन..?’’

बाहर से जवाब आने के बजाय दोबारा डोरबैल बजी तो आफरीन मैगजीन मेज पर रख कर अनमने मन से उठीं और दरवाजे पर जा कर दरवाजा खोलने से पहले एक बार फिर पूछा, ‘‘कौन है?’’

‘‘मैडम, मैं पोस्टमैन.’’ बाहर से आवाज आई.

आफरीन ने दरवाजा खोला तो बाहर खाकी वर्दी में पोस्टमैन खड़ा था. उस ने एक लिफाफा आफरीन की ओर बढ़ाते हुए कहा, ‘‘आप के यहां आफरीन रहमान कौन हैं? यह स्पीड पोस्ट आई है.’’

‘‘मैं ही आफरीन रहमान हूं.’’ उन्होंने कहा.

‘‘मैडम,’’ पोस्टमैन ने एक कागज आफरीन की ओर बढ़ाते हुए कहा, ‘‘इस पर दस्तखत कर दीजिए.’’

कागज थाम कर आफरीन ने पोस्टमैन की ओर देखा तो उस ने अपनी जेब से पैन निकाल कर उस की ओर बढ़ा दिया. आफरीन ने उस कागज पर दस्तखत कर दिए तो पोस्टमैन ने एक लिफाफा उन्हें थमा दिया. आफरीन ने दरवाजा बंद किया और कमरे में आ कर उस लिफाफे को उलटपलट कर देखने लगी. वह स्पीड पोस्ट उन्हीं के नाम थी. पत्र भेजने वाले की जगह अशहर वारसी, इंदौर लिखा था.

society

इंदौर से अशहर का पत्र देख कर आफरीन खुश हो गईं लेकिन तुरंत ही अपनी उस खुशी को झटक कर वह सोचने लगीं कि अगर अशहर को उस की जरूरत होती तो वह खुद आता या फोन करता. पत्र भेजने की क्या जरूरत थी? आफरीन के मन में तरहतरह की आशंकाएं उपजने लगीं. 5-6 महीने बाद उस ने इस तरह क्यों याद किया? यह चिट्ठी क्यों भेजी, वह भी स्पीड पोस्ट से?

आफरीन का मन बैठने सा लगा. उन्होंने कांपते हाथों से स्पीडपोस्ट का वह लिफाफा खोला. उस में से एक कागज निकला. उन्होंने वह कागज खोला तो उस पर लिखा था ‘तलाक…तलाक… तलाक…’. उन्होंने एक बार फिर उस कागज पर लिखी इबारत पढ़ी. उस पर वही लिखा था, जो उन्होंने पहले पढ़ा था.

आफरीन ने उस कागज पर लिखे शब्दों को कई बार पढ़ा. उस तलाकनामा को देख कर उन की आंखों के आगे अंधेरा छाने लगा. वह कुरसी पर बैठ गईं. उन की समझ में नहीं आ रहा था कि उन की खुशियों को इतनी जल्दी ग्रहण कैसे लग गया? उन्हें जो खुशियां मिली थीं, वे इतनी जल्दी कैसे छिन गईं?

उन्होंने तो ऐसी कोई गलती भी नहीं की थी कि उस गलती की इतनी बड़ी सजा मिल रही हो. करीब डेढ़, दो साल पहले अशहर से रिश्ता तय होना, उस की बेगम बन कर जयपुर से इंदौर जाना, कुछ ही दिनों में ससुराल वालों की ओर से दहेज के लिए उन पर अत्याचार करना और फिर एक दिन उन्हें घर से निकाल देने की एकएक घटना उस के जेहन में फिल्म की तरह चलने लगी.

सन 2014 के मईजून महीने की बात रही होगी. जयपुर की रहने वाली 23 साल की आफरीन रहमान अपनी एमबीए की पढ़ाई पूरी कर नौकरी तलाश रही थी. उस के पिता मोहम्मद नसीर की सन 2009 में कौर्डियक अटैक से मौत हो गई थी. उस के बाद परिवार की जिम्मेदारी आफरीन के 2 भाइयों पर आ गई थी.

परिवार में आफरीन, मां और 2 भाई थे. भाई चाहते थे कि आफरीन का जल्द से जल्द निकाह हो जाए. वैसे भी आफरीन शादी लायक हो चुकी थी. उस की पढ़ाई भी पूरी हो चुकी थी. भाई उस के लिए रिश्ता तलाश रहे थे. उसी बीच एक मैट्रीमोनियल वेबसाइट के माध्यम से अशहर वारसी और आफरीन में जानपहचान हुई.

अशहर वारसी मध्य प्रदेश के शहर इंदौर के रहने वाले थे. वह वकालत करते थे. जानपहचान हुई तो बात शादी की चली. अशहर ने आफरीन को देखा और आफरीन ने अशहर को. दोनों ही एकदूसरे को पसंद आ गए. इस के बाद घर वालों की रजामंदी से नातेरिश्तेदारों की मौजूदगी में रिश्ता तय हो गया.

रिश्ता तय होने पर आफरीन अपने सपनों के राजकुमार अशहर के साथ भविष्य के सपने बुनने लगी. अशहर जवान थे और खूबसूरत भी. आफरीन ने पहले ही तय कर लिया था कि वह किसी अच्छे पढ़ेलिखे लड़के से ही शादी करेगी. अशहर वकालत की पढ़ाई कर के प्रैक्टिस कर रहे थे.

सब कुछ ठीकठाक था, इसलिए आफरीन के भाई और मां इस बात से बेफिक्र थे कि नाजनखरों में पली उन की लाडली को ससुराल में कोई परेशानी नहीं होगी. आफरीन की मां को केवल इसी बात का दुख था कि आफरीन जयपुर से सैकड़ों किलोमीटर दूर इंदौर चली जाएगी.

मां की इस बात पर आफरीन के भाई यह कह कर उन्हें सांत्वना देते थे कि आजकल इतनी दूरी कुछ भी नहीं है. सुबह जा कर रात में जयपुर आया जा सकता है. अशहर के घर वाले चाहते थे कि निकाह धूमधाम से हो. उन की चाहत को देखते हुए आफरीन के भाइयों ने शादी की तैयारी शुरू कर दी.

बहन की शादी के लिए उन्होंने इधरउधर से कर्ज भी लिया. लेकिन भाइयों ने शादी 4 सितारा होटल में की. 24 अगस्त, 2014 को आफरीन रहमान और अशहर वारसी की शादी धूमधाम से हो गई. आफरीन की शादी में उस के भाइयों ने अपनी हैसियत से ज्यादा दहेज दिया, ताकि उन की बहन को ससुराल में कोई परेशानी न हो.

शादी के बाद आफरीन इंदौर चली गई. शुरुआती दिन हंसीखुशी में निकल गए. अशहर भी खुश था और आफरीन भी. आफरीन को अपने शौहर के वकील होने का फख्र था तो अशहर को भी अपनी बेगम के उच्च शिक्षित होने की खुशी थी. न तो आफरीन को कोई गिलाशिकवा था और ना ही अशहर को.

दोनों मानते थे कि पढ़ालिखा होने से वे अपनी जिंदगी को खुशहाल बना लेंगे. सब कुछ ठीकठाक चल रहा था. लेकिन आफरीन की खुशियां ज्यादा दिनों तक टिकी नहीं रह सकीं. शादी के 3-4 महीने बाद ही अशहर और उस के घर वालों का व्यवहार बदलने लगा. जो अशहर आफरीन से प्यारमोहब्बत की बातें करते नहीं थकता था, वह उसे आंखें तरेर कर बातें करने लगा.

ससुराल वालों का भी व्यवहार बदल गया था. वे दहेज और अन्य बातों को ले कर ताने मारने लगे थे. आफरीन समझ नहीं पा रही थीं कि यह सब क्यों होने लगा? मौका मिलने पर वह अशहर को समझाने की कोशिश करती, लेकिन अशहर समझने के बजाय उन्हें ही दोषी ठहराता.

आफरीन पढ़ीलिखी और समझदार थीं. वह जानती थीं कि इन बातों का परिणाम अच्छा नहीं होगा. वह भाइयों की स्थिति को भी जानती थीं. अब वे इस हालत में नहीं थे कि बहन की ससुराल वालों की दहेज की मांग पूरी कर सकते. वह यह भी जानती थीं कि अगर एक बार इन की दहेज की मांग पूरी भी कर दी गई तो क्या गारंटी कि ये आगे कुछ नहीं मांगेंगे. उन्हें परेशान नहीं करेंगे.

society

यही सोच कर आफरीन ससुराल वालों के अत्याचार सहती रहीं. वह जब भी अकेली होतीं, उस समय को कोसती रहतीं, जब उन की अशहर से जानपहचान हुई थी. उन का सोचना था कि शायद कुछ दिनों में सब ठीक हो जाएगा. लेकिन वैसा कुछ नहीं हुआ. ससुराल वालों के अत्याचार लगातार बढ़ते ही गए. अब उन के साथ मारपीट भी होने लगी थी, जिसे वह यह सोच कर सहन करती रहीं कि एक न एक दिन यह सब ठीक हो जाएगा.

अशहर घर वालों के कहने पर चल रहा था. वह आफरीन से सीधे मुंह बात भी नहीं करता था. बात सिर से गुजरने लगी तो आफरीन ने अपनी परेशानी भाइयों को बताई. भाई इंदौर गए और अशहर तथा उस के घर वालों को समझाया. अपनी आर्थिक स्थिति भी बताई.

इस के बाद महीना, 15 दिन तक आफरीन के प्रति ससुराल वालों का रवैया ठीक रहा, पर इस के बाद फिर वे उसे परेशान करने लगे. यह सिलसिला इसी तरह चलता रहा. शादी के करीब एक साल बाद अगस्त, 2015 में अशहर और उस के घर वालों ने पैसे और कई तरह का अन्य सामान लाने की बात कह कर आफरीन से मारपीट की और उन्हें घर से धक्के मार कर निकाल दिया.

आफरीन सब के सामने गिड़गिड़ाती रहीं और कहती रहीं कि उन के भाइयों की इतनी हैसियत नहीं है कि वे उन की मांगें पूरी कर सकें. ससुराल वालों ने उन की एक भी बात नहीं सुनी. आफरीन क्या करती? वह जयपुर भाइयों के पास आ गईं. भाइयों ने अशहर और उन के घर वालों से बात की. नातेरिश्तेदारों से दबाव डलवाया.

आखिर 7-8 दिनों बाद आफरीन के ससुराल वाले आ कर उन्हें इंदौर ले गए. आफरीन भी यह सोच कर उन के साथ चली गईं कि शायद अब इन्हें अक्ल आ गई होगी. लेकिन जल्दी ही ससुराल में उन के साथ फिर वैसा ही व्यवहार होने लगा. अशहर और उन के घर वाले फिर दहेज की मांग करते हुए उन के साथ मारपीट करने लगे. ऐसा कोई दिन नहीं होता था, जिस दिन उन्हें ससुराल न मारा जाता रहा हो.

आफरीन ने एक बार फिर अशहर को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था. सितंबर, 2015 में अशहर और उस के घर वालों ने एक बार फिर मारपीट कर आफरीन को घर से निकाल दिया. आंखों से आंसू लिए आफरीन एक बार फिर जयपुर स्थित अपने मायके आ गईं. आफरीन अपने भाइयों पर बोझ नहीं बनना चाहती थीं.

आफरीन पढ़ीलिखी थीं, इसलिए अपने पैरों पर खड़ी होना चाहती थीं. जयपुर में वह नौकरी की तलाश करने लगीं. उसी बीच उन पर दुखों का एक और पहाड़ टूट पड़ा. अक्तूबर, 2015 में जयपुर से जोधपुर जाते समय सड़क दुर्घटना में आफरीन की मां की मौत हो गई. हादसे में उन्हें भी चोटें आई थीं.

आफरीन की ससुराल वालों को सूचना भेजी गई. अशहर जयपुर आया जरूर, लेकिन 2-3 दिन रुक कर चला गया. उस ने आफरीन को ले जाने की बात एक बार भी नहीं की. आफरीन के भाइयों ने कहा भी तो उस ने कोई जवाब नहीं दिया. आफरीन जयपुर में रहते हुए अपने भविष्य के बारे में सोच रही थीं.

कभीकभी उन्हें लगता था कि सब कुछ ठीक हो जाएगा. अशहर को जिस दिन उस की अहमियत का अहसास होगा, वह जयपुर आ कर उसे ले जाएगा. लेकिन उन का यह सोचना केवल मन को तसल्ली देने वाली बात थी. जयपुर में रहते हुए आफरीन को पता नहीं था कि उस के शौहर अशहर के मन में क्या चल रहा है? जनवरी, 2016 के आखिरी सप्ताह में स्पीडपोस्ट से अशहर का भेजा तलाकनामा आ गया.

तलाकनामा में 3 बार लिखे ‘तलाक…तलाक…तलाक…’ को पढ़ कर आफरीन की आंखों में आंसू आ गए. वह सोचने लगीं कि अब क्या किया जाए? उन्होंने अपने भाइयों तथा मिलनेजुलने वालों से राय ली. सभी ने उन की हिम्मत बढ़ाई. वह कुछ महिला संगठनों, मुसलिम संगठनों एवं वकीलों से मिलीं. आखिर उन्होंने 3 तलाक के सिस्टम को ही सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का फैसला किया.

इस बीच, अप्रैल 2016 में आफरीन के बड़े भाई फहीम की दुर्घटना में मौत हो गई. एक तरफ आफरीन का विवाह टूट रहा था और दूसरी ओर 7 महीने के अंदर मां और बड़े भाई की हादसों में हुई मौत ने उन्हें तोड़ कर रख दिया था. परिवार में भाभी और एक छोटा भाई ही बचा था.

इस के बावजूद आफरीन ने अपना दिल कड़ा किया. 3 तलाक के खिलाफ अपने वकील के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर दी. सुप्रीम कोर्ट ने मई, 2016 में आफरीन की यह याचिका स्वीकार कर ली.

3 तलाक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने वाली आफरीन देश की दूसरी महिला थीं.

इस से पहले उत्तराखंड के काशीपुर की शायरा बानो ने फरवरी, 2016 में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर 3 तलाक और बहुविवाह को खत्म करने का आग्रह किया था.

society

आफरीन का कहना है कि 3 तलाक पूरी तरह से नाइंसाफी है. उन की तलाक की इच्छा थी या नहीं, यह उन से एक बार भी नहीं पूछा गया. इस तरह चिट्ठी के जरिए तलाक देना अपने आप में क्रूरता है. इस तरह तलाक दे कर महिलाओं के अधिकारों और इच्छाओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया जाता है. सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद अब आफरीन पति से मेहर की रकम और गुजारा भत्ता चाहती हैं.

दर्द के दरिया में डूबी मुमताज

उत्तर प्रदेश के झांसी के थाना सीपरी के इलाके की आवास विकास कालोनी की रहने वाली मुमताज बेगम का निकाह 21 दिसंबर, 2003 को वहीं के रहने वाले वारिस उज्जमा के साथ हुआ था. शादी के बाद वह जल्दी ही गर्भवती भी हो गई. लेकिन उस के पति और ससुराल वालों ने कहना शुरू कर दिया कि उन्हें बेटा चाहिए.

जब दिसंबर, 2004 में मुमताज बेटी की मां बनी तो उस पर मुसीबतें टूट पड़ीं. उत्पीड़न के साथ पति और ससुराल वाले उस पर यह कह कर मायके से 5 लाख रुपए लाने के लिए दबाव डालने लगे कि उस की बेटी मायके की है. उस की शादी के लिए पैसे की जरूरत पड़ेगी.

बात बेटी की शादी बचाने की थी. पूरा हालहवाल जान कर मायके वालों ने यह कह कर कि जब बेटी बड़ी हो जाए तो प्लौट बेच कर उस की शादी कर दी जाएगी. मुमताज के नाम एक प्लौट की रजिस्ट्री करा दी गई. कुछ समय शांति रही. इस बीच मुमताज एक बेटे और एक बेटी की मां बनी. इस के बावजूद फिर से मुमताज के साथ बदसलूकी शुरू हो गई. मारपीट भी होने लगी.

जल्दी ही वह दिन भी आ गया, जब 3 तलाक कह कर वारिस उज्जमा ने उसे घर से निकाल दिया. बाद मे उस ने बाकायदा लिख कर शरिया हिसाब से उसे तलाक दे दिया.

मुमताज ने समाज के ठेकेदारों से न्याय दिलाने की मांग की. मुसलिम पर्सनल लौ बोर्ड  से संबंद्ध अदालत के काजी (जज) से संपर्क किया.  लेकिन सब ने एक ही बात कही कि यह धर्म का मामला है, तलाक हो चुका है. इसलिए कुछ नहीं किया जा सकता. औल इंडिया पर्सनल लौ बोर्ड से संबंद्ध दारुल कजा शरई अदालत के मुफ्ती सिद्दीकी नकवी ने कहा कि बेशक तलाक का तरीका गलत है, पर तलाक तो हो ही गया है, इसलिए कुछ नहीं किया जा सकता.

अब सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आने के बाद मुमताज को न्याय मिल सकेगा. अभी तक वह न्याय के लिए धर्म के ठेकेदारों के पास भटकती रही, जिन्होंने उसे दिलाशा देना तक उचित नहीं समझा. Domestic Dispute