UP News: फेमिली को लग जाए – जब प्यार की भनक

UP News: 20 वर्षीय रूबी चाहती थी कि उस की शादी प्रेमी रविशंकर के साथ ही हो, लेकिन फेमिली वालों को जब इस की भनक लगी तो उन्होंने उस का रिश्ता कहीं और तय कर दिया. फिर रूबी ने अपनी शादी को रुकवाने के लिए ऐसी खूनी साजिश रची कि…

रूबी ने अपने प्रेमी रविशंकर को फोन किया और बोली, ”हाथ पर हाथ रखे बैठे रहोगे या कुछ करोगे भी? मेरे घर वालों ने मेरी शादी 18 नवंबर, 2025 की होनी तय कर दी है. यदि कोई उपाय नहीं किया तो हम ने जो सपने देखे हैं, सारे धरे के धरे रह जाएंगे.’’

पे्रमिका के मुंह से अचानक शादी की बात सुन कर रविशंकर के हाथों के तोते उड़ गए. फिर भी उस ने रूबी को समझाया, ”तुम चिंता मत करो, मैं कोई न कोई उपाय खोजता हूं.’’

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के थाना जवां क्षेत्र का एक गांव है चंदौखा. यहीं के रहने वाले हैं मुंशीलाल. उन के घर में 20 वर्षीय बेटी रूबी की शादी की तैयारियां जोरशोर से चल रहीं थीं. रूबी फेमिली वालों द्वारा तय की हुई शादी नहीं करना चाहती थी. क्योंकि वह तो वह 24 वर्षीय बाइक मैकेनिक रविशंकर से प्यार करती थी और उसी के साथ शादी कर अपना घर बसाना चाहती थी, लेकिन फेमिली वालों ने अचानक जब उस का रिश्ता अलीगढ़ के गोंडा मोड़ निवासी एक युवक से तय कर दिया तो रूबी परेशान हो गई.

”यदि हम लोगों ने कोई उपाय नहीं किया और यों ही बैठे रहे तो हम लोगों की शादी नहीं हो सकेगी. फिर जीवन भर पछताना पड़ेगा. तुम्हें पता है कि दादी ने मेरी शादी तय करा दी है.’’ रूबी ने अपनी शादी रुकवाने के लिए प्रेमी रविशंकर को एक उपाय सुझाया. उस ने कहा, ”यदि दादी चंद्रवती की हत्या शादी से पहले कर दी जाए तो मेरी शादी टल जाएगी. फिर हम दोनों भाग कर शादी कर लेंगे.’’

रविशंकर को भी प्रेमिका की यह योजना पसंद आई. इस खतरनाक सोच ने हत्या की नींव रख दी. अब सवाल यह था कि योजना को कैसे अंजाम दिया जाए और हथियारों का इंतजाम कैसे और कहां से किया जाए? उस के लिए रुपयों की भी जरूरत थी, घर में शादी की तैयारी चल ही रही थीं, जिस के लिए रुपयों का भी इंतजाम किया गया था. तभी रूबी ने उन्हीं रुपयों में से 10 हजार रुपए चुरा लिए. रूबी ने प्रेमी रविशंकर को फोन कर एकांत में बुलाया और उसे 10 हजार रुपए तमंचा व कारतूस लाने को दे दिए. रुपए सौंपते समय उस ने कहा, ”अब काम में ढिलाई मत करना वरना देर हो जाएगी.’’

प्रेमिका द्वारा दिए गए रुपयों से प्रेमी ने अपने गांव कस्तली के दोस्त रोहित की मदद से आईटीआई रोड के आयुष से एक तमंचा व कारतूस खरीदे. हत्या वाले दिन की मुखबिरी खुद रूबी ने की. हत्या को ले कर पहले से योजना तय हो गई थी. रूबी ने कह दिया था कि जिस समय दादी चंद्रवती घेर से पशुओं को ले कर घर वापस आएंगी, उसी समय वह उसे सूचना दे देगी. तभी उन की हत्या कर देना. 11 नवंबर, 2025 की शाम हर दिन की तरह ही शुरू हुई थी. गांव चंदौखा निवासी वीरी सिंह की 65 वर्षीय पत्नी चंद्रवती अपने घेर से पशुओं को घर ले आई. वह सुबह के समय पशुओं को घेर में ले जाती थीं और शाम को वापस घर ले आती थीं. पशुओं को घेर से लाने के काम में चंद्रवती की पोती रूबी हर रोज उन की मदद के लिए आ जाती थी, लेकिन उस दिन वह प्लानिंग के तहत कुछ जल्दी घर से निकल गई थी.

हत्या का समय फिक्स था. चंद्रवती की हत्या का स्थान भी निश्चित था. वह रोज जिस रास्ते से पशुओं को ले कर लौटती थीं, वहीं उन की हत्या होनी थी. उस दिन भी चंद्रवती पशुओं को घेर से ले कर वापस घर की ओर आ रही थीं. योजना के अनुसार रूबी उस दिन पहले से तय समय से थोड़ा पहले अपने घर से निकली.

प्रेमिका का इशारा पाते ही रविशंकर एक पेड़ और झाडिय़ों के पीछे छिप गया. रूबी जानबूझ कर जल्दी निकल कर दूर हो गई, ताकि हत्या के समय वह खुद आसपास न हो. इस षडयंत्र से अनजान चंद्रवती कुछ ही मिनट बाद जैसे ही वहां पहुंची, रूबी ने अपने प्रेमी रविशंकर को वाट्सऐप के जरिए सूचना दी, ‘दादी आ गई हैं, अब निकलो.’

शिकार की बाट जोह रहे रविशंकर ने नजदीक से चंद्रवती के सिर में गोली मार दी. गोली सीधे सिर में लगी और गोली लगते ही चंद्रवती जमीन पर गिर पड़ीं. हत्या करने के बाद रविशंकर अंंधेरे में तमंचा झाडिय़ों में फेंक कर गायब हो गया. यह शाम लगभग साढ़े 8 बजे की बात है. वारदात के बाद थोड़ी सी देर में ही घटनास्थल पर तमाम ग्रामीण इकट्ठे हो गए. सूचना मिलते ही चंद्रवती की फेमिली वाले भी वहां आ गए. वह तुरंत ही उन्हें उपचार के लिए क्वार्सी ट्रामा सेंटर ले गए, लेकिन डौक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. डौक्टरों ने बताया कि सिर में गोली लगने से इन की मौत हुई है.

सूचना मिलने के एक घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण भी किया. किसी से रंजिश नहीं होने पर फेमिली वालों ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाना जवां में हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी स्पष्ट हो गया कि चंद्रवती की हत्या  सिर में गोली लगने से हुई. चंद्रवती की मौत से घर में कोहराम मच गया. शादी वाले घर में जहां कुछ दिनों बाद शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां मातम पसर जाने पर रूबी अंदर  ही अंदर खुश हो रही थी. उस के मन में खुशी के लड्डू फूट रहे थे.

कहने को दिखावे के लिए वह भी आंसू बहा रही थी. उस ने सोचा कि दादी की मौत के बाद अब क्रियाकर्मों के चलते उस की शादी टल जाएगी और वह इस बीच अपने प्रेमी के साथ घर से भाग कर शादी रचा लेगी.

\

चूंकि परिवार में चंद्रवती की हत्या हो गई थी, इसलिए बिना शोरशराबे के सामान्य तरीके से चंद्रवती की मौत के एक सप्ताह बाद यानी 18 नवबंर, 2025 को रूबी की शादी नियत तारीख पर परिवारजनों द्वारा कर दी गई. जबकि रूबी को इस की जरा भी उम्मीद नहीं थी. लेकिन पकड़े जाने के डर से घर में मातम के चलते वह अपनी शादी टालने के लिए भी घर में किसी से कह नहीं सकती थी. रूबी की शादी अपने प्रेमी से न होने पर वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई. इस बीच उस की अपने प्रेमी रविशंकर से मोबाइल फोन पर कई बार बात भी हुई, लेकिन शादी होने के बाद वह विदा हो कर अपनी ससुराल चली गई. रूबी और प्रेमी रविशंकर के दिल के अरमां आंसुओं में बह कर रह गए.

घर में शादी निपट जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी. जांच की शुरुआत मृतका के फेमिली वालों से ही की. शुरुआती जांच में मृतका व उस के फेमिली वालों से किसी की कोई दुश्मनी नहीं मिली. पुलिस को जांच में पहले सप्ताह कोई ठोस सुराग नहीं मिला. पुलिस को लगा कि शायद किसी बाहरी शरारती व्यक्ति ने यह अपराध किया है, लेकिन सच बहुत ज्यादा जटिल और खतरनाक था, लिहाजा पुलिस ने जांच तेज की. मोबाइल सर्विलांस में एक नंबर लगातार हत्या के आसपास ऐक्टिव मिल रहा था. जांच के दौरान पता चला कि यह नंंबर रविशंकर का है. पुलिस ने जांच की तो लोकेशन मैच हुई.

कौल डिटेल्स से पता चला कि हत्या से ठीक पहले रूबी और रविशंकर के बीच कई मर्तबा बात हुई थी. हत्या वाले दिन शाम को दोनों की लोकेशन एक ही दिशा में पाई गई. तब पुलिस का शक गहराया कि जरूर चंद्रवती की हत्या में इन दोनों का कोई हाथ है. तब पुलिस ने बिना देर किए रविशंकर को हिरासत में लिया. पूछताछ में वह टूट गया. उस ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया. इतना ही नहीं, उस ने हत्या की पूरी साजिश पुलिस को बताई.

इस के बाद रविवार पहली दिसंबर को पुलिस ने रूबी को उस की ससुराल से बुलाया. वह मेंहदी लगे हाथों,चूड़ा पहने ही पहुंची. जब पुलिस ने थाने ले जा कर उससे पूछताछ की तो उस ने भी अपना अपराध स्वीकार करते हुए कहा कि हां, मैं ने ही दादी की हत्या कराई थी, ताकि मेरी शादी रुक जाए और मैं अपने प्रेमी से शादी कर सकूं. पूछताछ के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया. इस घटना में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब दादी चंद्रवती की हत्या के बाद फेमिली वाले सदमे में थे. किसी को अंदेशा भी नहीं था कि इस घटना के पीछे रूबी और उस के प्रेमी रविशंकर का हाथ है.

घर वालों ने सोचा था कि मौत हो गई है, लेकिन रिश्ता अचानक तोडऩा ठीक नहीं होगा और उन्होंने रूबी की शादी 18 नबंवर को नियत तारीख पर कर दी. शादी इतनी जल्दी होने से रूबी भी बेबस थी. वह रविशंकर से संपर्क करने की कोशिश करती रही, लेकिन स्थिति उस के हाथ से निकल चुकी थी. इस दिल दहला देने वाली वारदात का परदाफाश पुलिस जांच, मोबाइल सर्विलांस, वाट्सऐप चैट्स, मुखबिरी, हत्या की मिनट दर मिनट प्लानिंग और दोनों आरोपियों रूबी और रविशंकर से हुई पूछताछ के बाद हुआ.

बाइक मैकेनिक रविशंकर गांव कस्तली का रहने वाला था. वह चंदौखा मोड़ पर पिछले 6 साल से बाइक मरम्मत की दुकान चलाता था. उस की दुकान के पीछे मुंशीलाल का परिवार रहता था. मुंशीलाल की बेटी रूबी जवानी की दहलीज पर कदम रख चुकी थी. रूबी चुपकेचुपके रविशंकर को देखा करती थी. लेकिन उस की यह चोरी ज्यादा दिनों तक छिपी नहीं रह सकी. एक दिन रविशंकर और रूबी की नजरें टकरा गईं. दोनों अपलक एकदूसरे को निहारते रहे. अब तो उन का रोज का सिलसिला बन गया. यहीं दोनों की मुलाकातें शुरू हुई औैर फिर धीरेधीरे रिश्ता प्रेम में बदल गया.

क हते हैं कि इश्क और मुश्क छिपाए नहीं छिपते हैं. रूबी और रविशंकर के साथ भी यही हुआ. रूबी के पापा मुंशीलाल की चाची चंद्रवती, जो रूबी की दादी लगती थी को दोनों के अफेयर का पता चल गया. प्रेम प्रसंग का पता चलने के बाद दादी चंद्रवती ने रूबी से कुछ नहीं कहा, लेकिन वह पोती रूबी पर लगातार निगरानी रखने लगीं, जिस से अब दोनों के मिलनेजुलने में भी बाधा पडऩे लगी. इस बीच दादी ने परिवार पर दबाव डाल कर रूबी का रिश्ता गोंडा मोड़ अलीगढ़ के एक युवक से तय करा दिया. रूबी के लिए यह रिश्ता मंजूर करना आसान नहीं था. वह किसी भी कीमत पर प्रेमी रविशंकर से अलग नहीं होना चाहती थी.

गांव चंदौखा में इस हत्याकांड से दहशत का माहौल है. लोगों का कहना है कि ऐसी घटना हमारे गांव में आज तक कभी नहीं हुई. घर की बेटी इतनी क्रूर हो सकती है, किसी ने कल्पना तक नहीं की. दादी चंद्रवती का हमेशा पोती से स्नेह भरा रिश्ता था. दादी ने जब रूबी को अपने प्रेमी के साथ गलत राह की तरफ जाते देखा तो घर की इज्जत पर कोई दाग न आए, यही सोच कर उस ने आननफानन में फेमिली वालों से कह कर रूबी का रिश्ता तय करा दिया था. दादी अपनी पोती की शादी की तैयारियों में जुटी थीं, मगर रूबी को यह नागवार गुजरी और दादी के खून से प्रेमी रविशंकर के साथ अपने हाथ भी रंग लिए.

घटना के 20 दिन बाद जब पुलिस ने केस का खुलासा किया तो यह सिर्फ एक हत्या का केस नहीं रहा, बल्कि इंसानी रिश्तों के टूटते मूल्य, विकृत प्रेम और घर के भीतर चल रहे गहरे षडयंत्र की भयावह दास्तां बन कर सामने आया. जो सच सामने आया, उस ने परिवार, गांव और पुलिस सभी को हैरान कर दिया. हत्या किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उसी घर की पोती रूबी ने अपने प्रेमी रविशंकर के साथ मिल कर एक साजिश के तहत कराई थी, जिस की एक ही वजह थी, किसी तरह अपनी शादी टलवाना, ताकि वह प्रेमी के साथ भाग कर शादी कर सके.

सीओ (तृतीय) सर्वम सिंह ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का परदाफाश एक प्रैसवार्ता में करते हुए रूबी और रविशंकर की प्रेम कहानी उजागर कर दी. शादी को रोकने के लिए हत्या जैसा जघन्य अपराध, यह समाज के लिए चेतावनी है. यह सिर्फ एक हत्या की कहानी नहीं है. यह एक सामाजिक चेतावनी है. प्रेम में अंधापन, परिवार से डर, जल्दबाजी, गलत सलाह और अपराध की आसान राह, ये सब मिल कर एक पूरी पीढ़ी को गलत दिशा की ओर ले जा रहे हैं.

रूबी, जो प्रेम में पड़ी एक सामान्य लड़की लग रही थी, वह अचानक एक ऐसी राह पर चली गई, जिस में अब उस की जिंदगी जेल की अंधेरी कोठरी में बीतेगी. इस तरह की घटनाएं परिवार, गांव और समाज सभी के लिए एक झटका हैं. UP News

 

 

Aligarh News: एक जुर्म दीवाने की खातिर

Aligarh News: पति यूसुफ के घर से निकलते ही तबस्सुम ने योजनानुसार प्रेमी दानिश को फोन कर दिया था. इस बात की जानकारी किसी को नहीं हो सकी. यूसुफ जब शाम को काम से वापस घर नहीं आया, तब फेमिली वालों को चिंता हुई. यूसुफ के साथ फिर क्या हुआ? पढि़ए, इस सनसनीखेज कहानी में…

दानिश और तबस्सुम का 4 सालों तक प्यार परवान चढ़ता रहा, लेकिन अब यूसुफ की दखलंदाजी से दोनों परेशान रहने लगे. फोन पर भी अब तबस्सुम दानिश से डरडर कर कम ही बात कर पाती थी. प्रेमी और प्रेमिका दोनों ही बिन पानी की मछली की तरह तड़पने लगे. जब दोनों को एकदूसरे की जुदाई बरदाश्त नहीं हुई तो यूसुफ से छुटकारा पाने के लिए उस की हत्या करने का प्लान बनाया. 29 जुलाई, 2025 को यूसुफ घर से टिफिन ले कर मंडी जाने के लिए घर से निकला था, रास्ते में उसे दानिश ने रोक कर कहा, ”यूसुफ यहां पर सारे दिन काम करने पर भी मिलने वाले पैसों से तुम्हारा काम नहीं चलेगा. मेरे साथ चलो, कासगंज में मेरी जानपहचान है. वहां पर अच्छा काम दिलवा दूंगा.’’

अपने दोस्त दानिश की बातों में आ कर यूसुफ उस की स्कूटी पर बैठ गया. दानिश यूसुफ को अपनी स्कूटी पर बैठा कर कासगंज की ओर ले गया. रास्ते में टिफिन से खाना खाने के बहाने दानिश यूसुफ को विलराम क्षेत्र में स्थित बंद पड़े एक ईंट भट्ठे पर ले गया. दानिश ने अपने लिए खाना पहले ही एक होटल से ले लिया था. भट्ठे पर पहुंच कर दोनों ने वहां बैठ कर अपनाअपना खाना खाया. खाना खाने के बाद दोनों वहीं आराम करने लगे. खाना खाने के कुछ देर बाद ही यूसुफ बेहोश हो गया. तब दानिश ने उस के दोनों हाथ पीछे बांध दिए और अपने साथ लाए छुरे को स्कूटी से निकाल कर यूसुफ के पेट में वार कर उस की हत्या कर दी.

इस के बाद भी उसे तसल्ली नहीं हुई और अपने साथ लाए तेजाब से उस का चेहरा जला कर शव को वहां उगी झाडिय़ों में फेंक कर अपनी स्कूटी से भाग गया. यूसुफ की हत्या करने के बाद दानिश ने काम होने की पूरी जानकारी मोबाइल से अपनी प्रेमिका तबस्सुम को दे दी. इस के बाद दानिश अपने घर आ गया. यूसुफ की हत्या करने के बाद दानिश और तबस्सुम खुश थे. दोनों की फोन पर बातें होती रहती थीं. दोनों साथ रहने का प्लान बना रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

2 अगस्त, 2025 की शाम को कासगंज जिले की बिलराम पुलिस चौकी के गांव नगला छत्ता में बंद पड़े एक ईंट भट्ठे के पास झाड़ी में एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला हुआ शव मिला. युवक का शव मिलने की जानकारी जंगल की आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में महिलाओं व पुरुषों की भीड़ एकत्र हो गई. कुछ लोग कह रहे थे कि यह आशिकी के चक्कर में मारा गया है, जबकि कुछ का कहना था कि पैसों के लेनदेन के पीछे हत्या हुई है. जितने मुंह उतनी बातें वहां होने लगी.

लोगों ने इस की सूचना पुलिस को दी, पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई. शव कई दिन पुराना होने के चलते उस में कीड़े पनप गए थे.  मृतक के दोनों हाथ पीछे रस्सी से बंधे हुए थे. शव को देखने से प्रतीत हो रहा था कि पेट में किसी धारदार हथियार से वार कर के मौत के घाट उतारा गया था. शव को पेट्रोल या तेजाब से जला दिया गया था, ताकि उस की शिनाख्त न हो सके. सूचना मिलने पर एसपी (देहात) अमृत जैन भी फोरैंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए. फोरैंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. शव की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन शव की पहचान न होने पर पुलिस समझ गई कि युवक कहीं बाहर का है और उस की हत्या यहां ला कर की गई है.

पुलिस ने मौके की काररवाई निपटाने के बाद शव को मोर्चरी भिजवा दिया. इस के बाद आसपास  के थानों व जिलों से लापता लोगों के बारे में जानकारी की गई. पुलिस को पता चला कि थाना छर्रा के धनसारी गांव का यूसुफ पिछले कई दिनों से लापता है. इस पर पुलिस ने बिना देर किए यूसुफ के फेमिली वालों से संपर्क किया. यूसुफ के फेमिली वाले जब थाने पहुंचे तो उन्होंने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर शव की शिनाख्त यूसुफ के रूप में की. 29 जुलाई, 2025 की शाम के 6 बज चुके थे और 27 वर्षीय यूसुफ अभी तक गल्ला मंडी से वापस नहीं लौटा था. यूसुफ गल्ला मंडी में काम करता था. दोनों बच्चे शाम होते ही बेसब्री से अपने पापा का इंतजार करने लगते थे, क्योंकि यूसुफ बच्चों के लिए खानेपीने और कभीकभी कोई खिलौना ले कर जरूर आता था.

सुबह से शाम हो गई और जब रात घिरने लगी तो बड़े बेटे असलान ने अपनी मम्मी तबस्सुम से पूछा, ”मम्मी, पापा अब तक क्यों नहीं आए हैं? वैसे तो वो शाम तक आ जाते थे.’’

”बेटा, पापा को आज ज्यादा काम मिल गया होगा, इसलिए उन्हें आने में देर हो गई है.’’ तबस्सुम ने कहा.

जब रात के 9 बज गए, तब यूसुफ के पिता भूरे खां ने बहू तबस्सुम से पूछा, ”बहू, यूसुफ सुबह जाते समय क्या कह गया था कि वह देर से घर आएगा?’’

इस पर तबस्सुम ने जबाव दिया, ”नहीं पापाजी, वह मुझ से तो कुछ कह नहीं गए थे. मैं ने फोन किया था, लेकिन उन का फोन स्विच्ड औफ मिला. मुझे लगा कि कहीं काम में फंस गए होंगे. उन्होंने वापस कौल भी नहीं की.’’

यह सुन कर भूरे खां को चिंता हुई. यूसुफ सुबह गल्ला मंडी जा कर शाम को घर लौट आता था, लेकिन आज उस ने फोन कर के भी नहीं बताया कि वह देरी से आएगा. उन्होंने सोचा कि इस समय तो गल्ला मंडी भी बंद हो चुकी होगी. बेटे को तलाशें तो तलाशें कहां? फिर भी उन्होंने स्वजनों के साथ यूसुफ को ढंूढा, लेकिन उस का कुछ पता नहीं चला. अलीगढ़ के थाना छर्रा के गांव धनसारी निवासी भूरे खां व उन के फेमिली वालों ने यूसुफ के इंतजार में पूरी रात आंखों में काटी. सुबह होते ही भूरे खां ने फेमिली वालों के साथ गल्ला मंडी जा कर बेटे की तलाश की. साथ ही उस के साथ काम करने वाले अन्य लोगों से बेटे यूसुफ के बारे में जानकारी की. लोगों ने बताया कि यूसुफ कल तो मंडी आया ही नहीं था.

यह सुनते ही भूरे खां के पैरों तले से जैसे जमीन खिसक गई. उन के मन में तरह तरह के विचार आने लगे कि कहीं बेटे के साथ कोई अनहोनी तो नहींं हो गई. कल से उस का कोई हालचाल नहीं मिला था. बेटे की तलाश में भूरे खां ने जहां भी संभव हो सकता था, वहां उस की तलाश की. दूसरे दिन यानी 30 जुलाई को भूरे खां ने थाना छर्रा में बेटे की गुमशुदगी दर्ज करा दी. गुमशुदगी दर्ज होने के बाद  पुलिस और यूसुफ के फेमिली वाले उस की तलाश करते रहे, लेकिन 4 दिन तलाशने के बाद भी यूसुफ का कोई पता नहीं चला.

यूसुफ की नृशंस हत्या से घर में कोहराम मच गया. यूसुफ  के बच्चों के फूल से खिले चेहरे पिता की मौत से मुरझा से गए. पुलिस ने फेमिली वालों को ढांढस बंधाते हुए उन से हत्यारों की तलाश में मदद करने को कहा. कासगंज में यूसुफ के शव का पोस्टमार्टम होने के बाद शव फेमिली वालों को सौंप दिया गया. 3 अगस्त को डैडबौडी शाम 5 बजे गांव पहुंची. परिजनों और ग्रामीणों ने घटना का खुलासा करने और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छर्राकासगंज मार्ग पर जाम लगाने की कोशिश की. तब पुलिस ने उन्हें समझा कर सड़क से हटा दिया, इस के बाद गांव में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया.

अपने पति की हत्या से यूसुफ की पत्नी तबस्सुम का रोरो कर बुरा हाल था. वह कभी अपने को संभालती तो कभी बच्चों को.  पुलिस ने मृतक यूसुफ की पत्नी के साथ ही घर के अन्य सदस्यों से गहनता से पूछताछ की. बच्चों से भी पुलिस ने जानकारी जुटाई. तबस्सुम ने बताया कि उस ने पति के वापस न आने पर उस ने फोन किया था, लेकिन उन का फोन स्विच औफ आ रहा था. तब उस ने पति के दोस्त दानिश को फोन कर पति के बारे में पूछा था. दानिश ने पति यूसफ के बारे में कोई जानकारी न होने की बात कही थी. इस पर मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मृतक की पत्नी तबस्सुम के मोबाइल की काल डिटेल्स की जांच की. इस के अच्छे परिणाम शीघ्र ही सामने आ गए.

पुलिस ने गहनता से जांच कर इस हत्या की गुुत्थी सुलझा कर इस हत्याकांड का परदाफाश कर दिया. जो सच्चाई सामने आई है, वो बेहद हैरान करने वाली थी. यूसुफ की दर्दनांक हत्या के पीछे जो कहानी सामने आई, उस ने सब को चौंका दिया. यूसुफ की पत्नी तबस्सुम ने अपने गांव में रहने वाले 28 वर्षीय प्रेमी दानिश के साथ मिल कर इस हत्या की साजिश रची थी. दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर जब यूसुफ ने इस का विरोध किया तो दोनों ने मिल कर अपने प्यार के रास्ते से हटाने की ठान ली.

पुलिस ने 3 अगस्त, 2025 को मृतक के पिता भूरे खां की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट  तबस्सुम, उस के प्रेमी दानिश व दानिश के  अज्ञात साथियों के खिलाफ दर्ज कर ली गई. कौल डिटेल्स में तबस्सुम और प्रेमी दानिश के बीच लंबेलंबे समय तक बातचीत के साक्ष्य मिले. इस के बाद तबस्सुम को हिरासत में ले कर पूछताछ की गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि यूसुफ को बड़ी बेरहमी से मारा गया था. बेहोश होने के बाद पहले उस के हाथ पीछे बांधे गए. फिर धारदार हथियार से पेट पर वार किए गए. हत्या के बाद पहचान मिटाने के लिए उस के शरीर पर तेजाब डाला गया.

जांच के बाद पुलिस ने 3 अगस्त को ही तबस्सुम को गिरफ्तार कर लिया. उस ने पूछताछ में सारा राज उगल दिया. प्रेम और वासना में अंधी हो कर तबस्सुम ने अपने पति से छुटकारा पाने के लिए उसे मौत के घाट उतारने की साजिश यूसुफ के दोस्त और अपने आशिक दानिश के साथ मिल कर रची और उसे अंजाम तक पहुंचाया. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस को 6 अगस्त, 2025 की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि यूसूफ की हत्या का आरोपी दानिश जो कि यूसुफ का दोस्त भी है, रामपुर बंबा के निकट कहीं जाने की फिराक में है. सूचना मिलते ही पुलिस एलर्ट हो गई और बंबा के पास से दानिश को गिरफ्तार कर लिया.

दानिश को थाने ला कर उस से यूसुफ की हत्या के बारे में पूछताछ की गई. उस ने बताया कि गांव में उस का और यूसुफ का घर थोड़ी दूरी पर ही है. हम दोनों में दोस्ती थी. यूसुफ के घर आनाजाना रहता था. करीब 4 साल पहले एक दिन जब वह यूसुफ के घर गया था, उस की यूसुफ की पत्नी तबस्सुम से आंखें चार हो गईं. तबस्सुम बला की खूबसूरत थी. दानिश भी कसे शरीर का सुंदर युवक था. पहली ही मुलाकात में दोनों ने आंखों ही आखों में एकदूसरे के दिल पर मोहब्बत की दस्तक दे दी थी.

अब दानिश अकसर यूसुफ के घर आ जाता था. वह बच्चों के लिए कोई न कोई गिफ्ट या उन के पसंद की खानेपीने की चीजें ले कर आता. इस बीच दानिश ने यूसुफ की गैरमौजूदगी में तबस्सुम से उस का मोबाइल नंबर ले लिया. यूसुफ के काम पर जाने के बाद दोनों प्रेमी प्रेमिका फोन पर घंटों बातें करते थे. पति यूसुफ के मंडी जाने के बाद वह बाजार जाने के बहाने घर से निकल जाती और अपने प्रेमी दानिश से मिलती. इस बीच दोनों के बीच जिस्मानी रिश्ते भी बन गए थे. जब भी तबस्सुम को मौका मिलता वह दानिश से मिल आती. तबस्सुम के खयालों में हरदम अपने प्रेमी दानिश की तसवीर रहती थी. वह चाहती थी कि उस का दीवाना हर पल उस की आंखों के सामने ही रहे.

पत्नी के बदलते व्यवहार पर यूसुफ को शक हुआ. फिर उसे दोस्त दानिश और पत्नी तबस्सुम के प्रेम प्रसंग की भनक लगी तो उस ने तबस्सुम का विरोध किया. दानिश को ले कर आए दिन उन के घर में कलह भी होने लगी. पूछताछ में पत्नी तबस्सुम ने पुलिस को बताया, वह अपने प्रेमी दानिश के साथ जाना चाहती थी. पति यूसुुफ इस का विरोध करता था. वह दानिश से बात करने और घर पर उस के सामने आने को मना करता था. पति यूसुफ मंडी के काम से इतना कमा नहीं पाता था, जिस से घर में तंगी बनी रहती थी. जबकि दानिश उस पर खूब खर्च करता था और उस की हर बात का खयाल रखता था.

योजना के अनुसार 29 जुलाई, 2025 को उस ने यूसुफ के खाने में नींद की गोलियां पीस कर मिला दी थीं. ये गोलियां दानिश ने ला कर दी थीं. इस के साथ ही पति के घर से गल्ला मंडी के लिए निकलते ही दानिश को फोन कर दिया था. बताते चलें कि भट्ठे पर जब यूसुफ ने टिफिन से खाना खाया तो नींद की गोलियों की मात्रा खाने में अधिक मिली होने से वह खाना खाने के कुछ समय बाद ही बेहोश हो गया. इस का फायदा उठाते हुए दानिश ने उस की नृशंस तरीके से हत्या कर दी. भूरे खां ने बताया कि बेटे यूसुफ की 7 साल पहले मडराक निवासी तबस्सुम से शादी हुई थी. यूसुफ के 6 साल और 4 साल के 2 बेटे हैं.

सब कुछ ठीक चल रहा था. 4 साल पहले जब से दानिश से यूसुफ की दोस्ती हुई तब से तबस्सुम फोन पर दानिश से बात किया करती थी. इस का यूसुफ विरोध किया करता था. इसी के चलते तबस्सुम ने दानिश के साथ मिल कर यूसुफ की बेहरमी से हत्या कर दी. उस ने अपने छोटे बेटों की भी चिंता नहीं की. थानाप्रभारी राजेश कुमार के अनुसार, जहां तबस्सुम और दानिश के फोन नंबरों की काल डिटेल्स निकाली गई, वहीं घटना में सीसीटीवी फुटेज की भी मदद ली गई.

घटना वाले दिन दानिश अपनी सफेद स्कूटी पर यूसुफ को बैठा कर अपने साथ ले जाता हुआ नजर आया. सभी सबूत एकत्रित कर घटना का परदाफाश किया गया है. आरोपी दानिश की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त छुरा भी बरामद कर लिया गया है. सीओ (छर्रा) धनजंय सिंह के अनुसार, प्रेमिका ने ही प्रेमी के साथ मिल कर घटना का अंजाम दिया. दोनों जेल भेज दिए गए हैं. मृतक का चेहरा भी जलाया गया था. शिनाख्त कपड़ों व चप्पल से हुई. शव 4-5 दिन पुराना भी लग रहा था. अवैध संबंधों के चलते यूसुफ की हत्या की गई है.

पुलिस को इस मामले का परदाफाश करने में ज्यादा टाइम नहीं लगा. पत्नी को हिरासत में ले कर पूछताछ की तो उस ने पति की हत्या का जुर्म स्वीकार कर लिया. लेकिन उस की बात पूरी तरह पुलिस के गले नहीं उतर रही थी. तब उस के मोबाइल की काल डिटेल्स जांची तो पड़ोस में रहने वाला दानिश पुलिस के रडार पर आया. लव अफेयर के चलते पत्नी ने प्रेमी के साथ साजिश रच कर अपने ही जीवनसाथी को मार डाला. अब पत्नी तबस्सुम और प्रेमी दानिश अपने किए का फल भोगेंगे. Aligarh News

 

 

UP Crime : आस्था की चोट

UP Crime : बिजनैसमैन अरुण और डा. आस्था की गृहस्थी की गाड़ी हंसीखुशी से चल रही थी. लेकिन उन दोनों के बीच आए ‘वो’ ने गृहस्थी में नफरत का बीज अंकुरित कर दिया. इसी बीच डा. आस्था ने पति अरुण को ऐसी ठेस पहुंचाई कि अरुण ने एक खतरनाक फैसला ले लिया. फिर जो हुआ…

13 अक्तूबर, 2021 की देर शाम को करीब साढ़े 8 बज रहे थे. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सिविल लाइंस के रहने वाले तरुण अग्रवाल, अपने छोटे भाई अरुण अग्रवाल, जोकि अलीगढ़ शहर की रमेश विहार कालोनी में अपने परिवार के साथ रहता था, के घर पर पहुंचा था. तरुण का घर अरुण के घर से मात्र 20 मिनट की दूरी पर था, जो वह अकसर अपनी बाइक से तय किया करता था. दरअसल, एक दिन पहले ही अरुण अपने दोनों बच्चों को तरुण के घर पर छोड़ने आया था और आज तरुण अपने भतीजेभतीजी के कपड़े लेने अरुण के घर पर आया था.

तरुण ने अपनी बाइक अरुण के घर के आगे रोकी और बाहर से देखा तो घर पर अंधेरा और काफी शांति छाई हुई थी. घर के बाहर बरामदे में बस एक लाइट ही जल रही थी, जिस से बाहर गली तक थोड़ीबहुत रौशनी फैल रही थी. बाइक से उतर कर तरुण बरामदे से होते हुए मकान के मेनगेट पर पहुंचा तो देखा कि दरवाजे पर ताला लटका हुआ है. दरवाजे पर ताला लटका देख तरुण को थोड़ी हैरानी हुई कि अभी तक तो डा. आस्था (अरुण की पत्नी) घर वापस आ जाया करती है. उस ने डा. आस्था को फोन लगाया लेकिन आस्था का नंबर स्विच्ड औफ होने की वजह से कोई जवाब नहीं मिला. आस्था के बाद उस ने अरुण के नंबर पर भी फोन लगाया, लेकिन अफसोस अरुण का नंबर भी स्विच्ड औफ ही मिला.

उस ने मकान के बाहर बरामदे पर नीचे बैठ कर 15-20 मिनट तक इंतजार किया, लेकिन घर खोलने के लिए कोई नहीं आया. काफी देर तक इंतजार करने के बाद हार मान कर तरुण ने अपनी जेब में हाथ डाला, अरुण के घर की चाबी निकाली और मेन गेट खोलने के लिए आगे बढ़ा. दरअसल तरुण को अरुण ने ही पिछले दिन अपने घर की चाबी दी थी, लेकिन वह खुद दरवाजा नहीं खोलना चाहता था. वह नहीं चाहता था कि गलीमोहल्ले में अपने भाई के घर का दरवाजा खोलते हुए कोई उसे देखे और अपने मन में क्याक्या सोच ले. इसलिए दरवाजा खोलने से पहले काफी देर तक उस ने इंतजार किया. लेकिन जब कोई उम्मीद उसे नहीं दिखी तब जा कर उस ने अपने पास मौजूद चाबी से दरवाजा खोलना बेहतर समझा.

दरवाजा खोल कर तरुण ने सब से पहले कमरे की सभी लाइट्स औन कीं. कमरे का सारा सामान व्यवस्थित तरीके से अपनी जगह पर मौजूद था. उस ने सब से पहले बच्चों के कमरे में जा कर अलमारी से उन के 2-2 जोड़ी कपड़े निकाले और अपने हाथों में मौजूद कपड़े के थैले में उन्हें डाल दिया. काफी देर तक बाहर इंतजार करने की वजह से तरुण का गला सूख गया था और उसे प्यास लगने लगी थी. क्योंकि तरुण अब घर के अंदर ही था तो वह घर में किचन की ओर बढ़ा. किचन में पहुंच कर फ्रिज से पानी की बोतल निकाली और पानी पीते हुए उस की नजर छत की ओर गई. छत पर उस ने ऐसा कुछ देखा, जिस से उस की चीख निकल गई.

वह इतनी तेज चीखा कि उस का शोर घर के बाहर गली तक पहुंच गया था. चीख सुन कर गली के लोग चौंकते हुए वहां आ गए और अरुण के घर के आगे जमावड़ा लगा लिया. दरअसल, छत की तरफ तरुण ने एक लाश को लटका हुआ पाया जोकि किसी और की नहीं, बल्कि उस के छोटे भाई की पत्नी डा. आस्था की थी. तरुण बेशक से पानी पी चुका था लेकिन आस्था की लटकी हुई लाश देख कर उस का मन इतना बेचैन हो उठा और उस की दिलों की धड़कन इतनी तेज हो गई कि उसे फिर से प्यास महसूस होने लगी. बहन ने जताया हत्या का शक वह डरासहमा घर के बाहर आया तो देखा कि कुछ लोगों की भीड़ का जमावड़ा घर के आगे लग चुका था.

गली में खड़े लोगों ने बाहर से तरुण को आवाज लगाते हुए पूछा कि आखिर हुआ क्या है. तरुण ने उन के सवालों को नजरअंदाज करते हुए अपनी जेब से फोन निकाला और पुलिस को फोन लगाया. पुलिस को सूचित करने के बाद उस ने आस्था की छोटी बहन आकांक्षा, जोकि आगरा की रहने वाली थी, को फोन कर सूचना दी फिर घर के बाहर आ कर उस ने गली वालों को इस घटना के बारे में बताया. अलीगढ़ का क्वार्सी थाना रमेश विहार कालोनी से बहुत दूर नहीं था. कुछ देर में ही पुलिस की टीम अरुण के घर आ पहुंची थी. मामले की जानकारी मिलते ही सीओ (तृतीय) श्वेताभ पांडेय भी तुरंत ही घटनास्थल पर पहुंच गए.

क्वार्सी पुलिस स्टेशन के थानाप्रभारी विजय सिंह, सीओ श्वेताभ पांडेय और उन की टीम घटनास्थल पर पहुंच कर बेहद सावधानी से उस कमरे की ओर आगे बढ़ी, जहां पर डा. आस्था की लाश लटकी हुई थी. उस कमरे में घुसते ही सीओ श्वेताभ पांडेय को सड़ने की हलकी बदबू महसूस हुई. उन्होंने अपनी जेब से रुमाल निकाल कर अपनी नाक पर रखा. जैसेजैसे वे लाश के नजदीक पहुंचते जा रहे थे, वैसेवैसे बदबू और भी तीखी होती जा रही थी. डा. आस्था की लाश के करीब पहुंच कर उसी अवस्था में श्वेताभ पांडेय ने डेडबौडी का मुआयना किया. हालांकि प्रथमदृष्टया सभी को यह मामला खुदकुशी का ही लग रहा था लेकिन श्वेताभ पांडेय की नजर एक ऐसी चीज पर गई, जिस से उन के दिमाग से आस्था की खुदखुशी का खयाल चला गया था.

उन्होंने देखा कि आस्था की नाक से खून निकल कर सूख चुका था. श्वेताभ पांडेय ने इस से पहले भी कई खुदखुशी के मामलों का निपटारा किया था, लेकिन कभी किसी भी मामले में इस तरह की चीज देखने को नहीं मिली थी. यह देख कर उन के मन में यह मामला खुदकुशी का कम, हत्या का ज्यादा महसूस होने लगा था. श्वेताभ पांडेय और थानाप्रभारी विजय सिंह के मन का शक पत्थर की तरह और मजबूत तब हो गया जब उन्होंने तरुण से मृतका के पति और बच्चों के बारे में पूछताछ की. तरुण ने उन्हें बताया कि एक दिन पहले ही अरुण अपने बच्चों को उन के घर पर छोड़ कर कहीं चला गया था और बीते कल से ही उस का फोन भी नहीं लग रहा है.

यह सुन कर पुलिस की टीम एकदम से हरकत में आ गई. अभी पुलिस की टीम घटनाथल पर सबूतों के लिए खोजबीन कर ही रही थी कि आगरा से आस्था की छोटी बहन आकांक्षा भी अरुण के घर पर पहुंच गई. आकांक्षा को जब उस की बड़ी बहन के मरने की जानकारी मिली तो पहली ही नजर में उस ने इस घटना को हत्या करार दिया. जब श्वेताभ पांडेय और विजय सिंह ने इस पूरे मामले को ले कर आकांक्षा से पूछताछ की तो उस ने चौंकाने वाले तथ्य पुलिस के सामने रखे.

आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि उस की बहन डा. आस्था और उस के बिजनैसमैन पति अरुण के बीच पिछले काफी लंबे समय से नोकझोंक बनी हुई थी. उस ने बताया कि अरुण आस्था पर बेवजह शक किया करता था कि वह किसी और के साथ प्रेम संबंध में बंधी हुई है, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं था. अरुण का अपनी पत्नी पर इस तरह से शक करना आस्था को नागवार गुजरता था, जिस के चलते उन दोनों के बीच पिछले कुछ सालों से खूब लड़ाइयां होती थीं. कभीकभार अरुण आस्था पर हाथ भी उठाया करता था.

यह सब कहते हुए आकांक्षा ने अरुण अग्रवाल (आस्था का पति), तरुण अग्रवाल (अरुण का बड़ा भाई), अनुज अग्रवाल (अरुण का छोटा भाई) और अर्पित अग्रवाल (अरुण का दोस्त) पर आस्था की हत्या का इलजाम लगाते हुए इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई. आकांक्षा ने बताया कि आस्था पर शक करने का काम सिर्फ अरुण ही नहीं कर रहा था, बल्कि ये सब लोग आस्था पर हमेशा नजर बनाए रहते थे और झूठी बातें बना कर आस्था को फंसाने का काम किया करते थे. थानाप्रभारी ने आकांक्षा से पूछताछ करने के बाद आस्था का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई.

क्योंकि यह मामला हाईप्रोफाइल था, इसलिए डा. आस्था के शव का पोस्टमार्टम जल्द ही हो गया. 14 अक्तूबर की शाम को 4 डाक्टरों, जिस में डा. विशाका माधवी, डा. नीरज, डा. अनिल और डा. हारुन शामिल थे, के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच फोरैंसिक टीम की मौजूदगी में आस्था के शव का पोस्टमार्टम किया. पोस्टमार्टम में पता चला कि डा. आस्था को गला दबा कर मारा गया था. उन के साथ इस से पहले मारपीट हुई थी, जिस से उन के पैरों पर नीले निशान व चेहरे, गरदन आदि पर भी मारपीट की खरोंच के निशान मौजूद थे. पोस्टमार्टम में उन की मौत का कारण गला दबा कर (स्ट्रांगुलेशन) हत्या करना आया था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस को यह गुत्थी सुलझती हुई नजर आ रही थी. इस का अर्थ यह था कि घटना को आत्महत्या दर्शाने के लिए आस्था की लाश को फंदे पर लटकाया गया था.  यह सब साफ होने के बाद पुलिस ने अरुण के बड़े भाई तरुण से पूछताछ की. तरुण पुलिस की पूछताछ के आगे ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया. उस ने पुलिस के सामने साफ शब्दों में इस बात को स्वीकार कर लिया कि अरुण ने उस के घर अपने बच्चों को सौंपते समय उसे आस्था की हत्या की सूचना दे दी थी. तरुण ने बताई हकीकत

इस के साथ ही उस ने अपने घर की चाबियां भी उसे सौंपी थी ताकि वह अगले दिन शाम को उस के घर जाए और इस मामले को आत्महत्या साबित करे. परंतु अरुण ने तरुण को यह नहीं बताया था कि वह अपने बच्चों को उस के पास छोड़ कर आखिर जा कहां रहा है. यह सब कुबूल करने के बाद पुलिस ने तरुण को 14 अक्तूबर को गिरफ्तार कर के अगले दिन 15 अक्तूबर को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया. लेकिन अब पुलिस को मामले के मुख्य आरोपी अरुण को पकड़ना था. तरुण तो इस हत्या में सिर्फ अरुण का सहयोगी था. उसे पकड़ना पुलिस के लिए काफी नहीं था.

पुलिस ने अपनी इनवैस्टीगेशन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह भी पता लगा लिया था कि इस हत्याकांड में अकेला अरुण ही शामिल नहीं हो सकता. बल्कि इस में और भी लोगों के शामिल होने की संभावनाएं थीं. आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए सीओ श्वेताभ पांडेय ने कई टीमों का गठन कर लिया. टैक्निकल टीम की मदद से पुलिस ने इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. इलाके में हत्या के दिन की फुटेज पर कई घंटों की मेहनत के बाद पुलिस को अरुण के घर के सामने 3 संदिग्ध लोगों के भटकने की फुटेज मिल गई. फुटेज में उन तीनों संदिग्धों के साथ अरुण भी मिलते हुए नजर आ रहा था.

यह पता चलने के बाद पुलिस ने जल्द काररवाई करते हुए अरुण को ढूंढने की प्रक्रिया और तेज कर दी. सीओ श्वेताभ पांडेय ने मामले के मुख्य आरोपी अरुण अग्रवाल को पकड़ने के लिए अलीगढ़ में 2 स्वाट टीमों की सहायता भी ली. एसआई संजीव कुमार और एसआई संदीप कुमार के नेतृत्व में स्वाट टीमें पूरे अलीगढ़ में अरुण को ढूंढने में जुट गईं. अरुण को ढूंढने के पुलिस के सारे तरीके फेल साबित हो रहे थे, क्योंकि अरुण का फोन बंद आ रहा था. लगातार प्रयास करने के बाद पुलिस को तब सफलता हासिल हुई, जब अरुण का फोन अचानक से 17 अक्तूबर की रात को औन हुआ. अरुण का फोन औन होते ही पुलिस की टैक्निकल टीम को उस की लोकेशन का पता चल गया. वह अलीगढ़ के कासिमपुर क्षेत्र की थी. पता चला कि वहां उस का औक्सीजन प्लांट था.

सूचना मिलते ही पुलिस जल्द ही वहां पहुंच गई और 18 अक्तूबर की सुबहसुबह अरुण को उस की फैक्ट्री इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद अरुण ने पुलिस पूछताछ में आस्था की हत्या की जो वजह पुलिस को बताई, हैरान करने वाली थी. आखिर अरुण ने अपनी डाक्टर पत्नी को क्यों मारा आज से लगभग 13 साल पहले सन 2007 में आस्था की शादी अरुण अग्रवाल से हुई थी. इन की अरेंज मैरिज नहीं बल्कि लवमैरिज थी. वे दोनों एकदूसरे को अपने कालेज के दिनों से ही जानते थे. कालेज में मुलाकात हुई, दोनों के बीच दोस्ती हुई, कुछ समय साथ रहने के बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और उस के बाद दोनों की शादी भी हो गई. उन की शादी पर दोनों के ही परिवारों में से किसी को भी कोई आपत्ति नहीं हुई थी.

अरुण का परिवार सुखीसंपन्न था. अरुण के परिवार की ओर से शादी के समय भी किसी तरह की कोई मांग (दहेज) नहीं थी. दोनों एकदूसरे से बहुत प्यार करते थे. मैडिकल परीक्षा पास करने के बाद आस्था ने डाक्टरी की पढ़ाई की और शादी के बाद ही आस्था की गवर्नमेंट जौब भी लगी थी. वह स्वास्थ्य विभाग में संविदा (कौन्ट्रैक्ट) पर मैडिकल औफिसर के रूप में नियुक्त हो गई. डा. आस्था की इस कामयाबी पर दोनों परिवार बहुत खुश हुए. आस्था की इस नियुक्ति के बाद अरुण ने भी अलीगढ़ के कासिमपुर में राधिका नाम से औक्सीजन प्लांट खोल लिया था और इस काम के लिए डा. आस्था ने अपने पति अरुण का पूरा सहयोग भी किया था.

समय के साथ आस्था के 2 बच्चे हुए. 10 वर्षीय बेटा अर्नव और 8 वर्षीय बेटी आन्या उन के जीवन में नई खुशियां ले कर आई. लेकिन उन दोनों के जीवन में खुशियां ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाईं. अरुण ने पुलिस की पूछताछ के दौरान बताया कि 2 साल पहले जब उन के जीवन में सब कुछ सही चल रहा था, उस समय आस्था के जीवन में एक और व्यक्ति ने कदम रखा. उस के आने के बाद से ही उन के संबंधों में दरार पैदा होना शुरू हो गई. डा. आस्था के जीवन में इस नए व्यक्ति के आने के बाद से वह हर समय खोईखोई सी नजर आया करती थी. वह अकसर रात को घंटों तक फोन पर किसी युवक से बात किया करती थी.

यदि आस्था से पूछा जाता कि वह किस से बात कर रही है तो उस के जवाब में वह कहती कि अपने कालेज की फ्रैंड्स से बात कर रही है. डा. आस्था की बदल गईं एक्टिविटीज डा. आस्था अपने घर से निकलती तो काम के लिए ही थी, लेकिन वह अकसर अपने अस्पताल में पहुंचती ही नहीं थी. समय के साथसाथ उस का काम से घर पर आने के नियत टाइम में इजाफा होने लगा था. जो आस्था पहले अपने परिवार के साथ, अपने बच्चों के साथ समय गुजारने में विश्वास किया करती थी, उस का हर दिन काम पर जाना, छुट्टी न लेना, वीकेंड और हौलिडे वाले दिन भी काम पर जाना इत्यादि की वजह से आस्था पर अरुण का शक बढ़ने लगा था. यहां तक कि आस्था उस नए युवक को अपने घर पर भी बुलाया करती थी, जब अरुण घर पर नहीं होता था.

अरुण को यह बात तब पता चली जब पड़ोस के एक दोस्त ने फोन कर के इस बात की सूचना उसे दी थी. शक बढ़ने के साथसाथ इन दोनों के बीच प्यार की जगह झगड़े ने ले ली थी. वह लगभग हर दिन एकदूसरे के साथ इसी बात को ले कर झगड़ते थे. उन के आपस का यह झगड़ा बच्चों से भी नहीं छिपा था. बच्चों पर उन के झगड़े का बहुत असर पड़ने लगा था. अर्नव और आन्या दोनों अकसर एक साथ ही कमरे में खेलते थे, उन का अपने मांबाप से मिलनाजुलना, खेलना, बातें करना इत्यादि लगभग खत्म ही हो गया था. समय के साथसाथ इस दंपति के बीच होने वाला जुबानी झगड़ा मारपीट में तब्दील होने लगा था. झगड़े के बाद अरुण अकसर रात को अपनी फैक्ट्री में सोने के लिए चला जाया करता था. वह लगभग हर दिन ही अपनी फैक्ट्री में सोता था.

उन के बीच इस झगड़े की खबर फैक्ट्री में सिक्युरिटी गार्ड विकास को भी थी. क्योंकि झगड़ा करने के बाद विकास हर रात दारू की बोतल ले कर आता था, अपने गार्ड के साथ बैठ कर दारू पीतेपीते अपने दुखदर्द को बयान करता था और वहीं सो जाता था. लेकिन अब जब अरुण हर रात को सोने अपनी फैक्ट्री चला जाता था तो आस्था को भी अरुण पर शक होने लगा था. आस्था के मन में पति के खिलाफ शक उठता कि अरुण का भी कहीं बाहर कोई चक्कर तो नहीं चल रहा. आस्था के मन में पति के खिलाफ शक पैदा होने के बाद से बीच में कुछ समय के लिए उन दोनों के बीच झगड़े होने बंद हो गए थे. लेकिन अरुण उस के बावजूद भी रात को सोने के लिए अपनी फैक्ट्री में ही चला जाता था.

उसे फैक्ट्री में सोने, शराब पीने, सिगरेट फूंकने इत्यादि की मानो लत सी लग गई थी. उस के ऐसा करने पर आस्था के मन में अरुण के लिए और भी ज्यादा संदेह पैदा होने लगा था. इस बीच वह अरुण को उस की संपत्ति अपने बच्चों और उस के नाम करने के लिए दबाव बनाने लगी. आस्था को लगता था कि यदि अरुण का बाहर किसी और लड़की से संबंध हुआ तो कहीं वह उसे और उस के बच्चों को बेदखल न कर दे. दोस्त से करा दी पति की पिटाई संपत्ति ट्रांसफर करने की बात से अरुण खीझ उठता था. वह जीते जी यह नहीं चाहता था कि उस की मेहनत से कमाई हुई संपत्ति को वह आस्था के नाम कर दे.

इन सारी बातों को ले कर आस्था और अरुण के बीच एक बार फिर से 28 सितंबर, 2021 की रात को झगड़ा हुआ. दोनों के बीच झगड़ा इतना ज्यादा बढ़ गया कि अरुण ने आस्था की पिटाई कर दी. उसी रात डा. आस्था ने अपने उसी दोस्त को फोन कर के अरुण के साथ हुई मारपीट के बारे में सब कुछ बता दिया और वह भी अरुण के सामने. यह देख कर अरुण पूरी तरह से अपने होश खो चुका था. उसे समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या करे. देखते ही देखते कुछ ही पलों में आस्था का प्रेमी उन के घर पहुंच गया और उस ने बच्चों के सामने आस्था पर हाथ उठाने के लिए अरुण को खूब मारापीटा.

इस घटना के बाद अरुण का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. उस ने मन ही मन आस्था को जान से मारने का फैसला कर लिया. मार खा कर वह फैक्ट्री में विकास से मिला और उसे सारी घटना बताते हुए आस्था को जान से मारने के अपने विचार के बारे में भी बताया. विकास बेशक काम सिक्युरिटी गार्ड का करता था लेकिन वह कई कौन्ट्रैक्ट किलर्स को जानतापहचानता था, जो पैसों के लिए किसी की भी जान ले सकते थे. विकास ने अरुण को 2 कौन्ट्रैक्ट किलर्स से मिलवाया, अशोक उर्फ टशन और पवन. दोनों से बातचीत कर अरुण ने एक लाख रुपए में पत्नी को जान से मारने का कौन्ट्रैक्ट दे दिया.

अरुण ने 60 हजार रुपए एडवांस में दे कर दिन और टाइम तय कर लिया. 13 अक्तूबर, 2021 की रात को वे चारों लोग अरुण की गाड़ी में सवार हो कर उस के घर पहुंचे. उस के बाद अरुण ने बच्चों को डराधमका कर टीवी वाले कमरे में बंद कर के टीवी का वौल्यूम बढ़ा दिया और तीनों के साथ मिल कर पत्नी आस्था की गला दबा कर हत्या कर दी. हत्या करने के बाद उन्होंने उस की लाश छत के हुक से लटका दी ताकि मामला आत्महत्या का लगे. हत्या के बाद हत्यारे अपनेअपने रास्ते निकल गए और अरुण बच्चों को ले कर घर पर ताला लगा कर अपने भाई तरुण के घर पहुंच गया. उस ने अपने बड़े भाई तरुण को आस्था की हत्या की बात बता दी और अपने बच्चों और चाबियां सौंप कर दिल्ली के लिए निकल गया.

कौन्ट्रैक्ट किलर्स को बाकी के पैसे उसे वहीं देने थे. पैसे देने के बाद उस के पास अपने पैसे खत्म हो गए थे. वह पैसे लेने के लिए कासिमपुर आया था और विकास को फोन करने के लिए अपना फोन चालू किया, तभी उस की लोकेशन पुलिस को पता चल गई और वह पकड़ा गया. अभी तक डा. आस्था अग्रवाल की हत्या के 4 आरोपी पकड़े जा चुके हैं. पहले तरुण अग्रवाल, फिर अरुण अग्रवाल, सिक्युरिटी गार्ड विकास और कौन्ट्रैक्ट किलर पवन. पांचवां आरोपी अशोक उर्फ टशन अभी भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ पाया, वह कथा लिखे जाने तक फरार था. UP Crime

 

Aligarh News : 37 सेकेंड में चोर ले उड़े 35 लाख की जूलरी

Aligarh News :  लुटेरों ने सुंदर ज्वैलर्स शोरूम में 37 सेकेंड में 35 लाख की जूलरी लूट ली और फरार हो गए. अलीगढ़ पुलिस तो इस में कुछ नहीं कर पाई, लेकिन घटना के 6 दिन बाद नोएडा पुलिस ने तीनों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. लेकिन तब तक 35 लाख में से 6 लाख की ही जूलरी बची थी. आखिर 6 दिन में 29 लाख की…

यूंतो ज्यादातर दुकानदार कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हैं, लेकिन बड़े दुकानदार खासकर शोरूम मालिक अपने और ग्राहकों के नजरिए से नियमों का पूरा पालन करते हैं. इस से ग्राहकों पर भी अच्छा इंप्रेशन पड़ता है. इसी के मद्देनजर सुंदर ज्वैलर्स के मालिक सुंदर वर्मा ने यह जिम्मेदारी गेट के पास बैठने वाले सेल्समैन को सौंप रखी थी. कोई भी ग्राहक आता तो सेल्समैन सेनेटाइजर की बोतल उठा कर पहले उसके हाथ सेनेटाइज कराता, फिर वेलकम के साथ अंदर जाने को कहता. उस दिन शोरूम में जूलरी खरीदने वाले 2-3 ग्राहक मौजूद थे. तभी मास्क लगाए 2 युवकों ने शोरूम में प्रवेश किया. गेट के पास काउंटर पर बैठे सेल्समैन ने सेनेटाइजर से दोनों के हाथ सेनेटाइज कराए. तभी दोनों युवकों ने अपनीअपनी शर्ट के अंदर हाथ डाल कर तमंचे निकाल लिए. उसी वक्त उन का तीसरा साथी अंदर आ गया.

यह देख शोरूम में मौजूद सभी लोग दहशत में आ गए. एक युवक ने तमंचा तानते हुए काउंटर पर रखा जूलरी बौक्स उठा लिया. इतना ही नहीं, सुंदर वर्मा के बेटे यश को तमंचे के निशाने पर ले कर वह काउंटर लांघ कर तिजोरी के पास पहुंच गया. तिजोरी में कीमती जेवर रखे हुए थे. तिजोरी से जेवरों के डिब्बे, नकदी निकाल कर वह अपने साथी को देने लगा. साथी लुटेरे के पास बैग था, वह जेवर बैग में भरता रहा. इस काम में उस का तीसरा साथी भी मदद कर रहा था. बैग को जेवरों के डिब्बों और नकदी से भर कर वे तीनों तमंचे लहराते हुए शोरूम से बाहर निकल गए. यह सारा काम महज 37 सेकेंड में निपट गया. शोरूम के बाहर लुटेरों की मोटरसाइकिल खड़ी थी. तीनों बाइक पर बैठ कर भाग निकले. यह 11 सितंबर, 2020 की बात है.

लुटेरों ने शोरूम में प्रवेश कर के जब अपने हाथ सैनेटाइज किए, तभी उन के हावभाव से खतरे की आशंका भांप कर शोरूम मालिक सुंदर वर्मा फुरती से शोरूम के पिछले गेट से बाहर निकल कर पीछे बने जीने से छत पर चढ़ गए थे. ऊपर जा कर वह चोरचोर चिल्लाते हुए शोर मचाने लगे. इसी बीच लुटेरे लूट की घटना को अंजाम दे कर शोरूम से भाग निकले. सुंदर वर्मा के शोर मचाने पर आसपास के दुकानदारों और सड़क पर आतेजाते लोगों का ध्यान उन की तरफ गया, लेकिन बदमाशों के हाथों में हथियार देख कर लोग दहशत में आ गए. किसी ने भी बदमाशों को रोकने या टोकने की हिम्मत नहीं दिखाई. लुटेरे खैर रोड की ओर भाग गए. दिनदहाड़े जूलरी शोरूम में हुई लूट की जानकारी होते ही आसपास के दुकानदारों में सनसनी फैल गई.

घटना की खबर मिलने पर आईजी पीयूष मोर्डिया, एसएसपी मुनिराज, एसपी (सिटी) अभिषेक, थाना बन्नादेवी के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र दुबे, एसओजी और सर्विलांस टीमें शोरूम पर पहुंच गईं. पुलिस अधिकारियों ने शोरूम मालिक सुंदर वर्मा से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस पूछताछ में सुंदर वर्मा से पता चला कि 37 सेकेंड की लूट में लुटेरों ने लगभग 35 लाख की जूलरी और 50 हजार की नकदी लूट ली थी. शोरूम में मौजूद महिला ग्राहक ने लुटेरों की नजरों से बचा कर अपना बैग पीछे छिपा कर बचा लिया था. एक पुरुष ग्राहक काउंटर पर जिस बौक्स में जूलरी देख रहा था, लुटेरे ने उस बौक्स को खींच कर बैग में डाल लिया था.

इस दौरान शोरूम के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे. सुंदर वर्मा ने एसएसपी पर बिफर कर गुस्से का इजहार किया. उन्होंने कहा कि 4 साल पहले भी उन के शोरूम पर लूट हुई थी. आज तक न तो माल मिला और न ही लुटेरे पकड़े गए. इस पर इलाके के लोग भी सुंदर वर्मा के समर्थन में आ गए. दिनदहाड़े हुई इस लूट पर सभी ने नाराजगी जताई. एसएसपी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि संयम रखें. इलाके में पुलिस का विश्वास कायम होगा. इस में कुछ समय जरूर लग सकता है, लेकिन इस बार आप को लगेगा कि पुलिस आप के साथ है. बहरहाल, सुंदर वर्मा की तहरीर पर 3 अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया, जिस में 50 हजार रुपए नकदी और करीब 35 लाख रुपए मूल्य के आभूषण लूटने की बात कही गई.

खाली हाथ ही रही पुलिस घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस टीमों ने खैर रोड के सीसीटीवी देखे तो तीनों बदमाश नादा चौराहे से पहले गोमती गार्डन गेस्टहाउस की ओर जाते दिखे. बाद में उन के खैर रोड पर भागने का पता चला. इस से पुलिस ने अंदाजा लगाया कि बदमाश खैर या खोड़ा क्षेत्र के रहे होंगे. इस को आधार बना कर पुलिस ने अपना ध्यान इसी क्षेत्र के बदमाशों पर लगाया. शोरूम के सीसीटीवी में पूरी घटना रिकौर्ड हुई थी. वहां से जो फुटेज मिले, वे बिलकुल साफ थे, उस से तीनों बदमाशों को पहचाना जा सकता था. इसलिए पुलिस ने उसी फुटेज से बदमाशों के फोटो निकलवा कर जारी कर दिए गए. इस के साथ ही लोगों को बदमाशों का हुलिया बता कर जानकारी जुटाने का प्रयास किया जाने लगा.

ज्वैलरी शोरूम में दिनदहाड़े लूट को अंजाम देने वाले तीनों लुटेरे बेशक मास्क पहने थे, लेकिन उन के चेहरे और कदकाठी सीसीटीवी में कैद हो गई थी, जिसे पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था. एसएसपी मुनिराज की ओर से लोगों से अपील की गई कि जो भी लुटेरों के बारे में जानकारी देगा, उस का नाम गुप्त रखा जाएगा, साथ में पुलिस स्तर से उसे पुरस्कार भी दिया जाएगा. लूट के खुलासे के लिए पुलिस ने एड़ीचोटी का जोर लगा दिया था. इस के साथ ही एसएसपी ने पुलिस पैट्रोलिंग में लापरवाही को ले कर इंसपेक्टर रविंद्र दुबे को निलंबित कर दिया. लूट के दूसरे दिन यानी शनिवार को एडीजी (जोन) अजय आनंद भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने सुंदर वर्मा से पूरी घटना के बारे में बारीकी से जानकारी ली.

इस लूटकांड के लिए इंसपेक्टर बन्नादेवी को निलंबित किए जाने के बाद से जांच टीम से थाना पुलिस को अलग कर दिया गया था. एसपी (सिटी) अभिषेक और एसपी (क्राइम) के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस के अलावा इंस्पेक्टर क्वार्सी छोटेलाल व एसओ (जवां) अभय कुमार की टीमें जांच में लगाई गईं. बदमाशों की कदकाठी, बालों के स्टाइल से एक सवाल यह भी खड़ा हुआ कि बदमाश कहीं पुलिस मैडीकल में शामिल होने तो नहीं आए थे. इस बात की तस्दीक करने के लिए एक टीम ने पुलिस लाइन मेडीकल बोर्ड कक्ष के अंदर व बाहर लगे सीसीटीवी चैक कर के बदमाशों के हुलिया का मिलान किया, लेकिन कुछ हासिल नहीं हुआ.

इस लूटकांड की जांच में जुटी पुलिस को अब तक की जांच में कई चौंकाने वाले सुराग हाथ लगे. इन में सब से खास यह था कि घटना के समय शोरूम में मौजूद 3 ग्राहकों में जहां एक दंपति थे, वहीं एक पुरुष ग्राहक पेशेवर लुटेरा भी था, जो अपने गिरवी जेवर छुड़ाने के लिए पहुंचा था. हालांकि ज्वैलर ने उसे पुलिस के सामने क्लीन चिट दे दी थी कि वह पुराना कस्टमर है. मगर पुलिस ने उस से भी व्यापक पूछताछ की. वह मूलरूप से खैर क्षेत्र का रहने वाला था, जो थाना बन्नादेवी क्षेत्र में आता था. वह पहले भी देहली गेट की एक लूट में जेल गया था. पुलिस ने उस से पूछताछ की. कुछ हाथ नहीं लगा तो उसे छोड़ दिया गया. घटना के समय शोरूम में मौजूद ग्राहक दंपति नगला कलार के रहने वाले थे, वे भी पुराने ग्राहक थे. बदमाशों के भागते समय कुछ जेवर शोरूम के फर्श पर गिर गए थे, उन्हें महिला ने बटोर कर अपने कपड़ों में छिपा लिया था. यह दृश्य सीसीटीवी में कैद हो गया था.

पुलिस ने दंपति को पूछताछ के लिए बुला लिया. पहले तो महिला ने जेवर बटोरेने की बात से इनकार किया. लेकिन जब सीसीटीवी में घटना रिकौर्ड होने की बात बताई गई तो महिला डर गई. उस ने चुपचाप जेवर वापस कर दिए. नहीं जुड़ी टूटीफूटी कडि़यां 35 लाख के जेवरात की लूट में अभी कोई लुटेरा पुलिस के हाथ नहीं लगा था. जबकि पुलिस दावा कर रही थी कि वह लूट के खुलासे के करीब है. शिनाख्त के बाद पुलिस लूट और लुटेरों की कडि़यां जोड़ रही थी. पुलिस टीमें लुटेरों की धरपकड़ के लिए एड़ीचोटी का जोर लगाए हुए थीं. उम्मीद की जा रही थी कि जल्द ही पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगेगी. एक पुलिस टीम यह पता लगाने में जुटी थी कि लुटेरे किस की मुखबिरी से लूट करने आए थे. लूट के बाद कहां गए और उन्होंने लूटा हुआ माल कहां गलाया या छिपाया.

पुलिस ने उस बदमाश को भी क्लीनचिट नहीं दी थी जो मौके पर अपने गिरवी जेवरात छुड़ाने पहुंचा था. इसी बीच अचानक कुछ ऐसा हुआ कि अलीगढ़ पुलिस हैरान रह गई. 16 सितंबर बुधवार की शाम नोएडा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अलीगढ़ के एक ज्वैलर के यहां लूट करने वाले 3 लुटेरों को सेक्टर 38ए स्थित जीआईपी मौल के पास से गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ के दौरान तीनों बदमाशों को पैर में गोली लगी. कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने तीनों घायल लुटेरों को अस्पताल में भरती कराया. पुलिस ने उन से सुंदर ज्वैलर्स शोरूम से लूटी गई 35 लाख की जूलरी में से लगभग 6 लाख की जूलरी, एक मोटरसाइकिल और 3 तंमचे, जिंदा कारतूस व खोखे बरामद किए.

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अलीगढ़ के गांव सोफा खेड़ा निवासी सौरव कालिया, रोहित और मोहित के रूप में हुई. पूछताछ में तीनों ने सुंदर ज्वैलर्स शोरूम में दिनदहाड़े लूट करने का जुर्म कबूल करते हुए जो कहानी बताई, वह इस प्रकार थी—

इन बदमाशों ने सुंदर ज्वैलर्स को लूटने की योजना फरवरी महीने में ही बना ली थी. तीनों बदमाश नोएडा की एक नामचीन पान मसाला बनाने वाली फैक्टरी में नौकरी करते थे और गाहेबगाहे अपराधों को भी अंजाम देते थे. तीनों बदमाशों में से एक का चाचा अलीगड़ में खैर रोड स्थित नादा पुल के पास रहता था. बदमाश अकसर उस के पास आया करते थे. इसी दौरान इन की नजर खैर रोड स्थित सुंदर ज्वैलर्स के शोरूम पर पड़ी. फरवरी में तीनों बदमाश सुंदर ज्वैलर्स शोरूम के सामने से हो कर गुजरे थे. लूट को अंजाम देने से पहले इन बदमाशों ने शोरूम की लोकेशन देखने के साथ आसपास के पूरे इलाके की रेकी की थी.

वारदात को अंजाम देने के बाद इन्हें वापसी के लिए यह शोरूम सब से सही लगा था, लेकिन फरवरी महीने के बाद लौकडाउन लगने से ये लोग लूट को अंजाम नहीं दे पाए. इस के बाद लौकडाउन में तीनों की नौकरी चली गई. पैसों की जरूरत महसूस हुई तो तीनों को एक बार फिर खैर रोड स्थित सुंदर ज्वैलर्स के शोरूम की याद आई और फिर मौका मिलते ही इन्होंने वारदात को अंजाम दे दिया. ज्वैलर लूटकांड में शामिल लुटेरे पेशेवर अपराधी हैं. खास बात यह है कि ये लोग उत्तर प्रदेश में पहली बार पकड़े गए हैं. इस से पहले इन की गिरफ्तारी गुरुग्राम में हुई थी. वहां से जमानत पर छूटने के बाद तीनों गाजियाबाद के खोड़ा में जा कर रहने लगे थे. ये लोग वहीं से इधरउधर अपराध करने जाते थे.

चूंकि तीनों बदमाश पान मसाला फैक्टरी में नौकरी करते थे, इसलिए गांव के आसपास के ज्यादा लोगों को इन पर शक नहीं होता था. बाद में जब इन के कारनामे उजागर हुए तो लोग हैरान रह गए. 11 सितंबर को अलीगढ़ स्थित जूलरी शोरूम में लूट की घटना को अंजाम के बाद तीनों मोटरसाइकिल पर सवार हो कर फरार हो गए थे. घटना के बाद ये लोग फरीदाबाद में छिप गए. मुठभेड़ वाले दिन तीनों लुटेरे मोटरसाइकिल से खोड़ा में किराए पर लिए कमरे पर जा रहे थे. पुलिस ने जब खोड़ा स्थित इन बदमाशों के कमरे की तलाशी ली तो वैसे ही कपड़े मिले जैसे एक बदमाश घटना के समय पहने था, जो सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहे थे.

लौकडाउन में आई याद ज्वैलरी शोरूम की सुंदर ज्वैलर्स के शोरूम पर लूट करने वाले तीनों बदमाशों ने एक साल पहले 12 अक्टूबर, 2019 को अपने गांव सोफा खेड़ा की प्रधान शांतिदेवी के 53 वर्षीय पति कालीचरण की गोली मार कर हत्या कर दी थी. कालीचरण की हत्या इन्होंने सुपारी ले कर की थी. कालीचरण पर गांव के ही हरिओम की हत्या का आरोप था. हरिओम का बेटा अमन जो जेल में है, ने इन तीनों लुटेरों को सुपारी दे कर कालीचरण की हत्या कराई थी. इस के बाद से ये तीनों गांव से फरार थे. तीनों बदमाशों का अपराधों से गहरा संबंध रहा है. इन का गिरोह अलीगढ़ जनपद में डी श्रेणी में सौरभ गैंग के रूप में दर्ज है. अलीगढ़ के अलावा दिल्ली एनसीआर क्षेत्र, गुरुग्राम, नोएडा, सिकंदराराऊ, अतरौली और खैर आदि में भी इन पर संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं.

इन में सौरव कालिया पर 7, रोहित पर 8 तथा मोहित पर 9 मुकदमे लूट, चोरी, धमकी देने, आर्म्स एक्ट, हत्या और हत्या के प्रयास के मुकदमे दर्ज हैं. सौरव और मोहित पर गैंगस्टर एक्ट में काररवाई भी हो चुकी है. लौकडाउन में भी गुरुग्राम की पुलिस खैर स्थित सोफा खेड़ा में इन बदमाशों के घर पहुंची थी और कुर्की नोटिस चस्पा कर गई थी. बन्नादेवी पुलिस ने न्यायालय में बी वारंट के लिए आवेदन किया था, जिस पर न्यायालय ने तीनों आरोपियों को अलीगढ़ न्यायालय में पेश करने का आदेश दिया. नोएडा पुलिस ने 21 सितंबर को बी वारंट पर तीनों को अलीगढ़ न्यायालय में पेश किया. अदालत ने इन तीनों को लूट के मुकदमे में अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया.

पकड़े गए बदमाशों की आजीविका का मुख्य आधार लूटपाट ही था. लूटपाट कर के ये लोग उस पैसे को अपने शौक और ऐशोआराम पर खर्च करते थे.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

 

Aligarh News : पत्नी के समलैंगिक संबंधों के कारण में मारा गया पति

Aligarh News : 4 बच्चों की मां रूबी ने रजनी से बने समलैंगिक संबंधों के लिए अपने पति भूरी सिंह को रजनी के साथ मिल कर ठिकाने लगा दिया. बच्चों की तो छोडि़ए, अगर वह अपने और रजनी के भविष्य के बारे में सोचती तो…

जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश. तारीख 10 मार्च, 2020. अलीगढ़ के थाना गांधीपार्क क्षेत्र की कुंवरनगर कालोनी. उस दिन होली थी. कुंवरनगर कालोनी के भूरी सिंह ने दोस्तों और परिचितों के साथ जम कर होली खेली. होली खेलने के बाद वह नहाधो कर सो गया. भूरी सिंह सटरिंग का काम करता था. शाम को सो कर उठने के बाद वह अपनी पत्नी रूबी से यह कह कर कि ठेकेदार से अपने रुपए लेने जा रहा है, घर से निकल गया. जब वह देर रात तक घर वापस नहीं आया तो पत्नी को उस की चिंता हुई. रात गहराने लगी तो रूबी ने किराएदार हरिओम की पत्नी रितू के मोबाइल से पति को फोन किया, लेकिन उस का फोन रिसीव नहीं हुआ.

दूसरे दिन 11 मार्च की सुबह 7 बजे लोगों ने कालोनी से निकलने वाले नाले में एक लाश उल्टी पड़ी देखी. इस जानकारी से कालोनी में सनसनी फैल गई. आसपास के लोग जमा हो गए. इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी. कुछ ही देर में थाना गांधी पार्क के थानाप्रभारी सुधीर धामा पुलिस टीम के साथ वहां पहुंच गए. इसी बीच भूरी सिंह की पत्नी रूबी को किसी ने नाले में लाश मिलने की जानकारी दी. रूबी तत्काल वहां पहुंच गई. थानाप्रभारी ने लाश को नाले से बाहर निकलवाया. मृतक की शिनाख्त घटनास्थल पर पहुंची उस की पत्नी रूबी व छोटे भाई किशन लाल गोस्वामी ने भूरी सिंह गोस्वामी के रूप में की.

थानाप्रभारी ने इस घटना की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दे दी थी. कुछ ही देर में एसपी (सिटी) अभिषेक कुमार फोरैंसिक टीम के साथ मौकाएवारदात पर पहुंच गए. पति की लाश देख रूबी बिलखबिलख कर रो रही थी. मोहल्ले की महिलाओं ने उसे किसी तरह संभाला. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, फिर फोरैंसिक टीम ने भी जांच कर साक्ष्य जुटाए.  मृतक के मुंह पर टेप लगा था और उस के हाथपैर रस्सी से बंधे हुए थे. जांच के दौरान फोरैंसिक टीम ने देखा कि मृतक भूरी की गरदन पर चोट का निशान है. भूरी सिंह की हत्या किस ने और क्यों की, इस का जवाब किसी के पास नहीं था. सवाल यह भी था कि हत्यारे हत्या कर लाश को मृतक के छोटे भाई के घर के पास नाले में क्यों फेंक गए थे?

पुलिस का अनुमान था कि हत्यारे भूरी सिंह की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद लाश को उस के छोटे भाई किशन गोस्वामी के घर के पास फेंक गए होंगे. होली का त्यौहार होने के कारण आवागमन कम होने से हत्यारों को लाश फेंकते किसी ने नहीं देखा होगा. पुलिस को मृतक की जेब से उस का मोबाइल भी मिल गया था. थानाप्रभारी ने रूबी से उस के पति के बारे में पूछताछ की. रूबी ने बताया, ‘मंगलवार रात 9 बजे पति के मोबाइल पर पेमेंट ले जाने के लिए ठेकेदार का फोन आया था. इस के बाद वह घर से निकल गए और फिर नहीं लौटे. काफी रात होने पर उन्हें फोन किया, लेकिन काल रिसीव नहीं हुई थी.’ परिवार वालों को यह जानकारी नहीं थी कि भूरी सिंह किस ठेकेदार के पास रुपए लेने गया था. पुलिस ने मौके की काररवाई निपटाने के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया.

दूसरे दिन पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आई तो पता चला कि भूरी सिंह की हत्या तार अथवा रस्सी से गला घोटने से हुई थी. मृतक के भाई किशनलाल गोस्वामी की तहरीर पर पुलिस ने मृतक भूरी सिंह की पत्नी रूबी, उस के किराएदार डब्बू, डब्बू की पत्नी रजनी और दूसरे किराएदार हरिओम और डब्बू के एक दोस्त आसिफ के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर लिया. रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि मृतक भूरी सिंह की पत्नी रूबी के किराएदार डब्बू से अवैध संबंध थे. इस का भूरी सिंह विरोध करता था. इस बात को ले कर रूबी और भूरी सिंह में आए दिन झगड़ा होता रहता था. घटना से 10 दिन पहले भी रूबी व किराएदार डब्बू ने मिल कर भूरी सिंह को पीटा था.

घटना वाली रात डब्बू ने अपने दोस्त आसिफ को घर बुलाया और पांचों नामजदों ने मिल कर भूरी की हत्या कर दी. हत्या के बाद लाश को मकान से कुछ दूर नाले में फेंक दिया. सुबह रूबी ने अपने आप को साफसुथरा दिखाने के लिए पुलिस को कपोलकल्पित कहानी सुनाई थी कि भूरी सिंह ठेकेदार से पेमेंट लेने गया था, जो लौट कर घर नहीं आया. पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी. सीओ (द्वितीय) पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की लाश से उस का मोबाइल बरामद हुआ था, जिस की मदद से कुछ तथ्य सामने आए. पुलिस केस की गहनता से जांच कर रही थी. नतीजतन पुलिस ने घटना के दूसरे दिन ही इस हत्या की गुत्थी सुलझा ली.

दरअसल, पुलिस ने भूरी सिंह की हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी रूबी व उस के किराएदार डब्बू की पत्नी रजनी को हिरासत में ले कर पूछताछ की. शुरुआती पूछताछ में दोनों पुलिस को बरगलाने की कोशिश करने लगीं. लेकिन जब सख्ती हुई तो दोनों एकदूसरे को देख कर टूट गईं और अपना जुर्म कुबूल कर लिया. 12 मार्च को एसपी (सिटी) अभिषेक कुमार ने पुलिस लाइन में प्रैसवार्ता के दौरान जो कुछ बताया, वह चौंकाने वाला था. दरअसल, सभी समझ रहे थे कि भूरी सिंह की हत्या उस की पत्नी रूबी के किराएदार डब्बू से अवैध संबंधों के बीच रोड़ा बनने के चलते की गई थी, लेकिन हकीकत कुछ और ही थी, जिसे सुन कर पुलिस ही नहीं सभी हक्केबक्के रह गए.

भूरी सिंह की हत्या का कारण था 2 महिलाओं के समलैंगिक संबंध. रूबी और रजनी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. दोनों ने इस हत्याकांड के पीछे जो कहानी बताई, वह चौंकाने वाली थी—

भूरी सिंह की हत्या पूरी प्लानिंग के तहत की गई थी. इन दोनों महिलाओं ने ही उस की हत्या की पटकथा एक माह पहले लिख दी थी, जिसे अंजाम तक पहुंचाया होली के दिन गया. भूरी सिंह की पहली पत्नी की मृत्यु के बाद उस का विवाह पत्नी की बहन यानी साली रूबी से करा दिया गया था. भूरी सिंह दूसरी पत्नी रूबी से उम्र में 11 साल बड़ा था. भूरी सिंह के पहली पत्नी से 3 बेटे व 1 बेटी थी. भूरी सिंह सीधेसरल स्वभाव का था. वह केवल अपने काम से काम रखता था. ऐसे व्यक्ति का सीधापन कभीकभी उस के लिए ही घातक साबित हो जाता है. भूरी सिंह जैसा था, उस की पत्नी रूबी ठीक उस के विपरीत थी. वह काफी तेज और चंचल स्वभाव की थी.

घर वालों ने उस की शादी भूरी सिंह से इसलिए की थी ताकि बहन के बच्चों की देखभाल ठीक से हो जाए. वह मजबूरी में भूरी सिंह का साथ निभा रही थी. अपनी ओर भूरी सिंह द्वारा ध्यान न देने से जवान रूबी की रातें करवटें बदलते कटती थीं. भूरी सिंह अपने बड़े भाई के मकान में किराए पर रहता था. पड़ोस में ही रजनी भी किराए के मकान में रहती थी. दोनों हमउम्र थीं. एकदूसरे के यहां आनेजाने के दौरान जानेअनजाने सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो, वीडियो देखतेदेखते दोनों में नजदीकियां हो गईं, फिर दोस्ती गहरा गई.

दोनों के बीच समलैंगिक संबंध बन गए और एकदूसरे से पतिपत्नी की तरह प्यार करने लगीं. रूबी पत्नी तो रजनी पति का रिश्ता निभाने लगी. दोनों सोशल मीडिया की इस कदर मुरीद थीं कि अपना ज्यादातर समय मोबाइल पर बिताती थीं. दोनों अपने इस रिश्ते के वीडियो तैयार कर के टिकटौक पर भी अपलोड करती थीं. उन के कई वीडियो वायरल हो चुके थे. डब्बू और रजनी की शादी को 5 साल हो गए थे. उन का कोई बच्चा नहीं था. इसलिए भी दोनों महिलाओं के रिश्ते और गहरे हो गए. बाद में दोनों ने साथ रहने की कसमें खाते हुए कभी जुदा न होने का फैसला लिया.

इस बीच भूरी सिंह ने अपना मकान बनवा लिया था. रूबी और रजनी के बीच बने संबंध इस कदर प्रगाढ़ हो चुके थे कि घटना से एक साल पहले पति भूरी सिंह से जिद कर के रूबी ने अपने मकान की ऊपरी मंजिल पर एक कमरा और बनवा लिया था. फिर रजनी को उस के पति डब्बू के साथ किराएदार बना कर रख लिया, ताकि उन के संबंधों के बारे में किसी को पता न चल सके. एक ही मकान में रहने से अब दोनों महिलाएं बिना किसी डर के आपस में मिल लेती थीं. भूरी सिंह सटरिंग के काम के लिए सुबह ही निकल जाता था और देर शाम लौटता था. इस के चलते दोनों सहेलियों में पिछले 2 सालों में गहरे समलैंगिक संबंध बन गए थे. दोनों एकदूसरे से बिना मिले नहीं रह पाती थीं.

इन अनैतिक संबंधों को बनाए रखने के लिए दोनों काफी गोपनीयता बरतती थीं. फिर भी उन की पोल खुल ही गई. एक माह पहले ही भूरी सिंह को अपनी पत्नी रूबी  और किराएदार रजनी के बीच चल रहे अनैतिक संबंधों का पता चल गया. दोनों महिलाओं के बीच चल रहे प्रेम संबंधों का पता चलने के बाद भूरी सिंह के होश उड़ गए. वह परेशान रहने लगा. उस ने इन अनैतिक संबंधों को गलत बताते हुए विरोध किया. उस ने पत्नी रूबी को समझाया और रजनी से दूर रहने को कहा. इन्हीं संबंधों को ले कर दोनों में विवाद होने लगा. भूरी सिंह ने रूबी को सुधर जाने की हिदायत देते हुए कहा कि वह अपने मकान में रजनी को किराएदार नहीं रखेगा.

दूसरे दिन भूरी सिंह के काम पर जाने के बाद रूबी ने यह बात रजनी को बताई. भूरी सिंह उन के प्रेम संबंधों में बाधक बन रहा था, इस से दोनों परेशान हो गईं. काफी विचारविमर्श के बाद दोनों ने राह के रोड़े भूरी सिंह को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया. इस के बाद भी दोनों के संबंध चलते रहे. हां, अब दोनों थोड़ी होशियारी से मिलती थीं. होली वाले दिन शाम को रूबी और रजनी ने भूरी सिंह को जम कर शराब पिलाई. इस के चलते भूरी सिंह नशे में बेसुध हो गया, तो दोनों ने उस के हाथपैर रस्सी से बांधे और मुंह पर टेप लगाने के बाद रस्सी से गला घोंट कर हत्या कर दी.

रात होने पर दोनों ने लाश को पड़ोस में रहने वाले छोटे भाई किशनलाल के घर के पास नाले में फेंक दिया ताकि शक भाई  के ऊपर जाए. बुधवार को कुंवर नगर कालोनी में नाले में उस का शव मिला. पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर रूबी ने अफवाह फैला दी कि उस का पति भूरी सिंह ठेकेदार से रुपए लेने की बात कह कर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक जब घर वापस नहीं आया, तब उस ने किराएदार हरिओम की पत्नी रितू के फोन से काल थी. जबकि हकीकत वह स्वयं जानती थी. पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करने के साथ ही दोनों महिलाओं की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी व टेप बरामद कर लिया. दोनों महिलाओं को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया.

हालांकि भारतीय दंड संहिता की धारा-377 को वैध कर दिया गया है यानी समलैंगिकता अब हमारे देश में कानूनन अपराध नहीं है, अर्थात आपसी सहमति से 2 व्यस्कों के बीच समलैंगिक संबंध अब अपराध नहीं रहा. लेकिन हमारे देश में अभी तक इसे पूरी तरह अपनाया नहीं गया है. इसी के चलते लोग अपने संबंधों को समाज में स्थापित करने के लिए अपराध की राह पर चल पड़ते हैं. भूरी सिंह हत्याकांड के पीछे भी यही कारण प्रमुख रहा. दोनों महिलाओं के अनैतिक संबंधों के चलते उन के परिवार उजड़ गए. भूरी सिंह की मौत के बाद उस के चारों अबोध बच्चे अनाथ हो गए.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

प्रेम कहानी जो अधूरी रह गयी

उत्तर प्रदेश के जिला एटा के थाना मलावन क्षेत्र के गांव बहादुरपुर का एक आदमी नहर की पटरी से होता हुआ  अपने खेतों पर जा रहा था. तभी उसे नहर की पटरी के किनारे वाली झाडि़यों में किसी लड़की के कराहने की आवाज सुनाई दी. वह आवाज सुन कर चौंका. जब उस ने झाडि़यों के पास जा कर देखा तो खून से लथपथ एक युवती कराह रही थी. उस ने नीले रंग का सूट पहना हुआ था. उस आदमी ने हिम्मत कर के पूछा कौन है, लेकिन युवती की ओर से कोई जवाब नहीं आया.

उस व्यक्ति ने शोर मचाया तो उधर से गुजर रहे कुछ लोग वहां आ गए. उन्होंने जब झाडि़यों में घायल युवती को देखा तो उसे झाडि़यों से बाहर निकाला. युवती की गरदन से खून रिस रहा था.

युवती उन के गांव की नहीं थी, इसलिए वे उसे पहचान नहीं पाए. सभी परेशान थे कि युवती की ऐसी हालत किस ने की है. इसी दौरान किसी ने इस की सूचना पुलिस के 100 नंबर पर दे दी. यह बात 10 जुलाई, 2019 की सुबह करीब साढ़े 6 बजे की है.

चूंकि वह क्षेत्र थाना मलावन के अंतर्गत आता था, इसलिए खबर पा कर थाना मलावन के थानाप्रभारी विपिन कुमार त्यागी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए. पुलिस को युवती लहूलुहान अवस्था में तड़पती मिली. युवती के गले से बहा खून उस के कुरते तक फैला हुआ था. पुलिस ने वहां जुटी भीड़ से उस की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन गांव वालों ने बताया कि युवती उन के गांव की नहीं है.

पुलिस ने युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भरती करा दिया, जहां उपचार के दौरान उसे होश आ गया. पुलिस पूछताछ में उस ने बताया कि उस का नाम निशा है और वह एटा के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के बारथर निवासी अफरोज की बेटी है. फिलहाल वह अपने परिवार के साथ अलीगढ़ के जमालपुर हमदर्द नगर में रह रही थी.

उस ने पुलिस को खुल कर पूरा घटनाक्रम बताया कि 6 जुलाई, 2019 को उस के मांबाप, छोटे भाई व मामा ने अलीगढ़ में उसी की आंखों के सामने उस के प्रेमी आमिर उर्फ छोटू की हत्या कर दी थी.

प्रेमी की हत्या के बाद वह अपने परिजनों के खिलाफ हो गई. इस के बाद परिजनों ने उसे मारपीट कर घर में कैद कर लिया था. उन्हें शक था कि मैं हत्या का राज जाहिर कर बखेड़ा खड़ा कर सकती हूं, इसलिए मुझे गुमराह कर उसी रात मांबाप व मामा एटा के थाना मलावन के गांव बारथर ले आए, जहां मुझे 2 दिन तक रखा गया. मुझे किसी से भी मिलने नहीं दिया गया. फिर वापस अलीगढ़ ले जाने के बहाने रास्ते में ला कर गोली मार दी और मरा समझ कर झाड़ी में फेंक कर भाग गए. निशा ने पुलिस को जो कहानी बताई, वह रोंगटे खड़े करने वाली थी.

डाक्टरों ने निशा को अलीगढ़ के जे.एन. मैडिकल कालेज के लिए रैफर कर दिया. पुलिस ने बहादुरपुर निवासी पंकज तिवारी की तरफ से निशा के पिता अफरोज, मां नूरजहां और मामा हफीज उर्फ इशहाक के खिलाफ भादंवि की धारा 307 के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कर ली.

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए मलावन पुलिस ने बारथर गांव में दबिश दी. लेकिन वहां कोई आरोपी नहीं मिला. पुलिस ने वहां रहने वाले निशा के 2 चाचाओं से पूछताछ की लेकिन वे कोई जानकारी नहीं दे सके.

उधर 7 जुलाई की सुबह अलीगढ़ में भमोला में रेलवे ट्रैक के किनारे एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. सूचना पर अलीगढ़ के थाना सिविल लाइंस के इंसपेक्टर अमित कुमार पुलिस टीम के साथ वहां पहुंच गए.

पुलिस को मृतक के गले व शरीर के अन्य भागों पर चोट के निशान मिले. पुलिस को अंदेशा था कि युवक रात के समय ट्रेन से यात्रा के दौरान रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिस से उस की मौत हो गई. पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से लाश की शिनाख्त करानी चाही, लेकिन कोई भी उसे नहीं पहचान सका.

पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो उस की पैंट की जेब से मिले आधार कार्ड के पते पर उस के घर वालों को सूचित किया. वह जमालपुर के हमदर्द नगर निवासी अकील अहमद का बेटा आमिर था.

सूचना मिलने पर उस के परिजन वहां पहुंच गए. अकील अहमद ने बताया कि शनिवार की रात को आमिर के फोन पर किसी का फोन आया था, जिस के बाद वह घर से निकल गया था. वह रात भर नहीं लौटा. फोन मिलाया लेकिन उस का फोन बंद आ रहा था.

सुबह उस का शव मिला. आमिर का मोबाइल गायब था. पिता ने इसे रेल हादसा नहीं बल्कि हत्या बताया. उन्होंने आमिर की हत्या की आशंका में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया.

आमिर की हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी सिविल लाइंस पुलिस ने आमिर के मोबाइल नंबर की काल डिटेल्स निकलवा कर जांच की तो एक नंबर ऐसा मिला जो अलीगढ़ के ही जमालपुर हमदर्द नगर की एक युवती का था. उस नंबर पर आमिर की सब से अधिक बातें होती थीं. प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर पुलिस ने छानबीन की तो घटना की परतें खुलती गईं.

अलीगढ़ पुलिस ने मृतक आमिर के घर वालों से विस्तृत जानकारी ली और इस मामले से संबंधित सारे तथ्य जुटा लिए. पुलिस ने हत्या में युवती निशा के घर वालों के शामिल होने के शक में 8 जुलाई को उन के घर पर दबिश दी लेकिन वहां ताला लटका मिला. इस के चलते पुलिस का शक पूरी तरह यकीन में बदल गया.

10 जुलाई की सुबह मलावन थाना पुलिस ने निशा को अलीगढ़ के जे.एन. मैडिकल कालेज में भरती कराया. इस से आमिर की हत्या व निशा को गोली मारने के तार आपस में जुड़ गए.

डाक्टरों ने बताया कि गोली निशा के गले के पार हो गई थी लेकिन रात भर बेहोशी की हालत में पड़ी रहने व अत्यधिक खून बह जाने से उस की हालत गंभीर हो गई थी. फिर भी वह बातचीत कर रही थी. पुलिस अधिकारियों ने निशा के बयान मजिस्ट्रैट के समक्ष दर्ज कराए. यह मामला अब तक 2 थाना क्षेत्र एटा के मलावन थाना और अलीगढ़ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से जुड़ गया था.

अलीगढ़ के एसएसपी आकाश कुलहरि ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइंस पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एटा भेजा. पुलिस टीम ने निशा के पिता अफरोज के बारथर गांव में दबिश दी लेकिन वहां दरवाजे पर ताला लटका था. इस के चलते अलीगढ़ पुलिस भी खाली हाथ वापस लौट आई.

12 जुलाई को मलावन पुलिस अलीगढ़ अस्पताल पहुंची. निशा की हालत गंभीर थी. उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था.  हालत में सुधार होने पर उस ने एक बार फिर अपने मातापिता और मामा पर गोली मार कर घायल करने का आरोप लगाया. निशा के बयानों के आधार पर मलावन पुलिस ने अलीगढ़ में दबिश दी, लेकिन मातापिता व मामा का कुछ पता नहीं चला.

पुलिस ने पूछताछ के लिए निशा के 2 रिश्तेदारों को हिरासत में ले लिया, जिन से पूछताछ में पुलिस के हाथ घटना से जुड़े कई अहम सबूत मिले. अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही निशा से मिलने कोई रिश्तेदार तक नहीं आया जबकि अलीगढ़ में उस के दूसरे मामा व अन्य रिश्तेदार रहते थे.

एसएसपी के आदेश पर अस्पताल में दोनों घटनाओं की एकमात्र चश्मदीद गवाह निशा की सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी. उस की सुरक्षा के लिए एक एसआई, 2 सिपाही और एक महिला सिपाही तैनात कर दिए गए.

पकड़े गए निशा के अब्बू अम्मी

हत्यारों की सुरागरसी के लिए मलावन पुलिस ने चारों ओर मुखबिरों का जाल फैला दिया था. 13 जुलाई की दोपहर को मलावन पुलिस को एक मुखबिर ने सूचना दी कि घटना के आरोपी नूरजहां और उस का पति अफरोज आसपुर से बागवाला जाने वाली रोड पर मौजूद हैं और कहीं जाने की फिराक में हैं.

इस सूचना पर थानाप्रभारी विपिन कुमार त्यागी ने पुलिस टीम के साथ उस जगह की घेराबंदी कर के अफरोज व उस की पत्नी नूरजहां को हिरासत में ले लिया. उन से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई. अफरोज की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और कारतूस का खोखा भी बरामद कर लिया.

केस का खुलासा होने पर एसएसपी एटा स्वप्निल ममगाई ने प्रैसवार्ता आयोजित की. पुलिस पूछताछ और पत्रकारों के सामने निशा के मातापिता ने आमिर की हत्या और अपनी बेटी निशा की हत्या की कोशिश करने की जो कहानी बताई, इस प्रकार थी—

25 वर्षीय आमिर 7 भाइयों में दूसरे नंबर का था. उस का बड़ा भाई सलमान पिता अकील के साथ बिजली के काम में हाथ बंटाता था. जबकि आमिर टाइल्स लगाने का काम करता था. इसी दौरान उस की मुलाकात निशा के पिता अफरोज से हुई.

अफरोज राजमिस्त्री का काम करता था. इसी के चलते आमिर का निशा के घर आनाजाना शुरू हो गया. सुंदर और चंचल निशा को देखते ही आमिर उस की ओर आकर्षित हो गया. निशा की नजरें जब आमिर से टकरातीं तो वह मुसकरा देता. यह देख निशा नजरें झुका लेती थी.

आंखों ही आंखों में दोनों एकदूसरे को दिल दे बैठे. जब भी आमिर निशा के पिता को काम पर चलने के लिए बुलाने आता, उस दौरान उस की मुलाकात निशा से हो जाती. धीरेधीरे दोनों बातचीत करने लगे. दोनों ने एकदूसरे को मोबाइल नंबर भी दे दिए. दोनों की अकसर बातें होती रहतीं.

बेटी के प्रेम संबंधों की जानकारी होने के बाद अफरोज आमिर से नाराज और दूर रहने लगा था. इतना ही नहीं, वह निशा के साथ भी मारपीट कर चुका था. लेकिन प्रेमी युगल दुनिया से बेखबर अपनी ही दुनिया में मस्त रहते थे.

निशा उम्र के ऐसे मोड़ पर थी, जहां उस के कदम बहक सकते थे. इस के चलते अब घर वाले 24 घंटे उस पर नजर रखने लगे थे. बंदिशों के चलते प्रेमी युगल ने रात के समय घर पर ही मिलने की गुप्त योजना बनाई थी.

6 जुलाई, 2019 की रात अलीगढ़ में अफरोज के परिवार के सभी लोग छत पर सो रहे थे. लेकिन 20 वर्षीय निशा की आंखों की नींद तो उस के 25 वर्षीय प्रेमी आमिर ने चुरा ली थी. परिजनों की सख्ती के चलते आमिर का अफरोज के घर आना बंद हो गया था. इसलिए निशा ने चोरीछिपे आमिर को फोन कर के रात में घर आने के लिए कहा.

आमिर भी अपनी प्रेमिका के दीदार को तरस रहा था. निशा का फोन सुनने के बाद वह उस से मिलने के लिए उस के घर पहुंच गया. निशा ने उस के लिए घर का दरवाजा पहले ही खुला छोड़ दिया था.

निशा और आमिर कमरे में बैठ कर बातें करने लगे. इसी दौरान निशा के मामा हफीज उर्फ इशहाक को टौयलेट लगी तो वह छत से उठ कर नीचे जाने लगा. मगर सीढि़यों का दरवाजा बंद था. दरवाजा खटखटाने पर निशा ने काफी देर बाद दरवाजा खोला. पूछने पर निशा ने बताया कि वह भी पानी लेने छत से नीचे आई थी.

शक होने पर मामा ने आसपास की तलाशी ली तो कमरे में छिपा हुआ आमिर मिल गया. इस के बाद उस ने उसी समय अपने जीजा अफरोज, बहन नूरजहां और 14 वर्षीय नाबालिग भांजे को आवाज दे कर छत से बुला लिया. गुस्से में चारों ने लाठीडंडों से आमिर की पिटाई शुरू कर दी. फिर गला दबा कर उस की हत्या कर दी.

प्रेमी के साथ मारपीट करने का निशा ने विरोध भी किया था. लेकिन हत्यारों के आगे उस की एक नहीं चली. निशा के सामने ही घर वालों ने उस के प्रेमी की हत्या कर दी थी, जिस का निशा को बहुत दुख हुआ.

अफरोज व हफीज ने शव को बोरी में बंद किया और उसे मोटरसाइकिल पर रख कर रात में ही ले गए. वे लोग भमोला रेलवे ट्रैक पर आमिर के शव को बोरी से निकाल कर फेंक आए.

पूरा घटनाक्रम निशा की आंखों के सामने घटित हुआ था. घर वालों ने सोचा कि कुछ दिन निशा यहां से बाहर रहेगी तो इस घटना को भूल जाएगी. मामला शांत होने पर उसे वापस ले आएंगे. यह सोच कर उसी रात मांबाप व मामा निशा को ले कर एटा के गांव बारथर के लिए मोटरसाइकिलों से रवाना हो गए.

बारथर में निशा गुमसुम सी रहती थी. उस की आंखों के सामने प्रेमी की पिटाई और हत्या का दृश्य घूमता रहता था. घर वाले उस से कुछ पूछते तो उस की आंखों से आंसू बहने लगते थे.

समझाने से नहीं मानी निशा

सभी लोग उसे 2 दिनों तक समझाते रहे और किसी को कुछ न बताने का दबाव डालते रहे. लेकिन निशा के बगावती तेवर देख कर वे लोग घबरा गए. उन्होंने सोचा कि यदि निशा जिंदा रही तो आमिर की हत्या के मामले में फंसा देगी. घर वालों की बात न मानने पर मांबाप व मामा ने निशा को भी ठिकाने लगाने का फैसला कर लिया. इस के लिए फूलप्रूफ योजना बनाई गई. उस की हत्या करने से पहले 3 दिन तक वह लाश ठिकाने लगाने के लिए जगह ढूंढते रहे.

9 जुलाई, 2019 की रात 8 बजे हफीज उर्फ इशहाक व मांबाप 2 मोटरसाइकिलों पर यह कह कर निकले कि सभी लोग अलीगढ़ जा रहे हैं. निशा उन के साथ थी. एक मोटरसाइकिल पर निशा और उस की मां नूरजहां बैठी, जिसे पिता अफरोज चला रहा था. दूसरी पर निशा का 14 वर्षीय भाई बैठा, जिसे मामा हफीज चला रहा था.

गांव से करीब 15 किलोमीटर दूर निकलने के बाद बहादुरपुर गांव में प्रवेश करते ही दोनों मोटरसाइकिलों ने रास्ता बदल दिया. मोटरसाइकिलों के नहर की पटरी की तरफ मुड़ने पर निशा ने कहा, ‘‘ये तो अलीगढ़ का रास्ता नहीं है अब्बू्. आप कहां जा रहे हैं?’’

लेकिन कोई कुछ नहीं बोला. निशा को शक हुआ लेकिन वह बेबस थी. अफरोज व मामा ने आगे जा कर एक जगह मोटरसाइकिलें रोक दीं. तब तक रात के 9 बज चुके थे.

नहर की पटरी पर पहुंचते ही निशा को मोटरसाइकिल से उतार लिया गया और पकड़ कर एक ओर ले जाने लगे. निशा को समझते देर नहीं लगी कि आज उस के साथ कुछ गलत होने वाला है. वह चिल्लाई, लेकिन रात का समय था और दूरदूर तक वहां कोई नहीं था.

पिता और मां ने निशा के हाथ पकड़ लिए. मामा ने तमंचे की नाल उस की गरदन पर सटा कर गोली चला दी. गोली लगते ही तीखी चीख के साथ वह वहीं गिर गई. उस के गिरते ही उसे झाडि़यों में फेंक कर सभी लोग वहां से चले गए.

हत्यारोपियों ने सोचा था कि बेटी को मार कर अलीगढ़ से दूर फेंक दिया है. उस की शिनाख्त नहीं हो सकेगी और पुलिस लावारिस मान कर लाश का अंतिम संस्कार कर देगी. आमिर और निशा दोनों की हत्या राज ही बनी रहेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. गले में गोली लगने के बाद भी निशा बच गई और  पुलिस को सच्चाई बता दी. अन्यथा औनर किलिंग की यह घटना हादसा बन कर रह जाती.

आमिर का परिवार निशा के साथ उस के रिश्ते से बेखबर था. आमिर के पिता अकील के मुताबिक आमिर ने कभी निशा के साथ रिश्ते को ले कर घर में जिक्र नहीं किया था. आमिर का रिश्ता अगलास थाना क्षेत्र की एक युवती के साथ तय हो गया था. घर वाले उस की शादी की तैयारियों में मशगूल थे. आमिर की मौत से परिवार गम में डूब गया.

निकाह तय होने के बाद आमिर घर वालों से खफा रहने लगा था. वह अलीगढ़ से दूर जा कर निशा के साथ अपनी अलग दुनिया बसाना चाहता था. आमिर और निशा ने इस की तैयारी भी कर ली थी. लेकिन इन का सपना पूरा होने से पहले ही टूट गया.

उधर अलीगढ़ पुलिस ने आमिर की मौत को हादसा समझ कर मुकदमा दर्ज कर लिया था. हालांकि पुलिस इस की जांच कर रही थी, लेकिन निशा के जिंदा मिलने पर पूरी घटना साफ हो गई.

इस जानकारी के बाद अलीगढ़ पुलिस ने इस मामले को हत्या में दर्ज करने के साथ ही निशा के मामा हफीज व नाबालिग भाई को क्वासी के शहंशाहबाद इलाके वाले घर से गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में इंसपेक्टर अमित कुमार एसएसआई योगेश चंद्र गौतम, एसआई चमन सिंह, नितिन राठी, कांस्टेबल पंकज कुमार, जनक सिंह और ऋषिपाल सिंह यादव शामिल थे.

अलीगढ़ के एसएसपी आकाश कुलहरि ने प्रैसवार्ता में बताया कि आरोपी चालाकी कर के बचना चाहते थे. बेटी के प्रेमी की हत्या अलीगढ़ में और बेटी की हत्या एटा जिले में कर के उन्होंने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया था. लेकिन उन की योजना निशा के बच जाने से धरी की धरी रह गई.

बहरहाल, हफीज, अफरोज व नूरजहां को आमिर के कत्ल व निशा की हत्या के प्रयास में जेल और नाबालिग को बालसुधार गृह भेज दिया गया. इस तरह एक प्रेमकहानी पूरी होने से पहले ही खत्म हो गई.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

संतान के लिए मासूम की बलि

उत्तर प्रदेश के जिला मुख्यालय अलीगढ़ से लगभग 30 किलो. मीटर दूर इगलास कोतवाली का एक कस्बा है बेसवां. इसी कस्बे के वार्ड नंबर 3 में श्रीकिशन अपनी पत्नी राखी के साथ रहता था. शादी के कई सालों बाद भी उन्हें कोई बच्चा नहीं हुआ था. उन्होंने तमाम डाक्टरों और हकीमों से इलाज कराया, लेकिन उन्हें संतान सुख नहीं मिल पाया. औलाद न होने से दोनों बहुत चिंतित रहते थे. राखी को तो और ज्यादा चिंता थी.

गांवदेहात में आज भी बांझ औरत को इज्जत की नजरों से नहीं देखा जाता. और तो और किसी शुभकार्य में बांझ औरत को बुलाया तक नहीं जाता. इस बात को राखी महसूस भी कर रही थी. इस से वह खुद को अपमानित तो समझती ही थी, मन ही मन घुटती भी रहती थी. उस की एक ही मंशा थी कि किसी भी तरह वह मां बन जाए. उस की गोद भर जाए, जिस से उस के ऊपर से बांझ का कलंक मिट जाए.

इस के लिए वह फकीरों और तांत्रिकों के पास भी चक्कर लगाती रहती थी. पर नतीजा कुछ नहीं निकल रहा था. श्रीकिशन का एक बड़ा भाई था धर्म सिंह, जो उस के साथ ही रहता था और अविवाहित था. वह कस्बे के ही श्मशान में जा कर तांत्रिक क्रियाएं करता रहता था.

एक दिन राखी गुमसुम बैठी थी. श्रीकिशन ने जब उस से वजह पूछी तो उस की आंखों से आंसू टपकने लगे. पति ने उसे ढांढस बंधाया तो वह बोली, “पता नहीं हमारी मुराद कब पूरी होगी, कब तक हम यह दंश सहते रहेंगे?”

“राखी, हम ने अपना इलाज भी कराया और इधरउधर भी दिखाया. इस के बावजूद भी तुम मां नहीं बन सकीं तो इस में तुम्हारा क्या दोष है? हम लोग कोशिश तो कर ही रहे हैं.” श्रीकिशन ने समझाया.

“देखोजी, हम भले ही कोशिश कर चुके हैं. लेकिन एक बार क्यों न तुम्हारे भाई (जेठ) से कोई उपाय करने को कहें. श्मशान में न जाने कितने लोग अपनी समस्याएं ले कर उन के पास आते हैं, लेकिन हम ने उन्हें कुछ समझा ही नहीं. शायद उन्हीं की तंत्र विद्या से हमारा कुछ भला हो जाए.” राखी ने कहा.

“ठीक है, अब तुम सो जाओ, सुबह मैं उन से बात करूंगा.” श्रीकिशन ने कहा.

सुबह उठ कर श्रीकिशन ने बड़े भाई धर्म सिंह से राखी के मन की पीड़ा बताई. चाय बना रही राखी भी उस की बातें सुन रही थी. श्रीकिशन की बात पर धर्म सिंह ने कहा, “आज तू ने कहा है तो मैं जरूर कुछ करूंगा. ऐसा कर तू आज काम पर मत जा. पतिपत्नी गद्दी पर बैठो, तभी मैं कुछ उपाय बता सकूंगा.”

दोपहर के बाद धर्म सिंह मरघट से घर लौटा. जिस कमरे में वह रहता था, वहां भी उस ने तंत्र क्रियाएं करने के लिए गद्दी बना रखी थी. श्रीकिशन और राखी को सामने बैठा कर वह तंत्र क्रियाएं करने लगा. तंत्र क्रियाएं करतेकरते धर्म सिंह जैसे किसी अदृश्य शक्ति से बात करने लगा. इसी बातचीत में उस ने ऐसी बात कही, जिसे सुन कर श्रीकिशन और राखी के रोंगटे खड़े हो गए. राखी तो कांपने लगी. धर्म सिंह किसी की बलि देने की बात कर रहा था.

बातें खत्म हुईं तो श्रीकिशन ने अपने भाई से पूछा, “भैया बलि का काम तो बड़ा मुश्किल है, फिर आप ने बलि देने का वादा क्यों कर लिया?”

“तू चुप रह. तू नादान है, जिस बच्चे की बलि देनी है, ऊपर वाले ने उस बच्चे पर बलि का नाम लिख कर इस दुनिया में भेजा है.” धर्म सिंह ने उसे समझाते हुए कहा.

“बलि देने वाला वह बच्चा कौन है, यह कैसे पता चले?” श्रीकिशन ने शंका व्यक्त की.

“इस की चिंता तू मत कर. जब तेरी पत्नी पूजा के समय बैठी होगी, वह खुदबखुद हमें बताएगी.” धर्म सिंह ने धूर्त हंसी हंसते हुए कहा.

“किस की बलि देनी है, भला यह मुझे कौन बताएगा?” राखी ने पूछा.

“तुझे वही बताएगा, जो अभी मुझ से बातें कर रहा था. वह तुझे नाम भी बताएगा और पता भी.” धर्म सिंह ने कहा.

“फिर यहां तक उस बच्चे को ले कर कौन आएगा?” श्रीकिशन ने पूछा.

“वह खुद इस की गोद में आ जाएगा.” कह कर धर्म सिंह ने दोनों को वहां से हटा दिया.

2-3 दिन बाद राखी ने अपने जेठ से पूछा, “भाई साहब, पूजा वगैरह करने में अभी कितने दिन लगेंगे?”

“राखी, एक बात है, जो मैं तुम से नहीं कह पा रहा हूं. आखिर किस मुंह से कहूं?” धर्म सिंह ने कहा.

“कोई खास बात है, जो तुम इतना हिचक रहे हो?” राखी ने पूछा.

“हां, खास ही है.” उस ने कहा.

“तो बता दो, मैं भला कोई बाहरी थोड़े ही हूं, जो बुरा मान जाऊंगी. बता दो, क्या बात है?” राखी ने पूछा.

“दरअसल, बात यह है कि बलि से पूर्व कुछ तंत्र क्रियाएं करनी पड़ेंगी. उस वक्त तुझे गद्दी पर निर्वस्त्र हो कर बैठना होगा.” धर्म सिंह ने कहा.

“तो क्या हुआ. अपनी गोद भरने के लिए मैं कुछ भी करने को तैयार हूं. देर मत करो, जल्द पूजा की तैयारी करो.”

राखी अपने जेठ का स्वभाव पहले से ही जानती थी. वह निहायत ही शरीफ इंसान था. शुरू से ही औरत जाति से परहेज रखता था.

श्रीकिशन की गैरहाजिरी में एक दिन धर्म सिंह ने अनुष्ठान शुरू किया. उस ने तंत्र क्रियाएं शुरू कीं. सामने बैठी राखी ने एकएक कर के सारे कपड़े उतार दिए. निर्वस्त्र बैठी राखी धर्म सिंह के कहे अनुसार हवन में आहुतियां देने लगी. उसी बीच धर्म सिंह ने जैसे ही शराब की शीशी खोल कर हवन कुंड में जल रही अग्नि पर डाली, राखी बैठेबैठे ही झूमने लगी.

तंत्र क्रिया करने वाले धर्म सिंह ने पूछा, “अब बता क्या नजर आ रहा है?”

इसी के साथ शराब की कुछ बूदें आग में डालीं. तभी राखी ने कहा, “यह तो मोहिनी है, विनोद की बेटी.”

“कहां है?” धर्म सिंह ने पूछा.

“यह आ गई मेरी गोद में.” राखी के दोनों हाथ ऐसे उठे, जैसे उस की गोद में कोई बच्चा आ गया हो. उस ने आगे कहा, “लो, दे दो इस की बलि.”

“ठीक है. तेरी मनोकामना शीघ्र ही पूरी होगी.” कह कर धर्म सिंह ने पानी के छींटे राखी पर फेंके. छींटे पड़ते ही राखी होश में ऐसे आ गई, जैसे नींद से जागी हो. वह उठी और सारे कपड़े समेट कर तेजी से दूसरे कमरे में भाग गई.

श्रीकिशन के घर के पास ही विनोद रहता था. उस के परिवार में 3 बेटे और एक बेटी मोहिनी थी.

23 अक्तूबर को 2 साल की मोहिनी घर के बाहर खेल रही थी. थोड़ी देर बाद उस की तो सीमा को उस का खयाल आया तो वह उसे लेने बाहर आई. लेकिन मोहिनी कहीं दिखाई नहीं दी. उस ने बच्चों से मोहिनी के बारे में पूछा. बच्चों ने कहा कि वह अभी तो यहीं खेल रही थी. सीमा ने उसे आसपास देखा. लेकिन वह कहीं दिखाई नहीं दी.

ऐसा भी नहीं था कि 2 साल की बच्ची खेलतेखेलते कहीं दूर चली जाए. फिर भी उस ने तमाम लोगों से बेटी के बारे में पूछा, पर कहीं से उस के बारे में पता नहीं चला. इस के बाद घर के सभी लोग मोहिनी को ढूंढने लगे. अंधेरा हो गया. गांव वाले भी मोहिनी को ढूंढने में मदद कर रहे थे. पर मोहिनी नहीं मिली.

पता नहीं क्यों सीमा एक ही रट लगाए रही कि मेरी बेटी कहीं नहीं गई, वह श्रीकिशन के घर में ही होगी. सीमा की इस रट पर दूसरे दिन सुबह मोहल्ले वालों ने धर्म सिंह से कहा कि जब सीमा कह रही है तो वह उस अपने घर में ढूंढऩे दे.

श्रीकिशन और धर्म सिंह ने साफ कहा कि उस के घर में कोई भी नहीं घुस सकता. गांव वालों की समझ में नहीं आ रहा था कि इन दोनों भाइयों को अपने घर की तलाशी देने में क्यों ऐतराज है? घर की चौखट पर खड़ी राखी की घबराहट देख कर कुछ लोगों को शक हुआ कि कुछ गड़बड़ जरूर है. उसी दौरान किसी ने इगलास पुलिस को इस की सूचना दे दी थी.

उस दिन मोहर्रम था. थाना पुलिस मोहर्रम का जुलूस निकलवाने की तैयारी कर थी. इंसपेक्टर संजीव चौहान को बच्ची के गायब होने की जानकारी मिली तो वह पुलिस बल के साथ बेसवां जा पहुंचे. धर्म सिंह के घर के बाहर खड़े मोहल्ले के लोगों ने विनोद की बच्ची के कल से गायब होने की बात उन्हें बताने के साथ उन से यह भी कहा कि श्रीकिशन घर की तलाशी नहीं लेने दे रहा है.

संजीव चौहान कुछ लोगों के साथ श्रीकिशन के घर में घुस गए. तलाशी ली गई तो जीने के नीचे कबाड़ में मासूम मोहिनी की लाश मिल गई. संजीव चौहान लाश उठा कर बाहर ले आए.

मोहिनी के शरीर से निकला खून सूख चुका था. उस की जीभ पर चीरा लगा हुआ था. इस के अलावा उस के पूरे शरीर पर राख मली हुई थी. इस सब से साफ लग रहा था कि उस की बलि दी गई थी. लोगों का शक सही निकला. इस के बाद नाराज मोहल्ले वालों ने धर्म सिंह, श्रीकिशन और राखी की पिटाई शुरू कर दी.

पुलिस ने किसी तरह तीनों को भीड़ के चंगुल से छुड़ा कर अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने जरूरी काररवाई कर के मोहिनी की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

पुलिस ने धर्म सिंह, श्रीकिशन और राखी के खिलाफ भादंवि की धारा 364, 302, 201 और 34 के तहत मुकदमा दर्ज कर के पूछताछ की तो पता चला कि बलि देने के लिए राखी ने ही  मोहिनी का घर के बाहर से अपहरण किया था. अपहरण कर के उस ने उसे जेठ धर्म सिंह को सौंप दिया था.

उस के बाद तंत्र क्रियाएं करते समय धर्म सिंह ने ही उस मासूम बच्ची की गरदन व जीभ काट कर खून तंत्र क्रिया में चढ़ाया था. बच्ची के मरने के बाद उन्होंने लाश जीने के नीचे रखे कबाड़ में छिपा दी थी. जब मोहिनी को उस के घर वाले और कस्बे वाले ढूंढऩे लगे तो धर्म सिंह व श्रीकिशन घबरा गए. वह उस की लाश को कहीं ठिकाने लगाने का मौका ढूंढ़ रहे थे. अगली रात में शायद वह ऐसा करते, लेकिन उस के पहले ही पुलिस उन के यहां पहुंच गई.

पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

इस घटना से यही लगता है कि इतनी तरक्की के बावजूद गांवों में आज भी शिक्षा का इतना प्रचारप्रसार नहीं हुआ है, जिस से लोगों की रूढि़वादी सोच में बदलाव आ सके. राखी और उस के घर वालों ने संतान की चाह में जो अपराध किया है, उस से वे तीनों जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं. अगर वे किसी अच्छे डाक्टर से सलाह ले कर अपना इलाज कराते तो शायद उन्हें संतान सुख अवश्य मिल जाता और उन के जेल जाने की नौबत भी न आती.

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

लड़की के लिए दोस्त बना दुश्मन

लड़की के लिए दोस्त बना दुश्मन – भाग 5

सुनील की परेशानी वासिफ से भी छिपी नहीं थी. कुछ महीने नौकरी कर के वासिफ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मेरठ चला आया और लालकुर्ती इलाके में किराए पर कमरा ले कर रहने लगा. सुनील से उस का दोस्ताना भी बना रहा और संपर्क भी. उधर सुनील नितिन और पूजा के मुद्दे पर जितना सोचता उस की परेशानी उतनी ही बढ़ जाती. जिंदगी की राहों में मिलनाबिछड़ना कोई नई बात नहीं होती.

यूं भी इंसान की जिंदगी और रिश्ते ठीक वैसे नहीं होते जैसे वह खुद चाहता है. कुछ लोग विपरीत स्थितियों से भी संतुलन बैठा कर अपनी राह आसान कर लेते हैं, लेकिन कुछ ऐसा नहीं कर पाते. सुनील भी कुछ ऐसा ही था. वह नितिन को अपना सब से बड़ा दुश्मन मानता था. यह बात अलग थी कि नितिन को इस का अहसास भी नहीं था. यदाकदा वह सुनील से हालचाल पूछने के लिए फोन कर लिया करता था.

जिंदगी का एक सच यह भी है कि खूबसूरत यादें जल्दी नहीं भूली जातीं. सुनील ने पूजा की खूबसूरत यादों की नींव रख कर ख्वाबों का जो खूबसूरत आशियाना बनाया था वह उस की मुट्ठी से रेत की तरह फिसल गया था. यह अलग बात है कि यह उस का एकतरफा जुनून था. अपने ख्वाबों को पूरा करने के लिए अब वह बुरी कल्पनाएं करने लगा था. एक दिन वह मेरठ आया, तो काफी परेशान था.

उस की परेशानी भांप कर वासिफ ने पूछा तो वह रोष में बोला, ‘‘मैं नितिन को रास्ते से हटाना चाहता हूं. चाहे जो भी हो, अब मैं पूजा को पा कर ही रहूंगा. नितिन मेरे रास्ते से हट जाए तो सब ठीक हो जाएगा. तू इस काम में मेरा साथ दे.’’

दोस्ती की वजह से वासिफ इनकार करने की स्थिति में नहीं था. फिर भी उस ने संदेह जाहिर करते हुए कहा, ‘‘हम पकड़े गए तो कैरियर चौपट हो जाएगा.’’

‘‘ऐसा नहीं होगा, हम पूरी प्लानिंग के साथ काम करेंगे.’’ सुनील की यह बहुत ही घटिया सोच थी. लेकिन उस के सिर पर जुनून सवार था. वासिफ उस का साथ देने को तैयार हो गया. दोनों ने मिल कर नितिन की हत्या की योजना तैयार की. योजनाबद्ध ढंग से कुछ इस तरह योजना बनाई कि सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे. सुनील ने वासिफ से कहा कि वह नितिन से बात करता रहेगा ताकि उसे शक न हो. नितिन ने उन दोनों को अपना दूसरा नंबर दे रखा था. बात कर के सुनील वापस हिमाचल चला गया.

अक्तूबर के चौथे सप्ताह में वह मेरठ आया. योजना के अनुसार वह अपना मोबाइल हिमाचल में ही छोड़ आया था ताकि उस की लोकेशन वहीं मिले. 24 अक्तूबर की सुबह वासिफ व सुनील मोटरसाइकिल से नितिन के कालेज के गेट पर पहुंच कर उस के आने का इंतजार करने लगे. उस वक्त सुनील वहां से हट गया था. इस काम के लिए वासिफ अपने बहनोई की मोटरसाइकिल मांग कर लाया था. नितिन आया तो वासिफ को देख कर रुक गया.

औपचारिक बातचीत के बाद वासिफ बोला, ‘‘नितिन ट्रेन से मेरा कुछ सामान आ रहा है उसे लेने के लिए चलना है. सुनील भी आया हुआ है तीनों चलते हैं. इस बहाने थोड़ा घूमनाफिरना भी हो जाएगा.’’

नितिन उस की चाल को समझ नहीं पाया. वह चलने को तैयार हो गया. वासिफ उसे पीछे बैठा कर चल दिया. सुनील उन्हें थोड़ी दूर आगे मिल गया. सब से पहले तीनों नितिन के कमरे पर गए. वहां नितिन ने कपड़े बदले और जेब में पर्स डाल कर उन के साथ चल दिया. वहां से तीनों कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे. वहां पहुंच कर वासिफ ने कहा कि उन का सामान सिटी स्टेशन पर आएगा. इसलिए उन्हें वहीं चलना होगा.

वहां  ट्रेन से चलेंगे. दोनों स्टेशनों के बीच चंद मिनट का फासला था. वे तीनों मुजफ्फरनगर की तरफ से आने वाली ट्रेन में सवार हो गए. सुनील और वासिफ की योजना थी कि नितिन को चलती रेल से धक्का दे कर गिरा देंगे, इस से उस की मौत हो जाएगी और इस तरह उस की हत्या हादसा लगेगी.

जब ट्रेन चली तो तीनों दरवाजे पर खड़े हो गए. नितिन को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह मौत के दरवाजे पर खड़ा है. इसी बीच दूसरी पटरी पर विपरीत दिशा से जालंधर एक्सप्रेस आई, तो दोनों ने उस का मोबाइल और पर्स निकाल कर उसे धक्का दे दिया. नितिन डिब्बे से टकरा कर नीचे गिर गया. यह इत्तफाक ही था कि उन्हें ऐसा करते किसी ने नहीं देखा था. कुछ ही देर में अगले स्टेशन पर उतर कर वह दोनों यह जानने के लिए वापस आए कि नितिन मरा या नहीं.

जब वे वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि लोग नितिन के आसपास खड़े थे. वह बुरी तरह घायल और बेहोश था. स्टेशन चूंकि वहां से पास ही था इसलिए आननफानन में एंबुलेंस बुला ली गई थी. घायल नितिन को जिला अस्पताल ले जाया गया. पीछेपीछे सुनील और वासिफ भी मोटरसाइकिल से वहां पहुंच गए. जब नितिन को एंबुलेंस से मेडिकल ले जाया जा रहा था तो वासिफ ने उसे टैम्पों से ले जाने की बात कही थी. लेकिन वहां मौजूद लोगों ने मना कर दिया था.

दरअसल वे दोनों टैंपों से ले जाने के बहाने रास्ते में ही गला दबा कर उस की हत्या कर देना चाहते थे. बाद में दोनों अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचे. वहां लोगों की आवाजाही देख कर उन्हें अपनी योजना विफल होती नजर आई. इसलिए थोड़ा घूम कर वह वापस आ गए.

अस्पताल से लौट कर सुनील ने एक उस्तरे का इंतजाम किया. फिर शाम को वह इमरजेंसी वार्ड में पहुंचा. वासिफ मोटरसाइकिल लिए बाहर ही खड़ा रहा. सुनील को वहां के लोगों से यह बात पता चल गई थी कि सुबह तक नितिन को होश आ जाएगा. इस से वह परेशान हो उठा. वह जानता था कि अगर नितिन को होश आ गया तो दोनों फंस जाएंगे. इसलिए वह हर हाल में उसे खत्म कर देना चाहता था. इसलिए वह आसपास ही मंडराता रहा. तभी तीमारदार रविंद्र के पूछने पर उस ने अपना नाम सचिन बताया था.

रात साढ़े 3 बजे सुनील को मौका मिल गया. वहां भरती मरीज और उन के मरीज तीमारदार नींद के आगोश में थे. वह दबे पांव अंदर गया और उस्तरे से नितिन की गरदन काट कर बाहर आ गया. नितिन की हत्या कर के सुनील व वासिफ ने उस का मोबाइल पुलिस लाइन के नजदीक एक गंदे नाले में फेंक दिया और कमरे पर पहुंच कर आराम किया. उस्तरा व नितिन का पर्स वासिफ के कमरे पर ही छोड़ कर सुनील अगले दिन हिमाचल प्रदेश चला गया.

सुनील को उम्मीद थी कि पुलिस नितिन की हत्या का राज कभी नहीं खोल पाएगी. क्योंकि उन लोगों ने अपना काम बेहद चालाकी से किया था. लेकिन यह उन की गलतफहमी थी. देर से ही सही पर वह पुलिस की पकड़ में आ गए. विस्तृत पूछताछ के बाद पुलिस ने उन की निशानदेही पर वासिफ के कमरे से हत्या में इस्तेमाल किया गया उस्तरा और नितिन का पर्स बरामद कर लिया.

नितिन के घर वालों को भी इस की खबर दे दी गई. वे भी मेरठ आ गए. अगले दिन पुलिस ने दोनों को अदालत पर पेश किया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

कथा लिखे जाने तक आरोपियों की जमानत नहीं हो सकी थी और पुलिस आरोपपत्र अदालत में दाखिल करने की तैयारी कर रही थी. सुनील के अविवेकपूर्ण रवैये ने न सिर्फ एक परिवार का चिराग बुझा दिया बल्कि अपना कैरियर भी चौपट कर लिया.

(कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित कहानी में पूजा नाम परिवर्तित है.)

लड़की के लिए दोस्त बना दुश्मन – भाग 4

विस्तृत पूछताछ में नितिन की हत्या का ऐसा चौंकाने वाला सच सामने आया जिस ने पुलिस को भी सोचने पर मजबूर कर दिया.

दरअसल एक ही गांव के रहने वाले नितिन व सुनील में दोस्ताना संबंध थे. सुनील उम्र में नितिन से थोड़ा बड़ा था. दोनों का एकदूसरे के घर भी आनाजाना था. सुनील अलीगढ़ में रह कर बीफार्मा कर रहा था. नितिन भी बीफार्मा करना चाहता था. 2012 में जब उस ने इंटरमीडिएट कर लिया तो सुनील ने उस का एडमिशन अलीगढ़ के शिवदान कालेज में करा दिया. दोनों साथसाथ ही रहने भी लगे. सुनील के साथ वासिफ भी बीफार्मा कर रहा था. इसी नाते नितिन के साथ भी उस के दोस्ताना संबंध बन गए.

सुनील और वासिफ का बीफार्मा का अंतिम वर्ष था जबकि नितिन का पहला. तीनों का समय आराम से बीतने लगा. सुनील अपने ही गांव की लड़की पूजा से अकसर बातें किया करता था. नितिन यह तो जानता था कि वह किसी लड़की के संपर्क में है लेकिन वह कौन है इस बारे में उसे कोई जानकारी नहीं थी. सुनील पूजा को दिल से चाहता था. उस ने उस के साथ दुनिया बसाने का ख्वाब संजो कर साथसाथ जीनेमरने की कसमें खाई थीं. लेकिन उसे यह मालूम नहीं था कि जिस पूजा को वह दिलोजान से चाहता है, वही पूजा नितिन की भी गर्लफ्रेंड है.

कुछ दिन बाद सुनील ने महसूस किया कि पूजा उस से बात करने में पहले की तरह दिलचस्पी नहीं लेती.

एक दिन नितिन कमरे में अकेला था. वह मोबाइल का स्पीकर औन कर के पूजा से बात कर रहा था. जब वह प्यार भरी बातों में मशगूल था, तभी सुनील चुपचाप उस के पीछे आ कर खड़ा हो गया और दोनों की बातें सुन ने लगा. उन की बातें उस के दिमाग में धमाका सा कर गईं. क्योंकि उस ने पूजा की आवाज पहचान ली थी.

अचानक नितिन ने सुनील को देखा तो वह सकपका गया. उस ने यह कह कर फोन बंद कर दिया कि बाद में बात करेगा. फिर उस ने सुनील से कहा, ‘‘भैया आप अचानक?’’

‘‘अचानक कहां, मैं तो काफी देर से तुम्हारी बातें सुन रहा था.’’ उस ने हंस कर मजाकिया लहजे में कहा तो नितिन ने सफाई देनी चाही, लेकिन सुनील उसे बीच में ही टोकते हुए बोला, ‘‘रहने दे, छुपा रूस्तम निकला तू तो.’’

सुनील के कानों में रहरह कर फोन पर दूसरी ओर से आने वाली आवाज गूंज रही थी. उसे यकीन नहीं हो रहा था कि वह लड़की पूजा होगी. वह अपने मन को समझा रहा था कि पूजा जैसी आवाज वाली कोई दूसरी लड़की रही होगी. जब उस से नहीं रहा गया तो उस ने पूछ लिया, ‘‘वह कौन लड़की थी जिस से बात कर रहे थे?’’

नितिन को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि पूजा के साथ सुनील का भी कोई चक्कर है. इसलिए उस ने बता दिया कि जिस से वह बात कर रहा था वह गांव की ही पूजा थी. सुन कर सुनील पर बिजली सी गिरी. वह समझ गया कि पूजा अचानक उस में दिलचस्पी क्यों नहीं ले रही है. उस के लिए यह बड़ा आघात था. उस ने नितिन को यह नहीं बताया कि पूजा के साथ उस का पहले से ही चक्कर चल रहा है.

बहरहाल, बात वहीं खत्म हो गई. लेकिन उस दिन के बाद नितिन के प्रति उस की सोच बदल गई. वह उसे अपना दुश्मन समझने लगा. पूजा के प्रति भी उस के दिल में गुस्सा था. उस ने पूजा से तो कुछ नहीं कहा लेकिन इस के बाद वह थोड़ा परेशान जरूर रहने लगा. दिन बीतते गए. एक दिन सुनील को परेशान देख कर नितिन ने पूछा, ‘‘क्या बात है भैया, आजकल परेशान से रहते हो?’’

‘‘मेरी परेशानी की वजह तुम हो.’’ सुनील ने गंभीर हो कर कहा तो नितिन को उस की बात पर यकीन नहीं हुआ. उस की समझ में नहीं आ रहा था कि वह ऐसा क्यों कह रहा है. सुनील कुछ देर खामोश रहा फिर उस ने नितिन को समझाया, ‘‘नितिन, तुम अपने घर के इकलौते बेटे हो. इसलिए अपनी पढ़ाई पर ध्यान दो. रही बात पूजा की तो उसे मैं देख लूंगा.’’

‘‘मतलब?’’

‘‘मतलब यह कि पूजा को मैं तुम से पहले से जानता हूं. वह मेरी गर्लफ्रेंड है. उस से ज्यादा बात मत किया करो.’’ सुनील ने कहा तो नितिन बुरी तरह चौंका. उसे यह पता नहीं था कि सुनील जिस लड़की से बातें किया करता था वह पूजा ही थी. इस मुद्दे पर दोनों में बहस हो गई. सुनील ने उसी वक्त पूजा को फोन कर के उसे खरीखोटी सुनाई. साथ ही कहा भी कि वह नितिन पर ज्यादा ध्यान न दे.

इस से नितिन और सुनील के रिश्ते तनावपूर्ण हो गए. इस के बाद सुनील जब तब नितिन को समझाने लगा कि वह पूजा के चक्कर में न पड़े. लेकिन उस के लिए परेशानी की बात यह थी कि अब पूजा ने उसे और भी ज्यादा नजरअंदाज करना शुरू कर दिया था. पूजा के मुद्दे को ले कर नितिन और सुनील में जब तब कहासुनी हो जाती थी. इसी को ले कर एक दिन सुनील ने नितिन पर हाथ छोड़ दिया. उस वक्त वासिफ वहीं मौजूद था. उस ने जैसेतैसे दोनों के बीच समझौता करा दिया. फलस्वरूप बात आई गई हो गई.

सन 2013 में सुनील और वासिफ की पढ़ाई पूरी हुई, तो दोनों को हिमाचल प्रदेश की एक कंपनी में नौकरी मिल गई. अकेला होने की वजह से नितिन ने भी अलीगढ़ का कोर्स बीच में छोड़ कर मेरठ में दाखिला ले लिया और परमजीत के साथ गंगापुरम में रहने लगा.

आधुनिकता की चकाचौंध कई बार इंसान पर ज्यादा ही हावी हो जाती है. शहरों में लड़केलड़कियों के बीच दोस्ताना रिश्ते कोई नई बात नहीं होती. गांव से निकल कर आए नितिन के लिए यह रोमांच की बात थी. पूजा के अलावा भी अन्य कई लड़कियों से उस की दोस्ती थी. उन से बात करने के लिए वह एक मोबाइल पर 3 सिम कार्ड इस्तेमाल किया करता था.

उधर सुनील नौकरी पर चला तो गया था, लेकिन उस के दिमाग में हर वक्त पूजा व नितिन ही घूमते रहते थे. हालांकि नितिन को वह कई बार समझाबुझा चुका था, लेकिन उस के दिमाग में यह बात घर कर गई थी कि नितिन की वजह से पूजा ने उस से दूरी बना ली है. बाद में जब पूजा ने उस से बात करनी लगभग बंद कर दी तो वह परेशान रहने लगा. ऐसे में नितिन उसे अपना सब से बड़ा दुश्मन नजर आता था.