Love Crime: इश्क की आग में कुछ इस तरह बरबाद हुआ एक परिवार

Love Crime: 2 लोगों के साथ जगराओं के थाना सिटी पहुंची लक्ष्मी ने थानाप्रभारी इंसपेक्टर इंद्रजीत सिंह को बताया था कि उस के पति प्रवासराम 2 दिन पहले काम पर गए तो अब तक लौट कर नहीं आए हैं. थानाप्रभारी ने पूरी बात बताने को कहा तो लक्ष्मी ने बताया कि उस के पति प्रवासराम मूलरूप से बिहार के जिला बांका के थाना रजौली के गांव उपराम के रहने वाले थे.

कई सालों पहले वह काम की तलाश में जगराओं आ गया था और पीओपी का काम सीख कर बडे़बडे़ मकानों में पीओपी करने के ठेके लेने लगा था. उस का काम ठीकठाक चलने लगा तो वह गांव से पत्नी और बच्चों को भी ले आया. जगराओं में वह डा. हरिराम अस्पताल के पास रहता था. सन 2001 में प्रवासराम की लक्ष्मी से शादी हुई थी. उस के कुल 6 बच्चे थे, जिन में 4 बेटियां और 2 बेटे थे. वह सुबह काम पर जाता था तो शाम 7 बजे तक वापस आता था. लक्ष्मी की बात सुन कर इंद्रजीत सिंह ने पूछा, ‘‘जिस जगह तुम्हारा पति काम करता था, वहां जा कर तुम ने पता किया था?’’

‘‘जी साहब, यह लड़का उन्हीं के साथ काम करता था.’’ साथ आए 20-22 साल के एक लड़के की ओर इशारा कर के लक्ष्मी ने कहा.

थानाप्रभारी ने उस लड़के की ओर देखा तो उस ने कहा, ‘‘साहब, मेरा नाम सोनू है, मैं उन्हीं के साथ काम करता था. वह 2 दिनों से काम पर नहीं आए हैं, जिस से हम सभी बहुत परेशान हैं. हम सभी खाली बैठे हैं.’’

इंद्रजीत सिंह ने एएसआई बलजिंदर सिंह को पूरी बात समझा कर प्रवासराम की गुमशुदगी दर्ज करा कर उस की पत्नी से उस का एक फोटो लेने को कहा. थानाप्रभारी के आदेश पर बलजिंदर सिंह ने प्रवासराम की गुमशुदगी दर्ज कर लक्ष्मी से उस का एक फोटो ले लिया. इस के बाद उन्होंने उस की फोटो के साथ सभी थानों को उस की गुमशुदगी की सूचना दे दी. यह 4 अप्रैल, 2017 की बात है. इस का मतलब प्रवासराम 2 अप्रैल से गायब था.

6 अप्रैल, 2017 को पुलिस को जगराओं के बाहरी इलाके में सेम नानकसर रोड पर स्थित एक गंदे नाले में एक लाश मिली. उसे बिस्तर में लपेट कर फेंका गया था. मौके पर पहचान न होने की वजह से पुलिस ने लाश को मोर्चरी में रखवा कर उस के पोस्टर जारी कर दिए थे. पोस्टर देख कर अगवाड़ लोपो के रहने वाले मृतक के साढू समीर ने उस की शिनाख्त डा. हरिराम अस्पताल के पास रहने वाले प्रवासराम की लाश के रूप में कर दी थी.

इंद्रजीत सिंह ने तुरंत सिपाही भेज कर लक्ष्मी को बुलवा लिया था. लाश देखते ही लक्ष्मी रोने लगी. अब शक की कोई गुंजाइश नहीं रह गई थी. वह लाश उस के गुमशुदा पति प्रवासराम की ही थी. लाश की शिनाख्त होने के बाद इंद्रजीत सिंह ने प्रवासराम की गुमशुदगी की जगह अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लाश लक्ष्मी और उस के रिश्तेदारों को सौंप दी. उसी दिन शाम को उन्होंने उस का अंतिम संस्कार कर दिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, प्रवासराम की हत्या 4 दिनों पहले गला घोंट कर की गई थी. उस की गरदन पर रस्सी के निशान थे. थानाप्रभारी ने इस मामले की जांच बलजिंदर सिंह को ही सौंप दी थी. उन्होंने मृतक की पत्नी लक्ष्मी और उस के भाइयों को बुला कर विस्तार से पूछताछ की. मृतक के भाई अनूप का कहना था कि उस के भाई की न किसी से कोई दुश्मनी थी और न किसी तरह का कोई लेनादेना था. इस के बाद बलजिंदर सिंह ने लक्ष्मी से पूछा, ‘‘तुम सोच कर बताओ कि काम पर जाने से पहले तुम्हारी पति से कोई खास बात तो नहीं हुई थी?’’

‘‘कोई बात नहीं हुई थी साहब, रोज की तरह उस दिन भी वह अपना खाने का टिफिन ले कर सुबह साढ़े 7 बजे घर से गए तो लौट कर नहीं आए.’’

बलजिंदर सिंह ने वहां जा कर भी पूछताछ की, जहां प्रवासराम काम करा रहा था. उस के साथ काम करने वाले मजदूर ही नहीं, मकान के मालिक ने भी बताया कि प्रवासराम निहायत ही शरीफ और ईमानदार आदमी था. लड़ाईझगड़ा तो दूर, वह किसी से ऊंची आवाज में बात भी नहीं करता था. समय पर काम कर के मालिक से समय पर मजदूरी ले कर अपने मजदूरों को उन की मजदूरी दे कर उन्हें खुश रखता था. बलजिंदर सिंह को अब तक की पूछताछ में कोई ऐसा सुराग नहीं मिला था, जिस से वह हत्यारों तक पहुंच पाते. यह तय था कि हत्यारे 2 या 2 से अधिक थे. लेकिन उन की समझ में नहीं आ रहा था कि ऐसे शरीफ आदमी की भला किसी की क्या दुश्मनी हो सकती थी, जो उसे मार दिया.

थानाप्रभारी इंद्रजीत सिंह से सलाह कर के बलजिंदर सिंह मुखबिरों की मदद से यह पता करने लगे कि मृतक की पत्नी का किसी से अवैध संबंध तो नहीं था. इस की एक वजह यह थी कि लक्ष्मी ने कई बार बयान बदले थे. यही नहीं, पूछताछ के दौरान वह डरीडरी सी रहती थी. कभी वह कहती थी कि 2 अप्रैल को काम से लौटने के बाद वह कुछ लेने के लिए बाजार गए थे तो लौट कर नहीं आए तो कभी कहती थी कि सुबह काम पर गए थे तो लौट कर नहीं आए थे.

उस की इन्हीं बातों पर उन्हें उस पर शक हो गया था. मुखबिरों से उन्हें पता चला था कि लक्ष्मी के घर सिर्फ 20-22 सल के सोनू का ही आनाजाना था. उसी सोनू के साथ लक्ष्मी प्रवासराम की गुमशुदगी दर्ज कराने थाने आई थी. उस की उम्र लक्ष्मी से इतनी कम थी कि उस पर संदेह नहीं किया जा सकता था. लेकिन मुखबिर ने जो खबर दी थी, उस से सोनू ही संदेह के घेरे में आ गया था. पुलिस जब उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो वह घर पर नहीं मिला.

बलजिंदर सिंह महिला सिपाही की मदद से लक्ष्मी को थाने ले आए और जब उस से कहा कि उसी ने सोनू के साथ मिल कर अपने पति की हत्या की है तो वह अपने बच्चों की कसम खाने लगी. उस का कहना था कि पुलिस को शायद गलतफहमी हो गई है. वह भला अपने पति की हत्या क्यों करेगी. लेकिन पुलिस को मुखबिर पर पूरा भरोसा था. इसलिए जब उस के साथ थोड़ी सख्ती की गई तो उस ने अपने पति प्रवासराम की हत्या का अपराध स्वीकार करते हुए बता दिया कि उसी ने अपने प्रेमी सोनू के साथ साजिश रच कर पति प्रवासराम की हत्या कराई थी.

इस हत्या में उस का प्रेमी सोनू और उस के 2 दोस्त मिल्टन और छोटू सोनू शामिल थे. सोनू के दोस्त का नाम भी सोनू था, इसलिए यहां उस का नाम छोटू सोनू लिख दिया गया है. लक्ष्मी ने ही प्रवासराम की हत्या करा कर उस की लाश गंदे नाले में फेंकवा दी थी. इस के बाद लक्ष्मी की निशानदेही पर उस के प्रेमी सोनू और उस के साथी अवधेश (बदला हुआ नाम) को हिरासत में ले लिया गया था. जबकि उस का साथी सोनू फरार होने में कामयाब हो गया था. शायद उसे लक्ष्मी, अवधेश और सोनू के गिरफ्तार होने की सूचना मिल गई थी.

बलजिंदर सिंह ने उसी दिन यानी 9 अप्रैल, 2017 को तीनों अभियुक्तों लक्ष्मी, अवधेश और सोनू को जिला मजिस्टै्रट की अदालत में पेश कर के लक्ष्मी और सोनू को 2 दिनों के पुलिस रिमांड पर ले लिया, जबकि नाबालिग होने की वजह से अवधेश को बाल सुधारगृह भेज दिया गया. रिमांड अवधि के दौरान प्रवासराम की हत्या की जो कहानी प्रकाश में आई, वह  इस प्रकार थी- 6 बच्चों की मां बन जाने के बाद भी लक्ष्मी की देह की आग शांत होने के बजाय और भड़क उठी थी. इस की वजह यह थी कि प्रवासराम सीधासादा और शरीफ आदमी था. उस ने लक्ष्मी से कहा था कि अब उसे खुद पर संयम रखना चाहिए, क्योंकि उस के 6 बच्चे हो चुके हैं. अब उसे अपने इन बच्चों की फिक्र करनी चाहिए.

प्रवासराम दिनभर काम कर के थकामांदा घर लौटता और खाना खा कर अगले दिन काम पर जाने के लिए जल्दी सो जाता. लक्ष्मी को यह जरा भी नहीं सुहाता था. जब पति ने उस की ओर से पूरी तरह मुंह मोड़ लिया तो उस की नजरें खुद से लगभग 22 साल छोटे सोनू पर जा टिकीं. काम से फारिग होने के बाद अकेला रहने वाला सोनू अक्सर प्रवासराम के साथ उस के घर आ जाता था. वह घंटों बैठा प्रवासराम और लक्ष्मी से बातें किया करता था. लक्ष्मी की नजरें उस पर टिकीं तो वह उस से हंसीमजाक के साथसाथ शारीरिक छेड़छाड़ भी करने लगी. युवा हो रहे सोनू को यह सब बहुत अच्छा लगता था.

एक दिन दोपहर को जब सोनू काम से छुट्टी ले कर लक्ष्मी के घर पहुंचा तो लक्ष्मी ने उसे पकड़ कर बैड पर पटक दिया और मनमानी कर डाली. सोनू के लिए यह एकदम नया सुख था. उसे ऐसा लगा, जैसे वह जन्नत की सैर कर रहा है. उस दिन के बाद यह रोज का नियम बन गया. सोनू काम के बीच कोई न कोई बहाना कर के लक्ष्मी के पास पहुंच जाता और मौजमस्ती कर के लौट जाता. यह सब लगभग एक साल तक चलता रहा. किसी तरह इस बात की जानकारी प्रवासराम को हुई तो उस ने लक्ष्मी को खरीखोटी ही नहीं सुनाई, बल्कि प्यार से समझाया भी, पर उस के कानों पर जूं नहीं रेंगी.

जब प्रवासराम ने लक्ष्मी पर रोक लगाने की कोशिश की तो सोनू के प्यार में पागल लक्ष्मी ने सोनू के साथ मिल कर प्रवासराम की हत्या की योजना बना डाली. एक दिन उस ने सोनू से कहा, ‘‘जब तक प्रवासराम जिंदा रहेगा तो हम दोनों इस तरह मिल नहीं पाएंगे. वैसे भी अब उस के वश का कुछ नहीं रहा. वह बूढा हो गया है, अब उस का मर जाना ही ठीक है.’’

लक्ष्मी के साथ मिल कर प्रवासराम की हत्या की योजना बना कर सोनू ने साथ काम करने वाले अवधेश और छोटू सोनू को कुछ रुपयों का लालच दे कर अपने साथ मिला लिया. घटना वाले दिन यानी 2 अप्रैल, 2017 को सोनू पार्टी देने के बहाने शराब की बोतल और चिकन ले कर लक्ष्मी के घर पहुंचा. अवधेश और छोटू सोनू भी उस के साथ थे. उस ने प्रवासराम से कहा, ‘‘भइया चिकन और शराब लाया हूं, आज पार्टी करने का मन है.’’

योजनानुसार चारों शराब पीने बैठ गए. खुद कम पी कर सोनू और उस के साथियों ने प्रवासराम को अधिक शराब पिला दी. रात के 11 बजे तक प्रवासराम जरूरत से ज्यादा शराब पी कर लगभग बेहोश हो गया तो लक्ष्मी ने सोनू को इशारा किया. सोनू ने छोटू सोनू और अवधेश की तरफ देखा तो छोटू सोनू ने बेसुध पड़े प्रवासराम के दोनों पैर कस कर पकड़ लिए. अवधेश उस की छाती पर सवार हो गया तो लक्ष्मी और सोनू ने प्रवासराम के गले में रस्सी डाल कर कस दिया. प्रवासराम तड़प कर शांत हो गया तो चारों ने मिल कर लाश को बैड से उतार कर नीचे खिसका दिया.

अवधेश और छोटू सोनू तो अपनेअपने घर चले गए, जबकि सोनू लक्ष्मी के कमरे पर ही रुक गया. दोनों पूरी रात उसी बैड पर मौजमस्ती करते रहे, जिस बैड के नीचे प्रवासराम की लाश पड़ी थी. अगले दिन यानी 3 अप्रैल की रात को अवधेश और छोटू सोनू की मदद से सोनू प्रवासराम की लाश को बिस्तर में लपेट कर रेहड़े से ले जा कर सेम नानकसर रोड पर बहने वाले गंदे नाले में फेंक आया. रिमांड अवधि के दौरान लक्ष्मी की निशानदेही पर पुलिस ने उस के घर से वह रस्सी बरामद कर ली थी, जिस से प्रवासराम का गला घोंटा गया था. हत्या करते समय लक्ष्मी ने अपने सभी बच्चों को दूसरे कमरे में सुला कर बाहर से कुंडी लगा दी थी, जिस से बच्चों को कुछ पता नहीं चल सका था.

रिमांड अवधि समाप्त होने पर 11 अप्रैल, 2017 को लक्ष्मी और उस के प्रेमी सोनू को पुन: अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. अवधेश को पहले ही बाल सुधार गृह भेज दिया गया था. इस हत्याकांड का एक आरोपी छोटू सोनू अभी फरर है. पुलिस उस की तलाश कर रही है. प्रवासराम की हत्या और लक्ष्मी के जेल जाने के बाद उन के सभी बच्चों को प्रवासराम का छोटा भाई अपने घर ले गया है. लक्ष्मी ने अपनी वासना में अपना परिवार तो बरबाद किया ही, 3 लड़कों की जिंदगी पर सवालिया निशान लगा दिए. Love Crime

कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित. अवधेश बदला हुआ नाम है.

Gorakhpur Crime: रिश्तों की मर्यादा टूटी, चाची की यारी में चाचा का खौफनाक कत्ल

Gorakhpur Crime: 17 अक्तूबर, 2016 की सुबह जिला गोरखपुर के चिलुआताल के महेसरा पुल के नजदीक जंगल में एक पेड़ के सहारे एक साइकिल खड़ी देखी गई, जिस के कैरियर पर एक बोरा बंधा था. बोरा खून से लथपथ था, इसलिए देखने वालों को अंदाजा लगाते देर नहीं लगी कि बोरे में लाश हो सकती है. लाश  होने की संभावना पर ही इस बात की सूचना थाना चिलुआताल पुलिस को दे दी गई थी. सूचना मिलते ही थानाप्रभारी इंसपेक्टर रामबेलास यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर आ पहुंचे थे. बोरे से उस समय भी खून टपक रहा था.

इस का मतलब था कि बोरा कुछ देर पहले ही साइकिल से वहां लाया गया था. उन्होंने बोरा खुलवाया तो उस में से एक आदमी की लाश निकली. मृतक की उम्र 35-36 साल रही होगी. उस के सिर पर किसी वजनदार चीज से वार किया गया था. वह रंगीन सैंडो बनियान और लुंगी पहने था. शायद रात को सोते समय उस की हत्या की गई थी. पुलिस को लाश की शिनाख्त कराने में जरा भी दिक्कत नहीं हुई. वहां जमा भीड़ ने मृतक की शिनाख्त प्रौपर्टी डीलर सुरेश सिंह के रूप में कर दी थी. वह चिलुआताल गांव का ही रहने वाला था.

शिनाख्त होने के बाद रामबेलास यादव ने मृतक के घर वालों को सूचना देने के लिए 2 सिपाहियों को भेजा. दोनों सिपाही मृतक के घर पहुंचे तो घर पर कोई नहीं मिला. पड़ोसियों से पता चला कि सुरेश सिंह के बिस्तर पर भारी मात्रा में खून मिलने और उस के बिस्तर से गायब होने से घर के सभी लोग उसी की खोज में निकले हुए थे. घर पर पुलिस के आने की सूचना मिलने पर मृतक सुरेश सिंह के बड़े भाई दिनेश सिंह घर आए तो जंगल में एक लाश मिलने की बात बता कर दोनों सिपाही उन्हें अपने साथ ले आए. लाश देखते ही दिनेश सिंह फफक कर रो पड़े. इस से साफ हो गया कि मृतक उन का भाई सुरेश सिंह ही था.

इस के बाद पुलिस ने घटनास्थल की सारी काररवाई निपटा कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए बाबा राघवदास मैडिकल कालेज भिजवा दिया और उस साइकिल को जब्त कर लिया, जिस पर लाश बोरे में भर कर वहां लाई गई थी. थाने लौट कर रामबेलास यादव ने मृतक के बडे़ भाई दिनेश सिंह की तहरीर पर सुरेश सिंह की हत्या का मुकदमा अज्ञात के खिलाफ दर्ज कर लिया. मृतक सुरेश सिंह प्रौपटी डीलिंग का काम करता था. विवादित जमीनों को खरीदनाबेचना उस का मुख्य धंधा था. पुलिस ने इसी बात को ध्यान में रख कर जांच आगे बढ़ाई, लेकिन उस का ऐसा कोई दुश्मन नजर नहीं आया, जिस से लगे कि हत्या उस ने कराई है.

यह हत्याकांड अखबारों की सुर्खियां बना तो एसएसपी रामलाल वर्मा ने एसपी (सिटी) हेमराज मीणा को आदेश दिया कि वह जल्द से जल्द इस मामले का खुलासा कराएं. उन्होंने सीओ देवेंद्रनाथ शुक्ला और थानाप्रभारी रामबेलास यादव को सुरेश सिंह तथा उस के घरपरिवार के आसपास जांच का घेरा बढ़ाने को कहा. क्योंकि उन्हें लग रहा था कि यह हत्या दुश्मनी की वजह से नहीं, बल्कि अवैधसंबंधों की वजह से हुई है. क्योंकि मृतक को जिस तरह बेरहमी से मारा गया था, इस तरह लोग अवैध संबंधों में ही नफरत में मारे जाते हैं. इसी बात को ध्यान में रख कर जांच आगे बढ़ाई गई तो जल्दी ही नतीजा निकलता नजर आया.

किसी मुखबिर ने बताया कि पिछले कई सालों से सुरेश सिंह की अपनी पत्नी से पटती नहीं थी. दोनों में अकसर लड़ाईझगड़ा होता रहता था और इस की वजह सुरेश सिंह का सगा भतीजा राहुल चौधरी था. क्योंकि उस के अपनी चाची राधिका से अवैध संबंध थे. घटना से सप्ताह भर पहले भी इसी बात को ले कर सुरेश और राधिका के बीच काफी झगड़ा हुआ था. तब सुरेश ने पत्नी की पिटाई कर दी थी, जिस से नाराज हो कर वह बच्चे को ले कर मायके चली गई थी. रामबेलास यादव को हत्या की वजह का पता चल गया था. राहुल से पूछताछ करने के लिए वह उस के घर पहुंचा तो उस के पिता दिनेश सिंह ने बताया कि वह तो लखनऊ में है.

लखनऊ में राहुल गोमतीनगर में किराए का कमरा ले कर रहता है और सरकारी नौकरी के लिए तैयारी कर रहा है. पिता का कहना था कि हत्या वाले दिन के एक दिन पहले वह लखनऊ चला गया था. जबकि मुखबिर ने उन्हें बताया था कि घटना वाले दिन सुबह वह चिलुआताल में दिखाई दिया था. पिता का कहना था कि घटना से एक दिन पहले यानी 16 अक्तूबर, 2016 को राहुल लखनऊ चला गया था, जबकि मुखबिर का कहना था कि घटना वाले दिन वह चिलुआताल में दिखाई दिया था. मुखबिर की बात पर विश्वास कर के रामबेलास यादव ने राहुल को लखनऊ से लाने के लिए 2 सिपाहियों को भेज दिया.

लखनऊ पुलिस की मदद से गोरखपुर पुलिस 22 अक्तूबर, 2016 को लखनऊ के गोमतीनगर से राहुल चौधरी को गिरफ्तार कर गोरखपुर ले आई. थाने ला कर उस से सुरेश सिंह की हत्या के बारे में पूछताछ की गई तो उस ने बिना किसी हीलाहवाली के चाची से अवैध संबंधों की वजह से चाचा सुरेश सिंह की हत्या का अपना अपराध स्वीकार कर लिया. राहुल ने चाची के प्रेम में पड़ कर चाचा की हत्या की जो कहानी सुनाई, वह इस प्रकार थी—

उत्तर प्रदेश के जिला गोरखपुर के थाना चिलुआताल में सुरेश सिंह पत्नी राधिका सिंह और 6 साल के बेटे के साथ रहता था. उस का बड़ा भाई था दिनेश सिंह. राहुल उसी का बेटा था. दोनों भाइयों के परिवार भले ही अलगअलग रहते थे, लेकिन रहते एक ही मकान में थे. सुखदुख में भी एकदूसरे की मदद भी करते थे. गांव वाले भाइयों के इस प्रेम को देख मन ही मन जलते थे. सुरेश सिंह चेन्नई में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था. लेकिन पत्नी राधिका बेटे के साथ गांव में रहती थी. वह साल में एक या 2 बार ही घर आता था. उस के न रहने पर जरूरत पड़ने पर घर के छोटेमोटे काम उस के बड़े भाई का बेटा राहुल कर दिया करता था.

राहुल और राधिका थे तो चाचीभतीजा, लेकिन हमउम्र होने की वजह से दोनों दोस्तों की तरह रहते थे, बातचीत भी वे दोस्तों की ही तरह करते थे. इस का नतीजा यह निकला कि धीरेधीरे उन के बीच मधुर संबंध बन गए. उन के मन में एकदूसरे के लिए चाहत के फूल खिले तो एकदूसरे के स्पर्श मात्र से उन का रोमरोम खिल उठने लगा. राहुल चाची राधिका से जुनून के हद तक प्यार करने लगा तो राधिका ने भी उस के प्यार पर अपने समर्पण की मोहर लगा दी. एक बार मर्यादा टूटी तो उन्हें जब भी मौका मिलता, जिस्म की भूख मिटाने लगे. दोनों ने अपने इस अनैतिक रिश्ते पर परदा डालने की कोशिश तो बहुत की, लेकिन पाप के इस रिश्ते को वे छिपा नहीं सके.

लोग राधिका और राहुल को ले कर तरहतरह की चर्चाएं भी करने लगे, पर उन्होंने इस बात पर ध्यान नहीं दिया. जब सुरेश सिंह के किसी शुभचिंतक ने उसे फोन कर के चाचीभतीजे के बीच पक रही खिचड़ी की जानकारी दी तो वह नौकरी छोड़ कर गांव आ गया. यह सन 2014 की बात है. सुरेश ने खूब पैसे कमाए थे. उन्हीं पैसों से उस ने गांव में रह कर प्रौपर्टी का काम शुरू कर दिया, जो थोड़ी मेहनत के बाद अच्छा चल निकला. कामधंधे की वजह से अकसर उसे दिन भर घर से बाहर रहना पड़ता था, इसलिए राहुल और राधिका को मिलने में कोई परेशानी नहीं होती थी. लेकिन एक दिन अचानक वह दोपहर में घर आ गया तो उस ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया.

फिर क्या था, सुरेश ने न पत्नी को छोड़ा और न भतीजे को. उस ने इस बात को ले कर भाई से बात की तो बेटे की हरकत से वह काफी शर्मिंदा हुए. समाज और रिश्तों की दुहाई दे कर उन्होंने बेटे को घर से निकाल दिया तो वह लखनऊ आ गया और गोमतीनगर में किराए पर कमरा ले कर रहने लगा. यहां वह सरकारी नौकरी की परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. सुरेश की वजह से गांव में राहुल और उस की चाची की काफी बदनामी हुई थी. यही नहीं, उसे घर से भी निकाल दिया गया था. राधिका की खूब थूथू हुई थी. गांव से ले कर नातेरिश्तेदारों तक ने उस की खूब फजीहत की थी.

धीरेधीरे बात थमती गई. मांबाप से मांफी मांग कर राहुल फिर घर लौट आया. मांबाप ने उसे माफ जरूर कर दिया था, लेकिन उस पर कड़ी नजर रखी जा रही थी. राधिका से उसे मिलने की सख्त मनाही थी. जबकि वह चाची से मिलने के लिए तड़प रहा था. लेकिन सख्त पहरेदारी की वजह से दोनों का मिलन संभव नहीं हो पा रहा था. चाचा सुरेश की वजह से राहुल प्रेमिका चाची से मिल नहीं पा रहा था. उसे लग रहा था कि जब तक चाचा रहेगा, वह चाची से कभी मिल नहीं पाएगा. चाचा प्यार की राह का कांटा लगा तो वह उसे हटाने के बारे में सोचने लगा. आखिर उस ने उसे हटाने का निश्चय कर लिया.

अब वह ऐसी राह खोजने लगा, जिस पर चल कर उस का काम भी हो जाए और वह फंसे भी न. काफी सोचविचार कर उस ने तय किया कि वह अपना मोबाइल फोन औन कर के बाइब्रेशन पर लखनऊ वाले कमरे पर ही छोड़ देगा और रात में गोरखपुर पहुंच कर चाचा की हत्या कर के लखनऊ अपने कमरे पर आ जाएगा. पुलिस उस पर शक करेगी तो मोबाइल लोकेशन के सहारे वह बच जाएगा. तब वह शायद यह भूल गया था कि कातिल कितना भी चालाक क्यों न हो, कानून के लंबे हाथों से उस का बचना आसान नहीं है.

राहुल जब से घर आ कर रहने लगा था, सुरेश और उस की पत्नी राधिका के बीच उसे ले कर अकसर झगड़ा होता रहता था. जबकि इस बीच राहुल एक बार भी चाची से नहीं मिला था. रोजरोज के झगड़े से परेशान हो कर राधिका नाराज हो कर बेटे को ले कर मायके चली गई थी. राधिका के चली जाने से राहुल काफी दुखी था. उस का मन घर में नहीं लगा तो 16 अक्तूबर को मांबाप से कह कर वह लखनऊ चला गया. चाची से न मिल पाने की वजह से राहुल तड़प रहा था. तड़प की वेदना से आहत हो कर उस ने योजना को अमलीजामा पहना दिया. योजना के अनुसार 17 अक्तूबर की शाम 4 बजे इंटरसिटी ट्रेन से वह गोरखपुर के लिए चल पड़ा. रात 11 बजे के करीब वह गोरखुपर पहुंचा. स्टेशन से टैंपो ले कर वह चिलुआताल के बरगदवां चौराहे पर पहुंचा और वहां से पैदल ही घर पहुंच गया.

उसे घर तो जाना नहीं था, इसलिए सब से पहले उस ने पिता के कमरे के दरवाजे की सिटकनी बाहर से बंद कर दी, ताकि शोर होने पर वह बाहर न निकल सकें. इस के बाद पीछे की दीवार के सहारे वह सुरेश सिंह के कमरे में पहुंचा, जहां वह गहरी नींद सो रहा था. उसे देखते ही नफरत से राहुल का खून खौल उठा. उसे पता था कि चाचा के घर में लोहे की रौड कहां रखी है. उस ने लोहे की रौड उठाई और पूरी ताकत से सुरेश के सिर पर 3 वार कर के उसे मौत के घाट उतर दिया.

राहुल को विश्वास हो गया कि सुरेश की मौत हो चुकी है तो उस ने घर में रखा बोरा उठाया और उसी में उस की लाश भर कर रात के 4 बजे के करीब बाहर झांक कर देखा कि कोई देख तो नहीं रहा. जब उसे लगा कि कोई नहीं देख रहा है तो उस ने सुरेश की ही साइकिल घर उस की लाश वाले बोरे को कैरियर पर रख कर जंगल की ओर चल पड़ा. लेकिन जब वह झील की ओर जा रहा था, तभी एक ट्रैक्टर आता दिखाई दिया. उसे देख कर वह घबरा गया और साइकिल को एक पेड़ से टिका कर भागा. ट्रैक्टर पर बैठे एक मजदूर ने उसे भागते देख लिया तो उस ने उस का नाम ले कर पुकारा भी, लेकिन रुकने के बजाए राहुल बरगदवां चौराहे की ओर भाग गया.

वहां से उस ने टैंपो पकड़ी और गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां से ट्रेन पकड़ कर लखनऊ स्थित अपने कमरे पर चला गया. उस ने चालाकी तो बहुत दिखाई, लेकिन वह काम न आई और पकड़ा गया. राहुल चौधरी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की रौड बरामद कर ली थी. पूछताछ के बाद राहुल को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. राधिका के पति की हत्या की खबर पा कर ससुराल आ गई थी. राहुल ने जो किया था, उस से उसे काफी दुख पहुंचा. क्योंकि उस ने राहुल से कभी नहीं कहा था कि वह उस के पति की हत्या कर उसे विधवा बना दे.

राहुल के मांबाप भी काफी दुखी हैं. उन्होंने राहुल से अपना नाता तोड़ कर उसे उस के हाल पर छोड़ दिया है. Gorakhpur Crime

कथा में राधिका सिंह बदला नाम है. कथा पुलिस सूत्रों एवं राहुल के बयानों पर आधारित

MP Crime: वासना की भूख ने जूली को कातिल बना दिया

MP Crime: वह सैक्स की आग में कई सालों से झुलस रही थी. उस का पति पिछले 2 सालों से दोहरे हत्याकांड के आरोप में जेल में बंद था. पति की गैरहाजिरी में उसे जिस्मानी सुख नहीं मिल पा रहा था. आखिर में उस ने एक रास्ता निकाल ही लिया. वह दोहरी जिंदगी जीने लगी. दिन के उजाले में वह घर वालों के सामने घूंघट ओढ़े आदर्श बहू की तरह रहती और जैसे ही रात का अंधेरा घिरता, वह आदर्श बहू का चोला उतार कर ऐयाशी में रम जाती. यह सिलसिला पिछले एक साल से चल रहा था. बहू की इस दोहरी जिंदगी का राज एक दिन घर वालों के सामने उजागर हो गया. एक रात दादी सास सुशीला राजावत ने बहू को किसी पराए मर्द के साथ सैक्स संबंध बनाते देख लिया. इस के बाद से दादी सास उस पर कड़ी नजर रखने लगीं.

इस से खफा उस औरत ने रची एक खौफनाक साजिश, जो दिल दहला देने वाली थी. यह मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के हजारी इलाके के बिरला मंदिर का है. जूली अपनी दादी सास सुशीला राजावत और अपने 6 साल के बेटे के साथ रहती थी. पुलिस अधीक्षक हरिनारायणचारी मिश्र के मुताबिक, पिछले 3 साल से जूली का पति शिवा राजावत दोहरे हत्याकांड के आरोप में अपने पिता और छोटे भाई के साथ जेल में बंद है. पति के जेल चले जाने के बाद से जूली अकेली हो गई. पति के बिना उस का मन नहीं लगता था. वह अकसर अपनी दादी सास के सामने रोती रहती थी.

शिवा राजावत के कुछ करीबी दोस्त थे, जो जेल से उस की खबर ले कर उस के घर पर आते रहते थे. इसी दौरान जूली उन में से एक दोस्त की ओर आकर्षित हो गई. जल्दी ही दोनों नजदीक आ गए और चोरीछिपे मिलने लगे. जूली काफी समय से सैक्स की भूखी थी. अपनी भूख मिटाने के लिए वह प्रेमी को रात के समय अपने कमरे पर बुलाने लगी. वह शख्स रात में उस के पास आता और सुबह होने से पहले ही वहां से निकल जाता. रात के अंधेरे में चलने वाले ऐयाशी के इस खेल के बारे में किसी को पता नहीं था.

एक रात दादी सास सुशीला राजावत ने जूली को पराए मर्द के साथ मस्ती करते देख लिया. उस रात जूली कुछ ज्यादा ही उतावली थी. इस चक्कर में कमरे का दरवाजा बंद करना भूल गई. रात के समय दादी सास सुशीला राजावत की नींद खुल गई. उन्हें बहू के कमरे से सिसकारियों की आवाज सुनाई दी. उन के कान खड़े हो गए. वे दबे कदमों से कमरे के पास पहुंचीं. अंदर का नजारा देख कर उन के होश उड़ गए. जूली अपने यार के साथ सैक्स में इतनी खोई हुई थी कि उसे कमरे में किसी के आने का एहसास तक न हुआ. दादी सास ने उसी वक्त दोनों को काफी खरीखोटी सुनाई.

वह शख्स बिना कुछ बोले सिर नीचे कर के वहां से भाग गया, लेकिन उस दिन से जूली घर में कैद हो कर रह गई. दादी सास उस पर कड़ी निगाह रखने लगीं. उसे बाहर के किसी शख्स से बात करने, घर के बाहर कहीं जाने, यहां तक कि मोबाइल फोन से बात करने पर भी रोक लगा दी. जूली अपने प्रेमी से मिलने के लिए तड़पने लगी. उस ने सास की नजरों से बच कर घर से बाहर निकलने की कोशिश की, पर कामयाबी नहीं मिली. नतीजा यह हुआ कि वह गुस्से से बौखला गई. उस ने सास को ही खत्म करने का खतरनाक प्लान बना लिया.

5 अगस्त की सुबह 8 बजे अपने बेटे को स्कूल भेजने के बाद जूली ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. जूली ने चाय में ढेर सारी नींद की गोलियां मिला कर अपनी दादी सास सुशीला को पिला दी. चाय पीने के कुछ समय बाद ही सुशीला राजावत को नींद आने लगी. वे अपने कमरे में जा कर सो गईं. मौका पा कर जूली ने तौलिया से गला दबा कर उन की हत्या कर दी. सास की हत्या के बाद उस ने कमरे का सारा सामान इस तरह से बिखेर दिया, ताकि मामला लूटपाट का लगे. तकरीबन 12 बजे जूली ‘मैं लुट गई… बरबाद हो गई’ चिल्लाने लगी. आवाज सुन कर आसपास के लोग जमा हो गए. पुलिस भी वहां पहुंच गई.

जूली ने पुलिस को बताया, ‘‘3 लोग उस के पति शिवा के दोस्त बता कर घर में घुसे. तीनों अंदर कमरे में कुरसी पर बैठ कर सास से बातें करने लगे. मैं उन के लिए अंदर रसोई में चाय बनाने चली गई.

‘‘थोड़ी देर में 2 लोग रसोई में आ गए. उन्होंने मुझे पीछे से पकड़ लिया. एक ने मेरे सिर पर पिस्टल अड़ा दिया. दूसरे ने मेरा पेटीकोट उठा कर रेप करने की कोशिश की.

‘‘वह कुछ करने में कामयाब होता, उस बीच किसी ने दरवाजे पर आवाज दी. आवाज सुन कर तीनों भाग निकले. जाने से पहले वे अलमारी में रखा सोना लूट कर ले गए और उन्होंने सास की हत्या भी कर दी.’’

जूली ने पुलिस को जो कहानी सुनाई थी, पुलिस द्वारा अंदर तहकीकात करने पर झूठी निकली, जिस की वजह से जूली शक के घेरे में आ गई.

जूली ने तीनों लुटेरों को सामने कमरे में रखी कुरसियों पर बैठ कर सास से बातें करने की बात कही थी, जबकि कमरे में कुरसियां एक के ऊपर एक रखी थीं. दूसरी बात, जूली ने हत्यारे द्वारा उस का दुपट्टा ले जाने की बात कही थी, पर वह दुपट्टा अंदर कमरे में लाश के पास मिला. तीसरी बात, जो सोना लुटेरों द्वारा लूट कर ले जाने की बात की थी, जांच में पता चला कि वह सोना बैंक में गिरवी रखा हुआ है. उस पर लोन लिया गया था. इस के अलावा जूली अपना बयान बारबार बदल रही थी. पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर जूली ने दादी सास की हत्या करने की बात कबूल ली और सारी असलियत बयान कर दी.

जूली ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 5 महीने से अपनी दादी सास की हत्या की साजिश रचने में लगी थी. उस ने टैलीविजन सीरियल देख कर हत्या करने व उस से बचने की प्लानिंग बनाई थी. उस ने सीरियल के द्वारा छोटेबड़े अपराध के बारे में जानकारी हासिल की थी. पहले उस ने बदमाशों द्वारा रेप किए जाने की कहानी पुलिस के सामने सुनाने की सोची थी, लेकिन रेप के मामले में मैडिकल एंगल को देखते हुए उस ने पिस्टल अड़ा कर रेप करने की कोशिश, लूट और हत्या की कहानी सुनाई.

जूली को यकीन था कि उस के द्वारा बताई गई सारी बातें पुलिस मान लेगी और वह साफतौर पर बच जाएगी, पर ऐसा हुआ नहीं. पुलिस ने तहकीकात कर उस की सारी पोल खोल कर रख दी. जूली ने बताया कि उसे अपनी दादी सास की हत्या करने का कोई मलाल नहीं है, क्योंकि वे उसे प्रेमी से मिलने नहीं दे रही थीं. सैक्स के माहिर डाक्टरों का कहना है कि इनसान के लिए सैक्स की भूख जिस्मानी जरूरत है. इस पर रोक लगाने पर औरत हो या मर्द, हत्या करने जैसा खौफनाक कदम उठा सकते हैं. MP Crime

Crime News: हिंदू प्रेमिका का सिर कलम कर फेंका

Crime News: एक ऐसी हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिस ने पूरे हरियाणा को हिला कर रख दिया है. एक कातिल प्रेमी ने हिंदू प्रेमिका की गरदन काट डाली और उस के बाद शापिंग करने चला गया. आखिर कौन था यह कातिल और क्यों दिया इस घटना को अंजाम? चलिए जानते हैं इस क्राइम की स्टोरी को विस्तार से, जो आप को सोचने के लिए मजबूर कर देगी.

यह दर्दनाक घटना हिमाचल और हरियाणा के बौर्डर से सामने आई है. उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली उमा को उस के मुसलिम प्रेमी बिलाल ने बेरहमी से मार डाला. बिलाल ने उमा को एक होटल में ले जा कर कत्ल करना चाहा था, लेकिन मौका न मिल पाया. इसलिए उमा की हत्या के लिए हरियाणा के यमुनानगर के जंगल में उसे ले गया. जंगल में बिलाल उमा की हत्या जल्दी करना चाहता था, ताकि सुकून से अपने समाज की लड़की से निकाह   कर सके.

पुलिस के अनुसार, सहारनपुर के नकुड़ में बिलाल के निकाह की तैयारियां चल रही थीं. फेमिली वाले बिलाल पर दबाव डाल रहे थे कि अब निकाह होने वाला है, इसलिए वह घर से बाहर न जाए, लेकिन बिलाल के दिमाग में तो सिर्फ उस की प्रेमिका उमा घूम रही थी जिसके साथ वह 2 साल से  रिलेशनशिप में रह रहा था. वह सोच रहा था कि कहीं उमा ल उस के घर वालों को रिलेशनशिप के बारे में न बतग दे, यदि उस ने ऐसा कर दिया तो उस की पोल खुल जाएगी.

इस के बाद वह एक योजना बनाकर 6 दिसंबर, 2025 को उमा के कमरे पर गया और बोला, “उमा, तुम्हारे लिए एक सरप्राइज है, इसलिए तुम्हें बाहर घुमा कर लाता हूं.”

इस के बाद उमा उस के साथ जाने के लिए रेडी हो गई. वह उमा को कर से हरियाणा और यूपी को जोड़ने वाले नजदीकी पुल तक ले गया.  सीसीटीवी में उस का आनाजाना कैद हो गया. इस के बाद उस ने हिमाचल के पांवटा साहिब की तरफ कार मोड़ ली. उस के दिमाग में आया कि पकड़ा न जाए, इसलिए उस ने हरियाणा की सीमा की तरफ कार मोड़ ली. इस के बाद बोला, “चलो, जंगल में चलते हैं.” और उसे पूरा जंगल पार कर लिया.

फिर उस ने सुनसान जगह पर कार रोक ली और पीछे वाली सीट पर चला गया. उमा अगली सीट पर बैठी थी. इस के बाद उस ने मौका देख कर उस का सीट बेल्ट से गला दबा डाला. उमा कुछ न कर सकी. इतना ही नहीं उस की हत्या करने के बाद उस ने उमा का सिर भी काट डाला और लाश से कपड़े उतार दिए. कटे सिर को उस ने एक पौलीथिन में रख लिया और अगली सीट पर रख दिया.

फिर उस ने सुनसान जगह की तलाश की ताकि कट हुआ सिर फेंक सके. बाद में इस ने हरियाणा-हिमाचल की सीमा के पास एक खाई में सिर फेंक दिया और कार ले कर अपने घर चला गया.

एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि संदिग्ध कार को ढूंढते हुए और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस 13 दिसंबर, 2025 को बिलाल के घर पहुंची.  सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र के टिडोली गांव में बिलाल के घर पर शादी का माहौल था. उस की बहन की डोली उठ रही थी तो दूसरी तरफ बिलाल का मंढ़े का कार्यक्रम चल रहा था.

रिश्तेदारों की भीड़ में घिरा बिलाल पुलिस को देखकर चौंक गया. पुलिस बिलाल को उठाकर यमुनानगर लाई और पूछताछ की तो उस ने सारा सच उगल दिया. पुलिस ने उसे अब 4 दिनों के रिमांड पर लिया है. उस की निशानदेही पर पुलिस ने  उमा का कट  सिर भी बरामद कर लिया. बिलाल ने कुबूल लिया कि उसे डर था कि कहीं उमा उस के घर पर जा कर सारी बात न बता दे, जिस से उस की शादी टूट जाए. इसलिए उस ने उमा को मार डाला. Crime News

UP Crime News: कातिल सहेलियां

UP Crime News: प्रियंका और अंजू दोनों ही बाचाल किस्म की लड़कियां थीं. उन्होंने जो किया था, उस के लिए उन्हें उम्रकैद की सजा मिली. अगर घर वालों की बात मान कर वक्त रहते दोनों सुधर गई होतीं तो उन का यह अंजाम  न होता. 2 सहेलियां  की कू्ररता का दिल दहला देने वाला कारनामा…

उत्तर प्रदेश के जनपद मेरठ के कचहरी परिसर स्थित जिला न्यायाधीश रामकिशन गौतम की अदालत के बाहर सुबह से ही भारी भीड़ लगनी शुरू हो गई थी. भीड़ में अधिवक्ताओं और आम लोगों के अलावा प्रिंट व इलैक्ट्रौनिक मीडियाकर्मी भी शामिल थे. भीड़ को काबू करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. दरअसल, न्यायाधीश गौतम की अदालत में उस दिन दोस्ती और दौलत की खातिर रिश्तों के कत्ल के लिए एक बहुचर्चित हत्याकांड की गुनाहगार 2 सहेलियों को सजा सुनाई जानी थी. ये 2 सहेलियां थीं कुमारी प्रियंका और उस की सहेली कुमारी अंजू. इंजीनियर पिता की बेटी प्रियंका ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया था.

वह मेरठ की मिस ब्यूटी क्वीन भी रह चुकी थी, जबकि अंजू एनसीसी ग्रुप की कमांडो रही थी और उस ने  भी इंटीरियर डिजाइनिंग का कोर्स कर रखा था. साधन संपन्न, रसूखदार और शिक्षित परिवार की खूबसूरत प्रियंका ऐसी बेरहम लड़की थी, जिस ने उच्च शिक्षित होते हुए भी सहेली से ताजिंदगी अपने रिश्तों को बनाए रखने की चाहत में अपने मातापिता के प्यार को भुला दिया था. प्रियंका न केवल साजिश की सरताज बनी, बल्कि उस ने अपने मातापिता को ही मौत की नींद सुला दिया था. इस बहुचर्चित हत्याकांड ने कानून-व्यवस्था की स्थिति व समाज को हिला कर रख दिया था.

हत्या के बाद किसी सफल अदाकारा की तरह नाटक कर के उस ने लोगों की सहानुभूति भी बटोरी. पुलिस जांचपड़ताल के दौरान साजिश की चादर में छेद नजर आने लगे तो दोनों सहेलियां बेनकाब हो गईं. अदालत में 6 साल 3 महीने में 16 गवाहों की गवाही और सबूतों के बाद आखिर 28 मई, 2015 को इस केस के फैसले का दिन आ ही गया. इस केस की बुनियाद 285 पेजों की इबारत पर टिकी थी. गहमागहमी के बीच प्रियंका और अंजू अपने अधिवक्ता के साथ अदालत में दाखिल हुईं. मीडिया से बचने के लिए दोनों ने अपने चेहरों पर रूमाल बांध रखे थे. सरकारी अधिवक्ता अनिल तोमर पहले की कई तारीखों पर जोरदार बहस कर के दोनों को सख्त सजा दिए जाने की मांग कर चुके थे.

प्रियंका व अंजू को कटघरे में खड़ा कर दिया गया था. मुकदमें की सुनवाई पहले ही पूरी हो चुकी थी. लिहाजा अदालत ने फैसले के लिए 28 तारीख मुकर्रर की थी. न्यायाधीश रामकिशन गौतम अपनी सीट पर आ कर बैठे तो अदालत में खामोशी छा गई. काररवाही शुरू हुई तो बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने एक बार फिर अदालत से आखिरी बार गुहार लगाई, ‘‘जज साहब, इन लड़कियों के सामने पूरी जिंदगी पड़ी हैं, आप इन्हें कम से कम सजा दें. इन्हें मौका मिलेगा तो ये अपनी गलती को सुधार लेंगी.’’

इस पर अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता अनिल तोमर ने दो टूक कहा, ‘‘सर, कानून सभी के लिए बराबर है, इन लड़कियों ने जघन्य अपराध किया है. लिहाजा इन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाए.’’

दोनों पक्षों की बातें सुनने के बाद न्यायाधीश ने प्रियंका और अंजू की ओर देख कर पूछा, ‘‘तुम्हें कुछ कहना है?’’ उन्होंने मासूमियत से जवाब दिया, ‘‘हमें फंसाया जा रहा है जज साहब, हम ने ऐसा कुछ नहीं किया.’’

इस के बाद अदालत में खामोशी छा गई. न्यायाधीश रामकिशन गौतम ने एक नजर दोनों लड़कियों की ओर देखा और फिर लिखित फैसले को पढ़ने लगे, ‘‘प्रियंका और अंजू, दोनों का गुनाह निहायत ही संगीन रहा है. परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और गवाहों की गवाही के अलावा दोनों के खिलाफ तमाम सबूत हैं. इन सबूतों और गवाहियों की रोशनी में यह अदालत दोनों मुजरिमों को उम्रकैद की सजा सुनाती है.’’

अदालत के सजा सुनाते ही पुलिसकर्मियों ने दोनों लड़कियों को घेर लिया. तब तक दोनों के चेहरे गमजदा हो चुके थे. दोनों को अदालत से बाहर लाया गया तो मीडियाकर्मियों के सामने दोनों ने खामोशी की चादर ओढ़ ली. पुलिस उन्हें जिला कारागार ले गई. उन्हें मिली उम्रकैद की सजा पर किसी को अफसोस नहीं था. दरअसल, 11 नवंबर, 2008 की सुबह मैडिकल थानाक्षेत्र की पौश कालोनी प्रेम प्रयाग में रहने वाली मंजू सुबह टहलने के लिए निकली तो कोठी नंबर-48 पर ताला लटका देख कर चौंक गईं. कोठी में उन की सगी बहन संतोष अपने पति सेवानिवृत्त इंजीनियर प्रेमवीर सिंह के साथ रहती थीं. मंजू भी पड़ोस में ही रहती थीं. मन में ढेरों सवाल लिए वह अपने घर पहुंचीं और यह बात पति पदम सिंह को बताई.

उन्होंने प्रेमवीर का मोबाइल फोन नंबर मिलाया तो वह स्विच्ड औफ मिला. चिंता की बात यह थी कि प्रेमवीर और संतोष पिछली शाम तक कोठी में ही थे. प्रेमवीर मूलरूप से अलीगढ़ जनपद की तहसील इग्लास के गांव रजाबल के रहने वाले  थे. करीब 10 साल पहले उन्होंने मेरठ में अपनी कोठी बनाई थी. प्रेमवीर पावर कारपोरेशन में जूनियर इंजीनियर रह चुके थे. सेवानिवृत्त होने के बाद वह घर में ही रहते थे. उन के परिवार में पत्नी संतोष सिंह के अलावा बड़ी बेटी सोनिया, उस से छोटा बेटा गौरव और सब से छोटी और खूबसूरत बेटी थी प्रियंका उर्फ गुडि़या.

प्रेमवीर सुलझे हुए मिलनसार और व्यवहारकुशल व्यक्ति थे. बड़ी बेटी का वह एक सैन्य अधिकारी के साथ विवाह कर चुके थे. उस का पति भूटान बौर्डर पर तैनात था. बला की खूबसूरत प्रियंका सन 2005 में मिस मेरठ रह चुकी थी. शोख व चंचल प्रियंका ने ग्रेजुएट किया था और अब दिल्ली के वीमन पालीटैक्निकल कालेज, लाजपतनगर से इंटीरियर डिजाइनिंग का कोर्स कर रही थी. वह वहीं हौस्टल में रहती थी. जबकि प्रेमवीर का बेटा गौरव हैदराबाद की एक निजी कंपनी में इंजीनियर था. अनहोनी की आशंका ने सताया तो पदम सिंह कुछ लोगों के साथ प्रेमवीर की कोठी पर जा पहुंचे. उस वक्त अंदर से एफएम पर गाने चलने की आवाज आ रही थी. यह बात सब को थोड़ी अजीब लगी.

घर में विदेशी नस्ल का एक कुत्ता था, वह भी दिखाई नहीं दे रहा था. संतोष या उन के पति को कहीं जाना होता था तो आदतन मंजू के घर बता कर और चाबी दे कर जाते थे. संदेह हुआ तो उन लोगों ने इस की सूचना मैडिकल थाना पुलिस को दे दी. सूचना मिलते ही मैडिकल थानाप्रभारी आर.वी. कौल अपनी टीम के साथ मौके पर आ गए. पुलिस ताला तोड़ कर कोठी के अंदर गई. अंदर कमरों में भी ताले लगे हुए थे. खिड़की का परदा हटा कर अंदर झांका गया तो सभी सन्न रह गए. बैडरूम में प्रेमवीर और संतोष की लाशें पड़ी थीं. पुलिस ने किचन का ताला तोड़ कर घर में प्रवेश किया. प्रेमवीर की लाश नीचे पड़ी थी और संतोष की लाश डबलबैड पर थी.

प्रेमवीर सिंह के सिर पर किसी भारी चीज  से प्रहार किया गया था, जबकि संतोष के चेहरे व गले पर अंगुलियों के निशान थे. दोनों के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था. डबलबैड पर खून के निशान थे. घटनास्थल को देख कर लगता था कि प्रेमवीर ने मृत्युपूर्व हत्यारों से संघर्ष किया था. उन के हाथ व अन्य स्थानों पर चोट के निशान थे. ताज्जुब की बात यह थी कि विदेशी नस्ल का बुलडौग भी कोठी में चेन से बंधा हुआ था. घर का सारा सामान अस्तव्यस्त था.

पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांचपड़ताल की तो बैडरूम में लगे लैंडलाइन फोन का वायर निकला हुआ मिला. रिसीवर पर भी खून के धब्बे लगे थे. कालर आईडी फोन डिस्प्ले स्क्रीन पर 100 नंबर की डायलिंग दिख रही थी. इस का मतलब प्रेमवीर ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने का प्रयास किया था. मृतकों के रिश्तेदारों ने घर का मुआयना कर के बताया कि हत्यारे घर में रखे करीब 50 हजार रुपए नकद, लाखों के आभूषण, लगभग 5 लाख के फिक्स डिपाजिट, मोबाइल फोन व कोठी की वसीयत के कागजात ले गए थे. संतोष के कान और गले की ज्वैलरी भी लापता थी.

पुलिस ने लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और मृतक के साढू पदम सिंह की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या व लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया. एसएसपी रघुवीरलाल ने थाना मैडिकल पुलिस की टीम के अलावा एसओजी टीम को भी इस मामले के खुलासे में लगा दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता लगा कि प्रेमवीर और संतोष की मौत दम घुटने से हुई थी. प्रेमवीर के शरीर पर चोटों के 11, जबकि संतोष के शरीर पर 3 निशान पाए गए.

अगले दिन पुलिस ने परिवार के सभी सदस्यों से एकएक कर के पूछताछ का मन बनाया तो यह देख कर आश्चर्य हुआ कि मृत दंपति के सभी नातेरिश्तेदार तो आ गए थे, लेकिन उन की छोटी बेटी प्रियंका नहीं आई थी. पुलिस ने इस की जड़ में जाने का प्रयास किया तो चौंकाने वाली जानकारी हाथ लगी. पुलिस को पता चला कि प्रियंका का अपने परिवार से मनमुटाव चल रहा था. यह भी जानकारी मिली कि उस की एक सहेली अंजू उस की हमराज है. पुलिस जब इस मनमुटाव की जड़ में पहुंची तो पता चला कि अंजू के कहने पर प्रियंका ने अंजू के भाई से प्रेम विवाह कर लिया था.

इस मामले में प्रियंका के घर वालों ने अपहरण का मुकदमा भी दर्ज कराया था, लेकिन प्रियंका ने चूंकि अपनी तथाकथित ससुराल के पक्ष में बयान दिए थे, इसलिए मामला कमजोर पड़ गया था. यह अप्रैल, 2008 की बात थी. इस के बाद प्रियंका का परिवार उस से नफरत करने लगा था. पुलिस ने प्रियंका के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वह औफ जाता रहा. इस से पुलिस को लगने लगा कि इस हत्याकांड के तार प्रियंका से जुड़े हो सकते हैं. फलस्वरूप शक की सुई उसी पर जा कर ठहर गई. देखतेदेखते 4 दिन बीत गए. मांबाप की हत्या के बाद प्रियंका ने अपने किसी रिश्तेदार तक से संपर्क नहीं किया था. यह पता चलने पर पुलिस को पूरा विश्वास होने लगा कि प्रियंका हत्यारों के साथ थी.

हत्यारों के साथ प्रियंका के होने की बात उस घरेलू कुत्ते की वजह से भी लग रही थी, जिस पर कोई घर वाला ही काबू कर सकता था. दरअसल रात के वक्त कुत्ता खुला रहता था. घटना के दिन भी वह खुला था और उस के होते हुए किसी बाहरी व्यक्ति का घर में घुस पाना आसान नहीं था. खतरनाक बुलडौग भला किसी ऐसे शख्स को कैसे बख्श सकता था, जो उस के मालिक की हत्या कर रहा हो? एसएसपी रघुवीरलाल ने एसओजी के सबइंसपेक्टर राकेश के नेतृत्व में एक पुलिसटीम को दिल्ली भेजा, लेकिन वह दिल्ली में नहीं मिली.

इस पर पुलिस ने प्रियंका के फोन नंबर की काल डिटेल्स निकलवाई. उस की काल डिटेल्स और लोकेशन देख कर पुलिस अधिकारी चौंके. पता चला कि वह अपनी मां के संपर्क में थी. प्रियंका द्वारा खुद किए गए प्रेम विवाह के बाद घर वालों ने एक तरह से उस का बायकाट कर दिया था. लेकिन काल डिटेल्स के आधार पर पता चला कि वह बराबर अपनी मां के संपर्क में रहती थी. घटना वाली रात भी हत्या के समय उस की संतोष से बात हुई थी. प्रियंका की लोकेशन भी उस रात उसी क्षेत्र में पाई गई थी, जबकि घटना की रात और उस से पहले प्रियंका की लोकेशन मेरठ के ही टीपीनगर क्षेत्र के दशमेशनगर में मिली थी. घटना के बाद उस का मोबाइल लगातार औफ था. इस से यह स्पष्ट हो गया कि हो न हो प्रियंका मेरठ में ही शरण लिए हुए हो.

पुलिस ने उस की तलाश शुरू की. आखिर पुलिस को 17 नवंबर को कामयाबी मिल गई. प्रियंका अपनी सहेली अंजू के साथ एक छोटे से कमरे में किराए पर रह रही थी. कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को उन के पास से लूट के 50 हजार रुपए, लाखों की एफडी, लौकर की चाबियां और लाखों के आभूषण भी मिल गए. इस से यह प्रमाणित हो गया कि हत्याओं में उन्हीं दोनों सहेलियों का हाथ था. पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर के थाने ले आई. अधिकारियों ने दोनों से पूछताछ की तो ऐसी चौंकाने वाली कहानी पता चली, जिसे सुन कर पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए.

प्रेमवीर सिंह के परिवार को देख कर हर कोई कहता था कि यह एक सुखी परिवार है. हर पिता की तरह प्र्रेमवीर सिंह का भी सपना था कि उन के बच्चे बुलंदियों को छुएं. हंसमुख स्वभाव की प्रियंका शुरू से ही महत्वकांक्षी लड़की थी. वह बीए कर रही थी. कुछ साल पहले प्रेमवीर सिंह सेवानिवृत्त हो गए थे. इस बीच गौरव की नौकरी हैदराबाद में लग गई तो वह वहां चला गया. वह बीचबीच में घर आता रहता था. प्रियंका फैशन की दुनिया में नाम कमाना चाहती थी. वह छोटीमोटी प्रतियोगिताओं में भाग लेती रहती थी. इस के लिए प्रेमवीर या उन की पत्नी ने उसे कभी नहीं रोका.

सन 2002 में प्रियंका ने फैशन डिजाइनिंग से डिप्लोमा किया. सन 2005 में प्रियंका को एक प्रतियोगिता में मिस मेरठ चुना गया. इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मेरठ की तत्कालीन एसएसपी अंजू गुप्ता ने उसे मिस मेरठ का ताज पहनाया. प्रियंका का जीवन खुशियों से भरा हुआ था. मिस मेरठ बनने के बाद उस का जिंदगी जीने का अंदाज ही बदल गया. उस के कई दोस्त भी बन गए थे. बदलते वक्त के साथ इंसान की सोच और अचारविचार भी बदलते हैं. प्रियंका के साथ भी ऐसा ही हुआ. वह अपनी सहेलियों और दोस्तों के साथ समय बिताने लगी. इस से प्रियंका की उड़ान बेकाबू होती गई. वह स्टाइलिश जिंदगी जीने लगी और उस का ज्यादातर समय दोस्तों के साथ घूमने में बीतने लगा.

प्रियंका का यह रंगढंग पिता प्रेमवीर और भाई गौरव को पसंद नहीं आया. इस के लिए गौरव ने उसे डांटाफटकारा भी. इसी बीच घर वालों ने यह सोच कर उस का दाखिला दिल्ली के पौलिटैक्निक कालेज में इंटीरियर डिजाइनिंग कोर्स के लिए करा दिया कि दोस्तों से उस का पीछा छूट जाएगा. 24 वर्षीया प्रियंका हौस्टल में रह कर पढ़ाई करने लगी. यहीं उस की मुलाकात उस की हमउम्र अंजू से हुई. अंजू उर्फ ज्योति मूलरूप से जिला अमरोहा के गांव शहबाजपुर निवासी संतराम की बेटी थी. जब अंजू छोटी थी, तभी संतराम की मौत हो गई थी. उस के चाचा धर्मपाल ने उस की मां से विवाह कर लिया था. बाद में धर्मपाल का एक बेटा हुआ अजेंद्र.

अंजू बचपन से ही तेजतर्रार थी. पढ़ाई के दौरान ही उस ने एनसीसी में कमांडों की ट्रेनिंग ली थी. बेस्ट कमांडों होने की वजह से उस का सिलेक्शन गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में होने वाली परेड में भी हुआ था. बाद में उस के घर वालों ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स करने के लिए उस का दाखिला दिल्ली के पौलिटैक्निक कालेज में करा दिया था. यहीं  वह प्रियंका से मिली थी. वक्त के साथ प्रियंका और अंजू में ऐसा भावनात्मक लगाव पैदा हुआ कि दोनां एकदूसरे की पूरक बन गईं. इसी के चलते दोनों एक ही कमरे में रहने लगीं. अपनी दोस्ती की बात दोनों ने अपनेअपने घर वालों को भी बता दी थी.

अंजू का भाई अजेंद्र उस के पास दिल्ली आता रहता था. इसी दौरान उस की मुलाकात प्रियंका से हुई. प्रियंका बोल्ड किस्म की लड़की थी. अजेंद्र गांव का सीधासादा देहाती युवक था और प्रियंका हाईप्रोफाइल जमाने के साथ कदम मिला कर चलने वाली लड़की. एक बार अंजू अपने गांव गई तो साथ में प्रियंका को भी ले गई. प्रियंका को अंजू कुछ मिनटों के लिए भी खुद से दूर नहीं होने देती थी. दोनों साथ खातीपीती थीं और साथ सोती थीं. कुछ दिन गांव में रुक कर दोनों दिल्ली चली आईं. प्रियंका अंजू के लगाव में ऐसी डूबी कि उस ने घर वालों से भी दूरी बना ली.

पहले प्रियंका शनिवार को मेरठ आ जाती थी और रविवार को रुक कर चली जाती थी, लेकिन बाद में उस ने बहाने बनाने शुरू कर दिए. शुरू में तो किसी की कुछ समझ नहीं आया. लेकिन एक बार गौरव घर पर आया तो उस ने प्रियंका को जबरन घर बुला कर उसे समझाया. लेकिन इस से प्रियंका में कोई बदलाव नहीं आया. इस की जगह उस की आदतें लगातार बिगड़ती चली गईं. प्रियंका जब भी मेरठ आती थी, वह अपने दोस्तों के साथ घूमने चली जाती थी. उस के इन दोस्तों में उस की सहेलियों के कई भाई भी शामिल थे और अन्य कई लोग भी. जब वह रातों को भी घर से गायब रहने लगी तो घर में तनाव के हालात बन गए.

हालात तब और भी अधिक बिगड़ गए, जब प्रियंका दिल्ली से भी गायब रहने लगी. घर पर उस की अटेंडेंस कम होने का 2 बार नोटिस आया तो घर वालों को पता चला. इस के बाद प्रेमवीर और संतोष उसे खरीखोटी सुनाने लगे. गौरव को भी यह सब अच्छा नहीं लगा तो उस ने प्रियंका को ताने देदे कर उस के साथ मारपीट शुरू कर दी. वह उस से नफरत करने लगा. प्रियंका को अपनी जिंदगी में घर वालों का दखल गवारा नहीं लगता था. इसी बीच एक बार गौरव को जब पता चला कि प्रियंका अंजू के साथ उस के गांव जाती है तो उस ने उसे जम कर लताड़ा. प्रियंका के साथ अंजू मेरठ भी आई.

अंजू चूंकि तेजतर्रार लड़की थी, इसलिए उसे किसी ने पसंद नहीं किया. घर वालों ने प्रियंका को उस का साथ छोड़ने की सलाह दी, लेकिन उस ने साफ कह दिया कि वह सब कुछ छोड़ सकती है, लेकिन अंजू को नहीं. मार्च, 2008 में गौरव मेरठ में ही था. तभी प्रियंका अंजू को ले कर मेरठ आई. घर में दोनों साथ ही रहीं. अंजू के सामने ही गौरव ने प्रियंका पर हाथ छोड़ दिया. अंजू साथ थी, इसलिए प्रियंका भाई से भिड़ गई. यह बात किसी को अच्छी नहीं लगी. घर में मनमुटाव होने के बाद प्रियंका अंजू के साथ चली गई और परिजनों से संपर्क बंद कर दिया.

प्रियंका के घर वाले उसे बिगाड़ने में अंजू का हाथ मानते थे, क्योंकि वह वही करती थी, जो अंजू कहती थी. एक बार प्रेमवीर की तबीयत खराब हुई तो गौरव ने प्रियंका से मेरठ पहुंचने को कहा. पहले तो उस ने बहाना बनाया, लेकिन जब गौरव ने उस पर दबाव बनाया तो वह अंजू को साथ ले कर मेरठ आ गई. गौरव भी मेरठ आ गया था. कुछ मुद्दों पर बात हुई तो प्रियंका की मुंहजोरी देख कर गौरव ने प्रियंका के साथ मारपीट की. गौरव ने उस से अंजू का साथ छोड़ने को भी कहा, लेकिन प्रियंका ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया.

नतीजतन यह हुआ कि गौरव ने गुस्से में दोनों को बाहर का रास्ता दिखा दिया. दरअसल प्रियंका और अंजू का रिश्ता कुछ ऐसा खास बन गया था कि वह एकदूसरे के बिना जीने की सोच भी नहीं सकती थीं. अलबत्ता दोनों को लगने लगा था कि घर वाले अब उन्हें साथ नहीं रहने देंगे. प्रियंका को अपने साथ बनाए रखने के लिए शातिर दिमाग अंजू ने एक योजना बनाई. वह अपने इस रिश्ते को शादी की बैशाखी पर चलाए रखना चाहती थी. अप्रैल, 2008 के प्रथम सप्ताह में वह प्रियंका को ले कर अपने गांव पहुंची. उस ने अपने भाई अजेंद्र से कहा कि प्रियंका उस से प्यार करती है और शादी करना चाहती है. यह सुन कर अजेंद्र की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.

प्रियंका ने भी अपनी अदाओं से उसे ऐसा रिझाया कि वह पलक झपकते ही तैयार हो गया. उम्र के हिसाब से अजेंद्र प्रियंका से 3 साल छोटा था. आखिर 7 अप्रैल, 2008 को अंजू ने अमरोहा की आर्य समाज धर्मशाला में दोनों का विवाह करा दिया. यह विवाह पुरोहित  तेजपाल सिंह ने संपन्न कराया. प्रियंका और अंजू को यहां शपथपत्र दाखिल करने पड़े. शपथपत्र में प्रियंका ने अपना मेरठ का फरजी पता लिखवाया. प्रियंका और अजेंद्॑र ने एकदूसरे के साथ फेरे लिए और जयमाला पहनाईं. मंदिर की तरफ से उन्हें विवाह का प्रमाण पत्र भी दे दिया गया. अजेंद्र यह नहीं जानता था कि वह सिर्फ एक मोहरा है.

असली खिलाड़ी तो उस की बहन और उस की सहेली हैं. प्रियंका अजेंद्र की पत्नी तो बन गई, लेकिन पत्नी का धर्म न उसे निभाना था न ही उस ने निभाया. अजेंद्र जब भी उस का साथ पाने की कोशिश करता, वह बीमारी या दर्द का बहाना कर देती. रात में उस के साथ अंजू सोती थी. प्रियंका के घर वाले उसे ले कर पहले ही परेशान थे. जब उन्हें पता चला कि वह अंजू के साथ अमरोहा में रह रही है तो वे लोग वहां पहुंचे और खूब हंगामा किया. उन्होंने प्रियंका को अगवा करने का मुकदमा भी दर्ज करा दिया. लेकिन यहां भी प्रियंका ने जब अंजू का ही साथ दिया तो उन्होंने प्रियंका से रिश्ता तोड़ लिया.

कुछ माह के लिए प्रियंका और अंजू दिल्ली चली गईं और फिर से गांव लौट आईं. वहां दोनों पतिपत्नी की तरह रहती थीं. अजेंद्र ने प्रियंका पर हक जताया और घर में उन के रिश्तों का विरोध हुआ तो प्रियंका और अंजू फिर दिल्ली चली गईं. इस के बाद दोनों को घर से खर्चा मिलना बंद हो गया. आगे कोई उम्मीद नहीं थी. ऐसे में नौकरी करना जरूरी था. दोनों ने चूंकि ताउम्र साथ रहने की कसमें खाई थीं, इसलिए उन्होंने सहारनपुर का रुख किया. सहारनपुर में प्रियंका की एक सहेली का भाई रहता था. वह मारबल कारोबारी का बेटा था. वहां के एक युवक से अंजू की भी दोस्ती थी. दोनों ने कारोबारी के बेटे से आर्थिक हालात का रोना रो कर नौकरी दिलाने की बात कही.

उन्होंने प्रयास भी किए, लेकिन प्रियंका के पास शैक्षणिक प्रमाण पत्र नहीं थे, इसलिए उसे नौकरी नहीं मिल सकी. अलबत्ता दोनों युवकों ने उन्हें अपने एटीएम कार्ड जरूर दे दिए, ताकि वे अपना खर्चा चला सकें. इस के बाद दोनों सहेलियां मेरठ चली आईं और टीपीनगर थानाक्षेत्र की कालोनी दशमेश नगर में 6 सौ रुपए महीने पर किराए का एक कमरा ले कर रहने लगीं. दोनों की जिंदगी के जो थोड़े बहुत गम थे उन्हें वह सिगरेट के धुएं और शराब में उड़ा देती थीं. उधर विद्रोही बेटी से आजिज आ कर प्रेमवीर सिंह ने स्थिति को भांपते हुए अपनी वसीयत तैयार करा ली थी, जिस में उन्होंने प्रियंका को कोई जगह नहीं दी थी. वसीयत में केवल सोनिया व गौरव को शामिल किया गया था.

हालांकि घर के हालात तनावपूर्ण चल रहे थे, इस सब के बावजूद प्रियंका अपनी मां के काफी करीब थी. मां ही थी, जिस की ममता बारबार जोर मार रही थी. मां संतोष गुपचुप ढंग से फोन कर के प्रियंका को समझाती रहती थीं. प्रियंका और अंजू किराए पर रह रही थीं. प्रियंका नौकरी करना चाहती थी, लेकिन उस के प्रमाण पत्र पिता के घर पर थे. उसे पिता की वसीयत का पता चला तो उस के मन में अपने परिवार के प्रति नफरत का सैलाब उमड़ पड़ा. उस की जिंदगी दोराहे पर आ कर खड़ी हो गई थी. आखिरकार 10 नवंबर को उस ने घर जा कर अपने प्रमाण पत्र लाने का फैसला कर लिया. उस दिन रात तकरीबन 9 बजे रिक्शा ले कर प्रियंका और अंजू प्रेमवीर सिंह के घर जा पहुंची. दरवाजा संतोष ने ही खोला. प्रियंका को देख कर वह गुस्से में बोलीं, ‘‘अब तेरे लिए इस घर में कोई जगह नहीं है.’’

‘‘मैं अंदर बैठ कर बातें करूंगी.’’ वह निर्णायक अंदाज में नरम हो कर बोली. इसी बीच ड्राइंगरूम में बैठे प्रेमवीर भी बाहर आ गए. उन की नजर प्रियंका पर पड़ी तो उन्होंने भी उसे खरीखोटी सुनानी शुरू कर दी और बड़बड़ाते हुए बाहर टहलने के लिए निकल गए. संतोष से बात करते हुए अंजू बैडरूम में पहुंच गई.

‘‘मुझे अपनी डिग्रियां चाहिए.’’ प्रियंका ने कहा तो संतोष गुस्से में बोलीं, ‘‘बेशरम, तूने जो डिग्री ली है, वह क्या कम है? तुझे मैं बहुत समझा चुकी, अब तू मेरे लिए भी मर चुकी है.’’

‘‘मेरी जिंदगी पर सिर्फ मेरा हक है. मैं चाहे जो करूं मेरी मरजी.’’

‘‘यह सब तेरी वजह से हुआ है.’’ संतोष ने अंजू की तरफ घूम कर उसे धक्का देना चाहा. इस पर प्रियंका व अंजू दोनों को ताव आ गया. प्रियंका ने पलक झपकते ही मां के गाल पर एक थप्पड़ रसीद कर दिया. इस पर संतोष बिफर गईं और शोर मचाने का प्रयास करने लगीं. दोनों लड़कियों के रूप में उन्हें अपनी मौत नजर आने लगी थी.

प्रियंका और अंजू समझ गईं कि अब खेल बिगड़ चुका है. संतोष उन्हें बख्शने वाली नहीं है और न ही प्रमाण पत्र मिल पाएंगे. वसीयत में अपना नाम न होने और परिवार की उपेक्षा से वह पहले ही प्रतिशोध की आग में जल रही थी. फलस्वरूप दोनों ने पलक झपकते ही लूट की योजना बना ली. दोनों ने आंखोंआंखों में इशारे कर के संतोष का खेल खत्म करने की ठान ली. अंजू एनसीसी कमांडो रह चुकी थी. उस ने एक ही झटके में संतोष को बैड पर गिरा दिया. संतोष कुछ समझ पातीं, उस से पहले ही अंजू ने उन का गला दबा दिया. संतोष छटपटाईं तो प्रियंका ने उन के पैरों को कस कर पकड़ लिया.

कुछ ही देर में उन की नाक व मुंह से खून आने लगा और वह ठंडी पड़ गईं. उन्हें सांस न आ जाए, इसलिए अंजू ने उन के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया. अचानक पैदा हुई इस स्थिति से प्रियंका व अंजू बौखला गईं. प्रियंका को डर था कि उस के पिता कभी भी आ सकते हैं. सोचविचार कर उस ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. कुछ देर बाद प्रेमवीर ने दरवाजे पर दस्तक दी तो अंजू ने प्रियंका को दरवाजा खोलने का इशारा किया और खुद हमले के लिए तैयार हो गई. दरवाजा खुलते ही प्रेमवीर जैसे ही अंदर घुसे अंजू ने पीछे से ऐसी लात मारी कि वह लड़खड़ा कर नीचे गिर गए. इस के बावजूद बैड पर पत्नी की लाश पड़ी देख उन का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.

‘‘तुम ने संतोष को मार डाला, मैं तुम्हें छोडूंगा नहीं, अभी पुलिस को बुलाता हूं.’’ कहते हुए वह फोन की तरफ लपके और 100 नंबर डायल कर दिया. इसी बीच प्रियंका ने फोन का तार खींच दिया. तभी अंजू ने किचन से चाकू ला कर उन के सिर पर वार करने शुरू कर दिए. प्रेमवीर शरीर से मजबूत थे. वह दोनों से गुत्थमगुत्था हो गए. अंजू उन पर वार करती रही और उन के सीने पर सवार हो गई. इसी बीच प्रियंका ने कपड़ा ला कर उन के मुंह में ठूंस दिया. कुछ ही देर में उन्होंने भी दम तोड़ दिया. इस के बाद प्रियंका ने अपने प्रमाण पत्र तो लिए ही, साथ ही सेफ से लाखों की एफडी, जो उस के साथ ज्वाइंट थी, वसीयत, जेवरात व नगदी ले कर एक बैग में डाल लिए, ताकि यह घटना लूटपाट की लगे और उस पर किसी को शक न हो.

इसी के मद्देनजर दोनों ने घर के सामान को उथलपुथल कर के बिखेर दिया. संतोष के मोबाइल को उस ने औफ कर के अपने पास रख लिया और एफएम चला दिया. सारा काम खत्म कर के प्रियंका कोठी के आंगन में घूम रहे बुलडौग को प्यार करते हुए बैडरूम में लाई और उसे चेन से बांध दिया. रात में दोनों दूसरे कमरे में सो गईं. भोर में करीब 5 बजे कोठी में ताला लगा कर दोनों रिक्शा ले कर अपने टीपीनगर स्थित कमरे पर पहुंच गईं. प्रियंका ने संतोष के मोबाइल फोन को ईंट से तोड़ दिया, ताकि उस के जरिए पुलिस उन तक न पहुंच सके और अपना मोबाइल बंद कर दिया. दोनों की योजना बैंक का लौकर खंगालने और एफडी तुड़वाने की थी, ताकि बाकी जिंदगी आराम से कहीं बाहर जा कर बिताई जा सके.

इस बीच इस दोहरे हत्याकांड ने शहर को हिला कर रख दिया था. अखबारों में कई दिन तक यही खबर छाई रही. इस से दोनों कमरे में ही छिपे रहने पर मजबूर हो गईं और माहौल के ठंडा होने का इंतजार करने लगीं. लेकिन आखिर दोनों पुलिस के शिकंजे में आ ही गईं. मिस मेरठ का कारनामा अखबारों और न्यूज चैनलों पर सुर्खियों में आया तो लोग हैरत में रह गए. पूछताछ के बाद अगले दिन पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

विवेचनाधिकारी ने 80 दिनों की विवेचना के बाद कोर्ट में इस मामले का आरोप पत्र दाखिल कर दिया. अदालत में मुकदमें पर जिरह शुरू हो गई. 285 पन्नों में सबूतों का दस्तावेज कोर्ट में पेश किया गया. 6 साल में 16 गवाहों की गवाहियां हुईं. इन गवाहों में वादी व प्रियंका के मौसा पदम सिंह, उस का भाई गौरव, विवेचनाधिकारी आर.वी. कौल, डा. नरेंद्र, हेडकांस्टेबल सुरेंद्रपाल, एसआई कृष्णवीर, अमन सिंह, राकेश कुमार, कांस्टेबल किरण, कांस्टेबल पवन सिंह, तेजपाल प्रियंका की मौसी मंजू, राजीव सक्सेना, रमेशचंद, पवन सिंह और रामआसरे शामिल थे. दोनों पक्षों की जिरह सुनने और सबूतों को देखने के बाद अदालत ने प्रियंका और अंजू को 28 मई को उम्रकैद की सजा सुना दी.

कथा लिखे जाने तक दोनों जेल में थीं. दोनों के घर वालों के अलावा सभी रिश्तेदारों ने भी उन का हर तरह से साथ छोड़ दिया था. प्रियंका व अंजू ने अपने बहकते कदमों को वक्त रहते संभाला होता और घर वालों की मानी होती तो उन का भविष्य बरबाद नहीं होता. जिला जेल में उन से महिला कैदियों को पढ़ाने का काम लिया जा रहा है. UP Crime News

कथा न्यायालय के निर्णय पर आधारित

 

Real Crime Story: हुस्न बना दुश्मन

Real Crime Story: शातिर तूबा को लगा कि उस के सारे दोस्त खूबसूरत अबीरा के होते जा रहे हैं तो वह उसे रास्ते से हटाने के बारे में सोचने लगी. उस ने इस के लिए तरीका तो बहुत बढि़या अख्तियार किया, लेकिन पुलिस की नजरों से बच नहीं सकी.

जनवरी की 13 तारीख थी, मौसम में काफी ठंडक थी. पूरा पंजाब लोहड़ी की तैयारी में लगा हुआ था. अगर आप यह सोचते हैं कि लोहड़ी सिर्फ भारत में ही मनाई जाती है तो आप गलत सोच रहे हैं, पाकिस्तान के पंजाब में भी लोहड़ी का त्यौहार अत्यंत उत्साह के साथ मनाया जाता है. लाहौर के लोगों में भी लोहड़ी का उत्साह था. सुबह का समय था, लाहौर के एक संभ्रांत इलाके जौहर टाउन के शेरकोट बसअड्डे पर अच्छीखासी भीड़ थी. बसअड्डे के लाउंज में एक लावारिस सूटकेस रखा था.

बहुत देर तक जब कोई उस सूटकेस को लेने नहीं आया तो बसअड्डे पर मौजूद लोगों में से किसी ने पुलिस को फोन कर दिया. इसके बाद थोड़ी देर में ही पुलिस आ गई. पुलिस ने सूटकेस को खोला तो उस में से एक लड़की की लाश निकली. लड़की की लाश बिलकुल ठंडी थी. पुलिस को लगा कि यह मौसमी ठंडक की वजह से ठंडी नहीं हुई है, बल्कि इसे बर्फ में रख कर ठंडा किया गया था. लड़की के जिस्म पर चोट के निशान थे, जिस से पता चलता था कि उसे मारापीटा गया था. पहली नजर में ही देखने से लग रहा था कि लड़की की मौत दम घुटने की वजह से हुई थी. क्योंकि उस के गले पर नीले रंग का निशान था.

पुलिस ने लाश की पहचान करवाने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद लोगों में से कोई भी लाश को नहीं पहचान सका. जब कई दिनों तक लाश की पहचान नहीं हो सकी तो पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम और औटोप्सी कराई. पुलिस ने बसअड्डे के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकौर्डिंग निकलवाई तो उस से पता चला कि वह सूटकेस सुबहसुबह एक लड़की औटोरिक्शा में रख कर लाई थी और उसे बसस्टैंड पर रख कर फौरन वापस चली गई थी. लेकिन पुलिस उस लड़की की पहचान नहीं कर पाई थी.

औटोप्सी से पता चला कि मृतका को खाने में आर्सेनिक और नाइट्रेट जहर भी दिया गया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उस के साथ बलात्कार होने की भी पुष्टि हुई थी. वैसे उस की मौत गला घोंटने के कारण हुई थी. लाश को पहचान के लिए अस्पताल में सुरक्षित रख दिया गया था. 10-12 दिनों तक न तो लाश की पहचान हो पाई और न ही उस लड़की की. अंतत: पुलिस ने लावारिस मान कर लाश को दफन करा दिया. 13 फरवरी 2015 को लाहौर की वहादत कालोनी के पुलिस स्टेशन में एक आदमी आया. उस का नाम जुहेब भट्टी था

उस ने अपना पूरा परिचय देते हुए बताया कि वह सियालकोट के छावनी इलाके के रहने वाले मोहम्मद भट्टी का बेटा है और सियालकोट में अपने बड़े भाई जावेद भट्टी के साथ प्रौपर्टी डीलिंग का काम करता है. उस की 2 बहनें थीं, उज्मा और अबीरा. मां का कुछ साल पहले देहांत हो चुका है. उस ने आगे बताया कि उस की बहन अबीरा, जिस की उम्र 22 साल थी, कुछ साल पहले वह पढ़ने के लिए लाहौर आई थी. पहले  कुछ समय तक वह लाहौर में अपने मामू के यहां रही. चूंकि उस की हार्दिक इच्छा थी कि वह मौडल बने, इसलिए वह शोबिज (व्यावसायिक पार्टियां) की पार्टियों में शिरकत करने लगी.

ऐसी पार्टियों में शामिल होने के लिए वह नएनए दोस्त बनाती रहती थी. उस की इस आदत की वजह से मामू परेशान रहते थे और उसे डांटते भी थे. इसलिए उस ने मामू का घर छोड़ दिया था और वहादत कालोनी स्थित एक हौस्टल में रहने लगी थी. अब वह कई दिनों से हौस्टल से लापता है. उसे शक है कि हौस्टल की मालकिन सिदरा ने उस की बहन को गायब कर दिया है. पुलिस ने जुहेब भट्टी की शिकायत पर  वहादत रोड स्थित हौस्टल में छापा मार कर हौस्टल की मालकिन सिदरा अवान सहित 4 लोगों, नौमान कुरैशी, फरहान खान, सकीना और आयशा बट को हिरासत में ले लिया.

पुलिस सभी को थाने ले आई. पुलिस ने जब सिदरा से जुहेब भट्टी की बहन अबीरा के बारे में पूछताछ की तो उस ने अबीरा के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की, लेकिन इतना जरूर बता दिया कि अबीरा आजकल तूबा से बहुत मिलती थी, जो एक मेकअप आर्टिस्ट है. वह खासकर मौडल्स का मेकअप करती है. इकबाल टाऊन के एसपी मोहम्मद इकबाल ने जब जुहेब से उस की बहन का हुलिया पूछा तो उस ने जो हुलिया बताया, उस से पुलिस को लगा कि संभवत: बसअड्डे पर मिली लाश उस की बहन की थी. लाश के फोटो देखने के बाद जुहेब ने उस की शिनाख्त अपनी बहन अबीरा के रूप में कर दी. चूंकि अब लाश की पहचान हो गई, इसलिए पुलिस जांच में तेजी आ गई.

पुलिस ने शेरकोट बसअड्डे की सीसीटीवी की फुटेज पहले ही अपने कब्जे में ले रखी थी. उस में साफ दिख रहा था कि एक लड़की औटोरिक्शा में सूटकेस ले कर आई थी और सूटकेस वहां रख कर वापस चली गई थी. पुलिस ने वह सीसीटीवी फुटेज सिदरा को दिखाई तो उस ने फुटेज में दिख रही लड़की की पहचान तूबा के रूप में कर के बताया कि अबीरा आजकल इसी के साथ कुछ ज्यादा दिखाई दी जा रही थी. साथ ही उस ने तूबा का पता भी बता दिया था. पुलिस ने तुरंत तूबा के घर छापा मारा तो वह घर पर ही मिल गई. पुलिस उसे पकड़ कर थाने ले आई. पुलिस पूछताछ में तूबा ने बताया कि अबीरा को उस ने नहीं, औटोरिक्शा वाले ने मारा है. पुलिस ने तूबा की निशानदेही पर औटोचालक असलम को भी गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस पूछताछ में असलम ने अबीरा की हत्या से साफ इनकार कर दिया. उस ने पुलिस को बताया कि वह तो अबीरा को जानता तक नहीं. वह तो तूबा के कहने पर उस सूटकेस को बसअड्डे तक ले आया था. इस के बाद पुलिस के सामने यह सवाल खड़ा हो गया कि वह तूबा से सच कैसे उगलवाए. इस के लिए पुलिस ने तूबा का पौलिग्राफिक टेस्ट कराया. इस पौलिग्राफिक टेस्ट में जो हकीकत सामने आई, उस से सारे पुलिस अफसर हैरान रह गए. इस के बाद पूछताछ में तूबा ने बताया कि उस का असली नाम उज्मा राव है और वह मेकअप आर्टिस्ट है. 7 साल पहले उस की शादी बाबर बट के साथ हुई थी.

पति से उसे एक बेटी पैदा हुई. एक दिन उस की तबीयत खराब हुई तो बाबर ने अपने दोस्त यूसुफ खोखर के कहने पर उसे डाक्टर को इसलिए नहीं दिखाने दिया, क्योंकि वह लड़की थी. यूसुफ खोखर कैमरामैन था. दरअसल बाबर और युसुफ, दोनों ही मौडलिंग की दुनिया से जुड़े थे. डाक्टर को न दिखाने की वजह से तूबा की बेटी मर गई. तूबा ने इस का सारा इल्जाम बाबर और यूसुफ पर डाला. इस के बाद उस की बाबर से अनबन रहने लगी. आखिरकार 2 साल बाद बाबर ने उसे तलाक दे दिया. इस के बाद तूबा उर्फ उज्मा ने बाबर और यूसुफ को मारने का फैसला कर लिया.

बाबर से तलाक लेने के बाद तूबा जौहर टाऊन के एक अपार्टमेंट में अलग रहने लगी थी. यहीं रहते हुए उस की कई पुरुषों से दोस्ती हो गई, जिन में से एक का नाम जीशान था. एक दिन उस ने जीशान से कोई जहर ला कर देने को कहा तो उस ने उसे आर्सेनिक जहर ला कर दे दिया. तूबा ने बाबर से तलाक लेने के बाद भी उस के दोस्त यूसुफ खोखर से दोस्ती कायम कर रखी थी. उस ने इसी दोस्ती का फायदा उठा कर एक दिन खाने में यूसुफ को जीशान द्वारा लाया आर्सेनिक जहर दे दिया. आर्सेनिक जहर की विशेषता यह है कि यह कुछ समय बाद असर करता है. यूसुफ ने खाना तो खाया तूबा के साथ, लेकिन मरा अपने घर जा कर. इस से पुलिस को पता नहीं लग सका कि उसे जहर किस ने दिया था.

इस के बाद तूबा इस फिक्र में रहने लगी कि बाबर को किस तरह मौत के घाट उतारा जाए. इसी बीच उस की जिंदगी में एक और आदमी आया, जिस का नाम फारुख रहमान था. वह एक प्राइवेट बैंक में अधिकारी था. तूबा उस के साथ लिवइन रिलेशन में रहने लगी. फारुख रंगीनमिजाज आदमी था. वह जब भी कोई सुंदर लड़की देखता, उस की लार टपकने लगती थी. तूबा का प्रोफेशन चूंकि मौडल्स का मेकअप करना था, इसलिए वह भी शोबिज की पार्टियों में शामिल हुआ करती थी. 24 दिसंबर, 2014 को एक ऐसी ही पार्टी में उस के परिचित तरनजीत सिंह ने उस की मुलाकात एक नई उभरती मौडल से कराई. इस मौडल का नाम था अबीरा. वह बेपनाह हुस्न व कशिश की मलिका थी. ऊंचा कद, गोरा रंग, एकदम हूर लगती थी.

अबीरा एक उभरती हुई मौडल थी. उसे किसी अच्छे कौंट्रेक्ट की चाहत थी. तरनजीत ने जब उसे बताया कि तूबा की मौडलिंग इंडस्ट्री में काफी जानपहचान है तो अबीरा उस से मिली. इस पहली मुलाकात में ही वह उस से काफी प्रभावित हुई. वह जल्द ही उस से घुलमिल गई. इस के 3-4 दिनों बाद तूबा ने अबीरा को अपने घर बुलाया. उस वक्त वहां फारुख भी मौजूद था. फारुख ने अबीरा को देखा तो देखते ही उस के हुस्न का दीवाना हो गया. उस ने तूबा के सामने अपनी ख्वाहिश रखते हुए कहा कि वह हर हाल में उसे पाना चाहता है. पता नहीं क्या सोच कर तूबा ने उस की मदद करने की हामी भर दी. उस समय तूबा अपने दिमाग में शायद किसी साजिश का तानाबाना तैयार कर रही थी.

उस ने सोचा कि अबीरा की मदद से वह अपने पूर्व पति बाबर बट की हत्या करवा सकती है. वह जानती थी कि बाबर भी अय्याश किस्म का आदमी है और आसानी से अबीरा के हुस्न के जाल में फंस जाएगा. फिर जिस तरह उस ने यूसुफ खोखर को जिंदगी से छुटकारा दिलाया था, उसी तरह अबीरा भी बाबर को उस की जिंदगी से छुटकारा दिला देगी. तूबा को पता था कि अबीरा के पास अभी कोई बड़ा प्रोजैक्ट नहीं है, इसलिए वह आर्थिक तंगी से गुजर रही है. घर वालों से रिश्ते ठीक न होने की वजह से वह उन से भी मदद नहीं मांग सकती.

सोचविचार कर तूबा ने अबीरा से एक समझौता कर लिया. फिर उसी समझौते के तहत अबीरा को बाबर की हत्या में तूबा की मदद करनी थी. इस के बदले में तूबा को उसे कुछ नकद और मौडलिंग के कुछ अच्छे अनुबंध दिलाने थे. अबीरा जानती थी कि तूबा के शोबिज के सर्किल में काफी अच्छे ताल्लुकात हैं. निस्संदेह उस की मदद से वह कामयाबी की सीढि़या चढ़ सकती है. इसलिए उस ने तूबा का साथ देने की हामी भर ली. दूसरी ओर तूबा ने सोचा था कि एक बार अगर अबीरा उस के साथ जुर्म में शामिल हो गई तो फिर वह बड़े आराम से अपने दोस्त फारुख की इच्छा पूरी करवा देगी, क्योंकि इस के बाद अबीरा इस स्थिति में नहीं रह जाएगी कि उस की किसी बात से इनकार कर सके.

फारुख ने जिस दिन तूबा से यह कहा था कि वह अबीरा को पाना चाहता है, वह जलभुन उठी थी. लेकिन वह चाह कर भी फारुख का कुछ नहीं कर सकती थी. उस ने फारुख के जाने के बाद अबीरा के फोटो निकाले और गुस्से में उस के फोटो पर ही खुरचखुरच कर उस का चेहरा बिगाड़ दिया था. उस वक्त वह इतने गुस्से में थी कि अगर अबीरा वहां होती तो शायद उस का चेहरा सचमुच बिगाड़ देती. खैर, अपनी योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए जनवरी के पहले सप्ताह में उस ने अबीरा को अपने घर बुलाया और बाबर को मारने की अपनी योजना में साथ देने को कहा. लेकिन इस बार अबीरा ने मना कर दिया. तूबा ने उसी वक्त सोच लिया कि अब वह अबीरा को इस दुनिया में जीवित नहीं रहने देगी.

तूबा ने उस वक्त तो अबीरा से कुछ नहीं कहा. अलबत्ता उस ने अपने दोस्त जीशान से जरूर कहा कि उसे डर है कि अबीरा कहीं उस से उस के दोस्तों को न छीन ले. अगर ऐसा हुआ तो उस का धंधा चौपट हो जाएगा. जीशान ने उसे फिर से आर्सेनिक जहर ला कर दे दिया. 12 जनवरी, 2015 को तूबा ने मौडलिंग का एक अच्छा और बड़ा अनुबंध दिलाने के बहाने अबीरा को खाने पर बुलाया. अबीरा वहां आई तो फारुख को यह पता नहीं था कि तूबा उसे मारने की योजना बना चुकी है. तूबा ने अबीरा के लिए स्पैशल खीर बनाई. उस ने अबीरा की खीर में जीशान का लाया जहर मिला दिया. जब अबीरा खाना खा चुकी तो फारुख उसे बहाने से अपने कमरे में ले गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. इस के बाद उस ने अबीरा को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की.

अबीरा पर चूंकि जहर का असर होने लगा था, इसलिए वह ज्यादा विरोध नहीं कर सकी और फारुख ने आसानी से अपनी अच्छा पूरी कर ली. तब तक अबीरा बेहोश हो चुकी थी. थोड़ी देर बाद उस ने तूबा को बुलाया और अबीरा को वहां से ले जाने को कहा. तूबा जानती थी कि जो जहर अबीरा को दिया गया है, उसे पूरे तौर पर असर करने में अभी कई घंटे का समय लगेगा. उसे डर था कि अगर उसे बेहोशी की हालत में कहीं छोड़ा गया और वह बच गई तो उस का पुलिस से बच पाना नामुमकिन हो जाएगा. यही सोच कर तूबा ने पास पड़े अपने दुपट्टे से उस का गला घोंट दिया. जिस से अबीरा उसी वक्त मर गई.

अबीरा तो मर गई. अब समस्या यह थी कि अबीरा की लाश का क्या किया जाए? इस के लिए तूबा ने फारुख से कहा कि लाश को एक बड़े सूटकेस में डाल कर बंद कर दो. फारुख ने ऐसा ही किया. लाश को सूटकेस में रख कर दोनों ने उसे फ्रीजर में रख दिया. रात भर सूटकेस तूबा के अपार्टमेंट में ही फ्रीजर में रखा रहा. तूबा ने वह रात फारुख के साथ दूसरे कमरे में गुजारी. सुबह सूरज निकलने से पहले तूबा ने अपने जानने वाले एक औटोरिक्शा वाले असलम को फोन कर के बुलाया. फिर उस के औटोरिक्शा में सूटकेस रखकर शेरकोट बसअड्डे पहुंची.

चूंकि सुबह का समय था, इसलिए बसअड्डे पर ज्यादा भीड़भाड़ नहीं थी. तूबा सूटकेस उतार कर बसअड्डे के लाउंज में ले गई और वहीं रख कर वापस आ गई. लेकिन सीसीटीवी कैमरे से उस की सारी हरकतें रिकौर्ड हो गईं. जब पुलिस ने तूबा के अपार्टमेंट पर छापा मारा था तो पुलिस को उस के घर से वह जहर भी मिल गया था, जो पोस्टमार्टम में अबीरा के शरीर में पाया गया था. इस के अलावा अबीरा की फोन काल डिटेल्स में अबीरा की आखिरी लोकेशन तूबा के घर की पाई गई थी. तूबा के बयान के आधार पर पुलिस ने फारुख और जीशान को भी गिरफ्तार कर लिया.

आगे की जांच में पता चला कि तूबा का असली नाम उज्मा राव था. उस ने अपना पहचान पत्र तूबा के फरजी नाम से बनवा रखा था. पुलिस को यूसुफ की हत्या के सबूत भी तूबा के घर से मिल गए हैं. पुलिस के अनुसार बाबर बट ने तूबा के साथ बलात्कार किया था, जिस की उस ने पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी. लेकिन बाद में जब बाबर ने केस के डर से तूबा से शादी कर ली थी तो तूबा ने अपनी शिकायत वापस ले ली थी. तूबा अपने दूसरे दुश्मन बाबर बट का कत्ल करती, इस से पहले ही उस की एक और अबीरा दुश्मन पैदा हो गई. अपनी इसी दुश्मन अबीरा को रास्ते से हटाने के चक्कर में वह पुलिस की गिरफ्त में आ गई.

पुलिस ने तूबा, फारुख, जीशान और असलम को लाहौर की अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. तीनों जेल की सलाखों के पीछे हैं और अपने किए की सजा भुगत रहे हैं. असलम को जमानत मिल गई है. Real Crime Story

लेखक – एम.जेड. बेग      

Chandigarh Crime: हमशक्ल की अक्ल का कारनामा

Chandigarh Crime: एक हत्याकांड में फरार गुरविंदर सिंह गैरी की प्रौपर्टी पर जिस गुरप्रीत सिंह की नजर थी, इत्तफाक से वह गैरी का हमशक्ल था. इसी का फायदा उठाते हुए उस ने नकली दस्तावेज तैयार करा कर गैरी की प्रौपर्टी को बेचने के नाम पर तमाम लोगों से लाखों रुपए ठग लिए थे.

मोहाली के फेज-7 के रहने वाले गुरविंदर सिंह उर्फ गैरी को चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित जापान लाइफ कंपनी ने जादू का एक शो करने को कहा था.  उसे यह शो दिल्ली में करना था. शो की तैयारी के लिए उसे कुछ सामान की जरूरत थी. इस के लिए उस ने अपने एक परिचित जादूगर प्रदीप से बात की. 28 वर्षीय प्रदीप ने 4-5 साल पहले ही जादूगरी के क्षेत्र में कदम रखा था. उन दिनों वह चंडीगढ़ के प्रतिष्ठित फाइवस्टार होटल शिवालिक व्यू में शो करता था. प्रदीप और गैरी की जानपहचान करीब 2 साल पहले तब हुई थी, जब प्रदीप सेक्टर-35 के होटल खायबर में जादू के शो किया करता था. गैरी वहां बीयर पीने जाता था. किसी दिन दोनों की जानपहचान हुई तो हमपेशा होने की वजह से उन में दोस्ती हो गई थी.

गैरी सुबह साढ़े 9 बजे प्रदीप के पास पहुंच गया था. जापान लाइफ कंपनी के निमंत्रण की बात बताने के बाद उस ने कहा, ‘‘आज सेक्टर-39 में ‘गो बनानाज किड्स क्लब’ में मेरा कार्यक्रम है. इस के लिए भी मुझे जादू का कुछ सामान चाहिए, चाहो तो तुम भी अपना कोई आइटम वहां पेश कर सकते हो. 11 बजे शो शुरू होगा, मन हो तो चलो.’’

प्रदीप तैयार हो गया. दोनों 11 बजे से पहले ही सेक्टर-39 पहुंच गए. संयोग से गैरी का एक परिचित कुलविंदर सिंह वहां मिल गया. वह गैरी का शो देखने आया था. वह पैट्रोलपंप पर काम करता था और पैट्रोलपंप पर पहनी जाने वाली ड्रैस में ही चला आया था. शो खत्म होने के बाद कुलविंदर ने कहा कि उस के पास जादू के खेलों की 1 कैसेट है. गैरी ने उस से कैसेट को मांगा तो कुलविंदर दोनों को अपने घर ले गया. उस ने पहले अपने कपड़े बदले, उस के बाद दोनों के साथ खाना खाया.

खाना खाते समय गैरी ने प्रदीप से जादू के सामान की बात की तो उस ने कहा, ‘‘मैं तुम्हें दिल्ली के चांदनी चौक की 1 दुकान का पता देता हूं, वहां तुम्हें एकदम बढि़या सामान मिल जाएगा.’’

प्रदीप की बात खत्म होते ही कुलविंदर ने कहा, ‘‘इतने चक्कर में पड़ने के बजाय तुम जादूगर अशोक से क्यों नहीं मिल लेते. जितना अच्छा सामान उस के पास मिल जाएगा,  उतना अच्छा शायद कहीं और न मिल पाए.’’

‘‘ठीक है, हमें तो सामान चाहिए, अशोक से ही ले लेता हूं.’’ गैरी ने कहा.

इस के बाद तीनों इधरउधर की बातें करते हुए गैरी के घर पहुंचे. पहले तो तीनों ने जादू की वीडियो कैसेट देखी, जिस में 1 विदेशी जादूगर के जादू के खेलों का बहुत अच्छा प्रदर्शन था. कैसेट देखने के बाद गैरी ने कुलविंदर से जादूगर अशोक को फोन करने को कहा. कुलविंदर ने पंचकूला स्थित अशोक की दुकान पर फोन किया तो वह दुकान पर ही मिल गया. कुलविंदर ने गैरी के शो के बारे में बता कर जादू के कुछ सामान के लिए कहा तो वह बोला, ‘‘रात 9 बजे सेक्टर 30 के अहाते में आ जाना, 2-2 पैग भी लगाएंगे और वहीं इस बारे में बात भी कर लेंगे.’’

चंडीगढ़ के सेक्टर-46सी में रहने वाले मोहनलाल अरोड़ा के परिवार में पत्नी आशा रानी के अलावा 4 बेटे और 2 बेटियां थीं. 6 संतानों में सब से बड़ा बेटा अशोक था. उसे बचपन से ही जादूगर बनने का शौक था. शायद इसी वजह से उस ने जादू के तमाम खेल सीख लिए थे. इस में अविश्वसनीय बात यह थी कि उस ने जादू किसी से सीखा नहीं था. उस का दिमाग इतना तेज था कि वह एक बार जो देख लेता था, जरा सी देर में उसे हूबहू दोहरा देता था. दसवीं तक पढ़ाई करने के बाद वह पिता के साथ सेक्टर-18 स्थित उन की स्वर्णकारी की दुकान पर बैठने लगा था. सन 1985 में उस की नमिता से शादी हो गई तो जल्दी ही वह एक बेटे वरुण का बाप बन गया. 1996 में उस ने पंचकूला के सेक्टर-15 में महारानी ज्वैलर्स नाम से अपनी अलग दुकान खोल ली.

आशोक की दुकान बढि़या चल रही थी, लेकिन उस का जादू का शौक गया नहीं था. अब तक जादू के खेल में उस ने न केवल महारत हासिल कर ली थी, बल्कि उसे काफी लोकप्रियता भी मिल गई थी. चंडीगढ़ के बड़ेबड़े स्कूलों में उस ने जादू के तमाम शो किए थे. सेक्टर-17 के परेड ग्राऊंड में भी उस ने हजारों लोगों की उपस्थिति में जादू के कई कार्यक्रम किए थे. विदेशों में भी उस ने कुछ शो किए थे, जिस से उसे काफी प्रसिद्धि मिल गई थी. जादू के खेलों में इस्तेमाल किए जाने वाले बेशकीमती सामानों की उस के पास भरमार थी.

इस के बावजूद स्वर्णकारी की अपनी दुकान की वजह से अशोक को जादू के खेल के आयोजनों के लिए समय निकालना मुश्किल हो गया. फिर भी उस के जादूगर दोस्त कभीकभी उस से मिलने आते रहते थे. वे अशोक से जादूगरी का करतब तो सीखते ही थे, जरूरत पड़ने पर सामान भी किराए पर ले जाते थे. अशोक खुले दिल का इंसान था, इसलिए उस ने कभी अपने किसी जादूगर दोस्त को निराश नहीं किया. ऐसे में ही 21 मई, 2000 को कुलविंदर का फोन आया तो अशोक ने रात 9 बजे सेक्टर-30 के अहाते में मिलने के लिए कह दिया था.

उसी रात खाना खाने के बाद अशोक अपने छोटे भाई मुकेश अरोड़ा के साथ घर के पीछे के कंपाउंड में बैठा बातें कर रहा था. तभी एक मारुति कार वहां आ कर रुकी. उस समय साढ़े 11 बज रहे थे. उस वक्त उस के पिता और उस के पड़ोसी निर्मल सिंह भी वहीं बैठे थे. कार से 4 युवक निकल कर अशोक के पास आए और चारों ने एक साथ कहा, ‘‘अशोक, तुम हमारे साथ चलो.’’

चारों ने अशोक से जिस तरह साथ चलने को कहा था, वहां बैठे सभी लोगों को बड़ा अजीब लगा था. लिहाजा मुकेश ने भाई से उन के बारे पूछा. अशोक ने कहा कि ये उस के दोस्त हैं और इन के नाम गुरविंदर सिंह गैरी, लखबीर सिंह, रणबीर सिंह और कुलविंदर सिंह हैं. साथ ही यह भी बताया कि मोहाली के रहने वाले ये लड़के उस से जादू सीखा करते हैं. इस के बाद चारों अशोक को एक किनारे ले जा कर बातें करने लगे. कुछ देर बाद अशोक ने मुकेश के पास आ कर कहा, ‘‘अभी मैं जादू का एक आइटम सिखाने इन के साथ जा रहा हूं. तुम लोग आराम से सो जाना. मुझे आने में शायद थोड़ी देर हो जाए.’’

‘‘लेकिन तुम जा कहां रहे हो?’’ मुकेश ने पूछा.

‘‘मैं मोहाली के फेज-7ए जा रहा हूं. घबराने की कोई बात नहीं है, ये सभी मेरे खास दोस्त हैं.’’

इतना कह कर अशोक उन लोगों के साथ उन की कार में बैठ कर चला गया.

कुछ देर बाद मुकेश भी पिता के साथ कंपाउंड से उठा और अंदर चला गया. निर्मल सिंह भी अपने घर चले गए. अब तक अशोक के घर के सभी लोग सो चुके थे. अपनेअपने बिस्तर पर पहुंच कर थोड़ी देर में मुकेश और उस के पिता भी सो गए. सुबह मुकेश की आंख खुली तो पता चला कि आशोक अभी तक लौट कर नहीं आया. जाते समय अशोक ने जिस तरह बात की थी, उस से उन लोगों को चिंता हो रही थी. फिर भी उन लोगों ने सोचा कि कुछ देर और इंतजार कर लेते हैं, उस के बाद देखते हैं. लेकिन जब 10 बजे तक भी अशोक नहीं लौटा तो मुकेश से रहा नहीं गया और वह अपने एक पड़ोसी को साथ ले कर अशोक की तलाश में मोहाली के फेज-7 की ओर चल पड़ा.

मुकेश पड़ोसी के साथ सेक्टर 45-46 के चौक पर पहुंचा तो उसे कुलविंदर सिंह मिल गया. उस के चेहरे पर हवाइयां उड़ रही थीं. ऐसा लग रहा था, वह डर के मारे कांप रहा है. मुकेश ने उसे रोक कर उस की इस हालत के बारे में पूछा तो उस ने डरते हुए कहा, ‘‘रात 12 बजे गैरी की कोठी पर अशोक का गैरी, लखबीर और रणबीर से झगड़ा हो गया. उस समय सभी शराब पी रहे थे. शराब पीते हुए तीनों अशोक से जादू के आइटम सीखने की जिद करने लगे. अशोक ने कहा कि इतने कम समय में और इस हालात में वे आइटम नहीं सिखाए जा सकते.

जब वे नहीं माने तो एक आइटम दिखाते हुए अशोक ने गैरी की सोने की अंगूठी गायब कर दी. तीनों ने गैरी की उस अंगूठी के बारे में पूछा तो अशोक ने कहा कि अब वह नहीं मिल सकती. शराब के नशे में होने की वजह से वे अशोक की पिटाई करने लगे. उन लोगों ने अशोक को इतना मारा कि …’’

कुलविंदर कुछ और कहता, परेशानी की उस हालात में मुकेश ने उस की बात बीच में ही काट कर पूछा, ‘‘फिलहाल अशोक कहां है, उसे बहुत ज्यादा चोटें आई हैं क्या? हमें जल्दी से उस के पास ले चलो.’’

कुलविंदर ने रोते हुए कहा,‘‘अब मैं आप को किस अशोक के पास ले चलूं? डंडों से पिटाई के बाद वे रसोई से चाकू ले आए और उसी चाकू से उसे मार डाला. अशोक को मार कर उन्होंने कस्सी और कुल्हाड़ी से उस की दोनों बांहें, टांगें और गर्दन काट कर धड़ सहित कार में डाल लिया. मैं उन लोगों के साथ जाना तो नहीं चाहता था, पर उन्होंने मुझे भी जबरदस्ती कार में बैठाया और गांव मौली के बगल से बहने वाले गंदे नाले पर ले गए. वहां उन्होंने अशोक के शरीर के टुकड़ो को अलगअलग जगहों पर फेंक दिया. जबकि सिर कार में ही पड़ा रहने दिया. इतना सब करते करते सुबह के 4 बज गए. फेज-11 के पास उन्होंने कार रोक कर मुझे उतार दिया और खुद अशोक के सिर को ठिकाने लगाने के लिए कहीं चले गए.’’

‘‘हे भगवान.’’ दोनों हाथों से अपना सिर थाम कर मुकेश ने कहा और जमीन पर बैठ कर रोने लगा. इस के बाद कुलविंदर ने उसे चुप कराते हुए कहा, ‘‘गैरी, लखबीर और रणबीर ने अशोक की हत्या करने के बाद उस की अंगूठियां, ब्रेसलेट और सोने की चेन उतार ली थी. लड़ाईझगड़े में अशोक का रिवाल्वर गिर गया था, जिसे गैरी ने ले लिया था.’’

मुकेश ने किसी तरह खुद को संभाल कर पूछा, ‘‘तुम ने इस घटना के बारे में पुलिस को इन्फौर्म किया?’’

‘‘अभी नहीं, दरअसल मैं इतना डर गया था कि पुलिस के पास जाने की मेरी हिम्मत ही नहीं हुई. इस के अलावा मुझे यह भी डर लग रहा था कि कहीं वे मुझे भी न मार दें. क्योंकि वे मुझे धमकी दे रहे थे कि अगर इस हत्या के बारे में मैं ने किसी को कुछ बताया तो वे मेरा भी वही हाल करेगें, जो अशोक का किया है. यही वजह थी कि जहां उन लोगों ने मुझे कार से उतारा था, कई घंटे तक मैं वहीं छिपा बैठा रहा. अभी कुछ देर पहले ही वहां से निकल कर मैं सीधे आप लोगों के पास ही जा रहा था कि आप मिल गए.’’

‘‘चलो, पहले थाने चलते हैं.’’ मुकेश ने कहा.

इस के बाद मुकेश कुलविंदर को भी अपने साथ ले कर मोहाली की ओर चल पड़ा. वे अंबवाले चौक के पास पहुंचे थे कि मोहाली के थाना सेंट्रल के थानाप्रभारी इंसपेक्टर प्रीतम सिंह सहयोगियों के साथ मिल गए. मुकेश ने उन्हें सारी बात बताई तो उन्होंने मामला फ्लैश करवा कर मुकेश की शिकायत दर्ज करने के लिए उस की तहरीर थाने भिजवा दी और खुद टीम को साथ घटनास्थल की ओर चल पड़े. गैरी के मकान पर ताला लटक रहा था. खिड़की का कांच तोड़ कर एक पुलिस वाले को अंदर भेजा गया, जिस ने अंदर से दरवाजा खोला. इस के बाद मकान की तलाशी ली गई तो खून सनी चादर, कस्सी, शराब की बोतल और जगहजगह खून के धब्बे देख कर पुलिस को विश्वास हो गया कि कुलविंदर ने जादूगर अशोक के भाई मुकेश को जो बताया है, वह एकदम सही हैं. इसी के साथ पुलिस को यह भी शक हुआ कि अशोक के कत्ल में कुलविंदर भी शामिल था.

अब यह खुद को बचाने के लिए नाटक कर रहा है. फिलहाल इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह कुलविंदर और मुकेश को साथ ले कर अशोक की लाश के टुकड़े बरामद करने चल पड़े. मोहाली के नजदीक मौली गांव के गंदे नाले से अशोक का धड़ बरामद हो गया. थाना सेंट्रल में जादूगर अशोक की हत्या का मुकदमा गैरी, लखबीर, रणबीर और कुलविंदर के खिलाफ दर्ज कर लिया गया. पुलिस ने कुलविंदर को हिरासत में ले कर अदालत में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए उसे 3 दिनों के कस्टडी रिमांड पर ले लिया गया. थाने में की गई पूछताछ में कुलविंदर बताया कि वह मोहाली के फेज-11 के मकान नंबर-1353 में रहता था. उस के पिता का नाम जोगेंद्र सिंह था.

दसवीं पास करने के बाद वह इन दिनों सेक्टर-10 के एक पैट्रोलपंप पर नौकरी कर रहा  था. उसे जादू सीखने का शौक था, जिस की वजह से मरने तथा मारने वालों से उस की दोस्ती हो गई थी. इस पूछताछ में कुलविंदर सिंह ने वही सब बताया, जो वह मुकेश को पहले बता चुका था. लेकिन पुलिस वालों को उस की इन बातों पर यकीन नहीं हो रहा था. इसलिए पुलिस ने उस की रिमांड अवधि बढ़वा ली. पुलिस ने उस पर काफी दबाव डाला, पर वह लगातार यही कहता रहा कि जादूगर अशोक की हत्या में वह शामिल नहीं था.

इसी पूछताछ में जादूगर प्रदीप का नाम सामने आया. पुलिस ने प्रदीप से भी पूछताछ की. उस ने पुलिस को दिए अपने बयान में प्रदीप ने बताया था कि गुजरात का प्रसिद्ध जादूगर स्वामी राव पिछले दिनों चंडीगढ़ आया था. वह और अशोक उस से मिलने सेक्टर-17 गए थे. इस के बाद उन्होंने गैरी को भी उस से मिलवाया था. स्वामी राव के जादू के करतबों से गैरी इतना प्रभावित हुआ कि वह उस से कुछ नए आइटम्स सिखाने की जिद करने लगा. आखिर तय हुआ कि 22 मई को वे सभी एक साथ स्वामी राव के पास जा कर जादू के नए आइटम्स सीखेंगे.

21 मई को कुलविंदर ने अशोक को पंचकूला स्थित उस की दुकान पर फोन किया तो अशोक ने अहाते में मिलने को कहा था. इस के बाद गैरी और कुलविंदर ने उसे उस के घर छोड़ दिया. इस के बाद वे कहां गए, उसे मालूम नहीं. प्रदीप के बताए अनुसार, उस शाम सुखना लेक पर उस का शो था. वह उस की तैयारी में जुट गया. शाम 6 बजे से 8 बजे तक वह अपने शो में व्यस्त रहा. वहां से वह सीधे शिवालिक व्यू होटल चला गया, जहां वह रात के साढ़े 10 बजे तक व्यस्त रहा. इस के बाद वह घर जा कर सो गया.

अगले दिन वह तय समय पर जादूगर स्वामी राव के पास पहुंच गया, लेकिन अशोक गैरी, लखबीर, रणबीर और कुलविंदर नहीं आए. घंटों इंतजार के बाद भी जब वे नहीं आए तो वह लौट कर अपने कामों में लग गया. रात 11 बजे घर आ कर वह इत्मीनान से सो गया. अगले दिन अखबारों से उसे पता चला कि अशोक के साथियों ने ही उस का कत्ल कर दिया है. डर की वजह से वह अशोक के यहां भी नहीं जा सका. मोहाली उन दिनों जिला न हो कर रोपड़ का एक सब डिवीजन था. जिला रोपड़ के एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर थे. उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टास्क फोर्स गठित कर दिया था, जिस से मामले की गहराई में पहुंच कर अभियुक्तों को जल्दी से जल्दी गिरफ्तार किया जा सके.

टास्क फोर्स मामले को हल करने के लिएजीजान से जुट गई. 23 मई को इस टीम ने गांव पापड़ी के पास एक वीरानी जगह से अशोक की टांगें बरामद कर लीं. इस के अगले दिन फेज-9 के इंडस्ट्रियल एरिया के पास बहने वाले नाले से अशोक के हाथ भी बरामद हो गए. लेकिन न शरीर के बाकी हिस्से मिले और न ही हत्यारों का पता चल सका. 2 जून को अशोक के शरीर के बरामद अंग पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए उस के घर वालों को सौंप दिए. 3 जून को घर वालों ने उस का दाहसंस्कार कर दिया. इसी के साथ शरीर के वे अंग अशोक के ही हैं, इस का पता लगाने के लिए पुलिस ने नमूना ले कर डीएनए टेस्ट के लिए हैदराबाद की फोरैंसिक लैबोरेटरी भिजवा दिया था.

बाद में रिपोर्ट आने पर साबित हो गया कि शरीर के वे टुकड़े जादूगर अशोक के शरीर के ही थे. पुलिस जांच में जो निष्कर्ष निकल कर सामने आया, उस के हिसाब से अशोक की हत्या की कहानी कुछ प्रकार थी. गैरी, रणबीर, लखबीर और कुलविंदर 21 मई, 2000 की रात 9 बजे जादूगर अशोक से मिलने चंडीगढ़ के सेक्टर-30 के अहाते में पहुंचे, जहां इन लोगों ने शराब पी. इस के बाद जादू का कोई आइटम दिखाने की बात चली तो अशोक ने गैरी की सोने की अंगूठी गायब कर दी. उस समय बात आईगई हो गई. लेकिन घर पहुंच कर खाना खाते समय गैरी का ध्यान अपने हाथ की अंगुली पर गया तो उसे अपनी अंगूठी की याद आई. इस के बाद वह अपने तीनों दोस्तों को साथ ले कर अशोक को उस के घर से बुला लाया.

वह उसे अपने घर न ले जा कर मोहाली के फेज-7 स्थित अपने पिता के घर ले गया, जहां गैरी ने अशोक को शराब पिला कर अपनी अंगूठी के बारे में पूछा. तब अशोक ने हंसते हुए कहा कि अंगूठी तो अब कल ही मिल सकती है. उस के इस जवाब पर गैरी को गुस्सा आ गया तो वह उसे  गालियां देने लगा. यही नहीं, वह उसे मारने के लिए भी दौड़ा. तब अशोक ने अपने बचाव के लिए लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल ली. फिर क्या था, गैरी और उस के साथी उस पर पिल पड़े. इस के बाद उन्होंने अशोक की हत्या कर दी और उस के शव के टुकड़े यहांवहां फेंक कर गैरी, लखबीर और रणबीर फरार हो गए.

पुलिस को अपने सूत्रों से पता चला कि अशोक के हत्यारे दिल्ली में कहीं छिपे हैं. मोहाली पुलिस की एक विशेष टीम दिल्ली गई. पुलिस टीम को पता चला था कि गैरी का दिल्ली में मकान है, जहां हत्या के बाद कई दिनों तक 3 लोग ठहरे थे. उन के पास काले रंग की मारुति 1000 कार भी थी, लेकिन वे उस कार का उपयोग बिलकुल नहीं कर रहे थे. 4 जून को ओल्ड राजेंद्रनगर स्थित उस मकान पर मोहाली पुलिस ने छापा मारा. लेकिन वहां कोई नहीं मिला. कार जरूर वहां खड़ी थी. कार के निरीक्षण में पुलिस ने पाया कि उस पर काफी धूल जमी थी. कार के अंदर जगहजगह खून के धब्बे भी थे.

पुलिस को संदेह था कि तीनों हत्यारे विदेश भाग गए हैं, लेकिन इस सफलता के बाद पुलिस को लगा कि हत्यारे भारत में ही कहीं छिपे हैं. अब तक की भागदौड़ से पुलिस ने वांछित हत्यारों के बारे में कुछ व्यक्तिगत जानकारियां जुटा ली थीं. लखबीर और रणबीर सगे भाई थे. लखबीर बीए पास था और फेज-7 की मोटर मार्केट में औफिस खोल कर विदेशी गाडि़यों की खरीदफरोख्त का काम करता था. बीए करने के बाद रणबीर भी भाई के काम में हाथ बंटाने के साथ जादूगरी आदि करने लगा था. उन दिनों वह एक जापानी कंपनी से जुड़ा था. इस के बावजूद दोनों भाई जादू के और आइटम सीखने के चक्कर में लगे रहते थे.

लेकिन गुरविंदर सिंह उर्फ गैरी का आचरण एकदम अलग था. जिस कोठी में जादूगर अशोक का कत्ल हुआ था, वह उस के पिता हरभजन सिंह की थी. कोठी के आसपास रहने वालों के अनुसार, वह अलग किस्म के आदमी थे. 70 बरस की उम्र में भी वह अखबारों में अपनी शादी के विज्ञापन दिया करते थे, जबकि उन की पत्नी करतार कौर विदेश में रह रही थीं. गैरी की पत्नी भी इंग्लैंड में रहती थी. मोहाली के फेज-3बी में गैरी की अपनी कोठी थी, लेकिन अशोक की हत्या उस ने अपने पिता की कोठी में की थी पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, गैरी खूंखार प्रवृत्ति का आदमी था. अपने घर में उस ने सांप, बंदर, मछलियां, कुत्ते, कबूतर और तीतर आदि तो पाल ही रखे थे, एयरगन से इन का शिकार करने में उसे विशेष आनंद आता था. जानवरों को आपस में लड़वाना भी उस का खास शौक था.

गैरी को दूसरों को यातनाएं देने में भी बड़ा मजा आता था. उस की स्थिति मानसिक तौर पर बीमार बिगड़े नवाबों जैसी थी. पहले वह भी इंग्लैंड में रहता था. गैरी के पूर्व नौकर रमेश के अनुसार, वह गैरी की क्रूरता का शिकार हो चुका था. रमेश के बताए अनुसार, गैरी की फितरत समझ पाना बहुत मुश्किल था. सीधेसरल अंदाज में बैठा यह आदमी कब क्या कर बैठे, इस की कल्पना नहीं की जा सकती थी. रमेश के बताए अनुसार, वह 1995 तक मोहाली के फेज-7 स्थित रैडीमेड कपड़ों की एक दुकान पर अच्छीभली नौकरी कर रहा था. बदकिस्मती से एक दिन उस की मुलाकात गैरी से हुई तो उस ने उस से कपड़े का कारोबार करने की बात कह कर उसे मोटी तनख्वाह देने का लालच दिया.

रमेश लालच में आ गया और अपनी अच्छीभली नौकरी छोड़ कर गैरी के पास आ पहुंचा. कुछ दिन तो ठीकठाक गुजरे. उस के बाद एक दिन अपना कैमरा चोरी होने का आरोप लगा कर वह उस की पिटाई करने लगा. यही नहीं, चंडीगढ़ पुलिस के अपने एक परिचित सबइंसपेक्टर को बुला कर उस ने उसे बुरी तरह टार्चर करवाया. टांगों के नीचे डंडे रख कर उस के कंधों पर बैठ कर उसे ऐसी पीड़ा दी गई कि उस के बारे में बताते हुए उस की आंखों में आंसू छलक आए. रमेश ने आगे बताया कि जब उस की इतनी पिटाई के बाद भी कुछ हासिल नही हुआ तो गैरी ने उसी तरह अपने नेपाली नौकर बहादुर को प्रताडि़त किया. यातना की वजह से मौत को सिर पर मंडराते देख बहादुर ने कैमरा चोरी का आरोप स्वीकार कर लिया.

इस के बाद गैरी ने उस से कैमरे के बारे में पूछा तो उस ने झूठमूठ सेक्टर-45 का एक पता बता दिया. गैरी और सबइंसपेक्टर उस पते पर पहुंचे तो वहां एक बैंक अधिकारी रहता था. उस ने हंगामा मचाया तो दोनों वहां से भाग खड़े हुए. उस अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ, जिस की जांच के बाद सबइंस्पेक्टर निलंबित हो गया. पुलिस ने रमेश से भी मुकदमा दर्ज कराने को कहा, लेकिन उस ने यह कह कर मना कर दिया कि उस की  जान बच गई यही क्या कम है. वह शिकायत कर के बड़े लोगों से दुश्मनी नहीं निभा सकता.

इंसपेक्टर प्रीतम सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने फेज-3बी स्थित गैरी की कोठी का ताला तोड़वा कर तलाशी ली तो वहां हैरान कर देने वाले अविश्वसनीय तथ्य सामने आए. मोहाली के ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट संजय अग्निहोत्री की अनुमति पर मारे गए इस छापे में पुलिस ने गैरी की कोठी से न केवल आधा किलो चरस, महंगी विदेशी शराब की बोतलें और हथियार बरामद किए, बल्कि छिपा कर रखी एक हथकड़ी भी बरामद की. एक एनआरआई के घर से इस तरह हथकड़ी का मिलना पुलिस के लिए पहेली जैसा बन गया था. इस का खुलासा गैरी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में ही हो सकता था.

खैर, गैरी की कोठी में हुई तलाशी में इस सब के अलावा पौन किलोग्राम सोना और सोने का एक बिस्कुट भी पुलिस के हाथ लगा. घर के एक हिस्से में बना एक आलीशान स्विमिंग पूल गैरी की शानोशौकत की जीतीजागती मिसाल था. वहां एक ऐसा शाही बिस्तर बिछा था, जिस की कीमत लाखों में आंकी गई. यह बिस्तर एक्युप्रेशर पद्धति पर आधारित था. ड्राइंगरूम में बाघ की असली खाल के अलावा हिरण और बारहसिंगे के सिर और पैर तरतीब से सजाए हुए थे. यहीं एक बार भी बना था, जिस में विदेशी शराब की बोतलें भरी पड़ी थीं. इलैक्ट्रौनिक्स सामान तो इस कद्र भरा पड़ा था कि पुलिस के लिए उस की सूची बना पाना कठिन हो रहा था.

तलाशी में मिले सामान को कब्जे में ले कर पुलिस ने गैरी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20/61/88, आबकारी अधिनियम की धारा 6/1/14 एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं 25/54/59 के अंतर्गत मामले दर्ज कर लिए. अलबत्ता एनिमल्स एक्ट एवं वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन के तहत सबूतों के अभाव में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया. मोहाली का यह एक ऐसा सनसनीखेज मामला था, जो उन दिनों लगातार अखबारों की सुर्खियां बना रहा. इस में सब से निराशाजनक पहलू यह रहा कि तमाम कोशिशों के बावजूद मोहाली पुलिस गैरी, लखबीर और रणबीर को गिरफ्तार नही कर सकी. कुलविंदर को चश्मदीद गवाह बना लिया गया था. आखिर 12 सितंबर, 2000 को गैरी, लखबीर और रणबीर को फरार अपराधी घोषित कर दिया गया.

देखतेदेखते इस मामले को घटित हुए 15 साल लंबा अरसा गुजर गया. अपराधी जाने किस गुफा में घुस कर बैठ गए थे. इतना समय बीत जाने के बाद भी उन के बारे मे कहीं कुछ पता नहीं चला था. गुरप्रीत सिंह भुल्लर अन्य कई जगहों से तबादला होते हुए एक बार फिर यहां के एसएसपी बने. एसएसपी मोहाली के रूप में उन्होंने यहां के कई अनसुलझे मामलों को खंगाला. जादूगर अशोक हत्याकांड की फाइल सामने आते ही उन्हें इस मामले की एकएक बात याद आ गई. पुलिस के लिए यह शरम की बात थी कि 15 साल पहले इस जघन्य अपराध की जांच जहां थी, आज भी वहीं थी. एसएसपी भुल्लर ने एक बार फिर इस मामले की जांच की जिम्मेदारी जिले के सीआईए इंस्पेक्टर गुरचरण सिंह को सौंप दी.

गुरचरण सिंह ने एसआई हरभजन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर जादूगर अशोक हत्याकांड की फाइल फिर से खोल दी. अन्य प्रयासों के साथ हरभजन सिंह ने अपने मुखबिरों को भी सक्रिय कर दिया. इसी 23 अप्रैल, 2015 की शाम करीब साढ़े 4 बजे एसआई हरभरज सिंह, एएसआई पवन कुमार, हवलदार सतीश कुमार, दर्शन सिंह और रसजीत के साथ रूटीन गश्त में गांव दाऊं के मोड़ पर मौजूद थे कि उन के एक विश्वस्त मुखबिर ने आ कर उन्हें एक ऐसी सूचना दी, जो हैरान करने वाली थी.

सूचना के अनुसार, जादूगर अशोक हत्याकांड का वांछित अभियुक्त गुरविंदर सिंह उर्फ गैरी अपनी जायदाद बेचने के लिए अपने कुछ साथियों के साथ मोहाली आया हुआ था. 15 साल के अंतराल में उस की सूरत थोड़ी बदल गई थी. खुली दाढ़ी, सामान्य कपड़ों में उस ने अपना हुलिया काफी बदल रखा था. मुखबिर ने उन्हें बताया था कि उस ने उस आदमी के बारे में काफी गहराई से पता किया है.  चौंकाने वाली बात यह है कि वह आदमी असली गैरी नहीं है. वह सारे दस्तावेज तैयार करा कर खुद को गुरविंदर सिंह गैरी साबित कर के उस की जमीन जायदाद बेचने की कोशिश कर रहा है. इस के लिए उस ने कई लोगों से लाखों रुपए एडवांस भी ले लिए हैं.

मुखबिर का कहना था कि ठगी का यह काम करने वाले उस आदमी का अपना एक गिरोह है. एसआई हरभजन सिंह ने तुरंत यह जानकारी इंसपेक्टर गुरचरण सिंह को दी. उन्होंने एसएसपी हरप्रीत सिंह भुल्लर से संपर्क किया तो उन्हें दिशानिर्देश के साथ काररवाई करने का आदेश मिल गया. अधिकारियों का निर्देश और आदेश मिलते ही हरभजन सिंह ने मुखबिर से मिली जानकारियों के आधार पर एक तहरीर तैयार कर थाना बलौंगी भिजवा दी, जहां अपराध भादंवि की धाराओं 410, 420, 465, 467 478, 471 एवं 120 बी के तहत कुल 9 लोगों गुरविंदर सिंह, बूटा सिंह, जगतार सिंह, उत्तम सिंह, हरभजन सिंह, लाला पटवारी, सुक्खी पत्नी अमरजीत सिंह, बंटी और हरबंस डीलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया.

हरभजन सिंह ने अपने साथियों के साथ मुखबिर द्वारा बताई जगह पर छापा मार कर 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया. बाकी लोग उन के वहां पहुंचने से पहले ही चले गए थे. जो 4 लोग पकड़े गए, उन के नाम थे गुरविंदर सिंह, जगतार सिंह, उत्तम सिंह और हरभजन सिंह, इन्हें अदालत में पेश कर के पूछताछ के लिए 4 दिनों के कस्टडी रिमांड पर ले लिया गया. हरभजन सिंह और इंसपेक्टर गुरचरण सिंह के अलावा एसएसपी भुल्लर ने भी इन से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की. इस पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह थोड़ा हैरान करने वाली थी.

गुरप्रीत सिंह मूलरूप से डूगरी, लुधियाना का रहने वाला था. गुजारे लायक पढ़ाई करने के बाद वह छिटपुट काम करते हुए दुबई चला गया. वहां से कुछ समय पहले वह लौटा तो उस की मुलाकात पंचकूला निवासी अमरजीत सिंह से हुई, जिस ने खुद को पंजाब पुलिस का कर्मचारी बताया. उस ने यह भी बताया कि उस की नियुक्ति खेल कोटे से हुई थी. गुरप्रीत सिंह को उस ने एक फायदे की बात यह बताई कि आपराधिक मामलो में फंस कर कई बार लोग पुलिस की मार से बचने के लिए अपनी जमीनजायदाद छोड़ कर भूमिगत हो जाते हैं. ऐसे में नकली दस्तावेज तैयार करा कर इस तरह की संपत्ति को बेच कर मोटा पैसा कमाया जा सकता है.

बात जंच गई तो गुरप्रीत और अमरजीत ने अपना एक गिरोह बना लिया. उन का यह धंधा चल निकला. मगर अचानक अमरजीत की मौत हो गई तो उस की पत्नी सुक्खी को इस गिरोह में शामिल कर लिया गया, जिसे जादूगर अशोक हत्याकांड वाले मामले की काफी जानकारी थी. उस का कहना था कि इस मामले का मुख्य आरोपी गैरी बहुत अमीर आदमी था. चंड़ीगढ़ और मोहाली में उस की काफी प्रौपर्टी थी, जिसे छोड़ कर वह विदेश भाग गया था और अब वह कभी वापस आने वाला नहीं था. जैसेतैसे इन लोगों ने गैरी की फोटो जुटा ली तो यह बात सामने आई कि उस की शक्ल गिरोह के सदस्य गुरप्रीत से एकदम मेल खा रही है. दोनों को हमशक्ल कहा जा सकता था.

इस के बाद योजना बना कर गुरप्रीत की फोटो के साथ गुरविंदर सिंह गैरी के नाम से वोटर कार्ड के अलावा अन्य जाली दस्तावेज तैयार करा लिए गए. इस तरह गुरप्रीत को गैरी बना कर उस की प्रौपर्टी बेचने की कोशिश में एडवांस के रूप में इन्होंने 60 लाख रुपए इकट्ठा कर लिए. दरअसल ये लोग प्रौपर्टी की कीमत मार्केट रेट से इतनी कम बताते थे कि लोग इन के झांसे में आसानी से आ जाते थे. गिरफ्त में आए 4 लोगों से हुई पूछताछ के बाद इन की निशानदेही पर पुलिस ने वह पैसा बरामद कर लिया था. अभियुक्त उत्तम सिंह निवासी गांव आलमपुर जिला पटियाला, हरभजन सिंह निवासी गांव तलबड़ी, जिला मोहाली और जगतार सिंह निवासी हरपालपुर, जिला पटियाला साधारण परिवारों से थे. सभी शादीशुदा और बालबच्चेदार हैं.

पढ़ाई भी इन्होंने गुजारे लायक कर रखी है. छिटपुट काम करते हुए अपने गुजारे लायक कमाई भी कर रहे थे. बिना मेहनत के रातोरात अमीर बनने के लालच ने इन की मति मारी गई थी. पुलिस ने पकड़े गए चारों अभियुक्तों से पूछताछ कर के इन्हें पुन: अदालत में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस को अब अन्य अभियुक्तों बूटा सिंह, लाला पटवारी, बंटी, हरबंस डीलर और सुक्खी की तलाश है. ठगी करने वाले भले ही पकड़े गए, मगर अफसोस की बात यह है कि जादूगर अशोक हत्याकांड का एक भी अभियुक्त अभी तक पकड़ा नहीं जा सका. Chandigarh Crime

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित.

 

Hindi Crime Stories: आशिकी में पति दफन

Hindi Crime Stories: जिस सुख और आनंद के लिए सुदेवी ने प्रेमी के साथ साजिश रच कर पति को ठिकाने लगवा दिया, क्या वह सुख उसे मिल सका…

एसपी (रूरल) सुरेंद्रनाथ तिवारी थाना महराजगंज निरीक्षण के लिए आए थे, तभी एक लड़का और एक औरत थाने पहुंची. दोनों काफी घबराए हुए थे. उन्हें देख कर ही लग रहा था कि वे किसी बड़ी मुसीबत में हैं. सुरेंद्रनाथ की नजर उन पर पड़ी तो उन्होंने दोनों को अपने पास बुला कर पूछा, ‘‘कहो, क्या बात है? जो भी परेशानी हो, सचसच बताओ?’’

लड़का हाथ जोड़ कर बोला, ‘‘हुजूर, मेरा नाम दिनेश है.’’ इस के बाद औरत की ओर इशारा कर के बोला, ‘‘यह मेरी भाभी सुदेवी है. हम लोग थाना बिठूर के गांव हिंगूपुर से आए हैं. 21 अप्रैल को मेरा बड़ा भाई हरिश्चंद्र थाना महराजगंज के गांव जाना के रहने वाले अपने साढू मंगू के यहां गया था, तब से उस का कुछ पता नहीं है. हम ने उसे हर जगह खोज लिया है. मंगू ने ही भैया को गांव में लगने वाला मेला देखने को बुलाया था.’’

सुरेंद्रनाथ तिवारी को लगा कि सुदेवी भी कुछ कहना चाहती है, इसलिए उन्होंने उस की ओर देखते हुए कहा, ‘‘तुम भी कुछ कहना चाहती हो क्या? लेकिन एक बात का ध्यान रखना, जो भी कहना, सचसच कहना.’’

‘‘जी हुजूर,’’ सुदेवी बोली, ‘‘21 अप्रैल को जब मैं कन्नौज में अपनी बुआ की बेटी के यहां थी तो उन्होंने फोन कर के बताया था कि वह जाना में साढू के यहां मेला देखने आए हैं. आज घर लौटने को कहा था. लेकिन जब वह घर नहीं लौटे और फोन पर भी बात नहीं हुई तो मैं 23 अप्रैल को जाना गई और जीजा और उन के घर वालों से उन के बारे में पता किया. उन लोगों ने बताया कि उन्हें उस दिन शाम को सर्वेश के साथ देखा गया था.’’

‘‘यह सर्वेश कौन है?’’ एसपी साहब ने पूछा.

‘‘हुजूर, सर्वेश मेरे बहनोई का भतीजा है. मेरे ऊपर उस की नीयत खराब थी, जिस की वजह से एक बार मेरे पति ने उसे डांटा भी था. मुझे लगता है कि सर्वेश ने ही उन का अपहरण कर लिया है या फिर मार डाला है.’’

मामला गंभीर था, इसलिए सुरेंद्रनाथ तिवारी ने थानाप्रभारी जीवाराम को आदेश दिया कि तुरंत जाना जा कर सर्वेश को पकड़ कर सख्ती से पूछताछ करें, जिस से हरिश्चंद्र के बारे में पता लग सके. जीवाराम ने एसआई आर.के. सिंह, सरिता मिश्रा, सिपाही बृजेशचंद्र शर्मा, आशित कुमार तथा राजेंद्र कुमार सिंह को साथ लिया और जाना जा कर सर्वेश के घर छापा मारा. सर्वेश उस समय घर पर ही था, इसलिए जीवाराम उसे पकड़ कर थाने ले आए. थाने में जब उस से हरिश्चंद्र के बारे में पूछा गया तो वह साफ मुकर गया. लेकिन वह परेशान जरूर हो उठा. उस के चेहरे पर आई घबराहट से थानाप्रभारी ने भांप लिया कि यह झूठ बोल रहा है.

उन्होंने उस पर दबाव बनाने के लिए कहा, ‘‘तुम्हारे झूठ बोलने से कोई फायदा नहीं है, सुदेवी ने हमें सब बता दिया है. इसलिए तुम्हारी भलाई इसी में है कि तुम भी सब कुछ सचसच बता दो.’’

इस पर सर्वेश ने कहा, ‘‘साहब, हरिश्चंद्र को तो मैं ने मार दिया है. लेकिन ताज्जुब की बात यह है कि जिस सुदेवी ने वादा किया था कि हत्या के इस राज को वह किसी को नहीं बताएगी. उसी ने आप से सब बता दिया. साहब,  हरिश्चंद्र की हत्या मैं ने सुदेवी के कहने पर ही की थी. हम दोनों के बीच नाजायज संबंध थे. हत्या की साजिश हम दोनों ने मिल कर रची थी. हत्या करने के बाद मैं ने सुदेवी को बताया भी था कि हरिश्चंद्र को ठिकाने लगा दिया है.’’

सुदेवी उस समय थाने में ही थी. जीवाराम ने उसे बुला कर जब बताया कि सर्वेश ने हरिश्चंद्र का कत्ल कर दिया है तो वह दहाडे़ मार कर रोने लगी. तब जीवाराम ने उसे डांटते हुए कहा, ‘‘त्रियाचरित्र करने की जरूरत नहीं है. सर्वेश ने हमें यह भी बता दिया है कि तू ने ही साजिश रच कर हरिश्चंद्र की हत्या कराई है.’’

इस के बाद सुदेवी ने भी अपना अपराध स्वीकार कर लिया तो सर्वेश की निशानदेही पर पुलिस ने जाना गांव के बगल से बहने वाले नाले के पास से हरिश्चंद्र का शव बरामद कर लिया. लाश सड़ चुकी थी. वहीं झाडि़यों से वह खून सनी ईंट भी बरामद कर ली गई, जिस से हत्या की गई थी. घटनास्थल की सारी औपचारिक काररवाई निपटा कर थाना महराजगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. सर्वेश और सुदेवी ने हरिश्चंद्र की हत्या का अपराध स्वीकार कर लिया था, इसलिए थाना महराजगंज पुलिस ने मृतक के छोटे भाई दिनेश की ओर से सर्वेश और सुदेवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. पुलिस पूछताछ में हरिश्चंद्र की हत्या की जो कहानी सामने आई, वह एक औरत द्वारा आशिकी में अपना ही सिंदूर उजाड़ने की वाली थी.

कानपुर शहर से 40 किलोमीटर दूर जीटी रोड पर बसा है कस्बा शिवराजपुर. इसी कस्बे में रामबाबू अपने परिवार के साथ रहता था. इसी रामबाबू की बेटी है सुदेवी. सुदेवी शादी लायक हुई थी तो उस ने उस की शादी कानपुर के थाना बिठूर के गांव हिंगूपुर के रहने वाले छोटेलाल के बड़े बेटे हरिश्चंद्र से कर दी थी. छोटेलाल का खातापीता परिवार था. यह 10-12 साल पहले की बात है. सुदेवी ने जो चाहा था, उसे ससुराल में वह सब कुछ मिल गया था, इसलिए वह खुश थी. सब से बड़ी बात यह थी कि हरिश्चंद्र उसे हद से ज्यादा प्यार करता था. यही हर लड़की का सपना होता है. सुदेवी सचमुच भाग्यशाली थी. पति ही नहीं, ससुराल का हर आदमी उसे बहुत प्यार करता था.

हंसीखुशी से 5 साल बीत गए. इस बीच सुदेवी 2 बेटों, गोल्डी और निखिल की मां बन गई. 2 बच्चों की जिम्मेदारियां बढ़ीं तो हरिश्चंद्र को आय बढ़ाने के लिए ज्यादा मेहनत की जरूरत पड़ने लगी. वह अधिक कमाई के चक्कर में ज्यादा से ज्यादा घर से बाहर रहने लगा. बस, पति का साथ न मिलने की वजह से सुदेवी के कदम बहक गए. हुआ यह कि बरसात में हरिश्चंद्र का घर गिर गया. घर बनवाने के लिए उस ने जाना के रहने वाले अपने साढू गंगू से कोई राजमिस्त्री बताने को कहा तो उस ने कहा, ‘‘साढूभाई राजमिस्त्री तो घर में ही है. हमारा भतीजा सर्वेश बहुत अच्छा राजमिस्त्री है. आजकल वह बड़ेबड़े ठेके ले रहा है. वैसे तो वह खाली नहीं है, लेकिन घर का काम है, इसलिए उसे समय तो निकालना ही पड़ेगा. तुम जब कहो, मैं उसे भेज दूं.’’

‘‘ठीक है भाई, आप ने हमारी एक बहुत बड़ी समस्या हल कर दी. बरसात खत्म होते ही मकान बनवाना शुरू कर दूंगा.’’

28 वर्षीय सर्वेश हृष्टपुष्ट युवक था. वह काम भले राजमिस्त्री का करता था, लेकिन रहता ठाठ से था. सर्वेश रिश्तेदार था. इसलिए हरिश्चंद्र के यहां काम करने आया तो घर में ही रहताखाता और सोता था. सुदेवी उस की मौसी लगती थी, इसलिए वह उस से खूब बातें करता था. मौकेबेमौके हंसीठिठोली भी कर लेता था. सुदेवी भी उस की लच्छेदार बातों में खूब रस लेती थी. बातों ही बातों में दोनों एकदूसरे की ओर आकर्षित होने लगे. धीरेधीरे सर्वेश और सुदेवी के बीच की दूरियां सिमटती चली गईं. दोनों रिश्ते को भूल कर खुल कर हंसीमजाक और छेड़छाड़ करने लगे. कुंवारा सर्वेश जहां मौसी से स्त्री सुख पाने को लालायित रहने लगा था, वहीं पति की उपेक्षा का शिकार सुदेवी सर्वेश की जवानी पर मर मिटी थी.

आग दोनों तरफ लगी थी. बस उन्हें मौके की तलाश थी. एक दिन सुबह से बरसात हो रही थी, जिस की वजह से काम बंद था. हरिश्चंद्र किसी काम से ठिबूर चला गया था और बच्चे भी स्कूल चले गए थे. दोपहर को सर्वेश आंगन में आया तो सुदेवी पेटीकोट और ब्लाउज पहने नहा रही थी. भीगे कपड़े उस के बदन से चिपके हुए थे. उन कपड़ों में सुदेवी का अंगअंग साफ झलक रहा था. सुदेवी इस बात से अनजान थी कि उसे कोई देख रहा है. अचानक सर्वेश उस के सामने आ कर खड़ा हो गया तो उसे फटकारने या शरमाने के बजाय सुदेवी उसे अजीब नजरों से ताकने लगी.

सर्वेश के लिए यह एक तरह का इशारा था. इशारा समझते ही सर्वेश ने बाहर का दरवाजा बंद किया और सुदेवी को उठा कर कमरे में ले आया. इस के बाद मर्यादा की सारी सीमाएं टूट गईं और रिश्ते तारतार हो गए. सर्वेश के साथ यौवन का आनंद मिलने के बाद सुदेवी ने पति हरिश्चंद्र की ओर से मुंह मोड़ लिया. वह हरिश्चंद्र की उपेक्षा करने लगी. बातबात में उस से लड़नेझगड़ने लगी. इस की वजह यह थी कि उसे सर्वेश से जो शारीरिक सुख मिल रहा था, वैसा सुख हरिश्चंद्र काफी दिनों से नहीं दे सका था. सर्वेश हट्टाकट्टा जवान था, जबकि हरिश्चंद की जवानी ढल चुकी थी.

धीरेधीरे सर्वेश सुदेवी की जिंदगी में पूरी तरह से आ गया. घर के लोग इस सब से बेखबर थे. कोई सोच भी नहीं सकता था कि ऐसा भी हो सकता है. लेकिन जो सोचा नहीं जा सकता था, वैसा हो रहा था. जब भी दोनों को मौका मिलता वे एक हो जाते. यह भी सच है कि एक न एक दिन पाप का घड़ा ऐसा ही अवश्य भरता है. सुदेवी और सर्वेश के साथ भी हुआ. एक दिन रात में हरिश्चंद्र की नींद खुली तो सुदेवी बिस्तर से गायब थी. उतनी रात को पत्नी कहां गई, हरिश्चंद्र सोच में पड़ गया, क्योंकि दरवाजा भी अंदर से बंद था. वह सर्वेश के कमरे में गया तो वह भी नहीं था. इस के बाद हरिश्चंद्र को शक हुआ. कुछ सोच कर वह छत पर गया तो वहां का नजारा देख कर उस के पैरों तले से जमीन खिसक गई. सुदेवी और सर्वेश आपत्तिजनक स्थिति में थे.

हरिश्चंद्र को देखते ही सर्वेश तो भाग खड़ा हुआ, लेकिन सुदेवी कहां भाग कर जाती. हरिश्चंद्र ने उस की जम कर पिटाई की. शोर सुन कर घर वाले आ गए. जब उन्हें सच्चाई का पता चला तो सब ने सिर पीट लिया. इस के बाद हरिश्चंद सुदेवी पर नजर रखने लगा और सर्वेश के घर आने पर सख्त पाबंदी लगा दी. अब दोनों का मिलना असंभव हो गया, लेकिन फोन पर उन की बातें हो जाती थीं. जब कभी हरिश्चंद्र गांव से बाहर जाता, सुदेवी फोन कर के सर्वेश को बुला लेती. लेकिन हरिश्चंद्र को बच्चों से सर्वेश के आने की खबर मिल ही जाती. तब वह सुदेवी की जम कर पिटाई करता. उस समय सुदेवी रोते हुए यही कहती, ‘‘तुम्हारी जितनी इच्छा हो मार लो, लेकिन याद रखना, एक दिन इस का खामियाजा तुम्हें भुगतना ही पड़ेगा.’’

पत्नी की इस धमकी पर हरिश्चंद्र को और भी गुस्सा आ जाता. उस हालत में वह उस की और पिटाई करता. लेकिन सुदेवी के सिर से सर्वेश के प्यार का भूत नहीं उतरा तो नहीं उतरा. वह सर्वेश की इस कदर दीवानी हो गई थी कि उस के लिए पति को मिटाने का फैसला कर लिया. इस के बाद उस ने सर्वेश के साथ मिल कर एक ऐसी योजना बनाई, जिस की किसी ने कल्पना तक नहीं की थी. उसी योजना के तहत सुदेवी खुद तो बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने कन्नौज चली गई. जाने से पहले उस ने बड़ी बहन श्यामदुलारी को फोन कर के कह दिया था कि वह मेला देखने के बहाने उस के पति हरिश्चंद्र को अपने गांव जाना बुला ले. क्योंकि उन का मूड आजकल ठीक नहीं है.

छोटी बहन के कहने पर श्यामदुलारी ने मोबाइल पर हरिश्चंद्र से बात की तो वह मेला देखने के लिए जाने को राजी हो गया. 21 अप्रैल, 2015 को हरिश्चंद्र साढू गंगू के घर पहुंच गया. साढू के घर हरिश्चंद्र का सामना सर्वेश से हुआ तो उस ने लपक कर उस के पैर छू लिए और कुशलक्षेम पूछी. हर साल की तरह उस दिन जाना में मेला लगा था और रात में नौटंकी का कार्यक्रम था. सर्वेश और सुदेवी में मोबाइल पर लगातार बातें हो रही थीं. उस ने सुदेवी को बता दिया था कि बकरा (हरिश्चंद्र) हलाल होने के लिए आ गया है.

योजना के अनुसार, सर्वेश हरिश्चंद्र को मेला दिखाने ले गया. शाम तक दोनों मेला देखते रहे. उस के बाद वह उसे शराब के ठेके पर ले गया. सर्वेश ने खुद तो कम शराब पी, जबकि हरिश्चंद्र को ज्यादा पिलाई. इस के बाद टहलने के बहाने वह हरिश्चंद्र को गांव के बाहर बहने वाले नाले के पास ले गया और वहां धक्का दे कर जमीन पर गिरा दिया. हरिश्चंद्र जैसे ही जमीन पर गिरा, उस की गरदन पर पैर रख कर तब तक दबाए रहा, जब तक उस की मौत नहीं हो गई. मरने के बाद सर्वेश ने हरिश्चंद्र के चेहरे को ईंट से कुचल कर विकृत कर दिया और लाश को वहीं गड्ढे में दफना दिया. रात 11 बजे सर्वेश ने फोन कर के सुदेवी को बता दिया कि उस ने कांटे को निकाल दिया है.

इसी के साथ उस ने सुदेवी से अनुरोध किया कि वह गांव आ जाए, क्योंकि वह उस से मिलने के लिए तड़प रहा है. 23 अप्रैल को सुदेवी पति की खोज के बहाने जाना पहुंची. बहनबहनोई को उस ने पति के लापता होने की जानकारी दे कर पति को खोजने के बहाने सर्वेश के साथ मौजमस्ती करती रही. कुछ दिनों बाद वह घडि़याली आंसू बहाते हुए हिंगूपुर आ गई और जब ससुराल में हरिश्चंद्र के लापता होने की बात बताई तो सभी सन्न रह गए. हरिश्चंद्र के छोटे भाई दिनेश को शक हुआ कि भाई के लापता होने में भाभी सुदेवी का हाथ हो सकता है, इसलिए उस ने पहले तो भाभी को खूब खरीखोटी सुनाई, उस के बाद रिपोर्ट दर्ज करवाने को कहा. देवर के दबाव में सुदेवी डर गई और रिपोर्ट दर्ज कराने को राजी हो गई.

27 अप्रैल, 2015 को सुदेवी दिनेश के साथ थाना महराजगंज पहुंची और सर्वेश पर पति के अपहरण या मार डालने का आरोप लगा कर रिपोर्ट दर्ज करने का अनुरोध किया. इस के बाद सर्वेश पकड़ा गया तो सारा राज सामने आ गया. पूछताछ के बाद 28 अप्रैल, 2015 को पुलिस ने सर्वेश और सुदेवी को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. कथा लिखे जाने तक उन की जमानतें स्वीकृत नहीं हुई थीं. Hindi Crime Stories

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Hindi True Crime: कंटीली राह का राही

Hindi True Crime: शादीशुदा होते हुए भी धर्मवीर बाजारू औरतों के पास जाता था. इस से खफा हो कर उस की बीवी भी मायके चली गई. फिर एक दिन उस का यही शौक उस के लिए जानलेवा साबित हुआ.

गोरखपुर राजकीय रेलवे पुलिस के थानाप्रभारी गिरिजाशंकर त्रिपाठी को उन के एक खास मुखबिर ने सूचना दी कि पुराना पार्सल गेट नंबर-6 पर स्थित आरपीएफ मालखाने के पास एक युवक लहूलुहान पड़ा तड़प रहा है. थानाप्रभारी ने टाइम देखा तो उस समय रात के करीब 10 बज रहे थे. यह सूचना मिलते ही वह उसी समय पुलिस टीम के साथ मुखबिर द्वारा बताई जगह पर पहुंच गए. स्ट्रीट लाइट की रोशनी में वहां सब कुछ साफ दिखाई दे रहा था. एक युवक पेट के बल खून से लथपथ पड़ा था. पास जा कर देखा तो पता चला कि उस की दाहिनी कनपटी पर किसी वजनदार चीज से वार किया गया था.

पास ही एक बड़ा पत्थर पड़ा था जिस पर ताजा खून लगा था. लग रहा था कि हत्यारों ने इसी पत्थर से उस के ऊपर वार किया था. मौके पर शराब की 2 खाली शीशियां भी पड़ी थीं. पुलिस ने युवक की जामातलाशी ली तो उस की पैंट की जेब से एक कागज की परची मिली. उस परची पर एक मोबाइल नंबर और एक बैंक का खाता नंबर लिखा था. पुलिस ने उन सबूतों को अपने कब्जे में ले लिया. युवक का जिस्म अभी भी गरम था. उस की सांसें भी चल रही थीं. रेलवे के नियम के अनुसार रेलवे परिक्षेत्र में हुई घटना, दुर्घटना के घायलों को आरपीएफ के जवान ही अस्पताल ले जाते हैं, इसलिए थानाप्रभारी ने आरपीएफ को घटना की सूचना दे दी.

सूचना पा कर आरपीएफ के 2 जवान मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को टैंपो से नेताजी सुभाषचंद्र बोस जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. इस के बाद थानाप्रभारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने जरूरी काररवाई कर के लाश को पोस्टमार्टम के लिए बाबा राघवदास मैडिकल कालेज भेज दिया. यह बात 31 अक्तूबर, 2014 की है. मृतक कौन था और कहां का रहने वाला था, पुलिस के पास इस की कोई जानकारी नहीं थी. मृतक के पास से जो परची मिली थी, उस पर लिखे फोन नंबर को थानाप्रभारी ने अपने फोन से रात में ही मिलाया. दूसरी ओर से काल किसी पुरुष ने रिसीव की. उस ने पूछा, ‘‘हैलो, कौन बोल रहे हैं?’’

‘‘मैं गोरखपुर जीआरपी थाने से इंसपेक्टर गिरिजाशंकर त्रिपाठी बोल रहा हूं.’’ थानाप्रभारी ने अपना परिचय देने के बाद उस से पूछा, ‘‘क्या मैं जान सकता हूं कि तुम कौन बोल रहे हो और कहां रहते हो?’’

‘‘सर, मैं गोरखपुर से धर्मेश उपाध्याय बोल रहा हूं.’’ पुलिस का नाम सुनते ही धर्मेश की आंखों से नींद गायब हो गई, ‘‘क्या बात है सर, इतनी रात गए…’’

‘‘यह नंबर तुम्हारा ही है?’’ उस की बात बीच में काट कर इंसपेक्टर त्रिपाठी ने सवाल किया.

‘‘जी हां, यह मेरा ही नंबर है.’’ धर्मेश ने जवाब दिया.

‘‘हमें मालखाने के पास एक युवक घायलावस्था में मिला था. उसी की जेब से मिली परची पर यह नंबर लिखा था. तुम अस्पताल आ कर उस युवक को देख लो कि कहीं वह तुम्हारा कोई परिचित तो नहीं है?’’ थानाप्रभारी ने कहा.

धर्मेश का बड़ा भाई धर्मवीर कई दिनों से घर से निकला हुआ था. यह बात थानाप्रभारी को बताते हुए उस ने उन से घायल मिले युवक की कदकाठी और कपड़ों के बारे में पूछा तो थानाप्रभारी ने घायल युवक का जो हुलिया बताया, वह उस के भाई धर्मवीर से मेल खा रहा था. उसे चिंता होने लगी. यह बात उस ने दूसरे कमरे में सो रहे पिता प्रेमनारायण उपाध्याय को बताई तो उन की नींद भी हराम हो गई. थानाप्रभारी ने धर्मेश को उस युवक की मौत की खबर नहीं दी थी, ताकि घर वाले रात में परेशान न हों. लेकिन घर वालों की नींद तो गायब हो चुकी थी. बेटे की फिक्र में प्रेमनारायण का बदन कांपने लगा. धर्मेश का गांव डिगुलपुर जिला मुख्यालय से दूर था.

वहां से जिला अस्पताल जाने के लिए कोई साधन नहीं था, इसलिए भोर होते ही वह पिता के साथ गोरखपुर के लिए निकल पड़ा. रास्ते भर दोनों धर्मवीर की सलामती के लिए प्रार्थना करते रहे. सुबह 8 बजे तक दोनों गोरखपुर के थाना जीआरपी पहुंचे. थानाप्रभारी ने मृतक युवक के कपड़े उन्हें दिखाए तो कपड़े देखते ही दोनों रोने लगे. कपड़े धर्मवीर उपाध्याय के ही थे. मैडिकल कालेज ले जा कर जब उन्हें लाश दिखाई गई तो उन्होंने उस की पुष्टि धर्मवीर उपाध्याय के रूप में कर दी. शिनाख्त हो जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली. थानाप्रभारी गिरिजाशंकर त्रिपाठी ने प्रेमनारायण और उन के बेटे धर्मेश से बात की तो उन्होंने बताया कि धर्मवीर की हत्या महराजगंज के सुभाष पांडेय और कुशीनगर के संत यादव ने की होगी.

धर्मेश ने इन दोनों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करा दी. नामजद मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस ने दोनों की तलाश में उसी शाम उन के घरों पर दबिश डाली तो दोनों आरोपी अपनेअपने घरों से दबोच लिए गए. दोनों को पुलिस गोरखपुर ले आई. दोनों से सख्ती से पूछताछ की गई तो वे खुद को निर्दोष बताते हुए धर्मवीर की हत्या से साफ इनकार करते रहे. पूछताछ के बाद पता चला कि संत यादव कुशीनगर जिले के कसया कस्बे का बड़ा व्यवसाई था. उस के पास कई ट्रक थे. सुभाष पांडेय उस का बिजनैस पार्टनर था. घटना से करीब 15-20 दिनों पहले ही धर्मवीर उपाध्याय किसी परिचित के माध्यम से संत यादव के संपर्क में आया था.

धर्मवीर उपाध्याय गोरखपुर के सिकरीगंज इलाके डिगुलपुर गांव के रहने वाले प्रेमनारायण उपाध्याय का बड़ा बेटा था. प्रेमनारायण सीआरपीएफ के जवान थे, जो 2 साल पहले रिटायर हुए थे. धर्मवीर के अलावा उन का एक और बेटा धर्मेश था. संत यादव को ड्राइवर की जरूरत थी, इसलिए उन्होंने उसे अपने यहां नौकरी पर रख लिया था. अक्तूबर 2014 में संत यादव ने उसे सामान से भरा ट्रक ले कर असम भेजा था. धर्मवीर सामान ले कर असम पहुंचा. लौटते समय उसे वहां से 67 हजार रुपए भाड़ा मिला. असम से वापस लौटते समय धर्मवीर की संत यादव से बातचीत भी हुई थी, तब उस ने भाड़े के 67 हजार रुपए मिलने की बात बता दी थी. लेकिन हफ्ते भर बाद भी वह गोरखपुर नहीं पहुंचा तो संत यादव को चिंता हुई.

उस ने धर्मवीर को फोन किया, पर उस का फोन लगातार स्विच्ड औफ मिला. कई दिनों बाद भी जब उस का धर्मवीर से संपर्क नहीं हुआ तो उस के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आईं. इस के बाद संत यादव को विश्वास हो गया कि धर्मवीर ने उस के साथ बड़ा धोखा किया है. वह ट्रक और रुपए दोनों ले कर चंपत हो गया है. उस ने अपने स्तर पर उस का पता लगाना शुरू किया. कई दिनों बाद उसे ट्रक के बारे में पता चल गया. ट्रक बिहार के आरा जिले में लावारिस हालत में खड़ा था. आरा पहुंच कर संत यादव ट्रक ले कर वापस आ गया. उसे इस बात का शक होने लगा कि कहीं किसी ने धर्मवीर की हत्या तो नहीं कर दी.

इसी बीच धर्मवीर के घर वालों को उस की हत्या की जानकारी मिल गई. धर्मवीर के घर वालों को संत यादव और उस के साथी सुभाष पर ही शक हुआ. इसी शक के आधार पर धर्मेश ने दोनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करवाया था. यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस को भी लगने लगा कि पैसों के विवाद में ही इन दोनों ने मिल कर धर्मवीर की हत्या कर दी होगी. सच उगलवाने के लिए पुलिस कई दिनों तक उन से सख्ती से पूछताछ करती रही, लेकिन पुलिस उन दोनों से कोई ठोस जानकारी नहीं उगलवा पाई. तब पुलिस ने हिदायत दे कर उन्हें छोड़ दिया.

इस केस की मौनिटरिंग कार्यवाहक रेलवे पुलिस उपाधीक्षक नम्रता श्रीवास्तव कर रही थीं. उन्होंने इस केस को खोलने में लगी टीम की बैठक बुलाई. बैठक में हत्या के विभिन्न कोणों पर रोशनी डाली गई. बैठक में धर्मवीर के पारिवारिक पहलुओं पर जांच केंद्रित करने का फैसला किया गया. पुलिस ने जांच की गई तो पता चला कि धर्मवीर और उस की पत्नी मनीषा के रिश्तों के बीच काफी गहरी खाई है. मनीषा अपनी तीनों बेटियों को ले कर महराजगंज के फरेंदा गांव स्थित अपने मायके में रह रही थी. पुलिस को एक और चौंका देने वाली सूचना मुखबिर से मिली कि मनीषा की बुआ का बेटा पूना में रहता था.

वह क्रिमिनल था. पुलिस का ध्यान इसी बात पर गया कि कहीं ऐसा तो नहीं कि मनीषा ने उसी की मदद से पति को ठिकाने लगवा दिया हो? यानी कुल मिला कर पुलिस के शक की सूई मनीषा की तरफ घूम गई. शक के आधार पर पुलिस ने मनीषा से कई चक्र में पूछताछ की, लेकिन इस पूछताछ से भी कोई हल नहीं निकला. पुलिस की जांच में वह भी बेकसूर दिखी. पुलिस की जांच जहां से चली थी, वहीं फिर आ कर रुक गई. पुलिस को उस की कालडिटेल्स से काफी उम्मीद बंधी थी. धर्मवीर की कालडिटेल्स पुलिस चेक कर चुकी थी, उस से भी कोई खास जानकारी नहीं मिली.

पुलिस को सारी उम्मीदों पर पानी फिरता दिखाई दे रहा था. थानाप्रभारी की समझ में यह बात नहीं आ रही थी कि धर्मवीर की हत्या किस ने और क्यों की? एक दिन थानाप्रभारी अपने कक्ष में बैठे इसी घटना पर मंथन कर रहे थे. उसी समय उन के दिमाग में एक आइडिया आया. उसी आइडिया को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जिस जगह पर धर्मवीर की हत्या हुई थी, उस इलाके में उस दिन सक्रिय रहे मोबाइल नंबरों की जानकारी निकलवाई. पता चला कि उस दिन उस इलाके के फोन टावर के संपर्क में 35 हजार फोन नंबर आए थे. अब इतने नंबरों में से कातिल का नंबर ढूंढना आसान नहीं था. फिर भी उन्होंने अपनी टीम से उन सभी नंबरों का विश्लेषण कराया.

कई महीने की कड़ी मशक्कत के बाद उन नंबरों में से 4 नंबर संदिग्ध निकले. उन नंबरों की जांच की गई तो वे चारों नंबर स्विच्ड औफ मिले. उन नंबरों को पुलिस ने जांच के दायरे में ले लिया. इस बीच थानाप्रभारी एक बार फिर धर्मवीर के गांव डिगुलपुर पहुंचे. लोगों से बात करने पर उन्हें पता चला कि धर्मवीर शराबी तो था ही, अय्याश प्रवृत्ति का भी था. यह जानकारी उन के लिए अहम साबित हुई. छानबीन कर के वह गोरखपुर वापस लौट आए. इसी बीच मुखबिर ने उन्हें एक चौंका देने वाली सूचना दी. मुखबिर ने उन चारों संदिग्ध नंबरों को देख कर बताया कि उन में से एक नंबर कुशमिला उर्फ मुसकान नामक युवती का है. मुसकान कालगर्ल थी. उस का धंधा स्टेशन के इर्दगिर्द चलता था और घटना के बाद से वह गायब थी.

पुलिस ने मुसकान के फोन नंबर की जांच की तो पता चला कि उस ने अपना सिम फरजी आईडी पर लिया था, इसलिए पुलिस उस के ठिकाने तक नहीं पहुंच सकी. घटना को हुए 10 महीने बीत चुके थे, लेकिन पुलिस हत्यारों का पता तक नहीं लगा पाई थी. शक की सूई मुसकान पर थी, लेकिन उस का फोन स्विच्ड औफ था. पुलिस ने उस के नंबर को सर्विलांस पर लगा रखा था. अगस्त, 2015 में जैसे ही उस ने अपना फोन नंबर औन किया, तभी सर्विलांस से उस की लोकेशन बिहार के बेतिया जिले की आई. पुलिस ने कई दिनों तक उस के फोन पर होने वाली बातें सुनीं.

बातचीत के दौरान एक बार मुसकान के मुंह से गोरखपुर में मालखाने के पास एक युवक की हत्या करने की बात निकल गई. इस के बाद पुलिस को विश्वास हो गया कि धर्मवीर की हत्या में उस का हाथ है. उस के बाद पुलिस ने मुसकान की गिरफ्तारी की योजना बनाई. गुपचुप तरीके से गोरखपुर पुलिस बिहार के पश्चिमी चंपारण के बेतिया जिला पहुंची. स्थानीय पुलिस के सहयोग से गोरखपुर पुलिस ने पता लगा लिया कि मुसकान बेतिया में एक आर्केस्ट्रा कंपनी में काम करती है. पुलिस ने उस आर्केस्ट्रा कंपनी में दबिश दी. वहां जा कर पता चला कि वह तो 2 दिन पहले ही गोरखपुर चली गई. लिहाजा पुलिस खाली हाथ वापस लौट आई.

13 अगस्त, 2015 को सुबहसुबह एक मुखबिर ने इंसपेक्टर गिरिजा शंकर त्रिपाठी को फोन कर के सूचना दी कि पुराने पार्सल गेट पर मुसकान अपने एक साथी के साथ खड़ी है. वह कहीं भागने की फिराक में है. सूचना पक्की और बेहद महत्त्वपूर्ण थी, इंसपेक्टर त्रिपाठी बगैर देर किए घर से निकल लिए. जिस समय खबरी का फोन उन के पास आया था, उस समय वह घर से कार्यालय आने के लिए तैयार हो रहे थे. सूचना मिलने के 10 मिनट बाद वह थाने पहुंच गए. घर से निकलने से पहले उन्होंने टीम के सदस्यों को थाने में पहुंचने के लिए कह दिया था. थाने पहुंचते ही उन्हें एसएसआई सुधीर कुमार, एसआई राघवेंद्र मिश्र, हरीश तिवारी, हेडकांस्टेबल किसलय मिश्र, कांस्टेबल रणजीत पांडेय, अनिल कुमार, विजय सिंह, अभय पांडेय, संजय सिंह, संदीप यादव और महिला कांस्टेबल शीला गौड़ तैयार मिलीं.

टीम को ले कर वह पुराना पार्सल गेट नंबर 6 पर पहुंच गए. पुलिस ने गेट को चारों ओर से घेर लिया. पुलिस को देख कर मुसकान डर गई. उस ने वहां से खिसकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया. उसे और उस के साथी को गिरफ्तार कर के पुलिस थाने ले आई. पूछताछ में पता चला कि उस के साथ वाले युवक का नाम विजय पांडेय है. पुलिस ने उन से धर्मवीर उपाध्याय की हत्या किए जाने की वजह पूछी तो बिना किसी हीलाहवाली के दोनों ने अपना इकबालिया जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उन्होंने ही धर्मवीर की हत्या की थी. घटना को अंजाम देने में उन के 2 और साथी विकास कुमार उर्फ मुकेश और सुमेर कुमार उर्फ समीर भी शामिल थे.

फिर मुसकान और विकास ने पुलिस के सामने रोंगटे खड़े कर देने वाली जो कहानी बताई, वह इस प्रकार थी. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गांव डिगुलपुर के रहने वाले प्रेमनारायण उपाध्याय सीआरपीएफ में नौकरी करते थे. वह 2 साल पहले ही नौकरी से रिटायर हुए थे. उन के 2 बेटे थे धर्मवीर और धर्मेश. धर्मवीर गांव के आवारा लड़कों के साथ रह कर बिगड़ गया था. तब उन्होंने यह सोच कर महराजगंज के फरेंदा की मनीषा के साथ उस की शादी कर दी कि गृहस्थी में फंस कर वह सुधर जाएगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. यह बात 15 साल पहले की है.

शादी के बाद भी उस के चालचलन में कोई तब्दीली नहीं आई. आवारा दोस्तों के साथ घूमनेफिरने, शराब पीने की उस की आदत नहीं गई. मनीषा ने उसे समझाया भी, लेकिन उस पर कोई फर्क नहीं पड़ा. ऐसे में मनीषा के सामने आंसू बहाने के अलावा कोई उपाय नहीं बचा था. ऐसे शख्स से शादी कर के उस के सारे सपने रेत के ढेर की तरह ढह गए थे. इसी दौरान धर्मवीर ने ड्राइविंग सीख ली. वह ट्रक चलाने लगा. ट्रक ले कर वह जब भी बाहर जाता, 2-3 महीने बाद ही घर लौटता. इतने दिनों बाद घर लौटने पर भी वह परिवार के साथ कम यारदोस्तों के संग ज्यादा समय बिताता था. दोस्तों में ही कमा कर लाए हुए अधिकांश पैसे खर्च कर देता था. उस की इस आदत से उस के मांबाप ही नहीं, सासससुर भी चिंतित रहते थे.

इसी तरह शादी के 5-6 साल बीत गए. मनीषा भी 3 बेटियों की मां बन गई. मनीषा पति से नाखुश रहती थी. बच्चों के भविष्य की चिंता मनीषा को रहती थी. एक दिन वह तीनों बेटियों को ले कर ससुराल से मायके आ गई. धर्मवीर को जब यह पता चला तो वह गुस्से से पागल हो उठा. वह ससुराल पहुंच गया और पत्नी से लड़नेझगड़ने लगा. उस ने पत्नी को लाने के लिए काफी मिन्नतें कीं. लेकिन मनीषा ने ससुराल लौटने से साफ मना कर दिया. धर्मवीर ने ऐसा कई बार किया, पर मनीषा नहीं आई. 23-24 अक्तूबर, 2014 को धर्मवीर सामान से लदा ट्रक ले कर असम पहुंच गया था. सामान डिलीवरी करने के बाद उसे वहां से भाड़े के 67 हजार रुपए मिले.

एक साथ इतनी बड़ी रकम देखते ही धर्मवीर की नीयत डोल गई. ट्रक मालिक संत यादव ने जब भाड़े के बारे में उस से पूछा तो उस ने भाड़ा मिलने की बात बता दी. उस के बाद धर्मवीर ने अपना मोबाइल स्विच्ड औफ कर के रख दिया और ट्रक बिहार के आरा जिले में छोड़ कर ट्रेन से गोरखपुर आ गया. जब हफ्ते भर बाद भी धर्मवीर संत यादव के पास नहीं पहुंचा तो वह समझ गया कि धर्मवीर ने उस के साथ धोखा किया है. उधर रुपए ले कर धर्मवीर गोरखपुर के रास्ते अपनी ससुराल पहुंच गया. वह 1-2 दिन ससुराल में रुका. बच्चों और पत्नी को खुश करने के लिए खूब पैसे खर्च किए.

उस के बाद वहां से अपने साढ़ू के यहां महराजगंज चला गया. 2 दिन साढ़ू के यहां रुक कर 31 अक्तूबर, 2014 को शाम 6 बजे के करीब वह गोरखपुर पहुंच गया. उस समय उस के पास 40 हजार रुपए बचे थे. बाकी के 27 हजार रुपए वह खर्च कर चुका था. इधरउधर समय बिताने के बाद धर्मवीर साढ़े 9 बजे स्टेशन पहुंचा. वह अय्याश तो था ही, इसलिए वह यह भी जानता था कि उसे जिस चीज की तलाश है, वह यहीं मिलेगी. पैदल टहलते हुए वह पुराना पार्सल गेट नंबर-6 पहुंचा. वहां उसे 22 वर्षीय मुसकान मिली. बात करने पर मामला 500 रुपए में तय हो गया.

धर्मवीर मुसकान के साथ जाने से पहले शराब पीना चाहता था. उस ने मुसकान को यह बात बताई तो उस ने भी उस के साथ 2 पैग लेने को कह दिया. धर्मवीर उस की इच्छा जान कर खुश हो गया. वह उसे रिक्शे पर बैठा कर धर्मशाला बाजार ले गया. उस के पीछेपीछे मुसकान के साथी विकास पांडेय, विकास उर्फ मुकेश और सुमेर उर्फ समीर भी लग गए. वहीं से धर्मवीर ने शराब के साथ खाने के लिए मछली भी खरीदी. धर्मशाला बाजार के रेलवे लाइन के किनारे एक जगह बैठ कर दोनों ने मछली खाई और शराब पी. वहां से वे पुराना पार्सल गेट नंबर 6 पहुंचे. अब तक वहां गहरा सन्नाटा फैल गया था. वहीं पर धर्मवीर मुसकान के साथ हसरतें पूरी करना चाहता था. इस से पहले कि वह कुछ करता, तभी मुसकान के तीनों साथी वहां आ धमके.

अचानक सामने लड़कों को देख कर धर्मवीर सकपका गया. वे तीनों धर्मवीर से पैसों की मांग करने लगे तो दिखावे के लिए मुसकान ने उन लड़कों से विरोध जताया. धर्मवीर उन से उलझ गया. कुछ ही देर में धर्मवीर और उन तीनों लड़कों के बीच गुत्थमगुत्था हो गई. उसी दौरान सुमेर ने पीछे से धर्मवीर के दोनों हाथ पकड़ लिए और मुकेश ने धक्का दे कर पेट के बल गिरा दिया. सुमेर ने धर्मवीर की पीठ पर घुटना रख कर मुंह दबा दिया. विकास पांडेय के कहने पर मुसकान ने धर्मवीर के पैर दबोच लिए. तब धर्मवीर को लगा कि मुसकान भी इन लड़कों के साथ मिली है. वे लड़के नशेड़ी थे, इसलिए धर्मवीर उन के काबू में नहीं आ रहा था. फिर विकास पांडेय ने पास में पड़ा पत्थर उठा कर उस के सिर पर दे मारा.

पत्थर के वार से धर्मवीर का सिर फट गया और वह तड़पने लगा. विकास ने धर्मवीर की जेब टटोली. उस की जेब से 40 हजार रुपए निकले. इतने रुपए पा कर वे बहुत खुश हुए. चारों ने 10-10 हजार रुपए आपस में बांट लिए और तुरंत मौके से फरार हो गए. मुसकान और उस के साथियों ने पुलिस से बचने के लिए अपनेअपने मोबाइल औफ कर दिए. उन्होंने तय कर लिया कि कोई भी एकदूसरे को तब तक फोन नहीं करेगा जब तक मामला ठंडा नहीं हो जाता. मुसकान गोरखपुर छोड़ कर बेतिया, बिहार चली गई. कई साल पहले वह बेतिया में रह चुकी थी. वहां रह कर वह आर्केस्ट्रा कंपनी में नाचती थी. मुसकान गोरखपुर से बेतिया कैसे पहुंची, उस की रोमांचित कर देने वाली अपनी अलग कहानी है.

दरअसल, मुसकान गोरखपुर जिले के खोराबार के महेवा मंडी स्थित खिरवनिया गांव के रहने वाले रघुनाथ मल्लाह की बेटी थी. उसे बचपन से ही नाचनेगाने का शौक था. वह घर में टेलीविजन के कार्यक्रम देख कर नाचती थी. घर वालों को उस का यह काम पसंद नहीं था. 15 साल की उम्र में वह घर से बेतिया भाग गई और वहां अपने एक रिश्तेदार की मदद से आर्केस्ट्रा कंपनी में नाचने लगी. आर्केस्ट्रा कंपनी का मालिक उस का दैहिक शोषण करने लगा तो वह उस कंपनी को छोड़ कर दूसरी कंपनी में चली गई. वहां भी वह नहीं बच पाई. इस बार आर्केस्ट्रा के मालिक ने उस से प्रेमविवाह किया. 2-3 सालों तक मौजमस्ती करने के बाद उस ने मुसकान को छोड़ दिया.

ठोकरें खा कर मुसकान अपने घर लौट आई. घर वालों ने उसे घर में पनाह नहीं दी. दरदर की ठोकरें खाती मुसकान पेट की आग बुझाने के लिए अपने तन को बेचने पर मजबूर हो गई. उस से मिलने वाले पैसों से फुटपाथ पर खानाबदोश की जिंदगी शुरू की. फिर समय ने ऐसी करवट ली कि उस के हाथ खून से सन गए और वह हत्यारिन बन गई. कुशमिला उर्फ मुसकान को अपने किए पर बहुत पछतावा है. काश, उस ने घर वालों की बात मान ली होती तो शायद उसे यह दिन नहीं देखना पड़ता. कथा लिखे जाने तक चारों आरोपियों में से सुमेर उर्फ समीर को छोड़ कर बाकी 3 जेल की सलाखों के पीछे थे. समीर पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया था. पुलिस तीनों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है. कथा लिखने तक किसी की जमानत नहीं हुई थी. Hindi True Crime

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

True Crime Story: ढोंगी गुरू का अपराधिक अतीत

True Crime Story: कविता रानी को पूरा विश्वास था कि स्वामी सच्चिदानंद उस का परलोक सुधार देगा. परलोक सुधारने की कौन कहे, उस ने उस का सारा धन तो हड़प ही लिया, जान भी ले ली. पंजाब के जनपद नवांशहर में थाना काठगढ़ के तहत एक गांव है मत्तो. यहां के किराना दुकानदार सोमनाथ के 7 भाईबहनों में सब से छोटी थी कविता रानी, जिस की शादी मोहल्ला शिवनगर निवासी सुरेंद्र कुमार से हुई थी. कालांतर में इस दंपति के 2 बेटे हुए, जिन्हें ले कर सुरेंद्र स्पेन चला गया था. पति और बेटों के जाने के बाद कवितारानी नवांशहर के अपने मकान में अकेली रह गई थी.

सोमनाथ बहन का हालचाल लेने के लिए अकसर उस के घर जाया करते थे. पहली दिसंबर, 2009 को शाम 6 बजे उन्हें स्पेन से कविता के बड़े बेटे अजय का फोन आया, ‘‘मामाजी, पिछले 2-3 दिनों से मम्मी को फोन कर रहा हूं, उन से बात नहीं हो पा रही है. आप जा कर जरा मां को देख आएं.’’

अजय की बात ने सोमनाथ को भी चिंता में डाल दिया. वह तुरंत नवांशहर के लिए रवाना हो गए. वहां पहुंच कर उन्होंने देखा, घर के बाहरी गेट पर ताला लटक रहा है. 2 लड़कों ने उन के पास आ कर बताया कि वे कालेज स्टूडैंट हैं और सामने वाले घर में किराए पर रहते हैं. उन में से एक ने उन्हें चाबी सौंपते हुए कहा, ‘‘2-3 दिनों पहले यह चाबी हमें यहां पड़ी मिली थी. शायद आंटीजी के कहीं जाते वक्त उन के हाथ से छूट कर गिर गई है. हम आप को पहचानते हैं, आप आंटीजी के भाई हैं न?’’

दोनों लड़कों ने अपने नाम अजीत चौहान और ऋषि चौहान बताते हुए कविता के घर की ओर इशारा कर के एक साथ कहा, ‘‘यह चाबी हमें इसी गेट के ताले की लग रही है. हम ने इसे उठा कर अपने पास रख लिया था कि आंटीजी के आने पर उन्हें दे देंगे.’’

सोमनाथ ने लड़कों को साथ ले कर गेट का ताला खोला. वे भीतर गए तो सामने के कमरे में भी ताला लगा था, साथ ही अंदर से तेज बदबू आ रही थी. सोमनाथ समझदार आदमी थे. उन्हें समझते देर नहीं लगी कि बदबू लाश की है. उन के मन में आया, ‘कहीं ऐसा तो नहीं कि भीतर उन की बहन मरी पड़ी हो और यह बदबू उसी की लाश से आ रही हो?’

यह बात मन में आते ही सोमनाथ दोनों लड़कों को साथ ले कर थाने जा पहुंचे. थानाप्रभारी राजकुमार ने उन से तहरीर ले कर मामला दर्ज करवाया और पुलिसपार्टी के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. पुलिस ने ताला तोड़ा और मुंह पर कपड़ा लपेट कर भीतर गई. घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और उस के बीच चादर में लिपटी कविता की लाश पड़ी थी. लग रहा था कि मामला लूटपाट के लिए कत्ल का है. कविता के गले में उसी का दुपट्टा कस कर मारा गया था. अपनी काररवाई पूरी कर के पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया. रात काफी हो जाने की वजह से काररवाई रोक कर पुलिस ने घर को सील कर दिया.

अगली सुबह पुलिस ने घर को फिर से खोल कर वहां की तलाशी ली तो एक ड्राइविंग लाइसेंस हाथ लगा, जो स्वामी सच्चिदानंद के नाम से था. पासपड़ोस के लोगों ने लाइसेंस देख कर बताया कि यह बहुत मशहूर आदमी है, टीवी के साधना चैनल पर इस के नियमित प्रवचन आते हैं. पता चला कि यह बक्करखाना क्षेत्र में किराए का घर ले कर रहता था. वहीं अपना डेरा बना कर वह प्रवचन दिया करता था, जिसे सुनने के लिए काफी लोग आया करते थे, जिन में कविता रानी भी थी. स्वामी को संदेह के दायरे में रख कर पुलिस ने उस के यहां छापा मारा. पता चला कि स्वामीजी उस रात एक स्थानीय जागरण में व्यस्त थे, जहां से फारिग होने के बाद सुबह ही अपने कुछ शिष्यों के साथ कुरुक्षेत्र चले गए थे.

जागरण आयोजकों ने पुलिस को बताया कि उस रात स्वामीजी थोड़ीथोड़ी देर के लिए 2 बार जागरण में आए थे. मतलब यह रात भर वह जागरण में नहीं रहे थे. पुलिस ने अपना सारा ध्यान स्वामी सच्चिदानंद पर जमा दिया, साथ ही उन के बारे में पता करने के लिए मुखबिरों का भी सहारा लिया गया. मुखबिरी के आधार पर 7 दिसंबर, 2009 को स्वामी को उस वक्त बंगा रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह अपनी इंडिका कार से अपनी एक शिष्या के साथ कहीं जा रहा था.

विधिवत गिरफ्तारी के बाद सच्चिदानंद को अदालत पर पेश कर के 2 दिनों के कस्टडी रिमांड पर लिया गया. उस से व्यापक पूछताछ की गई. इस पूछताछ से स्वामी सच्चिदानंद की जो कहानी सामने आई, वह कुछ इस तरह थी: जिला गुरदासपुर का बड़ा कस्बा है कादियां. यहां के मोहल्ला धर्मपुरा के रहने वाले तिलकराज भारद्वाज छिटपुट काम कर के अपने परिवार का भरणपोषण करते थे. उन की 7 औलादें थीं, जिन में दूसरे नंबर का था सत्येंद्र कुमार. बचपन ही से उसे एक्टिंग का शौक था.

जैसेजैसे वह बड़ा होता गया, उस के मन में एक्टर बनने की इच्छा प्रबल होती गई. सत्येंद्र की यह इच्छा तो पूरी नहीं हुई, लेकिन दसवीं पास करने के बाद उसे पंजाब सरकार के रेवेन्यू विभाग में पटवारी की नौकरी जरूर मिल गई. यह अलग बात है कि अपनी इस नौकरी से वह संतुष्ट नहीं था. उसे जहां कहीं किसी फिल्म की शूटिंग होने की बात पता चलती, वह छुट्टी ले कर वहां पहुंच जाता. अपनी इसी सनक के चलते एक बार वह छुट्टी ले कर मुंबई गया तो काफी दिनों बाद लौटा. परिणामस्वरूप उसे नौकरी से बरखास्त कर दिया गया. इस के बाद वह किसी अन्य काम की तलाश में दिल्ली चला गया. यहांवहां भटकते हुए एक दिन वह पानी पीने के लिए एक ऐसे डेरे में चला गया, जहां एक संत का प्रवचन चल रहा था.

वहां बहुत भीड़ थी. पानी की तो छोडि़ए, वहां तरहतरह के पकवान मुफ्त में बांटे जा रहे थे. पेट भर खाने के बाद सत्येंद्र वहीं पसर गया. जितना बढि़या खाना उसे वहां खाने को मिला था, उस से भी कहीं ज्यादा मजा आया उसे प्रवचन सुनने में उस ने देखा कि श्रद्धालु न केवल संतजी के पैरों में माथा टेक रहे थे, बल्कि अच्छीभली रकम भी चढ़ा रहे थे. बस, यहीं से सत्येंद्र का दिमाग दूसरी दिशा में सोचने लगा. उसे लगा कि इस अंधविश्वासी देश में नाम और दाम कमाने का इस से बेहतर जरिया कोई दूसरा नहीं हो सकता.

पूछताछ में सत्येंद्र ने पुलिस को बताया, ‘‘वाकजाल फैलाने में मैं कुशल था ही, मेरी वाणी में भी ओज था. ऊपर वाले ने चेहरामोहरा भी आकर्षक दिया था. अपनी बात कहने का तरीका भी मुझे काफी हद तक आ गया था. बस थोड़ी जरूरत थी धर्म शास्त्रों की जानकारी की. बिना देरी किए मैं धर्मकर्म का ज्ञान जुटाने लगा. बाबाओं के प्रवचन पूरे ध्यान से सुनने लगा. टीवी चैनलों पर खरीदे गए वक्त में बाबा प्रवचन देने आते तो मैं ध्यान से उन का तौरतरीका देखता और पूरे मनोयोग से उन के प्रवचनों को सुनता.

‘‘आखिर मैं ने तय कर लिया कि मैं इसी धंधे को अपना कर नाम और दाम कमाऊंगा. इस के लिए मैं ने सब से पहले अपने लिए गेरुआ वस्त्र सिलवाए. फिर धार्मिक ग्रंथ खरीद कर उन का अध्ययन शुरू कर दिया. थोड़ीबहुत तैयारी कर के सन् 2004 में मैं छोटेमोटे धार्मिक समारोहों में प्रवचन देने लगा. आत्मविश्वास से भरे मेरे प्रवचन लोगों को पसंद आने लगे. अब मैं ने अपने आप को स्वामी सच्चिदानंद कहलवाना शुरू कर दिया था.’’

सत्येंद्र के बताए अनुसार, पता नहीं यह उस की आवाज का जादू था या उस के आकर्षक व्यक्तित्व का कमाल कि उस के प्रवचनों की धाक जमने लगी. धीरेधीरे उस का सर्कल बढ़ने लगा. जल्दी यह स्थिति आ गई कि उस के कार्यक्रमों में धर्मभीरु लोगों की अच्छीखासी भीड़ जुटने लगी. चढ़ावे के रूप में काफी पैसा भी आने लगा. लोगों की अंधश्रद्धा को देखते हुए उस ने अपना नाम स्वामी सतिंदरानंद की जगह स्वामी सच्चिदानंद रख लिया. क्योंकि इस नाम में कुछ ज्यादा आकर्षण था. उस के दिन तेजी से बदलने लगे. उन्हीं दिनों उस का संपर्क दिल्ली के गणेशनगर निवासी चमनलाल मोंगा से हुआ. उस का अपना कारोबार था. जल्दी ही वह उस का शिष्य बन कर दिनरात उस की सेवा करने लगा. मोंगा को किसी बात की कोई चिंता नहीं थी. लेकिन वह इस लोक में रहतेरहते अपना परलोक सुधारना चाहता था.

मोंगा ने इस बारे में जब स्वामी सच्चिदानंद से बात की तो उस ने उसे यह कह कर डरा दिया कि वह परलोक की चिंता छोड़े, अभी तो उस का यह लोक भी नहीं संवरा. इस पर उस ने सच्चिदानंद के पैर पकड़ लिए. तब उस ने उसे झांसे में लेने का प्रयास करते हुए कहा कि उस के एकलौते बेटे की उम्र केवल 3 महीने रह गई है. यही नहीं, उस की एकलौती बेटी भी उस की इस तरह दुश्मन बन जाएगी कि वह कहीं का नहीं रहेगा. इस पर मोंगा बच्चों की तरह फूटफूट कर रोते हुए सच्चिदानंद के पैरों पर नोटों की गड्डियां रख कर बर्बाद होने से बचाने की प्रार्थना करने लगा.

स्वामी सच्चिदानंद ने मोंगा को जो बातें बताईं थीं, उन्हें सच साबित करने के लिए उस ने जाल बिछाना शुरू कर दिया. उस ने मोंगा की जवान बेटी को बुला कर उसे अपने जाल में फंसा लिया. जब लड़की वश में हो गई तो उस ने उसे कुछ इस तरह से उकसाया कि उस ने अपने पिता समेत 11 लोगों पर गैंगरेप का केस दर्ज करवा दिया और खुद उस के साथ उस के डेरे में रहने लगी. साधना चैनल पर सच्चिदानंद का जो कार्यक्रम आता था, उस का सारा खर्च चमनलाल मोंगा उठाता था, लेकिन उस ने उस का चमन उजाड़ कर उस की बेटी को अपनी शिष्या बना लिया था.

फिर 2008 के अंत में वह उसे साथ ले कर नवांशहर चला गया. यहां आ कर उस ने प्रचार किया कि उस का एक भाई जज है. अपना प्रभाव जमाने के लिए उस ने यह भी प्रचारित किया कि पहले वह भी जज था, लेकिन मोहमाया त्याग कर उस ने साधु का चोला पहन लिया है. नवांशहर में वह खूब मशहूर हो गया. बक्करखाना रोड पर किराए का मकान ले कर सच्चिदानंद ने अपना डेरा बना लिया और रोज प्रवचन करने लगा. उस के यहां श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. इन्हीं में कविता रानी भी थी, जो उस से कुछ ज्यादा ही प्रभावित हो गई थी. उस का पति और बेटे विदेश में थे. करने को उस के पास कुछ था नहीं. वह भी परलोक सुधारने की गरज से उस के यहां जाने लगी थी और उस की शिष्या बन गई थी. बहाने बना कर उस ने उस से करीब 6 लाख रुपए ऐंठ लिए थे.

एक दिन कविता को विश्वास में ले कर सच्चिदानंद ने उस से कहा कि उस से खार खाने वाले लोंगों ने उस पर झूठे मुकदमे कर दिए हैं, जिन्हें खत्म करवाने के लिए उसे 20 लाख रुपए चाहिए. इस से कविता को उस पर शक हो गया. परिणाम यह हुआ कि उस ने उस से अपना पिछला पैसा मांग लिया. तब सच्चिदानंद को लगा कि उस का पांसा उल्टा पड़ गया है. कुछ दिन तो वह उसे टालता रहा, लेकिन जब वह उस के पीछे ही पड़ गई तो उसे लगा कि कविता अपना पैसा वापस ले कर ही रहेगी. इस मुसीबत से छुटकारा पाने के लिए सच्चिदानंद ने एक योजना बनाई. 28 नवंबर, 2009 को उस ने फोन कर के कविता से कहा कि पैसों का इंतजाम हो गया है, आज वह उसे उस के पूरे 6 लाख रुपए दे देगा.

साथ ही यह भी कहा कि जागरण की वजह से वह थोड़ा व्यस्त है, इसलिए रात में 10, साढ़े 10 बजे पैसा देने आएगा, क्योंकि सुबह उसे कुरुक्षेत्र जाना है. इस तरह जागरण के बीच से उठ कर वह कविता के यहां जा पहुंचा. कविता बेसब्री से उस का इंतजार कर रही थी. जैसे ही वह भीतर पहुंचा, उस ने सीधेसीधे अपने 6 लाख रुपए मांगे. उस ने रोनी सी सूरत बनाते हुए कहा, ‘‘क्या बताऊं, मैं ने तो पूरे 6 लाख रुपए का इंतजाम कर लिया था. लेकिन जगराता में झगड़ा हो जाने से किसी ने मेरी जेब से पैसे निकाल लिए.’’

‘‘देखो, तुम्हारा यह झूठफरेब मेरे आगे चलने वाला नहीं है. तुम सीधेसीधे मेरे 6 लाख रुपए निकालो वरना मैं तुम्हारी शिकायत पुलिस से करूंगी.’’

कविता के मुंह से इतना निकला था कि स्वामी सच्चिदानंद उर्फ सत्येंद्र ने पूरे जोर से उस की नाक पर घूंसा मारा. वह बेहोश सी हो कर नीचे गिरने को हुई, तभी उस ने उस के गले में पड़ा दुपट्टा उस की गरदन पर कस दिया. जरा सी देर में वह मौत की नींद सो गई. सच्चिदानंद ने उस की लाश चादर में लपेट कर एक तरफ रख दी. उस के बाद कमरे का सामान इस तरह बिखेर दिया, जैसे वहां किसी ने लूटपाट की हो. यह उस का दुर्भाग्य ही था कि यह सब करते समय उस का ड्राइविंग लाइसेंस वहां गिर गया. उस ने कविता के दोनों सैलफोन भी उठा लिए थे, जिन्हें बाद में उस ने तोड़ दिए थे.

कविता को ठिकाने लगाने के बाद कथित स्वामी सच्चिदानंद इत्मीनान से जा कर जागरण में बैठ गया, ताकि उस पर किसी को शक न हो. सुबह 6 बजे अपने चेलों को ले कर वह कुरुक्षेत्र चला गया. बाद में दिल्ली वाली अपनी शिष्या को भी उस ने वहीं बुला लिया. इस के बाद वह जालंधर और अमृतसर में घूमता रहा. आखिर बंगा फाटक से गुजरते हुए वह पकड़ा गया. कथित स्वामी सच्चिदानंद के साथ पकड़ी गई उस की शिष्या से भी पुलिस ने पूछताछ की. लेकिन वह कविता की हत्या के षडयंत्र में शामिल नहीं थी. वह तो खुद ढोंगी स्वामी के जाल में फंसी हुई थी, जिस ने उस के दबाव में अपने पिता तथा अन्य लोगों पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज करा दिया था.

इस मामले में उस की कोई भूमिका न पाए जाने पर पुलिस ने उसे उस के अभिभावकों के हवाले कर दिया. 10 दिसंबर, 2009 को अभियुक्त सत्येंद्र उर्फ स्वामी सच्चिदानंद को फिर से अदालत में पेश कर के न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया. इस के ठीक एक महीने बाद कथित स्वामी सच्चिदानंद को जब पेशी पर अदालत ले जाया जा रहा था तो रास्ते में पुलिस वालों को गच्चा दे कर वह फरार हो गया. पंजाब पुलिस ने पूरा जोर लगा दिया, लेकिन वह आदमी दोबारा उन के हत्थे नहीं चढ़ा. देखतेदेखते साढ़े 5 साल का लंबा अरसा गुजर गया.

मगर जैसी कि कहावत है, 100 दिन चोर के 1 दिन साधु का. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सैल ने 6 जुलाई, 2015 को कथित स्वामी सच्चिदानंद को बेगमपुर इलाके के एक मकान से गिरफ्तार कर लिया. स्पैशल सैल के डीसीपी राजीव रंजन, एसीपी संदीप ब्याला और इंसपेक्टर संजय नागपाल ने उस से सख्ती से पूछताछ की तो अपनी उक्त कहानी बताने के बाद उस के आगे की दास्तान इस तरह से सुनाई: दरअसल ढोंगी सत्येंद्र उर्फ सच्चिदानंद नवांशहर में बहुत बुरी तरह फंस गया था. उस के खिलाफ कत्ल का मुकदमा दर्ज हो गया था. पुलिस ने उसे पकड़ कर जेल भी भिजवा दिया था. चूंकि उस के सारे सपने चकनाचूर हो गए थे, इसलिए वह भाग निकला. वहां से भागने के बाद सच्चिदानंद उत्तराखंड पहुंच कर साधुओं की एक टोली में शामिल हो कर उन की सेवा करने लगा. अपना रंगरूप भी उस ने साधुओं जैसा ही बना लिया था.

कुछ दिनों बाद वह उत्तरकाशी चला गया, जहां किस्मत से विश्वनाथ मंदिर में उसे पुजारी की नौकरी मिल गई. दिल्ली में उस की शिष्या यानी प्रेमिका थी कल्पना. एक दिन साधु वेश में ही वह दिल्ली जा कर उस से मिला. कल्पना उस की प्रेम दीवानी थी. नवांशहर में भी वह उस के साथ पकड़ी गई थी, मगर पुलिस ने उसे शुरू ही में निर्दोष मान कर उस के कुछ रिश्तेदारों के हवाले कर दिया था. सच्चिदानंद को कत्ल केस में गिरफ्तार कर के हवालात में डाल दिया गया. वहां से उस के फरार हो जाने के बारे में कल्पना को कुछ पता नहीं था. पता चलने पर भी न उस ने इस बात का बुरा माना और न जरा भी घबराई, बल्कि उस के साथ उत्तरकाशी में रहने को तैयार हो गई.

जबकि सच्चिदानंद के लिए फिलहाल यह संभव नहीं था. विश्वनाथ मंदिर से उसे इतना पैसा नहीं मिलता था कि वह अपने साथसाथ कल्पना का भी खर्च उठा पाता. दूसरी ओर वह कल्पना को छोड़ना भी नहीं चाहता था. इसलिए अतिरिक्त धन कमाने के लिए उस ने अलग से कोई धंधा करने की सोची. नए धंधे के रूप में उस ने पंजाब में स्मैक सप्लाई करना शुरू कर दिया. इस से उसे मोटी कमाई होने लगी तो वह विश्वनाथ मंदिर को छोड़ कर दिल्ली में ही रहने लगा. अब वह एक तरफ मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था तो दूसरी तरफ दिल्ली के कई इलाकों में प्रवचन कर के अपने आडंबर को भी जारी रखे हुए था. बीचबीच में वह धर्मांध लोगों को चूना लगाने से भी बाज नहीं आ रहा था. इन ठगियों से उस ने कई लोगों की संपत्तियां भी हथिया ली थीं.

कथित स्वामी सच्चिदानंद अपने सभी काम पूरी होशियारी से कर रहा था. फिर भी मादक पदार्थों की तस्करी करते 14 अक्तूबर, 2014 को वह पंजाब में पठानकोट पुलिस के हत्थे चढ़ गया. चूंकि वह साधु लिबास में था और मादक पदार्थों की मात्रा भी कुल 250 ग्राम थी, इसलिए उस ने पुलिस को यही बताया कि यह नशा वह अपने निजी इस्तेमाल के लिए रखे हुए था. जो भी हो, पुलिस ने उस की बातों में आ कर उस से सख्त पूछताछ नहीं की, वरना उस के द्वारा किए गए कत्ल जैसे संगीन अपराध का तभी खुलासा हो जाता और वह जालंधर की उसी जेल में सलाखों के पीछे होता, जहां से अदालत ले जाते वक्त फरार हुआ था.

खैर, पठानकोट पुलिस ने सच्चिदानंद से नरमी का व्यवहार करते हुए उस का कस्टडी रिमांड न ले कर उसे अदालत पर पेश कर के जेल भेज दिया. इस का फायदा उठा कर एक दिन उस ने वहां से भी फरार होने की सोची. एक दिन जेल के अपने सैल में लेटे हुए उस ने यह कह कर जोरों से चिल्लाना शुरू कर दिया कि उस के पेट में जोरों का दर्द हो रहा है. जेल अधिकारियों ने तत्काल उसे अस्पताल में भरती करवाने की व्यवस्था कर दी. अस्पताल में उस की निगरानी के लिए 2 सिपाही भी तैनात किए गए. आखिर वह उन्हें चकमा दे कर पहली ही रात अस्पताल से फरार हो गया.

वहां से वापस दिल्ली पहुंच कर वह कल्पना के साथ लिव इन रिलेशन में रहने लगा, साथ ही स्वामी सच्चिदानंद के रूप में प्रवचनों के कार्यक्रम भी करता रहा. लेकिन पता नहीं कैसे पुलिस ने उस के आपराधिक अतीत का पता लगा कर उसे गिरफ्तार कर लिया. दिल्ली पुलिस ने अपनी पूछताछ पूरी कर सत्येंद्र उर्फ स्वामी सच्चिदानंद को न्यायिक हिरासत में भेजने की व्यवस्था करने के अलावा पंजाब पुलिस को उस की गिरफ्तारी की सूचना दे दी. पठानकोट पुलिस की एक टीम दिल्ली जा कर उसे ट्रांजिट रिमांड पर ले आई. इस बार उन्होंने स्वामी सच्चिदानंद उर्फ सत्येंद्र से गहन एवं व्यापक पूछताछ की. इस पूछताछ में भी उस ने वही सब बताया था, जो वह पहले ही दिल्ली पुलिस को बता चुका था.

पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में गुरदासपुर की सैंट्रल जेल भेज दिया गया, जहां से नवांशहर पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर ले गई. True Crime Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित.