Crime Kahani : जायदाद के लिए बड़े बेटे ने किया परिवार के चार लोगों का कत्ल

Crime Kahani : कभीकभी घर के छोटेछोटे विवादों को जब गंभीरता से नहीं लिया जाता है तो वह भयानक रूप भी ले लेते हैं. काश! बालाराम अपने बड़े बेटे गंगाराम की समस्या पर ध्यान देते तो शायद उन के घर से 4 अर्थियां न उठतीं…

गंगाराम अपनी मां दुलारीबाई से किसी भटियारिन की तरह हाथ नचाता हुआ गुस्से से बोला, ‘‘मैं ने तुम्हें कितनी बार बोला है कि मुझे निकासी के लिए रास्ता दो. मुझे लंबा चक्कर काट कर घर तक पहुंचना पड़ता है. उस समय तो और परेशानी बढ़ जाती है जब खेतों से फसल बैलगाड़ी में लाद कर लाते हैं.

‘‘आखिर मेरी बात तुम कब समझोगी. हर साल इसी बात का रोना होता है. सवा महीने बाकी हैं, फसल तैयार हो चुकी है. मुझे निकासी के लिए रास्ता चाहिए. और उस 2 एकड़ खेत में से हिस्सा भी चाहिए. मैं भी परिवार वाला हूं.’’

‘‘अच्छा…अभी तो मांबाप को पूछता नहीं है और जिस दिन जमीन से हिस्सा मिल गया, मांबाप मानने से भी इनकार कर देगा. गंगाराम, मैं ने दुनिया देखी है. बंटवारा हुआ नहीं कि मांबाप के हाथ में कटोरा थमा दोगे. बुढ़ौती में भीख मांगनी पड़ जाएगी. दोनों मांबेटे में इसी तरह काफी देर तक झगड़ा चलता रहा. उसी समय गंगाराम के पिता बालाराम खेत से घर लौटे. दुलारी ने बेटे की शिकायत अपने पति से की, ‘‘लो, संभालो अपने बेटे को, जो जी में आता है बोलता ही चला जाता है.’’

गंगाराम अपने पिता से बोला, ‘‘बाबूजी, मां को समझाओ और संभालो नहीं तो किसी दिन मेरा मूड खराब हो गया तो इसे गंडासे से काट कर नदी में…’’

बालाराम ने बीच में हस्तक्षेप किया, ‘‘बहुत बोल चुका,’’ उन्होंने अपनी पत्नी दुलारी का पक्ष लिया, ‘‘अब अगर तू अपनी मां को एक भी शब्द बोला तो मुझ से बुरा कोई नहीं होगा.’’

इस झगड़े के बीच गंगाराम की पत्नी निर्मला पति का हाथ पकड़ कर बाहर लाने लगी. गंगाराम ने निर्मला का हाथ झटक दिया, ‘‘आज मैं बुड्ढे बुढि़या को छोड़ूंगा नहीं.’’

कहता हुआ गंगाराम अपने पिता बालाराम से जा भिड़ा. बापबेटे को एकदूसरे से हाथपाई करते देख गांव के लोग जमा हो गए. गांव वालों ने बापबेटे को बड़ी मुश्किल से एकदूसरे से अलग किया. गंगाराम लोगों की बांहों में जकड़ा हुआ कसमसा रहा था. साथ ही गुस्से से चीखता रहा. दोनों एकदूसरे के कट्टर विरोधी हो गए. कोढ़ में खाज यह हुआ कि इसी बीच निर्मला बीमार रहने लगी. इस के लिए निर्मला अपनी सास दुलारीबाई को जिम्मेदार ठहराने लगी. वह सास पर यह आरोप लगाती कि उस ने उस के ऊपर कोई टोनाटोटका करा दिया है. गंगाराम ने कई ओझागुनिया को पत्नी को दिखाया. मर्ज यह था कि निर्मला के सिर में दर्द बना रहता था और शाम को बुखार चढ़ने लगता था.

झाड़फूंक से कोई सुधार न हुआ तो वह डाक्टर के पास गया. टेस्ट करवाने पर पता चला कि निर्मला को टायफायड है. एलोपैथी दवा भी चली और झाड़फूंक भी. पता नहीं किस ने असर दिखाया, निर्मला धीरेधीरे ठीक होने लगी. गंगाराम और उस की पत्नी निर्मला के दिमाग में यह बात घर कर गई थी कि उस की सास दुलारीबाई किसी तांत्रिक ओझा से मिल कर उन्हें बरबाद करने पर तुली है. इस बात पर गंगाराम की सोच भी निर्मला की सोच से अलग नहीं थी. निर्मला जब पूरी तरह से ठीक हो गई और उस के शरीर में जान आ गई तब वह अपनी सास पर इलजाम लगाने लगी. एक बार फिर दोनों पक्षों में तकरार और झिकझिक होने लगी. वह एकदूसरे के लिए गलत भावनाएं रखने लगे. फिर वही समय आया, नवंबर दिसंबर का. फसल तैयार हो कर खेत से कोठरी में जाने को तैयार थी.

मुद्दा फिर वही उठा कि बैलगाड़ी में रखे अनाज को दूसरे रास्ते से लाना होगा. बालाराम और दुलारी किसी भी तरह से इस बात के लिए तैयार नहीं थे कि निकासी के लिए बाड़ी से जगह दी जाए. हर साल फसल तैयार होने के बाद यही सवाल खड़ा हो जाया करता था. कई सालों से यह निकासी का मसला न तो सुलझ रहा था और न ही दूरदूर तक कोई समाधान ही दिखाई दे रहा था. आज भी इसी विवाद को ले कर गंगाराम और निर्मला दोनों का मन खिन्न था. खाना खाने के बाद दोनों पतिपत्नी टीवी देखने लगे. टीवी पर वह क्राइम स्टोरी पर आधारित सीरियल देख रहे थे. उस सीरियल की कहानी उन की जिंदगी से जुड़ी जैसी थी. दोनों ने बड़े ध्यान से खामोशी के साथ वह सीरियल देखा. सीरियल खत्म होने के बाद दोनों ने उस पर चर्चा की.

गंगाराम और उस की पत्नी को इस बात की चिंता हो रही थी कि कहीं ऐसा न हो कि मांबाप पूरी जमीन छोटे भाई रोहित के नाम कर जाएं. वैसे भी छोटा होने के नाते वह मांबाप का चहेता था. इस सोच ने निर्मला और गंगाराम को परेशान कर डाला. जब इंसान को कोई चीज मिलने की संभावना दिखाई न देती है, तब वह उसे किसी दूसरे ही तरीके से हासिल करने की कोशिश में लग जाता है. इन दोनों ने भी एक योजना बना ली. गंगाराम और निर्मला ने एक योजना के तहत अपने व्यवहार में थोड़ाबहुत बदलाव किया. अपने पिता बालाराम और मां दुलारीबाई से सहजता से पेश आने लगे. बालाराम और दुलारी को आश्चर्य हुआ कि हमेशा कड़वे बोल बोलने वालों की जुबान में शहद कैसे घुल गया.

इस के बाद उन दोनों ने विचारविमर्श किया कि अपनी योजना में किसे शामिल किया जाए, जिस से उन की योजना सफल हो जाए. नजर और दिमाग के घोड़े दौड़ाने के बाद गंगाराम ने धुधवा गांव के ही नरेश सोनकर, योगेश सोनकर और कोपेडीह निवासी रोहित सोनकर से जिक्र किया. पैसों के लालच में तीनों ही उन की योजना में शामिल हो गए. तीनों ने योजना बना कर वारदात को अंजाम देने के लिए 21 दिसंबर, 2020 का दिन तय किया. योजना के अनुसार, चारों लोग खेत पर पहुंच गए. वहां बालाराम और उस का छोटा बेटा रोहित तड़के में खेतों पर पानी लगा रहे थे. उन्होंने उन दोनों को दबोच लिया और सीमेंट की बनी पानी की हौदी में डुबो कर दोनों को मार दिया.

अगला निशाना अब दुलारीबाई और उस की बहू कीर्तन रही. चारों दबेपांव वहां पहुंचे, जहां वे सब्जियों का गट्ठर तैयार करने में व्यस्त थीं. शिकारी की तरह दबेपांव वे उन के करीब पहुंचे और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उन दोनों की जिंदगी भी खत्म कर दी. इतना सब कुछ करने के बाद उन लोगों ने चैन की सांस ली. यहां यह बताते चलें कि निर्मला उन चारों को ऐसा करते हुए दरवाजे की ओट से देख रही थी. काम को अंजाम देने के बाद गंगाराम ने तीनों साथियों को वहां से रवाना कर दिया. निर्मला और गंगाराम दोनों ने मिल कर कुल्हाड़ी को बाड़ी में ही दबा दिया. सुबह के 5 बजतेबजते पूरे खुरमुड़ा गांव में इस दहला देने वाली हत्या की चर्चा होने लगी.

अम्लेश्वर थाने में संजू सोनकर निवासी खुरमुड़ा की रिपोर्ट पर अमलेश्वर थानाप्रभारी वीरेंद्र श्रीवास्तव ने इस नृशंस हत्याकांड की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी. जांचपड़ताल के लिए फोरैंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. आईजी विवेकानंद सिन्हा के सुपरविजन में जांच होती रही. पुलिस को किसी तरह का कोई सूत्र नहीं मिल रहा था जिस से जांच आगे बढ़ती. डौग स्क्वायड टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी थी. मृतकों के शव के समीप ले जा कर कुत्ते को छोड़ दिया गया. खोजी कुत्ता गोलगोल चक्कर लगाता हुआ मृतकों को सूंघ कर खेत की ओर कुछ दूर तक गया. मौके की जांच से इतना तो स्पष्ट था कि हत्यारे 2-3 से कम नहीं थे. खेत में रासायनिक छिड़काव कर दिया गया था, जिस के कारण खोजी कुत्ते को सही दिशा नहीं मिल पा रही थी.

बहरहाल, पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दी. जब पुलिस को किसी तरह का सूत्र नहीं मिला तो पुलिस ने गंगाराम के साढ़ू नरेश सोनकर को विश्वास में ले कर मुखबिरी का जिम्मा सौंपा. नरेश मंझा हुआ खिलाड़ी था. उस ने पुलिस को मुखबिरी करने के बहाने उलझाए रखा. जांच के लिए आईजी विवेकानंद सिन्हा ने कुछ बिंदु तय किए. उन बिंदुओं को आधार बना कर पुलिस जांच में जुटी रही. इस सामूहिक हत्याकांड को हुए 3 महीने बीत चुके थे. लेकिन अपराधियों का कोई अतापता नहीं था. थानाप्रभारी वीरेंद्र श्रीवास्तव ने अपने एक मुखबिर को नरेश के पीछे लगा दिया. नरेश की एक्टिविटी पुलिस को शुरू से ही संदेहास्पद लगी थी.

फोरैंसिक विशेषज्ञों की टीम के सहयोग से भौतिक साक्ष्य जुटाया गया. टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य को आधार बना कर बारीकी से पूछताछ कर जानकारी इकट्ठी की. पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में ले कर सघन पूछताछ की. इस घटना का मास्टरमाइंड बालाराम का अपना सगा बड़ा बेटा गंगाराम निकला. गंगाराम की स्वीकारोक्ति के बाद योगेश सोनकर, नरेश सोनकर, रोहित सोनकर उर्फ रोहित मौसा को गिरफ्तार कर लिया गया. सभी को घटनास्थल पर ले जा सीन रीक्रिएशन कराया गया. आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी पुलिस ने बालाराम की बाड़ी से बरामद कर ली. घटना के वक्त पहने गए कपड़ों को इन चारों ने ठिकाने लगा दिया था.

18 मार्च, 2021 को आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिस में निर्मला भी शामिल थी. इन चारों आरोपियों का नारको टेस्ट भी कराया गया. आईजी विवेकानंद सिन्हा ने अमलेश्वर थाना स्टाफ की पीठ थपथपाई. पुलिस ने सभी आरोपियों गंगाराम, उस की पत्नी निर्मला, योगेश सोनकर, नरेश सोनकर और रोहित सोनकर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.Crime Kahani

 

Hindi Crime Story : लापता युवक का 10 साल बाद मिला कंकाल, नोकिया फोन से खुला मौत का राज

Hindi Crime Story : हाल ही में मौत का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिस ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. एक कमरे से आ रही तेज दुर्गंध ने इलाके में सनसनी फैला दी. जिसे देख आस पास के लोग हैरान हो गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने एक कमरे में कंकाल बरामद किया. यह कंकाल किस का था? इस का हत्यारा कौन था? इन सभी सवालों ने पुलिस को भी उलझा कर रख दिया है. चलिए जानते हैं कि इस चौंकाने वाली घटना को विस्तार से

यह सनसनीखेज घटना हैदराबाद के नामपल्ली इलाके की है. जहां 14 जुलाई, 2025 को उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों को पता चला कि 10 साल से लापता अमीर खान का कंकाल एक बंद कमरे में पड़ा था. घटना तब सामने आई, जब स्थानीय युवक क्रिक्रेट खेल रहे थे तो उन की बौल उस घर में जा गिरी, जिस में कंकाल था. बौल लेने गया युवक कंकाल को घर में देखकर दंग रहा गया. उस के पैरों के नीचे की जमीन खिसक गई.

वह दौड़ता हुआ वहां से भागा और इस के बाद उस ने तुरंत आसपास के लोगों को यह बताया. पुलिस को सूचित किया गया. पुलिस टीम ने मौके पर पंहुच कर जांच शुरु कर दी. इस के बाद पुलिस घर के पास पहुंची और ताला तोड़ा तो अदंर एक कंकाल पड़ा हुआ था और उसके साथ एक पुराना नोकिया फोन भी मिला. इस फोन की मदद से पुलिस को मृतक की पहचान करने मे सफलता मिली.

पुलिस को बाद में जांच द्वारा पता चल सका कि यह कंकाल 55 साल के अमीर खान का है, जो 10 साल से लापता था. पुलिस की जांच के अनुसार घर करीब 7 साल से बंद था.

पुलिस को शुरुआत में लगा की किसी ने अमीर की हत्या की होगी. लेकिन फोन की जांच ने पूरा मामला बदल दिया. पुलिस ने जब फोन को चार्ज किया तो उस में करीब 84 मिस्ड कौल थीं, जो उस के दोस्तों और रिश्तेदोरों की थीं. पुलिस ने बताया की ये मिस्ड कौल 2015 के आसपास की गई थीं, जब अमीर खान लापता हुआ था.

पुलिस के अनुसार, अमीर खान घर नामपल्ली इलाके में अकेला रहा करता था. अमीर के अब्बू का नाम मुनीर खान था और उन के 10 बच्चे थे. इन में अमीर खान 10 तीसरे नंबर का था.
परिवार के सभी लोग अलग अलग जगह रहा करते हैं.

पुलिस को शक है कि अकेलेपन और किसी स्वास्थ्य प्रोब्लम के कारण उस की मौत हुई होगी. पुलिस ने कंकाल को फोरैंसिक जांच के लिए भेज दिया है. मामले की जांच गहराई से एसीपी (आसिफनगर) किशन कुमार की देखरेख में चल रही है. Hindi Crime Story

Delhi News : दोस्ती पर दाग – जिगरी दोस्तों ने चाकू से ली एकदूसरे की जान

Delhi News : दिल्ली मे एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां दो जिगरी दोस्तों के बीच झगड़ा इतना बढ़ा कि उन्होंने एक दूसरे पर चाकू से हमला कर जान ले ली. कभी गहरे दोस्त रहे ये लड़के आखिर कातिल कैसे बन गए. जानते हैं पूरी स्टोरी विस्तार से दोस्तों ने ली एक दूसरे की जान,

यह घटना दिल्ली के तिलक नगर की है, जहां 13 जुलाई 2025 दिन रविवार रात के दिन यह वारदात हुई. जहां दो जिगरी यार एक पार्क में बैठे थे, तभी दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू गई. दोनों के बीच यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों में हाथापाई होने लगी और फिर दोनों ने गुस्से में एक दूसरे पर चाकू से हमला शुरू कर दिया. यह हमला इतना गंभीर था कि दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए.

फिर आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए और पुलिस को भी सूचित कर दिया गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर अस्पताल पहुंच जाती है. पुलिस ने देखा कि दोनों बुरी तरह से घायल थे. डौक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया था, लेकिन गंभीर चोटों के कारण दोनों ने रात में दम तोड़ दिया.
पुलिस ने जांच में पाया कि मृतकों में एक का नाम आरिफ और दूसरे का नाम संदीप था. जो दोनों ही ख्याला बी ब्लौक के रहने वाले थे और एक ही गली में दोनों अपने परिवार के साथ रहते थे.

दिल्ली पुलिस के अनुसार, डीसीपी वेस्ट विचित्र ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस के द्वारा जांच गहराई से की जा रही है. पुलिस स्थानीय क्षेत्र में जाकर पता करने की कोशिश कर रही है कि दोनों जिगरी दोस्तों के बीच ऐसा क्या हुआ जिससे बहस खूनी संघर्ष में बदल गई. साथ ही पुलिस दोनों के परिवार वालों से पूछताछ कर रही है ताकि यह यह पता किया जा सके कि दोनों के बीच दोस्ती आखिर में दुश्मनी में कैसे बदल गई.

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिर्पोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. पुलिस ने जांच में यह भी जाना कि आरिफ और संदीप दोनों शादीशुदा भी थे. संदीप का प्रौपर्टी का बिजनेस कर रहा था जबकि इससे पहले वह एक जिम ट्रेनर भी रह चुका था. वही आरिफ का भी अलग पेशा था. पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है. Delhi News

MP News : शक के चलते पत्नी ने डॉक्टर पति को करंट लगाकर मार डाला

MP News : नीरज पाठक एक जानेमाने डाक्टर थे. उन की पत्नी डा. ममता पाठक कैमेस्ट्री की प्रोफेसर थी. उच्चशिक्षित और प्रतिष्ठित परिवार होने के बावजूद ममता पाठक पति पर शक करती थी. शक का यह कीड़ा इतना बलवती हो गया कि एक दिन इस ने…

मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके के छतरपुर जिले की एक पौश कालोनी है, लोकनाथपुरम. इसी कालोनी में 65 साल के डा. नीरज पाठक का एक क्लीनिक है. डा. पाठक इस जिले के जाने माने मैडिसिन स्पैशलिस्ट हैं. डा. पाठक छतरपुर के जिला अस्पताल में डाक्टर थे, परंतु रिटायरमेंट के 2 साल पहले ही सरकारी नौकरी से वीआरएस ले लिया था. तभी से वह अपने निजी क्लीनिक पर मरीजों का उपचार करते थे. डा. पाठक की 62 साल की पत्नी ममता पाठक छतरपुर के शासकीय महाराजा कालेज में कैमेस्ट्री की प्रोफेसर थीं. मगर अपने पति से उन की कैमेस्ट्री कभी ठीक नहीं रही. डा. दंपति के 2 बेटे हैं, जिन में से बड़ा बेटा नीतेश पाठक मानसिक रूप से अस्वस्थ रहता है.

वह रूस से एमबीबीएस की पढ़ाई छोड़ कर घर आ गया था, जबकि छोटा बेटा मानस आईटी से इंजीनियरिंग की डिगरी लेने के बाद अमेरिका में नौकरी करता है. डा. नीरज और ममता की शादी जब 11 मई 1994 को हुई थी, तो परिवार के लोग दोनों की योग्यता और पद पर नाज करते थे. शादी के कुछ समय बाद तक तो सब कुछ ठीकठाक चलता रहा, पर 2 बेटों के जन्म के बाद उन के दांपत्य जीवन में दरार आ गई. डा. पाठक जिले के नामीगिरामी चिकित्सक थे, तो ममता पाठक भी शहर के सब से प्रतिष्ठित सरकारी कालेज में प्रोफेसर थीं. अपनी योग्यता के इसी अहं के कारण दोनों के बीच दीवार खड़ी हो गई.

कहते हैं कि केवल उच्च शिक्षा और पैसा हासिल कर लेने से ही सब कुछ नहीं मिल जाता, जीवन में खुशियां लाने के लिए खुला मन और अच्छी सोच का होना जरूरी है. डा. नीरज पाठक और ममता पाठक की जिंदगी में शक की लाइलाज बीमारी ने जहर घोलने का काम किया. घुलता गया शक का जहर पढ़ीलिखी प्रोफेसर ममता पाठक को हमेशा यही शक बना रहता था कि उन के पति के किसी महिला से अवैध संबंध हैं. इस की वजह से वह अपने पति की हर गतिविधि पर नजर रखती और छोटीछोटी बातों को ले कर शंका करती. डा. पाठक पत्नी के इस व्यवहार से दुखी रहते थे. दोनों के बीच चरित्र संदेह को ले कर अकसर लड़ाईझगडे़ और मारपीट होती रहती थी.

छोटीछोटी बातों से शुरु हुई कलह घर की चारदीवारी से बाहर निकलने लगी. दोनों एकदूसरे के बुरे व्यवहार की शिकायत कई बार पुलिस के आला अधिकारियों से कर चुके थे. पुलिस भी पतिपत्नी के आपसी विवाद में ज्यादा कुछ न कर उन्हें हर बार समझाइश दे कर मामले को रफादफा करती रही. आखिरकार, ममता का शक्की मिजाज उन के दांपत्य जीवन में बिखराव का कारण बन गया. यानी करीब 11 साल पहले ममता अपने बेटों को ले कर अपने पति से अलग रहने लगी. बाद में छोटा बेटा मानस नौकरी के लिए अमेरिका चला गया. अलग रहते हुए भी ममता अपने पति से घर चलाने का खर्च वसूल करती रही. इधर डा. पाठक एक घरेलू नौकर के भरोसे अपनी जिंदगी की गाड़ी खींच रहे थे.

पतिपत्नी के रिश्ते की दरार जब बढ़ जाती है तो रिश्ते बोझिल हो जाते हैं. यही वजह थी कि दोनों एक दूसरे के खिलाफ थाने में कई बार रिपोर्ट दर्ज करा चुके थे. हाईप्रोफाइल इस दंपति की आपसी कलह ने उन की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित कर दिया था. छतरपुर जिले में डा. पाठक का अपना रसूख था, मगर पत्नी की हरकतों की वजह से डा. पाठक मानसिक रूप से प्रताडि़त हो रहे थे. ऐसे में पुलिस और रिश्तेदारों की पहल पर पतिपत्नी में समझौता हुआ और सितंबर 2020 में ममता अपने बेटे नीतेश को ले कर पति के घर वापस आ गई. कमरे में पड़ी थी डा. पाठक की लाश पहली मई 2021 को सुबह का समय था. ममता पाठक ने 100 डायल पर सूचना दी कि उन के पति कमरे में मृत पड़े हुए हैं.

ममता की सूचना पर छतरपुर के सिविल लाइंस थाने के टीआई जगतपाल सिंह पुलिस टीम के साथ डा. पाठक के बंगले पर पहुंच गए. प्रोफेसर ममता पाठक बदहवास हालत में मिली. टीआई प्रोफेसर ममता पाठक से परिचित थे तो उन्होंने बैडरूम में पड़े हुए डा. पाठक की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘मैडम डा. साहब को क्या हो गया?’’

प्रोफेसर ममता पाठक ने टीआई को बताया, ‘‘डा. पाठक पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और आज उन की डेथ हो गई’’ टीआई जगतपाल सिंह को याद आया कि अभी 2 दिन पहले 29 अप्रैल को ही डा. पाठक ने व्हाट्एप के माध्यम से उन्हें एक शिकायत भेजी थी कि उन की पत्नी और बेटा उन्हें प्रताडि़त कर रहे हैं. खैर, उन की मौत कैसे हुई, यह बात तो उन्हें जांच के बाद ही पता चलनी थी. चूंकि मामला शहर के हाई प्रोफाइल डा. पाठक से जुड़ा था, इसलिए उन्होंने इस की सूचना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी. उन्होंने फोरैंसिक एक्सपर्ट की टीम भी डा. पाठक के बंगले पर बुला ली.

चूंकि कोरोना महामारी का खौफ पूरे शहर में था, इस वजह से पीपीई किट में पहुंची पुलिस ने जिस बैड रूम में डा. नीरज पाठक का शव पड़ा उस रूम के अलावा पूरे बंगले की जांच की. पोस्टमार्टम में हुआ नया खुलासा पुलिस ने कागजी काररवाई पूरी कर मामला संदिग्ध होने की वजह से शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. एसपी सचिन शर्मा के निर्देश पर 3 डाक्टरों की टीम ने डा. पाठक के शव का पोस्टमार्टम किया. अगले दिन पुलिस के पास जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पुलिस अधिकारी आश्चर्यचकित रह गए. रिपोर्ट में बताया गया कि डा. पाठक की मौत बिजली का करंट लगने से हुई थी. मौत 24 घंटे से पहले होने का अंदेशा भी जताया गया.

डा. पाठक के अंतिम संस्कार के कुछ दिन तक पुलिस ममता और उस के बेटे नीतेश के बयान नहीं ले सकी, लेकिन पुलिस की शंका की सुई पत्नी ममता पाठक की ओर ही घूम रही थी. इधर ममता पाठक पुलिस को यही बता रही थी कि डा. पाठक पिछले 3 दिनों से बीमार थे, इस कारण उन की मौत हो गई. मौके पर पहुंचे डा. पाठक के रिश्तेदारों ने पुलिस को बताया कि ममता पाठक द्वारा डा. नीरज पाठक को कमरे में बंद कर प्रताडि़त कर उन्हें खाना भी नहीं दिया गया था. डा. पाठक की हत्या के बाद से ही पुलिस इस मामले की तफ्तीश में जुट गई थी. छतरपुर जिले के एसपी सचिन शर्मा ने पुलिस की एक टीम गठित की जिस में टीआई जगतपाल सिंह, एसआई माधवी अग्निहोत्री, गुरुदत्त सेषा, प्रधान आरक्षक हरचरन राजपूत, आरक्षक दिनेश मिश्रा और धर्मेंद्र चतुर्वेदी को शामिल किया गया.

पुलिस टीम ने जांचपड़ताल शुरू की तो पूरे घटनाक्रम की कडि़यां जुड़ती रहीं और इस बात का पुख्ता सबूत मिल गया कि डा. पाठक को उन की पत्नी ने ही मौत के घाट उतारा है. 7 मई 2021 को पुलिस ने ममता पाठक को हिरासत में ले कर पूछताछ की तब ममता पहले तो पुलिस को अलगअलग बयान दे कर गुमराह करती रही, लेकिन एसआई माधवी अग्निहोत्री ने जब उस से सख्ती से पूछताछ की तो मामले का सच सामने आ गया. पूछताछ में पत्नी ममता ने पति की हत्या की जो कहानी बताई, वह रिश्तों को शर्मसार करने वाली निकली. शक की वजह से शुरू हुआ रिश्तों के बिखराव का अंतहीन सिलसिला आखिर पति की मौत का कारण बन गया.

11 साल के वनवास के बाद ममता अपने पति के पास वापस जरूर आ गई थी, लेकिन पतिपत्नी के संबंधों में कड़वाहट खत्म नहीं हुई थी. सनकी मिजाज की ममता के दिमाग में बैठा शक का कीड़ा हमेशा कुलबुलाता रहता था. इसी वजह से ममता की रातों की नींद गायब हो गई थी. जब ममता डा. पाठक को नींद न आने की बात कहती तो डा. पाठक ममता को रात में एक इंजेक्शन लगा देते थे. जिस से ममता को नींद आ जाती थी. खाने में मिला दीं नींद की गोलियां इंजेक्शन के बाद ममता को होश नहीं रहता. जब सुबह उस की नींद खुलती तो उसे यही शक बना रहता कि डा. पाठक उसे बेहोशी का इंजेक्शन दे कर किसी महिला के साथ रंगरलियां मनाते हैं. इस बात को ले कर दोनों में अकसर विवाद होता.

अप्रैल की 29 तारीख को भी इसी बात को ले कर जब विवाद बढ़ गया तो ममता ने डा. पाठक को कमरे में बंद कर दिया. डा. पाठक ने एक वीडियो वायरल कर इस बात की जानकारी अपने एक वकील और रिश्तेदारों को देते हुए शिकायत टीआई जगतपाल को भी व्हाट्सएप द्वारा कर दी. रिश्तेदारों और पुलिस की समझाइश से मामला शांत तो हो गया, लेकिन ममता के मन में अपने पति के प्रति नफरत इस हद तक बढ़ गई कि ममता ने अपने पति को हमेशा के लिए मौत की नींद सुलाने का निश्चय कर लिया. 29 अप्रैल, 2021 को ममता ने डा. पाठक के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं और उन के कमरे में भोजन की थाली ले कर पहुंच गई.

डा. पाठक के साथ तमीज से पेश आते हुए उस ने उन से खाना खाने का आग्रह किया. विवाद की वजह से सुबह से भूखेप्यासे रहे डा. पाठक ने खाना खाया. खाना खाने के बाद ही वह गहरी नींद में चले गए. ममता ने सोचा कि नींद की ज्यादा गोलियां खाने से डा. पाठक की मृत्यु हो गई है. इस के बाद डर के मारे उस का बुरा हाल था. ममता यही सोचसोच कर डर रही थी कि कहीं खाने में नींद की गोलियां मिलाने की बात सामने आई तो उस का जेल जाना तय है. इस के बाद उस के मस्तिष्क में एक विचार आया. तब वह नीचे से बिजली का एक्सटेंशन बोर्ड और वायर ले कर उस कमरे में पहुंची जहां पति अचेत अवस्था में पड़े थे, उस बोर्ड से ममता ने पति को काफी देर तक बिजली का करंट लगाया, जिस से डा. नीरज की मौत हो गई.

पति की मौत होने के बाद दूसरे दिन 30 अप्रैल को वह एक प्राइवेट कार में अपने बेटे को ले कर झांसी चली गई. इसी दौरान उस ने एक वीडियो देखा था, जिस में बताया था कि खाने में जहर या नशीली दवा देने के बाद यदि 2 दिन तक शव को रखा रहने दिया जाए तो पोस्टमार्टम में नशीली दवा जहर ट्रैस नहीं होता है. ममता अपने बेटे के साथ शाम को छतरपुर वापस आ कर चुपचाप सो गई. डा. पाठक की डेडबौडी को घर में पड़े जब 2 दिन हो गए तो ममता को पूरी तरह यकीन हो गया कि अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नशीली दवा की पुष्टि नहीं होगी. इस के बाद पहली मई को उस ने पुलिस को सूचना दी. इसी वजह से पोस्टमार्टम में नशीली दवा देने की बात नहीं आई.

ममता पाठक के बयान के आधार पर पुलिस ने उस के खिलाफ पति की हत्या का मामला दर्ज किया और उस की निशानदेही पर प्रयुक्त बची हुई नींद की गोलियां ममता पाठक के किचन से बरामद कर लीं. बिजली का करंट लगाने में उपयोग किया गया एक्सटेंशन बोर्ड और वायर भी ममता के बेडरूम के दराज से बरामद हुआ. बेटे नीतेश के मानसिक रूप से फिट न होने के कारण उस की संलिप्तता इस घटनाक्रम में साबित नहीं हो सकी. 8 मई, 2021 को ममता को हिरासत में ले कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे छतरपुर जेल भेज दिया गया. शक्की मिजाज बीवी की सनक मिजाजी की वजह से एक उच्च शिक्षित परिवार किस तरह जीवन भर मुश्किलों का सामना करता रहा और अपने पति की कातिल बनी बीवी ममता को उम्र के आखिरी पड़ाव पर जेल की सलाखों के बीच रहने को मजबूर होना पड़ा. MP News

कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

UP Crime News : जायदाद के लालच में बहू ने सास को जहर का इंजेक्शन देकर मार डाला

UP Crime News : एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है. जहां एक बहू ने जायदाद के लालच में सास की हत्या कर दी. आइए खोलते हैं इस स्टोरी की हर परत को

यह घटना उत्तर प्रदेश जिले के झांसी की है. जहां 24 जून को सुशीला देवी घर में मृत पाई गई. शुरुआत में मामला पुलिस को डकैती जैसा लगा, लेकिन जैसे जैसे पुलिस ने आगे की जांच की तो सुशीला की हत्या की परतें दर परतें खुलती गई. पुलिस ने जांच में पाया कि सुशील की हत्या उसकी बहू पूजा जाटव ने की है. सास का अंतिम संस्कार होते ही बहू पूजा जाटव अचानक लापता हो गई, जिससे शक और गहराता गया.

इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी से खुलासा हुआ कि सास की हत्याकांड की असली मास्टरमाइंड पूजा जाटव ही निकलती है. पूजा ग्वालियर की रहने वाली है. वह अपनी 18 बीघा जमीन को बेचकर ग्वालियर में बसना चाहती थी. ये सारी जमीन उसके पति कल्याण के नाम पर थी. इसी जमीन में उसका देवर और ससुर उसको हिस्सा देने के लिए भी तैयार थे. लेकिन सास सुशीला देवी जमीन देने को तैयार नहीं थीं और हस्ताक्षर से इनकार कर दिया. इसी नाराजगी में पूजा ने सास की हत्या की साजिश रच डाली.

पुलिस के अनुसार, पूजा ने इस हत्या लिए अपनी बहन कामिनी और उसके प्रेमी अनिल वर्मा को शामिल किया. इसी साजिश तहत 24 जून की शाम तीनों ने सुशीला देवी को जहर का इंजेक्शन दिया, फिर गला घोंटकर मार डाला. फिर हत्या कर तीनों ने करीब 8 लाख के जेवर भी चुराए, ताकि वारदात को डकैती का रूप दिया जा सके. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

पूछताछ में पूजा ने सास की हत्या की साजिश कबूल की, लेकिन उसका अतीत और चौंकाने वाला निकला. पहले पति से शादी में उसे घरेलू हिंसा झेलनी पड़ी थी. एक झगड़े में पति ने उस पर गोली चला दी थी, जिससे उसकी ज़िंदगी में नया मोड़ आ गया.

यह मामला कोर्ट तक पहुंचा और इसी केस के दौरान पूजा की मुलाकात कल्याण से हुई, जिससे नजदीकियां बढ़ीं और दोनों ने शादी कर ली. छह साल बाद कल्याण की सड़क हादसे में मौत हो गई. इसके बाद पूजा ने कल्याण के बड़ें भाई से अवैध संबंध बना लिए और उसके साथ लिव-इन में रहने लगी. संतोष पहले से ही शादीशुदा था. इसके बाद संतोष की पत्नी ने लगातार इस रिश्ते का विरोध किया और कहा की वह कल्याण की विधवा है, इसी लिए संपत्ति मे आधा हिस्सा मिलना चाहिए.

यह बात सास को मंजूर नहीं थी. उसका मानना था की पूजा का व्यवहार अच्छा नही है. इसी के चलते वह सपंत्ति पर हक जमा रही है.

पुलिस ने जांच के बाद पूजा, कामिनी और अनिल को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन पर हत्या, साजिश और डकैती की धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस अब अन्य एंगल से भी मामले की जांच कर रही है.UP Crime News

Murder Mystery Story : मछली करी में थैलियम जहर मिलाकर साली और सास को मार डाला

Murder Mystery Story : वहम के शिकार वरुण ने अपनी पत्नी और उस के घर वालों से बदला लेने का जो अनूठा तरीका अपनाया, वह नायाब था. वह अपनी योजना में सफल भी रहा, लेकिन…

बात 31 जनवरी, 2021 की है. वरुण अरोड़ा ने अपनी पत्नी दिव्या को फोन किया, ‘‘दिव्या, आज तुम सब्जी मत बनाना, मैं शाम को आऊंगा तो होटल से तुम सब की पसंद की मछली करी ले कर आऊंगा.’’

रियल एस्टेट कारोबारी वरुण दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 में रहता था. उस की ससुराल पश्चिमी दिल्ली के इंद्रपुरी  इलाके में थी. उस समय उस की पत्नी दिव्या अपने मायके इंद्रपुरी में थी. इसलिए वरुण ने दिव्या को फोन कर के मछली करी ले कर आने को कहा था. मछली करी दिव्या और उस के मायके वालों को बहुत पसंद थी, इसलिए पति से बात करने के बाद दिव्या ने अपनी मम्मी अनीता से कह दिया कि आज वरुण इधर ही आ रहे हैं. वह होटल से मछली करी ले कर आएंगे. इसलिए आज सब्जी नहीं बनानी. नौकरानी से कह देना कि वह आज केवल रोटी बना दे.

शाम को वरुण अपनी ससुराल के लिए चला तो उस ने एक होटल से सब के लिए मछली करी पैक करा ली. उस की ससुराल में पत्नी के अलावा ससुर देवेंद्र मोहन शर्मा, सास अनीता शर्मा, साली प्रियंका और एक नौकरानी थी. उन सभी के हिसाब से वह काफी मछली करी ले कर आया था. शाम को जब खाना खाने की बारी आई तब अरुण ने कहा कि उस का पेट खराब है, इसलिए वह खाना नहीं खाएगा. दिव्या ने उस से कहा भी कि वह उस के लिए खिचड़ी या और कोई चीज बनवा देगी, लेकिन वरुण ने मना कर दिया. उस ने केवल नींबू पानी पिया. वरुण की लाई मछली करी घर के लोगों को बहुत स्वादिष्ट लगी.

इसलिए सभी ने जी भर कर खाना खाया. वरुण के दोनों बच्चे उस समय तक सो गए थे. रात को वरुण ससुराल में ही सो गया और अगले दिन अपने घर चला गया. इस के 2 दिन बाद दिव्या की मां अनीता को उल्टीदस्त की शिकायत हुई. उन्हें चक्कर भी आने लगे. तबीयत जब ज्यादा खराब होने लगी तब अनीता शर्मा को सर गंगाराम अस्पताल ले जाया गया. वहां भी उन की तबीयत दिनप्रतिदिन बिगड़ती जा रही थी. डाक्टर समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर उन्हें हुआ क्या है. हालत गंभीर होती देख उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया. इसी बीच अनीता की छोटी बेटी प्रियंका की भी हालत बिगड़ने लगी.

उस का भी पेट खराब हो गया और उल्टियां होने लगीं. साथ ही उस का सिर भी घूम रहा था. प्रियंका को राजेंद्र प्लेस के पास स्थित बी.एल. कपूर अस्पताल में एडमिट करा दिया गया. उधर ससुराल वालों की तबीयत खराब होने से वरुण मन ही मन खुश था, क्योंकि उस ने जो प्लान बनाया था वह सफल हो रहा था. 4-5 दिन बाद उस की पत्नी दिव्या को भी वही शिकायत होने लगी, जो उस की मां और बहन को हुई थी. दिव्या को भी सर गंगाराम अस्पताल में भरती करा दिया गया. वरुण द्वारा लाई गई मछली करी उस की ससुराल के जिन लोगों ने खाई थी, उन सब की हालत बिगड़ने लगी. ससुर देवेंद्र मोहन शर्मा की भी अचानक तबीयत खराब हो गई.

इस के अलावा घर की नौकरानी का भी यही हाल हुआ तो उसे भी डा. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भरती करा दिया गया. परिवार के सभी लोगों का अलगअलग अस्पतालों में इलाज चल रहा था. इसी बीच बी.एल. कपूर अस्पताल में भरती वरुण की साली प्रियंका की 15 फरवरी, 2021 को इलाज के दौरान मौत हो गई. रिश्तेदार इसे फूड पौइजनिंग का मामला मान रहे थे. इसलिए उन्होंने इस की शिकायत पुलिस में न कर के उस का अंतिम संस्कार कर दिया. हालांकि वरुण अस्पताल में ससुराल के सभी लोगों की देखरेख कर रहा था, लेकिन अंदर ही अंदर वह खुश था क्योंकि उस का प्लान पूरी तरह सफल हो गया था.

उधर सर गंगाराम अस्पताल में लाई गई अनीता की भी 22 मार्च, 2021 को मृत्यु हो गई. डाक्टरों ने जब उन के यूरिन और ब्लड की जांच की तो उस में थैलियम नाम का एक जहरीला रसायन पाया गया. डाक्टर समझ गए कि किसी ने उन्हें थैलियम जहर दे कर मारा है. अस्पताल द्वारा इस की सूचना पुलिस को दे दी गई. पुलिस  ने डाक्टरों से बात की तो उन्हें भी यह मामला संदिग्ध लगा. अनीता इंद्रपुरी में रहती थी, इसलिए इस की सूचना इंद्रपुरी थाने के थानाप्रभारी सुरेंद्र कुमार को दी गई थी. वह तुरंत अस्पताल पहुंच गए. थानाप्रभारी ने जब डाक्टर से बात की तो पता चला कि थैलियम एक अलग तरह का जहरीला रसायन होता है, जिस का असर बहुत धीरेधीरे होता है.

इस के अलावा इस रसायन की एक खास बात यह है कि इस में किसी तरह की गंध और स्वाद नहीं होता. यह रंगहीन और गंधहीन होता है. यह जानकारी मिलने के बाद थानाप्रभारी समझ गए कि जरूर इस मामले में कोई गहरी साजिश है. उन्होंने छानबीन की तो पता चला कि 15 फरवरी को अनीता की छोटी बेटी प्रियंका की भी बी.एल. कपूर अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी. पुलिस ने बी.एल. कपूर अस्पताल के डाक्टरों से मुलाकात की तो उन्होंने बताया कि प्रियंका के शरीर में भी थैलियम के लक्षण पाए गए थे. इस के अलावा इस परिवार के अन्य सदस्य यानी अनीता की बड़ी बेटी दिव्या और अनीता के पति देवेंद्र मोहन शर्मा और नौकरानी भी अस्पताल में भरती थे.

इस से पुलिस समझ गई कि किसी ने गहरी साजिश के तहत पूरे परिवार को अपना शिकार बनाने की कोशिश की थी. थानाप्रभारी ने इस की सूचना एसीपी विजय सिंह को दी. अब यह मामला जिले के पुलिस अधिकारियों तक पहुंच चुका था. डीसीपी के निर्देश पर एसीपी विजय सिंह ने इंद्रपुरी के थानाप्रभारी सुरेंद्र सिंह और मायापुरी के इंसपेक्टर प्रमोद कुमार को इस मामले की जांच में लगा दिया. पुलिस ने देवेंद्र मोहन शर्मा और उन की बेटी दिव्या का इलाज कर रहे डाक्टरों से  फिर से बात की. इस के अलावा उन्होंने डा. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भरती उन की नौकरानी का इलाज कर रहे डाक्टरों से भी मुलाकात की. पुलिस को पता चला कि उपचाराधीन इन मरीजों के अंदर भी थैलियम रसायन पाया गया है.

अनीता के शव का डा. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस ने वहां के डाक्टरों से इस की डिटेल्ड एटौप्सी रिपोर्ट ली. उस में बताया गया कि अनीता के शरीर में थैलियम था. अब तक की जांच से पुलिस को यह पता लग चुका था कि परिवार के सभी लोगों को कोई ऐसी चीज खिलाई गई थी, जिस में थैलियम रसायन मिला हुआ था. वह चीज क्या थी और किस ने खिलाई, यह जांच का विषय था. इस परिवार का दामाद वरुण ही अस्पताल में उन सब की देखभाल कर रहा था. वरुण के चेहरे से सास और साली की मौत का गम साफ झलक रहा था. इस के अलावा वह डाक्टरों से लगातार अपनी पत्नी दिव्या और ससुर को बचाने की गुहार भी कर रहा था.

पुलिस को अपनी जांच आगे बढ़ानी थी, इसलिए पुलिस ने वरुण से इस बारे में पूछताछ की. वरुण ने पुलिस को बताया कि वह तो अपने घर ग्रेटर कैलाश में रहता है. ससुराल के सभी लोगों को अचानक क्या हो गया, इस की उसे कोई जानकारी नहीं है. पुलिस को केस की तह तक जाना था, इसलिए वह वरुण को ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 में स्थित उस के घर पर ले गई. निशाने पर वरुण पुलिस ने उस के घर की तलाशी ली तो एक गिलास में कुछ संदिग्ध चीज  दिखी. पुलिस ने वह गिलास अपने कब्जे में ले लिया और गिलास में क्या है, यह जानने के लिए उसे फोरैंसिक जांच के लिए भेज दिया. उस गिलास के अलावा पुलिस को वरुण के घर से अन्य कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली.

पुलिस यह तो अच्छी तरह जान चुकी थी कि जिस ने भी इस परिवार को जहरीला पदार्थ दिया है, वह विश्वस्त होगा और उस का इन के घर आनाजाना भी रहा होगा. लिहाजा पुलिस ने देवेंद्र मोहन शर्मा के घर पर जो लोग आतेजाते थे, उन से एकएक कर पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस बहुत तेजी के साथ जांच कर रही थी. उधर फोरैंसिक जांच से पता चला कि वरुण के यहां से गिलास में जो चीज बरामद की गई थी, वह थैलियम नाम का जहरीला पदार्थ ही था. यह जानकारी मिलने के बाद वरुण पुलिस के शक के दायरे में आ गया. लिहाजा पुलिस ने उस से सख्ती से पूछताछ की. आखिर वरुण ने सच उगल ही दिया. उस ने स्वीकार कर लिया कि उस ने ही अपनी ससुराल के लोगों को थैलियम जहर दिया था. उन सभी का नामोनिशान मिटाने की वरुण ने जो कहानी बताई, वह हैरतअंगेज थी.

रियल एस्टेट कारोबारी वरुण ने करीब 12 साल पहले दिव्या से शादी की थी. दिव्या उस के साथ बहुत खुश थी. वरुण का कारोबार अच्छा चल रहा था, इसलिए दिव्या को कोई परेशानी नहीं थी. जीवन हंशीखुशी से चल रहा था. लेकिन बाद में उन के जीवन में एक समस्या खड़ी हो गई. समस्या यह कि शादी के कई साल बाद भी दिव्या मां नहीं बन पाई. वरुण ने डाक्टरों से उस का इलाज भी कराया, लेकिन उस के घर में किलकारी नहीं गूंजी. जब पतिपत्नी हर तरफ से हताश हो गए, तब उन्होंने शादी के करीब 7 साल बाद आईवीएफ प्रोसेस का सहारा लिया. इस का सही परिणाम निकला और दिव्या ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया. जिस में एक बेटी थी और एक बेटा.

अब उन के घर में एक नहीं, बल्कि 2-2 बच्चों की किलकारियां गूंजने लगीं. उन की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था. जुड़वां बच्चे होने के बाद दिव्या के मायके वाले भी बहुत खुश थे. दिव्या दोनों बच्चों की सही देखभाल कर रही थी. वक्त के साथ बच्चे करीब 4 साल के हो गए. लगभग एक साल पहले वरुण के पिता की अचानक मौत हो गई. पिता की मौत के बाद वरुण की गृहस्थी में एक ऐसी समस्या ने जन्म ले लिया, जिस ने न सिर्फ वरुण के बल्कि वरुण की ससुराल वालों के जीवन को उजाड़ दिया. बेटे के रूप में बाप की वापसी की चाहत हुआ यह कि पिता की मौत के बाद दिव्या फिर से प्रैगनेंट हो गई. इस से वरुण बहुत खुश था.

वह सोच रहा था कि उस की पत्नी की कोख में उस के पिता ही आए हैं. वह पत्नी की अच्छी तरह से देखभाल करने लगा. उधर जिस महिला डाक्टर के पास  दिव्या अपना चैकअप कराने जाती थी, उस ने दिव्या से कहा कि इस बार उस का प्रैग्नेंट होना उस के स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है. किसी तरह उस ने बच्चे को जन्म दे भी दिया तो उस का बच पाना मुश्किल होगा. दिव्या ने यह बात वरुण को बताई तो उस ने उस की बात पर विश्वास नहीं किया. वरुण ने कहा कि डाक्टर झूठ बोल रही है. ऐसा कुछ नहीं होगा. वह उसे और होने वाले बच्चे को कुछ नहीं होने देगा. वरुण ने अबौर्शन कराने से साफ मना कर दिया.

उस ने कहा कि बच्चे के रूप में उस के पिता आ रहे हैं, इसलिए वह किसी भी सूरत में उस का गर्भपात नहीं कराएगा. दिव्या ने डाक्टर वाली बात अपने मायके में बताई तो उस की मां अनीता ने कहा कि यदि उस का गर्भपात नहीं कराएगा तो वह खुद उस के साथ जा कर उस का गर्भपात करा देगी . क्योंकि बेटी की जिंदगी का सवाल है. बेटी जीवित रहेगी तो बच्चा कभी भी हो जाएगा. एक दिन वरुण की सास ने वरुण को अपने घर बुला कर समझाया कि जब डाक्टर बच्चा पैदा करने के लिए मना कर रही है तो ऐसे में उस का गर्भपात कराना ही बेहतर है. लेकिन वरुण अपनी जिद पर अड़ा था.

उस ने कहा कि वह किसी भी सूरत में उस का गर्भपात नहीं होने देगा. इस बात पर उन की आपस में खटपट भी हो गई. इतना ही नहीं, उस दिन ससुराल में वरुण की काफी बेइज्जती भी हुई. वरुण की सास अनीता भी अपनी जिद पर अड़ी थी. उस ने वरुण की इच्छा के खिलाफ दिव्या का गर्भपात करा दिया. यह बात वरुण को बहुत बुरी लगी. उस ने सोचा कि उस की सास ने बच्चे का नहीं, बल्कि गर्भ में पल रहे उस के पिता को मारा है. उसी समय वरुण ने तय कर लिया कि वह अपनी बेइज्जती करने वालों और गर्भपात कराने वाले अपने ससुरालियों को सबक सिखा कर रहेगा. इस के बाद वरुण ससुराल वालों को सबक सिखाने के उपाय खोजने लगा. वह ऐसी तरकीब खोज रहा था, जिस से काम भी हो जाए और उस पर कोई शक भी न करे. इस बारे में वह इंटरनेट और यूट्यूब पर भी सर्च करता था.

खतरनाक रसायन थैलियम इसी दौरान उसे थैलियम नामक जहरीले रसायन के बारे में जानकारी मिली. थैलियम एक ऐसा जहर होता है कि यह जिस व्यक्ति को दिया जाता है उसे शुरुआत में उल्टीदस्त, जी मिचलाने की शिकायत होती है और जल्दी ही उस की मृत्यु हो जाती है. क्योंकि मृत व्यक्ति के शरीर पर जहर जैसे कोई भी लक्षण नहीं मिलते, इसलिए लोग यही समझते हैं कि उस की मौत फूड पौइजनिंग की वजह से हुई है. यह जानकारी मिलने के बाद वरुण ने थैलियम रसायन पाने की कोशिश शुरू कर दी. आदमी कोशिश करे तो बेहतर रिजल्ट निकल ही आता है. यही वरुण के साथ भी हुआ. इस खोजबीन में उसे पंचकूला की एक लैबोरेटरी का पता चला.

उस ने वहां औनलाइन संपर्क कर रिसर्च के नाम पर थैलियम मंगा लिया. अब उस का मकसद किसी तरह इसे अपने ससुराल वालों को खिलाना था. इस के लिए उस ने सब से पहले अपने ससुराल वालों से संबंध सामान्य करने शुरू किए क्योंकि पत्नी का गर्भपात कराने के बाद उन से उस के संबंध बिगड़ गए थे. इस साल जनवरी के अंतिम सप्ताह में वरुण की पत्नी दिव्या अपने दोनों बच्चों के साथ मायके गई हुई थी. अब तक ससुराल वालों से वरुण के संबंध नौर्मल हो चुके थे. वह फिर से ससुराल आनेजाने लगा था. वरुण को पता था कि उस की ससुराल के लोगों को मछली करी बहुत पसंद है.

योजना के अनुसार वरुण ने 31 जनवरी, 2021 को पत्नी दिव्या को फोन कर के कह दिया कि वह आज होटल से मछली करी ले कर आएगा, इसलिए घर पर सब्जी न बनवाए. दिव्या ने यह बात अपनी मम्मी अनीता को बता दी. जिस से उस दिन उन लोगों ने अपनी नौकरानी से केवल रोटियां ही बनवाई थीं. योजना के अनुसार, वरुण ने एक होटल से मछली करी खरीदी और उस में थैलियम मिला दिया. फिर मछली करी ले कर ससुराल पहुंच गया. अपनी तबीयत खराब होने का बहाना बना कर उस ने उस दिन ससुराल में खाना नहीं खाया. घर की नौकरानी सहित ससुराल के सभी लोगों ने मछली करी खाई, जिस से जहरीला रसायन थैलियम उन सब के शरीर में पहुंच गया और उस ने धीरेधीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया.

इस के बाद उन लोगों की तबीयत खराब होने लगी तो उन सभी को अस्पताल में भरती कराया गया. वरुण के दोनों बच्चे उस के पहुंचने से पहले ही खाना खा कर सो गए थे, जिस से वे बच गए. वरुण अस्पताल में देखभाल करने का नाटक इसलिए कर रहा था ताकि उस पर कोई शक न करे, लेकिन पुलिस जांच में उस की साजिश उजागर हो गई. वरुण अरोड़ा से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. कथा लिखने तक वरुण के ससुर देवेंद्र मोहन शर्मा और नौकरानी की हालत गंभीर बनी हुई थी. जबकि दिव्या की 8 अप्रैल को मौत हो गई. पुलिस जांच में पता चला कि दिल्ली में थैलियम रसायन दे कर किसी को मारने का यह पहला मामला है. Murder Mystery Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

family story hindi : पति की प्रताड़ना से टूट चुकी पत्नी ने 5वीं मंजिल से लगाई छलांग

family story hindi : इंजीनियरिंग की कोचिंग करते समय ही शुभम और रजनी को प्यार हो गया था. लेकिन उन्होंने शादी नौकरी लग जाने के बाद की. ससुराल जाने के बाद रजनी को शुभम का जो रूप देखने को मिला, उस की उस ने कल्पना तक नहीं की थी. इस के बाद जो भयावह मंजर सामने आया वह…

23 मार्च, 2021 की शाम 5 बजे चकेरी थानाप्रभारी दधिबल तिवारी को सूचना मिली कि चंदारी स्थित 60 साइंटिस्ट हौस्टल की पांचवीं मंजिल से कूद कर रक्षा शोध संस्थान की अवर अभियंता रजनी त्रिपाठी ने खुदकुशी कर ली है. यह खबर उन्हें कृष्णानगर चौकी इंचार्ज आर.जे. गौतम द्वारा मिली थी. चूंकि मौत का यह मामला हाईप्रोफाइल था, अत: थानाप्रभारी सूचना मिलते ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. जाने से पहले उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी सूचना दे दी थी. दधिबल तिवारी पुलिस बल के साथ चंदारी स्थित 60 साइंटिस्ट हौस्टल पहुंचे तो वहां कर्मचारियों की भीड़ जुटी थी. जेई रजनी त्रिपाठी का शव हौस्टल के बाहर खून से तरबतर पड़ा था.

उन का सिर फट गया था और शरीर के अन्य भाग चकनाचूर हो गए थे. कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि रजनी त्रिपाठी डीएमएसआरडीई (डिफेंस मटीरियल ऐंड स्टोर रिसर्च ऐंड डेवलपमेंट इस्टैब्लिशमेंट) में अवर अभियंता थी. उन के पास 60 साइंटिस्ट हौस्टल के देखरेख की भी जिम्मेदारी थी. उन्होंने पांचवीं मंजिल से कूद कर आत्महत्या की है. दधिबल तिवारी अभी निरीक्षण कर ही रहे थे कि खबर पा कर एसएसपी प्रीतिंदर सिंह तथा एसपी (पूर्वी) शिवाजी भी वहां आ गए. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर फोरैंसिक टीम को भी बुला लिया. पुलिस अधिकारियों ने शव का निरीक्षण किया, फिर वे हौस्टल की पांचवीं मंजिल की छत पर पहुंचे, जहां से रजनी त्रिपाठी ने छलांग लगाई थी.

वहां पर पुलिस अधिकारियों को उन की चप्पलें, मोबाइल फोन और बैग मिला. बैग को खंगाला गया तो बैग में नींद की 15 गोलियों का पैकेट मिला, जिस में 6 गोलियां नहीं थीं. साथ ही फिनायल की बोतल मिली, जिस का ढक्कन खुला था. बैग में एक पर्स भी मिला जिस में नकदी थी. इसी बैग में सुसाइड नोट भी था. बैग को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस अधिकारियों ने अनुमान लगाया कि मौत को गले लगाने से पहले जेई रजनी त्रिपाठी ने नींद की गोलियां खाई थीं और एकदो ढक्कन फिनायल भी पिया था. फोरैंसिक टीम ने भी घटनास्थल की बारीकी से जांच की. टीम ने बैग से बरामद सामान की भी जांच की तथा साक्ष्य एकत्र किए.

एसएसपी प्रीतिंदर सिंह व एसपी शिवाजी ने मृतका के मोबाइल को खंगाला तो उस में रजनी के पिता का मोबाइल नंबर सेव था. अत: उन्होंने उन के पिता परमात्मा शरण को उन की मौत की सूचना दी तथा शीघ्र घटनास्थल पर आने को कहा. बेटी की मौत की सूचना पा कर वह घबरा गए. इस के बाद तो उन के घर परिवार में सनसनी फैल गई. बैग में मिला सुसाइड नोट मृतका के पिता को सूचना देने के बाद पुलिस अधिकारियों ने बैग से बरामद रजनी के सुसाइड नोट का अवलोकन किया. सुसाइड नोट अंगरेजी में लिखा गया था, जिस में उन्होंने लिखा था, ‘पति शिवम मुझे प्रताडि़त करता है. रुपयों की मांग करता है. सास, जेठ, देवर भी धमकाते हैं. हमारी मासूम बेटी का इलाज भी पति नहीं कराना चाहता. वह चाहता है कि बेटी मर जाए.’

सुसाइड नोट पढ़ने के बाद पुलिस अधिकारी समझ गए कि रजनी त्रिपाठी ने पति व ससुरालीजनों की प्रताड़ना से आजिज आ कर आत्महत्या की है. उन की मौत का जिम्मेदार उन का पति व ससुराल के अन्य लोग हैं. उन्हें कानून के शिकंजे में कसना होगा. इसी समय मृतका रजनी के परिवार के लोग आ गए. बेटी का शव देख कर परमात्मा शरण त्रिपाठी फफक पड़े. भाई निखिल भी रो पड़ा. पुलिस अधिकारियों ने उन्हें धैर्य बंधाया तथा घटना के संबंध में पूछताछ की. परमात्मा शरण ने उन्हें बताया कि वह आईआईटी नानकारी में रहते हैं. उन्होंने मई, 2019 में बड़ी बेटी रजनी का विवाह गुजैनी निवासी शुभम पांडेय के साथ किया था. शादी के चंद माह बाद ही वह बेटी को दहेज के लिए प्रताडि़त करने लगा.

रजनी की सास शशि पांडेय तथा जेठ सत्यम व देवर हिमांशु उर्फ सनी भी उसे दहेज के लिए प्रताडि़त करते थे. उन की मांग थी कि मायके से 10 लाख रुपए ला कर दे तथा गांव की जमीन में भी हिस्सा दो. मांग पूरी न होने पर उन्होंने रजनी को जान से मारने की धमकी दी थी. धमकी से डर कर रजनी मायके में आ कर रहने लगी थी. मार्च 2020 में जब लौकडाउन लगा तो दामाद शुभम पांडेय भी आ कर बेटी के साथ रहने लगा. यहां भी वह रजनी को प्रताडि़त करता था और वेतन का रुपया छीन लेता था. विरोध करने पर वह घर वालों से मारपीट पर उतारू हो जाता था.

26 फरवरी, 2020 को रजनी ने अस्पताल में बेटी को जन्म दिया था. बेटी पैदा होने से शुभम नाराज था क्योंकि वह बेटा चाहता था. जन्म के बाद मासूम को इंफैक्शन हो गया था. इलाज के लिए उसे प्राइवेट अस्पताल में भरती कराया था. लेकिन शुभम बेटी का इलाज नहीं कराना चाहता था. वह चाहता था कि वह मर जाए. इलाज को ले कर वह रजनी तथा घर के लोगों को प्रताडि़त करता था. एक सप्ताह पहले वह रजनी से लड़झगड़ कर अपने घर गुजैनी चला गया था. तब से रजनी बेहद परेशान थी. आज सुबह 10 बजे रजनी कार से ड्राइवर के साथ अस्पताल का बिल पास कराने अपने औफिस के लिए निकली थी.

11 बजे हमारी रजनी से बात भी हुई थी. लेकिन उस के बाद मुझे शाम को उस की मौत की सूचना मिली. रजनी की मौत का जिम्मेदार उस का पति शुभम पांडेय तथा उस के घर वाले हैं. उन दहेजलोभियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी काररवाई की जाए. निरीक्षण व पूछताछ के बाद पुलिस अधिकारियों ने मृतका रजनी के शव को पोस्टमार्टम हेतु लाला लाजपतराय अस्पताल भिजवा दिया. चूंकि मृतका के सुसाइड नोट में उत्पीड़न की बात कही गई थी तथा मृतका के पिता ने भी दहेज उत्पीड़न की बात कही थी. अत: एसएसपी प्रीतिंदर सिंह ने चकेरी थानाप्रभारी दधिबल तिवारी को तुरंत रिपोर्ट दर्ज करने तथा आरोपियों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया.

आदेश पाते ही दधिबल तिवारी ने मृतका रजनी के पिता परमात्मा शरण त्रिपाठी की तहरीर पर भादंवि की धारा 304 के तहत मृतका के पति शुभम पांडेय, जेठ सत्यम पांडेय, देवर हिमांशु तथा सास शशि पांडेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली तथा उन की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गए. 24 मार्च, 2021 को जब रक्षा सामग्री और भंडार अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान की अवर अभियंता रजनी त्रिपाठी की मौत की खबर अखबारों में छपी तो शुभम पांडेय व उस के घर वाले घबरा उठे. उन की बेचैनी तब और बढ़ गई, जब उन्हें पता चला कि उन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हो चुका है और पुलिस उन की तलाश में जुटी है.

वे अपने बचाव में घर से फरार हो गए और गिरफ्तारी से बचने के लिए सत्तापक्ष के नेताओं के तलवे चाटने लगे. 24 मार्च को ही कड़ी सुरक्षा के बीच मृतका रजनी के शव का पोस्टमार्टम हुआ. पोस्टमार्टम हाउस के बाहर उमड़ी भीड़ के बीच कल्याणपुर से विधायक एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार भी पहुंचीं. उन्होंने बिलखते मृतका के पिता परमात्मा शरण त्रिपाठी को धैर्य बंधाया और कहा कि दुख की इस घड़ी में वह उन के साथ हैं. वह उन की हरसंभव मदद करेगी. दहेजलोभियों को बख्शा नहीं जाएगा. उन की गिरफ्तारी जल्द ही होगी.

चूंकि राज्यमंत्री का बयान पुलिस के जेहन में था. अत: पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर मृतका रजनी के पति शुभम पांडेय व जेठ सत्यम पांडेय को नाटकीय ढंग से 25 मार्च को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूछताछ में शुभम व सत्यम पांडेय ने खुद को निर्दोष बताया. उन्होंने मृतका के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत बताया. उन्होंने कहा कि उन लोगों ने कभी भी रजनी का उत्पीड़न नहीं किया. उस ने प्रेम विवाह किया था. दहेज की बात कहां से आ गई. रजनी जिद्दी व घमंडी थी. वह हमारे परिवार को हमेशा नीचा दिखाने की कोशिश करती थी. जेई रजनी ने किया था प्रेम विवाह कानपुर शहर का एक मोहल्ला नानकारी पड़ता है. आईआईटी से नजदीक होने के कारण इसे आईआईटी नानकारी के नाम से जाना जाता है.

यह कल्याणपुर थाना अंतर्गत आता है. इस मोहल्ले में ज्यादातर धनाढ्य लोगों का निवास है. इसी नानकारी में परमात्मा शरण अपने परिवार के साथ रहते थे. उन के परिवार में पत्नी गुड्डी के अलावा 3 बेटियां रजनी, अंशुल, रोषी तथा एक बेटा निखिल था. परमात्मा शरण त्रिपाठी कानपुर के मुख्य डाकघर में वरिष्ठ सहायक के पद पर थे. उन का अपना आलीशान मकान था. उन की आर्थिक स्थिति मजबूत थी. परमात्मा शरण त्रिपाठी स्वयं पढ़ेलिखे थे, अत: उन्होंने अपने बच्चों को भी उच्चशिक्षा दिलाई थी. अंशुल पढ़लिख कर बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी, जबकि बेटा निखिल आईआईटी कानपुर से पीएचडी कर रहा था. बड़ी बेटी रजनी की तमन्ना इंजीनियर बनने की थी. वह खूब मेहनत कर रही थी और इंजीनियरिंग की कोचिंग भी जाती थी.

रजनी त्रिपाठी जिस कोचिंग सेंटर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए जाती थी, उसी में शुभम पांडेय भी पढ़ने आता था. शुभम पांडेय कानपुर के गोविंदनगर थानांतर्गत गुजैनी मोहल्ले में रहता था. उस का बड़ा भाई सत्यम पांडेय प्राइमरी स्कूल में शिक्षक था, जबकि छोटा भाई हिमांशु उर्फ सनी लेखपाल था. मां शशि पांडेय घरेलू महिला थीं. उन की आर्थिक स्थिति भी मजबूत थी. शुभम और रजनी हमउम्र थे. दोनों साथसाथ कोचिंग कर रहे थे, अत: उन में दोस्ती थी. दोस्ती धीरेधीरे प्यार में बदल गई. प्यार का रंग गहरा हुआ तो दोनों एकदूसरे के बिना अपने को अधूरा समझने लगे. एक रोज प्यार के क्षणों में शुभम ने अपनी मोहब्बत का इजहार कर दिया तो रजनी ने उस के प्यार पर मोहर लगा दी.

दोनों में तय हुआ कि डिग्री हासिल करने के बाद जब वे नौकरी करने लगेंगे, तब ब्याह रचा लेंगे. समय बीतने के साथ शुभम ने इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल कर ली और वह एक निजी कंपनी में इंजीनियर बन गया. रजनी त्रिपाठी भी डिग्री हासिल करने के बाद डीएमएसआरडीई (रक्षा सामग्री और भंडार अनुसंधान) में अवर अभियंता के पद पर नौकरी करने लगी. उसे 60 साइंटिस्ट हौस्टल के देखरेख की जिम्मेदारी भी दी गई. हर रोज विभागीय कार ड्राइवर के साथ वह औफिस आतीजाती थी. नौकरी लग जाने के बाद शुभम ने रजनी के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे रजनी ने सहर्ष स्वीकार कर लिया. दोनों ने परिवार वालों को अपने प्यार के बाबत बताया और शादी की इच्छा जताई.

दोनों परिवारों की सहमति के बाद 2 मई, 2019 को रजनी और शुभम शादी के बंधन में बंध गए. शुभम की दुलहन बन कर रजनी ससुराल आ गई. ससुराल वालों ने किया प्रताडि़त ससुराल में चंद माह बाद ही रजनी को प्रताडि़त किया जाने लगा. पति, सास, जेठ व देवर उस पर 10 लाख रुपया मायके से लाने का दबाव बनाने लगे. गांव की जमीन में भी हिस्सा देने की बात कहने लगे. रजनी ने जब बात मानने से इनकार कर दी तो उसे प्रताडि़त किया जाने लगा. उसे जानमाल की धमकी भी दी जाने लगी. प्रताड़ना से आजिज आ कर रजनी ससुराल छोड़ कर मायके आ गई. मार्च, 2020 में जब लौकडाउन घोषित हुआ तो शुभम का काम प्रभावित हुआ. अत: वह भी रजनी के साथ नानकारी आ कर रहने लगा.

ससुराल में रहते हुए भी शुभम पत्नी को प्रताडि़त करता और उस का वेतन छीन लेता. रजनी व उस के मातापिता विरोध करते तो शुभम उन के साथ मारपीट करता. लोकलाज और बेटी के भविष्य को देखते हुए परमात्मा शरण, शुभम के खिलाफ कोई काररवाई न करते. 26 फरवरी, 2021 को रजनी ने प्राइवेट अस्पताल में एक बेटी को जन्म दिया. बेटी के जन्म से शुभम का मूड खराब हो गया. उस ने खूब हंगामा किया और रजनी को भी प्रताडि़त किया. बेटी बीमार पड़ी तो वह उस का इलाज भी नहीं कराना चाहता था. वह चाहता था कि बेटी मर जाए. लेकिन रजनी ने इलाज कराया तो वह 12 मार्च को लड़झगड़ कर तथा तरहतरह की धमकियां दे कर अपने घर गुजैनी चला गया.

पांचवीं मंजिल से लगाई छलांग पति की प्रताड़ना से रजनी टूट चुकी थी. उसे अपना जीवन नीरस लगने लगा था. वह दिनरात अपने व अपनी मासूम बेटी के भविष्य के बारे में सोचती. वह कई दिनों तक इन्हीं झंझावात में उलझी रही. आखिर उस ने हताश जिंदगी का अंत करने का निश्चय किया. इस के लिए उस ने 15 गोलियों वाले नींद की गोली के पत्ते को खरीदा तथा फिनायल की एक बोतल खरीदी. इसे उस ने अपने बैग में सुरक्षित कर लिया. इस के बाद रात में उस ने अंगरेजी में सुसाइड नोट लिखा और उसे भी बैग में रख लिया. 23 मार्च, 2021 की सुबह 10 बजे रजनी कार से ड्राइवर के साथ घर से निकली. लगभग 11 बजे पिता ने उस से बात की तो उस ने बताया कि वह हौस्पिटल का बिल पास कराने चंदारी स्थित औफिस जा रही है.

उस के बाद रजनी शहर में घूमती रही. शाम 4 बजे वह औफिस पहुंची. कार उस ने सड़क किनारे खड़ी करा दी और 60 साइंटिस्ट हौस्टल पहुंची. इस के बाद वह सीढि़यां चढ़ कर हौस्टल की पांचवीं मंजिल की छत पर पहुंची. यहां उस ने चप्पलें उतारीं और बैग से नींद की 6 गोलियां निकाल कर फिनायल के साथ निगल लीं. उस के बाद उस ने छलांग लगा दी. हौस्टल के कर्मचारियों ने रजनी की बौडी को देखा तो वह सहम गए. उन में से एक कर्मचारी ने भाग कर कृष्णानगर चौकी इंचार्ज आर.जे. गौतम को सूचना दी. चौकी इंचार्ज ने तुरंत थानाप्रभारी दधिबल तिवारी को घटना से अवगत कराया. उस के बाद पुलिस व अधिकारी घटनास्थल पहुंचे.

26 मार्च, 2021 को पुलिस ने अभियुक्त शुभम व सत्यम पांडेय को कानपुर कोर्ट में मजिस्ट्रैट के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया. कथा संकलन तक शशि व हिमांशु पांडेय को पुलिस गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही थी. family story hindi

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

MP News : सरकारी नौकरी की चाहत में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर ले ली पति की जान

MP News : सोशल मीडिया कुछ नासमझ औरतों के लिए जहर की तरह है. मनीषा भी उन्हीं में थी. फेसबुक पर उस ने खेमचंद उर्फ राज से जो दोस्ती की, उस ने उस का घर तो उजाड़ ही दिया. साथ ही…

अरविंद राजपूत का घर मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के घमापुर इलाके में सरकारी कुआं के पास था. 49 साल का अरविंद राजपूत जबलपुर नगर निगम के आधारताल जोन में बतौर डाक रनर काम करता था. उस के परिवार में 30 साल की पत्नी मनीषा, 7 साल की बेटी और 5 साल का एक बेटा था. करीब 10 साल पहले जब अरविंद के मातापिता जीवित थे तो घर की माली हालत अच्छी नहीं थी. घर अरविंद के बड़े भाई की कमाई से चलता था. जब बड़े भाई की शादी हो गई तो वह अपनी पत्नी के साथ अलग रहने लगा. हायर सेकेंडरी तक पढ़े अरविंद की उम्र बढ़ती जा रही थी, पर न ही उसे कहीं कामधंधा मिल रहा था और न ही उस की शादी हो पा रही थी.

आखिरकार 2012 में अरविंद को जबलपुर नगर निगम में दैनिक वेतन पर काम मिल गया. अरविंद जब  40 साल का था तो सन 2012 में उस की शादी मनीषा ठाकुर से हो गई, जिसे बबली भी कहते थे. उस की उम्र 21 साल थी. मनीषा की मां का बचपन में ही निधन हो गया था. उस के पिता ने उस की सगी मौसी से शादी कर ली थी, जिसे उस ने सगी बेटी की तरह पाला था. मैट्रिक तक पढ़ी मनीषा सुडौल काया और सुंदर आंखों की वजह से बहुत सुंदर लगती थी. मनीषा के 2 भाई थे. छोटा ग्वारीघाट में रेस्टोरेंट चलाता था, जबकि बड़े भाई ने दूसरी जाति की लड़की से लव मैरिज कर ली थी. वह परिवार से अलग रहता था.

अरविंद मनीषा का बहुत खयाल रखता. मनीषा चंचल और खुले विचारों वाली लड़की थी उसे सजनासंवरना और घूमनाफिरना पसंद था. लेकिन अपने से दोगुनी उम्र के पुराने खयालात के सादगी पसंद पति अरविंद के साथ वह मन मार कर दिन काट रही थी. सन 2016 में नगर निगम ने अरविंद की डाक रनर की नौकरी स्थाई कर दी. वक्त के साथ अरविंद के परिवार में एक बेटी और एक बेटा आ गया. जब तक घर में अरविंद के मातापिता जीवित रहे, मनीषा उन की देखरेख में लगी रही. अरविंद टिफिन ले कर सुबह औफिस निकल जाता तो शाम को ही लौटता. मनीषा का जब भी मन होता अपने बच्चों को ले कर अपने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां चली जाती.

जब वह लोगों को स्मार्टफोन पर फेसबुक, यूट्यूब चलाते देखती तो उस का मन भी करता कि उस के पास भी स्मार्टफोन होता तो कितना अच्छा होता. एक दिन उस ने अरविंद से स्मार्टफोन की डिमांड रख दी. अरविंद के पास कोई सेलफोन नहीं था, न ही ऐसी हैसियत थी कि महंगा स्मार्टफोन खरीद सके. इस के बावजूद उस ने पत्नी को खुश रखने के लिए स्मार्टफोन ला कर दे दिया. अरविंद ने मनीषा को औफिस के अपनेएकदो साथियों के नंबर भी दे दिए .जब भी मनीषा को अरविंद से बात करनी होती वह उस के दोस्तों के फोन पर काल कर के पति से बात कर लेती. मनीषा की अंगुलियां पूरे दिन स्मार्टफोन पर घूमती रहतीं.

उस ने फेसबुक पर अपना एकाउंट बनाया और प्रोफाइल में अपनी खूबसूरत अदाओं वाली तसवीरें अपलोड कर दीं. उसे बहुत सारे लाइक और कमेंट्स मिलने लगे. उस ने बहुत सारे लोगों की फ्रैंड रिक्वेस्ट भी स्वीकार कर ली थी. अरविंद थकाहारा जब काम से लौटता तो घर पर मनीषा को बच्चों के साथ मोबाइल में बिजी देख कर खुश हो जाता. अरविंद 49 साल की उम्र पार कर चुका था, जबकि मनीषा अभी 29 साल की जवान औरत थी. बढ़ती उम्र, शराब की लत और नौकरी के बोझ ने अरविंद को जिस्मानी तौर पर  कमजोर बना दिया था. उसे महसूस होने लगा था कि अब वह मनीषा को शारीरिक रूप से संतुष्ट नहीं कर पा रहा है.

औरत की शारीरिक जरूरतें पति पूरी करने में सक्षम न हो तो कई बार औरत के कदम बहक जाते हैं. ऐसा ही मनीषा के साथ हुआ. मनीषा फेसबुक की दुनिया में इस तरह खो गई थी कि वह बिना जांचपड़ताल के किसी भी लड़के को अपना फ्रैंड बना लेती थी. फेसबुक पर नएनए दोस्त बनाना और सोशल मीडिया पर चैटिंग करना उस का शगल बन गया था . 2019 के मार्च महीने में एक दिन मनीषा दोपहर में घर के कामकाज से निपट कर बिस्तर पर लेटी थी. तभी उस के मोबाइल की घंटी बजी. उस ने जैसे ही हैलो बोला दूसरी तरफ से किसी लड़के की आवाज आई, ‘‘हाय मनीषा, मैं राज बोल रहां हूं.’’

‘‘कौन राज?’’ मनीषा ने आश्चर्य से पूछा.

‘‘मनीषा, मैं राज यादव हूं. फेसबुक पर तुम्हें फ्रैंड रिक्वेस्ट भेजी थी, जिसे तुम ने स्वीकार कर लिया था.’’

‘‘पर तुम्हें मेरा मोबाइल नंबर किस ने दिया?’’ मनीषा ने हैरानी से पूछा .

‘‘हम जिसे दिल से चाहते हैं, उस का मोबाइल नंबर तो क्या उस की पूरी खोजखबर रखते हैं.’’ राज ने दीवानगी के साथ जवाब दिया. मनीषा को किसी अपरिचित लड़के का इस तरह बात करना अच्छा नहीं लगा. उस ने थोड़ी सी बात कर के फोन काट दिया. फिर उसे याद आया कि कुछ दिन पहले उस ने राज यादव नाम के लड़के की फ्रैंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट की थी. उसे यह उम्मीद कतई नहीं थी कि कोई फेसबुक फ्रैंड उसे फोन मिला कर इस तरह बातचीत करेगा. मनीषा की फेसबुक की यह दोस्ती धीरेधीरे मनोरंजन का साधन बन गई. पति अरविंद दिन भर औफिस में रहता और मनीषा का समय सोशल मीडिया पर बीतता. उस ने उस दिन भले ही फोन डिसकनेक्ट कर के राज से तौबा कर ली थी, लेकिन वह हाथ धो कर उस के पीछे पड़ गया था.

वह रोज ही किसी न किसी बहाने उसे फोन करने लगा. वह मनीषा के फेसबुक मैसेंजर पर कभी प्यारभरी शेरोशायरी भेजता तो कभी उस की पोस्ट पर कमेंट कर के प्यार जताता. धीरेधीरे मनीषा को भी राज से फोन पर बातचीत करने में मजा आने लगा. फोन पर शुरू हुआ बातचीत का यह सिलसिला कब प्यार में बदल गया, मनीषा को पता ही नहीं चला. अब वह रोज राज के फोन का इंतजार करती. कभी राज फोन करना भूल जाता तो मनीषा उसे काल कर के उस से प्यार भरी बातें करती. कभीकभी दोनों वीडियो काल के जरिए भी एकदूजे का दीदार करके मस्तीभरी बातें कर लेते थे.

राज और मनीषा का प्यार परवान चढ़ा तो एक दिन वह मनीषा से मिलने जबलपुर आ गया. उस समय अरविंद काम पर गया हुआ था और उस के दोनों बच्चे अरविंद के बड़े भाई के घर गए हुए थे. मनीषा ने 25 साल के गोरेचिट्टे गबरू जवान राज को देखा तो पलभर के लिए तो वह सपनों की दुनिया में खो गई. राज ने बताया कि उस का नाम खेमचंद यादव है, लेकिन उसे घर वाले राज कहते हैं. राज ने मनीषा से फेसबुक मैसेंजर और वीडियो काल के जरिए तो कई बार बातें की थी, लेकिन खूबसूरत मनीषा को पहली बार नजरों के सामने देखा तो अपना आपा खो बैठा.

मनीषा कब से उस से मिलने के सपने संजोए थी, उसे मौका मिला तो उस ने भी राज का पूरे मन से साथ दिया. शाम को जब अरविंद काम से घर लौटा तो घर में नए मेहमान को देख मनीषा से पूछा, ‘‘अरे मनीषा, मेहमान कहां से आए हैं?’’

मनीषा ने खेमचंद का परिचय कराते हुए कहा, ‘‘ये मेरी बचपन की सहेली के जीजा हैं. नाम है राज यादव. यूपी के बांदा से किसी काम के सिलसिले में जबलपुर आए हैं.’’ अरविंद ने गर्मजोशी से राज का स्वागत किया और उस की खूब मेहमाननवाजी भी की. दूसरे दिन अरविंद उसे भेड़ाघाट घुमाने ले गया और वहां का धुआंधार जलप्रपात दिखाया. शाम को बैठ कर दोनों ने जाम छलकाए. राज यादव महीने दो महीने में काम का बहाना बना कर मनीषा से मिलने जबलपुर आने लगा. जब वह जबलपुर आता तो अरविंद के साथ  बैठ कर खूब शराब पीता और मनीषा के बच्चों पर पैसे खर्च करता.

लेकिन मनीषा और राज की प्रेम कहानी समाज की नजरों से ज्यादा दिनों तक न छिप सकी. जब अरविंद के बड़े भाई को इस बात का पता चला तो उस ने राज के इस तरह मनीषा से मिलनेजुलने पर आपत्ति उठाई. अरविंद के मन में भी शक का कीड़ा कुलबुलाता था, लेकिन वह यह सोच कर तसल्ली कर लेता कि मनीषा उसे और उस के बच्चों को कितना प्यार करती है. 22 जनवरी, 2021 सुबह के 9 बजे थे. कैंट पुलिस थाने में फोन द्वारा सूचना मिली कि सदर इलाके के मुर्गी मैदान पर कोई युवक नशे में बेसुध पड़ा है. कैंट थाने में इस तरह की सूचनाएं आए दिन मिलती रहती थीं, इसलिए ड्यूटी पर मौजूद एसआई कन्हैया चतुर्वेदी अपने एक साथी पुलिसकर्मी के साथ मुर्गी मैदान की ओर रवाना हो गए.

वह मुर्गी मैदान पहुंचे तो उन्होंने देखा कि 24-25 साल का एक युवक औंधे मुंह जमीन पर पड़ा है. पुलिस टीम ने पास जा कर जैसे ही उसे सीधा किया तो युवक का चेहरा और सिर खून से सना हुआ है. वह मर चुका था. स्थिति को समझ कर कन्हैया चतुर्वेदी ने तत्काल टीआई विजय तिवारी समेत पुलिस के आला अधिकारियों को सूचना दी और आसपास के लोगों से पूछताछ करने लगे. कुछ ही देर में फोरैंसिक टीम के साथ टीआई विजय तिवारी घटनास्थल पहुंच गए. घटनास्थल पर शराब की बोतल और पानी के पाउच के साथ चखना के खाली पैक पड़े थे. डैडबौडी के पास ही एक बड़ा सा पत्थर पड़ा मिला, जिस पर खून के निशान थे. शायद इसी पत्थर से सिर पर वार कर युवक की हत्या की गई थी.

घटनास्थल पर अब तक लोगों की काफी भीड़ जमा थी, लेकिन कोई भी मृतक को नहीं पहचान सका. एसआई कन्हैया चतुर्वेदी ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली तो उन्हें मृतक की पैंट की जेब में नगर निगम की डाकबुक मिली. डाकबुक को उलटपलट कर देखा गया तो परची पर एक मोबाइल नंबर लिखा था. परची में लिखे मोबाइल नंबर पर टीआई विजय तिवारी ने फोन लगाया तो फोन रिसीव करने वाले ने अपना नाम मलखान और पता ग्वारघाट बताया. टीआई तिवारी ने जब उसे बताया कि मुर्गी मैदान पर एक डैडबौडी मिली है. उसी के कपड़ों की जांच में नगर निगम की डाकबुक और यह मोबाइल नंबर मिला है.

तब मलखान ने पुलिस को बताया कि उस का जीजा अरविंद राजपूत नगर निगम में डाक लाने ले जाने का काम करता था. मलखान ने जब मनीषा को फोन लगा कर बातचीत की तो उस ने बताया कि वह कल अरविंद को बता कर बच्चों के साथ एक गमी के कार्यक्रम में वेहिकल फैक्ट्री इलाके में आई है. मलखान ने मनीषा से अरविंद के साथ किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त की तो वह फोन पर रोने लगी. मलखान ने उसे समझाते हुए उस के साथ तत्काल मुर्गी मैदान चलने को कहा. मलखान कुछ ही देर में मनीषा और एक रिश्तेदार को आटो में बिठा कर सदर के मुर्गी मैदान पहुंच गया. वहां पहुंच कर मनीषा ने पति अरविंद को पहचान लिया.

लाश की पहचान होने पर पुलिस टीम ने शव पोस्टमार्टम के लिए मैडिकल कालेज भेज दिया और आगे की काररवाई में जुट गई. स्थिति के मद्देनजर पुलिस मनीषा के बयान नहीं ले सकी. घटना को बीते 3 दिन हो चुके थे. इसी दौरान मनीषा ने एक बार घर पर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिस की जानकारी कैंट पुलिस को मिल गई थी. पुलिस सहानुभूति की वजह से उस के बयान नहीं ले पा रही थी. एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर नगर की सीएसपी भावना मरावी ने हत्या का राज जानने के लिए कैंट थाना पुलिस की एक टीम तैयार की. कैंट पुलिस थाना के टीआई विजय तिवारी ने जब मनीषा के फोन की काल डिटेल्स निकलवाई तो 2 मोबाइल नंबर संदिग्ध पाए गए.

इन मोबाइल नंबरों की लोकेशन सर्च करने पर पुलिस को एक नंबर आकाश विनोदिया, सिविल लाइंस, जबलपुर का और दूसरा नंबर खेमचंद यादव, बांदा, उत्तर प्रदेश का था. कैंट पुलिस ने सब से पहले राज यादव के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया तो घटना वाले दिन 21 जनवरी को उस की लोकेशन सुबह के 6 बजे से रात के 9 बजे तक जबलपुर की मिली. पुलिस की टीम जब खेमचंद की खोजबीन के लिए बांदा पहुंची, तब तक वह अपने गांव बेनीपुर पहुंच चुका था. पुलिस ने उस की लोकेशन ट्रेस कर उस के घर पर मुंहअंधेरे दबिश तो यह पिछले दरवाजे से भाग निकला. आसपास के इलाकों में दिन भर उस की तलाश की गई, मगर राज नहीं मिला. उस के पिता ने बताया कि वह अपने बड़े भाई के पास सूरत जा सकता है.

पिता को राज और मनीषा के प्रेम संबंधों की पूरी जानकारी थी. पता चला कि मनीषा जून, 2020 में आंखों का इलाज करवाने के बहाने चित्रकूट आई थी और दोनों 5 दिनों तक एक होटल में रुके थे. तब उस ने मनीषा को समझाया था कि अपना वैवाहिक जीवन बरबाद न करे. मगर वह राज के प्यार में पागल हो गई थी. राज अपना मोबाइल घर पर छोड़ गया था, ऐसे में राज को खोजना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा था. पुलिस उस का मोबाइल जब्त कर खाली हाथ लौट आई.

कैंट पुलिस पर जब पुलिस अधिकारियों का दबाव पड़ा तो आकाश विनोदिया की मोबाइल लोकेशन पर पहुंच गई. जबलपुर के सिविल लाइंस जा कर पता चला वह नंबर एक रिटायर्ड मैडिकल नर्स का है जो काफी बूढ़ी हो गई थीं. उन्होंने खुद को इलाके की भजन मंडली का अध्यक्ष बताते हुए मनीषा और अरविंद से किसी तरह की जानपहचान होने से इनकार किया. उन्होंने यह भी बताया कि यह सिमकार्ड उस के भतीजे आकाश ने ला कर दिया था, लेकिन इस सिमकार्ड का उपयोग आकाश कभी नहीं करता. पुलिस की समझ नहीं आ रहा था कि आखिर अरविंद के मर्डर से नर्स का क्या कनेक्शन हो सकता है. पुलिस ने जब उन से पूछा, ‘‘आप के मोबाइल से कोई और शख्स बात तो नहीं करता?’’

उन्होंने बताया, ‘‘हां उन की भजन मंडली में ढोलक बजाने वाला विक्की पंडा अकसर उन के फोन से बात करता है. कभीकभी तो वह घंटे भर के लिए मोबाइल मांग कर ले जाता है.’’

पुलिस ने जब विक्की पंडा के बारे में पता किया तो शाम के समय विक्की पंडा देवी मंदिर की आरती के कार्यक्रम में मिल गया. उस ने मनीषा को अपनी ममेरी बहन बताया. पुलिस को अब दोनों पर अरविंद की हत्या का पूरा यकीन हो गया. पुलिस टीम ने विक्की पंडा और मनीषा को थाने बुला कर पूछताछ की तो पहले तो वे अनजान बने रहे. जब पुलिस टीम ने उन से अलगअलग कमरे में ले जा कर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने सारा सच उगल दिया. मनीषा और विक्की के बताए अनुसार अरविंद की हत्या छतरपुर जिले के खेमचंद यादव उर्फ राज ने की थी.

घटना वाले दिन शाम को अरविंद को औफिस में फोन कर के मनीषा ने बुलाया था और विक्की पंडा हत्या के समय राज के साथ था. दोनों से पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह मानवीय रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली थी. खेमचंद गुड़गांव की एक कंपनी में नौकरी करता था. मनीषा की बुआ का लड़का प्रदीप ठाकुर उर्फ विक्की पंडा सिविल लाइंस के उपहार अपार्टमेंट में रहता था. वह अपने आप को देवी का भक्त बताता था. धार्मिक कर्मकांड और तंत्रमंत्र का झांसा दे कर लोगों से पैसे ऐंठ कर वह घर का खर्च चलाता था. वह स्थानीय भजन मंडली में ढोलक बजाता था.

विक्की पंडा अपनी ममेरी बहन मनीषा से 20 हजार रुपए और जीजा अरविंद से 13 हजार रुपए उधार ले चुका था, मगर लौटाने का नाम ही नहीं ले रहा था. जब भी अरविंद और मनीषा उस से पैसे वापस मांगते, वह अपनी तंगहाली का बहाना बना देता था. मनीषा और खेमचंद के नाजायज संबंधों की भनक विक्की को थी. एक बार तो उस ने मनीषा को चेतावनी भी दी थी कि यदि उस से पैसे मांगे तो वह उस के और राज के संबंधों की पूरी सच्चाई जीजा को बता देगा. इस डर से मनीषा उस से पैसा मांगने में संकोच करने लगी थी. अब मनीषा राज के साथ विक्की पंडा से मिलनेजुलने लगी थी. मनीषा और राज विक्की से शादी करने की बात बताते रहते थे. एक दिन विक्की पंडा ने मंदिर में पूरे विधिविधान से राज से मनीषा की मांग में सिंदूर भरवा कर शादी करा दी .

मनीषा और राज प्रेम में इस कदर अंधे हो चुके थे कि देह सुख के लिए किसी भी हद तक जाने तैयार थे. कभीकभी उन के मन में विचार आता कि दोनों घर से भाग जाएं, लेकिन मनीषा सोचती कि राज बेरोजगार है. आखिर उसे कितने दिनों तक बैठा कर खिलाएगा. मनीषा को अरविंद से ज्यादा अपने बच्चों की भी चिंता थी. वह जानती थी कि यदि वह बच्चों को छोड़ कर राज के साथ भाग गई तो अरविंद बच्चों का खयाल नहीं रख पाएगा और उस के बच्चे अनाथ हो जाएंगे. मनीषा के मन में कई बार अरविंद की हत्या करने का विचार आता, मगर अगले ही पल वह डर जाती.

आखिरकार मनीषा इस निर्णय पर पहुंच गई कि वह राज की मदद से अरविंद को रास्ते से हटा देगी. उस का सोचना था कि पति की मौत के बाद उस की सरकारी नौकरी उसे अनुकंपा नियुक्ति के रूप में मिल जाएगी और वह राज के संग अपनी जिंदगी खुशी से बिता सकेगी. बातचीत के बाद पहले अरविंद की हत्या के लिए उन्होंने पूजा के प्रसाद में जहर मिलाने की योजना बनाई, पर विक्की पंडा ने यह कह कर इस योजना को निरस्त कर दिया कि प्रसाद और भी लोग मांग सकते हैं. बाद में अरविंद को शराब पिला कर हत्या करने की योजना बनाई गई.

प्रदीप उर्फ विक्की पंडा अरविंद की हत्या की योजना में इसलिए शामिल हो गया क्योंकि वह चाहता था कि मनीषा और अरविंद से लिए गए 33 हजार रुपए के कर्ज से उसे मुक्ति मिल जाएगी. योजना के मुताबिक मनीषा ने राज को पूरी योजना समझाई और उस का बांदा से जबलपुर आने जाने का रिजर्वेशन करवा दिया. 21 जनवरी, 2021 की सुबह राज जबलपुर आ गया. दोपहर में टैगोर गार्डन में मनीषा राज और विक्की पंडा ने काफी देर बैठ कर अरविंद की हत्या की योजना को अंतिम रूप दिया. तय हुआ कि पहले अरविंद को शराब पिलाई जाए और फिर उस की किसी तरह हत्या कर दी जाए.

योजना बनने के बाद विक्की अपने घर चला गया. जबकि मनीषा और राज आटो रिक्शा ले कर रेलवे स्टेशन आ गए. कुछ दिनों पहले अरविंद ने जबलपुर की एक मोबाइल शौप से किस्तों में राज को एक महंगा मोबाइल फोन दिलवाया था, जिस की किस्त वह हर महीने आ कर दे जाता था. रेलवे स्टेशन से ही मनीषा ने अरविंद के औफिस में फोन कर के कहा कि राज मोबाइल की किस्त देने जबलपुर आया है. वह रात की ट्रेन से निकल जाएगा, उस से जबलपुर स्टेशन जा कर मिल लो. जब अरविंद को राज के जबलपुर आने की खबर मिली, तब वह अधारताल जोनल औफिस में था. उस ने औफिस जा कर जल्दी से डाक वितरण का काम निपटाया और 5 बजे रेलवे स्टेशन पहुंच गया.

रेलवे स्टेशन पर उस की मुलाकात राज से हो गई. राज ने उसे बताया कि वह रात 9 बजे चित्रकूट एक्सप्रैस से वापस चला जाएगा. तब राज ने अरविंद के सामने प्रस्ताव रखा कि कहीं बैठ कर शराब पीते हैं फिर खाना खाने के बाद उसे स्टेशन छोड़ कर घर चले जाना. शराब पीने की बात पर अरविंद राजी हो गया. दोनों पैदल ही रेलवे स्टेशन से सदर की ओर आ गए. तब तक अंधेरा होने लगा था. एक वाइन शौप से राज ने शराब की बोतल खरीदी. पास की दुकान से पानी की बोतल, डिस्पोजल गिलास, चखना के पाऊच ले कर दोनों पैट्रोल पंप के पीछे मुर्गी मैदान में सुनसान जगह पर शराब पीने बैठ गए. तभी विक्की पंडा भी पहुंच गया.

सीधेसादे अरविंद को यह भान नहीं था कि जिस नौकरी को पाने के लिए उस ने जी तोड़ मेहनत की थी और कितने ही साल बेरोजगारी में काटे थे, वही नौकरी उस की जान की दुश्मन बन जाएगी. राज और विक्की चालाकी से इस तरह पैग बना रहे थे कि अरविंद ज्यादा से ज्यादा पी सके. शराब पीतेपीते लगभग साढ़े 7 का समय हो गया. इस बीच अरविंद का नशा पूरे शबाब पर पहुंच गया था, तभी राज ने पास में पड़े एक बड़े से पत्थर से अरविंद के सिर पर हमला कर दिया. उस के सिर से खून की धारा बहने लगी और थोड़ी देर तड़फड़ाने के बाद वह ढेर हो गया. जब दोनों को तसल्ली हो गई कि अरविंद मर चुका है तो राज और विक्की वहां से भाग निकले.

राज जल्दी से रेलवे स्टेशन आ गया. प्लेटफार्म पर चित्रकूट एक्सप्रैस लग चुकी थी. वह ट्रेन में सवार हो गया. रात 9 बजे ट्रेन जबलपुर स्टेशन से रवाना हो गई. 29 जनवरी, 2021 को जबलपुर के एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने प्रैस कौन्फ्रैंस कर अरविंद की हत्या का खुलासा कर दिया. प्रैस कौन्फ्रैंस में बताया गया कि अरविंद की हत्या मनीषा के इशारे पर विक्की की मदद से राज यादव ने की थी. एसपी ने अरविंद की हत्या के मुख्य आरोपी राज यादव को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया. इस के बाद कैंट थाना पुलिस ने मनीषा और विक्की पंडा को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

मनीषा और विक्की को जेल भेजने के बाद जबलपुर पुलिस राज की तलाश में जुट गई. राज के घर से जब्त उस के मोबाइल की जांच की तो मोबाइल में मनीषा और उस के आपत्तिजनक हालत में फोटो मिले, जो उन के नाजायज संबंधों की कहानी बयां कर रहे थे. पुलिस टीम राज के पिता से सूरत में रहने वाले उस के बड़े बेटे का मोबाइल नंबर ले कर आई थी. पुलिस ने जब राज के भाई से बात की तो पहले तो उस ने राज के सूरत में न होने की जानकारी दी. जब पुलिस ने डर दिखाया तो उस ने पुलिस को भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही राज को ले कर जबलपुर आएगा.

राज और उस का बड़ा भाई 3-4 दिनों तक पुलिस टीम को गुमराह करते रहे. इस पर जबलपुर पुलिस की टीम ने सूरत जा कर छापामारी की तो राज यादव पुलिस की गिरफ्त में आ गया. पुलिस ने राज से सख्ती से पूछताछ की तो उस ने अरविंद की हत्या की पूरी कहानी पुलिस को बता दी. पुलिस ने अरविंद की हत्या के आरोपी खेमचंद यादव उर्फ राज पर आईपीसी की धारा 302,120 के तहत मामाला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया. अरविंद और मनीषा के दोनों बच्चों को जबलपुर के ग्वारीघाट में रहने वाली उस की नानी के सुपुर्द कर दिया गया. नौकरी की चाहत में अपने पति की हत्या करने वाली मनीषा का नौकरी पाने का सपना धरा का धरा रह गया.

क्षणिक शारीरिक सुख और सोशल मीडिया की चकाचौंध में अपने मासूम बच्चों को बेसहारा करने वाली मनीषा अपने प्रेमी खेमचंद और भाई प्रदीप उर्फ विक्की पंडा के साथ जेल में है. MP News

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Parivarik Kahani : पत्नी के कहने पर बेटे ने साड़ी से गला घोंटकर मां को मार डाला

parivarik kahani : मां जैसी भी हो, मां ही होती है. औलाद की जन्मदात्री. कंचन को क्या पता था कि जिस बेटे को 9 महीने कोख में रख कर अपना खून पिलाया, 24 साल पाला, एक दिन पराई औरत के लिए वही उस का दुश्मन बन कर…

अनीता शुक्रवार की शाम पौने 5 बजे अपनी भाभी कंचन वर्मा के घर पहुंची. उस ने दरवाजे पर लगी कालबेल बजाई. लेकिन कई बार घंटी बजाने के बाद भी जब अंदर कोई हलचल नहीं हुई तो उस ने दरवाजे को धक्का दिया. इस से दरवाजा खुल गया. अनीता अंदर पहुंची. उस ने भाभी को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. बैडरूम में टीवी चल रहा था और मोबाइल भी बैड पर पड़ा था. तभी उस की नजर बाथरूम की ओर गई. उस ने बाथरूम का दरवाजा खोला तो वह हैरान रह गई. वहां फर्श पर भाभी कंचन बेहोश पड़ी थीं. घर का सामान अस्तव्यस्त पड़ा हुआ था.

यह सब देखते ही अनीता चीखती हुई बाहर की ओर भागी. उस ने यह जानकारी आसपास के लोगों व भाई कुलदीप वर्मा को दी. यह 19 फरवरी, 2021 की बात है. अनीता के चीखनेचिल्लाने की आवाज सुन कर आसपास के लोग एकत्र हो गए. अनीता ने बगल में रहने वाली उस की दूसरी भाभी व भाई कुलदीप वर्मा को फोन कर बुलाया. इस बीच किसी ने यह सूचना थाना क्वार्सी को दे दी. तभी सर्राफा कारोबारी कुलदीप वर्मा अपने नौकर के साथ घर पहुंचे और अपनी पत्नी को मैडिकल कालेज ले जाने के साथसाथ अपनी दोनों बेटियों व बेटे को फोन किया. डाक्टरों ने जांच के बाद कंचन वर्मा को मृत घोषित कर दिया.

सूचना मिलते ही थानाप्रभारी छोटेलाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए. हत्या व लूट की घटना से सनसनी फैल गई थी. कुलदीप वर्मा प्रतिष्ठित सर्राफा कारोबारी थे. घटना की जानकारी होते ही व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथसाथ कुलदीप वर्मा की दोनों बेटियां, बेटा व शहर में रहने वाले अन्य परिजन व करीबी एकत्र हो गए. घनी आबादी वाले इलाके में हत्या व लूट की घटना पर लोग आक्रोशित हो कर हंगामा करने लगे. स्थिति की गंभीरता को भांप कर इंसपेक्टर ने अपने उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया.

आननफानन में अलीगढ़ के एसएसपी मुनिराज जी, एसपी (सिटी) कुलदीप सिंह गुनावत, एसपी (क्राइम) डा. अरविंद कुमार  सहित अन्य अधिकारी भी पहुंच गए. एसएसपी ने फोरैंसिक, क्राइम ब्रांच, सर्विलांस, फील्ड यूनिट और डौग स्क्वायड की टीमों को भी मौके पर बुला लिया. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र की सरोज नगर कालोनी में प्रतिष्ठित सर्राफा व्यवसायी कुलदीप वर्मा अपनी पत्नी कंचन वर्मा के साथ रहते थे. उन का यह मकान एटा चुंगी चौराहे से करीब 100 मीटर की दूरी पर है. सर्राफा कारोबारी कुलदीप वर्मा रोजाना की तरह सुबह एटा चुंगी चौराहे के पास नौरंगाबाद स्थित अपने शोरूम पर चले गए थे. इस के बाद ही बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया था.

उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. लूट और हत्या के बारे में जानकारी ली. कंचन के गले पर चोट के निशान थे. जबकि नाक से खून निकल रहा था. देखने से लग रहा था कि बदमाशों ने कालबैल बजा कर कंचन से दरवाजा खुलवाया और घर में घुस कर लूटपाट की, विरोध करने पर उन्होंने कंचन वर्मा की गला दबा कर हत्या कर दी. फिर उन को ले जा कर बाथरूम में बंद कर दिया. बाथरूम से गैस की बदबू आने पर पता चला कि गैस गीजर का पाइप कटा हुआ था, तुरंत गैस सिलिंडर को बंद किया गया. घर वालों ने पुलिस को बताया कि दूध वाले, नौकरानी, अपने बेटे व करीबी के अलावा मृतका किसी के लिए दरवाजा नहीं खोलती थीं. घर में कुत्ता भी है, जो घटना के समय मकान की पहली मंजिल के कमरे में बंद था.

यह भी पता चला कि नौकरानी काम कर के चली गई थी. दोपहर करीब डेढ़ बजे कंचन ने अपने छोटे दामाद पुनीत को जन्मदिन की बधाई देने के लिए फोन किया था. उन्होंने करीब 7 मिनट बात की थी. फिर यह कहते हुए बैड पर मोबाइल रख दिया कि दरवाजे पर कोई आया है. इस के बाद फोन कट गया था. काम किसी परिचित का था यही आखिरी काल थी. इसी दौरान बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया था. शाम पौने 5 बजे शहर के ही ऊपरकोट मोहल्ले में रहने वाली कुलदीप की बहन अनीता आई, तब घटना की जानकारी हुई थी. फोरैंसिक टीम ने कई स्थानों से फिंगरप्रिंट उठाए. घर में ऐसा कोई व्यक्ति आया था,  जिसे यह तक पता था कि घर में हथौड़ी और आरी कहां रखी थीं.

उसे यह जानकारी थी बैडरूम के अंदर एक छोटा कमरा है, जिस के अंदर तिजोरी है. पुलिस को आशंका थी कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को घर की हर चीज की जानकारी थी. संभावना थी कि लुटेरे परिवार के नजदीकी रहे होंगे. दिनदहाड़े हुई इस वारदात की आसपास के किसी व्यक्ति को भनक तक नहीं लगी थी. जबकि घर वालों के मुताबिक हत्या व लूट की घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे किसी के कालबैल बजाने के बाद हुई थी. बदमाशों ने घर के औजारों से ही छोटे कमरे तथा वहां रखी तिजोरी के ताले तोड़े थे. घर में जमीन, बीमा पौलिसी आदि के कागजात बिखरे पड़े थे. टूटी हुई चूडि़यां भी मिलीं. अंदर के कमरे की तिजोरी तोड़ कर बदमाश हीरे, सोने और चांदी के गहने लूट ले गए थे.

लूटे गए सामान की कीमत एक करोड़ से अधिक बताई. सर्राफ कुलदीप वर्मा की तरफ से पुलिस ने भादंवि की धारा 302, 394 के तहत अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी. मौके की काररवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अलीगढ़ भेज दिया. कुलदीप वर्मा का नौरंगाबाद देवी मंदिर के पास कुलदीप ज्वैलर्स के नाम से शोरूम है. घटना के समय वह अपने शोरूम पर कारीगर के साथ थे. सर्राफा कारोबारी की दोनों विवाहित बेटियों ने पुलिस को बताया कि इस वारदात में हो न हो, कोई ऐसा व्यक्ति शामिल है, जो या तो हमारा अपना है या फिर हमारे घर के बारे में बारीकी से जानता है कि कौन सी चीज कहां रखी है.

इस बारे में परिवार के करीबी सदस्यों, अकसर घर आने वालों के अलावा किसी को जानकारी नहीं थी. टूटी चूडि़यां देख कर पुलिस ने अनुमान लगाया कि बदमाशों से संघर्ष के दौरान मृतका की चूडि़यां टूट गई होंगी. खोजी कुत्ता मकान के बाहर गली के मोड़ तक जाने के बाद ठिठक कर रह गया. इसे ले कर तमाम तरह के कयास लगाए जाने लगे. घर वालों ने बताया कि दुकान के कीमती जेवरातों के अलावा गिरवी रखे जेवरात भी टूटी तिजोरी में रखे थे. बदमाशों ने बैडरूम के अंदर वाले कमरे और उस के अंदर रखी तिजोरी के अलावा किसी चीज को हाथ नहीं लगाया था.

खानदानी काम था सर्राफा कुलदीप वर्मा मूलरूप से महेंद्रनगर के रहने वाले थे. कुलदीप 5 भाइयों में दूसरे नंबर के हैं. सब से बड़े भाई राजू की मृत्यु हो चुकी है जबकि तीसरे नंबर के संजय, चौथे नंबर के पंकज व सब से छोटा महेंद्र है. पिता ज्ञानचंद्र की भी ज्वैलरी की दुकान थी. इन का ज्वैलरी का काम खानदानी है. चारों भाई सन 2012 में नई विकसित हुई कालोनी सरोज नगर में अपनेअपने मकान बनवा कर रहने लगे थे. चारों का अपनाअपना सर्राफा का कारोबार है. जिस में कुलदीप का कारोबार सब से अच्छा था.  कुलदीप वर्मा के 2 बेटियां पायल व काजल हैं. दोनों बेटियों की शहर में ही अलगअलग इलाकों में शादियां कर दी गई थीं. बेटियों के अलावा इकलौता बेटा योगेश उर्फ राजा है. राजा ने करीब 6 महीने पहले शहर के ही कपड़ा व्यापारी की बेटी से प्रेम विवाह किया था.

युवती दूसरी बिरादरी की व उम्र में राजा से बड़ी होने के कारण मांबाप इस से नाखुश थे. बहनों ने भी इस प्रेम विवाह का विरोध किया था. इसलिए राजा अपनी पत्नी के साथ जीवीएम मौल के सामने किराए के मकान में रहने लगा था. घटना की जानकारी होने पर वह भी घर आ गया था. जानकारी होने पर कोल क्षेत्र के विधायक अनिल पाराशर, इगलास क्षेत्र के भाजपा विधायक राजकुमार पीडि़त परिवार से मिलने पहुंचे.  दिन भर सियासी लोगों की आवाजाही लगी रही. हत्या व लूट के विरोध में आक्रोशित सर्राफा कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं. दिनदहाड़े सर्राफा व्यवसाई की पत्नी की हत्या व लूट से नाराज व्यापार मंडल के पदाधिकारी व सर्राफा व्यवसायी एसएसपी व एसपी से मिले और वारदात के शीघ्र खुलासे की मांग की.

इस घटना से प्रशासन की चाकचौबंद व्यवस्था की पोल खुल गई थी. पुलिस जांच के दौरान सर्राफा व्यवसायी के घर वाली गली में लगे सीसीटीवी फुटेज में नीले सलवार सूट में ईयरफोन लगाए घूमती एक महिला और बाइक सवार 2 संदिग्ध युवक नजर आए. पुलिस इसी दिशा में जांच में जुट गई. घटना की खबर पर आईजी पीयूष मोर्डिया भी घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों से बातचीत की और परिवार के सदस्यों से भी. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जल्दी खुलासे के आदेश दिए. हत्या व लूट की घटना का परदाफाश करने के लिए एसएसपी मुनिराज जी.

ने एसपी (सिटी) कुलदीप सिंह गुनावत, एसपी (क्राइम) डा. अरविंद के नेतृत्व में 2 टीमों का गठन किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि कंचन की मृत्यु गला घोटने के कारण हुई थी. दूसरे दिन शनिवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद कंचन वर्मा का अंतिम संस्कार किया गया. शव को मुखाग्नि इकलौते बेटे राजा ने दी. सर्राफा व्यवसाई कुलदीप के साथ लूट की यह तीसरी वारदात थी. इस से पहले सन 2017 में बदमाशों ने उन की दुकान को निशाना बनाया था. बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर गहने लूटे थे. फायरिंग में कुलदीप को गोली भी लगी थी. उस घटना के समय कुलदीप अपने बेटे राजा व नौकर के साथ दुकान पर थे.

हालांकि कुछ दिन बाद घटना का मुख्य आरोपी बुलदंशहर के सिकंदराबाद में एक मुठभेड़ में मारा गया था. उस के कुछ साथी पकड़े गए थे उन्होंने कुलदीप के यहां लूट की बात स्वीकारी थी. खास बात यह है कि तब बुलदंशहर के एसएसपी मुनिराज ही थे. पिछले साल भी कुलदीप की आंखों में मिर्च झोंक कर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. उस घटना के बारे में पुलिस को बताने के बजाए परदा डाल दिया था. पुलिस ने इस हत्याकांड के खुलासे के लिए सिलसिलेवार जांच शुरू की. पुलिस के सामने 5 मुख्य बिंदु थे, जिन पर वह जांच कर रही थी. मृतका के घर वालों ने पुलिस को बताया कि दिन भर घर में बंद रहने वाली कंचन अपने परिचितों के लिए ही दरवाजा खोलती थीं.

सगेसंबंधियों व नौकरानी से पूछताछ दोपहर में 12 से एक बजे के बीच कामवाली के आने पर ही कंचन बाथरूम में नहाने जातीं थीं. तिजोरी तोड़ने को घर में रखे औजार किसी अपने ने ही उठाए होंगे. ऐसा भी अनुमान लगाया गया कि मृतका जब बाथरूम में नहाने गई हों, उसी समय घटना को अंजाम दिया गया हो. इस से नौकरानी अंजू पर भी शक की सुई घूम रही थी. पुलिस ने उस का मोबाइल भी कब्जे में ले लिया था. उस की काल डिटेल्स भी खंगाली गई. पुलिस के रडार पर अंजू  व उस के परिवार का कोई सदस्य था, क्योंकि अंजू का पेशेवर लुटेरा पति इस समय गैंगस्टर केस में जेल में है.

अंजू घटना से 20 दिन पहले ही आई थी. हालांकि 2 साल पहले वह कुलदीप के घर में काम कर चुकी थी, लेकिन एक साल पहले काम छोड़ कर चली गई थी. दुकान का नौकर या उस के परिवार के किसी सदस्य के अलावा कंचन के बेटे राजा के कुछ दोस्तों, जो राजा की गैरमौजूदगी में उस की मां के पास आया करते थे, उन के लिए भी दरवाजा खोल देती थीं. अब पुलिस यह पता लगाने में जुट गई कि मृतका ने अपने दामाद का फोन काट कर दरवाजा किस के लिए खोला था? दूसरे कंचन के दरवाजे से गली के मुहाने पर वह ईयरफोन वाली महिला चक्कर क्यों लगा रही थी?

उस महिला ने बाइक सवार युवकों को बैग में कुछ सामान भी दिया था.  इस के बाद युवक गली से बाहर चले गए थे. महिला भी पैदल चली गई. पुलिस युवकयुवती व बाइक की शिनाख्त के प्रयास में लग गई. इस हत्याकांड व लूट की वारदात ने क्वार्सी के पुलिस महकमे को हिला दिया था. घटना के दूसरे दिन भी खुलासा न होने से मृतका के सगेसंबंधी, सर्राफा व्यवसायी आक्रोशित थे. जिस से धरनेप्रदर्शनों का डर था. इलैक्ट्रौनिक और प्रिंट मीडिया में भी घटना सुर्खियों में थी, जिस से पुलिस पर दबाव बढ़ता जा रहा था. यह केस पुलिस के लिए चुनौती बन गया था, लेकिन पुलिस अपने काम में गोपनीय तरीके से जुटी रही. जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही थी. पुलिस के उच्चाधिकारी इस मामले पर नजर रखे थे.

पुलिस अब तक मिले साक्ष्यों पर काम कर ही रही थी. इसी बीच 20 फरवरी, 2021 को शाम 7 बजे पुलिस को राजा के मोबाइल पर एक काल उस की पत्नी की मिली. उस काल को ट्रैक किया गया तो पूरा भेद खुल गया. उस में राजा अपनी पत्नी को बेबी नाम से संबोधित करते हुए कह रहा था कि सब ठीक चल रहा है. पुलिस दूसरी दिशा में काम कर रही है. तुम अब अपना अच्छे से इलाज कराना. बेटा राजा ही निकला मां का हत्यारा. इस पर पुलिस का माथा ठनक गया और राजा को हिरासत में ले कर पुलिस थाने लाया गया. पुलिस पूछताछ में राजा ने सिर्फ इतना ही कहा कि मैं अलग रहता हूं. कुछ समझ में नहीं आ रहा है, ये क्या हुआ?

जब पुलिस ने उसे सीसीटीवी के वे फुटेज दिखाए, जिस में एक युवक व एक युवती बाइक पर आते व जाते दिखाई दे रहे थे. फुटेज देखते ही उस के चेहरे की रंगत उड़ गई. घटना के दिन एक बजे तक की गतिविधियों को तो उस ने सही बताया. लेकिन एक बजे के बाद की गतिविधियों पर वह चुप्पी साध गया. जबकि उस के मोबाइल की लोकेशन दोपहर डेढ़ बजे से घटनास्थल पर ही थी. वहां से निकल कर वह अपने किराए वाले घर तक गया और पिता के काल करने पर वहां से लौट कर आया. फुटेज में दिखे उस के साथियों के मोबाइल पर भी उस की बातचीत होने की पुष्टि हुई. इस के बाद राजा तोते की तरह बोलने लगा. उस ने खुद ही वारदात करने व इस में अपनी पत्नी, दोस्त व उस की प्रेमिका के शामिल होने की बात कबूली.

पुलिस ने रात में ही ताबड़तोड़ दबिशें देनी शुरू कर दीं. पुलिस ने इस वारदात में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ करने पर आरोपियों ने अवना अपराध कबूल कर लिया. इस प्रकार 30 घंटे में ही पुलिस ने घटना का परदाफाश कर दिया. 21 फरवरी, 2021 रविवार को एसएसपी मुनिराज ने दोपहर को पुलिस लाइन सभागार में प्रैसवार्ता आयोजित कर घटना का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया मिले संकेतों के आधार पर पुलिस ने अपनी जांच कुलदीप वर्मा के परिचितों के साथ ही काम वाली की ओर मोड़ दी थी. पुलिस ने घटना के परदाफाश के लिए लगभग 50 सीसीटीवी खोजे थे.

घर के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज से पुलिस को यह क्लू मिला कि एक महिला के हाथ से बाइक सवार बदमाशों ने कुछ सामान लिया. इस के बाद बाइक सवार बदमाश बाईपास के रास्ते कयामपुर, ग्लोबल रेजीडेंसी होते हुए शताब्दी नगर में घुस गए थे. इस के बाद पुलिस ने अलगअलग बिंदुओं पर गहन पड़ताल की. शनिवार की शाम एक फोन काल की मदद से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने कंचन वर्मा के कत्ल व लूट के आरोप में उन के बेटे योगेश उर्फ राजा, उस की पत्नी सोनम उर्फ चित्रा, राजा के दोस्त तनुज चौधरी निवासी देवनगर कालोनी, बन्नादेवी व उस की प्रेमिका शेहजल चौहान उर्फ रिनी निवासी गूलर रोड बन्नादेवी को गिरफ्तार कर लिया.

आरोपियों की निशानदेही पर 2 बैग बरामद किए गए, जिन में लगभग एक करोड़ रुपए की कीमत के हीरे, सोने, चांदी के जेवरात, 2 बाइकें, एक लाख की नकदी व तिजोरी काटने वाला ग्राइंडर बरामद किया. राजा ने किराए के मकान से 2 पिट्ठू बैगों में पूरा माल बैड से बरामद कराया. वहीं से उस की पत्नी को गिरफ्तार किया गया. जबकि तनुज को उस के घर से गिरफ्तार कर लूटी रकम में से 50 हजार रुपए उस के कब्जे से बरामद करने के साथ रिनी को उस के घर से गिरफ्तार किया गया. चारों आरोपियों से पूछताछ के बाद इस मर्डर व लूटपाट की जो कहानी सामने आई, इस प्रकार थी—

टीकाराम स्कूल के पास गारमेंट्स की दुकान चलाने वाली युवती सोनम उर्फ चित्रा से योगेश उर्फ राजा की कपड़े खरीदते समय नजदीकियां हो गई थीं. यह घटना से 6 महीने पहले की बात है. राजा को पता चला कि सोनम शादीशुदा है. उस का पति विहान अरोड़ा रेलवे रोड पर गारमेंट्स की दुकान चलाता है.  सोनम ने राजा को बताया कि उस का पति उस के साथ मारपीट करता है. इस के बाद सोनम और राजा की दोस्ती हो गई और दोनों में इस कदर नजदीकियां बढ़ गईं कि राजा उस का खर्चा उठाने लगा. सोनम ने अपने पति विहान से दूरी बना ली. बाद में राजा ने उसे रामघाट रोड पर मौल के सामने किराए पर मकान दिलवा दिया और 6 महीने पहले उस से कोर्ट में शादी कर ली.

दोस्तों से यह बात राजा के मातापिता को जब पता चली तो वे उस पर नाराज हुए. उन्होंने कहा, ‘‘तुम्हें वह शादीशुदा औरत ही मिली थी. हम तुम्हारी शादी किसी अच्छे खानदान में अच्छी लड़की से करते. इतना ही नहीं, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तुम ने उस का साथ नहीं छोड़ा तो तुम हमारे साथ नहीं रह पाओगे.’’

राजा ने कहा कि वह सोनम का साथ नहीं छोड़ सकता, अब वह उस की पत्नी है. इस बात पर कुलदीप ने बेटे राजा को घर से निकाल दिया. घर से निकाले जाने के बाद राजा का हाथ तंग रहने लगा. हालांकि बीचबीच में वह घर जा कर कंचन से लड़झगड़ कर रुपए ले आता था. राजा का हाथ तंग होने पर उस के पुराने दोस्त उस से हाथ खींचने लगे, जबकि साथ में जिम करने वाला दोस्त तनुज चौधरी, जो एक बड़े शराब कारोबारी का बेटा है, ने राजा की आर्थिक मदद की. 6 महीने तक सब कुछ ठीक चलता रहा. अब तनुज ने अपनी प्रेमिका शेहजल उर्फ रिनी से शादी करनी चाही तो उसे रुपयों की जरूरत पड़ी. यह बात उस ने राजा को बताई.

दोनों दोस्तों व उन की प्रेमिकाओं ने राजा के सामने अपने घर से जेवरात लाने का प्रस्ताव रखा. इस प्रस्ताव में यह बात हुई कि जैसे लड़झगड़ कर रुपए लाते हो, ऐसे ही जेवरात ले आओ तो एक बार में काम बन जाएगा. मां किसी से कुछ कहेगी भी नहीं. घटना से 10 दिन पहले राजा अपने दोस्त तनुज के साथ मां से मिलने घर गया था. उस दिन उस ने मां से झगड़ा किया. कहा, ‘‘मेरी बीवी 3 महीने की गर्भवती है. उसे रुपयों की जरूरत है.’’

मगर कंचन ने साफ कह दिया कि वह किसी विवाहिता को अपनी बहू नहीं बना सकती, बाद में राजा दोस्त के साथ घर से चला गया था. मां को मार कर लूटी ज्वैलरी इस के बाद 19 फरवरी, 2021 को योजना के तहत सोनम को डाक्टर के यहां छोड़ कर दोपहर में राजा बाइक से अपनी मां के घर पहुंचा. योजना के तहत तनुज और रिनी भी अपनी बाइक पर वहां पहुंच गए. कालबेल बजाने पर कंचन ने दरवाजा खोल दिया. राजा व तनुज अंदर आ गए. राजा ने मां से जेवरात व रुपए की मांग की. मां ने विरोध शुरू कर दिया. इस पर राजा तो तिजोरी वाले कमरे में चला गया और तनुज उस की मां कंचन से उलझता रहा.

विरोध बढ़ता देख राजा के इशारे पर तनुज ने साड़ी से कंचन की गला घोट कर हत्या कर दी और शव को बाथरूम में बंद कर भ्रमित करने के इरादे से गैस पाइप काट दिया. हत्या व लूटपाट करने के बाद राजा व तनुज अपनीअपनी बाइकों से निकल गए, जबकि रिनी गली से निकलने के बाद आटो में बैठ कर अपने घर चली गई. पुलिस जांच में यह बात सामने आई और सोनम ने भी स्वीकार किया कि वह मूलरूप से बुलंदशहर की रहने वाली है. काफी समय पहले वह मां के साथ नगला मवासी अपनी ननिहाल में आ कर रहने लगी थी. यहां प्राइवेट नौकरी करतेकरते पहले उस ने एक मुसलिम युवक से फिर एक अन्य युवक से और तीसरी शादी गारमेंट दुकान संचालक विहान से की थी.

चौथी शादी योगेश उर्फ राजा से की और अब 3 माह की गर्भवती है. मामले का परदाफाश करने वाली टीम में इंसपेक्टर (क्वार्सी) छोटेलाल, थानाप्रभारी (जवां) अभय शर्मा, एसआई रणजीत सिंह, सर्विलांस प्रभारी संजीव कुमार, एसआई अरविंद कुमार, संदीप सिंह, विजय चौहान, रीतेश, अलका तोमर, गीता रानी, हैडकांस्टेबल जुलकार, देव, राकेश कुमार, दुर्गविजय सिंह, विनोद कुमार, मोहन लाल, याकूब, बृजेश रावत, कांस्टेबल शोएब आलम, मनोज कुमार, तरुणेश, ज्ञानवीर कुमार, पालेंद्र सिंह, सत्यपाल और अनित कुमार शामिल थे. मर्डर व लूट के चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया.

किसी ने सोचा भी नहीं था कि मां को मुखाग्नि देने वाले बेटे ने ही अपनी मां का कत्ल किया था. जिस मां ने 9 महीने अपनी कोख में पाला और फिर 24 साल पाल कर बड़ा किया, वही बेटा प्यार और पैसों की खातिर मां के खून का प्यासा बन गया. उस ने ऐसी घटना को अंजाम दिया, जिस से बेटे के नाम पर कंलक लग गया. parivarik kahani

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

Parivarik Kahani Hindi : जायदाद के लालच में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को छत से धक्का देकर मार डाला

parivarik kahani hindi : नरेश ने अपनी पहली पत्नी रश्मि को छोड़ कर अपने से आधी उम्र की श्यामली से शादी कर ली. उसे क्या पता था कि श्यामली ने उस से नहीं उस की जायदाद से शादी की है. आखिर उस जायदाद को पाने के लिए उस ने…

नवंबर का महीना. ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था. रात के यही कोई 2 बज रहे थे. अचानक किसी के गिरने की तेज आवाज आई. आवाज के साथ ही दर्दभरी चीख उभरी. पड़ोस के अजीत सरकार बाथरूम में लघुशंका के लिए गए थे. घर के बाकी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे. तुरंत बाथरूम से निकल कर उन्होंने अपने परिवार के शेष सदस्यों को जगाया. वे सब भी सकते में आ गए. खिड़की से झांक कर इधरउधर नजरें दौड़ाईं. कुछ नहीं दिखा. फिर छत पर आए. मुंडेर से नीचे सड़क पर देखा तो चौंक गए. वहां एक व्यक्ति गिरा पड़ा था. उस के चारों तरफ खून फैला हुआ था. उन्होंने अपने आसपास रहने वाले पड़ोसियों को फोन कर के जगाया और इस की जानकारी दी.

वे सब बदन पर स्वेटर डाल कर अजीत सरकार के साथ सड़क पर पड़े व्यक्ति के करीब आए. तब तक कालोनी का गार्ड भी आ गया था. किसी को पहचानते देर न लगी कि वह व्यक्ति नरेश था. तभी रात के गश्त पर निकली पुलिस की गाड़ी से एक पुलिसकर्मी की नजर वहां जुटे लोगों पर गई. उस ने गाड़ी उधर घुमा दी. पास आ कर गाड़ी रोकी. उस में से 2 पुलिसकर्मी निकल कर करीब आए. उन्हें समझते देर नहीं लगी कि नरेश मर चुका है. पुलिस को देख कर बाकी लोग हटने की कोशिश करने लगे. एक पुलिसकर्मी ने लोगों से लाश के बारे में पूछताछ की. लोगों ने जो जाना था, उसे सचसच बताने में गुरेज नहीं किया.

इस बीच नरेश की बीवी श्यामली भी आ चुकी थी. किसी ने उसे फाटक पीट कर जगाया था. तब उसे पता चला कि नरेश ने खुदकुशी कर ली है. वह दहाड़ मार कर रो रही थी. पुलिसकर्मियों ने संबंधित थाने में इस घटना की सूचना दी. इंसपेक्टर मिश्रा मुआयने के लिए आए. इधर लाश का पोस्टमार्टम करने की तैयारी की जा रही थी उधर इंसपेक्टर मिश्रा श्यामली से पूछताछ करने लगे.

‘‘आप को क्या लगता है कि आप के पति ने खुदकशी की है?’’ इंसपेक्टर मिश्रा ने पूछा.

‘‘जी ऐसा ही है,’’ सुबकते हुए श्यामली बोली.

‘‘किसी ने ढकेला तो नहीं?’’

‘‘कौन ढकेलेगा? यहां हम दोनों के अलावा कोई और है ही नहीं. इन्होंने खुदकुशी की है,’’ उस ने खुदकुशी पर जोर दिया.

मृतक की बीवी ही खुदकुशी पर जोर दे रही हो तो भला पुलिस को क्या गरज है कि किसी और एंगिल से जांच करे. वह भी झंझट से बचना चाहती है.

‘‘खुदकुशी की वजह?’’ इंसपेक्टर ने पूछा तो बोली, ‘‘कोरोना के चलते इन की नौकरी जाती रही.’’

‘‘करते क्या थे?’’

‘‘एक निजी स्कूल में टीचर थे. नौकरी जाने के बाद काफी परेशान थे. न कोरोना जा रहा था न स्कूल ही खुल रहा था. 8 महीने हो गए. वे अकसर डिप्रेशन में चले जाते. इसी कारण उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया.’’

‘‘क्या कभी आत्महत्या की चर्चा की थी?’’

‘‘जी नहीं. हां, रात में अकसर उठ कर टहलने लगते थे.’’

‘‘आप ने इन्हें निराशा से उबारने के लिए कोशिश नहीं की?’’

‘‘की. पर उस से हुआ क्या? जब तक स्कूल नहीं खुलता, इन को नौकरी नहीं मिलती. मेरे लाख समझाने के बाद भी यह समझने के लिए तैयार नहीं थे.’’ कह कर श्यामली सुबकने लगी. ऐसे गमगीन माहौल में इंसपेक्टर मिश्रा को ज्यादा पूछना मुनासिब नहीं लगा. वह फिर कभी आने को कह कर के चले गए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह छत से गिरना बताया गया. मिश्रा इस केस को बंद करने जा रहे थे क्योंकि इस में शक की गुंजाइश नजर नहीं आ रही थी. औपचारिकतावश एक हफ्ते बाद जब श्यामली कुछ संभली, तब इंसपेक्टर मिश्रा उस से मिलने आए. इंसपेक्टर को देखते ही श्यामली का चेहरा गमगीन हो गया.

‘‘आप को कोई औलाद नहीं है?’’

‘‘जी नहीं. हमारी शादी को 2 साल ही हुए थे.’’ नरेश और श्यामली की उम्र में 20 साल का अंतर था. यह बात इंसपेक्टर को अखर रही थी. परंतु यह उन का निजी मामला था लिहाजा कुछ और पूछना उचित नहीं लगा. इस तरह यह केस हमेशा के लिए बंद हो गया. इस घटना को एक महीना गुजर गया. एक दिन एक अधेड़ महिला इंसपेक्टर मिश्रा से मिलने थाने में आई. उस ने नरेश की मौत को ले कर चौंकाने वाले खुलासे किए. पूछने पर अपना नाम रोशनी देवी बताया.

‘‘नरेश की मौत एक महीने पहले हुई थी. अब तक आप कहां थीं?’’ इंसपेक्टर मिश्रा ने पूछा.

‘‘साहब, मुझे कल ही इस की जानकारी मिली,’’ उस ने बताया. वह कहती रही, ‘‘हमारी शादी को 25 साल हो गए. जब हमें कोई बच्चा न हुआ तो नरेश मुझ से कटे कटे से रहने लगे. इस बीच श्यामली से उन की मुलाकात हुई. वह एक मौल में सेल्सगर्ल का काम करती थी. नरेश श्यामली की छोटी बहन को ट्यूशन पढ़ाते थे. यहीं से श्यामली से उन की नजदीकियां बढ़ीं, जो शादी में तब्दील हो गईं.’’

‘‘नरेश और श्यामली की उम्र में तो काफी अंतर है.’’

‘‘वह तो है. श्यामली को जब पता चला कि नरेश के पास शहर में करोड़ों का मकान है तो वह धनसंपदा के लोभ में फंस गई.’’

‘‘आप ने शादी का विरोध नहीं किया?’’

‘‘किया. मगर सब व्यर्थ रहा. वे मुझ पर हाथ छोड़ने लगे. रोजरोज के लड़ाईझगड़े से तंग आ कर मैं मायके चली गई. इस बीच खबर लगी कि उन्होंने श्यामली से शादी कर ली. मेरे भाई मुकदमा करने जा रहे थे पर मैं ने मना कर दिया. कानूनन मैं ही उन की बीवी थी. यह सोच कर संतोष कर लिया. वैसे भी जब रिश्तों में गांठ पड़ जाए, तब संबंधों का कोई औचित्य नहीं रह जाता,’’ कह कर उस ने उसांस ली. रोशनी का मायका बनारस शहर से 16 किलोमीटर दूर दीनदयाल नगर में था. इस के बावजूद उस ने नरेश के खिलाफ कोई कानूनी काररवाई नहीं की. करती तो अधिक से अधिक नरेश और श्यामली की शादी अवैध हो जाती पर उस से क्या रोशनी की गृहस्थी आबाद हो पाती?

शायद नहीं. यही सोच कर रोशनी ने चुप रहना मुनासिब समझा. वह वापस अपने मायके चली गई. इस आश्वासन के साथ कि जब भी पुलिस को मदद की जरूरत होगी आ जाएगी. इंसपेक्टर मिश्रा ने तहकीकात की तो पता चला कि श्यामली की आर्थिक दशा कोई खास नहीं थी. उस के पिता एक सुनार की दुकान पर काम करते थे. श्यामली की कमाई से घर का खर्च चलता था. इंसपेक्टर मिश्रा ने रोशनी के कहने पर एफआईआर दर्ज कर ली, जिस में रोशनी देवी ने श्यामली पर नरेश की हत्या करने का आरोप लगाया था. अब यह कितना सही या गलत था, इस का पता लगाना उन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था.

इंसपेक्टर मिश्रा ने 2 पुलिसकर्मियों को सादा कपड़ों में श्यामली के घर यह पता लगाने के लिए भेज दिया कि वहां हो क्या रहा है. पता चला कि श्यामली ने एक युवक से शादी कर ली. पति के मरने के एक महीने बाद ही श्यामली का शादी करना चौंकाने वाली बात थी. इस खबर से मोहल्ले वाले भी खुश नहीं थे. सब श्यामली को बुराभला कह रहे थे. इस खबर ने इंसपेक्टर के मन में संदेह पैदा कर दिया. हो न हो नरेश की बीवी ने जो कहा था वही सच हो? वे और भी तत्परता से इस केस की जांच में जुट गए. इस बीच यह खबर भी आई कि श्यामली, नरेश का तीनमंजिला मकान बेचने की फिराक में है. मकान की कीमत करोड़ों में थी. इंसपेक्टर मिश्रा ने श्यामली को थाने बुला कर नए सिरे से पूछताछ शुरू की.

‘‘मैडम, आप के खिलाफ एफआईआर दर्ज है. हम दोबारा इस केस की जांच करने जा रहे हैं.’’

‘‘एफआईआर… किस ने किया?’’ उस की भृकुटि तन गई.

‘‘नरेश की पहली बीवी ने.’’

‘‘वह क्यों करेगी? उसे क्या लेनादेना? नरेश मेरे पति थे.’’

‘‘पति तो उस के भी थे?’’ इंसपेक्टर मिश्रा बोले.

‘‘थे,’’ वह चिढ़ कर बोली.

‘‘आप की जानकारी के लिए बता दूं कि नरेश ने अपनी पहली बीवी को तलाक नहीं दिया था. बल्कि छोड़ा था. या यूं कहें उन्होंने स्वेच्छा से मायके में रहना उचित समझा.’’

‘‘यह झूठ है.’’ वह उत्तेजित हो गई.

‘‘आप के पास तलाक के कागजात हैं?’’ इंसपेक्टर के इस सवाल पर वह बगलें झांकने लगी. जाहिर है उस के पास इतना दिमाग ही नहीं था कि नरेश से तलाक के कागजात के बारे में पूछती. जो नरेश ने कह दिया उसी पर विश्वास कर लिया. दोनों को शादी की जल्दी थी. दोनों के अपनेअपने स्वार्थ थे. स्वार्थ में अंधे लोगों की आंखों पर पट्टी बंधी होती है. यहां भी ऐसा ही था. इंसपेक्टर ने बातचीत का रुख बदला, ‘‘आप को दूसरी शादी की इतनी जल्दी क्या थी?’’

‘‘यह हमारा जाती मामला है,’’ श्यामली का स्वर तल्ख था.

‘‘वह तो है ही. मेरा मतलब है साल छ: महीना रुक जातीं.’’

‘‘किस के भरोसे रुकती? अकेली जवान महिला. उस पर इतना बड़ा घर. हमेशा मन में डर समाया रहता था.’’

‘‘इतनी जल्दी लड़का कैसे मिल गया?’’ इंसपेक्टर मिश्रा ने पूछा तो उस ने जवाब दिया, ‘‘लड़का मेरे मांबाप के जानपहचान का था.’’

‘‘मांबाप के या आप के?’’ इंसपेक्टर की इस बात पर वह चिढ़ गई और त्यौरियां चढ़ा कर बोली, ‘‘आप को इस से क्या लेनादेना?’’

कुछ सोच कर इंसपेक्टर मिश्रा बोले, ‘‘आप जा सकती हैं. जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती यह शहर छोड़ कर नहीं जा सकतीं.’’

‘‘क्यों नहीं जा सकती. मैं ने किया ही क्या है?’’

‘‘नरेश ने खुदकुशी नहीं की है बल्कि उन की हत्या हुई है? ऐसा उन की पहली बीवी का कहना है. इसलिए जब तक आप बेकुसूर साबित नहीं हो जातीं, आप को इसी शहर में हमारा सहयोग करते रहना होगा.’’ मिश्रा के इस आदेश से उस की पेशानी पर बल पड़ गए. वह घर आई तो काफी परेशान थी. अपने नए पति संतोष से इस घटना का जिक्र किया.

‘‘घबराओ मत. कुछ नहीं होगा,’’ संतोष बोला.

पुलिस ने जांच में पाया कि श्यामली का चालचलन शादी से पहले भी ठीक नहीं था. उस के कई युवकोंे से संबंध थे. इन संबंधों की वजह आर्थिक थी. वह इन युवकों के जरिए धनोपार्जन करती थी. वह फैशनेबल लड़की थी. उसे बनावशृंगार पसंद थे. महंगे कपड़े, महंगी ज्वैलरी, बेहतरीन खाना उस की आदत में शुमार थे. जिस मौल में काम करती थी, उस के मालिक ने बताया कि वह अकसर बाहर से खाना मंगा कर खाती थी. इंसपेक्टर के इस सवाल पर कि क्या उस की तनख्वाह इतनी थी कि वह बाहर का खाना अफोर्ड कर सके, तो उस ने साफसाफ कहा कि बिलकुल नहीं.

इंसपेक्टर ने उस की एक सहकर्मी से भी पूछताछ की तो उस ने भी वही बताया जो मालिक ने. अब इंसपेक्टर को पूरा विश्वास हो गया कि वास्तव में श्यामली का चरित्र संदिग्ध है. महंगे शौक के चलते जब भी उसे रुपयों की जरूरत होती तो वह अपने किसी न किसी बौयफ्रैंड से ऐंठ लेती. नएनए लडकों को बौयफ्रैंड बनाना उस के लिए मुश्किल नहीं था. सुंदर तो थी ही, नौजवान लड़के बड़ी आसानी से उस के जाल में फंस जाते. इस के लिए मौल से बेहतर कोई जगह नहीं थी. श्यामली जब 30 साल की हो गई तो उसे भी शादी की चिंता सताने लगी. नरेश से शादी की वजह उस की अचल संपत्ति थी. उसे पूरा विश्वास था कि उम्र के लंबे फासले के चलते नरेश हमेशा उस का गुलाम बन कर रहेगा.

इस तरह वह मनमानी करती रहेगी. क्या यही वजह थी या कुछ और. इन्हें इसी का पता लगाना था. एक रोज इंसपेक्टर मिश्रा बिना किसी पूर्व सूचना के श्यामली के घर पहुंच गए. उन्हें इस तरह आया देख कर वह अचकचा गई. उन्होंने सारे घर का मुआयना किया. छत पर भी गए. कुछ सोच कर इंसपेक्टर मिश्रा ने श्यामली से पूछा, ‘‘आप के पति अकसर रात में छत पर टहलने चले जाया करते थे. क्या कभी वह आप से बता कर जाते थे?’’

‘‘जी नहीं. वे आहिस्ता से उठते और चुपचाप चले जाते. वे नहीं चाहते थे कि मेरी नींद खराब हो?’’

बगल में बैठा श्यामली का पति संतोष सब सुन रहा था. शक्ल से वह शातिर लग रहा था.

‘‘तुम करते क्या हो?’’ इंसपेक्टर मिश्रा ने संतोष से पूछा.

‘‘जी साडि़यों का बिजनैस करता हूं.’’

‘‘दुकान कहां है?’’ इस सवाल पर उसे कोई जवाब नहीं सूझा तो बात बदलते हुए बोला, ‘‘बनारसी साड़ी की गद्दी संभालता हूं.’’

‘‘यानी नौकर हो?’’ इंसपेक्टर मिश्रा ने पूछा तो संतोष ने हां में सिर हिलाया.

कुछ सोच कर इंसपेक्टर मिश्रा ने आगे सवाल दागा, ‘‘यहां से तुम्हारा घर कितने किलोमीटर दूर है.’’‘‘जी, 2 किलोमीटर.’’

‘‘यहां तक मोटरसाइकिल से आनेजाने में 10 मिनट से ज्यादा समय नहीं लगता होगा?’’

‘‘जी.’’ संतोष ने कहा तो इंसपेक्टर को यकीन हो गया कि हो न हो नरेश की हत्या ही हुई है. उन्होंने थोड़े सख्त लहजे में कहा, ‘‘आप दोनों अभी थाने चलिए. मुझे कुछ और जानकारी लेनी है.’’ लेकिन श्यामली जाने को तैयार न थी. वह हीलाहवाली करने लगी. मगर जब मिश्रा ने तेवर दिखाए तो नरम पड़ गई. थाने पहुंच कर पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के दौरान श्यामली ने जो कुछ बताया वह नैतिकता को तारतार कर देने वाला था. इंसपेक्टर मिश्रा सपने में भी नहीं सोच सकते थे कि एक शादीशुदा स्त्री ऐसा भी कर सकती है. हमेशा की तरह उस रात भी नरेश उठ कर छत पर टहलने लगे थे. श्यामली को मौका मिला. उस ने तत्काल संतोष के मोबाइल पर फोन किया.

वह तैयार बैठा था. उस के आते ही श्यामली ने चुपके से फाटक खोला, फिर उसे अंदर ले गई. सब कुछ योजना के मुताबिक था. पहले श्यामली छत पर आई. जबकि संतोष छत की सीढ़ी के दरवाजे के पीछे छिपा था.

‘‘आप बेकार परेशान होते हैं. नौकरी मिल जाएगी. इस तरह रोजरोज उठना आप के स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है,’’ श्यामली बोली.

‘‘तुम ऊपर क्यों आईं? जा कर सो जाओ. यह रोज का चक्कर है,’’ नरेश बोले.

‘‘मुझे अच्छा नहीं लगता कि मैं सोऊं और आप जागजाग कर अपनी सेहत खराब करें. आप व्यर्थ चिंता करते हैं. नौकरी मिल जाएगी. नहीं मिलेगी तो यह मकान है न, बेच क र कोई कामध्ांधा कर लीजिएगा. कोरोना हटने तो दीजिए,’’ श्यामली ने अपनापन जताया.

‘‘मकान बेच देंगे तो रहेंगे कहां. क्या व्यापार करना आसान होगा? इस उम्र में मुझे नहीं लगता कि व्यापार कर पाऊंगा?’’ बातचीत के बीच वह नरेश को छत की मुंडेर के पास ले आई. दोनों बातचीत कर ही रहे थे कि इशारे से उस ने संतोष को पास बुलाया. मौका देखते ही दोनों ने नरेश के पैरों को पकड़ कर उठाया और नीचे धक्का दे दिया. सब कुछ इतनी तेजी हुआ कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला. वैसे भी वे हट्टेकट्टे संतोष व श्यामली का प्रतिरोध कर सकने में सक्षम नहीं थे. जब तक लोग जागते और कुछ समझ पाते संतोष बिजली सी तेजी दिखाते हुए मोटरसाइकिल स्टार्ट कर वहां से भाग निकला. वहीं श्यामली नीचे आ कर सोने का नाटक करने लगी.

यह जानकारी संतोष और श्यामली ने आसानी से नहीं दी. जब मिश्रा ने पुलिसिया हाथ दिखाया तब वे टूटे. इंसपेक्टर मिश्रा ने श्यामली के कथन को सच मानते हुए इस केस को रफादफा कर दिया था. अगर उस की पहली पत्नी ने आपत्ति न जताई होती तो यह सच कभी सामने नहीं आता. यहां भी झगड़ा संपत्ति का था. रोशनी देवी को जब खबर लगी कि नरेश नहीं रहे तो कानूनन उस के मकान पर अपना हक जमाने श्यामली के पास आई. पहले तो श्यामली ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया. मगर जब मोहल्ले वालों ने बताया कि यही नरेश की पहली पत्नी है तब उसे विश्वास हुआ. श्यामली आसानी से हार मानने वाली नहीं थी. उस ने साफसाफ कह दिया कि उन के पति ने उन को तलाक दे कर श्याम से शादी की थी लिहाजा इस मकान पर उस का हक है.

काम बनता न देख कर उस ने पुलिस में हत्या का मामला दर्ज करवाया. क्योंकि उसे शक था कि जवान खूबसूरत श्यामली ने अपने स्वार्थ के लिए नरेश की हत्या करवाई होगी. वह भला क्यों अपनी जवानी एक अधेड़ के साथ गुजारेगी? दरअसल नरेश की संपत्ति के लिए ही श्यामली ने उस से शादी की थी. इस बीच गार्ड ने भी एक युवक को नरेश के घर की तरफ उस रात जाते हुए देखा था. मगर रात होने के कारण वह उसे पहचान न सका. दोनों को हत्या के जुर्म में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.

सवाल उठा कि इंसपेक्टर मिश्रा को ऐसा कौन सा पक्का सुबूत मिल गया, जिस के आधार पर उन्होंने दोनों को हत्या का संदिग्ध अपराधी माना. दरअसल, उन के पास उस रात दोनों के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत के सबूत मिले, जिस में उस ने संतोष को रात में बुलाया था.  बाद में संतोष से शादी भी कर ली. parivarik kahani hindi