Delhi News : दोस्ती पर दाग – जिगरी दोस्तों ने चाकू से ली एकदूसरे की जान

Delhi News : दिल्ली मे एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां दो जिगरी दोस्तों के बीच झगड़ा इतना बढ़ा कि उन्होंने एक दूसरे पर चाकू से हमला कर जान ले ली. कभी गहरे दोस्त रहे ये लड़के आखिर कातिल कैसे बन गए. जानते हैं पूरी स्टोरी विस्तार से दोस्तों ने ली एक दूसरे की जान,

यह घटना दिल्ली के तिलक नगर की है, जहां 13 जुलाई 2025 दिन रविवार रात के दिन यह वारदात हुई. जहां दो जिगरी यार एक पार्क में बैठे थे, तभी दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू गई. दोनों के बीच यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों में हाथापाई होने लगी और फिर दोनों ने गुस्से में एक दूसरे पर चाकू से हमला शुरू कर दिया. यह हमला इतना गंभीर था कि दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए.

फिर आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए और पुलिस को भी सूचित कर दिया गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर अस्पताल पहुंच जाती है. पुलिस ने देखा कि दोनों बुरी तरह से घायल थे. डौक्टरों ने इलाज शुरू कर दिया था, लेकिन गंभीर चोटों के कारण दोनों ने रात में दम तोड़ दिया.
पुलिस ने जांच में पाया कि मृतकों में एक का नाम आरिफ और दूसरे का नाम संदीप था. जो दोनों ही ख्याला बी ब्लौक के रहने वाले थे और एक ही गली में दोनों अपने परिवार के साथ रहते थे.

दिल्ली पुलिस के अनुसार, डीसीपी वेस्ट विचित्र ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस के द्वारा जांच गहराई से की जा रही है. पुलिस स्थानीय क्षेत्र में जाकर पता करने की कोशिश कर रही है कि दोनों जिगरी दोस्तों के बीच ऐसा क्या हुआ जिससे बहस खूनी संघर्ष में बदल गई. साथ ही पुलिस दोनों के परिवार वालों से पूछताछ कर रही है ताकि यह यह पता किया जा सके कि दोनों के बीच दोस्ती आखिर में दुश्मनी में कैसे बदल गई.

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिर्पोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है. पुलिस ने जांच में यह भी जाना कि आरिफ और संदीप दोनों शादीशुदा भी थे. संदीप का प्रौपर्टी का बिजनेस कर रहा था जबकि इससे पहले वह एक जिम ट्रेनर भी रह चुका था. वही आरिफ का भी अलग पेशा था. पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है. Delhi News

MP News : शक के चलते पत्नी ने डॉक्टर पति को करंट लगाकर मार डाला

MP News : नीरज पाठक एक जानेमाने डाक्टर थे. उन की पत्नी डा. ममता पाठक कैमेस्ट्री की प्रोफेसर थी. उच्चशिक्षित और प्रतिष्ठित परिवार होने के बावजूद ममता पाठक पति पर शक करती थी. शक का यह कीड़ा इतना बलवती हो गया कि एक दिन इस ने…

मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके के छतरपुर जिले की एक पौश कालोनी है, लोकनाथपुरम. इसी कालोनी में 65 साल के डा. नीरज पाठक का एक क्लीनिक है. डा. पाठक इस जिले के जाने माने मैडिसिन स्पैशलिस्ट हैं. डा. पाठक छतरपुर के जिला अस्पताल में डाक्टर थे, परंतु रिटायरमेंट के 2 साल पहले ही सरकारी नौकरी से वीआरएस ले लिया था. तभी से वह अपने निजी क्लीनिक पर मरीजों का उपचार करते थे. डा. पाठक की 62 साल की पत्नी ममता पाठक छतरपुर के शासकीय महाराजा कालेज में कैमेस्ट्री की प्रोफेसर थीं. मगर अपने पति से उन की कैमेस्ट्री कभी ठीक नहीं रही. डा. दंपति के 2 बेटे हैं, जिन में से बड़ा बेटा नीतेश पाठक मानसिक रूप से अस्वस्थ रहता है.

वह रूस से एमबीबीएस की पढ़ाई छोड़ कर घर आ गया था, जबकि छोटा बेटा मानस आईटी से इंजीनियरिंग की डिगरी लेने के बाद अमेरिका में नौकरी करता है. डा. नीरज और ममता की शादी जब 11 मई 1994 को हुई थी, तो परिवार के लोग दोनों की योग्यता और पद पर नाज करते थे. शादी के कुछ समय बाद तक तो सब कुछ ठीकठाक चलता रहा, पर 2 बेटों के जन्म के बाद उन के दांपत्य जीवन में दरार आ गई. डा. पाठक जिले के नामीगिरामी चिकित्सक थे, तो ममता पाठक भी शहर के सब से प्रतिष्ठित सरकारी कालेज में प्रोफेसर थीं. अपनी योग्यता के इसी अहं के कारण दोनों के बीच दीवार खड़ी हो गई.

कहते हैं कि केवल उच्च शिक्षा और पैसा हासिल कर लेने से ही सब कुछ नहीं मिल जाता, जीवन में खुशियां लाने के लिए खुला मन और अच्छी सोच का होना जरूरी है. डा. नीरज पाठक और ममता पाठक की जिंदगी में शक की लाइलाज बीमारी ने जहर घोलने का काम किया. घुलता गया शक का जहर पढ़ीलिखी प्रोफेसर ममता पाठक को हमेशा यही शक बना रहता था कि उन के पति के किसी महिला से अवैध संबंध हैं. इस की वजह से वह अपने पति की हर गतिविधि पर नजर रखती और छोटीछोटी बातों को ले कर शंका करती. डा. पाठक पत्नी के इस व्यवहार से दुखी रहते थे. दोनों के बीच चरित्र संदेह को ले कर अकसर लड़ाईझगडे़ और मारपीट होती रहती थी.

छोटीछोटी बातों से शुरु हुई कलह घर की चारदीवारी से बाहर निकलने लगी. दोनों एकदूसरे के बुरे व्यवहार की शिकायत कई बार पुलिस के आला अधिकारियों से कर चुके थे. पुलिस भी पतिपत्नी के आपसी विवाद में ज्यादा कुछ न कर उन्हें हर बार समझाइश दे कर मामले को रफादफा करती रही. आखिरकार, ममता का शक्की मिजाज उन के दांपत्य जीवन में बिखराव का कारण बन गया. यानी करीब 11 साल पहले ममता अपने बेटों को ले कर अपने पति से अलग रहने लगी. बाद में छोटा बेटा मानस नौकरी के लिए अमेरिका चला गया. अलग रहते हुए भी ममता अपने पति से घर चलाने का खर्च वसूल करती रही. इधर डा. पाठक एक घरेलू नौकर के भरोसे अपनी जिंदगी की गाड़ी खींच रहे थे.

पतिपत्नी के रिश्ते की दरार जब बढ़ जाती है तो रिश्ते बोझिल हो जाते हैं. यही वजह थी कि दोनों एक दूसरे के खिलाफ थाने में कई बार रिपोर्ट दर्ज करा चुके थे. हाईप्रोफाइल इस दंपति की आपसी कलह ने उन की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी प्रभावित कर दिया था. छतरपुर जिले में डा. पाठक का अपना रसूख था, मगर पत्नी की हरकतों की वजह से डा. पाठक मानसिक रूप से प्रताडि़त हो रहे थे. ऐसे में पुलिस और रिश्तेदारों की पहल पर पतिपत्नी में समझौता हुआ और सितंबर 2020 में ममता अपने बेटे नीतेश को ले कर पति के घर वापस आ गई. कमरे में पड़ी थी डा. पाठक की लाश पहली मई 2021 को सुबह का समय था. ममता पाठक ने 100 डायल पर सूचना दी कि उन के पति कमरे में मृत पड़े हुए हैं.

ममता की सूचना पर छतरपुर के सिविल लाइंस थाने के टीआई जगतपाल सिंह पुलिस टीम के साथ डा. पाठक के बंगले पर पहुंच गए. प्रोफेसर ममता पाठक बदहवास हालत में मिली. टीआई प्रोफेसर ममता पाठक से परिचित थे तो उन्होंने बैडरूम में पड़े हुए डा. पाठक की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘मैडम डा. साहब को क्या हो गया?’’

प्रोफेसर ममता पाठक ने टीआई को बताया, ‘‘डा. पाठक पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और आज उन की डेथ हो गई’’ टीआई जगतपाल सिंह को याद आया कि अभी 2 दिन पहले 29 अप्रैल को ही डा. पाठक ने व्हाट्एप के माध्यम से उन्हें एक शिकायत भेजी थी कि उन की पत्नी और बेटा उन्हें प्रताडि़त कर रहे हैं. खैर, उन की मौत कैसे हुई, यह बात तो उन्हें जांच के बाद ही पता चलनी थी. चूंकि मामला शहर के हाई प्रोफाइल डा. पाठक से जुड़ा था, इसलिए उन्होंने इस की सूचना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी. उन्होंने फोरैंसिक एक्सपर्ट की टीम भी डा. पाठक के बंगले पर बुला ली.

चूंकि कोरोना महामारी का खौफ पूरे शहर में था, इस वजह से पीपीई किट में पहुंची पुलिस ने जिस बैड रूम में डा. नीरज पाठक का शव पड़ा उस रूम के अलावा पूरे बंगले की जांच की. पोस्टमार्टम में हुआ नया खुलासा पुलिस ने कागजी काररवाई पूरी कर मामला संदिग्ध होने की वजह से शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. एसपी सचिन शर्मा के निर्देश पर 3 डाक्टरों की टीम ने डा. पाठक के शव का पोस्टमार्टम किया. अगले दिन पुलिस के पास जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पुलिस अधिकारी आश्चर्यचकित रह गए. रिपोर्ट में बताया गया कि डा. पाठक की मौत बिजली का करंट लगने से हुई थी. मौत 24 घंटे से पहले होने का अंदेशा भी जताया गया.

डा. पाठक के अंतिम संस्कार के कुछ दिन तक पुलिस ममता और उस के बेटे नीतेश के बयान नहीं ले सकी, लेकिन पुलिस की शंका की सुई पत्नी ममता पाठक की ओर ही घूम रही थी. इधर ममता पाठक पुलिस को यही बता रही थी कि डा. पाठक पिछले 3 दिनों से बीमार थे, इस कारण उन की मौत हो गई. मौके पर पहुंचे डा. पाठक के रिश्तेदारों ने पुलिस को बताया कि ममता पाठक द्वारा डा. नीरज पाठक को कमरे में बंद कर प्रताडि़त कर उन्हें खाना भी नहीं दिया गया था. डा. पाठक की हत्या के बाद से ही पुलिस इस मामले की तफ्तीश में जुट गई थी. छतरपुर जिले के एसपी सचिन शर्मा ने पुलिस की एक टीम गठित की जिस में टीआई जगतपाल सिंह, एसआई माधवी अग्निहोत्री, गुरुदत्त सेषा, प्रधान आरक्षक हरचरन राजपूत, आरक्षक दिनेश मिश्रा और धर्मेंद्र चतुर्वेदी को शामिल किया गया.

पुलिस टीम ने जांचपड़ताल शुरू की तो पूरे घटनाक्रम की कडि़यां जुड़ती रहीं और इस बात का पुख्ता सबूत मिल गया कि डा. पाठक को उन की पत्नी ने ही मौत के घाट उतारा है. 7 मई 2021 को पुलिस ने ममता पाठक को हिरासत में ले कर पूछताछ की तब ममता पहले तो पुलिस को अलगअलग बयान दे कर गुमराह करती रही, लेकिन एसआई माधवी अग्निहोत्री ने जब उस से सख्ती से पूछताछ की तो मामले का सच सामने आ गया. पूछताछ में पत्नी ममता ने पति की हत्या की जो कहानी बताई, वह रिश्तों को शर्मसार करने वाली निकली. शक की वजह से शुरू हुआ रिश्तों के बिखराव का अंतहीन सिलसिला आखिर पति की मौत का कारण बन गया.

11 साल के वनवास के बाद ममता अपने पति के पास वापस जरूर आ गई थी, लेकिन पतिपत्नी के संबंधों में कड़वाहट खत्म नहीं हुई थी. सनकी मिजाज की ममता के दिमाग में बैठा शक का कीड़ा हमेशा कुलबुलाता रहता था. इसी वजह से ममता की रातों की नींद गायब हो गई थी. जब ममता डा. पाठक को नींद न आने की बात कहती तो डा. पाठक ममता को रात में एक इंजेक्शन लगा देते थे. जिस से ममता को नींद आ जाती थी. खाने में मिला दीं नींद की गोलियां इंजेक्शन के बाद ममता को होश नहीं रहता. जब सुबह उस की नींद खुलती तो उसे यही शक बना रहता कि डा. पाठक उसे बेहोशी का इंजेक्शन दे कर किसी महिला के साथ रंगरलियां मनाते हैं. इस बात को ले कर दोनों में अकसर विवाद होता.

अप्रैल की 29 तारीख को भी इसी बात को ले कर जब विवाद बढ़ गया तो ममता ने डा. पाठक को कमरे में बंद कर दिया. डा. पाठक ने एक वीडियो वायरल कर इस बात की जानकारी अपने एक वकील और रिश्तेदारों को देते हुए शिकायत टीआई जगतपाल को भी व्हाट्सएप द्वारा कर दी. रिश्तेदारों और पुलिस की समझाइश से मामला शांत तो हो गया, लेकिन ममता के मन में अपने पति के प्रति नफरत इस हद तक बढ़ गई कि ममता ने अपने पति को हमेशा के लिए मौत की नींद सुलाने का निश्चय कर लिया. 29 अप्रैल, 2021 को ममता ने डा. पाठक के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं और उन के कमरे में भोजन की थाली ले कर पहुंच गई.

डा. पाठक के साथ तमीज से पेश आते हुए उस ने उन से खाना खाने का आग्रह किया. विवाद की वजह से सुबह से भूखेप्यासे रहे डा. पाठक ने खाना खाया. खाना खाने के बाद ही वह गहरी नींद में चले गए. ममता ने सोचा कि नींद की ज्यादा गोलियां खाने से डा. पाठक की मृत्यु हो गई है. इस के बाद डर के मारे उस का बुरा हाल था. ममता यही सोचसोच कर डर रही थी कि कहीं खाने में नींद की गोलियां मिलाने की बात सामने आई तो उस का जेल जाना तय है. इस के बाद उस के मस्तिष्क में एक विचार आया. तब वह नीचे से बिजली का एक्सटेंशन बोर्ड और वायर ले कर उस कमरे में पहुंची जहां पति अचेत अवस्था में पड़े थे, उस बोर्ड से ममता ने पति को काफी देर तक बिजली का करंट लगाया, जिस से डा. नीरज की मौत हो गई.

पति की मौत होने के बाद दूसरे दिन 30 अप्रैल को वह एक प्राइवेट कार में अपने बेटे को ले कर झांसी चली गई. इसी दौरान उस ने एक वीडियो देखा था, जिस में बताया था कि खाने में जहर या नशीली दवा देने के बाद यदि 2 दिन तक शव को रखा रहने दिया जाए तो पोस्टमार्टम में नशीली दवा जहर ट्रैस नहीं होता है. ममता अपने बेटे के साथ शाम को छतरपुर वापस आ कर चुपचाप सो गई. डा. पाठक की डेडबौडी को घर में पड़े जब 2 दिन हो गए तो ममता को पूरी तरह यकीन हो गया कि अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नशीली दवा की पुष्टि नहीं होगी. इस के बाद पहली मई को उस ने पुलिस को सूचना दी. इसी वजह से पोस्टमार्टम में नशीली दवा देने की बात नहीं आई.

ममता पाठक के बयान के आधार पर पुलिस ने उस के खिलाफ पति की हत्या का मामला दर्ज किया और उस की निशानदेही पर प्रयुक्त बची हुई नींद की गोलियां ममता पाठक के किचन से बरामद कर लीं. बिजली का करंट लगाने में उपयोग किया गया एक्सटेंशन बोर्ड और वायर भी ममता के बेडरूम के दराज से बरामद हुआ. बेटे नीतेश के मानसिक रूप से फिट न होने के कारण उस की संलिप्तता इस घटनाक्रम में साबित नहीं हो सकी. 8 मई, 2021 को ममता को हिरासत में ले कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे छतरपुर जेल भेज दिया गया. शक्की मिजाज बीवी की सनक मिजाजी की वजह से एक उच्च शिक्षित परिवार किस तरह जीवन भर मुश्किलों का सामना करता रहा और अपने पति की कातिल बनी बीवी ममता को उम्र के आखिरी पड़ाव पर जेल की सलाखों के बीच रहने को मजबूर होना पड़ा. MP News

कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

Story Hindi : जिसे सबने मरा समझ लिया था, वह अचानक निकली जिन्दा

हरियाणा के जिला पानीपत के थाना नगर के मोहल्ला आजादनगर की रहने वाली 20 साल की सिमरन दुबे आर्य डिग्री कालेज में बीए के दूसरे साल में पढ़ रही थी. पढ़ाई के साथसाथ वह एनएसएस (नेशनल सर्विस स्कीम) यानी राष्ट्रीय सेवा योजना की सदस्य भी थी. यह संस्था अपने सदस्यों का कैंप लगवाती है, जिस में समाजसेवा कराई जाती है. इस में जिस लड़के या लड़की का काम अच्छा होता है, उसे कालेज की ओर से प्रमाण पत्र दिया जाता है.

एसडी कालेज का बीए फाइनल ईयर में पढ़ रहा कृष्ण देशवाल एनएसएस का अध्यक्ष था. इसी साल जनवरी महीने में एसडी कालेज का एनएसएस का कैंप आर्य डिग्री कालेज में लगा था. उसी दौरान सिमरन दुबे की मुलाकात कृष्ण देशवाल से हुई तो दोनों में अच्छी जानपहचान हो गई. थाना नगर के ही मोहल्ला बराना की रहने वाली ज्योति भी सिमरन के साथ आर्य डिग्री कालेज में पढ़ती थी. दोनों में पटती भी खूब थी. उस से भी कृष्ण की दोस्ती हो गई थी.

5 सितंबर, 2017 की शाम 4 बजे के करीब सिमरन के मोबाइल फोन की घंटी बजी. उस ने फोन रिसीव किया तो दूसरी ओर से कहा गया, ‘‘हैलो सिमरन, मैं एसडी कालेज से कृष्ण देशवाल बोल रहा हूं, तुम कैसी हो?’’

‘‘नमस्ते सर,’’ चहकते हुए सिमरन ने कहा, ‘‘मैं तो अच्छी हूं सर, आप बताइए आप कैसे हैं?’’

‘‘मैं भी ठीक हूं, यह बताओ कि तुम इस समय क्या कर रही हो?’’

‘‘घर पर हूं सर, कोई काम है क्या? अगर कोई काम हो तो कहिए, मैं आ जाती हूं.’’ सिमरन ने कहा.

‘‘दरअसल, मिलिट्री के कुछ अधिकारी शहर में आ रहे हैं. उन के लिए जीटी रोड पर स्थित गौशाला मंदिर परिसर में कैंप लगाना है. अगर तुम आ जाओ तो मेरा काम काफी आसान हो जाएगा. ज्योति भी आ रही है. कालेज के कुछ अन्य लड़के भी आ रहे हैं.’’

‘‘ठीक है सर, ऐसी बात है तो मैं भी आ जाती हूं.’’

‘‘ओके, मैं तुम्हारा इंतजार कर रहा हूं.’’ कृष्ण ने कहा और फोन काट दिया.

कृष्ण देशवाल से बात होने के बाद सिमरन जल्दी से तैयार हो कर घर वालों से कालेज जाने की बात कह कर निकल पड़ी. करीब घंटे भर बाद वह कृष्ण द्वारा बताए गौशाला मंदिर पहुंच गई. ज्योति वहां पहले से ही मौजूद थी. उसे देख कर सिमरन का चेहरा खिल उठा.

दोनों सहेलियां एकदूसरे के गले मिलीं और आपस में बातें करने लगीं. दोनों बातें कर रही थीं कि तभी कृष्ण सिमरन के लिए एक गिलास में कोल्डिड्रिंक ले आया. सिमरन ने उन्हें भी पीने को कहा तो दोनों ने एक साथ कहा कि उन्होंने अभीअभी पी है. इस के बाद सिमरन आराम से कोल्डड्रिंक पीने लगी.

crime

मंदिर के कमरे में लाश

कृष्ण देशवाल, सिमरन दुबे और ज्योति जिस कमरे में ठहरे थे, उस के बगल वाले कमरे में कंप्यूटर सिखाया जाता था. कंप्यूटर सिखाने का यह काम पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डा. वाई.डी. त्यागी द्वारा चलाई जा रही एनजीओ के अंतर्गत होता था. कंप्यूटर सिखाने के लिए वंदना को रखा गया था.

जिस कमरे में कृष्ण, ज्योति और सिमरन ठहरे थे, वह अंदर से बंद था. इस से वंदना को थोड़ी हैरानी हो रही थी. उन से नहीं रहा गया तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया. करीब 15 मिनट तक दरवाजा खटखटाने के बाद खुला तो उस में से एक लड़का और लड़की बैग लिए बाहर निकले.

दोनों बाहर से कमरा बंद करने लगे तो वंदना ने उन से उन के साथ की एक अन्य लड़की के बारे में पूछा. वे बिना कुछ कहे चले गए तो वंदना ने इस बात की सूचना मंदिर के पुजारी वेदप्रकाश तिवारी को दे दी. वेदप्रकाश को मामला गड़बड़ लगा तो उन्होंने अपने भतीजे अभिनव को हकीकत पता करने के लिए भेजा.

अभिनव हौल से होता हुआ उस कमरे पर पहुंचा, जिसे लड़का और लड़की बाहर से बंद कर गए थे. दरवाजा खोल कर जैसे ही वह अंदर पहुंचा, वहां की हालत देख कर वह चीखता हुआ बाहर आ गया. उस की चीख सुन कर वंदना भी घबरा गई. वह अभिनव के पास पहुंची. उस के पूछने पर अभिनव ने बताया कि कमरे में एक लड़की की लाश पड़ी है.

अब वंदना की समझ में सारा माजरा आ गया. अभिनव ने यह जानकारी पुजारी वेदप्रकाश तिवारी को दी तो उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर फोन कर दिया. पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा यह सूचना थाना चांदनी बाग पुलिस को दे दी गई. सूचना मिलते ही थाना चांदनीबाग के थानाप्रभारी संदीप कुमार पुलिस बल के साथ गौशाला मंदिर पहुंच गए.

उन के पहुंचने से पहले पुलिस चौकी किशनपुरा के चौकीप्रभारी वीरेंद्र सिंह वहां पहुंच चुके थे. संदीप कुमार और वीरेंद्र सिंह ने घटनास्थल और लाश का निरीक्षण किया. मृतका के गले पर गला दबाने का स्पष्ट निशान था. इस का मतलब हत्या गला दबा कर की गई थी. उस के चेहरे को तेजाब डाल कर झुलसा दिया गया था. शायद हत्यारे ने पहचान मिटाने के लिए ऐसा किया था.

कमरे में एक लेडीज पर्स मिला.  पुलिस ने उस पर्स की तलाशी ली तो उस में से आर्य डिग्री कालेज का एक आईडी कार्ड मिला, जिस पर ज्योति लिखा था. उस पर पिता का नाम, पता और फोन नंबर भी लिखा था. पिता का नाम रामपाल था. वह थाना नगर के मोहल्ला बराना में रहते थे. एसआई वीरेंद्र सिंह ने फोन कर के रामपाल को वहीं बुला लिया.

रामपाल ने गौशाला मंदिर आ कर कमरे में मिली लाश को देखा तो फफकफफक कर रोने लगे. लाश उन की बेटी ज्योति की थी. शिनाख्त न हो सके, इस के लिए हत्यारों ने तेजाब डाल कर बड़ी बेरहमी से उस के चेहरे को झुलसा दिया था.

घटना की सूचना पा कर एसपी राहुल शर्मा, सीआईए-3 प्रवीण कुमार और डीएसपी जगदीश दूहन भी घटनास्थल पर आ गए थे. घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस ने देखा कि कमरे में पड़े डबल बैड का गद्दा उठा कर नीचे फर्श पर बिछाया गया था. लाश को उसी पर लिटा कर उस के चेहरे पर तेजाब डाला गया था. तेजाब से मृतका का चेहरा तो बुरी तरह झुलस ही गया था, गद्दा भी काफी दूर तक झुलस गया था.

मृतका की चुनरी और चप्पलें भी वहीं पड़ी थीं. बचाव के लिए मृतका ने हाथपांव चलाए थे, जिस से उस के चश्मे का एक शीशा टूट गया था. पुलिस ने कंप्यूटर की शिक्षा देने वाली वंदना से पूछताछ की तो उस ने बताया था कि शाम 4 बजे वह वहां आई तो कम्युनिटी हौल के दोनो दरवाजे अंदर से बंद थे. करीब 15 मिनट तक दरवाजा खटखटाने के बाद 19-20 साल की एक लड़की ने दरवाजा खोला.

लड़की के साथ एक लड़का भी था. वह हौल के कोने में बने कमरे का दरवाजा बंद कर रहा था. वंदना ने उस के साथ आई दूसरी लड़की के बारे में पूछा तो वह उसे धमका कर लड़की के साथ चला गया. लड़की सलवार सूट पहने थी, जबकि लड़का जींस और टीशर्ट पहने था.

फैल गई सनसनी

लड़के और लड़की के पास बैग थे. उन्होंने एकएक पौलीथीन भी ले रखी थी. लड़के के हाथ में ड्यू (कोल्डड्रिंक) की एक बोतल भी थी. वदंना को शक हुआ तो उस ने अपनी शंका पुजारी को बताई. इस के बाद पुजारी ने अपने भतीजे को भेजा तो कमरे में लाश होने का पता चला. इस तरह लाश बरामद होने से शहर में सनसनी फैल गई थी.

क्योंकि गौशाला मदिर अति सुरक्षित माना जाता था. हैरानी की बात यह थी कि दोनों लड़कियों और लड़के के वहां आने की जानकारी पुजारी को नहीं थी. मंदिर में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे कि उसी से लड़के और लड़की के बारे में कुछ पता चलता.

पुलिस ने कमरे में मिला सारा सामान जब्त कर के लाश को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया था. इस के बाद रामपाल की ओर से हत्या का मुकदमा दर्ज कर के मामले की जांच शुरू कर दी गई थी. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने ज्योति की लाश उस के पिता रामपाल को सौंप दी तो उन्होंने उस का अंतिम संस्कार कर दिया.

महिला आयोग भी सक्रिय

इस हत्याकांड की सूचना राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य रेखा शर्मा को मिली तो उन्होंने भी घटनास्थल की दौरा किया. वह पुलिस अधिकारियों से भी मिलीं और ज्योति के घर वालों से भी. उन्होंने उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस ने 48 घंटे के अंदर हत्यारे को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है. इस मामले में तेजाब का उपयोग किया गया था. जबकि कोर्ट ने तेजाब की बिक्री पर रोक लगा रखी है. यह भी जांच का विषय था कि रोक के बावजूद हत्यारे को तेजाब मिला कहां से?

अगले दिन पुलिस ने मृतका ज्योति के मोबाइल नंबर की काल डिटेल्स निकलवाई तो उस के नंबर पर अंतिम फोन अटावला गांव के रहने वाले राजेंद्र देशवाल के बेटे कृष्ण का आया था. काल लिस्ट देख कर पुलिस हैरान थी. दरअसल, दोनों के बीच 14 से 15 हजार सैकेंड बात की गई थी.

पुलिस तुरंत ज्योति के घर पहुंची और रामपाल से कृष्ण् के बारे में पूछा. उस ने बताया कि कृष्ण ज्योति के कालेज में आताजाता था, दोनों एकदूसरे को जानतेपहचानते थे. उन में अच्छी दोस्ती भी थी.

पुलिस को इस बात पर हैरानी हुई कि कृष्ण ज्योति का अच्छा दोस्त था और उस के घर भी आताजाता था. लेकिन उस की हत्या की बात सुन कर उस के घर नहीं आया था. कहीं ऐसा तो नहीं कि उसी ने ज्योति की हत्या की हो और फरार हो गया हो.

पुलिस को कृष्ण देशवाल पर शक हुआ तो उस के बारे में पता करने उस के घर पहुंच गई. घर वालों से पता चला कि वह 5 सितंबर से ही घर से 1 लाख 35 हजार रुपए ले कर गायब है. इस बात से पुलिस का शक यकीन में बदल गया. पुलिस को लगा कि ज्योति की हत्या में कृष्ण का ही हाथ है. घर वालों से पुलिस को पता चला कि कृष्ण के घर वाले भैंसों के खरीदने और बेचने का व्यवसाय करते थे. वे पैसे उसी के थे, जिन्हें कृष्ण ले कर भागा था.

इस बीच पुलिस को पता चल गया कि उस दिन कृष्ण के साथ जो लड़की थी, वह सिमरन दुबे थी. पुलिस दोनों के फोटो ले कर गौशाला मंदिर पहुंची तो फोटो देख कर वंदना ने बताया कि उस दिन यही दोनों कमरे से निकले थे.

इस से साफ हो गया कि ज्योति की हत्या कृष्ण और सिमरन ने ही की थी. इस के बाद पुलिस ने उन के फोटो अखबारों में छपवा कर उन के बारे में बताने वाले को ईनाम की भी घोषणा कर दी.

पुलिस कृष्ण और सिमरन दुबे की तलाश में जीजान से जुटी थी कि सिमरन के पिता अतुल दुबे थाना नगर पहुंचे और उन्होंने कृष्ण देशवाल के खिलाफ सिमरन के अपहरण की तहरीर दे दी. उन का कहना था कि उन की बेटी के चरित्र पर जो लांछन लगाया गया है, वह सरासर गलत है. सिमरन ऐसी घिनौनी हरकत कतई नहीं कर सकती.

crime

उन का यह भी कहना था कि उस दिन कमरे में जो लाश मिली थी, वह ज्योति की नहीं, बल्कि सिमरन की थी. लेकिन उन की बात कोई मानने को तैयार नहीं था. उन का कहना था कि मृतका के कान की बाली और हाथ में बंधा धागा सिमरन का नहीं था. इस पर पुलिस का कहना था कि कृष्ण और सिमरन को साथ जाते वंदना ने देखा था, इसलिए उन की बात पर विश्वास नहीं किया जा सकता.

पुलिस पहुंची शिमला

पुलिस कृष्ण और सिमरन की लोकेशन पता कर रही थी. लेकिन फोन बंद होने से उन की लोकेशन नहीं मिल रही थी. जैसे ही फोन चालू हुआ, उन की लोकेशन शिमला की मिल गई. लोकेेशन मिलते ही सीआईए-3 प्रवीण कुमार टीम के साथ शिमला रवाना हो गए. स्थानीय पुलिस की मदद से उन्होंने होटलों की तलाशी शुरू कर दी. सैकड़ों होटल की तलाशी के बाद पुलिस टीम उस होटल तक पहुंच गई, जहां दोनों ठहरे थे.

लेकिन जब होटल की रजिस्टर चैक किया गया तो कृष्ण और सिमरन के नाम से यहां कोई नहीं ठहरा था. पुलिस की निगाह श्याम और राधा नाम के उन दो ग्राहकों पर टिक गई, जिन का पता पानीपत का था.

यहीं दोनों से चूक हो गई थी. उन्होंने होटल के रजिस्टर में नाम तो श्याम और राधा लिखाए थे, लेकिन पता नहीं बदला था. बस इसी से पुलिस को शक हुआ, इस के बाद पुलिस कमरे पर पहुंची तो पुलिस को देख कर दोनों सन्न रह गए. कृष्ण नीचे फर्श पर बैठा था, जबकि ज्योति बैड पर लेटी थी.

मरने वाली ज्योति नहीं सिमरन

जिस ज्योति को लोग मरा समझ रहे थे, दरअसल वह जिंदा थी. मंदिर के कमरे से जो लाश मिली थी, वह ज्योति की नहीं, बल्कि सिमरन दुबे की थी. पुलिस दोनों को गिरफ्तार कर के पानीपत ले आई. उन्हें जब एसपी राहुल शर्मा के सामने पेश किया गया तो वह भी हैरान रह गए.

राहुल शर्मा ने ज्योति के पिता रामपाल को बुला कर ज्योति को उन के सामने खड़ा किया तो बेटी को जिंदा देख कर वह सिर थाम कर बैठ गए. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में कृष्ण और ज्योति ने सिमरन की हत्या का अपना अपराध स्वीकार कर लिया. इस के बाद 8 तिसंबर को अदालत में पेश कर के विस्तारपूर्वक पूछताछ एवं सबूत जुटाने के लिए पुलिस ने उन्हें 4 दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया. रिमांड के दौरान की गई पूछताछ में सिमरन की हत्या की जो कहानी सामने आई, वह इस प्रकार थी—

20 साल की सिमरन दुबे हरियाणा के जिला पानीपत के थाना नगर के मोहल्ला आजादनगर के रहने वाले आलोक दुबे की बेटी थी. वह 4 भाईबहनों में सब से बड़ी थी. वह आर्य डिग्री कालेज में बीए के दूसरे साल में पढ़ रही थी. उसी के साथ थाना नगर के ही बराना की रहने वाली ज्योति भी पढ़ती थी. दोनों पक्की सहेलियां तो थीं ही, एनएसएस की सदस्य भी थीं.

बात इसी साल जनवरी की है. एसडी डिग्री कालेज का एनएसएस का कैंप आर्य डिग्री कालेज में लगा था. कैंप का अध्यक्ष एसडी कालेज में पढ़ने वाला कृष्ण देशवाल था, जो बीए फाइनल ईयर में पढ़ रहा था. वह गांव अटावला का रहने वाला था. उस के पिता राजेंद्र देशवाल भैंसे खरीदनेबेचने का काम करते थे.

कृष्ण 2 बहनों का एकलौता भाई था. बहनें उस से छोटी थीं. घर में बड़ा और एकलौता बेटा होने के बावजूद वह जिम्मेदारी से काम नहीं करता था. पुलिस के अनुसार, जब कृष्ण स्कूल में पढता था, तब उस ने खुद के अपहरण का ड्रामा रचा था. वह दिन भर इधरउधर घूमा करता था. आर्य कालेज में लगे कैंप के दौरान ही उस की मुलाकात सिमरन और ज्योति से हुई थी. पहली ही नजर में ज्योति उस के मासूम चेहरे पर दिल दे बैठी.

कृष्ण ने ज्योति की आंखों से उस के दिल की बात पढ़ ली.  छरहरे बदन और तीखी नयननक्श वाली ज्योति भी उसे भा गई थी. इस के बाद अकसर दोनों की मुलाकातें होने लगीं. जल्दी ही उन की ये मुलाकातें प्यार में बदल गईं.

दोनों एकदूसरे से दीवानगी की हद तक प्यार करने लगे. जल्दी ही हालात यह हो गई कि अब वे एकदूसरे को देखे बिना नहीं रह सकते थे. अब इस का आसान तरीका था, वे शादी कर लें जिस से दोनों एकदूसरे की आंखों के सामने बने रहें.

ज्योति और कृष्ण की जातियां अलगअलग थीं. इसलिए ज्योति जानती थी कि उस के घर वाले कभी भी कृष्ण से उस की शादी नहीं करेंगे.

जबकि वह कृष्ण के बिना रह नहीं सकती थी. यही हाल कृष्ण का भी था. इसलिए उस ने ज्योति से भाग चलने को कहा. लेकिन ज्योति ने उस के साथ इसलिए भागने से मना कर दिया, क्योंकि इस से उस के घर वालों की बदनामी होती.

सहेली को बनाया शिकार

इस के बाद उन्होंने एक साथ रहने के बारे में सोचाविचारा तो उन के दिमाग में आया कि क्यों न वे अपनी कदकाठी के 2 लोगों की हत्या कर के उन के चेहरे तेजाब से इस तरह झुलसा दें कि कोई उन्हें पहचान न पाए. इस के बाद वे उन्हें अपने कपड़े पहना कर अपने आईकार्ड, फोन वगैरह वहां छोड़ देंगे, ताकि लोगों को लगे कि उन की हत्या हो चुकी है.

ज्योति की सहेली सिमरन दुबे उसी की कदकाठी की थी. वे उसे जहां बुलाते, वह वहां आ भी जाती. इसलिए सिमरन की हत्या की योजना बन गई. अब कृष्ण की कदकाठी के लड़के को ढूंढना था.

कृष्ण के लिए यह कोई मुश्किल काम नहीं था. 5 सितंबर को एनएसएस के कैंप के बहाने कृष्ण ने सिमरन और रमेश को फोन कर के गौशाला मंदिर के पहली मंजिल स्थित कमरे पर बुला लिया.

कृष्ण दाढ़ी नहीं रखे था, जबकि रमेश रखे था. इसलिए कृष्ण ने उस से दाढ़ी बनवा कर आने को कहा. लेकिन वह गोहाना मोड़ पर पहुंचा तो वहां कोई सैलून नहीं था, इसलिए उस ने फोन कर के कृष्ण को यह बात बताई तो उस ने उसे आने से मना कर दिया. रमेश वहीं से लौट गया. लेकिन सिमरन कृष्ण और ज्योति के जाल में फंस गई.

crime

सिमरन दुबे गौशाला मंदिर पहुंची तो कृष्ण और ज्योति वहां पहले से ही मौजूद थे. ज्योति को देख कर सिमरन बहुत खुश हुई. उस ने यह खुशी उस के गले मिल कर जाहिर की. गौशाला मंदिर पहुंचने से पहले ही कृष्ण ने कोल्डड्रिंक, नींद की गोलियां और तेजाब की व्यवस्था कर रखी थी. इन्हें वह अपने साथ लाए बैग में छिपा कर लाया था.

नींद की गोली मिली कोल्डड्रिंक पिलाई

कृष्ण ने सिमरन को नींद की गोलियां मिली कोल्डड्रिंक पीने को दी तो उस ने उन से भी कोल्डड्रिंक पीने को कहा. दोनों ने कहा कि उन्होंने अभीअभी पी है. कोल्डिड्रिंक पीने के कुछ देर बाद सिमरन की आंखें मुंदने लगीं. फिर वह बेहोश सी हो कर नीचे फर्श पर लेट गई. इस के बाद ज्योति ने उस के दोनों पैर पकड़ लिए तो कृष्ण ने उस का गला घोंट दिया.

इस तरह सिमरन को मौत के घाट उतार कर ज्योति ने उसे अपने कपड़े पहना दिए और उस के चेहरे पर तेजाब डाल कर झुलसा दिया. वह ज्योति है, यह साबित करने के लिए उस ने अपना आईकार्ड और मोबाइल फोन उस के पास छोड़ दिया, ताकि लोग इसे ज्योति समझें.

सिमरन की हत्या करने के बाद ज्योति और कृष्ण कमरे से बाहर आए और औटो से पानीपत रेलवे स्टेशन पहुंचे. उस समय वहां कोई टे्रन नहीं थी, इसलिए वे बसस्टैंड गए. वहां से चंडीगढ़ की बस पकड़ कर वे अगले दिन जीरकपुर पहुंच गए. अगले दिन अखबार में ज्योति की हत्या का समाचार छपा तो दोनों निश्चिंत हो गए कि हत्या का शक सिमरन पर किया जाएगा.

उन्होंने आराम से जीरकपुर के एक मौल में शौपिंग की और शिमला जा कर बसस्टैंड के नजदीक होटल रौयल में कमरा ले कर ठहर गए.

पुलिस उन के पीछे पड़ी है, इस का अंदाजा उन्हें बिलकुल नहीं था. पुलिस ने उन की तलाश में शिमला में 2 घंटे में सैकड़ों होटल छान मारे थे. जब पुलिस रौयल होटल में पहुंची तो पुलिस को देख कर सारा स्टाफ भाग गया. पुलिस को कमरा नंबर भी पता नहीं था. आखिर आधे घंटे की मशक्कत के बाद एक कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर कृष्ण और ज्योति मिले.

ज्योति के जिंदा बरामद होने के बाद सिमरन के घर वाले बेटी की हत्या के शोक में डूब गए थे. जबकि आलोक दुबे घटना वाले दिन से ही कह रहे थे कि मरने वाली ज्योति नहीं, उन की बेटी सिमरन है. लेकिन कोई उन की बात मानने को तैयार नहीं था.

ज्योति के जिंदा बरामद होने के बाद पुलिस आलोक दुबे और उन की पत्नी ऊषा को मधुबन ले गई, जहां डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल लिए गए. रिपोर्ट आने के बाद निश्चित हो जाएगा कि गौशाला मंदिर के कमरे में मिली लाश सिमरन की ही थी.

पुलिस की लापरवाही

सिमरन हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ कर पुलिस भले ही अपनी पीठ थपथपा रही हो, लेकिन इस में पुलिस की लापरवाही भी नजर आ रही है. शिमला के होटल में आईडी के रूप में कृष्ण और ज्योति ने अपने आधार कार्ड जमा कराए थे, वे आधार कार्ड श्याम और राधा के नाम से थे. साफ था कि वे फर्जी थे.

पुलिस ने जब कृष्ण से उन के बारे में पूछताछ की तो उस ने बताया कि आधार कार्ड उस के दोस्त देव कपूर ने जयपुर से बनवाए था. पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस आधार कार्ड बनाने वाले को गिरफ्तार करना चाहती है.

पुलिस सिमरन का मोबाइल फोन बरामद करना चाहती है, जिस के बारे में कृष्ण और ज्योति कभी कहते हैं कि शिमला में झाडि़यों में फेंक दिया है तो कभी कहते हैं कि रास्ते में फेंक दिया था. इस के अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने तेजाब और नींद की गोलियां कहां से खरीदी थीं.

इन के बारे में उन का कहना है कि तेजाब गुंड़मंडी से लिया था, जबकि नींद की गोलियां अपने एक रिश्तेदार के मैडिकल स्टोर से मंगवाई थीं.

रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

प्रेम की अंधी गली में फंस कर ज्योति और कृष्ण ने जो कदम उठाया, आखिर उस से उन्हें क्या मिला. उन्होंने जो अपराध किया है, वे कानून की नजरों से बच नहीं पाएंगे. लेकिन अगर बच भी गए तो शायद ही समाज उन्हें सुकून से रहने दे. Story Hindi

Short love Story in Hindi : हर दिन के झगड़े बने मौत की वजह – प्रेमिका की ले ली जान

Short love Story in Hindi : वैलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी, 2023 का दिन था. नालासोपारा इलाके में भी इस समय अच्छीखासी चहलपहल थी. लोग रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे. शाम के समय वहां के निवासियों को सीता सदन बिल्डिंग से बदबू आती हुई महसूस हुई तो किसी अनहोनी की आशंका से उन्होंने इस की सूचना इलाके के तुलिंज थाने में फोन कर के दे दी. यह सूचना सुन कर पुलिस सीता सदन बिल्डिंग की तरफ निकलने की तैयारी करने लगी. इसी दौरान कर्नाटक से एक महिला ने इसी थाने में फोन कर के सूचना दी कि सीता सदन में रहने वाली उस की भतीजी मेघा का कत्ल हो गया है. उसे यह बात स्वयं कातिल हार्दिक ने वाट्सऐप पर मैसेज कर के बताई है.

कुछ देर पहले पुलिस को सीता सदन में ही बदबू आने की काल मिली थी, अब उसी बिल्डिंग में हत्या किए जाने की काल मिलने पर इंसपेक्टर शैलेंद्र नगरकर समझ गए कि दोनों ही काल एक ही घटना की हो सकती हैं. इसलिए वह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल की तरफ निकल गए. जब वह वहां पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था. उन्होंने ताला तुड़वा कर कमरे में प्रवेश किया तो कमरे में एक बैड पड़ा था, जिस के अंदर से भयंकर बदबू आ रही थी. बैड का बौक्स खोला गया तो उस के अंदर सड़ीगली हालत में एक महिला की लाश मिली. लाश की खराब हालत को देख कर ऐसा लगता था जैसे उस की हत्या लगभग 2 से 3 दिन पहले की गई होगी, क्योंकि शव सड़ने लगा था और उस से तेज बदबू बाहर निकल रही थी.

घर के अन्य कमरों की तलाशी लेने पर वहां घरगृहस्थी का कोई अन्य सामान नहीं मिला. लाश की सभी एंगल से फोटोग्राफी करवाने और फिंगरप्रिंट लेने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया. इंसपेक्टर शैलेंद्र नगरकर ने पड़ोसियों से घटना के बारे में पूछताछ कर मालूम करने की कोशिश की तो पता चला कि कोई एकाध महीने पहले एक दंपति यहां किराए पर रहने के लिए आया था. पड़ोसियों को इस मकान के अंदर से अकसर उन के लड़ने की भी आवाजें आती थीं, जिस से लगता था उन के आपसी संबंध ठीक नहीं रहे होंगे.

चूंकि पड़ोसियों को उन के व्यक्तिगत मामले से कुछ लेनादेना नहीं था, शायद इसलिए किसी ने उन के पर्सनल मामले में हस्तक्षेप करना ठीक नहीं समझा था. मृतक मेघा के साथ रहने वाला युवक हार्दिक गायब था. यह देख कर पुलिस ने अनुमान लगाया कि इस की हत्या उस के पति हार्दिक ने ही की होगी. क्योंकि उसी ने मेघा की चाची को वाट्सऐप पर मैसेज भेज कर मेघा का कत्ल करने की बात कही थी.

अब पुलिस को पूछताछ के लिए उस युवक की तलाश थी, लेकिन पड़ोसियों में से किसी ने भी उसे फरार होते हुए नहीं देखा था. आखिरकार, मकान मालिक और रियल स्टेट एजेंट को बुला कर इस में रहने वाले युवक के बारे में पूछताछ की गई. इस जांच में केवल इतना पता लगा कि युवक का नाम हार्दिक शाह और महिला का नाम मेघा धन सिंह थोरवी था. लेकिन पूछताछ में सब से अच्छी बात यह हुई कि पुलिस को मकान मालिक से हार्दिक का मोबाइल नंबर मिल गया.

सीता सदन को सील कर इंसपेक्टर शैलेंद्र नगरकर की टीम वापस थाने लौट गई. उसी रात यानी 14 फरवरी, 2023 को मेघा की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया.

मोबाइल फोन से मिला सुराग

मामला दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपी हार्दिक की तलाश में जीजान से लग गई. इंसपेक्टर शैलेंद्र नगरकर ने अपनी टीम को घर के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने का आदेश दिया. साथ ही आरोपी हार्दिक के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा कर उस की लोकेशन को ट्रेस करना शुरू किया तो 12 फरवरी को उस के ट्रेन द्वारा मुंबई से राजस्थान के लिए रवाना होने का पता चला. इस वक्त वह ट्रेन में सवार था.

इंसपेक्टर शैलेंद्र नगरकर ने मुंबई के मीरा भायंदर वसई विरार की अपराध शाखा और मध्य प्रदेश के नागदा स्थित आरपीएफ पुलिस को आरोपी के बारे में सूचित कर दिया. आरपीएफ की मदद से हार्दिक को यात्रा के दौरान ही मध्य प्रदेश के नागदा रेलवे स्टेशन से उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह ट्रेन की बोगी में यात्रा कर रहा था. अपराध शाखा की टीम ने आरोपी हार्दिक को नागदा से ला कर तुलिंज थाने के इंसपेक्टर शैलेंद्र नगरकर को सौंप दिया.

इंसपेक्टर शैलेंद्र नगरकर ने हार्दिक से पूछताछ शुरू की तो हार्दिक ने मेघा की हत्या का जुर्म स्वीकार कर लिया. अपने इकबालिया बयान में आरोपी हार्दिक ने जो कुछ बताया, वह इस प्रकार है— हार्दिक शाह एक मौडर्न खयाल का युवक था. वह मुंबई में मलाड के एक नामचीन हीरा  व्यापारी संपत भाई का बेटा था. घर में दौलत की कमी नहीं थी, इसलिए उस का सारा दिन सैरसपाटे और मौजमस्ती में गुजर जाता था. जैसा कि आमतौर पर देखा गया है कि आजकल लड़के की कोई न कोई गर्लफ्रैंड जरूर होती है. हार्दिक शाह को भी सोशल मीडिया पर चलने वाले विभिन्न ऐप पर नई लड़कियों से दोस्ती कर उन के साथ चैटिंग करने में बड़ा मजा आता था.

बात सन 2018 की है. एक डेटिंग ऐप पर हार्दिक शाह की मुलाकात मेघा धन सिंह तोरवी से हुई. 34 वर्षीया मेघा तोरवी मूलरूप से केरल की निवासी थी, लेकिन इन दिनों नालासोपारा के एक अस्पताल में नर्स की नौकरी करती थी. इन दिनों लड़के हों या लड़कियां, अपने से बड़ी उम्र के पार्टनर के साथ इश्क करने से गुरेज नहीं करते. हार्दिक और मेघा तोरवी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. हार्दिक शाह की उम्र 24 साल थी, जबकि मेघा तोरवी 34 की थी. वह हार्दिक से लगभग 10 साल बड़ी थी. लेकिन प्रेमिका के बड़ी उम्र के होने से हार्दिक को कोई परेशानी नहीं थी.

कुछ दिनों तक आपस में चैटिंग करने के बाद उन का मिलनाजुलना शुरू हो गया. धीरेधीरे दोनों एकदूसरे के इतने करीब आ गए कि उन्हें अब एकदुसरे से दूर रह पाना मुश्किल लगने लगा. आखिरकार उन्होंने लिवइन रिलेशनशिप में रहने का फैसला कर लिया. हार्दिक मलाड स्थित अपने पैतृक घर से दूर आ कर विजय नगर में एक मकान ले कर मेघा के साथ रहने लगा. हार्दिक जैसे मालदार प्रेमी का साथ पा कर मेघा अपने जीवन को धन्य समझने लगी. हार्दिक ने मेघा के सामने अपने पिता की दौलत को ले कर ढेर सारे कसीदे पड़े थे, जिसे सुन कर मेघा सपनों की सतरंगी दुनिया में विचरने लगी थी. उसे लगता था कि हार्दिक के साथ उस की बाकी की जिंदगी बड़े आराम से गुजरेगी.

हार्दिक को खुश रखने के लिए वह अपनी सारी कमाई उस पर लुटाने लगी. उसे खुश रखने में मेघा कभी कोई कोरकसर बाकी नहीं छोड़ती थी.

मेघा के साथ लिवइन में रहने लगा हार्दिक

हालांकि हार्दिक भी मेघा को दिलोजान से चाहता था. वह मेघा के लिए नएनए तोहफे लाया करता और उस की हर सुखसुविधा का बहुत खयाल रखता था. मेघा जब नौकरी के लिए जाती तो वह उसे छोड़ने और छुट्टी के समय उसे लेने जाता था. हार्दिक के पिता उसे जेब खर्च के लिए हरेक महीने 20 हजार रुपए देते थे. दोनों की जिंदगी मजे में गुजर रही थी. तभी 2019 के मार्च महीने में कोरोना फैलने के डर से पूरे देश में लौकडाउन लगा दिया गया. इस लौकडाउन से लोगों के कामधंधे छूट गए. हार्दिक और मेघा भी इस से बच नहीं सके और उन की भी जिंदगी परेशानी में घिर गई.

कुछ दिनों के बाद हार्दिक ने फिर भी डेटा कलेक्शन का काम कर के घर की स्थिति को संभाल लिया. 2022 में जब देश में लौकडाउन हटाने की घोषणा हुई तो मुंबई का जनजीवन सामान्य होने लगा. इस के बाद जब हालात ठीक हो गए तो मेघा ने फिर से अपनी नौकरी पर जाना शुरू कर दिया. उन के घर में खुशियां पहले की बहाल हो गईं. सब कुछ ठीक ही चल रहा था. हार्दिक बीचबीच में मलाड स्थित अपने पिता के घर भी चला जाता था. अभी तक हार्दिक ने अपने घर में मेघा के साथ रहने की बात नहीं बताई थी. उसे मालूम था कि उस के पिता मेघा को अपने घर की बहू के रूप में कभी स्वीकार नहीं करेंगे.

एक बार किसी काम में हार्दिक ने पिता के 40 लाख रुपए गंवा दिए. इस से उस के पिता बहुत नाराज हुए थे. करीब 8 महीने बाद अगस्त में हार्दिक ने मेघा से शादी कर ली और विजय नगर से नालासोपारा के सीता सदन में रहने चला आया. यहां हार्दिक और मेघा ने लोगों को यही बताया कि वे पतिपत्नी हैं. अभी दोनों को यहां रहते हुए कुछ ही समय गुजरा था कि हार्दिक के पिता को बेटे के मेघा के साथ रहने की जानकारी हुई तो वह उस से इस कदर नाराज हुए कि उन्होंने हार्दिक को अपनी पूरी जायदाद से हमेशा के लिए बेदखल कर दिया. इस के साथ उन्होंने हार्दिक को महीने का मिलने वाला 20 हजार रुपए देना बंद कर दिया.

मेघा की कमाई पर करने लगा ऐश

पिता द्वारा उठाए इस सख्त कदम से हार्दिक की आर्थिक हालत खस्ता हो गई. दरअसल, अभी तक वह पिता की दौलत पर ही ऐश कर रहा था. लेकिन अब जब पिता ने उस की हरकतों से तंग आ कर उसे बेदखल किया तो अपने पैर पर खड़े होने की बजाय वह मेघा की कमाई पर ऐश करने लगा. उसे लगता था कि मेघा उस के बेरोजगार पड़े रहने पर कुछ नहीं कहेगी. पहले तो मेघा ने उसे समझाबुझा कर अपने योग्य कोई ढंग का काम या कोई नौकरी तलाशने का सुझाव दिया. पर मेघा की बात पर हार्दिक ने रत्ती भर भी ध्यान नहीं दिया.

वह मेघा की कमाई पर ऐश करने लगा, जिस से मेघा को घर का खर्च पूरा करने में परेशानी होने लगी. हार्दिक के हाथ पर हाथ रख कर बैठे रहने से घर चलाने की पूरी जिम्मेदारी मेघा के नाजुक कंधों पर आ गई. रुपएपैसे की किल्लत के कारण उन के घर में क्लेश रहने लगा. हार्दिक मामले की नजाकत को नहीं समझा और मेघा के पैसों पर ऐश करना जारी रखा. आखिर में 11 और 12 फरवरी, 2023 की रात हार्दिक के बेरोजगार रहने को ले कर बात बढ़ जाने पर हार्दिक अपना आपा खो बैठा और तौलिए से मेघा का गला घोट कर मार डाला. मेघा की लाश को छिपाने के लिए उस ने उस की लाश बिस्तर में लपेट कर बैड के बौक्स में रख दी.

पुलिस द्वारा पकड़े जाने से बचने के लिए वह यहां से बहुत दूर चला जाना चाहता था. लेकिन उस के पास पैसे नहीं थे, इसलिए अगले दिन उस ने घर के सभी महंगे सामान कम कीमत पर बेच कर कुछ रुपए इकट्ठा किए. 12 फरवरी को फरार होने से पहले हार्दिक ने कनार्टक में रहने वाली मेघा की चाची को फोन कर बता दिया कि रोजरोज के झगड़े तंग आ कर उस ने मेघा की हत्या कर दी है और उस की लाश बैड के बौक्स में छिपा दी है. अब वह आत्महत्या करने हरिद्वार जा रहा है.

इस के बाद वह घर के दरवाजे पर ताला लगा कर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गया. वहां से उस ने राजस्थान जाने के लिए ट्रेन पकड़ी मगर पुलिस ने 15 फरवरी, 2023 को बीच रास्ते से ही उसे गिरफ्तार कर लिया.

उसे मुंबई के वसई की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 21 फरवरी, 2023 तक के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है.  Short love Story in Hindi

Hindi Stories love : अवैध संबंध का खौफनाक अंत – भतीजे ने चाची के प्यार में घोंटा चाचा का गला

Hindi Stories love : चाचीभतीजे का रिश्ता मांबेटे जैसा होता है. लेकिन जमना देवी ने 18 वर्षीय भतीजे मदनमोहन को अपने मोहपाश में ऐसा फांसा कि वह निकल न सका. फिर एक दिन…

राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी शहर के थाना यूआईटी के थानाप्रभारी सुरेंद्र कुमार को 15 फरवरी, 2021 की सुबह फोन पर सूचना मिली कि सेक्टर 4 व 5 के बीच सड़क पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है. सूचना पा कर थानाप्रभारी सुरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर जा पहुंचे. मौके पर उन्हें वास्तव में एक युवक का शव पड़ा मिला. उन्होंने जब शव की जांच की तो उस के दोनों पैरों के अंगूठों से चमड़ी उधड़ी हुई दिखी. प्रथमदृष्टया ऐसा लग रहा था मानो मृतक की हत्या कहीं और कर के शव यहां ला कर डाला गया हो. पुलिस ने इस नजर से भी जांच की कि मृतक कहीं दुर्घटना का शिकार तो नहीं हो गया. मगर मौकाएवारदात और शव को देखने से ऐसा नहीं लग रहा था.

शव पर और किसी जगह चोट या रगड़ के निशान या खून निकला हुआ नहीं था. मामला सीधे हत्या का लग रहा था. मामला संदिग्ध लगा तो थानाप्रभारी सुरेंद्र कुमार ने मामले की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दे दी. भिवाड़ी एसपी राममूर्ति जोशी के संज्ञान में मामला आया तो उन्होंने एएसपी अरुण मच्या को घटनास्थल पर जा कर मामला देखने के निर्देश दिए. एएसपी अरुण मच्या और फूलबाग थानाप्रभारी जितेंद्र सिंह भी घटनास्थल पर आ गए. पुलिस अधिकारियों ने एफएसएल टीम को भी वहां बुला कर साक्ष्य इकट्ठा करवाए. पुलिस अधिकारियों ने जांचपड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया. शव की शिनाख्त नहीं हुई थी. लेकिन जब तक शिनाख्त नहीं हो जाती.

तब तक पुलिस हाथ पर हाथ धर कर बैठने वाली नहीं थी. पुलिस ने अज्ञात शव मिलने का मामला दर्ज कर लिया. इस केस को सुलझाने के लिए एएसपी अरुण मच्या के निर्देशन में एक पुलिस टीम गठित की गई. इस टीम में यूआईटी थानाप्रभारी सुरेंद्र कुमार के साथ फूलबाग थानाप्रभारी जितेंद्र सिंह सोलंकी, एसआई अखिलेश, हैडकांस्टेबल मुकेश कुमार, राकेश कुमार, मोहनलाल, कर्मवीर, रामप्रकाश, राजेंद्र, संतराम, सुरेश, ओमप्रकाश व ऊषा को शामिल किया गया. मृतक की हुई शिनाख्त इस पुलिस टीम ने मृतक के फोटो एवं पैंफ्लेट बना कर भिवाड़ी में सार्वजनिक स्थानों पर लगवा कर लोगों से शव की शिनाख्त की अपील की. साथ ही पुलिस टीम ने 2 दिन में लगभग 800 घरों में संपर्क कर शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की. वहीं पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले.

सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक पर एक युवक और महिला किसी व्यक्ति को बीच में बैठा कर ले जाते दिखे. पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर ली. मृतक का नाम कमल सिंह उर्फ कमल कुमार था. मृतक कमल निवासी उमराया, छाता, जिला मथुरा का रहने वाला था और इन दिनों भिवाड़ी की प्रधान कालोनी, सेक्टर-2 में रह रहा था. पुलिस ने मृतक कमल के घर जा कर पूछताछ की तो मृतक की बीवी जमना देवी अपने पति की हत्या की बात सुन कर रोने लगी. पुलिस ने उसे ढांढस बंधाया और पूछताछ की. जमना देवी ने बताया कि उस का पति कमल एटीएम से रुपए निकलवाने गया था. जबकि मृतक के बड़े भाई भीम सिंह ने पुलिस को बताया कि 14 फरवरी, 2021 की रात कमल सिंह की पत्नी जमना देवी उन के घर आई थी. वह उस से बाइक की चाबी यह कह कर मांग कर लाई थी कि कमल को बल्लभगढ़ जाना है.

भीम सिंह ने तब बाइक की चाबी जमना को दे दी थी. पुलिस को लगा कि मृतक की बीवी गुमराह कर रही है. तब पुलिस ने उस से सख्ती से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज जमना देवी को दिखाई. सीसीटीवी फुटेज में बाइक पर बैठी महिला के कपड़े एवं जमना के पहने कपड़े एक ही थे. पुलिस को पक्का यकीन हो गया कि कमल की हत्या में उस की पत्नी जमना का हाथ है. तब पुलिस ने जमना से कड़ी पूछताछ की. पूछताछ में जमना टूट गई. उस ने कबूल कर लिया कि अपने प्रेमी और भतीजे मदनमोहन के साथ मिल कर पति की हत्या की थी. तब पुलिस ने मृतक कमल सिंह की बुआ के पोते 19 वर्षीय मदनमोहन को फरीदाबाद, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मदनमोहन को मोबाइल की लोकेशन के आधार पर साइबर सेल एक्सपर्ट की मदद से धर दबोचा था.

पुलिस गिरफ्त में आते ही मदनमोहन समझ गया कि उस का भांडा फूट गया है. इसलिए उस ने भी कमल सिंह की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया. इस तरह 19 फरवरी, 2021 को पुलिस ने हत्या के इस मामले से परदा हटा दिया. मदनमोहन को यूआईटी थाना पुलिस थाने ले आई. शव की शिनाख्त होने के बाद कमल सिंह के शव का मैडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया. मृतक के भाई भीम सिंह की तरफ से जमना देवी उर्फ लक्ष्मी जादौन और मदनमोहन जादौन के खिलाफ भादंसं की धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया. आरोपियों जमना देवी उर्फ लक्ष्मी और उस के प्रेमी भतीजे मदनमोहन से की गई पूछताछ में जो कहानी प्रकाश में आई, वह इस प्रकार निकली—

कमल सिंह और भीम सिंह जादौन सगे भाई थे. कई साल पहले वह अपने गांव उमराया, थाना छाता, जिला मथुरा, उत्तरप्रदेश से राजस्थान के अलवर के भिवाड़ी शहर में आ बसे थे. दोनों भाई भिवाड़ी में किराए के मकान में रहते थे. दोनों भाई माश मेटल कंपनी चौक भिवाड़ी में नौकरी करते थे. शादी के बाद दोनों भाई अलग हो गए थे. कमल सिंह अपनी पत्नी जमना देवी उर्फ लक्ष्मी के साथ प्रधान कालोनी, सेक्टर-2 में किराए के मकान में रहता था. वहीं भीम सिंह अपने बीवीबच्चों के साथ रामनिवास कालोनी, भिवाड़ी में रहता था. दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे. दोनों की तनख्वाह भी अच्छीखासी थी. जिस से घरपरिवार का खर्च आराम से चल रहा था.

शादी में दे बैठे दिल जमना करीब एक साल पहले कमल की बुआ के पोते की शादी में गांव सांखी, मथुरा गई थी. शादी में वैसे भी सब लोग अच्छे कपड़े और शृंगार कर के शामिल होते हैं. महिलाएं और युवतियां तो ऐसे मौके पर सजनेसंवरने में कोई कसर नहीं छोड़तीं. जमना ने भी मेकअप करा कर अच्छे कपड़े पहने. वह बहुत खूबसूरत लग रही थी. शादी श्रीचंद जादौन के बड़े बेटे की थी. दूल्हे का छोटा भाई मदनमोहन भी उस समय खूब सजाधजा हुआ था. वह शक्लसूरत से भी ठीक ही था. दूल्हे के आसपास घूमते मदनमोहन और जमना की नजरें एकदूसरे से मिलीं तो दोनों एकदूसरे से नजरें नहीं हटा सके. मदन को जहां जमना प्यारी लगी थी, वहीं जमना को भी मदन भा गया था. मदन उस समय 18 साल का गबरू जवान था. दोनों का रिश्ता वैसे तो चाचीभतीजे का था मगर उन की आंखों में एकदूजे के लिए अलग ही चाहत थी.

दोनों एकदूसरे को ऐसे देख रहे थे, मानो उन के अलावा उन के लिए वहां कोई और था ही नहीं. मदन ने जब भी इधरउधर देख कर जमना की तरफ देखा, वह उसे ही देखती मिली. मदनमोहन ने तब मौका पा कर जमना चाची से कहा, ‘‘चाची, क्या खूबसूरत लग रही हो. नयनों के तीर चुभो कर मेरा दिन घायल कर दिया.’’

सुन कर जमना हंस कर बोली, ‘‘तुम्हारे नयनों ने मेरा भी दिल घायल कर दिया. अब इस की मरहमपट्टी तुम्हें ही करनी पड़ेगी.’’

‘‘बंदा अभी हाजिर है. आप हुक्म करें. मैं दिल का नया डाक्टर हूं.’’ वह बोला.

‘‘अच्छा, तो डाक्टर साहब से दिल घायल हुआ उस का इलाज आज जरूर कराएंगे.’’ जमना ने हंस कर कहा.

ये बातें हो तो मजाक में रही थीं मगर दोनों के मन में एकदूजे के लिए चाहत जाग उठी थी. दोनों शादी के दौरान एकदूसरे से मिलते रहे. एकदूसरे की खूबसूरती की तारीफों के पुल बांधते रहे. मौका रात में मिला तो दोनों एकदूसरे की बांहों में समा गए. उन का चाचीभतीजे का रिश्ता वासना की आग में जल कर खाक हो गया. दोनों में एक नया रिश्ता कायम हो गया, जिस का अंत बहुत बुरा होने वाला था. अगले दिन जमना जब गांव सांखी बुआ सास के घर से भिवानी आने की तैयारी कर रही थी तो मदनमोहन ने कहा, ‘‘चाची, मैं तुम से बहुत प्यार करता हूं. तुम्हारे जाने के बाद मुझे तुम्हारी बहुत याद आएगी.’’

‘‘आज के बाद चाची नहीं जमना कहोगे.’’ जमना बोली.

तब मदनमोहन बोला, ‘‘जैसा आप का हुकम मेरी प्यारी डार्लिंग जमना. मुझे हर रोज फोन करना. मिलने भी बुलाना. क्योंकि मैं तुम्हारी जुदाई बरदाश्त नहीं कर पाऊंगा.’’

‘‘जरूर मेरे राजा, मुझे भी तुम्हारी बहुत याद सताएगी. याद करूं तब दौड़े आना.’’ वह बोली.

‘‘जरूर आऊंगा.’’ मदन ने जमना की ओर देखते हुए रुआंसे स्वर में कहा.

इस के बाद दोनों ने एकदूसरे का मोबाइल नंबर लिया. जमना भिवाड़ी आ गई. वह भिवाड़ी आ जरूर गई थी, लेकिन अपना दिल तो भतीजे मदनमोहन के पास छोड़ आई थी. यही हाल मदनमोहन का भी था. उसे जमना के बगैर कुछ भी अच्छा नहीं लगता था. मगर करते भी तो क्या. दोनों फोन पर बातें कर के दिल को तसल्ली देते रहते. एकदो बार मदनमोहन भिवाड़ी भी आया और हसरतें पूरी कर वापस गांव मथुरा लौट आया. उन के बीच अवैध संबंध बने तो दोनों को दुनिया फीकी लगने लगी. मौका मिलने पर मदन भिवाड़ी आ कर जमना देवी से मिल जाता. दोनों कमल सिंह की गैरमौजूदगी में रास रचाते थे.

दोनों एकदूसरे से कोसों दूर रहते थे. एक भिवाड़ी में तो दूसरा मथुरा में. ऐसे में हर रोज मिलना संभव नहीं था. ऐसे में वे दोनों फोन पर बातें कर जी हलका करते थे. घटना से 6 महीने पहले एक दिन कमल ने अपनी पत्नी जमना को किसी से हंसहंस कर अश्लील बातें करते पकड़ लिया. तब कमल ने उस से पूछा कि किस से बातें कर रही थी. जमना ने बताया कि वह मदनमोहन से ही बात कर रही थी. तब उस ने कहा, ‘‘अरे शर्म नहीं आई तुझे उस से ऐसी बातें करते. अगर आज के बाद किसी से भी इस तरह की बात की तो मुझ से बुरा कोई नहीं होगा.’’

तब जमना ने कसम खा कर पति से कहा कि वह भविष्य में कभी भी मदनमोहन से बात नहीं करेगी. जमना ने पति से यह वादा कर तो लिया लेकिन मदन से बात किए बिना उस का मन नहीं लग रहा था. तब उस ने एक नई सिम ले ली. फिर वह उस नए नंबर से चोरीछिपे मदन से बतिया लेती. कमल ने सोचा कि बीवी ने मदनमोहन से बात करनी छोड़ दी है. 2 महीने बाद जमना को पुन: मदनमोहन से फोन पर बातें करते समय कमल ने पकड़ लिया. तब कमल ने जमना को जम कर पीटा और मदनमोहन को भी फोन कर के धमकाया, ‘‘हरामजादे, तेरे खिलाफ अपनी बीवी से बलात्कार करने का मुकदमा दर्ज कराऊंगा. तब तू सुधरेगा.’’

इतनी पिटाई के बाद भी जमना नहीं सुधरी. उसे अपने प्रेमी से बात करनी नहीं छोड़ी. इस के बाद कमल सिंह ने एक बार फिर बीवी को मदनमोहन से बात करते पकड़ा. तब बीवी को पीटा और मदनमोहन को धमकी दी कि उस ने अगर 2 लाख रुपए नहीं दिए तो वह बलात्कार का मामला दर्ज करा कर सारे परिवार व रिश्तेदारों से तुम दोनों के अवैध संबंधों की पोल खोल देगा. मदनमोहन डर गया. उस ने कहा कि उस के पास इतने रुपए नहीं हैं. वह रुपए किस्तों में दे देगा. वह बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज न कराएं. इस के बाद कमल ने 14 फरवरी, 2021 को फोन कर मदनमोहन को भिवाड़ी बुलाया. शाम 5 बजे मदनमोहन भिवाड़ी स्थित कमल के घर आया. इस के बाद कमल और मदनमोहन ने साथ बैठ कर शराब पी.

जब शराब का नशा चढ़ा तो कमल ने मदनमोहन से पूछा कि 2 लाख रुपए देगा तो बलात्कार का मामला दर्ज नहीं कराऊंगा. तब मदनमोहन ने कहा कि वह किस्तों में रुपए जरूर दे देगा. इस के बाद कमल, जमना व मदनमोहन कमरे में एक ही बैड पर सो गए. कमल के दिमाग में तो उस समय कुछ और ही चल रहा था. वह चुपके से उठा और पास में सो रही अपनी बीवी और मदनमोहन के इस तरह फोटो खींचने लगा जैसे वे दोनों एक साथ सो रहे हैं. फोटो खींच कर कमल ने मदनमोहन और जमना को जगा कर कहा, ‘‘अब मैं रिश्तेदारों को फोन कर के बुलाता हूं और पूरी कालोनी के लोगों को बुला कर बताता हूं कि मैं ने तुम दोनों को शारीरिक संबंध बनाते रंगेहाथों पकड़ा है.’’

तब कमल की पत्नी जमना बोली कि ऐसा मत करो. लेकिन कमल नहीं माना और जिद करने लगा कि वह लोगों को तुम्हारे अवैध संबंधों के बारे में बता कर ही रहेगा. अपनी पोल खुलने के डर से मदनमोहन ने कमल सिंह को पकड़ लिया और जमना ने अपनी चुन्नी पति के गले में डाल कर जोर से कस दी, जिस से कमल की मृत्यु हो गई. तब मदन और जमना के हाथपांव फूल गए. मगर कमल तो मर चुका था. तब दोनों ने कमल की लाश ठिकाने लगाने की योजना बनाई, जिस के तहत जमना उसी समय अपने जेठ भीम सिंह के घर गई और उन की बाइक की चाबी यह कह कर ले आई कि कमल को अभी एटीएम से पैसे निकालने बल्लभगढ़ जाना है.

जमना और मदन ने कमल की बाइक पर रात करीब एक बजे कमल के शव को इस तरह दोनों के बीच बिठा कर रखा जैसे किसी बीमार को अस्पताल ले जा रहे हैं. दोनों बाइक पर शव को बाबा मोहनराम के जंगलों में डालने के लिए रवाना हुए लेकिन सड़क पर आने पर बाइक के पीछे पुलिस गश्त की मोटरसाइकिल देख कर मदनमोहन ने बाइक हेतराम चौक से सेक्टर-5 की तरफ मोड़ दी. सेक्टर-5 व 6 वाली रोड पर बस की लाइट दिखाई देने पर दोनों ने शव को सेक्टर-5 में खाली प्लौट के सामने सड़क किनारे पटक दिया और वापस घर आ गए. मोटरसाइकिल पर मृतक कमल के पैर जमीन पर लटक रहे थे, जिस के कारण दोनों पैरों के अंगूठे आगे से रगड़ कर छिल गए थे. लाश ठिकाने लगाने के बाद आरोपी मदनमोहन फरीदाबाद चला गया.

अगली सुबह यानी 15 फरवरी, 2021 सड़क पर शव देख कर साढ़े 7 बजे थाना यूआईटी भिवाड़ी फेज-3 के थानाप्रभारी सुरेंद्र कुमार को किसी राहगीर ने शव पड़े होने की सूचना दी. इस के बाद थानाप्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मृतक की बाइक और जमना देवी व मदनमोहन के मोबाइल जब्त कर के पूछताछ के बाद दोनों को भिवाड़ी कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया. Hindi Stories love

Hindi Crime Story : दोस्त संग मिलकर प्रेमिका का गला घोंटा फिर शव नहर में फेंका

Hindi Crime Story : पति से अनबन होने के बाद रोनिका सिंह मायके आ गई. दूसरा पति पाने की चाहत उसे सोनू पटेल तक ले गई. सोनू रोनिका का पति तो नहीं बन सका लेकिन…

थानाप्रभारी चंद्रभान सिंह को सुबह 8 बजे सूचना मिली कि दुवाही गांव के पास शारदा सहायक नहर में किसी महिला की लाश पड़ी है. सूचना मिलते ही थानाप्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हो गए. रवाना होने से पहले उन्होंने अपने उच्चाधिकारियों को भी सूचित कर दिया था. यह बात 20 फरवरी, 2021 की है. थाना मऊ आइमा से दुवाही गांव करीब 4 किलोमीटर दूर था, अत: पुलिस को वहां पहुंचने में 20-25 मिनट का समय लगा. गांव के पास ही नहर किनारे भीड़ जुटी थी. वहीं पर नहर में एक महिला की लाश पड़ी थी. उन्होंने साथ आए पुलिसकर्मियों की मदद से महिला के शव को पानी से बाहर निकाला. फिर निरीक्षण में जुट गए. उन्होंने इस की सूचना अपने उच्चाधिकारियों को भी दे दी.

महिला की उम्र 28 वर्ष के आसपास थी. उस की मांग में सिंदूर तथा पैरों में बिछिया थे, जिस से स्पष्ट था कि वह शादीशुदा थी. उस के गले में रगड़ के निशान भी थे. देखने से ऐसा लग रहा था कि महिला की हत्या रस्सी से गला घोंट कर की गई होगी. चंद्रभान सिंह अभी घटनास्थल का निरीक्षण कर ही रहे थे कि सूचना पा कर एसएसपी (प्रयागराज) सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी व एसपी (गंगापार) धवल जायसवाल भी वहां आ गए. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद कई लोगों से पूछताछ की. घटनास्थल पर सैकड़ों लोग मौजूद थे. लेकिन कोई भी शव को पहचान न सका था. जाहिर था कि मृतका महिला दुवाही एवं उस के आसपास के गांव की नहीं थी. उस की हत्या कहीं और की गई थी और शव को नहर में फेंका गया था.

महिला के शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थानाप्रभारी ने जरूरी काररवाई करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए प्रयागराज भिजवा दिया. इस के बाद एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने इस ब्लाइंड मर्डर का परदाफाश करने की जिम्मेदारी एसपी (गंगापार) धवल जायसवाल व थानाप्रभारी चंद्रभान सिंह को सौंपी. दूसरे दिन मृत महिला की फोटो, हुलिया सहित प्रयागराज के समाचार पत्रों में छपी. फोटो देख कर फाफामऊ निवासी संदीप सिंह का माथा ठनका. वह तुरंत अपनी मौसी गायत्री के घर पहुंचा. उस ने अखबार में छपी फोटो दिखाई तो गायत्री घबरा गई और रोने लगी.

कुछ देर बाद गायत्री संदीप के साथ थाना मऊ आइमा पहुंची. वहां मौजूद थानाप्रभारी को उस ने बताया, ‘‘सर, मेरा नाम गायत्री है. मैं कोरांव थाने के खजूरी खुर्द गांव की रहने वाली हूं. मुझे शक है कि अखबार में जो फोटो छपी है, वह हमारी बेटी रोनिका सिंह की है.’’

गायत्री की बात सुन कर थानाप्रभारी चंद्रभान सिंह की बांछे खिल उठीं. उन्हें लगा कि अब मृत महिला की शिनाख्त हो जाएगी. अत: वह गायत्री को अपने साथ ले कर पोस्टमार्टम हाउस आए और युवती का शव उन्हें दिखाया. शव देखते ही गायत्री फूट कर रो पड़ी. उस ने बताया कि यह शव उस की बेटी रोनिका सिंह का ही है. चंद्रभान सिंह ने गायत्री को धैर्य बंधाया फिर उस से पूछताछ की. गायत्री ने बताया कि उस ने रोनिका सिंह का विवाह करछना (प्रयागराज) निवासी महीप सिंह के साथ किया था. लेकिन पति से अनबन के चलते वह नैनी में रहने लगी थी. एक तरह से उस ने पति से रिश्ता खत्म कर लिया था. पता नहीं बेटी की हत्या किस ने और क्यों कर दी.

‘‘कहीं तुम्हारी बेटी की हत्या उस के पति ने तो नहीं कर दी?’’ चंद्रभान सिंह ने आशंका जताई.

‘‘नहीं सर, मुझे उस पर शक नहीं है. वह तो सीधासादा इंसान है.’’ गायत्री ने जवाब दिया.

प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह ने मृत महिला की शिनाख्त होने की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी. फिर रोनिका सिंह के हत्यारों को पकड़ने के लिए पूरी ताकत झोंक दी. उन्होंने सब से पहले मृतका के पति महीप सिंह को पूछताछ के लिए थाने बुलवा लिया और उस से कड़ी पूछताछ की. महीप सिंह ने बताया कि रोनिका फैशनपरस्त, मनचली और स्वच्छंद थी. उस की कमाई से वह संतुष्ट नहीं थी, जिस से उस ने नाता तोड़ लिया था और मायके में रहने लगी थी. बाद में पता चला कि वह नैनी (प्रयागराज) में रह रही है. वह रंगीनमिजाज थी. उस के किसी आशिक ने ही उस की हत्या की होगी. लेकिन उस का रोनिका की हत्या से कोई वास्ता नहीं है.

चंद्रभान सिंह को भी लगा कि महीप सिंह कातिल नहीं है. अत: उन्होंने उसे थाने से इस हिदायत के साथ घर भेज दिया कि जरूरत पड़ने पर उसे उपस्थित होना पड़ेगा. थानाप्रभारी ने जांच आगे बढ़ाई और मकान मालिक से पूछताछ की, जहां नैनी में रोनिका सिंह किराए पर रहती थी. मकान मालिक ने बताया कि रोनिका सिंह से मिलने सोनू नाम का युवक उस के पास अकसर आता था. कभीकभी वह रात में रुक भी जाता था. रोनिका सिंह सोनू को अपना खास रिश्तेदार बताती थी. अब थानाप्रभारी चंद्रभान सिंह ने सोनू का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने में अपनी ताकत लगा दी. एसपी (गंगापार) धवल जायसवाल उन का पूरा सहयोग कर रहे थे.

उन्होंने क्राइम ब्रांच की टीम को भी इंसपेक्टर चंद्रभान सिंह के सहयोग के लिए लगा दिया. उन्होंने सर्विलांस सेल का भी सहयोग लिया. मृतका की मां गायत्री से रोनिका सिंह का मोबाइल नंबर थानाप्रभारी को मिल गया था. उस फोन नंबर की काल डिटेल्स निकलवाने पर पाया गया कि रोनिका सिंह एक मोबाइल नंबर पर सब से ज्यादा बातें करती थी. इस नंबर की छानबीन की गई तो पता चला कि यह मोबाइल नंबर सोनू कुमार पटेल निवासी मातादीन का पुरा, फाफामऊ (प्रयागराज) के नाम दर्ज है. सोनू का पता मिल गया तो थानाप्रभारी ने सोनू का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगवाया तो उस की लोकेशन ट्रेस होने लगी. सर्विलांस सेल से मिली जानकारी के आधार पर 2 मार्च, 2021 की सुबह करीब 7 बजे फाफामऊ बसअड्डे से पुलिस ने सोनू को हिरासत में ले लिया.

सोनू को थाना मऊ आइमा ला कर पूछताछ की गई. साधारण पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा. लेकिन सख्ती करने पर वह टूट गया और रोनिका सिंह की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया. उस ने बताया कि रोनिका सिंह की हत्या उस ने अपने 2 साथियों रामनरेश प्रजापति तथा नंचू पासी उर्फ संदीप की मदद से की थी और शव को मऊ आइमा थाना क्षेत्र के दुवाही गांव के समीप शारदा नहर में फेंक दिया था. चंद्रभान सिंह ने सोनू की निशानदेही पर गेहूं के खेत से मृतका का आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, 2 टूटे मोबाइल फोन, पाकेट डायरी, लेडीज पर्स तथा रस्सी बरामद की. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली.

यह कार शिवकुटी के तेलियरगंज, स्वराजनगर निवासी संतोष कुमार की थी, जिसे वह सोनू के गैराज में मरम्मत के लिए खड़ी कर गए थे. बरामद सामान को पुलिस ने सबूत के तौर पर सुरक्षित कर लिया. हत्या में शामिल सोनू के साथियों रामनरेश प्रजापति व नंचू पासी उर्फ संदीप को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने उन के घरों पर छापा मारा. लेकिन दोनों फरार थे. भरसक प्रयास के बाद भी कथा लिखे जाने तक पुलिस दोनों को पकड़ नहीं सकी थी. चंद्रभान सिंह ने रोनिका सिंह हत्याकांड का परदाफाश करने तथा उस के आशिक हत्यारे को गिरफ्तार करने की जानकारी एसपी (गंगापार) धवल जायसवाल को दी. इस के बाद उन्होंने पुलिस सभागार में प्रैसवार्ता कर रोनिका सिंह की हत्या का खुलासा किया.

थानाप्रभारी चंद्रभान सिंह ने मृतका की मां गायत्री को वादी बना कर भादंवि की धारा 302/201 के तहत सोनू कुमार पटेल, रामनरेश प्रजापति तथा नंचू पासी उर्फ संदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली तथा सोनू कुमार पटेल कोे न्यायसम्मत गिरफ्तार कर लिया. पुलिस जांच में एक ऐसी औरत की कहानी सामने आई, जिस ने दूसरे पति की चाहत में अपनी जान गंवा दी. प्रयागराज जिले के कोरांव थाना अंतर्गत एक गांव है-खजूरी खुर्द. गुलाब सिंह इसी गांव के निवासी थे. परिवार में पत्नी गायत्री के अलावा एक बेटी थी रोनिका सिंह. गुलाब सिंह सांस के रोगी थे. इलाज के बावजूद उन की मृत्यु हो गई थी. गायत्री ने ही किसी तरह कर बेटी को पालपोस कर बड़ा किया था.

गायत्री घरबाहर के कामों में व्यस्त रहती थी. इस का परिणाम यह हुआ कि सुंदर और चंचल रोनिका निरंकुश हो गई. इसी निरंकुशता के चलते रोनिका सिंह गांव के आवारा लड़कों के साथ घूमने लगी. वह कहां जाती थी, किसलिए जाती थी, देखने वाले खूब समझते थे. गांव में रोनिका की बदनामी हुई तो गायत्री परेशान हो उठी, ‘यह लड़की हमारी नाक कटा कर रहेगी. हम किसी को मुंह दिखाने लायक भी नहीं बचेंगे.’ इज्जत बचाने के लिए गायत्री ने आननफानन में 5 साल पहले रोनिका का विवाह महीप सिंह से कर दिया. महीप सिंह करछना (प्रयागराज) का रहने वाला था. पेशे से वह ड्राइवर था. रोनिका फैशनपरस्त, चंचल स्वभाव की युवती थी, जबकि महीप सिंह सीधासादा इंसान था.

ड्राइवर होने के कारण उसे कईकई दिनों तक घर से बाहर रहना पड़ता था. रोनिका को पति से दूरी बरदाश्त नहीं थी. पति से दूर रहने पर रोनिका चिड़चिड़ी हो गई. जब पति घर लौटता तो वह उस से झगड़ती. दोनों में अनबन बढ़ी तो रोनिका पति का घर छोड़ कर मायके आ गई. गायत्री ने बेटी को बहुत समझाया, लेकिन वह ससुराल जाने को राजी नहीं हुई. रोनिका मां की परेशानी नहीं बढ़ाना चाहती थी. अत: उस ने मां का घर छोड़ दिया और नैनी (प्रयागराज) में आ कर किराए पर कमरा लेकर रहने लगी. इसी मकान में कुछ महिलाएं मार्केटिंग का काम करती थीं. उन के साथ रोनिका भी मार्केटिंग करने लगी.

मार्केटिंग के काम के दौरान ही एक रोज रोनिका सिंह की मुलाकात सोनू कुमार पटेल से हुई. पहली मुलाकात में ही दोनों एकदूसरे से प्रभावित हुए. उस के बाद दोनों की मुलाकातें अकसर होने लगीं. मोबाइल फोन पर भी बातें होने लगी. सोनू रोनिका के कमरे पर भी जाने लगा. परिणाम यह हुआ कि जल्दी ही दोनों के बीच अवैध रिश्ता बन गया. सोनू कुमार पटेल फाफामऊ के मातादीन का पुरा का रहने वाला था. वह कुशल मोटर मैकेनिक भी था और खूब कमाता था. फाफामऊ के शांतिपुरम में उस का मोटर गैराज था. वह शादीशुदा व 2 बच्चों का बाप था. सोनू के दिल में न रोनिका के लिए चाहत थी, न मन के किसी कोने में प्यार. वह तो सिर्फ उस का तन पाने को लालायित रहता था.

रूपसी रोनिका सोनू के बल की दीवानी थी. महीप सिंह से उस का मन खट्टा हो गया था. अब उसे दूसरे पति की चाहत थी. वह सोनू की पत्नी बन कर उस के साथ रहना चाहती थी. रोनिका को हासिल करने के लालच में सोनू भी उसे विवाह के सब्जबाग दिखाया करता था. रोनिका और सोनू के बीच कुछ माह मौजमस्ती से बीते. उस के बाद रोनिका सोनू पर विवाह करने का दबाव डालने लगी. वह उसे विवाह न करने पर फंसाने की भी धमकी देने लगी. लेकिन सोनू तो शादीशुदा था. वह रोनिका से शादी करना ही नहीं चाहता था. रोनिका सिंह से पीछा छुड़ाने का कोई दूसरा रास्ता नहीं मिला तो सोनू ने अपने दोस्त रामनरेश प्रजापति तथा नंचू पासी उर्फ संदीप के साथ मिल कर रोनिका की हत्या की योजना बनाई.

योजना के तहत 19 फरवरी, 2021 की शाम करीब 5 बजे सोनू कुमार पटेल ने अपने गैराज से कार निकाली, यह कार संतोष कुमार की थी, जो उस के गैराज में मरम्मत के लिए आई थी. इस कार में सोनू के दोस्त रामनरेश प्रजापति व नंचू पासी भी थे. फाफामऊ तिराहा पहुंच कर सोनू ने रोनिका को फोन किया और घूमने के बहाने उसे बुला लिया. रोनिका बनसंवर कर आ गई, फिर वे सोरांव की ओर चल पड़े. रास्ते में सोनू ने रोनिका को समझाया कि वह शादीशुदा है, इसलिए वह उस से शादी नहीं कर सकता. हम दोनों यूं ही मौजमस्ती करते रहेंगे. यह सुन कर रोनिका भड़क गई और धमकी देने लगी कि शादी नहीं करोगे तो वह पुलिस में यौनशोषण का मामला दर्ज करा कर उसे जेल भिजवा देगी.

रोनिका की धमकी से सोनू का गुस्सा सातवें आसमान पर जा पहुंचा. उस ने रोनिका को दबोच लिया और चलती कार में रामनरेश की मदद से रस्सी से गला घोंट दिया. हत्या के बाद उन्होंने शव को मऊ आइमा थाने के दुवाही गांव के समीप शारदा नहर में फेंक दिया. रोनिका के दोनों मोबाइल फोन तोड़ कर तथा उस का पर्स, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, डायरी, रस्सी आदि सामान घटनास्थल से कुछ दूर गेहूं के एक खेत में फेंक दिया. फिर कार से वे वापस फाफामऊ आ गए और कार शांतिपुरम स्थित अपने गैराज में खड़ी कर तीनों फरार हो गए. 20 फरवरी, 2021 को दुवाही गांव के कुछ लोगोें ने सहायक शारदा नहर में महिला की लाश देखी तो सूचना मऊ आइमा पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही थानाप्रभारी चंद्रभान सिंह मौके पर आए और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. जांच में अवैध रिश्तों में हुई हत्या का परदाफाश हुआ. 3 मार्च, 2021 को पुलिस ने सोनू कुमार पटेल को प्रयागराज कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया. कथा संकलन तक अन्य 2 अभियुक्त फरार थे. Hindi Crime Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित

UP Crime News : जायदाद के लालच में बहू ने सास को जहर का इंजेक्शन देकर मार डाला

UP Crime News : एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है. जहां एक बहू ने जायदाद के लालच में सास की हत्या कर दी. आइए खोलते हैं इस स्टोरी की हर परत को

यह घटना उत्तर प्रदेश जिले के झांसी की है. जहां 24 जून को सुशीला देवी घर में मृत पाई गई. शुरुआत में मामला पुलिस को डकैती जैसा लगा, लेकिन जैसे जैसे पुलिस ने आगे की जांच की तो सुशीला की हत्या की परतें दर परतें खुलती गई. पुलिस ने जांच में पाया कि सुशील की हत्या उसकी बहू पूजा जाटव ने की है. सास का अंतिम संस्कार होते ही बहू पूजा जाटव अचानक लापता हो गई, जिससे शक और गहराता गया.

इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी से खुलासा हुआ कि सास की हत्याकांड की असली मास्टरमाइंड पूजा जाटव ही निकलती है. पूजा ग्वालियर की रहने वाली है. वह अपनी 18 बीघा जमीन को बेचकर ग्वालियर में बसना चाहती थी. ये सारी जमीन उसके पति कल्याण के नाम पर थी. इसी जमीन में उसका देवर और ससुर उसको हिस्सा देने के लिए भी तैयार थे. लेकिन सास सुशीला देवी जमीन देने को तैयार नहीं थीं और हस्ताक्षर से इनकार कर दिया. इसी नाराजगी में पूजा ने सास की हत्या की साजिश रच डाली.

पुलिस के अनुसार, पूजा ने इस हत्या लिए अपनी बहन कामिनी और उसके प्रेमी अनिल वर्मा को शामिल किया. इसी साजिश तहत 24 जून की शाम तीनों ने सुशीला देवी को जहर का इंजेक्शन दिया, फिर गला घोंटकर मार डाला. फिर हत्या कर तीनों ने करीब 8 लाख के जेवर भी चुराए, ताकि वारदात को डकैती का रूप दिया जा सके. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

पूछताछ में पूजा ने सास की हत्या की साजिश कबूल की, लेकिन उसका अतीत और चौंकाने वाला निकला. पहले पति से शादी में उसे घरेलू हिंसा झेलनी पड़ी थी. एक झगड़े में पति ने उस पर गोली चला दी थी, जिससे उसकी ज़िंदगी में नया मोड़ आ गया.

यह मामला कोर्ट तक पहुंचा और इसी केस के दौरान पूजा की मुलाकात कल्याण से हुई, जिससे नजदीकियां बढ़ीं और दोनों ने शादी कर ली. छह साल बाद कल्याण की सड़क हादसे में मौत हो गई. इसके बाद पूजा ने कल्याण के बड़ें भाई से अवैध संबंध बना लिए और उसके साथ लिव-इन में रहने लगी. संतोष पहले से ही शादीशुदा था. इसके बाद संतोष की पत्नी ने लगातार इस रिश्ते का विरोध किया और कहा की वह कल्याण की विधवा है, इसी लिए संपत्ति मे आधा हिस्सा मिलना चाहिए.

यह बात सास को मंजूर नहीं थी. उसका मानना था की पूजा का व्यवहार अच्छा नही है. इसी के चलते वह सपंत्ति पर हक जमा रही है.

पुलिस ने जांच के बाद पूजा, कामिनी और अनिल को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन पर हत्या, साजिश और डकैती की धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस अब अन्य एंगल से भी मामले की जांच कर रही है.UP Crime News

Stories in Hindi Love : बेलगाम सायरा कई जिंदगियां हुईं बरबाद

Stories in Hindi Love : 20 साल की सायरा परवीन के साथ कुछ बदमाश पार्क में जबरदस्ती करने की कोशिश कर रहे थे. उसे बचाने के चक्कर में उधर से गुजर रहे राहुल को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा. इस केस में सायरा चश्मदीद गवाह बनी. इस घटना के 5 महीने बाद ऐसी क्या वजह रही कि मृतक राहुल के चाचा किशन कुमार को सुपारी दे कर सायरा परवीन की ही हत्या करानी पड़ी?

शराब का वो आखिरी पैग भी लंगड़े ने गले से नीचे उतार लिया था, लेकिन उस को अभी नशा नहीं हुआ था. उस ने खाली हो गई बोतल को घूरा, फिर सामने बैठे सलमान और अरबाज से बोला, ”मजा नहीं आया यारो, मेरा तो गला भी तर नहीं हुआ है अभी.’’

”रात के 8 बज गए हैं रहमत मियां, अब टेक भी बंद हो गए हैं. जितनी पी है, उसी से सब्र करो आज.’’ सलमान ने कहा.

”हां, कल 2 बोतल खरीदेंगे, एक तुम अकेले डकार लेना.’’ अरबाज ने अपना डिस्पोजल गिलास रेत पर फेंकते हुए कहा.

”लेकिन कुछ हुआ ही नहीं है अरबाज, तुम्हें मालूम है मैं अधूरा मजा नहीं करता हूं.’’ रहमत उर्फ लंगड़ा ने मुंह बना कर कहा.

”मजे के लिए दूसरा इंतजाम कर लो रहमत मियां,’’ अरबाज ने होंठों पर कुटिल मुसकान लाते हुए कहा, ”तुम्हारे पास तो जुगाड़ है.’’

”जुगाड़ कैसा जुगाड़?’’

”अरे, वो है न तुम्हारी फ्रेंड सायरा, उसे बुला लो.’’ अरबाज ने दाईं आंख दबा कर मुसकराते हुए कहा.

”हीऽऽहीऽऽहीऽऽ’’ रहमत उर्फ लंगड़ा दांत निकाल कर हंसा, ”वो सायरा… माल तो बढिय़ा है, लेकिन वह कंधे पर हाथ नहीं रखने देगी अरबाज.’’

”उसे बुलाओ तो सही, तुम कंधे की बात कर रहे हो, मैं तो उसे बोलने का मौका ही नहीं दूंगा. मेरा नाम अरबाज है.’’

”अरबाज सही बोलता है तू.’’ सलमान ने मुंह खोला, ”जब उस के टेंटुए पर रामपुरी रखेंगे तो खुद ही कपड़े उतार कर साथ में सोने के लिए हां बोल देगी.’’

”ऐसी बात है क्या, फिर तो उसे मैं अभी फोन करता हूं.’’ रहमत ने हंस कर कहा और जेब से फोन निकालने लगा.

उस ने जेब से मोबाइल निकाल कर सायरा परवीन का नंबर निकाल कर मिलाया. दूसरी तरफ कुछ देर घंटी बजी, फिर एक सुरीली आवाज सुनाई दी, ”सलाम रहमत. कैसे फोन कर रहे हो इस टाइम?’’

”तेरे से मिलना है सायरा, एक जरूरी काम आ पड़ा है, तू अभी के अभी आ जा.’’

”अब शाम ढल रही है रहमत, घर में बहुत काम है. मैं नहीं आ पाऊंगी.’’ सायरा ने स्पष्ट इंकार किया.

”समझा कर सायरा, बहुत जरूरी काम है वरना मैं नहीं बुलाता.’’ रहमत ने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा.

”काम क्या है?’’

”आएगी तो बताऊंगा. तू 15-20 मिनट में सुंदर नगरी में एच ब्लौक के पार्क के पास आ कर मिल, मैं वहीं तेरा इंतजार कर रहा हूं.’’

”ठीक है, आती हूं.’’ कहने के बाद सायरा ने काल डिसकनेक्ट कर दी.

रहमत मुसकराया, ”आ रही है वो. अब शराब के साथ शबाब भी मिलेगा. मजा आ जाएगा.’’

”पहला नंबर मेरा होगा रहमत,’’ सलमान रौब से बोला.

”आने दे भाई, पहले तू ही मुहूर्त कर लेना.’’ रहमत धीरे से बोला.

वे सायरा का इंतजार करने लगे. वह आधा घंटे में पार्क के पास पहुंच गई. वहां पर रहमत के साथ 2 और दोस्तों को देख कर उस का माथा ठनका. वह रहमत के पास आ कर बोली, ”क्यों बुलाया है मुझे?’’

”सायरा, यह लंगड़ा क्या बताएगा. मैं बताता हूं.’’ सलमान थोड़ा आगे आ कर बोला, ”हमारी शराब आज कम पड़ गई है, इसलिए नशा नहीं चढ़ा है.’’

”तो मैं क्या तुम्हें शराब ला कर पिलाऊं?’’ आंखें तरेर कर सायरा ने कहा.

”नहीं, शराब तो तुम्हारे जिस्म में भरी हुई है सायरा. उसे पिलाएगी तो नशा शराब से दोगुना चढ़ जाएगा.’’

”सलमान, होश में बात करो मुझ से. मेरा नाम सायरा परवीन है.’’ वह गुस्से से बोली.

”देखो सायरा, तुम्हें हमारी खिदमत तो करनी ही पड़ेगी, राजी या गैर राजी.’’ सलमान ने कहा और सायरा का हाथ पकड़ लिया.

”मेरा हाथ छोड़ो सलमान,’’ सायरा गुर्रा पड़ी, ”छोड़ो मेरा हाथ.’’

सलमान को गुस्सा आ गया, ”बहुत फडफ़ड़ा रही है तू.’’ सलमान ने सायरा के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया.

”सीधी तरह पार्क में चलती है या उधेड़ूं तेरी खाल.’’ गुर्राते हुए सलमान ने कहा और सायरा को पार्क में ले जाने के लिए हाथ पकडऩे लगा.

सायरा चीखने लगी, ”रहमत, मुझे छुड़ाओ इस से.’’

”मैं कुछ नहीं बोल सकता सायरा, क्योंकि नशा मैं भी करना चाहता हूं, लेकिन पहला नंबर सलमान का है.’’ रहमत मुसकराते हुए बोला.

सायरा की इज्जत बचाने में राहुल की गई जान

चीखती हुई सायरा को खींचते हुए सलमान पार्क की तरफ ले गया. वह दरवाजे से सायरा को अंदर पार्क में ले जाने वाला था कि सामने से 2 व्यक्ति उधर आ निकले. वह दोनों चाचाभतीजे थे. इन में एक राहुल उर्फ मनीष था. दूसरा उस का चाचा किशन कुमार था. ये केबल औपरेटर का काम करते थे और दोनों सुंदर नगरी की झुग्गियों में रहते थे. सायरा उन्हें देख कर चिल्लाई, ”मेरी मदद करो भाई. यह बदमाश मेरी इज्जत पर हाथ डालना चाहता है.’’

राहुल जोशीला युवक था. उस ने आगे बढ़ कर सलमान का गरीबान पकड़ लिया और गुर्राया, ”छोड़ इस लड़की को.’’

”मेरे मामले में मत बोल राहुल. तू अपने रास्ते जा.’’ सलमान ने ऐंठ कर कहा

”अबे तू ज्यादा धौंस मत दे मुझे. जानता हूं सुंदर नगरी का बदमाश है तू… लेकिन तू इस लड़की पर हाथ डालेगा तो तेरी बदमाशी यहीं निकाल दूंगा.’’ राहुल गुस्से से बोला और उस ने सलमान को जोर से धक्का दे दिया.

सलमान संभल नहीं पाया. सायरा का हाथ उस के हाथ से छूट गया. वह दूर जा कर गिरा. हाथ छूटते ही सायरा जान बचा कर भाग निकली. सलमान उठ कर खड़ा होता, इस से पहले ही राहुल और उस का चाचा अपने रास्ते पर आगे बढ़ गए. सलमान उन्हें घूरता रहा. फिर वह उस तरफ दौड़ा, जिधर रहमत उर्फ लंगड़ा और अरबाज बैठे गप्पें लड़ा रहे थे. उसी रात 15 नवंबर, 2024 की आधी रात को उत्तरपूर्वी दिल्ली के नंदनगरी थाने में पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना दी गई कि सुंदर नगरी के एच ब्लौक पार्क में एक व्यक्ति का कत्ल हो गया है.

सूचना मिलते ही नंदनगरी थाने के एसएचओ संतोष कुमार रावत अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. वे जब पार्क में पंहुचे, वहां बिजली के पोल के पास एक युवक खून से लथपथ पड़ा दिखाई दिया. संतोष कुमार रावत ने उस युवक की नब्ज देखी. वह हलकीहलकी चल रही थी. युवक के गले पर गहरा घाव देख कर रावत ने अनुमान लगा लिया कि हत्यारे ने चाकू से इस युवक की गरदन रेतने में कोई कसर नहीं छोड़ी है.

उस युवक के पास एक व्यक्ति बैठा रो रहा था.

”यह घायल व्यक्ति तुम्हारा क्या लगता है?’’ श्री रावत ने पूछा.

”यह मेरा भतीजा राहुल उर्फ मनीष है साहब, इसे बदमाशों ने घर से बुला कर चाकू मारा है, इसे बचा लीजिए आप.’’ वह व्यक्ति रोते हुए बोला.

एसएचओ संतोष कुमार रावत ने धीरे से कहा, ”तुम हमारे साथ अस्पताल चलो. पूछताछ तुम्हारे भतीजे के उपचार के बाद कर लेंगे. आओ.’’

श्री रावत ने साथ आए कांस्टेबल को इशारा किया और घायल युवक को पुलिस वैन में रखने को कहा. 2 कांस्टेबलों ने राहुल को पुलिस वैन की बर्थ पर लिटा दिया. श्री रावत वैन में बैठे और ड्राइवर को जीटीबी अस्पताल चलने को कहा. वैन जीटीबी हौस्पिटल के लिए तुरंत चल पड़ी, जो ज्यादा दूर नहीं था. वहां पहुंचते ही युवक को वैन से उतार कर इमरजेंसी की तरफ ले जाया जाने लगा तो उस ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. इमरजेंसी में पहुंचने पर वहां मौजूद डाक्टरों ने भी उस की मौत की पुष्टि कर दी. श्री रावत ने राहुल की लाश को फारमेलिटी पूरी करने के बाद उसे वहीं की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और उस के चाचा को साथ ले कर थाने में लौट आए.

उन्होंने मृतक के चाचा किशन कुमार को सामने बिठा कर पूछताछ शुरू की तो किशन ने बताया कि आज शाम को वह जब अपना काम निपटा कर भतीजे राहुल के साथ पैदल घर के लिए आ रहा था तो सलमान नामक बदमाश एक 19-20 साल की युवती को जबरदस्ती पार्क में खींच कर ले जाने की कोशिश कर रहा था. वह मदद के लिए चीख रही थी तो मैं और राहुल रुक गए. राहुल ने सलमान से युवती को छुड़ाने के लिए सलमान को धक्का दिया तो वह गिर पड़ा. लड़की भाग गई तो हम भी घर चले आए. घर आ कर खाना वगैरह बना कर खा लेने के बाद हम सोने के लिए तैयारी कर रहे थे कि झुग्गी के दरवाजे पर सलमान अपने 3-4 साथियों को ले कर पहुंच गया. उस ने दरवाजे पर लात मारी और गुस्से में राहुल को बाहर आने को कहा.

राहुल के हत्यारे चढ़े पुलिस के हत्थे

राहुल उठ कर बाहर आया तो वह उसे ले कर पार्क की तरफ चले गए. मैं कपड़े पहन कर पीछे भागा, तब तक उन्होंने मेरे भतीजे राहुल की गरदन काट दी और भाग गए. मैं ने पुलिस कंट्रोल रूम को इस की सूचना दी तो आप आ गए. मेरे भतीजे की हत्या सलमान ने अपने साथियों के साथ की है, आप उन्हें गिरफ्तार करें.

”वह युवती कौन थी, उसे पहचानते हो तुम?’’ श्री रावत ने पूछा.

”नहीं साहब, यह तो सलमान ही बताएगा.’’ किशन कुमार ने कहा.

श्री रावत ने किशन कुमार को वादी बना कर एफआईआर दर्ज की, जो बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 3(5) के अंतर्गत लिखी गई.

श्री रावत ने इस काल की सूचना डीसीपी आशीष मिश्रा तथा एसीपी (नंदनगरी) जशोद सिंह मेहता को दे कर निर्देश मांगा तो उन्होंने तुरंत एक पुलिस टीम गठित कर के राहुल के हत्यारों को पकडऩे का आदेश दे दिया.

जो पुलिस टीम इस केस को सौल्व करने के लिए बनाई गई, उस में एसएचओ संतोष कुमार रावत, इंसपेक्टर गोविंद सिंह, एएसआई प्रमोद कुमार, हैडकांस्टेबल दीपक नागर कांस्टेबल परमजीत सिंह, जितेंद्र कुमार, मुकेश कुमार को शामिल किया गया. सलमान सुंदर नगरी का कुख्यात बदमाश था. उस के ठिकानों पर इस टीम ने दबिश दी तो वह पुलिस के हाथ आ गया. उसे थाने में ला कर सख्ती से पूछताछ की गई तो उस ने अपने साथियों अरबाज, रहमत और अपने अब्बू सलीम को राहुल की हत्या में शामिल होना बता दिया.

यह पूछे जाने पर कि वह युवती कौन थी, जिसे वह बुरी नीयत से पार्क में ले जा रहा था. सलमान ने बता दिया कि वह कुष्ठ आश्रम के पास वाली झुग्गी में रहने वाली सायरा परवीन थी. सायरा परवीन को पुलिस तलाश कर के थाने ले आई. सायरा परवीन अपनी बहन और जीजा के पास रहती थी. उस के अब्बू की मौत हो चुकी थी और एक महीना पहले ही अम्मी भी कैंसर की बीमारी में इस दुनिया से विदा हो गई थी.

सायरा की हत्या पुलिस के लिए बनी मिस्ट्री

20 वर्षीय सायरा ने पुलिस को सारी बात बता दी, तब एसएचओ श्री रावत ने सायरा को सरकारी गवाह बना लिया. पुलिस शेष अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही थी. 26 नवंबर, 2024 को ये तीनों भी पुलिस के हाथ लग गए. इन्हें मजिस्ट्रैट के सामने पेश कर के जेल भेज दिया गया. इस प्रकार राहुल मर्डर केस एक प्रकार से सुलझा कर पुलिस ने अपनी पीठ थपथपा ली, लेकिन यह कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. इस में अभी एक कत्ल और शामिल होना था. वह कत्ल हुआ खुद सायरा परवीन का. क्यों? आइए जानते हैं

14 अप्रैल, 2025, दिन सोमवार, रात 10 बजे उत्तरपूर्वी दिल्ली के जीटीबी एनक्लेव थाने को किसी ने सूचना दी कि जीटीबी एनक्लेव के सामने एमआईजी फ्लैट की सर्विस लाइन में किसी ने एक युवती लड़की को गोली मार दी है. उस समय थाना जीटीबी एनक्लेव के एसएचओ ब्रजेश मिश्रा थाने में ही थे. सूचना मिलने पर वह एएसआई अनिल यादव, हैडकांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल अभय कुमार और तनुज को साथ ले कर घटनास्थल पर पहुंच गए.

पाकेट-ए के पास उन्हें सड़क पर एक युवती पड़ी दिखाई दी. उस का निरीक्षण करने पर उस की कमर और सिर में गोली के 2 निशान मिले. वहां निकला खून गाढ़ा पड़ चुका था. इस से अनुमान लगाया गया कि उस घटना को हुए ज्यादा वक्त नहीं हुआ है. वहां कुछ लोग एकत्र हो गए थे. एसएचओ ब्रजेश कुमार मिश्रा ने उस की नब्ज देखी, वह बंद थी. उस की सांसें भी थम चुकी थीं यानी मौत हो गई थी. उस की तलाशी ली गई तो उस के पास कुछ भी ऐसा नहीं मिला, जिस से उस की पहचान हो सके. वहां मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि यह युवती कुष्ठ आश्रम के पास की आनंद आश्रम की झुग्गियों में रहती है और इस का नाम सायरा परवीन है.

युवती कोई 20 साल के आसपास की उम्र की थी. एसएचओ मिश्रा ने मौके की फोरैंसिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुला लिया और क्षेत्र के डीसीपी (शाहदरा) प्रशांत गौतम को इस हत्याकांड की सूचना फोन द्वारा दे दी. वह भी घटनास्थल पर आ गए. सारी काररवाई पूरी कर लेने के बाद सायरा परवीन की लाश को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया. डीसीपी प्रशांत गौतम ने एसएचओ बृजेश मिश्रा को इस हत्या के आरोपियों को पकडऩे की जिम्मेदारी सौंपी.

इस के बाद एसआई अनिल यादव आनंद आश्रम की झुग्गियों में जा कर सायरा परवीन के घर पहुंचे तो एक महिला ने दरवाजा खोला, जिस का नाम शाहिदा था. दरवाजे पर पुलिस को देख कर वह घबरा गई, ”क्या हुआ साहब?’’

”क्या सायरा परवीन आप के ही घर से हैं?’’ यादव ने पूछा.

”जी हां, वह मेरी छोटी बहन है. क्या हुआ उसे वह ठीक तो है न साहब?’’

”उसे किसी ने गोली मार दी है, उस की लाश जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में है.’’ एएसआई यादव ने सूचना देते हुए कहा, ”आप सुबह मोर्चरी आ जाना.’’

सायरा परवीन की हत्या की खबर सुनते ही शाहिदा दहाड़ें मार कर रोने लगी, जिस से घर में सभी जाग गए. एएसआई ने अब वहां रुकना ठीक नहीं समझा. वह थाने के लिए लौट गए.

शाहदरा जोन के डीसीपी प्रशांत गौतम ने एसीपी मुकेश वालिया के सुपरविजन में सायरा परवीन हत्याकांड का केस जीटीबी एनक्लेव थाने के एसएचओ ब्रजेश मिश्रा के सुपुर्द कर के एक टीम उन के नेतृत्व में बना दी. इस टीम में एसआई अनिल कुमार, मनीष कुमार, एएसआई अनिल यादव, सुनील कुमार, हैडकांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल अभय कुमार और तनुज को शामिल किया गया. इंसपेक्टर इनवेस्टीगेशन देवेंद्र कुमार भी इस टीम का हिस्सा बने. थाना पुलिस के अलावा इस केस की जांच में क्राइम ब्रांच की इंटरस्टेट सेल को भी लगा दिया गया था.

सेल के एसीपी रमेश लांबा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम जांच में जुट चुकी थी. टीम में इंसपेक्टर पंकज मलिक और रोहित कुमार के अलावा हैडकांस्टेबल गजेंद्र सिंह, नरेंद्र कुमार, कांस्टेबल रविंद्र कुमार शामिल थे. क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चैक किया. टीम को 1-2 कैमरों में सायरा किसी युवक के साथ सड़क पर जाती नजर आई. घटनास्थल के पास भी एक सीसीटीवी में सायरा के साथ वही युवक नजर आया.

करनाल में छिपा बैठा था हत्या का आरोपी

इंसपेक्टर पंकज मलिक ने सायरा परवीन की बहन शाहिदा को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाई और उस से पूछा, ”सायरा इस युवक के साथ थी, जानती हो यह कौन है?’’

”इस का नाम रिजवान है साहब. कल शाम को मेरी बहन सायरा को इस ने ही फोन कर के मिलने के लिए बुलाया था. मेरे मना करने पर भी सायरा नहीं रुकी और इस से मिलने के लिए चली गई.’’

”यह रिजवान कहां रहता है?’’

”साहब, यह सुंदर नगरी की झुग्गियों में रहता है. इस की झुग्गी का नंबर ई-57/632 है. मुझे सायरा ने ही यह बताया था.’’

”सायरा रिजवान के संपर्क में कैसे आई, क्या वह रिजवान से प्यार करती थी?’’

”हां साहब. सायरा से रिजवान की दोस्ती हुए ज्यादा समय नहीं हुआ है. पता नहीं रिजवान जैसा गरीब लड़का सायरा को क्यों पसंद आया. वह रिजवान के साथ घूमनेफिरने लगी थी. इसी का ही परिणाम सामने आ गया.’’

इंसपेक्टर पंकज टीम के साथ सुंदर नगरी में रिजवान की तलाश में निकल गए. किंतु रिजवान घर पर नहीं मिला. उस के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया गया. नंबर कुछ समय बंद रहा, फिर ऐक्टिव हो गया. सर्विलांस द्वारा मालूम हुआ रिजवान इस समय हरियाणा के करनाल जिले में है. क्राइम ब्रांच टीम सर्विलांस का सहारा ले कर करनाल जा पहुंची. वहां 19 वर्षीय रिजवान किसी रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ मिल गया. उसे वहां से गिरफ्तार कर के दिल्ली लाया गया और क्राइम ब्रांच ने उसे जीटीबी एनक्लेव थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.

थाने में उस से पूछताछ की गई तो उस ने सायरा से हुई मोहब्बत की पूरी दास्तान पुलिस को सुना दी, जो इस प्रकार थी. दोढाई महीने पहले की बात है. रिजवान वैल्डिंग का काम करने आनंद ग्राम गया था, वहीं पर उस ने पहली बार सायरा को देखा था और उस की खूबसूरती पर मर मिटा था. बातचीत के दौरान उस ने सायरा का फोन नंबर ले लिया था. इस के बाद दोनों की फोन पर बातचीत और चैटिंग होने लगी. धीरेधीरे दोनों नजदीक आ गए और प्यार करने लगे. रिजवान ने बताया कि सायरा अच्छी लड़की नहीं थी, होती तो वह उसे क्यों मारता. वह दूसरे लड़कों से बातें करती थी. रिजवान ने यह देखा तो उस ने ऐसा करने से मना किया.

वह नहीं मानी तो रिजवान ने प्लान बना कर उसे मिलने के लिए सुंदर नगरी बुलाया. वह उसे एलआईजी फ्लैट की तरफ ले गया. और सुनसान जगह पर उस ने उसे गोली मार दी. सायरा को मारने के बाद रिजवान ने दोस्त फिरोज खान उर्फ अनिल की मदद ली, वह अपनी बाइक से उसे एक रिश्तेदार के पास करनाल छोड़ आया, जहां से पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस टीम ने फिरोज खान उर्फ अनिल को भी उसी रात सुंदर नगरी से पकड़ लिया.

किशन ने क्यों मरवाया गवाह सायरा को

फिरोज खान से एसएचओ ब्रजेश मिश्रा ने पूछताछ की तो उस ने चौंकाने वाला बयान दिया, ”साहब, मैं रिजवान की हेल्प नहीं करना चाहता था, लेकिन उस ने मुझे 5 हजार रुपए देने का वादा किया. उस ने कहा कि किशन से जब एक लाख रुपया मिल जाएगा, वह उसे खुश कर देगा इसलिए मैं उसे अपनी बाइक नंबर डीएल 96बीएफ 8410 से करनाल ले कर गया था.’’

इंसपेक्टर ब्रजेश मिश्रा ने रिजवान से पूछा, ”रिजवान, तुम्हारे दोस्त फिरोज ने हमें बताया है कि तुम ने सायरा परवीन की हत्या करने की सुपारी एक लाख रुपए किसी किशन से ली है. क्या यह सच है? देखो, सच बोलोगे तो मार से बच जाओगे. वरना…’’

रिजवान मार के नाम से ही थरथर कांपने लगा. उस ने स्वीकार कर लिया कि किशन से सायरा की हत्या करने का सौदा एक लाख में हुआ है, किशन ने मुझे आधा एडवांस दे दिया था.

”यह किशन कौन है? उसे सायरा परवीन की हत्या क्यों करवानी थी?’’

”साहब, पिछले साल नवंबर में नंदनगरी में हुए राहुल मर्डर केस में सायरा परवीन मुख्य गवाह बनाई गई थी. किशन उस निर्दोष राहुल का चाचा है, जिस का कत्ल हुआ था. चूंकि सायरा परवीन उन बदमाशों की मुंहलगी प्रेमिका थी. किशन को डर था कि सायरा मर्डर केस में मुख्य गवाह तो बन गई है, लेकिन बदमाश उसे डराएंगे तो वह कोर्ट में बयान बदल देगी. इसलिए उस ने सायरा को इस केस के रास्ते से ही हटा दिया.’’

”ओह!’’ श्री मिश्रा हैरानी से बोले, ”तुम ने जो खुलासा किया है, वह सायरा मर्डर के तार राहुल मर्डर केस से जोड़ रहा है.’’

श्री मिश्रा ने तुरंत फोन द्वारा यह जानकारी डीसीपी प्रशांत गौतम और एसीपी मुकेश वालिया को दे दी.

इस के बाद इंसपेक्टर ब्रजेश मिश्रा ने किशन को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम सुंदर नगरी भेज दी. किशन अपने घर में इत्मीनान से सो रहा था. उसे खुशी थी कि रिजवान ने सायरा परवीन का कत्ल कर के उस के भतीजे राहुल का केस कमजोर होने से बचा लिया है. पुलिस ने उसे सोते हुए दबोच लिया और थाने में ले आई. सुबह डीसीपी (शाहदरा) प्रशांत गौतम और एसीपी मुकेश वालिया ने प्रैसवार्ता की. उस में तीनों आरोपी किशन कुमार, फिरोज खान उर्फ अनिल और सायरा परवीन के कातिल रिजवान को प्रैस वालों के सामने खड़ा कर के डीसीपी प्रशांत गौतम ने इस केस का खुलासा किया.

सायरा परवीन अपने अब्बू और अम्मी अपनी बहन शाहिदा के पास रहने लगी थी. वह शुरू से ही स्वच्छंद खयालों वाली थी. अम्मी उसे समझाती थी कि जमाना खराब है, गलत लोगों की संगत में मत रहा कर. लेकिन सायरा मानती नहीं थी. अम्मी के बाद बहन शाहिदा के यहां रहने पर भी उस का यही रवैया बना रहा. सायरा का बड़ा भाई जावेद चोरी के इल्जाम में मंडोली जेल में बंद था. सायरा उस से मिलने जेल जाती थी तो उस की पहचान वहां बंद रहमत उर्फ लंगड़ा से हो गई. लंगड़ा बदमाश है, उस का दिल सायरा पर आ गया.

जब वह जमानत पर जेल से बाहर आया तो उस ने मौजमस्ती के इरादे से सायरा को बाजार में रात के वक्त बुलाया. वहां रहमत के संग बदमाशी लाइन में उतरे सलमान, अरबाज भी थे. वह सायरा को जबरदस्ती पार्क में ले जाने लगे तो किशन और भतीजे राहुल ने सायरा को सलमान के पंजे से बचाया. फिर इन लोगों ने राहुल की हत्या कर दी. पुलिस ने सायरा परवीन की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपियों रिजवान, फिरोज खान उर्फ अनिल और किशन कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 103/1, 61(2) व 3/25 आम्र्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. Stories in Hindi Love

 

 

Hindi Crime Story : हनीमून में बीवी लाई मौत

Hindi Crime Story : 21 वर्षीय राज कुशवाहा इंदौर में स्थित सोनम रघुवंशी (24 वर्ष) के भाई की प्लाईवुड फैक्ट्री में नौकरी करता था. वहीं पर सोनम को राज कुशवाहा से प्यार हो गया. दोनों ने जीवन भर साथ रहने का वादा कर लिया. इसी दौरान फेमिली वालों ने सोनम की शादी राजा रघुवंशी से कर दी. फिर प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिल कर सोनम ने हनीमून के बहाने पति राजा रघुवंशी को ठिकाने लगाने की ऐसी योजना बनाई, जिस की गूंज पूरे देश में फैल गई.

सोनम रघुवंशी नहीं चाहती थी कि उस की शादी उस के प्रेमी राज कुशवाहा के अलावा किसी और के साथ हो, लेकिन उस के न चाहते हुए भी पेरेंट्स ने उस की शादी राजा रघुवंशी के साथ तय कर दी थी. शादी तय हो जाने के बाद वह बहुत परेशान थी, क्योंकि तनमन से वह प्रेमी राज की थी. इसलिए वह ताउम्र उसी के साथ रहना चाहती थी. उस ने प्रेमी को फोन कर कहा, ”राज, पापा ने मेरी शादी तय कर दी है. और मालूम है शादी की तारीख क्या है, 11 मई 2025.’’

”शादी से क्या होता है सोनम, कागज के एक टुकड़े और कुछ मंत्र पढ़ देने से कोई रिश्ता नहीं बनता.’’ राज ने उसे आश्वस्त करते हुए कहा.

”राज, मैं किसी और की नहीं हो सकती. मैं सिर्फ तुम्हारी हूं और अगर तुम ने मुझे नहीं अपनाया तो मैं सच कह रही हूं, मैं मर जाऊंगी. आज वो जो लड़का मुझे देखने आया था राजा रघुवंशी, वो मुझे देख कर मुसकरा रहा था. जिसे देख कर मेरे अंदर ऐसी आग लग रही थी कि एक घूंसा मार कर उस की वो मुसकान वहीं दबा दूं. पर पापा वहीं थे, इसलिए कुछ कर नहीं पाई. लेकिन मेरी बात ध्यान से सुन लो राज, अगर तुम ने मेरा साथ नहीं दिया तो मैं दुनिया में ऐसा तूफान ला दूंगी कि लोग मेरे नाम से भी डरेंगे. मैं सब कुछ जला दूंगी खुद को, इस दुनिया को और हर रिश्ते को.’’

”तुम मेरी थी, मेरी हो और मेरी ही रहोगी सोनम,’’ राज ने कहा.

”मैं सिर्फ तुम्हारे लिए बनी हूं राज, किसी और के लिए नहीं.’’

”चिंता मत करो और विश्वास रखो सोनम, अगर उस की परछाई भी तुम्हें छुएगी तो मैं उसे जिंदा नहीं छोड़ूंगा.’’

”मैं तुम्हें पहले ही बता चुकी हूं, पापा हार्ट के पेशेंट हैं. मैं ऐसा कोई भी कदम नहीं उठा सकती, जिस का उन की सेहत पर असर हो. घर से भाग कर कहीं और जा कर रहने का खयाल तो दिल से निकाल दो.’’

”फिर तुम ही कुछ बताओ कि क्या किया जाए?’’

”मेरा आइडिया यह है कि मेरी कदकाठी की कोई लड़की तलाश की जाए. उस की हत्या कर के जला दिया जाए. मेरी स्कूटी में भी वहीं आग लगा दी जाए. यह काम किसी ऐसी सुनसान जगह पर किया जाए, जिस से कि कोई देख न सके. तब यह साबित हो जाएगा कि सोनम मर गई. फिर हम दोनों किसी और शहर में जा कर अपनी नई जिंदगी की शुरुआत करेंगे.’’

सोनम ने कहा कि घरों में काम करने वाली किसी लड़की की तलाश आसानी से हो सकती है. लेकिन काफी तलाश के बाद भी घर में साफसफाई चौकाबरतन करने के लिए ऐसी कोई लड़की हाथ नहीं लगी, जिस की कदकाठी सोनम जैसी हो. इस से राज ने राहत की सांस ली. इस की वजह यह थी कि इस से राज और उस के परिवार की जिंदगी ही तबाह हो जाती. घर में आर्थिक साधन जुटाने के लिए वह अकेला ही था. घर का खर्च उस के वेतन में मुश्किल से चल पाता था. सोनम अगर अपने घर वालों के लिए मर गई होती तो नई परेशानी ही खड़ी हो जाती. यदि वह घर से 30 या 40 लाख रुपए ले कर भी आ जाती तो भी कब तक उस से गुजारा होता.

सेफ गेम खेलना चाहता था राज कुशवाहा

दूसरी जगह दोनों को नौकरी मिलना भी आसान नहीं था. कोई बिजनैस करने के लिए बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ता. इस तरह राज भी अपने परिवार के लिए एक तरह से मर ही चुका होता. राज कुशवाहा ने सोनम को समझाया कि इस तरह की दुर्घटना से तुम्हारे पापा तुम्हारी मौत का सदमा शायद बरदाश्त नहीं कर पाएंगे. अगर हार्टअटैक से बच भी जाएं तो जीते जी भी उन की मौत हो जाएगी. उस की पहली योजना घर से भागने की भी मेरी समझ से परे थी, क्योंकि उस का अंजाम भी वही होता. आर्थिक संकट से राज का परिवार ही नहीं, बल्कि राज और सोनम भी जूझ रहे होते.

यह सोच कर राज ने उस की दोनों ही योजनाओं को फेल करने में पूरा दिमाग लगा दिया. वह चाहता था कि सोनम से शादी कर के फैक्ट्री का मालिक बन जाएगा, जिस में अब तक नौकरी करता था. वह ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहता था, जिस से कि सोने के अंडे देती मुरगी उस के हाथ से निकल जाए.

सोनम की शादी की तारीख करीब आ चुकी थी. उस की चिंता बढ़ती जा रही थी. सोनम की चिंता दूर करने के लिए राज ने एक ऐसा प्लान तैयार किया, जिसे सुन कर सोनम खुशी से उछल पड़ी. उस ने कहा, ”इस का मतलब यह है कि मैं विधवा हो जाऊंगी और बिरादरी का कोई व्यक्ति विधवा से शादी करने के लिए आसानी से तैयार नहीं होगा. फिर विधवा से शादी किसी और बिरादरी के युवक से करने के लिए मेरे पापा भी राजी हो जाएंगे. यानी हम दोनों पतिपत्नी के रूप में जिंदगी बिता कर अपने सपनों को साकार कर सकेंगे. बहुत बढिय़ा.’’

”लेकिन एक वादा करो,’’ राज ने कहा.

”क्या?’’

”शादी के बाद उस दुष्ट को सुहागरात की रस्म अदा करने नहीं दोगी.’’

”इस का मतलब यह कि मुझे सुहागन बनते ही यानी सुहागरात मनाने से पहले विधवा करना चाहते हो.’’ सोनम ने मुसकराते हुए कहा, ”यह पक्का वादा है, मुझे चाहे जो भी जतन करना पड़े, मैं उसे सुहागरात को हाथ नहीं लगाने दूंगी.’’

इंदौर मध्य प्रदेश का सब से बड़ा और सब से व्यस्त शहर है. यह ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक दृष्टि से अत्यंत महत्त्वपूर्ण स्थान रखता है. यह शहर एक तरफ अपने गौरवशाली अतीत की गवाही देता है तो दूसरी ओर आधुनिकता और प्रगति का प्रतीक भी है. इस शहर का नाम इंद्रेश्वर महादेव मंदिर से लिया गया है, जो अब भी शहर के मध्य में स्थित है.

राजवाड़ा, इंदौर की 7 मंजिला ऐतिहासिक इमारत मराठा, मुगल और फ्रांसीसी वास्तुकला का अद्भुत संगम है. यह शहर के दिल में स्थित है. यह महल होलकर शासकों की विलासिता और कलात्मक रुचि का प्रतीक है. यूरोपीय शैली में बना यह महल अपने भव्य फरनीचर, दीवारों पर सुंदर चित्रों और विशाल गार्डन के लिए प्रसिद्ध है. इंदौर केवल एक शहर नहीं, बल्कि अनुभवों का संगम है, जहां इतिहास बोलता है, स्वाद महकता है, शिक्षा ऊंचाइयां छूती है और स्वच्छता संस्कृति बन जाती है.

इतनी खूबियों वाले इसी शहर में देवी सिंह नाम के एक व्यक्ति निवास करते हैं. उन का एक बेटा गोविंद रघुवंशी और बेटी सोनम रघुवंशी है. उन की पत्नी संगीता रघुवंशी घरेलू काम संभालती हैं. दरअसल, सोनम रघुवंशी का मूल निवास गुना जिला है. सोनम अपने भाई गोविंद से उम्र में छोटी है. गोविंद की शादी करीब 8 साल पहले विदिशा से हुई थी और उस के 2 बच्चे हैं. सोनम का परिवार पिछले कुछ सालों से इंदौर में रह रहा है. बताया जाता है कि उन्होंने गुना से इंदौर आने का फैसला उस वक्त लिया, जब गोविंद ने व्यापार में कदम रखा. शुरुआत में गोविंद एक निजी कंपनी में नौकरी करता था. लेकिन साल 2020 के आसपास उस ने माइका (सनमाइका) के व्यापार में कदम रखा और खुद की कंपनी खड़ी की.

शुरुआत में गोविंद केवल तैयार माल खरीद कर बेचने का काम करता था, लेकिन बाद में उस ने मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने का फैसला लिया. अब उस की एक माइका मैन्युफैक्चरिंग यूनिट गुजरात में स्थापित है, जहां से वह माल तैयार कर विभिन्न शहरों में सप्लाई करता है. सोनम के परिवार का बिजनैस अग्रणी कारोबार में से एक था. परिवार की इंदौर में एक सनमाइका बनाने की यूनिट है. देवी सिंह को पैरालाइसिस का अटैक हुआ था, जिस के कारण वह फैक्ट्री में सक्रिय भूमिका नहीं निभा पाते. सोनम रघुवंशी और गोविंद रघुवंशी दोनों भाईबहन मिल कर कारोबार संभालते हैं. सोनम अपने ही पिता की कंपनी में बतौर एचआर काम करती थी.

इसी शहर में अशोक रघुवंशी का एक परिवार है. इन के 3 बेटे और एक बेटी है. एक बेटे का नाम सचिन रघुवंशी, दूसरे का विपिन रघुवंशी, तीसरा सब से छोटा 28 वर्षीय बेटा राजा रघुवंशी और बेटी सृष्टि है. उन का ट्रांसपोर्ट का प्रमुख व्यवसाय है. राजा रघुवंशी व 2 बड़े भाई सचिन और विपिन भी संयुक्त परिवार के रूप में रहते हैं.  ‘रघुवंशी ट्रांसपोर्ट’ नामक कंपनी परिवार के सभी लोग 2007 से संयुक्त रूप से चलाते थे. इस कंपनी का मुख्य काम स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को किराए पर बसें उपलब्ध कराना है. सोनम रघुवंशी और राजा रघुवंशी दोनों के परिवार का आपस में कोई रिश्ता नहीं था. इन में से कोई एकदूसरे को जानता तक नहीं था. दोनों परिवारों की मुलाकात बहुत ही रोचक तरीके से हुई.

पहली अक्तूबर, 2024 को हर साल की तरह रामनवमी के दिन रघुवंशी समाज का सामूहिक भंडारा आयोजित हुआ था. यह कार्यक्रम इंदौर के रघुवंशी बिरादरी के लिए अपनेअपने बच्चे के लिए अपने ही समाज में लड़का और लड़की के विवाह के लिए रिश्ता तलाशने का एक बेहतरीन माध्यम है.

सामाजिक रीतिरिवाज से हुई शादी

रघुवंशी समाज के लोग रामनवमी के दिन एक स्थान पर एकत्रित होते हैं और यहां पर अपनेअपने बच्चों की जानकारी एक परची में लिख कर रख दिया करते हैं. इस में लड़के या लड़की का नाम, उम्र, पढ़ाई और काम के बारे में जानकारी लिखी होती है. एक तरह से इसे बायोडाटा कहा जा सकता है. रघुवंशी संस्थान बायोडाटा के आधार पर रजिस्ट्रैशन कर लेता है. इस डाटा को व्यवस्थित कर के रघुवंशी समाज की एक पत्रिका जारी की जाती है, जिस में रघुवंशी परिवारों द्वारा रजिस्ट्रैशन में दी गई जानकारी को प्रकाशित किया जाता है. इस पत्रिका में जिसे लड़की की तलाश है तो वो लड़की का बायोडाटा देखता है और जिसे लड़के की तलाश है, वो लड़के का.

यहां सोनम और राजा रघुवंशी के परिवार के लोगों ने भी इन दोनों का रजिस्ट्रैशन कराया था. यहीं से ही इन दोनों का परिवार आपस में मिला. दोनों के परिवार वालों को सब सही लगा. दोनों ही मांगलिक थे. कुंडली भी मिल गई, इसलिए बात शादी तक जा पहुंची. राजा रघुवंशी का एक संपन्न परिवार है. घर में सब से छोटा होने के कारण राजा रघुवंशी की शादी का सब को बहुत अरमान था. शादी समारोह को भव्य बनाने के लिए काफी तैयारी की गई. जम कर पैसा खर्च किया गया.

उधर सोनम का परिवार राजा की टक्कर का परिवार था. सोनम की शादी के भी उस के परिवारजनों को बहुत अरमान थे, लेकिन खर्च करने में काफी कंजूसी की गई और वह उत्साह सोनम की शादी में नजर नहीं आया, जिस की अपेक्षाएं की जा रही थीं. बहरहाल, 11 मई को एक भव्य शादी समारोह हुआ. सात फेरे हुए. सभी सामाजिक और धार्मिक रस्में पूरी की गईं. 12 मई, 2025 को सोनम दुलहन बन कर राजा रघुवंशी के घर आ गई. दोनों परिवार और पतिपत्नी सभी खुश थे. किसी तरह का कोई भी विवाद नहीं था. राजा रघुवंशी की ओर से दहेज की कोई मांग की ही नहीं गई थी.

सोनम 4 दिन ससुराल में रहने के बाद मायके चली गई. मायके से ही सोनम रघुवंशी ने हनीमून का कार्यक्रम भी अचानक बना लिया. सोनम ने अपने पति राजा रघुवंशी को इस बात के लिए राजी किया कि शारीरिक संबंधों के जरिए शादी को परिपूर्ण करने से पहले उन्हें कामाख्या देवी मंदिर में पूजाअर्चना करनी चाहिए. पहले तय हुआ कि दोनों असम के कामाख्या देवी मंदिर जाएंगे. फिर वहीं से कश्मीर के लिए निकल जाएंगे. सोनम अपने मातापिता के घर से सीधे एयरपोर्ट गई, जबकि राजा रघुवंशी अपने घर से 10 लाख रुपए से अधिक के गहने पहन कर निकला था. इस में एक हीरे की अंगूठी, एक चेन और एक ब्रेसलेट शामिल था.

दोनों 20 मई को पहले असम के कामाख्या देवी मंदिर पहुंचे. यह असम के गुवाहाटी शहर में नीलांचल पहाड़ी पर स्थित है. कामाख्या मंदिर से उन्होंने कश्मीर की जगह मेघालय जाने का प्रोग्राम बनाया. 20 मई, 2025 को ही दोनों मेघालय पहुंचे. 21 मई को राजा और सोनम रघुवंशी शिलांग पहुंचे थे और एक होमस्टे में रुके थे. 22 मई को उन्होंने एक स्कूटी किराए पर ली और सोहरारिम चले गए. शाम तक वे मावलखियात पहुंचे और एक गाइड लिया. गाइड की मदद से वे शिप्रा होमस्टे में रुके. इस के बाद गाइड को उन्होंने छोड़ दिया.

अगले दिन यानी 23 मई को सोनम और राजा रघुवंशी से उन के फेमिली वालों का कांटेक्ट बंद हो गया. दोनों के परिजन चिंतित हो गए और उन के लापता होने की खबरें आम हो गईं. सोनम का भाई गोविंद रघुवंशी और राजा का भाई विपिन रघुवंशी लापता पतिपत्नी की तलाश करने मेघालय पहुंचे. उन्होंने शिलांग की पुलिस से कांटेक्ट किया. उम्मीद के मुताबिक रिस्पौंस न मिलने पर दोनों वापस इंदौर लौट आए. इंदौर के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया से शिकायत की और बात मुख्यमंत्री तक भी पहुंच गई. यहां की सरकार ने मेघालय की सरकार से संपर्क साधा. इस बीच मामला बहुत तूल पड़ चुका था.

मेघालय सरकार की बदनामी होने लगी. यहां की अर्थव्यवस्था का एक महत्त्वपूर्ण स्रोत पर्यटकों से है. इस घटना से पर्यटकों में दहशत का माहौल हो गया. पर्यटक देर शाम अपने होटल के कमरों से निकलने में डरने लगे. अफवाह यह थी कि कपल का अपहरण कर के बांग्लादेश ले जाया गया है और उन के सारे पैसे और ज्वैलरी लूट ली गई है. मध्य प्रदेश सरकार ने तो केंद्र सरकार को पत्र लिख कर मामले की सीबीआई जांच करने की सिफारिश भी कर दी. 2 जून, 2025 को फिर राजा रघुवंशी का शव वेईसावडांग झरने के पास गहरी खाई में मिला. शव बुरी तरह सड़ चुका था. राजा के भाई विपिन ने ही शव की पहचान की. वह भी उन के हाथ पर बने ‘राजा’ टैटू से. लेकिन सोनम नहीं मिली.

शुरुआत में लगा कि दोनों का एक्सीडेंट हुआ होगा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि राजा की हत्या धारदार हथियार से की गई थी. इंदौर शहर के हर घर में इस घटना को ले कर अफसोस जताया जा रहा था, सब लोग सोनम के जिंदा मिल जाने की कामना कर रहे थे. मेघालय पुलिस सोनम को बरामद करने और मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए औपरेशन चला रही थी, जिस का नाम ‘औपरेशन हनीमून’ रखा गया. मेघालय सरकार ने एसआईटी गठित कर पुलिस की कई टीमें मामले का राज फाश करने के लिए लगा दीं.

पुलिस को जांच में पता चला कि 22 मई को राजा और सोनम शिलांग के मावलखियात गांव पहुंचे और वहां से नोंग्रियाट गांव में मशहूर ‘लिविंग रूट ब्रिज’ देखने गए. दोनों ने रात एक होमस्टे में बिताई. 23 मई की सुबह 6 बजे दोनों होटल से बाहर निकल आए. किराए की स्कूटी पर सैर के लिए निकले. इस के बाद दोनों रहस्यमय ढंग से लापता हो गए.

टूर गाइडों से मिली खास जानकारी

24 मई की रात को उन की स्कूटी ओसारा हिल्स की पार्किंग में लावारिस हालत में मिली, जो होमस्टे से 25 किलोमीटर दूर थी. 28 मई को जंगल में 2 बैग मिले. मावलाखियात से नोंग्रियात तक की यात्रा पर उन्हें ले जाने वाले गाइड भकुपर वानशाई थे. पुलिस को उन से महत्त्वपूर्ण सुराग हाथ लगे. गाइड ने पुलिस को बताया कि कपल ने 22 मई को फोन किया. उस समय शाम के करीब साढ़े 3 बजे थे, लेकिन मैं ने मना नहीं किया और उन्हें नोंग्रियात तक गाइड करने का फैसला किया. उन्हें शिपारा होमस्टे पर छोडऩे के बाद हम वहां से निकल पड़े.

एक अन्य गाइड अल्बर्ट पीडी भी उन के साथ थे. गाइड ने यह भी बताया कि 3 व्यक्ति इस कपल के साथ और थे. वे तीनों हिंदी में बात कर रहे थे. वह हिंदी कम जानता है, इसलिए समझ नहीं पाया. वानशाई ने कहा कि हम ने अगले दिन (23 मई) के लिए अपनी सेवा की पेशकश की, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि उन्हें रास्ता पता है. वानशाई ने अपने पुलिस बयान में कहा कि सोनम ने उन से ज्यादातर बातचीत अंगरेजी में की. केस को खोलने के लिए पुलिस पर बहुत दबाव था, पुलिस की टीमें अपना काम कर रही थीं. वह हत्यारों तक पहुंच गई थी. हत्या के 3 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया था. इस से पहले 8 मई की रात करीब 11 बजे मेघालय पुलिस पूरे लावलश्कर के साथ कोतवाली महरौनी के ग्राम चौकी पहुंची थी.

यहां राजा रघुवंशी हत्याकांड का आरोपी आकाश कमरे में सोते हुए मिला था. मेघालय पुलिस ने आकाश से पूछा कि सोनम रघुवंशी कहां है? उसे कहां छिपाया है. आकाश ने सोनम के बारे में कोई जानकारी होने से मना कर दिया था. तब परिजनों से सोनम के बारे में पूछताछ की. उन्होंने भी इंकार कर दिया था.  आकाश राजपूत (19 वर्ष) और उस के परिजन के इंकार करने के बाद भी मेघालय और जनपद की पुलिस ने मकान का चप्पाचप्पा छाना. यहां तक कि मकान के टपरे में रखे भूसे के ढेर के अंदर तक सोनम को तलाशा था.

पुलिस की यह काररवाई करीब एक घंटे तक चलती रही. जब पुलिस को यकीन हुआ कि सोनम यहां नहीं है, तब वह आकाश राजपूत और उस के 3 साथियों को अपने साथ ले गई थी. मध्य प्रदेश की पुलिस के सहयोग से मेघालय पुलिस ने इस हत्या में शामिल 3 हमलावरों आकाश राजपूत (19 वर्ष) के बाद विशाल सिंह चौहान (22 वर्ष) और राज सिंह कुशवाह (21 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया. इन की गिरफ्तारी के बाद ही नाटकीय ढंग से सोनम ने सरेंडर किया. आधी रात के बाद सोनम उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में स्थित काशी चाय जायका होटल पर पहुंची. यह होटल रात भर खुलता है.

गाजीपुर के नंदगंज थाने के अंतर्गत आता है. होटल संचालक साहिल यादव उस समय मौजूद थे. साहिल यादव से उस ने मोबाइल मांगा. अपने भाई को फोन मिलाया, लेकिन रोती रही बात नहीं कर पाई. साहिल यादव ने सोनम के भाई गोविंद से बात की, उस ने इस होटल का पता बताया. आधे घंटे के भीतर नंदगंज थाना पुलिस वहां पहुंच गई. सोनम को हिरासत में ले लिया गया. मध्य प्रदेश और मेघालय पुलिस को इस की सूचना दी गई. सोनम ने दावा किया कि उसे अगवा करने के बाद उस के साथ क्या हुआ, इस बारे में उसे कुछ याद नहीं है. उस ने कहा कि उसे अंधेरे कमरे में रखा गया था, बाहर की दुनिया से उस का कोई संपर्क नहीं था. वह जैसेतैसे वहां से निकली.

सोनम से पूछताछ के बाद पुलिस ने आनंद कुर्मी को भी पकडऩे में सफलता हासिल की. आरोपी आनंद कुर्मी (23) खिमलासा थाना क्षेत्र के बसाहरी गांव में अपने चाचा भगवानदास कुर्मी के घर में छिपा हुआ था. मेघालय से आई पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को पकड़ा. डीएसपी एस.ए. संगमा के नेतृत्व में आई टीम ने आगासौद, खिमलासा और बीना थाना पुलिस के साथ मिल कर घेराबंदी की. आरोपी को पकडऩे के बाद खिमलासा थाने में पूछताछ की गई. एसडीओपी नितेश पटेल ने बताया कि आरोपी का पिता दौलतराम कुर्मी करीब 20-22 साल पहले परिवार के साथ इंदौर चला गया था. आनंद वहां जियोमार्ट में काम करता था. वह मुख्य आरोपी राज कुशवाहा के संपर्क में था. आनंद मूलरूप से भानगढ़ थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव का रहने वाला है.

पूछताछ में पता चला कि उस के पिता 4 भाई हैं. बड़े भाई हरिशंकर कुर्मी मिर्जापुर में रहते हैं. वहां 5 एकड़ जमीन पर खेती करते हैं. देवाराम और दौलतराम इंदौर चले गए थे. भगवानदास अपनी ससुराल बसाहरी में रह रहे थे. मेघालय पुलिस यहां से कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पांचों को मेघालय ले गई. शिलांग में ही एफआईआर दर्ज कराई गई. इंदौर से शुरू हो कर शिलांग और फिर गाजीपुर तक राजा रघुवंशी हत्या कांड फैल गया. शिलांग की अदालत से आरोपियों का 8 दिन का रिमांड मिल गया तो फिर प्याज के छिलकों की तरह परतदरपरत मामला खुलता गया.

सोनम और राजा रघंवुशी चेरापूंजी में झरना देखने जा रहे थे. वक्त बीतने के साथ ही सोनम की बेचैनी बढऩे लगी, योजना के अनुसार वह जल्द से जल्द राजा को ठिकाने लगाना चाहती थी, लेकिन सही जगह नहीं मिल पा रही थी. दोपहर 12 बजते ही पीछे से तेजी से आए तीनों किलर्स राजा से अच्छे से बातचीत करने लगे, ऐसे में राजा को भी कोई शक नहीं हुआ. दोपहर करीब डेढ़ बजे सोनम ने राजा की हत्या के लिए अपना प्लान ऐक्टिव किया. इस के तहत उस ने सब से पहले अपनी सास यानी कि राजा की मम्मी को फोन लगाया. उन के साथ मीठीमीठी बातें कीं. इस का मकसद यही था कि वह परिवार को भरोसा दिला रही थी कि सब कुछ ठीक है.

फोन पर बातचीत के दौरान सोनम ने अपने उपवास की भी चर्चा की. सास के कहने पर उन के बेटे राजा से भी कुछ देर बाद बात कराई. चेरापूंजी की करीब 10 किलोमीटर ऊंची चढ़ाई पर एक सेल्फी स्पौट बना था. उस से पहले पार्किंग स्थल था, सोनम राजा एक स्कूटी से गए थे. तीनों किलर्स ने 2 दुपहिया वाहन किराए पर लिए थे. तीनों गाडिय़ां पार्किंग में खड़ी की गई थीं. उस के बाद किलर्स राजा के पीछे चल दिए. वहां पहुंच कर पतिपत्नी मौसम का नजारा कर रहे थे. तभी सोनम ने मौका पाते ही किलर्स को इशारा किया और अपने पति राजा रघुवंशी को सेल्फी के लिए तैयार करने लगी. इतने में पीछे से एक किलर ने कुल्हाड़ीनुमा एक तेज धार वाले हथियार से पूरी ताकत से राजा पर वार कर दिया. राजा नीचे गिर गया. राजा ने उठने की कोशिश की. तभी दूसरे ने दूसरे हथियार से सामने से उस के सिर पर जोरदार वार किया.

योजना के अनुसार की थी राजा की हत्या

राजा वहीं ढेर हो गया, उस के बाद भी मिनी कुल्हाड़ी से एक वार उस पर और किया गया. उस का काम तमाम हो जाने पर और शरीर का सारा खून निकल जाने पर तीनों ने सेल्फी पौइंट पर उसे उठा कर रखा. वहां  करीब 3 फीट ऊंची ग्रिल लगी हुई थी. राजा की लाश को उठा कर नीचे गहरी खाई में फेंकने की तीनों ने कोशिश की, मगर सफलता नहीं मिली. तब सोनम ने आगे बढ़ कर लाश को ऊपर उठा कर खाई में फेंकने के लिए मदद की. ऐसा करने से उन के कपड़ों पर खून लग गया तो उन्होंने खून में सने कपड़े उतार कर वहीं फेंक दिए. उस के बाद तीनों पार्किंग स्थल पर पहुंचे. वहां से तीनों किलर्स वाली 2 स्कूटियों पर बैठ कर चारों निकल लिए.

पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि एक बुरका, जो विशाल ले कर आया था, सोनम को दिया. सोनम वह बुरका पहन कर अकेले वहां से निकली, ताकि बीच में जो टोल आते हैं या सीसीटीवी में उस का चेहरा  कैद न होने पाए. उस के बाद सोनम वहां से गुवाहाटी पहुंची. वहां के आईएसबीटी से वह बस ले कर पटना के लिए और फिर पटना से वह आरा पहुंच गई. आरा से वह लखनऊ पहुंची और लखनऊ से 26 तारीख को इंदौर पहुंच गई. इंदौर में राज कुशवाहा से उस की मुलाकात हुई. देवास नाके के पास एक किराए के फ्लैट में वह 8 जून तक इंदौर में रही. इस बीच राज कुशवाहा ने सोनम की सहूलियत का पूरा खयाल रखा था.

4 जून, 2025 को राजा के शव को इंदौर लाया गया. सोनम ने अपने पति राजा की अर्थी के लिए कफन और फूल मालाओं का इंतजाम कर के अपने प्रेमी राज के हाथ अपनी ससुराल भिजवाया. राजा के परिवार में सब से ज्यादा उस की मम्मी और बहन सृष्टि का रोरो कर बुरा हाल था. पूरे इंदौर में रघुवंशी समाज में रोष व्याप्त था. शोक की लहर दौड़ गई थी. इस के लिए एक दिन कैंडल मार्च का आयोजन हुआ. इस में बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित हुए.

शिलांग के एसपी विवेक सिएम ने प्रैस कौन्फ्रेंस कर कहा कि पहले राजा के कत्ल करने का प्लान गुवाहाटी में था, लेकिन यह प्लान फेल होने पर शिलांग में राजा रघुवंशी मारा गया. 3 बार कत्ल करने का प्रयास किया गया, लेकिन किलर्स असफल हो गए और चौथी बार में हत्या कर पाए. उन्होंने बताया कि राजा मर्डर केस का मास्टरमाइंड राज कुशवाहा है, सोनम ने उस का साथ दिया. पहले दिन की पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया. तीनों आरोपी राज कुशवाहा और सोनम के दोस्त हैं, जिस में एक राज का चचेरा भाई था. दोस्ती के कारण तीनों आरोपी हत्या में शामिल हुए. शिलांग एसपी विवेक सिएम ने आगे कहा कि यह मामला सुपारी का नहीं है. तीनों आरोपी भी 19 मई को गुवाहाटी आ गए थे.

पुलिस की जांच में यह भी पता चला कि सोनम रघुवंशी और राज कुशवाहा राजा रघुवंशी की हर हालत में हत्या करना चाहते थे. उन्होंने इस के लिए एक पिस्टल खरीदी थी. यदि कुछ भी नहीं हो पाता तो सोनम सेल्फी देने के बहाने राजा को सेल्फी पौइंट से नीचे गहरी खाई में जिंदा ही धकेल देती. पुलिस को यह भी पता चला कि राज और सोनम ने हीराबाग के फ्लैट में एक बैग छिपाया था. इस बैग में कपड़ों के बीच देसी पिस्टल, 5 लाख रुपए, सोने की चेन, अंगूठी और राजा की हत्या से संबंधित कुछ अन्य सबूत वाली चीजें थीं. मेघालय पुलिस ने पांचों अपराधियों से पूछताछ कर उन्हें जेल भिजवा दिया.

अभी इंदौर में मेघालय पुलिस की टीम एक बैग की तलाश कर रही है. यह ट्रौली बैग मेघालय से विशाल चौहान ने देवास नाका के उस फ्लैट पर पहुंचाया था, जहां पर सोनम हत्या के बाद रुकी थी. अब एक प्रौपर्टी डीलर, जिस का नाम है सिलोन जेम्स, की गिरफ्तारी हुई है. यह वही प्रौपर्टी डीलर है, जिस ने सोनम को राजा रघुवंशी की हत्या के बाद जब सोनम इंदौर लौटी थी तो इंदौर में रेंट पर फ्लैट दिलाया था. गुना का एक सिक्योरिटी गार्ड भी अब शिलांग पुलिस के शक के घेरे में है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा गार्ड बलबीर अहिरवार उर्फ बल्लू को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसी मामले में आठवें आरोपी की भी गिरफ्तारी हुई है.

प्रौपर्टी डीलर ने पुलिस को बताया कि किसी स्थान पर बैग जला दिया है. पुलिस ने  उस स्थान की भी जांच की. कुछ नमूने लिए हैं. पुलिस ने उसे मेघालय ले जा कर अदालत में पेश किया. आठवें आरोपी ग्वालियर निवासी लोकेंद्र सिंह तोमर को मेघालय पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो उस फ्लैट का मालिक है जिस में हत्या के बाद फरार हुई सोनम रघुवंशी इंदौर में छिपी थी.

सोनम की फैक्ट्री में एंप्लाई था राज

राज कुशवाहा गाजीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का निवासी है. राज कुशवाहा के पापा 3 भाई थे. 2 भाई रामपुर सुकेति गांव में अभी भी रहते हैं. 15 साल पहले राज कुशवाहा के पिता की स्थिति अच्छी नहीं थी. वह इंदौर चले गए थे. वहां फल की दुकान लगाने लगे. परिवार की हालत सुधरने पर करीब 10 साल पहले परिवार को वहीं बुला लिया. राज कुशवाहा की मम्मी चुन्नीबाई, बड़ी बहन सुहानी और छोटी बहन प्रिया और राज कुशवाहा अपने पापा के पास इंदौर चले आए. कोरोना काल में उस के पापा परिवार के साथ गांव आ गए. उस समय राज कुशवाहा भी आ गया.

कोरोना काल में ही राज के पापा की मौत हो गई. राज कुशवाहा परिवार के साथ फिर इंदौर आ गया. यहां राज कुशवाहा  प्लाईवुड की एक कंपनी में काम करने लगा. यह कंपनी सोनम रघुवंशी की थी. सोनम के यहां पर राज प्लाईवुड का काम करता था. उस ने ज्यादा तो नहीं, लेकिन हाईस्कूल परीक्षा पास कर रखी थी. इस कंपनी में उसे अकाउंट के काम पर लगा लिया गया. एक दिन राज कुशवाहा सोनम रघुवंशी के केबिन में पहुंचा. उसे देखते ही सोनम रघुवंशी ने पूछा, ”हां बताओ, कैसे आना हुआ?’’

”मैडम, मुझे 5 हजार रुपए की जरूरत है.’’

सोनम मलिकाना तेवर में बोली, ”अभी एक हफ्ता पहले ही तो वेतन मिला है. अभी से एडवांस लेने आ गए.’’

कुछ और खरीखोटी सुनाई. राज कुशवाहा बड़ा निराश हुआ, उस की आंखें डबडबा गईं. औफिस से बाहर जाने के लिए राज कुशवाहा जैसे ही मुड़ा, सोनम की आवाज आई, ”रुपए किस काम के लिए चाहिए?’’

राज कुशवाहा ने कहा, ”मम्मी की तबीयत खराब है. उन के इलाज के लिए जरूरत है.’’ मासूम चेहरे पर बड़ीबड़ी आंखों में छलकते आंसू देख कर सोनम का दिल पसीज गया. सोनम ने दराज से 5 हजार रुपए निकाल कर राज को दे दिए. सोनम के अहसान के बोझ को सिर पर लिए डगमगाते कदमों से राज औफिस से बाहर आ गया. यहीं से उम्र में करीब 5 साल छोटे अपने कर्मचारी राज के लिए सोनम के दिल में हमदर्दी का बीज अंकुरित हो गया. दूसरे दिन फैक्ट्री की साप्ताहिक छुट्टी थी.

अगले दिन राज अपनी ड्यूटी पर समय से फैक्ट्री आ गया और अपने काम में जुट गया. अचानक कदमों की आहट उसे सुनाई दी. उस के टेबल के पास तक कोई आया. इस से पहले कि वह सिर उठा कर देखता, तभी उस के कानों में एक मधुर आवाज सुनाई दी, ”ये लो एक हजार रुपए. यह एडवांस में नहीं जुड़ेंगे. यह मेरी तरफ से अपनी मम्मी की दवाई में खर्च कर लेना. और हां, अब उन की तबीयत कैसी है?’’

इतना सुन कर राज अपनी सीट से उठ कर खड़ा हो गया. नजरें नीची रहीं. अपनी मम्मी की तबीयत के बारे में जानकारी दी. राज ने कहा, ”मैम, आप का दिल कितना बड़ा है, आप जैसे लोग समाज में अब कम ही मिलते हैं. यह एहसान मैं जिंदगी भर नहीं भूल सकता.’’

एक दिन इंदौर के खूबसूरत मार्केट में राज गया था, तभी अचानक किसी ने उसे आवाज दी. उस ने मुड़ कर देखा तो सोनम स्कूटी रोके खड़ी थी. उस ने पास की ही एक कौफी हाउस की तरफ इशारा करते हुए कहा कि यहां आओ, मैं भी पहुंच रही हूं.

उस दिन फैक्ट्री का साप्ताहिक अवकाश था. कौफी हाउस पहुंच कर दोनों आमनेसामने की सीट पर बैठे. सोनम ने कोई बात नहीं की, बल्कि अपने मोबाइल में मगन रही. वेटर 2 कौफी टेबल पर रख गया. राज नजरें नीचे किए हुए बैठा था. राज को सोनम की उस बात का इंतजार था, जिस के लिए उसे यहां कौफी हाउस में बुलाया था.

अचानक सोनम ने कहा, ”हां राज, बताओ मम्मी की कैसी तबीयत है?’’

सिर झुकाए बैठे राज ने कहा, ”अब तो काफी ठीक है.’’

”चलो, कौफी पियो!’’

राज ने कौफी का कप उठाया. उस की नजर सोनम की तरफ गई तो उस के हाथ कांप गए. बड़ी मुश्किल से कप को गिरने से रोक पाया. फिर भी थोड़ी सी कौफी छलक कर गिरी. सोनम की नजरें उस पर गड़ी थीं, उस प्यार भरी नजरों को कोई भी आसानी से समझ सकता था. कातिलाना नजरें और जादुई मुसकराहट उस के दिल में उतर गई. राज ने बड़ी मुश्किल से अपने आप को संभाला. इस तरह हमदर्दी के साथ प्रेम के बीज की भी बुवाई हो गई.

रातें अब ख्वाबों में और दिन उस की यादों में गुजरने लगे. प्रेम का ये अंकुर धीरेधीरे एक विशाल वृक्ष बनने को बेताब था. उस की बातें जैसे ठंडी हवा की तरह गर्म दुपहरी में सुकून दे रही हों. आंखों ही आंखों में जो बातें होतीं, वो लफ्जों से परे थीं. राज का दिल अब हर धड़कन में उस का नाम लेने लगा. वह साथ हो या न हो, उस की मौजूदगी हर पल महसूस होती. राज को अब समझ आने लगा कि ये सिर्फ आकर्षण नहीं, कुछ गहरा ताल्लुक है.

इस तरह हमदर्दी से शुरू हुआ रिश्ता अब इश्क की दहलीज पर दस्तक दे रहा था. राज के दिन अब मस्ती में गुजरने लगे. आर्थिक संकट भी दूर हो गया था, क्योंकि 20 हजार रुपए महीने की नौकरी में उस के परिवार का गुजारा करना मुश्किल होता था. अब तो ठाट ही ठाट थे. दिन गुजरते गए, प्यार की पींगें बढ़ती रहीं और फिर 2 जिस्म एक जान हो गए. साथ जीनेमरने की कसमें खाई गईं और एकदूसरे का साथ न छोडऩे का वादा किया गया.

राजा रघुवंशी हत्याकांड खुल जाने के बाद मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने  कहा कि जिन लोगों ने मेघालय को बदनाम किया है, उन्हें माफी मांगनी चाहिए, नहीं तो उन के खिलाफ काररवाई की जाएगी. मेघालय के गृहमंत्री बोले, ”हमारी पुलिस को बेवजह बदनाम किया गया.’’

पुलिस के गले की फांस बन गया था यह केस

मेघालय के गृहमंत्री प्रेस्टोन टेनसांग ने अपने बयान में कहा कि मेघालय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए. ये बात शुरू से हजम नहीं हो रही थी कि यहां के स्थानीय लोग लूटपाट के लिए किसी पर्यटक की हत्या कर दें. अब हमारी पुलिस ने सब दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया. इस केस में जल्दी से जल्दी तसवीर साफ होना इसलिए भी जरूरी था कि मेघालय में हर साल 11 लाख टूरिस्ट आते हैं. उन के भरोसे के लिए भी ये जरूरी था कि जल्द से जल्द इस केस का खुलासा हो. उधर सोनम रघुवंशी अपने प्रेमी राज कुशवाहा और अन्य लोगों के पकड़े जाने पर इंदौर से गाजीपुर कैसे गई, उस रहस्य का भी पुलिस ने परदाफाश कर दिया. जिस टैक्सी से सोनम इंदौर से उत्तर प्रदेश रवाना हुई थी, उस के ड्राइवर पीयूष तक भी पुलिस पहुंच गई है.

टैक्सी ड्राइवर पीयूष से भी एक घंटे तक क्राइम ब्रांच थाने में पूछताछ की गई. उधर उजाला यादव ने यह दावा किया था सोनम मुझे वाराणसी कैंट स्टेशन पर मिली थी. एक ड्राइवर और एक व्यक्ति उसे वहां तक छोडऩे आए थे. तुरंत ट्रेन न होने पर सोनम वाराणसी के बस अड्डे पर आई और उसी बस में बैठ गई, जिस में वह बैठी थी. उजाला ने बताया कि वह गोरखपुर जाने के लिए कह रही थी. उस ने एक लड़के से फोन करने के लिए मोबाइल मांगा. उस ने नहीं दिया. मुझ से भी उस ने मोबाइल मांगा, मैं ने दिया. एक नंबर डायल कर के डिलीट कर दिया. काल नहीं की.

ऐसा हो सकता है कि उस के पास कोई मोबाइल होगा. कहीं बीच में उस के पास काल आई होगी कि सभी लोग पकड़े गए हैं. गाजीपुर ही उतर जाए. गाजीपुर उतर कर उस ने वह छोटा मोबाइल नष्ट कर दिया होगा. तभी वह रात के 2 बजे चाय की दुकान पर पहुंच गई. वरना राज और सोनम का इरादा गोरखपुर से नेपाल भाग जाने का था. राज इतना शातिरदिमाग होगा, यह अंदाजा किसी को नहीं था.  ऐसा प्लान पेशेवर अपराधी भी नहीं बना पाते. यदि मामला हाईप्रोफाइल नहीं बनता तो सोनम और राज अपनी योजना में सफल हो जाते. वह तो मेघालय की पुलिस ने ड्रोन कैमरे से रघुवंशी की डेडबौडी तलाश कर ली थी.

एक तरफ राजा की मम्मी हैं, जिन्होंने अपने जिगर के टुकड़े को खोया है, उन पर क्या बीत रही होगी. दूसरी तरफ सोनम की मम्मी का दर्द है, जिसे मर्डर की मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. तीसरी मां उस आरोपी राज की है, जिसे सोनम का बौयफ्रेंड बताया जा रहा है. तीनों मां का अपना अलगअलग दर्द है. राज कुशवाह की मम्मी चुन्नीबाई, बड़ी बहन सुहानी और छोटी बहन प्रिया मानने को तैयार नहीं हैं कि राज कुशवाहा राजा रघुवंशी की हत्या कर सकता है. सुहानी ने कहा, ”मेरा भाई ऐसा कर ही नहीं सकता. वह तो सोनम को दीदी कहता था.’’

जहां मृतक राजा की बहन सृष्टि अपने भाई के खोने का दर्द बयां कर रही है, वहीं आरोपी सोनम के प्रेमी राज कुशवाहा की बहन अपने भाई को बेगुनाह बताते हुए साजिश का आरोप लगा रही है. दोनों बहनों का दर्द, एक भाई की हत्या और दूसरे की गिरफ्तारी ने इस हनीमून मर्डर को और मार्मिक बना दिया है. Hindi Crime Story

 

 

Murder Mystery Story : मछली करी में थैलियम जहर मिलाकर साली और सास को मार डाला

Murder Mystery Story : वहम के शिकार वरुण ने अपनी पत्नी और उस के घर वालों से बदला लेने का जो अनूठा तरीका अपनाया, वह नायाब था. वह अपनी योजना में सफल भी रहा, लेकिन…

बात 31 जनवरी, 2021 की है. वरुण अरोड़ा ने अपनी पत्नी दिव्या को फोन किया, ‘‘दिव्या, आज तुम सब्जी मत बनाना, मैं शाम को आऊंगा तो होटल से तुम सब की पसंद की मछली करी ले कर आऊंगा.’’

रियल एस्टेट कारोबारी वरुण दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 में रहता था. उस की ससुराल पश्चिमी दिल्ली के इंद्रपुरी  इलाके में थी. उस समय उस की पत्नी दिव्या अपने मायके इंद्रपुरी में थी. इसलिए वरुण ने दिव्या को फोन कर के मछली करी ले कर आने को कहा था. मछली करी दिव्या और उस के मायके वालों को बहुत पसंद थी, इसलिए पति से बात करने के बाद दिव्या ने अपनी मम्मी अनीता से कह दिया कि आज वरुण इधर ही आ रहे हैं. वह होटल से मछली करी ले कर आएंगे. इसलिए आज सब्जी नहीं बनानी. नौकरानी से कह देना कि वह आज केवल रोटी बना दे.

शाम को वरुण अपनी ससुराल के लिए चला तो उस ने एक होटल से सब के लिए मछली करी पैक करा ली. उस की ससुराल में पत्नी के अलावा ससुर देवेंद्र मोहन शर्मा, सास अनीता शर्मा, साली प्रियंका और एक नौकरानी थी. उन सभी के हिसाब से वह काफी मछली करी ले कर आया था. शाम को जब खाना खाने की बारी आई तब अरुण ने कहा कि उस का पेट खराब है, इसलिए वह खाना नहीं खाएगा. दिव्या ने उस से कहा भी कि वह उस के लिए खिचड़ी या और कोई चीज बनवा देगी, लेकिन वरुण ने मना कर दिया. उस ने केवल नींबू पानी पिया. वरुण की लाई मछली करी घर के लोगों को बहुत स्वादिष्ट लगी.

इसलिए सभी ने जी भर कर खाना खाया. वरुण के दोनों बच्चे उस समय तक सो गए थे. रात को वरुण ससुराल में ही सो गया और अगले दिन अपने घर चला गया. इस के 2 दिन बाद दिव्या की मां अनीता को उल्टीदस्त की शिकायत हुई. उन्हें चक्कर भी आने लगे. तबीयत जब ज्यादा खराब होने लगी तब अनीता शर्मा को सर गंगाराम अस्पताल ले जाया गया. वहां भी उन की तबीयत दिनप्रतिदिन बिगड़ती जा रही थी. डाक्टर समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर उन्हें हुआ क्या है. हालत गंभीर होती देख उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया. इसी बीच अनीता की छोटी बेटी प्रियंका की भी हालत बिगड़ने लगी.

उस का भी पेट खराब हो गया और उल्टियां होने लगीं. साथ ही उस का सिर भी घूम रहा था. प्रियंका को राजेंद्र प्लेस के पास स्थित बी.एल. कपूर अस्पताल में एडमिट करा दिया गया. उधर ससुराल वालों की तबीयत खराब होने से वरुण मन ही मन खुश था, क्योंकि उस ने जो प्लान बनाया था वह सफल हो रहा था. 4-5 दिन बाद उस की पत्नी दिव्या को भी वही शिकायत होने लगी, जो उस की मां और बहन को हुई थी. दिव्या को भी सर गंगाराम अस्पताल में भरती करा दिया गया. वरुण द्वारा लाई गई मछली करी उस की ससुराल के जिन लोगों ने खाई थी, उन सब की हालत बिगड़ने लगी. ससुर देवेंद्र मोहन शर्मा की भी अचानक तबीयत खराब हो गई.

इस के अलावा घर की नौकरानी का भी यही हाल हुआ तो उसे भी डा. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भरती करा दिया गया. परिवार के सभी लोगों का अलगअलग अस्पतालों में इलाज चल रहा था. इसी बीच बी.एल. कपूर अस्पताल में भरती वरुण की साली प्रियंका की 15 फरवरी, 2021 को इलाज के दौरान मौत हो गई. रिश्तेदार इसे फूड पौइजनिंग का मामला मान रहे थे. इसलिए उन्होंने इस की शिकायत पुलिस में न कर के उस का अंतिम संस्कार कर दिया. हालांकि वरुण अस्पताल में ससुराल के सभी लोगों की देखरेख कर रहा था, लेकिन अंदर ही अंदर वह खुश था क्योंकि उस का प्लान पूरी तरह सफल हो गया था.

उधर सर गंगाराम अस्पताल में लाई गई अनीता की भी 22 मार्च, 2021 को मृत्यु हो गई. डाक्टरों ने जब उन के यूरिन और ब्लड की जांच की तो उस में थैलियम नाम का एक जहरीला रसायन पाया गया. डाक्टर समझ गए कि किसी ने उन्हें थैलियम जहर दे कर मारा है. अस्पताल द्वारा इस की सूचना पुलिस को दे दी गई. पुलिस  ने डाक्टरों से बात की तो उन्हें भी यह मामला संदिग्ध लगा. अनीता इंद्रपुरी में रहती थी, इसलिए इस की सूचना इंद्रपुरी थाने के थानाप्रभारी सुरेंद्र कुमार को दी गई थी. वह तुरंत अस्पताल पहुंच गए. थानाप्रभारी ने जब डाक्टर से बात की तो पता चला कि थैलियम एक अलग तरह का जहरीला रसायन होता है, जिस का असर बहुत धीरेधीरे होता है.

इस के अलावा इस रसायन की एक खास बात यह है कि इस में किसी तरह की गंध और स्वाद नहीं होता. यह रंगहीन और गंधहीन होता है. यह जानकारी मिलने के बाद थानाप्रभारी समझ गए कि जरूर इस मामले में कोई गहरी साजिश है. उन्होंने छानबीन की तो पता चला कि 15 फरवरी को अनीता की छोटी बेटी प्रियंका की भी बी.एल. कपूर अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी. पुलिस ने बी.एल. कपूर अस्पताल के डाक्टरों से मुलाकात की तो उन्होंने बताया कि प्रियंका के शरीर में भी थैलियम के लक्षण पाए गए थे. इस के अलावा इस परिवार के अन्य सदस्य यानी अनीता की बड़ी बेटी दिव्या और अनीता के पति देवेंद्र मोहन शर्मा और नौकरानी भी अस्पताल में भरती थे.

इस से पुलिस समझ गई कि किसी ने गहरी साजिश के तहत पूरे परिवार को अपना शिकार बनाने की कोशिश की थी. थानाप्रभारी ने इस की सूचना एसीपी विजय सिंह को दी. अब यह मामला जिले के पुलिस अधिकारियों तक पहुंच चुका था. डीसीपी के निर्देश पर एसीपी विजय सिंह ने इंद्रपुरी के थानाप्रभारी सुरेंद्र सिंह और मायापुरी के इंसपेक्टर प्रमोद कुमार को इस मामले की जांच में लगा दिया. पुलिस ने देवेंद्र मोहन शर्मा और उन की बेटी दिव्या का इलाज कर रहे डाक्टरों से  फिर से बात की. इस के अलावा उन्होंने डा. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भरती उन की नौकरानी का इलाज कर रहे डाक्टरों से भी मुलाकात की. पुलिस को पता चला कि उपचाराधीन इन मरीजों के अंदर भी थैलियम रसायन पाया गया है.

अनीता के शव का डा. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस ने वहां के डाक्टरों से इस की डिटेल्ड एटौप्सी रिपोर्ट ली. उस में बताया गया कि अनीता के शरीर में थैलियम था. अब तक की जांच से पुलिस को यह पता लग चुका था कि परिवार के सभी लोगों को कोई ऐसी चीज खिलाई गई थी, जिस में थैलियम रसायन मिला हुआ था. वह चीज क्या थी और किस ने खिलाई, यह जांच का विषय था. इस परिवार का दामाद वरुण ही अस्पताल में उन सब की देखभाल कर रहा था. वरुण के चेहरे से सास और साली की मौत का गम साफ झलक रहा था. इस के अलावा वह डाक्टरों से लगातार अपनी पत्नी दिव्या और ससुर को बचाने की गुहार भी कर रहा था.

पुलिस को अपनी जांच आगे बढ़ानी थी, इसलिए पुलिस ने वरुण से इस बारे में पूछताछ की. वरुण ने पुलिस को बताया कि वह तो अपने घर ग्रेटर कैलाश में रहता है. ससुराल के सभी लोगों को अचानक क्या हो गया, इस की उसे कोई जानकारी नहीं है. पुलिस को केस की तह तक जाना था, इसलिए वह वरुण को ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 में स्थित उस के घर पर ले गई. निशाने पर वरुण पुलिस ने उस के घर की तलाशी ली तो एक गिलास में कुछ संदिग्ध चीज  दिखी. पुलिस ने वह गिलास अपने कब्जे में ले लिया और गिलास में क्या है, यह जानने के लिए उसे फोरैंसिक जांच के लिए भेज दिया. उस गिलास के अलावा पुलिस को वरुण के घर से अन्य कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली.

पुलिस यह तो अच्छी तरह जान चुकी थी कि जिस ने भी इस परिवार को जहरीला पदार्थ दिया है, वह विश्वस्त होगा और उस का इन के घर आनाजाना भी रहा होगा. लिहाजा पुलिस ने देवेंद्र मोहन शर्मा के घर पर जो लोग आतेजाते थे, उन से एकएक कर पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस बहुत तेजी के साथ जांच कर रही थी. उधर फोरैंसिक जांच से पता चला कि वरुण के यहां से गिलास में जो चीज बरामद की गई थी, वह थैलियम नाम का जहरीला पदार्थ ही था. यह जानकारी मिलने के बाद वरुण पुलिस के शक के दायरे में आ गया. लिहाजा पुलिस ने उस से सख्ती से पूछताछ की. आखिर वरुण ने सच उगल ही दिया. उस ने स्वीकार कर लिया कि उस ने ही अपनी ससुराल के लोगों को थैलियम जहर दिया था. उन सभी का नामोनिशान मिटाने की वरुण ने जो कहानी बताई, वह हैरतअंगेज थी.

रियल एस्टेट कारोबारी वरुण ने करीब 12 साल पहले दिव्या से शादी की थी. दिव्या उस के साथ बहुत खुश थी. वरुण का कारोबार अच्छा चल रहा था, इसलिए दिव्या को कोई परेशानी नहीं थी. जीवन हंशीखुशी से चल रहा था. लेकिन बाद में उन के जीवन में एक समस्या खड़ी हो गई. समस्या यह कि शादी के कई साल बाद भी दिव्या मां नहीं बन पाई. वरुण ने डाक्टरों से उस का इलाज भी कराया, लेकिन उस के घर में किलकारी नहीं गूंजी. जब पतिपत्नी हर तरफ से हताश हो गए, तब उन्होंने शादी के करीब 7 साल बाद आईवीएफ प्रोसेस का सहारा लिया. इस का सही परिणाम निकला और दिव्या ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया. जिस में एक बेटी थी और एक बेटा.

अब उन के घर में एक नहीं, बल्कि 2-2 बच्चों की किलकारियां गूंजने लगीं. उन की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था. जुड़वां बच्चे होने के बाद दिव्या के मायके वाले भी बहुत खुश थे. दिव्या दोनों बच्चों की सही देखभाल कर रही थी. वक्त के साथ बच्चे करीब 4 साल के हो गए. लगभग एक साल पहले वरुण के पिता की अचानक मौत हो गई. पिता की मौत के बाद वरुण की गृहस्थी में एक ऐसी समस्या ने जन्म ले लिया, जिस ने न सिर्फ वरुण के बल्कि वरुण की ससुराल वालों के जीवन को उजाड़ दिया. बेटे के रूप में बाप की वापसी की चाहत हुआ यह कि पिता की मौत के बाद दिव्या फिर से प्रैगनेंट हो गई. इस से वरुण बहुत खुश था.

वह सोच रहा था कि उस की पत्नी की कोख में उस के पिता ही आए हैं. वह पत्नी की अच्छी तरह से देखभाल करने लगा. उधर जिस महिला डाक्टर के पास  दिव्या अपना चैकअप कराने जाती थी, उस ने दिव्या से कहा कि इस बार उस का प्रैग्नेंट होना उस के स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है. किसी तरह उस ने बच्चे को जन्म दे भी दिया तो उस का बच पाना मुश्किल होगा. दिव्या ने यह बात वरुण को बताई तो उस ने उस की बात पर विश्वास नहीं किया. वरुण ने कहा कि डाक्टर झूठ बोल रही है. ऐसा कुछ नहीं होगा. वह उसे और होने वाले बच्चे को कुछ नहीं होने देगा. वरुण ने अबौर्शन कराने से साफ मना कर दिया.

उस ने कहा कि बच्चे के रूप में उस के पिता आ रहे हैं, इसलिए वह किसी भी सूरत में उस का गर्भपात नहीं कराएगा. दिव्या ने डाक्टर वाली बात अपने मायके में बताई तो उस की मां अनीता ने कहा कि यदि उस का गर्भपात नहीं कराएगा तो वह खुद उस के साथ जा कर उस का गर्भपात करा देगी . क्योंकि बेटी की जिंदगी का सवाल है. बेटी जीवित रहेगी तो बच्चा कभी भी हो जाएगा. एक दिन वरुण की सास ने वरुण को अपने घर बुला कर समझाया कि जब डाक्टर बच्चा पैदा करने के लिए मना कर रही है तो ऐसे में उस का गर्भपात कराना ही बेहतर है. लेकिन वरुण अपनी जिद पर अड़ा था.

उस ने कहा कि वह किसी भी सूरत में उस का गर्भपात नहीं होने देगा. इस बात पर उन की आपस में खटपट भी हो गई. इतना ही नहीं, उस दिन ससुराल में वरुण की काफी बेइज्जती भी हुई. वरुण की सास अनीता भी अपनी जिद पर अड़ी थी. उस ने वरुण की इच्छा के खिलाफ दिव्या का गर्भपात करा दिया. यह बात वरुण को बहुत बुरी लगी. उस ने सोचा कि उस की सास ने बच्चे का नहीं, बल्कि गर्भ में पल रहे उस के पिता को मारा है. उसी समय वरुण ने तय कर लिया कि वह अपनी बेइज्जती करने वालों और गर्भपात कराने वाले अपने ससुरालियों को सबक सिखा कर रहेगा. इस के बाद वरुण ससुराल वालों को सबक सिखाने के उपाय खोजने लगा. वह ऐसी तरकीब खोज रहा था, जिस से काम भी हो जाए और उस पर कोई शक भी न करे. इस बारे में वह इंटरनेट और यूट्यूब पर भी सर्च करता था.

खतरनाक रसायन थैलियम इसी दौरान उसे थैलियम नामक जहरीले रसायन के बारे में जानकारी मिली. थैलियम एक ऐसा जहर होता है कि यह जिस व्यक्ति को दिया जाता है उसे शुरुआत में उल्टीदस्त, जी मिचलाने की शिकायत होती है और जल्दी ही उस की मृत्यु हो जाती है. क्योंकि मृत व्यक्ति के शरीर पर जहर जैसे कोई भी लक्षण नहीं मिलते, इसलिए लोग यही समझते हैं कि उस की मौत फूड पौइजनिंग की वजह से हुई है. यह जानकारी मिलने के बाद वरुण ने थैलियम रसायन पाने की कोशिश शुरू कर दी. आदमी कोशिश करे तो बेहतर रिजल्ट निकल ही आता है. यही वरुण के साथ भी हुआ. इस खोजबीन में उसे पंचकूला की एक लैबोरेटरी का पता चला.

उस ने वहां औनलाइन संपर्क कर रिसर्च के नाम पर थैलियम मंगा लिया. अब उस का मकसद किसी तरह इसे अपने ससुराल वालों को खिलाना था. इस के लिए उस ने सब से पहले अपने ससुराल वालों से संबंध सामान्य करने शुरू किए क्योंकि पत्नी का गर्भपात कराने के बाद उन से उस के संबंध बिगड़ गए थे. इस साल जनवरी के अंतिम सप्ताह में वरुण की पत्नी दिव्या अपने दोनों बच्चों के साथ मायके गई हुई थी. अब तक ससुराल वालों से वरुण के संबंध नौर्मल हो चुके थे. वह फिर से ससुराल आनेजाने लगा था. वरुण को पता था कि उस की ससुराल के लोगों को मछली करी बहुत पसंद है.

योजना के अनुसार वरुण ने 31 जनवरी, 2021 को पत्नी दिव्या को फोन कर के कह दिया कि वह आज होटल से मछली करी ले कर आएगा, इसलिए घर पर सब्जी न बनवाए. दिव्या ने यह बात अपनी मम्मी अनीता को बता दी. जिस से उस दिन उन लोगों ने अपनी नौकरानी से केवल रोटियां ही बनवाई थीं. योजना के अनुसार, वरुण ने एक होटल से मछली करी खरीदी और उस में थैलियम मिला दिया. फिर मछली करी ले कर ससुराल पहुंच गया. अपनी तबीयत खराब होने का बहाना बना कर उस ने उस दिन ससुराल में खाना नहीं खाया. घर की नौकरानी सहित ससुराल के सभी लोगों ने मछली करी खाई, जिस से जहरीला रसायन थैलियम उन सब के शरीर में पहुंच गया और उस ने धीरेधीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया.

इस के बाद उन लोगों की तबीयत खराब होने लगी तो उन सभी को अस्पताल में भरती कराया गया. वरुण के दोनों बच्चे उस के पहुंचने से पहले ही खाना खा कर सो गए थे, जिस से वे बच गए. वरुण अस्पताल में देखभाल करने का नाटक इसलिए कर रहा था ताकि उस पर कोई शक न करे, लेकिन पुलिस जांच में उस की साजिश उजागर हो गई. वरुण अरोड़ा से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. कथा लिखने तक वरुण के ससुर देवेंद्र मोहन शर्मा और नौकरानी की हालत गंभीर बनी हुई थी. जबकि दिव्या की 8 अप्रैल को मौत हो गई. पुलिस जांच में पता चला कि दिल्ली में थैलियम रसायन दे कर किसी को मारने का यह पहला मामला है. Murder Mystery Story

—कथा पुलिस सूत्रों पर आधारित