चीखती रही बेटी अम्मी दबाती रही गला

चित्रकूट में खंभे पर लटकी मिली लाश को देख कर लोग ही नहीं, पुलिस भी हैरान थी. मकर संक्रांति के मेले के चलते मृतका लड़की की पहचान होना संभव नहीं लग रहा था, लेकिन पुलिस की मेहनत रंग लाई और हत्यारे पकड़े गए.

ध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमाओं को जोड़ने वाली धार्मिक नगरी चित्रकूट में यों तो साल भर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन तीजत्यौहार के दिनों में भक्तों का जो रेला यहां उमड़ता है, उसे संभालने में पुलिस प्रशासन के पसीने छूट जाते हैं. ऐसे में यदि व्यवस्था में जरा सी चूक हो जाए तो पुलिस प्रशासन के लिए समस्या खड़ी कर सकती है. लिहाजा पुलिस प्रशासन भीड़भाड़ वाले दिनों में अपनी तरफ से पूरी कोशिश करते हैं कि व्यवस्था और सुविधाओं में कोई कमी रह जाए.

 इस साल भी जनवरी के दूसरे सप्ताह से ही चित्रकूट में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया था, जिन का इंतजार पंडेपुजारियों के अलावा स्थानीय व्यापारी भी करते हैं. कहा जाता है कि मकर संक्रांति की डुबकी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ पहुंचाती है और यदि डुबकी सूर्य के मकर राशि में प्रवेश के समय लगाई जाए तो हजार गुना ज्यादा पुण्य मिलता है.

14 जनवरी, 2018 को मकर संक्रांति की डुबकी लगाने के लिए लाखों लोग चित्रकूट पहुंच चुके थे. श्रद्धालु अपनी हैसियत के मुताबिक लौज, धर्मशाला मंदिर प्रांगणों में ठहरे हुए थे. वजह कुछ भी हो पर यह बात दिलचस्प है कि चित्रकूट आने वालों में बहुत बड़ी तादाद मामूली खातेपीते लोगों यानी गरीबों की रहती है. उन्हें जहां जगह मिल जाती है, ठहर जाते हैं और डुबकी लगा कर अपने घरों को वापस लौट जाते हैं.

चित्रकूट में दरजनों प्रसिद्ध मंदिर और घाट हैं, जिन का अपना अलगअलग महत्त्व है. हर एक मंदिर और घाट की कथा सीधे राम से जुड़ी है. कहा यह भी जाता है कि चित्रकूट में राम और तुलसीदास की मुलाकात हुई थी. इन्हीं सब बातों की वजह से यहां लगने वाले मेले में देश के दूरदराज के हिस्सों से श्रद्धालु आते हैं.

मेले में आए लोग श्री कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा भी जरूर करते हैं. लगभग 7 किलोमीटर की यह पदयात्रा करीब 4 घंटे में पूरी हो जाती है. 14 जनवरी को भी श्रद्धालु श्री कामदगिरि की परिक्रमा कर रहे थे, तभी कुछ ने यूं ही जिज्ञासावश पहाड़ी के नीचे झांका तो उन की आंखें फटी की फटी रह गईं. इसकी ह यह थी कि पहाड़ी के नीचे की तरफ लगे बिजली के एक खंभे पर एक लड़की की लाश लटकी थी. शोर हुआ तो देखते ही देखते परिक्रमा करने वाले लोग वहां रुक कर लाश देखने लगे.

वजह  पुलिस को बुलाने या सूचना देने के लिए किसी को कहीं दूर नहीं जाना पड़ा. क्योंकि भीड़ जमा होने पर परिक्रमा पथ पर तैनात पुलिस वाले खुद ही वहां पहुंच गए. पुलिस वालों ने जब खंभे पर लटकी लड़की की लाश देखी तो उन्होंने तुरंत इस की खबर आला अफसरों को दी. कुछ ही देर में थाना नयापुरा के थानाप्रभारी पुलिस टीम के साथ वहां पहुंच गए. पुलिस लाश उतरवाने में लग गई.

पुलिस काररवाई के चलते भीड़ यह निष्कर्ष निकाल चुकी थी कि लड़की अपने घर वालों के साथ आई होगी और खाईं में गिर गई होगी. लेकिन पुलिस ने जब खंभे से लाश उतारी तो न केवल पुलिस वाले बल्कि मौजूद भीड़ भी हैरान रह गई. क्योंकि तकरीबन 11-12 साल की लग रही उस लड़की के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था.

मुंह में कपड़ा ठूंसा होने पर मामला सीधेसीधे हत्या का लगने लगा. पुलिस भी यह मानने लगी कि हत्या कहीं और कर के लाश यहां ला कर फेंकी होगी. क्योंकि अभी तक आसपास के किसी थाने से किसी लड़की की गुमशुदगी की खबर नहीं आई थी.

चित्रकूट में लड़की की लाश मिलने की खबर आग की तरह फैली तो लोग तरहतरह की बातें करने लगे. पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अगले दिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट गई, जिस में बताया गया कि उस लड़की की हत्या गला घोंट कर की गई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भादंवि की धाराओं 302 और 201 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

उस वक्त चित्रकूट में बाहरी लोगों की भरमार थी. इसी वजह से लाश की शिनाख्त नहीं हो पाई थी. फिर भी पुलिस कोशिश में लग गई कि शायद कोई सुराग मिल जाए. अब तक की जांच से यह स्पष्ट हो गया था कि मृतका चित्रकूट की हो कर कहीं बाहर की रही होगी.

इस तरह के ब्लाइंड मर्डर पुलिस के लिए केवल चुनौती बल्कि सरदर्द भी बन जाते हैं. इस मामले में भी यही हो रहा था. हत्यारों तक पहुंचने के लिए लाश की शिनाख्त जरूरी थी

पुलिस वालों ने सब से पहले सीसीटीवी फुटेज देखने का फैसला लिया, लेकिन यह भी आसान काम नहीं था, क्योंकि मकर संक्रांति के वक्त चित्रकूट में सैकड़ों कैमरे लगे हुए थे. यह जरूरी नहीं था कि सभी फुटेज देखने के बाद भी इतनी भीड़भाड़ में वह लड़की दिख जाए. पर सीसीटीवी फुटेज देखने के अलावा पुलिस के पास कोई और रास्ता भी नहीं था.

चित्रकूट में इस हत्या की चर्चा तेज होने लगी तो सतना के एसपी राजेश हिंगणकर ने मामला अपने हाथ में ले लिया. उन्होंने जांच में जुटी पुलिस के साथ बैठक की और कुछ दिशानिर्देश दिए. पुलिस टीम के लिए यह काम भूसे के ढेर से सुई ढूंढने जैसा था. पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने में जुट गई. पुलिस की मेहनत रंग लाई.

12 जनवरी, 2018 की एक फुटेज में एक युवक और युवती के साथ वह लड़की दिखी तो पुलिस वालों की आंखें चमक उठीं

उत्साहित हो कर पुलिस ने और फुटेज खंगालीं तो इस बात की पुष्टि हो गई कि जिस लड़की की लाश पुलिस ने बरामद की थी, वह वही थी जो फुटेज में युवकयुवती के साथ थी. यह फुटेज जानकीकुंड अस्पताल की थी, जहां युवक युवती मरीजों वाली लाइन में लगे थे.

उस दिन स्नान के लिए वहां लाखों लोग आए थे. इसलिए यह पता लगाना आसान नहीं था कि वह युवक और युवती कहां के रहने वाले थे, इसलिए पुलिस ने ये फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिए, जिस से उन तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके

फुटेज सोशल मीडिया पर डालने के बाद भी पुलिस को उन के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. इस पर हत्यारे का सुराग देने पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया गया. इसी दौरान पुलिस वालों ने जानकीकुंड अस्पताल के रजिस्टर की जांच भी शुरू कर दी थी.

अस्पताल में आए मरीज का नामपता जरूर लिखा जाता है लेकिन हजारों की भीड़ में यह पता लगा पाना मुश्किल काम था कि जो चेहरे कैमरे में दिख रहे थे, उन के नाम क्या थे. इस के बाद भी पुलिस वाले नामपते छांटछांट कर अंदाजा लगाने में लगे रहे कि वे कौन हो सकते हैं. इस प्रक्रिया में 25 दिन निकल चुके थे और लाख कोशिशों के बाद भी पुलिस के हाथ कामयाबी नहीं लग रही थी.

चित्रकूट के लोगों की दिलचस्पी भी अब मामले में बढ़ने लगी थी. उन्हें सस्पेंस इस बात को ले कर था कि देखें पुलिस कैसे हत्यारों तक पहुंचती है और पहुंच भी पाती है या नहीं.

अस्पताल के रजिस्टर में दर्ज जिन नामों पर पुलिस ने शक किया और जांच की, उन में एक नाम उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के विजय और उस की पत्नी आरती का भी था. एसपी के निर्देश पर एक पुलिस टीम विजय के गांव ऐंझी पहुंच गई.

विजय से सीधे पूछताछ करने के बजाय पुलिस ने पहले उस के बारे में जानकारी हासिल की तो एक जानकारी यह मिली कि उस की 10-11 साल की एक बेटी नेहा भी थी, जो लगभग एक महीने से नहीं दिख रही है.

पुलिस ने चित्रकूट से लड़की की जो लाश बरामद की थी, उस की उम्र भी 10-12 साल थी. यह समानता मिलने पर पुलिस की जिज्ञासा बढ़ गई. इस के बाद पुलिस विजय के घर पहुंच गई. उस समय उस की पत्नी आरती भी घर पर मौजूद थी. पुलिस ने जब उन दोनों से उन की बेटी नेहा के बारे में पूछा तो वह बोले कि उन की कोई बेटी नहीं थी, केवल एक बेटा ही है. 

उन की बातों से लग रहा था कि वह झूठ बोल रहे हैं क्योंकि उनके पड़ोसियों ने बता दिया था कि इन की 10-11 साल की एक बेटी नेहा थी, जो पता नहीं कहां चली गई है. इसी शक के आधार पर पुलिस विजय और उस की पत्नी आरती को चित्रकूट ले आई.

थाने में उन दोनों से जब पूछताछ शुरू हुई तो दोनों साफ मुकर गए कि उन की कोई बेटी भी है. तब पुलिस ने उन्हें सीसीटीवी फुटेज दिखाई, जिस में उन के साथ 10-11 साल की बच्ची थी. फुटेज देखते ही दोनों बगले झांकने लगे. उसी समय दोनों ने आंखों ही आंखों में कुछ बात की और चंद मिनटों में ही बेटी की हत्या का राज उगल दिया.

पुलिस वाले यह जान कर आश्चर्यचकित रह गए कि आरती का असली नाम सबीना शेख है और वह मुसलमान है. सबीना की शादी सन 2006 में उत्तर प्रदेश के जिला फतेहपुर के ही निवासी जाहिद अली से हुई थी. जाहिद से उसे 2 बच्चे हुए, पहली बेटी सिमरन और दूसरा बेटा साजिद जो 5 साल का है

सबीना जाहिद के साथ रह जरूर रही थी, लेकिन उस के साथ उस की कभी पटरी नहीं बैठी, क्योंकि सबीना किसी और को चाहती थी.

दरअसल सबीना और विजय एकदूसरे को बचपन से चाहते थे, लेकिन सबीना की शादी घर वालों ने उस की मरजी के खिलाफ जाहिद से कर दी थी, इसलिए सबीना जाहिद के साथ रह जरूर रही थी, लेकिन उसे वह दिल से नहीं चाहती थी

उस ने तो अपने दिल में विजय को बसा रखा था. जब दिल नहीं मिले तो उन के बीच बातबेबात झगड़ा रहने लगा. अपनी कलह भरी जिंदगी सुकून से गुजारने की गरज से सबीना ने शादी के 9 साल बाद विजय को टटोला. उसे यह जान कर खुशी हुई कि विजय उसे आज भी पहले की तरह चाहता है और उसे बच्चों सहित अपनाने को तैयार है.

बस फिर क्या था बगैर कुछ सोचेसमझे एक दिन वह पति को बिना बताए विजय के साथ भाग गई. यह सन 2015 की बात है.  योजनाबद्ध तरीके से दोनों भाग कर ऐंझी गांव आ कर रहने लगे. सबीना अपने बच्चों को भी साथ ले आई थी, जिस पर विजय को कोई ऐतराज नहीं था. 

अपने पुराने और पहले आशिक के साथ रह कर सबीना खुश थी. उधर जाहिद ने भी बीवी के गायब होने पर कोई भागदौड़ नहीं की, क्योंकि वह तो खुद सबीना से छुटकारा पाना चाहता था. सबीना अब हिंदू के साथ रह रही थी, इसलिए उस ने खुद का नाम आरती सिंह, बेटी सिमरन का नाम नेहा सिंह और बेटे साजिद का नाम बदल कर आशीष सिंह रख लिया था.

नए पति के साथ खुशीखुशी रह रही सबीना को थोड़ाबहुत डर अपने मायके वालों से लगता था कि अगर उन्हें पता चला तो वे जरूर फसाद खड़ा कर सकते हैं. साजिद उर्फ आशीष ने तो विजय को पापा कहना शुरू कर दिया था, लेकिन सिमरन विजय को पिता मानने को तैयार नहीं थी. सिमरन उर्फ नेहा चूंकि 10-11 साल की हो चुकी थी, इसलिए वह दुनियाजहान को समझने लगी थी. उस का दिल और दिमाग दोनों विजय को पिता मानने को तैयार नहीं थे.

आरती की बड़ी इच्छा थी कि नेहा विजय को पापा कहे. इस बाबत शुरू में तो आरती और विजय ने उसे बहुत बहलायाफुसलाया, लेकिन इस्लामिक माहौल में पली सिमरन हमेशा विजय को मामू ही कहती थी. जब इस संबोधन पर सबीना ने सख्ती से पेश आना शुरू किया तो वह सिमरन के इस मासूमियत भरे सवाल का कोई जवाब वह नहीं दे पाई कि आप ही तो कहती थीं कि ये मामू हैं, अब इन्हें पापा कैसे कह दूं. मेरे अब्बू तो दूसरे गांव में रहते हैं. चीखती रही बेटी मां दबीती रही गला

इस से विजय और सबीना की परेशानी बढ़ने लगी थी. वजह मामू और अब्बा के मुद्दे पर सिमरन बराबरी से विवाद और तर्क करने लगी थी. दोनों को डर था कि यह उजड्ड और बातूनी लड़की कभी भी उन का राज खोल सकती है क्योंकि गांव में कोई इन की असलियत नहीं जानता था. अगर गांव वाले सच जान जाएंगे तो धर्म के ठेकेदार इन का रहना और जीना मुहाल कर देते.

जब लाख समझाने और धमकाने से भी बात नहीं बनी यानी सिमरन विजय को पिता मानने को तैयार नहीं हुई तो खुद सबीना ने विजय को इशारा किया कि इस से तो अच्छा है कि सिमरन का मुंह हमेशा के लिए बंद कर दिया जाए. विजय भी इस के लिए तैयार हो गया.

दोनों ने मकर संक्रांति पर चित्रकूट जाने की योजना बनाई और सिमरन से कहा कि वहां तुम्हारी आंखों की जांच भी करा देंगे. सिमरन जिद्दी जरूर थी, पर इतनी समझदार अभी नहीं हुई थी कि सगी मां के मन में पनप रही खतरनाक साजिश को भांप पाती.

12 जनवरी, 2018 को चित्रकूट कर दोनों ने जानकीकुंड अस्पताल में सिमरन उर्फ नेहा की आंखों की फ्री जांच करवाई और उस दिन उन्होंने विभिन्न मंदिरों में दर्शन किए. 13 जनवरी, 2018 को इस अंतरधर्मीय परिवार ने चित्रकूट में परिक्रमा की और रात में नरसिंह मंदिर के प्रांगण में कर सो गए

2 दिन घूमनेफिरने के बाद थकेहारे दोनों बच्चे तो जल्द सो गए, लेकिन दुनिया के सामने दोहरी जिंदगी जीते विजय और आरती उर्फ सबीना की आंखों में नींद नहीं थी. रात 12 बजे के लगभग दोनों ने गहरी नींद में सोई नेहा उर्फ सिमरन का गला मफलर से घोंट डाला. 

उस के मर जाने की तसल्ली होने के बाद दोनों यह सोच कर लाश को झाडि़यों में फेंक आए कि सिमरन की लाश को जल्द ही चीलकौए और जानवर नोचनोच कर खा जाएंगे और उन के जुर्म की भनक किसी को भी नहीं लगेगी. लाश खाईं में गिराने के बाद वे दोनों बेटे को ले कर गाजियाबाद भाग गए और कुछ दिन इधरउधर भटकने के बाद ऐंझी पहुंच गए.

पहाड़ी से लाश गिराते समय इत्तफाक से नेहा की लाश का बायां पांव खंभे में उलझ गया और लाश लटकी रह गई. 9 फरवरी, 2018 को जब सारे राज खुले तो हर किसी ने इसे वासना के लिए ममता का गला घोंटने वाली शर्मनाक वारदात कहा. बात सच भी थी, जिस का दूसरा पहलू सबीना और विजय की यह बेवकूफी थी कि वे नाम बदल कर चोरीछिपे रह रहे थे

सबीना जाहिद से तलाक ले कर सीना ठोंक कर विजय से शादी करती तो शायद सिमरन भी विजय को पिता के रूप में स्वीकार कर लेती, पर इसे इन दोनों की बुजदिली ही कहा जाएगा कि धर्म और समाज के दबाव से लड़ने के बजाय उन्होंने एक मासूम की हत्या कर के अपनी जिंदगी खुशहाल बनने का ख्वाब देख डाला. कथा संकलन तक दोनों जेल में थे. द्य

 

ताऊ ही था असली खलनायक

जाले के ताऊ ने उसे नामी बदमाश बनाने के लिए पानी की तरह पैसा बहाया. बाद में जाले और लाले इलाके के बड़े बदमाश बन गए. फिर ऐसा क्या हुआ कि जाले और उस के ताऊ को घुटघुट कर मरने के लिए मजबूर होना पड़ा

अदालत ने जाले के मृत्युदंड को आजीवन कारावास में बदल दिया, जिस का मुझे बहुत दुख था. 2 लोगों का हत्यारा मौत की सजा से कैसे बच गया, यह सवाल मुझे बारबार सताता था. लेकिन कुछ दिन बाद ही मुझे मेरे सवालों का जवाब मिल गया.

मलिक साहब एक वकील थे, जो अमेरिका जा कर बस गए थे. जब वह स्वदेश आए तो उन से उन की वकालत के दिनों के केसों में सब से रोचक केस सुनाने के लिए कहा गया.

यह कहानी उन्हीं के कथनानुसार है. उन्होंने बताया, ‘मेरे गुरु लाहौर के एक प्रसिद्ध वकील थे. उन के पास फौजदारी मुकदमों की लाइन लगी रहती थी. बड़ेबड़े मुकदमे वह खुद लिया करते थे और छोटेमोटे चोरीडकैती वगैरह के मुकदमे मुझे दिया करते थे. मैं बहुत मेहनत से काम करता था, इसलिए जल्दी ही मेरी गिनती बड़े वकीलों में होने लगी थी.

मेरे 2 क्लायंट थे, जो अकसर छोटेमोटे अपराध किया करते थे. एक का नाम जाले था, जो खातेपीते घराने का था. उसे खानेकमाने की कोई चिंता नहीं थी. जबकि दूसरे का नाम लाले था. वह था तो गरीब घर का, लेकिन उस का शरीर पहलवानों जैसा था

उस के डीलडौल की वजह से उस से कोई पंगा नहीं लेता था. दोनों मेरे पक्के क्लायंट थे और अपना हर केस मुझे ही देते थे. कभीकभी तो दोनों मेरी फीस भी एडवांस में दे देते थे. वे कहते थे, ‘‘वकील साहब, रख लो. अगर कभी हम किसी केस में फंसे तो इसे अपनी फीस समझ लेना.’’

जाले खातेपीते घराने का था और उस की पीठ पर उस के ताऊ का हाथ था. ताऊ की कोई संतान नहीं थी, इसलिए ताऊ की पूरी संपत्ति और कारोबार उसे ही मिलना था. वह अकसर जुआ खेला करता था, इसलिए पैसे से तंग रहता थाइस के लिए कई बार वह घटिया हरकतें भी करता था. मसलन, जैसे छोटे बच्चों से पैसे छीन लेना, किसी छोटी बच्ची के कानों से सोने की बालियां उतार लेना.

दूसरी ओर लाला यानी लाले मेहनतमजदूरी करता था. जुआ वह भी खेलता था. जब पैसे नहीं होते थे तो वह अपने मांबाप या विवाहिता बहन से बहाने से पैसे मांग लेता था. जब कहीं से पैसे नहीं मिलते थे तो वह कहीं हाथ मार कर अपना शौक पूरा कर लेता था. सब उस से डरते थे और उसे लाला पहलवान कह कर बुलाते थे

गर्मियों में जब मैं रोज अपने औफिस के लिए निकलता तो अपने भाई की दूध की दुकान पर जरूर जाता था. वहां मैं पिस्ता, बादाम और खोए का ठंडा दूध पी कर जाता था. एक दिन मैं दूध पी रहा था तो लाले वहां गया

उस ने बोस्की का सूट और बढि़या जूते पहन रखे थे और बहुत खुश था. उस ने मुझे देखते ही जोर से कहा, ‘‘अरे वकील साहब आप?’’ फिर जेब से बहुत सारे नोट निकाल कर बोला, ‘‘लो साल भर की फीस इकट्ठी ही एडवांस में ले लो.’’

मैं ने कहा, ‘‘लाले, इतना रुपया कहां से आया, क्या कहीं लंबा हाथ मारा है?’’

वह बोला, ‘‘मलिक साहब, कल रात ताश के पत्ते मेरे ऊपर मेहरबान थे, बाजी पर बाजी जीतता गया. अब खूब मौज करूंगा. आप भी एडवांस फीस ले लो, पता नहीं कल क्या हो जाए.’’ 

  मैं ने उस का दिल रखने के लिए थोड़े से पैसे ले कर कह दिया, ‘‘ठीक है, खूब मौजमस्ती करो.’’

इस के एक हफ्ते बाद मोहल्ले में सुबहसवेरे शोर हुआ तो मेरी आंखें खुल गईं. जा कर पता किया तो पता चला कि लाले की हत्या हो गई है. यह जानकारी भी मिली कि उस की हत्या जाले ने की है. मुझे यकीन नहीं हुआ, क्योंकि वे दोनों घनिष्ठ मित्र थे. इस के अलावा लाले वैसे भी इतना ताकतवर था कि वह 2-3 के बस में नहीं आ सकता था. उसे जाले जैसा कमजोर आदमी नहीं मार सकता था.

  

जहां उस की हत्या हुई थी, वह जगह मेरे घर से ज्यादा दूर नहीं थी. मैं घटनास्थल पर पहुंचा. वहां लोगों ने बताया कि रात दोनों ने जुआ खेला था और दोनों हारजीत पर लड़ पड़े. जाले ने चाकू निकाल कर लाले को भोंक दिया और वह मर गया

लाले की लाश घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर पड़ी थी. चाकू लगने से वह भागा होगा, इसलिए खून की लकीर जमीन पर पड़ी थी. लगता था, उसे पहले खूब शराब पिलाई गई होगी, जिस से उसे आसानी से मारा जा सके. वैसे तो दोनों मेरे क्लाइंट थे, लेकिन लाले के घर वालों ने पहले मुझे अपना वकील कर लिया और जाले के घर वालों ने एक मशहूर वकील किया. मुझे लाले के मरने का बड़ा दुख था, उस की सब बुराइयों के बावजूद मैं उसे पसंद करता था. मुझे उस की वह बात याद रही थी कि वकील साहब पैसे एडवांस में ले लो, पता नहीं कल क्या हो जाए.

हो सकता है, उस से यह बात उस की मौत कहलवा रही हो. लाले की पार्टी गरीब थी, उस की ओर से मुकदमा उस के पिता लड़ रहे थे. जाले की पार्टी धनी थी, उस की ओर से उस का ताऊ मुकदमा लड़ रहा था, जो बहुत पैसे वाला था. उस ने जाले को खुली छूट दे रखी थी, जो मरजी आए करो पर बड़ा बदमाश बन कर दिखाओ. वह उस के लिए बहुत पैसे खर्च कर रहा था.

मैं ने मुकदमे की तैयारी शुरू कर दी. चश्मदीद गवाह एक ही था और वह जाले की बिरादरी का था. मुझे यकीन नहीं था कि वह जाले के खिलाफ गवाही देगा. ऐसा ही हुआ. उस ने गवाही देने से साफ मना कर दिया. बाद में पता चला कि जाले के ताऊ ने उसे गवाही देने के लिए पैसे दिए थे और जाले की बहन से उस का रिश्ता भी कर दिया था. मुकदमा चला, गवाह मिलने की वजह से जाले साफ छूट गया.

लाले के मांबाप बहुत गरीब थे. मुकदमा हार कर घर बैठ गए. बाद में वे दोनों जवान बेटे के गम में मर गए. जाले जेल से रिहा हो कर घर गया. पूरे मोहल्ले में उस की धाक जम गई. जब भी जाले का और मेरा सामना होता था तो वह मुझ से बड़े घमंड से कहता था, ‘‘आप ने लाले का मुकदमा लड़ कर अच्छा नहीं किया.’’

एक हत्या कर के उस की हिम्मत बढ़ गई और वह चरस, गांजे का कारोबार करने लगा. इलाके में अपनी धाक जमाने के लिए वह अपराध करने लगा था. अब उस ने मुझे अपना वकील भी करना छोड़ दिया था.

उस इलाके में एक और जेबकतरा था, जो बहुत बड़ा बदमाश था. उस की जाले से दोस्ती हो गई और दोनों मिल कर बदमाशी करने लगे. उन्होंने दुकानदारों से हफ्तावसूली शुरू कर दी थी. एक दिन जब वे हफ्तावसूली कर रहे थे तो दोनों की एक दुकानदार से लड़ाई हो गई

दुकानदार भी दो थे, दोनों ने हफ्ता देने से मना कर दिया. वे दोनों बहुत दिलेर थे. चारों में जबरदस्त लड़ाई हुई. दोनों ओर से चाकूछुरियां चलीं, जिस में एक दुकानदार और जाले का साथी मारे गए. जाले भी घायल हो गया और वहां से फरार हो गया. 

एक दुकानदार ने जाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया. जाले ने भी अपने साथी की हत्या के लिए मुकदमा दर्ज कराना चाहा, लेकिन कामयाबी नहीं मिली. कारण यह था कि लड़ाई उन की दुकान पर हुई थी और जाले उस का साथी एक मील चल कर वहां लड़ने आए थे.

 फौजदारी मुकदमों के लिए मैं बहुत मशहूर था, इसलिए उस दुकानदार ने मुझे अपना वकील कर लिया. एक बार फिर मैं जाले के खिलाफ मुकदमा लड़ने लगा. जाले के ताऊ ने लाहौर का एक मशहूर महंगा वकील कर लिया था. जाले जेल चला गया. जाले हर पेशी पर बड़े घमंड से आया करता था. वह मेरी ओर गुस्से से देखता था और इशारों में मुझे धमकियां भी देता था.

जाले के घर वाले भी मुझे धमकियां देने लगे, जिस से डर कर मैं मुकदमा लड़ूं. मैं ने मन लगा कर मेहनत की, जिस से मेरे क्लाइंट बहुत खुश थे. केस सैशन में चला. मेरे गवाहों ने बहुत अच्छी गवाही दी. जाले के वकील ने एक गवाह पेश किया, जो हिस्ट्रीशीटर था. वह ठीक से गवाही नहीं दे पाया. जाले का वकील बहुत परेशान था. हर बड़े वकील को अपने केस की चिंता होती है. उस ने जाले को शक का लाभ ले कर उसे बरी कराने या फांसी से बचाने की तरकीब सोची.

हर अदालत में पुलिस का एक व्यक्ति होता है, जो थानों से मिली हर केस की सभी फाइलें अपने पास रखता है और अदालत तक पहुंचाता है. जब मुकदमा दायर हो जाता है तो उस मुकदमे की दूसरी फाइल उस के पास रहती है, जिसे पुलिस फाइल कहते हैं. उस में विवेचना अधिकारी की हर दिन की काररवाई दर्ज की जाती है. अधिकतर वकील उस फाइल को देख नहीं पाते, लेकिन जो होशियार वकील होते हैं, उस फाइल से अपने मतलब की बहुत सी चीजें निकाल लेते हैं.

जाले के वकील ने जाले के ताऊ से कह कर एक नई डाक्टरी रिपोर्ट लगवा दी जो असल रिपोर्ट से अलग थी. दोनों रिपोर्टों में भिन्नता के कारण अपराधी को शक का लाभ मिल सकता था.

मैं अदालत जाने से पहले उस पुलिस फाइल को जरूर देखता था. मैं ने वह रिपोर्ट देखी तो मेरे पैरों तले से जमीन निकल गई. मैं ने पुलिस वाले से पूछा तो उस ने बताया कि उसे पता नहीं लेकिन फाइल थानेदार ने मंगवाई थी. मैं ने तुरंत अपने क्लायंट से कहा, ‘‘समय रहते कुछ करना है तो कर लो.’’

वे लोग भी बहुत होशियार थे. उन्होंने पुलिस वाले को अच्छी रकम दे कर वह रिपोर्ट निकलवा दी.पेशी के दिन जाले का वकील और थानेदार बड़े भरोसे से अदालत में आए. पहले विवेचना अधिकारी के बयान हुए. वकील बहुत खुश था कि उस रिपोर्ट की बिनाह पर वे लोग मुकदमा जीत जाएंगे. थानेदार और वकील ने पूरी फाइल देख ली, लेकिन वह रिपोर्ट नहीं मिली. दोनों को पसीना आ गया कि वह रिपोर्ट कहां गई. शोर इसलिए नहीं कर सकते थे कि अदालत के पास जो रिपोर्ट थी, वह असली थी.

मैं ने लोहा गरम देख कर चोट की, ‘‘योर औनर, ऐसी कोई रिपोर्ट तो थी और है. नई रिपोर्ट कोई डाक्टर बना कर भी नहीं दे सकता, इसलिए यह पूरा मामला ही झूठ का पुलिंदा है.’’

जाले का वकील कोई सबूत पेश नहीं कर सका, इसलिए अदालत ने उसे फांसी की सजा सुना दी. मेरे क्लाइंट बहुत खुश हुए. उन्होंने मेरी जेब में बहुत मोटी रकम डाल दी. मैं ने मना किया तो वे कहने लगे कि केस हाईकोर्ट में तो जाना ही है, और इसे आप ही लड़ेंगे.

केस हाईकोर्ट में गया. मेरे क्लायंट ने एक और महंगा वकील कर लिया. हम दोनों ने मिल कर मुकदमा लड़ा. यहां भी हम जीत गए. लेकिन अदालत ने फांसी की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया. जाले को उस की करनी की सजा मिल गई, लेकिन मुझे इस बात का बहुत दुख हुआ कि 2 आदमियों का हत्यारा फांसी से बच गया. लेकिन यह दुनिया की अदालत का फैसला था, अभी कुदरत का फैसला बाकी था. कुदरत की ओर से जो सजा उसे मिलनी थी, उस के लिए जाले का जिंदा रहना जरूरी था.

लाले के मातापिता मरते दम तक जाले को कोसते रहे. दूसरी ओर उस दुकानदार के घर वाले और भी कई लोग थे, जो उसे कोस रहे थे. कहते हैं, कमजोर की हाय आसमान से टकराती है और इस का नतीजा बड़ा भयानक होता है.

एक दिन खबर आई कि जाले जेल में अंधा हो गया है. यह बात यकीन करने के काबिल नहीं थी, क्योंकि वह 26-27 साल का गबरू जवान था, उसे कोई बीमारी भी नहीं थी. जेल के डाक्टरों ने बहुत बारीकी से उस की आंखों को टेस्ट किया, लेकिन उन की समझ में बीमारी नहीं आई. एक डाक्टर ने कहा, ‘‘यह बीमारी हमारी समझ से बाहर है. आंखें भलीचंगी हैं, उन में कोई खराबी नहीं लेकिन अचरज की बात है कि आंखों की रोशनी कैसे चली गई.’’

जाले की दुनिया अंधेरी हो गई थी, जबकि वह लोगों की दुनिया में अंधेरा फैलाता रहा था. जेल अधिकारियों ने बड़ेबड़े आई स्पेशलिस्ट्स को दिखाया, लेकिन किसी की समझ में बीमारी नहीं आई. अब अंधे जाले के लिए जेल का जीवन और भी कठिन हो गया. अब वह कुछ नहीं कर सकता था. हर काम के लिए दूसरों पर निर्भर था. वह रोरो कर अपने गलत कर्मों की माफी मांगता था

  

लेकिन लगता था कि बेकसूर लोगों की बददुआएं अभी और असर दिखाने वाली थीं. कुछ दिनों बाद खबर आई कि जाले जेल में गूंगा हो गया है. इस बीमारी का भी बहुत इलाज हुआ, लेकिन सब बेकार. उस के बाद खबर आई कि जाले चलनेफिरने से भी बेकार हो गया. जाले को जेल के अस्पताल भेज दिया गया. सभी डाक्टर इस बात पर हैरान थे कि भलाचंगा आदमी गूंगा, लंगड़ा, अंधा कैसे हो गया?

जेल के दूसरे बंदी उसे देख कर कानों को हाथ लगाते थे. अब वह अपाहिज हुआ अस्पताल में पड़ा रहता था. बोल सकता था, हाथपैर चला सकता था. जेल के डाक्टरों ने जेल अधिकारियों से बात की और उस के घर वालों से संपर्क किया. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में उस की रिहाई का प्रार्थनापत्र डाल दिया, जो जेल के डाक्टरों की संस्तुति पर मंजूर हो गया.

वह जेल से रिहा हो कर अपने घर गया. वह पेशाब शौच बिस्तर पर ही कर देता था. कुछ ही दिनों में उस के घर वाले उस से तंग गए और उस की चारपाई घर से बाहर रख दी. उस की साफसफाई के लिए एक सफाई कर्मचारी को लगा दिया गया.

हर आनेजाने वाला उसे देख कर कानों को हाथ लगाता था. वह वही जाले था, जो कभी सब के सामने अकड़ कर चलता था. आज वह अपने मुंह से मक्खी भी नहीं उड़ा सकता था. घर के लोग उस के मरने की दुआएं करने लगे थे. एक दिन सब की दुआ काम आई और वह अपनी जिंदगी की कैद से आजाद हो गया.

क्या यहां पर कर कहानी खत्म हो गई? नहीं, अभी एक और गुनहगार बचा हुआ था, जो कानून और दुनिया वालों की नजरों से छिपा हुआ था. वह अपने आप में संतुष्ट था कि उस की ओर किसी का ध्यान नहीं गया

वह व्यक्ति जाले को बहुत बड़ा बदमाश बनाना चाहता था. उसे बदमाश बनाने में उस ने अपना धन लगाया. वह था, उस का ताऊ. एक दिन उस की पिंडली पर एक छोटा सा घाव हो गया, जो ठीक नहीं हुआ और डाक्टरों ने उस की पिंडली से टांग काट दी

वह घाव फिर घुटने तक पहुंच गया और फिर उस की रान से टांग काटनी पड़ी. यह भी चलनेफिरने में अक्षम हो गया थाचारपाई पर पड़ा रहता था. रातदिन बीमारी के कारण बहुत कमजोर हो गया था. अंत में एक दिन वह भी दुनिया से चला गया.

बिना एटीएम कार्ड के रकम निकाल ले गए अपराधी

 साइबर ठग बैंक कस्टमर्स के डेबिट या क्रैडिट कार्ड की क्लोनिंग कर के उन के खाते से पैसा निकाल लेते हैं. क्लोनिंग के लिए उन्हें कई तरह के अत्याधुनिक उपकरणों का सहारा लेना होता है, जिन्हें पैसा निकालने पहुंचे कस्टमर देख नहीं पाते. ऐसे मामले में कस्टमर्स कुछ सतर्कता बरतें तो ठगी से बचा सकता है.

इसी 25 फरवरी की बात है, दोपहर का समय था. जयपुर के महेशनगर पुलिस थाने में ड्यूटी अफसर अपनी सीट पर बैठे थे, तभी करीब 22-24 साल का  एक युवक थाने पहुंचा. वह सीधा ड्यूटी अफसर के पास पहुंचा और अपना परिचय दे कर बोला, ‘‘सर, मेरा नाम महेशराज मीणा है और मैं महेशनगर में रहता हूं.’’

 ‘‘बताइए, थाने कैसे आना हुआ?’’ ड्यूटी अफसर ने पूछा‘‘साहब, मेरे बैंक खाते से 15 हजार रुपए निकाल लिए गए, जबकि एटीएम कार्ड मेरे पास है.’’ महेशराज ने घबराए लहजे में कहा, ‘‘साहब, मेरे मोबाइल पर ट्रांजैक्शन का मैसेज आया, तब पता चला कि मेरे खाते से पैसे निकल गए हैं.’’

ड्यूटी अफसर ने महेशराज को कुरसी पर बैठने का इशारा करते हुए पूछा, ‘‘तुम्हारे पास मैसेज कब आया?’’  ‘‘साहब, मैसेज तो आज ही आया है.’’ महेशराज ने कहा, ‘‘आश्चर्य की बात यह है कि आज मैं किसी एटीएम से पैसे निकालने भी नहीं गया, फिर भी मेरे एकाउंट से 15 हजार रुपए निकल गए.’’

ड्यूटी अफसर महेशराज से उस के खाते से पैसे निकलने के बारे में जानकारी ले रहे थे, इसी दौरान 2-3 और लोग थाने पहुंच गए. ड्यूटी अफसर ने उन लोगों के आने का कारण पूछा तो पता चला महेश की तरह उन के एकाउंट से भी पैसे निकल गए हैं.

थाने पहुंचे दिनेश कुमार ने बताया कि उस के खाते से 20 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं. चंद्रलता नवल ने 40 हजार रुपए निकलने की बात बताई. अर्जुन अग्रवाल के खाते से भी 30 हजार रुपए निकाले गए थे.

ड्यूटी अफसर इन लोगों से बातचीत कर ही रहे थे कि 2 लोग और थाने पहुंच गए. इन में कमलेश कुमारी मीणा ने बताया कि उस के खाते से 10 हजार रुपए निकाले गए हैं जबकि प्रदीप ने 20 हजार रुपए निकलने की बात कही. इस तरह उस दिन 3-4 घंटे में ही 10-11 लोग इस तरह की शिकायत ले कर थाने पहुंचे कि उन के खाते से बिना एटीएम कार्ड के रकम निकाल ली गई. ड्यूटी अफसर ने इन लोगों से अलगअलग बात कर के तह में जाने की कोशिश की तो पता चला कि इन लोगों के खाते से रकम दिल्ली में निकाली गई थी. 

यह बात भी सामने आई कि ये सभी ट्रांजैक्शन उस दिन दोपहर 1 से 2 बजे के बीच हुए थे. पीडि़त लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुछ दिनों पहले महेशनगर फाटक और 80 फुटा रोड पर लगे 3 एटीएम से पैसे निकाले थे. इस के बाद एटीएम से कोई ट्रांजैक्शन नहीं किया था.

ड्यूटी अफसर को मामला गंभीर लगा. उन्होंने थानाप्रभारी जयसिंह और अपने उच्चाधिकारियों को इस तरह के मामले होने की सूचना दी. इसी के साथ पुलिस ने सभी पीडि़तों से लिखित में रिपोर्ट ले ली. पुलिस ने इन लोगों को जल्द से जल्द अपने एटीएम कार्ड ब्लौक करवाने की भी हिदायत दी, ताकि उन के खाते से और रकम निकाली जा सके.

उस दिन शाम तक 10 ऐसे पीडि़तों ने महेशनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई. इन लोगों के खातों से करीब ढाई लाख रुपए निकाले गए थे. इस में 3 हजार रुपए से ले कर 40 हजार रुपए तक की रकम शामिल थी. इन पीडि़तों में 2 बैंक कर्मचारी भी शामिल थे. भारतीय स्टेट बैंक में सहायक चेतराम मीणा के खाते से दिल्ली में आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से 30 हजार रुपए निकाल लिए गए थे. बैंक कर्मचारी अतेंद्र मीणा के खाते से भी 30 हजार रुपए निकाले गए थे.

जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच भी सक्रिय हो गई. महेशनगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने पीडि़तों से बातचीत की तो यह बात साफ हो गई कि इन वारदातों को एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर के अंजाम दिया गया था. क्योंकि सारे पीडि़त जयपुर के थे. वे दिल्ली गए भी नहीं थे और दिल्ली के एटीएम से उन के खातों से पैसे निकाल लिए गए थे.

पुलिस ने जांचपड़ताल शुरू भी नहीं की थी कि अगले दिन यानी 26 फरवरी को सुबह से ही महेशनगर थाने पर लोगों का जमावड़ा होने लगा. ये लोग भी अपने खाते से रकम निकाले जाने की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे थे. उस दिन शाम तक 28 पीडि़त और सामने गए. इन में राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला के वैज्ञानिक सुशील शर्मा के खाते से 3 बार में 10-10 हजार रुपए निकाले गए थे. चार्टर्ड एकाउंटेंट गजेंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 21 फरवरी को जयपुर के किशनपोल बाजार स्थित पीएनबी के एटीएम से 5 हजार रुपए निकाले थे. इस के 3 घंटे बाद ही उन के खाते से 10,500 रुपए निकालने का मैसेज गया.

सीए गजेंद्र शर्मा के भाई देवेंद्र शर्मा के खाते से 4 बार में 38 हजार रुपए निकाल लिए गए थे. इन के अलावा मीना कंवर के खाते से 16 हजार, देवेंद्र सिंह के खाते से 25 हजार, चंद्रप्रकाश शर्मा के खाते से 40 हजार, रामप्रताप शर्मा के खाते से 30 हजार, सरमया थौमस के खाते से 40 हजार, मयंक गौड़ के खाते से 18,500, चुन्नीलाल गुप्ता के खाते से 40 हजार रुपए निकाले गए इस के अलावा सुशीला तंवर के खाते से 40 हजार, सुशील कुमार राज के खाते से 30 हजार, सुशीला राठौड़ के खाते से 5 हजार, अजय कुमार के खाते से 2 हजार, योगेंद्र कुमार के खाते से 26500, दुर्गेश दवे के खाते से 5 हजार, लख्मीचंद के खाते से 40 हजार, राखी सिंह के खाते से 30 हजार, ललतेश सिंह के खाते से 70 हजार और रामअवतार बुनकर के खाते से 40 हजार रुपए सहित अन्य कई लोगों के खातों से भी पैसे निकाले गए थे.

2 दिन में 38 लोगों के बैंक खातों से रकम निकाले जाने से पुलिस भी हैरान थी. पुलिस ने जांच शुरू की तो सामने आया कि बदमाशों ने महेशनगर में 80 फुटा रोड पर एसबीआई, पीएनबी और इंडसइंड बैंक के एटीएम में स्किमर लगाए थे. ये स्किमर 24 फरवरी तक लगे हुए थे, क्योंकि उन्हीं एटीएम कार्ड धारकों के पैसे निकाले गए, जिन्होंने एक सप्ताह के भीतर इन एटीएम से ट्रांजैक्शन किया था. इन से डाटा चोरी कर 2 दिन में करीब 40 लोगों के खातों से 7 लाख रुपए से ज्यादा निकाल लिए गए थे. जांच में पता चला कि बदमाशों ने क्लोन कार्ड से दिल्ली में जनकपुरी व पालम इलाके में रकम निकाली थी. 

पुलिस ने उन तीनों एटीएम के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बैंक प्रबंधकों से मांगी. इस के अलावा सभी पीडि़तों से उन के एटीएम कार्ड के पासवर्ड बदलने को भी कहा. पीडि़तों के संबंधित बैंक खातों का स्टेटमेंट, उन्होंने 2 महीने में किसकिस एटीएम से पैसे निकाले थे, आदि की जानकारी एकत्र की. बदमाशों ने दिल्ली में जिसजिस एटीएम से रकम निकाली, उन की वीडियो फुटेज हासिल करने के लिए एक टीम दिल्ली भेजने का निर्णय लिया गया

लगातार पीडि़तों के सामने आने से यह संख्या बढ़ती जा रही थी. करीब एक सप्ताह में ही जयपुर के महेशनगर, जवाहर सर्किल, बजाजनगर ज्योतिनगर पुलिस थाने में इस तरह की वारदात के 88 मामले दर्ज हो गए. इन में पीडि़तों से 27 लाख 32 हजार रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी की गई थी.

जयपुर काफी समय से साइबर ठगों के निशाने पर रहा है. दिल्ली, नोएडा, झारखंड छत्तीसगढ़ के ठग आए दिन बैंक अधिकारी या बीमा अधिकारी बन कर अथवा अन्य कोई प्रलोभन दे कर लोगों के बैंक खातों से ठगी करते रहे हैं.

नोटबंदी के बाद कैशलेस का प्रचलन बढ़ने से साइबर ठगों को अपना शिकार ढूंढने में आसानी हो गई है. जयपुर कमिश्नरेट में सन 2011 में साइबर क्राइम के केवल 88 मामले दर्ज हुए थे, जबकि 2012 में यह संख्या घट कर 74 रह गई. इस के बाद 2013 में साइबर क्राइम के 123, सन 2014 में 373, सन 2015 में 574, सन 2016 में 531 और 2017 में 643 मामले दर्ज हुए.

अब साइबर क्राइम का नया रूप सामने गया था. एटीएम कार्ड की क्लोनिंग के जरिए फरजी एटीएम कार्ड तैयार कर के इतनी बड़ी संख्या में लोगों से धोखाधड़ी के सामने आने पर पुलिस कमिश्नर संजय अग्रवाल चिंतित हो उठे. उन्होंने अपने मातहत अधिकारियों की बैठक बुलाई और बदमाशों का जल्द से जल्द पता लगाने को कहा.

कमिश्नर अग्रवाल ने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (प्रथम) प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त (अपराध) डा. विकास पाठक के नेतृत्व में एक टीम गठित की. इस टीम में क्राइम ब्रांच के इंसपेक्टर मुकेश चौधरी, महेश नगर थानाप्रभारी जय सिंह, महेश नगर थाने के सबइंसपेक्टर सुनील, क्राइम ब्रांच के सबइंसपेक्टर धर्म सिंह और मनोज कुमार के साथ कई कांस्टेबलों को शामिल किया गया.

पुलिस टीम ने संबंधित बैंकों से रिकौर्ड हासिल किया. एटीएम बूथों की सीसीटीवी फुटेज जांची. आवश्यक तकनीकी जांचपड़ताल के बाद एक टीम दिल्ली भेजी गई. इस के अलावा पुलिस ने देश भर में ऐसे गिरोहों की जानकारी जुटाई, जो एटीएम कार्ड की क्लोनिंग के अपराध से जुड़े रहे हैं.

इस में पता चला कि एक गिरोह के बदमाशों ने पिछले साल देहरादून में एटीएम कार्ड के क्लोन बना कर जयपुर से रुपए निकाले थे. इस मामले में देहरादून एसटीएफ ने गिरोह के मास्टरमाइंड रामवीर को सितंबर 2017 में पुणे से गिरफ्तार किया था. रामवीर हरियाणा के बहादुरगढ़ का रहने वाला था. इस गिरोह में महिलाएं भी थीं.

उधर जयपुर से दिल्ली गई पुलिस टीम ने उन एटीएम की वीडियो फुटेज हासिल की, जिन से जयपुर के लोगों के एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर के रकम निकाली गई थी. इन फुटेज के आधार पर पुलिस ने 7 मार्च को दिल्ली से 3 विदेशी साइबर ठगों को पकड़ लिया

इन में रोमानिया के काटनेस्कू, डुयिका बोगडन निकोलेई और सियोबानू शामिल थे. ये तीनों पर्यटक वीजा पर दिल्ली आए थे और वापस रोमानिया जाने की तैयारी में थे.

दरअसल, पुलिस को जयपुर में एटीएम की वीडियो फुटेज में हेलमेट पहने लोग स्किमर लगाते नजर आए थे. इन फुटेज में उन के चेहरे नहीं दिख रहे थे. हां, शरीर का अंदाजा हो रहा था. दिल्ली में पुलिस ने जो वीडियो फुटेज हासिल किए, उन में इन के चेहरे साफ दिखाई दिए. चेहरों से पता चला कि ये बदमाश विदेशी हैं. इस पर पुलिस ने वीजा खंगाले तो फोटो और वीडियो फुटेज से इन का मिलान हो गया. इस के बाद पुलिस ने इन लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने इन तीनों विदेशी साइबर ठगों से करीब 53 लाख 50 हजार रुपए नकदी के अलावा क्लोनशुदा विभिन्न बैंकों के 5 एटीएम कार्ड, एक मल्टीपरपज कार्ड रीडर, एक हौटस्पौट, एक स्पाई कैमरा, एक माइक्रो चिप, एक लैपटौप, 4 काले रंग के मास्क, एक कैप, 2 पासपोर्ट आईडी, 4 मोबाइल फोन आदि बरामद किए.

इन विदेशी ठगों से पूछताछ में पुलिस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि ये केवल टूटीफूटी अंगरेजी बोलते थे. सख्ती करने परआई डोंट नो आई डोंट नोकह कर चुप हो जाते थे.

पुलिस की पूछताछ में जो कहानी उभर कर सामने आई, वह इस प्रकार है

रोमानिया के रहने वाले काटनेस्कू, डुयिका बोगडन निकोलेई और सियोबानू अलगअलग समय पर दिल्ली आए थे. सब से पहले डुयिका बोगडन निकोलेई सितंबर में दिल्ली आया. इस के बाद काटनेस्कू दिसंबर में और बाद में सियोबानू दिल्ली पहुंचा. इन्होंने दिल्ली में ग्रेटर कैलाश में 7 हजार रुपए महीने के किराए पर एक फ्लैट लिया. दिल्ली में इन के साथ एक महिला मित्र भी थी.

दिल्ली में इन्होंने तुर्की के बदमाशों से स्किमिंग डिवाइस खरीदी थी. दिल्ली से ये लोग कई दूसरे शहरों में भी वारदात करने के लिए गए. बीच में डुयिका बोगडन निकोलेई करीब एक महीने तक मुंबई और 3 सप्ताह तक आगरा में ठहरा. तीनों साथी दिल्ली में कुछ दिन रुके. फिर महिला मित्र को छोड़ कर ये जयपुर गए.

जयपुर में त्रिवेणीनगर में इन्होंने इंटरनेट पर बुकिंग करा कर 22 हजार रुपए महीने के किराए पर एक अपार्टमेंट में फ्लैट लिया. मकान मालिक ने सीआईडी के लिए सी फार्म पर इस की औनलाइन जानकारी दी थी. जयपुर में घूमने के लिए इन्होंने एमआई रोड से 300 रुपए प्रतिदिन किराए पर 2 एक्टिवा स्कूटी लीं

जयपुर में घूम कर इन्होंने एटीएम बूथों को चिह्नित किया. चिह्नित किए गए एटीएम बूथों पर अलसुबह जा कर इन्होंने स्किमर और कैमरे लगा दिए. एटीएम मशीन पर जहां कार्ड स्वाइप किया जाता है, वहां इन्होंने एक चिप लगाई और जहां पर पिन नंबर लिया जाता है, उस जगह के ऊपर माइक्रो कैमरे फिट किए. इन बदमाशों ने एटीएम बूथ पर स्किमर कैमरे लगाते समय अपने चेहरों पर हेलमेट लगा रखे थे. इस से इन के चेहरे वीडियो फुटेज में नजर नहीं आए.

जब कोई उपभोक्ता एटीएम बूथ में एटीएम कार्ड को स्वाइप करता तो चिप उसे पढ़ लेती थी और उस कार्ड की सारी जानकारी चिप में चली जाती थी. जब रुपए निकालने के लिए पिन नंबर डाला जाता था तो पासवर्ड वाली जगह के ऊपर लगे माइक्रो कैमरे से ठगों को उस एटीएम कार्ड का पिन नंबर पता चल जाता था. बाद में वे एटीएम कार्ड का क्लोन बना कर दूसरी जगह के किसी एटीएम से रकम निकाल लेते थे.

इन ठगों ने फरवरी के पहले सप्ताह में जयपुर में महेशनगर, जवाहर सर्किल, बजाज नगर और ज्योतिनगर में 8 एटीएम बूथों पर स्किमर और माइक्रो कैमरे लगाए थे. 20 फरवरी के आसपास ये लोग जयपुर में एटीएम बूथों पर लगाए स्किमर व माइक्रो कैमरे निकाल कर दिली चले गए.

दिल्ली में इन्होंने स्किमर व माइक्रो कैमरे से डाटा निकाल कर एटीएम कार्ड की क्लोनिंग की. इस के बाद विभिन्न स्थानों पर अलगअलग बैंकों के एटीएम से उन फरजी एटीएम कार्ड के जरिए लोगों के बैंक खातों से रकम निकाल ली.

इन साइबर ठगों ने पूछताछ में बताया कि वे 12 मार्च को रोमानिया जाने वाले थे. इस से पहले वे बैंक खातों से फरजीवाड़े से निकाली गई 50 लाख रुपए से ज्यादा की रकम को बिटकौइन में बदलनी थी, ताकि दिल्ली एयरपोर्ट पर इतनी बड़ी रकम के साथ पकड़े जाएं. इन्होंने यूरोप समेत 6 देशों में कार्ड क्लोनिंग कर लोगों के बैंक खातों से रकम निकालने की बात बताई. भारत में इन्होंने जयपुर के अलावा आगरा मुंबई में वारदात करने की बात भी कही है. पुलिस इन मामलों की पुष्टि करने में जुटी है.

गिरफ्तार सियोबानू के खिलाफ रोमानिया में हत्या समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. जयपुर पुलिस ने रोमानिया के दूतावास को ये सारी जानकारियां दे कर तीनों आरोपियों का आपराधिक ब्यौरा भी मंगाया गया है.

गिरफ्तारी के बाद रिमांड अवधि के दौरान इन तीनों विदेशी साइबर ठगों से जयपुर के अशोक नगर में पूछताछ की जा रही थी. इस बीच एक दिन आरोपी डुयिका बोगडन निकोलेई ने पुलिस की मौजूदगी में थाने से भागने का प्रयास किया. हालांकि पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया. इस संबंध में अशोक नगर थाने के रोजनामचे में रपट लिखी गई.

इन ठगों से बरामद 53 लाख रुपए में से करीब 28 लाख रुपए की ठगी के मामले जयपुर के विभिन्न थानों में दर्ज हैं. जयपुर पुलिस ने आगरा मुंबई पुलिस से इस तरह की ठगी के मामलों की जानकारी मांगी थी, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला. अगर जल्दी ही किसी राज्य की पुलिस ने कोई दावा नहीं किया तो बाकी के 25 लाख रुपए की राशि अदालत से आदेश ले कर सरकारी खजाने में जमा कराई जाएगी

हालांकि जयपुर पुलिस ने साइबर ठगों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली, लेकिन देश भर में ऐसे पचासों गिरोह सक्रिय हैं, जो रोजाना किसी किसी तरीके से लोगों के बैंक खातों से पैसे निकाल रहे हैं. ऐसे मामलों में उपभोक्ताओं को ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता है.

भारत में एटीएम कार्ड क्लोनिंग के अभी बहुत कम मामले सामने आए हैं. चिंता की बात यह है कि ऐसे गिरोह से महिलाएं भी जुड़ी हुई हैं. पिछले साल देहरादून में 97 लोगों के एटीएम क्लोनिंग के आरोप में पकड़े गए साइबर ठगों के गिरोह में हरियाणा के सोनीपत की अनिल कुमारी भी शामिल थी. इस गिरोह ने जयपुर में रकम निकाली थी. जयपुर पुलिस द्वारा पकड़े गए विदेशी साइबर ठगों के साथ भी उन की महिला मित्र थी. हालांकि अभी उस महिला की आपराधिक संलिप्तता सामने नहीं आई है. फिर भी पुलिस उस की तलाश कर रही है.

साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक क्रैडिट डेबिट कार्ड पर एक चुंबकीय पट्टी होती है, जिस में खाताधारक और उस के खाते की डिटेल की कोडिंग होती है. इस मैगनेट टेप से डाटा कौपी करने की प्रक्रिया को स्किमिंग कहते हैं

इस के लिए इलैक्ट्रौनिक डिवाइस स्किमर लगा कर चुंबकीय पट्टी में दर्ज जानकारी कौपी हो जाती है. इस से एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार किया जाता है. रिजर्व बैंक ने पिछले साल जुलाई में औनलाइन बैंकिंग लेनदेन में ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी से संबंधित नियमों में बदलाव किया था. इस के मुताबिक कार्ड क्लोनिंग से संबंधित मामलों में बैंक नुकसान की भरपाई करने के लिए जिम्मेदार है

कार्ड क्लोनिंग का पता चलने पर होम ब्रांच को सूचना दे कर 3 दिन में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराएं. बैंक में स्टैंडर्ड औपरेटिंग प्रोसीजर फौर्म भरें. इस फौर्म पर बैंक की कमेटी नुकसान की भरपाई का फैसला लेगी. औनलाइन फ्रौड से बचने के लिए बीमा भी करा सकते हैं.

   —कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

  

अश्लील वीडियो ने लिखी मौत की कहानी

 

शादीशुदा संदीप ने राहों में खुद कांटे बोए थे. उसे उम्मीद थी कि वे कांटे दूसरों को चुभेंगे. उसे क्या पता था कि वे कांटे जहरीले बन कर उस की जान ले लेंगे.

21मार्च, 2018 की प्रात: 9 बजे कानपुर के बर्रा थाने के प्रभारी भास्कर मिश्रा को गहोई निवासी बबलू भदौरिया ने सूचना दी कि पांडु नदी पर बने काठ पुल के नीचे एक युवक की लाश तैर रही है. मिश्रा को मामला गंभीर लगा. अपने उच्चाधिकारियों को लाश की जानकारी दे कर वह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हो गए.

पांडु नदी (काठ पुल) थाना बर्रा से करीब 3 किलोमीटर दूर है. भास्कर मिश्रा को वहां पहुंचने में आधा घंटा लगा. उस समय वहां भीड़ जुटी थी. लोग पुल से झांकझांक कर नदी में तैरते शव को देख रहे थे. कोई कह रहा था कि युवक की मौत डूबने से हुई है तो कोई आत्महत्या करने की बात कह रहा था. कुछ लोग ऐसे भी थे, जो हत्या की आशंका भी जता रहे थे.

थानाप्रभारी भास्कर मिश्रा ने युवक के तैरते हुए शव को गौर से देखा तो गले में बंधे दुपट्टे से वह समझ गए कि युवक की हत्या की गई है. साथी पुलिसकर्मियों ने भी उन की हां में हां मिलाई. मिश्रा अभी निरीक्षण कर ही रहे थे कि सूचना पा कर एसपी (साउथ) अशोक कुमार वर्मा तथा सीओ (गोविंदनगर) सैफुद्दीन बेग भी वहां आ गए.

उन्होंने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया. पुलिस अधिकारियों ने नदी से लाश बाहर निकलवा कर उस का बारीकी से निरीक्षण किया. मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष रही होगी. वह नीले रंग की शर्ट व पैंट पहने था. युवक का गला रेतने के अलावा उस के सीने को किसी नुकीली चीज से गोदा गया था. सिर पर भी कई घाव थे और उस के गले में स्टोल (दुपट्टा) बंधा था.

एसपी (साउथ) अशोक कुमार वर्मा ने मृतक की जामातलाशी कराई तो उस के पास से कुछ भी बरामद नहीं हुआ.थानाप्रभारी को यह देख कर जरूर ताज्जुब हुआ कि मृतक उल्टा अंडरवियर पहने था. उन्हें लगा कि संभवत: यह प्रेमिल संबंधों में हुई हत्या का मामला रहा होगा. उस की हत्या कहीं और की गई होगी और शव को यहां फेंक दिया गया होगा.

अब तक शव को सैकड़ों लोग देख चुके थे, लेकिन कोई भी मृतक की शिनाख्त नहीं कर पाया था. इस से यही लगा कि मृतक युवक यहां का नहीं है. शिनाख्त न होने पर पुलिस ने मौके की काररवाई निपटा कर लाश को मोर्चरी में रखवा दिया. साथ ही अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उस के हुलिए की सूचना वायरलैस से कानपुर नगर व कानपुर देहात के थानों को दे दी.

उसी रोज शाम 4 बजे थानाप्रभारी भास्कर मिश्रा थाने में आए तो 2 लोग उन की प्रतीक्षा में वहां बैठे मिले. उन में से अधेड़ उम्र का व्यक्ति बोला, ‘‘सर, मेरा नाम महेंद्र सिंह है और यह मेरा बड़ा बेटा कुलदीप है. मैं घाटमपुर कस्बा के जवाहर नगर मोहल्ले में रहता हूं. मेराछोटा बेटा संदीप सिंह दिल्ली में नौकरी करता है और अपनी पत्नी व बच्चों के
साथ वहीं रहता है.

‘‘संदीप 19 मार्च को दोपहर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा कानपुर के लिए रवाना हुआ और रात 10 बजे कानपुर स्टेशन पर उतरा था. इस बीच वह बराबर वीडियो कालिंग द्वारा अपनी पत्नी रेनू के संपर्क में रहा. नौबस्ता थाना के अंतर्गत आशानगर में हमारा मकान बन रहा है. इसी मकान में संदीप को आना था.

लेकिन जब वह मकान में नहीं पहुंचा और उस का मोबाइल भी बंद हो गया तो हम ने उस की खोजबीन शुरू की. ‘‘बहू को जानकारी दी तो वह भी घबरा कर दिल्ली से कानपुर आ गई. जब संदीप का कुछ भी पता नहीं चला तो हम संदीप की गुमशुदगी दर्ज कराने थाना नौबस्ता गए. वहां से पता चला कि बर्रा थाना क्षेत्र में एक युवक की लाश मिली है.

हम उस लाश का फोटो देखना चाहते हैं कि वह किस की है.’’ थानाप्रभारी ने पांडु नदी से जो लाश बरामद की थी, उस के फोटो उन के मोबाइल फोन में थे. उन्होंने वे फोटो महेंद्र सिंह को दिखाए तो फोटो देखते ही वह फफक कर रो पड़े. उन्हें देख कर उन का बेटा कुलदीप सिंह भी रोने लगा. वह लाश संदीप की ही थी. संदीप की हत्या की खबर जैसे ही घर पहुंची तो घर में कोहराम मच गया. घर पर रिश्ते नातेदारों की भीड़ जुटने लगी.

थानाप्रभारी ने संदीप सिंह की हत्या के बाबत महेंद्र सिंह से पूछा तो वह बोले, ‘‘सर, हमारी किसी से कोई रंजिश नहीं है. मुझे तो लगता है कि संदीप की हत्या लूट के इरादे से हुई है.’’

लुटेरों द्वारा लूट की बात थानाप्रभारी को हजम नहीं हुई, क्योंकि लुटेरे इस तरह निर्मम हत्या नहीं करते. हत्या का कारण उन्हें कुछ और ही नजर आया. एसपी (साउथ) अशोक कुमार वर्मा के निर्देश पर पुलिस ने सब से पहले मृतक संदीप की पत्नी रेनू सिंह से पूछताछ की. रेनू ने बताया, ‘‘वह 19 मार्च की दोपहर पौने एक बजे पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से कानपुर जाने के लिए ट्रेन में बैठे थे.

उन के पास 25 हजार रुपए नकद, गले में सोने की चेन, सोने की 2 अंगूठियां तथा महंगा मोबाइल फोन था. ‘‘शाम साढ़े 4 बजे उन्होंने मुझे वीडियो कालिंग की और बताया कि वह गाजियाबाद से आगे हैं. रात 9.55 बजे उन्होंने मुझे बताया कि वह कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर उतर गए हैं और टैंपो से आशानगर जा रहे हैं.

‘‘रात पौने 12 बजे उन्होंने फिर मुझे वीडियो काल कर के बताया कि वह नौबस्ता सब्जीमंडी पहुंच गए हैं. सवारी न मिलने से पैदल ही आशानगर स्थित निर्माणाधीन मकान की ओर जा रहे हैं. इस के बाद उन से कोई बातचीत नहीं हुई.’’
रेनू सिंह ने आगे बताया, ‘‘मैं ने फिर सुबह के समय उन से बात करनी चाही तो उन का मोबाइल स्विच्ड औफ मिला.

इस के बाद मैं ने ससुरजी को सारी जानकारी दी तो उन्होंने बताया कि संदीप न तो घर पहुंचा है और न ही बन रहे मकान पर. बेचैनी बढ़ी तो मैं कानपुर आ गई. यहां आ कर पता चला कि उन की किसी ने हत्या कर दी है’’

रेनू ने यह भी बताया कि वह पति के साथ सुखमय जीवन बिता रही थी. उस के पति की हत्या किस ने और क्यों की, उसे इस की जानकारी नहीं है. काल डिटेल्स ने दिखाई जांच की राह मृतक संदीप की पत्नी व परिवार के अन्य सदस्य रंजिश से इनकार कर रहे थे. लूट की घटना थानाप्रभारी को हजम नहीं हो रही थी. हकीकत जानने के लिए उन्होंने संदीप के मोबाइल फोन की काल डिटेल्स निकलवाई. काल डिटेल्स का अध्ययन करने पर पता चला कि उस दौरान संदीप की अपनी पत्नी के अलावा एक और नंबर पर बात हुई थी.

पुलिस ने उस नंबर का पता लगाया तो वह नंबर तिलसड़ा (घाटमपुर) की नेहा सिंह का निकला. यह पता चलते ही थानाप्रभारी को कहानी में प्रेमप्रसंग वाली बात नजर आने लगी. इस के बाद पुलिस ने नेहा सिंह के मोबाइल की काल डिटेल्स निकलवाई, जिस से पता चला कि 19 मार्च, 2018 की शाम नेहा ने एक नंबर पर एसएमएस भेजा था, जिस में उस ने लिखा था, ‘आ जाना, आज उसे उल्टा करूंगी.’

जिस नंबर पर उस ने वह एसएमएस भेजा था, वह नंबर पटेलनगर, कालपी (उरई) निवासी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव का निकला. थानाप्रभारी भास्कर मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ 22 मार्च, 2018 की रात प्रवीण कुमार के यहां दबिश दे कर उसे हिरासत में ले लिया.

कालपी से कानपुर आतेआते प्रवीण कुमार ने रास्ते में ही सच्चाई बता दी. उस ने संदीप की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया. प्रवीण ने बताया कि बर्रा विश्व बैंक निवासी नेहा सिंह के कहने पर उस ने अपने दोस्त देवेंद्र नागर के साथ मिल कर नेहा सिंह के घर पर ही संदीप की हत्या की थी और शव को कार में रख कर पांडु नदी में फेंक दिया था.

प्रवीण कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने नेहा सिंह और देवेंद्र नागर को उन के बर्रा स्थित घर से हिरासत में ले लिया. नेहा सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने आला कत्ल हंसिया, लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, सोने की चेन, 2 अंगूठियां तथा बैग भी बरामद कर लिया.

संदीप से लूटे गए पैसों में से प्रवीण कुमार ने 3 पैंटशर्ट खरीदी थी. पुलिस ने वह भी बरामद कर लीं. हत्या में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया. पुलिस द्वारा अभियुक्तों से की गई पूछताछ में नाजायज रिश्तों की सनसनीखेज कहानी प्रकाश में आई.हंसतेखेलते परिवार के दरवाजे पर मौत की दस्तक उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर से करीब 30 किलोमीटर दूर एक बड़ी आबादी वाला कस्बा घाटमपुर है. तहसील होने के
कारण हर रोज यहां खूब चहलपहल रहती है. इसी कस्बे के जवाहरनगर मोहल्ले में महेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ रहते थे.

उन के परिवार में पत्नी मालती के अलावा 2 बेटे संदीप, कुलदीप और 2 बेटियां थीं.
महेंद्र सिंह प्रतिष्ठित और धनाढ्य व्यक्ति थे. राजनैतिक लोगों में भी उन की अच्छी पहुंच थी. दोनों बेटियों की वह अच्छे परिवारों में शादी कर चुके थे. भाईबहनों में संदीप सब से छोटा था. वह पढ़ाईलिखाई में तेज था. इंटरमीडिएट पास करने के बाद उस ने इलैक्ट्रिकल से पौलिटेक्निक का डिप्लोमा किया था. इस के बाद उस ने सरकारी नौकरी की कोशिश की लेकिन असफल रहा.

जब नौकरी नहीं मिली तो संदीप ने अपने पिता से कानपुर में कोई दुकान खोलने की इच्छा जाहिर की. थोड़े प्रयास के बाद उन्हें नौबस्ता के चित्रा डिग्री कालेज के पास एक दुकान किराए पर मिल गई. चूंकि संदीप ने इलैक्ट्रिकल से डिप्लोमा किया था, अत: उस ने बिजली के सामान की दुकान खोल ली. कुछ ही समय में उस की दुकान ठीकठाक
चलने लगी.

दुकान पर ही एक रोज उस की मुलाकात रेनू से हुई. उस रोज वह दुकान पर अपनी प्रैस ठीक कराने आई थी. 20 वर्षीय रेनू बेहद खूबसूरत थी. पहली ही नजर में वह संदीप के दिल में रचबस गई. वह संदीप की दुकान से कुछ ही दूर स्थित कच्ची बस्ती में रहती थी. उस के मातापिता की मौत हो चुकी थी. उस का एक भाई अजय था, वह उसी के साथ रहती थी. अजय टैंपो चलाता था.

संदीप ने रेनू का फोन नंबर ले लिया, जिस के बाद वह किसी न किसी बहाने उस से बात करता रहता था. लगातार बात होने से संदीप और रेनू के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं. संदीप भी सजीला व हृष्टपुष्ट युवक था. रेनू भी उसे चाहने लगी थी. चाहत दोनों ओर से बढ़ी तो दोनों घूमनेफिरने भी जाने लगे. एक दिन बाजार बंदी के दिन संदीप रेनू को मोतीझील पार्क ले गया. वहीं पर बातचीत के दौरान संदीप ने रेनू से अपने प्यार का इजहार कर दिया.

रेनू संदीप के चेहरे पर एक गहरी नजर डाल कर बोली, ‘‘संदीप, प्यार तो मैं तुम से करती हूं, लेकिन मुझे डर लग रहा है.’’ ‘‘कैसा डर?’’ संदीप ने पूछा.
‘‘यही कि तुम मुझे मंझधार में तो नहीं छोड़ दोगे?’’
‘‘कैसी बात करती हो रेनू, तुम तो मेरे दिल में बसी हो. मैं वादा करता हूं कि मैं तुम्हारे हर सुखदुख में साथ दूंगा और जीवन भर साथ निभाऊंगा.’’

रेनू और संदीप का प्यार परवान चढ़ ही रहा था कि उसी दौरान किसी तरह उन के घर वालों को इस की भनक लग गई. यह रिश्ता न तो रेनू के भाई अजय को मंजूर था और न ही संदीप के पिता महेंद्र सिंह को. पर संदीप और रेनू एकदूसरे को दिलोजान से चाहते थे, इसलिए घर वालों के विरोध के चलते दोनों भाग गए.

इस पर रेनू के भाई अजय ने इस की रिपोर्ट थाना नौबस्ता में दर्ज करा दी.
नौबस्ता पुलिस संदीप के पिता और भाई को पकड़ लाई. इस की भनक जब संदीप और रेनू को लगी तो दोनों थाने में हाजिर हो गए. उन के आने पर पुलिस ने दोनों पक्षों का समझौता करा दिया. इस के बावजूद दोनों ने आर्यसमाज पद्धति से विवाह कर लिया. विवाह के बाद दोनों हंसीखुशी जीवन व्यतीत करने लगे.

प्यार की मिठास बदलने लगी कड़वाहट में रेनू की शादी को अभी एक साल ही बीता था कि संदीप के जीवन में एक और लड़की नेहा सिंह आ गई. नेहा सिंह
मूलरूप से हमीरपुर के बंडा गांव की रहने वाली थी. 3 भाईबहनों में वह सब से बड़ी थी. नेहा के पिता हाकिम सिंह खेतीकिसानी करते थे. वह साधारण परिवार से थे. उन की आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी.

इसी बंडा गांव में संदीप का ननिहाल था. संदीप कभीकभी ननिहाल जाता था. उस के मामा और नेहा का घर अगलबगल था. दोनों परिवारों में घनिष्ठता भी थी. इसलिए नेहा का आनाजाना बना रहता था. एक बार जब संदीप ननिहाल गया तो सजीधजी नेहा से उस की आंखें चार हुईं. नेहा भी संदीप को देख कर प्रभावित हुई. फिर दोनों में
बातचीत होने लगी.

जल्द ही बातचीत प्यार में बदल गई. बाद में उन्होंने अपनी हसरतें भी पूरी कर लीं.
इधर संदीप और नेहा के प्यार की भनक हाकिम सिंह को लगी तो उन्होंने आननफानन में नेहा का विवाह कानपुर केतिलसड़ा गांव निवासी रणवीर सिंह के साथ कर दिया. लेकिन शादी के बाद भी संदीप ने नेहा का पीछा नहीं छोड़ा और वह उस की ससुराल भी जाने लगा. नेहा के पति रणवीर सिंह ने विरोध जताया तो नेहा ने उसे रिश्तेदार बता कर पति का विरोध दबा दिया.

उन्हीं दिनों संदीप सिंह की दिल्ली में रिलायंस कंपनी में इलैक्ट्रिशियन के पद पर नौकरी लग गई. वह पत्नी रेनू के साथ पुरानी दिल्ली (दाईवाड़ा) में किराए के मकान में रहने लगा. दूर व व्यस्त रहने के कारण संदीप का नेहा से मिलना बंद हो गया. दिल्ली में संदीप व रेनू हंसीखुशी से रहने लगे. अब तक रेनू 2 बच्चों की मां बन चुकी थी.

इधर नेहा ने भी शादी के एक साल बाद एक बेटे को जन्म दिया. बेटे के जन्म के बाद नेहा ने पति रणवीर सिंह पर दबाव डाला कि वह शहर जा कर कोई नौकरी करे ताकि पैसा आए. रणवीर सिंह ने पत्नी की बात मान कर कोशिश की तो एक दोस्त की मार्फत उसे गाजियाबाद की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी मिल गई. कुछ महीने बाद नेहा भी पति के साथ गाजियाबाद में रहने लगी.

बाद में संदीप को जब पता चला कि नेहा अपने पति के साथ गाजियाबाद में रह रही है, तो उस की बांछें खिल उठीं. एक रोज वह नेहा के कमरे पर जा पहुंचा. दोनों एकदूसरे को देख चहक उठे. पुरानी यादें ताजा हो गईं. मिलन की प्यास जागी तो दोनों खुद को रोक नहीं सके.

इस के बाद तो यह आए दिन का सिलसिला बन गया. रणवीर ड्यूटी पर जाता तो संदीप आ जाता. फिर दोनों मौजमस्ती करते. इसी दरम्यान एक रोज संदीप ने धोखे से नेहा का अश्लील वीडियो बना लिया और आपत्तिजनक स्थिति के फोटो भी मोबाइल में कैद कर लिया.

कुछ समय बाद नेहा को संदीप का आनाजाना खलने लगा. उस ने विरोध जताया तो संदीप ने उस का अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी. इस पर नेहा डर गई और संदीप उस का शारीरिक शोषण करता रहा. रणवीर ने लगभग 4 साल तक गाजियाबाद में नौकरी की. बाद में उस की नौकरी छूट गई तो वह अपने गांव तिलसड़ा आ गया.

नेहा का बेटा 5 साल का हो चुका था. वह उसे गांव के प्राइमरी स्कूल में नहीं पढ़ाना चाहती थी. बेटे को शहर में पढ़ाने के लिए नेहा ने पति पर दबाव डाला तो रणवीर ने कानपुर शहर में बर्रा विश्व बैंक के बी ब्लौक में एक कमरा किराए पर ले लिया और नेहा के साथ रहने लगा.

यह मकान सपा नेता वैभव मिश्रा का था. वह बर्रा में ही अपने दूसरे मकान में परिवार सहित रहते थे. किराए के मकान में आ कर नेहा ने अपने बेटे का दाखिला इंग्लिश मीडियम स्कूल में करा दिया. किराए के इसी मकान में नेहा की मुलाकात प्रवीण कुमार श्रीवास्तव से हुई. वह मूलरूप से पटेलनगर, कालपी का रहने वाला था और डी ब्लौक बर्रा में किराए पर रहता था. प्रवीण कुमार सपा नेता वैभव मिश्रा का ड्राइवर था. इस के अलावा वह मकान का किराया भी वसूलता था.

नेहा को मिला नया प्रेमी चंचल व हंसमुख नेहा से प्रवीण की जल्द ही दोस्ती हो गई. दोस्ती प्यार में बदली, फिर दोनों के बीच नाजायज रिश्ता बन गया. इस के बाद वह नेहा की हर तरह से मदद करने लगा. नेहा का पति रणवीर सिंह किसान था. कभी वह नेहा के साथ रहता तो कभी महीनों तक गांव में, जिस से प्रवीण को नेहा से मिलने में कोई बाधा नहीं होती थी.

संदीप सिंह नेहा की टोह में लगा रहता था. वह अय्याश प्रवृत्ति का था. उसे जब पता चला कि नेहा अब बर्रा विश्व बैंक कालोनी में रहने लगी है तो वह वहां भी आने लगा और नेहा का शारीरिक शोषण करने लगा. नेहा जब उस का फोन रिसीव नहीं करती तो वह विभिन्न नंबरों से काल करता. नेहा जब फोन रिसीव कर लेती तो वह उसे भद्दीभद्दी
गालियां देता और अश्लील फोटो नातेरिश्तेदारों व घर वालों को भेजने की धमकी देता.

दरअसल नेहा के पास स्मार्टफोन नहीं था. संदीप ने फेसबुक पर उस के नाम की आईडी बना रखी थी, जिसे वह खुद ही अपडेट करता था. अकसर वह सोशल साइट पर नेहा की फोटो के साथ किसी न किसी रिश्तेदार का फोन नंबर डाल
कर घर वालों को परेशान करता रहता था. संदीप ने नेहा के मौसेरे भाई को नेहा की अश्लील फोटो भेज भी दी थी.

शारीरिक शोषण और संदीप की गंदी हरकतों से आजिज आ कर नेहा ने अपने नए प्रेमी प्रवीण कुमार श्रीवास्तव को अपनी व्यथा सुनाई और संदीप से निजात दिलाने की बात कही. इस पर प्रवीण ने नेहा को बातचीत के जरिए समस्या को सुलझाने की सलाह दी.

पहली मार्च को होली थी. संदीप होली मनाने पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली से अपने घर घाटमपुर आया. इन दिनों संदीप के पिता महेंद्र सिंह नौबस्ता (कानपुर) के आशानगर में नया मकान बनवा रहे थे. संदीप इसी निर्माणाधीन मकान में कई रोज रह कर देखरेख करता था.

8 मार्च को संदीप ने नेहा सिंह से बात करने के लिए उस का फोन नंबर मिलाया. लेकिन नेहा ने फोन रिसीव नहीं किया. कई बार प्रयास के बाद नेहा ने फोन रिसीव किया तो वह नाराज हुआ और कर्रही (बर्रा) में मिलने को कहा. नेहा मिलने आई तो संदीप ने उसे गालियां दीं और फोन न उठाने तथा मिलने से इनकार करने पर 2 थप्पड़ भी जड़ दिए.
नेहा तमतमा कर घर चली गई और संदीप पत्नीबच्चों के साथ दिल्ली चला गया.

चोट खाई नागिन बन गई नेहा अपमानित नेहा ने प्रेमी प्रवीण कुमार से संपर्क किया और संदीप द्वारा बेइज्जत करने और थप्पड़ मारने की बात बताई. नेहा ने कहा कि संदीप की ज्यादतियां अब बरदाश्त नहीं होतीं. अत: उसे रास्ते से हटाना ही होगा, जिस के लिए
तुम्हें साथ देना होगा.

अगर तुम ने साथ नहीं दिया तो आज के बाद मुझ से बात नहीं करना. प्रेमिका की जिद पर प्रवीण कुमार संदीप को रास्ते से हटाने को राजी हो गया. साथ देने के लिए उस ने अपने दोस्त बर्रा निवासी देवेंद्र नागर को भी राजी कर लिया.

18 मार्च, 2018 को संदीप ने दिल्ली से नेहा को फोन किया कि वह 19 मार्च को कानपुर आ रहा है, उसे मिलना होगा. इस पर नेहा ने जवाब दिया कि बेटे शुभम के पेपर 15 मार्च को खत्म हो गए हैं. अब वह अपनी ससुराल तिलसड़ा (घाटमपुर) में है, इसलिए मिलना संभव नहीं है. इस पर संदीप ने उस के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी
दी. धमकी से नेहा डर गई और बर्रा विश्व बैंक कालोनी स्थित मकान में मिलने का वादा कर लिया.

संदीप के शहर आने की जानकारी पर नेहा 19 मार्च की दोपहर ससुराल से कानपुर आ गई. किराए के मकान पर पहुंचने के बाद नेहा ने प्रवीण कुमार को मैसेज किया कि संदीप आ रहा है. आ जाना, आज उसे उल्टा करना है. मैसेज पढ़ कर प्रवीण अपने दोस्त देवेंद्र के साथ रात 9 बजे नेहा के कमरे पर पहुंच गया. नेहा ने दोनों को छत पर बैठा दिया.

इधर 19 मार्च को संदीप रात 10 बजे दिल्ली से कानपुर आया. इस बीच वह पिता, पत्नी व प्रेमिका के संपर्क में रहा. रास्ते में उस ने खाने का सामान व शराब की बोतल खरीदी, फिर रात 12 बजे के आसपास नेहा के घर पहुंच गया.

नेहा ने संदीप के साथ खाना खाया और उसे शराब पिलाई. इस के बाद संदीप ने बदन से सारे कपड़े उतारे और नेहा के शरीर से खेलने लगा. शारीरिक भूख मिटाने के बाद संदीप अंडरवियर में ही पलंग पर लेट गया और कुछ ही देर में
खर्राटे भरने लगा.

उचित मौका देख कर नेहा ने छत पर बैठे प्रवीण व उस के दोस्त देवेंद्र नागर को कमरे में बुला लिया. तीनों मिल कर संदीप का गला स्टोल (दुपट्टे) से कसने लगे तो वह हाथपैर चलाने लगा. तभी नेहा हंसिया ले आई और उस ने संदीप के सिर, गले व दिल पर कई वार किए. प्रवीण ने भी संदीप को हंसिए से गोदा जिस से उस की मौत हो गई.

संदीप को मौत के घाट उतारने के बाद नेहा और उस के प्रेमी प्रवीण ने उस के गले से सोने की चेन और अंगुलियों से दोनों अंगूठियां उतार लीं. पैंट की तलाशी ली तो जेब में पैसे मिले, जो निकाल लिए. फिर संदीप को अंडरवियर पहनाया जो जल्दबाजी में उल्टा पहना दिया गया. फिर पैंटशर्ट पहनाई और लाश चादर में लपेट दी.

शव को ठिकाने लगाने के लिए प्रवीण कुमार रात 3 बजे अपने मालिक वैभव मिश्रा के घर पहुंचा और बताया कि उस की बहन की तबीयत ज्यादा खराब है, उसे अस्पताल पहुंचाना है. अत: कार की चाबी चाहिए. वैभव मिश्रा ने पहले तो इनकार किया. लेकिन पत्नी के कहने पर कार की चाबी दे दी. कार ले कर प्रवीण कुमार नेहा के कमरे पर आया और संदीप के शव को कार में रख कर तीनों पांडु नदी के काठ पुल पर पहुंचे और शव को पुल के नीचे फेंक दिया. लाश फेंक कर वे वापस लौट आए.

इधर 21 मार्च को गहोई निवासी बबलू भदौरिया ने पांडु नदी में एक युवक की लाश पानी पर तैरती देखी तो उस ने बर्रा थानाप्रभारी को सूचना दे दी. थानाप्रभारी भास्कर मिश्रा ने तीनों अभियुक्तों से पूछताछ के बाद 23 मार्च, 2018 को कानपुर कोर्ट में सीएमएम की
अदालत में पेश किया, जहां से तीनों को जिला जेल भेज दिया गया. कथा संकलन तक उन की जमानत नहीं हुई थी.
—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

भेद खुलने के डर से नर्स का कत्ल

शादीशुदा होते हुए भी परशुराम ने नूरी से शादी कर ली. यह शादी उस के जी का ऐसा जंजाल बनी कि…

उत्तर प्रदेश की राजधानी से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित है गांव दुर्गागंज. इसी गांव में परशुराम अपनी पत्नी राजरानी और 2 बच्चों के साथ रहता था. वह सीधे और सरल स्वभाव का था.  परशुराम पहले गांव में ही छोटामोटा काम करता था जिस से घर का खर्चा चलाने में परेशानी होती थी. तब उस की पत्नी राजरानी ने गांव में ही स्वास्थ्य कार्यकर्त्री आशा के पद पर काम करना शुरू कर दिया. उसी दौरान काम की तलाश में परशुराम भी गांव से लखनऊ चला गया.

लखनऊ में वह ड्राइवर के रूप में काम करने लगा. वह लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में गाड़ी चलाता था. यहीं पर उस की मुलाकात नूरी नाम की एक युवती से हुई. नूरी परशुराम से उम्र में छोटी थी. वह वहीं के एक डाक्टर के घर में खाना बनाने का काम करती थी.

इस के बाद दोनों की मुलाकातें बढ़ने लगीं. अलगअलग धर्मों के होने के बावजूद भी उन की दोस्ती प्यार में बदल गई. नूरी ने परशुराम के दिल में प्यार की ऐसी घंटी बजा दी थी कि उस ने किसी भी कीमत पर नूरी को हासिल करने की ठान ली.

परशुराम ने जब कई बार नूरी से अकेले में मिलने की बात कही तो एक दिन नूरी ने उस से कहा, ‘‘परशुराम हम दोनों एकदूसरे को बहुत प्यार करते हैं. पर बिना शादी के हमारा अकेले में मिलना ठीक नहीं है. हमें सब से पहले शादी करनी होगी. इस के बाद हमें कहीं भी मिलनेमिलाने में परेशानी नहीं होगी.’’

  ‘‘नूरी, तुम चिंता मत करो, हम लोग जल्द ही शादी कर लेंगे.’’ परशुराम ने उसे समझाया. यह बात कहने से पहले वह यह भी भूल गया था कि वह शादीशुदा और 2 बच्चों का बाप है.

‘‘मैं जानती हूं कि तुम मुझे बहुत प्यार करते हो. मैं ने अपने डाक्टर साहब से बात की थी. उन्होंने कहा था कि वह मुझे जल्द ही घर के काम से हटा कर अपने नर्सिंगहोम के काम में लगा लेंगे. मैं वहां नर्स के रूप में काम करने लगूंगी. फिर मेरी तनखाह भी बढ़ जाएगी. और हमें वहीं पर रहने के लिए एक क्वार्टर भी मिल जाएगा.’’ नूरी ने बताया.

‘‘तब तो बहुत अच्छी बात है. हम दोनों वहीं साथ रहा करेंगे.’’ कह कर परशुराम नूरी की जुल्फों से खेलने लगा. लेकिन नूरी उसे एक हद से आगे बढ़ने नहीं दे रही थी. उस ने पहले शादी करने को कहा. नूरी को पाने के लिए परशुराम उस से शादी करने को तैयार हो गया. फिर सन 2016 में दोनों ने शादी कर ली. शादी के बाद वह उसी के साथ रहने लगा. उसे नूरी के रूप में शहर की पत्नी मिल गई. नूरी के चक्कर में वह गांव में रही पहली पत्नी राजरानी और दोनों बच्चों को भूल चुका था.

 

वैसे भी परशुराम अपने गांव कम ही जाता था. नूरी से शादी के बाद तो उस ने पूरी तरह से गांव जाना बंद कर दिया था, जिस से नूरी से शादी करने वाली बात उस के गांव में किसी को पता नहीं लगी. अपने भाई बलराम और बाकी सब को परशुराम ने बता रखा था कि वह एक डाक्टर की गाड़ी चलाता है. वहीं पर उस के रुकने का भी इंतजाम हो गया है. वहां से ज्यादा छुट्टी भी नहीं मिलती.

साथ रहते हुए नूरी और परशुराम एकदूसरे को अच्छी तरह समझ गए थे. समय अपनी गति से बीतता रहा और नूरी एक बेटी की मां बन चुकी थी. बेटी होने के बाद परशुराम काफी खुश था. उस ने इस खुशी में नर्सिंगहोम में मिठाई भी बांटी थी, पर उन का यह प्यार बहुत ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सका.

कुछ दिनों बाद नूरी को लगा कि परशुराम उस से कुछ छिपा रहा है. उसे इस बात का अंदेशा होने लगा कि कहीं परशुराम उसे छोड़ कर चला न जाए, इसलिए जब भी परशुराम अपने गांव जाने की बात करता पूरी उसे मना कर देती थी. यहीं से दोनों के बीच लड़ाई शुरू होने लगी. यह लड़ाई अब उस के प्यार पर भारी पड़ने लगी. नूरी से मिलने के लिए उस की बहनें आती थीं. परशुराम को लगा कि यह दोनों बहनें ही नूरी को सिखाती हैं, जिस के बाद घर में झगड़ा शुरू हो जाता है.

परशुराम ने इस की शिकायत नूरी से की तो नूरी ने उसे समझाते हुए कहा, ‘‘तुम गलत समझ रहे हो. मेरी बहनें मुझे कुछ नहीं सिखातीं. सच्ची बात यह है कि अब मुझे ही लग रहा है कि तुम ही मुझ से कुछ छिपा रहे हो. मैं ने तो तुम्हारी बात मान कर सब कुछ तुम्हारे हवाले कर दिया और अब तुम मुझे धोखा दे रहे हो.’’

‘‘बताओ तो सही कि भला मैं तुम्हें धोखा कैसे दे रहा हूं.’’ परशुराम बोला.

‘‘मेरे नाम पर आज तक तुम ने अपनी कोई जायदाद नहीं की. मान लो, तुम किसी दिन मुझे छोड़ कर चले जाओगे तो मैं क्या करूंगी.’’ नूरी ने अपने दिल की बात खुल कर रख दी.

‘‘नूरी बताओ, मेरे पास क्या है जो मैं तुम्हारे नाम कर दूं. जो कमाता हूं वह तो सब तुम्हारे ऊपर ही खर्च कर देता हूं.’’ परशुराम ने कहा.

‘‘यदि तुम मुझे वास्तव में चाहते हो तो तुम अपनी गाड़ी ही मेरे नाम कर दो.’’ नूरी ने समझाया.

‘‘ठीक है. अगर तुम इस से खुश हो तो मैं यह काम कर देता हूं.’’ इतना कह कर परशुराम चला गया. कुछ दिनों के बाद परशुराम ने अपनी गाड़ी नूरी के नाम कर दी. नूरी और परशुराम के बीच कुछ दिन सब ठीक रहा पर धीरेधीरे फिर तकरार रहने लगी.

एक दिन दोनों में फिर झगड़ा शुरू हो गया. उसी दौरान परशुराम ने नूरी पर लांछन लगाते हुए चरित्रहीन कह दिया. यह बात नूरी को बुरी लगी तो उस ने कहा, ‘‘परशुराम अभी तक तुम जो कह रहे थे उन बातों को मैं ने गंभीरता से नहीं लिया. लेकिन आज तुम ने जो मुझे चरित्रहीन कहा, यह बात मेरे दिल में नश्तर की तरह चुभी है. तुम्हारी यह बात भी गलत है कि मैं ने अपनी बहनों के साथ मिल कर तुम्हें फंसाया और लूटा है. इस तरह की बातें सहन करना अब मेरे बस की बात नहीं है.’’

 

जाड़े की रात थी. 31 दिसंबर, 2017 को परशुराम अपने गांव चला गया. नूरी को जब पता चला तो उस ने आधी रात को ही उसे फोन कर के गांव से वापस शहर आने को मजबूर कर दिया. परशुराम आधी रात को अपने घर से यह बहाना बना कर चला आया कि कोई इमरजेंसी की वजह से उसे अभी लखनऊ जाना पड़ेगा.

वह जानता था कि वह अभी नहीं गया तो सुबह को नूरी उस के गांव पहुंच सकती है और गांव में वह हंगामा कर देगी. जिस से गांव के लोगों को भी पता चल जाएगा कि उस ने वहां दूसरी शादी कर ली है. बहरहाल मौजमस्ती के लिए नूरी से की गई शादी अब उसी के लिए तनाव पैदा कर रही थी.

अलीगंज स्थित जिस नर्सिंगहोम में नूरी काम करती थी, उस में 31 जनवरी, 2018 को हंगामा हो गया. अस्पताल में तैनात नर्स ने बताया कि सुबह करीब 3 बजे नूरी के कमरे से चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं. ड्यूटी पर तैनात दिनेश, सुशीला और मोनिका ने नूरी का कमरा खुलवाने का प्रयास किया.
इस के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो सब ने नर्सिंगहोम के मालिक डा. राज अवस्थी को घटना की जानकारी दी. डा. राज अवस्थी के आने पर जब परशुराम को आवाज दी तो वह दरवाजा खोल कर बाहर आया और उस ने बताया कि नूरी ने उसे जहर दे दिया है. अस्पताल के कर्मचारी कमरे के अंदर गए तो देखा कि पूरे कमरे में खून फैला था. नूरी की गरदन कटी हुई थी और उस की 2 माह की बेटी की भी गदरन कटी हुई थी.

अस्पताल में सन्नाटा पसर गया था. पुलिस को भी सूचना दे दी गई. सूचना पाते ही एएसपी (ट्रांस गोमती) हरेंद्र कुमार, सीओ (अलीगंज) डा. मीनाक्षी, थानाप्रभारी (मडियांव) अमरनाथ वर्मा पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए.

पुलिस ने परशुराम को हिरासत में ले कर जब उस की तलाशी ली तो हत्या में प्रयोग किया गया चाकू और एक पत्र उस की जेब से मिला. पत्र में उस ने नूरी और उस की बहनों के द्वारा प्रताडि़त किए जाने की बात लिखी थी. उस ने लिखा था कि यह लोग शादीशुदा लोगों को फंसाती हैं, उन से रुपए भी ऐंठती हैं. परशुराम की बातें कितनी सच हैं यह पता नहीं पर यह बात सही है कि परशुराम ने खुद ही अपने परिवार और पत्नी से झूठ बोला. परशुराम ने अपने पत्र में यह भी लिखा था कि नूरी उसे मार सकती है.

परशुराम की पत्नी राजरानी और भाई बलराम ने बताया कि उन लोगों को परशुराम की दूसरी पत्नी के बारे में कुछ भी पता नहीं था. जहर खाए परशुराम का इलाज शुरू हुआ पर कुछ ही देर बाद उस की भी मौत हो गई.  पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि परशुराम ने ही नूरी और बेटी की हत्या करने के बाद जहर खा लिया होगा. अगर नूरी ने उसे जहर दिया होता तो वह उन दोनों की हत्या करने की हालत में नहीं रह जाता. कथा संकलन तक पुलिस जांच कर रही थी कि इस अपराध में कोई और तो शामिल नहीं था.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

जुर्म सामने आ ही गया : कैसे खुला कादिर की हत्या का राज?

मेरी तैनाती एक ऐसे कस्बे में थी, जो अब बहुत बड़ा शहर बन चुका है. थाने में रिपोर्ट आई कि एक  जवान आदमी की लाश खेत में पड़ी है. उस का बाप और बड़ा भाई 2 आदमियों को साथ ले कर थाने आए थे. उन्होंने मृतक का नाम कादिर बताया. रिपोर्ट लिखवा कर मैं घटनास्थल के लिए चल दिया. कस्बा जहां खत्म होता था, वहां से खेत शुरू हो जाते थे. मार्च का आखिरी सप्ताह था. खेतों में फसल खड़ी थी.

लाश मेंड़ से 7-8 कदम फसल के अंदर पड़ी थी. मेंड़ के पास बहुत सारी फसल टूटी पड़ी थी. इस से साफ लगता था कि वहां 2 या 2 से अधिक आदमियों की लड़ाई हुई थी. वहां से खेत के अंदर 2-4 कदम तक फसल टूटी हुई थी. इस का मतलब था कि लाश को थोड़ी दूर घसीट कर ले जाया गया था. लोगों के वहां जाने से पैरों के निशान मिट गए थे. मेंड़ पर भी कोई निशान नहीं था.

मृतक कादिर की उम्र करीब 28 साल थी. पता चला कि वह जिले के शहर में एक सरकारी दफ्तर में काम करता था. शहर कस्बे से 21 मील दूर था. मृतक 5 दिनों की छुट्टी पर आया हुआ था. मैं ने लाश उलटपलट कर देखी, कपड़े हटा कर शरीर को देखा, लेकिन कहीं भी कोई चोट का निशान नहीं था.

उस के गले में एक गज की रस्सी पड़ी थी, जिस में एक हलकी सी गांठ बंधी थी. अनुमानत: रस्सी उस के गले में डाल कर पीछे की ओर खींचा गया था. मृतक मर गया तो हत्यारे रस्सी गले में ही छोड़ भागे थे. इस में कोई शक नहीं था कि यह हत्या का मामला था.

मैं ने उस की जेब की तलाशी ली तो उस में करीब 100 रुपए निकले. साथ ही एक फोटो भी जिस में उस लड़के के साथ एक सुंदर सी लड़की का फोटो था. मृतक की एक अंगुली में सोने की अंगूठी और हाथ में घड़ी थी. मैं ने उस के पिता से पूछा तो उस ने बताया कि यह लड़की इस की पत्नी है.

फोटो मृतक की अपनी पत्नी से प्रेम की निशानी थी. इसीलिए वह उस का फोटो अपने बटुए में रखे घूम रहा था. बटुए में पैसे, अंगुली में सोने की अंगूठी और कलाई में घड़ी. ये इस बात का सबूत था कि हत्या लूट के लिए नहीं की गई थी और यह काम रहजनों का भी नहीं था. रहजन कैसे लूटते हैं और जरूरत होने पर कैसे हत्या करते हैं, मैं अच्छी तरह जानता था.

मैं ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक के मोहल्ले में चला गया. वहां मुझे एक सरकारी रिटायर्ड कर्मचारी के घर बिठाया गया. घर के रखरखाव से पता लगता था कि वह किसी अच्छे शिक्षित व्यक्ति का घर है.

मैं ने उस घर में मौजूद लोगों से वे सब बातें पूछीं जो जरूरी होती हैं. मैं ने उन से कहा, ‘‘क्या आप मेरी मदद करेंगे? मरने वाले के घर वालों का व्यवहार कैसा है, इन की किसी के साथ कोई दुश्मनी है या नहीं, आप मुझे सब कुछ बता दें.’’

‘‘जी हां, मैं इसी मोहल्ले का रहने वाला हूं. मैं मृतक कादिर को उस के पिता को, उस के भाई को और उस के घर की औरतों को जानता हूं. पूरा परिवार शरीफ है. कादिर भी शरीफ था. उस के घर की औरतें भी बेहद शरीफ हैं.’’

‘‘मृतक की किसी से दुश्मनी थी?’’

‘‘जहां तक मुझे पता है उस की किसी से दुश्मनी नहीं थी. लेकिन अगर उस के दफ्तर में किसी से दुश्मनी हो तो मैं कह नहीं सकता.’’

मैं ने कहा, ‘‘अगर ऐसा होता तो उसकी हत्या उसी शहर में होती, यहां नहीं.’’

‘‘मैं तो जो जानता हूं, आप को बता रहा हूं. यह देखना आप का काम है. एक मामूली सी दुश्मनी तो है लेकिन उस में हत्या नहीं हो सकती. दरअसल, कादिर की पत्नी एक साल से अपने घर बैठी है. ये लोग उसे बुलाते भी नहीं और तलाक भी नहीं देते.’’

‘‘इस का कारण क्या था?’’

उस ने कहा, ‘‘जहां तक मुझे पता है, कादिर की मां बहुत सख्त है. बहू से हमेशा लड़ती रहती थी. ये लोग कहते हैं कि लड़की ठीक नहीं थी और उन लोगों का कहना है कि लड़की और कादिर में बहुत प्रेम था, जो उस की मां को पसंद नहीं था.’’

मैं ने उस से कहा, ‘‘कादिर के बटुए से जो लड़की का फोटो निकला है, उस से तो यही लगता है कि कादिर को लड़की से बहुत प्यार था. आप बताइए, लड़की का चालचलन कैसा था?’’

‘‘मैं क्या बता सकता हूं,’’ उस ने कहा, ‘‘आप खुद तफ्तीश कर लीजिए. सुनी सुनाई बात तो मैं आप को बता सकता हूं. मैं ने सुना है कि लड़की एक महीने से घर से गायब है.’’

‘‘गायब है? लेकिन मेरे पास उस के गुम होने की रिपोर्ट नहीं आई.’’

‘‘हो सकता है, बात गलत हो. मैं ने कहा न कि मैं सुनी बात कह रहा हूं. जब से वह घर बैठी है, तब से तरहतरह की बातें सुनने को मिलने लगीं. सुना है, लड़की को रात में कहीं जाते देखा गया है.’’

उस की सुनीसुनाई बात पर मैं यकीन नहीं कर सकता था, लेकिन एकदो इशारे मिल गए थे, जिन पर मुझे काम करना था. मैं ने मृतक के पिता को बुलाया. मैं ने उस से पहला सवाल यही किया कि क्या आप की किसी से दुश्मनी थी?

उस ने रोते हुए जवाब दिया, ‘‘हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, साहब.’’

मैं ने उस से कहा, ‘‘देखो, मुझे तुम्हारे बेटे के हत्यारे को पकड़ना है, इसलिए जो बात भी मैं पूछूं, उस का ठीकठीक जवाब देना, कोई बात छिपाना नहीं. यह बताओ, क्या लड़के की ससुराल वालों से तुम्हारा झगड़ा चल रहा है?’’

‘‘उन की बेटी मेरे बेटे के साथ नहीं रह सकी. शादी के 6 महीने तक वह हमारे घर रही, फिर अपने घर चली गई और उस के बाद वापस नहीं आई.’’

‘‘मुझे इस से कोई मतलब नहीं कि लड़की को घर बिठाने में किस की गलती है, मुझे केवल इतना बता दो कि क्या लड़की वालों से तुम्हारी दुश्मनी इतनी बढ़ गई कि उन्होंने तुम्हारे बेटे की हत्या कर दी?’’

उस ने कहा, ‘‘मेरे जवान बेटे की हत्या हो गई है. मैं तो हर किसी को दोषी बता दूंगा. शुरू में तो उस के सालों पर शक था, लेकिन बाद में मैं ने बहुत सोचा कि अगर उन्हें हत्या ही करनी होती तो काफी दिन पहले कर चुके होते, क्योंकि बहू को मायके में एक साल हो गया.’’

‘‘उन के पास कारण तो है, आप उन की बेटी को तलाक देना नहीं चाहते. उन की बेटी जवान है, सुंदर है. हो सकता है, उन्होंने सोचा हो लड़के को रास्ते से हटा दें, उस के बाद अपनी बेटी की शादी कर देंगे.’’

‘‘कौन सी बेटी की शादी करेंगे?’’ उस ने कहा, ‘‘वह तो एक महीने से लापता है.’’

‘‘आप को पूरा यकीन है?’’

‘‘सारे मोहल्ले की औरतें कहती हैं, पहले वह आती जाती दिखाई दे जाती थी, लेकिन अब बिलकुल नहीं दिखती.’’

मैं ने पूछा, ‘‘लड़की के कितने भाई हैं, उस के पिता का आचरण कैसा है?’’

‘‘पैसे के मामले में तो खुशहाल हैं, पिता होशियार आदमी है. काफी असर रखता है. 3 बेटे हैं, 2 बड़े बेटे तो ठीक हैं, लेकिन छोटा ठीक नहीं है. उस की उम्र 16-17 साल है, वह बदमाश लड़कों में बैठता है.’’

मैं ने पूछा, ‘‘एक बात बताओ, लड़की को कौन तलाक नहीं देना चाहता था, आप, लड़का या उस की मां?’’

‘‘मेरा बेटा कादिर,’’ वह दहाड़ें मार कर रोने लगा, ‘‘वह तो अपनी पत्नी को अपने साथ रखना चाहता था और मैं भी यही चाहता था. लेकिन मेरी पत्नी बहुत खराब है. उस ने कह दिया था कि तलाक देनी ही है. बहुत जिद्दी और झगड़ालू औरत है. मेरे काबू में नहीं है. मैं ने दोनों बेटों से कह दिया था कि इस औरत के साथ रहना है तो आंख और कान बंद कर के रहना.’’

‘‘क्या कादिर के ससुराल वालों को पता था कि कादिर लड़की को रखना चाहता है?’’

उस ने कहा, ‘‘यह बात तो कादिर ही बता सकता था. मुझे तो इतना पता है कि वे लोग तलाक के लिए कहते रहे और मेरी पत्नी जवाब देती रही.’’

‘‘क्या लड़की अब कुछ खराब हो गई थी?’’

‘‘बातें कुछ ऐसी ही सुनी हैं.’’ मृतक के पिता ने कहा, ‘‘यह भी सुना है कि उसे रात को कहीं आतेजाते देखा गया था.’’

‘‘क्या तुम्हें पता है कि वह किस के पास जाती थी?’’

‘‘यह तो पता नहीं किस के पास जाती है लेकिन अब पता करूंगा.’’ उस ने जवाब दिया.

इस बातचीत के बाद मैं ने मृतक के पिता को भेज दिया और लड़की के पिता को बुलाया. उस के आते ही मैं ने उस से सवाल किया कि लड़की कहां है. वह चुप रहा. मैं ने फिर पूछा तो वह इधरउधर देखने लगा. जब मैं ने उसे थानेदार वाले अंदाज में डांट कर पूछा तो वह बोल पड़ा, ‘‘वह तो यहां नहीं है.’’

‘‘मुझ से इज्जत कराना चाहते हो तो सचसच बताओ, वह कहां गई है और किस तरह गई है?’’

‘‘बस जी…’’ उस के कहने के अंदाज से लग रहा था कि वह सब कुछ बताना नहीं चाह रहा था. उस ने कहा, ‘‘एक रात वह सोई थी और सुबह को देखा तो गायब थी. उस की अटैची भी नहीं थी. कुछ जेवर, कीमती सामान, अच्छे कपडे़ और 2 जोड़ी सैंडिल ले गई.’’

‘‘क्या आप जाहिल आदमी हैं, थाने में रिपोर्ट क्यों नहीं लिखवाई?’’

‘‘नहीं…बिलकुल साफ मामला था. अटैची, कपड़े, जेवर, जूते ले जाने का अर्थ था कि वह अपनी मरजी से गई थी. अगर कोई जबरदस्ती ले जाता तो यह सब कुछ न ले जाती. रिपोर्ट अपनी इज्जत के लिए नहीं लिखवाई.’’

‘‘कहीं तलाश किया था? उस की ससुराल जा कर पता करते.’’ मैं ने कहा.

‘‘ससुराल से क्यों पूछते, उन से तो उस की बोलचाल भी बंद थी.’’ उस ने जवाब दिया.

‘‘आप की बेटी रातों को किस से मिलती थी,’’ मैं ने पूछा, ‘‘आप को पता तो होगा?’’

‘‘नहीं सर, ऐसा नहीं है. यह उसे बदनाम करने के लिए उस की सास द्वारा उड़ाई हुई बात है. इस से वह यह साबित करना चाहती है कि उस का चालचलन खराब था इसलिए उस के बेटे ने उसे घर से निकाल दिया.’’

उस से मैं ने बहुत बातें पूछीं लेकिन कोई काम की बात पता नहीं लगी. मैं ने लड़की की मां को बुला कर पूछा कि लड़की कहां है तो उस ने भी वही जवाब दिया जो उस के पिता ने दिया था.

पोस्टमार्टम के बाद लाश घर आ गई. मरने का कारण सांस का रुकना लिखा था. सांस रस्सी से रोकी गई थी. मरने का समय रात के 10, साढ़े 10 बजे का लिखा था. मैं ने मुखबिरों का जाल बिछा दिया था. वे अपनी रिपोर्ट ले कर आ रहे थे. कोई कुछ और कोई कुछ बता रहा था, लेकिन एक आदमी ने जो खबर दी, उस से मेरी कुछ हिम्मत बढ़ी.

उस ने बताया कि एक आदमी जो उसी कस्बे में रहता है, मृतक का मित्र था, कस्बे में मनिहार की सब से बड़ी दुकान उसी की थी. वह जवान और सुंदर था. 2 मुखबिरों ने बताया कि उस लड़की को रात के समय उस के घर से निकलते देखा है. उन दोनों मुखबिरों में से एक ने बताया कि एक बार शाम के बाद एक गली में दोनों को खड़े देखा था. जब मैं उधर से गुजरा तो मुझे देख कर वह लड़की तेजी से अपने घर की ओर चली गई.

मैं ने अगले दिन थाने में कई लोगों को बुलवाया, जिन में मृतक की मां और मृतक का वह मित्र भी था. मैं ने उसे अलग बुला कर पूछा कि क्या मृतक की पत्नी तुम से मिलने आती थी?

उस ने कहा, ‘‘जी, मेरे पास आ कर वह क्या करती, मैं तो उसे अपनी बहन मानता था. हां, वह 2-3 बार मेरे पास आई और कहने लगी कि वह अपने पति के घर जाना चाहती है. यह बात आप कादिर को कह दें. आप यकीन करें, मेरी और मृतक की दोस्ती दिल की गहराइयों में उतरी हुई थी. लड़की को जो लोग बदनाम करते हैं, वह सब बकवास है. वह बेचारी तो अपने पति के पास जाने के लिए तड़पती थी.’’

वह इस तरह की बातें करता रहा और अपने मित्र को याद कर के रोता रहा. उस ने बहुत सी बातें कीं लेकिन एक बात का जवाब वह ठीक से नहीं दे सका. मैं ने उस से पूछा था कि लड़की कहां गायब हुई है?

उस ने कहा, ‘‘उस के लापता हो जाने से मैं उसे खराब नहीं कहूंगा. वह इतनी नीच नहीं है कि जिस पति के साथ रहना चाहती थी, उसे धोखा दे. अगर वह जिंदा है तो जरूर वापस आएगी.’’

‘‘क्या बात करते हो,’’ मैं ने कहा, ‘‘वह तो घर से बहुत सामान ले कर गई है. कैसे वापस आएगी?’’

‘‘मुझे उस पर पूरा भरोसा है, वह जरूर आएगी.’’

मैं ने कहा, ‘‘ये बातें कह कर मुझे शक में डाल रहे हो. साफ कहूं तो मुझे लगता है कि तुम मुझ से कुछ छिपा रहे हो.’’

‘‘सर, मैं आप को यह बताने वाला था कि कादिर के साले मेरे पास भी आते थे. उन से दोस्ती तो नहीं थी, लेकिन दूर से दुआसलाम थी. फिर अचानक ऐसा न जाने क्या हुआ कि जो भाई भी मिलता, वह कादिर को गालियां देता. वे कहते थे कि हम पूरे खानदान को बरबाद कर देंगे.

‘‘छोटा भाई तो यहां तक कहता था कि कादिर और उस की मां अब 2-3 दिन के मेहमान हैं. मैं हैरान था कि ये लोग अब ऐसी बातें क्यों कह रहे हैं, जबकि इन की बहन को ससुराल से गए एक साल हो गया है. 2-3 दिन बाद पता लगा कि उन की बहन घर से भाग गई है.’’

‘‘सुना है, कादिर के छोटे साले का गुंडों से याराना है और वह अपने आप को बहुत बड़ा बदमाश समझता है.’’

‘‘आप ने ठीक सुना है, वह बहुत छिछोरा लड़का है.’’

इस आदमी से मुझे बहुत काम की बातें पता चलीं. मैं ने उसे जाने दिया.

मुझे बताया गया कि कादिर की पत्नी की 2 सहेलियां और उन के पिता आए हैं. मैं ने उन्हें बुलाया और उन के पिताओं से कहा कि आप निश्चिंत रहें, ये मेरी बहनों के बराबर हैं. मैं केवल इन से कादिर की पत्नी के बारे में पूछूंगा.

मैं ने एक लड़की को बुलाया और उस से कुछ सवाल किए. फिर दूसरी को बुला कर कुछ सवाल पूछे. दोनों ने एक ही बात बताई. उन्होंने बताया कि वह लड़की बहुत हिम्मत वाली और चरित्रवान थी और अपने पति के अलावा किसी और का नाम नहीं लेती थी.

उन लड़कियों को भेजने के बाद मैं ने कादिर के बड़े साले को बुलाया. मैं ने उस से कहा, ‘‘अपना इकबाली बयान दे दो और मुझ से फायदा हासिल कर लो. मैं तुम्हें बरी भी करवा सकता हूं. मेरी तुम्हारी कोई दुश्मनी नहीं और जो मारा गया वह मेरा रिश्तेदार नहीं लगता था.’’

उस ने घबरा कर कहा, ‘‘हम ने कोई हत्या नहीं की है. अगर हमें हत्या करनी होती तो उसी दिन कर देते, जिस दिन उस ने हमारी बहन को ले जाने से मना कर दिया था.’’

दूसरे नंबर के भाई ने भी यही बयान दिया. तीसरे नंबर का भाई मेरे कमरे में ऐसे झूमता हुआ आया, जैसे कोई माना हुआ गुंडा हो. मैं ने उसे कुरसी पर बिठा कर कहा, ‘‘तुम्हें देख कर मैं बहुत खुश हुआ. सुना है, तुम्हारी इस शहर में बहुत इज्जत है और दबदबा भी. लोग तुम से डरते हैं.’’

उस ने झूम कर कहा, ‘‘किसी की हिम्मत नहीं जो मेरे सामने बोल सके.’’

मैं ने उस के अंदर इतनी हवा भरी कि वह गुब्बारे की तरह फूलता चला गया. उस का नाम आबिद था. मैं ने उस से पूछा, ‘‘एक बात बताओ, तुम्हारी बहन कहां चली गई?’’

उस ने कहा, ‘‘अगर उस का पता लग जाता तो क्या वह आदमी और मेरी बहन जिंदा रहते?’’

‘‘तुम्हारी यह बात सुन कर मुझे बहुत खुशी हुई,’’ मैं ने उस से इस तरह बात की जैसे मैं थानेदार नहीं उस का दोस्त हूं. मैं ने आगे कहा, ‘‘तुम्हारे जैसे भाई अपनी इज्जत के लिए अपनी जान की भी परवाह नहीं करते. पर एक बात मेरी समझ में नहीं आई कि तुम्हारे जीजा को किस ने मारा?’’

‘‘यह तो मैं भी नहीं बता सकता. वैसे एक बात है, ऐसे आदमी का अंत ऐसा ही होना चाहिए था. किसी की बहनबेटी का घर उजाड़ देना ठीक नहीं है. पुलिस और कानून के पास इस की भले ही कोई सजा न हो, लेकिन इस का मतलब यह नहीं है कि ऐसे आदमी का कुछ न किया जा सके.’’

‘‘तुम ने उस की मां को क्यों माफ कर दिया, उसे भी उड़ा देना चाहिए था. असली कुसूरवार तो वही है.’’ मैं ने कहा.

‘‘अब उसी की बारी है,’’ उस ने ऐसे कहा जैसे नशे में हो.

‘‘बरी कराना मेरा काम है,’’ मैं ने उस के कंधे पर हाथ रख कर दोस्तों की तरह कहा.

वह अपना हाथ बढ़ा कर मेरा हाथ पकड़ते हुए बोला, ‘‘वादा रहा.’’

‘‘तुम वास्तव में शेर हो, अब देखना कादिर की हत्या से मैं तुम्हें कैसे बरी कराता हूं. एक दिन की भी सजा नहीं होने दूंगा. मैं भी 2 बहनों का भाई हूं. तुम ने मेरा दिल खुश कर दिया.’’

फिर मैं ने उस की ओर झुक कर उस के कान में कहा, ‘‘वैसे तुम अकेले थे या…’’

‘‘नहीं,’’ उस के मुंह से एकदम निकल गया, ‘‘मैं अकेला नहीं था.’’

यह कह कर वह एकदम चौंक पड़ा, जैसे नींद से जाग गया हो. वह घबरा गया. उस ने दाएंबाएं देख कर मेरी ओर देखा. उस के चेहरे का रंग पीला पड़ गया था. फिर आहिस्ता आहिस्ता उस के मुंह से आवाजें निकलने लगीं, ‘‘मैं ने उस की हत्या नहीं की…नहीं जी…आप यकीन करें, खुदा कसम मैं ने किसी की हत्या नहीं की.’’

मैं चुपचाप उस के मुंह की ओर देख रहा था. उस के मुंह से ऐसे शब्द निकल रहे थे, जिस का कोई अर्थ नहीं था.

थानेदार के सामने अपराध स्वीकार करने की कोई वैल्यू नहीं होती. क्योंकि बाद में लोग मजिस्ट्रैट के सामने अपने बयान से पलट जाते हैं. केस के लिए सबूत और गवाहों की जरूरत होती है.

‘‘तुम बोलबोल कर थक गए हो,’’ मैं ने उस से कहा, ‘‘तुम इकबाली बयान दे दो. मैं तुम्हें साफ बचा लूंगा.’’

‘‘मैं ने कहा न,’’ बड़ी मुश्किल से उस के मुंह से शब्द निकले, ‘‘आप मेरे ऊपर विश्वास करें, मैं ने कोई हत्या नहीं की.’’

‘‘तुम ने नहीं की तो तुम्हारे किसी दोस्त ने की होगी. तुम ने तो केवल उस के हाथ पकड़े होगे, गले में रस्सी तो तुम्हारे दोस्त ने डाली होगी. तुम उस का नाम बता दो, मैं तुम्हें सरकारी गवाह बना दूंगा और तुम छूट जाओगे.’’

वह अपने आप को निर्दोष बताने में लगा रहा. मैं ने उसे चेतावनी दी कि अगर उस ने अपराध स्वीकार नहीं किया तो फिर मैं बहुत बुरा सलूक करूंगा.

मैं ने एक कांस्टेबल को बुला कर कहा कि इसे हवालात में बंद कर दे. वह हवालात में जाने को तैयार नहीं था. मेरे कमरे में कूदकूद कर अपने आप को छुड़ा रहा था. कांस्टेबल उसे घसीट कर हवालात में ले गया.

थाने में जितने लोग थे, मैं ने उन्हें जाने के लिए कह दिया. मैं ने एक कांस्टेबल और एएसआई को यह पता करने के लिए लगा दिया कि आबिद के कौनकौन दोस्त हैं. मैं ने उन से कहा कि मैं घर जा रहा हूं और रात को 11 बजे आ कर आबिद से पूछताछ करूंगा.

मैं घर चला गया. अभी बैठा ही था कि एक कांस्टेबल ने आ कर बताया कि वह लड़की अपने घर आ गई है और सीधी मृतक के घर गई है. वहां जा कर उस ने रोना पीटना शुरू कर दिया है. उस ने जाते ही अपनी सास को गालियां देनी शुरू कर दीं. औरतों ने उसे पकड़ लिया.

मैं ने कांस्टेबल से कहा कि तुम लड़की के बाप के पास जाओ और उसे कहो कि लड़की को तुरंत थाने में पेश करे. मैं खाना खा कर थाने पहुंच कर उस लड़की की प्रतीक्षा करने लगा.

कुछ देर बाद लड़की मेरे कमरे में लाई गई. उस ने अपने मुंह पर हाथ मारमार कर चेहरा लाल कर लिया था. बालों को नोचा था, इसलिए बाल बिखरे हुए थे. आंखें लाल हो रही थीं, मैं ने उस के बाप और भाई को बाहर भेज दिया. मैं ने उसे कुरसी पर बिठा कर पानी पिलाया और उस के पति के मरने का अफसोस जताया. मैं ने उसे हर तरह से सांत्वना दी.

‘‘न थाने से डरो न मुझ से.’’ मैं ने कहा, ‘‘समझो, तुम मेरी छोटी बहन हो. मैं तुम से केवल यह पता करना चाहता हूं कि तुम्हारे पति की हत्या किस ने की है.’’

‘‘उस की मां ने…’’ उस ने मेरी ओर देखते हुए कहा.

यह पहली बात थी, जो उस के मुंह से निकली थी. वह चुपचाप बैठी फटीफटी आंखों से मुझे देख रही थी.

वह थोड़ा पानी पी कर बोली, ‘‘उस चुड़ैल ने अपने ही बेटे को खा लिया है.’’

मैं ने उसे बोलने दिया ताकि उस के दिल का बोझ हलका हो जाए.

उस ने आगे कहा, ‘‘मैं तो कहती हूं, मेरे पति की मेरे बाप और मेरे भाइयों ने भी हत्या की है. मैं उन से कहती थी कि जिस तरह से कादिर का बड़ा भाई अपने घर से अलग हो कर उसी हवेली में रह रहा है, उसी तरह कादिर को भी मैं अलग कर लूंगी. लेकिन मेरा बाप और भाई कहते थे कि कादिर पर यकीन मत करो, वह अपनी मां जैसा है. वह एक कहता है तो तुम 10 सुनाओ. आप नहीं जानते कादिर को. वह मुझ से कितना प्यार करता था.’’ इतना कह कर वह इतना रोई कि मुझे भी हिला दिया.

कुछ देर बाद जब उस ने रोना बंद किया तो मैं ने उस से पूछा, ‘‘यह बताओ, तुम चली कहां गई थी?’’

‘‘अपने पति के पास गई थी.’’ उस ने जवाब दिया.

‘‘क्या?’’

इस के बाद उस ने जो बयान दिया, वह अपने शब्दों में सुनाता हूं.

उस लड़की का नाम खदीजा था. उस के मांबाप ने उसे घर बिठा लिया था. कादिर खदीजा को तलाक नहीं देना चाहता था और न ही वह तलाक लेना चाहती थी. कादिर की मां उसे तंग करने के लिए तलाक नहीं दिलवाना चाहती थी. लेकिन कादिर और उस की पत्नी खदीजा की सोच कुछ और थी. वे एकदूसरे से अलग हो कर तड़प रहे थे.

कुछ महीने बाद कादिर ने अपने दोस्त जलील से बात की. जलील ने अपनी पत्नी की मदद से दोनों को मिलवाने का प्रबंध कर दिया. जलील की पत्नी ने खदीजा से जा कर कहा कि कादिर उस से मिलना चाहता है. वह उस के घर आ गई. उस ने एक कमरे में दोनों को मिलवा दिया.

कादिर जिस शहर में काम करता था, वह उन के कस्बे से 20-22 किलोमीटर दूर था. रविवार की छुट्टी हुआ करती थी. कादिर हर शनिवार की शाम को घर आ जाता था और वहां से जलील के घर चला जाता, जहां खदीजा से उस की मुलाकात हो जाती थी.

जलील की पत्नी ने खदीजा से गहरी दोस्ती कर ली थी. खदीजा के मातापिता जलील की पत्नी पर विश्वास करते थे. वह हर शनिवार को आ कर उन से कह कर खदीजा को ले जाया करती थी.

जलील और उस की पत्नी ने खदीजा के मिलने का प्रबंध तो कर दिया था, लेकिन इस में खतरा यह था कि कभी न कभी यह राज खुल सकता था. इसलिए वह उन्हें एक सप्ताह छोड़ कर मिलवाती थी.

एक दिन कादिर ने यह फैसला किया कि खदीजा अपना घर छोड़ कर हमेशा के लिए आ जाए और कादिर उसे अपने साथ शहर ले जा कर रख ले. वे दोनों फिर कभी इधर नहीं आएंगे. और अगर उन के मातापिता को पता लग गया तो वह इस शर्त पर वापस आएंगे कि आपसी झगड़े खत्म करो और हमें चैन से रहने दो.

एक रात कादिर शहर से आया. उस के घर वालों को पता नहीं था. खदीजा ने दिन के समय अपने वे कपड़े और जेवर जो उस ने अपने साथ ले जाने थे, चोरीचोरी एक अटैची में डाल लिए. रात को जब सब सोए हुए थे, वह चुपके से घर से निकल गई.

कादिर और जलील खेत में खड़े थे. वे दोनों जलील के घर गए और सुबहसुबह कादिर और उस की पत्नी शहर जाने वाली बस में सवार हो कर शहर चले गए. वहां कादिर ने एक मकान किराए पर लिया हुआ था. वहां दोनों चैन से रहने लगे.

कादिर ने किसी वजह से दफ्तर से 4-5 दिन की छुट्टी ले ली थी. उस के घर का कोई काम था. वह खदीजा को शहर में अकेला छोड़ आया था और उस ने अपने 2 मित्रों से घर की देखभाल के लिए कह दिया था. खदीजा ने मुझे बताया कि कादिर ने तय किया था कि वह एक महीने बाद अपने मातापिता को बता देगा कि खदीजा उस के पास है और वह कभी वापस नहीं आएगा.

‘‘क्या तुम कादिर की हत्या की बात सुन कर आई हो?’’ मैं ने पूछा.

‘‘हां जी,’’ उस ने कहा, ‘‘जलील भाईजान ने अपने एक आदमी को यह कह कर कादिर के दफ्तर भेजा था कि वह कादिर के दोस्त को कह दे कि उस की हत्या हो गई है. उस दोस्त ने घर आ कर मुझे बताया और उसी ने मुझे बस में बिठाया था. अगर किसी को शक है कि मैं झूठ बोल रही हूं तो आप किसी को मेरे साथ भेज दें, मैं उसे वह मकान दिखाऊंगी जिस में हम दोनों रहते थे. कादिर के और मेरे कपड़े व जेवर अभी भी उस मकान में पड़े हैं. चलिए, मैं चल कर दिखाती हूं.’’

यह लड़की जिसे मैं कुछ और समझ रहा था, मेरी नजरों में बहुत ऊंचे कैरेक्टर की हो गई. मैं ने एक कांस्टेबल को जलील को लाने के लिए भेज दिया.

मैं ने खदीजा से पूछा, ‘‘तुम्हारा शक किस पर है? ऐसा तो नहीं कि तुम्हारे भाइयों को तुम्हारे जाने का पता लग गया हो और उन्होंने इस में अपनी बेइज्जती समझी हो.’’

‘‘मैं क्या बताऊं, यह हो तो सकता है लेकिन इस के लिए पहले वे मेरे पास आते और पूरी बात पता करते, मुझ से घर चलने के लिए कहते.’’

मैं ने उसे यह नहीं बताया कि उस का छोटा भाई हवालात में बंद है. मैं ने खदीजा से और कुछ नहीं पूछा और उस के बाप को बुला कर खदीजा को उस के हवाले कर दिया. मैं ने उस से कह दिया कि यह अपने पति के घर गई थी, लोगों से कह दो कि इसे बदनाम न करें.

जलील मेरे पास आया और मैं ने उस से पूछा कि तुम ने खदीजा के बारे में क्यों नहीं बताया? क्या तुम नहीं जानते कि तफ्तीश के दौरान कोई भी बात पुलिस से नहीं छिपानी चाहिए?

उस ने कहा, ‘‘मैं जानता था या नहीं, मैं ने यह बात छिपाई. आप जो भी चाहें मेरे खिलाफ कानूनी काररवाई कर सकते हैं. मैं ने अपना फर्ज पूरा किया है, आप अपना फर्ज पूरा करें.’’

मुझे उम्मीद थी कि वह डर जाएगा, लेकिन वह तो बहुत निडर निकला. मैं ने उस से पूछा कि उस ने कौन सा फर्ज पूरा किया है.

वह बोला, ‘‘दोस्ती का फर्ज पूरा किया है. मुझे कादिर ने कुछ भी बताने से मना कर दिया था. खदीजा ने भी मना कर रखा था. खदीजा मेरी बहन लगती है, उस से किया हुआ वादा मैं नहीं तोड़ सकता था. मैं ने आप की नजरों में अपराध किया है, आप जो चाहे, मुझे सजा दे सकते हैं.’’

वैसे उस ने कोई अपराध नहीं किया था, क्योंकि खदीजा के गुम होने की मेरे पास कोई रिपोर्ट नहीं आई थी. इसलिए अगर उस ने कोई बात छिपाई तो वह कानून की नजरों में अपराध नहीं थी. मैं तो उस से खदीजा के बयान की पुष्टि चाहता था.

जलील ने कहा, ‘‘मैं आप को एक बात बताता हूं. जिस समय कादिर की हत्या हुई थी, उस से आधे घंटे पहले एक आदमी ने खदीजा के भाई को एक आदमी के साथ खेत की मेंड़ पर बैठे देखा था. उन दोनों की उस आदमी के साथ दुआसलाम भी हुई थी. कादिर उस रास्ते से मेरे घर आया करता था. गलियों से आने में रास्ता लंबा पड़ता है. आप चाहें तो उस आदमी को बुला सकते हैं.

‘‘जो आदमी आबिद के साथ बैठा था, मैं उसे जानता हूं. वह एक बार का सजायाफ्ता सलीम था. उस ने किसी को चाकू मारा था. वह तो बच गया लेकिन चाकू मारने वाले को दफा 307 में 3 साल की सजा हुई थी.’’

मैं ने एक कांस्टेबल को सलीम को बुलाने के लिए भेजा.

मैं ने आबिद को हवालात से निकलवा कर अपने कमरे में बुलाया. उसे बिठा कर मैं ने कहा, ‘‘हां भई आबिद, कुछ सोचा? अपराध स्वीकार कर लो, फायदे में रहोगे.’’

उस ने मना कर दिया और छोड़ने के लिए मिन्नतें करने लगा.

मैं ने उस से कहा, ‘‘अच्छा यह तो बताओ, सलीम के साथ खेत में बैठे तुम क्या बातें कर रहे थे?’’

उस ने कहा, ‘‘कब?’’

‘‘अपने जीजा की हत्या करने से आधे घंटा पहले.’’

‘‘यूं ही बातें कर रहे थे.’’

‘‘इतनी ठंडी रात में तुम्हें बात करने के लिए वही जगह मिली थी. लोग घरों में दरवाजे खिड़की बंद कर के लिहाफ में लेटे हुए थे. तुम दोनों को गरमी लग रही थी. सलीम से क्या बातें हुई थीं, सोच लो अगर झूठ बोलोगे तो मैं सलीम से पूछ लूंगा. फिर तुम्हारा झूठ खुल जाएगा.’’

‘‘सच्ची बात है जी, मैं अपनी बहन और जीजा के बारे में बात कर रहा था. उस ने हमारी इज्जत मिट्टी में मिला दी थी. सलीम मेरे जीजा और उस की मां को गालियां दे रहा था.’’

‘‘फिर कादिर आ गया और तुम्हारी बातें रुक गईं.’’

‘‘कादिर नहीं आया था जी,’’ उस ने कहा.

मैं ने उस के मुंह पर जोरदार थप्पड़ मारा. वह रोने लगा. मैं उस से पूछता रहा, वह झूठ बोलता रहा. मैं हर झूठ पर उसे थप्पड़ मार रहा था. मैं ने उस से कहा कि पिटाई के और भी बहुत से तरीके हैं मेरे पास. अगर वह पिटाई से मर भी गया तो उस की लाश गायब कर दी जाएगी.

एक कांस्टेबल ने आ कर बताया, ‘‘सलीम आ गया है.’’

मैं ने उसे अंदर बुलाया और आबिद से पूछा, ‘‘यही था न उस वक्त तुम्हारे साथ?’’

उस ने हां कर दी.

मैं उसे कमरे में छोड़ कर सलीम को हवालत के एक खाली कमरे में ले गया और उस से पूछा, ‘‘तेरे यार ने सब कुछ बक दिया है. तू तो गुरु आदमी है, तूने यह क्या गलती की, इतने कच्चे आदमी के साथ जा कर उस का काम तमाम कर दिया.’’

पलभर रुक कर मैं ने उस से कहा, ‘‘तुम ने हमारी बहुत मदद की है. मैं तुम्हें बचाना चाहता हूं. अगर तुम ने सच नहीं बोला तो थाने में तुम्हारा पूरा रिकौर्ड मौजूद है. मैं उसे अदालत में पेश कर दूंगा और तुम सीधे फांसी चढ़ जाओगे.’’

उस ने कहा, ‘‘मुझे सरकारी गवाह बना लो.’’

‘‘अरे तुम बयान तो दो, यह मेरे ऊपर छोड़ दो. देखो मैं क्या करता हूं.’’

मैं ने उस से कई तरह की बातें कर के उस का बयान ले लिया. उसे संक्षेप में सुनाता हूं.

आबिद और सलीम की दोस्ती थी. सलीम पक्का बदमाश था और आबिद तो बदमाशी में मुंह मारता ही था. उसे घर से पैसे मिल जाया करते थे. वह घर में पैसों की चोरी भी कर लिया करता था. सलीम और दूसरे दोस्तों ने आबिद को जुए का चस्का भी लगा दिया था.

आबिद की बहन ससुराल से आ कर घर बैठ गई थी. उस की सास उस के साथ जो सलूक करती थी, वह घर आ कर सुनाती थी. सुन कर आबिद को गुस्सा आता था. उस ने सलीम से कहा कि वह बदला लेना चाहता है. सलीम उसे रोकता था. कुछ दिन बाद आबिद की बहन घर से गायब हो गई. घर वालों ने इस बात को छिपा कर रखा. लेकिन धीरेधीरे सब को पता लग गया.

आबिद अपने आप को बहुत बड़ा बदमाश समझता था. उसे यह वहम था कि सारा कस्बा उस से डरता है. एक दिन उस की किसी से लड़ाई हो गई तो उस ने उसे ताना दिया, ‘‘जा पहले अपनी बहन को तो ढूंढ, जो तुम्हारे मुंह पर थूक कर अपने यार के साथ चली गई.’’

आबिद को अपनी बहन के बजाय कादिर पर गुस्सा आया. अगर उस की बहन को कादिर अपने घर रहने देता तो वह घर से क्यों भागती. उसे इस बात पर भी गुस्सा था कि कादिर उस की बहन को तलाक नहीं दे रहा था.

उन्हीं दिनों सलीम को कुछ पैसे की जरूरत पड़ गई. आबिद ने उस के आगे अपने घर का रोना रोया और कादिर की हत्या करने का इरादा जाहिर किया. उस ने सलीम से कहा कि वह उस की मदद करे. सलीम को पैसों की जरूरत थी. उस ने कहा कि अगर उसे एक हजार रुपए मिल जाएं तो उस की जरूरत पूरी हो सकती है.

आबिद ने उस से कहा, ‘‘मैं तुम्हें अभी तो एक हजार नहीं दे सकता. 2-3 दिन में 5 सौ रुपए दे सकता हूं. बाकी बाद में दे दूंगा. तुम कादिर की हत्या करने में मेरी मदद करो. यह रकम तुम से वापस भी नहीं लूंगा.’’

उस जमाने के एक हजार आज के 50 हजार के बराबर होते थे. सलीम तुरंत तैयार हो गया. वे दोनों कादिर की हत्या करने की योजना बनाने लगे. वे चाहते थे कि काम भी हो जाए और उन का नाम भी न आए.

दोनों इस काम के लिए शहर गए, जिस से कि कादिर की हत्या वहां की जा सके. सलीम ने यह काम अपने ऊपर ले लिया कि वह शहर जा कर कादिर से उस का पता ले लेगा और फिर आसानी से उस की हत्या उस के घर में ही कर दी जाएगी.

संयोग से कादिर छुट्टी ले कर घर आया और उसे आबिद ने देख लिया. आबिद ने देखा कि कादिर जलील के घर खेतों से हो कर जाता है. हत्या की रात आबिद ने कादिर को जलील के घर जाते देख लिया, उस ने सलीम को बताया और उसे 3 सौ रुपए भी दे दिए. सलीम अपने घर से रस्सी ले आया और दोनों कादिर के रास्ते में घात लगा कर बैठ गए.

कादिर वापस आया तो दोनों धीरेधीरे उस के पीछे चलने लगे, जिस से कि कादिर को शक न हो और वह उन्हें पहचान न सके.

कादिर ने अंधेरे के कारण उन्हें नहीं पहचाना. वह अभी कुछ ही दूर गया होगा कि आबिद ने उसे पीछे से जकड़ लिया और सलीम ने पीछे से उस के गले में रस्सी डाल कर एक गांठ लगा दी. आबिद ने कादिर को छोड़ कर रस्सी का एक सिरा पकड़ लिया. दूसरा सिरा सलीम ने पकड़ा और दोनों ने रस्सी को अपनीअपनी ओर खींचा. कादिर गिरा तो दोनों उसे खींच कर खेतों के अंदर ले गए. सलीम ने उस के दिल और कलाई पर हाथ रख कर देखा, वह मर चुका था.

मैं ने यह बयान आबिद को बताया और उसे चकमा दिया कि मौके का कोई गवाह नहीं है, इसलिए वह बच जाएगा. उस ने भी अपना बयान दे दिया. मैं ने दोनों के बयान जुडीशियल मैजिस्ट्रैट के सामने करा कर दोनों को जुडीशियल लौकअप में भेज दिया.

मैं ने मुकदमा बहुत मेहनत से तैयार किया. कोई भी खाना खाली नहीं छोड़ा. दोनों अभियुक्तों को मृत्युदंड मिला. सैशन में अपील की गई तो वह भी निरस्त हो गई. रहम की अपील भी. दोनों को फांसी दे दी गई.

— इंसपेक्टर रियाज अहमद

सुहागरात का थप्पड़ : शादी के 25 दिन बाद ही मारा गया मनीष

सुहागरात जिंदगी की ऐसी रात है कि शादी के पहले जहां युवा इस के खयालों में खोए रहते हैं, वहीं शादी के बाद इस की यादों में. यही वजह है कि हर दंपति इसे यादगार  बनाना चाहता है. प्रथम परिचय, पहले अभिसार और दांपत्य की बुनियाद सुहागरात, नीरस और उबाऊ लोगों को भी गुदगुदा जाती है. फिर मनीष तो 22 साल का नौजवान था. वह इस रात का तब से इंतजार कर रहा था, जिस दिन उस की शादी तय हुई थी.

शाम से ही उस के जीजा और भाभियां सुहागरात का कमरा सजाते हुए उस से हंसीमजाक भी कर रहे थे. घर में सब से छोटा होने की वजह से उसे तमाम नसीहतें भी मिल रही थीं, जिस से उसे चिढ़ सी हो रही थी. एक तो वह शादी के उबाऊ रीतिरिवाजों से वैसे ही तंग था, दूसरे पंडित की वजह से 2 दिन गुजर जाने के बाद भी वह पत्नी पूजा के पास नहीं जा सका था. सिर्फ उस के पायलों की छनछनाहट और चूडि़यों की खनखनाहट ही उस तक पहुंच सकी थी.

उतरती मई की भीषण गर्मी से बेखबर मनीष बेचैनी से रात होने का इंतजार कर रहा था. जनवरी में उस की और पूजा की सगाई हुई थी. तभी से उस का चेहरा उस की आंखों के सामने नाच रहा था. अब जब मिलन की घड़ी नजदीक आई तो ये जीजा और भाभियां बेवजह समय बरबाद कर रहे थे.

जैसेतैसे वह घड़ी आ ही गई. भाभियों ने उसे बुला कर सुहागकक्ष में धकेल दिया. कमरे के अंदर जाते ही मनीष ने पहला काम लाइट बुझाने का किया तो बाहर से भाभियों के हंसने के साथ आवाज आई, ‘‘लाला, अंधेरे में दुलहन का चेहरा कैसे दिखेगा?’’

कहीं ऐसा न हो कि भाभियां दरवाजे से कान सटाए मजे लेने की सोच रही हों, इसलिए मनीष कुछ देर चुपचाप खड़ा रहा. जब उसे लगा कि बाहर कोई नहीं है तो वह उस पलंग की ओर बढ़ा, जिस पर दुलहन पूजा सिमटी गठरी सी बनी बैठी थी.

पूजा का क्या हाल है, यह उसे पता नहीं था. लेकिन उस का दिल बहुत तेजी से धड़क रहा था. किसी तरह उसे काबू में कर के वह पलंग पर जा कर बैठ गया और पूजा की प्रतिक्रिया का इंतजार करने लगा.

पूजा उसी तरह सिर झुकाए चुपचाप बैठी रही. लड़कियां कितनी भी पढ़ीलिखी और आधुनिक क्यों न हो जाएं, वे इस रात को शरमाती ही हैं. यह मनीष को पता था, इसलिए उस ने पहल करते हुए पूजा की ओर हाथ बढ़ाया तो वह इस तरह चौंक कर पीछे हट गई, मानो करंट लगा हो. मनीष ने पूछा, ‘‘क्या हुआ?’’

जवाब में पूजा कुछ नहीं बोली तो मनीष ने अगला सवाल किया, ‘‘कोई परेशानी है क्या?’’

‘‘नहीं.’’ पूजा ने धीमे से संक्षिप्त सा जवाब दिया.

मनीष की जान में जान आई कि चलो जवाब तो मिला. उस ने पूछा, ‘‘तो फिर क्या हुआ?’’

‘‘कुछ नहीं, मैं इस सब के लिए अभी तैयार नहीं हूं.’’ पूजा ने कहा.

पूजा की बात का मतलब समझ कर मनीष ने मुसकराते हुए कहा, ‘‘मैं कहां तुम्हें खाए जा रहा हूं. वैसे भी यह रात बातों के लिए बनी है. वह तो जिंदगी भर होता रहेगा.’’

इतना कह कर मनीष ने पूजा का हाथ पकड़ा तो उस ने उस का हाथ झटक दिया. पत्नी की इस हरकत से उस का माथा ठनका. उस ने थोड़ा गुस्से से पूछा, ‘‘आखिर बात क्या है?’’

‘‘आप मुझे छू भी नहीं सकते.’’

‘‘क्यों?’’

‘‘बस यूं ही.’’

‘‘कोई तो बात होगी. मेरी तुम से शादी हुई है, इसलिए तुम्हें छूने का मेरा हक बनता है. अगर कोई बात है तो बताओ?’’ मनीष ने व्यग्रता से कहा.

जवाब में पूजा कुछ नहीं बोली तो मनीष झल्ला उठा. पूजा की बेरुखी से उस के सुहागरात के सारे अरमान झुलस गए थे. वह यह सोच सोच कर हलकान होने लगा कि पूजा उसे छूने क्यों नहीं दे रही है. यह बात उस की मर्दानगी और वजूद को ललकार रही थी. इसलिए उस ने एक बार फिर थोड़ा गुस्से से पूजा का हाथ पकड़ने की कोशिश की तो इस बार पूजा ने भी थोड़ा गुस्से से उस का हाथ और जोर से झटक दिया.

चटाक की आवाज के साथ एक जोरदार तमाचा पूजा के गाल पर पड़ा. जहां चुंबन जड़ा जाना चाहिए था, वहां तमाचा जड़ दिया गया था. थप्पड़ की वह आवाज कूलर के शोर में दब गई थी. लेकिन इस से इस बात का खुलासा हो गया था कि पूजा पति को शरीर सौंपने की कौन कहे, छूने तक नहीं देना चाहती.

निराश मनीष पलंग पर दूसरी ओर मुंह कर के लेट गया. उस के सारे अरमान मिट्टी में मिल गए थे. लेकिन मन के किसी कोने में अभी भी एक आस थी कि पूजा शायद हंसते हुए कहेगी कि ‘क्या हुआ यार? मैं तो मजाक कर रही थी. जबकि तुम सीरियस हो गए.’

लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ. उस का दिल टूट चुका था, पर दिमाग दुरुस्त था. उस समय उस की समझ और धैर्य दाद देने लायक थी. वह एकदम से किसी नतीजे पर नहीं पहुंचना चाहता था. लेकिन दाल में कुछ काला है, यह वह जरूर समझ गया था. कुछ ही देर में वह बेचैन और बेबस नए पति की जगह एक गंभीर युवक बन गया था.

मनीष के पिता सीताराम मीणा का अपने सीहोर रोड स्थित गांव भैंसाखेड़ा में ही नहीं, पूरे मीणा समाज में खासा रसूख था. उन की गिनती इलाके के संपन्न किसानों में होती थी. इस के अलावा उन की अच्छीखासी चलती दूध की डेयरी भी थी. डेयरी की जिम्मेदारी मनीष ही संभालता था. उस के चाचा परशुराम मीणा का नाम कौन नहीं जानता. वह राज्य के गृहमंत्री बाबूलाल गौर के बहैसियत विधायक ग्रामीण प्रतिनिधि हैं और भाजपा से पार्षद भी रह चुके हैं.

4 भाईबहनों में सबसे छोटे मनीष ने पढ़ाई लिखाई में कोई कसर नहीं रखी. लेकिन कमउम्र में ही उसे खेतीकिसानी, खास कर डेयरी में रुचि जाग उठी थी, इसलिए नौकरी के बारे में उस ने सोचा ही नहीं.

मीणाओं में लड़के लड़कियों की शादी कमउम्र में ही कर दी जाती थी. लेकिन अब समय थोड़ा बदल गया है. मनीष जब खेती किसानी में रम गया और उम्र भी शादी लायक हो गई तो उस के पिता ने उस की शादी अपने दोस्त की बेटी पूजा से तय कर दी.

manish-meena-sehore

ससुराल के बारे में मनीष सिर्फ इतना जानता था कि वे लोग भी उसी की तरह संपन्न किसान हैं. इस के अलावा उस के ससुर एक सरकारी स्कूल में शिक्षक थे. उस ने रिश्तेदारों से यह भी सुन रखा था कि उस की होने वाली पत्नी बहुत खूबसूरत है.

जनवरी में पूजा से उस की सगाई हुई और 29 मई को शादी. 30 मई को मनीष पूजा को दुलहन बना कर अपने घर ले आया.

पूजा के बारे में ही सोचते सोचते मनीष की आंख लग गई थी. आंख खुली तो उसे लगा शायद सुबह होने वाली है. उस ने पलट कर पूजा की ओर देखा. वह अब भी जाग रही थी.

सुहागरात को पत्नी को थप्पड़ का तोहफा दे कर मनीष बिलकुल खुश नहीं था. लेकिन उस ने बरताव ही ऐसा किया कि वह खुद को रोक नहीं पाया. उसे उठता देख पूजा भी उठ बैठी. बाहर जाते हुए उस ने पूजा से कहा, ‘‘आज तुम्हारी विदाई है. लेकिन अब जब भी आना, खुल कर बात करना, वरना मेरे घर वालों को तुम्हारे घर वालों से बात करनी पड़ेगी.’’

‘‘ठीक है.’’ पूजा ने कहा, ‘‘लेकिन इस के लिए मुझे थोड़ा समय चाहिए.’’

‘‘तुम्हारे आने तक मैं खामोश रहूंगा.’’ कह कर मनीष चला गया.

पूजा विदा हो कर मायके आ गई. पत्नी के व्यवहार से मनीष गुमसुम और उदास रहने लगा था, जिसे घर वालों ने पूजा की याद समझा. कोई भी उस के दिल की व्यथा नहीं समझ सका. बात भी ऐसी थी, जिसे वह किसी से कह भी नहीं सकता था. 2-4 दिनों बाद घर वालों की बातचीत से पता चला कि 25 जून को वे पूजा को विदा कराने जाएंगे. पूजा की विदाई के बारे में जान कर उस का दिल धड़का जरूर, लेकिन पत्नी के आने की जो खुशी किसी के मन में होती है, वह कहीं भी नही ंथी.

घर वाले 25 जून को पूजा को विदा करा ले आए. उस दिन रिवाज के अनुसार घर में पूजापाठ का आयोजन था. उस आयोजन में काफी लोगों को बुलाया गया था. इसलिए घर में काफी चहलपहल थी.

उस दिन मनीष सुबह ही अपनी भैंसों को ले कर जंगल की ओर चला गया था. क्योंकि घर में पूजा होने की वजह से दोपहर को उसे जल्दी वापस आना था.

दोपहर बाद होने वाली पूजा में उस की मौजूदगी जरूरी थी. वह भैंसों को ले कर कुछ ही दूर गया था कि उस के मोबाइल फोन की घंटी बजी. स्क्रीन पर उभरा नंबर पूजा के फुफेरे भाई संदीप का था, इस से उसे लगा कि पूजा ने ही कोई संदेश भिजवाया होगा. उस ने फोन रिसीव किया तो दूसरी ओर से संदीप ने कहा, ‘‘जीजाजी, आप बैरागढ़ आ जाइए, कुछ जरूरी बात करनी है.’’

मनीष ने यह भी नहीं पूछा कि क्या बात करनी है. उस ने अपनी भैंसें चचेरे भाई के हवाले कीं और खुद बैरागढ़ की ओर चल पड़ा. वह कुछ ही दूर गया था कि रास्ते में बीनापुर निवासी वीरेंद्र अपनी एसयूवी कार लिए मिल गया.

वीरेंद्र को वह जानता था. वह संदीप का दोस्त भी था और  रिश्तेदार भी. पूजा के यहां भी उस की रिश्तेदारी थी. वीरेंद्र ने कहा कि संदीप यहीं आ रहा है तो वह वहीं रुक गया. इस के बाद वीरेंद्र ने उसे अपनी कार में रखी माजा की बोतल निकाल कर थमा दी. दूसरी एक बोतल निकाल कर उस ने खुद खोल ली. दोनों माजा पीते हुए बातचीत करने लगे.

दूसरी ओर सुबह का गया मनीष दोपहर तक घर नहीं लौटा तो घर वाले नाराज होने लगे कि कम से कम आज तो उसे जल्दी आ जाना चाहिए था. परेशानी की बात यह थी कि एक तो उस का फोन बंद था, दूसरे वह किसी को कुछ बता कर नहीं गया था.

इंतजार करतेकरते शाम और फिर रात हो गई और मनीष लौट कर नहीं आया तो घर वालों की नाराजगी चिंता में बदल गई. उस की तलाश शुरू हुई. जब उस के बारे में कहीं से कोई खबर नहीं मिली तो देर रात उस की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना खजूरी सड़क में दर्ज करा दी गई.

पूजा में आए ज्यादातर लोग वापस चले गए थे. सभी की नजरें पूजा पर टिकी थीं कि वह पति के लिए परेशान है. जबकि सही बात यह थी कि सिर्फ वही जानती थी कि इस समय मनीष कहां है और अब वह कभी वापस नहीं आएगा. दोपहर को ही उस के मोबाइल पर मैसेज आ गया था कि काम हो गया है. यानी मनीष की हत्या हो चुकी है.

मनीष के घर वालों ने वह रात आंखों में काटी. सुबह घर वाले उस की तलाश में निकलते, उस के पहले ही थाने से खबर आ गई कि मनीष की लाश बरामद हो गई है. यह खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया. रोनापीटना सुन कर पूरा गांव सीताराम के घर इकट्ठा हो गया.

थाना खजूरी सड़क के थानाप्रभारी एन.एस. रघुवंशी ने गांव वालों की सूचना पर कोल्हूखेड़ी के जंगल से मनीष की लाश बरामद की थी. लाश की शिनाख्त तुरंत हो गई थी. उस की गुमशुदगी दर्ज ही थी, इसलिए तुरंत उन्होंने लाश बरामद होने की जानकारी उस के घर वालों को दे दी थी.

एक कद्दावर भाजपाई नेता के भतीजे की हत्या की सूचना पा कर पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे. लाश देख कर ही लगता था कि उस की हत्या गला दबा कर कहीं दूसरी जगह की गई थी. सुबूत मिटाने और पुलिस को चकमा देने के लिए लाश यहां ला कर फेंकी गई थी.

शुरुआती पूछताछ में यह उजागर हो गया था कि मनीष में न कोई ऐब था, न किसी से उस की रंजिश थी. तब किसी ने उस की हत्या क्यों की, पुलिस की यह समझ में नहीं आ रहा था.

लेकिन पुलिस को जब पता चला कि मनीष की अभी जल्दी ही शादी हुई है तो पुलिस का ध्यान तुरंत उस की नवविवाहिता पत्नी पूजा पर गया. पुलिस अधीक्षक अरविंद सक्सेना ने मनीष और पूजा के मोबाइल फोन की काल डिटेल्स निकलवा ली. इस काल डिटेल्स से पता चला कि शादी के बाद पूजा 25 दिन मायके में रही और इस बीच मनीष से उस की एक भी बार बात नहीं हुई. जबकि एक अन्य नंबर पर पूजा ने इन्हीं 25 दिनों में 470 बार बात की थी. पुलिस ने उस नंबर के बारे में पता किया तो वह नंबर पूजा के बीनापुर निवासी एक रिश्तेदार वीरेंद्र मीणा का था.

इस के बाद मनीष की हत्या का राज खुलने में देर नहीं लगी. पुलिस ने वीरेद्र को गिरफ्तार कर लिया. थाने ला कर वीरेंद्र से पूछताछ की गई तो उस ने तुरंत मनीष की हत्या का अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उस ने बताया, ‘‘मांजा की बोतल में मैं ने नींद की गोलियां घोल कर मनीष को पिला दी थीं. जब वह बेहोश होने लगा तो मैं ने अंगौछे से उस का गला घोंट दिया. उस के बाद संदीप की मदद से उस की लाश को ले जा कर कोल्हूखेड़ी के जंगल के रास्ते पर फेंक दिया था.’’

वीरेंद्र मीणा ने पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में मनीष की हत्या के पीछे की जो कहानी सुनाई थी, वह इस प्रकार थी.

वीरेंद्र और पूजा एकदूसरे को प्यार करते थे. यह सिलसिला तकरीबन 4 सालों से चला आ रहा था. भोपाल के करौंद में समाज के एक धार्मिक समारोह में दोनों की मुलाकात हुई तो उसी पहली मुलाकात में दोनों एकदूसरे को दिल दे बैठे थे.

इन के प्यार की मध्यस्था कर रहा था पूजा का फुफेरा भाई संदीप. वही दोनों के मिलनेजुलने की व्यवस्था करता था. वीरेंद्र और संदीप आपस में रिश्तेदार थे. संदीप पूजा का भाई था, इसलिए उस पर कोई शक नहीं करता था कि वह बहन को ले जा कर उस के प्रेमी वीरेंद्र को सौंपता होगा.

वीरेंद्र होनहार भी था और स्मार्ट भी. वह आईएएस की तैयारी कर रहा था. इस के लिए उस ने दिल्ली जा कर कोचिंग भी की थी. स्नातक भी उस ने जालंधर विश्वविद्यालय से किया था. बड़े शहरों में रहने की वजह से वह रहता भी ठाठ से था. खानदानी रईस था ही.

पूजा और वीरेंद्र का प्यार परवान चढ़ा तो शादी की भी बात चली. लेकिन पूजा के पिता ने इस शादी के लिए साफ मना कर दिया. क्योंकि वीरेंद्र उन का दूर का रिश्तेदार था. इस के बावजूद पूजा और वीरेद्र ने हिम्मत नहीं हारी. उन्हें उम्मीद थी कि आज नहीं तो कल, घर वाले जरूर मान जाएंगे.

लेकिन जब पूजा के पिता ने उस की शादी अपने दोस्त के बेटे मनीष से तय कर दी तो उन की उम्मीद पर पानी फिर गया. पूजा शादी के लिए मना नहीं कर पाई, लेकिन उस ने वीरेंद्र को भरोसा दिलाया कि वह जब तक जिंदा रहेगी, तनमन से उसी की रहेगी. चाहे वह पति ही क्यों न हो, कोई उसे छू नहीं पाएगा.

ऐसा हुआ भी. पूजा ने सचमुच मनीष को हाथ नहीं लगाने दिया था. सुहागरात को थप्पड़ वाली बात उस ने वीरेंद्र को बताई तो उस का खून खौल उठा. उस ने उसी समय कसम खाई कि मनीष दोबारा पूजा को हाथ लगाए, उस के पहले ही वह उस की हत्या कर देगा.

वीरेंद्र, पूजा और संदीप, तीनों ही हमउम्र थे. वीरेंद्र संपन्न परिवार का था और उस के पास एक्सयूवी कार भी थी. उस का बहुत बड़ा मकान था और फिल्मी हीरो जैसे लटकेझटके भी. इसलिए पूजा को मनीष रास नहीं आया था. उसे वह डेयरी वाला नहीं, बल्कि भैंसों के तबेले वाला नौकर लगता था.

तीनों का सोचना था कि मनीष की हत्या के बाद पूजा विधवा हो जाएगी. उस के कुछ दिनों बाद वीरेंद्र उस से शादी कर लेगा. क्योंकि मीणा समाज में आज भी विधवा से जल्दी कोई शादी नहीं करता. पूजा के सपने बड़े थे, इसीलिए उस के इरादे खतरनाक हो गए थे. मनीष के हाथों थप्पड़ खा कर वह नागिन सी फुफकार उठी थी.

वीरेंद्र के बयान के आधार पर पुलिस ने पूजा और संदीप को भी गिरफ्तार कर लिया था. पूछताछ में उन दोनों ने अपनाअपना अपराध स्वीकार कर लिया था. पूजा का तो कहना था कि वह भले ही जेल में रहेगी, लेकिन अपने प्रेमी के साथ एक छत के नीचे तो रहेगी. पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था.

वीरेंद्र और पूजा के प्यार और साजिश की बलि चढ़ा बेचारा मनीष, जिस का गुनाह सिर्फ यह था कि वह दुनियादारी से ज्यादा वाकिफ नहीं था. वह शादी के पहले ही पत्नी को प्यार करने लगा था.

दरअसल, मीणा समाज में लड़कियों को जो आजादी मिली है, वह फैशनेबल कपड़े पहनने और कौस्मेटिक सामान खरीदने तक ही सीमित है. वे निजी फैसले नहीं ले सकतीं. अगर पूजा अपने पिता के फैसले का डट कर विरोध करती तो शायद खुद भी गुनाह से बच जाती और वीरेंद्र को भी बचा लेती. उस की बेवकूफी 3 परिवारों को ले डूबी.

— कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

19 साल बाद खुला हत्या का राज

छठी क्लास में पढ़ने वाले महादेवन का स्कूल घर से कई किलोमीटर दूर था. वह पैदल ही स्कूल आताजाता था, जबकि उस के साथ पढ़ने वले कई छात्र साइकिल से आतेजाते थे. उस का मन करता था कि उस के पास भी साइकिल हो. उस ने अपने पिता विश्वनाथन आचारी से कई बार साइकिल दिलाने का अनुरोध किया, लेकिन वह अभी उसे साइकिल दिलाना नहीं चाहते थे.

इस की वजह यह थी कि महादेवन की उम्र अभी केवल 13 साल थी. 3 बेटियों के बीच वह उन का अकेला बेटा था, इसलिए वह कोई रिस्क नहीं उठाना चाहते थे. वह चाहते थे कि 2-3 साल में बेटा जब थोड़ा बड़ा और समझदार हो जाएगा तो उसे साइकिल खरीदवा देंगे.

मगर महादेवन को पिता की बात अच्छी नहीं लगी. उस ने साइकिल खरीदवाने की जिद पकड़ ली. वैसे विश्वनाथन आचारी के पास पैसों की कोई कमी नहीं थी. उन की केरल के चंगनाशेरी के निकट मडुमूला में उदया स्टोर्स के नाम से एक दुकान थी. दुकान से उन्हें अच्छीखासी आमदनी हो रही थी और परिवार भी उन का कोई ज्यादा बड़ा नहीं था. परिवार में पत्नी विजयलक्ष्मी के अलावा 3 बेटियां और एक बेटा महादेवन था.

चूंकि वह एकलौता बेटा था, इसलिए घर के सभी लोग उसे बहुत प्यार करते थे. सभी का लाडला होने की वजह से उस की हर मांग पूरी की जाती थी. विश्वनाथन ने उस के जन्मदिन पर एक तोला सोने की चेन गिफ्ट की थी, जिसे वह हर समय पहने रहता था. वह उसे साइकिल खरीदवाने के पक्ष में तो थे, लेकिन अभी उस की उम्र कम होने की वजह से फिलहाल मना कर रहे थे.

लेकिन बेटे की जिद और मायूसी के आगे विश्वनाथन को झुकना पड़ा. आखिर उन्होंने बेटे को एक साइकिल खरीदवा दी. साइकिल पा कर महादेवन की खुशी का ठिकाना न रहा. यह बात सन 1995 की है. इस के बाद महादेवन दोस्तों के साथ साइकिल चलाने लगा. जब वह अच्छी तरह से साइकिल चलाना सीख गया तो उसी से स्कूल आनेजाने लगा.

महादेवन 2 सितंबर, 1995 को भी घर से साइकिल ले कर निकला था, लेकिन तब से आज तक वह वापस नहीं लौटा. दरअसल स्कूल से लौटने के कुछ समय बाद महादेवन साइकिल ले कर निकल गया. ऐसा वह रोजाना करता था और 1-2 घंटे में घर लौट आता था.

उस दिन वह कई घंटे बाद भी घर नहीं लौटा तो मां विजयलक्ष्मी को चिंता हुई. उन्होंने उसे उन जगहों पर जा कर देखा, जहां वह साइकिल चलाता था. महादेवन नहीं मिला तो विजयलक्ष्मी ने दुकान पर बैठे पति के पास बेटे के गायब होने की खबर भिजवा दी.

बेटे के घर न लौटने की बात सुन कर विश्वनाथन आचारी दुकान से सीधे घर चले आए. उन्होंने बेटे को इधरउधर ढूंढना शुरू किया और उस के यारदोस्तों से पूछा, परंतु उन्हें बेटे के बारे में कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली.

एकलौते बेटे का कोई पता न चलने से मां का रोरो कर बुरा हाल था. चारों तरफ से हताश होने के बाद विश्वनाथन पत्नी के साथ थाना चंगनाशेरी पहुंचे और थानाप्रभारी को बेटे के गुम होने की बात बताई. लेकिन थानाप्रभारी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. उन्होंने बस उस की गुमशुदगी दर्ज कर ली.

थाने में बच्चे के गुम होने की सूचना दर्ज कराने के बाद भी आचारी अपने स्तर से बेटे को ढूंढते रहे. काफी खोजने के बाद भी उन के हाथ निराशा ही लगी. बच्चे के गायब होने के 4-5 दिनों बाद आचारी के घर पर एक चिट्ठी आई. चिट्ठी पढ़ कर वह सन्न रह गए. उस चिट्ठी में लिखा था, ‘‘तुम्हारा बेटा महादेवन हमारे कब्जे में है. अगर तुम्हें वह जिंदा चाहिए तो मोटी रकम का इंतजाम कर लो.’’

पैसे पहुंचाने के लिए चिट्ठी में एक पता लिखा था. आचारी बेटे के लिए कुछ भी करने को तैयार थे. उन्होंने तय कर लिया कि अपहर्त्ता उन से चाहे जितने पैसे ले लें, लेकिन उन्हें बेटा सही सलामत मिले. मामला कहीं उलटा न हो जाए, इसलिए उन्होंने चिट्ठी वाली बात पुलिस को नहीं बताई.

पैसे इकट्ठे करने के बाद वह अकेले ही चिट्ठी में दिए पते पर नियत समय पर पहुंच गए. जिस कलर के कपड़े पहने हुए व्यक्ति को पैसे सौंपने की बात पत्र में लिखी थी, उस कलर के कपड़े पहने वहां कोई भी नहीं दिखा. आचारी ने चारों तरफ नजरें घुमा कर देखा. फिर भी उन्हें उस रंग के कपड़े पहने कोई शख्स नहीं दिखा. उन्होंने वहां कुछ देर इंतजार किया. इस के बाद भी उस कलर के कपड़े पहने कोई शख्स नहीं आया तो वह निराश हो कर घर लौट आए.

फिर आचारी ने अगले दिन अपहर्त्ताओं द्वारा भेजी गई चिट्ठी के बारे में पुलिस को बता दिया. पत्र से पुलिस को भी यकीन हो गया कि महादेवन का किसी ने पैसों के लिए अपहरण किया है. पत्र द्वारा पुलिस ने अपहर्त्ताओं तक पहुंचने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली.

इधरउधर हाथ मारने के बाद पुलिस को कामयाबी नहीं मिली तो उस ने इस संवेदनशील मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया. आचारी थाने के चक्कर लगाते रहे, लेकिन पुलिस ने उन की बातें पर तवज्जो नहीं दी.

13 वर्षीय महादेवन को घर से गए हुए महीने, साल बीत गए. बेटे की याद में रोतेरोते विजयलक्ष्मी की आंखों के आंसू सूख चुके थे तो पुलिस अधिकारियों के पास चक्कर लगाते लगाते आचारी के जूते घिस चुके थे. इस के बाद भी आचारी ने हिम्मत नहीं हारी. वह बेटे को खोजने का दबाव पुलिस पर बनाए रहे.

आचारी को जब लगा कि पुलिस बेटे को ढूंढने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रही तो उन्होंने उच्च न्यायालय की शरण ली. हाईकोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लिया और इस केस की जांच क्राइम ब्रांच से कराने के आदेश दिए. हाईकोर्ट के आदेश पर क्राइम ब्रांच के एडीजीपी विल्सन एम. पौल ने पुलिस अधीक्षक के.जी. साइमन के नेतृत्व में एक जांच टीम बनाई. इस टीम में एसआई के. एफ. जोब, ए.बी. पोन्नयम, नंगराज आदि को शामिल किया गया.

इस के बाद क्राइम ब्रांच ने महादेवन के रहस्यमय तरीके से गायब होने की तफ्तीश शुरू की. चूंकि उस को गायब हुए कई साल बीत चुके थे, इसलिए काफी मशक्कत के बाद भी क्राइम ब्रांच को ऐसा कोई सूत्र नहीं मिल सका, जिस से पता चल सकता कि महादेवन कहां गया था?

अपने एकलौते बेटे के गम में विश्वनाथन आचारी की हालत ऐसी हो गई थी कि सन 2006 में उन्होंने दम तोड़ दिया. 54 साल की उम्र में पति के गुजर जाने के बाद विजयलक्ष्मी के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. बेटे के गम में वह पहले से ही काफी कमजोर हो गई थी. बाद में उस की भी तबीयत खराब रहने लगी और सन 2009 में उस ने भी दम तोड़ दिया.

महादेवन को गायब हुए 14 साल हो चुके थे. उस की चिंता में मांबाप चल बसे थे और जो 3 बहनें थीं, वे भी भाई के गम में अकसर रोती रहती थीं. उधर क्राइम ब्रांच के लिए यह केस एक चुनौती के रूप में था. क्राइम ब्रांच ने एक बार फिर केस की जांच महादेवन के घर से ही शुरू की.

इस बार क्राइम ब्रांच की टीम ने यह जानने की कोशिश की कि आचारी की किसी से कोई दुश्मनी तो नहीं थी. फिर यह पता लगाया कि महादेवन जब साइकिल ले कर घर से निकला था तो उस के साथ कौन था.

इस बारे में टीम ने उस के दोस्तों और मोहल्ले के लोगों से भी बात की. इस पर मोहल्ले के कुछ लोगों ने बताया कि उस दिन महादेवन को हरि कुमार की साइकिल की दुकान पर देखा गया था. इस बात की पुष्टि महादेवन की दुकान पर काम करने वाले एक युवक ने भी की.

इस से क्राइम ब्रांच के शक की सुई हरि कुमार की तरफ घूम गई. हरि कुमार की मडुमूला जंक्शन के पास साइकिल रिपेयरिंग की दुकान थी. क्राइम ब्रांच टीम ने पूछताछ के लिए हरि कुमार को बुलवा लिया. लेकिन उस ने टीम को यही बताया कि महादेवन अपनी साइकिल ठीक कराने अकसर उस की दुकान पर आता रहता था. उस दिन भी उस की साइकिल खराब हो गई थी. साइकिल ठीक करा कर वह उस के यहां से चला गया था.

पुलिस टीम को लग रहा था कि हरि कुमार सही बात नहीं बता रहा था. लिहाजा उस दिन उसे हिदायत दे कर छोड़ दिया. इसी बीच टीम ने हरि कुमार की लिखावट का नमूना ले लिया था. आचारी के पास फिरौती का जो लैटर आया था, वह पुलिस फाइल में लगा हुआ था. क्राइम ब्रांच ने उस पत्र की राइटिंग और हरि कुमार की राइटिंग को जांच के लिए फोरैंसिक लैबोरेटरी भेजा.

फोरैंसिक जांच में दोनों राइटिंग एक ही व्यक्ति की पाई गईं. इस से स्पष्ट हो गया कि आचारी के पास फिरौती का जो पत्र आया था, वह हरि कुमार ने ही भेजा था. इस का मतलब हरि कुमार ने ही महादेवन का अपहरण किया था. हरि कुमार के खिलाफ पक्का सुबूत मिलने पर क्राइम ब्रांच ने उसे पूछताछ के लिए फिर उठा लिया.

चूंकि टीम को अब पुख्ता सुबूत मिल चुका था, इसलिए टीम ने इस बार उस से सख्ती से पूछताछ की तो उस ने स्वीकार किया कि उस ने महादेवन की हत्या कर दी थी. 19 साल पहले उस ने एक नहीं, बल्कि 2-2 हत्याएं की थीं. 2-2 हत्याएं करने का राज उस ने उगल दिया था. दूसरा कत्ल उस ने अपने एक नजदीकी दोस्त का किया था. उस दोस्त की गुमशुदगी भी आज तक रहस्यमय बनी हुई थी.

महादेवन की हत्या की उस ने जो कहानी बताई, वह हैरान कर देने वाली थी.

विश्वनाथन ने बेटे की जिद के आगे झुक कर उसे साइकिल दिला तो दी थी, लेकिन उन्हें यह पता नहीं था कि यही साइकिल हमेशा के लिए बेटे को उन से दूर कर देगी.

महादेवन की मुराद पूरी हो चुकी थी, इसलिए वह फूला नहीं समा रहा था. स्कूल भी वह साइकिल से ही आनेजाने लगा. इस के अलावा स्कूल से लौटने के बाद वह यार दोस्तों के साथ साइकिल चलाता था. मडुमूला जंक्शन के पास हरि कुमार की साइकिल रिपेयरिंग की दुकान थी. जब कभी महादेवन की साइकिल खराब होती, वह हरि कुमार की दुकान पर जा कर ठीक कराता था.

महादेवन एक खातेपीते परिवार से था. वह हर समय गले में सोने की चेन पहने रहता था. जबकि हरि कुमार आर्थिक परेशानी झेल रहा था. साइकिल रिपेयरिंग की दुकान से उसे कोई खास आमदनी नहीं होती थी. 13 साल के महादेवन के गले में सोने की चेन देख कर हरि कुमार के मन में लालच आ गया. उस पर अपना विश्वास जमाने के लिए हरि कुमार उस से बड़े प्यार से बात करनी शुरू कर दी.

2 सितंबर, 1995 को स्कूल से घर लौटने के बाद महादेवन ने खाना खाया और साइकिल ले कर घर से निकल गया. ऐसा वह रोजाना करता था और 1-2 घंटे बाद लौट आता था. उस दिन घर से निकलने के बाद महादेवन की साइकिल खराब हो गई. वह साइकिल ठीक कराने हरि कुमार की दुकान पर गया. चूंकि उस समय दुकान पर कई ग्राहक पहले से बैठे थे, इसलिए हरि कुमार ने साइकिल अपने यहां खड़ी कर ली और उस से थोड़ी देर बाद आने को कहा.

कुछ देर बाद महादेवन साइकिल लेने पहुंचा तो उस समय हरि कुमार दुकान पर अकेला था. महादेवन से सोने की चेन छीनने का अच्छा मौका देख कर हरि कुमार ने उसे दुकान में बुला लिया. जैसे ही महादेवन दुकान में घुसा, हरि कुमार ने उस के गले से चेन निकालने की कोशिश की. महादेवन ने इस का विरोध किया और चीखने लगा. तभी हरि कुमार ने दुकान बंद कर दी और उस का गला दबाने लगा.

गले पर दबाव बढ़ा तो महादेवन का दम घुटने लगा. कुछ ही पलों में दम घुटने से उस बच्चे की मौत हो गई. उस की हत्या करने के बाद हरि ने उस के गले से एक तोला वजन की सोने की चेन निकाल ली.

उस का मकसद पूरा हो चुका था. अब उस के सामने समस्या लाश को ठिकाने लगाने की थी. इस के लिए उस ने अपने दोस्त कोनारी सली और साले प्रमोद को दुकान पर ही बुला लिया.

महादेवन की हत्या की बात उस ने उन्हें बता दी. तीनों ने लाश को ठिकाने लगाने की योजना बनाई. योजना के बाद उन्होंने लाश को एक बोरे में भरा और आटो में रख कर उसे कोट्टायम के निकट एक तालाब में डाल आए. लाश ठिकाने लगा कर हरि कुमार निश्चिंत हो गया. लेकिन यह उस की भूल थी.

उस के दोस्त कोनारी सली ने ही उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. पुलिस को हत्या की बात बताने की धमकी दे कर वह उस से पैसे ऐंठने लगा. हरि कुमार उस का मुंह बंद करने के लिए उस की डिमांड पूरी करता रहा.

उसी दौरान हरि कुमार ने सवा लाख रुपए में अपनी जमीन बेची. कोनारी सली को जब यह बात पता लगी तो उस ने हरि कुमार से 50 हजार रुपए की मांग की. अब हरि कुमार उसे कोई पैसा नहीं देना चाहता था. वह जानता था कि अगर उसे पैसे देने को साफ मना कर देगा तो कोलारी पुलिस के सामने हत्या का राज खोल सकता है. इस बारे में हरि ने अपने साले प्रमोद से बात की और दोनों ने कोनारी सली से हमेशा के लिए छुटकारा पाने का प्लान बना लिया.

योजना के अनुसार, हरि ने वाशपल्लि में त्यौहार के दिन शाम 7 बजे कोनारी सली को शराब पीने के लिए अपनी दुकान में बुला लिया. लालच में कोनारी सली वहां पहुंच गया. दुकान में ही तीनों ने शराब पीनी शुरू की. उसी दौरान उन्होंने कोनारी सली के पैग में साइनाइड मिला दिया. जहर मिली शराब पीने से कुछ ही देर मे कोनारी सली की मौत हो गई.

दोनों उस की लाश को बोरे में भर कर एक आटो से कोट्टायम मरयपल्लि के पास ले गए. यहां पास में ही कोनारी सली का घर था. वहीं पास में स्थित एक पानी भरे गहरे तालाब में वह बोरी डाल दी. इसी तालाब में इन्होंने महादेवन की भी लाश डाली थी. इस तालाब को लोग प्रयोग नहीं करते थे.

उस की लाश ठिकाने लगाने के बाद दोनों अपनेअपने काम में जुट गए. कोनारी सली की हत्या महादेवन की हत्या के करीब डेढ़ साल बाद की गई थी.

उधर जब कोनारी सली कई दिनों बाद भी घर नहीं लौटा तो उस के घर वालों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. काफी छानबीन के बाद भी जब वह घर नहीं आया तो घर वालों ने यही सोचा कि वह बिना बताए घर छोड़ कर कहीं भाग गया है. इस के कुछ दिनों बाद हरि कुमार के साले प्रमोद की भी बाथरूम में फिसल जाने के बाद मौत हो गई. उस की मौत भी एक रहस्य बन कर रह गई.

जुर्म के दोनों राजदारों की मौत के बाद हरि कुमार बेखौफ हो गया. अब उसे किसी का कोई डर नहीं रहा.

इस पूछताछ के बाद जब लोगों को पता चला कि हरि कुमार ने न केवल महादेवन की, बल्कि अपने दोस्त कोनारी सली की भी हत्या की थी, सैकड़ों की संख्या में लोग थाने पर जमा हो गए. वे हरि कुमार को सौंप देने की मांग कर रहे थे, ताकि वे अपने हाथों से उसे सजा दे सकें. लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया.

महादेवन को खोजते खोजते उस के मांबाप गुजर चुके थे. अब उस की 3 बहनें सिंघु, स्वप्ना और स्मिता ही बची थीं. भाई की हत्या का राज खुलने के बाद वे भी थाने गईं. उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया कि उन के घर को तबाह करने वाले हत्यारे हरि कुमार के खिलाफ सख्त से सख्त काररवाई की जाए.

पुलिस हत्यारे हरि कुमार को उस जगह भी ले गई थी, जहां उस ने दोनों लाशें ठिकाने लगाई थीं. चूंकि हत्याएं किए हुए 18-19 साल बीत चुके थे, जिस से वहां से लाशों से संबंधित कोई चीज नहीं मिली.

अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, अगर पुलिस कोशिश करे तो अपराधी तक पहुंच ही जाती है. सुबूत खत्म करने के बाद हरि कुमार भले ही पुलिस से 19 साल तक बचता रहा, लेकिन पुलिस के हाथ उस तक पहुंच ही गए. लाख कोशिश करने के बाद भी हत्यारा पुलिस से बच नहीं सका.

क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

—कथा पुलिस सूत्रों और जनचर्चा पर आधारित

-आर. जयदेवान/  डा. अनुराधा पी. के.

फांसी के फंदे पर लटके नोट

सलोनी से करीब 6 किलोमीटर दूर आलबरस गांव है जो दुर्ग जिले में आता है. इस गांव में हर साल 23 दिसंबर को मड़ई मेला लगता है. यह मेला आसपास के जिलों में बहुत प्रसिद्ध है.

मेले में हजारों की संख्या में लोग जुटते हैं. रुद्र नारायण को उस के दूर के जीजा पंचराम देशमुख ने मेला देखने को बुलाया तो वह अपने पिता की साइकिल उठा कर आलबरस चौक पर पहुंच गया, जहां पंचराम उस का इंतजार कर रहा था.

रुद्र को देखते ही पंचराम चहका, ‘‘तुम तो बड़े होशियार निकले, बिल्कुल समय पर आ गए.’’

साइकिल खड़ी कर रुद्र नारायण पंचराम की ओर उन्मुख हुआ, ‘‘जीजा, बचपन में मैं एक बार मेला देखने आया था. कितने साल गुजर गए, फिर दोबारा नहीं आ पाया. आज आप के कहने पर आया हूं.’’

पंचराम ने उस से पूछा, ‘‘किसी को बताया है कि सीधे चले आए हो.’’

‘‘नहीं जीजा,’’ किसी को नहीं बताया. बताता तो, पिताजी अकेले आने देते क्या? देखो न कितनी दूर से साइकिल चला कर आया हूं.’’ रुद्र के स्वर में गर्व था.

यह सुन कर पंचराम ने मन ही मन खुश होते कहा, ‘‘शाबाश, तुम ने बहुत अच्छा किया, जो घर पर किसी को नहीं बताया. तुम कोई चिंता मत करना मैं हूं ना, मैं तुम्हें मड़ाई मेला घुमाऊंगा, खिलाऊंगा…और पिलाऊंगा भी?

‘‘क्या मतलब जीजा.’’ रुद्र ने पूछा.

‘‘रुद्र, अब तुम कोई बच्चे नहीं रहे…अच्छा बताओ, तुम ने कभी शराब पी है कि नहीं.’’

‘‘एक बार पी थी दोस्तों के साथ. उस के बाद फिर कभी नहीं पी.’’ रुद्र नारायाण ने आंखें नीची कर के झिझकते हुए कहा.

‘‘तो इस में शरमाने की क्या बात है, शराब पीना तो मर्दों की निशानी है.’’ पंचराम ने उसे उत्साहित किया, तो रुद्र खिल उठा.

‘‘चलो आज मैं तुम्हें दुनिया का आनंद दिलाता हूं. पहले थोड़ा मजा लेंगे फिर मड़ई घूमेंगे. आज मेरे साथ रहने पर देखना कितना आनंद आता है.’’ पंचराम ने कहा, फिर उसे ले कर वह शराब की दुकान पर गया.

शराब और पास की एक दुकान से खाने के लिए कुछ सामान ले कर दोनों एक खेत के पास बैठ गए. वहां पर दोनों ने शराब पीनी शुरू कर दी. पंचराम देशमुख ने रुद्र नारायण को योजनानुसार ज्यादा शराब पिला दी.

न न करते भी, सोचीसमझी साजिश के तहत, रुद्र नारायण को पंचराम शराब पिलाता रहा. अबोध रुद्र नारायण मुंह बोले जीजा की इधरउधर की बातों में डूबा शराब पी कर मदमस्त हो गया. उस पर इतना नशा चढ़ा कि वह आंखें बंद कर वहीं लेट गया.

पंचराम यही चाहता था. शराब के नशे में चूर हो चुके रुद्र को अर्ध चेतना अवस्था में लेटा छोड़ कर वह अपनी साइकिल में बंधी रस्सी खोल लाया और मौके का फायदा उठा कर उस ने रुद्र के गले में रस्सी का फंदा बना कर उस का गला घोंट दिया.

गले में फंदा कसते ही रुद्र ने आंखें खोल कर पंचराम को देखा और मौत के आगोश में समा गया.

रुद्र की हत्या करने के बाद पंचराम ऐसे खुश हुआ जैसे उस की वर्षों की साध पूरी हो गई हो. रुद्र ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उस का मुंह बोला जीजा, पंचराम देशमुख उस की उस तरह बेदर्दी से हत्या कर देगा.

पंचराम ने रुद्र नारायण के गले में पड़ी रस्सी निकाल कर जोरों से अट्टहास लगाया. उसे लग रहा था कि अब उस की मुराद पूरी हो जाएगी. अब उसे लखपति बनने से कोई नहीं रोक सकता. दरअसल उस के गुरु समान मित्र और तथाकथित तांत्रिक धनराज नेताम ने बताया था कि अगर वह फांसी की रस्सी उस के पास ले कर आएगा तो वह देखते ही देखते उसे रुपयोंपैसों से मालामाल कर देगा.

पंचराम देशमुख जिला दुर्ग के आलबरस गांव का रहने वाला था. उस ने होश संभाला तो उस के पास एक ही हुनर था वाल पेंटिंग बनाने का. यही काम कर के वह जीवनयापन करने लगा.

मगर अब पेंटर का काम कम मिलने लगा था, क्योंकि प्रिंटिंग की दुनिया में फ्लेक्स प्रिंटिंग का युग आ चुका था और लोग कम दर पर फ्लेक्स प्रिंट करवा लेते थे. आमदनी कम हाने पर उस के तंगहाली में दिन कटने लगे. परिवार पालना भी मुश्किल हो गया.

पंचराम की ससुराल बलोद जिले के गांव सलोनी में थी. एक बार जब वह अपनी ससुराल गया तो वहीं पर उस की मुलाकात धनराज नेताम से हुई, जो गांव सलोनी में बंदर भगाने के लिए तांत्रिक क्रिया करने आया था. पंचराम को किसी ने धनराज के बारे में बताया कि यह बहुत बड़ा तांत्रिक है.

उस ने बताया कि गांव में बंदरों का आतंक है, जाने कहां से इतने सारे बंदर आ गए जिन से गांव वाले परेशान हैं. कई प्रयास किए गए, मगर बंदरों से छुटकारा नहीं मिला. तब तांत्रिक धनराज को विशेष रूप से बुलाया गया है. धनराज से मिलने के बाद पंचराम बहुत खुश हुआ. चूंकि पंचराम को गांव के लोग दामाद जैसा ही सम्मान देते थे. इसलिए तांत्रिक के साथ पंचराम की भी अच्छी खातिरदारी हुई.

जब एक साथ जाम छलके तो पंचराम और तांत्रिक की दोस्ती हो गई. बातोंबातों में धनराज ने उस से कहा, ‘‘मैं ने जो तंत्र क्रिया की है, उस का कमाल देखना. इस के बाद गांव में एक भी बंदर नहीं दिखेगा.’’

यह सुन कर पंचराम आश्चर्य चकित रह गया. उस ने तंत्रमंत्र के बारे में सुना था मगर किसी तांत्रिक से मुलाकात पहली बार हुई थी. धनराज ने आगे कहा, ‘‘मैं किसी को भी लखपति बना सकता हूं.’’

‘‘कैसे?’’ यह सुन कर बरबस पंचराम ने पूछा.

‘‘मुझे बस एक फांसी की रस्सी ला दो… फिर देखो, रुपए बरसेंगे.’’ धनराज नेताम ने शराब का गिलास होंठों पर लगा कर कहा.

‘‘यह कौन सी बड़ी बात है.’’ पंचराम ने बोला, ‘‘फांसी की रस्सी तो मैं ला सकता हूं.’’

‘‘तो लाओ, फिर देखना, कैसे पत्तों की तरह आकाश से नोट बरसाऊंगा.’’

धनराज नेताम की आश्चर्य मिश्रित बातें सुन कर पंचराम देशमुख उस का मुरीद बन गया. दूसरे दिन आश्चर्यजनक घटना हुई कि गांव में धनराज द्वारा की गई तांत्रिक किया के बाद किसी को एक भी बंदर देखने को नहीं मिला. यह चमत्कार नहीं, संयोग था. मगर इस से धनराज के प्रति पंचराम देखमुख की आस्था बढ़ गई.

पंचराम उस का भक्त बन गया और लखपति बनने के लिए फांसी की रस्सी ढूंढने की कोशिश तेज कर दी. एक दिन दुर्ग जिले के अंडा थाने में तैनात एक कांस्टेबल से दूर का संबंध निकाल कर पंचराम उस के पास पहुंच गया और उस से कहा, ‘‘भैया, क्या फांसी की रस्सी मिल सकती है?’’

उस की बात सुनते ही कांस्टेबल ने चौंकते हुए कहा, ‘‘क्या करोगे तुम उस का वह भला तुम्हें कैसे मिल सकती है, वह तो जल्लाद के पास मिलेगी. और जल्लाद तुम्हें वो क्यों देगा.’’

यह सारी जानकारी मिलने पर वह निराश हो गया. पंचराम का चेहरा लटक गया तो कांस्टेबल ने पूछा ‘‘अच्छा यह तो बाताओ, फांसी की रस्सी का क्या करोगे?’’

‘‘अब तुम से क्या छिपाना. सुना है कि फांसी की रस्सी मिल जाए तो रुपए बरसते हैं.’’ पंचराम ने बताया.

यह सुन कर कांस्टेबल हंसने लगा और उसे समझाया, ‘‘ऐसा नहीं हो सकता. यदि ऐसा होता तो सारे जल्लाद करोड़पति होते. ये सब फालतू की बातें हैं.’’

मगर पंचराम के दिमाग से यह बात इतनी आसानी से कैसे निकल सकती थी. वह तो करोड़पति बनने के सपने देख रहा था. इसलिए वह फांसी की रस्सी की ताक में लगा रहा.

जब चारों तरफ निराशा मिली तो एक दिन उस की निगाह रुद्र नारायण पर पड़ी. 15 वर्षीय रुद्र नारायण उस की ससुराल वाले गांव सलोनी में रहता था. वह उसे  जीजा कहता था. पंचराम सोचने लगा कि क्यों न उसे मार कर फांसी की रस्सी तैयार कर ले.

उस ने तांत्रिक धनराज नेताम को इस बारे में बताया तो उस ने स्वीकृति देते हुए कहा, ‘‘चलेगा, बस रस्सी फांसी की हो.’’ इस के बाद पंचराम ने पिलेश्वर देखमुख के घर आनाजाना बढ़ा दिया.

पंचराम गांव वालों की निगाह में दामाद बाबू था, पिलेश्वर देशमुख उस का सम्मान करता और अपने दुखसुख की बातें साझा करता था. इसी का फायदा उठा कर पंचराम ने 23 दिसंबर, 2019 को योजनानुसार रुद्र को मड़ई मेला घुमाने के लिए बुलाया और मौका देख कर उस के गले में रस्सी का फंदा डाल उस की हत्या कर दी.

फिर उसी दिन शाम को वह घटनास्थल पर दोबारा पहुंचा और उस की लाश के ऊपर केरोसिन डाल कर, आग लगा दी.

29 दिसंबर, 2019 शनिवार को दोपहर दुर्ग जिले के थाना अंडा के टीआई राजेश झा को किसी ने फोन कर के सूचना दी कि गांव आलबरस के पास एक खेत में लाश पड़ी है.

लाश मिलने की सूचना पा कर राजेश झा चौंके, क्योंकि साल के अंतिम दिन चल रहे थे और क्षेत्र में यह वारदात हो गई थी. खबर मिलते ही वह एक एसआई और 2 कांस्टेबलों को साथ ले कर मौके की तरफ रवाना हो गए.

साल के अंतिम महीने और अंतिम दिनों में पुलिस विभाग सारे पेंडिंग पड़े प्रकरणों का निवारण करता है, जिस की वजह से काफी व्यस्तता रहती है. व्यस्तता अंडा थाने में भी थी, मगर टीआई काम छोड़ कर तत्काल घटनास्थल की ओर रवाना हो गए. उन्होंने घटना स्थल का सूक्ष्मता से अवलोकन किया.

अधजली लाश के पास शराब की खाली 3 बोतलें, गिलास मिले, नीले रंग की टीशर्ट का एक जला हुआ टुकड़ा, बेल्ट और जूते भी पड़े मिले. लाश किसी बालक की थी. घटनास्थल पर मौजूद कोई भी ग्रामीण उस लाश की शिनाख्त नहीं कर सका था.

मामला संगीन दिखाई पड़ रहा था. उन्हें लग रहा था कि जरूर किसी ने बालक के साथ अनाचार किया होगा और उसे जला कर साक्ष्य छिपाने की कोशिश की है. टीआई ने उच्च अधिकारियों एएसपी (ग्रामीण) लखन पटले व एसएसपी अजय कुमार यादव को घटना की जानकारी दे दी. उच्च अधिकारियों के निर्देश पर टीआई ने मौके की काररवाई निपटा कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी.

हत्या का केस दर्ज होते ही टीआई राजेश झा ने इस मामले की जांच शुरू कर दी. सब से पहले उन्होंने अपने जिले के सभी थानों के अलावा सीमावर्ती जिला बालोद के थानों में भी अज्ञात बालक की लाश मिलने की सूचना भेज कर और जानना चाहा कि उन के क्षेत्र से इस आयु वर्ग का कोई बालक लापता तो नहीं है.

टीआई झा को बालोद जिले के अर्जुंदा थाने से खबर मिली कि 26 दिसंबर, 2019 को एक 15 साल के किशोर रुद्र नारायण देशमुख के लापता होने की सूचना वहां थाने में दर्ज है. पता चला कि रुद्र 23 दिसंबर को अपने गांव सलानी से कहीं गया था. गुमशुदगी की सूचना रुद्र के पिता ने दर्ज कराई थी.

टीआई राजेश झा ने रुद्र के पिता पिलेश्वर व परिजनों को अंडा थाने बुलवाया और घटनास्थल पर मिली बेल्ट, टीशर्ट का टुकड़ा आदि दिखाया. उन चीजों को देखते ही पिलेश्वर देशमुख फफक कर रो पड़ा. वह बोला, ‘‘साहब, यह मेरे बेटे रुद्र की टीशर्ट का ही टुकड़ा है, बेल्ट भी उसी की है. मुझे बच्चे की लाश दिखाई जाए.’’

टीआई ने एक एसआई के साथ पिलेश्वर व परिजनों को हास्पिटल भेजा जहां की मोर्चरी में रुद्र की लाश रखी थी. पिलेश्वर और उस के साथ आए लोगों ने लाश की शिनाख्त रुद्र नारायण देशमुख के रूप में की. इस के बाद लाश का पोस्टमार्टम कराया गया.

डाक्टरों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया कि रुद्र की हत्या रस्सी के फंदे से गला घोट कर की गई थी. गले पर रस्सी के रेशे भी पाए गए. पोस्ट मार्टम रिपोर्ट से साफ हो चुका था कि किसी ने रुद्र की हत्या गला घोट कर की और बाद में जला दी. मगर यह हत्या क्यों की गई? पुलिस के सामने यह एक बड़ा सवाल था.

टीआई राजेश झा ने मृतक के पिता पिलेश्वर जो कि एक किसान है से पूछा कि क्या आप की किसी से कोई दुश्मनी वगैरह तो नहीं है. या किसी पर कोई शक है, जो रुद्र की हत्या कर सकता है?

इस पर पिलेश्वर ने बताया कि उस की किसी से रंजिश नहीं है. साथ ही उस ने यह भी बताया कि रुद्र का दूर के जीजा पंचराम देशमुख से बहुत लगाव था. वह उस से काफीकाफी देर तक फोन पर भी बातें करता था. कल पंचराम का हमारे पास फोन आया था, वह पूछ रहा था कि क्या कोई आरोपी पकड़ा गया है? पुलिस इस केस में अब क्या कर रही है?

पिलेश्वर के मुंह से यह सुनते ही टीआई राजेश झा का ध्यान पंचराम की तरफ केंद्रित हो गया. उन्होंने पंचराम के बारे में पिलेश्वर से सारी जानकारी ली और पंचराम को फोन किया, लेकिन उस का फोन स्विच्ड औफ था.

तब पुलिस टीम के साथ वह आलबरस गांव स्थित उस के घर पहुंच गए. लेकिन वह घर से गायब था. उस की पत्नी ने बताया कि वह तो 24 दिसंबर से घर नहीं आए हैं.

अब टीआई राजेश झा को इस मामले में अपराध की बू आती दिखने लगी. उन्होंने उस के मोबाइल की काल डिटेल्स निकलवाई तो चौंकाने वाली जानकारी मिली. उस की लोकेशन धमतरी जिले के किसी गांव की मिली.

उन्होंने आरक्षक वीरनारायण, राजकुमार चंद्रा, डी. राव, अलाउद्दीन और राजकुमार दिवाकर की टीम को पंचराम की गिरफ्तारी के लिए भेजा. यह टीम 6 घंटों का सफर कर के धमतरी जिले के गांव गुटकेल पहुंची. यह टीम फोन के टावर की मदद से तांत्रिक धनराज के घर पहुंच गई. वहां पुलिस टीम को पता चला कि धनराज और पंचराम जंगल में चूहा मारने गए हुए हैं.

पुलिस टीम जाल बिछा कर पंचराम का इंतजार करने लगी. 31 दिसंबर, 2019 को जब पंचराम व धनराज जंगल से 2 बड़े चूहे पकड़ कर घर लौटे तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया और हिरासत में ले कर अंडा थाने ले आई. दोनों से पूछताछ की गई तो पंचराम ने स्वीकार कर लिया कि रस्सी से गला घोट कर उस ने ही रुद्र की हत्या की थी.

उस ने बताया कि वह लखपति बनना चाहता था, तांत्रिक धनराज ने उसे बताया था कि फांसी की रस्सी, नारियल, सिंदूर ला दे तो एक सप्ताह में वह हवा में पत्तों की तरह नोटों की वर्षा कर सकता है, इसीलिए उस ने रस्सी से गला घोंट कर रुद्र की हत्या की थी.

पुलिस ने आरोपी पंचराम देशमुख और तथाकथित तांत्रिक धनराज नेताम के इकबालिया बयान दर्ज कर के उन्हें भादंवि की धारा 302, 120 बी, 34 के तहत गिरफ्तार कर प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रैट श्रीमती प्रतीक्षा शर्मा के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

17 महीने से छिपी लाश का रहस्य

नाले के पास बिना सिर वाला एक धड़ पड़ा हुआ है, जिस के बदन पर नीले कलर की टीशर्ट पर लाल सफेद लाइनिंग साफ नजर आ रही थी. मरने वाले के हाथ में लोहे का कड़ा और पीले लाल कलर का धागा बंधा हुआ था. उस के शरीर के निचले हिस्से में लाल रंग की अंडरवियर और बनियान थी. सिर के बाल  तथा दाढ़ी व मूंछ में मेहंदी कलर लगा हुआ था. जिस जगह यह सिर कटा धड़ पड़ा हुआ था, उस के कुछ ही दूरी पर एक प्लास्टिक की बोरी भी पड़ी हुई थी.

पुलिस टीम ने जब उस बोरी को खोला तो उस में मृतक का सिर मिला. पहली नजर में हत्या का मामला दिख रहा था. लिहाजा उन्होंने सीन औफ क्राइम मोबाइल यूनिट के प्रभारी डा. आर.पी. शुक्ला को मौके पर बुला लिया.

फोरैंसिक एक्सपर्ट डा. आर.पी. शुक्ला ने मौका मुआयना कर शव को देख कर बताया कि मरने वाले की उम्र 35 साल से अधिक लग रही है. लाश को देखने से प्रतीत हो रहा है कि लाश महीनों पुरानी है और उस की गरदन काट कर हत्या की गई होगी.

एफएसएल टीम ने मौकामुआयना कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर धड़ को संजय गांधी मैडिकल कालेज की फोरैंसिक शाखा भेज दिया. यह बात 26 अक्तूबर, 2022 की है.

सोशल मीडिया पर यह खबर जंगल की आग की तरह फैलते ही कुछ ही घंटों में पुलिस को पता चल गया कि बिना सिर वाली लाश पास के गांव ऊमरी में रहने वाले 42 साल के रामसुशील पाल की है.

sp-navneet

           एसपी नवनीत भसीन

रीवा जिले के एसपी नवनीत भसीन ने मऊगंज थाने की टीआई श्वेता मौर्य, एसआई लालबहुर सिंह, एएसआई आदि के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर जल्द ही रामसुशील की हत्या का खुलासा करने का निर्देश दिया.

ti-sweta

         टीआई श्वेता मौर्य

पुलिस टीम जांच करने जब ऊमरी गांव पहुंची तो पूछताछ में पता चला कि रामसुशील ऊमरी गांव में रहने वाले साधारण किसान मोहन पाल का सब से बड़ा बेटा था. वह पेशे से ड्राइवर था. अपने पेशे की वजह से वह कईकई महीने तक घर से बाहर रहता था.

रामसुशील की पहली पत्नी की मौत के बाद करीब 4 साल पहले उस ने मिर्जापुर निवासी रंजना पाल से विवाह किया था. शादी के शुरुआती समय तो सब ठीकठाक चलता रहा, मगर कुछ समय बाद ही दोनों के बीच मनमुटाव हो गया था.

पुलिस टीम ने जब घर के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि रामसुशील तो पिछले डेढ़ साल से गांव में किसी को दिखा ही नहीं. जब गांव के लोग पूछताछ करते तो पत्नी रंजना बताती कि उस का पति काम के सिलसिले में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर गया है.

पुलिस को रामसुशील के घर जा कर यह भी मालूम हुआ कि रंजना भी कुछ दिनों पहले अपने बच्चों को ले कर मायके मिर्जापुर गई हुई है. इस वजह से पुलिस के शक की सूई रंजना की तरफ ही घूम रही थी. लिहाजा पुलिस की एक टीम रंजना की तलाश के लिए मिर्जापुर भेजी गई.

पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए रंजना से पूछताछ की तो उस ने पति की मौत की पूरी कहानी बयां कर दी.

मध्य प्रदेश के रीवा जिले के मऊगंज जनपद पंचायत के छोटे से गांव ऊमरी श्रीपथ में रहने वाले किसान मोहन पाल के 3 बेटों में 42 साल का रामसुशील सब से बड़ा था. उस के बाद अंजनी पाल और सब से छोटा 30 साल का गुलाब था.

रामसुशील पेशे से ट्रक ड्राइवर था. उस की पहली शादी 22 साल की उम्र में हो गई थी. एक बेटे और बेटी के जन्म के बाद वह अपनी पत्नी के साथ बुरा व्यवहार करने लगा था. नशे की लत और उस की प्रताडऩा से तंग आ कर पत्नी ने आग लगा कर आत्महत्या कर थी.

उस समय उस के बच्चों की उम्र कम थी, इसलिए समाज के लोगों ने रामसुशील के मातापिता को बच्चों की परवरिश के लिए उस की दूसरी शादी करने की सलाह दी.

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में रहने वाली रंजना पाल भी पति की मारपीट से तंग आ कर मायके में रह रही थी. उस के 2 बेटे थे. समाज के लोगों ने यही सोच कर दोनों की शादी करा दी कि दोनों के बच्चों की परवरिश होने लगेगी.

इस तरह ढह गई मर्यादा की दीवार

रामसुशील नशे का आदी होने की वजह से घरपरिवार की जिम्मेदारियों से बेखबर रहता था. लिहाजा दोनों के बीच तकरार बढऩे लगी.

रामसुशील का परिवार गांव में घर के 3 हिस्सों में अलगअलग रहता था. एक हिस्से में रामसुशील का परिवार, दूसरे हिस्से में उस का भाई अंजनी पाल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ, जबकि सब से छोटा भाई गुलाब  मातापिता के साथ रहता था. उस समय गुलाब की शादी नहीं हुई थी.

रामसुशील काम के सिलसिले में अकसर 15-15 दिन घर से बाहर रहता था. इस का फायदा उठाते हुए रंजना का झुकाव अपने देवर गुलाब की तरफ हो गया. उस समय गुलाब 30 साल का गोराचिट्टा जवान व कुंवारा था.

aropi-gulaab-pal

   आरोपी गुलाब पाल

गुलाब भाभी का लाडला देवर था, परंतु रामसुशील की बुरी आदतों की वजह से अपने भाइयों से नहीं पटती थी. रामसुशील पैतृक संपत्ति का ज्यादा भाग खुद उपयोग कर रहा था. इस वजह से उस के भाई भी उस से नफरत करते थे.

ऐसे में रंजना ने गुलाब पर डोरे डालने शुरू कर दिए. गुलाब उम्र की जिस दहलीज पर खड़ा था, वहां पर शादीशुदा नाजनखरों वाली भाभी रंजना के बिछाए प्रेम जाल में वह फंस ही गया. लिहाजा जल्द ही दोनों के बीच अवैध संबंध हो गए.

इस के बाद तो गुलाब और रंजना का इश्क परवान चढऩे लगा था. जब भी उन्हें मौका मिलता, वे अपनी हसरतों को पूरा कर लेते. लेकिन कहते हैं कि इश्क और मुश्क छिपाए नहीं छिपते. यही हाल हुआ भौजाई रंजना और देवर गुलाब के इश्क का. आखिर पति रामसुशील को देवर भौजाई के चोरीछिपे चल रहे इश्क का पता चल ही गया.

एक दिन शराब के नशे में चूर रामसुशील जब घर पहुंचा तो रंजना पर बरस पड़ा, ”छिनाल, तूने आखिर अपनी औकात दिखा ही दी. गुलाब के साथ रंगरलियां मना रही है.’’

रामसुशील ने भद्दी गालियां देते हुए रंजना की पिटाई कर दी. अब तो आए दिन दोनों के बीच झगड़ा आम बात हो गई थी. जब रामसुशील गुस्से में रंजना की पिटाई करता तो प्रेमी गुलाब के सीने पर सांप लोट जाता.

छोटा भाई क्यों बना जान का दुश्मन

रोजरोज अपनी प्रेमिका की पिटाई से उसे दुख पहुंचता. एक दिन मौका पा कर गुलाब ने रंजना से साफसाफ कह दिया, ”भौजी, हम से तुम्हारा दर्द देखा नहीं जाता. आखिर कब तक जुल्म सहती रहोगी.’’

”कुछ समझ भी नहीं आता, आखिर ऐसे मर्द के साथ मैं निभाऊं कैसे.’’ रंजना बोली.

”मेरी तो इच्छा है कि ऐसे मर्द को तुम्हारी जिंदगी से हमेशा के लिए दूर कर दूं, फिर हमारे प्यार में कोई अड़चन ही नहीं होगी.’’ गुलाब रंजना से बोला.

”लेकिन यह काम इतना आसान नहीं है. यदि यह राज किसी को पता चल गया तो जेल में चक्की पीसेंगे हम दोनों.’’ रंजना ने आशंका व्यक्त करते हुए कहा.

”मेरे पास एक प्लान है, तुम अगर मानो तो किसी को कानोकान खबर नहीं होगी.’’ गुलाब चहकते हुए बोला.

”बताओ, ऐसा कौन सा प्लान है तुम्हारे पास?’’ रंजना बोली.

”भौजी, मैं बाजार से चूहे मारने वाली दवा ला कर दूंगा, तुम चुपचाप खाने में मिला कर रामसुशील भैया को खिला देना.’’ गुलाब बोला.

”फिर… घर के लोगों को क्या बताएंगे कि कैसे मर गए?’’ रंजना आगे की मुश्किल देखते हुए बोली.

”तुम इस की चिंता मत करो. रातोंरात मैं लाश को ठिकाने लगा दूंगा और लोगों से कह देंगे कि भैया काम के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं.’’ गुलाब रंजना को आश्वस्त करते हुए बोला.

गुलाब और रंजना का प्यार अब घर वालों को भी पता चल चुका था. गुलाब के रंजना से संबंधों की भनक पिता मोहन पाल को लगी तो उन्होंने माथा पीट लिया. समाज में ऊंचनीच न होने के भय से उन्होंने यह सोच कर गुलाब की शादी कर दी कि शादी होते ही वह अपनी भाभी से दूर रहने लगेगा.

मगर शादी होने के बाद भी गुलाब की रंजना से नजदीकियां कम नहीं हुईं. गुलाब की पत्नी भी गुलाब की इन हरकतों से परेशान थी. गुलाब अपनी नवविवाहिता पत्नी पर फिदा होने के बजाय रंजना भाभी की जवानी के गुलशन का भंवरा बना हुआ था. गुलाब की नईनवेली पत्नी जब गुलाब को रंजना से दूर रहने को कहती तो वह उलटा उस के साथ ही मारपीट करने लगता.

रामसुशील जब भी घर आता तो वह देखता कि गुलाब रंजना के इर्दगिर्द घूमता रहता है. इस बात को ले कर वह गुलाब को भलाबुरा भी कह चुका था. गुलाब अपने भाई से जब जमीन के बंटवारे की बात कहता तो रामसुशील उसे डराधमका कर चुप करा देता.

aropi-anjani-pal

         आरोपी अंजनी पाल

जमीनजायदाद के बंटवारे को ले कर जब भी उन का आपसी विवाद होता तो उस के चाचा रामपति और उस के लड़के सूरज और गुड्डू भी गुलाब और अंजनी का पक्ष लेते. इस से रामसुशील अपने चाचा और उन के बेटों के साथ गालीगलौज करता.

समोसे की चटनी में मिलाया जहर

रामसुशील से तंग आ कर 2021 के मई महीने में रंजना और गुलाब ने रामसुशील को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और एक रात रंजना ने घर पर स्वादिष्ट समोसे बनाए.

समोसे खाने का रामसुशील शौकीन था, उसे टमाटर की चटनी के साथ समोसे खाना बहुत अच्छा लगता था. रंजना ने समोसे के साथ परोसी गई चटनी में चूहे मारने की दवा मिला दी थी.

रामसुशील चटखारे मार कर समोसे खा गया, मगर उसे इस बात का पता नहीं था कि उस की पत्नी ने जो प्यार जता कर समोसे परोसे हैं, उस में उस की मौत छिपी हुई थी.

पेट भर समोसे खा लेने के बाद रामसुशील सोने चला  गया. बच्चों के सोने के बाद जब रंजना रात के करीब 12 बजे पति के बिस्तर पर पहुंची तो उस ने हिलाडुला कर पति की नब्ज टटोली.

कोई हलचल न पा कर रंजना ने गुलाब को फोन कर खबर कर दी. गुलाब भी इसी पल का इंतजार कर रहा था. उस ने जमीन के बंटवारे में हिस्सा दिलाने का लालच दे कर अपने भाई अंजनी पाल को भी साथ ले लिया.

जैसे ही गुलाब और अंजनी भाभी के बुलावे पर रामसुशील के पास कमरे में पहुंचे तो रामसुशील को बेहोश देख कर बहुत खुश हुए. उन्हें लगा कि भाई जिंदा न बचे, इसलिए अपने साथ लाए धारदार हथियार से गुलाब ने रामसुशील का गला काट कर भाई अंजनी की मदद से धड़ और सिर प्लास्टिक की बोरी में भर दिया.

दूसरे दिन सुबह जल्दी उठ कर अंधेरे में ही गुलाब लाश वाली बोरी को साइकिल पर लाद कर अपने चाचा रामपति पाल के खेत पर पहुंच गया. वहां चाचा के लड़के सूरज और गुड्डू की मदद से भूसा रखने वाले कमरे में उस ने लाश की बोरी दबा दी.

इस काम में चाचा के बेटों गुड्डू पाल और सूरज पाल ने इसलिए मदद की क्योंकि एक बार जमीनी विवाद में इन का झगड़ा रामसुशील से हो गया था, तब रामसुशील ने पूरे गांव के सामने उन का अपमान किया था. अपने अपमान का बदला लेने के लिए वे गुलाब के इस प्लान में शामिल हो गए.

सुबह जब बच्चे सो कर उठे तो उन्हें रंजना ने बताया कि उस के पापा काम के सिलसिले में बाहर गए हैं. रामसुशील को रास्ते से हटाने के बाद गुलाब और रंजना के प्रेम की राह आसान हो गई थी. अब वे अपनी मरजी के मुताबिक जिंदगी जी रहे थे. गुलाब अपनी बीवी की उपेक्षा कर भाभी रंजना पर अपनी कमाई लुटा रहा था. रंजना भी गुलाब की दीवानगी का खूब फायदा उठा रही थी.

17 महीने बाद कैसे खुला राज

लाश को छिपाए करीब 17 महीने बीतने को थे, परंतु हर समय गुलाब के मन में पकड़े जाने का भय बना रहता था. गुलाब के चाचा रामपति को जब इस बात का पता चला तो वह गुलाब पर लाश को वहां से हटाने का दबाव बनाने लगे थे.

उन्होंने साफतौर पर कह दिया था, ”भूसा भरने वाले कमरे से वह जल्द ही लाश को हटा दे, नहीं तो वह पुलिस को सब कुछ बता देंगे.’’

पशुओं के लिए रखा भूसा भी खत्म होने को था. 25 अक्तूबर, 2022 की रात को गुलाब ने लाश वाली बोरी ला कर पास के गांव निबिहा के नाले के पास फेंक दी और घर जा कर चैन की नींद सो गया.

अगली सुबह रामसुशील की लाश मिलते ही गुलाब राज खुलने के डर से भयभीत हो गया और उस ने फोन लगा कर रंजना को बताते हुए सचेत कर दिया था.

hirasat-me-aropi

                                                    हिरासत में आरोपी

सूचना मिलने पर मऊगंज थाने की टीआई श्वेता मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और सिर व धड़ बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए. पुलिस जांच में रंजना से पूछताछ की गई तो थोड़ी सख्ती से रंजना जल्दी ही टूट गई और पुलिस को उस ने सच्चाई बता दी.

देवरभाभी के प्रेम और वासना की आग में अंधे हो कर रामसुशील को ठिकाने लगा कर यही समझ बैठे थे कि वे पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर कानून की नजरों से बच जाएंगे, परंतु उन का यह भ्रम जल्दी ही टूट गया.

17 महीने तक भूसे के ढेर में दबी लाश जब बाहर निकली तो रामसुशील की हत्या का पूरा सच सामने आ गया.

पुलिस ने गुलाब, रंजना के साथ उस के भाई अंजनी व चाचा रामपति को भादंवि की धारा 302 और 201 के तहत मामला कायम कोर्ट में पेश किया, जहां से रंजना को महिला जेल रीवा और गुलाब, अंजनी और रामपति को उपजेल मऊगंज भेज दिया.

कथा लिखे जाने तक 2 आरोपी जेल में बंद थे और उन के खिलाफ आरोपपत्र कोर्ट में पेश किया जा चुका था.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित