अमेठी रियासत की दो रानियों की रार

अमेठी रियासत के युवराज अनंत विक्रम सिंह को जब पता चला कि रियासत की अकूत संपत्ति अमिता सिंह ने अपने कब्जे में कर ली है और उसे वह बेच रही हैं तो उन्होंने मर्चेंट नेवी की अपनी नौकरी छोड़ दी और पत्नी तथा बेटे के साथ आ कर अमेठी के राजमहल ‘भूपति भवन’ में रहने लगे. उन्हें ऐसा इसलिए करना पड़ा, क्योंकि पिता संजय सिंह पूरी तरह मौन थे. उन का सोचना था कि अगर उन्होंने ध्यान नहीं दिया तो राजमहल भूपति भवन उन के हाथ से निकल सकता है. उस के बाद तो उन की पहचान ही खत्म हो जाएगी.

जब इस बात की जानकारी अमिता सिंह को हुई तो वह अनंत विक्रम सिंह को राजमहल से निकालने की साजिश रचने लगीं. क्योंकि वह नहीं चाहती थीं कि उन के पति संजय सिंह की पहली पत्नी की कोई भी संतान वहां रहे.

संयोग से जुलाई, 2014 के दूसरे सप्ताह में उन्हें अनंत विक्रम सिंह को वहां से निकालने का तब मौका मिल गया, जब उन की पत्नी की दादी का देहांत हो गया. ददिया सास के देहांत पर अनंत विक्रम सिंह पत्नी और बेटे के साथ छत्तीसगढ़ स्थित अपनी ससुराल चले गए तो अमिता सिंह ने इस मौके का फायदा उठा लिया.

उन्होंने अनंत विक्रम सिंह का भूपति भवन में जो भी सामान था, उसे ट्रक पर लदवाया और लखनऊ स्थित उन की मां गरिमा सिंह के यहां भिजवा दिया. अमिता की इस हरकत से साफ हो गया कि वह संजय सिंह की पहली पत्नी के सभी बच्चों को अमेठी राजघराने की संपत्ति से बेदखल कर के खुद उस पर कब्जा करना चाहती थीं.

बच्चों के हक की बात थी, इसलिए संजय सिंह की पहली पत्नी गरिमा सिंह बेटेबहू, बेटियों और उन के बच्चों को ले कर 25 जुलाई को अमेठी स्थित भूपति भवन जा पहुंचीं.

जब इस बात की जानकारी पति संजय सिंह के साथ लखनऊ में रह रहीं अमिता सिंह को हुई तो उन्होंने राजमहल की देखरेख के लिए रखे अपने पीआरओ रामराज मिश्र को आदेश दिया कि वह राजमहल का मुख्य दरवाजा बंद करवा दे. 2-4 दिन किसी को कुछ खानेपीने को नहीं मिलेगा तो सब अपने आप राजमहल छोड़ कर भाग जाएंगे.

अमिता सिंह के आदेश पर रामराज मिश्र ने अमेठी के राजमहल भूपति भवन का मुख्य दरवाजा बंद करवा कर आगे की स्थिति से निपटने के लिए अपने कुछ लोगों को बुला लिया.

करीब साढ़े 7 बजे अनंत विक्रम सिंह का ड्राइवर अभिषेक पांडेय दूध लेने के लिए राजमहल के मुख्य दरवाजे पर पहुंचा तो ताला बंद देख कर उस ने अनंत विक्रम सिंह को फोन किया. उन्होंने नीचे आ कर गेट खुलवाया और वह वहीं खड़े हो गए कि रामराज उन के ड्राइवर से कोई लड़ाईझगड़ा या बवाल न करे.

लेकिन रामराज ने पहले से ही तय कर रखा था कि उसे क्या करना है? इसलिए जैसे ही अभिषेक दूध ले कर लौटा, उस ने अपने साथियों के साथ उस पर हमला बोल दिया और बुरी तरह से उस की पिटाई करने लगा.

अपने ड्राइवर को छुड़ाने के लिए जैसे ही अनंत विक्रम सिंह आगे बढ़े, रामराज के एक साथी संतोष सिंह ने उन की कनपटी पर पिस्तौल रख कर कहा, ‘‘युवराज साहब, आप बीच में मत आइए, वरना गोली चल जाएगी.’’

शोरशराबा सुन कर अनंत विक्रम सिंह की मां गरिमा सिंह, दोनों बहनें महिमा सिंह और शैव्या सिंह बाहर छज्जे पर आईं तो नीचे की स्थिति देख कर जहां शैव्या सिंह नीचे भागीं, वहीं गरिमा सिंह ऊपर से ही चिल्लाईं, ‘‘छोडि़ए मेरे बेटे को, हटाइए उस की कनपटी से पिस्तौल.’’

गरिमा सिंह के चिल्लाने पर संतोष सिंह ने युवराज की कनपटी से पिस्तौल हटा ली. राजमहल के मुख्य दरवाजे पर मारपीट होते देख कर गांव के तमाम लोग वहां इकट्ठा हो गए थे. गांव वालों को देख कर गरिमा सिंह ने कहा, ‘‘ये लोग आप के युवराज को मारना चाहते हैं. क्या आप लोग खड़ेखड़े उन्हें इसी तरह पिटते देखते रहेंगे?’’

महारानी का इतना कहना था कि गांव वालों ने अमिता सिंह के समर्थक रामराज मिश्र और उस के साथियों को दौड़ा लिया. रामराज मिश्र और उस के साथियों के पास पिस्तौलें थीं, इसलिए वे हवाई फायरिंग करते हुए भागे. बाकी लोग तो भाग गए, लेकिन बच्चा उर्फ हकीमुद्दीन उन की पकड़ में आ गया. गांव वालों ने उस की जम कर पिटाई कर दी. इस के बाद गांव वालों ने युवराज की सुरक्षा के लिए राजमहल में डेरा तो डाल ही दिया, उन के खानेपीने की भी सारी व्यवस्था की.

इस घटना की सूचना पा कर थानाप्रभारी हमीद अंसारी से ले कर क्षेत्राधिकारी आर.के. चतुर्वेदी, एएसपी मुन्नालाल और एसडीएम आर.डी. राम भी भूपति भवन आ गए थे. इस के बाद पीएसी बुला ली गई थी.

पुलिस के आने पर युवराज अनंत विक्रम सिंह ने थाना अमेठी जा कर 12 नामजद एवं 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट करने, राजघराने की महिलाओं से बदसलूकी करने तथा हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने का मुकदमा दर्ज करा दिया था.

अगले दिन यानी 26 जुलाई को अमिता सिंह के समर्थक संतोष सिंह ने भी थाना अमेठी में युवराज अनंत विक्रम सिंह और उन के साथियों के खिलाफ गालीगलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी.  दोनों ओर से मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अपनी काररवाई कर रही थी कि 14 सितंबर, 2014 दिन रविवार को अमेठी रियासत के गांव रामनगर स्थित भूपति भवन के हक की यह आग एक बार फिर सुलग उठी.

रामनगर वालों को पता चला कि अमिता सिंह और संजय सिंह राजमहल में आने वाले हैं. यह पता चलते ही रामनगर और कटरा के ही नहीं, आसपास के कई गांवों के लोग राजमहल के बाहर इकट्ठा हो गए. इन में दोनों ही पक्षों के लोग थे. कहीं कोई बवाल न हो जाए, इस बात को ध्यान में रख कर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी भारी पुलिस बल के साथ राजमहल पहुंच गए थे.

सवा 10 बजे के आसपास न जाने कैसे यह अफवाह फैल गई कि प्रशासन ने युवराज अनंत विक्रम सिंह को भूपति भवन में नजरबंद कर दिया है. यह अफवाह फैलते ही युवराज के समर्थक भड़क उठे और सच्चाई का पता लगाने के लिए राजमहल के अंदर घुसने लगे.

पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की. लेकिन भीड़ नहीं मानी. भीड़ को बेकाबू होते देख पुलिस और पीएसी ने लाठीचार्ज कर दिया. जवाब में जनता पथराव करने लगी. स्थिति नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने के साथ हवाई फायरिंग करनी पड़ी. इसी संघर्ष के दौरान अमेठी कोतवाली में तैनात सिपाही विजय मिश्रा के पेट में गोली लग गई, जिस से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उन की मौत हो गई.

सिपाही की मौत के बाद पुलिस ने अमेठी राजमहल से सटे रामनगर, कटरा, रामदीन का पुरवा आदि गांवों में ऐसा कहर बरपाया कि लोग गांव छोड़ कर भाग गए. इस तरह अमेठी रियासत की विरासत की जुबानी जंग खूनी जंग में बदल गई.

आजादी के पहले देश रजवाड़ों में बंटा था. उन्हीं रजवाड़ों में एक रजवाड़ा था उत्तर प्रदेश का अमेठी. इस रियासत की स्थापना तुर्कों के आक्रमण के दौरान राजा सोढ़देव ने  की थी. उन्हीं की छठीं पीढ़ी के राजा हैं संजय सिंह. लेकिन संजय सिंह उन के वंशज नहीं हैं.

उन के वंशजों में राजा भगवान बक्स सिंह के 4 बेटे थे, जंगबहादुर सिंह, रणवीर सिंह, रणंजय सिंह और शत्रुंजय सिंह. इन में रणवीर सिंह की मौत कम उम्र में ही हो गई थी. बाकी 3 भाइयों को कोई औलाद नहीं हुई तो राजा रणंजय सिंह ने सन 1962 में ब्लौक भेटुआ के गांव अमेयमाफी के रहने वाले दीवान गयाबक्स सिंह के बेटे अशोक सिंह को गोद ले लिया था. अशोक सिंह उस समय 5वीं में पढ़ रहा था. गोद लेने के बाद राजा रणंजय सिंह ने अशोक सिंह का नाम बदल कर संजय सिंह रख दिया था. इस तरह संजय सिंह रामनगर के राजा बन गए.

रामनगर के राजा संजय सिंह की शादी 14 सितंबर, 1973 को इलाहाबाद की मांडा रियासत के राजा और पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह के भाई हरिबक्स सिंह की बेटी गरिमा सिंह के साथ हुई थी. शादी के बाद दोनों खुशहाल जीवन जी रहे थे. इस बीच उन के एक बेटा अनंत विक्रम सिंह और 2 बेटियां महिमा और शैव्या पैदा हुईं.

गरिमा और संजय सिंह की जिंदगी मजे से गुजर रही थी. संजय सिंह अमेठी रियासत के राजा थे. चूंकि रजवाड़ा खत्म हो चुका था, इसलिए रुतबा बनाए रखने के लिए उन्होंने राजनीति में कदम रखा. चुनाव लड़ा और क्षेत्रीय विधानसभा सीट से विधायक बने. इस के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में खेल मंत्री बने. जब वह खेल मंत्री थे, तभी उन की मुलाकात बैडमिंटन खिलाड़ी अमिता मोदी से हुई. बस इसी के बाद गरिमा की जिंदगी में बुरे दिनों का दौर शुरू हो गया.

संजय सिंह अमिता मोदी की ओर आकर्षित हुए और धीरेधीरे उन से उन की नजदीकियां बढ़ती गईं. गरिमा सिंह की उपेक्षा होने लगी. इस के बाद अमिता के पति सैय्यद मोदी की हत्या हो गई. अंगुलियां संजय सिंह और अमिता मोदी पर भी उठीं, लेकिन आरोप साबित नहीं हो सका और दोनों बरी हो गए.

27 मार्च, 1995 को संजय सिंह ने पहली पत्नी गरिमा सिंह को तलाक दे दिया और 21 अप्रैल, 1995 को अमिता मोदी से शादी कर ली. इस के बाद अमिता मोदी अमिता सिंह बन गईं. संजय सिंह ने गरिमा सिंह को तलाक दे कर अलग कर दिया था, लेकिन बच्चों को अपने पास रख लिया था.

इस बीच गरिमा सिंह ने सीतापुर की सिविल अदालत से हुए तलाक को हाईकोर्ट में चुनौती दी कि अदालत में उन की जगह किसी दूसरी महिला को पेश कर के तलाक लिया गया है. इस के बाद हाईकोर्ट से ही नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने भी उस तलाक को अवैध करार दिया.

इस के बावजूद गरिमा सिंह राजमहल और पति की इज्जत बरकरार रखने के लिए खामोशी से लखनऊ में बेटी शैव्या सिंह के साथ रहने लगीं. बेटा अनंत विक्रम सिंह और बड़ी बेटी महिमा सिंह पिता संजय सिंह के साथ महल में रह रही थीं. पढ़ाई पूरी कर के अनंत विक्रम सिंह ने मर्चेंट नेवी जौइन कर ली. इस के बार उन का विवाह छत्तीसगढ़ की एक रियासत में हो गया. संजय सिंह ने दोनों बेटियों की भी शादी कर दी. अनंत विक्रम सिंह पिता के साथसाथ मां से भी रिश्ता बनाए हुए थे.

संजय सिंह से तलाक होने के बाद महारानी गरिमा सिंह की जिस तरह महल में उपेक्षा हुई थी, उस से शायद ही वह यहां आना चाहतीं. लेकिन बात बेटे की विरासत की आई तो उन्हें 2 दशक बाद अमेठी के राजमहल में आना पड़ा.

अब उन्हें जुबान भी खोलनी पड़ रही है और हक के लिए जनता के सामने भी आना पड़ रहा है. जबकि इस के पहले उन्होंने कभी पति के खिलाफ जुबान नहीं खोली थी, 2 दशक तक दर्द को सहा, लेकिन जब बात बच्चों के अधिकार की आई तो वह सामने आ गईं.

दूसरी ओर राज्यसभा सांसद राजा संजय सिंह का कहना है कि गरिमा सिंह के साथ उन्हें कभी सुख और शांति नहीं मिली. उन की नजर हमेशा उन की संपत्ति पर थी. उन्होंने न कभी परिवार के प्रति जिम्मेदारी निभाई, न जनता के प्रति. यहां तक कि सन 1989 में उन्हें गोली लगी और इलाज के लिए उन्हें लंदन ले जाया गया, तब उन्हें गरिमा सिंह की सख्त जरूरत थी. ऐसे में भी गरिमा सिंह ने उन का साथ नहीं दिया.

जबकि गरिमा सिंह का कहना है कि संजय सिंह को गोली लगने के बाद वह अपने पिता हरिबक्स सिंह के साथ मुंबई से ले कर लंदन तक पूरे समय उन की देखभाल के लिए मौजूद रहीं. दस्तावेज देख कर सच्चाई का पता किया जा सकता है. साफ है, अपनी गलती छिपाने के लिए वह झूठ बोल रहे हैं.

कभी रामनगर के राजा और वहां की जनता का सीधा संबंध रहा है. लेकिन अमिता के आने के बाद यह संबंध धीरेधीरे खत्म हो गया. लेकिन अनंत विक्रम सिंह अब जनता के हित के लिए बतौर युवराज धड़ाधड़ फरमान जारी कर रहे हैं और राजभवन के दरवाजे आम लोगों के लिए खोल दिया है.

उन का कहना है कि उनके बाबा राजर्षि रणंजय सिंह उर्फ ददन साहब के समय में राजमहल आम जनता के लिए खुला रहता था. अमेठी रियासत की दशा एवं दिशा इसी राजमहल की चौखट से तय होती थी. प्रतिष्ठित लोग राजमहल में आते रहते थे. त्योहारों पर राजमहल गुलजार रहता था. लेकिन उन के मरते ही यहां सन्नाटा पसर गया.

यह बात सच भी है. राजनीति में आने के बाद संजय सिंह ने अमेठी का राजमहल छोड़ दिया है. ज्यादातर वह बाहर ही रहते हैं. उन्हीं के कुछ लोग राजमहल की देखरेख करते थे, जिस की वजह से वहां की जनता का राजमहल में आनाजाना बंद हो गया. राजा संजय सिंह भी जनता से दूर होते गए.

लेकिन रामनगर के भूपति भवन में आते ही युवराज अनंत विक्रम सिंह ने अपने बाबा की तरह आम जनता के लिए राजमहल का दरवाजा खोल दिया है. भूपति भवन के सामने बुधवार को जानवरों का विशाल बाजार लगता है. इसी के साथ सागसब्जी और अन्य सामानों की दुकानें भी लगती हैं. इन दुकानदारों से वसूली की जाती थी, जिसे अनंत विक्रम सिंह ने बंद करा दिया है.

यही नहीं, वह अमेठी क्षेत्र में पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं. वह घरघर जा कर लोगों से मिलते हैं और अपने बाबा रणंजय सिंह के समय की दुहाई दे कर राजमहल की परंपरा बहाल करने की बात करते हैं. वह जनता और राजमहल की दूरी खत्म करने लगे तो उन के पिता संजय सिंह और सौतेली मां अमिता सिंह को लगा कि अनंत विक्रम सिंह राजमहल के साथसाथ उन की राजनीतिक विरासत पर भी कब्जा करना चाहते हैं.

संजय सिंह और अमिता सिंह ने उन्हें इस के लिए रोका भी, लेकिन अनंत विक्रम सिंह को जनता का पूरा समर्थन मिल रहा था, इसलिए वह नहीं माने.

अमिता सिंह और संजय सिंह के लिए यह चिंता की बात थी, क्योंकि सन 2012 में अमिता सिंह ने अमेठी विधानसभा की सीट तो गंवाई ही थी, 2014 में हुए लोकसभा के चुनाव में सुलतानपुर से भी चुनाव हार गई थीं. अनंत विक्रम सिंह के इस तरह सक्रिय होने से उन्हें अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती नजर आ रही थी. इस पूरे झगड़े की यही वजह है.

बदलते राजनीतिक परिदृश्य में दोनों रानियों की रार में अमेठी राजघराना 2 खेमों में बंट गया है. अमेठी की जनता की नजरें अब राजा संजय सिंह के बजाय युवराज अनंत विक्रम सिंह पर टिक गई हैं. संजय सिंह कांग्रेस से जुड़े हैं. माहौल को देखते हुए लगता है कि युवराज भाजपा से जुड़ सकते हैं. भाजपा भी उन्हें अमेठी का मजबूत स्तंभ मान कर अप्रत्यक्ष रूप में हर तरह से उन का समर्थन कर रही है.

अमेठी रियासत का जो विवाद चल रहा है, उस का हल अपने पक्ष में करवाने के लिए संजय सिंह और अमिता सिंह सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव से मिले और अनंत विक्रम सिंह को राजमहल से बेदखल करने के लिए कहा. लेकिन वहां की जनता का समर्थन होने की वजह से इस मामले का हल न सरकार करवा सकी और न प्रशासन.

राज्यसभा सांसद राजा संजय सिंह और अमिता सिंह पूरी कोशिश कर रहे हैं कि किसी तरह अनंत विक्रम सिंह को राजमहल से बेदखल कर दिया जाए. लेकिन अनंत विक्रम सिंह अमेठी रियासत में अपना हक और अधिकार पाने की कोशिश के साथसाथ यह भी कोशिश कर रहे हैं कि उन के पिता संजय सिंह और अमिता सिंह का अमेठी से पूरी तरह वर्चस्व खत्म हो जाए. इसीलिए वह अमेठी की जनता से लगातार मिल रहे हैं.

दोनों पक्ष एकदूसरे को राजमहल से बेदखल करने के लिए सरकार से ले कर प्रशासन तक का जोर लगाए हुए हैं. लेकिन 14 सितंबर को अमेठी में जो हुआ, वह ठीक नहीं हुआ.

इस के बावजूद दोनों रानियां पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. दोनों पक्ष अमेठी के राजमहल पर ही नहीं, वहां राजनीतिक वर्चस्व कायम करने की जिद पर अड़े हैं. इस के लिए तरहतरह के हथकंडे भी अपनाए जा रहे हैं. इस से साफ लगता है कि यह जंग अब जल्दी शांत होने वाली नहीं है.

जिन्दा दफन की आंगन की किलकारी

जनवरी, 2014 को मुरादाबाद जिले के गुरेठा गांव में 2 व्यक्ति  पहुंचे. उन में से एक की गोद में एक बच्चा था. वह बोला, ‘‘तीर्थांकर महावीर मैडिकल कालेज में मेरी पत्नी ने एक बेटी को जन्म दिया था. बच्ची मर गई है. अब इसे दफनाना है. दफनाने के लिए हमें फावड़ा चाहिए. हमें श्मशान बता दो, इस बच्ची को हम वहां दफना देंगे.’’

ऐसे दुख में लोग हर तरह से सहयोग करने की कोशिश करते हैं. इसलिए फावड़ा आदि ले कर गांव के कई लोग उन दोनों के साथ गांव के पास ही बहने वाली गांगन नदी की ओर चल दिए. गांव का एक आदमी दुकान से बच्ची के लिए कफन भी खरीद लाया.

गांगन नदी के आसपास के गांवों के लोग अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार नदी के किनारे स्थित श्मशान में करते थे. इसलिए वे भी बच्ची को कफन में लपेट कर नदी की तरफ चल दिए. नदी किनारे पहुंच कर गांव के एक आदमी ने बच्ची की लाश को दफनाने के लिए एक गड्ढा भी खोद दिया. वह उसे दफनाने ही वाले थे कि उसी समय बच्ची रोने लगी.

बच्ची के रोने की आवाज सुन कर गांव वाले चौंक गए क्योंकि उस बच्ची को तो उन दोनों लोगों ने मरा हुआ बताया था. बच्ची के जीवित होने पर उस के पिता और साथ आए युवक को खुश होना चाहिए था लेकिन वे घबरा रहे थे. उन के चेहरे देख कर गांव वालों को शक हो गया. वे समझ गए कि कुछ न कुछ गड़बड़ जरूर है.

लिहाजा उन्होंने उन दोनों को घेर लिया और हकीकत जानने की कोशिश करने लगे. लेकिन वे यही कहते रहे कि डाक्टर ने बच्ची को मृत बताया था. इस के बाद ही तो वे उसे दफनाने के लिए आए थे. यह बात गांव वालों के गले नहीं उतर रही थी. शोरशराबा सुन कर आसपास खेतों में काम करने वाले लोग भी वहां पहुंच गए. भीड़ बढ़ती देख वे दोनों वहां से भागने का मौका ढूंढ़ने लगे. लोगों ने उन्हें दबोच लिया और उसी समय पाकबड़ा थाने में फोन कर दिया.

सूचना पा कर थानाप्रभारी तेजेंद्र यादव सबइंसपेक्टर सहदेव सिंह के साथ श्मशान घाट पहुंच गए. उन्होंने दोनों लोगों से पूछताछ की तो एक ने अपना नाम राजेश और दूसरे ने दिनेश बताया. उन्होंने जब बच्ची को देखा तो वह जीवित थी. वह 5-6 दिनों की लग रही थी.

पता चला कि वह राजेश की बेटी है और दूसरा युवक उस का साला है. पास में ही तीर्थंकर महावीर मैडिकल कालेज था. पुलिस ने उस बच्ची को अविलंब मैडिकल कालेज में भरती करा दिया जिस से उस की जान बच सके.

डाक्टरों ने जब उस बच्ची को देखा तो वे चौंक गए क्योंकि वह बच्ची वहीं पैदा हुई थी और उस की मां उस समय वहीं भरती थी. डाक्टरों ने पुलिस को बताया कि बच्ची को उस का पिता राजेश जीवित अवस्था में ही ले गया था, उस के मरने का तो सवाल ही नहीं है.

मामला गंभीर लग रहा था इसलिए थानाप्रभारी ने यह सूचना नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र यादव को दे दी. उधर डाक्टरों ने भी बच्ची को आईसीयू में भरती कर के इलाज शुरू कर दिया. नगर पुलिस अधीक्षक महेंद्र भी थाना पाकबड़ा पहुंच गए. थानाप्रभारी ने उन के सामने राजेश से जब पूछताछ की तो बच्ची को जिंदा दफन करने की एक चौंकाने वाली कहानी सामने आई.

राजेश मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बरेली शहर के हाफिजगंज का रहने वाला था. वह मोटर मैकेनिक का काम करता था. पिता रामभरोसे को जब लगा कि राजेश अपना घर चलाने लायक हो गया है तो उन्होंने बरेली के ही नवाबगंज में रहने वाले मुक्ता प्रसाद की बेटी सुनीता से उस की शादी कर दी.

शादी हो जाने के बाद राजेश के खर्चे बढ़ गए थे इसलिए राजेश कहीं दूसरी जगह अपने लिए नौकरी ढूंढ़ने लगा. इसी दौरान उत्तरांचल के रुद्रपुर शहर स्थित एक फैक्ट्री में उस की नौकरी लग गई. उस फैक्ट्री में बाइकों की चेन बनती थीं.

कुछ दिनों बाद राजेश पत्नी सुनीता को भी रुद्रपुर ले गया. वहां हंसीखुशी के साथ उन का जीवन चल रहा था. इसी दौरान सुनीता गर्भवती हो गई. इस से पतिपत्नी दोनों ही खुश थे. पहली बार मां बनने पर महिला को कितनी खुशी होती है, इस बात को सुनीता महसूस कर रही थी. राजेश भी सुनीता की ठीक से देखभाल कर रहा था. सुनीता को 7 महीने चढ़ गए. अब सुनीता को कुछ परेशानी होने लगी थी. क्योंकि डाक्टर ने भी सुनीता को कुछ ऐहतियात बरतने की हिदायत दे रखी थी. सावधानी बरतने के बाद भी अचानक एक दिन सुनीता को प्रसव पीड़ा हुई.

जिस डाक्टर से सुनीता का इलाज चल रहा था, राजेश पत्नी को तुरंत उसी डाक्टर के पास ले गया. सुनीता का चैकअप करने के बाद डाक्टर ने स्थिति गंभीर बताई क्योंकि सुनीता के पेट में 7 महीने का बच्चा था. यदि वह आठ साढ़े आठ महीने से ऊपर का होता तो डिलीवरी कराई जा सकती थी, समय से 2 महीने पहले डिलीवरी कराना उस डाक्टर की नजरों में मुनासिब नहीं था.

ऐसी हालत में सुनीता को किसी अच्छे अस्पताल या नर्सिंगहोम में ले जाना जरूरी था. रुद्रपुर में कई नर्सिंगहोम ऐसे थे जहां सुनीता को ले जाया जा सकता था लेकिन वे महंगे होने की वजह से राजेश के बजट से बाहर थे. लिहाजा वह पत्नी को ले कर मुरादाबाद आ गया और उसे तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के मैडिकल कालेज में भरती करा दिया.

वहां 4 जनवरी, 2014 को सुनीता ने एक बेटी को जन्म दिया. बच्ची 7 महीने में पैदा हुई थी इसलिए वह बेहद कमजोर थी. उसे इनक्यूबेटर में रखा जाना बहुत जरूरी था लेकिन मैडिकल कालेज में जो इनक्यूबेटर थे, उन में पहले से ही दूसरे बच्चे रखे हुए थे.   ऐसी स्थिति में मैडिकल कालेज के जौइंट डाइरैक्टर डा. विपिन कुमार जैन ने राजेश को सलाह दी कि वह अपनी बच्ची को किसी अन्य नर्सिंगहोम या अस्पताल या फिर दिल्ली ले जाए. क्योंकि बच्ची की हालत ठीक नहीं है.

उधर इतनी कमजोर बच्ची को देख कर वार्ड में भरती मरीजों के तीमारदारों ने राजेश के मुंह पर ही कह दिया कि ये बच्ची बचेगी नहीं और यदि बच भी गई तो पूरी जिंदगी अपंग रहेगी. लेकिन राजेश ने उन की बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया.

बेटी की जान बचाने के लिए राजेश उसे ले कर मुरादाबाद के साईं अस्पताल पहुंचा. राजेश के साथ उस का साला दिनेश भी था. साईं अस्पताल में बच्ची को भरती करने से पहले 10 हजार रुपए जमा कराने को कहा गया. उस के पास उस समय इतने रुपए नहीं थे. राजेश ने अस्पतालकर्मियों से कहा भी कि वह पैसे बाद में जमा करा देगा, पहले बेटी का इलाज तो शुरू करो. लेकिन उस के अनुरोध को उन्होंने अनसुना कर दिया.

राजेश बेटी को हर हाल में बचाना चाहता था. इसलिए उस ने अपने कई सगेसंबंधियों और रिश्तेदारों को फोन कर के अपनी स्थिति बताई और उन से पैसे मांगे लेकिन किसी ने भी उस की सहायता करने के बजाए कोई न कोई बहाना बना दिया. राजेश बहुत परेशान हो गया था. ऐसी हालत में उस की समझ मेें नहीं आ रहा था कि वह क्या करे.

चारों ओर से हताश हो चुके राजेश के कानों में तीमारदारों के शब्द गूंज रहे थे कि बच्ची जिंदा नहीं बचेगी और अगर बच भी गई तो विकलांग रहेगी. निराशा और हताशा के दौर से गुजर रहे राजेश ने सोचा कि जब बच्ची पूरी जिंदगी विकलांग रहेगी तो इस की जान बचाने से क्या फायदा? इस से अच्छा तो यही है कि ये मर जाए.

इस के अलावा उस के मन में एक बात यह भी घूम रही थी कि यदि बच्ची नहीं मरी तो वह उस की वजह से पूरी जिंदगी परेशान रहेगा. लिहाजा उस ने बेटी को खत्म करने की सोची. इस बारे में उस ने अपने साले दिनेश से बात की तो उस ने भी जीजा की हां में हां मिलाते हुए 6 दिन की बच्ची को खत्म करने को कहा.

दोनों ने बच्ची को मारने का फैसला तो कर लिया लेकिन अपने हाथों से दोनों में से किसी की भी उस का गला दबाने की हिम्मत नहीं हो रही थी. फिर उन्होंने तय किया कि बच्ची को जिंदा ही गड्ढे में दफना देंगे और जब सुनीता पूछेगी तो कह देंगे कि बच्ची की मौत हो गई थी और उसे दफना आए हैं.

गड्ढा खोदने के लिए उन के पास कोई चीज नहीं थी इसलिए वह फावड़ा मांगने के लिए गुरेठा गांव पहुंचे. ऐसी हालत में गांव वालों ने उन की सहायता करना मुनासिब समझा और उन के साथ गांगन नदी के किनारे उस जगह पर पहुंच गए जहां लोगों का अंतिम संस्कार किया जाता था.

उस की नन्हीं सी जान की आंखें ठीक से खुली भी नहीं थीं. दुनियादारी से तो उसे कोई मतलब भी नहीं था. मां की गोद से पिता के मजबूत हाथों में वह इसलिए आई थी कि वह उस का इलाज कराएंगे. लेकिन उसे क्या पता था कि कन्यादान करने वाले हाथ ही उसे जिंदा दफनाने के लिए आगे बढ़ेंगे.

लेकिन जैसे ही उसे गड्ढे में ठंडी रेत पर लिटाया गया वह हाथपैर चलाते हुए जोरजोर से रोने लगी. जैसे वह रोतेरोते अपने जन्मदाता से पूछ रही हो कि मेरा कुसूर क्या है. मुझे मत मारो. एक दिन मैं ही तुम्हारा सहारा बनूंगी और घर में उजियारा फैलाऊंगी. लेकिन उस समय पिता की संवेदनशीलता नदारद हो चुकी थी.

अचानक बच्ची की आवाज सुन कर राजेश और दिनेश घबरा गए. वे सोचने लगे कि काश ये 2 मिनट और न रोती तो…

बहरहाल, उस की आवाज सुन कर गांव वाले चौंक गए और उन्होंने पुलिस बुला ली. दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर के जेल भेज दिया. पुलिस ने उस बच्ची को तीर्थांकर महावीर यूनिवर्सिटी के मैडिकल कालेज में भरती करवा दिया था. वहां उसे इनक्यूबेटर में रख दिया गया था. उस की हालत में भी सुधार होने लगा था.

उधर सुनीता को इस बात का पता नहीं था कि उस ने जिस बच्चे को जन्म दिया, उस की हत्या की कोशिश करने वाला उस का पति जेल में है. इलाके के लोगों को जब एक पिता के यमराज बनने की जानकारी हुई तो लोग बच्ची की लंबी उम्र के लिए दुआएं करने लगे. बच्ची के इलाज के लिए कई लोगों ने अस्पताल में पैसे भी जमा कराए लेकिन एक सप्ताह बाद ही उस बच्ची ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.

वैसे यहां एक बात बताना जरूरी है कि राजेश की नीयत बेटी की हत्या करने की नहीं थी बल्कि वह तो उस की सुरक्षा के लिए ही मैडिकल कालेज लाया था और मैडिकल कालेज के डाक्टर के कहने पर वह बेटी को ले कर कई अस्पतालों में घूमा भी. उस की मजबूरी यह थी कि इलाज के लिए उस के पास पैसे नहीं थे और जिन संबंधियों और रिश्तेदारों से उस ने मदद की गुहार लगाई, उन्होंने भी मुंह मोड़ लिया था, जिस से वह निराश और हताश हो चुका था.

अस्पताल के वार्ड में मरीजों के तीमारदारों ने बच्ची के बारे में गलत धारणाएं राजेश के मन में भर दी थीं. इन्हीं धारणाओं ने उसे यमराज बनने के लिए मजबूर किया. इन्हीं बातों ने उस की संवेदनशीलता को हर लिया था. कहते हैं कि मां का दूसरा रूप मामा होता है लेकिन उस समय दिनेश का दिल भी नहीं पसीजा था. वह भी कंस मामा बन गया था.

पिता से यमराज बनने के हालात राजेश के सामने चाहे जो भी रहे हों लेकिन इस में अकेला वही दोषी नहीं है. इस में दोष उन लोगों का भी है जिन्होंने उसे इस रास्ते पर जाने के लिए मजबूर किया. वह इतना संवेदनहीन हो गया था कि जीवित बेटी को कब्र में रखते समय उस के हाथ तक नहीं कांपे.

बेटियों पर खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है. बेटे की चाहत में तमाम लोग उन्हें कोख में ही खत्म करा देते हैं. हम भले ही 21वीं सदी में पहुंचने की बात कर रहे हों लेकिन सोच अभी भी वही पुरानी है तभी तो भ्रूण हत्याओं में कमी नहीं आ रही. इस का उदाहरण यह है कि जहां सन 1990 में प्रति 1000 पुरुषों के अनुपात में 906 महिलाएं थीं, सन 2005 में इतने ही पुरुषों के अनुपात में केवल 836 महिलाएं रह गई थीं. बात 2014 की करें तो अब यह आंकड़ा 1000 पुरुषों पर 940 स्त्रियों का है.

कह सकते हैं कि लोगों में काफी हद तक जागृति आई है और भ्रूण हत्याओं का ग्राफ गिरा है. यह खुशी की बात है. लेकिन इस मामले को देख कर लगता है कि हमें अभी भी पुरुष की सोच को बदलने की जरूरत है.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

गलत आदतों से हुई सजा ए मौत – भाग 2

फैसले में सुनाई सजा ए मौत

पीडि़त व बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलों को गौर से सुनने के बाद अब फैसले की बारी थी. कोर्ट रूम में मौजूद सभी की नजरें न्यायाधीश पर टिकी हुई थीं. सामने रखी फाइल के पृष्ठों को पलटने के कुछ समय बाद विद्वान न्यायाधीश ने अपना निर्णय सुनाते हुए कहा-

“तमाम गवाहों और सबूतों को मद्देनजर रखते हुए कोर्ट इस नतीजे पर पंहुची है कि सारे सबूत और एकमात्र प्रत्यक्षदर्शी गवाह घर की नौकरानी रेनू शर्मा की अहम गवाही घटना को सच साबित करती है. दोष सिद्ध अपराधी तरुण गोयल जनपद मेरठ का मूल निवासी है. उस ने स्वयं स्वीकार किया है कि वह मेरठ में सट्टे में पैसे हार गया था. उस के पिता से उस का कोई संबंध नहीं है. इसी कारण अपनी ससुराल फिरोजाबाद में आ गया था. फिरोजाबाद में उस के ससुरालीजनों ने उस का सहयोग किया.

“मृतका कमला देवी भी दोषसिद्ध अपराधी की पत्नी की नानी हैं और उन के यहां मुजरिम का सामान्य आवागमन था. घटना के दिन तरुण गोयल का पुत्र अर्नव गोयल व परिवार के अन्य सदस्य भी फिल्म देखने फिरोजाबाद के डीडी भारत सिनेमा में अर्पित जिंदल के परिवार के साथ गए थे. मृतका कमला देवी के घर पर अकेले रहने की जानकारी अपराधी को थी. इसी अवसर का लाभ उठा कर वह मृतका के घर गया.

“मुजरिम घरेलू नौकरानी रेनू शर्मा की मौजूदगी में मृतका के कमरे में लगभग सवा 2 बजे अपराह्न गया और 4 बजे के लगभग रेनू शर्मा ने उसे हाथ में पेचकस लिए तथा श्रीमती कमला देवी का शव बैड पर पड़ा देखा. इस के बाद उस ने रेनू शर्मा पर भी जान से मारने के आशय से वार किए ताकि कोई साक्ष्य शेष न रहे.

“मुजरिम तरुण गोयल का अपने मूल परिवार से कोई संबंध नहीं है. न्यायिक काररवाई के दौरान उस के परिवार का कोई सदस्य न्यायालय नहीं आया. अपने मूल परिवार से संबंध न होने के कारण उसे उस की ससुराल पक्ष द्वारा सहारा दिया गया.

“जिस परिवार द्वारा उसे सहारा दिया गया, उसी परिवार की वृद्ध महिला कमला देवी की लूट के आशय से पेचकस द्वारा वार कर के दर्द व पीड़ा दे कर नृशंस हत्या कर दी. यह परिस्थिति दर्शाती हैं कि रिहाई के बाद उस के सुधार की कोई संभावनाएं नहीं हैं.

“माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा वर्णित विधि व्यवस्था में दिए गए दिशानिर्देशों को दृष्टिगत रखते हुए मृतका श्रीमती कमला देवी की जघन्य हत्या विरल से विरलतम श्रेणी का मामला है और इस के लिए दोषसिद्ध अपराधी तरुण गोयल मृत्युदंड पाने का अधिकारी है. उसे भादंवि की धारा 302 के अंतर्गत मृत्युदंड से दंडित किया जाता है और उसे फांसी पर तब तक लटकाया जाए, जब तक उस की मृत्यु न हो जाए. इस के अलावा उसे 20 हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया जाता है. अर्थदंड अदा न करने पर एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास और भोगेगा.

“इस के अलावा भादंवि की धारा 307 के तहत आजीवन कारावास और 20 हजार रुपए अर्थदंड से दंडित किया जाता है. अर्थदंड अदा न करने पर भविष्यवर्ती परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भोगेगा. भादंवि की धारा 394 के अंतर्गत आजीवन कारावास और 20 हजार रुपए अर्थदंड तथा इसे अदा न करने पर एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भोगेगा.

“भादंवि की धारा 411 के अंतर्गत 3 वर्ष कारावास और 5 हजार रुपए अर्थदंड, जिस के अदा न करने पर 3 माह का अतिरिक्त कारावास भोगेगा. भादंवि की धारा 506 के अंतर्गत 7 वर्ष कारावास और 5 हजार रुपए अर्थदंड, इसे अदा न करने पर 3 माह का अतिरित कारावास भोगेगा. दोषसिद्ध अपराधी की सभी सजाएं एक साथ चलेंगी.”

लोकेश जिंदल थे संपन्न व्यवसायी

आइए आप को बताते हैं कि एक साल पहले यह घटना कैसे हुई थी-

कांच की चूडिय़ों के लिए फिरोजाबाद शहर विश्व भर में प्रसिद्ध है. अब यहां चूडिय़ों के साथ ही कांच के अन्य सामान झाड़ (झूमर), लैंप, रंगबिरंगे खिलौने आदि भी बनाए जाने लगे हैं. आर्यनगर घनी आबादी वाला मोहल्ला है. आर्यनगर मोहल्ले की गली नंबर 9 में अपने पुश्तैनी मकान में कोयला व्यवसायी लोकेश जिंदल उर्फ बबली अपनी पत्नी शोभा, बेटे अर्पित व वृद्ध मां कमला देवी के साथ रहते थे.

असली कहानी एक साल पहले शुरू होती है. उस दिन शुक्रवार 1 अप्रैल, 2022 का दिन था. अर्पित अपनी मां, बुआ व चाचा के परिवार के सदस्यों के साथ अपने घर से करीब 6 किलोमीटर दूर आसफाबाद स्थित डीडी भारत टाकीज में फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ का इवनिंग शो देखने गए थे.

घर पर 70 वर्षीय वृद्धा कमला देवी रह गई थीं. वह अस्वस्थ चल रही थीं. इसलिए जाने से पहले उन की देखभाल के लिए घर की नौकरानी रेनू शर्मा को फोन कर के बुला लिया था. अपराह्न 2 बजे रेनू घर आ गई थी. रेनू के आते ही सभी लोग घर से निकल गए थे.

रेनू को आए अभी मात्र 15 मिनट ही हुए थे कि डोरबैल बज उठी. घंटी की आवाज सुन कर नौकरानी रेनू ने दरवाजा खोला. दरवाजे पर तरुण गोयल खड़ा था. रेनू तरुण को अच्छी तरह जानती थी. क्योंकि वह घर का दामाद था. तरुण रेनू से बिना कुछ बोले कमला देवी के कमरे में चला गया.

उस समय कमला देवी सो रही थीं. कुछ देर बैठने के बाद तरुण ने रेनू को बुलाया और चाय बनाने के लिए कहा. उस ने रेनू से कहा, “अम्माजी सो रही हैं इसलिए चाय बना कर वहीं रख देना, मैं ले लूंगा.”

रेनू किचन में चाय बनाने चली गई.

उस समय कमला देवी सो रही थीं. तरुण ने जैसे ही कमरे में रखी अलमारी को खोला. आहट सुन कर कमला देवी जाग गईं. इस पर कमला देवी ने टोकते हुए कहा, “कौन है?”

तभी तरुण ने कहा, “नानी सास, कोई नहीं, मैं हंू.”

उन्होंने तेज आवाज में कहा, “अलमारी क्यों खोल रहे हो?”

इस पर तरुण ने कमरे में रखे पेचकस से उन के गले, छाती व पेट पर वार करने शुरू कर दिए. अचानक हुए हमले से कमला देवी की चीख निकल गई. उन्होंने शोर मचाया इस पर तरुण ने वाशबेसिन का शीशे को तोड़ दिया और उस के कांच से कमला देवी पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया. हमले से बैड की चादर खून से रंग गई.

                                                                                                                                                क्रमशः

दांपत्य की लालसा

मंगेतर की कब्र पर रासलीला

गलत आदतों से हुई सजा ए मौत – भाग 1

25 अप्रैल, 2023 को उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के अपर जिला एवं सत्र न्यायालय के कक्ष-6 में गहमागहमी कुछ अधिक ही दिखाई दे रही थी. विशेष न्यायाधीश (दस्यु प्रभावी क्षेत्र) आजाद सिंह की अदालत में साल 2022 में फिरोजाबाद नगर में हुए बहुचर्चित कमला देवी मर्डर व लूट के संबंध में फैसला आने वाला था.

पूरे न्यायालय परिसर में पुलिस और अधिवक्ताओं की भीड़ दिखाई दे रही थी. प्रिंट और इलैक्ट्रौनिक मीडिया के पत्रकार भी वहां उत्सुकता से फैसले का इंतजार कर रहे थे. क्योंकि फैसला आते ही उन्हें ब्रेकिंग न्यूज जो बनानी थी.

न्यायाधीश ने दोपहर साढ़े 12 बजे जैसे ही न्यायालय में प्रवेश किया तो वहां मौजूद सभी लोग सम्मानस्वरूप अपनी जगह पर खड़़े हो गए. न्यायाधीश के कुरसी पर बैठते ही अदालत में मौजूद लोगों ने अपना स्थान ग्रहण कर लिया. कुरसी पर बैठते ही न्यायाधीश ने अदालत के रीडर को इस केस से संबंधित पत्रावली पेश करने का आदेश दिया. दोनों ही पक्षों के वकील न्यायालय कक्ष में मौजूद थे. आरोपी तरुण गोयल को जेल से अदालत लाया गया था.

वकीलों की हुई जोरदार बहस

न्यायाधीश ने विशेष लोक अभियोजक अजय कुमार शर्मा को अपनी दलीलें पेश करने को कहा. इस पर शासन की ओर से पैरवी करते हुए अजय कुमार शर्मा ने कहा कि वे अब तक माननीय न्यायालय में 6 गवाहों को पेश कर चुके हैं. इन में चश्मदीद गवाह घर की नौकरानी रेनू शर्मा की गवाही शेष है.

अब तक के गवाहों के बयानों व अन्य सबूतों से साफ जाहिर है कि कोर्ट के कटघरे में तरुण गोयल नाम का जो व्यक्ति खड़ा है, उस ने ही रुपयों व गहनों के लालच में अपनी नानी सास 70 वर्षीय कमला देवी की उन के घर में घुस कर नृशंस तरीके से हत्या की थी. साथ ही घटना के समय घर में मौजूद नौकरानी रेनू शर्मा द्वारा विरोध करने पर उसे भी गंभीर रूप से घायल कर दिया और नकदी व गहने लूट कर ले गया.

घटना के समय मृतका के घर वाले पिक्चर देखने गए थे. इस बात की जानकारी आरोपी को थी, क्योंकि आरोपी के घर वाले भी उन के साथ गए थे.

“ये आरोप गलत है हुजूर. मेरे मुवक्किल को झूठा फंसाया जा रहा है,” बचाव पक्ष के अधिवक्ता लियाकत अली (विधि सहायक) ने अभियुक्त का बचाव करते हुए कहा, “अभियुक्त और घटना की रिपोर्ट लिखाने वाले अर्पित जिंदल आपस में रिश्तेदार हैं. अभियुक्त सैनेट्री का बिजनैस करता है और अर्पित ने अभियुक्त से पैसे उधार लिए थे और अब वह सैनेट्री के पूरे बिजनैस पर कब्जा करना चाहता है. इसी कारण अभियुक्त को झूठा फंसाया गया है.”

बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने अपने मुवक्किल का बचाव करते हुए कहा, “अभियुक्त से दर्शाई गई बरामदगी के समय रिपोर्टकर्ता अर्पित जिंदल घटनास्थल पर उपस्थित नहीं था. सर्वप्रथम घटना देखने वाले पड़ोसी भाटियाजी को परीक्षित नहीं कराया गया है. घटना में बरामदशुदा नोट (रुपए) आदि की द्वितीय प्रति नहीं बनाई गई है. साथ ही प्रथम सूचना रिपोर्टकर्ता द्वारा प्रस्तुत किए गए नोट व जेवरात का मिलान नहीं होता है.

“अभियुक्त का इस घटना से कोई संबंध नहीं है. इस के साथ ही विधि विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट को किसी गवाह से पुष्ट नहीं कराया गया है. घटना के समय अभियुक्त अपने बिजनैस के सिलसिले में मार्केट गया हुआ था. इस प्रकार अभियोजन अपने बयान को संदेह से परे सिद्ध करने में पूरी तरह असफल रहा है. इसलिए अदालत से गुजारिश की जाती है कि आरोप से अभियुक्त तरुण गोयल को दोषमुक्त किया जाए.”

“मी लार्ड, मेरे पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि कमला देवी की नृशंस हत्या उन के दामाद तरुण गोयल ने जेवरात व रुपए लूटने के उद्देश्य से ही की थी. विरोध करने पर नौकरानी रेनू शर्मा को गंभीर रूप से घायल कर दिया था.”

“अदालत का वक्त जाया न करें. आप के पास इस केस से संबंधित जो भी सबूत हैं, पेश किए जाएं,” न्यायाधीश ने आदेश दिया.

“मी लार्ड, मैं इस केस की एक प्रत्यक्षदर्शी गवाह रेनू शर्मा को अदालत में पेश करने की अनुमति चाहता हंू,” पीडि़त की ओर से पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक अजय कुमार शर्मा ने अदालत से दरख्वास्त करते हुए कहा.

“इजाजत है,” न्यायाधीश ने कहा.

नौकरानी की रही अहम गवाही

रेनू शर्मा गवाह के कटघरे में आ कर खड़ी हो गई. तभी विशेष लोक अभियोजक अजय कुमार शर्मा ने उस से पूछा, “रेनू शर्मा, क्या आप बता सकती हैं कि जिस दिन तुम्हारी मालकिन का मर्डर हुआ था, उस समय तुम क्या कर रही थीं और तुमने क्या देखा?”

“जी, सर. घटना पहली अप्रैल, 2022 की है. मुझे कमला देवी ने फोन कर के बुलाया था. मैं घर पर दोपहर 2 बजे पहुंच गई थी. उस समय घर के लोग पिक्चर देखने भारत टाकीज गए हुए थे. मुझ से यह कह कर गए थे कि हम लोग जा रहे हैं, हमारे पीछे अम्मा का ध्यान रखना. इन लोगों के जाने के बाद सवा 2 बजे तरुण गोयल वहां आए थे, जोकि अम्माजी के धेवते दामाद लगते हैं. मैं ने ही दरवाजा खोला था. मैं इन्हें पहले से ही जानती थी. जब यह आए तो सीधे अम्माजी के कमरे में चले गए.

“तरुण गोयल ने मुझ से कहा कि चाय बना लो. फिर मैं किचन में चाय बनाने चली गई. उन्होंने कहा कि चाय वहीं रख दो मैं ले जाऊंगा, अम्मा सो रही हैं. चाय बनाने के बाद मैं दूसरे रूम में आराम करने चली गई. घटना के समय मैं गर्भवती थी, लेकिन बाद में हुए एक हादसे में मेरे पेट का बच्चा खराब हो गया.

“तरुण को अम्मा की हत्या करते देखने पर मैं वहां पहुंची और मैं ने तरुण से कहा, ‘तुम ने यह क्या कर दिया?’ इस पर तरुण ने मुझ से कहा, ‘तू अपना मुंह बंद रख, नहीं तो मैं तुझे भी मार दूंगा.’ फिर तरुण ने मुझ से कहा कि तुझे जिंदा छोडऩा बेकार है. तरुण गोयल ने मेरे सिर, बाजुओं व गले पर शीशा मार दिया, जिस से मेरे भी चोटें आईं. इस घटना में मुझे भी मारा और अम्माजी को भी मारा, जिस से चारों तरफ कपड़ों पर, बिस्तरों पर खून फैल गया था. मेरी चुन्नी व सूट पर खून फैल गया था.

“तब मैं ने तरुण गोयल से कहा कि मुझे छोड़ दो मेरी क्या गलती है तो तरुण गोयल ने कहा कि तुझे कैसे छोड़ सकता हंू तू तो असली गवाह है और तू तो गवाही दे देगी. चोट लगने से मैं जमीन पर बेसुध हो कर गिर पड़ी. तरुण गोयल वहां से चला गया. जब मुझे होश आया तो किचन से ही छज्जे के लिए जो रास्ता है वहां से पड़ोसी अंकल भाटियाजी का घर दिखाई देता है, मैं ने उन्हें आवाज दे कर बुलाया.”

“औब्जेक्शन मी लार्ड,” बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने कहा, “क्या रेनू यह बता सकती हैं कि घर के लोग कौन सा शो देखने गए थे?”

इस पर रेनू शर्मा ने कहा कि मुझे नहीं पता कि ये लोग फिल्म का कौन सा शो देखने गए थे, न मैं ने उन से पूछा था. क्योंकि मैं घर की नौकरानी थी, मालिक नहीं.

“मी लार्ड मैं अदालत से दरख्वास्त करता हंू कि कमला देवी की हत्या व लूट तथा रेनू शर्मा को गंभीर रूप से घायल करने के आरोपी तरुण गोयल को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.” सरकारी वकील अजय कुमार शर्मा इतना कह कर अपने स्थान पर बैठ गए.

                                                                                                                                         क्रमशः

पबजी गेम की आड़ में की मां की हत्या – भाग 3

दक्ष को इंसपेक्टर धर्मपाल ने कस्टडी में ले लिया था और उसे कोतवाली पीजीआई ले आए थे. यहां लखनऊ के एडिशनल डीसीपी (नार्थ) एस.एम. कासिम आबिदी मौजूद थे.

उन के सामने दक्ष से एक बार फिर पूछा गया, ‘‘दक्ष अपनी मां की हत्या तुम ने की है, क्या तुम इसे कुबूल करते हो?’’

‘‘हां, मैं ने ही अपनी मौम की हत्या की है.’’

‘‘क्यों?’’ कासिम आबिदी ने गंभीरता से पूछा.

‘‘मैं पबजी गेम में बहुत ज्यादा उलझा रहता था. मौम चाहती थी कि मैं अपनी पढ़ाई पर ध्यान दूं. मैं उन की बात अकसर अनसुनी करता था, इस के लिए मौम मुझे गालियां देती थी, पीटती थी. कई बार वह मुझे कमरे में बंद कर देती थी और खाना भी नहीं देती थी. मेरे मन में धीरे धीरे मौम के प्रति नफरत भरती चली गई.’’ उस ने बताया.

‘‘जिस रात तुम ने मां की हत्या की, उस रात का चुनाव तुम ने पहले से कर रखा था’ किसी बात से रुष्ट हो कर तुम ने डैड की रिवौल्वर अलमारी से निकाल कर मां पर गोली चला दी थी?’’

‘‘वह 3 जून, 2022 का मनहूस दिन था सर. मैं अपने स्टडी रूम में बैठा पढ़ रहा था. मौम अचानक आई और मुझे मारने लगी थी कि मैं ने उन के 10 हजार रुपए चोरी कर के पबजी  गेम में उड़ा दिए हैं. मैं ने पापा की कसमें खाईं, बहुत कहा कि मैं ने 10 हजार नहीं चुराए हैं, लेकिन मौम का गुस्सा शांत नहीं हुआ.

उन्होंने मुझे पीटपीट कर अधमरा कर दिया, फिर स्टोर रूम में बंद कर दिया. मैं रोता गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन मौम को मुझ पर दया नहीं आई. तभी मैं ने निर्णय ले लिया कि मौम को जिंदा नहीं छोड़ूंगा. दूसरी रात मैं ने पापा की रिवौल्वर निकाली और सो रही मौम के सिर में गोली मार दी.’’

‘‘अपनी मां की हत्या कर के तुम ने उन की लाश को बैडरूम में ही पड़े रहने दिया, तुम ने ऐसा किस के कहने पर किया?’’ कासिम आब्दी ने दक्ष के चेहरे पर नजरें जमा कर पूछा.

‘‘मुझे किसी ने कुछ नहीं सिखाया. बस मेरे मन में आया कि मौम की हत्या की बात लोगों से छिपा कर रखूं. मुझे पापा के फोन आते रहे, वह मौम का फोन न लगने से परेशान थे. वह मुझ से पूछते रहे कि तुम्हारी मौम काल रिसीव क्यों नहीं कर रही है?

मैं ने पहले दिन बताया कि मौम फोन घर में रख कर बिजली का बिल जमा कराने चली गई है. दूसरे दिन पापा ने फिर मौम के विषय में पूछा तो मैं ने उन से झूठ बोला कि मौम बाजार गई है.’’

दक्ष कुछ क्षण को चुप रहा फिर उस ने मुसकरा कर कहा, ‘‘मैं ने 2 दिन तक मौम की हत्या करने और लाश घर में होने की बात बड़ी सफाई से छिपा कर रखी. मैं सोमवार को अपने एक दोस्त को घर लाया ताकि आसपास वाले समझें कि मेरे घर में सब सामान्य है. मैं ने जोमैटो कस्टमर सर्विस से दोस्त और अपने लिए खाना मंगवाया था. मंगलवार को मैं अपने दूसरे दोस्त को घर ले कर आया. उसे मैं ने घर में ही अंडा करी बना कर खिलाई थी.’’

‘‘ओह!’’ एडिशनल डीसीपी दक्ष के शातिर दिमाग पर हैरान हो गए. इंसपेक्टर धर्मपाल भी हैरान थे कि इस छोटी उम्र में दक्ष कितनी सफाई से मां की हत्या की बात पर परदा डालने की कोशिश करता रहा.

‘‘दक्ष,’’ इंसपेक्टर धर्मपाल ने एक विचार मन में आने पर पूछा, ‘‘2 दिन में तो तुम्हारी मां की लाश सडऩे लगी होगी, क्या तुम्हारे दोस्तों या पड़ोसियों को लाश से उठने वाली बदबू महसूस नहीं हुई?’’

‘‘कैसे होती सर, मैं रूम फ्रैशनर का छिडक़ाव पूरे कमरे में लगातार कर रहा था ताकि बाहर बदबू न जा सके. सर, मेरे दोस्तों ने पूछा था तुम्हारी मौम नजर नहीं आ रही है दक्ष. मैं ने बहाना बना दिया था कि वह दादी के पास गई है. दादा की तबीयत ठीक नहीं चल रही है इसलिए मौम 2-4 दिन वहीं रहेंगी. यही नहीं सर, पड़ोसियों को शक न हो इस कारण मैं क्रिकेट किट ले कर क्रिकेट खेलने भी जाता रहा. घर से बाहर भी मैं टहला ताकि आसपास वाले सब कुछ सामान्य समझें.’’

‘‘हूं, बहुत तेज दिमाग है तुम्हारा.’’ एडिशनल डीसीपी एस.एम. कासिम आबिदी ने होंठों को चबाया, ‘‘यह दिमाग तुम गेम्स में न लगा कर यदि देशहित के काम में लगाते तो तुम्हारे मौमडैड का सिर गर्व से ऊंचा हो जाता. तुम पबजी एडिक्ट बन गए, घर का पैसा भी उड़ाने लगे, इन फिजूल के गेम्स में. तुम्हारी मौम अगर तुम पर नाराज होती थीं तो वह गलत नहीं थी.

‘‘हर मांबाप चाहते हैं उन का बेटा पढ़लिख कर लायक बने. किंतु अधिकांश बच्चे इन पबजी जैसे गेम्स में अपना जीवन बरबाद करने पर तुले हुए हैं. शायद तुम नहीं जानते, हमारी भारत सरकार ने इन गेम्स में उलझे बच्चों द्वारा अपना और अपने परिवार का अहित करने वाली अनेक वारदातों को देखते हुए 2 सितंबर, 2020 को अनेक चीनी ऐप और अन्य कंपनियों द्वारा चलाए जा रहे ऐसे 177 गेम्स पर पूरी तरह बैन लगा दिया था.

‘‘इस के बावजूद आज भी तुम्हारे जैसे बच्चे इंटरनेट की मदद से ऐसे हानि पहुंचाने वाले गेम खेलते हैं. इस का परिणाम तुम खुद देख लो, तुम ने इसी गेम्स के खेलने पर रोकाटोकी करने वाली अपनी प्यारी माम की हत्या कर दी.’’

‘‘मुझे अपनी मौम की हत्या करने का जरा भी अफसोस नहीं है.’’ दक्ष दृढ़ स्वर में बोला, ‘‘उस का कत्ल हो जाना ही ठीक था.’’

उस के हावभाव और आखिरी शब्दों ने एडिशनल डीसीपी और इंसपेक्टर धर्मपाल को चौंकाया. उन्होंने एकदूसरे की आंखों में देखा. इन आंखों की भाषा से तय हो गया कि दक्ष के मन में कोई ऐसा राज दफन है, जिसे वह होंठों पर नहीं लाना चाहता. वह राज क्या है, इस के लिए इस नाबालिग की काउंसलिंग होनी जरूरी थी.’’

‘‘एक आखिरी सवाल और मन में है दक्ष,’’ एडिशनल डीसीपी ने कहा.

‘‘पूछिए सर.’’

‘‘तुम ने अपनी मां को गोली मारी थी, तब तुम्हारी बहन भी घर में ही होगी?’’

‘‘घर में ही थी सर. मौम के साथ ही सो रही थी मेरी बहन. गोली की आवाज सुन कर वह घबरा कर उठी. मौम के माथे से खून निकलते देख कर वह चीखने को हुई थी, लेकिन मैं ने रिवौल्वर उस पर तान कर उसे डरा दिया. मैं ने उसे उस रात दूसरे कमरे में बंद कर दिया. दूसरे दिन मैं ने उसे बता दिया कि मैं ने मौम को मार डाला है. वह शांत और सामान्य रहे, किसी को उस के व्यवहार से शक हुआ तो वह उसे गोली मार देगा. सर, मेरी बहन प्रियांशी ने डर के मारे जुबान नहीं खोली है.’’

‘‘ठीक है, तुम्हें अब हमारे साथ घर चलना पड़ेगा. तुम्हारी मौम का मोबाइल, तुम्हारा मोबाइल और घर में रखा लैपटाप हमें कब्जे में लेना है.’’ इंसपेक्टर धर्मपाल ने कहा.

दक्ष उन के साथ जाने के लिए कुरसी से उठ खड़ा हुआ. उस का हाथ पकड़ कर इंसपेक्टर धर्मपाल कक्ष से बाहर आ गए. कुछ ही देर में उन की गाड़ी नवीन कुमार सिंह के घर से कोतवाली की ओर जा रही थी.

बुधवार 8 जून, 2023 को नवीन कुमार सिंह पत्नी की हत्या की खबर सुन कर आसनसोल से लखनऊ आ गए. ट्रेन से उतर कर वह इंद्रापुरी कालोनी में अपनी मां मिरजा देवी और छोटे भाई नीतीश से मिले. उन्हें साधना सिंह की बेटे दक्ष द्वारा हत्या का समाचार दे कर कुछ देर रुके. दक्ष नाबालिग था. नवीन कुमार जानते थे, उसे जुवेनाइल कोर्ट से अधिक से अधिक 5 साल की सजा होगी. फिर भी वह बेटे के लिए अच्छे सा अच्छा वकील खड़ा करना चाहते थे.

पत्नी बेशक बेटे के हाथों मारी गई थी, अब वह इस दुनिया में नहीं रही थी, लेकिन बेटा था इकलौता बेटा. वह उसे खोना नहीं चाहते थे. भाई के साथ वह कोतवाली थाना पीजीआई पहुंचे और इंसपेक्टर धर्मपाल सिंह से मिले. इंसपेक्टर धर्मपाल ने नवीन कुमार सिंह को बताया कि दक्ष को उन्होंने बाल कल्याण समिति के हवाले सौंप दिया है. दक्ष की काउंसलिंग की गई है और अब इस कहानी में नया मोड़ आ गया है.

दक्ष ने खुलासा किया है कि उन के घर में मौम से मिलने प्रौपर्टी डीलर और इलैक्ट्रीशियन आकाश का वक्त बेवक्त आनाजाना लगा रहता था, जो उसे पसंद नहीं था. उस के बर्थडे पर प्रौपर्टी डीलर बहुत बड़ा गिफ्ट ले कर आया था, यह बात उस ने डैडी को बता दी थी. उस रात मौम और डैडी के बीच बहुत झगड़ा हुआ था.

मौम का इन दोनों से मेलजोल बढ़ता जा रहा था. एक दिन जब वह अपनी बहन प्रियांशी के साथ दादी के घर गया था तो मौम ने प्रौपर्टी डीलर को घर में सुलाया था. यह बात उस ने डैडी को बताई और पूछा कि उसे क्या करना चाहिए, तब उन्होंने गुस्से में कहा था, ‘‘दक्ष, मैं वहां होता तो तुम्हारी मौम को गोली मार देता.’’

दक्ष ने कहा था, ‘‘क्या मुझे भी यही करना चाहिए?’’

तो डैडी ने कहा था, ‘‘जो तुम्हें उचित लगे, वह करो.’’

इंसपेक्टर धर्मपाल ने ये सारी बातें नवीन कुमार सिंह के सामने रख कर उन से पूछा, ‘‘क्या दक्ष को आप इस बात के लिए गाइड कर रहे थे कि वह अपनी मौम को गोली मार दे.’’

‘‘नहीं, मैं ऐसा क्यों चाहूंगा. यदि मेरे और मेरी पत्नी के बीच कोई विवाद होता तो उस का फैसला मैं करता. बेटे को नहीं कहता कि वह मां को गोली मार दे.’’ नवीन कुमार सिंह गंभीर स्वर में बोले, ‘‘दक्ष क्या कह रहा है, क्यों कह रहा है, मैं नहीं जानता. मैं इतना जानता हूं कि दक्ष पबजी गेम्स एडिक्ट है. वह इंस्टाग्राम पर ऐक्टिव था. साधना को यह पसंद नहीं था, वह उसे पीटती थी इसी से क्षुब्ध हो कर दक्ष ने उस की हत्या कर दी.’’

‘‘हूं.’’ इंसपेक्टर धर्मपाल ने सिर हिलाया, ‘‘एक बात और है नवीन कुमार जी. हमें आप की पत्नी के मोबाइल और लैपटाप में सभी काल और चैटिंग मैसेज डिलीट मिले हैं, उन्हें दक्ष ने उड़ा दिया है ताकि हम उस शख्स तक न पहुंच सकें, जो उसे इस हत्या के लिए गाइड कर रहा था. खैर, हम ने सभी चीजें फोरैंसिक जांच के लिए लैब में भेज दी है, आज नहीं तो कल सच्चाई सामने आ ही जाएगी.’’

साधना सिंह का शव पोस्टमार्टम के बाद नवीन कुमार सिंह को सौंप दिया गया. उन्होंने बुधवार की शाम को उस का अंतिम संस्कार कर दिया. तीसरे दिन वह उस की अस्थियां ले कर पैतृक गांव चंदौली चले गए. उन की बेटी, मां नीरजा देवी और भाई नीतीश उन के साथ में थे.

दक्ष को जुवेनाइल कोर्ट मे पेश कर दिया गया था, जहां से उसे बाल सुधार गृह में भेज दिया गया.

पुलिस साधना सिंह की हत्या के असली कारण को जानने का प्रयास कर रही थी.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित. कथा में दक्ष और प्रियांशी नाम परिवर्तित हैं.

पबजी गेम की आड़ में की मां की हत्या – भाग 2

बैठक में सब सामान्य था. वहां सामने 2 कमरों के दरवाजे नजर आ रहे थे. इंसपेक्टर धर्मपाल ने बाईं ओर के दरवाजे की तरफ कदम बढ़ा दिए. वह बैडरूम था. इंसपेक्टर धर्मपाल ने जैसे ही कमरे में कदम रखा. तेज बदबू का झोंका उन की नाक से टकराया. रुमाल नाक पर होने के बावजूद इंसपेक्टर धर्मपाल का दिमाग झनझना उठा. उन्होंने रुमाल को नाक पर लगभग दबा ही लिया. उन की नजर बैड पर पड़ी तो वह पूरी तरह हिल गए.

बैड पर एक महिला का शव पड़ा हुआ था, जो काफी हद तक सड़ चुकी थी. नजदीक आ कर इंसपेक्टर धर्मपाल ने लाश का बारीकी से निरीक्षण किया. महिला के माथे पर गहरा सुराख नजर आ रहा था, जिस के आसपास खून जम कर काला पड़ गया था. लाश सड़ जाने के कारण चेहरा काफी बिगड़ गया था और उस की पहचान कर पाना मुश्किल था.

लाश के पास ही एक रिवौल्वर रखा हुआ था. स्पष्ट था इसी रिवौल्वर से महिला के सिर में गोली मारी गई थी, जिस से इस की मौत हो गई है. उन के इशारे पर एक पुलिसकर्मी ने रिवौल्वर पर रुमाल डाला और उसे अपने कब्जे में ले लिया.

लाश 2-3 दिन पुरानी लग रही थी. उस में से असहनीय बदबू उठ रही थी. घटनास्थल की बारीकी से जांच कर लेने के बाद इंसपेक्टर धर्मपाल कमरे से बाहर आ गए.

‘‘यह लाश किस की है?’’ उन्होंने बैठक में खड़े दक्ष से सवाल किया.

‘‘यह मेरी मौम की लाश है.’’ दक्ष ने सपाट स्वर में कहा, ‘‘इन्हें मैं ने गोली मारी है.’’

इंसपेक्टर धर्मपाल ने हैरानी से दक्ष की तरफ देखा. उन्हें विश्वास नहीं हुआ, 16 साल का यह लडक़ा बड़ी सरलता से अपनी मां को गोली मार देने की बात स्वीकार कर रहा है, क्या यह सच बोल रहा है?

‘‘तुम ने अपनी मां को गोली मारी है?’’ इंसपेक्टर हैरानी से बोले, ‘‘क्या तुम ठीक कह रहे हो?’’

‘‘मैं झूठ नहीं बोल रहा हूं सर. मैं ने ही अपनी मौम को गोली मारी है.’’ दक्ष बेहिचक बोला.

‘‘तुम ने अपनी मां को गोली क्यों मारी और यह रिवौल्वर तुम कहां से लाए हो?’’ इंसपेक्टर धर्मपाल ने रुमाल में बंधा रिवौल्वर दिखा कर पूछा.

‘‘रिवाल्वर मेरे डैड का है सर. इस का लाइसेंस है डैड के पास. यह रिवौल्वर उन्होंने सुरक्षा के लिए घर में ही रखा हुआ था. मौम मुझे पबजी गेम खेलने से मना करती थी. बातबात पर मुझे पीटती रहती थी. मैं कब तक सहन करता सर… इसलिए शनिवार और रविवार की रात को मौम को गोली मार दी थी.’’

‘‘यानी 3 जून और 4 जून, 2023 की रात को तुम ने अपनी मां की गोली मार कर हत्या कर दी. हत्या किए हुए कई दिन हो गए, क्या तुम इतने समय तक इसी घर में मां की लाश के साथ रहे?’’

‘‘और कहां जाते सर. मैं और मेरी बहन प्रियांशी हत्या के बाद से घर में ही हैं.’’

इंसपेक्टर धर्मपाल को दक्ष की बेबाकी और हिम्मत दिखाने पर हैरानी हो रही थी. मां की हत्या कर के यह लडक़ा अपनी बहन के साथ सड़ती जा रही लाश के साथ बड़ी बेफिक्री से अपने घर में ही जमा रहा है, यह हैरानी की ही बात है. यदि पड़ोसी इस असहनीय बदबू की सूचना पुलिस को नहीं देते तो न जाने कब तक दोनों भाई बहन लाश के साथ घर में ही रहते.

इंसपेक्टर धर्मपाल घर से बाहर आ गए. बाहर आसपास के लोग एकत्र हो कर नवीन कुमार सिंह के घर में आई पुलिस के बाहर आने का बेचैनी से इंतजार कर रहे थे. वे लोग यह जानने को उत्सुक थे कि नवीन कुमार सिंह के घर में ऐसी कौन सी चीज सड़ रही है, जिस की बदबू ने सभी को परेशान करके रख छोड़ा है.

‘‘क्या इस बदबू का राज मालूम हुआ सर?’’ शर्माजी ने आगे बढ़ कर इंसपेक्टर धर्मपाल से पूछा.

‘‘हां, दक्ष ने अपनी मां की गोली मार कर 3 दिन पहले हत्या कर दी है. लाश सड़ गई है, यही यहां फैल रही बदबू का कारण है.’’ इंसपेक्टर धर्मपाल ने बताया.

उन की बात सुन कर सभी हैरान रह गए.

‘‘दक्ष की मां का नाम बताएंगे आप?’’ इंसपेक्टर धर्मपाल ने शर्माजी से पूछा.

‘‘साधना सिंह था दक्ष की मां का नाम.’’ शर्माजी बोले.

‘‘आप इन के पति का फोन नंबर जानते हैं तो मेरी बात करवाइए शर्माजी.’’

‘‘ठीक है सर.’’ कहने के बाद शर्माजी ने नवीन कुमार सिंह का मोबाइल नंबर अपने मोबाइल से निकाल कर मिलाया. घंटी बजते ही दूसरी तरफ से नवीन कुमार सिंह ने काल रिसीव कर ली, ‘‘हैलो शर्माजी… मेरी पत्नी साधना आप को नजर आ गई हो तो.. मेरी बात करवाइए प्लीज.’’ नवीन कुमार सिंह के स्वर में बहुत उतावलापन था.

‘‘वह अब इस दुनिया में नहीं रही नवीनजी. मैं ने पुलिस को इनफौर्म कर दिया है. लीजिए इंसपेक्टर साहब से बात कीजिए.’’ शर्माजी ने मोबाइल इंसपेक्टर धर्मपाल की तरफ बढ़ा दिया.

‘‘मिस्टर नवीन कुमार सिंह, मैं इंसपेक्टर धर्मपाल बोल रहा हूं. आप के लिए बड़ी बुरी खबर है, आप के बेटे दक्ष ने आप की पत्नी साधना सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी है.’’

‘‘मेरे बेटे दक्ष ने…ओह!’’ दूसरी तरफ से नवीन कुमार सिंह का घबराया हुआ स्वर उभरा, ‘‘मुझे ऐसा ही लग रहा था सर..यह दक्ष किसी दिन ऐसा कदम उठा सकता है… मेरा तो सब कुछ उजड़ गया.’’

‘‘आप यहां आ जाइए नवीनजी…’’ इंसपेक्टर धर्मपाल गंभीर हो गए, ‘‘मुझे आप के बेटे को पुलिस कस्टडी में लेना पड़ेगा. वह अपना गुनाह कुबूल कर रहा है.’’

‘‘जैसा आप उचित समझें इंसपेक्टर, मैं लखनऊ आ रहा हूं.’’ नवीन सिंह ने आहत स्वर में कहा और संपर्क काट दिया.

इंसपेक्टर धर्मपाल अपने उच्चाधिकारी को इस घटना की जानकारी देने के लिए अपने मोबाइल से नंबर मिलाने लगे थे. साधना सिंह की लाश को फोरैंसिक जांच करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया था.

पूरी न हुई ख्वाहिश

उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले रीतेश का अपना छोटा सा टेंट का कारोबार था. जिस के  लिए उस ने अपने 3 मंजिला मकान के नीचे वाले हिस्से में गोदाम बना रखा था. पहली मंजिल पर पत्नी स्मिता और 6 साल के बेटे यथार्थ के साथ वह खुद रहता था तो दूसरी मंजिल उस ने किराए पर उठा रखी थी, जिस में मझोले अपनी पत्नी शारदा के साथ रहता था. वह भी छोटामोटा काम कर के गुजरबसर कर रहा था.

रीतेश की पत्नी स्मिता कानपुर के मूलगंज स्थित नौगढ़ खोयामंडी की रहने वाली थी. उस ने कानपुर विश्वविद्यालय से बीए किया था. उस के अलावा उस की 2 बहने और 2 भाई थे. सभी की शादियां हो चुकी थीं. स्मिता सब से छोटी थी, इसलिए वह बहुत लाड़प्यार से पली थी. सयानी होने पर घर वालों ने उस की शादी लखनऊ के रहने वाले टेंट कारोबारी रीतेश से कर दी थी.

रीतेश का पूरा परिवार कारोबारी था, इसलिए पढ़लिख कर उस ने भी अपना अलग कारोबार कर लिया था. लखनऊ में उस का अपना 3 मंजिला मकान था. यही सब देख कर स्मिता के घर वालों को लगा था कि रीतेश से शादी होने पर उस का जीवन हंसीखुशी से गुजर जाएगा. स्मिता पढ़ीलिखी भी थी और सुंदर भी, इसलिए पहली ही नजर में रीतेश और उस के घर वालों ने उसे पसंद कर लिया था.

रीतेश से शादी कर के स्मिता लखनऊ आ गई. शादी के बाद कुछ दिन तो दोनों के बढि़या गुजरे. लेकिन उस के बाद दोनों के संबंध बिगड़ने लगे. जहां पहले बातबात में प्यार बरसता था, अब बातबात में झगड़ा होने लगा. इस की सब से बड़ी वजह थी रीतेश की नशे की लत. वह किसी एक चीज का आदी नहीं था. वह नशे के लिए गांजा और शराब तो पीता ही था, कुछ न मिलने पर भांग भी खा लेता था.

पति की नशे की लत से जहां स्मिता असहज रहने लगी थी, वहीं रीतेश चिड़चिड़ा हो गया था. बिना नशा के वह रह नहीं सकता था, जबकि स्मिता उसे इन सब चीजों से दूर रहने को कहती थी. यही वजह थी कि रीतेश शाम को नशे में झूमता घर लौटता तो स्मिता टोंक देती. उस के बाद दोनों में झगड़ा होने लगता. स्मिता ने पति को सुधारने की बहुत कोशिश की, लेकिन उस पर कोई असर नहीं पड़ा.

शादी के 3 सालों बाद रीतेश के यहां एक बेटा पैदा हुआ, जिस का नाम उस ने यथार्थ रखा. बेटा पैदा होने के बाद उस का ध्यान पत्नी की ओर से बिलकुल हट गया. अब वह सिर्फ बेटे को ही प्यार करता था.

रीतेश और स्मिता के स्वभाव में काफी अंतर था. जहां स्मिता खुशदिल और जीवन में आगे बढ़ने के सपने देखने वाली थी, वहीं रीतेश की सोच सिर्फ नशे तक सीमित थी. उसे जितनी चिंता नशे की होती थी, उतनी काम की भी नहीं होती थी. यही वजह थी कि शाम होते ही दोस्तों के साथ उस की महफिल जम जाती थी.

अब वह स्मिता से ठीक से बात भी नहीं करता था. शायद इसीलिए स्मिता कुछ कहती तो वह अनसुना कर देता था. अगर सुन भी लेता तो उसे पूरा नहीं करता था. पति की यह लापरवाही स्मिता को बहुत बुरी लगती थी. इस पर स्मिता को भी गुस्सा आ जाता था और पतिपत्नी के बीच लड़ाईझगड़ा होने लगता था.

इधर वह दोस्तों के साथ कुछ ज्यादा ही महफिल जमाने लगा था. इन महफिलों का असर उस के कारोबार पर ही नहीं, घरगृहस्थी पर भी पड़ रहा था. क्योंकि नशे के चक्कर में उस का ध्यान दोनों चीजों से हट गया था. स्मिता की बातों पर तो ध्यान देना उस ने पहले ही बंद कर दिया था. अब लड़ाईझगड़े की भी चिंता नहीं रहती थी, इसलिए वह मन का मालिक हो गया था.

इन बातों को ले कर उस की किराएदार शारदा भी हंसती थी. स्मिता देख रही थी कि उस के किराएदार कितने प्यार और समझदारी से रहते थे, जबकि वे हमेशा लड़तेझगड़ते रहते थे.

एक दिन स्मिता ने रीतेश से बासमती चावल लाने को कहा तो शाम को रीतेश नशे में लड़खड़ाता खाली हाथ घर आ गया. उस की इस हरकत से उसे गुस्सा आ गया. उस ने गुस्से में पैर पटकते हुए कहा, ‘‘कितना कहा था कि यथार्थ बिना चावल के खाना नहीं खा रहा है, फिर भी तुम हाथ झुलाते चले आए. 2 दिनों से बेटा चावल नहीं खा रहा है. लेकिन तुम्हें क्या, तुम ने तो अपना नशा कर ही लिया.’’

‘‘भई, काम के चक्कर में चावल के बारे में भूल गया. कल ला दूंगा. अब रात में तो चावल बनाना नहीं है.’’ रीतेश ने कहा.

‘‘काम के चक्कर में नहीं, यह क्यों नहीं कहते कि नशे के चक्कर में भूल गया. काम भूल जाते हो, जबकि नशा करना नहीं भूलते.’’

‘‘आखिर मेरे नशे से तुम्हें इतनी परेशानी क्यों है?’’ रीतेश ने झुंझला कर पूछा.

‘‘क्योंकि तुम नशे के चक्कर में काम भूल जाते हो. यही हाल रहा तो एक दिन तुम यह भी भूल जाओगे कि तुम्हारी बीवी और बच्चे भी हैं. नशे के चक्कर में तुम ने कारोबार तो बरबाद कर ही दिया है, धीरेधीरे घरगृहस्थी भी बरबाद कर दोगे. अपने साथ के लोगों को देखो, सभी ने कितनी तरक्की कर ली है. एक तुम हो, आगे जाने के बजाय पीछे चले गए हो.’’

‘‘मैं जैसा भी हूं, अब वैसा ही रहूंगा. अगर तुम्हें मुझ से परेशानी है तो तुम अपना रास्ता बदल सकती हो.’’ कह कर रीतेश दूसरे कमरे में चला गया.

‘‘आज तो तुम चावल लाए नहीं, अगर कल भी नहीं लाए तो खाना नहीं बनेगा.’’ कह कर स्मिता बिना कुछ खाए सोने वाले कमरे में चली गई. रीतेश से भी उस ने खाने के लिए नहीं कहा. उस ने कपड़े बदले और सोने के लिए लेट गई. यह 22 अप्रैल की बात है.

यथार्थ पहले ही सो चुका था. स्मिता भी सोने के लिए लेट गई थी. रीतेश आगे वाले कमरे में लेटा था. पत्नी की किचकिच से परेशान रीतेश को नींद नहीं आ रही थी. जब काफी प्रयास के बाद भी उसे नींद नहीं आई तो उस ने उठ कर एक बार फिर शराब पी कि शायद नशे की वजह से नींद आ जाए. लेकिन शराब पीने के बाद भी उसे नींद नहीं आई.

करवट बदलतेबदलते रीतेश परेशान हो गया तो उस का पत्नी के करीब जाने का मन होने लगा. वह नशे में तो था ही, इसलिए शायद वह यह भूल गया कि अभी थोड़ी देर पहले ही तो पत्नी से लड़ाईझगड़ा हुआ है. वह उसे अपने करीब कैसे जाने देगी. वह उठा और लड़खड़ाते हुए स्मिता के कमरे में पहुंच गया.

खाली पेट स्मिता को भी नींद नहीं आ रही थी. इसलिए जैसे ही रीतेश ने उसे जगाने की गरज से उस के ऊपर हाथ रखा, वह गुस्से में चीखी, ‘‘खाने तो दिया नहीं, अब सोने भी नहीं दोगे.’’

पत्नी के इस तरह चीखने से रीतेश समझ गया कि यहां रुकने से कोई फायदा नहीं है. यहां समझौता के बजाय लड़ाईझगड़ा ही होगा. उसे भी क्रोध आ गया, लेकिन वह बिना कुछ कहे ही बाहर आ गया. बाहर खड़े हो कर वह सोचने लगा कि उस की औकात इतनी भी नहीं रही कि वह पत्नी के पास सो सके. पत्नी उसे पति नहीं, उठल्लू का चूल्हा समझने लगी है. यह अपने आप को समझती क्या है. इसे लाइन पर लाना ही होगा.

रीतेश स्मिता को सबक सिखाने के बारे में सोच रहा था कि तभी उस की नजर सामने रखे हथौड़े पर चली गई. हथौड़े पर नजर पड़ते ही उस का इरादा खतरनाक हो उठा. उस ने हथौड़ा उठाया और कमरे में वापस आ गया. स्मिता आंख बंद किए लेटी थी. उसे क्या पता कि यहां क्या होने जा रहा है, इसलिए वह उसी तरह चुपचाप लेटी रही. रीतेश ने उस की इस लापरवाही का फायदा उठाया और उस पर हथौड़े से वार कर के इस तरह उसे खत्म कर दिया कि वह चीख भी नहीं पाई.

कमरे में खून ही खून फैल गया था. बिस्तर भी खून से तर हो गया था. उस के भी कपड़े खराब हो गए थे. उस ने पहले तो अपने ही नहीं, स्मिता के भी कपड़े बदले. बिस्तर बदला. उस के बाद कमरा साफ किया. स्मिता की लाश उस ने चादर से ढक दी. उस ने सोचा कि सुबह जल्दी उठ कर वह लाश को ठिकाने लगा देगा. लेकिन पत्नी की हत्या करने के बाद उसे यह चिंता होने लगी कि अब वह बचे कैसे? यही सोचते-सोचते वह सो गया तो सुबह देर से आंखें खुलीं.

23 अप्रैल की सुबह रीतेश जागा तो रात का पूरा दृश्य उस की आंखों के आगे घूमने लगा. वह उठ कर बैठ गया और सोचने लगा कि अब स्मिता की लाश का क्या करे. तभी किराएदार मझोले की पत्नी शारदा किसी काम से ऊपर आई. रीतेश को बाहर वाले कमरे में परेशान बैठा देख कर पूछा, ‘‘क्या बात है भाईसाहब, आप कुछ परेशान लग रहे हैं? यथार्थ की मम्मी अभी नहीं उठीं क्या?’’

‘‘उन की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह अभी सो रही हैं.’’ कह कर रीतेश ने शारदा को टाल दिया.

शारदा और उस के पति मझोले ने रात में रीतेश और स्मिता के बीच जो झगड़ा हुआ था, सुना था. उन का यह रोज का मसला था, इसलिए वे बीच में नहीं बोलते थे. लेकिन जब उन्होंने रीतेश को परेशान देखा और स्मिता उन्हें दिखाई नहीं दी तो उन्हें संदेह हुआ. लेकिन उन्होंने कुछ कहा नहीं.

कुछ देर बाद रीतेश का 6 साल का बेटा यथार्थ उठा तो उस ने भी मां के बारे में पूछा. तब रीतेश ने कहा, ‘‘बेटा, उन की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह सो रही हैं. अभी तुम उन्हें जगाना मत.’’

उस ने यथार्थ को खाने के लिए बिस्कुट और साथ में चाय दी. बेटे को चायबिस्कुट दे कर वह नीचे गोदाम में चला गया. उस का वहां भी मन नहीं लगा. वह स्मिता की लाश को ले कर काफी परेशान था. वह सोच रहा था कि किसी तरह से रात हो जाए तो वह उसे ठिकाने लगा दे. लेकिन रात होने से पहले ही उस की पोल खुल गई.

यथार्थ अकेला ही इधरउधर खेल कर टाइम पास कर रहा था. कुछ देर के बाद शारदा फिर ऊपर आई. उस ने यथार्थ को अकेला खेलते देख कर पूछा, ‘‘बेटा, तुम्हारी मम्मी कहां है?’’

‘‘मम्मी की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वह सो रही हैं. पापा ने कहा है कि उन्हें जगाना मत.’’ यथार्थ ने कहा.

शारदा को संदेह तो पहले ही था कि कुछ गड़बड़ है. यथार्थ की बात सुन कर उस का संदेह गहराया तो वह अंदर आ गई, जहां स्मिता सो रही थी. उस ने स्मिता को तो नहीं देखा, लेकिन इधरउधर देखा तो वहां उसे खून के छींटे दिखाई दिए. वह भाग कर नीचे आई और उस ने सारी बात पति को बता दी.

इस के बाद मझोले ने इस बात की सूचना सआदतगंज कोतवाली को दे दी. सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी समर बहादुर यादव ने 2 सिपाहियों को मामले का पता लगाने के लिए भेज दिया. दोनों सिपाही रीतेश के घर पहुंचे तो उन्हें देख कर उस का चेहरा सफेद पड़ गया. लेकिन उस ने खुद को जल्दी से संभाल कर पूछा, ‘‘आप लोग यहां, कोई खास काम है क्या?’’

‘‘क्या तुम हमें बताओगे कि तुम्हारी पत्नी कहां है?’’ एक सिपाही ने पूछा.

‘‘मेरी पत्नी की तबीयत खराब है, वह सो रही है. आप लोगों को उस से क्या काम पड़ गया, जो आप लोग उस के बारे में पूछ रहे हैं?’’ रीतेश ने कहा.

पुलिस वाले उस की बात का जवाब देने के बजाय किराएदारों के इशारा करने पर स्मिता के कमरे की ओर चल पड़े. इस पर रीतेश सिपाहियों के आगे खड़ा हो गया और उन्हें ऊपर जाने से रोकने लगा.  लेकिन सिपाही उसे धकिया कर ऊपर चले गए. स्मिता चारपाई पर लेटी थी. उसे चादर ओढ़ाई हुई थी. उस के शरीर से किसी तरह की हरकत नहीं हो रही थी. ऐसे में सिपाहियों को भी शक हुआ तो उन्होंने ऊपर पड़ी चादर हटा दी.

स्मिता की खून से सनी लगभग अर्धनग्न लाश सामने आ गई. सिपाहियों ने रीतेश को दबोच लिया. इस के बाद सिपाहियों ने हत्या की सूचना थानाप्रभारी को दे दी. थानाप्रभारी समर बहादुर यादव ने इस बात की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दे दी. थोड़ी ही देर में रीतेश के घर थानाप्रभारी समर बहादुर यादव के साथ क्षेत्राधिकारी राजकुमार अग्रवाल पहुंच गए.

यथार्थ मां की खून से लथपथ लाश देख कर रोने लगा. वह पुलिस को कुछ बताने लायक नहीं था, इसलिए पुलिस ने उसे बाहर भिजवा दिया. इस के बाद पुलिस ने रीतेश से पूछताछ शुरू की तो उस ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस ने घटना की सूचना स्मिता के भाई राजू द्विवेदी को दी तो वह कानपुर से लखनऊ आ गया. उस के पहुंचने पर पुलिस ने उस की ओर से स्मिता की हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया.

पुलिस ने रीतेश की निशानदेही पर वह हथौड़ा और ड्रम में छिपाए गए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए. यथार्थ को पुलिस ने उस के मामा के हवाले कर दिया. इस के बाद रीतेश को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. अब उसे अपने किए पर पश्चाताप हो रहा है, लेकिन अब उस के इस पश्चाताप से क्या हो सकता है.

— कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

पबजी गेम की आड़ में की मां की हत्या – भाग 1

साधना सिंह बहुत बदहवास नजर आ रही थी. 3 बार उस ने अपने बैडरूम में रखी अलमारी का लौकर और ड्राअर का सामान उलटपलट कर के अच्छे से चैक कर डाला था. रात को ही उस ने 10 हजार रुपए अलमारी में रखे थे, वे गायब थे.

‘कहां गए 10 हजार रुपए?’ वह बड़बड़ाई, ‘सारा दिन तो वह घर में ही थी, कोई आयागया भी नहीं. फिर रुपए कहां चले गए? कहीं दक्ष ने वे रुपए चुरा कर पबजी गेम में तो नहीं उड़ा दिए?’

‘यकीनन रुपए दक्ष ने ही चुराए हैं.’ साधना सिंह के मन में दृढ़ विचार कौंधा.

गुस्से में तनी साधना सिंह बेटे दक्ष को ढूंढती हुई उस के स्टडी रूम आई तो वहां दक्ष कुरसी पर बैठा दिखाई दे गया. उस के सामने की टेबल पर एक किताब उलटी पड़ी थी. दक्ष के हाथ में मोबाइल फोन था, उस का पूरा ध्यान मोबाइल की स्क्रीन पर था.

साधना सिंह के तनबदन में आग लग गई. गुस्से में तो वह पहले ही थी. उस ने दक्ष के हाथ से मोबाइल छीन कर टेबल पर पटक दिया और दक्ष को बालों से पकड़ कर चीखी, ‘‘ठहर, मैं खिलवाती हूं तुझे पबजी गेम.’’

साधना सिंह बेरहमी से उसे पीटने लगी. दक्ष रोने लगा, रोते हुए ही बोला, ‘‘मैं गेम नहीं खेल रहा था मौम, मैं औनलाइन पढ़ाई कर रहा था.’’

‘‘झूठ बोलता है नालायक,’’ साधना सिंह उस के गाल पर जोर से थप्पड़ मारते हुए चीखी, ‘‘मेरी अलमारी से 10 हजार रुपए गायब हैं. बता वे रुपए तूने क्या किए हैं?’’

‘‘मैं ने आप के रुपए नहीं लिए हैं मौम, डैड की कसम ले लो…’’

‘‘डैड के बच्चे… तू मोबाइल में गेम्स खेल खेल कर चोर और निकम्मा बन गया है. रुपए चोरी कर के गेम्स में उड़ाने लगा है.’’ साधना सिंह गुस्से से उस के बाल पकड़ कर हिलाने लगी.

‘‘नहीं मौम, मैं चोरी नहीं करता… मैं अब गेम भी नहीं खेलता हूं,’’ दर्द से तड़पते हुए दक्ष बोला, ‘‘आप प्लीज, मेरे बाल छोड़ दो. मुझे मत मारो.’’

‘‘मेरे 10 हजार रुपए चोरी गए हैं, जब तक तू उन रुपयों के बारे में नहीं बताएगा, मैं तुझे पीटना बंद नहीं करूंगी.’’

दक्ष को साधना सिंह पीटती रही. दक्ष रोता गिड़गिड़ाता मार खाता रहा, लेकिन साधना सिंह के हाथ नहीं रुके. दक्ष मार से जब बेहाल हो गया तो वह उसे घसीटती हुई स्टोर रूम में ले आई और उस में बंद करती हुई गुस्से से चीखी, ‘‘तू अब इसी में बंद रहेगा, तुझे खाना भी नहीं मिलेगा. यदि तूने 10 हजार रुपए के बारे में नहीं बताया तो मैं कल तुझ पर मिट्टी का तेल डाल कर आग लगा दूंगी.’’

मार से दक्ष बेहोश सा हो गया था. होश खोने के बाद भी उस के होंठों से मद्धिम स्वर निकल रहे थे, ‘‘मैं ने रुपए नहीं चुराए हैं मौम. मैं.. निर्दोष हूं.’’

उत्तर प्रदेश के महानगर लखनऊ की यमुनापुरम कालोनी में 7 जून, 2023 की सुबह असहनीय बदबू से लोग परेशान हो उठे. यह बदबू नवीन कुमार सिंह के घर से आ रही थी. लग रहा था इस घर में कोई चीज सड़ रही है.

नवीन कुमार सिंह सेना में जूनियर कमीशंड अधिकारी के पद पर तैनात थे, उन की पोस्टिंग बंगाल के आसनसोल में थी. घर में उन की पत्नी साधना सिंह 50 वर्ष, बेटी प्रियांशी 10 वर्ष और बेटा दक्ष 16 वर्ष रहते थे. उन के सामने वाले घर में शर्मा दंपति रहते थे. उन्हें कल ही आसनसोल से नवीन कुमार सिंह का फोन आया. उन्होंने शर्माजी से कहा था कि वह उन के घर जा कर देखें. उन की पत्नी साधना उन का फोन नहीं उठा रही है, वह साधना से उन की बात करवा दें.

शर्माजी ने अपनी पत्नी को नवीन कुमार सिंह के घर भेजा था. वह घर के दरवाजे तक पहुंची थी तो उन्हें वहां तेज स्मैल महसूस हुई. दरवाजे पर ही उन्हें नवीन कुमार का बेटा दक्ष मिल गया था. साधना के विषय में पूछने पर उस ने बताया था कि मौम बिजली का बिल जमा करवाने गई हैं. शर्माजी की पत्नी वापस लौट आई थी. यह बात नवीन सिंह को शर्माजी ने बता दी थी.

आज नवीन कुमार सिंह के घर से आ रही बदबू बढ़ती जा रही थी. इस से शर्माजी का माथा ठनका. वह अपनी पत्नी से बोले,

‘‘मुझे लग रहा है, नवीनजी के घर में कुछ गड़बड़ हुई है. इस असहनीय बदबू से सांस लेना दूभर हो रहा है. मैं पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दे देता हूं. पुलिस आ कर देख लेगी कि माजरा क्या है.’’

‘‘असहनीय बदबू है जी. आप पुलिस कंट्रोल रूम में फोन लगाइए.’’ पत्नी ने भी कह दिया.

शर्माजी ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर के नवीन कुमार सिंह के घर से आ रही असहनीय बदबू के विषय में बता दिया.

यमुनापुरम क्षेत्र का थाना कोतवाली पीजीआई पड़ता था. आधा घंटा में ही कंट्रोल रूम से सूचना पा कर कोतवाली पीजीआई थाना पुलिस यमुनापुरम आ गई. एसएचओ धर्मपाल नवीन कुमार सिंह के घर के सामने पहुंचे तो घर से आ रही बदबू के कारण उन्हें रुमाल निकाल कर नाक पर रखना पड़ा. साथ में आए पुलिस वालों ने भी ऐसा ही किया.

इंसपेक्टर धर्मपाल ने घर के दरवाजे की कालबेल बजाई. दरवाजा दक्ष ने खोला. पुलिस को देख कर वह एक क्षण को विचलित हुआ, फिर तुरंत संभल गया.

‘‘आप को किस से मिलना है?’’ उस ने सामान्य तौर पर पूछा.

‘‘तुम्हारे पापा हैं घर में?’’

‘‘नहीं सर. वह आसनसोल में ड्यूटी पर हैं. मेरे पापा सेना में हैं.’’

‘‘ओह.’’ इंसपेक्टर ने होंठ सिकोड़े, ‘‘इस घर से बहुत तेज बदबू आ रही है. मुझे अंदर तलाशी लेनी है.’’

दक्ष एक तरफ हट गया. इंसपेक्टर धर्मपाल ने अंदर बैठक में कदम रखा. वहां सोफे पर 10 साल की प्रियांशी बैठी अपने स्कूल का काम कर रही थी. पुलिस को देख कर वह सहम गई और उठ कर अपने भाई दक्ष के पीछे आ कर खड़ी हो गई.